कुल पेज दृश्य

सोमवार, 5 सितंबर 2022

कविता,नवगीत,गीत,शिक्षक,चैटवार्ता,सरस्वती,सॉनेट

सॉनेट
शिक्षक
शिक्षक सब कुछ रहे सिखाते 
हम ही सीख नहीं कुछ पाए
खोटे सिक्के रहे भुनाते 
धन दे निज वंदन करवाए 

मितभाषी गुरु स्वेद बहाते
कंकर से शंकर गढ़ पाए 
हम ढपोरशंखी पछताते 
आपन मुख आपन जस गाए 

गुरु नेकी कर रहे भुलाते 
हमने कर अहसान जताए 
गुरु बन दीपक तिमिर मिटाते
हमने नाते-नेह भुनाए 

गुरु पग-रज यदि शीश चढ़ाते 
आदम हैं इंसान कहाते 
५-९-२०२२ 
***
सरस्वती वंदना
लेखनी ही साध मेरी,लेखनी ही साधना हो।
तार झंकृत हो हृदय के,मात! तेरी वंदना हो।
शक्ति ऐसी दो हमें माँ,सत्य लिख संसार का दूँ।
सार समझा दूँ जगत का,ज्ञान बस परिहार का दूँ।
आन बैठो नित्य जिह्वा,कंठ में मृदु राग भर दो-
नाद अनहद बज उठे उर,प्राण निर्मल भावना हो।
काव्य हो अभिमान मेरा,तूलिका पहचान मेरी।
छंद रंगित पृष्ठ शोभित,वंद्य कूची शान मेरी।
छिन भले लो साज सारे,पर कलम को धार दो माँ-
मसि धवल शुचि नीर लेकर,अम्ब!तेरी अर्चना हो।
लिख सकूँ अरमान सारे,रच सकूँ इतिहास स्वर्णिम।
ठूँठ पतझर के हृदय पर,रख सकूँ मधुमास स्वर्णिम।
शब्द अभिधा अर्थ अभिनव,रक्त कणिका में घुला दो-
शारदे! निज कर बढ़ा दो,शुभ चरण आराधना हो।
लेखनी ही साध मेरी,लेखनी ही साधना हो।
तार झंकृत हो हृदय के,मात! तेरी वंदना हो।
५-९-२०१९
***
गीत
*
देश हमारा है
सरकार हमारी है,
क्यों न निभाई 
हमने जिम्मेदारी है?
*
नियम व्यवस्था का
पालन हम नहीं करें,
दोष गैर पर-
निज, दोषों का नहीं धरें।
खुद क्या बेहतर
कर सकते हैं, वही करें।
सोचें त्रुटियाँ कितनी
कहाँ सुधारी हैं?
देश हमारा है
सरकार हमारी है,
क्यों न निभाई 
हमने जिम्मेदारी है?
*
भाँग कुएँ में
घोल, हुए मदहोश सभी,
किसके मन में
किसके प्रति आक्रोश नहीं?
खोज-थके, हारे
पाया सन्तोष नहीं।
फ़र्ज़ भुला, हक़ चाहें
मति गई मारी है।
देश हमारा है
सरकार हमारी है,
क्यों न निभाई 
हमने जिम्मेदारी है?
*
एक अँगुली जब
तुम को मैंने दिखलाई।
तीन अंगुलियाँ उठीं
आप पर, शरमाईं
मति न दोष खुद के देखे
थी भरमाई।
सोचें क्या-कब
हमने दशा सुधारी है?
देश हमारा है
सरकार हमारी है,
क्यों न निभाई 
हमने जिम्मेदारी है?
*
जैसा भी है
तन्त्र, हमारा अपना है।
यह भी सच है
बेमानी हर नपना है।
अँधा न्याय-प्रशासन,
सत्य न तकना है।
कद्र न उसकी
जिसमें कुछ खुद्दारी है।
देश हमारा है
सरकार हमारी है,
क्यों न निभाई 
हमने जिम्मेदारी है?
*
कौन सुधारे किसको?
आप सुधर जाएँ।
देखें अपनी कमी,
न केवल दिखलायें।
स्वार्थ भुला,
सर्वार्थों की जय-जय गायें।
अपनी माटी
सारे जग से न्यारी है।
देश हमारा है
सरकार हमारी है,
क्यों न निभाई 
हमने जिम्मेदारी है?
*
११-८-२०१६
***
प्रातस्मरण स्तोत्र (दोहानुवाद सहित) -संजीव 'सलिल'
II ॐ श्री गणधिपतये नमः II
*
प्रात:स्मरामि गणनाथमनाथबन्धुं सिंदूरपूरपरिशोभितगण्डयुग्मं
उद्दण्डविघ्नपरिखण्डनचण्डदण्डमाखण्डलादि सुरनायक वृन्दवन्द्यं
*
प्रात सुमिर गणनाथ नित, दीनस्वामि नत माथ.
शोभित गात सिंदूर से, रखिये सिर पर हाथ..
विघ्न-निवारण हेतु हों, देव दयालु प्रचण्ड.
सुर-सुरेश वन्दित प्रभो!, दें पापी को दण्ड..
*
प्रातर्नमामि चतुराननवन्द्यमान मिच्छानुकूलमखिलं च वरं ददानं.
तं तुन्दिलंद्विरसनाधिप यज्ञसूत्रं पुत्रं विलासचतुरं शिवयो:शिवाय.
*
ब्रम्ह चतुर्मुखप्रात ही, करें वन्दना नित्य.
मनचाहा वर दास को, देवें देव अनित्य..
उदर विशाल- जनेऊ है, सर्प महाविकराल.
क्रीड़ाप्रिय शिव-शिवासुत, नमन करूँ हर काल..
*
प्रातर्भजाम्यभयदं खलु भक्त शोक दावानलं गणविभुंवर कुंजरास्यम.
अज्ञानकाननविनाशनहव्यवाह मुत्साहवर्धनमहं सुतमीश्वरस्यं..
*
जला शोक-दावाग्नि मम, अभय प्रदायक दैव.
गणनायक गजवदन प्रभु!, रहिए सदय सदैव..
*
जड़-जंगल अज्ञान का, करें अग्नि बन नष्ट.
शंकर-सुत वंदन नमन, दें उत्साह विशिष्ट..
*
श्लोकत्रयमिदं पुण्यं, सदा साम्राज्यदायकं.
प्रातरुत्थाय सततं यः, पठेत प्रयाते पुमान..
*
नित्य प्रात उठकर पढ़े, त्रय पवित्र श्लोक.
सुख-समृद्धि पायें 'सलिल', वसुधा हो सुरलोक..
५-९-२०१६
***
नवगीत:
*
राम भरोसे
चलता चल
कह सूरज से:
'काम शेष है
अभी न ढल.'
*
गड्ढों की
गिनती मत कर
मत खोज सड़क.
रुपया माँगे
अगर सिपाही
नहीं भड़क.
पैडल घुमा
न थकना-रुकना
बढ़ना है.
खड़ी चढ़ैया
दम-ख़म साधे
चढ़ना है.
बहा पसीना
गमछा लेकर
पोंछ, न रुक.
रामभरोसे!
बढ़ता चल
सुन सूरज की
बात: 'कीमती
है हर पल.'
राम भरोसे
चलता चल
कह सूरज से:
'काम शेष है
अभी न ढल.'
*
बचुवा की
लेना किताब,
पैसे हैं कम.
खाँस-खाँस
अम्मा की आँखें
होतीं नम.
चाब न पाते
रोटी, डुकर
दाँत टूटे.
धुतिया फ़टी
पहन घरनी
चुप, सुख लूटे.
टायर-ट्यूब
बदल, खालिस
सपने मत बुन.
चाय-समोसे
गटक,
सवारी बैठा,
खाली हाथ
न मल.
राम भरोसे
चलता चल
कह सूरज से:
'काम शेष है
अभी न ढल.'
*
डिजिटल-फिजिटल
काम न कुछ भी
आना है.
बिटिया को
लोटा लेकर ही
जाना है.
मुई सियासत
अपनेपन में
आग लगा.
दगा दे गयी
नहीं किसी का
कोई सगा.
खाली खाता
ठेंगा दिखा
चिढ़ाता है.
अच्छा मन
कब काम
कभी कुछ
आता है?
अच्छे दिन,
खा खैनी,
रिक्सा खींच
सम्हाल रे!
नहीं फिसल।
राम भरोसे
चलता चल
कह सूरज से:
'काम शेष है
अभी न ढल.'
***
शुभकामना
रचना-रचनाकार को, नित कर नम्र प्रणाम
'सलिल' काम निष्काम कर, भला करेंगे राम
ईश्वर तथा प्रकृति को नमन कर; निस्वार्थ भाव से कार्य करने से प्रभु कृपा करते हैं।
परमात्मा धारण करे, काया होकर आत्म
कहलाये कायस्थ तब, तजे मिले परमात्म
निराकार परब्रम्ह अंश रूप में काया में रहता है तो कायस्थ कहलाता है। जब वह काया का त्याग करता है तो पुन: परमात्मा में मिल जाता है।
श्री वास्तव में मिले जब, खरे रहें व्यवहार
शक-सेना हँस जय करें, भट-नागर आचार
वास्तव में समृद्धि तब ही मिलती है जब जुझारू सज्जन अपने आचरण से संदेहों को ख़ुशी-ख़ुशी जीत लेते हैं।
संजय दृष्टि तटस्थ रख, देखे विधि का लेख
वर्मा रक्षक सत्य का, देख सके तो देख
महाभारत युद्ध में संजय निष्पक्ष रहकर होनी को घटते हुए देखते रहे. अपनी देश और प्रजा के रक्षक नरेश (वर्मा = अन्यों की रक्षा करनेवाला) परिणाम की चिंता किये बिना अपनी प्रतिबद्धता के अनुसार युद्ध कर शहीद हुए।
शांत रखे तन-मन सदा, शांतनु तजे न धैर्य
हो न यादवी युद्ध अब, जीवन हो निर्वैर्य
देश के शासक हर स्थिति में तन-मन शांत रखें, धीरज न तजें. आपसी टकराव (कृष्ण के अवसान के तुरंत बाद यदुवंश आपस में लड़कर समाप्त हुआ) कभी न हो। हम बिना शत्रुता के जीवन जी सकें।
सिंह सदृश कर गर्जना, मेघ बरस हर ताप
जगती को शीतल करे, भले शेष हो आप
परोपकारी बदल शेर की तरह गरजता है किन्तु धरती की गर्मी मिटाने के लिये खुद मिट जाने तक बरसता है।
***
एक चैट वार्ता:
आज एक अनजान महिला से हुई चैट वार्ता से आपको जोड़ रहा हूँ।कोई कहानीकार इस पर कहानी का ताना-बाना बुन सकता है। इसे साझा करने का उद्देश्य समाज में बढ़ रही प्रवृत्तियों की जानकारी देना है। समाज में हो रहे वैचारिक परिवर्तन का संकेत इन वार्ताओं से मिलता है।
महिला - hi
मैं = नमस्कार।
पर्व नव सद्भाव के
*
हैं आ गए राखी कजलियाँ, पर्व नव सद्भाव के.
सन्देश देते हैं न पकड़ें, पंथ हम अलगाव के..
भाई-बहिन सा नेह-निर्मल, पालकर आगे बढ़ें.
सत-शिव करें मांगल्य सुंदर, लक्ष्य सीढ़ी पर चढ़ें..
शुभ सनातन थाती पुरातन, हमें इस पर गर्व है.
हैं जानते वह व्याप्त सबमें, प्रिय उसे जग सर्व है..
शुभ वृष्टि जल की, मेघ, बिजली, रीझ नाचे मोर-मन.
कब बंधु आये? सोच प्रमुदित, हो रही बहिना मगन..
धारे वसन हरितिमा के भू, लग रही है षोडशी.
सलिला नवोढ़ा नारियों सी, कथा है नव मोद की..
शालीनता तट में रहें सब, भंग नहिं मर्याद हो.
स्वातंत्र्य उच्छ्रंखल न हो यह, मर्म सबको याद हो..
बंधन रहे कुछ तभी तो हम, गति-दिशा गह पायेंगे.
निर्बंध होकर गति-दिशा बिन, शून्य में खो जायेंगे..
बंधन अप्रिय लगता हमेशा, अशुभ हो हरदम नहीं.
रक्षा करे बंधन 'सलिल' तो, त्याज्य होगा क्यों कहीं?
यह दृष्टि भारत पा सका तब, जगद्गुरु कहला सका.
रिपुओं का दिल संयम-नियम से, विजय कर दहला सका..
इतिहास से ले सबक बंधन, में बँधें हम एक हों.
संकल्पकर इतिहास रच दें, कोशिशें शुभ नेक हों..
***
- hi
= कहिए, कैसी हैं?
- thik hu ji
= क्या कर रही हैं आजकल?
- kuch nahi ji. aap kyaa karte ho ji?
=मैं लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर रहा। अब सेवा निवृत्त हूँ।
- aachha ji
= आपके बच्चे किन कक्षाओं में हैं?
- beta 4th me or beti 3 मे.
= बढ़िया. उनके साथ रोज शाम को रामचरित मानस के ५ दोहे अर्थ के साथ पढ़ा करें। इससे वे नए शब्द और छंद को समझेंगे। उनकी परीक्षा में उपयोगी होगा। गाकर पढ़ने से आवाज़ ठीक होगी।
- ji. me aapke charan sparsh karti hu. aap bahut hi nek or aachhe insan he.
= सदा प्रसन्न रहें। बच्चों की पहली और सबसे अधिक प्रभावी शिक्षक माँ ही होती है। माँ बच्चों की सखी भी हो तो बच्चे बहुत सी बुराइयों से बच जाते हैं।
- or sunaao kuch. mujhe aap s bat karke bahut aacha laga ji
= आपके बच्चों के नाम क्या हैं?
- beta sachin beti sandhya
= रोज शाम को एकाग्र चित्त होकर लय सहित मानस का पाठ करने से आजीवन शुभ होता है।
- wah wah kya bat he ji. aap mere guru ji ho
= आपकी सहृदयता के लिए धन्यवाद। बच्चों को बहुत सा आशीर्वाद।
- orr sunaao aapko kya pasand he? mere layk koi sewa?
= आप कहाँ तक पढ़ी हैं? कौन से विषय थे?
- 10 pas hu. koi job karna chahti hu.
= अभी नहीं। पहले मन को मजबूत कर १२ वीं पास करें। प्राइवेट परीक्षा दें। साथ में कम्प्यूटर सीखें। इससे आप बच्चों को मदद कर सकेंगी। बच्चों को ८० प्रतिशत अंक मिलें तो समझें आप को मिले। आप के पति क्या करते हैं? आय कितनी है?
- ha par m padhai nahi kar sakti hu. computar chalaana to aata he mujhe, mobail repering ka kam he dukaan he khud ki
= तब तो सामान्य आर्थिक स्थिति है. बच्चे कॉलेज में जायेंगे तो खर्च अधिक होगा। अभी से सोचना होगा। आप किस शहर में हैं? आय लगभग १५-२० हजार रु. मानूँ तो भी आपको कुछ कमाना होगा। कम्प्यूटर में माइक्रौसौफ़्ट ऑफिस, माइक्रोसॉफ्ट वर्ड, विंडो आदि सीखना होगा। बच्चे छोटे हैं इसलिए घर में रहना भी जरूरी है। आप घर पर वकीलों और किताबों का टाइपिंग काम करें तो अतिरिक्त आय का साधन हो सकता है। बाहर नौकरी करेंगी तो घर में अव्यवस्था होगी.
- bahar bhi kar lugi yadi job achha he to. 10 hajar s jyada nahi kama pate he.
= अच्छी नौकरी के लिए १० वीं पर्याप्त नहीं है। आजकल प्राइवेट स्कूल ३-४ हजार में शिक्षिकाएँ रखते हैं जो BA या MA होती हैं। कंप्यूटर से टाइपिंग सीखने में २-३ माह लगेंगे और आप घर पर काम कर अच्छी आय कर सकती हैं। घर कहाँ है?
- steshan k pas men rod par, kabhi aana to hum s jarur milna aap.
= दूसरा रास्ता घर में पापड़, आचार, बड़ी आदि बनाकर बेचना है। यह घर, दूकान तथा सरकारी दफ्तरों में किया जा सकता है। नौकरी करनेवाली महिलाओं को घर में बनाने का समय नहीं मिलता। आपसे स्वच्छ, स्वादिष्ट तथा सस्ता सामान मिल सकेगा। त्योहारों आर मिठाई भी बना कर बेच सकती हैं। इसमें लगभग ६० % का फायदा है। जबलपुर में मेरी एक रिश्तेदार ने इसी तरह अपने बेटे को इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराई है। यह सुझाव उन्हें मैंने ही दिया था।
- thank u ji
= पति के साथ सोच-विचार कर कोई निर्णय करें जिसमें घर और बच्चों को देखते हुए भी अतिरिक्त आय कर सकें।घर में और कौन-कौन हैं?
- total femli 4 log, sas sasur nahi he, bhai sab aalag rahte he
= फिर तो पूरी जिम्मेदारी आप पर है, वे होते तो आपके बाहर जाने पर बच्चों को बड़े देख लेते। मेरी समझ में बेहतर होगा कि आप घर से ही काम करें।
- ji, hamari bhai ki ladki yahi p rahti he coleej ki padhai kar rahi he ghar ka kam to bo kar leti he. m jyadatar free rahti hu. isliye kuch karne ka socha
= घर में सामान बना कर बेचेंगी, अथवा पढ़ाई करेंगी या टाइपिंग का काम करेंगी तो समय कम पड़ेगा। घर पर करने से घर और बच्चों की देख-रेख कर सकेंगी। थकान होने पर सुस्ता सकेंगी, बाहर की नौकरी में घर छोड़ना होगा, समय अधिक लगेगा, आने-जाने में भी खर्च होगा, वेतन भी कम ही मिलेगा। उससे अधिक आप घर पर काम कर कमा सकती हैं। बनाया हुआ सामान बिकने लगे तो फिर काम बढ़ता जाता है।त्योहारों पर सहायक रखकर काम करना होता है। मैदा, बेसन आदि थोक दुकान से खरीदने में अधिक बचत होती है। आप लड्डू, बर्फी, सेव, बूंदी, मीठी-नमकीन मठरी, शकरपारे, गुझिया, पपड़ियाँ आदि बना लेती होंगी। अभी यह योग्यता घर तक सीमित है।
- mujhe ghumna pasand he. aap jese jankar or sammaniy logo se bat karna aacha lagta he. gana gane ka shok he
= जब सामान बना लेंगी तो बेचने के लिए घूमना होगा। सरकारी दफ्तरों में काम करनेवाले कर्मचारी ही आपके ग्राहक होंगे जिनके घरों में महिलाएँ बनाना नहीं जानतीं, बीमार हैं, या आलसी हैं वे सभी घर का बना साफ़-सुथरा सामान खरीदना पसंद करते हैं। गायन अच्छी कला है पर इससे धन कमाना कठिन है। अधिकांश कार्यक्रम मुफ्त देना होते हैं, लगातार अभ्यास करना होता है. आयोजक या व्यवस्था ठीक न हो तो कठिनाई होती है। पूरी टीम चाहिए। गायक-गायिका, वादक, माइक आदि।
- ji, aapko kya pasand he
= आपकी परिस्थितियों, वातावरण और कम साधनों को देखते हुए अधिक सफलता घर में सामान बनाकर बेचने से मिल सकती है। नौकरीवालों के लिए टिफिन भी बना सकती हैं। इससे घर के सदस्यों का भोजन-व्यय बच जाता है, कमाई होती है सो अलग। गायन, वादन, नर्तन आदि शौक हो सकते हैं पर इनसे कमाई की सम्भावना काम है।
- aapko kya pasand he
= मुझे हिंदी मैया की सेवा करना पसंद है। रिटायर होने के बाद रोज १०-१२ घंटे लिखता-पढ़ता हूँ। चैटिंग के माध्यम से समस्याएँ सुलझाता हूँ।
- thank u. i l u. i lick u
= प्रभु आपकी सहायता करें.. कंप्यूटर पर हिंदी में लिखना सीख लें।
- aap bhi kuch sahayta karo
= इतना विचार-विमर्श और मार्गदर्शन सहायता ही तो है।
- haa ji
= आपने गायन के जो कार्यक्रम किए उनसे कितनी आय हुई ?
- मै आपको मिल जाऊँ तो आप क्या करोगे । 1. दोस्ती, 2.प्यार, 3. सेक्स। mene koi karykaran nahi kiya he kewal shook he ghar p gati rahti hu (कुछ अभद्र चित्र संलग्न)
= मैं केवल लेखन और परामर्श देने में रुचि रखता हूँ। दोस्ती जीवन साथी से, प्यार बच्चों से करना उत्तम है। सेक्स का उद्देश्य संतान उत्पत्ति है। मेरी २ संतानें हैं। अब उसकी कोई भूमिका नहीं है।
- मै आपसे दोस्ती करना चाहती हूँ, (निर्वस्त्र चित्र संलग्न)
= सम्बन्ध तन, नहीं मन के हों तभी कल्याणकारी होते हैं, आप विवाहिता हैं, माँ भी हैं, पति के अतिरिक्त किसी को चाहना, दैहिक संबंध के लिए प्रोत्साहन कैसे कर सकती हैं? यह पति से विश्वासघात नहीं है? आपकी बेटी क्या सीखेगी?
- m kuch bhi kar sakti hu, paresan hu. peeso ki jarurat he mujhe
= चरित्र से बड़ा कुछ नहीं है। ऐसा कुछ कभी न करें जिससे आप खुद, पति या बच्चे शर्मिंदा हों। देह व्यापार से आत्मा निर्बल हो जाती है।मन को शांत करें, नित्य मानस-पाठ करें। दुर्गा जी से सहायता की प्रार्थना करें।
- aap mujhe 10 hajar ru ki madad de do, jab jahan bulaoge aa jaoongee
= नहीं। अपने सहायक आप हो, होगा सहायक प्रभु तभी। श्रम करें, याचना नहीं।
- ok ji. muft ki salaah to har koi deta he kisi s 2 rupay mago to koi nahi deta. mene aapko aapna samajh kar madad magi thi kuch bhi kam karne k liy peesa ki jarurat to sabse pahle hoti he or wo mere pas nahi he ji
= राह पर कदम बढ़ाने से, मंज़िल निकट आती है।ठोकर लगे तो सहारा मिला जाता है अथवा ईश्वर उठ खड़े होने की हिम्मत देता है। किनारे बैठकर याचना करने पर भिक्षा मिल भी जाए तो मंज़िल नहीं मिलती। (मैंने उन्हें ब्लॉक कर दिया।)
५-९-२०१५
***
दुनिया के सात शिक्षक कालजयी है जिनका योगदान
एशिया हो या यूरोप हर जगह शिक्षक की अहमियत खास है। ऐसे सात शिक्षक निम्न हैं जिनका योगदान कालजयी है


कन्फ्यूशियस (ईसा पूर्व ५५१-४७९)
कन्फ्यूशियस का जन्म चीन के शानदोंग प्रांत में हुआ था। इन्हें भगवान महावीर और गौतम बुद्ध का समकालीन माना जाता है। कई विषयों में पंडित कन्फ्यूशियस को १७ वर्ष की उम्र में एक सरकारी नौकरी मिली। कुछ ही वर्षों में इनका मन नौकरी से उचट गया और इन्होंने खुद को अध्यापन कार्य में लगा दिया। घर में ही एक विद्यालय खोलकर विद्यार्थियों को शिक्षा देना शुरू कर दिया। कन्फ्यूशियस मौखिक रूप से विद्यार्थियों को इतिहास, काव्य, दर्शनशास्त्र और नीतिशास्त्र की शिक्षा दी। कन्फ्यूशियस ने काव्य, इतिहास, संगीत और नीतिशास्त्र पर कई पुस्तकों की रचना भी की। कन्फ्यूशियस ने एक नए धर्म की नींव भी रखी थी। चीन में आज भी कन्फ्यूशियस का दर्शन वहां के समाज और शिक्षा का बड़ा आधार है।


सुकरात (ईसा पूर्व 469-399)
सुकरात को पश्चिम के महान शिक्षक और विचारक मान्य हैं। सुकरात का जन्म एथेंस में हुआ था। शुरुआती जीवन में सुकरात ने अपने पिता के व्यवसाय में हाथ बँटाया लेकिन बाद में उन्होंने कुछ दिनों के लिए सेना की नौकरी भी की। एक सैनिक के तौर पर सुकरात ने पैटीडिया के युद्ध में हिस्सा लिया था। तत्कालीन एथेंस के समाज में सुकरात वैज्ञानिक विचारधारा का सूत्रपात किया करते थे। अपने शिष्यों के साथ ही एथेंस के अन्य लोगों को ज्ञान और विज्ञान की बातें समझाया करते थे। इस सिलसिले में कई बार वे अपने तर्कों द्वारा स्थापित मान्यताओं को खारिज कर देते थे। तब एथेंसवासी सुकरात की विचारधारा को समझ ही नहीं पाए और उनकी जान के दुश्मन बन गए। उनके उपदेशों से आजिज उनके दुश्मनों ने सुकरात को ख़त्म करने की ठानी और सुकरात पर मुकदमा थोप दिया। उनके ऊपर देवताओं की उपेक्षा और एथेंस के युवाओं को भ्रष्ट करने का आरोप लगा। आखिरकार दुनिया के इस महान शिक्षक को जहर का प्याला देकर मार दिया गया। बावजूद आज भी सुकरात के विचार प्रासंगिक बने हैं। सुकरात के बाद उनके एक शिष्य प्लेटो ने पश्चिमी विचारधारा को हिलाकर रख दिया था।

रोजर बैकन (1214-1292)
रोजर बैकन का जन्म इंग्लैंड में हुआ था। रोजर कई विषयों के विशेषज्ञ थे जिनमें ऑप्टिक, मैथ, रसायन प्रमुखता से शुमार किए जा सकते हैं। रोजर की गणना दुनिया के महान टीचर्स में होती है। इन्होंने अपने समय में दर्शन और विज्ञान का विस्तार से अध्ययन करने के साथ ही इसमें कई प्रयोग भी किए। इस दिलचस्प टीचर को अपने तार्किक ज्ञान और विज्ञान परक लेखन के कारण रोजर को शासकीय यातना भी झेलनी पड़ी। बता दें कि ओकल्टीज़्म के आरोप में रोजर को 15 साल कारावास भुगतना पड़ा।


नाथन हेल (1755-1766)
नाथन हेल को एक शिक्षक के साथ ही एक अमेरिकी योद्धा के रूप में भी याद किया जाता है। नाथन ने अमेरिका के रिवोल्यूशनरी वार में हिस्सा लिया था। वे ब्रिटिश सेना द्वारा पकड़े गए और मात्र 21 साल की उम्र में फाँसी चढ़ा दिए गए। अपनी उम्र के 18 वें वर्ष में ही वे एक अध्यापक भी बन गए थे। उन्हें अमेरिका में महिलाओं के शिक्षा की वकालत करने वाले प्रमुख व्यक्ति के रूप में याद किया जाता है। तत्कालीन अमेरिका में महिला शिक्षा की हालत बहुत खराब थी। ऐसे दौर में नाथन सुबह-सुबह महिलाओं और लड़कियों को पढ़ाते थे जबकि इसी दिन दोपहर के समय में लड़कों को पढ़ाने का काम किया करते थे।


एन्नी सुलिवान (1866-1936)
एन्नी सुलिवान का जन्म मैसाचुसेट्स में 14 अप्रैल 1866 को हुआ था। जन्म के चौथे साल में ही एक बीमारी की वजह से उन्हें ब्लाइंडनेस की दिक्कत का सामना भी करना पड़ा। एन्नी को जन्मजात शिक्षक माना जाता है। दुनिया एन्नी को गूंगी और पूरी तरह से बहरी लड़की हेलन केलर के साथ किए गए उनके काम के लिए याद करती है। बता दें कि एन्नी ऐसी पहली शख्स थी जिन्होंने हेलन के रूप में किसी गूँगे-बहरे छात्र को पढ़ाने में सफलता हासिल की।
आभार - शीला मदान, शिकागो
***

कविता:
आत्मालाप:
*
क्यों खोते?, क्या खोते?,औ' कब?
कौन किसे बतलाए?
मन की मात्र यही जिज्ञासा
हम क्या थे संग ला?
आए खाली हाथ
गँवाने को कुछ कभी नहीं था.
पाने को थी सकल सृष्टि
हम ही कुछ पचा न पा.
ऋषि-मुनि, वेद-पुराण,
हमें सच बता-बताकर हारे
कोई न अपना, नहीं पराया
हम ही समझ न पा.
माया में भरमा हैं हम
वहम अहम् का पाले.
इसीलिए तो होते हैं
सारे गड़बड़ घोटाले.
जाना खाली हाथ सभी को
सभी जानते हैं सच.
धन, भू, पद, यश चाहें नित नव
कौन सका इनसे बच?
जब, जो, जैसा जहाँ घटे
हम साक्ष्य भाव से देखें.
कर्ता कभी न खुद को मानें
प्रभु को कर्ता लेखें.
हम हैं मात्र निमित्त,
वही है रचने-करनेवाला.
जिससे जो चाहे करवा ले
कोई न बचनेवाला.
ठकुरसुहाती उसे न भाती
लोभ, न लालच घेरे.
भोग लगा खाते हम खुद ही
मन से उसे न टेरें.
कंकर-कंकर में वह है तो
हम किससे टकराते?
किसके दोष दिखाते हरदम?
किससे हैं भय खाते?
द्वैत मिटा, अद्वैत वर सकें
तभी मिल सके दृष्टि.
तिनका-तिनका अपना लागे
अपनी ही सब सृष्टि.
कर अमान्य मान्यता अन्य की
उसका हृदय दुखाएँ.
कहें संकुचित सदा अन्य को
फिर हम हँसी उड़ाएँ..
कितना है यह उचित?,
स्वयं सोचें, विचार कर देखें.
अपने लक्ष्य-प्रयास विवेचें,
व्यर्थ अन्य को लेखें..
जिनके जैसे पंख,
वहीं तक वे पंछी उड़ पाएँ.
ऊँचा उड़ें,न नीचा
उड़नेवाले को ठुकराएँ..
जैसा चाहें रचें,
करे तारीफ जिसे भाएगा..
क्या कटाक्ष-आक्षेप तनिक भी
नेह-प्रीत लाएगा??..
सृजन नहीं मसखरी,न लेखन
द्वेष-भाव का जरिया.
सद्भावों की सतत साधना
रचनाओं की बगिया..
शत-शत पुष्प विकसते देखे
सबकी अलग सुगंध.
कभी न भँवरा कहे: 'मिटे यह,
उस पर हो प्रतिबन्ध.'
कभी न एक पुष्प को देखा
दे दूजे को टीस,
व्यंग्य-भाव से खीस निपोरे
जो वह दिखे कपीश..
नेह नर्मदा रहे प्रवाहित
चार दिनों का साथ.
जीते-जी दें कष्ट
बिछुड़ने पर करते नत माथ?
माया है यह, वहम अहम् का
इससे यदि बच पाए.
शब्द-सुतों का पग-प्रक्षालन
करे 'सलिल' तर जाए.
५-९-२०१०
***

कोई टिप्पणी नहीं: