कुल पेज दृश्य

शहरियों लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शहरियों लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 15 नवंबर 2026

नवंबर १५, नर्मदा, भूमि सूक्त, भू तकनीकी, नवगीत, सुनो शहरियों, दोहा प्रकार, हाइकु, सूर्य



सलिल सृजन नवंबर १५
*
हाइकु सलिला
सूर्य 
० 
उगता सूर्य 
नव जागरण का 
बजाता तूर्य। 
० 
सूर्य ग्रहण 
करते हनुमान 
हुए विफल। 
० 
सूर्य रश्मियाँ 
बना रहीं बिजली 
जग रौशन। 
० 
सूर्याभित हो 
जगमग दुनिया 
मिटे अँधेरा। 
० 
नतमस्तक 
श्रद्धा से सब जग 
सूर्य देव हैं। 
० 
केतु न राहू 
असुर, खोज मत 
सूर्य सत्य है। 
० 
रजनी संग 
रात भर सूर्य ने 
क्या क्या न किया। 
० 
रजनी ऊषा 
धरती संध्या सब 
सूर्य-सखियाँ। 
०
सूर्य-चंद्रमा 
धूप और चाँदनी 
तिमिरारि हैं। 
० 
जुगल जोड़ी
चंद्रमा औ' चाँदनी
सूर्य औ' धूप।
० 
सूर्य सा बन 
सतत कर्म कर 
फल न चाह। 
० 
कर्म-पथ का 
पथिक थके बिन 
चलता सूर्य। 
० 
सूर्य नहाया
सलिल-धार तब 
हुई गुलाबी। ० 
जीव संजीव 
सूर्य किरण प्रसाद
 ग्रहण कर। 
० 
सूर्य से भेंट 
इसरो के कैमरे 
शीघ्र करेंगे।

१५.११.२०२६ 
०००
नेह-नर्मदा
*
नेह-नर्मदा रोज नहाया करती थी
घाट-नाव संबंध निभाया करती थी
वेणु मौन की दूर बजाया करती थी
प्यास रूह की नित्य बुझाया करती थी
हारे हुए हौसलों को दिन में भी वो
ख्वाब फतह के लाख दिखाया करती थी
नानक की बानी, कबीर की साखी औ'
विद्यापति के गीत सुनाया करती थी
मैं 'मावस के अँधियारे से डरता था
दीवाली वह विहँस मनाया करती थी
ठोस जमीं में जमा जड़ें वह बाँहों में
आसमान भर सुबह उगाया करती थी
कौन किसी का कभी हुआ है दुनिया में
वो कड़वा सच बता, बचाया करती थी
प्रीत अछूती पुरवैया के झोंके सी
आँचल में भर विजन डुलाया करती थी
देह विदेह अगेह सनेह सुवासित सी
चंदन चर्चित चित्त चुराया करती थी
मैं अमरीका रूस चीन की कोशिश सा
वो इसरो झण्डा फहराया करती थी
पलक उठे तो ऊषा; झुके पलक संध्या
पलक गिरा वह रात बुलाया करती थी
खन-खन ले कंगन में, छम-छम पैजन में
छलिया का छल विहँस; भुलाया करती थी
था बेदर-दीवार फलक, दुनिया सूनी
उम्मीदों की फसल उगाया करती थी
कमसिन थी लेकिन वो बहुत सयानी थी
भटकों को मंजिल दिखलाया करती थी
चैन मिले बेचैन बहुत वो हो जाती
बेचैनी झट गले लगाया करती थी
सँग 'सलिल' के आज नहीं तो कल होगी
सोच कीच से कमल खिलाया करती थी
१५.११.२०२४
***
शोध लेख
भूमि सूक्त और भू तकनीकी
संजीव वर्मा सलिल'
युवा पीढ़ी ही नहीं अधिकांश वरिष्ठ अभियंता और भूतकनीकीविद् भी इस मिथ्या धारणा के शिकार हैं कि यह विधा/विषय पाश्चात्य जगत की देन है। भारत में वैदिक काल के बहुत पहले से भू अर्थात धरती तथा नदियों को माता और जल, वायु, अग्नि आदि प्रकृति उपादानों को देवता तथा आकाश को पिता कहा गया है। यह संबंध स्थापीर करने का मनोवैज्ञानिक कारण यह है कि इन प्रकृतिं उपादानों का विवेकपूर्ण उपयोग किया जाए किंतु दोहन या शोषण न किया जाए, न ही उन्हें मलिन किया जाए। इस दृष्टि को खो देने के कारण अनेक विसंगतियों तथा समस्याओं ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया है कि मानवता और जीवन के समाप्त होने का संकट मुंह बाए है। विडंबना यह कि तथाकथित उन्नत राष्ट्र भारत से प्रकृति को माता मान कर उसके साथ रहने की कला सीखने के स्थान पर चन्द्रमा और मंगल पर बसने के दिवा स्वप्न देख रहे हैं।
इस आलेख में पृथ्वी सूक्त में पृथ्वी के प्रति व्यक्त की गई मांगलिक भावनाओं का संकेत है। हर संरचना (स्ट्रक्चर) को वस्तु मानकर उसमें दैवी शक्ति का दर्शन कर उसके माध्यम से मानव सकल सृष्टि के कल्याण की दिव्य कामना करता भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान (वास्तु शास्त्र) भी भू तकनीकी के विषयों का प्रकृति के साथ तालमेल बैठा कर अध्ययन करता है।
आधुनिक प्रगत प्रौद्यौगिकी के अंधाधुंध उपयोग के कारण ज़िंदगी में जहर घोलता इलेक्ट्रॉनिक कचरा भू वैज्ञानिकों और बहुतकनीकीविदों की चिंता का विषय है। इस कचरे तथा प्लास्टिक पदार्थों के पुनर्चक्रीकरण (रिसायकलिंग) तथा निष्पादन (डिस्पोजल) पर चर्चा करते हुए लेख का समापन किया गया है। लेख का उद्देश्य नव अभियंताओं में स्वस्थ दृष्टि तथा चिंतन का विकास करना है ताकि वे परियोजनाओं को क्रियान्वित करते समय इन खतरों के प्रति सजग रहें।
-------
[लेखक- संजीव वर्मा 'सलिल', डिप्लोमा सिविल, बी.ई, सिविल,एम्.आई.ई., एम्.आई.जी.एस., एम्.ए. (दर्शन शास्त्र, अर्थ शास्त्र), एल-एल.बी., डिप्लोमा पत्रकारिता, से.नि. संभागीय परियोजना अभियंता, मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग। पूर्व महामंत्री इंजीनियर्स फोरम (भारत), अध्यक्ष आईजीएस जबलपुर चैप्टर। संयोजक विश्ववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर। प्रख्यात कवि, कहानीकार, संपादक, समीक्षक, छन्दशास्त्री, समाजसेवी। अधिवक्ता उच्च न्यायालय मध्य प्रदेश। १२ पुस्तकें प्रकाशित। २०० से अधिक पुरस्कार व सम्मान।
संपर्क - विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, ९४२५१८३२४४, salil.sanjiv@gmail.com]
----------------
उपनिषद का शब्द कोशीय अर्थ है समीप बैठना, गुरु के समीप बैठकर ज्ञान प्राप्त करना, भिन्नार्थ ईश्वर के समीप होकर सत्य और ब्रह्म की प्रतीति करना। उपनिषद वेदांत का सार (निचोड़) है।
ईशावास्योपनिषद
उपनिषद श्रृंखला में प्रथम स्थान प्राप्त 'ईशावास्योपनिषद' शुक्ल यजुर्वेद का चालीसवाँ अध्याय है। केवल १८ मंत्रों में ईश्वर के गुणों का वर्णन तथा अधर्म त्याग का उपदेश है। इस उपनिषद का प्रयोजन ज्ञान द्वारा मोक्ष प्राप्ति है। इसमें सभी कालों में सत्कार्म करने पर बल दिया गया है। परमेश्वर के अतिसूक्ष्म स्वरूप का वर्णन इस उपनिषद में है। सभी प्राणियों में आत्मा को परमात्मा का अंश जानकर अहिंसा की शिक्षा दी गयी है। 'कण-कण में भगवान' अथवा 'कंकर कंकर में शंकर' का लोक-सत्य इस उपनिषद में अन्तर्निहित है। समाधि द्वारा परमेश्वर को अपने अन्त:करण में जानने और शरीर की नश्वरता का उल्लेख ईशावास्योपनिषद में है। इस उपनिषद के आरंभ में प्रयुक्त 'ईशावास्यमिदं सर्वम्‌' पद के कारण यह 'ईशोपनिषद' अथवा 'ईशावास्योपनिषद' के नाम से विख्यात है।
शांतिपाठ
ॐ पूर्णमद: पूर्णमिदं पूर्णात् पूर्णमुदच्यते।
पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते।।
ॐ पूर्ण है वह; पूर्ण है यह, पूर्ण से उत्पन्न पूर्ण।
पूर्ण में से पूर्ण को यदि निकालें, पूर्ण तब भी शेष रहता।।
प्रथम मन्त्र में ही जीवन और जगत् को ईश्वर का आवास कहा गया है। 'यह किसका धन है?' प्रश्न द्वारा ऋषि ने मनुष्य को सभी सम्पदाओं के अहंकार का त्याग करने का सूत्र दिया है। इससे आगे लम्बी आयु, बन्धनमुक्त कर्म, अनुशासन और शरीर के नश्वर होने का बोध कराया गया है। यहाँ जो कुछ है, परमात्मा का है, यहाँ जो कुछ भी है, सब ईश्वर का है। हमारा यहाँ कुछ नहीं है-
ॐ ईशावास्यमिदम् सर्वं यत्किंच जगत्यां जगत।
तेनत्येक्तेन भुञ्जीथा मा गृध: कस्य स्विद्धनम॥१॥
ईश समझना हमें चाहिए, उसे दिखे जो कुछ इस जग में।
नाम रूप तज दें प्रपंच सब, मत चाहें; किसका होता धन॥१॥
*
यहाँ इस जगत् में सौ वर्ष तक कर्म करते हुए जीने की इच्छा करनी चाहिए-
कुर्वन्नेवेह कर्माणि जिजीविषेच्छत्ँ समा:।
एवं त्वयि नान्यथेतोऽस्ति न कर्म लिप्यते नरे॥२॥
करते हुए कर्म इस जग में, जीना चाहो सौ वर्षों तक।
जिओ कर्म करते इस जग में, किंतु न होना लिप्त कर्म में॥२॥
*
असूर्या नाम के लोक अज्ञान से अंधा बना देनेवाले तिमिर से आवृत्त हैं। अपने यथार्थ रूप को न जाननेवाले मरणोपरांत उन लोकों में जाते हैं।
असूर्या नाम ते लोका अन्धेन तमसावृता:।
तांस्ते प्रेत्याभिगच्छन्ति ये के चात्मनो जना:।।३।।
हैं जो लोक असूर्य नाम के, घिरे हुए हैं अंधक तम से।
मरकर जाते वहीं वही जो, निज स्वरूप को जान न पाते।।३।।
*
जीव मन से अच्युत स्वरूप (स्थिर); एक और अगम्य है। इसे चक्षु आदि इन्द्रियाँ नहीं पा सकतीं चूँकि यह मन से भी अधिक गतिशील है। आप निष्क्रिय रहते हुए भी अन्य का अतिक्रमण कर पाता है। वः नित्य चैतन्य आत्मतत्व ही वायु आदि देवों को जीवों की क्रियाशीलता हेतु प्रवृत्त करता है।
अनेजदेकं मनसो जैवीयो नैनद्देवा आप्नुवन पूर्वमर्षत।
तद्धावतो S न्यानत्येति तिष्ठत्तस्मिन्नपो मातरिश्वा दधाति।।४।।
वही तत्व अच्युत अगम्य है, परे इन्द्रियों से; मन से भी।
दौड़े आगे अन्य सभी के, अचल वायु को गति-प्रवृत्त कर।।४।।
*
वह आत्मा ही सोपधिक अवस्था में सक्रिय और निरुपाधिक अवस्था में निष्क्रिय होता है। वह दूर भी है और निकट भी वही है। वह अंदर भी है और बाहर भी वही है।
तदेजति तन्नैजति तद्दूरे तद्विंतके।
तदन्तरस्य सर्वस्य तदु सर्वस्यास्य बाह्यत:।।५।।
वह सक्रिय; निष्क्रिय भी है वह, दूर निकट जो भी है वह है।
वह ही अन्दर जो कुछ भी है, और वही जो कुछ बाहर है।।५।।
*
जो सब भूतों को अपने में ही देखता है और अपने आपको सब भूतों में देखता है, उसके अन्तर्मन में किसी के प्रति घृणा उत्पन्न नहीं होती।
यस्तु सर्वाणि भूतान्यात्मन्येवानु पश्यति।
सर्वभूतेषु चात्मानं ततो न विजिगुप्सते।।६।।
देख रहा जो सब भूतों को, खुद के अंदर भिन्न न जाने।
देखे खुद को सब भूतों में, कभी किसी से घृणा न करता।।६।।
*
जब सभी भूत तत्वज्ञ की दृष्टि में आत्मवत हो गए तब एकत्व अनुभव करनेवाले के लिए कौन सा मोह; कौन सा शोक रह गया?
