पुरोवाक्
उज्ज्वल पिंगल प्रत्यूषा : हिंदी छंद मंजूषा
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
छंद सृष्टि का मूल है। आध्यात्म के अनुसार सृष्टि का मूल अनाहद नाद (ॐ) है। विज्ञान का महाविस्फोट सिद्धांत (बिग बैंग थ्योरी) इसकी पुष्टि करता है। तदनुसार ध्वनि तरंगों के लगातार खरबों वर्ष टकराने से भारहीन कण, भारयुक्त कण तथा कण में चेतना संचार से जीवों का जन्म हुआ। आचार्य जगदीश चंद्र बोस ने यह सिद्ध किया कि वनस्पति तथा शिला, मृदा आदि भी चेतना और अनुभूति शून्य नहीं हैं। 'छंद वह जो सर्वत्र छा जाए' का आशय भी यही है कि छंद रहित कोई स्थान नहीं है। 'छंद' को 'वेदों का चरण कहा गया है। चरण के बिना किसी लक्ष्य तक पहुँचा नहीं जा सकता अर्थात छंद के बिना वेदों को जाना नहीं जा सकता। किसी को प्रसन्न करना हो तो चरण स्पर्श कर आशीष लिया जाता है आशय यह कि वेद और विधाता को प्रसन्न करना हो अथवा सृष्टि का मूल जानना हो तो वेद (ईश-वाणी) के चरण अर्थात छंद को पाना, ह्रदय में बसाना होगा। कात्यायन के अनुसार छंद के बिना मंत्रों का अध्ययन-अध्यापन और देवताओं को प्रसन्न करना असंभव है। छंद को अक्षर का परिमाण (नियामक) कहा गया है। मेदिनी कोश में छंद का अर्थ पद्य (काव्य) है। आचार्य भरत (ई.पू. चौथी सदी) अपने कालजयी ग्रंथ नाट्यशास्त्र के १८ वें अध्याय में छंद के दो प्रकार नियताक्षर बंध तथा अनियताक्षर बंध बताते हैं। अक्षर वह जो अविनाशी है, ध्वनि या नाद ही अविनाशी है।
हिंदी ने अपभ्रंश और संस्कृत से छंद की विरासत ग्रहण की है। सनातन काल से अनमोल रहा छंद-ज्ञान आजकल अंतर्जाल पर बिना मोल लुटाया और लूटा जा रहा है किंतु अधिकांश पटल और समूह अधकचरा छंद ज्ञान परोस कर नवोदितों को भ्रमित कर रहे हैं। गुरुओं और शिष्यों दोनों का ध्यान लघु पथ (शॉर्ट कट) से छंद रचना करने तक सीमित है। इस कारण काव्य रचनाओं में आनुभूतिक सघनता और हृदस्पर्शी मारकता का अभाव उन्हें प्रभावहीन बना देता है। आचार्य अनमोल कृत 'हिंदी छंद मंजूषा' इस संक्रांति काल में बालारुण की तरह अज्ञान तिमिर का अंत कर उज्जवल पिंगल प्रत्यूषा बिखर कर नए कवियों के पथ प्रदर्शन हेतु रची गई है। इस कृति का वैशिष्ट्य गूढ़तम ज्ञान सरल-सहज बनाकर इस तरह उपलब्ध कराना है कि हर जिज्ञासु मन छंद को जान-पढ़-समझ कर रच सके। छंद-महत्व, काव्य-दोष, शब्द-शक्ति, भाव, अंग, प्रकार आदि की आधारभूत प्रामाणिक जानकारी के साथ वर्ण वृत्त, अर्धसम वर्ण वृत्त, कवित्त, मुक्तक छंद, मुक्त छंद, नवगीत तथा कतिपय नव छंदों के रचना विधान और उदाहरणों से सुसज्जित यह कृति हर छंदविद् और छंद विद्यार्थी के लिए उपयोगी है।
आचार्य अनमोल जी ने अपनी विद्वता की कुनैन सरलता की चाशनी में लपेटकर छंद को कठिन मानकर उससे दूर भागनेवालों के लिए शुगर कोटेड गोली की तरह उपलब्ध कराकर सर्व हितकारी कार्य किया है। पारंपरिक छंदों के साथ जापानी हाइकु छंद, पंजाबी माहिया छंद, वर्ण पिरामिड आदि ने कृति की उपादेयता में वृद्धि की है। कृति का वैशिष्ट्य काव्य दोषों (सपाट बयानी, अतिशयोक्ति, अधिकथन, अवकथन, असंगत सर्वनाम दोष, अपशब्द दोष, असंगत उपमा दोष, शब्द-विसंगति दोष, पुनरावृत्ति दोष, निरर्थक शब्द प्रयोग दोष, शब्द-विरोधाभास दोष आदि) की सोदाहरण प्रस्तुति है। अन्य ग्रंथों में काव्य दोष लगभग अंत में दिए जाते हैं ताकि छंद ज्ञान पाने के बाद दोष देखे सुधारे जा सकें। संभवत:, अनमोल जी का ध्येय कृति के आरंभ में ही छंद दोष देकर जिज्ञासुओं को सजग करना है कि वे छंदाध्ययन करते समय ही दोषों को देखकर लिखते समय उनसे बच सकें। यह उचित भी है, बाद में दोष दूर करने की अपेक्षा आरंभ से ही दोषों का परिमार्जन करने क अभ्यास होना बेहतर है।
पिंगल ग्रंथों में कुछ वर्णों को दग्धाक्षर कहा गया है। कवयादी इनका प्रयोग सामान्यत: वर्जित है किंतु शुभ प्रसंगों में अनुमेय है। इस मान्यता का वैज्ञानिक या तार्किक आधार स्पष्ट नहीं है। बहुधा जो एक के लिए शुभ होता है वह विरोधी के लिए अशुभ होता है। ऐसी मान्यताओं की जानकारी होना चाहिए किंतु इन्हें बंधक न मन जाए।
भाषा की तीनों शब्द शक्तियों अमिधा, व्यंजना तथा लक्षणा का सम्यक-संक्षिप्त विश्लेषण अनमोल जी ने किया है। छंद के षडांगों (चरण, वर्ण, मात्रा, गण, गति, यति तथा तुक), स्वर भेद, मात्रा-गणना नियम, छंद-भेद आदि सभी के लिए उपयोगी हो इस तरह सरल कर प्रस्तुत किया गया है। पिंगल में 'पद' शब्द का बहुअर्थी प्रयोग नवोदितों को भ्रमित करता है। शब्दकोश में चरण, पद, पाद समानार्थी हैं किंतु छंद शास्त्र में 'दोहा को दोपदी' भी कहा जाता है' किंतु 'सूरदास के कृष्ण भक्ति पद अप्रतिम हैं', 'चौपाई के चारों चरण सोलह मात्रिक होते हैं' में 'पद' का अर्थ क्रमश: पंक्ति, संपूर्ण काव्य रचना तथा पंक्ति का एक भाग है। यहाँ यह समझना होगा की साहित्य में विज्ञान की तरह शब्द का अर्थ 'रूढ़' नहीं 'लचीला' होता है। साहित्य में 'ह्रदय' प्रेम का धाम है जबकि विज्ञान में शरीर को रक्त देने वाला पंप मात्र। साहित्य में शब्द का अर्थ प्रसंगानुसार लिया जाता है। अनमोल जी ने नाव अध्येताओं के लिए ऐसे प्रसंगों को पर्याप्त स्पष्ट किया है।
छंद शास्त्र के अधिकांश लक्षण ग्रंथ अत्यधिक विस्तार या अतिरेकी संकुचन से ग्रस्त हैं जबकि अनमोल जी ने यथावश्यक जानकारी देते हुए भी अनावश्यक विस्तार से दूरी बनाए रखी है। वे छंद के शिल्प (छंद प्रकार, पद-चरण, तुक नियम, गति-यति, अन्य विधान आदि) की जानकारी के साथ स्वरचित उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। छंद और रस का अंतरसंबंध तथा छंद में अलंकार का महत्व इन दो महत्वपूर्ण पक्षों का किंचित समावेश हो सकता तो ग्रंथ का कुछ विस्तार होने के साथ उपादेयता में वृद्धि होगी। उदाहरणों की सटीकता के प्रति अनमोल जी की सजगता सराहनीय है।
समकालिक लोकप्रिय ग्रंथों छंद प्रभाकर - जगन्नाथ प्रसाद 'भानु', छंद विधान- छंदोदय - बाबा दौलत राम, हिंदी छंदोलक्षण - नारायण दास, रस-छंद-अलंकार और काव्य विधाएँ- राजेंद्र वर्मा रामदेव लाल 'विभोर' आदि का अनुसरण न कर स्वतंत्रचेता अनमोल जी ने अपनी राह आप बनाकर हिंदी छंद मंजूषा का सृजन नवोदितों में छन्दानुराग उत्पन्न करने की दृष्टि से किया है. यह सनातन सत्य है कि कठिन होना बहुत सरल तथा सरल होना बहुत कठिन होता है। अनमोल जी ने कथन कार्य को सरलतापूर्वक संपादित करते हुए छंदाध्ययन को सहज बनकर महत कार्य किया है। मुझे विश्वास है कि यह कृति न केवल नवोदितों में अपितु सामान्य पाठकों और विद्वज्जनों में भी समादृत होगी।
***
संपर्क : विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१
चलभाष ९४२५१८३२४४, salil.sanjiv@gmail.com