कुल पेज दृश्य

रविवार, 30 मई 2021

गीता अध्याय ४, यथार्थ हिंदी रूपांतरण

ॐ कृष्ण चिन्तन १४ 
गीता अध्याय ४ 
यथार्थ हिंदी रूपांतरण 
अध्याय ४ 
(महातैथिक जातीय, शुभंगी / शोकहर छंद, १६-१४, ८-८-८-६, 
पदांत गुरु, दूसरे-चौथे-छठे चौकल में जगण वर्जित) 
*
प्रभु बोले कल्पादि काल में, यह अविनाशी योग रहा। १६-१४ 
मुझसे रवि मनु इक्ष्वाकु को, मिला लोक ने इसे गहा।।१।। 
  
परंपरा से मिले योग को, जान राज-ऋषि मौन हुए। 
बहुत समय से लुप्त हो गया, क्या-कैसा था कौन कहे?।।२।। 
वही पुरातन योग कहा अब, मैंने तुझसे भक्त-सखे!
अति उत्तम अति गूढ़ विषय है, सरस सरल यह भले दिखे।।३।। 
*
पूछे अर्जुन ''प्रभु! जन्मे हैं, आप आज; रवि पूर्व बहुत।
आदि कल्प में कहा आपने, कैसे जानूँ है यह सत?।।४।। 
भगवन बोले ''मेरे-तेरे, कई जन्म हो पार्थ चुके।
मुझे ज्ञात तू नहीं जानता, इसीलिए यह प्रश्न करे।।५।। 
हूँ अविनाशी भले अजन्मा, सब जीवों का ईश्वर हूँ। 
कर आधीन प्रकृति के खुद को, प्रगट योगमाया से हूँ।।६।। 
जब जब धर्म-हानि होती है, और अधर्म बढ़े भारत!
तब तब खुद को रचता हूँ मैं, तुझे सत्य अब हुआ विदित।।७।। 
साधुजनों का कष्टनिवारण, दुष्टों का विनाश करने।
धर्म प्रतिष्ठा करने फिर से, प्रगट हुआ मैं युग-युग में।।८।। 
जन्म-कर्म यह दिव्य-अलौकिक, जो यह तत्व जानता है।
तज तन फिर न जन्म ले अर्जुन!, लीन मुझी में होता है।।९।। 
वीतराग भय क्रोध से रहित, हों अभिन्न जो जन मुझसे
ज्ञान तपस्या से पावन हो,  वे सब लीन हुए मुझमें।।१०।। 
जो जैसा मुझको पाता है, और जिस तरह है भजता। 
मैं वैसे अपनाता उसको, जान विज्ञ बरता करता।।११।। 
 
जो कर्मों से सिद्धि चाहते, वे देवों को पूज रहे।
शीघ्र मिल सके मनुज लोक में, सिद्धि मनुज को कर्मों से।।१२।। 
 
चारों वर्ण बनाए मैंने, गुण अरु कर्म बाँट कर ही।
उनका कर्ता मैं अविनाशी, मुझको जान अकर्ता ही।।१३।। 
*
लिप्त न होता कभी कर्म में, नहीं कर्मफल की इच्छा। 
जो इस तरह जानता मुझको, नहीं कर्म से वह बँधता।।१४।। 
इसे जानकर कर्म-रती थे, मोक्षाकांक्षी जन पहले। 
कर्म करो तुम तदनुसार ज्यों, किए पूर्वजों ने पहले।।१५।। 
*
क्या है कर्म?, अकर्म कौन सा?, बुद्धिमान मोहित सोचें। 
वही कर्म समझाऊँ तुझको, जान अशुभ से तू छूटे।।१६।। 
*
कर्म स्वरूप जान ले पहले, जान अकर्म रूप भी तू।
जान विकर्म किसे कहते हैं?, गहन कर्म-गति जाने तू।।१७।। 
देख कर्म में जो अकर्म ले, लख अकर्म में कर्म सके। 
वह मनुजों में बुद्धिमान है, योगी कर हर कर्म सके।।१८।।
*   
जिसके कर्म शुरू होते सब, बिन संकल्प कामना के।
ग्यान अग्नि में भस्म कर्म कर, वह पंडित सब ग्यानी में।।१९।।
 *
तजे कर्म सँग फलासक्ति जो, बिन आश्रय भी तृप्त रहे।
दिखे प्रवृत्त कर्म में लेकिन, किंचित् कुछ भी नहीं करे।।२०।।
*
आशा तज चित्तात्मा जीते, सारे परिग्रह भोग तजे।
कर्म करे तन विषयक केवल, हो न पाप को प्राप्त सखे।।२१।।
*
सहज लाभ से तृप्त रहे जो, द्वंद्व सभी जो भूल सके।
सिद्धि-असिद्धि समान जिसे हो, कर्म करे पर बिना बँधे।।२२।।
*
हो आसक्ति नष्ट सब जिसकी, चित्त ग्यान में बसा रहे।
यज्ञ हेतु जो कर्म करे वे, खुद विलीन हों सदा सखे।।२३।।
*
अर्पण-अर्पित ब्रह्म ब्रह्म को, ब्रह्म अग्नि में ब्रह्म करे। 
हो गंतव्य ब्रह्म ही उसका, ब्रह्म कर्म हो प्राप्त उसे।।२४।।
* 
पूजन कर देवों का योगी, बाकी उनको उपासते। 
ब्रह्म अग्नि में दूजे योगी, हवन ब्रह्म का ही करते।।२५।।
*
श्रवणादिक इंद्रिय को योगी, संयमाग्नि में दहन करें। 
शब्दादिक विषयों को योगी, इन्द्रियाग्नि में हवन करें।।२६।।
*
सभी इन्द्रियों को; कर्मों को, प्राणज सकल क्रियाओं को। 
स्व संयम की योग अग्नि में, अर्पित करते ज्ञान दीप को।।२७।। 
*
द्रव्य-तपस्या-योग यज्ञ भी, कई भक्त अर्पित करते। 
स्वाsध्याय-निज ज्ञान यज्ञ को, दृढ़प्रतिज्ञ यति ही करते।।२८।।
*
प्राणापान-अपान प्राण में, करते हवन अन्य योगी। 
प्राण-अपान रोकदें आहुति, प्राणों की प्राणों में ही।।२९।। 
*
कुछ आहार नियत ही करते, अर्पित प्राण प्राण में हों।
सभी यज्ञ में पाप नष्ट कर, लेते जान सुयज्ञों को ।।३०।। 
*
अनुभव करते यज्ञ अमिय का, परमात्मा पाते योगी। 
यज्ञ न करते जो उनको सुख, मिले न किसी लोक में भी।।३१।।
*
कहे गए हैं यज्ञ बहुत से, वेद-ब्रह्म के वचनों से। 
हुए कर्म-उत्पन्न वे सभी, आप मुक्त हो कर्मों से।।३२।।
*
द्रव्य यज्ञ से अधिक श्रेष्ठ ही, ज्ञान यज्ञ अरिदण्डक है।
पृथापुत्र हे! सकल कर्म मिल, विलुप्त ज्ञान यज्ञ में है।।३३।।
*
कर प्रणाम ले पूछ प्रश्न तू, गुरुओं से सेवा करके।
कर उपदेश ज्ञान देंगे वे,  ज्ञान तत्वदर्शी तुझको।।३४।।
*
जिसे जानकर फिर न मोह को, कभी प्राप्त अर्जुन! होगा।
तू संपूर्ण शेष भूतों को, खुदमें मुझमें देखेगा।।३५।।
*
अगर पाप करता भी है तू, ज्यादा शेष पापियों से।
दिव्य ज्ञान नौका के द्वारा, पाप समुद को पार करे।।३६।।
*
जिस प्रकार ईंधन को पावक, पार्थ! राख कर देता है।
ज्ञान अग्नि सारे कर्मों को,  उसी प्रकार भस्म करती।।३७।।
*
ज्ञान सदृश्य नहीं है कोई, अन्य पवित्र-शुद्ध मानो।
उसे आप ही योग सिद्ध जो, यथासमय पाता जानो।।३८।।
*
श्रद्धावान ज्ञान पाता है, इंद्रिय संयम में रत हो।
ज्ञान प्राप्त कर शांति प्राप्त हो, बिना विलंब शीघ्र उसको।।३९।।
*
अविवेकी बिन श्रद्धा है जो, कर संदेह नष्ट होता।
न इस लोक में; न परलोक में, सुख संदेही को मिलता।।४०।।
*
तजे भक्ति से कर्मफलों को, काट ज्ञान से संशय को।
आत्मवंत कर्मों में किंचित्, बँधता नहीं धनंजय है।।४१।।
*
अज्ञानजनित संशय उर में, जो अपने ज्ञानायुध से।
उनको काट योग में स्थिर हो, समर हेतु भारत उठ जा।।४२।।
***
सत्रान्तर्गत दोहे 
किरण ज्ञान की पथ दिखा, करे तिमिर का अंत।
शंभु नाथ आशीष दें, जीवन बने बसंत।।

तन्मय होकर वर्तिका, जला ज्ञान का दीप।
रख मन में संतोष ले, ज्यों मोती ले सीप

बुद्धि रहे सरला सदा, जीवन रहे अशोक। 
साथ रहें छाया-विभा,  स्वर्गोपम हो लोक।।  

अंजु अंजुरी में लिए, अयति भावना पुंज। 
विनय भारती से करें, दो जमुना तट कुञ्ज।।  

श्रीनिवास मन में करें, बने सुदर्शन आत्म। 
सोनू इंद्रा मनाते, सदय रहें परमात्म।।  

नीति पंथ नीतेश चल, तेज प्रताप न छोड़। 
पवन कर्म संदेश दे, संकट सके न तोड़।।  

जीव देखता दोष ही, ईश देख गुण मग्न। 
कंस वृत्ति पहली हुई, मैया अन्य निमग्न।। 

जिज्ञासा ही धर्म है, समाधान है कर्म। 
धर्म कर्म का मेल ही है जीवन का मर्म।। 

सांख्य ज्ञान सन्यास का, मेल जीव का साध्य। 
सतत प्रयास करें सभी, कुछ भी नहीं असाध्य।। 

सत्य ब्रह्म है एक ही, समय बोध भी सत्य। 
धर्म-कर्म के मर्म को, जाने सदा अनित्य।। 

बिन आसक्ति करें सदा, जीवन में सब काम। 
प्रभु अर्पित यदि कर्म है, फल हो कभी न वाम।। 

छंद माध्यम यज्ञ का, दें ईश्वर को भोग। 
ईश सतत रक्षा करें, मणि-कांचन संयोग।। 

कर्म करें मन में नहीं, हो कर्ता का भाव। 
जीव और परमात्म का, पूरम रहे स्वभाव।। 

राम अंश अवतार हैं, कृष्ण पूर्ण अवतार। 
भू पर आकर जीव को, देते गुरु भी तार।। 

गंध न कस्तूरी बिना, कर्म बिना नहिं धर्म। 
शक्ति नहीं तो शिव नहीं, ऐक्य ईश का मर्म।।  

कर्म विकर्म अकर्म का, समझ सकें हम भेद। 
काम करें निष्काम हम, कभी न होगा खेद।। 

कर्म करें तो साथ ही, करें यज्ञ जप नित्य। 
जीव ब्रह्म से जुड़ सके, तभी पा सके सत्य।।  

पथ बनने तक पथिक को, लेना नहीं विराम। 
पथिक बन सके पथ स्वयं, तभी मिलेंगे श्याम।। 

रूचि-प्रवृत्ति तत्वज्ञ प्रति, हो जीवन का साध्य। 
उठ जग पाओ फल सदा, कुछ भी नहीं असाध्य।। 
  
ममता के आलोक में, पा गरिमा आशीष। 
नर नरेश दोनों पढ़ें, गीता बनें मनीष।।  

गीता दीपस्तंभ है, हर लेती अँधियार। 
कर्म धर्म की सीख दे, कर देती उद्धार।। 

काम करे निष्काम जो, उसे कहें धीरेंद्र। 
धर्म हेतु जो जूझता, वह न वीर वीरेंद्र।। 

हुआ योग विस्मृत तभी, हुआ सघन अँधियार। 
कृष्ण तत्व ने प्रगट हो, दिया लोक उजियार।। 

वेद उपनिषद का मिला, गीता में सारांश। 
कृष्णार्जुन संवाद का, शब्द शब्द दिव्यांश।। 

आधारित गुण-कर्म पर, चार वर्ण सच जान। 
नहीं जन्म से वर्ण है, खुद को अब पहचान।। 

ज्ञान कर्म सन्यास का, सम्मिश्रण अनिवार्य। 
गीता जग गुरु ने कही, करें सभी स्वीकार्य।। 

दीपा ज्योति रहे सदा, दस दिश हो आलोक।
प्रभु का जब आशीष हो, रहे न किंचित शोक।।  

इच्छा तज मानव बने, ब्रह्म न जिसे विकार। 
वश में जिसके इन्द्रियाँ, जो गुण का आगार।। 

भ्रान्ति न टिकती ज्ञान के, सम्मुख जाती भाग। 
निर्विकार रवि कर्म कर, तनिक न पाले राग।। 


कोई टिप्पणी नहीं: