कुल पेज दृश्य

लोककथा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लोककथा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 10 मार्च 2025

मार्च १०, क्रिकेट, कहमुकरी, लोककथा, कुण्डलिया, होली, घनाक्षरी, गीत, दोहा

सलिल सृजन मार्च १०
*
भारत अविजित
एक एक मिल ग्यारह हों जब, तब बढ़ जाता वेट।
ग्यारह मिल जब एक बनें तो जीतें विश्व क्रिकेट।।
सब सपना देखें 'विराट' मिल, करें उसे साकार।
'शुभ मन' हो तो 'हार्दिक' खुशियाँ, मिलतीं आखिरकार।।
'अक्षर' अक्षय खेल भावना, 'श्रेयस' की हकदार।
'राहुल-रोहित अर्श दीप' ले, 'हर्षित' हर अँधियार।।
तरुण 'वरुण' ले गेंद गरुण सम चकरा दे हर बार। 
'ऋषभ-यशस्वी' दें ताली, 'सुंदर' 'कुलदीप' प्रहार।।    
जड़े 'जडेजा' चौका जीते, न्यूजीलैंड पराजित। 
पाकिस्तानी मुँह लटकाए, 'गौतम' भारत अविजित।। 
शमा जलाकर 'शमी' मिटा दे, हर शंका-संदेह।
ट्राफी लिए चैंपियन की हँस लौटें अपने गेह।।
९.३.२०२३
०००
अनुरोध:
भोजन-स्थान पर निम्न सन्देश लिखवायें / घोषणा करवायें :
१. अन्न देवता का अपमान मत करें
२. भोजन फेंकना पाप है.
३. देवता भोग ग्रहण करते हैं, मनुष्य भोजन खाते हैं, राक्षस फेंकते हैं.
४. भोजन की बर्बादी,भूखे की मौत.
५. जितनी भूख उतना लें, जितना लें, उतना खाएं.
६. इस जन्म में भोजन फेंकें, अगले जन्म में भूखे मरें.
७. खाना खा. फेंक मत.
८. खाने से प्यार, बर्बादी से इंकार
९. खाना बचे, भूखे को दें.
१० जितना खा सकें उससे कुछ कम लें.
११. दाने-दाने पर खानेवाले का नाम
जो दाना फेंका उस पर था आपका नाम
अगले जनम में दाने पर नहीं होगा आपका नाम
तब क्या करेंगे?
१२. जीवनाधार
भोजन का सामान
बर्बादी रोकें.
१३. जितना खाना
परोसें उतना ही
फेकें न दाना
१४. भूखे-मुँह में देना दाना
एक यज्ञ का पुण्य कमाना.
१५. पशु-पक्षी को जूठन डालें
प्रभु से गलती क्षमा करा लें.
१६. कम खाना, कम बीमारी
ज्यादा खाना, मुश्किल भारी.
१७. खाना गैर का, पेट आपका.
१८. खाना सस्ता, इलाज मंहगा.
१९. सरल खाना / कठिन पचाना.
२०. भूख से कम खायें, सेहत बनायें.
२१. बचा हुआ शुद्ध ताजा भोजन अनाथालय, वृद्धाश्रम, महिलाश्रम अथवा मंदिर के बाहर
भिक्षुकों को वितरित करा दें. जूठा भोजन / जूठन पशुओं को खाने के लिये दें.
***
कहमुकरी
मन की बात अनकही कहती
मधुर सरस सुधियाँ हँस तहती
प्यास बुझाती जैसे सरिता
क्या सखि वनिता?
ना सखि कविता।
लहर-लहर पर लहराती है।
कलकल सुनकर सुख पाती है।।
मनभाती सुंदर मन हरती
क्या सखि सजनी?
ना सखि नलिनी।
नाप न कोई पा रहा।
सके न कोई माप।।
श्वास-श्वास में रमे यह
बढ़ा रहा है ताप।।
क्या प्रिय बीमा?
नहिं प्रिये, सीमा।
१०-३-२०२२
लोककथा कहावत की
ये मुँह और मसूर की दाल
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
एक राजा था, अन्य राजाओं की तरह गुस्से का तेज हुए खाने का शौक़ीन। रसोइया बाँकेलाल उसके चटोरेपन से परेशान था। राजा को हर दिन कुछ नया खाने की लत और कोढ़ में खाज यह कि मसूर मसालेदार दाल की दाल राजा को विशेष पसंद थी। मसूर की दाल बाँकेलाल के अलावा और कोई बनाना नहीं जानता था। इसलिए बांके लाल राजा की मूँछ का बाल बन गया।
एक दिन बाँकेलाल की साली, अपने जीजा के घर आई। उसकी खातिरदारी में कोई कमी न रह जाए इसलिए बाँकेलाल ने राजा से कुछ दिनों के लिए छुट्टी माँगी।
राजा के पास उसके मित्र पड़ोसी देश के राजा के आगमन का संदेश आ चुका था।
हुआ यह कि राजा ने अपने मित्र राजा से बाँकेलाल की बनाई मसूर की दाल की खूब तारीफ की थी। मित्र राजा अपनी रानी सहित आया, ताकि मसूर की दाल का स्वाद ले सके। इसलिए राजा ने बाँकेलाल की छुट्टी मंजूर नहीं की। बाँकेलाल की साली ने उसका खूब मजाक उड़ाया कि जीजाजी साली से ज्यादा राजा का ख्याल रखते हैं। घरवाली का मुँह गोलगप्पे की तरह फूल गया कि उसकी बहिन के कहने पर भी बाँकेलाल ने उसके साथ समय नहीं बिताया। बाँकेलाल मन मसोसकर काम पर चला गया।
खीझ के कारण उसका मन खाना बनाने में कम था। उस दिन दाल में नमक कुछ ज्यादा पड़ गया और दाल कुछ कम गली। मेहमान राजा को भोजन में आनंद नहीं आया। नाराज राजा से बाँकेलाल को नौकरी से निकाल दिया। बेरोजगारी ने बाँकेलाल के सामने समस्या खड़ी कर दी। राजा एक रसोइया रह चुका था इसलिए किसी आम आदमी के घर काम करने में उसे अपमान अनुभव होता। घर में रहता तो घरवाली जली-कटी सुनाती।
कहते हैं सब दिन जात न एक समान, बिल्ली के भाग से छींका टूटा, नगर सेठ मन ही मन राजा से ईर्ष्या करता था। उसे घमंड था कि राजा उससे धन उधार लेकर झूठी शान-शौकत दिखाता था। उसे बाँकेलाल के निकले जाने की खबर मिली तो उसने बाँकेलाल को बुलाकर अपन रसोइया बना लिया और सबसे कहने लगा कि राजा क्या जाने गुणीजनों की कदर करना?
अँधा क्या चाहे दो आँखें, बाँकेलाल ने जी-जान से काम करना आरंभ कर दिया। सेठ को राजसी स्वाद मिला तो वह झूम उठा।
सेठ की शादी की सालगिरह का दिन आया। अधेड़ सेठ युवा रानी को किसी भी कीमत पर प्रसन्न देखना चाहता था। उसने बाँकेलाल से कुछ ऐसा बनाने की फरमाइश की जिसे खाकर सेठानी खुश हो जाए। बाँकेलाल ने शाही मसालेदार मसूर की दाल पकाई। सेठ के घर में इसके पहले मसूर की दाल कभी नहीं बनी थी। सेठ-सेठानी और सभी मेहमानों ने जी भरकर मसूर की दाल खाई। सेठ ने बाँकेलाल को ईनाम दिया। यह देखकर उसका मुनीम कुढ़ गया।
अब सेठ अपना वैभव प्रदर्शित करने के लिए जब-तब मित्रों को दावत देकर वाहवाही पाने लगा।
बाँकेलाल खुद जाकर रसोई का सामान खरीद लाता था इस कारण मुनीम को पहले की तरह गोलमाल करने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। मुनीम बाँकेलाल से बदला लेने का मौका खोजने लगा। बही में देखने पर मुनीम ने पाया की जब से बाँकेलाल आया था रसोई का खर्च लगातार बढ़ था। उसे मौका मिल गया। उसने सेठानी के कान भरे कि बाँकेलाल बेईमानी करता है। सेठानी ने सेठ से कहा। सेठ पहले तो अनसुनी करता रहा पर सेठानी ने दबाव डाला तो उसकी नाराजगी से डरकर सेठ ने बाँकेलाल को बुलाकर डाँट लगाई और जवाब-तलब किया कि वह रसोई का सामान लाने में गड़बड़ी कर रहा है।
बाँकेलाल को काटो तो खून नहीं, वह मेहनती और ईमानदार था। उसने सेठ को मेहमानों और दावतों की बढ़ती संख्या और मसलों के लगातार लगातार बढ़ते बाजार भाव का सच बताया और मसूर की दाल में गरम मसाले और मखाने आदि डलने की जानकारी दी। सेठ की आँखें फ़टी की फ़टी रह गईं। उसने नौकर को भेजकर किरानेवाले को बुलवाया और पूछताछ की। किरानेवाले ने बताया कि बाँकेलाल हमेशा उत्तम किस्म के मसाले पूरी तादाद में लता था और भाव भी काम करते था। बाँकेलाल बेईमानी के झूठे इल्जाम से बहुत दुखी हुआ और सेठ की नौकरी छोड़ने का निश्चय कर अपना सामान उठाने चला गया।
वह जा ही रहा था कि उसके कानों में आवाज पड़ी सेठानी नौकर से कह रही थी कि शाम को भोजन में मसूर की दाल बनाई जाए। स्वाभिमानी बाँकेलाल ने यह सुनकर कमरे में प्रवेश कर कहा 'ये मुँह और मसूर की दाल'। मैं काम छोड़कर जा रहा हूँ।
सेठ-सेठानी मनाते रह गए पाए वन नहीं माना। तब से किसी को सामर्थ्य से अधिक पाने की चाह रखते देख कहा जाने लगा 'ये मुँह और मसूर की दाल'।
••
कुण्डलिया
*
दर्शन के दर्शन बिना, रहता मन बेज़ार
तेवर वाली तेवरी, करे निरंतर वार
करे निरंतर वार, केंद्र में रखे विसंगति
करे कौन मनुहार, बढ़े हर समय सुसंगति
मत करिए वन काम, करे मन जिसका वर्जन
अंतर्मन में झांक, कीजिए प्रभु का दर्शन
*
देवर आए खेलने, भौजी से रंग आज
भाई ने दे वर रँगा, भागे बिगड़ा काज
भागे बिगड़ा काज, न गुझिया पपड़ी खाई
भौजी की बहिना न, सामने पड़ी दिखाई
रंग हुए बेरंग, उदास हो गए देवर 
लाल पलाश हार, पहनाएँ किसको जेवर 
***
घनाक्षरी
होली पर चढ़ाए भाँग, लबों से चुआए पान, झूम-झूम लूट रहे रोज ही मुशायरा
शायरी हसीन करें, तालियाँ बटोर चलें, हाय-हाय करती जलें-भुनेंगी शायरा
फख्र इरफान पै है, फन उन्वान पै है, बढ़ता ही जाए रोज आशिकों का दायरा
कत्ल मुस्कान करे, कैंची सी जुबान चले, माइक से यारी है प्यारा जैसे मायरा
१०-३-२०२०
*
नैन पिचकारी तान-तान बान मार रही, देख पिचकारी ​मोहे ​बरजो न राधिका
​आस-प्यास रास की न फागुन में पूरी हो तो, मुँह ही न फेर ले साँसों की साधिका
गोरी-गोरी देह लाल-लाल हो गुलाल सी, बाँवरे से ​साँवरे की कामना भी बाँवरी-
बैन​ से मना करे, सैन से न ना कहे, नायक के आस-पास घूम-घूम नायिका ​
१०-३-२०१७
***
गीत:
ओ! मेरे प्यारे अरमानों,
आओ, तुम पर जान लुटाऊँ.
ओ! मेरे सपनों अनजानों-
तुमको मैं साकार बनाऊँ...
मैं हूँ पंख उड़ान तुम्हीं हो,
मैं हूँ खेत, मचान तुम्हीं हो.
मैं हूँ स्वर, सरगम हो तुम ही-
मैं अक्षर हूँ गान तुम्हीं हो.
ओ मेरी निश्छल मुस्कानों
आओ, लब पर तुम्हें सजाऊँ..
मैं हूँ मधु, मधु गान तुम्हीं हो.
मैं हूँ शर संधान तुम्हीं हो.
जनम-जनम का अपना नाता-
मैं हूँ रस रसखान तुम्हीं हो.
ओ! मेरे निर्धन धनवानों
आओ! श्रम का पाठ पढाऊँ...
मैं हूँ तुच्छ, महान तुम्हीं हो.
मैं हूँ धरा, वितान तुम्हीं हो.
मैं हूँ षडरसमधुमय व्यंजन.
'सलिल' मान का पान तुम्हीं हो.
ओ! मेरी रचना संतानों
आओ! दस दिश तुम्हें गुंजाऊँ...
***
गीत,
मैं हूँ मधु, मधु गान तुम्हीं हो.
मैं हूँ शर संधान तुम्हीं हो.
जनम-जनम का अपना नाता-
मैं हूँ रस रसखान तुम्हीं हो.
ओ! मेरे निर्धन धनवानों
आओ! श्रम का पाठ पढाऊँ...
मैं हूँ तुच्छ, महान तुम्हीं हो.
मैं हूँ धरा, वितान तुम्हीं हो.
मैं हूँ षडरसमधुमय व्यंजन.
'सलिल' मान का पान तुम्हीं हो.
ओ! मेरी रचना संतानों
आओ, दस दिश तुम्हें गुंजाऊँ...
***
दोहा
आँखमिचौली खेलते, बादल सूरज संग.
यह भागा वह पकड़ता, देखे धरती दंग..
*
पवन सबल निर्बल लता, वह चलता है दाँव .
यह थर-थर-थर काँपती, रहे डगमगा पाँव ..
१०-३-२०१०
***

