कुल पेज दृश्य

सोमवार, 26 सितंबर 2022

रानी रासमणि, पंडित सुन्दरलाल, सुगती, छवि, गंग, निधि, दीप, अहीर शिव, भव, तांडव, तोमर, खलासी, श्लेष, नवगीत

२६ सितम्बर/जन्म-दिवस

समाजसेवी रानी रासमणि

कोलकाता के दक्षिणेश्वर मंदिर और उसके पुजारी श्री रामकृष्ण परमहंस का नाम प्रसिद्ध है; पर वह मंदिर बनवाने वाली रानी रासमणि को लोग कम ही जानते हैं। रानी का जन्म २६ सितंबर १७९३ को बंगाल के २४ परगना जिले के हाली शहर के गंगा के तट पर बसे ग्राम कोना में हुआ था। उनके पिता श्री हरेकृष्ण दास एक साधारण किसान थे। परिवार का खर्च चलाने के लिए वे खेती के साथ ही जमींदार के पास कुछ काम भी करते थे। उसकी चर्चा से रासमणि को भी प्रशासनिक कामों की जानकारी होने लगी। रात में उनके पिता लोगों को रामायण, भागवत आदि सुनाते थे। इससे रासमणि को भी निर्धनों के सेवा में आनंद मिलने लगा। 

रासमणि जब बहुत छोटी थीं, तभी उनकी मां का निधन हो गया। ऐसे में उनका पालन उनकी बुआ ने किया। तत्कालीन प्रथा के अनुसार ११ वर्ष की अवस्था में उनका विवाह बंगाल के बड़े जमींदार प्रीतम बाबू के पुत्र रामचंद्र दास से हो गया। ऐसे घर में आकर भी रासमणि को अहंकार नहीं हुआ। १८२३ की भयानक बाढ़ के समय उन्होंने कई अन्नक्षेत्र खोले तथा आश्रय स्थल बनवाये। इससे उन्हें खूब ख्याति मिली और लोग उन्हें ‘रानी’ कहने लगे।

विवाह के कुछ वर्ष बाद उनके पति का निधन हो गया। तब तक वे चार बेटियों की माँ बन चुकी थीं; पर उनके कोई पुत्र नहीं था। अब सारी सम्पत्ति की देखभाल का जिम्मा उन पर ही आ गया। उन्होंने अपने दामाद मथुरानाथ के साथ मिलकर सब काम संभाला। सुव्यवस्था के कारण उनकी आय काफी बढ़ गयी। सभी पर्वों पर रानी गरीबों की खुले हाथ से सहायता करती थीं। उन्होंने जनता की सुविधा के लिए गंगा के तट पर कई घाट और सड़कें तथा जगन्नाथ भगवान के लिए सवा लाख रु. खर्च कर चांदी का रथ भी बनवाया।

रानी का ब्रिटिश साम्राज्य से कई बार टकराव हुआ। एक बार अंग्रेजों ने दुर्गा पूजा उत्सव के ढोल-नगाड़ों के लिए उन पर मुकदमा कर दिया। इसमें रानी को जुर्माना देना पड़ा; पर फिर रानी ने वह पूरा रास्ता ही खरीद लिया और वहां अंग्रेजों का आवागमन बंद करा दिया। इससे शासन ने रानी से समझौता कर उनका जुर्माना वापस किया। एक बार शासन ने मछली पकड़ने पर कर लगा दिया। रानी ने मछुआरों का कष्ट जानकर वह सारा तट खरीद लिया। इससे अंग्रेजों के बड़े जहाजों को वहां से निकलने में परेशानी होने लगी। इस बार भी शासन को झुककर मछुआरों से सब प्रतिबंध हटाने पड़े।

एक बार रानी को स्वप्न में काली माता ने भवतारिणी के रूप में दर्शन दिये। इस पर रानी ने हुगली नदी के पास उनका भव्य मंदिर बनवाया। कहते हैं कि मूर्ति आने के बाद एक बक्से में रखी थी। तब तक मंदिर अधूरा था। एक बार रानी को स्वप्न में मां दुर्गा ने कहा कि बक्से में मेरा दम घुट रहा है। मुझे जल्दी बाहर निकालो। रानी ने सुबह देखा, तो प्रतिमा पसीने से लथपथ थी। इस पर रानी ने मंदिर निर्माण का काम तेज कर दिया और अंततः ३१ मई, १८५५ को मंदिर में माँ दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हो गयी।

इस मंदिर में मुख्य पुजारी रामकुमार चटर्जी थे। वृद्ध होने पर उन्होंने अपने छोटे भाई गदाधर को वहाँ बुला लिया। यही गदाधर रामकृष्ण परमहंस के नाम से प्रसिद्ध हुए। परमहंस जी सिद्ध पुरुष थे। एक बार उन्होंने पूजा करती हुई रानी को यह कहकर चांटा मार दिया कि मां के सामने बैठकर अपनी जमींदारी का हिसाब मत करो। रानी अपनी गलती समझकर चुप रहीं।

रानी ने अपनी सम्पत्ति का प्रबंध ऐसे किया, जिससे उनके द्वारा संचालित मंदिर तथा अन्य सेवा कार्यों में भविष्य में भी कोई व्यवधान न पड़े। अंत समय निकट आने पर उन्होंने अपने कर्मचारियों से गंगा घाट पर प्रकाश करने को कहा। इस जगमग प्रकाश के बीच १९ फरवरी, १८६१ को देश, धर्म और समाजसेवी रानी रासमणि का निधन हो गया। दक्षिणेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार पर लगी प्रतिमा उनके कार्यों की सदा याद दिलाती रहती है।

***

२६ सितम्बर/जन्म-दिवसकर्मयोगी पंडित सुन्दरलाल

भारत के स्वाधीनता आंदोलन के अनेक पक्ष थे। हिंसा और अहिंसा के साथ कुछ लोग देश तथा विदेश में पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से जन जागरण भी कर रहे थे। अंग्रेज इन सबको अपने लिए खतरनाक मानते थे।

२६ सितम्बर, १८८६ को खतौली (जिला मुजफ्फरनगर, उ.प्र.) में सुंदरलाल नामक एक तेजस्वी बालक ने जन्म लिया। खतौली में गंगा नहर के किनारे बिजली और सिंचाई विभाग के कर्मचारी रहते हैं। इनके पिता श्री तोताराम श्रीवास्तव उन दिनों वहां उच्च सरकारी पद पर थे। उनके परिवार में प्रायः सभी लोग अच्छी सरकारी नौकरियों में थे।

