कुल पेज दृश्य

छंद सरसी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
छंद सरसी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 18 अगस्त 2022

मुकरी,छंद शुद्धगीता, छंद सरसी, मुक्तक,दोहा मुक्तिका,

 












मुकरी
*
अंतर्मन में चित्र गुप्त है
अभी दिख रहा, अभी लुप्त है
कुछ पहचाना, कुछ अनजान
क्या सखि साजन?, नहिं भगवान
*
मन मंदिर में बैठा आकर
कहीं नहीं जाता वह जाकर
उसकी दम से रहे बहार
क्या सखि ईश्वर?, ना सखि प्यार
*
है समर्थ पर कष्ट न हरती
पल में निर्भय, पल में डरती
मनमानी करती हर बार
मितवा सजनी?, नहिं सरकार
*
जब आता तब आग लगाता
इसे लड़ाता, उसे भिड़ाता
होने देता नहीं निभाई
भाग्यविधाता?, नहीं चुनाव
*
देख आप हर कर जुड़ जाता
बिना कहे मस्तक झुक जाता
भूल व्यथा, हो हर मन चंगा
देव?, नहीं है ध्वजा तिरंगा
*
दैया! लगता सबको भय
कोई रह न सके निर्भय
कैद करे मानो कर टोना
सखी! सिपैया, नहिं कोरोना
*
जो पाता सो सुख से सोता
हाय हाय कर चैन न खोता
जिसे न मिलता करता रोष
है सखि रुपया, नहिं संतोष
*
माया पाती तनिक न मोह
पास न फटके गुस्सा-द्रोह
राजा है या संत विशेष
सुन सखि! सूरज, ना मिथिलेश
*
जन प्रिय मोह न पाता काम
अभिवादन है जिसका नाम
भक्तों का भय पल में लें हर
प्रिय! मधुसूदन?, नहिं शिवशंकर
*
पल में सखि री! चित्त चुराता
अनजाने मन में बस जाता
नयन बंद तो भी दे दर्शन
सखि! साजन?, नहिं कृष्ण सुदर्शन
*
काम करे निष्काम रात-दिन
रक्षा कर, सुख भी दे अनगिन
फिर भी रहती सदा विनीता
सजनी?, ना ना नदी पुनीता
*
इसको उससे जोड़ मिलाए
शीत-घाम हँस सहता जाए
सब पग धरते निज हित हेतु
क्या सखि धरती?, ना सखि सेतु
*
वह आए रौनक आ जाती
जाए ज्यों जीवन ले जाती
आँख मिचौली खेले उजली
क्या प्रिय सजनी?, ना सखि बिजली
*
भर देता मन में आनंद
फूल खिला बिखरा मकरंद
सबको सुखकर जैसे संत
क्या सखि!साजन? नहीं बसंत
*
संजीव
18-8-2020
पाठ १०४
नव प्रयोग: शुद्धगीता छंद
*
छंद सलिला सतत प्रवहित, मीत अवगाहन करें।
शारदा का भारती सँग, विहँस आराधन करें।।
*
जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह-प्रवेश त्यौहार।
सलिल बचा पौधे लगा, दें पुस्तक उपहार।।
*
शुद्धगीता छंद
छंद सलिला सतत प्रवहित, मीत अवगाहन करें।
शारदा का भारती सँग, विहँस आराधन करें।।
लक्षण:
१. ४ पंक्ति।
२. प्रति पंक्ति २७ मात्रा।
३. १४-१३ मात्राओं पर यति।
४. हर पंक्ति के अंत में गुरु-लघु मात्रा।
५. हर २ पंक्ति में सम तुकांत।
लक्षण छंद:
शुद्धगीता छंद रचना, सत्य कहना कवि न भूल।
सम प्रशंसा या कि निंदा, फूल दे जग या कि शूल।।
कला चौदह संग तेरह, रहें गुरु-लघु ही पदांत।
गगनचुंबी गिरे बरगद, दूब सह तूफ़ान शांत।।
उदाहरण:
कौन है किसका सगा कह, साथ जो देता न छोड़?
गैर क्यों मानें उसे जो, साथ लेता बोल होड़।।
दे चुनौती, शक्ति तेरी बढ़ाता है वह सदैव।
आलसी तू हो न पाए, गर्व की तज दे कुटैव।।
***
हिंदी आटा माढ़िये, उर्दू मोयन डाल
सलिल संस्कृत सान दे, पूड़ी बने कमाल
*
मुक्तक
ढाले- दिल को छेदकर तीरे-नज़र जब चुभ गयी,
सांस तो चलती रही पर ज़िन्दगी ही रुक गयी।
तरकशे-अरमान में शर-हौसले भी कम न थे -
मिल गयी ज्यों ही नज़र से नज़र त्यों ही झुक गयी।।
***
छंद सलिला: पहले एक पसेरी पढ़ / फिर तोला लिख...
छंद सलिला सतत प्रवाहित, मीत अवगाहन करें
शारदा का भारती सँग, विहँस आराधन करें
*
जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह-प्रवेश त्यौहार
सलिल बचा पौधे लगा, दें पुस्तक उपहार
*
पाठ १०२
नव प्रयोग: सरसी कुण्डलिया
