कुल पेज दृश्य

doha saxena chhaya saxena लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
doha saxena chhaya saxena लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 16 मार्च 2018

doha shatak: chhaya saxena

दोहा शतक:
छाया सक्सेना 'प्रभु'















जन्म: १५.८.१९७१, रीवा।  
आत्मजा: श्रीमती शारदा-डॉ.विश्वनाथ प्रसाद सक्सेना। 
जीवनसाथी: मनीष सक्सेना। 
शिक्षा:बी.एससी., एम. ए. (राजनीति विज्ञानं), बी. एड., एम. फिल.। 
लेखन विधा: दोहा व अन्य छंद, कहानी, लघु कथा, संपादन।  
प्रकाशन: साझा संकलनों में सहभागिता। 
उपलब्धि: साहित्यिक समूहों में अनेक पुरस्कार। 
सम्प्रति: पूर्व शिक्षिका।  
संपर्क: १२ माँ नर्मदे नगर, फेज १, बिलहरी, जबलपुर  ४८२०२०। चलभाष: ०७०२४२८५७८८, ई मेल: chhayasaxena2508@gmail.com।   
​*
ॐ 
दोहा शतक

करती विनती प्रार्थना, चित्रगुप्त प्रभु नित्य।
हूँ अज्ञानी ज्ञान दे, दर्शन मिलें अनित्य।।
*
वाणी का वरदान दें, मातु शारदे आप।
चरणों  में नित आपके, बैठ करूँ मैं जाप।।
*
राम राम श्री राम हैं, जग के पालनहार।
नित्य भजन जो भी करे, वह हो भव से पार।।
*
नटवर नागर नंद ही, मोहन मधुर मुरारि।
ब्रजमोहन ब्रजपाल जप, मन न  बिसर कंसारि।।
*
प्रेम, त्याग, विश्वास से, सुधरे सकल समाज।
गुरु-सुमिरन से ही बने, बिगड़े सारे काज।।
*
गुरु के चरणों का करें, जो सुमिरन दिन-रैन।
काज सफल उसके हुए, आदि-अंत तक चैन।।
*
चमत्कार होता तभी, जब गुरु-कृपा विशेष।
गुरु चरणों में जो गया, पाता ज्ञान अशेष।।
*
मिलकर करना है सदा, सबको गुरु का ध्यान।
गुरु-चरणों में आइए, तभी मिलेगा ज्ञान।।
*
करें सभी साहित्य में, अपने गुरु का नाम।
बिन गुरुवर मिलता नहीं, हमको हरि का धाम।।
*
गुरु-चरणों में ही मिले, सकल जगत का सार।
द्वेष, कपट, छल त्यागिए, अर्पित कर अधिकार।।
*
धरती अंबर एक से, लगते हैं प्रभु आज।
ओम मंत्र गुणगान से, सुधरे सकल समाज।।

*
ओजमयी व्यक्तित्व ही, है जिनकी पहचान ।
चमत्कार हो कर्म से, बढ़े मान -सम्मान।।
*
मातु-पिता आशीष से,  सकल कार्य हों पूर्ण ।
कीर्ति  सुयश उन्नति बढ़े, रहे न कार्य अपूर्ण।।
*
सच्ची मानवता करे, निर्बल का कल्याण।
पर्यावरण अमोल है, बसते सबके प्राण।।
*
प्रियवर! स्वागत आपका, पुष्प गुच्छ ले आज।
चंदन वंदन आरती, करता सकल समाज।।
*
नित नव उन्नति हो रही, हर्ष मनाओ मीत।
अमर रहे साहित्य में, सुंदर सुफल सुनीत।।
*
नदियाँ साग़र से मिलें, नैसर्गिक अधिकार।
कर्तव्यों को कीजिए, तभी मिलेगा प्यार।।
*
पंछी बैठा डाल पर, देखे अंबर-ओर।
मनहर लाली सज रही, उदित हो रही भोर।। ० 
*
सभी सहेजें प्रकृति को, अति उत्तम यह काज।
जन-मन को प्रेरित करें, प्रण लेकर सब आज।। -
*
रंग-बिरंगी कल्पना, आज हुई साकार।
सुखद-सरस परिकल्पना, दृश्य-श्रव्य आधार।। ० 
*
निशिचर दानव दैत्य शठ, असुर अधम दनु दीन।
राम-नाम जप मुक्त हों, भव-बंधन से हीन।।
*
अनावृष्टि, अति बाढ़ से, जब भी पड़े अकाल।
भू पर फैले भुखमरी, बन जीवन का काल।। 
*
अनल आग पावक अगन, ज्वाला दाहक तेज।
वायुसखा ही अग्नि है, जल को रखो सहेज।।
*
भूधर पर्वत शैल गिरि, नग या शिखर पहाड़।
धरणीधर अद्री अचल, शिलागार हो बाड़।।
*
उत्तम अद्भुत सी लगे, अनुपम अपनी प्रीत।
अप्रतिम उपमा दीजिए, अतुलनीय मनमीत।। 
*
अमिय अमी सुरभोग है, सोम सुधा रसधार।
अमृत सम साहित्य पर, हँसकर जीवन वार।।
*
बिन सोचे करिए नहीं, अपने मत का दान।
बड़ा धर्म से कर्म है, हर मनुष्य ले जान।।
*
पाँच साल के बाद ही, कर पाते मतदान।
जागो मतदाता सभी, रहो नहीं अनजान।।  
*
छंदों की लय ही बनी, लेखन का आधार।
सरल हृदय को 'प्रभु' सदृश, लगे छंद परिवार।। 
*
नेक कर्म कर कीर्ति पा, मंगल हो चहुँ ओर।
परहित कर इंसान तो, नाच उठे मन मोर।।
*
आध्यात्मिक शुभ कर्म से, मनुज मनुज हो मीत।
मिलतीं शत शुभकामना, सके ह्रदय भी जीत।।
*
महिमा माने योग की, विश्व कर रहा नित्य। 
सब रोगों से मुक्ति पा, स्वस्थ मनुज कर कृत्य।।
*
अजर-अमर होते सदा, जग हितकारी कर्म।
अंतर्मन तू धैर्य से, सदा निभाना धर्म।। 
*
अजर-अमर है लेखनी, जो लिखती नित सत्य।
माँ वाणी की कृपा से, करना सदा सुकृत्य।।
*
कर्म हमारा धर्म है, कहते वेद महान।
सच्चे मन से कीजिए, गुरुजन का सम्मान।।
*
जैसे होंगे कर्म तव, वैसी होगी प्रीत।
अपनों के सँग गाइए, मधुरिम-मधुरिम गीत।।
*
बच्चे तो भगवान का, ही होते प्रतिरूप।
दर्शन इनमें कीजिए, बालकृष्ण के रूप।।
*
सुघड़ लाड़ली जानकी, प्रियवर हिय रघुनाथ।
मग-पग रख मुस्का रहीं, वन में सियवर साथ।। 
*
सुफल सुफल ही सुफल है, जब हों सुफल सुकाज।
सुयश-सुयश बढ़ता रहे, संगम का प्रभु आज।।
*
शोभित रघुवर हो रहे, जनक-लली प्रभु साथ।
जगत-जगत को मोहते, सरस-सरस रघुनाथ।।
*
सरस सुहाना बाग है, मधुर-मधुर मद-गंध।
सुरभि-सुरभि पावन लगे, मनुज-मनुज संबंध।। 
*
रमण-रमण सुंदर रमण, रमण-रमण तन श्याम।।
रमण-रमण सम राधिका, रमण-रमण घनश्याम।।
*
सुमन-सुमन चहुँ-चहुँ दिशा, सुमन-सुमन अरु माल।
सुमन सुसज्जित भवन है, सुमन-सु मन प्रभु लाल।।
*
सुमित-सुमित प्रिय सुमित है, सुमित-सुमित मन आज।
चरण-चरण रजचरण है, हृदय-हृदय रघुराज।।
*
खोया है बचपन  कहीं, खोजो मिलकर आज।
गुम हो गईं कहानियाँ, छूटे सकल सुकाज।।   
*
अंधेरा अरु अंध ही, अंधकार बन ज्योत।
तिमिर स्याह तम अंधता, हरे तनिक खद्योत।।