यस्मिन् सर्वाणि भूतान्यात्मैवाभू िद्वजानत:।
तत्र को मोह: क: शोक: एकत्वमनुपश्यते।।७।।
जो समस्त भूतों को जाने, आत्मरूप; हो गैर न कोई।
उसे मोह क्या?; उसे शोक क्या?, वह एकत्व देखता सबमें।।७।।
*
वह आत्मतत्व आकाश के समान व्यापी, शुक्र व कायारहित, अक्षत, स्थूल शरीररहित शुद्ध तथा पापहीन है। वह क्रांतदर्शी मनीषी सर्वनियन्ता स्वयं उत्पन्न होनेवाला है। उसी ने यथोचित कार्यों के लिए सब पदार्थों का निर्माण किया है।
स पर्यागाच्छुक्रमकायमव्रणस्नाविरं शुद्धपापविद्धम्।
कविर्मनीषी परिभू: स्वयंभूर्याथातथ्यतोsर्थान्य व्यदधाच्छाश्वतीभ्य: समाभ्य:।।८।।
नभ सम व्याप्त, न शुक्र-लिंग-व्रण, तन बिन शुद्ध अपापी है वह।
कवि मनीषि वह सर्वनियंता, प्रगटे आप रचे सबको वह।।८।।
*
अविद्या की उपासना करनेवाले घोर तम में घिर जाते हैं और उससे भी अधिक घने अँधेरे में वे घिरते हैं जो कर्म तजकर केवल विद्या की उपासना में रत रहते हैं।
अन्धं तम: प्रविशंति, येsविद्यामुपासते।
ततो भूय इव ते तमो य उ विद्यायां रता:।।९।।
अंधा करते तम में घिरते, करें अविद्याजनित कर्म जो।
उससे अधिक तम में घिरते वे, जो बिन कर्म लीन विद्या में।।९।।
*
अविद्यात्मक कर्मों के अनुष्ठान से दूसरा ही फल मिलता है, ऐसा धीर जनों से हमने सुना है जिन्होंने कर्म और ज्ञान का व्याख्यान किया है।
अन्यदेवाहुर्विद्ययान्यदाहुरविद्यया।
इति शुश्रुम धीराणां ये नस्तद्विचचक्षिरे।।१०।।
कर्म अविद्या-विद्या मय जो, उनका फल कुछ अन्य बताया।
सुना धीर पुरुषों से हमने, जिनने वह व्याख्यान किया है।।१०।।
*
विद्या और अविद्या दोनों को जो एक ही पुरुष द्वारा अनुष्ठेय समझता है, वह अविद्या के अनुष्ठान से मृत्यु का अतिक्रमण कर बाद में विद्या के प्रभाव से अमर हो जाता है।
विद्यां चाविद्यां च यस्तद्वेदोभयं सह।
अविद्यया मृत्युं तीर्त्वा विद्ययामृतमश्नुते।।११।।
विद्या और अविद्या दोनों, एक पुरुष कृत जो समझे वह।
जीते मृत्यु अविद्या से फिर, होता अमर आत्म विद्या से।।११।।
*
अँधा बना देनेवाले सघन तम में प्रवेश कर जड़ हो जाते हैं वे जो सर्वव्यापी एकात्मभाव को भूलकर जो प्रकृति की उपासना करते हैं और उससे भी अधिक तम से घिर जाते हैं वे जो हिरण्यगर्भ नामक कार्यब्रह्म में ही रहते हैं।
अन्धं तम: प्रविशंति येsसंभूतिमुपासते।
ततो भूय इव ते तमो य उ संभूत्यांरता:।।१२।।
अंधक तम घुस जड़ होते वे, जो प्रकृति को उपासते हैं।
और सघन तम घिर जड़ होते, वे जो कार्यब्रह्म में रहते।।१२।।
*
संभव (कार्यब्रह्म) और असंभव (अव्याकृत प्रकृति) की अलग-अलग उपासना का फल, दोनों के समुच्चयित पूजन के फल से भिन्न है, ऐसा हमने धीर पुरुषों से सुना है जिन्होंने इस तत्व का साक्षात्कार किया है।
अन्य देवाहु: सम्भवादन्यदाहुरसंभवात्।
इति शुश्रुम धीराणां ये नस्तद्विचचक्षिरे।।१३।।
संभव और असंभव पूजन, अलग करें फल अलग मिलें तब।
ब्रह्म-प्रकृति सह पूजन का फल, भिन्न सुना है धीर जनों से।।१३।।
*
जो यह समझता है कि संभूति और विनाश इन दोनों का साथ ही साथ एक ही व्यक्ति के द्वारा अनुष्ठान होना चाहिए, वह विनाश से मृत्यु को पार कर, असंभूति से अमृतत्व पाता है।
संभूतिं च विनाशं च यस्तद्वेदोभयं सह।
विनाशेन मृत्युं तीर्वा संभूत्यामृतमश्नुते।।१४।।ईजटख
ब्रह्म-प्रकृति की सह उपासना, अनुष्ठेय होता जिसको वह।
करता पार विनाश-मृत्यु को, और अमृत को पा लेता है।।१४।।
*
अविचल परमात्मा एक ही है। वह मन से भी अधिक वेगवान है। वह दूर भी है और निकट भी है। वह जड़-चेतन सभी में सूक्ष्म रूप में स्थित है। जो ऐसा मानता है, वह कभी भ्रमित नहीं होता। वह शोक-मोह से दूर हो जाता है। परमात्मा सर्वव्यापी है। वह परमात्मा देह-रहित, स्नायु-रहित और छिद्र-रहित है। वह शुद्ध और निष्पाप है। वह सर्वजयी है और स्वयं ही अपने आपको विविध रूपों में अभिव्यक्त करता है। ज्ञान के द्वारा ही उसे जाना जा सकता है। मृत्यु-भय से मुक्ति पाकर उपयुक्त निर्माण कला से मुक्ति प्राप्त की जा सकती है। उस परमात्मा का मुख सोने के चमकदार पात्र से ढका हुआ है-
हिरण्मयेन पात्रेण सत्यस्यापिहितं मुखम्।
तत्त्वं पूषन्नपातृणु सत्यधर्माय दृष्टये॥१५॥
कनक पात्र से ढका सत्य मुख, तुम दो हटा आवरण उसका।
सब का पालन करनेवाले, हे प्रभु! सत्य-धर्म पालूँ मैं॥१५॥
सकल जगत का पोषण करने और अकेले चलनेवाले हे पूषा!, यम!, सूर्य! तथा प्रजापति पुत्र! तुम अपने किरण जाल को दूर करो ताकि मैं तुम्हारा सर्व कल्याणकारी देख सकूँ, जो हर प्राणी में तथा मुझमें भी भासमान है।
पूषन्नेकर्षे यम सूर्य प्राजापत्य व्यूह रश्मिन्समूह।
तेजो यत्ते रूपं कल्याणतमं तत्ते पश्यामि योsसावसौ पुरुष: सोsहमस्मि॥१६॥
जगपोषक पूषा एकाकी, यम रवि प्रजापति सुत किरणें।
लो समेट, छवि कल्याणी मैं, देख सकूँ जो सबमें-मुझमें॥१६॥
प्राण वायु, सकल सृष्टि में व्याप्त वायु में विलीन हो जाए, अंत में शरीर भस्म हो जाए, मन जीवन में जो कुछ किया उसे स्मरण कर, स्मरण करने योग्य परम ब्रह्म को स्मरण करे।
वायुरनिलममृतमथेदं भस्मान्तं शरीरं।
ॐ क्रतो स्मर कृतं स्मर क्रतो स्मर कृतं स्मर॥१७॥
प्राण वायु सर्वात्म वायु में, हो विलीन;हो भस्म देह यह।
याद ब्रह्म को; निज कर्मों को,करो याद जो याद-योग्य हो॥१७॥
हे अग्नि देव! अच्छी राह से हमें ले चलो। तुम सब कर्मों को जानते हो। हमसे पाप कर्मों को दूर करो। हम तुम्हें बार बार नमन करते हैं।
अग्ने नय सुपथा राये असमान्, विश्वानि देव वयुनानि विद्वान्।
युयोध्यस्मज्जहुराणमेनो भूयिष्ठां ते नम उक्तिं विधेम॥१८॥
अग्नि! ले चलो सुपथ पर मुझे, कर्म-ज्ञान-फल ज्ञाता हो तुम।
दूर करो मुझसे पापों को, बार-बार मैं नमन कर रहा॥१८॥
।। इति श्री भगवत्पूज्यपाद के शिष्य परमहंस परिव्राजकाचार्य श्री शंकर भगवत रचित वाजपेई संहिता उपनिषद (काव्यानुवाद आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल') टीका पूर्ण ।।
१५.११.२०२१
***
नवगीत
सुनो शहरियों!
*
सुनो शहरियों!
पिघल ग्लेशियर
सागर का जल उठा रहे हैं
जल्दी भागो।
माया नगरी नहीं टिकेगी
विनाश लीला नहीं रुकेगी
कोशिश पार्थ पराजित होगा
श्वास गोपिका पुन: लुटेगी
बुनो शहरियों !
अब मत सपने
खुद से खुद ही ठगा रहे हो
मत अनुरागो
संबंधों के लाक्षागृह में
कब तक खैर मनाओगे रे!
प्रतिबंधों का, अनुबंधों का
कैसे क़र्ज़ चुकाओगे रे!
उठो शहरियों !
बेढब नपने
बना-बना निज श्वास घोंटते
यह लत त्यागो
साँपिन छिप निज बच्चे सेती
झाड़ी हो या पत्थर-रेती
खेत हो रहे खेत सिसकते
इमारतों की होती खेती
धुनो शहरियों !
खुद अपना सिर
निज ख्वाबों का खून करो
सोओ, मत जागो
१५-११-२०१९
***
संपर्क - आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१
चलभाष - ९४२५१८३२४४, ईमेल - salil.sanjiv@gmail.com
१५.११.२०१९
***
गीत
*
जो चाहेंगे
वह कर लेंगे
छू लेंगे
कदम रोक ले
नहीं कहीं भी
कोई ऐसा पाश।
*
शब्द
निशब्द
देख तितली को
भरते नित्य उड़ान।
रुकें
चुकें झट
क्यों न जूझते
मुश्किल से इंसान?
घेर
भले लें
शशि को बादल
उड़ जाएँगे हार।
चटक
चाँदनी
फैला भू पर
दे धरती उजियार।
करे सलिल को
रजताभित मिल
बिछुड़ न जाए काश।
कदम रोक ले
नहीं कहीं भी
कोई ऐसा पाश।
*
दर्द
न व्यापे
हृदय न कांपे
छू ले नया वितान।
मोह
न रोके
द्रोह न झोंके
भट्टी में ईमान।
हो
सच व्यक्त
ज़िंदगी का हर
जयी तभी हो गीत।
हर्ष
प्रीत
उल्लास बिना
मर जाएगा नवगीत।
भूल विसंगति
सुना सुसंगति
जीवित हो तब लाश।
कदम रोक ले
नहीं कहीं भी
कोई ऐसा पाश।
१४-११-२०१९
***
गीत
'बादलों की कूचियों पर'
*
बादलों की कूचियों पर
गीत रचो पंछियों पर
भूमि बीज जड़ पींड़ पर
छंद कहो डालियों पर
झूम रही टहनियों पर
नाच रही पत्तियों पर
मंत्रमुग्ध कलियों पर
क्यारियों-मालियों पर
गीत रचो बिजलियों पर
बादलों की कूचियों पर
गीत रचो पंछियों पर
*
श्वेत-श्याम रंग मिले
लाल-नील-पीत खिले
रंग मिलते हैं गले
भोर हो या साँझ ढले
बरखा भिगा दे भले
सर्दियों में हाड़ गले
गर्मियों में गात जले
ख्वाब नयनों में पले
लट्टुओं की फिरकियों पर
बादलों की कूचियों पर
गीत रचो पंछियों पर
*
अब न नफरत हो कहीं
हो अदावत भी नहीं
श्रम का शोषण भी नहीं
लोभ-लालच भी नहीं
रहे बरकत ही यहीं
हो सखावत ही यहीं
प्रेम-पोषण ही यहीं
हो लगावट ही यहीं
ज़िंदगी की झलकियों पर
बादलों की कूचियों पर
गीत रचो पंछियों पर
***
गीत
मनुहार
.
कर रहे मनुहार कर जुड़ मान भी जा
प्रिये! झट मुड़ प्रेम को पहचान भी जा
जानता हूँ चाहती तू निकट आना
फ़ेरना मुँह है सुमुखि! केवल बहाना
बाँह में दे बाँह आ गलहार बन जा
बनाकर भुजहार मुझ में तू सिमट जा
अधर पर धर अधर आ रसलीन होले
बना दे रसखान मुझको श्वास बोले
द्वैत तज अद्वैत रसनिधि वरण कर ले
तार दे मुझको शुभांगी आप तर ले
१५.११.२०१७
***
रसानंद दे छंद नर्मदा : ६
दोहा विविध प्रकार
*
लघु-गुरु मात्रा समुच्चय, तेइस विविध प्रकार।
रच दोहा की भंगिमा, कवि मन के अनुसार।।
*
करभ दोहा- लक्षण: १६ गुरु, १६ लघु = ३२ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
सोलह-सोलह कलाएँ, गुरु-लघु खेलें साथ।
दोहा 'करभ' सुनाम पा, जोड़े दोनों हाथ।।
उदाहरण-
दीवाली की रात हो, मानस-तम का अंत।
छोड़े माया हो सके, मन पल भर यदि संत।।
.
श्याम मेघ छा शाम से, करते नाहक शोर।
जो गरजे बरसे नहीं, श्यामा-श्याम विभोर।।
*
नर दोहा- लक्षण: १५ गुरु, १८ लघु = ३३ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
सोलह-पन्द्रह कला का, नर-नारी सम मेल।
'नर' दोहा हँस देखता , मेल न हो बेमेल।।
उदाहरण-
कौन किसी का सगा है?, किसकी सच्ची प्रीत।
कौन बताये किस तरह, जगत निभाए रीत।।
*
मराल / हंस दोहा- लक्षण: १४ गुरु, २० लघु = ३४ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
चौदह गुरु लघु बीस हों, दोहा नाम 'मराल'।
आनंदित हो कवि रचें, उन्नत रखकर भाल।।
उदाहरण-
बाल सूर्य को नमन कर, आ कर लें व्यायाम।
स्नान-ध्यान कर पय पियें, भला करेंगे राम।।
*
मदुकल / गयंद दोहा- लक्षण: १३ गुरु, २२ लघु = ३५ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
लघु मात्रा बाईस हों, तेरह गुरु सँग मीत।
'मदकल' दोहा हो करें, सकल जगत से प्रीत।।
उदाहरण-
चित्र गुप्त ध्वनि सुन सखे, अक्षर लिपि साकार।
शब्द ब्रम्ह मिल शक्ति से, बने जगत-व्यवहार।।
*
पयोधर दोहा- लक्षण: १२ गुरु, २४ लघु = ३६ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
बारह गुरु चौबीस लघु, नाम 'पयोधर' नीक।
सरस भाव भाषा सरल, रचें बूझ तकनीक।।
उदाहरण-
विधि-हरि-हर का ध्यान कर, सूर्य पूजिए नित्य।
शारद-रमा-उमा कृपा, वर ले 'सलिल' अनित्य।।
*
चल दोहा- लक्षण: ११ गुरु, २६ लघु = ३७ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
ग्यारह गुरु छब्बीस लघु, मात्रा 'चल' में जान।
षडरस-बतरस सरस मिल, होते रस की खान ।।
उदाहरण-
सत-शिव-सुंदर का करें, दोहा पल-पल गान।
सत-चित-आनँद पा बने, जग-जीवन रसखान।।
.
जन गण मन नित गाइए, सदा उठाकर शीश।
झंडा वंदन मिल करें, सदय रहें जगदीश।।
*
वानर दोहा- लक्षण: १० गुरु, २८ लघु ३८ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
दस-अट्ठाइस कलामय, गुरू-लघु रखिए शब्द।
'सलिल'-धार कलकल बहे, 'वानर' सुनें अशब्द।।
उदाहरण-
सहनशीलता कम 'सलिल', बहुत अधिक तकरार।
पुरस्कार वापिस करे, राजनीति कर वार।।
*
त्रिकल दोहा- लक्षण: ९ गुरु, ३० लघु, ३९ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
मिल नौ गुरु लघु तीस से, त्रिकल रचें सानंद।
समझ-बूझ पढ़-कह 'सलिल', सुन-गुन परमानंद।।
उदाहरण-
नभचर वनचर सम करें, गर्जन घोर कठोर।
जलचर बनने से बचें, थलचर छिप ज्यों चोर।।
*
कच्छ दोहा- लक्षण:८ गुरु, ३२ लघु, ४० वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
बत्तिस गुरु लघु आठ सँग, लय-गति-यति मिल साध।
झटपट रचकर कह रहे, दोहा कच्छ अबाध।।
उदाहरण-
दिनकर पीछे देखकर, उषा सभय द्रुत चाल।
लिपट लगी दुपहर गले, चकित-थकित नत भाल।।
*
मच्छ दोहा- लक्षण:७ गुरु, ३४ लघु, ४१ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
लघु-गुरु चौंतिस-सात रख, सुकवि मच्छ रच-बोल।
मन-मधुकर हितकर हुए, सरस सात रस घोल।।
उदाहरण-
बुनकर बुन कर वसन नित, पहन न पाते हाय।
विधना विवश विलोकता, क्या सचमुच निरुपाय।।
*
शार्दूल दोहा- लक्षण:६ गुरु, ३६ लघु, ४२ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
षड्गुरु छत्तिस लघु रचित, शार्दूल रस-खान।
रिमझिम रिमझिम बरसकर, जलनिधि बने वितान।।
उदाहरण-
पग-पग रखकर बढ़ पथिक, थक हिम्मत मत हार।
तन-मन रखकर समन्वित, कर भव बाधा पार।।
*
अहिवर दोहा- लक्षण:५ गुरु, ३८ लघु, ४३ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
अड़तिस लघु गुरु पाँच चुन, अहिवर कह-सुन सत्य।
मन-मन हँसकर चुप रहे, तनिक न तजता कृत्य।।
उदाहरण-
झिलमिल-झिलमिल किरण छवि, निरख शलभ हो मुग्ध।
तन-मन मिलन सुपथ वरण, कर खुद होता दग्ध।।
*
व्याल दोहा- लक्षण:४ गुरु, ४० लघु, ४४ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
लघु-गुरु चालिस-चार रख, सहज-सरल रच 'व्याल'।
सतत सजग रहकर 'सलिल', कह सुन कवित रसाल।।
उदाहरण-
अनिल अनल भू नभ 'सलिल', हिलमिल रच भव लोक।
कण-कण तृण-तृण जोडकर, तम सँग हर हर शोक।।
*
विडाल दोहा- लक्षण:३ गुरु, ४२ लघु, ४५ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
युग-पग सम रख तीन गुरु, चल चुप सतत विडाल।
'सलिल' न कह सुन अधिकतम, मत कर तनिक मलाल ।।
उदाहरण-
झिलमिल-झिलमिल शशि-किरण, हरकर तिमिर सुशांत।
कलकल-कलकल बह 'सलिल', ।।
*
श्वान / सुनक दोहा- लक्षण:२ गुरु, ४४ लघु, ४६ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
हिल-मिलकर सच सहन कर, गुरु-गुरु वर चुप श्वान।
'सलिल' न कह सुन अधिकतम, मत कर मन-अभिमान ।।
उदाहरण-
झिलमिल-झिलमिल शशि-किरण, सम हर तिमिर सुशांत।
कलकल-कलकल बह 'सलिल', दिनकर कर दिवसांत ।।
*
इंदुर / उदर दोहा- लक्षण:१ गुरु, ४६ लघु, ४७वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
गुरु न अधिक वर एक फिर, कर जप-तप दुःख हरण।
चरण-चरण धर सतत लघु, मन लख चुप मद-मरण ।।
उदाहरण-
शतदल सरसिज जलज हरि, शरण-वरण कर चरण।
कुछ कह-सुन मत अकथ सच, किशन-किशन जप हर क्षण।।
*
सर्प दोहा- लक्षण:० गुरु, ४८ लघु, ४८ वर्ण, ४८ मात्रा
लक्षण दोहा-
लख गुरु बिन कलियुग पतित, भ्रमित-व्यथित चित-मनस।
लुक-छिपकर हर जन सतत, दुखित-व्यथित कर परस ।।
उदाहरण-
गुरु-गुरु मिल गुरुतम अगर, सुख ही सुख हर तरफ।
लघु-लघु लघुतम यदि 'सलिल', दुःख हर दिश बन बरफ ।।
*
दोहों के सभी प्रकारों के नाम स्मरण रखने के लिये निम्न ३ दोहे सहायक होंगे:
भ्रमर सुभ्रामर शरभ रच, श्येन साथ मंडूक।
मरकट करभ न भूलना, हंस गयंद मधूक।।
कहे पयोधर लिख विहँस, वानर त्रिकल सुरम्य।
कच्छ मच्छ शार्दूल सुन, अहिवर व्याल सुगम्य।।
हो विडाल सँग श्वान भी, उदर पूर्ति हित शांत।
सर्प न डँस जाये 'सलिल', तनिक न होना भ्रांत।।
टिप्पणी: अंतिम दो दोहों के पदांत में गुरु-लघु की शर्त पूरी न होने से कुछ विद्वान दोहों के २१ प्रकार ही स्वीकार करते हैं। इन्हें अपवाद स्वरूप ही रचा गया है।
*****
गीत:
*
मैं नहीं....
*
मैं नहीं पीछे हटूँगा,
ना चुनौती से डरूँगा.
जानता हूँ, समय से पहले
न मारे से मरूँगा.....
*
जूझना ही ज़िंदगी है,
बूझना ही बंदगी है.
समस्याएँ जटिल हैं,
हल सूझना पाबंदगी है.
तुम सहायक हो न हो
खातिर तुम्हारी मैं लडूँगा.
जानता हूँ, समय से पहले
न मारे से मरूँगा.....
*
राह के रोड़े हटाना,
मुझे लगता है सुहाना.
कोशिशों का धनी हूँ मैं,
शूल वरकर, फूल तुम पर
वार निष्कंटक करूँगा.
जानता हूँ, समय से पहले
न मारे से मरूँगा.....
*
जो चला है, वह गिरा है,
जो गिरा है, वह उठा है.
जो उठा, आगे बढ़ा है-
उसी ने कल को गढ़ा है.
विगत से आगत तलक
अनथक तुम्हारे सँग चलूँगा.
जानता हूँ, समय से पहले
न मारे से मरूँगा.....
१५.११.२०१०
*

शनिवार, 2 मार्च 2024

२ मार्च, तुम, मुक्तिका, नवगीत, शृंगार, सॉनेट, सरस्वती, शहरियों, रामकिंकर

सलिल सृजन २.३.२०२४
*
इंग्लिश सॉनेट
रामकिंकर
•
हैं रामकिंकर नहीं देह केवल,
भजन-भक्ति में लीन प्रज्ञा सनातन,
नहीं देह उनको रही गेह केवल,
बनी उपकरण राम जप हित पुरातन।
पहना वसन आत्मा ने तभी तक,
जब तक सभी कर्म बंधन न टूटे,
किया स्वच्छ दर्पण मन का गमन तक,
सजग थे कहीं कोई कालिख न छूटे।
न दो हैं किशन-राम जग को बताया,
चरित कैकई का बताया महत्तम,
शिव-राम-हनुमत को मस्तक नवाया,
कहा प्रभु कृपा पाए वह जो लघुत्तम।
थे रामकिंकर कहे जो ग़लत वो,
हैं रामकिंकर जिएँ राम को जो।
२.३.२०२४
•••
इटेलियन सॉनेट
तेरा मेरा साथ
*
तेरा मेरा साथ,
नामी अरु गुमनाम,
ज्यों हों छंद-विराम,
ले हाथों में हाथ। 
राजमार्ग-फुटपाथ, 
जुमला अरु पैगाम, 
खास आदमी आम, 
पैर उठाए माथ। 
साथ मगर है दूर, 
नदिया के दो तीर,
हम हैं नाथ-अनाथ। 
आँखें रहते सूर,
लोई और कबीर,
साथ न रहकर साथ। 
*** 
सॉनेट
मीन प्यासी है अपने दरिया में
*
मीन प्यासी है अपने दरिया में
डाल दो जाल फँस ही जाएगी,
इश्क है कीच धँस भी जाएगी,
ज्यों हलाला है बीच शरीआ में।
कौन किसका हुआ है दुनिया में,
साँस अरु आस सँग ही जाएगी,
ज़िंदगी खूब आजमाएगी,
गुन ही होता नहीं है गुनिया में।
आपने खुद को नहीं जाना
आईना व्यर्थ ही सदा देखा,
टकतीं और को रही आँखें।
जान लूँ गैरों को सदा ठाना,
खुद का खुद ही किया कभी लेखा?
काट लीं खुद की खुद सभी शाखें।
२.३.२०२४
***
सॉनेट
•
जो चले गए; वे नहीं गए।
जो रुके रहे; वे नहीं रहे।
कहें कौन बह के नहीं बहे?
कहें कौन हैं जो सदा नए?
.
जो परे रहे; न परे हुए।
जो जुड़े; नहीं वे कभी जुड़े।
जहाँ राह पग भी वहीं मुड़े।
जो सगे बने; न सगे हुए।
.
न ही आह हो; न ही वाह हो।
नहीं गैर की परवाह हो।
प्रभु! धैर्य दे जो अथाह हो।।
.
पाथेय कुछ न गुनाह हो।
गहराई हो तो अथाह हो।
गर सलिल हो तो प्रवाह हो।।
२-३-२०२३
•••
सॉनेट
प्रार्थना
•
सरस्वती जी सुमति दीजिए।
अंगुलियों पर रमें रमा माँ।
शिवा शक्ति दे कृपा कीजिए।।
विधि-हरि-हर हृदय सर्वदा।।
चित्र गुप्त मस्तक में बसिए।
गोद खिलाए धरती माता।
पिता गगन हो कभी न तजिए।।
पवन सखा सम शांति प्रदाता।।
आत्म दीप कर अग्नि प्रकाशित।
रहे जीव संजीव सलिल से।
मानवता हित रहें समर्पित।।
खिलें रहें हम शत शतदल से।।
कर जोड़ें, दस दिश प्रणाम कर।
सभी सुखी हों, सबका शुभ कर।।
२-३-२०२२
•••
नवगीत
सुनो शहरियों!
*
सुनो शहरियों!
पिघल ग्लेशियर
सागर का जल उठा रहे हैं
जल्दी भागो।
माया नगरी नहीं टिकेगी
विनाश लीला नहीं रुकेगी
कोशिश पार्थ पराजित होगा
श्वास गोपिका पुन: लुटेगी
बुनो शहरियों !
अब मत सपने
खुद से खुद ही ठगा रहे हो
मत अनुरागो
संबंधों के लाक्षागृह में
कब तक खैर मनाओगे रे!
प्रतिबंधों का, अनुबंधों का
कैसे क़र्ज़ चुकाओगे रे!
उठो शहरियों !
बेढब नपने
बना-बना निज श्वास घोंटते
यह लत त्यागो
साँपिन छिप निज बच्चे सेती
झाड़ी हो या पत्थर-रेती
खेत हो रहे खेत सिसकते
इमारतों की होती खेती
धुनो शहरियों !
खुद अपना सिर
निज ख्वाबों का खून करो
सोओ, मत जागो
१५-११-२०१९
***
दोहा सलिला
माँ
*
माता के दरबार में, आत्म ज्योति तन दीप।
मुक्ता मणि माँ की कृपा, सफल साधना सीप।।
*
मैया कर इतनी कृपा, रहे सत्य का बोध।
लोभ-मोह से दूर रख, बालक भाँति अबोध।।
*
जो पाया पूरा नहीं, कम कुबेर का कोष।
मातु-कृपा बिन किस तरह, हो मन को संतोष।।
*
रचना कर संसार की, माँ लेती है पाल।
माई कब कुछ दे सका, हर शिशु है कंगाल।।
*
जननी ने जाया जिन्हें, जातक सभी समान।
जाति देश या धर्म की, जय बोलें नादान।।
*
अंब! तुम्हीं जगदंब हो, तुमसे सकल जहान।
तुम ही लय गति यति तुम्हीं, तुम ही हो रस-खान।।
*
बेबे आई ई अनो, तल्ली जीजी प्लार।
अमो अमा प्यो मोज मुम, म्ये बा इमा दुलार।।
*
बीजी ब्वे माई इया, मागो पुई युम मम।
अनो मम्ज बीबी इजू, मैडी मुम पुरनम।।
*
आमा मागो मुमा माँ, मामा उम्मा स्नेह।
थाई, माई, नु, अम्मे, अम्मी, भाभी गेह।।
*
मम्मी मदर इमा ममी, अम्मा आय सुशांत।
एमा वाहू चईजी, बाऊ मामा कांत ।।
(माँ के ६० पर्यायवाची शब्द प्रयुक्त)
***
श्रृंगार गीत
*
जीवन की बगिया में
महकाये मोगरा
पल-पल दिन आज का।
*
श्वास-श्वास महक उठे
आस-आस चहक उठे
नयनों से नयन मिलें
कर में कर बहक उठे
प्यासों की अँजुरी में
मुस्काये हरसिंगार
छिन-छिन दिन आज का।
*
रूप देख गमक उठे
चेहरा चुप चमक उठे
वाक् हो अवाक 'सलिल'
शब्द-शब्द गमक उठे
गीतों की मंजरी में
खिलखलाये पारिजात
गिन -गिन दिन आज का।
*
चुप पलाश दहक उठे
महुआ सम बहक उठे
गौरैया मन संझा
कलरव कर चहक उठे
मादक मुस्कानों में
प्रमुदित हो अमलतास
खिल-खिल दिन आज का।
***
कुंडलिया
*
थोड़ी सी मस्ती हमें, दे दे जग के नाथ।
थोड़ी सी सस्ती मिले, ठंडाई भंग साथ।।
ठंडाई भंग साथ, रंग बरसाने जाएँ।
बरसाने की लली दरस दिखलाने आएँ।।
रंग लगाने मची रहे, होड़ाहोड़ी सी।
दे दे मस्ती नाथ, हमें जग के थोड़ी सी।।
***
मुक्तक
*
आप-हम हैं साथ सुख-संतोष है
सृजन सार्थक शांति का जयघोष है
सत्य-शिव-सुंदर रचें साहित्य सब
सत्-चित्-आनंद जीवन कोष है
***
मुक्तिका
*
बेच घोड़े सोइए, अब शांति है
सत्य से मुँह मोड़िए, अब शांति है
मिल गई सत्ता, करें मनमानियाँ
द्वेष नफरत बोइए, अब शांति है
बाँसुरी ले हाथ में, घर बारिए
मार पत्थर रोइए, अब शांति है
फसल जुमलों की उगाई आपने
बोझ शक का ढोइए, अब शांति है
अंधभक्तों! आँख अपनी खोलिए
सत्य को मत खोइए, अब शांति है
हैं सभी नंगे हमामों में यहाँ
शकल अपनी धोइए, अब शांति है
शांत शोलों में छिपीं चिनगारियाँ
जिद्द नाहक छोड़िए, अब शांति है
२-३-२०२०
***
दोहा की होली
*
दीवाली में दीप हो, होली रंग-गुलाल
दोहा है बहुरूपिया, शब्दों की जयमाल
*
जड़ को हँस चेतन करे, चेतन को संजीव
जिसको दोहा रंग दे, वह न रहे निर्जीव
*
दोहा की महिमा बड़ी, कीर्ति निरुपमा जान
दोहा कांतावत लगे, होली पर रसखान
*
प्रथम चरण होली जले, दूजे पूजें लोग
रँग-गुलाल है तीसरा, चौथा गुझिया-भोग
*
दोहा होली खेलता, ले पिचकारी शिल्प
बरसाता रस-रंग हँस, साक्षी है युग-कल्प
*
दोहा गुझिया, पपडिया, रास कबीरा फाग
दोहा ढोलक-मँजीरा, यारों का अनुराग
*
दोहा रच-गा, झूम सुन, होला-होली धन्य
दोहा सम दूजा नहीं. यह है छंद अनन्य
***
होलिकोत्सव २-३-२०१८
***
विमर्श - 'गाय' और सनातन धर्म ?
कहते हैं गाय माता है, ऐसा वेद में लिखा है। गौरव की बात है! माता है तो रक्षा करें; किन्तु वेद में यह कहाँ लिखा है कि गाय सनातन धर्म है, उसकी पूजा करो ?
वेद में लिखा है कि गाय माता है तो वेद में यह भी लिखा है कि उसका पति कौन है? अथर्ववेद के नवम् काण्ड का चतुर्थ ऋषभ सुक्त है, जिसके दूसरे और चौथे मन्त्र में बैल को ''पिता वत्सानां पतिरध्यानाम्'' अर्थात गाय का पति और बछड़ों का पिता कहा गया है।
तो क्या बैल को पिता मानकर पूजना होगा? गाय को ही क्यों,
ऋग्वेद (१०/६२/३१) में पृथ्वी को माता कहा गया है।,
(१०६४/९) में जल को माता कहा गया,
(यजुर्वेद १२/७८) में ''औषधीरिती मातर:'' औषधियों को माता कहा गया, तो क्या इनको पूजने लगें ?
इसी प्रकार मानस में-
''जनु मरेसि गुर बाँभन गाई।''
(मानस २/१४६/३) इनका विशेष महत्त्त्व है, गाय का भी महत्त्त्व है। जो वस्तु विकास में सहयोगी , उसी का महत्त्व होगा।
जैसे आजकल बिजली का बड़ा महत्त्व है, राष्ट्रीय सम्पत्ति है। आविष्कारों का महत्त्व तो घटता-बढ़ता ही रहता है; किन्तु इससे कोई वस्तु धर्म नहीं हो जाती।
वेद में तो यह भी लिखा है कि अत्यन्त झूठ बोलनेवालों को, मारपीट और तोड़फोड़ करनेवाले को, घमण्डी लोगों को हे राजन! उसी प्रकार छेद डालो जैसे;
कूदने वाली गाय को लात से और हाड़ी को एड़ी से मारते हैं। (अथर्ववेद, ८/६/१७)
इसी प्रकार ऋग्वेद में है-
''रजिषठया रज्या पश्व: आ गोस्तू तूर्षति पर्यग्रं दुवस्यु''
(१०/१०१/१२)
अर्थात् जिस प्रकार सेवक गाय आदि, पशु की नाक में रस्सी लगाकर, उसे पीड़ीत करते हुए आगे ले जाता है....।
इस ऋचा में गाय को पशु कहा गया और उसके रखरखाव की एक व्यवस्था दी गई, न कि ऐसा करना कोई धर्म है।
जब श्रीलंका में भारती शान्ति सेना गयी थी तो वहाँ के लिट्टे वाले कहते- जय लंकामाता! यहाँ हम कहते हैं-भारतमाता। कहीं कहते हैं गंगामाता। अमेरिका में अमेजन नदी को पिता कहते हैं।
यह तो मनुष्यों द्वारा दी हुयी मान्यताएँ हैं। उपाधि किसी को भी मिल सकती है, जैसे मदर टेरेसा। हर पादरी को क्रिश्चियन फादर कहते हैं।
हिरोशिमा पर बम गिरा तो उसे बसाने के प्रयास में उनतीस बच्चों को जन्म देनेवाली माता को वहाँ 'मदरलैण्ड' की उपाधि से विभूषित किया गया।
अस्तु परिवर्तनशील सामाजिक व्यवस्था के बारे में कोई भी लिखा-पढ़ी हर समय के लिये उपयोगी नहीं हो सकती।
उसका पीछा करेंगे तो विकसित देशों से सैकड़ों वर्ष पीछे उसी युग में पहूँच जायेंगे।
जब मोरपंख से भोजपत्र पर लिखते थे, अरणीयों को घिस कर- दो लकड़ीयों को घिस कर आग जलाते थे, उसके संग्रह की व्यवस्था भी न थी जैसा कि महाभारत काल तक था- एक ब्राह्मण की अरणी लेकर मृग भागा तो युधिष्ठिर ने पीछा किया।
.... वैदिक काल से परावर्ती पूर्वजों की शोध को नकारना तो अन्याय है ही, धृष्टता की पराकाष्ठा भी है कि उपयोग तो हम भैंस का करें किन्तु गुण गाय के गायें;
उपयोग ट्रैक्टर का करें गीत बैलों का गायें, उर्वरकों के बिना जीवन यापन न हो किन्तु महिमा गोबर की बताएँ।
गाय के पीछे नारेबाजी करनेवाले कितने ऐसे हैं जो उन बैलो को बिठाकर खिलाते हों, जिन्हों ने आजीवन उनका खेत जोता है? शायद ही कोई बैल किसान के खूँटे पर मरता हो? वृद्ध से वृद्ध बैल को सौ-पचास रुपये में बेचनेवाले क्या अपनी बला नहीं टालते? क्या वे नहीं जानते कि लेजाने वाला इनका क्या करेगा ?
(शंका-समाधान से साभार)
# विचार अवश्य करें ।।
|| श्री परमात्मने नम: ||
>~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~<
त्रुटियों हेतु क्षमायाचना पश्चात- धर्मशास्त्र 'धर्म' का मार्ग निर्देशक प्रकाश-स्तम्भ होता है। कहीं भ्रम या भटकाव पर दिशा-निर्देश का कार्य करते हैं, के अभाव में आज हम सनातन-धर्मी इस दशा-दिशा को प्राप्त हो अपेक्षाकृत अति छोटे भूखण्ड वर्तमान 'भारत' में भी अल्पसंख्यक-बहुसंख्क के विवाद में उलझे पड़े हैं। हमारा/समाज/राष्ट्र का व्यापक हित इस में सन्निहित है कि एक सर्वमान्य धर्मशास्त्र का अनुसरण करें जबकि 'गीता' हमारा ही नहीं अपितु मानवमात्र का आदिशास्त्र है।
'गीता' आज की प्रचलित भाषा में नहीं है की हमारे समकालीन महापुरुष (तपस्वी सन्त) की अनुभवगम्य व्याख्या 'यथार्थ गीता' की २-३ आवृत्ति करें और भगवान श्रीकृष्ण के आध्यात्मिक संदेश से अवगत हों। धर्मशास्त्र के रुप में उचित सम्मान प्रदान करें 'हिन्दू' के वास्तविक सम्वर्धन की ओर कदम बढायें।
***
मुक्तिका: तुम
*
तुम कैसे जादू कर देती हो
भवन-मकां में आ, घर देती हो
*
रिश्तों के वीराने मरुथल को
मंदिर होने का वर देती हो
*
चीख-पुकार-शोर से आहत मन
मरहम, संतूरी सुर देती हो
*
खुद भूखी रह, अपनी भी रोटी
मेरी थाली में धर देती हो
*
जब खंडित होते देखा विश्वास
नव आशा निशि-वासर देती हो
*
नहीं जानतीं गीत, ग़ज़ल, नवगीत
किन्तु भाव को आखर देती हो
*
'सलिल'-साधना सफल तुम्हीं से है
पत्थर पल को निर्झर देती हो
***
श्रृंगार गीत
तुम सोईं
*
तुम सोईं तो
मुँदे नयन-कोटर में सपने
लगे खेलने।
*
अधरों पर छा
मंद-मंद मुस्कान कह रही
भोर हो गयी,
सूरज ऊगा।
पुरवैया के झोंके के संग
श्याम लटा झुक
लगी झूलने।
*
थिर पलकों के
पीछे, चंचल चितवन सोई
गिरी यवनिका,
छिपी नायिका।
भाव, छंद, रस, कथ्य समेटे
मुग्ध शायिका
लगी झूमने।
*
करवट बदली,
काल-पृष्ठ ही बदल गया ज्यों।
मिटा इबारत,
सबक आज का
नव लिखने, ले कोरा पन्ना
तजकर आलस
लगीं पलटने।
*
ले अँगड़ाई
उठ-बैठी हो, जमुहाई को
परे ठेलकर,
दृष्टि मिली, हो
सदा सुहागन, कली मोगरा
मगरमस्त लख
लगी महकने।
*
बिखरे गेसू
कर एकत्र, गोल जूड़ा धर
सर पर, आँचल
लिया ढाँक तो
गृहस्वामिन वन में महुआ सी
खिल-फूली फिर
लगी गमकने।
*
मृगनयनी को
गजगामिनी होते देखा तो
मकां बन गया
पल भर में घर।
सारे सपने, बनकर अपने
किलकारी कर
लगे खेलने।
२-३-२०१६
***
श्रृंगार गीत:
.
खफ़ा रहूँ तो
प्यार करोगे
यह कैसा दस्तूर है ?
प्यार करूँ तो
नाजो-अदा पर
मरना भी मंज़ूर है.
.
आते-जाते रंग देखता
चेहरे के
चुप-दंग हो.
कब कबीर ने यह चाहा
तुम उसे देख
यूं तंग हो?
गंद समेटी सिर्फ इसलिए
प्रिय! तुम
निर्मल गंग हो
सोचा न पाया पल आयेगा
तुम्हीं नहीं
जब सँग हो.
होली हो ली
अब क्या होगी?
भग्न आस-सन्तूर है.
खफ़ा रहूँ तो
प्यार करोगे
यह कैसा दस्तूर है ?
प्यार करूँ तो
नाजो-अदा पर
मरना भी मंज़ूर है.
.
फाग-राग का रिश्ता-नाता
कब-किसने
पहचाना है?
द्वेष-घृणा की त्याज्य सियासत
की होली
धधकाना है.
जड़ जमीन में जमा जुड़ सकें
खेत-गाँव
सरसाना है.
लोकनीति की रंग-पिचकारी
संसद में
भिजवाना है.
होली होती
दिखे न जिसको
आँखें रहते सूर है.
खफ़ा रहूँ तो
प्यार करोगे
यह कैसा दस्तूर है ?
प्यार करूँ तो
नाजो-अदा पर
मरना भी मंज़ूर है.
२.३.२०१५
***
मुक्तिका:
रूह से...
*
रूह से रू-ब-रू अगर होते.
इस तरह टूटते न घर होते..
आइना देखकर खुशी होती.
हौसले गर जवां निडर होते..
आसमां झुक सलाम भी करता.
हौसलों को मिले जो पर होते..
बात बोले बिना सुनी जाती.
दिल से निकले हुए जो स्वर होते..
होते इंसान जो 'सलिल' सच्चे.
आह में भी लिए असर होते..
२.३.२०१३
***