मुजफ्फरनगर से हाईस्कूल करने के बाद सुंदरलाल जी प्रयाग के प्रसिद्ध म्योर क१लिज में पढ़ने गये। वहाँ क्रांतिकारियों के सम्पर्क रखने के कारण पुलिस उन पर निगाह रखने लगी। गुप्तचर विभाग ने उन्हें भारत की एक शिक्षित जाति में जन्मा आसाधारण क्षमता का युवक कहा, जो समय पड़ने पर तात्या टोपे और नाना फड़नवीस की तरह खतरनाक हो सकता है।

१९०७ में वाराणसी के शिवाजी महोत्सव में २२ वर्षीय सुन्दर लाल ने ओजस्वी भाषण दिया। यह समाचार पाकर कॉलेज वालों ने उसे छात्रावास से निकाल दिया। इसके बाद भी उन्होंने प्रथम श्रेणी में बी.ए. की परीक्षा उत्तीर्ण की। अब तक उनका संबंध लाला लाजपतराय, श्री अरविन्द घोष तथा रासबिहारी बोस जैसे क्रांतिकारियों से हो चुका था। दिल्ली के चाँदनी चौक में लार्ड हार्डिंग की शोभायात्रा पर बम फेंकने की योजना में सुंदरलाल जी भी सहभागी थे।

उत्तर प्रदेश में क्रांति के प्रचार हेतु लाला लाजपतराय के साथ सुंदरलाल जी ने भी प्रवास किया। कुछ समय तक उन्होंने सिंगापुर आदि देशों में क्रांतिकारी आंदोलन का प्रचार किया। इसके बाद उनका रुझान पत्रकारिता की ओर हुआ। उन्होंने पंडित सुंदरलाल के नाम से ‘कर्मयोगी’ पत्र निकाला। इसके बाद उन्होंने अभ्युदय, स्वराज्य, भविष्य और हिन्दी प्रदीप का भी सम्पादन किया।

ब्रिटिश अधिकारी कहते थे कि पंडित सुन्दर लाल की कलम से शब्द नहीं बम-गोले निकलते हैं। शासन ने जब प्रेस एक्ट की घोषणा की, तो कुछ समय के लिए ये पत्र बंद करने पड़े। इसके बाद वे भगवा वस्त्र पहनकर स्वामी सोमेश्वरानंद के नाम से देश भर में घूमने लगे। इस समय भी क्रांतिकारियों से उनका सम्पर्क निरन्तर बना रहा और वे उनकी योजनाओं में सहायता करते रहे। १९२१ से लेकर १९४७ तक उन्होंने उन्होंने आठ बार जेल यात्रा की।

इतनी व्यस्तता और लुकाछिपी के बीच उन्होंने अपनी पुस्तक ‘भारत में अंग्रेजी राज’ प्रकाशित कराई। यद्यपि प्रकाशन के दो दिन बाद ही शासन ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया; पर तब तक इसकी प्रतियां पूरे भारत में फैल चुकी थी। इसका जर्मन, चीनी तथा भारत की अनेक भाषाओं में अनुवाद हुआ।

१९४७ में स्वतंत्रता प्रप्ति के बाद गांधी जी के आग्रह पर विस्थापितों की समस्या के समाधान के लिए वे पाकिस्तान गये। १९६२-६३ में ‘इंडियन पीस काउंसिल’ के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई देशों की यात्रा की। ९५ वर्ष की आयु में ८ मई, १९८१ को दिल्ली में हृदयगति रुकने से उनका देहांत हुआ। जब कोई उनके दीर्घ जीवन की कामना करता था, तो वे हँसकर कहते थे -

होशो हवास ताबे तबां, सब तो जा चुके

अब हम भी जाने वाले हैं, सामान तो गया।।

***

छंदशाला १०
ताण्डव छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि, गंग, निधि, दीप, अहीर  शिव, भव तथा तोमर छंद)
विधान-
प्रति पद १२ मात्रा, पदादि-पदांत लघु।

लघु आदि-अंत ताण्डव।
बारह मात्रिक लाघव।
शिव नचें, शिवा अपलक।
मोहित देखें इकटक।।

उदाहरण 
सरहद रखवाले हम।
अरि समझे हमें न कम।।

दिल दहले फेंको बम।
अरि-दल दल में हो मातम।।

करना मत तनिक रहम।
घर-घर में घूमे यम।।

निकले नहिं जब तक दम।
करना अरि-दल को कम।।

बिन रहम करो बेदम।
दनु हों धरती से कम।।
(काव्य रूप - हिंदी ग़ज़ल/मुक्तिका)
२५-९-२०२२
•••
नवरात्रि घट स्थापना मुहूर्त एवं देवी वाहन विचार
 
शशि सूर्य गजरुढा शनिभौमै तुरंगमे।
गुरौशुक्रेच दोलायां बुधे नौकाप्रकीर्तिता॥

देवी भागवत पुराण अनुसार नवरात्रि पर्व का शुभारंभ सोमवार या रविवार को हो तो माता हाथी पर, शनिवार या मंगलवार को हो तो घोड़े पर, शुक्रवार या गुरुवार के दिन हो तो डोली में तथा  बुधवार के दिन हो तो नौका पर पधारती हैं। २६ सितंबर २०२२, सोमवार को आरंभ शारदीय नवरात्रि में माता हाथी पर सवार होकर आ रही हैं जो बहुत ही शुभ  है। वैदिक पंचांग गणना के अनुसार देवी आराधना पूजा एवं कलश स्थापना घटस्थापना मुहूर्त समय प्रातः ६.१६ से  ७.४६ बजे तक अमृतवेला, ७.४६ से ९.१७ बजे तक काल की बेला रहेगी जो नेष्ट है एवं द्वितीय मुहूर्त ९.१७ से १०.४७ बजे तक शुभ वेला, श्रेष्ठ मुहूर्त है, १०.४७ से ११.५४ बजे तक रोग का खराब चौकड़िया रहेगा जो घट स्थापना में नेष्ट माना जाता है एवं तृतीय अभिजीत मुहूर्त में ११.५४ से १२.४२ बजे तक श्रेष्ठ एवं शुभ रहेगा एवं चतुर्थ एवं अंतिम मुहूर्त १२.२५ से २.२५ बजे तक धनु लग्न तक सर्वश्रेष्ठ है। तत्पश्चात घट स्थापना करना श्रेष्ठ नहीं है।  प्रतिपदा तिथि में सूर्योदय से ४ लग्न तक देवी घट था जवारे की स्थापना का मुहूर्त श्रेष्ठ है, चौथे लग्न के बाद, अमावस्या को या रात्रि में  देवी घट स्थापना नहीं करनी चाहिए।  नवरात्रि कभी-कभी ८ दिन की होने पर भी अमावस्या को देवी घट स्थापना न करें। इस वर्ष नवरात्र प्रतिपदा के दिन वर्जित चित्र नक्षत्र एवं वेधृति योग नहीं मिल रहा है, मात्र इन योग एवं नक्षत्र के मिलने पर अभिजीत मुहूर्त में  घटस्थापना जवारे की स्थापना की जाती है।  