*
बातें लगती हैं बुरी, जो कोई दे सीख।
जो सीखे कम उमर में, गुरु सम ज्ञानी दीख।।
*
मानव मूल्यों का करो, सतत् सदा सत्कार।
प्रेम-भाव मिलकर रहो, सुखी बने संसार।।   
*
सच्ची मानवता वही, जिससे हो कल्याण।                                                  
मानव हित अनमोल है, सबके बसते प्राण।।
*
फैली है चहुँ ओर ही, ममतामयी सुवास ।
धीमे-धीमे हो रहा, प्रियतम पर विश्वास।।
शिवशंकर के शीश पर, प्रगट नर्मदा आप।
निर्मल जल की स्वामिनी, पूजो कटते पाप।। 
*
नदियाँ-सरवर जिंदगी, जानो यह सब सत्य।
प्यास बुझाते मनुज की, रक्षा करिए नित्य।।
*
प्रेम रत्न चहुँ ओर है, सच स्वीकारें आज।
ईश-भक्त ही जानते, जीवन का यह राज।।
*
मुश्किल घटती है तभी, जब लें प्रभु का नाम।
जाग करें कोशिश अगर, मिल जाएँ प्रभु राम।।
*
बिन कठिनाई कब बने, जग में कोई काज।
कदम बढ़ा साथी तभी, मिले सफलता आज।।
*
सबको नित प्रति चाहिए, अच्छा भोजन रोज।
मिल-जुल रहते जब सभी, तब बढ़ जाता ओज।।
*
नित्य कीजिए योग सब, मिलकर सह परिवार।
यश वैभव उन्नति  मिले, बने सुखद आधार ।। 
*
सच्चाई की राह में, काँटे मिलें अनेक।
प्रेम भाव से प्रभु भजें, जाग्रत रखें विवेक।।
*
श्रद्धा सह विश्वास का, अद्भुत है संयोग।
अंध भक्ति से दूर हों, जागरूक बन लोग।।  
*
दुर्लभ मानव-जन्म है, इसे बनाएँ खास।
दुर्व्यसनों को छोड़कर, नई जगाएँ आस।।
*
अति करती है हमेशा, अपना आप अनिष्ट।
भक्ति-भावमय जिंदगी, जिएँ न दें-लें कष्ट।।   
*
कथनी-करनी में नहीं, करना कोई भेद।                                                          
कठिन भले जीवन लगे, तनिक न हो मतभेद।।
*
लगन लगी श्री राम की, भजती प्रभु को नित्य।
हाथ जोड़ विनती करे, शबरी सुनें अनित्य।।
*
धनुष सम्हाले हाथ में, संकट काटो नाथ।
शरण तुम्हारे आ गयी, करिए देव सनाथ।।
बप्पा को पूजें सभी, गौरा-भोले संग।
मूषक पर गजपति सजे, देखे दुनिया दंग।।
*
संगम की महिमा अमित, देखो जानो लोग।
जैसी होगी कर्म-गति, वैसा हो फल-भोग।।  
*
संगम हो अब ज्ञान का, ऐसा करिए कर्म।
गुरु आज्ञा स्वीकार कर, पालें सच्चा धर्म।।
*
मनुज सदा साहित्य में, रचे नए आयाम।
हिंदी का सम्मान हो, भू हो हिंदी-धाम।।  
*
दोहे का करिए सृजन, निहित अर्थ लें जान।
छंदों से आनंद हो, बढ़े निरंतर ज्ञान।।
*
दोहे लिखना है सरस, अर्थवान लो जान।
भाव शिल्प आधार हो, पढ़ें तभी विद्वान।।
*
कठिन परीक्षा की घड़ी, जब हो सम्मुख मीत।
याद देव को जो करे, विजयी हो है रीत।।
*
शिव की पूजा कीजिए, शुभ होंगे सब काज।
चंदन वंदन अर्चना, मिलकर करिए आज।।
*
लक्ष्मी पूजन कीजिए, हाथ जोड़ कर रोज।
विष्णु प्रिया माँ आप हैं, सुरभित सुमन सरोज।।  
मंजिल उनको ही मिले, जो चलते अविराम।
एक लक्ष्य को साधिए, तभी बढ़ेगा नाम।।
*
सतत परिश्रम जो करे, विजय उसी के साथ।
भक्ति-भाव यदि हिय रखे, मलना पड़े न हाथ।।
*
चमत्कार की आस में, मत बैठो बलवीर।
कर्म करो योगी बनो, जग जीतो रणवीर।।
*
ओजमयी व्यक्तित्व ही, है जिनकी पहचान।
काम करें निष्काम वे, मिले मान-सम्मान।।
*
सच्ची मानव ही करे, जनता का कल्याण।
मानव हित अनमोल है, यही देश के प्राण।।
*
चलो सुनाएँ जगत को, आत्मकथ्य लिख आज।
सत्य-सत्य संदेश हो, नहीं झूठ-सिर ताज।।
*
खट्टी- मीठी याद को, करें याद रह मौन।
गूँगे का गुण स्वाद में, कैसा बोले कौन।।
*
मान तिरंगे का रखा, जब तक तन में प्राण।
ऐसे वीर शहीद को, बारंबार प्रणाम।।
*
प्रीत आस विश्वास का, बहुत अनोखा संग।
जो जी में धारण करे, उस पर चढ़ता रंग।।  
*
काम देश के आइए, मन में रख विश्वास।
देश बढ़े तो मानिए, सारे सफल प्रयास।।
*
दानों में सबसे बड़ा, अन्नदान सच मान।
भूखा जाए न द्वार से, भिक्षुक लें प्रण ठान।।
*
सबसे मीठे जगत में, होते मीठे बोल।
पल में मन को जीत लें, काम न आए ढोल।।
*
अहंकार-अभिमान ही, करें मनुज का ह्रास।
दंभ-दर्प को छोड़कर, करिए  विनत प्रयास।। 
*
मन मोहन में रम गया, ज्यों सागर में नीर।
मनमोहन करिए कृपा, रहे नहीं तन-पीर।।
*
लक्ष्य बना बढ़ कीजिये, सपनों को साकार।
तब ही मंजिल मिलेगी, सपने हों साकार।।
*
चपल श्याम राधा बने, रंग झलकता नील।
अपलक देखे जमुन-जल, लहर-लहर छवि लील।। 
*
काम मान श्री कृष्ण का, करो मिटेंगे पाप।
सच्चे मन से हँस करो, दान-पुण्य नित आप।। 
*
आओ! मिलकर प्रण करें, लें न विदेशी माल।
जो बनता है देश में, वही करे खुशहाल।।
*  
अकड़-अकड़ कर दंभ से, अभिमानी मन फूल।
असफल दंडित हो मगर, नहीं मानता भूल।। 
*
नेक कर्म जो कर रहा, सफल उसी को जान।
इस दुनिया में हम सभी, कुछ दिन के मेहमान।।
*
चार दिनों की जिंदगी, हर पल है अनमोल।
कड़वा कह मत मन दुखा, बोलो मीठे बोल।।
*
बिना परिश्रम कब हुआ, जग में कोई काज।
कदम बढ़ा साथी तभी, मिले सफलता ताज।।  
*
अवध सुहावन लग रहा, देखो कैसा आज।
सिय-सियवर का आगमन, शोभित सुफल सुकाज।।
*
सर्वोत्तम उपहार है,पुस्तक दें-लें मीत।
संगम-जल सम संग रह, सिख सकें शुभ रीत।।
*
दानों में सबसे बड़ा, अन्न दान को जान।
जीवन इससे ही चले, माने सकल जहान।। 
*
लड़ो बाहुबल से नहीं, यदि चाहो सम्मान।
प्रेम भाव से जीत जग, 'छाया' पाए मान।।
*
ध्यान योग एकांत में, फलदाई लें जान।
दुग्ध गाय का सोम सम, बलवर्धक गुणवान।।
*
मंगल मंगल ही करे,  नहीं अमंगल काज।
मनु मनु का मंगल करे, तब हो सुख का राज।।१०१ 
*