मंगलवार, 7 जनवरी 2025

जनवरी ७, पलाश, दोहे, मुक्तिका, सॉनेट, नवगीत, प्यार, तुम, लघु कथा, लोककथा

सलिल सृजन जनवरी ७
पलाश पर दोहे
सलिल तीर बैराग ले, रमता रहा पलाश।
क्रोध-अग्नि को शांत कर, तप कर पाए काश।।
नेह नर्मदा तीर पर, है पलाश सन्नद्ध।
शत्रु न सरहद लाँघ ले, नजर गड़ाए गिद्ध।।
किंशुक कुसुम जगा रहा, फागुन का अहसास।
वैरागी रागी हुए, जागी सोई प्यास।।
० 
पीर पलाशी धीर धर, सहे पलाशी पीर। 
मन की मन में रख व्यथा, खिलता दिखे फकीर।।
० 
लाली देख न मुग्ध हो, कहता मौन पलाश। 
खिले-झरेंगे सुमन सब, समय फेंटता ताश।।
० 
तन रँगकर मत रुक रहो, मन भी रँग लो मीत। 
हार बनाकर हार को, जग सकते हो जीत।। 
० 
रंग कुसुंबी पलाशी, कहता कर उत्सर्ग। 
भक्ति-शौर्य-आह्लाद से, लिकज जीवन के सर्ग।। 
७.१.२५
००० 
मुक्तिका
(वज़्न - १२२ १२२ १२२ १२)
*
न नामो-निशां है किसी का यहाँ।
नहीं तू रहेगा हमेशा यहाँ।।
करेगा-भरेगा हकीकत यही।
न माफ़ी मिलेगी खुदा के यहाँ।।
न वादे न जुमले निबाहे गए।
ठगे जा रहे लोग सारे यहाँ।।
चढ़ा भोग खाता पुजारी खुदी।
नहीं देवता का गुजारा यहाँ।।
न कुत्ता-गधा आदमी को कहें।
दगा वे न देते किसी को यहाँ।।
न पानी रहा आँख में यार की।
करें प्यार कैसे किसी को यहाँ।।
सियासत लड़ाती हमेशा रही।
लगावट-सखावत रवायत यहाँ।।
***
कार्यशाला
दो कवि एक कुंडलिया
दोहा-राजकुमार महोबिया
रोला-सलिल
*
सात समुंदर लाँघ कर, सूरज आया गाँव।
हम भी पाहुन देव के, जाग पखारें पाँव।।
जाग पखारें पाँव, ठाँव की करें सफाई।
कल-कल कलरव सुनें, करें साझा सुख भाई।।
श्रम का कर सम्मान, निबल का रक्षक बनकर।
जय जय सीता राम, कहें अब सात समंदर।।
७.१.२०२४
***
सॉनेट
चमन
*
चमन में साथी! अमन हो।
माँ धरित्री को नमन कर।
छत्र निज सिर पर गगन कर।।
दिशा हर तुझको वसन हो।।
पूर्णिमा निशि शशि सँगाती।
पवन पावक सलिल सूरज।
कह रहे ले ईश को भज।।
अनगिनत तारे बराती।
हर जनम हो श्वास संगी।
जिंदगी दे यही चंगी।
आस रंग से रही रंगी।।
न मन यदि; फिर भी नमन कर।
जगति को अपना वतन कर।
सुमन खिल; सुरभित चमन कर।।
१५-४-२०२२
•••
सॉनेट
साहब
*
गाल उनके गुलाब हैं साहब।
आब ज्यों माहताब है साहब।
ताब तो आफताब है साहब।।
हाल हर लाजवाब है साहब।।
ज़ुल्फ़ उनकी नक़ाब है साहब।
मात उनसे उक़ाब है साहब।
हाथ जिनके गिलास है साहब।।
चाल सचमुच शराब है साहब।।
रंग उनका अजीब है साहब।
जंग लगती करीब है साहब।
ख्वाब उनका सलीब है साहब।
हाय दुनिया रकीब है साहब।।
संग दिल हर गरीब है साहब।।
संग मिलना नसीब है साहब।।
***
सॉनेट
*
सॉनेट रच आनंद मिला है।
मिल्टन-शेक्सपिअर आभार।
काव्य बाग में सुमन खिला है।।
आंग्ल काव्य का यह उपहार।।
लिखे त्रिलोचन ने, नियाज ने।
हैं संजीव, रामबली लिखते।
राग बजाए कलम साज ने।।
कथ्य भाव रस इनमें सजते।।
अलंकार रस बिंब सुसज्जित।
गूँथ कहावत अरु मुहावरे।
शब्द-नर्मदा हुए निमज्जित।।
कथ्य अनगिनत बोल खरे।।
शब्द-शक्तियाँ हों अभिव्यंजित।
सॉनेट विधा हुई अभिनंदित।।
७-१-२०२२
***
एक रचना:
रार ठानते
*
कल जो कहा
न आज मानते
याद दिलाओ
रार ठानते
*
दायें बैठे तो कुछ कहते
बायें पैठे तो झुठलाते
सत्ता बिन कहते जनहित यह
सत्ता पा कुछ और बताते
तर्कों का शीर्षासन करते
बिना बात ही
भृकुटि तानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
मत पाने के पहले थे कुछ
मत पाने के बाद हुए कुछ
पहले कभी न तनते देखा
नहीं चाहते अब मिलना झुक
इस की टोपी उस पर धरकर
रेती में से
तेल छानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
जनसेवक मालिक बन बैठे
बाँह चढ़ाये, मूँछें ऐंठे
जितनी रोक बढ़ी सीमा पर
उतने ही ज्यादा घुसपैठे
बम भोले को भुला पटल बम
भोले बन त्रुटि
नहीं मानते
कल जो कहा
न आज मानते
***
नवगीत
क्यों?
*
मेहनतकश को मिले
मजूरी में गिनती के रुपये भाई
उस पर कर है.
*
जो न करे उत्पादन कुछ भी
उस अफसर को
सौ सुविधाएँ और हजारों
भत्ते मिलते.
पदोन्नति पर उसका हक है
कभी न कोई
अवसर छिनते
पाँच अँगुलियाँ
उसकी घी में और
कढ़ैया में सिर तर है.
*
प्रतिनिधि भूखे-नंगे जन का
हर दिन पाता इतना
जिसमें बरस बिताता आम आदमी.
मुफ्त यात्रा,
गाडी, बंगला,
रियायती खाना, भत्ते भी
उस पर रिश्वत और कमीशन
गिना न जाए.
माँग- और दो
शेष कसर है.
*
पूँजीपति का हाल न पूछो
धरती, खनिज, ऊर्जा, पानी
कर्जा जितना चाहे, पाए.
दरें न्यूनतम
नहीं चुकाए.
खून-पसीना चूस श्रमिक का
खूब मुटाये.
पोल खुले हल्ला हो ज्यादा
झट विदेश
हो जाता फुर्र है.
*
अभिनेता, डॉक्टर, वकील,
जज,सेठ-खिलाड़ी
कितना पाएँ?, कौन बताए?
जनप्रियता-ईनाम आदि भी
गिने न जाएँ.
जिसको चाहें मारे-कुचलें
सजा न पाएँ.
भूल गए जड़
आसमान पर
जमी नजर है .
*
गिनी कमाईवाले कर दें
बेशुमार जो कमा रहे हैं
बचे रहें वे,
हर सत्ता की यही चाह है.
किसको परवा
करदाता भर रहा आह है
चूसो, चूसो खून मगर
मरने मत देना.
बाँट-बाँट खैरात भिखारी
बना रहे कह-
'नहीं मरेगा लोक अमर है'.
*
मेहनतकश को मिले
मजूरी में गिनती के रुपये भाई
उस पर कर है.
७-१-२०१६
***
प्यार के दोहे:
तन-मन हैं रथ-सारथी:
*
दो पहलू हैं एक ही, सिक्के के नर-नार।
दोनों में पलता सतत, आदि काल से प्यार।।
*
प्यार कभी मनुहार है, प्यार कभी तकरार।
हो तन से अभिव्यक्त या, मन से हो इज़हार।।
*
बिन तन के मन का नहीं, किंचित भी आधार।
बिन मन के तन को नहीं, कर पाते स्वीकार।।
*
दो अपूर्ण मिल एक हों, तब हो पाते पूर्ण।
अंतर से अंतर मिटे, हों तब ही संपूर्ण।।
*
जब लेते स्वीकार तब, मिट जाता है द्वैत।
करते अंगीकार तो, स्थापित हो अद्वैत।।
*
नर से वानर जब मिले, रावण का हो अंत.
'सलिल' न दानव मारते, कभी देव या संत..
*
अक्षर की आराधना, हो जीवन का ध्येय.
सत-शिव-सुन्दर हो 'सलिल', तब मानव को ज्ञेय..
*
सत-चित-आनंद पा सके, नर हो अगर नरेन्द्र.
जीवन की जय बोलकर, होता जीव जितेंद्र..
१५-४-२०१०
***
गीत
तुम
*
तुम हो या साकार है
बेला खुशबू मंद
आँख बोलती; देखती
जुबां; हो गई बंद
*
अमलतास बिंदी मुई, चटक दहकती आग
भौंहें तनी कमान सी, अधर मौन गा फाग
हाथों में शतदल कमल
राग-विरागी द्वन्द
तुम हो या साकार है
मद्धिम खुशबू मंद
*
कृष्ण घटाओं बीच में, बिजुरी जैसी माँग
अलस सुबह उल्लसित तुम, मन गदगद सुन बाँग
खनक-खनक कंगन कहें
मधुर अनसुने छंद
तुम हो या साकार है
मनहर खुशबू मंद
*
पीताभित पुखराज सम, मृदुल गुलाब कपोल
जवा कुसुम से अधरद्वय, दिल जाता लख डोल
हार कहें भुज हार दो
बनकर आनंदकंद
तुम हो या साकार है
मन्मथ खुशबू मंद
१५.४.२००९
***
मुक्तिका
*
कर्ता करता
भर्ता भरता।
इनसां उससे
रहता डरता।
बिन कारण जो
डरता; मरता।
पद पाकर क्यों
अकड़ा फिरता?
कह क्यों पर का
दुख नहिं हरता।
तारे कैसे
आप न तरता।
पीले पत्ते
जैसे झरता।
***
कृति चर्चा :
२१ श्रेष्ठ लोककथाएँ मध्य प्रदेश : जड़ों से जुड़ाव अशेष
तुहिना वर्मा
*
[कृति विवरण : २१ श्रेष्ठ लोककथाएँ मध्य प्रदेश, आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', आई.एस.बी.एन. ९७८-९३-५४८६-७६३-७, प्रथम संस्करण २०२२, आकार २१.५ से.मी.X१४ से.मी., आवरण पेपरबैक बहुरंगी लेमिनेटेड, पृष्ठ ४७, मूल्य १५०/-, डायमंड बुक्स नई दिल्ली, संपादक संपर्क ९४२५१८३२४४।]
*
लोककथाएँ लोक अर्थात जनसामान्य के सामुदायिक, सामाजिक, सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को कहनेवाली वे कहानियाँ हैं जो आकार में छोटी होती हुए भी, गूढ़ सत्यों को सामने लाकर पाठकों / श्रोताओं के जीवन को पूर्ण और सुंदर बनाती हैं। आम आदमी के दैनंदिन जीवन से जुड़ी ये कहानियाँ प्रकृति पुत्र मानव के निष्कपट और अनुग्रहीत मन की अनगढ़ अभिव्यक्ति की तरह होती हैं। प्राय:, वाचक या लेखक इनमें अपनी भाषा शैली और कहन का रंग घोलकर इन्हें पठनीय और आकर्षक बनाकर प्रस्तुत करता है ताकि श्रोता या पाठक इनमें रूचि लेने के साथ कथ्य को अपने परिवेश से जुड़कर इनके माध्यम से दिए गए संदेश को ग्रहण कर सके। इसलिए इनका कथ्य या इनमें छिपा मूल विचार समान होते हुए भी इनकी कहन, शैली, भाषा आदि में भिन्नता मिलती है।
भारत के प्रसिद्ध प्रकाशन डायमंड बुक्स ने भारत कथा माला के अंतर्गत लोक कथा माला प्रकाशित कर एक बड़े अभाव की पूर्ति की है। देश में दिनों-दिन बढ़ती जा रही शहरी अपसंस्कृति और दूरदर्शन तथा चलभाष के आकर्षण से दिग्भ्रमित युवजन आपकी पारंपरिक विरासत से दूर होते जा रहे हैं। पारम्परिक रूप से कही जाती रही लोककथाओं का मूल मनुष्य के प्रकृति और परिवार से जुड़ाव, उससे उपजी समस्याओं और समस्याओं के निदान में रहा है। तेजी से बदलती जीवन स्थितियों (शिक्षा, आर्थिक बेहतर, यान्त्रिक नीरसता, नगरीकरण, परिवारों का विघटन, व्यक्ति का आत्मकेंद्रित होते जाना) में लोककथाएँ अपना आकर्षण खोकर मृतप्राय हो रही हैं। हिंदी के स्थापित और नवोदित साहित्यकारों का ध्यान लोक साहित्य के संरक्षण और संवर्धन की ओर न होना भी लोक साहित्य के नाश में सहायक है। इस विषम स्थिति में प्रसिद्ध छन्दशास्त्री और समालोचक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' द्वारा संपादित ''२१ श्रेष्ठ लोक कथाएँ' मध्यप्रदेश'' का डायमंड बुक्स द्वारा प्रस्तुत किया जाना लोक कथाओं को पुनर्जीवित करने का सार्थक प्रयास है जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।