श्री दुर्गा सप्तशती : पाठ- पूजन विधि

भुवनेश्वरी संहिता में कहा गया है- जिस प्रकार से ''वेद'' अनादि है, उसी प्रकार ''सप्तशती'' भी अनादि है। श्री व्यास जी द्वारा रचित महापुराणों में ''मार्कण्डेय पुराण'' के माध्यम से मानव मात्र के कल्याण के लिए इसकी रचना की गई है। जिस प्रकार योग का सर्वोत्तम ग्रंथ गीता है उसी प्रकार ''दुर्गा सप्तशती'' शक्ति उपासना का श्रेष्ठ ग्रंथ है | 'दुर्गा सप्तशती'के सात सौ श्लोकों को तीन भागों प्रथम चरित्र (महाकाली), मध्यम चरित्र (महालक्ष्मी) तथा उत्तम चरित्र (महा सरस्वती) में विभाजित किया गया है। प्रत्येक चरित्र में सात-सात देवियों का स्तोत्र में उल्लेख मिलता है प्रथम चरित्र में काली, तारा, छिन्नमस्ता, सुमुखी, भुवनेश्वरी, बाला, कुब्जा, द्वितीय चरित्र में लक्ष्मी, ललिता, काली, दुर्गा, गायत्री, अरुन्धती, सरस्वती तथा तृतीय चरित्र में ब्राह्मी, माहेश्वरी, कौमारी, वैष्णवी, वाराही, नारसिंही तथा चामुंडा (शिवा) इस प्रकार कुल २१ देवियों के महात्म्य व प्रयोग इन तीन चरित्रों में दिए गये हैं। नन्दा, शाकम्भरी, भीमा ये तीन सप्तशती पाठ की महाशक्तियां तथा दुर्गा, रक्तदन्तिका व भ्रामरी को सप्तशती स्तोत्र का बीज कहा गया है। तंत्र में शक्ति के तीन रूप प्रतिमा, यंत्र तथा बीजाक्षर माने गए हैं। शक्ति की साधना हेतु इन तीनों रूपों का पद्धति अनुसार समन्वय आवश्यक माना जाता है। सप्तशती के सात सौ श्लोकों को तेरह अध्यायों में बांटा गया है प्रथम चरित्र में केवल पहला अध्याय, मध्यम चरित्र में दूसरा, तीसरा व चौथा अध्याय तथा शेष सभी अध्याय उत्तम चरित्र में रखे गये हैं। प्रथम चरित्र में महाकाली का बीजाक्षर रूप ऊँ 'एं है। मध्यम चरित्र (महालक्ष्मी) का बीजाक्षर रूप 'हृी' तथा तीसरे उत्तम चरित्र महासरस्वती का बीजाक्षर रूप 'क्लीं' है। अन्य तांत्रिक साधनाओं में 'ऐं' मंत्र सरस्वती का, 'हृीं' महालक्ष्मी का तथा 'क्लीं' महाकाली बीज है। तीनों बीजाक्षर ऐं ह्रीं क्लीं किसी भी तंत्र साधना हेतु आवश्यक तथा आधार माने गये हैं। तंत्र मुखयतः वेदों से लिया गया है ऋग्वेद से शाक्त तंत्र, यजुर्वेद से शैव तंत्र तथा सामवेद से वैष्णव तंत्र का अविर्भाव हुआ है यह तीनों वेद तीनों महाशक्तियों के स्वरूप हैं तथा यह तीनों तंत्र देवियों के तीनों स्वरूप की अभिव्यक्ति हैं।

'दुर्गा सप्तशती' के सात सौ श्लोकों का प्रयोग विवरण इस प्रकार से है।

प्रयोगाणां तु नवति मारणे मोहनेऽत्र तु।
उच्चाटे सतम्भने वापि प्रयोगाणां शतद्वयम्॥
मध्यमेऽश चरित्रे स्यातृतीयेऽथ चरित्र के।
विद्धेषवश्ययोश्चात्र प्रयोगरिकृते मताः॥
एवं सप्तशत चात्र प्रयोगाः संप्त- कीर्तिताः॥
तत्मात्सप्तशतीत्मेव प्रोकं व्यासेन धीमता॥

अर्थात इस सप्तशती में मारण के नब्बे, मोहन के नब्बे, उच्चाटन के दो सौ, स्तंभन के दो सौ तथा वशीकरण और विद्वेषण के साठ प्रयोग दिए गये हैं। इस प्रकार यह कुल ७०० श्लोक ७०० प्रयोगों के समान माने गये हैं।

दुर्गा सप्तशती पाठ विधि-

नवार्ण मंत्र जप और सप्तशती न्यास के बाद तेरह अध्यायों का क्रमशः पाठ, प्राचीन काल में कीलक, कवच और अर्गला का पाठ भी सप्तशती के मूल मंत्रों के साथ ही किया जाता रहा है। आज इसमें अथर्वशीर्ष, कुंजिका मंत्र, वेदोक्त रात्रि देवी सूक्त आदि का पाठ भी समाहित है जिससे साधक एक घंटे में देवी पाठ करते हैं।

दुर्गा सप्तशती वाकार विधि :

यह विधि अत्यंत सरल मानी गयी है। इस विधि में प्रथम दिन एक पाठ प्रथम अध्याय, दूसरे दिन दो पाठ द्वितीय, तृतीय अध्याय, तीसरे दिन एक पाठ चतुर्थ अध्याय, चौथे दिन चार पाठ पंचम, षष्ठ, सप्तम व अष्टम अध्याय, पांचवें दिन दो अध्यायों का पाठ नवम, दशम अध्याय, छठे दिन ग्यारहवां अध्याय, सातवें दिन दो पाठ द्वादश एवं त्रयोदश अध्याय करके एक आवृति सप्तशती की होती है।

दुर्गा सप्तशती संपुट पाठ विधि :

किसी विशेष प्रयोजन हेतु विशेष मंत्र से एक बार ऊपर तथा एक नीचे बांधना उदाहरण हेतु संपुट मंत्र मूलमंत्र-१, संपुट मंत्र फिर मूलमंत्र अंत में पुनः संपुट मंत्र आदि इस विधि में समय अधिक लगता है।

दुर्गा सप्तशती सार्ध नवचण्डी विधि :

इस विधि में नौ ब्राह्मण साधारण विधि द्वारा पाठ करते हैं। एक ब्राह्मण सप्तशती का आधा पाठ करता है। (जिसका अर्थ है- एक से चार अध्याय का संपूर्ण पाठ, पांचवे अध्याय में ''देवा उचुः- नमो देव्ये महादेव्यै'' से आरंभ कर ऋषिरुवाच तक, एकादश अध्याय का नारायण स्तुति, बारहवां तथा तेरहवां अध्याय संपूर्ण) इस आधे पाठ को करने से ही संपूर्ण कार्य की पूर्णता मानी जाती है। एक अन्य ब्राह्मण द्वारा षडंग रुद्राष्टाध्यायी का पाठ किया जाता है। इस प्रकार कुल ग्यारह ब्राह्मणों द्वारा नवचण्डी विधि द्वारा सप्तशती का पाठ होता है। पाठ पश्चात् उत्तरांग करके अग्नि स्थापना कर पूर्णाहुति देते हुए हवन किया जाता है जिसमें नवग्रह समिधाओं से ग्रहयोग, सप्तशती के पूर्ण मंत्र, श्री सूक्त वाहन तथा शिवमंत्र 'सद्सूक्त का प्रयोग होता है जिसके बाद ब्राह्मण भोजन,' कुमारी का भोजन आदि किया जाता है। वाराही तंत्र में कहा गया है कि जो ''सार्धनवचण्डी'' प्रयोग को संपन्न करता है वह प्राणमुक्त होने तक भयमुक्त रहता है, राज्य, श्री व संपत्ति प्राप्त करता है।

दुर्गा सप्तशती शतचण्डी विधि :

मां की प्रसन्नता हेतु किसी भी दुर्गा मंदिर के समीप सुंदर मण्डप व हवन कुंड स्थापित करके (पश्चिम या मध्य भाग में) दस उत्तम ब्राह्मणों (योग्य) को बुलाकर उन सभी के द्वारा पृथक-पृथक मार्कण्डेय पुराणोक्त श्री दुर्गा सप्तशती का दस बार पाठ करवाएं। इसके अलावा प्रत्येक ब्राह्मण से एक-एक हजार नवार्ण मंत्र भी करवाने चाहिए। शक्ति संप्रदाय वाले शतचण्डी (१०८) पाठ विधि हेतु अष्टमी, नवमी, चतुर्दशी तथा पूर्णिमा का दिन शुभ मानते हैं। इस अनुष्ठान विधि में नौ कुमारियों का पूजन करना चाहिए जो दो से दस वर्ष तक की होनी चाहिए तथा इन कन्याओं को क्रमशः कुमारी, त्रिमूर्ति, कल्याणी, रोहिणी, कालिका, शाम्भवी, दुर्गा, चंडिका तथा मुद्रा नाम मंत्रों से पूजना चाहिए। इस कन्या पूजन में संपूर्ण मनोरथ सिद्धि हेतु ब्राह्मण कन्या, यश हेतु क्षत्रिय कन्या, धन के लिए वेश्य तथा पुत्र प्राप्ति हेतु शूद्र कन्या का पूजन करें। इन सभी कन्याओं का आवाहन प्रत्येक देवी का नाम लेकर यथा ''मैं मंत्राक्षरमयी लक्ष्मीरुपिणी, मातृरुपधारिणी तथा साक्षात् नव दुर्गा स्वरूपिणी कन्याओं का आवाहन करता हूं तथा प्रत्येक देवी को नमस्कार करता हूं।'' इस प्रकार से प्रार्थना करनी चाहिए। वेदी पर सर्वतोभद्र मण्डल बनाकर कलश स्थापना कर पूजन करें। शतचण्डी विधि अनुष्ठान में यंत्रस्थ कलश, श्री गणेश, नवग्रह, मातृका, वास्तु, सप्तऋषी, सप्तचिरंजीव, 64 योगिनी ५० क्षेत्रपाल तथा अन्याय देवताओं का वैदिक पूजन होता है। जिसके पश्चात् चार दिनों तक पूजा सहित पाठ करना चाहिए। पांचवें दिन हवन होता है।

इन सब विधियों (अनुष्ठानों) के अतिरिक्त प्रतिलोम विधि, कृष्ण विधि, चतुर्दशीविधि, अष्टमी विधि, सहस्त्रचण्डी विधि (१००८) पाठ, ददाति विधि, प्रतिगृहणाति विधि आदि अत्यंत गोपनीय विधियां भी हैं जिनसे साधक इच्छित वस्तुओं की प्राप्ति कर सकता है।

दुर्गा सप्तशती/ श्री दुर्गासप्तशती महायज्ञ / अनुष्ठान विधि

भगवती मां दुर्गाजी की प्रसन्नता के लिए जो अनुष्ठान किये जाते हैं उनमें दुर्गा सप्तशती का अनुष्ठान विशेष कल्याणकारी माना गया है। इस अनुष्ठान को ही शक्ति साधना भी कहा जाता है। शक्ति मानव के दैनन्दिन व्यावहारिक जीवन की आपदाओं का निवारण कर ज्ञान, बल, क्रिया शक्ति आदि प्रदान कर उसकी धर्म-अर्थ काममूलक इच्छाओं को पूर्ण करती है एवं अंत में आलौकिक परमानंद का अधिकारी बनाकर उसे मोक्ष प्रदान करती है। दुर्गा सप्तशती एक तांत्रिक पुस्तक होने का गौरव भी प्राप्त करती है। भगवती शक्ति एक होकर भी लोक कल्याण के लिए अनेक रूपों को धारण करती है। श्वेतांबर उपनिषद के अनुसार यही आद्या शक्ति त्रिशक्ति अर्थात महाकाली, महालक्ष्मी एवं महासरस्वती के रूप में प्रकट होती है। इस प्रकार पराशक्ति त्रिशक्ति, नवदुर्गा, दश महाविद्या और ऐसे ही अनंत नामों से परम पूज्य है। श्री दुर्गा सप्तशती नारायणावतार श्री व्यासजी द्वारा रचित महा पुराणों में मार्कण्डेयपुराण से ली गयी है। इसम सात सौ पद्यों का समावेश होने के कारण इसे सप्तशती का नाम दिया गया है। तंत्र शास्त्रों में इसका सर्वाधिक महत्व प्रतिपादित है और तांत्रिक प्रक्रियाओं का इसके पाठ में बहुधा उपयोग होता आया है। पूरे दुर्गा सप्तशती में ३६० शक्तियों का वर्णन है। इस पुस्तक में तेरह अध्याय हैं। शास्त्रों के अनुसार शक्ति पूजन के साथ भैरव पूजन भी अनिवार्य माना गया है। अतः अष्टोत्तरशतनाम रूप बटुक भैरव की नामावली का पाठ भी दुर्गासप्तशती के अंगों में जोड़ दिया जाता है। इसका प्रयोग तीन प्रकार से होता है।

[ १.] नवार्ण मंत्र के जप से पहले भैरवो भूतनाथश्च से प्रभविष्णुरितीवरितक या नमोऽत्त नामबली या भैरवजी के मूल मंत्र का १०८ बार जप।

[ २.] प्रत्येक चरित्र के आद्यान्त में पाठ।

[ ३.] प्रत्येक उवाचमंत्र के आस-पास संपुट देकर पाठ। नैवेद्य का प्रयोग अपनी कामनापूर्ति हेतु दैनिक पूजा में नित्य किया जा सकता है। यदि मां दुर्गाजी की प्रतिमा कांसे की हो तो विशेष फलदायिनी होती है।

दुर्गा सप्तशती का अनुष्ठान कैसे करें।

१. कलश स्थापना, २ . गौरी गणेश पूजन, ३. नवग्रह पूजन, ४. षोडश मातृकाओं का पूजन, ५. कुल देवी का पूजन, ६. माँ दुर्गा जी का पूजन निम्न प्रकार से करें-

आवाहन : आवाहनार्थे पुष्पांजली सर्मपयामि।
आसन : आसनार्थे पुष्पाणि समर्पयामि।
पाद : पाद्यर्यो : पाद्य समर्पयामि।
अर्घ्य : हस्तयो : अर्घ्य स्नानः ।
आचमन : आचमन समर्पयामि।
स्नान : स्नानादि जलं समर्पयामि।
स्नानांग : आचमन : स्नानन्ते पुनराचमनीयं जलं समर्पयामि।
दुग्ध स्नान : दुग्ध स्नान समर्पयामि।
दहि स्नान : दधि स्नानं समर्पयामि।
घृत स्नान : घृतस्नानं समर्पयामि।
शहद स्नान : मधु स्नानं सर्मपयामि।
शर्करा स्नान : शर्करा स्नानं समर्पयामि।
पंचामृत स्नान : पंचामृत स्नानं समर्पयामि।
गन्धोदक स्नान : गन्धोदक स्नानं समर्पयामि
शुद्धोदक स्नान : शुद्धोदक स्नानं समर्पयामि
वस्त्र : वस्त्रं समर्पयामि
*
सत श्लोकी दुर्गा
हिंदी भावानुवाद 
• 
शिव बोले- हो सुलभ भक्त को, कार्य नियंता हो देवी! 
एक उपाय प्रयत्न मात्र है, कार्य-सिद्धि की कला यही।। 
• 
देवी बोलीं- सुनें देव हे!, कला साधना उत्तम है। 
स्नेह बहुत है मेरा तुम पर, स्तुति करूँ प्रकाशित मैं।। 
• 
ॐ मंत्र सत् श्लोकी दुर्गा, ऋषि ‌नारायण छंद अनुष्टुप। 
देव कालिका रमा शारदा, दुर्गा हित हो पाठ नियोजित।। 
• 
ॐ चेतना ज्ञानी जन में, मात्र भगवती माँ ही हैं। 
मोहित-आकर्षित करती हैं, मातु महामाया खुद ही।१। 
• 
भीति शेष जो है जीवों में, दुर्गा-स्मृति हर लेती, 
स्मृति-मति हो स्वस्थ्य अगर तो, शुभ फल हरदम है देती। 
कौन भीति दारिद्रय दुख हरे, अन्य न कोई है देवी। 
कारण सबके उपकारों का, सदा आर्द्र चितवाली वे।२। 
• 
मंगलकारी मंगल करतीं, शिवा साधतीं हित सबका। 
त्र्यंबका गौरी, शरणागत, नारायणी नमन तुमको।३। 
• 
दीन-आर्त जन जो शरणागत, परित्राण करतीं उनका। 
सबकी पीड़ा हर लेती हो, नारायणी नमन तुमको।४। 
• 
सब रूपों में, ईश सभी की, करें समन्वित शक्ति सभी। 
देवी भय न अस्त्र का किंचित्, दुर्गा देवि नमन तुमको।५। 
• 
रोग न शेष, तुष्ट हों तब ही, रुष्ट काम से, अभीष्ट सबका। 
जो आश्रित वह दीन न होता, आश्रित पाता प्रेय अंत में।६। 
• 
सब बाधाओं को विनाशतीं, हैं अखिलेश्वरी तीन लोक में। 
इसी तरह सब कार्य साधतीं, करें शत्रुओं का विनाश भी।७। 
•••
देवी गीत -
*
अंबे! पधारो मन-मंदिर, १५
हुलस संतानें पुकारें। १४
*
नीले गगनवा से उतरो हे मैया! २१
धरती पे आओ तनक छू लौं पैंया। २१
माँगत हौं अँचरा की छैंया। १६
न मो खों मैया बिसारें। १४
अंबे! पधारो मन-मंदिर, १५
हुलस संतानें पुकारें। १४
*
खेतन मा आओ, खलिहानन बिराजो २१
पनघट मा आओ, अमराई बिराजो २१
पूजन खौं घर में बिराजो १५
दुआरे 'माता!' गुहारें। १४
अंबे! पधारो मन-मंदिर, १५
हुलस संतानें पुकारें। १४
*
साजों में, बाजों में, छंदों में आओ २२
भजनों में, गीतों में मैया! समाओ २१
रूठों नें, दरसन दे जाओ १६
छटा संतानें निहारें। १४
अंबे! पधारो मन-मंदिर, १५
हुलस संतानें पुकारें। १४
*
छंदशाला ९
तोमर छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि, गंग, निधि, दीप, अहीर  शिव तथा भव छंद)
विधान-
प्रति पद १२ मात्रा, पदांत गुरु लघु।
बारह कल रहें साथ।
तोमर में लिए हाथ।
गुरु लघु पद अंत मीत।
निभा सकें अटल प्रीत।।

उदाहरण 
आल्हा तलवार थाम।
जूझ पड़ा बिन विराम।।

दुश्मन दल मुड़ा भाग।
प्राणों से हुआ राग।।

ऊदल ने लगा होड़।
जा पकड़ा बाँह तोड़।।

अरि भय से हुआ पीत।
चरण-शरण मुआ भीत।।

प्राणों की माँग भीख।
भागा पर मिली सीख।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला ८
भव छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि, गंग, निधि, दीप, अहीर तथा शिव छंद)
विधान-
प्रति पद ११ मात्रा, पदांत यगण।

भव का भय भुला रे।
यगण अंत लगा रे।।
ग्यारह कल जमाएँ।
कविता गुनगुनाएँ।।

उदाहरण-
अरि से डर न जाएँ।
भय से मर न जाएँ।।

बना न अब बहाना।
लगा सही निशाना।।

आँख मिला न पाए।
दुश्मन बच न पाए।।

शीश सदा उठाएँ।
मुट्ठियाँ लहराएँ।।

पताका फहराएँ।
जय के गीत गाएँ।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला ७
शिव छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि, गंग, निधि, दीप तथा अहीर छंद)

विधान-
प्रति पद ११ मात्रा, पदांत सरन।

एकादश शिव भज मन।
पद अंत रखो सरन।।
रख भक्ति पूज उमा।
माँ सदय करें क्षमा।।

उदाहरण-
नदी नर्मदा नहा।
श्रांति-क्लांति दे बहा।

धुआँधार घूम ले।
संग देख झूम ले।।

लहर-लहर मचलती।
नाच मीन फिसलती।।

ईश भक्ति तारती।
पूज करो आरती।।

गहो देव की शरण।
करो नेक आचरण।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला ६
अहीर छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि, गंग, निधि तथा दीप छंद)
विधान-
प्रति पद १२ मात्रा, पदांत जगण।
ग्यारह कला अहीर।
पद-अंत जगण सुधीर।।
रौद्र जातीय छंद।
रस गंग हो न मंद।।

उदाहरण-
भारत देश महान।
देव भूमि शुभ जान।।

नगपति हिमगिरि ताज।
जन हितमयी सुराज।।

जनगण धीर उदार।
पलता हर दिल प्यार।।

हैं अनेक पर एक।
जाग्रत रखें विवेक।।

देश हेतु बलिदान।
होते विहँस जवान।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला ५
दीप छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि, गंग तथा निधि छंद)
विधान-
प्रति पद दस मात्रा, पदांत नगण गुरु लघु।
बाल कर दस दीप।
रख प्रभु-पग महीप।।
नगण गुरु लघु साथ।
पद अंत नत माथ।।

उदाहरण-
हो पुलकित निशांत।
गगनपति रवि कांत।।

प्राची विहँस धन्य।
कहे नमन प्रणम्य।।

दें धरणि उजियार।
बाँट कण-कण प्यार।।

रच पुलक शुभ गीत।
हँसे कलम विनीत।।

कूक पिक हर शाम।
करे विनत प्रणाम।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला ४
निधि छंद
(अब तक पठित छंद- सुगती, छवि तथा गंग छंद)
विधान-
प्रति पद नौ मात्रा, पदांत लघु।
निधि नौ न बिसार।
तुम लो न उधार।।
लघु अंत न भूल।
चुभ सके न शूल।।

उदाहरण-
जग सको उजार।
कुछ करो सुधार।।

हँस, भुला न नीत।
झट पाल न प्रीत।।

यदि कर उपकार।
मत समझ उधार।।

उठ उगा विहान।
मत मिटा निशान।।

बन फूल गुलाब।
अब छोड़ हिजाब।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला ३
गंग छंद
(सुगती छंद तथा छवि छंद के बाद)
विधान-
प्रति पद नौ मात्रा, पदांत दो गुरु।
अंक नौ सीखो।
सफलतम दीखो।।
अंत गुरु दो हो।
गंग रच डोलो।।

उदाहरण-
सूरज उगाओ।
तम को मिटाओ।।

आलस्य छोड़ो।
नाहक न जोड़ो।।

रखो दोस्ताना।
करो न बहाना।।

सच मत बिसारो।
दुनिया सँवारो।।

पौधे लगाओ।
सींचो बढ़ाओ।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला २
वासव जातीय, छवि छंद
विधान-
प्रति पद आठ मात्रा, पदांत जगण।
अठ वसु न भूल।
छवि सदृश फूल।।
रख जगण अंत।
रच छंद कंत।।
उदाहरण-
पुरखे अनाम।
पुरखों प्रणाम।।

तुम थे महान।
हम हों महान।।

कर काम चाम।
हो कीर्ति-नाम।।

तन तज न राग।
मन वर विराग।।

जप ईश-नाम।
चुप सुबह-शाम।।
२५-९-२०२२
•••
छंदशाला १
लौकिक जातीय, सुगती छंद
विधान-
प्रति पद सात मात्रा, पदांत गुरु।
उदाहरण-
सत लोक है।
सुख-शोक है।।

धीरज धरो।
साहस वरो।।

कुछ काम हो।
कुछ नाम हो।।

कुछ नित पढ़ो।
कुछ नित लिखो।।

जीवन खिले।
सुगती मिले।।
२५-९-२०२२
•••
शारद स्तुति
माँ शारदे!
भव-तार दे।

संतान को
नित प्यार दे।

हर कर अहं
उद्धार दे।

सिर हाथ धर
रिपु छार दे।

निज छाँव में 
आगार दे।

पग-रज मुझे
उपहार दे।

आखर सिखा
आचार दे।
२५-९-२०२२
•••
शोक गीत
(अभियंता शिरोमणि कोमल चंद्र जैन के महाप्रस्थान पर)
*
कोमल!
कठोर हो दूर गए।
बोलो क्यों विधना क्रूर हुए?
कितने सपने हमने देखे?
कैसे पूरे हों?, कर लेखे
मिलकर खुशियों से चूर हुए 
कोमल!
कठोर हो दूर गए।

बातें करते थे खरी-खरी
थी फिक्र न क्यों दुनिया सँवरी?
लें मिल समेट जो है बिखरी।
प्रभु की नजरों के नूर हुए
कोमल!
कठोर हो दूर गए।

तुम इन्सां बेहद सच्चे थे
बूढ़े होकर भी बच्चे थे
लेकिन क्या दिल के कच्चे थे?
शीशे सम चकनाचूर हुए 
कोमल!
कठोर हो दूर गए।

तुम सबमें घुल-मिल जाते थे
जी भर हँसते-बतियाते थे
सपने दिखलाते, गाते थे
कह गए कहानी मौन हुए 
कोमल!
कठोर हो दूर गए।

अद्भुत शिक्षक, दृढ़ संकल्पक
नित नूतनता के अभिकल्पक 
शत-शत सपनों के तुम शिल्पक 
इतनी जल्दी भरपूर हुए 
कोमल!
कठोर हो दूर गए।

मन नहीं मानता, चले गए 
विधि के हाथों हम छले गए 
हम शोकाकुल कर मले गए 
तज धरती नभ के नूर हुए 
कोमल!
कठोर हो दूर गए।

क्या फिर से स्वर्ग बसाना है?
पुल-सड़कें वहाँ बनाना है?
या प्रभु को सुनना गाना है?
देखे सपने सब धूर हुए 
कोमल!
कठोर हो दूर गए।
ॐ शांति: शांति: शांति:
*

***
विमर्श : खलासी
समुद्री जहाजों (और रेलवे में मी) हेल्परों को "खलासी" क्यों कहा जाता था, यह किस भाषा का शब्द है ?

खलासी अरबी मूल का शब्द है। इसकी दिलचस्प कहानी का शिद्दत से मजा लेने के लिए जगजीत सिंह जी की एक बहुत ही मशहूर नज़्म सुनते हैं।

परेशां रात सारी है सितारों तुम तो सो जाओ
सुकूत-ए-मर्ग तारी है सितारों तुम तो सो जाओ

हँसो और हँसते-हँसते डूबते जाओ ख़लाओं में
हमें ये रात भारी है सितारों तुम तो सो जाओ

ख़ला - हमारा शब्द है खलासी का अर्थ इसी से निकलेगा।

सुकूत = शांति, नीरवता, मर्ग = मौत, सो सुकूत ए मर्ग = मौत की शान्ति, खला = अंतरिक्ष। इसका अर्थ खालीपन भी है।

ख़ला अरबी शब्द है जिसके अर्थ हैं - अंतरिक्ष, आसमान, रिक्त स्थान, रिक्तता, शून्य , स्वर्ग, खालीपन आदि। खला से ही बना है खालीपन। ख़ला से ही बना है ख़ल्क़ यानी सृष्टि , विश्व , संसार।

एक कहावत आम है - ख़ल्क़ खुदा का , मुल्क बादशाह का

एक और कहावत है - ख़ल्क़ खुदा का , मुल्क बादशाह का, हुकुम शहर कोतवाल का

(इस पर आगे बजरिए धर्मवीर भारती) ख़ला से ही बना है ख़ाली शब्द जिसका अर्थ होता है रिक्त करना । अंतरिक्ष भी रिक्त स्थान ही है। दार्शनिक अर्थों में इसे शून्य भी कहा जाता है। और ख़ाली से बना है खलास अर्थात रिक्त करना , छुटकारा , रिहाई वगैरह।

और खलास से बना है खलासी। ख़ला -> ख़ाली -> खलास - खलासी

** मध्य काल (Medieval Period 1500 ई - 1800 ई) में अरबी सौदागरों के जहाज़ को खाली करानेवाले ही खलासी कहलाए। जहाज को समुद्र में उतारना (releasing in sea) और मरम्मत भी इन्ही के जिम्मे था । इसी कारण समुद्री जहाजों में हेल्परों को "खलासी" कहा जाता था क्योंकि वे जहाज से सामान को उतारकर खाली करते थे। जहाज में 3 किस्म के लोग होते थे - मुअल्लिम ( नेविगेटर ), अल अस्कर (नाविक) और खलासी ( नाविक कर्मकार), रेलवे में अब इन्हें खलासी नहीं कहा जाता है बल्कि हेल्पर कहा जाता है।

खलासी का अर्थ - आज़ादी या रिहाई भी है। खुलूद के अमरता और शाश्वतता में निहित अवांछित चीजों से रिक्तता या शून्यता का भाव इसे ब्रह्मत्व से भी जोड़ता है । ब्रह्म यानि सर्वोच्च , अनित्य, चिरंतन। इसी तरह स्वर्ग के अर्थ में अरबी में खुल्द शब्द है।

बजरिये ग़ालिब -

निकलना खुल्द से आदम का सुनते आए हैं लेकिन
बहुत बेआबरू होकर तेरे कूचे से हम निकले।

*
इन परी-ज़ादों से लेंगे ख़ुल्द में हम इंतिक़ाम
क़ुदरत-ए-हक़ से यही हूरें अगर वाँ हो गईं

