कुल पेज दृश्य

पुस्तकालय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पुस्तकालय लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 11 जनवरी 2022

नवगीत, पर्यावरण - वानिकी,

 विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर
४०१ विजय अपार्टमेन्ट, नेपियर टाउन जबलपुर ४८२००१   
ईमेल salil.sanjiv@gmail.com, चलभाष ९४२५१८३२४४  
 (सहयोगी संस्था : आईसेक्ट-विश्वरंग भोपाल)
*
शान्तिराज पुस्तकालय 
जिन शिक्षा संस्थाओं में अर्थाभाव के कारण विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनके प्राचार्य द्वारा आवेदन करने और शिक्षकों द्वारा पुस्तकालय संचालन का दायित्व ग्रहण करने की सहमति होने पर प्रतिवर्ष १०० पुस्तकें तथा साहित्यिक पत्रिकाएँ निशुल्क प्रदान की जाती हैं। 
संस्था के केंद्रीय कार्यालय ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन जबलपुर में सदस्यों हेतु निशुल्क पुस्तकालय है जिसमें लगभग १५००० पुस्तकें व पत्रिकाएँ उपलब्ध हैं। सहयोगी संस्था आईसेक्ट द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई गई पुस्तकें / पत्रिकाएँ आदि यहाँ सदस्यों को उपलब्ध रहती हैं। संस्था के संस्थापक सभापति आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, सचिव इंजी. अरुण भटनागर हैं। संस्था द्वारा विविध साहित्यक विधाओं की कृतियों तथा विशिष्ट अवदान पर वार्षिक सम्मेलन के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। वर्ष २०२१ में तरुण स्मृति गीत-नवगीत सम्मान (५०००/- नगद) से श्री विनोद निगम को सम्मानित  किया गया।   
महीयसी पुस्तक प्रसार योजना 
संस्था द्वारा वाट्सऐप समूह अभियान जबलपुर पर हर मंगलवार को शाम ५ बजे से आयोजित बाल जगत कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे बच्चों की प्रतिभा विकास कर उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए न्यायमूर्ति शिवदयाल जी की पुण्य स्मृति में सबसे अच्छी प्रस्तुति पर एक पुस्तक पुरस्कार में दी जाएगी। ये पुस्तकें भोपाल से डॉ. ज्योत्स्ना निगम जी के माध्यम से दी जाएँगी। पुरस्कार के निर्णायक विशववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर के सभापति होंगे। पुरस्कार घोषणा के पश्चात् विजयी बच्चा अपना डाक का पता, चलभाष क्रमांक आदि पटल पर सूचित करेगा। 
बच्चे अपना खुद का पुस्तकालय बना सकें तो उनमें पुस्तक पढ़ने की आदत का विकास होगा। पाठ्यक्रम के अतिरिक्त अन्य पुस्तकें पढ़ने से बाल पाठक शब्द भण्डार, शब्दों के अर्थ की समझ बढ़ेगी, वाक्य अथवा छंद की संरचना के प्रति लगाव होगा और वे अपनी परीक्षा पुस्तिका या साक्षात्कार में अपने उत्तर देते समय या भाषण आदि देते समय सटीक शब्दों व भाषा का प्रयोग कर सफल होंगे। 
प्रथम पुरस्कार  सुरभि मुले को 
पटल पर श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों की सुंदर प्रस्तुति करने के लिए सुरभि मुले को प्रथम 'न्यायमूर्ति शिवदयाल स्मृति पुरस्कार' प्रदान करने के निर्णय लिया गया है। सुरभि को पूरी गीता कंठस्थ है। ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा सुरभि  गीता के श्लोकों का सस्वर वाचन तथा व्याख्या करने में निपुण है। सुरभि का पता- प्लाट क्रमांक ४६ बी, मकान क्रमांक ७८२ बदनपुर, साई पैलेस के सामने, शक्ति नगर, जबलपुर ४८२००१।
पाठक पंचायत 
संस्था के सदस्यों तथा अन्य रचनाकारों से प्राप्त पुस्तकों की समीक्षा नियमित गोष्ठियों में निरंतर की जाती है। संस्थान की ११ ईकाइयाँ  विविध नगरों में कार्यरत हैं। सभी ईकाइयों में समीक्षा हेतु प्रति इकाई २ पुस्तकें आना आवश्यक है। कम प्रतियाँ मिलने पर केवल केंद्रीय ईकाई में चर्चा की जाती है। 
वॉट्सऐप जीवंत गोष्ठियाँ  
वॉट्सऐप पर जीवंत (लाइव) गोष्ठियाँ प्रतिदिन ५ बजे से आयोजित की जा रही हैं जिनके विषय सोमवार उपनिषद वार्ता, मंगलवार बाल जगत, बुधवार भाषा विविधा, गुरूवार लोक साहित्य, शुक्रवार रस-छंद-अलंकार तथा समीक्षा, शनिवार काव्य गोष्ठी, रविवार संत समागम (११ बजे से) हैं। 
दिव्य नर्मदा 
संस्थान की पत्रिका दिव्य नर्मदा.इन पर प्रतिदिन नई रचनाएँ प्रस्तुत की जाती हैं। इसका गणक अब तक आ चुके पाठकों की संख्या ३८,१४,४५५  दिखा रहा है। इस पर १२६६१ रचनाएँ प्रस्तुत की जा चुकी हैं। 
अन्य गतिविधियाँ 
संस्था अपने सदस्यों को लेखन विधाओं, हिंदी व्याकरण, हिंदी छंद आदि की जानकारी तथा लेखन हेतु मार्गदर्शन देने के साथ पांडुलिपियों के संशोधन, मुद्रण, भूमिका लेखन, समीक्षा लेखन, विमोचन आदि में सहायक होती है।         
 ***  
पर्यावरण - वानिकी
*
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के आमंत्रण पर बाल साहित्य सम्मेलन में सहभागिता हेतु राजस्थान के कुछ भू भाग का भ्रमण करने का लोभ संवरण न कर सका। अत्यधिक शीत और कोहराजनित असुविधा की आशंका पर श्रीनाथ जी के दर्शन मिलने के सौभाग्यजनित भक्ति भाव ने विजय पाई।
मैं और उदयभानु तिवारी 'मधुकर' दयोदय एक्सप्रेस में पूर्वारक्षित बी ३, ९-१२ शायिकाओं से ४ जनवरी को रात्रि ८ बजे प्रस्थित हुए, सिहोरा से भाई विजय बागरी जुड़ गए। शयन से पूर्व जीवित काव्य गोष्ठी हो गई, सहयात्री भी रसानंद लेते रहे। बिरला इंस्टीयूट ऑफ़ टैक्नॉलॉजी पिलानी का एक युवा विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा में गिरावट और अंग्रेजी के वर्चस्व के प्रति चिंतित मिला। मैं और मधुकर जी अभियंता भी हैं, जानकर प्रसन्न हुआ। मध्यप्रदेश में इंजीनियरिंग की शिक्षा हिंदी में होती यह जानकर वह विस्मित और प्रसन्न हुआ। स्नेह सम्मेलन या परिसंवाद में हिंदी में तकनीकी शिक्षा पर मार्ग दर्शन हेतु उसने सहमति माँगी। उसे विषय को विविध पहलुओं से अवगत कराकर रात्रि ११.३० बजे सपनों की दुनिया की सैर करने चला गया।
प्रात: लगभग ६ बजे आँख खुली, खिड़की से झाँकते ही घने कोहरे ने सिहरा दिया। पटरियों को किनारे लगे वृक्ष तक दिखाई नहीं दे रहे थे। अधुनातन दृष्टिवर्धक उपकरणों से सज्जित होने पर भी रेलगाड़ी मंथर गति से बढ़ पा रही थी। लगभग सवा घंटे विलंब से हम कोटा पहुँचे।
कोटा से बस द्वारा भीलवाड़ा जाते समय राजस्थानी जन-जीवन की झलकियाँ, विशेषकर निरंतर बढ़ती हरियाली देखकर प्रसन्नता हुई। लगभग १० वर्ष पूर्व की तुलना में राजस्थान में पर्वतों का विनाश बड़े पैमाने पर हुआ है किन्तु हरियाली बढ़ी है। प्रकृति मनुष्य के मुनाफे का माध्यम बना दी गई है।

***
नवगीत
भीड़ का हिस्सा नहीं
छाँव हूँ मैं, धूप भी हूँ
खेत हूँ मैं, कूप भी हूँ
महल का ठस्सा नहीं
लोक हूँ मैं स्वाभिमानी
देशप्रेमी आत्मदानी
वायवी किस्सा नहीं
खींच कर तृष्णा बुझाओ
गले बाँधो, मुक्ति पाओ
कसूरी रस्सा नहीं
भाग्य लिखता कर परिश्रम
बाँध मुट्ठी, आँख रख नम
बेतुका घिस्सा नहीं
११-१-२०२०
***
भारतीय का परिचय:
कौन हूँ मैं?...
संजीव 'सलिल'
*
क्या बताऊँ,
कौन हूँ मैं?
नाद अनहद
मौन हूँ मैं.
दूरियों को नापता हूँ.
दिशाओं में व्यापता हूँ.
काल हूँ कलकल निनादित
कँपाता हूँ, काँपता हूँ.
जलधि हूँ, नभ हूँ, धरा हूँ.
पवन, पावक, अक्षरा हूँ.
निर्जरा हूँ, निर्भरा हूँ.
तार हर पातक, तरा हूँ..
आदि अर्णव सूर्य हूँ मैं.
शौर्य हूँ मैं, तूर्य हूँ मैं.
अगम पर्वत कदम चूमे.
साथ मेरे सृष्टि झूमे.
ॐ हूँ मैं,
व्योम हूँ मैं.
इडा-पिंगला,
सोम हूँ मैं.
किरण-सोनल साधना हूँ.
मेघना आराधना हूँ.
कामना हूँ, भावना हूँ.
सकल देना-पावना हूँ.
'गुप्त' मेरा 'चित्र' जानो.
'चित्त' में मैं 'गुप्त' मानो.
अर्चना हूँ, अर्पिता हूँ.
लोक वंदित चर्चिता हूँ.
प्रार्थना हूँ,
वंदना हूँ.
नेह-निष्ठा
चंदना हूँ.
ज्ञात हूँ, अज्ञात हूँ मैं.
उषा, रजनी, प्रात हूँ मैं.
शुद्ध हूँ मैं, बुद्ध हूँ मैं.
रुद्ध हूँ, अनिरुद्ध हूँ मैं.
शांति-सुषमा नवल आशा.
परिश्रम-कोशिश तराशा.
स्वार्थमय सर्वार्थ हूँ मैं.
पुरुषार्थी परमार्थ हूँ मैं.
केंद्र, त्रिज्या हूँ,
परिधि हूँ.
सुमन पुष्पा हूँ,
सुरभि हूँ.
जलद हूँ, जल हूँ, जलज हूँ.
ग्रीष्म, पावस हूँ, शरद हूँ.
साज, सुर, सरगम सरस हूँ.
लौह को पारस परस हूँ.
भाव जैसा तुम रखोगे
चित्र वैसा ही लखोगे.
स्वप्न हूँ, साकार हूँ मैं.
शून्य हूँ, आकार हूँ मैं.
संकुचन-
विस्तार हूँ मैं.
सृष्टि का
व्यापार हूँ मैं.
हिंस्र खातिर काल हूँ मैं
हलाहल की ज्वाल हूँ मैं
कभी दुर्गा, कभी काली
दनुज-सर की माल हूँ मैं
चाहते हो स्नेह पाओ.
सृष्ट में हो लीन जाओ.
द्वेष, हिंसा भूल जाओ.
रागिनी जग में गुँजाओ.
जलधि जल की
धार हूँ मैं
हिंद-हिंदी
सार हूँ मैं.
कायरों की मौत हूँ मैं
सज्जनों हित ज्योत हूँ मैं
नर्मदा हूँ, वर्मदा हूँ.
धर्मदा हूँ, कर्मदा हूँ.
कभी कंकर, कभी शंकर.
कभी सैनिक कभी बंकर.
दहशतगर्दों! मौत हूँ मैं.
ज़िंदगी की सौत हूँ मैं.
सुधर आओ
शरण हूँ मैं.
सिर रखो
शिव-चरण हूँ मैं.
क्या बताऊँ,
कौन हूँ मैं?
नाद अनहद
मौन हूँ मैं.
***
नवगीत:
संजीव
.
ग्रंथि श्रेष्ठता की
पाले हैं
.
कुटें-पिटें पर बुद्धिमान हैं
लुटे सदा फिर भी महान हैं
खाली हाथ नहीं संसाधन
मतभेदों का सर वितान है
दो-दो हाथ करें आपस में
जाने क्या गड़बड़
झाले हैं?
.
बातें बड़ी-बड़ी करते हैं
मनमानी का पथ वरते हैं
बना तोड़ते संविधान खुद
दोष दूसरों पर धरते हैं
बंद विचारों की खिड़की
मजबूत दिशाओं पर
ताले हैं
.
सच कह असच नित्य सब लेखें
शीर्षासन कर उल्टा देखें
आँख मूँद 'तूफ़ान नहीं' कह
शतुरमुर्ग निज पर अवरेखें
परिवर्तित हो सके न तिल भर
कर्म सकल देखे
भाले हैं.
१४.३०, २९-१२-२०१४, पंचायती धर्मशाला जयपुर
नवगीत:
संजीव
.
दिशा न दर्शन
दीन प्रदर्शन
.
क्यों आये हैं?
क्या करना है??
ज्ञात न पर
चर्चा करना है
गिले-शिकायत
शिकवे हावी
यह अतीत था
यह ही भावी
मर्यादाओं का
उल्लंघन
.
अहंकार के
मारे सारे
हुए इकट्ठे
बिना बिचारे
कम हैं लोग
अधिक हैं बातें
कम विश्वास
अधिक हैं घातें
क्षुद्र स्वार्थों
हेतु निबंधन
.
चित्र गुप्त
सू रत गढ़ डाली
मनमानी
मूरत बनवा ली
आत्महीनता
आत्ममोह की
खुश होकर
पीते विष-प्याली
पल में गाली
पल में ताली
मंथनहीन
हुआ मन-मंथन
२९.१२. २०१४ पंचायती धर्मशाला जयपुर

शुक्रवार, 6 अक्टूबर 2017

laghukatha

लघुकथा
समाधि
*
विश्व पुस्तक दिवस पर विश्व विद्यालय के ग्रंथागार में पधारे छात्र नेताओं, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कुलपति तथा जन-प्रतिनिधियों ने क्रमश: पुस्तकों की महत्ता पर लंबे-लंबे व्याख्यान दिए।
द्वार पर खड़े एक चपरासी ने दूसरे से पूछा- 'क्या इनमें से किसी को कभी पुस्तकें लेते, पढ़ते या लौटाते देखा है?'
'चुप रह, सच उगलवा कर नौकरी से निकलवायेगा क्या? अब तो विद्यार्थी भी पुस्तकें लेने नहीं आते तो ये लोग क्यों आएंगे?'
'फिर ये किताबें खरीदी ही क्यों जाती हैं?
'सरकार से प्राप्त हुए धन का उपयोग होने की रपट भेजना जरूरी होता है तभी तो अगले साल के बजट में राशि मिलती है, दूसरे किताबों की खरीदी से कुलपति, विभागाध्यक्ष, पुस्तकालयाध्यक्ष आदि को कमीशन भी मिलता है।'
'अच्छा, इसीलिये हर साल सैंकड़ों किताबों को दे दी जाती है समाधि।'
***
२०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर http://divyanarmada.blogspot.com
salil.sanjiv@gmail.com
#hindi_blogger

बुधवार, 2 अगस्त 2017

pustakalaya

 ॐ
    
 विश्व वाणी हिंदी संस्थान - शांति-राज पुस्तक संस्कृति अभियान 
समन्वय प्रकाशन अभियान 
समन्वय ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन जबलपुर ४८२००१  
***
              ll हिंदी आटा माढ़िए, उर्दू मोयन डाल l 'सलिल' संस्कृत सान दे, पूड़ी बने कमाल ll  
ll जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह प्रवेश त्यौहार  'सलिल' बचा पौधे लगा, दें पुस्तक उपहार ll
***
शांतिराज पुस्तकालय योजना 
उद्देश्य: 
१. नयी पीढ़ी में हिंदी साहित्य पठन-पाठन को प्रोत्साहित करना। 
२. हिंदी तथा अन्य भाषाओं के बीच रचना सेतु बनाना। 
३. गद्य-पद्य की विविध विधाओं में रचनाकर्म हेतु मार्गदर्शन उपलब्ध करना। 
४. सत्साहित्य प्रकाशन में सहायक होना। 
५. पुस्तकालय योजना की ईकाईयों की गतिविधियों को दिशा देना। 
गतिविधि: 
१. १०० अथवा ११,००० रुपये मूल्य की पुस्तकें निशुल्क प्रदान की जायेंगी। 
२. संस्था द्वारा चाहे जाने पर की गतिविधियों के उन्नयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान करना। 
३. संस्था के सदस्यों की रचना-कर्म सम्बन्धी कठिनाइयों का निराकरण करना। 
४. संस्था के सदस्यों को शोध, पुस्तक लेखन तथा प्रकाशन में मदद करना। 
५. संस्था के चाहे अनुसार उनके आयोजनों में सहभागी होना।   
पात्रता:
इस योजना के अंतर्गत उन्हीं संस्थाओं की सहायता की जा सकेगी जो- 
१. अपनी संस्था के गठन, उद्देश्य, गतिविधियों, पदाधिकारियों आदि की समुचित जानकारी देते हुए आवेदन करेंगी।
२. लिखित रूप से पुस्तकालय के नियमित सञ्चालन, पाठकों को पुस्तकें देने-लेने तथा सुरक्षित रखने का वचन देंगी। 
३. हर तीन माह में पाठकों को दी गयी पुस्तकों तथा पाठकों की संख्या तथा अपनी अन्य गतिविधियाँ संस्थान को सूचित करेंगी। उनकी सक्रियता की नियमित जानकारी से दुबारा सहायता हेतु पात्रता प्रमाणित होगी। 
४. 'विश्ववाणी हिंदी संस्थान-शान्ति-राज पुस्तक संस्कृति अभियान' से सम्बद्ध का बोर्ड या बैनर समुचित स्थान पर लगायेंगी। 
५. पाठकों के चाहने पर लेखन संबंधी गोष्ठी, कार्यशाला, परिचर्चा आदि का आयोजन अपने संसाधनों तथा आवश्यकता अनुसार करेंगी। 
आवेदन हेतु संपर्क सूत्र- आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', सभापति विश्ववाणी हिंदी संस्थान, २०४ विजय अपार्टमेंट नेपियर टाउन जबलपुर ४८२००१, चलभाष- ९४२५१ ८३२४४ / ७९९९५ ५९६१८।       

                                                                                             (संजीव वर्मा 'सलिल')
                                                                                                २०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन,
                                                                                        जबलपुर ४८२००१, चलभाष ९४२५१ ८३२४४ 
                                                                                                          salil.sanjiv@gmail.com
                                                                                           http://divyanarmada.blogspot.in
                                                                      facebook: sahiyta salila / sanjiv verma 'salil'