*
कुंडलिया छंद (एक दोहा + एक रोला, दोहा का अंतिम चरण रोला का प्रथम चरण, दोहारम्भ के अक्षर, शब्द, शब्द समूह या पंक्ति रोला के अंत में) और्सर्सी छंद (१६-११, पदांत गुरु-लघु) से हम पूर्व परिचित हो चुके हैं. इन दोनों के सम्मिलन से सरसी कुण्डलिया बनता है. इसमें कुछ लक्षण कुण्डलिया के (६ पंक्तियाँ, चतुर्थ चरण का पंचम चरण के रूप में दुहराव, आरंभ के अक्षर, शब्दांश, शब्द ता चरण का अंत में दुहराव) तथा कुछ लक्षण सरसी के (प्रति पंक्ति २७ मात्रा, १६-११ पर यति, पदांत गुरु-लघु) हैं. ऐसे प्रयोग तभी करें जब मूल दोनों छंद साध चुके हों.
लक्षण:
१. ६ पंक्ति.
२. प्रति पंक्ति २७ मात्रा.
३. पहली दो पंक्ति १६-११ मात्राओं पर यति, बाद की ४ पंक्ति ११-१६ पर यति.
४. पंक्ति के अंत में गुरु-लघु मात्रा.
५. चतुर्थ चरण का पंचम चरण के रूप में दुहराव.
६. छंदारंभ के अक्षर, शब्दांश, शब्द, या शब्द समूह का छंदात में दुहराव.
उदाहरण:
भारत के जन गण की भाषा, हिंदी बोलें आप.
बने विश्ववाणी हिंदी ही, मानव-मन में व्याप.
मानव मन में व्याप, भारती दिल से दिल दे जोड़.
क्षेत्र न पाए नाप, आसमां कितनी भी ले होड़.
कहता कवी 'संजीव', दिलों में बढ़े हमेशा प्यार.
हो न नेह निर्जीव, न नाते कभी बनेंगे भार.
***
हिंदी आटा माढ़िये, उर्दू मोयन डाल
सलिल संस्कृत सान दे, पूड़ी बने कमाल
१८-८-२०१७
***
दोहा मुक्तिका-
*
साक्षी साक्षी दे रही, मत हो देश उदास
जीत बनाती है सदा, एक नया इतिहास
*
कर्माकर ने दिखाया, बाकी अभी उजास
हिम्मत मत हारें करें, जुटकर सतत प्रयास
*
जीत-हार से हो भले, जय-जय या उपहास
खेल खिलाड़ी के लिए, हर कोशिश है खास
*
खेल-भावना ही हरे, दर्शक मन की प्यास
हॉकी-शूटिंग-आर्चरी, खेलो हो बिंदास
*
कहाँ जाएगी जीत यह?, कल आएगी पास
नित्य करो अभ्यास जुट, मन में लिए हुलास
*
निराधार आलोचना, भूल करो अभ्यास
सुन कर कर दो अनसुना, मन में रख विश्वास
*
मरुथल में भी आ सके, निश्चय ही मधुमास
आलोचक हों प्रशंसक, डिगे न यदि विश्वास
१८-८-२०१६
***
रोचक चर्चा:
अगले २० वर्षों में मिटने-टूटनेवाले देश
यू ट्यूब के उक्त अध्ययन के अनुसार अगले २० वर्षों में दुनिया के १० देशो के सामने मिटने या टूटने का गंभीर खतरा है.
१. स्पेन: केटेलेनिआ तथा बास्क क्षेत्रों में स्वतंत्रता की सबल होती मांग से २ देशों में विभाजन.
२. उत्तर कोरिआ: न्यून संसाधनों के कारण दमनकारी शासन के समक्ष आत्मनिर्भरता की नीति छोड़ने की मजबूरी, शेष देशों से जुड़ते ही परिवर्तन और दोनों कोरिया एक होने की मान के प्रबल होने के आसार.
३. बेल्जियम: वालोनिआ तथा फ्लेंडर्स में विभाजन की लगातार बढ़ती मांग.
४. चीन: प्रदूषित होता पर्यावरण, जल की घटती मात्र, २०३० तक चीन उपलब्ध जल समाप्त कर लेगा। प्रांतों में विभाजन की माँग।
५. इराक़: सुन्नी, कुर्द तथा शीट्स बहुल ३ देशों में विभाजन की माँग.
६. लीबिया: ट्रिपोलिटेनिआ, फैजान तथा सायरेनीका में विभाजन
७. इस्लामिक स्टेट: तुर्किस्तान, सीरिया, सऊदी अरब, ईरान, तथा इराक समाप्त कर उसके क्षेत्र को आपस में बांटने के लिये प्रयासरत।
८. यूनाइटेड किंगडम: स्कॉट, वेल्स तथा उत्तर आयरलैंड में स्वतंत्र होने के पक्ष में जनमत।
९. यूनाइटेड स्टेट ऑफ़ अमेरिका: ५० प्रांतों का संघ, अलास्का तथा टेक्सास में स्वतंत्र होने की बढ़ती माँग।
१०. मालदीव: समुद्र में डूब जाने का भीषण खतरा।
११. पाकिस्तान: पंजाब, सिंध तथा बलूचों में अलग होने की मांग.
१२. श्री लंका: तमिलों तथा सिंहलियों में सतत संघर्ष।
१८-८-२०१५
***
एक द्विपदी

हो चुका अवतार, अब हम याद करते हैं मगर
अनुकरण करते नहीं, क्यों यह विरोधाभास है?
१८-८-२०१४
***
सुशील गुरु, भोपाल
शुभ कामनाएं जन्म की स्वीकार कीजिये,
इस बार सबको प्यार थोडा और दीजिये,
कोई और न दे जाए पहले शुभ कामनाये
जन्मदिन पर सबसे पहले हमें याद कीजिये।

गुरुवार, 17 मार्च 2022

छंद सरसी, मुक्तिका, होली, गीत, नवगीत

गीत
हम राही बलिदानों के हैं, वे मुस्कानों के
हम चाहक हैं मतिमानों के, वे नादानों के
हम हैं पथिक एक ही पथ के
हम चाबुक, वे ध्वज हैं रथ के
सात वचन हम, वे नग नथ के
हम ध्रुव तारे के दर्शक, वे नाचों-गानों के
हम राही बलिदानों के हैं, वे मुस्कानों के
एक थैली के चट्टे-बट्टे
बोल मधुर अरु कड़वे-खट्टे
हम कृश, वे सब हट्टे-कट्टे
हम थापें टिमकी-मादल के, वे स्वर प्यानो के
हम राही बलिदानों के हैं, वे मुस्कानों के
हम हैं सत्-शिव के आराधक
वे बस सुंदरता के चाहक
हम शीतल, वे मारक-दाहक
वे महलों के मृत, जीवित हम जीव मसानों के
हम राही बलिदानों के हैं, वे मुस्कानों के
कह जुमले वे वोट बटोरें
हम धोखे खा खींस निपोरें
वे मेवे, हम बेरी झोरें
वे चुभते तानों के रसिया, हम सुर-तानों के
हम राही बलिदानों के हैं, वे मुस्कानों के।
वंचित-वंचक संबंधी हम
वे स्वतंत्र हैं, प्रतिबंधी हम
जनम-जनम को अनुबंधी हम
हम राही बलिदानों के हैं, वे मुस्कानों के।
१७-३-२०२२
•••
रसानंद दे छंद नर्मदा २१
छंद सरसी
दोहा, सोरठा, रोला, आल्हा, सार, ताटंक, रूपमाला (मदन), चौपाई, हरिगीतिका, उल्लाला,गीतिका,घनाक्षरी, बरवै तथात्रिभंगी छंदों से साक्षात के पश्चात् अब मिलिए सरसी से।
सरसी में है सरसता
*
सरसी में है सरसता, लिखकर देखें आप।
कवि मन की अनुभूतियाँ, 'सलिल' सकें जग-व्याप।।
*
'सरसी' छंद लगे अति सुंदर, नाम 'सुमंदर' धीर।
नाक्षत्रिक मात्रा सत्ताइस , उत्तम गेय 'कबीर'।।
विषम चरण प्रतिबन्ध न कोई, गुरु-लघु अंतहिं जान।
चार चरण यति सोलह-ग्यारह, 'अम्बर' देते मान।।
-अंबरीश श्रीवास्तव
सरसी एक सत्ताईस मात्रिक सम छंद है जिसे हरिपद, कबीर व समुन्दर भी कहा जाता है। सरसी में १६-११ पर यति तथा पंक्तयांत गुरु लघु का विधान है। सूरदास, तुलसीदास, नंददास, मीरांबाई, केशवदास आदि ने सरसी छंद का कुशलता प्रयोग किया है। विष्णुपद तथा सार छंदों के साथ सरसी की निकटता है। भानु के अनुसार होली के अवसर पर कबीर के बानी की बानी के उलटे अर्थ वाले जो कबेर कहे जाते हैं, वे प्राय: इसी शैली में होते है। सरसी में लघु-गुरु की संख्या या क्रम बदलने के साथ लय भी बदल जाती है।
उदाहरण-
०१. अजौ न कछू नसान्यो मूरख, कह्यो हमारी मानि।१
०२. सुनु कपि अपने प्रान को पहरो, कब लगि देति रहौ?३
०३. वे अति चपल चल्यो चाहत है, करत न कछू विचार।४
०४. इत राधिका सहित चन्द्रावली, ललिता घोष अपार।५
०५. विषय बारि मन मीन भिन्न नहि, होत कबहुँ पल एक।६
'छंद क्षीरधि' के अनुसार सरसी के दो प्रकार मात्रिक तथा वर्णिक हैं।
क. सरसी छंद (मात्रिक)
सोलह-ग्यारह यति रखें, गुरु-लघु से पद अंत।
घुल-मिल रहए भाव-लय, जैसे कांता- कंत।।
मात्रिक सरसी छंद के दो पदों में सोलह-ग्यारह पर यति, विषम चरणों में सोलह तथा सम चरणों में
ग्यारह मात्राएँ होती हैं। पदांत सम तुकांत तथा गुरु लघु मात्राओं से युक्त होता है।
उदाहरण:
-ॐप्रकाश बरसैंया 'ओमकार'
०६. काली है यह रात रो रही, विकल वियोगिनि आज।
मैं भी पिय से दूर रो रही, आज सुहाय न साज।।
०७.आप चले रोती मैं, ये भी, विवश रात पछतात।
लेते जाओ संग सौत है, ये पावस की रात।।
संजीव वर्मा 'सलिल'
०८. पिता गए सुरलोक विकल हम, नित्य कर रहे याद।
सकें विरासत को सम्हाल हम, तात! यही फरियाद।।
०९. नव स्वप्नों के बीज बो रही, नव पीढी रह मौन।
नेह नर्मदा का बतलाओ, रोक सका पथ कौन?
१०. छंद ललित रमणीय सरस हैं, करो न इनका त्याग।
जान सीख रच आनंदित हों, हो नित नव अनुराग।।
दोहा की तरह मात्रिक सरसी छंद के भी लघु-गुरु मात्राओं की विविधता के आधार पर विविध प्रकार हो
सकते हैं किन्तु मुझे किसी ग्रन्थ में सरसी छंद के प्रकार नहीं मिले।
ख. वर्णिक सरसी छंद:
सरसी वर्णिक छंद के दो पदों में ११ तथा १० वर्णों के विषम तथा सम चरण होते हैं। वर्णिक छंदों में हर वर्ण को एक गिना जाता है. लघु-गुरु मात्राओं की गणना वर्णिक छंद में नहीं की जाती।
उदाहरण:
-ॐप्रकाश बरसैंया 'ओमकार'
११. धनु दृग-भौंह खिंच रही, प्रिय देख बना उतावला।
अब मत रूठ के शर चला,अब होश उड़ा न ताव ला।
१२. प्रिय! मदहोश है प्रियतमा, अब और बना न बावला।
हँस प्रिय, साँवला नत हुआ, मन हो न तना, सुचाव ला।
संजीव वर्मा 'सलिल'
१३. अफसर भरते जेब निज, जनप्रतिनिधि सब चोर।
जनता बेबस सिसक रही, दस दिश तम घनघोर।।
१४. 'सलिल' न तेरा कोई सगा है, और न कोई गैर यहाँ है।
मुड़कर देख न संकट में तू, तम में साया बोल कहाँ है?
१५. चलता चल मत थकना रे, पथ हरदम पग चूमे।
गिरि से लड़ मत झुकना रे, 'सलिल' लहर संग झूमे।।
अरुण कुमार निगम
चाक निरंतर रहे घूमता , कौन बनाता देह।
क्षणभंगुर होती है रचना , इससे कैसा नेह।।
जीवित करने भरता इसमें , अपना नन्हा भाग।
परम पिता का यही अंश है , कर इससे अनुराग।।
हरपल कितने पात्र बन रहे, अजर-अमर है कौन।
कोलाहल-सा खड़ा प्रश्न है , उत्तर लेकिन मौन।।
एक बुलबुला बहते जल का , समझाता है यार ।
छल-प्रपंच से बचकर रहना, जीवन के दिन चार।।
नवीन चतुर्वेदी सरसी छंद
१७. बातों की परवा क्या करना, बातें करते लोग।
बात-कर्म-सिद्धांत-चलन का, नदी नाव संजोग।।
कर्म प्रधान सभी ने बोला, यही जगत का मर्म।
काम बड़ा ना छोटा होता, करिए कभी न शर्म।।
१८. वक़्त दिखाए राह उसी पर, चलता है इंसान।
मिले वक़्त से जो जैसा भी , प्रतिफल वही महान।।
मुँह से कुछ भी कहें, समय को - देते सब सम्मान।
बिना समय की अनुमति, मानव, कर न सके उत्थान।।
राजेश झा 'मृदु'
खुरच शीत को फागुन आया, फूले सहजन फूल।
छोड़ मसानी चादर सूरज, चहका हो अनुकूल।।
गट्ठर बांधे हरियाली ने, सेंके कितने नैन।
संतूरी संदेश समध का, सुन समधिन बेचैन।।
कुंभ-मीन में रहें सदाशय, तेज पुंज व्‍योमेश।
मस्‍त मगन हो खेलें होरी, भोला मन रामेश।।
हर डाली पर कूक रही है, रमण-चमन की बात।
पंख चुराए चुपके-चुपके, भागी सीली रात।
बौराई है अमिया फिर से, मौका पा माकूल।
खा *चासी की ठोकर पतझड़, फांक रही है धूल।।
संदीप कुमार पटेल
१६.सुन्दर से अति सुन्दर सरसी, छंद सुमंदर नाम।
मात्रा धारे ये सत्ताइस, उत्तम लय अभिराम।।
संजीव वर्मा 'सलिल'
छंद:- सरसी मिलिंदपाद छंद, विधान:-१६-११ मात्रा पर यति, चरणान्त:-गुरू लघु
*
दिग्दिगंत-अंबर पर छाया, नील तिमिर घनघोर।
निशा झील में उतर नहाये, यौवन-रूप अँजोर।।
चुपके-चुपके चाँद निहारे, बिम्ब खोलता पोल।
निशा उठा पतवार, भगाये, नौका में भूडोल।।
'सलिल' लहरियों में अवगाहे, निशा लगाये आग।
कुढ़ चंदा दिलजला जला है, साक्षी उसके दाग।।
घटती-बढ़ती मोह-वासना, जैसे शशि भी नित्य।
'सलिल' निशा सँग-साथ साधते, राग-विराग अनित्य।।
संदर्भ- १. छन्दोर्णव, पृ.३२, २. छन्द प्रभाकर, पृ. ६६, ३. हिन्दी साहित्य कोश, भाग १, प्रकाशक: ज्ञानमण्डल लिमिटेड, वाराणसी।संकलन: भारतकोश पुस्तकालय।संपादन: डॉ. धीरेंद्र वर्मा।पृष्ठ संख्या: ७३५। ४. सूरसागर, सभा संस्करण, पद ५३६, ५. सूरसागर, वैंकटेश्वर प्रेस, पृ. ४४५, ६. वि. प., पद १०२
***
***
मुक्तिका-
मापनी: 1222 - 1222 - 122
*
हजारों रंग हैं फागुन मनाओ
भुला शिकवे कबीरा आज गाओ
*
तुम्हें सत्ता सियासत हो मुबारक
हमें सीमा बुलाती, शीश लाओ
*
न खेलो खेल मजहब का घिनौना
करो पूजा-इबादत सर झुकाओ
*
जुबां से मौन ज्यादा बोलता है
न लफ्जों को बिना मकसद लुटाओ
*
नरमदा नेह की सूखे न यारों
सफाई हो,सभी को साथ पाओ
*
कहो जय हिन्द, भारत माँ की जय-जय
फखर से सिर 'सलिल' अपना उठाओ
*
दिलों में दूरियाँ होने न देना
गले मिल, बाँह में लें बांह आओ
***
[बहर:- बहरे-हज़ज मुसद्दस महज़ूफ। वज़्न:-1222 - 1222 - 122 अरकानमफ़ाईलुन मफ़ाईलुन फ़ऊलुन काफ़िया-आ रदीफ़- ओ फ़िल्मी गीत अकेले हैं चले आओ जहाँ हो। मिसरा ये गूंगा गुनगुनाना जानता है।]
***
मुक्तिका
मापनी- २१२२ २१२२ २१२२ २१२
*
आज संसद में पगड़ियाँ, फिर उछालीं आपने
शब्द-जालों में मछलियाँ, हँस फँसा लीं आपने
आप तो पढ़ने गये थे, अब सियासत कर रहे
लोभ सत्ता पद कुरसियाँ, मन बसा लीं आपने
जिसे जनता ने चुना, उसके विरोधी भी चुने
दूरियाँ अपने दरमियाँ, अब बना लीं आपने
देश की रक्षा करें जो, जान देकर रात-दिन
वक्ष पर उनके बरछियाँ, क्यों चला लीं आपने?
पूँछ कुत्ते की न सीधी, हो कभी सब जानते
व्यर्थ झोले से पुँगलियाँ, फिर निकालीं आपने
सात फेरे डाल लाये, बुढ़ापे में भूलकर
अल्पवस्त्री नव तितलियाँ मन बसा लीं आपने
१७-३-२०१६
***
गीतिका

आदमी ही भला मेरा गर करेंगे।
बदी करने से तारे भी डरेंगे।।

बिना मतलब मदद कर दे किसी की
दुआ के फूल तुझ पर तब झरेंगे।।

कलम थामे, न जो कहते हकीकत
समय से पहले ही बेबस मरेंगे।।

नरमदा नेह की जो नहाते हैं
बिना तारे किसी के खुद तरेंगे।।

न रुकते जो 'सलिल' सम सतत बहते
सुनिश्चित मानिये वे जय वरेंगे।।
१७-३-२०१०
***

मंगलवार, 17 अगस्त 2021

सरसी छंद

छंद सलिला: पहले एक पसेरी पढ़ / फिर तोला लिख...
छंद सलिला सतत प्रवाहित, मीत अवगाहन करें
शारदा का भारती सँग, विहँस आराधन करें
*
जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह-प्रवेश त्यौहार
सलिल बचा पौधे लगा, दें पुस्तक उपहार
*
पाठ १०१
सरसी छंद
*
लक्षण:
१. ४ पंक्ति.
२. प्रति पंक्ति २७ मात्रा.
३. १६-११ मात्राओं पर यति.
४. पंक्ति के अंत में गुरु-लघु मात्रा.
५. दो-दो पंक्ति में सम तुकांत.
लक्षण छंद:
सरसी सोलह-ग्यारह रखिए मात्रा, गुरु-लघु अंत.
नित्य करें अभ्यास सधे तब, कहते कविजन-संत.
कथ्य भाव रस अलंकार छवि, बिंब-प्रतीक मनोहर.
काव्य-कामिनी जन-मन मोहे, रचना बने धरोहर.
*
उदाहरण:
पशु-पक्षी,कृमि-कीट करें सुन, निज भाषा में बात.
हैं गुलाम मानव-मन जो पर-भाषा बोलें तात.
माँ से ज्यादा चाची-मामी,'सलिल' न करतीं प्यार.
माँ-चरणों में स्वर्ग, करो सेवा तो हो उद्धार.
***
हिंदी आटा माढ़िये, उर्दू मोयन डाल
सलिल संस्कृत सान दे, पूड़ी बने कमाल
*