यह संकलन वस्तुत: मध्यप्रदेश के वनवासी आदिवासियों में कही-सुनी जाती वन्य लोककथाओं का संकलन है। पुस्तक का शीर्षक ''२१ श्रेष्ठ आदिवासी लोककथाएँ मध्य प्रदेश'' अधिक उपयुक्त होगा। पुस्तक के आरंभ में लेखक ने लोककथा के उद्भव, प्रकार, उपयोगिता, सामयिकता आदि को लेकर सारगर्भित पुरोवाक देकर पुस्तक को समृद्ध बनाने के साथ पाठकों की जानकारी बढ़ाई है। इस एक संकलन में में १९ वनवासी जनजातियों माड़िया, बैगा, हल्बा, कमार, भतरा, कोरकू, कुरुख, परधान, घड़वा, भील, देवार, मुरिया, मावची, निषाद, बिंझवार, वेनकार, भारिया, सौंर तथा बरोदिया की एक-एक लोककथाएँ सम्मिलित हैं जबकि सहरिया जनजाति की २ लोककथाएँ होना विस्मित करता है। वन्य जनजातियाँ जिन्हें अब तक सामान्यत: पिछड़ा और अविकसित समझा जाता है, उनमें इतनी सदियों पहले से उन्नत सोच और प्रकृति-पर्यावरण के प्रति सचेत-सजग करती सोच की उपस्थिति बताती है कि उनका सही मूल्यांकन नहीं हुआ है। सलिल जी का यह कार्य नागर और वन्य समाज के बीच की दूरी को कम करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
माड़िया लोककथा 'भीमदेव' में प्रलय पश्चात् सृष्टि के विकास-क्रम की कथा कही गयी है। बैगा लोककथा 'बाघा वशिष्ठ' में बैगा जनजाति किस तरह बनी यह बताया गया है। 'कौआ हाँकनी' में हल्बा जनजाति के विकास तथा महत्त्व पर प्रकाश डाला गया है। कमार लोककथा 'अमरबेल' में उपयोग के बाद वृक्षों पर टाँग दिए जनेऊ अमरबेल में बदल जाने की रोचक कल्पना है। बेवफा पत्नी और धोखेबाज मित्र को रंगरेली मानते हुए रंगेहाथ पकड़ने के बाद दोनों का कत्ल कर पति ने वन में दबा दिया। बरसात बाद उसी स्थान पर लाल-काले रंग के फूलवाला वृक्ष ऊगा जिसे परसा (पलाश) का फूल कहा गया। यह कहानी भतरा जनजातीय लोक कथा 'परसा का फूल' की है। कोरकू लोककथा 'झूठ की सजा' में शिववाहन नंदी को झूठा बोलने पर मैया पार्वती द्वारा शाप दिए जाने तथा लोक पर्व पोला मनाये जाने का वर्णन है। कुरुख जनजातीय लोक कथा 'कुलदेवता बाघ' में मनुष्य और वन्य पशुओं के बीच मधुर संबंध उल्लेखनीय है। 'बड़ादेव' परधान जनजाति में कही जानेवाली लोककथा है। इसमें आदिवासियों के कुल देव बड़ादेव (शिव जी) से आशीषित होने के बाद भी नायक द्वारा श्रम की महत्ता और समानता की बात की गयी है। अकाल के बाद अतिवृष्टि से तालाब और गाँव को बचाने के लिए नायक झिटकू द्वारा आत्मबलिदान देने के फलस्वरूप घड़वा वनवासी झिटकू और उसकी पत्नी मिटको को लोक देव के रूप में पूजने की लोककथा 'गप्पा गोसाइन' है। भीली लोककथा 'नया जीवन' प्रलय तथा उसके पश्चात् जीवनारंभ की कहानी है।
देवार जनजाति की लोककथा 'गोपाल राय गाथा' में राजभक्त महामल्ल गोपालराय द्वारा मुगलसम्राट द्वारा छल से बंदी बनाये गए राजा कल्याण राय को छुड़ाने की पराक्रम कथा है। कहानी के उत्तरार्ध में गोपालराय के प्रति राजा के मन में संदेह उपजाकर उसकी हत्या किए जाने और देवार लोकगायकों द्वारा गोपालराय के पराक्रम को याद को उसने वंशज मानने का आख्यान है। मुरिया जनजातीय लोककथा 'मौत' में सृष्टि में जीव के आवागमन की व्यवस्था स्थापित करने के लिए भगवन द्वारा अपने ही पुत्र मृत्यु का विधान रचने की कल्पना को जामुन के वृक्ष से जोड़ा गया है। 'राज-प्रजा' मावची लोककथा है। इसमें शर्म की महत्ता बताई गए है। 'वेणज हुए निषाद' इस जनजाति की उत्पत्ति कथा है। मामा-भांजे द्वारा अँधेरी रात में पशु के धोखे में राजा को बाण से बींध देने के कारण उनके वंशज 'बिंझवार' होने की कथा 'बाण बींध भए' है। 'धरती मिलती वीर को' वेनकार लोककथा है जिसमें पराक्रम की प्रतिष्ठा की गयी है। भरिया जनजाति में प्रचलिटी लोककथा 'बुरे काम का बुरा नतीजा' में शिव-भस्मासुर प्रसंग वर्णित है। सहरिया जनजाति के एकाकी स्वभाव और वन्य औषधियों की जानकारी संबंधी विशेषता बताई गयी है 'अपने में मस्त' में। 'शंकर का शाप' लोककथा आदिवासियों में गरीबी और अभाव को शिव जी की नाराजगी बताती है। सौंर लोककथा 'संतोष से सिद्धि' में भक्ति और धीरज को नारायण और लक्ष्मी का वरदान बताया गया है। संग्रह की अंतिम लोककथा 'पीपर पात मुकुट बना' बरोदिया जनजाति से संबंधित है। इस कथा में दूल्हे के मुकुट में पीपल का पत्ता लगाए जाने का कारन बताया गया है।
वास्तव में ये कहानियाँ केवल भारत के वनवासियों की नहीं हैं, विश्व के अन्य भागों में भी आदिवासियों के बीच प्रलय, सृष्टि निर्माण, दैवी शक्तियों से संबंध, पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों को कुलदेव मानने, मानव संस्कृति के विस्तार, नई जातियाँ बनने,पराक्रमी-उदार पुरुषों की प्रशंसा आदि से जुड़ी कथाएँ कही-सुनी जाती रही हैं।
संभवत: पहली बार भारत के मूल निवासी आदिवासी की लोककथाओं का संग्रह हिंदी में प्रकाशित हुआ है। इस संकलन की विशेषता है की इसमें जनजातियों के आवास क्षेत्र आदि जानकारियाँ भी समाहित हैं। लेखक व्यवसाय से अभियंता रहा है। अपने कार्यकाल में आदिवासी क्षेत्रों में निर्माण कार्य करते समय श्रमिकों और ग्रामवासियों में कही-सुनी जाती लोक कथाओं से जुड़े रहना और उन्हें खड़ी हिंदी में इस तरह प्रस्तुत करना की उनमें प्रकृति-पर्यावरण के साथ जुड़ाव, लोक और समाज के लिए संदेश, वनावासियों की सोच और जीवन पद्धति की झलक समाहित हो, समय और साहित्य की आवश्यकता है। इन कहानियों के लेखक का यह प्रयास पाठकों और समाजसेवियों द्वारा सराहा जाएगा। प्रकाशक को और पुस्तकें सामने लाना चाहिए।
***
नवगीत
ओढ़ कुहासे की चादर
ओढ़ कुहासे की चादर
धरती लगाती दादी।
ऊंघ रहा सतपुड़ा,
लपेटे मटमैली खादी...
सूर्य अंगारों की सिगड़ी है,
ठण्ड भगा ले भैया।
श्वास-आस संग उछल-कूदकर
नाचो ता-ता थैया।
तुहिन कणों को हरित दूब,
लगती कोमल गादी...
कुहरा छाया संबंधों पर,
रिश्तों की गरमी पर।
हुए कठोर आचरण अपने,
कुहरा है नरमी पर।
बेशरमी नेताओं ने,
पहनी-ओढी-लादी...
नैतिकता की गाय काँपती,
संयम छत टपके।
हार गया श्रम कोशिश कर,
कर बार-बार अबके।
मूल्यों की ठठरी मरघट तक,
ख़ुद ही पहुँचा दी...
भावनाओं को कामनाओं ने,
हरदम ही कुचला।
संयम-पंकज लालसाओं के
पंक-फंसा- फिसला।
अपने घर की अपने हाथों
कर दी बर्बादी...
बसते-बसते उजड़ी बस्ती,
फ़िर-फ़िर बसना है।
बस न रहा ख़ुद पर तो,
परबस 'सलिल' तरसना है।
रसना रस ना ले, लालच ने
लज्जा बिकवा दी...
हर 'मावस पश्चात्
पूर्णिमा लाती उजियारा।
मृतिका दीप काटता तम् की,
युग-युग से कारा।
तिमिर पिया, दीवाली ने
जीवन जय गुंजा दी...
१६-१-२००९
***
दोहा सलिला
करें वंदना-प्रार्थना, भजन-कीर्तन नित्य.
सफल साधना हो 'सलिल', रीझे ईश अनित्य..
*
शांति-राज सुख-चैन हो, हों कृपालु जगदीश.
सत्य सहाय सदा रहे, अंतर्मन पृथ्वीश..
*
गुप्त चित्र निर्मल रहे, ऐसे ही हों कर्म.
ज्यों की त्यों चादर रखे,निभा'सलिल'निज धर्म.
७-१-२००९
***
लघु कथा
ज़हर
*
--'टॉमी को तुंरत अस्पताल ले जाओ।' जैकी बोला।
--'जल्दी करो, फ़ौरन इलाज शुरू होना जरूरी है। थोड़ी सी देर भी घातक हो सकती है।' टाइगर ने कहा।
--'अरे! मुझे हुआ क्या है?, मैं तो बीमार नहीं हूँ फ़िर काहे का इलाज?' टॉमीने पूछा।
--'क्यों अभी कटा नहीं उसे...?' जैकी ने पूछा।
--'काटा तो क्या हुआ?, आदमी को काटना हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है।'
--'है तो किसी आदमी को काटता, तूने तो नेता को काट लिया। कमबख्त कह ज़हर चढ़ गया तो भाषण देने, धोखा देने, झूठ बोलने, रिश्वत लेने, घोटाला करने और न जाने कौन-कौन सी बीमारियाँ घेर लेंगी? बहस मत कर, जाकर तुंरत इलाज शुरू करा। जैकी ने आदेश के स्वर में कहा...बाकी कुत्तों ने सहमती जताई और टॉमी चुपचाप सर झुकाए चला गया इलाज कराने।
***
द्विपदी
ऐ 'सलिल' तू दिल को अब मजबूत कर ले।
आ रहे हैं दोस्त मिलने के लिए॥
***
नवगीत :
रार ठानते
*
कल जो कहा
न आज मानते
याद दिलाओ
रार ठानते
*
दायें बैठे तो कुछ कहते
बायें पैठे तो झुठलाते
सत्ता बिन कहते जनहित यह
सत्ता पा कुछ और बताते
तर्कों का शीर्षासन करते
बिना बात ही
भृकुटि तानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
मत पाने के पहले थे कुछ
मत पाने के बाद हुए कुछ
पहले कभी न तनते देखा
नहीं चाहते अब मिलना झुक
इस की टोपी उस पर धरकर
रेती में से
तेल छानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
जनसेवक मालिक बन बैठे
बाँह चढ़ाये, मूँछें ऐंठे
जितनी रोक बढ़ी सीमा पर
उतने ही ज्यादा घुसपैठे
बम भोले को भुला पटल बम
भोले बन त्रुटि
नहीं मानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
हास्य हाइकु
मन्वन्तर
*
कैसा है भारत
जिसमें रोज होता
महाभारत?
पाक नापाक
न घुसे कश्मीर में
के दो लाक।
कौन सा कोट
न पहने आदमी?
है पेटीकोट।
१६-५-२००९
***
कविता:
बाज
*
अगर नाप सको
नीले गगन की ऊँचाई
बेधड़क-बेखौफ।
चप्पे-चप्पे पर
रख सको नज़र।
सामर्थ्य और औकात का
कर सको
सही-सही अंदाज़।
बिना बनाये बहाना
तलाश कर लक्ष्य
साध सको निशाना।
पल में भर सको
इतनी तेज परवाज़
कि पीछे रह जाए आवाज़।
तभी,
केवल तभी
पूरा कर सकोगे काज
ज़माने को होगा तुम पर नाज
आदमी होते हुए भी
कहला सकोगे बाज।
***

रविवार, 10 मार्च 2024

मार्च १०, दोहा, गीत, घनाक्षरी, होली, लोककथा, कहावत, कहमुकरी, हास्य, कुण्डलिया

सलिल सृजन मार्च १०
*
अनुरोध:
भोजन-स्थान पर निम्न सन्देश लिखवायें / घोषणा करवायें :
१. अन्न देवता का अपमान मत करें
२. भोजन फेंकना पाप है.
३. देवता भोग ग्रहण करते हैं, मनुष्य भोजन खाते हैं, राक्षस फेंकते हैं.
४. भोजन की बर्बादी,भूखे की मौत.
५. जितनी भूख उतना लें, जितना लें, उतना खाएं.
६. इस जन्म में भोजन फेंकें, अगले जन्म में भूखे मरें.
७. खाना खा. फेंक मत.
८. खाने से प्यार, बर्बादी से इंकार
९. खाना बचे, भूखे को दें.
१० जितना खा सकें उससे कुछ कम लें.
११. दाने-दाने पर खानेवाले का नाम
जो दाना फेंका उस पर था आपका नाम
अगले जनम में दाने पर नहीं होगा आपका नाम
तब क्या करेंगे?
१२. जीवनाधार
भोजन का सामान
बर्बादी रोकें.
१३. जितना खाना
परोसें उतना ही
फेकें न दाना
१४. भूखे-मुँह में देना दाना
एक यज्ञ का पुण्य कमाना.
१५. पशु-पक्षी को जूठन डालें
प्रभु से गलती क्षमा करा लें.
१६. कम खाना, कम बीमारी
ज्यादा खाना, मुश्किल भारी.
१७. खाना गैर का, पेट आपका.
१८. खाना सस्ता, इलाज मंहगा.
१९. सरल खाना / कठिन पचाना.
२०. भूख से कम खायें, सेहत बनायें.
२१. बचा हुआ शुद्ध ताजा भोजन अनाथालय, वृद्धाश्रम, महिलाश्रम अथवा मंदिर के बाहर
भिक्षुकों को वितरित करा दें. जूठा भोजन / जूठन पशुओं को खाने के लिये दें.
***
कहमुकरी
मन की बात अनकही कहती
मधुर सरस सुधियाँ हँस तहती
प्यास बुझाती जैसे सरिता
क्या सखि वनिता?
ना सखि कविता।
लहर-लहर पर लहराती है।
कलकल सुनकर सुख पाती है।।
मनभाती सुंदर मन हरती
क्या सखि सजनी?
ना सखि नलिनी।
नाप न कोई पा रहा।
सके न कोई माप।।
श्वास-श्वास में रमे यह
बढ़ा रहा है ताप।।
क्या प्रिय बीमा?
नहिं प्रिये, सीमा।
१०-३-२०२२
लोककथा कहावत की
ये मुँह और मसूर की दाल
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
एक राजा था, अन्य राजाओं की तरह गुस्से का तेज हुए खाने का शौक़ीन। रसोइया बाँकेलाल उसके चटोरेपन से परेशान था। राजा को हर दिन कुछ नया खाने की लत और कोढ़ में खाज यह कि मसूर मसालेदार दाल की दाल राजा को विशेष पसंद थी। मसूर की दाल बाँकेलाल के अलावा और कोई बनाना नहीं जानता था। इसलिए बांके लाल राजा की मूँछ का बाल बन गया।
एक दिन बाँकेलाल की साली, अपने जीजा के घर आई। उसकी खातिरदारी में कोई कमी न रह जाए इसलिए बाँकेलाल ने राजा से कुछ दिनों के लिए छुट्टी माँगी।
राजा के पास उसके मित्र पड़ोसी देश के राजा के आगमन का संदेश आ चुका था।
हुआ यह कि राजा ने अपने मित्र राजा से बाँकेलाल की बनाई मसूर की दाल की खूब तारीफ की थी। मित्र राजा अपनी रानी सहित आया, ताकि मसूर की दाल का स्वाद ले सके। इसलिए राजा ने बाँकेलाल की छुट्टी मंजूर नहीं की। बाँकेलाल की साली ने उसका खूब मजाक उड़ाया कि जीजाजी साली से ज्यादा राजा का ख्याल रखते हैं। घरवाली का मुँह गोलगप्पे की तरह फूल गया कि उसकी बहिन के कहने पर भी बाँकेलाल ने उसके साथ समय नहीं बिताया। बाँकेलाल मन मसोसकर काम पर चला गया।
खीझ के कारण उसका मन खाना बनाने में कम था। उस दिन दाल में नमक कुछ ज्यादा पड़ गया और दाल कुछ कम गली। मेहमान राजा को भोजन में आनंद नहीं आया। नाराज राजा से बाँकेलाल को नौकरी से निकाल दिया। बेरोजगारी ने बाँकेलाल के सामने समस्या खड़ी कर दी। राजा एक रसोइया रह चुका था इसलिए किसी आम आदमी के घर काम करने में उसे अपमान अनुभव होता। घर में रहता तो घरवाली जली-कटी सुनाती।
कहते हैं सब दिन जात न एक समान, बिल्ली के भाग से छींका टूटा, नगर सेठ मन ही मन राजा से ईर्ष्या करता था। उसे घमंड था कि राजा उससे धन उधार लेकर झूठी शान-शौकत दिखाता था। उसे बाँकेलाल के निकले जाने की खबर मिली तो उसने बाँकेलाल को बुलाकर अपन रसोइया बना लिया और सबसे कहने लगा कि राजा क्या जाने गुणीजनों की कदर करना?
अँधा क्या चाहे दो आँखें, बाँकेलाल ने जी-जान से काम करना आरंभ कर दिया। सेठ को राजसी स्वाद मिला तो वह झूम उठा।
सेठ की शादी की सालगिरह का दिन आया। अधेड़ सेठ युवा रानी को किसी भी कीमत पर प्रसन्न देखना चाहता था। उसने बाँकेलाल से कुछ ऐसा बनाने की फरमाइश की जिसे खाकर सेठानी खुश हो जाए। बाँकेलाल ने शाही मसालेदार मसूर की दाल पकाई। सेठ के घर में इसके पहले मसूर की दाल कभी नहीं बनी थी। सेठ-सेठानी और सभी मेहमानों ने जी भरकर मसूर की दाल खाई। सेठ ने बाँकेलाल को ईनाम दिया। यह देखकर उसका मुनीम कुढ़ गया।
अब सेठ अपना वैभव प्रदर्शित करने के लिए जब-तब मित्रों को दावत देकर वाहवाही पाने लगा।
बाँकेलाल खुद जाकर रसोई का सामान खरीद लाता था इस कारण मुनीम को पहले की तरह गोलमाल करने का अवसर नहीं मिल पा रहा था। मुनीम बाँकेलाल से बदला लेने का मौका खोजने लगा। बही में देखने पर मुनीम ने पाया की जब से बाँकेलाल आया था रसोई का खर्च लगातार बढ़ था। उसे मौका मिल गया। उसने सेठानी के कान भरे कि बाँकेलाल बेईमानी करता है। सेठानी ने सेठ से कहा। सेठ पहले तो अनसुनी करता रहा पर सेठानी ने दबाव डाला तो उसकी नाराजगी से डरकर सेठ ने बाँकेलाल को बुलाकर डाँट लगाई और जवाब-तलब किया कि वह रसोई का सामान लाने में गड़बड़ी कर रहा है।
बाँकेलाल को काटो तो खून नहीं, वह मेहनती और ईमानदार था। उसने सेठ को मेहमानों और दावतों की बढ़ती संख्या और मसलों के लगातार लगातार बढ़ते बाजार भाव का सच बताया और मसूर की दाल में गरम मसाले और मखाने आदि डलने की जानकारी दी। सेठ की आँखें फ़टी की फ़टी रह गईं। उसने नौकर को भेजकर किरानेवाले को बुलवाया और पूछताछ की। किरानेवाले ने बताया कि बाँकेलाल हमेशा उत्तम किस्म के मसाले पूरी तादाद में लता था और भाव भी काम करते था। बाँकेलाल बेईमानी के झूठे इल्जाम से बहुत दुखी हुआ और सेठ की नौकरी छोड़ने का निश्चय कर अपना सामान उठाने चला गया।
वह जा ही रहा था कि उसके कानों में आवाज पड़ी सेठानी नौकर से कह रही थी कि शाम को भोजन में मसूर की दाल बनाई जाए। स्वाभिमानी बाँकेलाल ने यह सुनकर कमरे में प्रवेश कर कहा 'ये मुँह और मसूर की दाल'। मैं काम छोड़कर जा रहा हूँ।
सेठ-सेठानी मनाते रह गए पाए वन नहीं माना। तब से किसी को सामर्थ्य से अधिक पाने की चाह रखते देख कहा जाने लगा 'ये मुँह और मसूर की दाल'।
••
कुण्डलिया 
*
दर्शन के दर्शन बिना, रहता मन बेज़ार
तेवर वाली तेवरी, करे निरंतर वार
करे निरंतर वार, केंद्र में रखे विसंगति
करे कौन मनुहार, बढ़े हर समय सुसंगति
मत करिए वन काम, करे मन जिसका वर्जन 
अंतर्मन में झांक, कीजिए प्रभु का दर्शन 
देवर आए खेलने, भौजी से रंग आज
भाई ने दे वर रंगा, भागे बिगड़ा काज
भागे बिगड़ा काज, न गुझिया पपड़ी पाई 
भौजी की बहिना, न सामने पड़ी दिखाई 
रंगों का पहन न सके, मनचाहा जेवर 
फीकी होली हुई, गए मन मारे देवर 
***
घनाक्षरी
होली पर चढ़ाए भाँग, लबों से चुआए पान, झूम-झूम लूट रहे रोज ही मुशायरा
शायरी हसीन करें, तालियाँ बटोर चलें, हाय-हाय करती जलें-भुनेंगी शायरा
फख्र इरफान पै है, फन उन्वान पै है, बढ़ता ही जाए रोज आशिकों का दायरा
कत्ल मुस्कान करे, कैंची सी जुबान चले, माइक से यारी है प्यारा जैसे मायरा
१०-३-२०२०
*
नैन पिचकारी तान-तान बान मार रही, देख पिचकारी ​मोहे ​बरजो न राधिका
​आस-प्यास रास की न फागुन में पूरी हो तो, मुँह ही न फेर ले साँसों की साधिका
गोरी-गोरी देह लाल-लाल हो गुलाल सी, बाँवरे से ​साँवरे की कामना भी बाँवरी-
बैन​ से मना करे, सैन से न ना कहे, नायक के आस-पास घूम-घूम नायिका ​
१०-३-२०१७
***
गीत:
ओ! मेरे प्यारे अरमानों,
आओ, तुम पर जान लुटाऊँ.
ओ! मेरे सपनों अनजानों-
तुमको मैं साकार बनाऊँ...
मैं हूँ पंख उड़ान तुम्हीं हो,
मैं हूँ खेत, मचान तुम्हीं हो.
मैं हूँ स्वर, सरगम हो तुम ही-
मैं अक्षर हूँ गान तुम्हीं हो.
ओ मेरी निश्छल मुस्कानों
आओ, लब पर तुम्हें सजाऊँ..
मैं हूँ मधु, मधु गान तुम्हीं हो.
मैं हूँ शर संधान तुम्हीं हो.
जनम-जनम का अपना नाता-
मैं हूँ रस रसखान तुम्हीं हो.
ओ! मेरे निर्धन धनवानों
आओ! श्रम का पाठ पढाऊँ...
मैं हूँ तुच्छ, महान तुम्हीं हो.
मैं हूँ धरा, वितान तुम्हीं हो.
मैं हूँ षडरसमधुमय व्यंजन.
'सलिल' मान का पान तुम्हीं हो.
ओ! मेरी रचना संतानों
आओ! दस दिश तुम्हें गुंजाऊँ...
***
गीत,
मैं हूँ मधु, मधु गान तुम्हीं हो.
मैं हूँ शर संधान तुम्हीं हो.
जनम-जनम का अपना नाता-
मैं हूँ रस रसखान तुम्हीं हो.
ओ! मेरे निर्धन धनवानों
आओ! श्रम का पाठ पढाऊँ...
मैं हूँ तुच्छ, महान तुम्हीं हो.
मैं हूँ धरा, वितान तुम्हीं हो.
मैं हूँ षडरसमधुमय व्यंजन.
'सलिल' मान का पान तुम्हीं हो.
ओ! मेरी रचना संतानों
आओ, दस दिश तुम्हें गुंजाऊँ...
***
दोहा
आँखमिचौली खेलते, बादल सूरज संग.
यह भागा वह पकड़ता, देखे धरती दंग..
*
पवन सबल निर्बल लता, वह चलता है दाँव .
यह थर-थर-थर काँपती, रहे डगमगा पाँव ..
१०-३-२०१०
***

रविवार, 7 जनवरी 2024

मुक्तिका, कुंडलिया, राजकुमार महोबिया, सॉनेट, नवगीत, तुम, लघु कथा, बाज, लोककथा

सलिल सृजन ७ जनवरी
*
मुक्तिका
(वज़्न - १२२ १२२ १२२ १२)
*
न नामो-निशां है किसी का यहाँ।
नहीं तू रहेगा हमेशा यहाँ।।

करेगा-भरेगा हकीकत यही। 
न माफ़ी मिलेगी खुदा के यहाँ।। 

न वादे न जुमले निबाहे गए। 
ठगे जा रहे लोग सारे यहाँ।। 

चढ़ा भोग खाता पुजारी खुदी।
नहीं देवता का गुजारा यहाँ।। 

न कुत्ता-गधा आदमी को कहें। 
दगा वे न देते किसी को यहाँ।।

न पानी रहा आँख में यार की। 
करें प्यार कैसे किसी को यहाँ।। 

सियासत लड़ाती हमेशा रही।   
लगावट-सखावत रवायत यहाँ।। 
***
कार्यशाला
दो कवि एक कुंडलिया 
दोहा-राजकुमार महोबिया
रोला-सलिल 
*
सात समुंदर लाँघ कर, सूरज आया गाँव।
हम भी पाहुन देव के, जाग पखारें पाँव।।
जाग पखारें पाँव, ठाँव की करें सफाई।
कल-कल कलरव सुनें, करें साझा सुख भाई।।
श्रम का कर सम्मान, निबल का रक्षक बनकर।
जय जय सीता राम, कहें अब सात समंदर।।
७.१.२०२४
***
सॉनेट
चमन
*
चमन में साथी! अमन हो।
माँ धरित्री को नमन कर।
छत्र निज सिर पर गगन कर।।
दिशा हर तुझको वसन हो।।
पूर्णिमा निशि शशि सँगाती।
पवन पावक सलिल सूरज।
कह रहे ले ईश को भज।।
अनगिनत तारे बराती।
हर जनम हो श्वास संगी।
जिंदगी दे यही चंगी।
आस रंग से रही रंगी।।
न मन यदि; फिर भी नमन कर।
जगति को अपना वतन कर।
सुमन खिल; सुरभित चमन कर।।
१५-४-२०२२
•••
सॉनेट
साहब
*
गाल उनके गुलाब हैं साहब।
आब ज्यों माहताब है साहब।
ताब तो आफताब है साहब।।
हाल हर लाजवाब है साहब।।
ज़ुल्फ़ उनकी नक़ाब है साहब।
मात उनसे उक़ाब है साहब।
हाथ जिनके गिलास है साहब।।
चाल सचमुच शराब है साहब।।
रंग उनका अजीब है साहब।
जंग लगती करीब है साहब।
ख्वाब उनका सलीब है साहब।
हाय दुनिया रकीब है साहब।।
संग दिल हर गरीब है साहब।।
संग मिलना नसीब है साहब।।
***
सॉनेट
*
सॉनेट रच आनंद मिला है।
मिल्टन-शेक्सपिअर आभार।
काव्य बाग में सुमन खिला है।।
आंग्ल काव्य का यह उपहार।।
लिखे त्रिलोचन ने, नियाज ने।
हैं संजीव, रामबली लिखते।
राग बजाए कलम साज ने।।
कथ्य भाव रस इनमें सजते।।
अलंकार रस बिंब सुसज्जित।
गूँथ कहावत अरु मुहावरे।
शब्द-नर्मदा हुए निमज्जित।।
कथ्य अनगिनत बोल खरे।।
शब्द-शक्तियाँ हों अभिव्यंजित।
सॉनेट विधा हुई अभिनंदित।।
७-१-२०२२
***

नवगीत
क्यों?
*
मेहनतकश को मिले
मजूरी में गिनती के रुपये भाई
उस पर कर है.
*
जो न करे उत्पादन कुछ भी
उस अफसर को
सौ सुविधाएँ और हजारों
भत्ते मिलते.
पदोन्नति पर उसका हक है
कभी न कोई
अवसर छिनते
पाँच अँगुलियाँ
उसकी घी में और
कढ़ैया में सिर तर है.
*
प्रतिनिधि भूखे-नंगे जन का
हर दिन पाता इतना
जिसमें बरस बिताता आम आदमी.
मुफ्त यात्रा,
गाडी, बंगला,
रियायती खाना, भत्ते भी
उस पर रिश्वत और कमीशन
गिना न जाए.
माँग- और दो
शेष कसर है.
*
पूँजीपति का हाल न पूछो
धरती, खनिज, ऊर्जा, पानी
कर्जा जितना चाहे, पाए.
दरें न्यूनतम
नहीं चुकाए.
खून-पसीना चूस श्रमिक का
खूब मुटाये.
पोल खुले हल्ला हो ज्यादा
झट विदेश
हो जाता फुर्र है.
*
अभिनेता, डॉक्टर, वकील,
जज,सेठ-खिलाड़ी
कितना पाएँ?, कौन बताए?
जनप्रियता-ईनाम आदि भी
गिने न जाएँ.
जिसको चाहें मारे-कुचलें
सजा न पाएँ.
भूल गए जड़
आसमान पर
जमी नजर है .
*
गिनी कमाईवाले कर दें
बेशुमार जो कमा रहे हैं
बचे रहें वे,
हर सत्ता की यही चाह है.
किसको परवा
करदाता भर रहा आह है
चूसो, चूसो खून मगर
मरने मत देना.
बाँट-बाँट खैरात भिखारी
बना रहे कह-
'नहीं मरेगा लोक अमर है'.
*
मेहनतकश को मिले
मजूरी में गिनती के रुपये भाई
उस पर कर है.
७-१-२०१६
***
प्यार के दोहे:
तन-मन हैं रथ-सारथी:
*
दो पहलू हैं एक ही, सिक्के के नर-नार।
दोनों में पलता सतत, आदि काल से प्यार।।
*
प्यार कभी मनुहार है, प्यार कभी तकरार।
हो तन से अभिव्यक्त या, मन से हो इज़हार।।
*
बिन तन के मन का नहीं, किंचित भी आधार।
बिन मन के तन को नहीं, कर पाते स्वीकार।।
*
दो अपूर्ण मिल एक हों, तब हो पाते पूर्ण।
अंतर से अंतर मिटे, हों तब ही संपूर्ण।।
*
जब लेते स्वीकार तब, मिट जाता है द्वैत।
करते अंगीकार तो, स्थापित हो अद्वैत।।
*
नर से वानर जब मिले, रावण का हो अंत.
'सलिल' न दानव मारते, कभी देव या संत..
*
अक्षर की आराधना, हो जीवन का ध्येय.
सत-शिव-सुन्दर हो 'सलिल', तब मानव को ज्ञेय..
*
सत-चित-आनंद पा सके, नर हो अगर नरेन्द्र.
जीवन की जय बोलकर, होता जीव जितेंद्र..
१५-४-२०१०
***
गीत
तुम
*
तुम हो या साकार है
बेला खुशबू मंद
आँख बोलती; देखती
जुबां; हो गई बंद
*
अमलतास बिंदी मुई, चटक दहकती आग
भौंहें तनी कमान सी, अधर मौन गा फाग
हाथों में शतदल कमल
राग-विरागी द्वन्द
तुम हो या साकार है
मद्धिम खुशबू मंद
*
कृष्ण घटाओं बीच में, बिजुरी जैसी माँग
अलस सुबह उल्लसित तुम, मन गदगद सुन बाँग
खनक-खनक कंगन कहें
मधुर अनसुने छंद
तुम हो या साकार है
मनहर खुशबू मंद
*
पीताभित पुखराज सम, मृदुल गुलाब कपोल
जवा कुसुम से अधरद्वय, दिल जाता लख डोल
हार कहें भुज हार दो
बनकर आनंदकंद
तुम हो या साकार है
मन्मथ खुशबू मंद
१५.४.२००९
***
मुक्तिका
*
कर्ता करता
भर्ता भरता।
इनसां उससे
रहता डरता।
बिन कारण जो
डरता; मरता।
पद पाकर क्यों
अकड़ा फिरता?
कह क्यों पर का
दुख नहिं हरता।
तारे कैसे
आप न तरता।
पीले पत्ते
जैसे झरता।
***
कृति चर्चा :
२१ श्रेष्ठ लोककथाएँ मध्य प्रदेश : जड़ों से जुड़ाव अशेष
तुहिना वर्मा
*
[कृति विवरण : २१ श्रेष्ठ लोककथाएँ मध्य प्रदेश, आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', आई.एस.बी.एन. ९७८-९३-५४८६-७६३-७, प्रथम संस्करण २०२२, आकार २१.५ से.मी.X१४ से.मी., आवरण पेपरबैक बहुरंगी लेमिनेटेड, पृष्ठ ४७, मूल्य १५०/-, डायमंड बुक्स नई दिल्ली, संपादक संपर्क ९४२५१८३२४४।]
*
लोककथाएँ लोक अर्थात जनसामान्य के सामुदायिक, सामाजिक, सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को कहनेवाली वे कहानियाँ हैं जो आकार में छोटी होती हुए भी, गूढ़ सत्यों को सामने लाकर पाठकों / श्रोताओं के जीवन को पूर्ण और सुंदर बनाती हैं। आम आदमी के दैनंदिन जीवन से जुड़ी ये कहानियाँ प्रकृति पुत्र मानव के निष्कपट और अनुग्रहीत मन की अनगढ़ अभिव्यक्ति की तरह होती हैं। प्राय:, वाचक या लेखक इनमें अपनी भाषा शैली और कहन का रंग घोलकर इन्हें पठनीय और आकर्षक बनाकर प्रस्तुत करता है ताकि श्रोता या पाठक इनमें रूचि लेने के साथ कथ्य को अपने परिवेश से जुड़कर इनके माध्यम से दिए गए संदेश को ग्रहण कर सके। इसलिए इनका कथ्य या इनमें छिपा मूल विचार समान होते हुए भी इनकी कहन, शैली, भाषा आदि में भिन्नता मिलती है।
भारत के प्रसिद्ध प्रकाशन डायमंड बुक्स ने भारत कथा माला के अंतर्गत लोक कथा माला प्रकाशित कर एक बड़े अभाव की पूर्ति की है। देश में दिनों-दिन बढ़ती जा रही शहरी अपसंस्कृति और दूरदर्शन तथा चलभाष के आकर्षण से दिग्भ्रमित युवजन आपकी पारंपरिक विरासत से दूर होते जा रहे हैं। पारम्परिक रूप से कही जाती रही लोककथाओं का मूल मनुष्य के प्रकृति और परिवार से जुड़ाव, उससे उपजी समस्याओं और समस्याओं के निदान में रहा है। तेजी से बदलती जीवन स्थितियों (शिक्षा, आर्थिक बेहतर, यान्त्रिक नीरसता, नगरीकरण, परिवारों का विघटन, व्यक्ति का आत्मकेंद्रित होते जाना) में लोककथाएँ अपना आकर्षण खोकर मृतप्राय हो रही हैं। हिंदी के स्थापित और नवोदित साहित्यकारों का ध्यान लोक साहित्य के संरक्षण और संवर्धन की ओर न होना भी लोक साहित्य के नाश में सहायक है। इस विषम स्थिति में प्रसिद्ध छन्दशास्त्री और समालोचक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' द्वारा संपादित ''२१ श्रेष्ठ लोक कथाएँ' मध्यप्रदेश'' का डायमंड बुक्स द्वारा प्रस्तुत किया जाना लोक कथाओं को पुनर्जीवित करने का सार्थक प्रयास है जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।
यह संकलन वस्तुत: मध्यप्रदेश के वनवासी आदिवासियों में कही-सुनी जाती वन्य लोककथाओं का संकलन है। पुस्तक का शीर्षक ''२१ श्रेष्ठ आदिवासी लोककथाएँ मध्य प्रदेश'' अधिक उपयुक्त होगा। पुस्तक के आरंभ में लेखक ने लोककथा के उद्भव, प्रकार, उपयोगिता, सामयिकता आदि को लेकर सारगर्भित पुरोवाक देकर पुस्तक को समृद्ध बनाने के साथ पाठकों की जानकारी बढ़ाई है। इस एक संकलन में में १९ वनवासी जनजातियों माड़िया, बैगा, हल्बा, कमार, भतरा, कोरकू, कुरुख, परधान, घड़वा, भील, देवार, मुरिया, मावची, निषाद, बिंझवार, वेनकार, भारिया, सौंर तथा बरोदिया की एक-एक लोककथाएँ सम्मिलित हैं जबकि सहरिया जनजाति की २ लोककथाएँ होना विस्मित करता है। वन्य जनजातियाँ जिन्हें अब तक सामान्यत: पिछड़ा और अविकसित समझा जाता है, उनमें इतनी सदियों पहले से उन्नत सोच और प्रकृति-पर्यावरण के प्रति सचेत-सजग करती सोच की उपस्थिति बताती है कि उनका सही मूल्यांकन नहीं हुआ है। सलिल जी का यह कार्य नागर और वन्य समाज के बीच की दूरी को कम करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
माड़िया लोककथा 'भीमदेव' में प्रलय पश्चात् सृष्टि के विकास-क्रम की कथा कही गयी है। बैगा लोककथा 'बाघा वशिष्ठ' में बैगा जनजाति किस तरह बनी यह बताया गया है। 'कौआ हाँकनी' में हल्बा जनजाति के विकास तथा महत्त्व पर प्रकाश डाला गया है। कमार लोककथा 'अमरबेल' में उपयोग के बाद वृक्षों पर टाँग दिए जनेऊ अमरबेल में बदल जाने की रोचक कल्पना है। बेवफा पत्नी और धोखेबाज मित्र को रंगरेली मानते हुए रंगेहाथ पकड़ने के बाद दोनों का कत्ल कर पति ने वन में दबा दिया। बरसात बाद उसी स्थान पर लाल-काले रंग के फूलवाला वृक्ष ऊगा जिसे परसा (पलाश) का फूल कहा गया। यह कहानी भतरा जनजातीय लोक कथा 'परसा का फूल' की है। कोरकू लोककथा 'झूठ की सजा' में शिववाहन नंदी को झूठा बोलने पर मैया पार्वती द्वारा शाप दिए जाने तथा लोक पर्व पोला मनाये जाने का वर्णन है। कुरुख जनजातीय लोक कथा 'कुलदेवता बाघ' में मनुष्य और वन्य पशुओं के बीच मधुर संबंध उल्लेखनीय है। 'बड़ादेव' परधान जनजाति में कही जानेवाली लोककथा है। इसमें आदिवासियों के कुल देव बड़ादेव (शिव जी) से आशीषित होने के बाद भी नायक द्वारा श्रम की महत्ता और समानता की बात की गयी है। अकाल के बाद अतिवृष्टि से तालाब और गाँव को बचाने के लिए नायक झिटकू द्वारा आत्मबलिदान देने के फलस्वरूप घड़वा वनवासी झिटकू और उसकी पत्नी मिटको को लोक देव के रूप में पूजने की लोककथा 'गप्पा गोसाइन' है। भीली लोककथा 'नया जीवन' प्रलय तथा उसके पश्चात् जीवनारंभ की कहानी है।
देवार जनजाति की लोककथा 'गोपाल राय गाथा' में राजभक्त महामल्ल गोपालराय द्वारा मुगलसम्राट द्वारा छल से बंदी बनाये गए राजा कल्याण राय को छुड़ाने की पराक्रम कथा है। कहानी के उत्तरार्ध में गोपालराय के प्रति राजा के मन में संदेह उपजाकर उसकी हत्या किए जाने और देवार लोकगायकों द्वारा गोपालराय के पराक्रम को याद को उसने वंशज मानने का आख्यान है। मुरिया जनजातीय लोककथा 'मौत' में सृष्टि में जीव के आवागमन की व्यवस्था स्थापित करने के लिए भगवन द्वारा अपने ही पुत्र मृत्यु का विधान रचने की कल्पना को जामुन के वृक्ष से जोड़ा गया है। 'राज-प्रजा' मावची लोककथा है। इसमें शर्म की महत्ता बताई गए है। 'वेणज हुए निषाद' इस जनजाति की उत्पत्ति कथा है। मामा-भांजे द्वारा अँधेरी रात में पशु के धोखे में राजा को बाण से बींध देने के कारण उनके वंशज 'बिंझवार' होने की कथा 'बाण बींध भए' है। 'धरती मिलती वीर को' वेनकार लोककथा है जिसमें पराक्रम की प्रतिष्ठा की गयी है। भरिया जनजाति में प्रचलिटी लोककथा 'बुरे काम का बुरा नतीजा' में शिव-भस्मासुर प्रसंग वर्णित है। सहरिया जनजाति के एकाकी स्वभाव और वन्य औषधियों की जानकारी संबंधी विशेषता बताई गयी है 'अपने में मस्त' में। 'शंकर का शाप' लोककथा आदिवासियों में गरीबी और अभाव को शिव जी की नाराजगी बताती है। सौंर लोककथा 'संतोष से सिद्धि' में भक्ति और धीरज को नारायण और लक्ष्मी का वरदान बताया गया है। संग्रह की अंतिम लोककथा 'पीपर पात मुकुट बना' बरोदिया जनजाति से संबंधित है। इस कथा में दूल्हे के मुकुट में पीपल का पत्ता लगाए जाने का कारन बताया गया है।
वास्तव में ये कहानियाँ केवल भारत के वनवासियों की नहीं हैं, विश्व के अन्य भागों में भी आदिवासियों के बीच प्रलय, सृष्टि निर्माण, दैवी शक्तियों से संबंध, पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों को कुलदेव मानने, मानव संस्कृति के विस्तार, नई जातियाँ बनने,पराक्रमी-उदार पुरुषों की प्रशंसा आदि से जुड़ी कथाएँ कही-सुनी जाती रही हैं।
संभवत: पहली बार भारत के मूल निवासी आदिवासी की लोककथाओं का संग्रह हिंदी में प्रकाशित हुआ है। इस संकलन की विशेषता है की इसमें जनजातियों के आवास क्षेत्र आदि जानकारियाँ भी समाहित हैं। लेखक व्यवसाय से अभियंता रहा है। अपने कार्यकाल में आदिवासी क्षेत्रों में निर्माण कार्य करते समय श्रमिकों और ग्रामवासियों में कही-सुनी जाती लोक कथाओं से जुड़े रहना और उन्हें खड़ी हिंदी में इस तरह प्रस्तुत करना की उनमें प्रकृति-पर्यावरण के साथ जुड़ाव, लोक और समाज के लिए संदेश, वनावासियों की सोच और जीवन पद्धति की झलक समाहित हो, समय और साहित्य की आवश्यकता है। इन कहानियों के लेखक का यह प्रयास पाठकों और समाजसेवियों द्वारा सराहा जाएगा। प्रकाशक को और पुस्तकें सामने लाना चाहिए।
***
नवगीत
ओढ़ कुहासे की चादर
ओढ़ कुहासे की चादर
धरती लगाती दादी।
ऊंघ रहा सतपुड़ा,
लपेटे मटमैली खादी...
सूर्य अंगारों की सिगड़ी है,
ठण्ड भगा ले भैया।
श्वास-आस संग उछल-कूदकर
नाचो ता-ता थैया।
तुहिन कणों को हरित दूब,
लगती कोमल गादी...
कुहरा छाया संबंधों पर,
रिश्तों की गरमी पर।
हुए कठोर आचरण अपने,
कुहरा है नरमी पर।
बेशरमी नेताओं ने,
पहनी-ओढी-लादी...
नैतिकता की गाय काँपती,
संयम छत टपके।
हार गया श्रम कोशिश कर,
कर बार-बार अबके।
मूल्यों की ठठरी मरघट तक,
ख़ुद ही पहुँचा दी...
भावनाओं को कामनाओं ने,
हरदम ही कुचला।
संयम-पंकज लालसाओं के
पंक-फंसा- फिसला।
अपने घर की अपने हाथों
कर दी बर्बादी...
बसते-बसते उजड़ी बस्ती,
फ़िर-फ़िर बसना है।
बस न रहा ख़ुद पर तो,
परबस 'सलिल' तरसना है।
रसना रस ना ले, लालच ने
लज्जा बिकवा दी...
हर 'मावस पश्चात्
पूर्णिमा लाती उजियारा।
मृतिका दीप काटता तम् की,
युग-युग से कारा।
तिमिर पिया, दीवाली ने
जीवन जय गुंजा दी...
१६-१-२००९
***
दोहा सलिला
करें वंदना-प्रार्थना, भजन-कीर्तन नित्य.
सफल साधना हो 'सलिल', रीझे ईश अनित्य..
*
शांति-राज सुख-चैन हो, हों कृपालु जगदीश.
सत्य सहाय सदा रहे, अंतर्मन पृथ्वीश..
*
गुप्त चित्र निर्मल रहे, ऐसे ही हों कर्म.
ज्यों की त्यों चादर रखे,निभा'सलिल'निज धर्म.
७-१-२००९
***
लघु कथा
ज़हर
*
--'टॉमी को तुंरत अस्पताल ले जाओ।' जैकी बोला।
--'जल्दी करो, फ़ौरन इलाज शुरू होना जरूरी है। थोड़ी सी देर भी घातक हो सकती है।' टाइगर ने कहा।
--'अरे! मुझे हुआ क्या है?, मैं तो बीमार नहीं हूँ फ़िर काहे का इलाज?' टॉमीने पूछा।
--'क्यों अभी कटा नहीं उसे...?' जैकी ने पूछा।
--'काटा तो क्या हुआ?, आदमी को काटना हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है।'
--'है तो किसी आदमी को काटता, तूने तो नेता को काट लिया। कमबख्त कह ज़हर चढ़ गया तो भाषण देने, धोखा देने, झूठ बोलने, रिश्वत लेने, घोटाला करने और न जाने कौन-कौन सी बीमारियाँ घेर लेंगी? बहस मत कर, जाकर तुंरत इलाज शुरू करा। जैकी ने आदेश के स्वर में कहा...बाकी कुत्तों ने सहमती जताई और टॉमी चुपचाप सर झुकाए चला गया इलाज कराने।
***
द्विपदी
ऐ 'सलिल' तू दिल को अब मजबूत कर ले।
आ रहे हैं दोस्त मिलने के लिए॥
***
नवगीत :
रार ठानते
*
कल जो कहा
न आज मानते
याद दिलाओ
रार ठानते
*
दायें बैठे तो कुछ कहते
बायें पैठे तो झुठलाते
सत्ता बिन कहते जनहित यह
सत्ता पा कुछ और बताते
तर्कों का शीर्षासन करते
बिना बात ही
भृकुटि तानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
मत पाने के पहले थे कुछ
मत पाने के बाद हुए कुछ
पहले कभी न तनते देखा
नहीं चाहते अब मिलना झुक
इस की टोपी उस पर धरकर
रेती में से
तेल छानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
जनसेवक मालिक बन बैठे
बाँह चढ़ाये, मूँछें ऐंठे
जितनी रोक बढ़ी सीमा पर
उतने ही ज्यादा घुसपैठे
बम भोले को भुला पटल बम
भोले बन त्रुटि
नहीं मानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
हास्य हाइकु
मन्वन्तर
*
कैसा है भारत
जिसमें रोज होता
महाभारत?
पाक नापाक
न घुसे कश्मीर में
के दो लाक।
कौन सा कोट
न पहने आदमी?
है पेटीकोट।
१६-५-२००९
***
कविता:
बाज
*
अगर नाप सको
नीले गगन की ऊँचाई
बेधड़क-बेखौफ।
चप्पे-चप्पे पर
रख सको नज़र।
सामर्थ्य और औकात का
कर सको
सही-सही अंदाज़।
बिना बनाये बहाना
तलाश कर लक्ष्य
साध सको निशाना।
पल में भर सको
इतनी तेज परवाज़
कि पीछे रह जाए आवाज़।
तभी,
केवल तभी
पूरा कर सकोगे काज
ज़माने को होगा तुम पर नाज
आदमी होते हुए भी
कहला सकोगे बाज।
***

गुरुवार, 16 नवंबर 2023

गुजरात, लोककथा, ताना री री

गुजरात की लोककथा - ताना री री 
*
प्रायः हम बहुत से लोकश्रुत कथानकों से अनभिज्ञ होते हैं। ऐसे ही एक पक्ष को आज मेरी कलम से पढ़िये।
ताना और रीरी दो बहने (खयाल गायकी में जिन्हे श्रीगणेश के साथ 'नोम तोम ताना रीरी' के रूप में प्रथम स्मरण कर के सम्मान दिया जाता है।) जो (गुजराती के महाकवि सूरदास) नरसी मेहता की पुत्री कुंवरबाई की पुत्री शर्मिष्ठा की दो पुत्रियां थी। नागर ब्राह्मण कुल में जन्मी दो बहने उस मुगल युग के संक्रमण काल में संगीत के लिए शहीद हुईं। हिंदी पट्टी में प्रायः हम सुनते हैं कि तानसेन ने दीपक राग गाकर अकबर दरबार में दीपक जलाए थे, जिसे मल्हार राग गाकर उसकी बेटी ने ताप हरण किया था। लेकिन वास्तव में तानसेन के दीपक राग से उत्पन्न ताप को 'ताना रीरी' ने मल्हार गाकर ठीक किया था।
ताना रीरी पर बनी गुजराती फिल्म में ताना का किरदार कानन कौशल ने तथा रीरी का किरदार बिंदु ने निभाया है।
तानसेन दीपक राग गा तो लिये लेकिन दाह से पीड़ित होकर भ्रमण पर निकले तब (नरेन्द्र मोदी जी के गांव) वड़नगर (जिला मेहसाणा) के शर्मिष्ठा तालाब पर ठहरे, ताना और रीरी उसी समय पानी के घड़े लेकर आई। रीरी ने घड़ा भर लिया मगर ताना बार बार घड़ा भरती और फिर उलींच देती, रीरी ने कहा कि चलो देर होगी। तब ताना ने कहा कि जब तक मेरे घड़े में जल भरने में राग मल्हार का स्वर न निकलने लगे मैं पानी नहीं ले जाऊंगी।
पेड़ के नीचे ठहरे तानसेन की खोज पूरी हुई। ताना रीरी से आग्रह किया, उन्होने बगैर नागर कुल से अनुमति के बगैर गाने से मना किया। फिर तानसेन ने शपथ लेकर ताना रीरी का किसी को उल्लेख न करने की बात पर वह आयोजन सम्पन्न किया। तानसेन दाह से मुक्त हुए। मगर तानसेन को अकबर के सामने मृत्यु भय से राज खोलना पड़ा।
खैर कथा में बहुत सी अनुश्रुतियां है, मगर तानसेन की वादा खिलाफी के कारण उन दोनों बहनों को अल्पायु में आत्मोत्सर्ग करना पड़ा। कोई कहता है उन्होने कुए में कूद कर आत्म हत्या की, कोई कहता है उन्होने राग से अग्नि प्रज्वलित कर अग्निस्नान किया।
जो भी हो मगर ताना रीरी का वह आत्म बलिदान गुर्जर माटी के कण कण में व्याप्त है।
ताना रीरी के बलिदान की वर्षगांठ परसों दिनांक १८ नवम्बर २०१८ (कार्तिक शुक्ल ९) को है। गुजरात राज्य अपनी इन लाड़ली बेटियों को खूब सम्मान देता है। लता जी और उषा जी मंगेशकर, गिरिजा देवी, किशोरी अमोनकर जी, बेगम परवीन सुल्ताना, डॉ प्रभा अत्रे, मंजु बेन मेहता आदि इस पुरस्कार को प्राप्त कर चुकीं है।
इस बार के ताना रीरी महोत्सव में १७ नवम्बर २०१८ को कलागुरू महेश्वरी नागराजन, सप्तक स्कूल ऑफ म्यूजिक अहमदाबाद की समूह वादन प्रस्तुति तबला और संतूर, पियू बेन सरखेल का गायन, पंडित विश्वमोहन भट्ट और सलिल भट्ट की प्रस्तुति, हिमांशु मेहता की मोहन वीणा प्रस्तुति और सायली तलवलकर की प्रस्तुति होगी।
१८ नवम्बर २०१८ को पद्मश्री आशा भोसले, डॉ एन राजम और डॉ रूपान्दे शाह को ताना रीरी सम्मान से पुरस्कृत किया जाएगा। विशेष आयोजन में डॉ धारी पंचमदा ५ मिनट में २१ राग प्रस्तुत कर गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगी। एन राजम वॉयलिन पर प्रस्तुति देंगी। साधना सरगम गीत और ऋषिकेश सेन का बांसुरी वादन होगा।

शनिवार, 10 अप्रैल 2021

लोककथा डॉ. ज्योत्सना सिंह

लोककथा 
डॉ. ज्योत्सना सिंह 
*
'प्रत्यक्षदर्शी लोकानां सर्वदर्शी भवेन्नरः' महर्षि व्यास ने सत्य ही लिखा है कि लोक जीवन का प्रत्यक्ष ज्ञान ही जीवन को उसके मंगल कलश रूपी अन्तः वाह्य को जानने का एक आधार है। लोक जीवन मानव जीवन को सम्पूर्णता से समझने का माध्यम है। लोक जीवन भौतिक और अध्यात्म दोनों को साधता है। छोटे-छोटे लोक जीवन के कर्म भले ही व्यवहारिक रूप में सामान्य हो लेकिन लोक विश्वासों में इनके गहरे अर्थ छिपे होते है।लोक साहित्य में किसी भी अंचल के लोक का जीवन जीवन्त रहता है। लोक साहित्य भारतीय साहित्य की आत्मा है, यदि इसे साहित्य से अलग कर दिया जाऐ तो निश्चय ही भारत का साहित्य निष्प्राण हो जाएगा, प्राणहीन होने पर अस्तित्व स्वतः ही मिट जाता है। यह वो लोक साहित्य है जो विभिन्न संवेदनाओं, भावनाओं, अनुभूतियों और कल्पनाओं के सम्मिश्रण से जन-जन के हृदय को सदियों से आनन्दित करता रहा है।
आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी ने लोक को स्पष्ट करते हुए टिप्पणी की है कि- लोक शब्द का अर्थ जनपद या ग्राम्य नही है, बल्कि नगरों या ग्रामों में फैली हुई समूची जनता है, जिसके व्यवहारिक ज्ञान का आधार पोथियाँ नहीं हैं। ये लोग नगर में रहने वाले परिष्कृत रुचि सम्पन्न तथा सुसंस्कृत समझे जाने वाले लोगों की अपेक्षा अधिक सरल और अकृत्रिम जीवन के अभ्यस्त होते हैं और परिष्कृत रुचि वाले लोगों की समूची विलासिता और सुकुमारता को जीवित रखने के लिए जो भी वस्तुएं आवश्यक होती हैं, उनको उत्पन्न करते है।
लोक कथाएं लोक जीवन का अभिन्न अंग है। लोक कथाओं का उद्देश्य लोकरंजन के साथ-साथ लोक शिक्षण करना होता है। प्रायः गांव के लोग अपनी दिनभर की दिनचर्या से निवृत्त होकर मनोरंजन के लिए घर के भीतर बूढ़ी महिलायें या मातायें परिवार के बच्चों को रात में कहानियाँ सुनाती हैं और घर से बाहर चौपालों में गांव के बड़े-बूढ़े अलाव के पास घेरा बनाकर बैठ जाते थे, फिर कथा, कहानियाँ, गीत, लोक गीत, सुनाना प्रारम्भ करते थे। कहानियां आज भी व्रत, त्योहार या देवीपूजन के समय पंडित या परिवार की वरिष्ठ महिलाओं द्वारा कहानियाँ कही जातीं हैं। यह सभी कहानियाँ लोक कथा के रूप में जानी जाती हैं। इनमें पौराणिक प्रसंगों से लेकर उपदेशपरक सहित मनोरंजक कथानक होता है। कई कथाएं तिलस्म या रोमांच से भरपूर होती हैं। कुछ कथाएं समाज कल्याण का जीवंतचित्र बड़ी स्वाभाविकता के साथ प्रस्तुत कर देती हैं। इन लोक कथाओं से क्षेत्रीयता का सामाजिक परिवेश पूरी तरह समझा जा सकता है। इन कथाओं से आपसी स्नेह आत्मीयता तो बढ़ती ही है, साथ ही संस्कार, रीति-रिवाज, परम्पराएं एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में आसानी से हस्तांतरित हो जाती हैं। वाचिक परम्परा के कारण इनका स्वरूप भी बदलता रहता है। विशेष रूप से यह कथाएं तीज़ त्योहार के अवसरों पर बड़े विधि-विधान नियमों से कही जाती है। हरछठ, ऋषि पंचमी, महालक्ष्मी, वटसावित्री, सुअटा, झैंझी, टेसू, अहोई, गोवद्र्धन पूजा, भइयादौज, करवा चौथ, दीवाली, तुलसी व्रत आदि।
हरछठ की बुन्देली कथा का संक्षिप्त रूप यहाँ प्रस्तुत है। यह कथाएं आज भी प्रायः ग्रामीण क्षेत्रों में आसानी से सुनी जा सकती है :
हरछठ की कथा तौ बहुतै बड़ी है थोरी-सी बताइ देत हैं। एक गांव मा ग्वालन वाई रहत ती। गइया बैल छिरिया, सबई, कछू हतो। दूद दही मठा बेचिबे को काम कत्त हती। भरो पूरो घर। बस एक औलाद नाई हती। बड़े मान मनौती तै एक मोड़ा भओ। ग्वालन वाई मोड़ा कौ कइंया लैके दूद बेचिबे जान लगी। तभई हरछठ को दिन आ गओ। पैसा कमाइवै के लालच में हरछठ को ऊ मोड़ा को कइयाँ दबाइकै दूद दही बेचिबे गांव-गांव चल दई। सोचन लगी अब मोड़ा कौ गैल मै कितै छोड़ै। तभई छौकरो की छाँव दिखी। वाई उतई मोड़ा कौ लिटाई कै गाँव चली गई। जल्दी-जल्दी दूद-दही बेचि कै लौटी। पैसा रोज से दूनो मिलो। खुशी-खुशी पेड़ के ढ़िगा आई मोड़ा के सांसै नहीं चलि रही। वाई रोन चिल्लान लगी। घबराई गई। आसपास सै सब अपओ काम छोड़ि-छोड़ि आई गये। तभई एक किसान ने कही। आज तौ हरछठ है। दूद-दही तुमने काये बेंचो। जाओ अब सबन के घरि से वापस लई आओ, ग्वालिन वाई दौरी-दौरी गई। दूद दही सब लौटाई लाई। सबन के पैसा वापस करि आई। सब गाँव की औरतन नै मोड़ा कौ आशीष दऔ। इधर मोड़ा की सांस चलन लगी, रोऊन लगो। हरछठ मइया की कृपा से बुरे दिन टरि गए। भक्ति कभऊं निरफल नाही जात है। जैसे माता मइया ग्वालिन वाई पै किरपा करी बैसियै सप्पै किरपा करिओ, भूलो विसरो माफ करिओ।
लोक कथाओं में मानव मन का इतिहास अंकित रहता है। इनमें बड़ी सहजता, सरलता, मृदुता एवं मानव अपने मनोजगत में जो कुछ भी वैचारिक मंथन करता है, कल्पनाएं करता है, वह सब कुछ इन लोक कथाओं के माध्यम से प्रस्तुत करता है। भले ही यह लोक कथाएं मनोरंजन का आधार हों पर इनका अस्तित्व बहुत पुराना है। संस्कृत साहित्य की समृद्ध परम्परा में कथा साहित्य ने बहुत लम्बी यात्रा की है। वेद-उपनिषद एवं नीति ग्रन्थों की कथाएँ सदैव कर्तव्यबोध, परोपकार, सेवाभाव की प्रेरणा प्रदान करती है।
अनेक बुन्देली लोक कथाएं महाभारत एवं पौराणिक ग्रंथों से जुड़ी हुई हैं। झैंझी बुन्देली का बहुत प्रसिद्ध पर्व है। इसकी कथा महाभारत से जुड़ी हुई है। कहा जाता है कि यह झैंझी नरकासुर दैत्य की कन्या थी जब बब्रुवाहन (टेसू) महाभारत का युद्ध लड़ने चला तो रास्ते में झैंझी से उसकी भेट हुई। झैंझी को देखकर टेसू ने झैंझी से विवाह करने की प्रतिज्ञा ली। यह कौरव सेना का सबसे अधिक बलशाली था। कृष्ण को यह पता चला तो उन्होंने विवाह से पूर्व ही उस बब्रुवाहन का सिर काट दिया। मरने से पूर्व टेसू ने युद्ध देखने की इच्छा प्रकट की थी। प्रभु ने उसकी प्रार्थना को स्वीकार कर उसका कटा हुआ सिर टेसू के पेड़ पर रख दिया। तभी से बब्रुवाहन का नाम टेसू पड़ गया। वहीं से वह महाभारत का युद्ध देखता रहा। टेसू से ही झैंझी की कथा जुड़ी है। यहां लड़कियाँ झैंझी खेलती हैं और लड़के टेसू बनाते हैं। कहा जाता है कि महाभारत काल में टेसू घटोत्कच का बेटा था इसलिए झैंझी टेसू का ब्याह दीवार पर मिट्टी या गोबर से बने घटोत्कच के समक्ष किया जाता है। लोक गीत गाकर ब्याह हिन्दू रीति रिवाज से किया जाता है। इसी क्रम में एक और कथा "सुअटा राक्षस" की जो कन्याओं का अपहरण करता था। कन्याएं इस राक्षस से बचने के लिए पार्वती का व्रत किया करतीं हैं।
इन कथाओं के जरिये बड़े ही साधारण तरीके से रीति रिवाज, तौर-तरीके खेल-खेल में लड़कियों को मिल जाया करते। कितना भी समय व्यतीत हो जाए पर यह लोक कल्याण की भावना से जुड़ी कथाएं सदैव हृदय में विद्यमान रहती हैं। इन कथाओं में प्रकृति भी हम मनुष्यों की भांति वाचन परम्परा का निर्वहन करती है। नदियाँ, पहाड़, पशु, पक्षी, पेड़, चिड़िया आदि मुहावरे भी यहां प्रयुक्त होते है। इन कथाओं को व्याकरण के दायरे में कैद नही किया जा सकता।
अपने रंग-ढ़ंग में सजी-संवरी यह कथाएं बहुत ही आनंद प्रदान करती हैं। यह साहित्य सर्जना होकर भी केवल साहित्य नहीं है यह यथार्थ के साथ स्वप्न में भी यात्रा कराती हैं। समय के साथ-साथ कलातीत हो जाती है।
विकास के बदलते दौर में आज हम अपनी धरोहर को खोते जा रहे है। हमें अपनी संस्कृति को बचाने और संरक्षण की आवश्यकता है तभी नयी पीढ़ी को इस संस्कृति से जोड़ा जा सकेगा।
*
संपर्क : -सी-१११, गोविन्दपुरी, ग्वालियर-४७४०११ (म.प्र.)