वैसे मध्य पूर्व संगीत का एक प्रोजेक्ट है। Khamsa Khala [5] (خمسة خلا ) जिसका अर्थ हुआ Five Empty Spaces - जो पाँचों तत्वों से खाली हो। जब दुनिया पंच तत्वों से बनी है तो फिर - पाँचों तत्वों से खाली - का मतलब ??? बिल्कुल ही नई शुरुआत। यह अंग्रेज़ी के "Start with a clean slate" (स्टार्ट विथ त् क्लीन स्लेट - है।
चलते चलते… (मुनादी कविता से)
ख़ल्क़ खुदा का, मुल्क बाश्शा का
हुकुम शहर कोतवाल का...
हर खासो-आम को आगह किया जाता है
कि खबरदार रहें
और अपने-अपने किवाड़ों को अन्दर से
कुंडी चढा़कर बन्द कर लें
गिरा लें खिड़कियों के परदे
और बच्चों को बाहर सड़क पर न भेजें
क्योंकि…. . . . .
Khala - वैक्यूम , अंतरिक्ष और शुन्यता आदि के अर्थ में
२६-९-२०२२ 
***
प्रश्न -उत्तर
हिन्द घायल हो रहा है पाक के हर दंश से
गॉधीजी के बन्दरों का अब बताओ क्या करें ? -समन्दर की मौजें
*
बन्दरों की भेंट दे दो अब नवाज़ शरीफ को
बना देंगे जमूरा भारत का उनको शीघ्र ही - संजीव
२६-९-२०१६
***
नवगीत
*
क्यों न फुनिया कर
सुनूँ आवाज़ तेरी?
*
भीड़ में घिर
हो गया है मन अकेला
धैर्य-गुल्लक
में, न बाकी एक धेला
क्या कहूँ
तेरे बिना क्या-क्या न झेला?
क्यों न तू
आकर बना ले मुझे चेला?
मान भी जा
आज सुन फरियाद मेरी
क्यों न फुनिया कर
सुनूँ आवाज़ तेरी?
*
प्रेम-संसद
विरोधी होंगे न मैं-तुम
बोल जुमला
वचन दे, पलटें नहीं हम
लाएँ अच्छे दिन
विरह का समय गुम
जो न चाहें
हो मिलन, भागें दबा दुम
हुई मुतकी
और होने दे न देरी
क्यों न फुनिया कर
सुनूँ आवाज़ तेरी?
*
२४-२५ सितंबर २०१६
***
: अलंकार चर्चा ११ :
श्लेष अलंकार
भिन्न अर्थ हों शब्द के, आवृत्ति केवल एक
अलंकार है श्लेष यह, कहते सुधि सविवेक
किसी काव्य में एक शब्द की एक आवृत्ति में एकाधिक अर्थ होने पर श्लेष अलंकार होता है. श्लेष का अर्थ 'चिपका हुआ' होता है. एक शब्द के साथ एक से अधिक अर्थ संलग्न (चिपके) हों तो वहाँ श्लेष अलंकार होता है.
उदाहरण:
१. रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून
पानी गए न ऊबरे, मोती मानस चून
इस दोहे में पानी का अर्थ मोती में 'चमक', मनुष्य के संदर्भ में सम्मान, तथा चूने के सन्दर्भ में पानी है.
२. बलिहारी नृप-कूप की, गुण बिन बूँद न देहिं
राजा के साथ गुण का अर्थ सद्गुण तथा कूप के साथ रस्सी है.
३. जहाँ गाँठ तहँ रस नहीं, यह जानत सब कोइ
गाँठ तथा रस के अर्थ गन्ने तथा मनुष्य के साथ क्रमश: पोर व रस तथा मनोमालिन्य व प्रेम है.
४. विपुल धन, अनेकों रत्न हो साथ लाये
प्रियतम! बतलाओ लाला मेरा कहाँ है?
यहाँ लाल के दो अर्थ मणि तथा संतान हैं.
५. सुबरन को खोजत फिरैं कवि कामी अरु चोर
इस काव्य-पंक्ति में 'सुबरन' का अर्थ क्रमश:सुंदर अक्षर, रूपसी तथा स्वर्ण हैं.
६. जो रहीम गति दीप की, कुल कपूत गति सोय
बारे उजियारौ करै, बढ़े अँधेरो होय
इस दोहे में बारे = जलाने पर तथा बचपन में, बढ़े = बुझने पर, बड़ा होने पर
७. लाला ला-ला कह रहे, माखन-मिसरी देख
मैया नेह लुटा रही, अधर हँसी की रेख
लाला = कृष्ण, बेटा तथा मैया - यशोदा, माता (ला-ला = ले आ, यमक)
८. था आदेश विदेश तज, जल्दी से आ देश
खाया या कि सुना गया, जब पाया संदेश
संदेश = खबर, मिठाई (आदेश = देश आ, आज्ञा यमक)
९. बरसकर
बादल-अफसर
थम गये हैं.
बरसकर = पानी गिराकर, डाँटकर
१०. नागिन लहराई, डरे, मुग्ध हुए फिर मौन
नागिन = सर्पिणी, चोटी
***
नवगीत:
*
एक शाम
करना है मीत मुझे
अपने भी नाम
.
अपनों से,
सपनों से,
मन नहीं भरा.
अनजाने-
अनदेखे
से रहा डरा.
परिवर्तन का मंचन
जब कभी हुआ,
पिंजरे को
तोड़ उड़ा
चाह का सुआ.
अनुबंधों!
प्रतिबंधों!!
प्राण-मन कहें
तुम्हें राम-राम.
.
ज्यों की त्यों
चादर कब
रह सकी कहो?
दावानल-
बड़वानल
सह, नहीं दहो.
पत्थर का
वक्ष चीर
गंग
सलिल सम बहो.
पाये को
खोने का
कुछ मजा गहो.
सोनल संसार
हुआ कब कभी कहो
इस-उस के नाम?
.
संझा में
घिर आयें
याद मेघ ना
आशुतोष
मौन सहें
अकथ वेदना.
अंशुमान निरख रहे
कालचक्र-रेख.
किस्मत में
क्या लिखा?,
कौन सका देख??
पुष्पा ले जी भर तू
ओम-व्योम, दिग-दिगंत
श्रम कर निष्काम।
***
गीत:
*
ह्रदय प्रफुल्लित
मुकुलित मन
अपनों से मिलकर
*
सद्भावों की क्यारी में
प्रस्फुटित सुमन कुछ
गंध बिखेरें अपनेपन की.
स्नेहिल भुजपाशों में
बँधकर बाँध लिया सुख.
क्षणजीवी ही सही
जीत तो लिया सहज दुःख
बैर भाव के
पर्वत बौने
काँपे हिलकर
ह्रदय प्रफुल्लित
मुकुलित मन
सपनों से मिलकर
*
सलिल-धार में सुधियों की
तिरते-उतराते
छंद सुनाएँ, उर धड़कन की.
आशाओं के आकाशों में
कोशिश आमुख,
उड़-थक-रुक-बढ़ने को
प्रस्तुत, चरण-पंख कुछ.
बाधाओं के
सागर सूखे
गरज-हहरकर
ह्रदय प्रफुल्लित
मुकुलित मन
छंदों से मिलकर
*
अविनाशी में लीन विनाशी
गुपचुप बिसरा, काबा-
काशी, धरा-गगन की.
रमता जोगी बन
बहते जाने को प्रस्तुत,
माया-मोह-मिलन के
पल, पल करता संस्तुत.
अनुशासन के
बंधन पल में
टूटे कँपकर.
ह्रदय प्रफुल्लित
मुकुलित मन
नपनों से मिलकर
*
मुक्त, विमुक्त, अमुक्त हुए
संयुक्त आप ही
मुग्ध देख छवि निज दरपन की.
आभासी दुनिया का हर
अहसास सत्य है.
हर प्रतीति क्षणजीवी
ही निष्काम कृत्य है.
त्याग-भोग की
परिभाषाएँ
रचें बदलकर.
ह्रदय प्रफुल्लित
मुकुलित मन
गंधों से मिलकर
*
मुक्तक:
घाट पर ठहराव कहाँ?
राह में भटकाव कहाँ?
चलते ही रहना है-
चाह में अटकाव कहाँ?
२६-९-२०१५

***

बाल नव गीत:

ज़िंदगी के मानी

*

खोल झरोखा, झाँक-

ज़िंदगी के मानी मिल जायेंगे.

मेघ बजेंगे, पवन बहेगा,

पत्ते नृत्य दिखायेंगे.....

*

बाल सूर्य के संग ऊषा आ,

शुभ प्रभात कह जाएगी.

चूँ-चूँ-चूँ-चूँ कर गौरैया

रोज प्रभाती गायेगी..



टिट-टिट-टिट-टिट करे टिटहरी,

करे कबूतर गुटरूं-गूं-

कूद-फांदकर हँसे गिलहरी

तुझको निकट बुलायेगी..



आलस मत कर, आँख खोल,

हम सुबह घूमने जायेंगे.

खोल झरोखा, झाँक-

ज़िंदगी के मानी मिल जायेंगे.....

*

आई गुनगुनी धूप सुनहरी

माथे तिलक लगाएगी.

अगर उठेगा देरी से तो

आँखें लाल दिखायेगी..



मलकर बदन नहा ले जल्दी,

प्रभु को भोग लगाना है.

टन-टन घंटी मंगल ध्वनि कर-

विपदा दूर हटाएगी.



मुक्त कंठ-गा भजन-आरती,

सरगम-स्वर सध जायेंगे.

खोल झरोखा, झाँक-

ज़िंदगी के मानी मिल जायेंगे.....

*

मेरे कुँवर कलेवा कर फिर,

तुझको शाला जाना है.

पढ़ना-लिखना, खेल-कूदना,

अपना ज्ञान बढ़ाना है..



अक्षर,शब्द, वाक्य, पुस्तक पढ़,

तुझे मिलेगा ज्ञान नया.

जीवन-पथ पर आगे चलकर

तुझे सफलता पाना है..



सारी दुनिया घर जैसी है,

गैर स्वजन बन जायेंगे.

खोल झरोखा, झाँक-

ज़िंदगी के मानी मिल जायेंगे.....
२६-९-२०१०
*

कोई टिप्पणी नहीं: