कुल पेज दृश्य

हिंग्लिश ग़ज़ल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिंग्लिश ग़ज़ल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 11 फ़रवरी 2025

फरवरी ११, नर्मदा, लहसुन, हिंग्लिश ग़ज़ल, कृष्णदास, सॉनेट, सर्वोदय, विराट,

सलिल सृजन फरवरी ११
पूर्णिका
नर्मदा
कल-कल कल-कल बहो नर्मदा।
निर्मल-निश्छल रहो नर्मदा।।
.
कल्प-कल्प नव संरचना कर
युग-परिवर्तन गहो नर्मदा।।
.
लहर-लहर ओंकार सुनाओ
हहर-हहर सच कहो नर्मदा।।
.
शोण-जोहिला, विंध्य त्रिपुर को
मिटते देख न ढहो नर्मदा।।
.
इस तट गौरा, उस तट बौरा
प्रणय-कथाएँ तहो नर्मदा।।
.
 जीवन दाता गुफा-सघन वन
असत-अनीति न सहो नर्मदा।।
.
मन मंदिर आ संजीवित कर
प्राण अग्नि बन दहो नर्मदा।।
०००
मुक्तक
मुक्त मन मंथन करे मुक्तक बने।
कथ्य-रस-लय-तुक मिले मुक्तक बने।।
बिंब, मिथक, प्रतीक सह निहितार्थ से-
झूम जब पाठक उठे मुक्तक बने।।
राम प्रताप दशानन जाने या जाने हनुमान।
एक करे निंदा; दूजा करता है महिमा गान।।
जिसकी रही भवन जैसी; वैसा ही परिणाम-
मारा गया एक; दूजा है जनपूजित भगवान।।
११.२.२०२५
०००
स्वास्थ्य विमर्श / आयुर्वेद
लहसुन के चमत्कारी फायदे
*
लहसुन सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता बल्कि शरीर की रोग प्रतिरोधी क्षमता को भी बढ़ाता है। इसमें प्रोटीन, विटामिन, खनिज, लवण और फॉस्फोरस, आयरन व विटामिन ए,बी व सी भी होते हैं। किसी भी तरह लहसुन का सेवन करना शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होता है। लहसुन का सेवन निम्न रोगों में लाभदायक है-
१. १०० ग्राम सरसों के तेल में दो ग्राम (आधा चम्मच) अजवाइन के दाने और आठ-दस लहसुन की कली डालकर धीमी-धीमी आँच पर पकाएँ। जब लहसुन और अजवाइन काली हो जाए तब तेल उतारकर ठंडा कर छान लें और बोतल में भर दें। इस तेल को गुनगुना कर इसकी मालिश करने से बदन का दर्द दूर होता है।
२. लहसुन की एक कली छीलकर सुबह एक गिलास पानी से निगल लेने से रक्त में कोलेस्ट्रॉल का स्तर नियंत्रित रहता है।साथ ही ब्लडप्रेशर भी कंट्रोल में रहता है।
३. लहसुन डायबिटीज के रोगियों के लिए फायदेमंद है। यह शुगर के स्तर को नियंत्रित करता है।
४. खाँसी और यक्ष्मा (तपेदिक/टीबी) में लहसुन बेहद फायदेमंद है।
५. लहसुन के रस की कुछ बूँदें रुई पर डालकर सूँघने से सर्दी दूर होती है।
६. ३० मिलीलीटर दूध में लहसुन की पाँच कलियाँ उबालकर इस मिश्रण का हर रोज सेवन करने से दमे में शुरुआती अवस्था में काफी फायदा मिलता है। अदरक की गरम चाय में लहसुन की दो पिसी कलियाँ मिलाकर पीने से भी अस्थमा नियंत्रित रहता है।
७. लहसुन की दो कलियों को पीसकर उसमें और एक छोटा चम्मच हल्दी पाउडर मिला कर क्रीम बनाकार लगाएँ, मुहाँसे साफ हो जाएँगे ।
८. लहसुन की दो कलियाँ पीसकर एक गिलास दूध में उबाल लें और ठंडा कर सुबह-शाम पिएँ, दिल से संबंधित बीमारियों में आराम मिलता है। रोज नियमित रूप से लहसुन की पाँच कलियाँ खाएँ, हृदय संबंधी रोग की संभावना घटती है।
९. लहसुन के नियमित सेवन से पेट और भोजन की नली का कैंसर और स्तन कैंसर की सम्भावना कम हो जाती है।
१०. नियमित लहसुन खाने से (रक्तचाप) ब्लडप्रेशर नियमित रहता है।
११. एसीडिटी और गैस्टिक ट्रबल में लहसुन का प्रयोग फायदेमंद होता है।
१२. लहसुन की ५ कलियों को थोड़ा पानी डालकर पीस लें और उसमें १० ग्राम शहद मिलाकर सुबह-शाम सेवन करें, सफेद बाल काले होते हैं।
१३. इसको पीसकर त्वचा पर लेप करने से विषैले कीड़ों के काटने या डंक मारने से होने वाली जलन कम हो जाती है।
१४. जुकाम और सर्दी में लहसुन रामबाण की तरह काम करता है।
१५. पाँच साल तक के बच्चों में होने वाले प्रॉयमरी कॉम्प्लेक्स में लहसुन बहुत फायदा करता है।
१६. लहसुन को दूध में उबालकर पिलाने से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
१७. लहसुन की कलियों को आग में भून कर खिलाने से बच्चों की साँस चलने की तकलीफ कम होती है।
१८. लहसुन का सेवन गठिया और अन्य जोड़ों के रोग में बहुत ही लाभदायक है।
१९. लहसुन की बदबू से बचने के लिए लहसुन को छीलकर या पीसकर दही में मिलाकर खाइए या लहसुन खाने के बाद जरा सा गुड़ और सूखा धनिया मिलाकर चूसें तो आपके मुँह से बदबू नहीं आएगी।
११.२.२०१४
***
हिंग्लिश ग़ज़ल
Sunday Monday any day.
Please do not forget to pray.
यार-दोस्त होते किसके?
मतलब साधा औ' खिसके।।
Honesty is policy best.
Never lie it never pay.
डंडे झंडे कोलाहल
अफसर नेता मुस्टंडे।।
One day every one to Go.
No one can always stay.
'सलिल' न गर्मी रहे सदा
नहीं सदा बादल बरसे।।
११.२.२०२४
•••
कृष्ण भक्त कृष्णदास जी
*
कृष्णदास के सत्य ने, किया कृष्ण का दास।
भाव सागर से दूर हो, हुए कृष्ण के पास।।
*
श्री वल्लभ आचार्य से, मिली कृपा-विश्वास।
अधिकारी बन बही की, लेखन विधि की खास।।
*
पर उपकारी वृत्ति का, किया अनुकरण नित्य।
पिता तजे हरि पिता की, पाई भक्ति अनित्य ।।
*
हो अधिकारी हो गए, सेवक खासुलखास।
सेवा में हो कमी न कुछ, प्रभु से थी यह आस।।
*
कृष्ण युगल की भक्ति की, भाषा मंजुल भाव।
की उपासना अन्यतम, कीर्तन रचना चाव।।
*
रच कवित्त निर्दोष नित, प्रभु-अर्पण कर मस्त।
कृष्णदास-सिर पर रहा, राधा-माधव हस्त।।
*
तेजस्वी थे भक्ति-पथ, पथिक कृष्ण के भक्त।
कृष्ण-कार्य में लीन थे, पद-सेवा अनुरक्त।।
*
राम-कृष्ण हरि ही रहे, दो न रहे वे एक।
दृष्टि द्वैत-अद्वैत की, करी समन्वित नेक।।
*
भक्ति-जगत व्यवहार का, किया समन्वय खूब।
कार्य व्यवस्था श्रेष्ठ की, भाव-भक्ति में डूब।।
*
रतिमय राधा-कृष्ण का, मर्यादित शृंगार।
वर्णित कर कीर्तन किया, कृष्ण भक्ति आगार।।
*
कृष्ण-भक्ति कर्तव्य का, हो अभिन्न पर्याय।
काम किया निष्काम हो, था हरि-हित स्वीकार्य।।
*
प्रेम तत्व में डूबकर, रस लीला साक्षात।
किया कीर्तन में लिखा, दस दिश हो विख्यात।।
*
माया-मोहित थे न वे, विषय मुक्त थे आप।
पंकज सम थे पंक में, दूर रहा हर पाप।।
*
विविध रूप श्री कृष्ण के, थे अनेक में एक।
कृष्णदास ने सत्य को, साधा सहित विवेक।।
११.२.२०२४
***
सॉनेट 
रस
*
रस गागर रीते फिर फिर भर।
तरस न बरस सरस होकर मन।
नीरस मत हो, हरष हुलस कर।।
कलकल कर निर्झर सम हर जन।।
दरस परस कर, उमग-उमगकर।
रूपराशि लख, मादक चितवन।
रसनिधि अक्षर नटवर-पथ पर।।
हो रस लीन श्वास कर मधुबन।।
जग रसखान मान, अँजुरी भर।
नेह नर्मदा जल पी आत्मन!
कर रस पान, पुलक जय-जयकर।।
सुबह शाम हर फागुन-सावन।।
लगे हाथ रस गर न बना रस।
लूट लुटा रे धँस-हँस बतरस ।।
११-२-२०२२
•••
एक दोहा
अपनी अपनी रोटियां सेंकें नेता लोग
मँहगाई से मर रही जनता इन्हें न सोग
***
सर्वोदय गीत
सर्वोदय भारत का सपना।
हो साकार स्वप्न हर अपना।।
*
हम सब करें प्रयास निरंतर।
रखें न मनुज मनुज में अंतर।।
एक साथ हम कदम बढ़ाएँ।
हाथ मिला श्रम की जय गाएँ।।
युग अनुकूल गढ़ों नव नपना।
सर्वोदय भारत का सपना।।
*
हर जन हरिजन हुआ जन्म से।
ले-देकर है वणिक कर्म से।।
रक्षा कर क्षत्रिय हैं हम सब।
हो मतिमान ब्राह्मण हैं सब।।
कर्म साध्य नहिं माला जपना।
सर्वोदय भारत का सपना।।
*
श्रम सीकर में विहँस नहाएँ।
भूमिहीन को भू दे गाएँ।।
ऊँच-नीच दुर्भाव मिटाएँ।
स्नेह सलिल में सतत नहाएँ।।
अंधभक्ति तज, सच है वरना।
सर्वोदय भारत का सपना।।
***
कृति चर्चा :
दोहा गाथा : छंदराज पर शोधपरक कृति
*
[कृति विवरण : दोहा गाथा, शोध कृति, अमरनाथ, प्रथम संस्करण २०२०, २१ से.मी. x १४ से.मी., आवरण पेपरबैक बहुरंगी, पृष्ठ ९६, मूल्य १५०/-, समन्वय प्रकाशन अभियान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१]
विश्ववाणी हिंदी के छंद कोष का कालजयी रत्न छंदराज दोहा, कवियों हो सर्वाधिक प्रिय रहा है और रहेगा भी। छन्दाचार्य अभियंता अमरनाथ जी द्वारा रचित 'दोहागाथा' गागर में सागर की तरह लघ्वाकारी किन्तु गहन शोध परक कृति है। खंड काव्य जटायु व कालजयी, कहानी संग्रह जीवन के रंग तथा आस पास बिखरी हुई जिंदगी, नव विधा क्षणिका संग्रह चुटकी, भजन संग्रह चरणों में, व्यंग्य संग्रह खरी-खोटी तथा सूक्ष्म समीक्षा कृति काव्य रत्न के सृजन के पश्चात् दोहागाथा अमरनाथ साहित्य का नौवा रत्न है। कहावत है 'लीक तोड़ तीनों चलें शायर सिंह सपूत' अमर नाथ जी इन तीनों गुणों से संपन्न हैं। शायर अर्थात कवि तो वे हैं ही, अभियंता संघों में आंदोलन-काल में सिंह की तरह दहाड़ते अमरनाथ को जिन्होंने सुना है, वे भूल नहीं सकते। अमरनाथ जी जैसा सपूत हर माता-पिता चाहता है। अमरनाथ जी के व्यक्तित्व के अन्य अनेक पक्ष पर्यावरण कार्यकर्ता, समाज सुधारक, बाल शिक्षाविद, समीक्षक तथा संपादक भी हैं।
दोहा गाथा में दोहे का इतिहास, उत्पत्ति, परिभाषा एवं विकास क्रम, दोने का विधान एवं संरचना तथा दोहे के भेद, दोहे के उर्दू औजान शीर्षकों के अन्तर्गत नव दोहाकारों ही नहीं वरिष्ठ दोहाकारों के लिए भी बहुमूल्य सामग्री संकलित की गई है। विषय सामग्री का तर्कसम्मत प्रस्तुतीकरण करते समय सम्यक उदाहरण 'सोने में सुहागा' की तरह हैं। दोय, होय जैसे क्रिया रूप शोध कृति में उचित नहीं प्रतीत होते। लेखन का नाम मुखपृष्ठ पर 'अमरनाथ', पृष्ठ ८-९ पर 'अमर नाथ' होना खीर में कंकर की तरह खटकता है। दोहा-विधान पर प्रकाश डालते समय कुछ नए-पुराने दोहाकारों के दोहे प्रस्तुत किये जाने से कृति की उपयोगिता में वृद्धि हुई है। हिंदी छंद संबंधी शोध में फ़ारसी बह्रों और छंद दोषों का उल्लेख क्यों आवश्यक क्यों समझा गया? क्या उर्दू छंद शास्त्र की शोध कृति में हिंदी या अन्य भाषा के छंदों का विवेचन किया जाता है? विविध भाषाओँ के छंदों का तुलनात्मक अध्ययन उद्देश्य हो तो भारत की अन्य भाषाओँ-बोलिओं से भी सामग्री ली जानी चाहिए। हिंदी छंद की चर्चा में उर्दू की घुसपैठ खीर और रायते के मिश्रण की तरह असंगत प्रतीत होता है।
दोहा रचना संबंधी विधान विविध पिङगल ग्रंथों से संकलित किये जाना स्वाभाविक है, वैशिष्ट्य यह है कि विषम-चरणों की कल-बाँट सोदाहरण समझाई गई है। विविध भाषाओँ/बोलिओं तथा रसों के दोहे कृति को समृद्ध करते हैं किंतु इसे और अधिक समृद्ध किया जा सकता है। दोहे के विविध रूप संबंधी सामग्री रोचक तथा ज्ञानवर्धक है।
दोहा के चरणों की अन्य छंदों के चरणों से तुलना श्रमसाध्य है। यह कार्य अपूर्ण रहना ही है, यह छंद प्रभाकर में जगन्नाथ प्रसाद 'भानु' द्वारा दी गई छंद संख्या (मात्रिक छंद ९२,२७,७६३, वर्णिक छंद १३, ४२,१७, ६२६, उदाहरण ७०० से कुछ अधिक) से ही समझा जा सकता है। दोहा रचना में इस तुलनात्मक अध्ययन की आवश्यकता नहीं है तथापि शोध की दृष्टी से इसकी उपादेयता असंदिग्ध है।
दोहे के विषम या सैम चरणों में संशोधन से निर्मित छंद संबंधी सामग्री के संबंध में यह कैसे निर्धारित किया जाए की उन छड़ों में परिवर्तन से दोहा बना या दोहे में परिवर्तन से वे छंद बने। विविध छंदों के निर्माण की तिथि ज्ञात न होने से यह निर्धारित नहीं किया जा सकता की किस छंद में परिवर्तन से कौन सा छंद बना या वे स्वतंत्र रूप से बने। दोहे के उलटे रूप शीर्षक से प्रस्तुत सामग्री रोचक है। चौबीस मात्रिक अन्य ७५,०२५ छंदों में से केवल २० छंदों का उल्लेख ऊँट के मुंह में जीरे की तरह है।
दोहे का अन्य छंदों के साथ प्रयोग शीर्षक अध्याय प्रबंध काव्य रचना की दृष्टि से बहुत उपयोगी है।
दोहे में परिवर्तन कर बनाये गए नए छंदों का औचित्य भविषा निर्धारित करेगा की इन्हें अपनाया जाता है या नहीं?
संख्यावाचक शब्दावली का उल्लेख अपर्याप्त है।
कृति के अंत में आभार प्रदर्शन लेखक की ईमानदारी की मिसाल है।
मुखपृष्ठ पर कबीर, रहीम, तुलसी तथा बिहारी के चित्रों से कृति की शोभा वृद्धि हुई है किंतु प्रकाशन की चूक से बिहारी के नाम के साथ विद्यापति का चित्र लग गया है। इस गंभीर त्रुटि का निवारण बिहारी के वास्तविक चित्र के स्टिकर यथस्थान चिपकाकर किया जा सकता है।
यह निर्विवाद है कि इस कृति की अधिकांश सामग्री पूर्व प्राप्य नहीं है। अमरनाथ जी ने वर्षों तक सैंकड़ों पुस्तकों और पत्रिकाओं का अध्ययन कर उदाहरण संकलित किये हैं। किसी भी नई सामग्री के विवेचन और विश्लेषण में मतभेद स्वाभाविक है किंतु विषय के विकास की दृष्टि से ऐसे गूढ़ अध्ययन की प्रासंगिकता, उपादेयता और मौलिकता प्रशंसनीय ही नहीं पठनीय एवं मननीय भी है। इस सारस्वत शोधपरक प्रस्तुति हेतु अमरनाथ जी साधुवाद के पात्र हैं। दोहाकारों ही नहीं अन्य छंदों के अध्येताओं और रचनाकारों को भी इस कृति का अध्ययन करना चाहिए।
११.२.२०२१
***
दिल्ली बोली
*
बड़बोलों ने खाई पटकनी
दिल्ली बोली
पैदल ने वजीर को मारा
औंधे मुँह वह जो हुंकारा
जो गरजे वे मेघ न बरसे
जनहितकारी की पौबारा
अब जुबान पर लगा चटकनी
बड़बोलों ने खाई पटकनी
दिल्ली बोली
कथनी करनी का जो अंतर
लोग समझते; चला न मंतर
भानुमती का कुनबा आया
रोगी भोगी सब छूमंतर
शुरू हो गई पैर तले से दरी सरकनी
बड़बोलों ने खाई पटकनी
दिल्ली बोली
बंदर बाँट कर रहे लड़वा
सेठों के हित विधि से सधवा
पूज गोडसे; गाँधी ठुकरा
बेकारी मँहगाई बढ़वा
कड़वी गोली पड़ी गटकनी
बड़बोलों ने खाई पटकनी
दिल्ली बोली
११.२.२०२०
***
नवगीत :
.
दुनिया
बहुत सयानी लिख दे
.
कोई किसी की पीर न जाने
केवल अपना सच, सच माने
घिरा तिमिर में
जैसे ही तू
छाया भी
बेगानी लिख दे
.
अरसा तरसा जमकर बरसा
जनमत इन्द्रप्रस्थ में सरसा
शाही सूट
गया ठुकराया
आयी नयी
रवानी लिख दे
.
अनुरूपा फागुन ऋतु हर्षित
कुसुम कली नित प्रति संघर्षित
प्रणव-नाद कर
जनगण जागा
याद आ गयी
नानी लिख दे
.
भूख गरीबी चूल्हा चक्की
इनकी यारी सचमुच पक्की
सूखा बाढ़
ठंड या गर्मी
ड्योढ़ी बाखर
छानी लिख दे
.
सिहरन खलिश ख़ुशी गम जीवन
उजली चादर, उधड़ी सीवन
गौरा वर
धर कंठ हलाहल
नेह नरमदा
पानी लिख दे
...
नवगीत:
.
आम आदमी
हर्ष हुलास
हक्का-बक्का
खासमखास
रपटे
धारों-धार गये
.
चित-पट, पट चित, ठेलमठेल
जोड़-घटाकर हार गये
लेना- देना, खेलमखेल
खुद को खुद ही मार गये
आश्वासन या
जुमला खास
हाय! कर गया
आज उदास
नगदी?
नहीं, उधार गये
.
छोडो-पकड़ो, देकर-माँग
इक-दूजे की खींचो टाँग
छत पानी शौचालय भूल
फाग सुनाओ पीकर भाँग
जितना देना
पाना त्रास
बिखर गया क्यों
मोद उजास?
लोटा ले
हरि द्वार गये
११.२.२०१५
...
हिंदी आटा माढ़िए, उर्दू मोयन डाल
'सलिल' संस्कृत सान दे, पूरी बने कमाल
...
कृति चर्चा:
बोल मेरी ज़िंदगी: हिंदी ग़ज़ल का उजला रूप
चर्चाकार: संजीव वर्मा 'सलिल'
*
(कृति विवरण: बोल मेरी ज़िंदगी, हिंदी गज़ल संग्रह, चंद्रसेन 'विराट', आकर डिमाई, आवरण सजिल्द बहुरंगी, पृष्ठ १८४, मूल्य ३००ऋ, समान्तर पब्लिकेशन तराना, उज्जैन)
*
हिंदी गीतिकाव्य की मुक्तिका परंपरा के शिखर हस्ताक्षरों में प्रमुख, हिंदी की भाषिक शुद्धता के सजग पहरुए, छांदस काव्य के ध्वजवाहक चंद्रसेन विराट का नया हिंदी गज़ल संग्रह 'बोल मेरो ज़िंदगी' हिंदी ग़ज़ल के उज्जवल रूप को प्रस्तुत करता है. संग्रह का शीर्षक ही ग़ज़लकार के सृजन-प्रवाह की लहरियों के नर्तन में परिवन का संकेत करता है. पूर्व के ११ हिंदी गज़ल संग्रहों से भिन्न इस संग्रह में भाषिक शुद्धता के प्रति आग्रह में किंचित कमी और भाषिक औदार्य के साथ उर्दू के शब्दों के प्रति पूर्वपेक्षा अधिक सहृदयता परिलक्षित होती है. सम्भवतः सतत परिवर्तित होते परिवेश, नयी पीढ़ी की भाषिक संवेदनाएं और आवश्यकताएं तथा समीक्षकीय मतों ने विराट जी को अधिक औदार्यता की और उन्मुख किया है.
गीतिका, उदयिका, प्रारम्भिक, अंतिका, पदांत, तुकांत जैसी सारगर्भित शब्दावली के प्रति आग्रही रही कलम का यह परिवर्तन नए पाठक को भले ही अनुभव न हो किन्तु विराट जी के सम्पूर्ण साहित्य से लगातार परिचित होते रहे पाठक की दृष्टि से नहीं चूकता। पूर्व संग्रहों निर्वासन चाँदनी में रूप-सौंदर्य, आस्था के अमलतास में विषयगत व्यापकता, कचनार कि टहनी में अलंकारिक प्रणयाभिव्यक्ति, धर के विपरीत में वैषम्य विरोध, परिवर्तन की आहट में सामयिक चेतनता, लड़ाई लम्बी में मानसिक परिष्कार का आव्हान, मयय कर मेरे समय में व्यंग्यात्मकता, इस सदी का आदमी में आधुनिकताजन्य विसंगतियों पर चिंता, हमने कठिन समय देखा है में विद्रूपताओं की श्लेषात्मक अभिव्यञ्जना, खुले तीसरी आँख में उज्जवल भविष्य के प्रति आस्था के स्वरों के बाद बोल मेरी ज़िंदगी में आम आदमी की सामर्थ्य पर विश्वास की अभिव्यक्ति का स्वर मुखर हुआ है. विराट जी का प्रबुद्ध और परिपक्व गज़लकार सांस्कारिक प्रतिबद्धता, वैश्विक चेतना, मानवीय गरिमा, राष्ट्रीय सामाजिकता और स्थानीय आक्रोश को तटस्थ दृष्टि से देख-परख कर सत्य की प्रतीति करता-कराता है.
विश्व भाषा हिंदी के समृद्धतम छंद भंडार की सुरभि, संस्कार, परंपरा, लोक ग्राह्यता और शालीनता के मानकों के अनुरूप रचित श्रेष्ठ रचनाओं को प्रयासपूर्वक खारिज़ करने की पूर्वाग्रहग्रसित आलोचकीय मनोवृत्ति की अनदेखी कर बह्र-पिंगल के छन्दानुशासन को समान महत्त्व देते हुए अंगीकार कर कथ्य को लोकग्राह्य और प्रभावी बनाकर प्रस्तुत कर विराट जी ने अपनी बात अपने ही अंदाज़ में कही है;
'कैसी हो ये सवाल ज़रा बाद में हल हो
पहली यह शर्त है कि गज़ल है तो गज़ल हो
भाषा में लक्षणा हो कि संकेत भरे हों
हो गूढ़ अर्थवान मगर फिर भी सरल हो'
अरबी-फ़ारसी के अप्रचलित और अनावश्यक शब्दों का प्रयोग किये बिना और मात्राएँ गिराए बिना छोटी, मझोली और बड़ी बहरों की ग़ज़लों में शिद्दत और संजीदगी के साथ समर्पण का अद्भुत मिश्रण है. विराट जी आलोचकीय दृष्टि की परवाह न कर अपने मानक आप बनाते हैं-
तृप्त हो जाए सुधीजन यह बहुत / फिर समीक्षक से विवेचन हो न हो
जी सकूं मैं गीत को कृतकृत्य हो / अब निरंतर गीत लेखन हो न हो
*
ग़ालिब ने अपने अंदाज़े बयां को 'और' अर्थात अनूठा बताया था, विराट जी की कहाँ अपनी मिसाल आप है :
देह की दूज तो मन गयी / प्रेम की पंचमी रह गयी
*
मूढ़ है मौज में आज भी / और ज्ञानी परेशान है
*
मादा सिर्फ न माँ भी तू / नत होकर औरत से कह
*
लूं न जमीं के बदले में / यह जुमला जन्नत से कह
*
आते कल के महामहिम बच्चे / उनको उठकर गुलाब दो पहले
*
गुम्बद का जो मखौल उड़ाती रही सदा / मीनार जलजले में वो अबके ढही तो है
*
विराट मूलतः गीतकार हैं. उनका गीतकार मुक्तिकाकर का विरोधी नहीं पूरक है. वे गज़ल में भी गीत की दुहाई न सिर्फ देते है बल्कि पूरी दमदारी से देते हैं:
गीत की सर्जना / ज्यों प्रसव-वेदना
*
जी सकूँ मैं गीत को कृतकृत्य हो / अब निरंतर गीत लेखन हो न हो
*
क्षमा हरगिज़ न माँगूँगा / ये गर्दन गंग कवि की है
*
मैं कवि ब्रम्ह रचना में रत हूँ हे देवों!
*
उनका दवा था रचना मौलिक है / वह मेरे गीत की नकल निकली
*
तू रख मेरे गीत नकद / यश की आय मुझे दे दे
*
मुक्त कविता के घर में गीतों का / छोड़कर क्यों शिविर गया कोई?
*
हम भावों को गीत बनाने / शब्दों छंदों लय तक पहुँचे
*
ह्रदय तो गीत से भरता / उदर भरता न पर जिससे
*
मेरे गीत! कुशलता से / मर्मव्यथा मार्दव से कह
*
गीत! इस मरुस्थल में तू कहाँ चला आया
*
बेच हमने भी दिए गीत नहीं रोयेंगे / पेट भर खायेंगे हम आज बहुत सोयेंगे
*
विराट जी हिंदी के वार्णिक-मात्रिक छंदों की नींव पर हिंदी ग़ज़ल के कथ्य की इमारत खड़ी कर उर्दू के बहरो-अमल से उसकी साज-सज्जा करते हैं. हिंदी ग़ज़लों की इस केसरिया स्वादिष्ट खीर में बराए नाम कुछ कंकर भी हैं जो चाँद में दाग की तरह हैं:
ये मीठी हँसी की अधर की मिठाई / हमें कुछ चखाओ गज़ल कह रहा हूँ
यहाँ प्रेमी अपनी प्रेमिका से अधरों की मधुरता चखने का निवेदन कर रहा है. कोई प्रेमी अपनी प्रेमिका से अनेकों को अधर-रस-पान करने का अनुरोध नहीं कर सकता। अतः, कर्ता एकवचन 'हैम' के स्थान पर 'मैं' होगा। यहाँ वचन दोष है.
दिल को चट्टान मान बैठे थे / किस कदर अश्रु से सजल निकली
यहाँ 'चट्टान' पुल्लिंग तथा 'निकली' स्त्रीलिंग होने से लिंग दोष है.
पत्नी को क्यों लगाया युधिष्ठिर बताइये / क्यों दांव पर स्वयं को लगाया नहीं गया?
महाभारत में वर्णित अनुसार युधिष्ठिर पहले राज्य फिर भाइयों को, फिर स्वयं को तथा अंत में द्रौपदी को हारे थे. अतः, यहाँ तथ्य दोष है.
'मौन क्यों रहती है तू' शीर्षक ग़ज़ल में 'रहती है तू, कहती है तू, महती है तू, दहति है तू, ढहती है तू, बहती है तू तथा सहती है तू' के साथ 'वरती है तू' का प्रयोग खटकता है.
'वचनों से फिर गया कोइ' शीर्षक गज़ल की अंतिम द्विपदी 'यह तो मौसन था उसके खिलने का / हाय, इसमें ही खिर गया कोई' में प्रयुक्त 'खिर' शब्द हिंदी-उर्दू शब्द कोष में नहीं मिला। यहाँ 'ही' को 'हि' की तरह पढ़ना पड़ रहा है जो हिंदी ग़ज़ल में दोष कहा जायेगा। यदि 'हाय, इसमें बिखर गया कोई' कर दिया जाए तो लय और अर्थ दोनों सध जाते हैं.
विराट जी की रचनाओं में पौराणिक मिथकों और दृष्टान्तों का पिरोया जाना स्वाभाविक और सहज है. इस संग्रह का वैशिष्ट्य गीता-महाभारत-कृष्ण सम्बन्धी प्रसंगों का अनेक स्थलों पर विविध सन्दर्भों में मुखर होना है. यथा: हो चूका अन्याय तब भी जातियों के नाम पर / मान्य अर्जुन को किया पर कर्ण ठुकराया गया, बढ़ोगे तुम भी लक्ष्य वो चिड़िया की आँख का / अर्जुन की भाँति खुद को निष्णात तो करो, उठा दे दखल ज़िंदगी / यक्ष के ताल से चुन कमल ज़िंदगी, प्राप्त माखन नहीं / छाछ को क्यों मथा, सब कोष तो खुले हैं कुबेरों के वास्ते / लेकिन किसी सुदामा को अवसर तो नहीं है, फेन काढ़ता है दंश को उसका अहम् सदा / तक्षक का खानदान है / है तो हुआ करे, समर में कृष्ण ने जो भी युधिष्ठिर से कहलवाया / 'नरो वा कुंजरो वा' में सचाई है- नहीं भी है, हम अपनी डाल पर हैं सुरक्षित तो न चिंता / उन पर बहेलिये का है संधान हमें क्या? मोर का पंख / यश है मुकुट का बना, तुम बिना कृष्ण के अर्जुन हो उठो भीलों से / गोपियाँ उनकी बचा लो कि यही अवसर है, भीष्म से पार्थ बचे और न टूटे प्रण भी / कृष्ण! रथ-चाक उठा लो कि यही अवसर है, भोले से एकलव्य से अंगुष्ठ माँगकर / अर्जुन था द्रोण-शिष्य विरल कर दिया गया, एक सपना तो अर्जुन बने / द्रोण सी शिक्षा-दीक्षा करें आदि. उल्लेखनीय है कि एक ही प्रसंग को दो स्थानों पर दो भिन्नार्थों में प्रयोग किया गया है. यह गज़लकार की असाधारण क्षमता का परिचायक है.
सारतः, अनुप्रास, उपमा और दृष्टान्त विराट जी को सर्वाधिक प्रिय अलंकार हैं जिनका प्रयोग प्रचुरता से हुआ है. विराट जी की शब्द सामर्थ्य स्पृहणीय है. हिंदी शब्दों के साथ संस्कृत, उर्दू तथा देशज शब्दों का स्वाभाविक प्रयोग हुआ है जबकि अंगरेजी शब्द (सेंसेक्स, डॉक्टर आदि) अपरिहार्य होने पर अपवाद रूप ही हैं. संग्रह में प्रयुक्त भाषा प्रसाद गुण संपन्न है. व्यंग्यात्मक, अलंकारिक तथा उद्बोधनात्मक शैली में विराट जी पाठक के मन को बाँध पाये हैं. सामाजिक-सांस्कृतिक सन्दर्भों की कसौटी पर चतुर्दिक घट रही राजनैतिक घटनाओं और सामाजिक परिवर्त्तनों पर सजग कवि की सतर्क प्रतिक्रिया गज़लों को पठनीय ही नहीं ग्रहणीय भी बनाती हैं. सामयिक संकलनों की भीड़ में विराट जी का यह संग्रह अपनी परिपक्व चिनतंपूर्ण ग़ज़लों के कारण पाठकों को न केवल भायेगा अपितु बार-बार उद्धृत भी किया जायेगा।
११.२.२०१४
***

