कुल पेज दृश्य

स्वर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
स्वर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 9 जनवरी 2024

हिंदी, स्वर, व्यंजन, वर्ण, लघु, गुरु, प्लुत, अनुस्वार, अनुनासिक,

विश्ववाणी हिंदी में स्वर-व्यंजन 
*

हिंदी भाषा में ५२ वर्ण और १६ स्वर हैं, जबकि अंग्रेजी में इंग्लिश में केवल २६ वर्ण  हैं जिनमें ७ स्वर हैं। हिंदी में लिंग केवल दो हैं स्त्रीलिंग और पुल्लिंग, संस्कृत में ३ लिंग हैं स्त्रीलिंग, पुल्लिंग और नपुंसक लिंग जबकि अंग्रेजी में ४ लिंग हैं फेमिनिन जेंडर, मैसक्यूलाइन जेंडर, कॉमन जेंडर और न्यूट्रल जेंडर (स्त्रीलिंग, पुल्लिंग, उभय लिंग और नपुंसकलिंग)।  हिंदी में दो वचन (एक वचन और बहु वचन), संस्कृत में ३ वचन (एक वचन, द्वि वचन और बहु वचन) तथा अंग्रेजी में दो वचन (सिंगुलर और प्लूरल) होते हैं। हर भाषा की सुदीर्घ परंपरा, विशेषता और कमियाँ होती हैं जो उसे बोले जाने वाले क्षेत्र के लोगों की आवश्यकता, सभ्यता, संस्कृति, मौसम, प्रकृति, पर्यावरण, वनस्पति, पशु-पक्षी आदि से विकसित होती है। हर भाषा में उसका श्रेष्ठ साहित्य होता है। इसलिए किसी भाषा को हेय नहीं माना जाना चाहिए। हिंदी भाषा के तत्वों को समझें- 

वर्ण - वर्ण उस मूल ध्वनि को कहते हैं, जिसके खंड या टुकड़े नहीं किये जा सकते। जैसे- अ, ई, व, च, क, ख् इत्यादि। वर्ण भाषा की सबसे छोटी इकाई है, इसके और खंड नहीं किये जा सकते। उदाहरण द्वारा मूल ध्वनियों को यहाँ स्पष्ट किया जा सकता है। 'राम' और 'गया' में चार-चार मूल ध्वनियाँ हैं, जिनके खंड नहीं किये जा सकते- र + आ + म + अ = राम, ग + अ + य + आ = गया। इन्हीं अखंड मूल ध्वनियों को वर्ण कहते हैं। हर वर्ण की अपनी लिपि होती है। लिपि को वर्ण-संकेत भी कहते हैं। हिन्दी में ५२ वर्ण हैं।

वर्णमाला- किसी भाषा के समस्त वर्णो के समूह को वर्णमाला कहते हैै। प्रत्येक भाषा की अपनी वर्णमाला होती है। हिंदी व संस्कृत - अ, आ, क, ख, ग आदि, अंग्रेजी- A, B, C, D, E आदि, फारसी व उर्दू अलिफ़ बे पे ते टे से जीम दाल सीम काफ नून आदि ।  

वर्ण के भेद- हिंदी भाषा में वर्ण दो प्रकार के होते है।- (१) स्वर (vowel) (२) व्यंजन (Consonant)

(१) स्वर (vowel) :- वे वर्ण जिनके उच्चारण में किसी अन्य वर्ण की सहायता की आवश्यकता नहीं होती, स्वर कहलाता है। इसके उच्चारण में कंठ, तालु का उपयोग होता है, जीभ, होठ का नहीं। हिंदी वर्णमाला में १६ स्वर हैं। जैसे- अ आ इ ई उ ऊ ए ऐ ओ औ अं अः ऋ ॠ ऌ ॡ।

स्वर के भेद-  स्वर के दो भेद होते है- (१) मूल स्वर- अ, आ, इ, ई, उ, ऊ, ए, ओ (२) संयुक्त स्वर- ऐ (अ +ए) और औ (अ +ओ)

मूल स्वर के भेद- मूल स्वर के तीन भेद होते हैं- (१) ह्स्व स्वर (२) दीर्घ स्वर तथा (३) प्लुत स्वर। 

(१) ह्रस्व, लघु या छोटा स्वर :- जिन स्वरों के उच्चारण में कम समय लगता है उन्हें ह्स्व स्वर कहते है। ह्स्व स्वर पाँच होते है- अ इ उ ऋ। इनकी एक मात्रा गिनी जाती है। 'ऋ' की मात्रा (ृ) के रूप में लगाई जाती है तथा उच्चारण 'रि' की तरह होता है।

(२) दीर्घ, गुरु या बड़ा स्वर :-वे स्वर जिनके उच्चारण में ह्रस्व स्वर से दोगुना समय लगता है, वे दीर्घ स्वर कहलाते हैं। जिन स्वरों केउच्चारण में अधिक समय लगता है उन्हें दीर्घ स्वर कहते हैं। इनकी २ मात्रा गिनी जाती हैं। हिंदी में दीर्घ स्वर सात हैं- आ, ई, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ। दीर्घ स्वर दो शब्दों के योग से बनते हैं। जैसे- आ =(अ +अ ), ई =(इ +इ ), ऊ =(उ +उ ), ए =(अ +इ ), ऐ =(अ +ए ), ओ =(अ +उ ), औ =(अ +ओ)।

(३) प्लुत स्वर :-वे स्वर जिनके उच्चारण में दीर्घ स्वर से भी अधिक समय यानी तीन मात्राओं का समय लगता है, प्लुत स्वर कहलाते हैं। सरल शब्दों में- जिस स्वर के उच्चारण में तिगुना समय लगे, उसे 'प्लुत' कहते हैं। इसका चिह्न (ऽ) है। इसका प्रयोग अकसर पुकारते समय किया जाता है। जैसे- सुनोऽऽ, राऽऽम, ओऽऽम्। हिन्दी में साधारणतः प्लुत का प्रयोग नहीं होता। वैदिक संस्कृत, निमाड़ी -मलवी बोलियों आदि में प्लुत स्वर का प्रयोग अधिक हुआ है। इसे 'त्रिमात्रिक' स्वर भी कहते हैं। हिंदी में ॐ/ओम्  त्रिमात्रिक है। 

अनुस्वार-विसर्ग- अं, अः अयोगवाह कहलाते हैं। वर्णमाला में इनका स्थान स्वरों के बाद और व्यंजनों से पहले होता है। अं को अनुस्वार तथा अः को विसर्ग कहा जाता है।

अनुनासिक, निरनुनासिक, अनुस्वार और विसर्ग

अनुनासिक, निरनुनासिक, अनुस्वार और विसर्ग- हिन्दी में स्वरों का उच्चारण अनुनासिक और निरनुनासिक होता हैं। अनुस्वार और विसर्ग व्यंजन हैं, जो स्वर के बाद, स्वर से स्वतंत्र आते हैं। 

