कुल पेज दृश्य

हिमकर श्याम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिमकर श्याम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 16 जनवरी 2025

हिमकर श्याम, समीक्षा, दिल बंजारा

कृति चर्चा
: समय साक्षी गजल संकलन 'दिल बंजारा' :
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
[कृति विवरण : दिल बंजारा, ग़ज़ल संग्रह, हिमकर श्याम, पृष्ठ १२५, मूल्य २००/-, आवरण बहुरंगी, पेपरबैक, संपर्क ८६०३१७१७१०]   
*
                    भारतीय भाषाओं की द्विपदियों ने समय के साथ साक्षात करते हुए खुद को विविध रूपों में ढाला है। संस्कृत में श्लोक, हिंदी में दोहा-सोरठा और फारसी में शे'र के रूप में कथ्य और शिल्प के विविध संयोजनों और रंगों ने अपने समय का सच उद्घाटित किया। दोहों और शे'रों (अशआर) में अर्थ गांभीर्य और नफासत गीति-सलिला के दो किनारों की तरह सतत प्रवाहमान रहे हैं। काव्य सत्य के शूल को कल्पना के फूल के साथ ग्रहणीय बनाने की कला है। इस कला को साधना पीर और धीर, दर्द और हर्ष को साँस-साँस, साथ-साथ जीने की तरह है। हिमकर श्याम सोते-जागते इस अंतर्विरोध को बखूबी जीते रहे हैं। समय ने उनकी कड़ी परीक्षा ली है और वे समय की आँखों में आँखेँ डालकर हर बार जीतते आए हैं। उनकी गजलें इस संघर्ष को बखूबी बयान करती है। 

                    ये गजलें किसी भाषा की सरहदों में कैद नहीं हैं, ये आम आदमी की जुबान की कायल हैं। जज़्बात बयानी के लिए जब जहाँ जो शब्द सटीक लगा उसे लेने में हिमकर को गुरेज नहीं है। दोहकार-गजलकार-कवि हिमकर छंद और बह्र दोनों को गंभीरता से लेते हैं। उनके दोहे हिंदी के मात्रा और लय के अनुसार लिखे जाते हैं तो शे'र बह्र के वज़्न और तरन्नुम का खयाल रखते हैं। मौजूदा दौर में अदब में छा रहे छिछोरेपन और नकारात्मकता को दरकिनार करते हुए हिमकर 'है' पर 'हो' को वरीयता देते हुए गजल को आशिकों-माशूक की हसीन गुफ्तगू नहीं, आम लोगों के जद्दोजहद और उम्मीदों का तब्सिरा मानते हैं। उनके लिए लिखना पेशा नहीं पूजा है। 

                    दीवान की शुरुआत में ही गजलकार अदब में हाथ आजमाने का मकसद बयां करता है- 

मिटाना हर बुराई चाहता हूँ / जमाने की भलाई चाहता हूँ
लकीरों से नहीं हारा अभी मैं / मुकद्दर से लड़ाई चाहता हूँ  


                    हर हाल में हिम्मत और हौसले के झण्डा बुलंद कर हार रहे लोगों को जीतने का रास्ता दिखाती गजलें फारस नहीं, भारत की माटी और संस्कार की थाती सम्हाले है- 

राह मुश्किल सही हौसला कीजिए / क्या किसी का यहाँ आसरा कीजिए 
धर्म क्या, जात क्या देखिए खूबियाँ / फ़र्क अच्छे-बुरे में किया कीजिए

और- मुश्किलों को हौसलों से पार कर / जिंदगी के मरहलों से प्यार कर 
सामने आते मसाइल नित नये / बैठ मत इन गर्दिशों से हार कर

                    कोशिशों की कामयाबी के लिए  काबलियत भी जरूरी है। नौजवानों को हुनरमंद होने की अहमियत मालूम होना ही चाहिए- 

हर कदम पे हुनर काम आता यहाँ / कौन देता भला साथ फन के सिवा    

                    भारत के सनातन मूल्यों में सहअस्तित्व, समानता और सहिष्णुता नीव के पत्थर की तरह है। इसलिए भारत कभी हमलावर नहीं हुआ। हिमकर समानता का उद्घोष करते हैं- 

छोटा नहीं है कोई न कोई यहाँ बड़ा / कुदरत ने हर किसी को बराबर बना दिया

                    कोशिश करनेवालों की हौसला अफजाई करते हुए गजलगो उम्मीद का दामन थामे रहने का मशवरा देता है- 

अँधेरा हर तरफ गहरा हुआ लेकिन / कहीं उम्मीद का इक दीप जलता है 

                    आदमी में खूबियों और खामियों दोनों का होना लाजमी है लेकिन हर बशर खुद को खामियों से दूर और खूबियों से भरपूर मानने की गलतफहमी पाल लेता है। बकौल हिमकर- 

खामियाँ अपनी कहाँ आतीं नज़र इंसान को / दूसरों की खूबियाँ किसको कभी अच्छी लगी

                    तरक्कीपसंद दिखाने की होड़ में समाज अपनी विरासत से दूर होता जा रहा है। सादगी की जगह दिखावा पसंद करती नई पीढ़ी को आईना दिखाते हैं हिमकर-

ढल रहे हैं लोग सारे इक नयी तहज़ीब में / बात मीठी है जुबां पर हाथ में शमशीर भी 
नेकियाँ ईमां शराफ़त सादगी दरियादिली / पास इंसां के कभी थी ये बड़ी जागीर भी

                    आम आदमी की जिन्दगी में दिनों-दिन ज्यादा से ज्यादा जहर घोलती सियासत के खतरे से चेताते हुए शायर किसी पार्टी या नेता का नाम लिए बिना कड़वी हकीकत पूरी ईमानदारी से बयां करता है-   

फक्त आंकड़ों में नुमाया तरक्की / यहाँ मुफलिसी दर-ब-दर फिर रही है 

कब तक यूं बहलाएँगे / कब अच्छे दिन आएँगे 

है सारा खेल कुर्सी का  समझते क्यों नहीं लोगों / लगाकर आग नफरत की उन्हें बस वोट पाना है 

अब भरोसा उठ गया इंसाफ से / हाय इकतरफ़ा बयानी मुल्क में  

फ़क़त लीडरों में है उलझा सिपाही / भला कैसे होगी हिफाजत किसी की 
                
                    इन गज़लों में मुहावरों, लोकोक्तियों आदि को बखूबी शामिल किया गया है- 

साँच को आँच नहीं कहता पर / सच सलीके से दबा रखा है

किसी ने याद किया आज मुझको शिद्दत से / खड़ी हैं साथ मिरे हिचकियाँ गवाहों में 

चादर से बढ़कर पाँव न निकल कभी मेरा / होता नहीं निबाह भी रस्ता दिखाइए 

                    भारत की सरजमीं के ज़रखेजपन पर पूरी तरह भरोसा है हिमकर को। शायर भारत की बहुरंगी सभ्यता और संस्कृति का कल है। उसे पूरा भरोसा है कि वहशत के इस दौर में भी भारत महफूज है और रहेगा- 

कोई नफरत भी बोता तो पनपती है मुहब्बत ही  / अजब जादू है माटी में, कोई वरदान है भारत 

                    'दिल बंजारा' की गज़लों की कसौटी शायर ने ही तय कर दी है-  

ग़ज़ल ऐसी कहो जो दिल को छू ले / न पहुँचे दिल तलक क्या शायरी है 

है एहसास इसमें तो छूती है दिल / सुखन को है करती मोअत्तर ग़ज़ल 

                    इन ग़ज़लों में फिक्रे कुदरत है तो टूटते परिवार और बूढ़े माँ-बाप की चिंता भी है, समाज की बदसूरत तस्वीर है तो खूबसूरत और दिलकश चित्र भी हैं, तराजू के दो पलड़ों की तरह ग़ज़लों के अश'आर धूप-छाँव दोनों को सामने लाते हैं। अ इन ग़ज़लों के कई शे'र वाम की जुबान पर चढ़ने का माद्दा रखते हैं। बकौल हिमकर- 

सबके हिस्से की कुछ चिट्ठी / बाँट रहा हिमकर हरकारा 

ये केवल अशआर नहीं हैं हिमकर के / अपने ग़म शेरों में ढाले है साहब   

                    जब रचनाकार रचना को होने देता है तब वह अपनी स्वाभाविकता में मन में घर कर लेती है लेकिन जब रचनाकार कथ्य को अपने अनुसार पेश करना चाहता है तो वह बनावटी हो जाता है। दिल बंजारा की ग़ज़लें दिल से दिल तक का सफ़र करने में समर्थ हैं। 
000 
संपर्क- विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन जबलपुर ४८२००१ 
salil.sanjiv@gmail.com, ९४२५१ ८३२४४

गुरुवार, 9 जनवरी 2025

जीवन की बारह खड़ी, हिमकर श्याम

पुरोवाक्

जीवन की बारह खड़ी : सम-सामयिक लोकोपयोगी दोहे
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
छंद का उद्भव और विकास
आध्यात्म और विज्ञान दोनों के अनुसार सृष्टि के मूल में 'ध्वनि' है। अध्यात्म 'ॐ' (अ, उ, म् का संयुक्त रूप) को सृष्टि कर्ता ब्रह्म से जोड़ता है तो विज्ञान सूर्य से निकल रहे रश्मि-नाद से। नाद निराकार है इसलिए उसका चित्र नहीं बनाया जा सकता अर्थात् वह चित्रगुप्त है। उसे जिन संकेतों से अंकित किया जाता है उसे 'लिपि कहते हैं। भारतीय मनीषा लिपि-लेखनी-अक्षर और मसि के अधिष्ठाता चित्रगुप्त ही कहती आई है और यम द्वितीया को उसका पूजन पटल पर ॐ अंकित कर ही किया जाता रहा है। लोक में आदि मानव ने प्रकृति में व्याप्त ध्वनियों और प्राकृतिक घटनाओं कलकल, मेघ गर्जन, कलरव, दहाड़, फुँफकार आदि के संबंध को जानकार उन ध्वनियों की पुनरावृत्ति कर अन्य समूहों को सूचित करना और कालांतर में शिलाओं पर डंडियों पर पत्तियों का रस लगाकर चित्र और संकर्तों से संदेश छोड़ना आरंभ किया। मानव ने ध्वनि खंडों के उच्चारों और उच्चार-काल का अध्ययन कर वाचिक छंदों का सृजन किया। तदोपरांत भाषा और लिपि का विकास होने पर वर्ण और मात्राओं की गणना कर संस्कृत छंद शास्त्र बनाया गया। पिंगल आदि आचार्यों ने मात्रा-वर्ण भेद के आधार पर छंद के दो प्रकार लौकिक और वैदिक कहे हैं-
पिंगलादिभिराचायैर्यदुक्तं लोकिकं द्विध।
मात्रावर्णविभेदेनच्छंदस्तदिह कथ्यते।। - वृत्त रत्नाकर

गंगादास कृत छंदोमंजरी के अनुसार चार पादों वाला पद्य दो प्रकार का (वृत्त पद्य और जाति पद्य) होता है। अक्षर संख्या से नियमित-निबद्ध पद वृत्त पद्य होता है जबकि मात्रा संख्या से नियमित-निबद्ध पद जाति पद्य होता है।
पद्यं चतुष्पदी तच्च वृत्तं जातिरिति द्विध।
वृत्तमक्षर संख्यातं जातिर्मात्रा कृता भवेत।।

तदनुसार 'मामका पांडवाश्चैव किमकुर्वत संजय' के प्रत्येक पाद में ८ वर्ण होने के कारण यह वृत्त पद्य है जबकि 'तरुणं सर्षपशाकं नवौदनं पिच्छिलानि च दधीनि। / अल्पव्ययेन सुंदरि ग्राम्यजनो मिष्टमश्नाति।।' जाति पद्य है।

ध्वनि पूरे वातावरण में व्याप्त हो जाती है, छा जाती है। ध्वनि खंडों के संयोजन से बने छंद में भी यह गुण है इसलिए कहा गया- यदाच्छादयन् तच्छंदसां छंदस्त्वम्' तथा 'छंदमसि छादनात्'। पाणिनी के अनुसार 'छादयति आच्छादयति वा इति छंद:' ।


तैत्तरीय संहिता के अनुसार ब्रह्मा ने अग्नि का सृजन किया जिसने भयंकर रूप धारण कर लिया, भयभीत देवगण अग्नि के साथ न हो सके। तब ब्रह्म ने छंदों से देवों को आच्छादित कर दिया तब देवगण अग्नि के साथ अक्षय रह सके- 'देवा छंदोभिरात्मानं छादयित्वा उपायन् प्रजापतिर्अग्निं चिनुत:'।

ऐतरेय आरण्यक में में छंद को पापकर्म पर छा जानेवाला कहा गया है- 'मानवान् पापकर्मेभ्य: छंदयंति छंदांसि इति छंद:।'

निसर्ग से अभिन्न छंद रचने, सुनने, गाने से आह्लाद होना स्वाभाविक है। इसीलिए 'छद्' धातु से बने 'छंद' का अर्थ है 'आह्लादित / प्रसन्न करना' माना गया। छंद ही वेदों का आधार बने। बिन छंद वेदों का सृजन, अध्ययन या गायन संभव नहीं है। इसलिए छंद को वेदों का पैर कहा गया- 'छन्दः पादौ तु वेदस्य'। देव की कृपा पैर छूने से ही मिलती है। इसी प्रकार वेदों की कृपा पाने के लिए वेदों के पैर अर्थात छंद की शरण में जाना होगा।
छंदराज दोहा
उक्त आधार पर आचार्य जगन्नाथ प्रसाद 'भानु' प्रणीत छंद प्रभाकर में छंद के वार्णिक और मात्रिक दो भेद वर्णित हैं जो क्रमश: वर्ण-संख्या और मात्रा-संख्या पर आधारित हैं। मात्रिक छंद के तीन भेद सम मात्रिक, अर्ध सममात्रिक और विषम मात्रिक हैं। ४८ मात्रिक दोहा अर्द्ध सम मात्रिक छंद है। दोहे में दो पंक्तियाँ, चार चरण, विषम चरण (प्रथम तथा तृतीय) तेरह मात्रिक और सम चरण (द्वितीय तथा चतुर्थ) ग्यारह मात्रिकतथा सम चरणों के अंत में गुरु-लघु मात्रा तथा समान तुक आवश्यक है। परंपरानुसार विषम चरणों के आदि में एक शब्द में 'जगण' वर्जित कहा गया है।
दोहा का वैशिष्ट्य दोहराव है। २ पंक्ति, हर पंक्ति में २ चरण, २ विषम चरण, २ सम चरण, पंक्त्यांत में २ अक्षरी समान तुक, विषम चरण में १३ मात्रा (१३=१+३=४=२+२), सम चरण में ११ मात्रा (११=१+१=२) तथा चरणारंभ में समान कलाएँ २-२, ३-३, ४-४ आदि। संभवत: इसलिए दोहा के लिए विविध काल खंडों में प्रयुक्त नामों दूहा, दोहअ, दोपदी, द्विपथक, दोग्धक, दुषअह, दोहड़ा, दोहक आदि में दो की उपस्थिति है। विषम चरण की प्रचलित कल बाँट (३ ३ २ ३ २ या ४ ४ ३ २) तथा सम चरण की प्रचलित कल बाँट (३ ३ २ ३ या ४ ४ ३) में भी यह दोहराव दृष्टव्य है।
दोहा में कथ्यगत मौलिकता, लाक्षणिकता, शब्द-चारुता, बैम्बिक स्पष्टता, मिथकीय सटीकता, मार्मिकता, आलंकारिक लालित्य, सरसता, भाव बाहुल्य, भाषिक कसाव, आंचलिकता, युगबोध, सार्वजनीनता, कहन की पूर्णता आदि उसे लोकग्राह्य और कालजयी बनाते हैं। दोहे में संयोजक शब्द, कारक तथा अनावश्यक शब्द प्रयोग वर्ज्य है। विराम चिह्न दोहे की अर्थवत्ता बढ़ाते हैं। दोहे के चरणों में कथ्य का बीजारोपण, अंकुरण, पल्लवन तथा फलन होना चाहिए। लोक में अनेक दोहे या उनका अंश लोकोक्ति के रूप में प्रचलित होकर अमर हैं।
जीवन की बारह खड़ी
इस पृष्ठ भूमि का औचित्य यह कि दोहा लेखन को मन-प्राण से युग-धर्म की तरह जी रहे दोहकार हिमकर श्याम के प्रथम दोहा संग्रह का हर पाठक उनके दोहों की अर्थवत्ता को ग्रहण कर सके। 'हिमकर' और 'श्याम' अपने आपमें विपरीत प्रवृत्तियों श्वेत और श्याम का समन्वय दर्शाते हैं। दोहाकार का जीवन-संघर्ष और जिजीविषा अपने आपमें मिसाल है। जिन पारिस्थितिक विषमताओं में इन दोहों ने जन्म लिया, वे सामान्य जन के सामने हों तो कलम चलना संभव ही न हो। हिमकर श्याम की रचनाधर्मिता तूफान में टिमटिमाते दिए की कहानी कहती है। पत्रकार के नाते सामाजिक न्याय की पक्षधर कलम थामे हिमकर अपने आत्म से वार्तालाप करने के लिए दोहा के दरवाजे पर जा खड़े होते हैं। प्रकृति और परिवेश से मुलाकात और मुठभेड़ दोनों की अभिव्यक्ति के लिए दोहाकार को दोहा ही उपयुक्त प्रतीत होता है। नमन, जीवन, पर्व, पर्यावरण, चेतना, विरासत, युगबोध (राजनीति), व्याधि (कोरोना), संबंध, वसंत, जुहार, संवाद शीर्षक अध्यायों में रचित यह दोहा संग्रह समय के सफ़े पर संवेदना का सशक्त हस्ताक्षर है। खुद दोहाकार कहता है-
जीवन की बारहखड़ी, सुख- दुख , पीड़ा- हास।
बैठा 'हिमकर' बाँचता, तल्ख़ मधुर अहसास।।

अधुनातन चिंतन दृष्टि के साथ पारंपरिक विरासत का समन्वय स्थापित करने का स्वस्थ्य प्रयास प्रशक्ति के विविध स्वरूपों के स्मरण और नमन संबंधी दोहों में दृष्टव्य है। अक्षर-कलम-दवात और कर्म-धर्म के नियामक की वंदना पितृ -स्मरण ही है-
मुख पर दिव्य प्रकाश है, कर में कलम दवात।
चित्रगुप्त परब्रह्म को, नमन झुकाकर माथ।।

जीव के जन्म का माध्यम जननी और जनक का स्थान शेष सबसे ऊपर मानते हुए कवि उन्हें स्मरण करता है-
मन में क्या तकलीफ है, जान सका है कौन?
माँ से कुछ छुपता नहीं, पढ़ लेती वह मौन।।

पोषक अनुशासकपिता, करता है परवाह।
रखता सबका ध्यान वह, उसका स्नेह अथाह।।

धर्म के नाम पर हो रहे दिशाहीन कोलाहल के प्रति चिंतित हिमकर स्पष्टट: कहते हैं कि एकत्रित जन समुदाय धर्म का सच्चा अर्थ नहीं जानता- 
राम नाम की धूम में, दिखता कहीं न धर्म।।
पता नहीं इस भीड़ को, राम नाम का मर्म।।

भारत में धर्म कर्तव्य का पर्याय है। धर्म से अपरिचित जन अपने कर्तव्य को भी नहीं जानते। इस कारण वे अपने माता-पिता से दूर हो जाते हैं और उनके जन्मदाता बच्चों के साहचर्य हेतु तरसते हैं- 
अपनी-अपनी चाकरी, उलझे सब दिन-रात।
बूढ़ी आँखें खोजतीं, अब अपनों का साथ।।

समाज को मानव के जीवनोद्देश्य बताते हुए दोहाकार सुख-दुख को समभाव से स्वीकारने का संकेत करता है-  
पतझड़ साथ वसंत है, जीवन का यह मंत्र।
खोना-पाना सब यहीं, जोड़ न बनिए यंत्र।।

कैंसर और कोरोना जैसी जानलेवा बीमारियों पर जय पा चुका कवि उन पलों में भी जिजीविषा के सहारे संघर्ष करता रहा।  
हर पल सुइयाँ चुभ रहीं, लगे टूटती श्वास। 
किस्तों पर है ज़िंदगी, पर अटूटविश्वास।।

गाँव और प्रकृति से अभिन्न कवि पर्वों में धर्म-क्रम का मेल देखता है- 
जवा फूल तैयार हɇ, गड़े करम के डार।
धरम-करम का मेल है, करमा का त्योहार।
करम परब के गीत से, गँजू रहा हर गाँव।
ढोलक-मांदर बज रहे, ͬथिरक रहे हैं पाँव।।

प्रकृति-पुत्र हिमकर मानव द्वारा प्रकृति के साथ किए जा रहे अनाचार से क्षुब्ध होकर तथाकथित विकास के दुष्प्रभावोंब के प्रति सचेत करते हैं- 
बहुत हुआ अब बंद हो, धरती से खिलवाड़।
नष्ट इसे सब कर रहे, ले विकास की आड़।।

विडंबन है कि संविधान निर्माता और संविधान सभा के अध्यक्ष अजातशत्रु देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के अवदान को भूलकर उनके अधीनस्थ गठित अनेक समितियों में से एक के अध्यक्ष को राजनैतिक स्वरथ साधते दलों द्वारा संविधान निर्माता कहा जा रहा है। हिमकर नई पीढ़ी को सच से अवगत कराते हैं-  
देशरतन राजेन्द्र का, जीवन मूल्य महान।
संविधान निर्माण में, रहा अहम अवदान।।

भारत के स्वतंत्रता-संघर्ष में देश के मूल निवासियों के बलिदान को विस्मृत करने, स्वतंत्रता के पश्चात सर्व धर्म समभाव को स्वीकारने, लोकतंत्र का लक्ष्य जन-कल्याण होने, सत्ता लोलुप राजनीति में षड्यंत्रों की वृद्धि, निहित स्वार्थ साधन हेतु बिका चुका पत्रकार जगत, अपनी मूल पहचान गँवाते जा रहे शहर,  युद्ध-जनित विनाश, राष्ट्रभाषा हिंदी की अवहेलना आदि के प्रति सचेत, चिंतित और सुधार हेतु तत्पर हिमकर ने दोहा दीप प्रज्वलित कर सर्वत्र घिर रहे तिमिर को मिटाने के लिए कालजयी दोहास्त्र से सार्थक और सटीक शब्द-प्रहार किए हैं-    
धरती आबा बन गया, बिरसा वीर महान।
जननायक है राष्ट्र का, उलिहातू की शान।।
सर्व धर्म समभावना, समता का अधिकार।
जनता का कल्याण ही, लोकतंत्र का सार।।
मिन्नत करता गण दिखे, हावी लगता तंत्र।
राजनीति के नाम पर, होता बस षड्यन्त्र।।
बिकी हुई है मीडिया, बिका हुआ अख़बार।
चौथा खंभा ढह रहा, दरक रहा आधार।।
वही शहर है आज भी, लगता पर अनजान।
चमक दमक रफ्तार में, गुम होती पहचान।।
घना धुआँ बारूद का, सभी मार्ग अवरुद्ध।
सहमी दुनिया कह रही, नहीं चाहिए युद्ध।।
सरकारें चलती रहीं, मैकाले की चाल।
हिंदी अपने देश में, अवहेलित बदहाल।।

विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर के तत्वावधान में वर्ष २०१८ में प्रकाशित ३ दोहा संकलनों दोहा दोहा नर्मदा, दोहा सलिला निर्मला तथा दोहा दीप्त दिनेश के द्वितीय अंक में सहभागी रहे श्याम हिमकर के लिए दोहा लेखन सारस्वत उपासना की तरह है। वे दोहा लिखते नहीं, रचते है। उनका चिंतक, दोहाकार और पत्रकार देश-धर्म और समाज के प्रति दिन-ब-दिन अधिकाधिक सजग, सचेत और समर्पित होकर हिंदी दोहा ही नहीं सकल साहित्य को समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक और सर्व कल्याणकारी युगबोध के प्रति उन्मुख करता रहे। मुझे भरोसा है कि जीवन की बारहखड़ी' का न केवल स्वागत होगा, इसमें कहे गए तथ्यों का संज्ञान लेकर शासन और समाज बेहतर भविष्य-निर्माण की दिशा में कदम उठाएँगे. 
***
संपर्क- आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', संयोजक विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, 
चलभाष ९४२५१८३२४४, ईमेल- salil.sanjiv@gmai.lcom 
==================   


पाठ्य शुद्धि- ध्यान दीजिए, प्रकाशन हेतु नहीं 
८ पद्मासिनी वागीश्वरी,
९ कंठ मुंड की माल / वाम भाग में पार्वती / शिव देवों के देव हैं, करें जगत संप्राण,
१० दूजा लिए त्रिशूल / दयारूप गौरी हरें, जन्म-जन्म के पाप / पूजें श्रद्धा-भाव से, सदा सिद्धिदात्री करें
११ दस दिश में उल्लास
१२ रीछराज ने जगाया, किया गुणों का गान
१३ विस्मित देखे देवकी, बंद न कारागार
१५ चित्रगुप्त परब्रह्म को, नमन झुकाकर माथ / पथ-दर्शक यमदेव के, पाप-पुण्य रखवाल / चित्रगुप्त कर्मेश हैं, सद्गति करें प्रदान / कुलतारक धर्मेश प्रभु, वंदन कृपा निधान
२० रहे पिता के स्कन्ध पर, घर का सारा भार / सहन शक्ति प्रभु से मिली, सच ही अपरंपार।।
२१ आषाढ़ी पूनो करें, गुरु उपासना खास / परंपरा गुरु-शिष्य की / दूर करे अवगुण सभी, करें न शंका लेश।।
२६ वायु तत्व आती सूक्ष्म है, गति-यतिमय अविराम
२८ फूले-फलती सभ्यता, तरणी के ही तीर
२९ दूषित है परिवेश
३० फिर उदास मन ढूँढता
३१ दूर हटे अब गरीबी / रखिए दृढ़ विश्वास
३२ पतझड़ साथ वसंत है, जीवन का यह मंत्र। / खोना-पाना सब यहीं, जोड़ न बनिए यंत्र।।
३३ हर पल सुइयाँ चुभ रहीं, लगे टूटती श्वास। / किस्तों पर है िज़ंदगी, पर अटूट विश्वास।। / बढ़ती रही मियाद ।।
४१ है जागरण विधान
४४ खीरामृत का पान
४५ ढोलक-मांदर बज रहे,
४८ शुभ यीशु का आगमन,
६३ वन के दावेदार सब,

मंगलवार, 11 अप्रैल 2023

सॉनेट, मुक्तक, क्षणिका, दोहा, यमक, हिमकर श्याम, नवगीत,

सॉनेट 
सुधि
सुधि ली प्रभु ने सुख पाया है।
सुधि सुगंध सुरभित मन बगिया।
प्रभु-सुधि बिन जग भरमाया है।।
सुधि स्वजनों की अपनी दुनिया।।
सुधि बिन मन बेसुध मत होना।
सुधि सलिला में कर अवगाहन। 
सुध-बुध खोकर शूल न बोना।।
सुधि अमृत नित करो आचमन।।
सुधि सत-शिव-सुंदर उपासना।
सुधि बाँहों में, सुधि चाहों में।
सुधि मनभावन भव्य भावना।।
सुधि साथी, साक्षी राहों में।।
सुधि संगी है हर आत्मा की।
सुधि संगति है परमात्मा की।।
११-४-२०२३
•••
कृति चर्चा:
युद्धरत हूँ मैं : जिजीविषा गुंजाती कविताएँ
*
(कृति विवरण: युद्घरत हूँ मैं, हिंदी गजल-काव्य-दोहा संग्रह, हिमकर श्याम, प्रथम संस्करण, २०१८, आईएसबीएन ९७८८१९३७१९०७७, आवरण बहुरंगी पेपरबैक, पृष्ठ २१२, मूल्य २७५रु., नवजागरण प्रकाशन, नई दिल्ली, कवि संपर्क बीच शांति एंक्लेव, मार्ग ४ ए, कुसुम विहार, मोराबादी, राँची ८३४००८, चलभाष ८६०३१७१७१०)
*
आदिकवि वाल्मीकि द्वारा मिथुनरत क्रौंच युगल के नर का व्याध द्वारा वध किए जाने पर क्रौंच के चीत्कार को सुनकर प्रथम काव्य रचना हो, नवजात शावक शिकारी द्वारा मारे जाने पर हिरणी के क्रंदन को सुनकर लिखी गई गजल हो, शैली की काव्य पंक्ति 'अवर स्वीटैस्ट सौंग्स आर दोस विच टैल अॉफ सैडेस्ट थॉट' या साहिर का गीत 'हैं सबसे मधुर वो गीत जिन्हें हम दर्द के सुर में गाते हैं' यह सुनिश्चित है कि करुणा और कविता का साथ चोली-दामन का सा है। दुनिया की कोई भी भाषा हो, कोई भी भू भाग हो आदमी की अनुभूति और अभिव्यक्ति समान होती है। पीड़ा, पीड़ा से मुक्ति की चेतना, प्रयास, संघर्ष करते मन को जब यह प्रतीति हो कि हर चुनौती, हर लड़ाई, हर कोशिश करते हुए अपने आप से 'युद्धरत हूँ मैं' तब कवि कविता ही नहीं करता, कविता को जीता है। तब उसकी कविता पिंगल और व्याकरण के मानक पर नहीं, जिंदगी के उतार-चढ़ाव पर बहती हुई नदी की उछलती-गिरती लहरों में निहित कलकल ध्वनि पर परखी जाती है।
हिमकर श्याम की कविता दिमाग से नहीं, दिल से निकलती है। जीवन के षट् राग (खटराग) में अंतर्निहित पंचतत्वों की तरह इस कृति की रचनाएँ कहनी हैं कुछ बातें मन की, युद्धरत हूँ मैं, आखिर कब तक?, झड़ता पारिजात तथा सबकी अपनी पीर पाँच अध्यायों में व्यवस्थित की गई हैं। शारदा वंदन की सनातन परंपरा के साथ बहुशिल्पीय गीति रचनाएँ अंतरंग भावनाओं से सराबोर है।
आरंभ में ३ से लेकर ६ पदीय अंतरों के गीत मन को बाँधते हैं-
सुख तो पल भर ही रहा, दुख से लंबी बात
खुशियाँ हैं खैरात सी, अनेकों की सौग़ात
उलझी-उलझी ज़िंदगी, जीना है दुश्वार
साँसों के धन पर चले जीवन का व्यापार
चादर जितनी हो बड़ी, उतनी ही औक़ात
व्यक्तिगत जीवन में कर्क रोग का आगमन और पुनरागमन झेल रहे हिमकर श्याम होते हुए भी शिव की तरह हलाहल का पान करते हुए भी शुभ की जयकार गुँजाते हैं-
दुखिया मन में मधु रस घोलो
शुभ-मंगल सब मिलकर बोलो
छंद नया है, राग नया है
होंठों पर फिर फाग नया है
सरगम के नव सुर पर डोलो
शूलों की सेज पर भी श्याम का कवि-पत्रकार देश और समाज की फ़िक्र जी रहा है।
मँहगा अब एतबार हो गया
घर-घर ही बाजार हो गया
मेरी तो पहचान मिट गई
कल का मैं अखबार हो गया
विरासत में अरबी-फारसी मिश्रित हिंदी की शब्द संपदा मसिजीवी कायस्थ परिवारों की वैशिष्ट्य है। हिमकर ने इस विरासत को बखूबी तराशा-सँभाला है। वे नुक़्तों, विराम चिन्हों और संयोजक चिन्ह का प्रयोग करते हैं।
'युद्धरत हूँ मैं' में उनके जिजीविषाजयी जीवन संघर्ष की झलक है किंतु तब भी कातरता, भय या शिकायत के स्थान पर परिचर्चा में जुटी माँ, पिता और मामा की चिंता कवि के फौलादी मनोबल की परिचायक है। जिद्दी सी धुन, काला सूरज, उपचारिकाएँ, किस्तों की ज़िंदगी, युद्धरत हूँ मैं, विष पुरुष, शेष है स्वप्न, दर्द जब लहराए आदि कविताएँ दर्द से मर्द के संघर्ष की महागाथाएँ हैं। तन-मन के संघर्ष को धनाभाव जितना हो सकता है, बढ़ाता है तथापि हिमकर के संकल्प को डिगा नहीं पाता। हिमकर का लोकहितैषी पत्रकार ईसा की तरह व्यक्तिगत पीड़ा को जीते हुए भी देश की चिंता को जीता है। सत्ता, सुख और समृद्धि के लिए लड़े-मरे जा रहे नेताओं, अफसरों और सेठों के हिमकर की कविताओं के पढ़कर मनुष्य होना सीखना चाहिए।
दम तोड़ती इस लोकतांत्रिक
व्यवस्था के असंख्य
कलियुगी रावणों का हम
दहन करना भी चाहें तो
आखिर कब तक
*
तोड़ेंगे हम चुप्पी
और उठा सकेंगे
आवाज़
सर्वव्यापी अन्याय के ख़िलाफ़
लड़ सकेंगे तमाम
खौफ़नाक वारदातों से
और अपने इस
निरर्थक अस्तित्व को
कोई अर्थ दे सकेंगे हम।
*
खूब शोर है विकास का
जंगल, नदी, पहाड़ की
कौन सुन रहा चीत्कार
अनसुनी आराधना
कैसी विडंबना
बिखरी सामूहिक चेतना
*
यह गाथा है अंतहीन संघर्षों की
घायल उम्मीदों की
अधिकारों की है लड़ाई
वजूद की है जद्दोजहद
समय के सत्य को जीते हुए, जिंदगी का हलाहल पीते हुए हिमकर श्याम की युगीन चिंताओं का साक्षी दोहा बना है।
सरकारें चलती रहीं, मैकाले की चाल
हिंदी अपने देश में, अवहेलित बदहाल
कैसा यह उन्माद है, सर पर चढ़ा जुनून
खुद ही मुंसिफ तोड़ते, बना-बना कानून
चाक घुमाकर हाथ से, गढ़े रूप आकार
समय चक्र धीमा हुआ, है कुम्हार लाचार
मूर्ख बनाकर लोक को, मौज करे ये तंत्र
धोखा झूठ फरेब छल, नेताओं के मंत्र
विश्ववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर द्वारा प्रकाशित सहयोगाधारित दोहा शतक मंजूषा के भाग २ 'दोहा सलिला निर्मला' में सम्मिलित होने के लिए मुझसे दोहा लेखन सीखकर श्याम ने मुझे गत ५ दशकों की शब्द साधना का पुरस्कार दिया है। सामान्यतः लोग सुख को एकाकी भोगते और दुख को बाँटते हैं किंतु श्याम अपवाद है। उसने नैकट्य के बावजूद अपने दर्द और संघर्ष को छिपाए रखा।इस कृति को पढ़ने पर ही मुझे विद्यार्थी श्याम में छिपे महामानव के जीवट की अनुभूति हुई।
इस एक संकलन में वस्तुत: तीन संकलनों की सामग्री समाविष्ट है। अशोक प्रियदर्शी ने ठीक ही कहा है कि श्याम की रचनाओं में विचार की एकतानता तथा कसावट है और कथन भंगिमा भी प्रवाही है। कोयलांचल ही नहीं देश के लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार हरेराम त्रिपाठी 'चेतन' के अनुसार 'रचनाकार अपनी सशक्त रचनाओं से अपने पूर्व की रचनाओं के मापदंडों को झाड़ता और उससे आगे की यात्रा को अधिक जिग्यासा पूर्ण बनाकर तने हुए सामाजिक तंतुओं में अधिक लचीलापन लाता है। मानव-मन की जटिलताओं के गझिन धागों को एक नया आकार देता है।'
इन रचनाओं से गुजरने हुए बार-बार यह अनुभूति होना कि किसी और को नहीं अपने आपको पढ़ रहा हूँ, अपने ही अनजाने मैं को पहचानने की दिशा में बढ़ रहा हूँ और शब्दों की माटी से समय की इबारत गढ़ रहा हूँ। मैं श्याम की जिजीविषा, जीवट, हिंदी प्रेम और रचनाधर्मिता को नमन करता हूँ।
हर हिंदी प्रेमी और सहृदय इंसान श्याम को जीवन संघर्ष का सहभागी और जीवट का साक्षी बन सकता है इस कृति को खरीद-पढ़कर। मैं श्याम के स्वस्थ्य शतायु जीवन की कामना करता हुए आगामी कृतियों की प्रतीक्षा करता हूँ।
११-४-२०१९
***
नवगीत
*
हवा महल हो रही
हमारे पैर तले की धरती।
*
सपने देखे धूल हो गए
फूल सुखकर शूल हो गए
नव आशा की फसलोंवाली
धरा हो गई परती।
*
वादे बता थमाए जुमले
फिसले पैर, न तन्नक सँभले
गुब्बारों में हवा न ठहरी
कट पतंग है गिरती।
*
जिजीविषा को रौंद रहे जो
लगा स्वार्थ की पौध रहे वो।
जन-नेता की बखरी में ही
जन-अभिलाषा मरती।
***
नवगीत
जोड़-तोड़ है
मुई सियासत
*
मेरा गलत
सही है मानो।
अपना सही
गलत अनुमानो।
सत्ता पाकर,
कर लफ्फाजी-
काम न हो तो
मत पहचानो।
मैं शत गुना
खर्च कर पाऊँ
इसीलिए तुम
करो किफायत
*
मैं दो दूनी
तीन कहूँ तो
तुम दो दूनी
पाँच बताना।
मैं तुमको
झूठा बोलूँगा
तुम मुझको
झूठा बतलाना।
लोकतंत्र में
लगा पलीता
संविधान से
करें बगावत
*
यह ले उछली
तेरी पगड़ी।
झट उछाल तू
मेरी पगड़ी।
भत्ता बढ़वा,
टैक्स बढ़ा दें
लड़ें जातियाँ
अगड़ी-पिछड़ी।
पा न सके सुख
आम आदमी,
लात लगाकर
कहें इनायत।
*
***
मुक्तक
कीर्ति-अपकीर्ति
क्या करेंगे कीर्ति लेकर यदि न सत्ता मिल सकी।
दुश्मनों की कील भी हमसे नहीं यदि हिल सकी।।
पेट भर दे याकि तन ही ढँक सकेगी कीर्ति क्या?
कीर्ति पाकर हौसले की कली ही कब खिल सकी?
*
लाख दो अपकीर्ति मुझको, मैं न जुमला छोड़ता।
वक्ष छप्पन इंच का ले, दुम दबा मुँह मोड़ता।।
चीन पकिस्तान क्या नेपाल भी देता झुका-
निज प्रशंसा में 'सलिल' नभ से सितारे तोड़ता।।
१०-४-२०१८
***

दोहा सलिला
-------------------------------------------------
गौड़-तुच्छ कोई नहीं, कहीं न नीचा-हीन
निम्न-निकृष्ट किसे कहें, प्रभु-कृति कैसे दीन?
*
मिले 'मरा' में 'राम' भी, डाकू में भी संत
ऊँच-नीच माया-भरम, तज दे तनिक न तंत
*
अधमाधम भी तर गए, कर प्रयास है सत्य
'सलिल' हताशा पाल मात, अपना नहीं असत्य
*
जिसको हरि से प्रेम है, उससे हरि को प्रेम,
हरिजन नहीं अछूत है, करे सफाई-क्षेम
*
दीपक के नीचे नहीं, अगर अँधेरा मीत
उजियारा ऊपर नहीं, यही जगत की रीत
*
रात न श्यामा हो अगर, उषा न हो रतनार
वाम रहे वामा तभी, रुचे मिलन-तकरार
*
विरह बिना कैसे मिले, मिलने का आनंद
छन्दहीन रचना बिना, कैसे भाये छंद?
*
बसे अशुभ में शुभ सदा, शुभ में अशुभ विलीन
अशरण शरण मिले 'सलिल', हो अदीन जब दीन
*
मृग-तृष्णा निज श्रेष्ठता, भ्रम है पर का दैन्य
नत पांडव होते जयी, कुरु मरते खो सैन्य
*
नर-वानर को हीन कह, असुरों को कह श्रेष्ठ
मिटा दशानन आप ही, अहं हमेशा नेष्ट
*
दुर्योधन को श्रेष्ठता-भाव हुआ अभिशाप
धर्मराज की दीनता, कौन सकेगा नाप?


***
यमकीय दोहे
*
भाया छाया जो न क्यों, छाया उसकी साथ?
माया माया ताज गयी, मायापति के साथ।।
*
शुक्ला-श्यामा एक हैं, मात्र दृष्टि है भिन्न।
जो अभिन्नता जानता, तनिक न होता खिन्न।।
*
​संगसार वे कर रहे, होकर निष्ठुर क्रूर।
संग सार हम गह रहे, बरस रहा है नूर।।
११-४-२०१७
***
क्षणिका :
नेता
*
नेता!
तुम सभ्य तो हुए नहीं,
मनुज बनना तुम्हें नहीं भाया।
एक बात पूछूँ?, उत्तर दोगे??
जुमला कहाँ से सीखा?
लड़ना कहाँ से आया??
***
गीध
*
जब स्वार्थसाधन और
उदरपोषण तक
रह जाए
नाक की सीध
तब समझ लो
आदमी
नहीं रह गया है आदमी
बन गया है
गीध।
***
११-४-२०१४
***
मुक्तक
दोस्तों की आजमाइश क्यों करें?
मौत से पहले ही बोलो क्यों मरें..
नाम के ही हैं. मगर हैं साथ जो-
'सलिल' उनके बिन अकेले क्यों रहें?.
७-४-२०१०

शुक्रवार, 7 अप्रैल 2023

सोरठा, रेन, भुजंगप्रयात, ग़ज़ल, दोहा, समीक्षा, नदी काव्य, नवगीत, हिमकर श्याम, सुबोध श्री, पंकज मिश्र 'अटल', कुण्डलिया

सोरठे
जिनके कच्चे कान, उन्हें पकड़ कर खींचिए।
नानी आए याद, खूब मसलिए भींचिए।।
*
सलिल सम्हलकर बोल, बड़बोले नादान हैं।
खतरनाक वे मित्र, जिनके कच्चे कान हैं।।
*
बोला-गोला जान, लौट नहीं पाता कभी।।
जिनके कच्चे कान, करें भरोसा मत कभी।।
*
सोरठ दोहा
रैन भिगोए नैन, बैन न कटु कहती कभी।
कहती सो पा चैन, हो बेचैन न मनु सभी।।
रैन-रैनपति लग्न, तारागण बारात ले।
झूम-नाच मुद मग्न, मंत्र-वचन अंबर कहे।।
रैन न जाए जाग, लोरी उषा सुना रही।
तेरा अमर सुहाग, रवि लख आशीषे दिशा।।
शरत्पूर्णिमा रैन, लगे फिरंगन नार सी।
डूबे सागर नैन, मावस में हँस चंद्रमा।।
७-४-२०२३
***
मुक्तिका
आधार छंद/ वाचिक भुजंग प्रयात
मापनी 122 122 122 122
पदांत- हुए है
समांत - आए
*
सभी को खिलौना बनाए हुए है।
खुदी में खुदा को समाए हुए है।।

जिसे वोट लेना बताए हमें वो।
किए वायदे क्या निभाए हुए है।।

लिए हाथ में आइना देखता जो
खुदी पे खुदी को रिझाए हुए है।।

न कुर्सी, न सत्ता, न नेता, न दिल्ली।
हमें गाँव अपना लुभाए हुए है।।

सुनाती न दादी, न नानी कहानी।
सदी बचपना क्यों गँवाए हुए है।।

नहीं लोक की तंत्र में फ़िक्र बाकी।
करे जुल्म जुल्मी, छिपाए हुए है।।

नहीं बात जन की, करे बात मन की।
खुदी को खुदा खुद बनाए हुए है।।
७-४-२०२३
***
: साहित्य संस्कार : पुरुष विमर्श विशेषांक :
३० अप्रैल तक रचनाएँ आमंत्रित
जबलपुर। त्रैमासिक पत्रिका साहित्य संस्कार के पुरुष विमर्श विशेषांक हेतु हिंदी साहित्य की सभी विधाओं में स्तरीय रचनाएँ आमंत्रित है। रचनाएँ भेजने की अंतिम तिथि ३० अप्रैल २०२३ है। रचना पुरुष के अवदान, अनदेखी, उपेक्षा, शोषण आदि पहलू को केंद्र में रखकर हो। पत्रिका में गीत, नवगीत, क्षणिका, कविता, लघुकथा, निबंध, कहानी, लेख, लघुकथा तथा पुस्तक समीक्षा आदि प्रकाशित की जाती हैं। पुरुष अस्मिता पर संकट, उसके संरक्षण व संवर्धन हेतु किए जा रहे प्रयास व संघर्ष आदि का भी स्वागत है। रचनाओं के साथ मौलिक-अप्रकाशित होने का प्रमाणपत्र, रचनाकार का है रिजोल्यूशन चित्र, डाक का पता, ईमेल, चलभाष/वॉट्सऐप क्रमांक आदि ९४२५१८३२४४ पर वॉट्सऐप या salil.sanjiv@gmail.com पर ईमेल करिए।
***
दोहे
*
चेत सके चित् चैत में, साँस-साँस सत् साथ।
कहे हाथ से हाथ मिल, जिओ उठाकर माथ।।
*
हम नंदन वैशाख के, पके न; आया चैत।
द्वैत हृदय में बसाए, जिह्वा पर अद्वैत।।
*
महुआ महुआ के तले, मोहे गंध बिखेर।
ढाई आखर बाँचती, नैन मूँद अंधेर।।
*
चैती देख पलाश को, तन-मन रही निसार।
क्रुद्ध-तप्त सूरज जला, बरसाता अंगार।।
*
ज्यों की त्यों चादर धरी, हुए कबीरा खेत।
बन कमाल खलिहान ने, चादर धरी समेट।।
*
कल तक मालामाल थे, आज खेत कंगाल।
कल खाली खलिहान थे, अब हैं मालामाल।।
*
बूँद पसीने की गिरी, भू पर उपजी बाल।
देख फसल खलिहान में, मिहनत हुई निहाल।।
*
७-४-२०२२
***
नदी काव्य
*
स्वर्ण रेखा!
अब न हो निराश,
रही तट पर गूँज
आप आ गीता।
काश,
फिर मंगल
कर सके जंगल,
पा पुन: सीता।
अवध
और रजक
गँवा निष्ठा सत
मलिन कर सरयू
गँवा देते राम।
नदी मैया है
जमुन जल राधा,
काट भव बाधा
कान्ह को कर कृष्ण
युग बदलता है।
बीन कर कचरा
रोप पौधा एक
बना उसको वृक्ष
उगा फिर सूरज
हो न जो बीता।
सुन-सुना गीता।।
स्वर्ण रेखा = एक नदी
****
शब्दों की खोज*
*पागलपंती*
पागलपंती शब्द का उद्गम पागलपंथी संप्रदाय से हुआ है।
यह आंदोलन 1833 में अंग्रेज सेना की मदद से कुचला गया था। पागलपंथी आंदोलन करीम शाह और मुस्लिम फकीर मजनू शाह के अन्य शिष्यों द्वारा स्थापित किया गया था। मदारिया सूफी इस पंथ के नेता थे। 1813 में करीम शाह की मृत्यु के बाद, इसका नेतृत्व उनके बेटे टीपू शाह ने किया था। करीम शाह और टीपू शाह की माँ की पत्नी चांद बीबी ने भी समुदाय में एक प्रभावशाली स्थान हासिल किया, जिसे पीर-माता (संत-माता) के नाम से जाना जाता है।
(विकिपीडिया)
गोरखनाथ के बारह पंथ में पागलपंथी का उल्लेख मिलता है।
सत्यनाथी ,धर्मनाथी ,रामपंथी ,नाटेश्वरी, कन्हड़,कपिलानी, वैरागपंथी, माननाथी,आईपंथी, पागलपंथी,धजपंथी और गंगानाथी ।
कार्यशाला
कुंडलिया
*
मानव जब दानव बने, बढ़ता पापाचार ।
शरण राम की लीजिए, आएँ ले अवतार ।। -आशा शैली
आएँ ले अवतार, जगत की पीड़ा हरने
पापी प्रभु से जूझ, मरें भव सागर तरने
दुष्कर्मी थे मिला, विशेषण जिनको दानव
वर्ना थे वे हाड़-मांस के हम से मानव - संजीव
*
७-४-२०२०
***
कृति चर्चा:
युद्धरत हूँ मैं : जिजीविषा गुंजाती कविताएँ
*
(कृति विवरण: युद्घरत हूँ मैं, हिंदी गजल-काव्य-दोहा संग्रह, हिमकर श्याम, प्रथम संस्करण, २०१८, आईएसबीएन ९७८८१९३७१९०७७, आवरण बहुरंगी पेपरबैक, पृष्ठ २१२, मूल्य २७५रु., नवजागरण प्रकाशन, नई दिल्ली, कवि संपर्क बीच शांति एंक्लेव, मार्ग ४ ए, कुसुम विहार, मोराबादी, राँची ८३४००८, चलभाष ८६०३१७१७१०)
*
आदिकवि वाल्मीकि द्वारा मिथुनरत क्रौंच युगल के नर का व्याध द्वारा वध किए जाने पर क्रौंच के चीत्कार को सुनकर प्रथम काव्य रचना हो, नवजात शावक शिकारी द्वारा मारे जाने पर हिरणी के क्रंदन को सुनकर लिखी गई गजल हो, शैली की काव्य पंक्ति 'अवर स्वीटैस्ट सौंग्स आर दोस विच टैल अॉफ सैडेस्ट थॉट' या साहिर का गीत 'हैं सबसे मधुर वो गीत जिन्हें हम दर्द के सुर में गाते हैं' यह सुनिश्चित है कि करुणा और कविता का साथ चोली-दामन का सा है। दुनिया की कोई भी भाषा हो, कोई भी भू भाग हो आदमी की अनुभूति और अभिव्यक्ति समान होती है। पीड़ा, पीड़ा से मुक्ति की चेतना, प्रयास, संघर्ष करते मन को जब यह प्रतीति हो कि हर चुनौती, हर लड़ाई, हर कोशिश करते हुए अपने आप से 'युद्धरत हूँ मैं' तब कवि कविता ही नहीं करता, कविता को जीता है। तब उसकी कविता पिंगल और व्याकरण के मानक पर नहीं, जिंदगी के उतार-चढ़ाव पर बहती हुई नदी की उछलती-गिरती लहरों में निहित कलकल ध्वनि पर परखी जाती है।
हिमकर श्याम की कविता दिमाग से नहीं, दिल से निकलती है। जीवन के षट् राग (खटराग) में अंतर्निहित पंचतत्वों की तरह इस कृति की रचनाएँ कहनी हैं कुछ बातें मन की, युद्धरत हूँ मैं, आखिर कब तक?, झड़ता पारिजात तथा सबकी अपनी पीर पाँच अध्यायों में व्यवस्थित की गई हैं। शारदा वंदन की सनातन परंपरा के साथ बहुशिल्पीय गीति रचनाएँ अंतरंग भावनाओं से सराबोर है।
आरंभ में ३ से लेकर ६ पदीय अंतरों के गीत मन को बाँधते हैं-
सुख तो पल भर ही रहा, दुख से लंबी बात
खुशियाँ हैं खैरात सी, अनेकों की सौग़ात
उलझी-उलझी ज़िंदगी, जीना है दुश्वार
साँसों के धन पर चले जीवन का व्यापार
चादर जितनी हो बड़ी, उतनी ही औक़ात
व्यक्तिगत जीवन में कर्क रोग का आगमन और पुनरागमन झेल रहे हिमकर श्याम होते हुए भी शिव की तरह हलाहल का पान करते हुए भी शुभ की जयकार गुँजाते हैं-
दुखिया मन में मधु रस घोलो
शुभ-मंगल सब मिलकर बोलो
छंद नया है, राग नया है
होंठों पर फिर फाग नया है
सरगम के नव सुर पर डोलो
शूलों की सेज पर भी श्याम का कवि-पत्रकार देश और समाज की फ़िक्र जी रहा है।
मँहगा अब एतबार हो गया
घर-घर ही बाजार हो गया
मेरी तो पहचान मिट गई
कल का मैं अखबार हो गया
विरासत में अरबी-फारसी मिश्रित हिंदी की शब्द संपदा मसिजीवी कायस्थ परिवारों की वैशिष्ट्य है। हिमकर ने इस विरासत को बखूबी तराशा-सँभाला है। वे नुक़्तों, विराम चिन्हों और संयोजक चिन्ह का प्रयोग करते हैं।
'युद्धरत हूँ मैं' में उनके जिजीविषाजयी जीवन संघर्ष की झलक है किंतु तब भी कातरता, भय या शिकायत के स्थान पर परिचर्चा में जुटी माँ, पिता और मामा की चिंता कवि के फौलादी मनोबल की परिचायक है। जिद्दी सी धुन, काला सूरज, उपचारिकाएँ, किस्तों की ज़िंदगी, युद्धरत हूँ मैं, विष पुरुष, शेष है स्वप्न, दर्द जब लहराए आदि कविताएँ दर्द से मर्द के संघर्ष की महागाथाएँ हैं। तन-मन के संघर्ष को धनाभाव जितना हो सकता है, बढ़ाता है तथापि हिमकर के संकल्प को डिगा नहीं पाता। हिमकर का लोकहितैषी पत्रकार ईसा की तरह व्यक्तिगत पीड़ा को जीते हुए भी देश की चिंता को जीता है। सत्ता, सुख और समृद्धि के लिए लड़े-मरे जा रहे नेताओं, अफसरों और सेठों के हिमकर की कविताओं के पढ़कर मनुष्य होना सीखना चाहिए।
दम तोड़ती इस लोकतांत्रिक
व्यवस्था के असंख्य
कलियुगी रावणों का हम
दहन करना भी चाहें तो
आखिर कब तक
*
तोड़ेंगे हम चुप्पी
और उठा सकेंगे
आवाज़
सर्वव्यापी अन्याय के ख़िलाफ़
लड़ सकेंगे तमाम
खौफ़नाक वारदातों से
और अपने इस
निरर्थक अस्तित्व को
कोई अर्थ दे सकेंगे हम।
*
खूब शोर है विकास का
जंगल, नदी, पहाड़ की
कौन सुन रहा चीत्कार
अनसुनी आराधना
कैसी विडंबना
बिखरी सामूहिक चेतना
*
यह गाथा है अंतहीन संघर्षों की
घायल उम्मीदों की
अधिकारों की है लड़ाई
वजूद की है जद्दोजहद
समय के सत्य को जीते हुए, जिंदगी का हलाहल पीते हुए हिमकर श्याम की युगीन चिंताओं का साक्षी दोहा बना है।
सरकारें चलती रहीं, मैकाले की चाल
हिंदी अपने देश में, अवहेलित बदहाल
कैसा यह उन्माद है, सर पर चढ़ा जुनून
खुद ही मुंसिफ तोड़ते, बना-बना कानून
चाक घुमाकर हाथ से, गढ़े रूप आकार
समय चक्र धीमा हुआ, है कुम्हार लाचार
मूर्ख बनाकर लोक को, मौज करे ये तंत्र
धोखा झूठ फरेब छल, नेताओं के मंत्र
विश्ववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर द्वारा प्रकाशित सहयोगाधारित दोहा शतक मंजूषा के भाग २ 'दोहा सलिला निर्मला' में सम्मिलित होने के लिए मुझसे दोहा लेखन सीखकर श्याम ने मुझे गत ५ दशकों की शब्द साधना का पुरस्कार दिया है। सामान्यतः लोग सुख को एकाकी भोगते और दुख को बाँटते हैं किंतु श्याम अपवाद है। उसने नैकट्य के बावजूद अपने दर्द और संघर्ष को छिपाए रखा।इस कृति को पढ़ने पर ही मुझे विद्यार्थी श्याम में छिपे महामानव के जीवट की अनुभूति हुई।
इस एक संकलन में वस्तुत: तीन संकलनों की सामग्री समाविष्ट है। अशोक प्रियदर्शी ने ठीक ही कहा है कि श्याम की रचनाओं में विचार की एकतानता तथा कसावट है और कथन भंगिमा भी प्रवाही है। कोयलांचल ही नहीं देश के लब्धप्रतिष्ठ साहित्यकार हरेराम त्रिपाठी 'चेतन' के अनुसार 'रचनाकार अपनी सशक्त रचनाओं से अपने पूर्व की रचनाओं के मापदंडों को झाड़ता और उससे आगे की यात्रा को अधिक जिग्यासा पूर्ण बनाकर तने हुए सामाजिक तंतुओं में अधिक लचीलापन लाता है। मानव-मन की जटिलताओं के गझिन धागों को एक नया आकार देता है।'
इन रचनाओं से गुजरने हुए बार-बार यह अनुभूति होना कि किसी और को नहीं अपने आपको पढ़ रहा हूँ, अपने ही अनजाने मैं को पहचानने की दिशा में बढ़ रहा हूँ और शब्दों की माटी से समय की इबारत गढ़ रहा हूँ। मैं श्याम की जिजीविषा, जीवट, हिंदी प्रेम और रचनाधर्मिता को नमन करता हूँ।
हर हिंदी प्रेमी और सहृदय इंसान श्याम को जीवन संघर्ष का सहभागी और जीवट का साक्षी बन सकता है इस कृति को खरीद-पढ़कर। मैं श्याम के स्वस्थ्य शतायु जीवन की कामना करता हुए आगामी कृतियों की प्रतीक्षा करता हूँ।
७-४-२०१९
***
षट्पदी
बीस साल में जेल है, दो दिन में है बेल.
पकड़ो-छोडो में हुआ, चोर-पुलिस का खेल.
चोर-पुलिस का खेल, पंगु है न्याय व्यवस्था,
लाभ मिले शक का, सुधरे किस तरह अवस्था?
कहे सलिल कविराय, छूटता है क्यों रईस?
मारे-कुचले फिर भी नायक?, हाय! यही है टीस
**
***
पुस्तक सलिला-
‘सरहदें’ कवि कलम की चाह ले कर सर हदें
[पुस्तक परिचय- सरहदें, ISBN 978.93.83969.72.2, कविता संग्रह, सुबोध श्रीवास्तव, प्रथम संस्करण २०१६, आकार २१. ५ से.मी. x १४ से.मी., आवरण बहुरंगी पेपरबैक लेमिनेटेड, मूल्य १२० रु., अंजुमन प्रकाशन, ९४२ आर्य कन्या चैराहा, मुटठीगंज, इलाहाबाद २११००३, ९४५३००४३९८, anjumanprakashan@gmail.com , कवि संपर्कः माॅडर्न विला, १०/५१८ खलासी लाइंस, कानपुर २०८००१, चलभाष ०९३०५५४०७४५, subodh158@gmail.com ।]
0
मूल्यों के अवमूल्यन, नैतिकता के क्षरण तथा संबंधों के हनन को दिनानुदिन सशक्त करती तथाकथित आधुनिक जीवनशैली विसंगतियों और विडंबनाओं के पिंजरे में आदमी को दम तोड़ने के लिये विवश कर रही है। कवि-पत्रकार सुबोध श्रीवास्तव की कविताएॅं बौद्धिक विलास नहीं, पारिस्थितिक जड़ता की चट्टान को तोड़ने में जुटी छेनी की तरह हैं। आम आदमी अवश्वास और निजता की हदों में कैद होकर घुट रहा है। सुबोध जी की कविताएॅं ऐसी हदों को सर करने की कोशिश से उपजी हैं। कवि सुबोध का पत्रकांर उन्हें वायवी कल्पनाओं से दूरकर जमीनी सामाजिकता सम जोड़ता है। उनकी कविताएॅं अनुभूत की सहज-सरल अभिव्यक्ति करती हैं। वर्तमान नकारात्मक पत्रकारिता के समय में एक पत्रकांर को उसका कवि आशावादी बनाता है।
सब कुछ खत्म/नहीं होता
सब कुछ/खत्म हो जाने के बाद भी
बाकी रह जाता है/कहीं कुछ
फिर सृजन को।
हाॅं, एक कतरा उम्मीद भी/खड़ी कर सकती है
हौसले और विष्वास की/बुलंद इमारत।
अपने नाम के अनुरूप् सुबोध ने कविताओं को सहज बोधगम्य रखा है। वे आतंक के सरपरस्तों को न तो मच्छर के दहाडने की तरह नकली चुनौती देते हैं, न उनके भय से नतमस्तक होते हैं अपितु उनकी साक्षात शांति की शक्ति और हिंसा की निस्सारिता से कराते हैं-
तुम्हें/भले ही भाती हो
अपने खेतों में खड़ी/बंदूकों की फसल
लेकिन-/मुझे आनंदित करती है
पीली-पीली सरसों/और/दूर तक लहलहाती
गेहूॅं की बालियों से उपजता/संगीत।
तुम्हारे बच्चों को/शायद
लोरियों सा सुख भी देती होगी
गोलियों की तड़तड़ाहट/लेकिन/सुनो
कभी खाली पेट नहीं भरा करती
बंदूकें/सिर्फ कोख उजाड़ती हैं।
सुबोध की कविताएॅं आलंकारिकता का बहिष्कार नहीं करतीं, नकारती भी नहीं पर सुरुचिपूर्ण तरीके कथ्य और भाषा की आवश्यकता के संप्रेषण को अधिक प्रभावी बनाने के लिये उपकरण की तरह अनुरूप उपयोग करती हैं।
उसके बाद/फिर कभी नहीं मिले/हम-तुम
लेकिन/मेरी जि़ंदगी को/महका रही है
अब तक/खुशबू/तेरी याद की
क्योकि/यहाॅं नहीं है/कोई सरहद।
‘अहसास’ शीर्षक अनुभाग में संकलित प्रेमपरक रचनाएॅं लिजलिजेपन से मुक्त और यथार्थ के समीप हैं।
आॅंगन में/जरा सी धूप खिली
मुंडेर पे बैठी/ चिडि़या ने/फुदककर
पंखों में छिपा मुॅंह/बाहर निकाला
और/चहचहाई/तो यूॅं लगा/कि तुम आ गये।
कवि मानव मन की गहराई से पड़ताल कर, कड़वे सच को भी सहजता और अपनेपन से कह पाता है-
जितना/खौफनाक लगता है/सन्नाटा
उससे भी कहीं ज्यादा/डर पैदा करता है
कोई/खामोश आदमी।
दोनों ही स्थितियाॅं/तकरीबन एक सी हैं
फर्क सिर्फ इतना है कि/सन्नाटा/टूटता है तो
फिर पहले जैसा हो जाता है/माहौल/लेकिन
चुप्पी टूटने पे/अक्सर/बदला-बदला सा
नज़र आता है/आदमी।
संग्रह के आकर्षण में डाॅ. रेखा निगम, अजामिल तथा अशोक शुक्ल 'अंकुश' के चित्रों ने वृद्धि की है। प्रतिष्ठित कलमकार दिविक रमेश जी की भूमिका सोने में सुहागे की तरह है।
000
रसानंद दे छंद नर्मदा २४: ६-४-२०१६
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
दोहा, सोरठा, रोला, आल्हा, सार, ताटंक, रूपमाला (मदन), चौपाई, हरिगीतिका, उल्लाला,गीतिका,घनाक्षरी, बरवै, त्रिभंगी, सरसी, छप्पय तथा भुजंगप्रयात छंदों से साक्षात के पश्चात् अब मिलिए कुण्डलिनी छंद से.
कुण्डलिनी का वृत्त है दोहा-रोला युग्म
*
कुण्डलिनी हिंदी के कालजयी और लोकप्रिय छंदों में अग्रगण्य है। एक दोहा (दो पंक्तियाँ, १३-११ पर यति, विषम चरण के आदि में जगण वर्जित, सम चरणान्त गुरु-लघु या लघु- लघु-लघु) तथा एक रोला (चार पंक्तियाँ, ११-१३यति, विषम चरणान्त गुरु-लघु या लघु- लघु-लघु, सम चरण के आदि में जगण वर्जित,सम चरण के अंत में २ गुरु, लघु-लघु-गुरु, या ४ लघु) मिलकर षट्पदिक (छ: पंक्ति) कुण्डलिनी छंद को आकार देते हैं। दोहा और रोला की ही तरह कुण्डलिनी भी अर्ध सम मात्रिक छंद है। दोहा का अंतिम या चौथा चरण रोला प्रथम चरण बनाकर दोहराया जाता है। दोहा का प्रारंभिक शब्द, शब्द-समूह या शब्दांश रोला का अंतिम शब्द, शब्द-समूह या शब्दांश होता है। प्रारंभिक और अंतिम शब्द, शब्द-समूह या शब्दांश की समान आवृत्ति से ऐसा प्रतीत होता है मानो जहाँ से आरम्भ किया वही लौट आये, इस तरह शब्दों के एक वर्तुल या वृत्त की प्रतीति होती है। सर्प जब कुंडली मारकर बैठता है तो उसकी पूँछ का सिरा जहाँ होता है वहीं से वह फन उठाकर चतुर्दिक देखता है।
१. कुण्डलिनी छंद ६ पंक्तियों का छंद है जिसमें एक दोहा और एक रोला छंद होते हैं।
२. दोहा का अंतिम चरण रोला का प्रथम चरण होता है।
३. दोहा का आरंभिक शब्द, शब्दांश, शब्द समूह या पूरा चरण रोला के अंत में प्रयुक्त होता है।
४. दोहा तथा रोला अर्ध सम मात्रिक छंदहैं अर्थात इनके आधे-आधे हिस्सों में समान मात्राएँ होती हैं।
अ. दोहा में २ पंक्तियाँ होती हैं, प्रत्येक के २ चरणों में १३+११=२४ मात्राएँ होती हैं. दोनों पंक्तियों में विषम (पहले, तीसरे) चरण में १३ मात्राएँ तथा सम (दूसरे, चौथे) चरण में ११ मात्राएँ होती हैं।
आ. दोहा के विषम चरण के आदि में जगण (जभान, लघुगुरुलघु जैसे अनाथ) वर्जित होता है। शुभ शब्द जैसे विराट अथवा दो शब्दों में जगण जैसे रमा रमण वर्जित नहीं होते।
इ. दोहा के विषम चरण का अंत रगण (राजभा गुरुलघुगुरु जैसे भारती) या नगण (नसल लघुलघुलघु जैसे सलिल) से होना चाहिए।
ई. दोहा के सम चरण के अंत में गुरुलघु (जैसे ईश) होना आवश्यक है।
उ. दोहा के लघु-गुरु मात्राओं की संख्या के आधार पर २३ प्रकार होते हैं।
उदाहरण: समय-समय की बात है, समय-समय का फेर।
जहाँ देर है वहीं है, सच मानो अंधेर।।
५. रोला भी अर्ध सम मात्रिक छंद है अर्थात इसके आधे-आधे हिस्सों में समान मात्राएँ होती हैं।
क. रोला में ४ पंक्तियाँ होती हैं, प्रत्येक के २ चरणों में ११+१३=२४ मात्राएँ होती हैं। दोनों पंक्तियों में विषम (पहले, तीसरे, पाँचवे, सातवें) चरण में ११ मात्राएँ तथा सम (दूसरे, चौथे, छठवें, आठवें) चरण में १३ मात्राएँ होती हैं।
का. रोला के विषम चरण के अंत में गुरुलघु (जैसे ईश) होना आवश्यक है।
कि. रोला के सम चरण के आदि में जगण (जभान, लघुगुरुलघु जैसे अनाथ) वर्जित होता है। शुभ शब्द जैसे विराट अथवा दो शब्दों में जगण जैसे रमा रमण वर्जित नहीं होते।
की. रोला के सम चरण का अंत रगण (राजभा गुरुलघुगुरु जैसे भारती) या नगण (नसल लघुलघुलघु जैसे सलिल) से होना चाहिए।
उदाहरण: सच मानो अंधेर, मचा संसद में हुल्लड़।
हर सांसद को भाँग, पिला दो भर-भर कुल्हड़।।
भाँग चढ़े मतभेद, दूर हो करें न संशय।
नाचें गायें झूम, सियासत भूल हर समय।।
६. कुण्डलिनी:
समय-समय की बात है, समय-समय का फेर
जहाँ देर है वहीं है, सच मानो अंधेर
सच मानो अंधेर, मचा संसद में हुल्लड़
हर सांसद को भाँग, पिला दो भर-भर कुल्हड़
भाँग चढ़े मतभेद, दूर हो करें न संशय
नाचें गायें झूम, सियासत भूल हर समय
कुण्डलिया है जादुई, छन्द श्रेष्ठ श्रीमान।
दोहा रोला का मिलन, इसकी है पहिचान।।
इसकी है पहिचान, मानते साहित सर्जक।
आदि-अंत सम-शब्द, साथ बनता ये सार्थक।।
लल्ला चाहे और, चाहती इसको ललिया।
सब का है सिरमौर छन्द, प्यारे, कुण्डलिया।। - नवीन चतुर्वेदी
कुण्डलिया छन्द का विधान उदाहरण सहित
कुण्डलिया है जादुई
२११२ २ २१२ = १३ मात्रा / अंत में लघु गुरु के साथ यति
छन्द श्रेष्ठ श्रीमान।
२१ २१ २२१ = ११ मात्रा / अंत में गुरु लघु
दोहा रोला का मिलन
२२ २२ २ १११ = १३ मात्रा / अंत में लघु लघु लघु [प्रभाव लघु गुरु] के साथ यति
इसकी है पहिचान।।
११२ २ ११२१ = ११ मात्रा / अंत में गुरु लघु
इसकी है पहिचान,
११२ २ ११२१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति
मानते साहित सर्जक।
२१२ २११ २११ = १३ मात्रा
आदि-अंत सम-शब्द,
२१ २१ ११ २१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति
साथ, बनता ये सार्थक।।
२१ ११२ २ २११ = १३ मात्रा
लल्ला चाहे और
२२ २२ २१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति
चाहती इसको ललिया।
२१२ ११२ ११२ = १३ मात्रा
सब का है सिरमौर
११ २ २ ११२१ = ११ मात्रा / अंत में लघु के साथ यति
छन्द प्यारे कुण्डलिया।।
२१ २२ २११२ = १३ मात्रा
उदाहरण -
०१. भारत मेरी जान है, इस पर मुझको नाज़।
नहीं रहा बिल्कुल मगर, यह कल जैसा आज।।
यह कल जैसा आज, गुमी सोने की चिड़िया।
बहता था घी-दूध, आज सूखी हर नदिया।।
करदी भ्रष्टाचार- तंत्र ने, इसकी दुर्गत।
पहले जैसा आज, कहाँ है? मेरा भारत।। - राजेंद्र स्वर्णकार
०२. भारत माता की सुनो, महिमा अपरम्पार ।
इसके आँचल से बहे, गंग जमुन की धार ।।
गंग जमुन की धार, अचल नगराज हिमाला ।
मंदिर मस्जिद संग, खड़े गुरुद्वार शिवाला ।।
विश्वविजेता जान, सकल जन जन की ताकत ।
अभिनंदन कर आज, धन्य है अनुपम भारत ।। - महेंद्र वर्मा
०३. भारत के गुण गाइए, मतभेदों को भूल।
फूलों सम मुस्काइये, तज भेदों के शूल।।
तज भेदों के, शूल / अनवरत, रहें सृजनरत।
मिलें अँगुलिका, बनें / मुष्टिका, दुश्मन गारत।।
तरसें लेनें. जन्म / देवता, विमल विनयरत।
'सलिल' पखारे, पग नित पूजे, माता भारत।।
(यहाँ अंतिम पंक्ति में ११ -१३ का विभाजन 'नित' ले मध्य में है अर्थात 'सलिल' पखारे पग नि/त पूजे, माता भारत में यति एक शब्द के मध्य में है यह एक काव्य दोष है और इसे नहीं होना चाहिए। 'सलिल' पखारे चरण करने पर यति और शब्द एक स्थान पर होते हैं, अंतिम चरण 'पूज नित माता भारत' करने से दोष का परिमार्जन होता है।)
०४. कंप्यूटर कलिकाल का, यंत्र बहुत मतिमान।
इसका लोहा मानते, कोटि-कोटि विद्वान।।
कोटि-कोटि विद्वान, कहें- मानव किंचित डर।
तुझे बना ले, दास अगर हो, हावी तुझ पर।।
जीव श्रेष्ठ, निर्जीव हेय, सच है यह अंतर।
'सलिल' न मानव से बेहतर कोई कंप्यूटर।।
('सलिल' न मानव से बेहतर कोई कंप्यूटर' यहाँ 'बेहतर' पढ़ने पर अंतिम पंक्ति में २४ के स्थान पर २५ मात्राएँ हो रही हैं। उर्दूवाले 'बेहतर' या 'बिहतर' पढ़कर यह दोष दूर हुआ मानते हैं किन्तु हिंदी में इसकी अनुमति नहीं है। यहाँ एक दोष और है, ११ वीं-१२ वीं मात्रा है 'बे' है जिसे विभाजित नहीं किया जा सकता। 'सलिल' न बेहतर मानव से' करने पर अक्षर-विभाजन से बच सकते हैं पर 'मानव' को 'मा' और 'नव' में तोड़ना होगा, यह भी निर्दोष नहीं है। 'मानव से अच्छा न, 'सलिल' कोई कंप्यूटर' करने पर पंक्ति दोषमुक्त होती है।)
०५. सुंदरियाँ घातक 'सलिल', पल में लें दिल जीत।
घायल करें कटाक्ष से, जब बनतीं मन-मीत।।
जब बनतीं मन-मीत, मिटे अंतर से अंतर।
बिछुड़ें तो अवढरदानी भी हों प्रलयंकर।।
असुर-ससुर तज सुर पर ही रीझें किन्नरियाँ।
नीर-क्षीर बन, जीवन पूर्ण करें सुंदरियाँ।।
(इस कुण्डलिनी की हर पंक्ति में २४ मात्राएँ हैं। इसलिए पढ़ने पर यह निर्दोष प्रतीत हो सकती है। किंतु यति स्थान की शुद्धता के लिये अंतिम ३ पंक्तियों को सुधारना होगा।
'अवढरदानी बिछुड़ / हो गये थे प्रलयंकर', 'रीझें सुर पर असुर / ससुर तजकर किन्नरियाँ', 'नीर-क्षीर बन करें / पूर्ण जीवन सुंदरियाँ' करने पर छंद दोष मुक्त हो सकता है।)
०६. गुन के गाहक सहस नर, बिन गन लहै न कोय।
जैसे कागा-कोकिला, शब्द सुनै सब कोय।।
शब्द सुनै सब कोय, कोकिला सबै सुहावन।
दोऊ को इक रंग, काग सब लगै अपावन।।
कह 'गिरधर कविराय', सुनो हे ठाकुर! मन के।
बिन गुन लहै न कोय, सहस नर गाहक गुन के।। - गिरधर
कुण्डलिनी छंद का सर्वाधिक और निपुणता से प्रयोग करनेवाले गिरधर कवि ने यहाँ आरम्भ के अक्षर, शब्द या शब्द समूह का प्रयोग अंत में ज्यों का त्यों न कर, प्रथम चरण के शब्दों को आगे-पीछे कर प्रयोग किया है। ऐसा करने के लिये भाषा और छंद पर अधिकार चाहिए।
०७. हे माँ! हेमा है कुशल, खाकर थोड़ी चोट
बच्ची हुई दिवंगता, थी इलाज में खोट
थी इलाज में खोट, यही अच्छे दिन आये
अभिनेता हैं खास, आम जन हुए पराये
सहकर पीड़ा-दर्द, जनता करती है क्षमा?
समझें व्यथा-कथा, आम जन का कुछ हेमा
यहाँ प्रथम चरण का एक शब्द अंत में है किन्तु वह प्रथम शब्द नहीं है।
०८. दल का दलदल ख़त्म कर, चुनिए अच्छे लोग।
जिन्हें न पद का लोभ हो, साध्य न केवल भोग।।
साध्य न केवल भोग, लक्ष्य जन सेवा करना।
करें देश-निर्माण, पंथ ही केवल वरना।।
कहे 'सलिल' कवि करें, योग्यता को मत ओझल।
आरक्षण कर ख़त्म, योग्यता ही हो संबल।।
यहाँ आरम्भ के शब्द 'दल' का समतुकांती शब्द 'संबल' अंत में है। प्रयोग मान्य हो या न हो, विचार करें।
०९. हैं ऊँची दूकान में, यदि फीके पकवान।
जिसे- देख आश्चर्य हो, वह सचमुच नादान।।
वह सचमुच नादान, न फल या छाँह मिलेगी।
ऊँचा पेड़ खजूर, व्यर्थ- ना दाल गलेगी।।
कहे 'सलिल' कविराय, दूर हो ऊँचाई से।
ऊँचाई दिख सके, सदा ही नीचाई से।।
यहाँ प्रथम शब्द 'है' तथा अंत में प्रयुक्त शब्द 'से' दोनों गुरु हैं। प्रथम दृष्टया भिन्न प्रतीत होने पर भी दोनों के उच्चारण में लगनेवाला समय समान होने से छंद निर्दोष है।
***

***
नवगीत-
*
एसिड की
शीशी पर क्यों हो
नाम किसी का?
*
अल्हड, कमसिन, सपनों को
आकार मिल रहा।
अरमानों का कमल
यत्न-तालाब खिल रहा।
दिल को भायी कली
भ्रमर गुंजार करे पर-
मौसम को खिलना-हँसना
क्यों व्यर्थ खल रहा?
तेज़ाबी बारिश की जिसने
पात्र मौत का-
एसिड की
शीशी पर क्यों हो
नाम किसी का?
*
व्यक्त असहमति करना
क्या अधिकार नहीं है?
जबरन मनमानी क्या
पापाचार नहीं है?
एसिड-अपराधी को
एसिड से नहला दो-
निरपराध की पीर
तनिक स्वीकार नहीं है।
क्यों न किया अहसास-
पीड़ितों की पीड़ा का?
एसिड की
शीशी पर क्यों हो
नाम किसी का?
*
अपराधों से नहीं,
आयु का लेना-देना।
नहीं साधना स्वार्थ,
सियासत-नाव न खेना।
दया नहीं सहयोग
सतत हो, सबल बनाकर-
दण्ड करे निर्धारित
पीड़ित जन की सेना।
बंद कीजिए नाटक
खबरों की क्रीड़ा का
एसिड की
शीशी पर क्यों हो
नाम किसी का?
***
पुस्तक सलिला-
‘‘बोलना सख्त मना है’’ नवगीत की विसंगतिप्रधान भावमुद्रा
[पुस्तक परिचय- बोलना सख्त मना है, ISBN 978-93-85942-09-9, नवगीत संग्रह, पंकज मिश्र ‘अटल’,वर्ष २०१६, आकार २०.५ से.मी. x ७.५ से.मी., आवरण बहुरंगी पेपरबैक लेमिनेटेड, मूल्य १०० रु., बोधि प्रकाशन एफ ७७ ए सेक्टर ९, मार्ग ११, करतारपुरा औद्योगिक क्षेत्र, बाईस गोदाम, जयपुर ३०२००६, ०१४१ २५०३९८९, bodhiprakashan@gmail.com, कवि संपर्क सृजन, कुमरा गली, रोशनगंज, शाहजहाॅंपुर २४१००१, चलभाष 99366031136 ।]
0
साहित्य को सशक्त हथियार और पारंपरिकता को तोड़ने व वैचारिक क्रांति करने का उद्देश्य मात्र माननेवाले रचनाकार पंकज मिश्र की इस नवगीत संग्रह से पूर्व दो पुस्तकें ‘चेहरों के पार’ तथा ‘नए समर के लिये’ प्रकाशित हो चुकी र्हैं। विवेच्य संकलन की भूमिका में नवगीतकार अपनी वैचारिक प्रतिबद्वता से अवगत कराकर पाठक को रचनाओं में अंतप्र्रवहित भावों का पूर्वाभास करा देता है। उसके अनुसार ‘‘माध्यम महत्वपूर्ण तो है, पर उतना नहीं जितना कि वह विचार, लक्ष्य या मंतव्य जो समाज को चैतन्यता से पूर्ण कर दे, उसे जागृत कर दे और सकारात्मकता के साथ आगे पढ़ने को बाध्य कर दे। मैंने अपने नवगीतों में अपने आस-पास जो घटित हो रहा है, जो मैं महसूस कर रहा हूॅं और जो भोग रहा हूॅं, उस भोगे हुए यथार्थ को कथ्य रूप में अभिव्यक्ति प्रदान की है।’’ इसका अर्थ यह हुआ कि रचनाकार केवल भोगे हुए को अभिव्यक्ति दे सकता है, अनुभूत को नहीं। तब किसी अनपढ, किसी शोषित़ के दर्द की अभ्व्यिक्ति कोई पढ़ा-लिखा यंा अशोषित कैसे कर सकतंा है? तब कोई स्त्रीए पुरुष की, कोई प्रेमचंद किसी धीसू या जालपा की बात नहीं कह सकेगा क्योंकि उसने वह भोगा नहीं, देखा मात्र है। यह सोच एकांगी ही नहीं गलत भी है। वस्तुतः अभिव्यक्त करने के लिये भोगना जरूरी नहीं, अनुभूति को भी अभिव्यक्त किया जा सकता है। अतः भोगे हुए यथार्थ कथ्य रूप में अभिव्यक्त करने का दावा अतिशयोक्ति ही हो सकता है।
कवि के अनुसार उसके आस-पास वर्जनाएॅं, मूल्य नहीं मूल्यों की चर्चाएॅं, खोखलेपन और दंभ को पूर्णता मान भटकती-बिखरती पीढ़ी, तिक्त-चुभते संवाद और कथन, खीझ और बासीपन, अति तार्किकता, दम तोड़ती भावनाएॅं, खुद को खोती-चुकती अवसाद धिरी भीड़ है और इसी को से जन्मे हैं उसके नवगीत। यह वक्तव्य कुछ सवाल खड़े करता है. क्या समाज में केवल नकारात्मकता ही है, कुछ भी-कहीं भी सकारात्मक नहीं है? इस विचार से सहमति संभव नहीं क्योंकि समाज में बहुत कुछ अच्छा भी होता है। यह अच्छा नवगीत का विषय क्यों नहीं होे सकता? किसी एक का आकलन सब के लिये बाध्यता कैसे हो सकता है? कभी एक का शुभ अन्य के लिये अशुभ हो सकता है तब रचनाकार किसी फिल्मकार की तरह एक या दोनों पक्षों की अनुभूतियों को विविध पात्रों के माध्यम से व्यक्त कर सकता है।
कवि की अपेक्षा है कि उसके नवगीत वैचारिक क्रांति के संवाहक बनें। क्रांति का जन्म बदलाव की कामना से होता है, क्रांति को ताकत त्याग-बलिदान-अनुशासन से मिलती है। क्रांति की मशाल आपसी भरोसे से रौशन होती है किंतु इन सबकी कोई जगह इन नवगीतों में नहीं है। गीत से जन्में नवगीत में शिल्प की दृष्टि से मुखड़ा-अंतरा, अंतरों में सामान्यतः समान पंक्ति संख्या और पदभार, हर अंतरे के बाद मुखड़े के समान पदभार व समान तुक की पंक्तियाॅं होती हैं। अटल जी ने इस शिल्पानुशासन से रचनाओं को गति-यति युक्त कर गेय बनाया है। हिंदी में स्नातकोत्तर कवि अभिव्यक्ति सामथ्र्य का धनी है। उसका शब्द-भंडार समृद्ध है। कवि का अवचेतन अपने परिवेश में प्रचलित शब्दों को बिना किसी पूर्वाग्रह के ग्रहण करता है इसलिए भाषा जीवंत है। भाषा को प्राणवान बनाने के लिये कवि गुंफित, तिक्त, जलजात, कबंध, यंत्रवत, वाष्प, वीथिकाएॅं जैसे संस्क्रतनिष्ठ शब्द, दुआरों, सॅंझवाती, आखर आदि देशज शब्द, हाकिम, जि़ंदगी, बदहवास, माफिक, कुबूल, उसूल जैसे उर्दू शब्द तथा फुटपाथ, कल्चर, पेपरवेट, पेटेंट, पिच, क्लासिक, शोपीस आदि अंग्रेजी शब्द यथास्थान स्वाभाविकता के साथ प्रयोग करता है। अहिंदी शब्दों का प्रयोग करतें समय कवि सजगतापूर्वक उन्हें हिंदी शब्दों की तरह वापरता है। पेपरों तथा दस्तावेजों जैसे शब्दरूप सहजता से प्रयोग किये गये हैं।
हिंदी मातृभाषा होने के कांरण कवि की सजगता हटी और त्रुटि हुई। शीष, क्षितज जैसी मुद्रण त्रुटियाॅं तथा अनुनासिक तथा अनुस्वार के प्रयोग में त्रुटि खटकती है। संदर्भ का उच्चारण सन्दर्भ है तो हॅंसकर को अहिंदीभाषी हन्सकर पढ़कर हॅंसी का पात्र बन जाएगा। हॅंस और हंस का अंतर मिट जाना दुखद है। इसी तरह बहुवचन शब्दों में कहीं ‘एॅं’ का प्रयोग है, कहीं ‘यें’ का देखें ‘सभ्यताएॅं’और ‘प्रतिमायें’। कवि ने गणित से संबंधित शब्दों का प्रयौग किया है। ये प्रयोग अभिव्यक्ति को विशिष्ट बनाते हैं किंतु सटीकता भी चाहते हैं। ‘अपनापन /घिर चुका आज / फिर से त्रिज्याओं में’ के संबंध में तथ्य यह है कि त्रिज्या वृत के केंद्र से परिधि तक सीधी लकीर होती है, त्रिज्याएॅं चाप के बिना किसी को घेर नहीे सकतीं। ‘बन चुकी है /परिधि सारी /विवशतायें’, गूॅंगी /चुप्पी में लिपटी /सारी त्रिज्याएॅं हैं’, घुट-घुटकर जीता है नगरीय भूगोल, बढ़ने और घटनें में ही घुटती सीमाएॅं है, रेखाएॅं /घुलकर क्यों /तिरता प्रतिबिंब बनीं?’, ‘धुॅंधलाए /फलकों पर/आधा ही बिंब बनीं’, ‘आकांश बनने /में ही उनके/कट गए डैने’, ‘ड्योढि़याॅं/हॅंसती हैं/आॅंगन को’, इतिहास के /सीने पे सिल/बोते रहे’, ‘लड़ रहीं/लहरें शिलाओं से’, लिपटकर/हॅंसती हवाओं से’, ‘एक बौना/सा नया/सूरज उगाते हम’जैसे प्रयोग ध्यान आकर्षित करते हैं किंतु अधिक सजगता भी चाहते हैं।
अटल जी के ये नवगीत पारंपरिक कथ्य को तोड़ते और बहुत कुछ जोड़ते हैं। वैचारिक प्रतिबद्धता पर सहज अनुभूतिजन्य अभिव्यक्ति को वरीयता होने पर रस औ भाव पक्ष गीत को अधिक प्रभावी होंगे। यह संकलन अटल जी से और अधिक की आशा जगाता है। नवगीतप्रेमी इसे पढ़कर आनंदित होगे। सुरुचिपूर्ण आवरण, मुद्रण तथा उपयुक्त मूल्य के प्रति प्रकाशक का सजग होना स्वागतेय है।
७-४-२०१६


***

मुक्तक:


.
मान किया, अभिमान किया, अपमान किया- हरि थे मुस्काते
सौंवी न हो गलती यह भी प्रभु आप ही आप रहे चेताते
काल चढ़ा सिर पर न रुका, तब चक्र सुदर्शन कृष्ण चलाते
शीश कटा भू लोट रहा था, प्राण गए हरि में ही समाते
***
मुक्तिका:

.
गैर से हमको क्यों गिला होगा?
आइना सामने मिला होगा
झील सी आँख जब भरी होगी
कोई उसमें कमल खिला होगा
गर हकीकत न बोल पायी तो
होंठ उसने दबा-सिला होगा
कब तलक चैट से मिलेगा वह
क्या कभी खत्म सिलसिला होगा
हाय! ऐसे न मुस्कुराओ तुम
ढह गया दिल का हर किला होगा
झोपड़ी खाट धनुष या लाठी
जब बनी बाँस ही छिला होगा
काँप जाते हैं कलश महलों के
नीव पत्थर कोई हिला होगा
***
मुक्तिका:
.
पल में न दिल में दिल को बसाने की बात कर
जो निभ सके वो नाता निभाने की बात कर
मुझको तो आजमा लिया, लूँ मैं भी आजमा
तू अब न मुझसे पीछा छुड़ाने की बात कर
आना है मुश्किलात को आने भी दे ज़रा
आ जाए तो महफिल से न जाने की बात कर
बचना 'सलिल' वो चाहता मिलना तुझे गले
पड़ जाए जो गले तो भुलाने की बात कर
बेचारगी और तीरगी से हारना न तुम
यायावरी को अपनी जिताने की बात कर
...
क्षणिका
बाँस
.
ज़िन्दगी भर
नेह-नाते
रहे जिनसे.
रह गए हैं
छूट पीछे
आज घर में.
साथ आया वह
न जिसकी
कभी भायी फाँस.
उठाया
हाँफा न रोया
वीतरागी बाँस
*
***
लघु कथा:
बाँस
.
गेंड़ी पर नाचते नर्तक की गति और कौशल से मुग्ध जनसमूह ने करतल ध्वनि की. नर्तक ने मस्तक झुकाया और तेजी से एक गली में खो गया.
आश्चर्य हुआ प्रशंसा पाने के लिये लोग क्या-क्या नहीं करते? चंद करतल ध्वनियों के लिये रैली, भाषण, सभा, समारोह, यहाँ ताक की खुद प्रायोजित भी कराते हैं. यह अनाम नर्तक इसकी उपेक्षा कर चला गया जबकि विरागी-संत भी तालियों के मोह से मुक्त नहीं हो पाते. मंदिर से संसद तक और कोठों से अमरोहों तक तालियों और गालियों का ही राज्य है.
संयोगवश अगले ही दिन वह नर्तक फिर मिला गया. आज वह पीठ पर एक शिशु को बाँधे हाथ में लंबा बाँस लिये रस्से पर चल रहा था और बज रही थीं तालियाँ लेकिन वह फिर गायब हो गया.
कुछ दिन बाद नुक्कड़ पर फिर दिख गया वह... इस बार कंधे पर रखे बाँस के दोनों ओर जलावन के गट्ठर टँगे थे जिन्हें वह बेचने जा रहा था..
मैंने पुकारा तो वह रुक गया. मैंने उसके नृत्य और रस्से पर चलने की कला की प्रशंसा कर पूछा कि इतना अच्छा कलाकार होने के बाद भी वह अपनी प्रशंसा से दूर क्यों चला जाता है? कला साधना के स्थान पर अन्य कार्यों को समय क्यों देता है?
कुछ पल वह मुझे देखता रहा फिर लम्बी साँस भरकर बोला : 'क्या कहूँ? कला साधना और प्रशंसा तो मुझे भी मन भाती है पर पेट की आग न तो कला से, न प्रशंसा से बुझती है. तालियों की आवाज़ में रमा रहूँ तो बच्चे भूखे रह जायेंगे.' मैंने जरूरत न होते हुए भी जलावन ले ली... उसे परछी में बैठकर पानी पिलाया और रुपये दिए तो वह बोल पड़ा: 'सब किस्मत का खेल है. अच्छा-खासा व्यापार करता था. पिता को किसी से टक्कर मार डी. उनके इलाज में हुए खर्च में लिए कर्ज को चुकाने में पूँजी ख़त्म हो गयी. बचपन का साथी बाँस और उस पर सीखे खेल ही पेट पालने का जरिया बन गये.' इससे पहले कि मैं उसे हिम्मत देता वह फिर बोला: 'फ़िक्र न करें, वे दिन न रहे तो ये भी न रहेंगे. अभी तो मुझे कहीं झुककर कहीं तनकर बाँस की तरह परिस्थितियों से जूझना ही नहीं, उन्हें जीतना भी है.' और वह तेजी से आगे बढ़ गया. मैं देखते रह गया उसके हाथ में झूलता बाँस
*
***
नवगीत:
.
बाँस हैं हम
.
पत्थरों में उग आते हैं
सीधी राहों पर जाते हैं
जोड़-तोड़ की इस दुनिया में
काम सभी के हम आते हैं
नहीं सफल के पीछे जाते
अपने ही स्वर में गाते हैं
यह न समझो
नहीं कूबत
फाँस हैं हम
बाँस हैं हम
.
चाली बनकर चढ़ जाते हैं
तम्बू बनकर तन जाते हैं
नश्वर माया हमें न मोहे
अरथी सँग मरघट जाते हैं
वैरागी के मन भाते हैं
लाठी बनकर मुस्काते हैं
निबल के साथी
उसीकी
आँस हैं हम
बाँस हैं हम
.
बन गेंड़ी पग बढ़वाते हैं
अगर उठें अरि भग जाते हैं
मिले ढाबा बनें खटिया
सबको भोजन करवाते हैं
थके हुए तन सो जाते हैं
सुख सपनों में खो जाते हैं
ध्वज लगा
मस्तक नवाओ
नि-धन का धन
काँस हैं हम
बाँस हैं हम
७-४-२०१५
***
क्षणिका
*
कर पाता दिल
अगर वंदना
तो न टूटता
यह तय है.
*
निंदा करना
बहुत सरल है.
सराहना ही
मुश्किल है.
*
असंतोष-कुंठा कब उपजे?,
बूझे कारण कौन?
सलिल' सियासत स्वार्थ साधती
जनगण रहता मौन.
*
मैं हूँ
अदना शब्द-सिपाही.
अर्थ सहित दें
शब्द गवाही..
*
मुक्तक
दोस्तों की आजमाइश क्यों करें?
मौत से पहले ही बोलो क्यों मरें..
नाम के ही हैं. मगर हैं साथ जो-
'सलिल' उनके बिन अकेले क्यों रहें?.
*
दिल लगाकर दिल्लगी हमने न की.
दिल जलाकर बंदगी तुमने न की..
दिल दिया ना दिल लिया, बस बात की-
दिल दुखाया सबने हमने उफ़ न की..
७-४-२०१०
***