शनिवार, 10 फ़रवरी 2024

१० फरवरी, सोरठा, हास्य, वेलेंटाइन, नवगीत, लघुकथा, दोहा, कोरोना, फाग, बुंदेली, ऋद्धि छंद, हिंग्लिश ग़ज़ल

हिंग्लिश ग़ज़ल
कबूतर
उड़े कबूतर फैलाकर पर।
Every action doing better.

कौनउ मत कमजोर मानियो
Really they are game changer.

रउआ के से का का कैते।
Trying flying safer safer.

कबऊँ नई जे हारें हिम्मत।
Fixing target higher higher.

शांति दूत सब चाहें इनको।
Game changer not the trader.
१०.२.२०२४
•••
शकुंतला अग्रवाल नव सृजन पुरस्कार
*
लखनऊ के सुप्रसिद्ध छंद शास्त्री-कवि कहानीकार समीक्षा अभियंता अमरनाथ अग्रवाल जी द्वारा अपनी दिवंगत जीवन संगिनी शकुंतला जी, अधिवक्ता की पुण्य स्मृति में 'शकुंतला नव सृजन पुरस्कार' स्थापित किया जा रहा है। पुरस्कार हेतु किसी रचनाकार की प्रथम कृति अथवा किसी विधा की प्रथम कृति विचारणीय होगी। रचनाकार पुस्तक की पांडुलिपि था पीडीएफ फ़ाइल अपने संक्षिप्त परिचय, डाक पता, चलभाष, ईमेल, तथा चित्र ... तारीख तक ... पते पर भेजें। ... तारीख तक निर्णय घोषित कर सभी प्रतिभागियों को संसूचित किया जाएगा। विजयी प्रतिभागी द्वारा प्रकाशित पुस्तक भेजे जाने पर पुरस्कार राशि ५१११/- उसके बैंक खाते में जमा कर दिया जाएगा।
*
सलिल सृजन १० फरवरी
सोरठा सलिला
होकर संत बसंत, बँधा मंजरी-पाश में।
ले आमोद अनंत, शरत चंद्र सँग हँस निशि।।
*
हाथ शब्द-तलवार, ले शांडिल्य नरेश हो।
दे खुद को भी वार, जनगण-मन पर राज्य कर।।
*
ठाकुर नम्र प्रणाम, ठाकुर जी को कर रहा।
आज पड़ा फिर काम, ठकुराइन मुस्कुरा रहीं।
*
कैसे मिले बसंत, कुसुम न हो तो धरा को।
अनथक दिशा-दिगंत, अजय सुरभि से झूमते।।
१०-२-२०२३
***
हास्य
चाकलेट डे
*
रेल लेट होती रई अब लौं
चाक लेट अब आई।
टीचर एक
पाँच कक्षाएँ
होगी खाक पढ़ाई।
'ओन लैन' का नाटक कर खें
सबको पास करो रे!
पीढ़ी बने निकम्मी-अनपढ़
मुफ्त राहतें दो रे!
नेता का जयकारा गूँजे
वे बनाएँ सरकार।
उनके बच्चे लीडर-अफसर
अपने बेरोजगार।


कार्यशाला
इंग्लिश में g अक्षर ग या ज के ध्वनि के लिए प्रयोग कब किया जाता है?
A. G शब्द के अंत में आता है तो उसका उच्चारण ग ही होगा जैसे bag, cog, dog, fog, gong, hog, jog, leg, peg, rag, sag, tug.
B. G के बाद अलग अलग अक्षर आने से उच्चारण क्या होगा देखते हैं।
1. Ga ग जैसे game, gal
2. Ge ग जैसे get
3. Ge ज जैसे gem, gel, Germany
4. Gg ग जैसे bigger, nagging, egg
5. Gg ज जैसे exaggerate
6. Gh घ जैसे ghost, aghast
7. Gh फ जैसे laugh
8. Gi ग जैसे give, girl
9. Gi ज जैसे gin, engine
10. Gl ग जैसे glad, glue, English
11. Gn Silent जैसे gnu नू
12. Go ग जैसे go, goal, god
13. Gr ग जैसे gram, grade, group
14. Gu ग जैसे gum, gut, guard, vague
C. G के पहले d आने से dg/dj का उच्चारण ज होगा जैसे judge, adjust
D. D भी कुछ शब्दों में ज का उच्चारण लेता है, जैसे education, graduate, soldier
E. X भी कुछ शब्दों में ग का उच्चारण लेता है, जैसे example.
१०-२-२०२२
***
सॉनेट
बसंत
*
पत्ता पत्ता झूम नाचता।
कूक सारिका लुकती छिपती।
प्रणय ऋचाएँ सुआ बाँचता।।
राह भ्रमर की कलिका तकती।।
धार किनारों से भुज भेंटे।
लहर लहर को गले लगाती।
तितली रूप छटा पर ऐंठे।।
फूल फूल जा गेह भुलाती।।
मन कुलाँच भरता हिरनों सम।
हिरन हुआ होश महुआ का।
हेर राह प्रिय की अँखियाँ नम।।
भेद भूल पुरवा-पछुआ का।।
जप-तप बिसरा, तकें संत जी।
कहाँ अप्सरा है बसंत जी।।
१०-२-२०२२



***
नवगीत
छंद लुगाई है गरीब की
*
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
जिसका जब मन चाहे छेड़े
ताने मारे, आँख तरेरे
लय; गति-यति की समझ न लेकिन
कहे सात ले ले अब फेरे
कैसे अपनी जान बचाए?
जान पडी सांसत में भाई
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
कलम पकड़ कल लिखना सीखा
मठाधीश बन आज अकड़ते
ताल ठोंकते मुख पोथी पर
जो दिख जाए; उससे भिड़ते
छंद बिलखते हैं अनाथ से
कैसे अपनी जान बचाये
इधर कूप उस ओर है खाई
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
यह नवगीती पत्थर मारे
वह तेवरिया लट्ठ भाँजता
सजल अजल बन चीर हर रही
तुक्कड़ निज मरजाद लाँघता
जाँघ दिखाता कुटिल समीक्षक
बचना चाहे मति बौराई
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
१०.२.२०२१
***

लघुकथा :
सवाल
शेरसिंह ने दुनिया का सर्वाधिक प्रभावी नेता तथा सबसे अधिक सुरक्षित जंगल बनाने का दावा कर चुनाव जीत लिया। जिन जगहों से उसका दल हारा। वहीं भीषण दंगा हो गया। अनेक छोटे-छोटे पशु-पक्षी मारे गए। बाद में हाथी ने बल प्रयोग कर शांति स्थापित की। बगुला भगत टी वी पर परिचर्चा में शासन - प्रशासन का गुणगान करने लगा तो पत्रकार उलूक ने पूछा 'दुनिया का सर्वाधिक असरदार सरदार दंगों के समय सामने क्यों नहीं आया? सबसे अधिक चुस्त-दुरुस्त पुलिस के ख़ुफ़िया तंत्र को हजारों दंगाइयों, सैकड़ों हथियारों तथा दंगे की योजना बनाने की खबर क्यों नहीं मिली? बिना प्रभावी योजना, पर्याप्त अस्त्र-शस्त्र और तैयारी के भेजे गए पुलिस जवानों और अफसरों को हुई क्षति की जिम्मेदारी किसकी है?
अगले दिन सत्ता के टुकड़ों पर पल रहे सियारों ने उस चैनल तथा संबंधित अख़बार के कार्यालयों पर पथराव किया, उनके विज्ञापन बंद कर दिये गए पर जंगल की हवा में अब भी तैर रहे थे सवाल।
१.३.२०२०
***
दोहा सलिला
आओ यदि रघुवीर
*
कोरोना कलिकाल में, प्रबल- करें वनवास
कुटिया में सिय सँग रहें, ले अधरों पर हास
शूर्पणखा की काटकर, नाक धोइए हाथ
सोशल डिस्टेंसिंग रखें, तीर मारकर नाथ
भरत न आएँ अवध में, रहिए नंदीग्राम
सेनेटाइज शत्रुघन, करें- न विधि हो वाम
कैकई क्वारंटाइनी, कितने करतीं लेख
रातों जगें सुमंत्र खुद, रहे व्यवस्था देख
कोसल्या चाहें कुसल, पूज सुमित्रा साथ
मना रहीं कुलदेव को, कर जोड़े नत माथ
देवि उर्मिला मांडवी, पढ़ा रहीं हैं पाठ
साफ-सफाई सब रखें, खास उम्र यदि साठ
श्रुतिकीरति जी देखतीं, परिचर्या हो ठीक
अवधपुरी में सुदृढ़ हो, अनुशासन की लीक
तट के वट नीचे डटे, केवट देखें राह
हर तब्लीगी पुलिस को, सौंप पा रहे वाह
मिला घूमता जो पिटा, सुनी नहीं फरियाद
सख्ती से आदेश निज, मनवा रहे निषाद
निकट न आते, दूर रह वानर तोड़ें फ्रूट
राजाज्ञा सुग्रीव की, मिलकर करो न लूट
रात-रात भर जागकर, करें सुषेण इलाज
कोरोना से विभीषण, ग्रस्त विपद में ताज
भक्त न प्रभु के निकट हों, रोकें खुद हनुमान
मास्क लगाए नाक पर, बैठे दयानिधान
कौन जानकी जान की, कहो करे परवाह?
लव-कुश विश्वामित्र ऋषि, करते फ़िक्र अथाह
वध न अवध में हो सके, कोरोना यह मान
घुसा मगर आदित्य ने, सुखा निकली जान
१६.३.२०२०
***
दोहा मुक्तक
बीत गईँ कितनी ऋतुएँ, बीते कितने साल
कोयल तजे न कूकना, हिरन न बदले चाल
पर्व बसंती हो गया, वैलेंटाइन आज
प्रेम फूल सा झट झरे, सात जन्म कंगाल
***
मुक्तक
४ x यगण
हमारा न होता, तुम्हारा न होता
कभी भी किसी का गुजारा न होता
सुनो बाँह में बाँह थामे दिलों ने
समय जिंदगी का गुजारा न होता
***

ग्यारह मात्रिक छंद
१. पदादि यगण
यही चाहा हमने
नहीं टूटें सपने
शहीदी विरासतें
न भूलें खुद अपने
*
२. पदादि मगण
आओ! लें गले मिल
भाओ तो मिले दिल
सीचेंगे चमन मिल
फूलों सम खिलें दिल
*
३. पदादि तगण
सच्चा बतायें जो
झूठा मिटायें जो
चाहें मिलें नेता
वादे निभायें जो
*
४. पदादि रगण
आपकी चाहों में
आपकी बाँहों में
जिंदगी है पूजा
आपकी राहों में
*
५. पदादि जगण
कहीं नहीं हैवान
कहीं नहीं भगवान
दिखा ह्रदय में झाँक
वहीँ बसा इंसान
*
६. पदादि भगण
आपस में बात हो
रोज मुलाकात हो
संसद में दूरियाँ
व्यर्थ न बेबात हों
*
७. पदादि नगण
सब अधरों पर हास
अब न हँसेंगे ख़ास
हर जन होगा आम
विनत रचें इतिहास
*
८. पदादि सगण
करना मत बहाना
तजना मत ठिकाना
जब तक वयस्क न हो
बिटिया मत बिहाना
*
९. पदांत यगण
हरदम हम बुलाएँ
या आप खुद आयें
कोई न फर्क मानें
१०. पदांत मगण
आस जय बोलेगी
रास रस घोलेगी
प्यास बुझ जाएगी
श्वास चुप हो लेगी
.
मीत! आ जाओ ना
प्रीत! भा जाओ ना
चैन मिल जायेगा
गीत गा जाओ ना
*
११. पदांत तगण
रंगपंचमी पर्व
धूम मचाते सर्व
दीन न कोई जान
भूल, भुला दें गर्व
.
हो मस्ती में लीन
नाच बज रही बीन
वेणी-नागिन झूम
नयन हो रहे मीन
.
बाँके भुज तलवार
करते नहीं प्रहार
सविनय माँगें दान
सुमुखी-भुजा का हार
.
मिले हार हो जीत
मिले प्रीत को प्रीत
द्वैत बने अद्वैत
बजे श्वास संगीत
*
१२. पदांत रगण
गीत प्रीत के सुना
गीत मीत के सुना
हार में न हार हो
जीत में न जीत हो
शुभ अतीत के सुना
गीत रीत के सुना
यार हो, जुहार हो
प्यार हो, विहार हो
नव प्रतीति के सुना
गीत नीति के सुना
हाथ नहीं जोड़ना
साथ नहीं छोड़ना
बातचीत के सुना
गीत जीत के सुना
*
१३. पदांत जगण
जनगण की सरकार
जन संसद दरबार
रीती-नीति-सहयोग
जनसेवा दरकार
देशभक्ति कर आप
रखें स्वच्छ घर-द्वार
पर्यावरण न भूल
पौधारोपण प्यार
धुआँ-शोर अभिशाप
बहे विमल जल-धार
इस पल में इनकार
उस पल में इकरार
नकली है तकरार
कर असली इज़हार
*
१४. पदांत भगण
जिंदगी जलसा घर
बन्दगी जल सा घर
प्रार्थना कर, ना कर
साधना कर ही कर
अर्चना नित प्रति कर
वन्दना हो सस्वर
भावना यदि पवन
कामना से मत डर
कल्पना नवल अगर
मान ले अजरामर
*
१५. पदांत नगण
नटनागर हों सदय
कर दें पल में अभय
शंका हर जग-जनक
कर दें मन को अजय
.
पान कर सकें गरल
हो स्वभाव निज सरल
दान कर सकें अमिय
जग-जीवन हो विमल
.
नेह नर्मदा अमर
जय कट जीवन समर
करे द्वेष अहरण
भरे प्रीत चिर अमर
*
१६. पदांत सगण
पत्थर को फोड़ लें
ईंटों को जोड़ लें
छोड़ें मत राह को
कदमों को मोड़ लें
नाहक क्यों होड़ लें?
मंजिल क्यों छोड़ दें?
डरकर संघर्ष से
मन को क्यों तोड़ लें?
.
सत्य जो हो कहिए
झूठ को मत तहिए
घाट पर रुकिए मत
नर्मदा बन बहिए
रीत नित नव गढ़िए
नीत-पथ पर बढ़िए
सीढ़ियाँ मिल चढ़िए
प्रणय-पोथी पढ़िए
*
१७. पदादि-पदांत यगण
उसे गीत सुनाना
उसे मीत बनाना
तुझे चाह रहा जो
उसे प्रीत जताना
.
सुनें गीत सुनाएँ
नयी नीत बनायें
नहीं दर्द जरा हो
लुटा दें सुख पायें
*
१८. पदादि यगण, पदांत मगण
हमें ही है आना
हमें ही है छाना
बताता है नेता
सताता है नेता
*
१९. पदादि मगण पदांत यगण
चाहेंगे तुम्हें ही
वादा है हमारा
भाए हैं तुम्हें भी
स्वप्नों में पुकारा
*
२०. पदादि मगण पदांत तगण
सारे-नारे याद
नेता-प्यादे याद
वोटों का है खेल
वोटर-वादे याद
***
कुंडलिया
कितने मौसम बिताये, रीते कितने वर्ष
जन-मन ने जाना नहीं, कैसा होता हर्ष?
कैसा होता हर्ष, न्याय अन्यायपरक है
जनगण सहता दर्द, न किंचित पड़ा फरक है
दिल पर चोटें लगीं, घाव खाए हैं इतने
सुमुखि-शीश पर शेष केश हैं श्यामल जितने
१०.२.२०१७
***
स्वास्थ्य विमर्श
हर मर्ज की दवाई है कलौंजी"
*
कलियुग की संजीवनी, मिल कलौंजी नाम।
चुटकी में पीड़ा हरे, मिटा रोग बिन दाम।।
★ सेवन विधि
कलौंजी के बीजों को खाया अथवा एक छोटा चम्मच कलौंजी को शहद में मिश्रित कर या पानी में कलौंजी उबाल-छानकर पिया जा सकता है। एक अन्य तरीका दूध में कलौंजी उबाल-ठंडा कार पीना भी है। कलौंजी को पीस (ग्राइंड) कर पानी तथा दूध के साथ इसका सेवन किया जा सकता है। कलौंजी को ब्रैड, पनीर तथा पेस्ट्रियों पर छिड़ककर भी खा सकते हैं।
◆ कलौंजी चिकित्सा निम्न रोगों को मिटाती है-
१. टाइप-२ मधुमेह (डायबिटीज):
प्रतिदिन २ ग्राम कलौंजी के सेवन से बढ़ा हुआ ग्लूकोज कम होता है। इंसुलिन रैजिस्टैंस घटती है, बीटा सैल की कार्यप्रणाली में वृद्धि होती है तथा ग्लाइकोसिलेटिड हीमोग्लोबिन में कमी आती है।
२. मिर्गी:
मिर्गी से पीड़ित बच्चों में कलौंजी के सत्व का सेवन दौरे को कम करता है।
३. उच्च रक्तचाप:
एक सौ मि.ग्रा. कलौंजी का सत्व दिन में दो बार सेवन करने से हाइपरटैंशन के मरीजों में ब्लड प्रैशर कम होता है। उच्च
रक्तचाप (ब्लडप्रेशर) में एक कप गर्म पानी में आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर दिन में २ बार पीने से रक्तचाप सामान्य बना रहता है। २८ मि.ली. जैतुन का तेल और एक चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर पूर शरीर पर मालिश आधे घंटे तक धूप में रहने से रक्तचाप में लाभ मिलता है। यह क्रिया हर तीसरे दिन एक महीने तक करना चाहिए।
४. गंजापन:
जली हुई कलौंजी को हेयर ऑइल में मिलाकर सिर पर रोज मालिश करने से गंजापन दूर होकर बाल उग आते हैं।
५. त्वचा के विकार:
कलौंजी के चूर्ण को नारियल के तेल में मिलाकर त्वचा पर मालिश करने से त्वचा के विकार नष्ट होते हैं।
६. लकवा:
कलौंजी का तेल एक चौथाई चम्मच की मात्रा में एक कप दूध के साथ कुछ महीने तक प्रतिदिन पीने और रोगग्रस्त अंगों पर कलौंजी के तेल से मालिश करने से लकवा रोग ठीक होता है।
७. कान की सूजन, बहरापन:
कलौंजी का तेल कान में डालने से कान की सूजन दूर होती है। इससे बहरापन में भी लाभ होता है।
८. सर्दी-जुकाम:
कलौंजी के बीजों को सेंककर और कपड़े में लपेटकर सूंघने तथा कलौंजी का तेल और जैतून का तेल बराबर मात्रा में नाक में टपकाने से सर्दी-जुकाम समाप्त होता है। आधा कप पानी में आधा चम्मच कलौंजी का तेल व चौथाई चम्मच जैतून का तेल मिलाकर इतना उबालें कि पानी खत्म हो जाए और केवल तेल ही रह जाए। इसके बाद इसे छानकर २ बूँद तेल नाक में डालने से सर्दी-जुकाम ठीक होता है।
९. कलौंजी को पानी में उबालकर इसका सत्व पीने से अस्थमा में काफी अच्छा प्रभाव पड़ता है।
१०. छींके:
कलौंजी और सूखे चने को एक साथ अच्छी तरह मसलकर किसी कपड़े में बाँधकर सूँघने से छींके आनी बंद हो जाती है।
११. पेट के कीडे़:
दस ग्राम कलौंजी पीसकर ३ चम्मच शहद के साथ रात सोते समय सेवन करने से पेट के कीडे़ नष्ट हो जाते हैं।
१२. प्रसव की पीड़ा:
कलौंजी का काढ़ा बनाकर सेवन करने से प्रसव-पीड़ा दूर होती है।
१३. पोलियो का रोग:
आधे कप गर्म पानी में एक चम्मच शहद व आधे चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर सुबह खाली पेट और रात को सोते समय लेने से पोलियो ठीक होता है।
१४. मुँहासे:
सिरके में कलौंजी पीसकर रात को सोते समय पूरे चेहरे पर लगाएं और सुबह पानी से चेहरे को साफ करने से मुँहासे मिटते हैं।
१५. स्फूर्ति:
स्फूर्ति (रिवायटल) के लिए नांरगी के रस में आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर लेनेसे आलस्य और थकान मिटती है।
१६.. गठिया:
कलौंजी को रीठा के पत्तों के साथ काढ़ा बनाकर पीने से गठिया रोग समाप्त होता है।
१७. जोड़ों का दर्द:
एक चम्मच सिरका, आधा चम्मच कलौंजी का तेल और दो चम्मच शहद मिलाकर सुबह खाली पेट और रात को सोते समय पीने से जोड़ों का दर्द ठीक होता है।
१८. नेत्ररोग:
आँखों की लाली, मोतियाबिन्द, आँखों से पानी का आना, आँखों की रोशनी कम होना आदि रोगों में एक कप गाजर का रस, आधा चम्मच कलौंजी का तेल और दो चम्मच शहद मिलाकर दिन में २ बार सेवन करने से सभी नेत्र रोग ठीक होते हैं। आँखों के चारों ओर तथा पलकों पर कलौंजी का तेल रात को सोते समय लगाने से आँखों के रोग समाप्त होते हैं। नेत्र-रोगी को अचार, बैंगन, अंडा व मछली नहीं खाना चाहिए।
१९. स्नायुविक व मानसिक तनाव:
एक कप गर्म पानी में आधा चम्मच कलौंजी का तेल डालकर रात को सोते समय पीने से स्नायुविक व मानसिक तनाव दूर होता है।
२०. गांठ:
कलौंजी का तेल गाँठों पर लगाने और एक चम्मच कलौंजी का तेल गर्म दूध में डालकर पीने से गाँठ नष्ट होती है।
२१. मलेरिया :
पिसी हुई कलौंजी आधा चम्मच और एक चम्मच शहद मिलाकर चाटने से मलेरिया का बुखार ठीक होता है।
२२. स्वप्नदोष:
यदि रात को नींद में अपने आप वीर्य निकले तो एक कप सेब के रस में आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर दिन में २ बार सेवन करें, स्वप्नदोष दूर होगा। प्रतिदिन कलौंजी के तेल की चार बूँद एक चम्मच नारियल तेल में मिलाकर सोते समय सिर में लगाने से भी स्वप्न दोष का रोग ठीक होता है। उपचार अवधि में नींबू का सेवन न करें।
२३. कब्ज:
चीनी ५ ग्राम, सोनामुखी ४ ग्राम, १ गिलास हल्का गर्म दूध और आधा चम्मच कलौंजी का तेल एक साथ मिलाकर रात को सोते समय पीने से कब्ज नष्ट होती है।
२४. खून की कमी:
एक कप पानी में ५० ग्राम हरा पुदीना उबाल लें और इस पानी में आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर सुबह खाली पेट एवं रात को सोते समय सेवन करें। इससे २१ दिनों में खून की कमी दूर होती है। खट्टी वस्तुओं का उपयोग न करें।
२५. पेट दर्द:
पेट दर्द हो तो एक गिलास नींबू पानी में २ चम्मच शहद और आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर दिन में २ बार पीएं। उपचार करते समय रोगी को बेसन की चीजे नहीं खानी चाहिए। या चुटकी भर नमक और आधे चम्मच कलौंजी के तेल को आधा गिलास हल्का गर्म
पानी मिलाकर पीने से पेट का दर्द ठीक होता है। या फिर 1 गिलास मौसमी के रस में 2 चम्मच शहद और आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर दिन में 2 बार पीने से पेट का दर्द समाप्त होता है।
२६. सिर दर्द:
कलौंजी के तेल को ललाट से कानों तक अच्छी तरह मलनें और आधा चम्मच कलौंजी का तेल १ चम्मच शहद में मिलाकर सुबह-शाम सेवन करने से सिर दर्द ठीक होता है।
कलौंजी खाने के साथ सिर पर कलौंजी का तेल और जैतून का तेल मिलाकर मालिश करें। इससे सिर दर्द में आराम मिलता है और सिर से सम्बंधित अन्य रोगों भी दूर होते हैं।
कलौंजी के बीजों को गर्म कर पीस लें, चूर्ण कपड़े में बाँधकर सूंघने से सिर का दर्द दूर होता है।
कलौंजी और काला जीरा बराबर मात्रा में लेकर पानी में पीस कर माथे पर लेप करें। सर्दी जनित सिर दर्द दूर होता है।
२७. उल्टी:
आधा चम्मच कलौंजी का तेल और आधा चम्मच अदरक का रस मिलाकर सुबह-शाम पीने से उल्टी बंद होती है।
२८. हार्निया:
तीन चम्मच करेले का रस और आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर सुबह खाली पेट एवं रात को सोते समय पीने से हार्निया रोग ठीक होता है।
२९. मिर्गी के दौरे:
एक कप गर्म पानी में २ चम्मच शहद और आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर दिन में तीन बार सेवन करने से मिर्गी के दौरे ठीक होते हैं। मिर्गी के रोगी को ठंडी तासीर की चीजें अमरूद, केला, सीताफल आदि नहीं खाना चाहिए।
३०. पीलिया:
एक कप दूध में आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर प्रतिदिन २ बार सुबह खाली पेट और रात को सोते समय १ सप्ताह तक लेने से पीलिया ठीक होता है। पीलिया के रोगी को मसालेदार व खट्टा आहार वर्जित है।
३१. कैंसर:
एक गिलास अंगूर के रस में आधा चम्मच कलौंजी का तेल मिलाकर दिन में ३ बार पीने से कैंसर का रोग ठीक होता है। इससे आँतों का कैंसर, ब्लड कैंसर व गले का कैंसर आदि में भी लाभ मिलता है। इस रोग में रोगी को औषधि देने के साथ ही एक किलो जौ के आटे में २ किलो गेहूँ का आटा मिलाकर रोटी-दलिया रोगी को देन। आलू, अरबी, बैंगन का सेवन न करें। कैंसर के रोगी को कलौंजी डालकर हलवा बनाकर खाना चाहिए।
३२. दाँत:
कलौंजी का तेल और लौंग का तेल १-१ बूंद मिलाकर दाँत व मसूढ़ों पर लगाने से दर्द ठीक होता है। आग में सेंधा नमक जलाकर बारीक पीस लें और इसमें २-४ बूंदे कलौंजी का तेल डालकर दाँत साफ करने से दाँत से साफ-स्वस्थ रहते हैं।
दाँतों में कीड़े लगना व खोखलापन: रात को सोते समय कलौंजी के तेल में रुई को भिगोकर खोखले दाँतोंमें रखने से कीड़े नष्ट होते हैं।
३३. नींद:
रात में सोने से पहले आधा चम्मच कलौंजी का तेल और एक चम्मच शहद मिलाकर पीने से नींद अच्छी आती है।
३४. मासिकधर्म:
कलौंजी आधा से एक ग्राम की मात्रा में सुबह-शाम सेवन करने से मासिकधर्म शुरू होता है। इससे गर्भपात होने की संभावना नहीं रहती है। मासिकधर्म कष्ट से आता हो तो कलौंजी आधा से एक ग्राम की मात्रा में सेवन करने से मासिकस्राव का कष्ट दूर होता है और बंद मासिकस्राव शुरू हो जाता है।
कलौंजी का चूर्ण ३ ग्राम शहद मिलाकर चाटने से ऋतुस्राव की पीड़ा नष्ट होती है।
मासिकधर्म की अनियमितता में लगभग आधा से डेढ़ ग्राम की मात्रा में कलौंजी के चूर्ण का सेवन करने से मासिकधर्म नियमित समय पर आने लगता है।
यदि मासिकस्राव बंद हो गया हो और पेट में दर्द रहता हो तो एक कप गर्म पानी में आधा चम्मच कलौंजी का तेल और दो चम्मच शहद मिलाकर सुबह-शाम पीना चाहिए। इससे बंद मासिकस्राव शुरू हो जाता है।
कलौंजी आधा से एक ग्राम की मात्रा में प्रतिदिन २-३ बार सेवन करने से मासिकस्राव शुरू होता है।
३५. गर्भवती महिलाओं को वर्जित:
गर्भवती महिलाओं को इसका सेवन नहीं कराना चाहिए क्योंकि इससे गर्भपात हो सकता है।
३६. स्तनों का आकार:
कलौंजी आधे से एक ग्राम की मात्रा में प्रतिदिन सुबह-शाम पीने से स्तनों का आकार बढ़ता है और स्तन सुडौल बनते है।
३७. स्तनों में दूध:
कलौंजी की आधे से १ ग्राम की मात्रा प्रतिदिन सुबह-शाम खाने से स्तनों में दूध बढ़ता है।
३८. चेहरे व हाथ-पैरों की सूजन:
कलौंजी पीसकर लेप करने से हाथ पैरों की सूजन दूर होती है।
३९. बाल लम्बे व घने:
५० ग्राम कलौंजी १ लीटर पानी में उबाल कर बाल धोने से लम्बे व घने होते हैं।
४०. बेरी-बेरी:
बेरी-बेरी रोग में कलौंजी को पीसकर हाथ-पैरों की सूजन पर लगाने से सूजन मिटती है।
४१. भूख का अधिक लगना:
५० ग्राम कलौंजी को सिरके में रात को भिगो दें, सवेरे पीसकर शहद में मिलाकर ४-५ ग्राम की मात्रा सेवन करें। इससे भूख कम होति है।
४२. नपुंसकता:
कलौंजी का तेल और जैतून का तेल मिलाकर पीने से नपुंसकता दूर होती है।
४३. खाज-खुजली:
५० ग्राम कलौंजी के बीजों के पीसकार १० ग्राम बिल्व के पत्तों का रस व १० ग्राम हल्दी मिलाकर लेप बना लें। यह लेप खाज-खुजली में प्रतिदिन लगाने से रोग ठीक होता है।
४४. नाड़ी का छूटना:
नाड़ी छूटने के लिए आधे से १ ग्राम कलौंजी पीसकर रोगी को देने से शरीर का ठंडापन दूर होकर नाड़ी की गति तेज होती है। इस रोग में आधे से १ ग्राम कलौंजी हर ६ घंटे पर लें और ठीक होने पर इसका प्रयोग बंद कर दें। कलौंजी को पीसकर लेप करने से नाड़ी की जलन व सूजन दूर होती है।
४५. हिचकी:
एक ग्राम पिसी कलौंजी शहद में मिलाकर चाटने से हिचकी बंद होती है। कलौंजी आधा से एक ग्राम की मठ्ठे के साथ प्रतिदिन ३-४बार सेवन से हिचकी दूर होती है। कलौंजी का चूर्ण ३ ग्राम मक्खन के साथ खाने या ३ ग्राम कलौंजी पीसकर दही के पानी में मिलाकर खाने से हिचकी ठीक होती है।
४६. स्मरण शक्ति:
लगभग २ ग्राम की मात्रा में कलौंजी को पीसकर २ ग्राम शहद में मिलाकर सुबह-शाम खाने से स्मरण शक्ति बढ़ती है।
४७. पेट की गैस:
कलौंजी, जीरा और अजवाइन बराबर मात्रा में पीसकर एक चम्मच खाना खाने के बाद लेने से पेट की गैस नष्ट होती है।
४८. पेशाब की जलन:
२५० मिलीलीटर दूध में आधा चम्मच कलौंजी का तेल और एक चम्मच शहद मिलाकर पीने से पेशाब की जलन दूर होती है।
***
एक रचना
संभावना की फसल
*
सम्भावना की फसल
बंजर में उगाएँ।
*
देव को दे दोष
नाहक भाग्य को कोसा।
हाथ पर धर हाथ
जब-जब ख्वाब को पोसा।
बिना कोशिश, किस तरह
मंज़िल करे बोसा?
बाँधकर मुट्ठी कदम
पथ पर बढ़ाएँ।
सम्भावना की फसल
बंजर में उगाएँ।
*
दर्द तेरा बने
मेरी आँख का आँसू।
श्वास का हो, आस से
रिश्ता तभी धाँसू।
सोचता मन व्यर्थ ही
कैसे-किसे फाँसू?
सर्वार्थ सलिला छोड़
मछली फड़फड़फड़ाएँ।
सम्भावना की फसल
बंजर में उगाएँ।
*
झोपड़ी में, राज-
महलों में न अंतर।
परिश्रम का फूँक दो
कानों में मंतर।
इत्र समता का करे
मन-प्राण को तर-
मीत! ममता-गीत
मन-मन गुनगुनाएँ।
सम्भावना की फसल
बंजर में उगाएँ।
***

प्रयोगात्मक नवगीत:
कौन चला वनवास रे जोगी?
*
कौन चला
वनवास रे जोगी?
अपना ही
विश्वास रे जोगी.
*
बूँद-बूँद जल बचा नहीं तो
मिट न सकेगी
प्यास रे जोगी.
*
भू -मंगल तज, मंगल-भू की
खोज हुई
उपहास रे जोगी.
*
फिक्र करे हैं सदियों की, क्या
पल का है
आभास रे जोगी?
*
गीता वह कहता हो जिसकी
श्वास-श्वास में
रास रे जोगी.
*
अंतर से अंतर मिटने का
मंतर है
चिर हास रे जोगी.
*
माली बाग़ तितलियाँ भँवरे
माया है
मधुमास रे जोगी.
*
जो आया है वह जायेगा
तू क्यों हुआ
उदास रे जोगी.
*
जग नाकारा समझे तो क्या
भज जो
खासमखास रे जोगी.
*
राग-तेल, बैराग-हाथ ले
रब का 'सलिल'
खवास रे जोगी.
*
नेह नर्मदा नहा 'सलिल' सँग
तब ही मिले
उजास रे जोगी.
***


विमर्श:
दिल्ली दंगल एक विश्लेषण:
.
- सत्य: आप व्यस्त, बीजेपी त्रस्त, कोंग्रेस अस्त.
= सबक: सब दिन जात न एक समान, जमीनी काम करो मत हो संत्रस्त.
- सत्य: आम चुनाव के समय किये वायदों को राजनैतिक जुमला कहना.
= सबक: ये पब्लिक है, ये सब जानती है. इसे नासमझ समझने के मुगालते में मत रहना.
- सत्य: गाँधी की दुहाई, दस लखटकिया विदेशी सूट पहनकर सादगी का मजाक.
= सबक: जनप्रतिनिधि की पहचान जन मत का मान, न शान न धाक.
- सत्य: प्रवक्ताओं का दंभपूर्ण आचरण और दबंगपन.
= सबक: दूरदर्शनी बहस नहीं जमीनी संपर्क से जीता जाता है अपनापन.
- सत्य: कार्यकर्ताओं द्वारा अधिकारियों पर दवाब और वसूली.
= सबक: जनता रोज नहीं टकराती, समय पर दे ही देती है सूली.
- सत्य: संसदीय बहसों के स्थान पर अध्यादेशी शासन.
= सबक: बंद न किया तो जनमत कर देगा निष्कासन.
- सत्य: विपक्षियों पर लगातार आघात.
= सबक: विपक्षी शत्रु नहीं होता, सौजन्यता न निबाहें तो जनता देगी मात.
- सत्य: आधाररहित व्यक्तित्व को थोपना, जमीनी कार्यकर्ता की पीठ में छुरा घोंपना.
= सबक: नेता उसे घोषित करें जिसका काम जनता के सामने हो, केवल नाम नहीं. जो अपने साथियों के साथ न रहे उसपर मतदाता क्यों भरोसा करे?
- सत्य: संसद ही नहीं टी.व्ही. पर भी बहस से भागना.
= सबक: अध्यादेशों में तानाशाही की आहात होती है. संसद में बहस न करना और दूरदर्शन पर उमीदवार का बहस से बचना, प्रवक्ताओं की अहंकारी और खुद को अंतिम मानने की प्रवृत्ति होती है बचकाना.
- सत्य: प्रवक्ताओं का दंभपूर्ण आचरण और दबंगपन.
= सबक: दूरदर्शनी बहस नहीं जमीनी संपर्क से जीता जाता है अपनापन.
- सत्य: आर एस एस की बैसाखी नहीं आई काम.
= सबक: जनसेवा का न मोल न दाम, करें निष्काम.
- सत्य: पूरा मंत्रीमंडल, संसद, मुख्यमंत्री तथा प्रधान मंत्री को उताराकर अत्यधिक ताकत झोंकना.
= सबक: नासमझी है बटन टाँकने के लिये वस्त्र में सुई के स्थान पर तलवार भोंकना.
- सत्य: प्रधानमंत्री द्वारा दलीय हितों को वरीयता देना, विकास के लिए अपने दल की सरकार जरूरी बताना.
= सबक: राज्य में सरकार किसी भी दल की हो, जरूरी है केंद्र का सबसे समानता जताना. अपना खून औरों का खून पानी मानना सही नहीं.
- सत्य: पूरा मंत्रीमंडल, संसद, मुख्यमंत्री तथा प्रधान मंत्री को उताराकर अत्यधिक ताकत झोंकना.
= सबक: नासमझी है बटन टाँकने के लिये वस्त्र में सुई के स्थान पर तलवार भोंकना.
- सत्य: हर प्रवक्ता, नेता तथा प्रधान मंत्री का केजरीवाल पर लगातार आरोप लगाना.
= सबक: खुद को खलनायक, विपक्षी को नायक बनाना या कंकर को शंकर बनाकर खुद बौना हो जाना.
- सत्य: चुनावी नतीजों का आकलन-अनुमान सत्य न होना.
= सबक: प्रत्यक्ष की जमीन पर अतीत के बीज बोना अर्थात आँख देमने के स्थान पर पूर्व में घटे को अधर बनाकर सोचना सही नहीं, जो देखिये कहिए वही.
- सत्य: आप का एकाधिकार-विपक्ष बंटाढार.
= सबक: अब नहीं कोई बहाना, जैसे भी हो परिणाम है दिखाना. केजरीवाल ने ठीक कहा इतने अधिक बहुमत से डरना चाहिए, अपेक्षा पर खरे न उतरे तो इतना ही विरोध झेलना होगा.
***

गीत
नयन में कजरा
आँज रही है
उतर सड़क पर
नयन में
कजरा साँझ
नीलगगन के
राजमार्ग पर
बगुले दौड़े
तेज
तारे
फैलाते प्रकाश
तब चाँद
सजाता सेज
भोज चाँदनी के
संग करता
बना मेघ
को मेज
सौतन ऊषा
रूठ गुलाबी
पी रजनी
संग पेज
निठुर न रीझा-
चौथ-तीज के
सारे व्रत
भये बाँझ
निष्ठा हुई
न हरजाई
है खबर
सनसनीखेज
संग दीनता के
सहबाला
दर्द दिया
है भेज
विधना बाबुल
चुप, क्या बोलें?
किस्मत
रही सहेज
पिया पिया ने
प्रीत चषक
तन-मन
रंग दे रंगरेज
आस सारिका
गीत गये
शुक झूम
बजाये झाँझ
साँस पतंगों
को थामे
आसें
हंगामाखेज
प्यास-त्रास
की रास
हुलासों को
परिहास- दहेज़
सत को
शिव-सुंदर से
जाने क्यों है
आज गुरेज?
मस्ती, मौज_
मजा सब चाहें
श्रम से
है परहेज
बिना काँच
लुगदी के मंझा
कौन रहा
है माँझ?
***
दोहा सलिला:
योगी राज न चाहते, करें घोषणा रोज
हुई चाहना वर्जना, क्यों कुछ तो हो खोज?
.
मंजुल मूरत देखकर, हुए पुजारी मुग्ध
हाथ आरती पर पड़ा, ह्रदय हो गया दग्ध
.
आप आप को कोसकर, किरण हुई बदनाम
सत्तर लखिया सूट से, बिगड़ गया सब काम
.
निधि पाए किस विधि सकल, दुनिया सोचे आज?
सिंह गर्जना सुन भगे, क्षमा करें वनराज
.
पंद्रह लाख मिला नहीं, थके देखते राह
जनमत होली मनाता, आश्वासन को दाह
.
***
नवगीत:
लोकतंत्र का
एक तकाजा
सकल प्रजा मिल
चुनती राजा
.
लाख रहें मत-भेद मगर
मन-भेद न किंचित होने देना
दुश्मन नहीं विपक्षी होता
मत विश्वास टूटने देना
लटके-झटके जो चुनाव के
बरखा जल सम उन्हें बहाओ
सद्भावों की धुप सुनहरी
सहयोगी चन्द्रिका उगाओ
कोई जीते
कोई हारे
जनमत जयी
बजाये बाजा
.
जन-प्रतिनिधि सेवक जनता का
दे परिचय अपनी क्षमता का
सबके साथ समान नीति हो
गैर न कोई स्वस्थ रीति हो
सुविधा-अधिकारों को तजकर
देश बनायें सब हिल-मिलकर
कोई भी विचार या दल हो
लक्ष्य एक: निर्बल का बल हो
मिलकर साथ
लड़ें दुश्मन से
ललकारें मिल:
आ जा, आ जा
.
राष्ट्र-देवता! सभी अभय हों
राष्ट्र-लक्ष्मी! सदा सदय हों
शक्ति-शारदा हो हर बिटिया
निर्मल नीर भरी हर नदिया
पर्वत हो आच्छादित तम से
नभ गुंजित हो ‘जन गण मन’ से
दसों दिशाओं ने उच्चारा
‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’
राजा बने
प्रजा का सेवक
आम आदमी
हो अब राजा
९.२.२०१५
***
मुक्तिका:
जब जग मुझ पर झूम हँसा
मैं दुनिया पर ठठा हँसा
जिसको दूध पिला पाला
उसने मौक़ा खोज डंसा
दौड़ लगी जब सत्ता की
जिसको मौक़ा मिला ठंसा
जब तक मिली न चाह रही
मिली, यूं लगा व्यर्थ फँसा
जीत महाभारत लेता
चका भूमि में मगर धँसा
***
फाग-नवगीत
.
राधे! आओ, कान्हा टेरें
लगा रहे पग-फेरे,
राधे! आओ कान्हा टेरें
.
मंद-मंद मुस्कायें सखियाँ
मंद-मंद मुस्कायें
मंद-मंद मुस्कायें,
राधे बाँकें नैन तरेरें
.
गूझा खांय, दिखायें ठेंगा,
गूझा खांय दिखायें
गूझा खांय दिखायें,
सब मिल रास रचायें घेरें
.
विजया घोल पिलायें छिप-छिप
विजया घोल पिलायें
विजय घोल पिलायें,
छिप-छिप खिला भंग के पेड़े
.
मलें अबीर कन्हैया चाहें
मलें अबीर कन्हैया
मलें अबीर कन्हैया चाहें
राधे रंग बिखेरें
***
बुंदेली गीत
संसद बैठ बजावैं बंसी
*
संसद बैठ बजावैं बंसी, नेता महानिगोरो.
कपरा पहिरे फिर भी नंगो, राजनीति को छोरो….
*
कुरसी निरख लार चुचुआवै, है लालच खों मारो.
खाद कोयला सक्कर चैनल, खेल बनाओ चारो.
आँख दिखायें परोसी, झूलै अम्बुआ डार हिंडोरो
संसद बैठ बजावैं बंसी, नेता महानिगोरो.....
*
सिस्ताचार बिसारो, भ्रिस्ताचार करै मतवारो.
कौआ-कज्जल भी सरमावै, मन खों ऐसो कारो.
परम प्रबीन स्वार्थ-साधन में, देसभक्ति से कोरो
संसद बैठ बजावैं बंसी, नेता महानिगोरो.....
*
बनो भिखारी बोट माँग खें, जनता खों बिसरा दओ.
फांस-फांस अफसर-सेठन खों, लूट-लूट गर्रा रओ.
भस्मासुर है भूख न मिटती, कूकुर सदृश चटोरो
संसद बैठ बजावैं बंसी, नेता महानिगोरो.....
*
चोर-चोर मौसेरे भैया, मठा-महेरी सांझी.
संगामित्ती कर चुनाव में, तरवारें हैं भांजी.
नूरा कुस्ती कर भरमावै, छलिया भौत छिछोरो
संसद बैठ बजावैं बंसी, नेता महानिगोरो.....
*
बोट काय दौं मैं कौनौ खों, सबके सब दल लुच्चे।
टिकस न दैबें सज्जन खों, लड़ते चुनाव बस लुच्चे.
ख़तम करो दल, रास्ट्रीय सरकार चुनो, मिल टेरो
संसद बैठ बजावैं बंसी नेता महानिगोरो.....
१०-२-२०१५
***
एक दोहा
कुसुम न हो तो धरा को, कैसे मिले बसंत
अजय सुरभि से झूमते, अनथक दिशा-दिगंत
***
छंद सलिला:
ऋद्धि छंद
*
(अब तक प्रस्तुत छंद: अग्र, अचल, अचल धृति, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रवज्रा, उपेन्द्रवज्रा, एकावली, कीर्ति, घनाक्षरी, छवि,
जाया, तांडव, तोमर, दीप, दोधक, निधि, प्रेमा, बाला, मधुभार, माया, माला, ऋद्धि, रामा, लीला, वाणी, शक्तिपूजा, शशिवदना, शाला, शिव, शुभगति, सार, सुगति, सुजान, हंसी)
*
दो पदी, चार चरणीय, ४४ वर्ण, ६९ मात्राओं के मात्रिक ऋद्धि छंद में प्रथम- तृतीय-चतुर्थ चरण उपेन्द्र वज्रा छंद के तथा द्वितीय चरण इंद्र वज्रा छंद के होते हैं.
उदाहरण:
१. करो न बातें कुछ काम भी हो, यों ही नहीं नाम मिला किसी को
चलो करें काम न सिर्फ बातें, बढ़ो न भूलो निज लक्ष्य साथी
२. चुनाव कैसे करेगी जनता, गुंडे मवाली ही हों खड़े तो?
न दो किसी को मत आप भाई, भगा उन्हें दो दर से- न रोको
३. बना खिलोने खुश हो विधाता, देखे करे क्या कब कौन कैसा?
उठो लिखेंगे खुद किस्मतें भी, पुजे हमारा श्रम देवता सा
१०-२-२०१४
***
नव गीत
*
जीवन की
जय बोल,
धरा का दर्द
तनिक सुन...
तपता सूरज
आँख दिखाता,
जगत जल रहा.
पीर सौ गुनी
अधिक हुई है,
नेह गल रहा.
हिम्मत
तनिक न हार-
नए सपने
फिर से बुन...
निशा उषा
संध्या को छलता
सुख का चंदा.
हँसता है पर
काम किसी के
आये न बन्दा...
सब अपने
में लीन,
तुझे प्यारी
अपनी धुन...
महाकाल के
हाथ जिंदगी
यंत्र हुई है.
स्वार्थ-कामना ही
साँसों का
मन्त्र मुई है.
तंत्र लोक पर,
रहे न हावी
कर कुछ
सुन-गुन...
१०-२-२०१०
***