अनुनासिक (ँ)- ऐसे स्वरों का उच्चारण नाक और मुँह से होता है और उच्चारण में लघुता रहती है। जैसे- गाँव, दाँत, आँगन, साँचा इत्यादि।

अनुस्वार ( ं)- यह स्वर के बाद आनेवाला व्यंजन है, जिसकी ध्वनि नाक से निकलती है। जैसे- अंगूर, अंगद, कंकन।

निरनुनासिक- केवल मुँह से बोले जानेवाला सस्वर वर्णों को निरनुनासिक कहते हैं। जैसे- इधर, उधर, आप, अपना, घर इत्यादि।

विसर्ग( ः)- अनुस्वार की तरह विसर्ग भी स्वर के बाद आता है। यह व्यंजन है और इसका उच्चारण 'ह' की तरह होता है। संस्कृत में इसका काफी व्यवहार है। हिन्दी में अब इसका अभाव होता जा रहा है; किन्तु तत्सम शब्दों के प्रयोग में इसका आज भी उपयोग होता है। जैसे- मनःकामना, पयःपान, अतः, स्वतः, दुःख इत्यादि।

टिप्पणी- अनुस्वार और विसर्ग न तो स्वर हैं, न व्यंजन; किन्तु ये स्वरों के सहारे चलते हैं। स्वर और व्यंजन दोनों में इनका उपयोग होता है। जैसे- अंगद, रंग। इस सम्बन्ध में आचार्य किशोरीदास वाजपेयी का कथन है कि ''ये स्वर नहीं हैं और व्यंजनों की तरह ये स्वरों के पूर्व नहीं पश्र्चात आते हैं, ''इसलिए व्यंजन नहीं। इसलिए इन दोनों ध्वनियों को 'अयोगवाह' कहते हैं।'' अयोगवाह का अर्थ है- योग न होने पर भी जो साथ रहे।

अनुस्वार और अनुनासिक में अन्तर

अनुनासिक के उच्चारण में नाक से बहुत कम साँस निकलती है और मुँह से अधिक, जैसे- आँसू, आँत, गाँव, चिड़ियाँ इत्यादि। अनुनासिक स्वर की विशेषता है, अर्थात अनुनासिक स्वरों पर चन्द्रबिन्दु लगता है। लेकिन, अनुस्वार एक व्यंजन ध्वनि है।
अनुस्वार की ध्वनि प्रकट करने के लिए वर्ण पर बिन्दु लगाया जाता है। तत्सम शब्दों में अनुस्वार लगता है और उनके तद्भव रूपों में चन्द्रबिन्दु लगता है ; जैसे- अंगुष्ठ से अँगूठा, दन्त से दाँत, अन्त्र से आँत। इसकी एक मात्रा गिनी जाती है। 

अनुस्वार के उच्चारण में नाक से अधिक साँस निकलती है और मुख से कम, जैसे- अंक, अंश, पंच, अंग इत्यादि। इसकी २ मात्रा गिनी जाती हैं 

(2) व्यंजन (Consonant):- जिन वर्णो को बोलने के लिए स्वर की सहायता लेनी पड़ती है उन्हें व्यंजन कहते हैं। व्यंजन उन वर्णों को कहते हैं, जिनके उच्चारण में स्वर वर्णों की सहायता ली जाती है। 'क' से विसर्ग ( : ) तक सभी वर्ण व्यंजन हैं। प्रत्येक व्यंजन के उच्चारण में 'अ' की ध्वनि छिपी रहती है। 'अ' के बिना व्यंजन का उच्चारण सम्भव नहीं। जैसे- क् + अ = क,  ख्+अ=ख, प्+अ =प आदि। व्यंजन वह ध्वनि है, जिसके उच्चारण में भीतर से आती हुई वायु मुख में कहीं-न-कहीं, किसी-न-किसी रूप में, बाधित होती है। स्वर वर्ण स्वतंत्र और व्यंजन वर्ण स्वर पर आश्रित है। हिन्दी में व्यंजन वर्णो की संख्या ३३ है।

व्यंजनों के प्रकार - व्यंजन तीन प्रकार के होते है- (1)स्पर्श व्यंजन, (2)अन्तःस्थ व्यंजन तथा (3)उष्म व्यंजन । 

(1)स्पर्श व्यंजन :- स्पर्श का अर्थ होता है -छूना। जिन व्यंजनों का उच्चारण करते समय जीभ मुँह के किसी भाग जैसे- कण्ठ, तालु, मूर्धा, दाँत, अथवा होठ का स्पर्श करती है, उन्हें स्पर्श व्यंजन कहते है। ये कण्ठ, तालु, मूर्द्धा, दन्त और ओष्ठ स्थानों के स्पर्श से बोले जाते हैं। इसी से इन्हें स्पर्श व्यंजन या 'वर्गीय व्यंजन' कहते हैं; क्योंकि ये उच्चारण-स्थान की अलग-अलग एकता लिए हुए वर्गों में विभक्त हैं। इनकी संख्या २५ है। 
***

बुधवार, 30 नवंबर 2022

मुक्तिका, अक्षर गीत, स्वर, व्यंजन, साधना, राजलक्ष्मी शिवहरे, श्यामलाल उपाध्याय, शब्द सामर्थ्य, घनाक्षरी, नवगीत,

कार्य शाला 
मुक्तिका १  
वज़्न--212 212 212 212 
*
गालिबों के नहीं कद्रदां अब रहे 
शायरी लोग सोते हुए कर रहे 

बोल जुमले; भुला दे सभी वायदे
जो हकीकत कही; आप भी डर रहे  
  
जिंदगी के रहे मायने जो कभी 
हैं नहीं; लोग जीते हुए मर रहे 

ये निजामत झुकेगी तुम्हारे लिए 
नौजवां गर न भागे; डटे मिल रहे 
 
मछलियों ने मगर पर भरोसा किया 
आसुओं की खता; व्यर्थ ही बह रहे 

वेदना यातना याचना सत्य है 
हुक्मरां बोलते स्वर्ग में रह रहे 

ये सियासत न जिसमें सिया-सत रहा 
खेलते राम जी किसलिए हैं रहे 
***
मुक्तिका २ 
वज़्न--२१२ x ४ 
बह्रे - मुतदारिक़ मुसम्मन सालिम.
अर्कान-- फ़ाइलुन फ़ाइलुन फ़ाइलुन फ़ाइलुन
क़ाफ़िया— "ए" (स्वर)
रदीफ़ --- हुए
*
मुक्तिका 
कायदे जो कभी थे; किनारे हुए 
फायदे जो मिले हैं; हमारे हुए 

चाँद सोया रहा बाँह में रात भर 
लाख गर्दिश मगर हम सितारे हुए 

नफरतों से रही है मुहब्बत हमें 
आप मानें न मानें सहारे हुए 

हुस्न वादे करे जो निभाए नहीं 
इश्किया लोग सारे बिचारे हुए 

सर्दियाँ सर्दियों में बिगाड़ें गले 
फायदेमंद यारां गरारे हुए 

सर कटा तो कटा, तुम न मातम करो 
जान लो; मान लो हम तुम्हारे हुए   

धार में तो सदा लोग बहते रहे 
हम बहे थे जहाँ वां किनारे हुए  
***
उदाहरण 
एक मुद्दत हुई घर से निकले हुए
अपने माहौल में खुद को देखे हुए  -  शारिक़ कैफ़ी
गीत
1. कर चले हम फिदा जानो तन साथियों
2. खुश रहे तू सदा ये दुआ है मेरी
3. आपकी याद आती रही रात भर
4. गीत गाता हूँ मैं गुनगुनाता हूँ मैं
5. बेख़ुदी में सनम उठ गये जो क़दम
6. एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा
7. हाल क्या है दिलों का न पूछो सनम
8. आजकल याद कुछ और रहता नहीं
9. तुम अगर साथ देने का वादा करो
10. ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम
11. छोड़ दे सारी दुनिया किसी के लिए
■■■
अक्षर गीत
संजीव
*
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गाएँ अक्षर गीत।
माँ शारद को नमस्कार कर
शुभाशीष पा हँसिए मीत।
स्वर :
'अ' से अनुपम; अवनि; अमर; अब,
'आ' से आ; आई; आबाद।
'इ' से इरा; इला; इमली; इस,
'ई' ईश्वरी; ईख; ईजाद।
'उ' से उषा; उजाला; उगना,
'ऊ' से ऊर्जा; ऊष्मा; ऊन।
'ए' से एड़ी; एक; एकता,
'ऐ' ऐश्वर्या; ऐनक; ऐन।
'ओ' से ओम; ओढ़नी; ओला,
'औ' औरत; औषधि; औलाद।
'अं' से अंक; अंग, अंगारा,
'अ': खेल-हँस हो फौलाद।
*
व्यंजन
'क' से कमल; कलम; कर; करवट,
'ख' खजूर; खटिया; खरगोश।
'ग' से गणपति; गज; गिरि; गठरी,
'घ' से घट; घर; घाटी; घोष।
'ङ' शामिल है वाङ्मय में
पंचम ध्वनि है सार्थक रीत।
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
'च' से चका; चटकनी; चमचम,
'छ' छप्पर; छतरी; छकड़ा।
'ज' जनेऊ; जसुमति; जग; जड़; जल,
'झ' झबला; झमझम, झरना।
'ञ' हँस व्यञ्जन में आ बैठा,
व्यर्थ न लड़ना; करना प्रीत।
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
'ट' टमटम; टब; टका; टमाटर,
'ठ' ठग; ठसक; ठहाका; ठुमरी।
'ड' डमरू; डग; डगर; डाल; डफ,
'ढ' ढक्कन; ढोलक; ढल; ढिबरी।
'ण' कण; प्राण; घ्राण; तृण में है
मन लो जीत; तभी है जीत।
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
'त' तकिया; तबला; तसला; तट,
'थ' से थपकी; थप्पड़; थान।
'द' दरवाजा; दवा, दशहरा,
'ध' धन; धरा; धनुष; धनवान।
'न' नटवर; नटराज; नगाड़ा,
गिर न हार; उठ जय पा मीत।
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
'प' पथ; पग; पगड़ी; पहाड़; पट,
'फ' फल; फसल; फलित; फलवान।
'ब' बकरी; बरतन, बबूल; बस,
'भ' से भवन; भक्त; भगवान।
'म' मइया; मछली; मणि; मसनद,
आगे बढ़; मत भुला अतीत।
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
'य' से यज्ञ; यमी-यम; यंत्री,
'र' से रथ; रस्सी; रस, रास।
'ल' लकीर; लब; लड़का-लड़की;
'व' से वन; वसंत; वनवास।
'श' से शतक; शरीफा; शरबत,
मीठा बोलो; अच्छी नीत।
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
'ष' से षट; षटकोण; षट्भुजी,
'स' से सबक; सदन; सरगम।
'ह' से हल; हलधर; हलवाई,
'क्ष' क्षमता; क्षत्रिय; क्षय; क्षम।
'त्र' से त्रय, त्रिभुवन; त्रिलोचनी,
'ज्ञ' से ज्ञानी; ज्ञाता; ज्ञान।
'ऋ' से ऋषि, ऋतु, ऋण, ऋतंभरा,
जानो पढ़ो; नहीं हो भीत
अक्षर स्वर-व्यंजन सुन-पढ़-लिख
आओ! गायें अक्षर गीत।
*
२९-३० नवंबर २०२०
***
पुस्तक चर्चा-
सृजन समीक्षा : डॉ. राजलक्ष्मी शिवहरे अंक, पृष्ठ १६, मूल्य ४०रु.।
डॉ. साधना वर्मा
*
सृजन समीक्षा अंतरा शब्द शक्ति प्रकाशन बालाघाट द्वारा संस्कारधानी जबलपुर की सुपरिचित उपन्यासकार डॉ राजलक्ष्मी शिवहरे की सात कविताओं को लेकर प्रकाशित इस अंक में कविताओं के बाद कुछ पाठकों की प्रतिक्रियाएं भी संलग्न की गई हैं। डॉ. राजलक्ष्मी शिवहरे मूलतः उपन्यासकार कथाकार हैं, काव्य लेखन में उनकी रुचि और गति अपेक्षाकृत कम है। प्रस्तुत रचनाओं में कथ्य भावनाओं से भरपूर हैं किंतु शिल्प और भाषिक प्रवाह की दृष्टि से रचनाओं में संपादन की आवश्यकता प्रतीत होती है। चन्द रचनाओं को लेकर छोटी-छोटी पुस्तिकाएँ निकालने से पुस्तकों की संख्या भले ही बढ़ जाए लेकिन रचनाकार विशेषकर वह जिसके ९ उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं, का गौरव नहीं बढ़ता। बेहतर हो इस तरह के छोटे कलेवर में शिशु गीत, बाल गीत, बाल कथाएँ पर्यावरण गीत आदि प्रकाशित कर निशुल्क वितरण अथवा अल्प मोली संस्करण प्रकाशित किए जाएँ तभी पाठकों के लिए इस तरह के सारस्वत अनुष्ठान उपयोगी हो सकते हैं। इस १६ पृष्ठीय लघ्वाकारी संकलन का मूल्य ४०रु. रखा जाना उचित नहीं है।
***
पुस्तक चर्चा-
हिंदी और गाँधी दर्शन, डॉक्टर श्रीमती राजलक्ष्मी शिवहरे, अंतरा शब्द शक्ति प्रकाशन बालाघाट, प्रथम संस्करण २०१८, पृष्ठ बत्तीस, मूल्य ५५ रु.।
*
हिंदी और गाँधी दर्शन एक बहुत महत्वपूर्ण विषय पर प्रकाशित कृति है जिसमें हिंदी पर गाँधीजी ही नहीं, संत कबीर, राजा राममोहन राय, महर्षि दयानंद सरस्वती, एनी बेसेंट, महर्षि अरविंद, सुभाष चंद्र बोस आदि महापुरुषों के प्रेरक विचार प्रकाशित किए गए हैं। राजलक्ष्मी जी गद्य लेखन में निपुण हैं और प्रस्तुत पुस्तिका में उन्होंने हिंदी के विविध आयामों की चर्चा की है। भारत में बोली जा रही १७९ भाषाएँ एवं ५४४ बोलियों को भारत के राष्ट्रीय भाषाएँ मानने का विचार राष्ट्रीय एकता को पुष्ट करता है। गाँधी जी ने दैनंदिन व्यवहार में हिंदी के प्रयोग के लिए कई सुझाव दिए थे। उन्होंने हिंदी के संस्कृतनिष्ठ स्वरूप की जगह जन सामान्य द्वारा दैनंदिन जीवन में बोले जा रहे शब्दों के प्रयोग को अधिक महत्वपूर्ण माना था। गाँधी का एक सुझाव थी कि भारत की समस्त भाषाएँ देवनागरी लिपि में लिखी जाएँ तो उन्हें सारे भारतवासी पढ़ और क्रमश: समझ सकेंगे।
अधिकांश भाषाएँ संस्कृत से जुड़ी रही हैं इसीलिए उनकी शब्दावली भी एक दूसरे के द्वारा आसानी से समझी जा सकेगी। गाँधी जी के निधन के बाद भाषा का प्रश्न राजनीतिक स्वार्थ साधन का उपकरण बनकर रह गया। राजनेताओं ने भाषा को जनगण को बाँटने के औजार के रूप में उपयोग किया और सत्ता प्राप्ति का स्वार्थ साधा। राजलक्ष्मी जी की यह प्रस्तुति युवाओं को सही रास्ता दिखाने के लिए एक कदम ह। कृति का मूल्य ₹ ५५ रखा जाना उसे उन सामान्य पाठकों की क्रय सीमा से बाहर ले जाता है जिनके लिए राजभाषा संबंधी तथ्यों को व्यवस्थित और समृद्ध बनाया है।
***
सरस्वती स्तवन
स्मृतिशेष प्रो. श्यामलाल उपाध्याय
जन्म - १ मार्च १९३१।
शिक्षा - एम.ए., टी.टी.सी., बी.एड.।
संप्रति - पूर्व हिंदी प्राध्यापक-विभागाध्यक्ष, मंत्री भारतीय वांग्मय पीठ कोलकाता।
प्रकाशन - नियति न्यास, नियति निक्षेप, नियति निसर्ग, संक्षिप्त काव्यमय हिंदी बालकोश, शोभा, सौरभ, सौरभ रे स्वर।
उपलब्धि - अनेक प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मान।
*
जननी है तू वेद की, वीणा पुस्तक साथ।
सुविशाल तेरे नयन, जनमानस की माथ।।
*
सर्वव्याप्त निरवधि रही, शुभ वस्त्रा संपृक्त।
सदा निनादित नेह से, स्रोत पयस्विनी सिक्त।।
*
विश्वपटल पर है इला, अंतरिक्ष में वाणि।
कहीं भारती स्वर्ग में, ब्रह्मलोक ब्रह्माणि।।
*
जहाँ स्वर्ग में सूर्य है, वहीं मर्त्य सुविवेक।
अंतर्मन चेतन करे, यह तेरी गति नेक।।
*
ऋद्धि-सिद्धि है जगत में, ग्यान यग्य जप-जाप।
अभयदान दे जगत को, गर वो सब परिताप।।
*
तब देवी अभिव्यक्ति की, जग है तेरा दास।
सुख संपति से पूर्ण कर, हर ले सब संत्रास।।
***
***
दोहा सलिला
*
भौजी सरसों खिल रही, छेड़े नंद बयार।
भैया गेंदा रीझता, नाम पुकार पुकार।।
समय नहीं; हर किसी पर, करें भरोसा आप।
अपना बनकर जब छले, दुख हो मन में व्याप।।
उसकी आए याद जब, मन जा यमुना-तीर।
बिन देखे देखे उसे, होकर विकल अधीर।।
दाँत दिए तब थे नहीं, चने हमारे पास।
चने मिले तो दाँत खो, हँसते हम सायास।।
पावन रेवा घाट पर, निर्मल सलिल प्रवाह।
मन को शीतलता मिले, सलिला भले अथाह।।
हर काया में बसा है, चित्रगुप्त बन जान।
सबसे मिलिए स्नेह से, हम सब एक समान।।
*
मुझमें बैठा लिख रहा, दोहे कौन सुजान?
लिखता कोई और है, पाता कोई मान।।
३०-११-२०१९
***
कार्यशाला-
शब्द सामर्थ्य बढ़ाइए,
*
अंतरंग = अतिप्रिय
अंबर = आकाश
अंभोज = कमल
अंशुमाली = सूर्य
अक्षत = अखंड, पूर्ण
अक्षय = शिव
अक्षर = आत्मा,
अच्युत = ईश्वर
अतीन्द्रिय = आत्मा
अतिस्वान = सुपर सोनिक
अद्वितीय = अनुपम
अनंत = ईश्वर
अनुभव = प्रत्यक्ष ज्ञान
अन्वेषक = आविष्कारक
अपराजित = जिसे हराया नहीं जा सका, ईश्वर
अपरिमित = बहुत अधिक
अभिजीत = विजय दिलानेवाला,
अभिधान = नाम, उपाधि
अभिनंदन = स्वागत, सम्मान
अभिनव = नया
अमर = अविनाशी
अमिताभ = सूर्य
अमृत = मृत्यु से बचानेवाला
अमोघ = अचूक
अरुण = सूर्य
अर्चित = पूजित
अलौकिक - अद्भुत
अवतंस = श्रेष्ठ व्यक्ति
अवतार = ईश्वर का जन्म
अवनींद्र = राजा
अवसर = मौका
अविनाश = अमर
अव्यक्त = ब्रह्म
अशोक = शोक रहित
अशेष = संपूर्ण
अश्वत्थ = पीपल, जिसमें
अश्विनी = प्रथम नक्षत्र
असीम = सीमाहीन
अभियान = विष्णु
*
ॐ = ईश्वर
ओंकार = गणेश
ओंकारनाथ = शिव
ओजस्वी = तेजस्वी, प्रभावकारी
ओषधीष = चन्द्रमा,
ओजस = कांतिवाला, चमकनेवाला
ओदन = बादल
***
एक दोहा
राम दीप बाती सिया, तेल भक्ति हनुमान।
भरत ज्योति तीली लखन, शत्रुघ्न उजाला जान।।
२९-११-२०१९
***
घनाक्षरी
*
चलो कुछ काम करो, न केवल नाम धरो,
उठो जग लक्ष्य वरो, नहीं बिन मौत मरो।
रखो पग रुको नहीं, बढ़ो हँस चुको नहीं,
बिना लड़ झुको नहीं, तजो मत पीर हरो।।
गिरो उठ आप बढ़ो, स्वप्न नव नित्य गढ़ो,
थको मत शिखर चढ़ो, विफलता से न डरो।
न अपनों को ठगना, न सपनों को तजना,
न स्वारथ ही भजना, लोक हित करो तरो।।
***
विजया घनाक्षरी
*
राम कहे राम-राम, सिया कैसे कहें राम?,
होंठ रहे मौन थाम, नैना बात कर रहे।
मौन बोलता है आज, न अधूरा रहे काज,
लाल गाल लिए लाज, नैना घात कर रहे।।
हेर उर्मिला-लखन, देख द्वंद है सघन,
राम-सिया सिया-राम, बोल प्रात कर रहे।
श्रुतिकीर्ति-शत्रुघन, मांडवी भरत हँस,
जय-जय सिया-राम मात-तात कर रहे।।
३०.११.२०१८
***
क्षणिकाएँ
*
उस्ताद अखाड़ा नहीं,
दंगल हुआ?, हुआ.
बाकी ने वृक्ष एक भी,
जंगल हुआ? हुआ.
दस्तूरी जमाने का अजब,
गजब ढा रहा-
हाय-हाय कर कहे
मंगल हुआ? हुआ.
***
घर-घर में गान्धारियाँ हैं,
कोई क्या करे?
करती न रफ़ू आरियाँ हैं,
कोई क्या करे?
कुन्ती, विदुर न धर्मराज
शेष रहे हैं-
शकुनी-अशेष पारियाँ हैं,
कोई क्या करे?
२९-११-२०१७
***
नवगीत:
नयन झुकाये बैठे हैं तो
मत सोचो पथ हेर रहे हैं
*
चहचह करते पंछी गाते झूम तराना
पौ फटते ही, नहीं ठण्ड का करें बहाना
सलिल-लहरियों में ऊषा का बिम्ब निराला
देख तृप्त मन डूबा खुद में बन बेगाना
सुन पाती हूँ चूजे जगकर
कहाँ चिरैया? टेर रहे हैं
*
मोरपंख को थाम हाथ में आँखें देखें
दृश्य अदेखे या अतीत को फिर-फिर लेखें
रीती गगरी, सूना पनघट,सखी-सहेली
पगडंडी पर कदम तुम्हारे जा अवरेखें
श्याम लटों में पवन देव बन
श्याम उँगलियाँ फेर रहे हैं
*
नील-गुलाबी वसन या कि है झाँइ तुम्हारी
जाकर भी तुम गए न मन से क्यों बनवारी?
नेताओं जैसा आश्वासन दिया न झूठा-
दोषी कैसे कहें तुम्हें रणछोड़ मुरारी?
ज्ञानी ऊधौ कैसे समझें
याद-मेघ मिल घेर रहे हैं?
***
नवगीत:
अनेक वर्णा पत्तियाँ हैं
शाख पर तो क्या हुआ?
अपर्णा तो है नहीं अमराई
सुख से सोइये
बज रहा चलभाष सुनिए
काम अपना छोड़कर
पत्र आते ही कहाँ जो रखें
उनको मोड़कर
किताबों में गुलाबों की
पंखुड़ी मिलती नहीं
याद की फसलें कहें, किस नदी
तट पर बोइये?
सैंकड़ों शुभकामनायें
मिल रही हैं चैट पर
सिमट सब नाते गए हैं
आजकल अब नैट पर
ज़िंदगी के पृष्ठ पर कर
बंदगी जो मीत हैं
पड़ गये यदि सामने तो
चीन्ह पहचाने नहीं
चैन मन का, बचा रखिए
भीड़ में मत खोइए
३०-११-२०१४
***
गीत:
हर सड़क के किनारे
*
हर सड़क के किनारे हैं उखड़े हुए,
धूसरित धूल में, अश्रु लिथड़े हुए.....
*
कुछ जवां, कुछ हसीं, हँस मटकते हुए,
नाज़नीनों के नखरे लचकते हुए।
कहकहे गूँजते, पीर-दुःख भूलते-
दिलफरेबी लटें, पग थिरकते हुए।।
बेतहाशा खुशी, मुक्त मति चंचला,
गति नियंत्रित नहीं, दिग्भ्रमित मनचला।
कीमती थे वसन किन्तु चिथड़े हुए-
हर सड़क के किनारे हैं उखड़े हुए,
धूसरित धूल में, अश्रु लिथड़े हुए.....
*
चाह की रैलियाँ, ध्वज उठाती मिलीं,
डाह की थैलियाँ, खनखनाती मिलीं।
आह की राह परवाह करती नहीं-
वाह की थाह नजरें भुलातीं मिलीं।।
दृष्टि थी लक्ष्य पर पंथ-पग भूलकर,
स्वप्न सत्ता के, सुख के ठगें झूलकर।
साध्य-साधन मलिन, मंजु मुखड़े हुए
हर सड़क के किनारे हैं उखड़े हुए,
धूसरित धूल में, अश्रु लिथड़े हुए.....
*
ज़िन्दगी बन्दगी बन न पायी कभी,
प्यास की रास हाथों न आयी कभी।
श्वास ने आस से नेह जोड़ा नहीं-
हास-परिहास कुलिया न भायी कभी।।
जो असल था तजा, जो नकल था वरा,
स्वेद को फेंककर, सिर्फ सिक्का ।
साध्य-साधन मलिन, मंजु उजड़े हुए
हर सड़क के किनारे हैं उखड़े हुए,
धूसरित धूल में, अश्रु लिथड़े हुए.....
३०-११-२०१२
*

बुधवार, 8 नवंबर 2017

hindi salila 1

हिंदी सलिला : १. 
पाठ १
भाषा, ध्वनि, व्याकरण,वर्ण, अक्षर, स्वर, व्यंजन  
***
औचित्य :

भारत-भाषा हिन्दी भविष्य में विश्व-वाणी बनने के पथ पर अग्रसर है।  हिन्दी की शब्द सामर्थ्य पर प्रायः अकारण तथा जानकारी के अभाव में प्रश्न चिन्ह लगाये जाते हैं।  भाषा सदानीरा सलिला की तरह सतत प्रवाहिनी होती है।  उसमें से कुछ शब्द काल-बाह्य होकर बाहर हो जाते हैं तो अनेक शब्द उसमें प्रविष्ट भी होते हैं।

'हिन्दी सलिला' वर्त्तमान आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर हिन्दी का शुद्ध रूप जानने की दिशा में एक कदम है। यहाँ न कोई सिखानेवाला है, न कोई सीखनेवाला, हम सब जितना जानते हैं उससे कुछ अधिक जान सकें मात्र यह उद्देश्य है। व्यवस्थित विधि से आगे बढ़ने की दृष्टि से संचालक कुछ सामग्री प्रस्तुत करेंगे। उसमें कुछ कमी या त्रुटि हो तो आप टिप्पणी कर न केवल अवगत कराएँ अपितु शेष और सही सामग्री उपलब्ध हो तो भेजें।  मतान्तर होने पर संचालक का प्रयास होगा कि मानकों पर खरी, शुद्ध भाषा सामंजस्य, समन्वय तथा सहमति पा सके। 

हिंदी के अनेक रूप देश में आंचलिक/स्थानीय भाषाओँ और बोलिओं के रूप में प्रचलित हैं।  इस कारण भाषिक नियमों, क्रिया-कारक के रूपों, कहीं-कहीं शब्दों के अर्थों में अंतर स्वाभाविक है किंतु हिंदी को विश्व भाषा बनने के लिये इस अंतर को पाटकर क्रमशः मानक रूप लेना ही होगा।अनेक क्षेत्रों में हिन्दी की मानक शब्दावली है। जहाँ नहीं है, वहाँ क्रमशः आकार ले रही है। हम भाषिक तत्वों के साथ साहित्यिक विधाओं तथा शब्द क्षमता विस्तार की दृष्टि से भी सामग्री चयन करेंगे। आपकी रूचि होगी तो प्रश्न-उत्तर या टिप्पणी के माध्यम से भी आपकी सहभागिता हो सकती है।

जन सामान्य भाषा के जिस देशज रूप का प्रयोग करता है वह कही गयी बात का आशय संप्रेषित करता है किंतु वह पूरी तरह शुद्ध नहीं होता। ज्ञान-विज्ञान में भाषा का उपयोग तभी संभव है जब शब्द से एक सुनिश्चित अर्थ की प्रतीति हो। इस दिशा में हिंदी का प्रयोग न होने को दो कारण इच्छाशक्ति की कमी तथा भाषिक एवं शाब्दिक नियमों और उनके अर्थ की स्पष्टता न होना है।

श्री गणेश करते हुए हमारा प्रयास है कि हम एक साथ मिलकर सबसे पहले कुछ मूल बातों को जानें। भाषा, वर्ण या अक्षर, शब्द, ध्वनि, व्याकरण, स्वर, व्यंजन जैसी मूल अवधारणाओं को समझने का प्रयास करें।

भाषा :

अनुभूतियों से उत्पन्न भावों को अभिव्यक्त करने के लिए भंगिमाओं या ध्वनियों की आवश्यकता होती है। भंगिमाओं से नृत्य, नाट्य, चित्र आदि कलाओं का विकास हुआ। ध्वनि से भाषा, लेखन, वादन एवं गायन कलाओं का जन्म हुआ।

चित्र गुप्त ज्यों चित्त का, बसा आप में आप
भाषा-सलिला निरंतर, करे अनाहद जाप 


भाषा वह साधन है जिससे हम अपने भाव एवं विचार अन्य लोगों तक पहुँचा पाते हैं अथवा अन्यों के भाव और विचार ग्रहण कर पाते हैं। यह आदान-प्रदान वाणी के माध्यम से (मौखिक), तूलिका के माध्यम से अंकित, लेखनी के द्वारा लिखित, टंकण यंत्र या संगणक द्वारा टंकित तथा मुद्रण यंत्रों द्वारा मुद्रित रूप में होता है।

निर्विकार अक्षर रहे मौन, शांत निः शब्द
भाषा वाहक भाव की, माध्यम हैं लिपि-शब्द.


व्याकरण ( ग्रामर ) -

व्याकरण ( वि + आ + करण ) का अर्थ भली-भाँति समझना है. व्याकरण भाषा के शुद्ध एवं परिष्कृत रूप सम्बन्धी नियमोपनियमों का संग्रह है. भाषा के समुचित ज्ञान हेतु वर्ण विचार (ओर्थोग्राफी) अर्थात वर्णों (अक्षरों) के आकार, उच्चारण, भेद, संधि आदि , शब्द विचार (एटीमोलोजी) याने शब्दों के भेद, उनकी व्युत्पत्ति एवं रूप परिवर्तन आदि तथा वाक्य विचार (सिंटेक्स) अर्थात वाक्यों के भेद, रचना और वाक्य विश्लेषण को जानना आवश्यक है.


वर्ण शब्द संग वाक्य का, कविगण करें विचार.
तभी पा सकें वे 'सलिल',  
भाषा पर अधिकार.
वर्ण / अक्षर :

हिंदी में वर्ण के दो प्रकार स्वर (वोवेल्स) तथा व्यंजन (कोंसोनेंट्स) हैं.

अजर अमर अक्षर अजित, ध्वनि कहलाती वर्ण
स्वर-व्यंजन दो रूप बिन, हो अभिव्यक्ति विवर्ण

अक्षर अर्थात वह जिसका क्षरण (ह्रास, घटाव, पतन) न हो, इस अर्थ में ईश्वर का एक विशेषण उसका अक्षर होना है। ध्वनि और भाषा विज्ञान में मूल ध्वनि जिसे उच्चारित / या लिखा जाता है, को अक्षर कहते हैं।शब्दांश या ध्वनियों की इकाई ही अक्षर है। किसी भी शब्द को अंशों में तोड़कर बोला जा सकता है।  शब्दांश शब्द के वह अंश होते हैं जिन्हें और अधिक छोटा नहीं किया जा सकता।  अक्षर को अंग्रेजी में 'सिलेबल' कहते हैं। इसमें स्वर तथा व्यंजन (अनुस्वार रहित/सहित) ध्वनियाँ सम्मिलित हैं। क आघात या बल में बोली जाने वाली ध्वनि या ध्वनि समुदाय की इकाई अक्षर है। इकाई की पृथकता का आधार स्वर या स्वररत्‌ (वोक्वॉयड) व्यंजन होता है। व्यंजन ध्वनि किसी उच्चारण में स्वर का पूर्व (पहले) या पर (बाद में) अंग बनकर ही आती है।अक्षर में स्वर ही मेरुदंड है। अक्षर से स्वर को पृथक्‌ नहीं किया जा सकता, न बिना स्वर या स्वररत्‌ व्यंजन के अक्षर का अस्तित्व संभव है। उच्चारण में व्यंजन मोती है तो स्वर धागा। कुछ भाषाओं में व्यंजन ध्वनियाँ भी अक्षर निर्माण में सहायक होती हैं। अंग्रेजी भाषा में न, र, ल्‌ जैसी व्यंजन ध्वनियाँ स्वररत्‌ भी उच्चरित होती हैं एवं स्वरध्वनि के समान अक्षर निर्माण में सहायक सिद्ध होती हैं। डॉ॰ रामविलास शर्मा ने सिलेबल के लिए 'स्वरिक' शब्द का प्रयोग किया है। (भाषा और समाज, पृ. ५९)। 'अक्षर' शब्द का भाषा और व्याकरण 'में एकाधिक अर्थच्छाया के लिए प्रयोग किया जाता है, अत: 'सिलेबल' के अर्थ में इसके प्रयोग से भ्रम संभव है।
शब्द के उच्चारण में जिस ध्वनि पर जोर (उच्चता) हो वही अक्षर या सिलेबल होता है।  जैसे हाथ में आ ध्वनि पर जोर है। हाथ शब्द में एक अक्षर है। 'अकल्पित' शब्द में तीन अक्षर हैं - अ, कल्‌, पित्‌ ; आजादी में तीन - आ जा दी; अर्थात्‌ शब्द में जहाँ-जहाँ स्वर के उच्चारण की पृथकता हो वहाँ-वहाँ अक्षर की पृथकता होती है।
ध्वनि उत्पादन की दृष्टि से फुफ्फुस संचलन की इकाई अक्षर या स्वरिक (सिलेबल) है, जिसमें एक शीर्षध्वनि होती है। शरीर रचना की दृष्टि से अक्षर या स्वरिक को फुफ्फुस स्पंदन कह सकते हैं, जिसका उच्चारण ध्वनि तंत्र में अवरोधन होता है। जब ध्वनि खंड या अल्पतम ध्वनि समूह के उच्चारण के समय अवयव संचलन अक्षर में उच्चतम हो तो वह ध्वनि अक्षरवत्‌ होती है। स्वर ध्वनियाँ बहुधा अक्षरवत्‌ बोली जाती हैं जबकि व्यंजन ध्वनियाँ क्वचित्‌। शब्दगत उच्चारण की पूरी तरह पृथक्‌ इकाई अक्षर है।   
१. एक अक्षर के शब्द : आ, 
२. दो अक्षर के शब्द : भारतीय, 
३. तीन अक्षर के शब्द : बोलिए, जमानत, 
४. चार अक्षर के शब्द : अधुनातन, कठिनाई, 
५. पाँच अक्षर के शब्द : अव्यावहारिकता, अमानुषिकता
शब्द में अक्षर-संख्या ध्वनियों की गिनती नहीं, शब्द-उच्चारण में लगी आघात संख्या (ध्वनि इकाइयाँ)  होती हैं। अक्षर में प्रयुक्त शीर्ष ध्वनि के अतिरिक्त शेष ध्वनियों को 'अक्षरांग' या 'गह्वर ध्वनि' कहा जाता है। उदाहरण के लिए 'तीन' में एक अक्षर (सिलेबल) है जिसमें 'ई' शीर्ष ध्वनि तथा 'त' एवं 'न'  गह्वर ध्वनियाँ हैं।
शब्दांश में एक 'शब्दांश केंद्र' स्वर वर्ण  होता है जिसके इर्द-गिर्द अन्य वर्ण ( स्वर-व्यंजन दोनों) मिलते हैं।  'मीत' शब्द का शब्दांश केंद्र 'ई' का स्वर है जिससे पहले 'म' और बाद में 'त' वर्ण आते हैं। 
स्वर ( वोवेल्स ) :

स्वर वह मूल ध्वनि है जिसे विभाजित नहीं किया जा सकता. वह अक्षर है जिसका अधिक क्षरण, विभाजन या ह्रास नहीं हो सकता. स्वर के उच्चारण में अन्य वर्णों की सहायता की आवश्यकता नहीं होती. यथा - अ, आ, इ, ई, उ, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ, अं, अ:, ऋ,

स्वर के दो प्रकार:

१. हृस्व : लघु या छोटा ( अ, इ, उ, ऋ, ऌ ) तथा
२. दीर्घ : गुरु या बड़ा ( आ, ई, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ, अं, अ: ) हैं.

अ, इ, उ, ऋ हृस्व स्वर, शेष दीर्घ पहचान
मिलें हृस्व से हृस्व स्वर, उन्हें दीर्घ ले मान.


व्यंजन (कांसोनेंट्स) :

व्यंजन वे वर्ण हैं जो स्वर की सहायता के बिना नहीं बोले जा सकते. व्यंजनों के चार प्रकार हैं.

१. स्पर्श व्यंजन (क वर्ग - क, ख, ग, घ, ङ्), (च वर्ग - च, छ, ज, झ, ञ्.), (ट वर्ग - ट, ठ, ड, ढ, ण्), (त वर्ग त, थ, द, ढ, न), (प वर्ग - प,फ, ब, भ, म).
२. अन्तस्थ व्यंजन (य वर्ग - य, र, ल, व्, श).
३. ऊष्म व्यंजन ( श, ष, स ह) तथा
४. संयुक्त व्यंजन ( क्ष, त्र, ज्ञ) हैं. अनुस्वार (अं) तथा विसर्ग (अ:) भी व्यंजन हैं.

भाषा में रस घोलते, व्यंजन भरते भाव.
कर अपूर्ण को पूर्ण वे मेटें सकल अभाव.
सारत: अक्षर वर्णमाला की एक इकाई है। देवनागरी में ११ स्वर तथा ३३ व्यंजन मिलकर ४४ अक्षर हैं। हिंदी में ह्रस्व (मूल,उच्चारण समय अल्प, १ मात्रा) स्वर ४ अ, इ, उ, ऋ, दीर्घ (उच्चारण समय ह्रस्व से अधिक,२ मात्रा) स्वर ७ आ, ई, ऊ, ए, ऐ, ओ, औ तथा प्लुत (उच्चारण समय  अधिक, ३ मात्रा) स्वर ३ ॐ आदि हैं। स्वरों का वर्गीकरण उनके उच्चारण में लगनेवाले समय के आधार पर किया गया है। प्लुत स्वर का प्रयोग पुकारने हेतु किया जाता है। 'अ' स्वर (हलन्त सहित) की कोई मात्रा नहीं होती, वह किसी व्यंजन के साथ मिलकर उसे १ मात्रिक बनाता है। 'अ' व्यंजन (हलन्त रहित) की १ मात्रा होती है। व्यंजनों का अपना स्वरूप क् च् छ् ज् झ् त् थ् ध् आदि है। अ लगने पर व्यंजनों के नीचे का (हल) चिह्न हट जाता है, तब ये इस प्रकार लिखे जाते हैं: क च छ ज झ त थ ध आदि।। स्वरों की मात्राएँ तथा स्वर-व्यंजन मिलने से शब्द निम्न अनुसार बनते हैं:
स्वर:       अ        आ        इ         ई         उ         ऊ          ए          ऐ         ओ         औ        ऋ   
मात्रा:       -          ा        ि        ी        ु        ू          े          ै        ो          ौ          ृ 
शब्द:      कम      काम     किस    कीस      कुल      कूक     केसर     कैथा    कोयल     कौआ     कृश 
जिन वर्णों के पूर्ण उच्चारण के लिए स्वरों की सहायता ली जाती है वे व्यंजन कहलाते हैं। बिना स्वरों की सहायता के बोले ही नहीं जा सकते। ये संख्या में ३३ हैं। इसके तीन भेद १. स्पर्श, २. अंतःस्थ, ३. ऊष्म हैं।स्पर्श: स्पर्श व्यंजन पाँच वर्गों में विभक्त हैं।  हर वर्ग में पाँच-पाँच व्यंजन हैं। हर वर्ग का नाम पहले वर्ण पर है। क वर्ग- क् ख् ग् घ् ड़्। च वर्ग- च् छ् ज् झ् ञ्। ट वर्ग- ट् ठ् ड् ढ् ण् ।त वर्ग- त् थ् द् ध् न्। प वर्ग- प् फ् ब् भ् म्।अंतःस्थ: अन्तस्थ व्यंजन ४  हैं: य् र् ल् व्।                                                                    ऊष्म ऊष्म व्यंजन ४ चार हैं- श् ष् स् ह्।                                                                                          संयुक्त व्यंजनदो अथवा दो से अधिक व्यंजन मिलकर संयुक्त व्यंजन कहलाते हैं।  देवनागरी लिपि में संयोग के बाद रूप-परिवर्तन होने के कारण क्ष (क्+ष) क्षरण, ज्ञ (ज्+ञ) ज्ञान, तथा त्र (त्+र) त्रिशूल को कुछ विद्वान् हिंदी वर्णमाला में गिनते हैं कुछ नहीं गिनते।                                                                        अनुस्वार: इसका प्रयोग पंचम वर्ण के स्थान पर होता है। इसका चिन्ह (ं) है। जैसे: सम्भव=संभव, सञ्जीव  = संजीव, सड़्गम=संगम।                                                                                                    विसर्ग: इसका उच्चारण ह् के समान तथा चिह्न (ः) है। जैसे: अतः, प्रातः।                                  अनुनासिक/चंद्रबिंदु: जब किसी स्वर का उच्चारण नासिका और मुख दोनों से किया जाता है तब उसके ऊपर चंद्रबिंदु (ँ) लगाते है। यह अनुनासिक कहलाता है। जैसे: हँसना, आँख। हिंदी वर्णमाला में ११ स्वर तथा ३३ व्यंजन हैं। इनमें गृहित वर्ण (चार) ड़्, ढ़् अं तथा अः जोड़ने पर हिन्दी के वर्णों की कुल संख्या ४८ हो जाती है।हलन्त: जब कभी व्यंजन का प्रयोग स्वर से रहित किया जाता है तब उसके नीचे एक तिरछी रेखा (्) लगा दी जाती है। यह रेखा हल कहलाती है। हलयुक्त व्यंजन हलंत वर्ण कहलाता है। जैसे-विद्यां = विद्याम्
वर्ण तथा उच्चारण स्थल:
क्रमवर्णउच्चारण स्थल श्रेणी
१.अ आ क् ख् ग् घ् ड़् ह्विसर्ग कंठ और जीभ का निचला भागकंठस्थ
२.इ ई च् छ् ज् झ् ञ् य् शतालु और जीभतालव्य
३.ऋ ट् ठ् ड् ढ् ण् ड़् ढ़् र् ष्मूर्धा और जीभमूर्धन्य
४.त् थ् द् ध् न् ल् स्दाँत और जीभदंत्य
५.उ ऊ प् फ् ब् भ् म्दोनों होंठओष्ठ्य
६.ए ऐकंठ तालु और जीभकंठतालव्य
७.ओ औकंठ जीभ और होंठकंठोष्ठ्य
८.व्दाँत जीभ और होंठदंतोष्ठ्य

टीप: अक्षर = अ+क्षर जिसका क्षरण न हो, अविनाशी, अनश्वर, स्थिर, दृढ़, -विक्रमोर्वशीयम्, भगवद्गीता १५/१६,  अक्षराणांकारsस्मि -भगवद्गीता 10/33 त्र्यक्षर, एकाक्षरंपरंब्रह्म मनुस्मृति २/८३, प्रतिषेधाक्षरविक्लवाभिरामम् -शकुंतला नाटक ३/२५। 

अक्षर:

भाषाअसमियाउड़ियाउर्दूकन्नड़कश्मीरीकोंकणीगुजराती
शब्दबर्ण, आखर, अक्षरबर्ण (अख्यर)हर्फ़अक्षरअछुर, हरूफअक्षर, वर्ण
भाषाडोगरीतमिलतेलुगुनेपालीपंजाबीबांग्लाबोडो
शब्दएलुत्तुअक्षरमुअक्खरवर्ण (र्न), अक्षर (क्ख)
भाषामणिपुरीमराठीमलयालममैथिलीसंथालीसिंधीअंग्रेज़ी
वर्ड 
शब्दस्वर, वर्ण, शब्दअक्षरंअखर 

अंग्रेजी वर्णमाला में २१ स्वर और ५ व्यंजन मिलकर २६ वर्ण हैं। 

वर्ण, अक्षर और ध्वनि
"वर्ण उस मूल ध्वनि को कहते हैं जिसके खंड न हो सकें।" जैसे - अ इ क् ख् । वर्ण या अक्षर रचना की दृष्टि से भाषा की लघुतम इकाई है।
वर्ण, अक्षर तथा ध्वनि इन तीनों में भी अंतर हैं।
मुँह से उच्चरित अ, आ, क्, ख् आदि ध्वनियाँ हैं ।
ध्वनियों के लिखित रूप को वर्ण कहते हैं।
किसी एक ध्वनि या ध्वनि समूह की उच्चरित इकाई को अक्षर कहते हैं अथवा छोटी से छोटी इकाई अक्षर है जिसका उच्चारण वायु के एक झटके से होता है।
जैसे - आ ,जी ,क्या आदि।
**********
विश्ववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर 
salil.sanjiv@gmail.com, 7999559618
www.divyanarmada.in, #हिंदी_ब्लॉगर