कुल पेज दृश्य

शनिवार, 9 अप्रैल 2022

हास्य दोहे, नवगीत, तंत्रोक्त रात्रिसूक्त, समीक्षा, उर्वशी,अनिता रश्मि, साधना वर्मा,संजीव वर्मा 'सलिल'

कृति चर्चा :
२१ श्रेष्ठ बुंदेली लोक कथाएँ मध्यप्रदेश : लोक में नैतिकता अब भी हैं शेष
समीक्षक ; प्रो. (डॉ.) साधना वर्मा, सेवानिवृत्त प्राध्यापक,  
*
कृति विवरण : २१ श्रेष्ठ बुंदेली लोक कथाएँ मध्य प्रदेश, संपादक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', प्रथम संस्करण २०२२, आकार २१.५ से.मी.x १४ से.मी., आवरण बहुरंगी लेमिनेटेड पेपरबैक, पृष्ठ संख्या ७०, मूल्य १५०/-, प्रकाशक डायमंड पॉकेट बुक्स नई दिल्ली। 
*
लोक कथाएँ ग्राम्यांचलों में पीढ़ी दर पीढ़ी कही-सुनी जाती रहीं ऐसी कहानियाँ हैं जिनमें लोक जीवन, लोक मूल्यों और लोक संस्कृति की झलक अंतर्निहित होती है। ये कहानियाँ श्रुतियों की तरह मौखिक रूप से कही जाते समय हर बार अपना रूप बदल लेती हैं। कहानी कहते समय हर वक्ता अपने लिए सहज शब्द व स्वाभाविक भाषा शैली का प्रयोग करता है। इस कारण इनका कोई एक  स्थिर रूप नहीं होता। इस पुस्तक में हिंदी के वरिष्ठ साहित्य साधक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' ने देश के केंद्र में स्थित प्रांत मध्य प्रदेश की एक प्रमुख लोकभाषा बुंदेली में कही-सुनी जाती २१ लोक कथाएँ प्रस्तुत की हैं। पुस्तकारंभ में प्रकाशक नरेंद्र कुमार वर्मा द्वारा भारत की स्वतंत्रता के ७५ वे वर्ष में देश के सभी २८ राज्यों और ९ केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित नारी मन, बाल मन, युवा मन और लोक मन की कहानियों के संग्रह प्रकाशित करने की योजना की जानकारी दी है। 

पुरोवाक के अन्तर्गत सलिल जी ने पाठकों की जानकारी के लिये लोक कथा के उद्गम, प्रकार, बुंदेली भाषा के उद्भव तथा प्रसार क्षेत्र की लोकोपयोगी जानकारी दी है। लोक कथाओं को चिरजीवी बनाने के लिए सार्थक सुझावों ने संग्रह को समृद्ध किया है। लोक कथा ''जैसी करनी वैसी भरनी'' में कर्म और कर्म फल की व्याख्या है। लोक में जो 'बोओगे वो काटोगे' जैसे लोकोक्तियाँ चिरकाल से प्रचलित रही हैं। 'भोग नहीं भाव' में राजा सौदास तथा चित्रगुप्त जी की प्रसिद्ध कथा वर्णित है जिसका मूल पदम् पुराण में है। यहाँ कर्म में अन्तर्निहित भावना का महत्व प्रतिपादित किया गया है। लोक कथा 'अतिथि देव'  में गणेश जन्म की कथा वर्णित है. साथ ही एक उपकथा भी है जिसमें अतिथि सत्कार का महत्व बताया गया है। 'अतिथि देवो भव' लोक व्यवहार में प्रचलित है ही। सच्चे योगी की पहचान संबंधी उत्सुकता को शांत करने के लिए एक राज द्वारा किए गए प्रयास और मिली सीख पर केंद्रित है लोक कथा 'कौन श्रेष्ठ'। 'दूधो नहाओ, पूतो फलो' का आशीर्वाद नव वधुओं के घर के बड़े देते रहे हैं। छठ मैया का पूजन बुंदेलखंड में बहुत लोक मान्यता रखता है। यह लोक कथा छठ मैया पर ही केंद्रित है। 

लोक कथा 'जंगल में मंगल' में श्रम की प्रतिष्ठा और राज्य भक्ति (देश भक्ति) के साथ-साथ वृक्षों की रक्षा का संदेश समाहित है। राजा हिमालय की राजकुमारी पार्वती द्वारा वनवासी तपस्वी शिव से विवाह करने के संकल्प और तप पर केंद्रित है लोक कथा 'सच्ची लगन'। यह लोक कथा हरतालिका लोक पर्व से जुडी हुई है। मंगला गौरी व्रत कथा में प्रत्युन्नमतित्व तथा प्रयास का महत्व अंतर्निहित है। यह संदेश 'कोशिश से दुःख दूर' शीर्षक लोक कथा से मिलता है। आम जनों को अपने अभावों का सामना कर, अपने उज्जवल भविष्य के लिए मिल-जुलकर प्रयास करने होते हैं। यह प्रेरक संदेश लिए है लोककथा 'संतोषी हरदम सुखी'। 'पजन के लड्डू' शीर्षक लघुकथा में सौतिया डाह तथा सच की जीत वर्णित है। किसी को परखे बिना उस पर शंका या विश्वास न करने की सीख लोक कथा 'सयाने की सीख' में निहित है। 

भगवान अपने सच्चे भक्त की चिंता स्वयं ही करते हैं, दुनिया को दिखने के लिए की जाती पिजा से प्रसन्न नाहने होते। इस सनातन लोक मान्यता को प्रतिपादित करती है लोक कथा 'भगत के बस में हैं भगवान'। लोक मान्यता है की पुण्य सलिला नर्मदा शिव पुत्री हैं। 'सुहाग रस' नामित लोक कथा में भक्ति-भाव का महत्व बताते हुए इस लोक मान्यता के साथ लोक पर्व गणगौर का महत्व है। मध्य प्रदेश के मालवांचल के प्रतापी नरेश विक्रमादित्य से जुडी कहानी है 'मान न जाए' जबकि 'यहाँ न कोई किसी का' कहानी मालवा के ही अन्य प्रतापी नरेश राजा भोज से संबंधित है। महाभारत के अन्य पर्व में वर्णित किन्तु लोक में बहु प्रचलित सावित्री-सत्यवान प्रसंग को लेकर लिखी गयी है 'काह न अबला करि सकै'। मनुष्य को किसी की हानि नहीं करनी चाहिए और समय पर छोटे से छोटा प्राणी भी काम आ सकता है। यह कथ्य है 'कर भला होगा भला' लोक कथा का। गोंडवाना के पराक्रमी गोंड राजा संग्रामशाह द्वारा षडयंत्रकारी पाखंडी साधु को दंडित करने पर केंद्रित है लोक कथा 'जैसी करनी वैसी भरनी'। 'जो बोया सो काटो' में वर्णित कहानी पशु-पक्षियों की दाना-पानी आदि सुविधाओं का ध्यान देने की सीख देती है। ताकतवर को अपनी ताकत का उपयोह निर्बलों की सहायता करने के लिए करना चाहिए तथा कंबलशाली भी मिल-जुलकर अधिक बलशाली को हरा सकते हैं यह सबक कहानी 'अकल बड़ी या भैंस' में  बताया गया है। संकलन की आखिरी कहानी 'कर भला होगा भला' में बुंदेलखंड में अति लोकप्रिय नर्मदा-सोन-जुहिला नदियों की प्रेम कथा है।  यह कहानी प्रेम और वासना के अंतर को इंगित करते हुए त्याग और लोक हित की महत्ता बताती है। 

इस संकलन की कहानियाँ मध्य प्रदेश के विविध अंचलों में लोकप्रिय होने के साथ लोकोपयोगी तथा संदेशवाही भी हैं। कहानियों में सलिल जी ने अपनी और से कथा-प्रवाह, रोचकता, सन्देशपरकता, सहज बोधगम्यता तथा टटकेपन के पाँच तत्वों को इस तरह मिलाया है कि एक बार पढ़ना आरंभ करने पर बीच में छोड़ते नहीं बनता। कहानियों का शिल्प तथा संक्षिप्तता पाठक को बाँधता है। लोक कथाओं के शीर्षक कथानक से जुड़े हुए और मुहावरों पर आधृत है। इस संकलन को माध्यमिक कक्षाओं में पाठ्य पुस्तक के रूप होना चाहिए ताकि बच्चे अपने अतीत, परिवेश, लोक मान्यताओं और पर्यावरण से परिचित हो सकेंगे। लोक कथाओं में अंतर्नित संदेश कहानी में इस तरह गूंथे गए हैं कि वे बोझिल नहीं लगते। सलिल जी हिंदी गद्य-पद्य की लगभग सभी विधाओं में लगभग ४ दशकों से निरंतर सृजनरत आचार्य संजीव 'सलिल' ने लोक कथाओं का केवल संचयन नहीं किया है।  उन्होंने इनका पुनर्लेखन इस तरह किया है कि ये उनकी अपनी कहानियाँ  बन गयी हैं। संकलन में पाठ्यशुद्धि (प्रूफरीडिंग) पर कुछ और सजगता होना चाहिए। मुद्रण और कागज़ अच्छा है। आवरण पर ग्वालियर किले के मान मंदिर की आकर्षक छवि है। लोक कथाओं के साथ बुंदेलखं के वन्यांचलों के अप्रतिम सौंदर्य का चित्र आवरण के लिए अधिक उपयुक्त होता। सारत:, यह संकलन हिंदी भाषी क्षेत्र के हर विद्यालय के पुस्तकालय में होना चाहिए। लेखक और प्रकाशक इस सारस्वत अनुष्ठान हेतु साधुवाद के पात्र हैं। 
______________________
संपर्क : डॉ. साधना वर्मा, २०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१ 
***
झारखंड की खुशबू में रची बसी कहानियाँ : 21 श्रेष्ठ नारी मन की कहानियां
समीक्षक :- डॉ कुमारी उर्वशी, सहायक प्राध्यापिका,हिंदी विभाग, रांची विमेंस कॉलेज, रांची, झारखंड, 834001 चलभाष: 9955354365, ईमेल: urvashiashutosh@gmail.com
पुस्तक का नाम :- 21 श्रेष्ठ नारी मन की कहानियां, संपादक :- डॉ अनिता रश्मि, प्रकाशक :- डायमंड पॉकेट बुक्स, नई दिल्ली, संस्करण :-2022, मूल्य :- 250 (पेपरबैक)

डायमंड बुक्स से 2022 में अनिता रश्मि जी के संपादन में भारत कथा माला के अंतर्गत "21 श्रेष्ठ नारी मन की कहानियां" (झारखंड के कहानीकारों की कहानियों का संग्रह ) प्रकाशित हुई है। सुंदर सरल ढंग से परिस्थितियों को प्रस्तुत करती भावपूर्ण कथाएं इस संग्रह को सुशोभित कर रही हैं। 21 कहानियों के संग्रह में डॉ. रोज केरकेट्टा की गंध,डॉ. विद्याभूषण की सरे राह चलते-चलते, डॉ. माया प्रसाद की शापमोचन,डॉ. सी. भास्कर राव की हत्यारिन, पूर्णिमा केडिया 'अन्नपूर्णा' की सिद्धि, जयनंदन की सेराज बैंड बाजा,डॉ. महुआ माजी की इलशेगुंड़ि,अनिता रश्मि की लाल छप्पा साड़ी,कलावंती सिंह की शिप्रा एक्सप्रेस,डॉ. कविता विकास की नाम में क्या रखा है, रश्मि शर्मा की मनिका का सच, नीरज नीर की सभ्यता के अँधेरे, ममता शर्मा की औरत का दिल, डॉ. विनीता परमार की कोख पर कैंची, रेणु झा रेणुका की सुखद पड़ाव,सत्या शर्मा 'कीर्ति' की दुनिया फिर भी खूबसूरत है,डॉ. अनामिका प्रिया की अनुबंध,सारिका भूषण की प्रेम की परिधि, मीरा जगनानी की वो तीन दिन, कल्याणी झा 'कनक' की एहसास तथा प्रतिभा सिंह की वापसी शामिल हैं।

राज्य के श्रेष्ठ साहित्यकारों में शामिल डॉ माया प्रसाद की कहानी 'शापमोचन' पढ़ते हुए आंखें कई बार भींग गई। इतने संवेदनशील मुद्दे पर लिखी गई यह कहानी जाने कब तक प्रासंगिक बनी रहेगी।रायबर्न के अनुसार- “स्त्रियों ने ही प्रथम सभ्यता की नींव डाली है और उन्होंने ही जंगलों में मारे-मारे भटकते हुए पुरुषों को हाथ पकड़कर अपने स्तर का जीवन प्रदान किया तथा घर में बसाया|” बावजूद इसके उनकी सामाजिक स्थिति हमेशा ही दोयम दर्जे की रही।

डॉ रोज केरकेट्टा की कहानी 'गंध' स्त्रियों के साथ सबसे ज्यादा घटित होने वाले और मामूली समझे जाने वाले दुर्व्यवहार 'छेड़खानी' के मुद्दे पर लिखी गई है। इसे पढ़कर अखबार में पढ़ी एक घटना बरबस याद आ गई। जिसमें लिखा था कि बिहार के जहानाबाद जिले में गुरुवार को युवक को अपनी बहन के साथ छेड़खानी कर रहे बदमाशों का विरोध करना मंहगा पड़ा तथा विरोध करने पर बदमाशों ने युवक को चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।

डायन प्रथा के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर झारखण्ड जैसे राज्यों ने पहले ही कानून बना लिए हैं। अब छत्तीसगढ़, राजस्थान और हरियाणा भी इसी राह पर हैं।कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओ का कहना है कि मौजूदा कानून के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है, मगर पुलिस इसमें कोई रूचि नहीं लेती।डायन प्रथा के नाम पर महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं रह-रहकर सर उठाती रही हैं।बहुत छोटी-छोटी बात के लिए औरत को जिम्मेदार बताकर डायन करार दे दिया जाता है जैसे गाय ने दूध देना बंद कर दिया, कुँए में पानी सूख गया, किसी बच्चे की मौत हो गई तो अन्धविश्वास के चलते औरत को डायन घोषित कर दिया जाता है।कई मामलों में सम्पत्ति हड़पने की नीयत से भी महिलाओं को डायन करार दिया जाता है। इसी मुद्दे पर कहानी है अनिता रश्मि की 'लाल छप्पा साड़ी' तथा रश्मि शर्मा की 'मनिका का सच'। 'लाल छप्पा साड़ी' कहानी की नायिका बुधनी पढ़ने लिखने की इच्छा लेकर डॉ निशा के घर जाने वाली महिला है। यह वह महिला है जो एक लाल छप्पा साड़ी की आस लगाए बैठी है। जिस दिन लाल छप्पा साड़ी के लिए अपने पति जीतना को बाजार जाते वक्त रुपए देती है उम्मीद लगाए घर पर बैठी है और उसका पति दामोदर नदी में बह जाता है । साड़ी घर नहीं आती बुधनी की आस अधूरी ही रह जाती है जो प्रेमचंद के 'गोदान' के होरी की याद दिलाती है। जिसकी गाय की आस अधूरी ही रह जाती है। अपने बच्चों के संग अकेली बुधनी जीवन के लिए संघर्ष कर रही है ऐसी महिला को समाज डायन घोषित कर देता है।

'मनिका का सच' कहानी की नायिका मनिका डायन घोषित है। जानकर आश्चर्य होगा कि स्वयं मनिका ने खुद को डायन घोषित करवाया है क्योंकि पति की मृत्यु के बाद गांव वाले उसकी इज्जत नहीं बख्शते अगर वह डायन घोषित नहीं होती। शकुन बुआ मनिका की तकलीफ जानती है उसकी मृत्यु के बाद वह बताती है कि रोज कोई न कोई उसके पास आधी रात को दरवाजा खटखटाने चलाता था ।यहां तक की सिलाई के लिए कपड़े लेकर आने वाला आदमी भी उसका फायदा उठाना चाहता था ।इशारों में भद्दी बातें करता। मनिका यह जानती थी कि उसकी बात पर यकीन करने वाला कोई नहीं है। उसकी सुंदरता ही आज उसकी दुश्मन बन गई है। और वह अपने पति के बनाए घर को छोड़ना भी नहीं चाहती थी। खुद को सुरक्षित रखने के लिए डायन बनने के अलावा उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा था।

डॉ महुआ माजी की 'इलशेगुंड़ि’ रूपकुमारी की कहानी है। ‘इलशेगुंड़ि’ बांग्ला का शब्द है और इसकी अर्थध्वनि कहानी में मौजूद हैै। लेखिका ने कहा है कि बारिश की महीन-महीन या छोटी-छोटी बूंदे नदी की सतह पर जब पड़ती हैं तो हिल्सा मछली गहरे जल से सतह पर आ जाती है। इसी तरह रूपकुमारी की तकलीफ़ भी सतह पर आती है। रूपकुमारी अपने पति के छल का शिकार बन जाती है वह उससे दूसरी शादी कर मौज लूट गांव से भाग जाता है। भोली भाली रूपकुमारी उसके इस छल से असावधान है और उसकी प्रतीक्षा करती रहती है, लेकिन वह आता नहीं। इसी प्रतीक्षा के दौरान कालीपॉदो से पहचान बनती है।

कालीपॉदो भी उसके पति को खोजता है। एक दिन वह सूचना देता है कि उसका पति तो शहर में किसी और स्त्री के साथ है। इसके बाद रूपकुमारी गांव से शहर जाती है उस तथाकथित पति के घर। वहां सौत से झगड़ा होता है और फिर वह अपने गांव चली आती है। कालीपॉदो भी इसी ताक में था। अंततः कालीपॉदो उसे अपने घर में पनाह देता है और इसकी कीमत भी वसूलता है।

कालीपॉदो के घर रहती रूपकुमारी सब कुछ झेल रही होती है। एक शादीशुदा मर्द के घर उसके साथ जो हुआ वो बस हुआ। इसके बाद गांव में बाढ़ का प्रकोप आया और सभी बेघर हो गए। त्राण शिविर में कालीपॉदो रूपकुमारी का परिचय नहीं दे पाता। शिविर के बचावकर्मी सबका नाम रजिस्टर में लिखते हैं। वह रूपकुमारी से भी पूछते हैं। रूपकुमारी कुछ कहती है लेकिन कालीपॉदो बोल उठता है कि वह कुछ नहीं लगता। रूपकुमारी जो उसके घर सौत बनकर हर दुख सहते हुए रह रही होती है। वह कालीपॉदो जो रूपकुमारी पर पति की तरह अधिकार रखता था कह देता है कि वह‌ कुछ नहीं लगता। रूपकुमारी समझ नहीं पाती कि ‘‘क्या वाकई भरपेट भोजन-कपड़े के लिए ही उसने सोच-समझकर कालोपॉदो को फाँसा? वह खुद ही से पूछती। यह उस़की पेट की क्षुधा थी या देह की ? या फिर मन की? क्यों प्रत्याख्यान नहीं कर पायी वह उसके प्रेम-निवेदन का... देह-आमंत्राण का...? ये कैसी पहेली है ठाकुर! ये मन की ग्रंथियां इतनी जटिल क्यों हैं? क्या एक पुरुष-मानुष के बिना जीना वाकई इतना मुष्किल था? वह सोचती। फिर सबकुछ भूलकर कालीपॉदो की गृहस्थी में मन रमाने की कोशिश करती। चूल्हा-चौका... बड़े-बुजुर्गों की सेवा... बच्चों पर लाड़ जताना... गाय-गोरू की देखभाल... रिश्तेदारों की तिमारदारी... क्या कुछ नहीं करती वह। सबका दिल जीतने का प्रयास करती। लेकिन हरेक के बर्ताव में उसके लिए हिकारत...सिर्फ हिकारत...। बड़ों की देखा-देखी मासूम बच्चे भी उसे दुत्कारना सीख गए थे। एक अछूत-सी ही हैसियत थी उस घर में उसकी।’’ रूपकुमारी की इस व्यथा को महुआ माजी ने बेहद संवेदनशीलता के साथ उभारा है।

'कोख पर कैंची' डॉ विनीता परमार की एक ऐसी संवेदनशील कहानी है जिसमें महिलाओं को इंसान नहीं समझे जाने के सामाजिक पहलू को उभारा गया है। लेखिका ने एक गंभीर मुद्दा इस कहानी से उठाया है। इस कहानी में हैं गरीबी से हताश लोग और उनका फायदा उठाते लोग जो इंसान कहलाने के भी काबिल नहीं है। बीड़ जिले में जहां पानी के लिए हमेशा त्राहिमाम मचा रहता है। कर्ज में पूरा गांव डूबा है। बेरोजगारी का यह आलम है कि ठेकेदार जो कह दे वह मान लिया जाता है। यहां तक की महिलाएं माहवारी के दिनों में काम की हानि ना करें इसके लिए महिलाओं के गर्भाशय निकाल देने का फरमान ठेकेदार जारी करता है और लोग मान भी लेते हैं। ठेकेदार की कठपुतली बने गांव वाले सिर्फ सहना जानते हैं क्योंकि ठेकेदार के खिलाफ बोलने का मतलब है भूखा मरना। इस परंपरा से विद्रोह करती है अपनी कोख खो चुकी नंदिनी । इस सशक्त नारी की कथा है कोख पर कैंची।

संग्रह की अधिकांश कहानियों में झारखंड की खुशबू रची बसी है। झारखंड की नैसर्गिक खूबसूरती यहां के साहित्य में भी पुरजोर झलकती है यह बात इस संग्रह की कहानियों से स्पष्ट होती है।
***
दोहा सलिला
*
शुभ प्रभात होता नहीं, बिन आभा है सत्य
आ भा ऊषा से कहे, पुलकित वसुधा नित्य
*
मार्निंग गुड होगी तभी, जब पहनेंगे मास्क
सोशल डिस्टेंसिंग रखें, मीत सरल है टास्क
*
भाप लाभदायक बहुत, लें दिन में दो बार
पीकर पानी कुनकुना, हों निरोग हर वार
*
कोल्ड ड्रिंक से कीजिए, बाय बाय कर दूर
आइसक्रीम न टेस्ट कर, रहिए स्वस्थ्य हुजूर
*
नीबू रस दो बूँद लें, आप नाक में डाल
करें गरारे दूर हो, कोरोना बेहाल
*
जिंजर गार्लिक टरमरिक, रियल आपके फ्रैंड्स
इन सँग डेली बाँधिए, फ्रैंड्स फ्रेंडशिप बैंड्स
*
सूर्य रश्मि से स्नानकर, सुबह शाम हों धन्य
घूमें ताजी हवा में, पाएँ खुशी अनन्य
*
हार्म करे एक सी बहुत, घटती है ओजोन
बिना सुरक्षा पर्त के, जीवन चाहे क्लोन
*
दूर शीतला माँ हुईं, कोरोना माँ पास
रक्षित रह रखिए सुखी, करें नहीं उपहास
*
हग कल्चर से दूर रह, करिए नमन प्रणाम
ब्लैसिंग लें दें दूर से, करिए दोस्त सलाम
*
कोविद माता सिखातीं, अनुशासन का पाठ
धन्यवाद कह स्वस्थ्य रह, करिए यारों ठाठ
८-४-२०२१
***
हिंदी काव्यानुवाद-
तंत्रोक्त रात्रिसूक्त
*
II यह तंत्रोक्त रात्रिसूक्त है II
I ॐ ईश्वरी! धारक-पालक-नाशक जग की, मातु! नमन I
II हरि की अनुपम तेज स्वरूपा, शक्ति भगवती नींद नमन I१I
*
I ब्रम्हा बोले: 'स्वाहा-स्वधा, वषट्कार-स्वर भी हो तुम I
II तुम्हीं स्वधा-अक्षर-नित्या हो, त्रिधा अर्ध मात्रा हो तुम I२I
*
I तुम ही संध्या-सावित्री हो, देवी! परा जननि हो तुम I
II तुम्हीं विश्व को धारण करतीं, विश्व-सृष्टिकर्त्री हो तुम I३I
*
I तुम ही पालनकर्ता मैया!, जब कल्पांत बनातीं ग्रास I
I सृष्टि-स्थिति-संहार रूप रच-पाल-मिटातीं जग दे त्रास I४I
*
I तुम्हीं महा विद्या-माया हो, तुम्हीं महा मेधास्मृति हो I
II कल्प-अंत में रूप मिटा सब, जगन्मयी जगती तुम हो I५I
*
I महा मोह हो, महान देवी, महा ईश्वरी तुम ही हो I
II सबकी प्रकृति, तीन गुणों की रचनाकर्त्री भी तुम हो I६I
*
I काल रात्रि तुम, महा रात्रि तुम, दारुण मोह रात्रि तुम हो I
II तुम ही श्री हो, तुम ही ह्री हो, बोधस्वरूप बुद्धि तुम हो I७I
*
I तुम्हीं लाज हो, पुष्टि-तुष्टि हो, तुम ही शांति-क्षमा तुम हो I
II खड्ग-शूलधारी भयकारी, गदा-चक्रधारी तुम हो I८I
*
I तुम ही शंख, धनुष-शर धारी, परिघ-भुशुण्ड लिए तुम हो I
II सौम्य, सौम्यतर तुम्हीं सौम्यतम, परम सुंदरी तुम ही हो I९I
*
I अपरा-परा, परे सब से तुम, परम ईश्वरी तुम ही हो I
II किंचित कहीं वस्तु कोई, सत-असत अखिल आत्मा तुम होI१०I
*
I सर्जक-शक्ति सभी की हो तुम, कैसे तेरा वंदन हो ?
II रच-पालें, दे मिटा सृष्टि जो, सुला उन्हें देती तुम हो I११I
*
I हरि-हर,-मुझ को ग्रहण कराया, तन तुमने ही हे माता! I
II कर पाए वन्दना तुम्हारी, किसमें शक्ति बची माता!! I१२I
*
I अपने सत्कर्मों से पूजित, सर्व प्रशंसित हो माता!I
II मधु-कैटभ आसुर प्रवृत्ति को, मोहग्रस्त कर दो माता!!I१३II'
*
I जगदीश्वर हरि को जाग्रत कर, लघुता से अच्युत कर दो I
II बुद्धि सहित बल दे दो मैया!, मार सकें दुष्ट असुरों को I१४I
*
IIइति रात्रिसूक्त पूर्ण हुआII
***
दोहा सलिला
पानी-पानी हो गया, पानी मिटी न प्यास।
जंगल पर्वत नदी-तल, गायब रही न आस।।
*
दो कौड़ी का आदमी, पशु का थोड़ा मोल।
नायक सबका खुदा है, धन्य-धन्य हम झेल।।
*
तू मारे या छोड़ दे, है तेरा उपकार।
न्याय-प्रशासन खड़ा है, हाथ बाँधकर द्वार।।
*
आज कदर है उसी की, जो दमदार दबंग।
इस पल भाईजान हो, उस पल हो बजरंग।।
*
सवा अरब है आदमी, कुचल घटाया भार।
पशु कम मारे कर कृपा, स्वीकारो उपकार।।
*
हम फिल्मी तुम नागरिक, आम न समता एक।
खल बन रुकते हम यहाँ, मरे बने रह नेक।।
*
८-४-२०१८
***
नवगीत:
समाचार है...
*
बैठ मुड़ेरे चिड़िया चहके
समाचार है.
सोप-क्रीम से जवां दिख रही
दुष्प्रचार है...
*
बिन खोले- अख़बार जान लो,
कुछ अच्छा, कुछ बुरा मान लो.
फर्ज़ भुला, अधिकार माँगना-
यदि न मिले तो जिद्द ठान लो..
मुख्य शीर्षक अनाचार है.
और दूसरा दुराचार है.
सफे-सफे पर कदाचार है-
बना हाशिया सदाचार है....
पैठ घरों में टी. वी. दहके
मन निसार है...
*
अब भी धूप खिल रही उज्जवल.
श्यामल बादल, बरखा निर्मल.
वनचर-नभचर करते क्रंदन-
रोते पर्वत, सिसके जंगल..
घर-घर में फैला बजार है.
अवगुन का गाहक हजार है.
नहीं सत्य का चाहक कोई-
श्रम सिक्के का बिका चार है..
मस्ती, मौज-मजे का वाहक
असरदार है...
*
लाज-हया अब तलक लेश है.
चुका नहीं सब, बहुत शेष है.
मत निराश हो बढ़े चलो रे-
कोशिश अब करनी विशेष है..
अलस्सुबह शीतल बयार है.
खिलता मनहर हरसिंगार है.
मन दर्पण की धूल हटायें-
चेहरे-चेहरे पर निखार है..
एक साथ मिल मुष्टि बाँधकर
संकल्पित करना प्रहार है...
८-४-२०११
***
दोहा सलिला
कौन किसी का सगा है, और पराया कौन?
जब भी चाहा जानना, उत्तर पाया मौन
*
देवी इतनी प्रार्थना, रहे हमेशा होश
काम 'सलिल' करता रहे, घटे न किंचित जोश
***
हास्य दोहे:
*
बेचो घोड़े-गधे भी, सोओ होकर मस्त.
खर्राटे ऊँचे भरो, सब जग को कर त्रस्त..
*
दूर रहो उससे सदा, जो धोता हो हाथ.
गर पीछे पड़ जायेगा, मुश्किल होगा साथ..
*
टाँग अड़ाना है 'सलिल', जन्म सिद्ध अधिकार.
समझ सको कुछ या नहीं, दो सलाह हर बार..
*
देवी दर्शन कीजिए, भंडारे के रोज
देवी खुश हो जब मिले, बिना पकाए भोज
*
हर ऊँची दूकान के, फीके हैं पकवान
भाषण सुन कर हो गया, बच्चों को भी ज्ञान
*
नोट वोट नोटा मिलें, जब हों आम चुनाव
शेष दिनों मारा गया, वोटर मिले न भाव
८-४-२०१०
*

गुरुवार, 7 अप्रैल 2022

दोहा, चैत्र, नदी काव्य, क्षणिका, मुक्तक,

दोहे
*
चेत सके चित् चैत में, साँस-साँस सत् साथ।
कहे हाथ से हाथ मिल, जिओ उठाकर माथ।।
*
हम नंदन वैशाख के, पके न; आया चैत।
द्वैत हृदय में बसाए, जिह्वा पर अद्वैत।।
*
महुआ महुआ के तले, मोहे गंध बिखेर।
ढाई आखर बाँचती, नैन मूँद अंधेर।।
*
चैती देख पलाश को, तन-मन रही निसार।
क्रुद्ध-तप्त सूरज जला, बरसाता अंगार।।
*
ज्यों की त्यों चादर धरी, हुए कबीरा खेत।
बन कमाल खलिहान ने, चादर धरी समेट।।
*
कल तक मालामाल थे, आज खेत कंगाल।
कल खाली खलिहान थे, अब हैं मालामाल।।
*
बूँद पसीने की गिरी, भू पर उपजी बाल।
देख फसल खलिहान में, मिहनत हुई निहाल।।
*
७-४-२०२२
***
नदी काव्य
*
स्वर्ण रेखा!
अब न हो निराश,
रही तट पर गूँज
आप आ गीता।

काश,
फिर मंगल
कर सके जंगल,
पा पुन: सीता।

अवध
और रजक
गँवा निष्ठा सत
मलिन कर सरयू
गँवा देते राम।

नदी मैया है
जमुन जल राधा,
काट भव बाधा
कान्ह को कर कृष्ण
युग बदलता है।

बीन कर कचरा
रोप पौधा एक
बना उसको वृक्ष
उगा फिर सूरज
हो न जो बीता।
सुन-सुना गीता।।

स्वर्ण रेखा = एक नदी
***
एक रचना
बीस साल में जेल है, दो दिन में है बेल.
पकड़ो-छोड़ो में हुआ, चोर-पुलिस का खेल.
चोर-पुलिस का खेल, पंगु है न्याय व्यवस्था,
लाभ मिले शक का, सुधरे किस तरह अवस्था?
कहे सलिल कविराय, छूटता क्यों रईस है?
मारे-कुचले फिर भी नायक?, टीस यही है
७-४-२०१८
***
क्षणिकाएँ...
*
कर पाता दिल
अगर वंदना
तो न टूटता
यह तय है।
*
निंदा करना
बहुत सरल है,
समाधान ही
मुश्किल है।
*
असंतोष-कुंठा
कब उपजे?
बूझे कारण कौन?
'सलिल' सियासत स्वार्थ साधती
जनगण रहता मौन।
*
मैं हूँ अदना
शब्द-सिपाही।
अर्थ सहित दें
शब्द गवाही।
*
मुक्तक 
दोस्तों की आजमाइश क्यों करें?
मौत से पहले ही बोलो क्यों मरें..
नाम के ही हैं. मगर हैं साथ जो-
'सलिल' उनके बिन अकेले क्यों रहें?
***
दिल लगाकर दिल्लगी हमने न की।
दिल जलाकर बंदगी तुमने न की।
दिल दिया ना दिला लिया, बस बात की-
दिल दुखाया सबने हमने उफ़ न की।।
७-४-२०१०
***

बुधवार, 6 अप्रैल 2022

सॉनेट, गीत, दोहा, यमक,हाइकु मुक्तिका, दोहा मुक्तिका,लघुकथा

सॉनेट
तन-मन
तन में मन है, सुमन सुरभि सम।
माटी हो जाता, तन बिन मन।
लचक अधिक रख नाहक मत तन।।
खुश रह, खुश रख, मिट जाए गम।।
तन्मय मन हो, हो मन्मय तन।
चादर बुनकर ओढ़, स्वच्छ रख।
प्रभुको दे आखिर में फल चख।।
ज्यों की त्यों धर सके कर जतन।।
अनगिन जन फिर भी जग निर्जन।
इकतारा बन बज तुन तिन तिन।
तान न ढीला छोड़, कर जतन।।
कर धन संचय, हो मत निर्धन।
जोड़ बावरे! हँस मन से मन।
एक-नेक, दो रहें न तन-मन।।
६-४-२०२२
•••
गीत -
अपने सपने कहाँ खो गये?
*
तुमने देखे,
मैंने देखे,
हमने देखे।
मिल प्रयास कर
कभी रुदन कर
कभी हास कर।
जाने-अनजाने, मन ही मन, चुप रह लेखे।
परती धरती में भी
आशा बीज बो गये।
*
तुमने खोया,
मैंने खोया ,
हमने खोया।
कभी मिलन का,
कभी विरह का,
कभी सुलह का।
धूप-छाँव में, नगर-गाँव में पाया मौक़ा।
अंकुर-पल्लव ऊगे
बढ़कर वृक्ष हो गये।
*
एक दूजे में,
एक दूजे को,
हमने पाया।
तुमने पाया,
मैंने पाया,
गले लगाया।
हर बाधा-संकट को, जीता साथ-साथ रह।
पुष्पित-फलित हुए तो
हम ही विवश हो गये।
***
हाइकु मुक्तिका-
नव दुर्गा का, हर नव दिन हो, मंगलकारी
नेह नर्मदा, जन-मन रंजक, संकटहारी
मैं-तू रहें न, दो मिल-जुलक,र एक हो सकें
सुविचारों के, सुमन सुवासित, जीवन-क्यारी
गले लगाये, दिल को दिल खिल, गीत सुनाये
हों शरारतें, नटखटपन मन,-रञ्जनकारी
भारतवासी, सकल विश्व पर, प्यार लुटाते
संत-विरागी, सत-शिव-सुंदर, छटा निहारी
भाग्य-विधाता, लगन-परिश्रम, साथ हमारे
स्वेद बहाया, लगन लगाकर, दशा सुधारी
पंचतत्व का, तन मन-मंदिर, कर्म धर्म है
सत्य साधना, 'सलिल' करे बन, मौन पुजारी
(वार्णिक हाइकु छन्द ५-७-५)
***
***
दोहा मुक्तिका
ताल दे लता याद वह, आ ले बाँहें थाम
लाडो कह कह लिपटता, अपना बन बेदाम
*
अश्क बहा मत रोक ले, हो अशोक भूधाम
सुधा बरस हर श्वास में, रहे कृष्ण का नाम
*
रेखा खींच सरोज की, बीच सलिल ले नाम
मन मंदिर में शारदा, लख आए घनश्याम
*
तुलसी जब तुल सी गई, कैक्टस जा ब्रजधाम
कुंज करीब मिटा रहा, घायल गोप गुलाम
*
करे जीव संजीव वह, करे वही निष्प्राण
माटी से मूर्त गढ़े, कर चेतन संप्राण
६-४-२०२१
***
दोहा-दोहा खेलिए
*
समय बिताने के लिए यह एक रोचक क्रीड़ा है। इसमें कितने भी प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। आरंभक एक दोहा प्रस्तुत करे जिसका प्रथम चरण गुरु लघु से आरम्भ हो। दोहे के अंतिम शब्द से आरंभ कर अगला प्रतिभागी दोहा प्रस्तुत करे। यह क्रम चलता रहेगा। खेल के दो प्रकार हैं - १. प्रतिभागियों का क्रम तय हो, जिसकी बारी हो वही दोहा प्रस्तुत करे। २. क्रम अनिश्चित हो, जो पहले दोहा बना ले प्रस्तुत कर दे। किसी दोहे के अंत में पहले दोहे का पहला शब्द आने पर खेल ख़त्म हो जाएगा। इसे निरंतर कई दिनों तक खेला जा सकता है।
नियम
१. आखिरी दोहे के अंतिम शब्द/अक्षर से अगला दोहा आरंभ करें।
२. दोहा खुद का लिखा न हो तो दोहे के साथ दोहाकार का नाम अवश्य दें।
३. किसी अन्य के दोहे पर टीका-टिप्पणी न करें।
४. दोहे के कथ्य की पूरी जवाबदारी प्रस्तुतकर्ता की होगी।
५. प्रबंधक का आदेश / निर्णय सब पर बंधनकारी होगा।
६. एक शब्द या अक्षर पर एक से अधिक दोहे आने पर जो दोहा सबसे पहले आया हो, उसे आधार मानकर आगे बढ़ा जाए।
७. बीच के किसी दोहे पर टिप्पणी या उससे जुड़ा दोहा, मूल दोहे के साथ ही जवाब में दें ताकि संदर्भ सहित पढ़ा जा सके।
*
सदय रहें माँ शारदा, ऋिद्धि सिद्धि गणराज
हिंदी के सिर सज सके, जगवाणी का ताज
अगला दोहा ज से आरंभ करें।
उदाहरण
दोहा-सलिला
बोल रहे सब सगा पर, सगा न पाया एक
हैं अनेक पर एक भी, मिला न अब तक नेक
नेक नेकियत है कहाँ, खोज खोज हैरान
अपने भीतर झाँक ले, बोल पड़ा मतिमान
मान न मान मगर करे, मन ही मन तू गान
मौन न रह पाए भले, मन में ले तू ठान
ठान अगर ले छू सके, हाथों से आकाश
पैर जमकर धरा पर, तोड़ मोह का पाश
पाश न कोई है जिसे, मनुज न सकता खोल
कर ले दृढ़ संकल्प यदि, मन ही मन में बोल
६-४-२०२०
***
लघुकथा
१. एकलव्य
*
- 'नानाजी! एकलव्य महान धनुर्धर था?'
- 'हाँ; इसमें कोई संदेह नहीं है.'
- उसने व्यर्थ ही भोंकते कुत्तों का मुंह तीरों से बंद कर दिया था ?'
-हाँ बेटा.'
- दूरदर्शन और सभाओं में नेताओं और संतों के वाग्विलास से ऊबे पोते ने कहा - 'काश वह आज भी होता.'
*****
२. खाँसी
*
कभी माँ खाँसती, कभी पिता. उसकी नींद टूट जाती, फिर घंटों न आती। सोचता काश, खाँसी बंद हो जाए तो चैन की नींद ले पाए।
पहले माँ, कुछ माह पश्चात पिता चल बसे। उसने इसकी कल्पना भी न की थी.
अब करवटें बदलते हुए रात बीत जाती है, माँ-पिता के बिना सूनापन असहनीय हो जाता है। जब-तब लगता है अब माँ खाँसी, अब पिता जी खाँसे।
तब खाँसी सुनकर नींद नहीं आती थी, अब नींद नहीं आती है कि सुनाई दे खाँसी।
***
३. साँसों का कैदी
*
जब पहली बार डायलिसिस हुआ था तो समाचार मिलते ही देश में तहलका मच गया था। अनेक महत्वपूर्ण व्यक्ति और अनगिनत जनता अहर्निश चिकित्सालय परिसर में एकत्र रहते, डॉक्टर और अधिकारी खबरचियों और जिज्ञासुओं को उत्तर देते-देते हलाकान हो गए थे।
गज़ब तो तब हुआ जब प्रधान मंत्री ने संसद में उनके देहावसान की खबर दे दी, जबकि वे मृत्यु से संघर्ष कर रहे थे। वस्तुस्थिति जानते ही अस्पताल में उमड़ती भीड़ और जनाक्रोश सम्हालना कठिन हो गया। प्रशासन को अपनी भूल विदित हुई तो उसके हाथ-पाँव ठन्डे हो गए। गनीमत हुई कि उनके एक अनुयायी जो स्वयं भी प्रभावी नेता थे, वहां उपस्थित थे, उन्होंने तत्काल स्थिति को सम्हाला, प्रधान मंत्री से बात की, संसद में गलत सूचना हेतु प्रधानमंत्री ने क्षमायाचना की।
धीरे-धीरे संकट टला.… आंशिक स्वास्थ्य लाभ होते ही वे फिर सक्रिय हो गए, सम्पूर्ण क्रांति और जनकल्याण के कार्यों में। बार-बार डायलिसिस की पीड़ा सहता तन शिथिल होता गया पर उनकी अदम्य जिजीविषा उन्हें सक्रिय किये रही। तन बाधक बनता पर मन कहता मैं नहीं हो सकता साँसों का कैदी।
***
४. गुरु जी
*
मुझे आपसे बहुत कुछ सीखना है, क्या आप मुझे शिष्य बना नहीं सिखायेंगे?
बार-बार अनुरोध होने पर न स्वीकारने की अशिष्टता से बचने के लिए सहमति दे दी। रचनाओं की प्रशंसा, विधा के विधान आदि की जानकारी लेने तक तो सब कुछ ठीक रहा।
एक दिन रचनाओं में कुछ त्रुटियाँ इंगित करने पर उत्तर मिला- 'खुद को क्या समझते हैं? हिम्मत कैसे की रचनाओं में गलतियाँ निकालने की? मुझे इतने पुरस्कार मिल चुके हैं। फेस बुक पर जो भी लिखती हूँ सैंकड़ों लाइक मिलते हैं। मेरी लिखे में गलती हो ही नहीं सकती। आइंदा ऐसा किया तो...'
आगे पढ़ने में समय ख़राब करने के स्थान पर शिष्या को ब्लोक कर चैन की सांस लेते कान पकड़े कि अब नहीं बनेंगे किसी के गुरु। ऐसों को गुरु नहीं गुरुघंटाल ही मिलने चाहिए।
***

त्वरित प्रतिक्रिया

कृष्ण-मृग हत्याकांड
*
मुग्ध हुई वे हिरन पर, किया न मति ने काम।
हरण हुआ बंदी रहीं, कहा विधाता वाम ।।
*
मुग्ध हुए ये हिरन पर, मिले गोश्त का स्वाद।
सजा हुई बंदी बने, क्यों करते फ़रियाद?
*
देर हुई है अत्यधिक, नहीं हुआ अंधेर।
सल्लू भैया सुधरिए, अब न कीजिए देर।।
*
हिरणों की हत्या करी, चला न कोई दाँव।
सजा मिली तो टिक नहीं, रहे जमीं पर पाँव।।
*
नर-हत्या से बचे पर, मृग-हत्या का दोष।
नहीं छिप सका भर गया, पापों का घट-कोष।।
*
आहों का होता असर, आज हुआ फिर सिद्ध।
औरों की परवा करें, नर हो बनें न गिद्ध।।
*
हीरो-हीरोइन नहीं, ख़ास नागरिक आम।
सजा सख्त हो तो मिले, सबक भोग अंजाम ।।
*
अब तक बचते रहे पर, न्याय हुआ इस बार।
जो छूटे उन पर करे, ऊँची कोर्ट विचार।।
*
फिर अपील हो सभी को, सख्त मिल सके दंड।
लाभ न दें संदेह का, तब सुधरेंगे बंड।।
*
न्यायपालिका से विनय करें न इतनी देर।
आम आदमी को लगे, होता है अंधेर।।
*
सरकारें जागें न दें, सुविधा कोई विशेष।
जेल जेल जैसी रहे, तनहा समय अशेष।।
६-४-२०१८
**
यमकीय दोहा
सगा कह रहे सब मगर, सगा न पाया एक।
मिलते नित्य अनेक पर, मिला न अब तक नेक।।
६-४-२०१०
***

मंगलवार, 5 अप्रैल 2022

दोहा यमक, यमक दोहा, सॉनेट

सॉनेट
उम्मीद
गर उम्मीद तुम्हारे मन में
हर दिन होली, रात दिवाली
वीराने में भी हरियाली
खुशियाँ बसतीं मनुज मगन में।

हरि देखे, प्रह्लाद अगन में
विष पी, मीरा मुख पर लाली
सींचे धरती बाबुल माली
मंज़िल की छवि दिखे जतन में।

शिव तज अमिय पिएँ विष-प्याली
राधा-मन में लख वनमाली
संतति पाले बाबुल माली।

थकन न लगती तनिक जतन में
पुण्य-पाप मिल-जलें हवन में
गर उम्मीद तुम्हारे मन में।
५-४-२०२२
•••
सॉनेट
उड़ान
मन में यदि संकल्प महान
तन में तेरे है यदि जान
शीश उठा, सीना लो तान
पर फैलाकर देख वितान।

खाई की गहराई देख
दूर क्षितिज पर लाली लेख
पैर जमा रख चुभे न मेख
रोक न पाए कोई रेख।

घाटी की गहराई माप
विस्तृत नभ चौड़ाई नाप
पर्वत ऊँचा देख न काँप
कमतर तनिक न तेरा आप।

कर भी दे अब शर-संधान
छोटा नभ, हो बड़ी उड़ान।
५-४-२०२२
•••
गले मिले दोहा यमक
*
काहे को रोना मचा, जीना किया हराम
कोरोना परदेश से, लाये ख़ास- न आम
बिना सिया-सत सियासत, है हर काम सकाम
काम तमाम न काम का, बाकी काम तमाम
हेमा की तस्वीर से, रोज लड़ाते नैन
बीबी देखे झट कहें, हे मा! मन बेचैन
बौरा-गौरा को नमन, करता बौरा आम.
खास बन सके, आम हर, हे हरि-उमा प्रणाम..
देख रहा चलभाष पर, कल की झलकी आज.
नन्हा पग सपने बड़े, कल हो कल का राज..
५-४-२०२०
***
खबरदार कविता:
खबर: हमारी सरहद इंच-इंच कर कब्ज़ा किया जा रहा है.
दोहा गजल:
असरकार सरकार क्यों?, हुई न अब तक यार.
करता है कमजोर जो, 'सलिल' वही गद्दार..
*
अफसरशाही राह का, रोड़ा- क्यों दरकार?
क्यों सेना में सियासत, रोके है हथियार..
*
दें जवाब हम ईंट का, पत्थर से हर बार.
तभी देश बच पायेगा, चेते अब सरकार..
*
मानवता के नाम पर, रंग जाते अखबार.
आतंकी मजबूत हों, थम जाते हथियार..
*
५-४-२०१०

सोमवार, 4 अप्रैल 2022

कुण्डलिया, नोटा, दोहा, जनक छंद, द्विपदी, सॉनेट

सॉनेट 
दादा 
*
दादा माखनलाल प्रणाम।  
खासुलखास, रहे बन आम। 
सदा देश के आए काम।।
दसों दिशा में गूँजा नाम।। 

शस्त्र उठा विद्रोह किया। 
अमिय अहिंसा विहँस पिया।। 
शब्द-बाण जब चला दिया।।
अँग्रेजों का हिला जिया।।

'प्रभा','प्रताप' मशाल बना। 
कर्मवीर' युग-नाद घना।  
'हिम किरीटिनी' दर्द घना।    
रखे 'युग चरण' ख्वाब बुना। 

जीवन जिया नर्मदा सम। 
सुदृढ़ वज्र, माखन सम नम।।
४-४-२०२२  
सॉनेट
विनय
विनय सुनें हे तारणहार!
ले भावों का बंदनवार।
आया तव आत्मज सब हार।।
लाया है अँजुरी भर प्यार।।

करी बहुत तज दी तकरार।
किया बहुत त्यागा श्रंगार।
है समान अब हिम-अंगार।।
तुम पर बरबस ही दिल हार।।

पल भर तो लो ईश! निहार।
स्वीकारो हँसकर सत्कार।
मैं कैसे बिसरे सरकार!
युक्ति बता दो प्रभु! पुचकार।।

हारा, हरि! अब हो दीदार।
करुणा कर मेरे करतार!!
४•४•२०२२
•••
कुण्डलिया
नोटा

नोटा तो ब्रह्मास्त्र है, समझ लीजिए आप।
अनाचार पर चलाकर, मिटा दीजिए पाप।।
मिटा दीजिए पाप, न भ्रष्टाचार सहो अब।
जो प्रत्याशी गलत, उसे मिल दूर करो सब।।
कहे 'सलिल' कविराय, न जाए तुमको पोटा।
सजग मौन रह आप, मात दें चुनकर नोटा।।
***

एक द्विपदी

करें न शिकवा, नहीं शिकायत, तुमने जात दिखा दी है।
अश्क़ बहकर मौन-दूर हम, तुमको यही सजा दी है।।
४-४-२०२१

***

सामयिक दोहा

परेशान होते बहुत, छोटे ग्राहक रोज
चुरा करोड़ों भागते, मोदी कैसे खोज??
४-४-२०१८
***
एक त्रिपदी : जनक छंद
*
हरी दूब सा मन हुआ
जब भी संकट ने छुआ
'सलिल' रहा मन अनछुआ..
४-४-२०११
*

रविवार, 3 अप्रैल 2022

दोहा, गीत, मुक्तिका, तुम

नौ दोहा दीप
दिन की देहरी पर खड़ी, संध्या ले शशि-दीप
गगन सिंधु मोती अगिन, तारे रजनी सीप
दीप जला त्राटक करें, पाएँ आत्म-प्रकाश
तारक अनगिन धरा को, उतर करें आकाश
दीप जलाकर कीजिए, हाथ जोड़ नत माथ
दसों दिशा की आरती, भाग्य देव हों साथ
जीवन ज्योतिर्मय करे, दीपक बाती ज्योत
आशंका तूफ़ान पर, जीते आशा पोत
नौ-नौ की नव माल से, कोरोना को मार
नौ का दीपक करेगा, तम-सागर को पार
नौ नौ नौ की ज्योति से, अन्धकार को भेद
हँसे ठठा भारत करे, चीनी झालर खेद
आत्म दीप सब बालिये, नहीं रहें मतभेद
अतिरेकी हों अल्पमत, बहुमत में श्रम - स्वेद
तन माटी माटी दिया, लौ - आत्मा दो ज्योत
द्वैत मिटा अद्वैत वर, रवि सम हो खद्योत
जन-मन वरण प्रकाश का, करे तिमिर को जीत
वंदन भारत-भारती कहे, बढ़े तब प्रीत
*
३-४-२०२०
***
मुक्तिका
*
सलिल बूँद मिल स्वाति से, बन जाती अनमोल
तृषा पपीहे की बुझे, जब टेरे बिन मोल
मन मुकुलित ममतामयी!, हो दो यह वरदान
सलिल न पंकिल हो तनिक, बहे मधुरता घोल
मनुज छोर की खोज में, भटक रहा दिन-रैन
कौन बताये है नहीं, छोर जगत है गोल
रहे शिष्य की छाँह से, शिक्षक हरदम दूर
गुरु कह गुरुघंटाल बन, परखें स्वारथ तोल
झूम बजाएँ नाचिए, किंतु न दीजै फाड़
अटल सत्य हर ढोल में, रही हमेशा पोल
सगा न कोई किसी का, सब मतलब के मीत
सरस सत्य हँस कह सलिल, अप्रिय सत्य मत बोल
अगर मधुरता अत्यधिक, तब रह सजग-सतर्क
छिप अमृत की आड़ में, गरल न करे किलोल
३-४-२०२०
***
गीत
बिन तुम्हारे...
*
बिन तुम्हारे सूर्य उगता, पर नहीं होता सवेरा.
चहचहाते पखेरू पर डालता कोई न डेरा.

उषा की अरुणाई मोहे, द्वार पर कुंडी खटकती.
भरम मन का जानकर भी, दृष्टि राहों पर अटकती..

अनमने मन चाय की ले चाह जगकर नहीं जगना.
दूध का गंजी में फटना या उफन गिरना-बिखरना..

साथियों से बिना कारण उलझना, कुछ भूल जाना.
अकेले में गीत कोई पुराना फिर गुनगुनाना..

साँझ बोझिल पाँव, तन का श्रांत, मन का क्लांत होना.
याद के बागों में कुछ कलमें लगाना, बीज बोना..

विगत पल्लव के तले, इस आज को फिर-फिर भुलाना.
कान बजना, कभी खुद पर खुद लुभाना-मुस्कुराना..

बिन तुम्हारे निशा का लगता अँधेरा क्यों घनेरा?
बिन तुम्हारे सूर्य उगता, पर नहीं होता सवेरा.
३-४-२०११
***

शनिवार, 2 अप्रैल 2022

सप्त श्लोकी दुर्गा, सॉनेट, पवन, मुक्तक, कुण्डलिया, दुर्गा, हाइकु, भोजपुरी

सत श्लोकी दुर्गा
हिंदी भावानुवाद 
• 
शिव बोले- हो सुलभ भक्त को, कार्य नियंता हो देवी! 
एक उपाय प्रयत्न मात्र है, कार्य-सिद्धि की कला यही।। 
• 
देवी बोलीं- सुनें देव हे!, कला साधना उत्तम है। 
स्नेह बहुत है मेरा तुम पर, स्तुति करूँ प्रकाशित मैं।। 
• 
ॐ मंत्र सत् श्लोकी दुर्गा, ऋषि ‌नारायण छंद अनुष्टुप। 
देव कालिका रमा शारदा, दुर्गा हित हो पाठ नियोजित।। 
• 
ॐ चेतना ज्ञानी जन में, मात्र भगवती माँ ही हैं। 
मोहित-आकर्षित करती हैं, मातु महामाया खुद ही।१। 
• 
भीति शेष जो है जीवों में, दुर्गा-स्मृति हर लेती, 
स्मृति-मति हो स्वस्थ्य अगर तो, शुभ फल हरदम है देती। 
कौन भीति दारिद्रय दुख हरे, अन्य न कोई है देवी। 
कारण सबके उपकारों का, सदा आर्द्र चितवाली वे।२। 
• 
मंगलकारी मंगल करतीं, शिवा साधतीं हित सबका। 
त्र्यंबका गौरी, शरणागत, नारायणी नमन तुमको।३। 
• 
दीन-आर्त जन जो शरणागत, परित्राण करतीं उनका। 
सबकी पीड़ा हर लेती हो, नारायणी नमन तुमको।४। 
• 
सब रूपों में, ईश सभी की, करें समन्वित शक्ति सभी। 
देवी भय न अस्त्र का किंचित्, दुर्गा देवि नमन तुमको।५। 
• 
रोग न शेष, तुष्ट हों तब ही, रुष्ट काम से, अभीष्ट सबका। 
जो आश्रित वह दीन न होता, आश्रित पाता प्रेय अंत में।६। 
• 
सब बाधाओं को विनाशतीं, हैं अखिलेश्वरी तीन लोक में। 
इसी तरह सब कार्य साधतीं, करें शत्रुओं का विनाश भी।७। 
•••
सॉनेट 
पवन 
• 
झोंका बन पुलके झकझोर 
अंतर्मन में उठा हिलोर 
रवि-ऊषा बिन उज्जवल भोर 
बन आलिंगन दे चितचोर 

गाए मिलन-विरह के गीत 
लूटे लुटा हमेशा प्रीत 
हँसे हार ज्यों पाई जीत 
तोड़-बनाए पल-पल रीत 

कोई सकता कभी न रोक 
कोई सके न किंचित टोक 
होता विकल न करता शोक 
पैना बहुत न लेकिन नोक 

संगी भू नभ सलिल अगन 
चिरजीवी हो पवन मगन 
२-४-२०२२ 
•••
***
मुक्तक
*
सिर्फ पानी नहीं आँसू, हर्ष भी हैं दर्द भी।
बहाती नारी न केवल, हैं बनाते मर्द भी।।
गर प्रवाहित हों नहीं तो हृदय ही फट जाएगा-
हों गुलाबी-लाल तो होते कभी ये जर्द भी।।
२-४-२०२१
***
कार्यशाला : कुण्डलिया
जाने कितनी हो रही अपने मन में हूक।
क्यों होती ही जारही अजब चूक पर चूक। - रामदेव लाल 'विभोर'
अजब चूक पर चूक, विधाता की क्या मर्जी?
फाड़ रहा है वस्त्र, भूलकर सिलना दर्जी
हठधर्मी या जिद्द, पड़ेगी मँहगी कितनी?
ले जाएगी जान, न जाने जानें कितनी - संजीव
***
चिंतन
दुर्गा पूजा
*
बचपन में सुना था ईश्वर दीनबंधु है, माँ पतित पावनी हैं।
आजकल मंदिरों के राजप्रासादों की तरह वैभवशाली बनाने और सोने से मढ़ देने की होड़ है।
माँ दुर्गा को स्वर्ण समाधि देने का समाचार विचलित कर गया।
इतिहास साक्षी है देवस्थान अपनी अकूत संपत्ति के कारण ही लूट को शिकार हुए।
मंदिरों की जमीन-जायदाद पुजारियों ने ही खुर्द-बुर्द कर दी।
सनातन धर्म कंकर कंकर में शंकर देखता है।
वैष्णो देवी, विंध्यवासिनी, कामाख्या देवी अादि प्राचीन मंदिरों में पिंड या पिंडियाँ ही विराजमान हैं।
परम शक्ति अमूर्त ऊर्जा है किसी प्रसूतिका गृह में उसका जन्म नहीं होता, किसी श्मशान घाट में उसका दाह भी नहीं किया जा सकता।
थर्मोडायनामिक्स के अनुसार इनर्जी कैन नीदर बी क्रिएटेड नॉर बी डिस्ट्रायड, कैन ओनली बी ट्रांसफार्म्ड।
अर्थात ऊर्जा का निर्माण या विनाश नहीं केवल रूपांतरण संभव है।
ईश्वर तो परम ऊर्जा है, उसकी जयंती मनाएँ तो पुण्यतिथि भी मनानी होगी।
निराकार के साकार रूप की कल्पना अबोध बालकों को अनुभूति कराने हेतु उचित है किंतु मात्र वहीं तक सीमित रह जाना कितना उचित है?
माँ के करोड़ों बच्चे महामीरी में रोजगार गँवा चुके हैं, अर्थ व्यवस्था के असंतुलन से उत्पादन का संकट है, सरकारें जनता से सहायता हेतु अपीलें कर रही हैं और उन्हें चुननेवाली जनता का अरबों-खरबों रुपया प्रदर्शन के नाम पर स्वाहा किया जा रहा है।
एक समय प्रधान मंत्री को अनुरोध पर सोमवार अपराह्न भोजन छोड़कर जनता जनार्दन ने सहयोग किया था। आज अनावश्यक साज-सज्जा छोड़ने के लिए भी तैयार न होना कितना उचित है?
क्या सादगीपूर्ण सात्विक पूजन कर अपार राशि से असंख्य वंचितों को सहारा दिया जाना बेहतर न होगा?
संतानों का घर-गृहस्थी नष्ट होते देखकर माँ स्वर्णमंडित होकर प्रसन्न होंगी या रुष्ट?
दुर्गा सप्तशती में महामारी को भी भगवती कहा गया है। रक्तबीज की तरह कोरोना भी अपने अंश से ही बढ़ता है। रक्तबीज तभी मारा जा सका जब रक्त बिंदु का संपर्क समाप्त हो गया। रक्त बिंदु और भूमि (सतह) के बीच सोशल कॉन्टैक्ट तोड़ा था मैया ने। आज बेटों की बारी है। कोरोना वायरस और हवा, मानवांग या स्थान के बीच सोशल कॉन्टैक्ट तोड़कर कोरोना को मार दें। यह न कर कोरोना के प्रसार में सहायक जन देशद्रोही ही नहीं मानव द्रोही भी हैं। उनके साथ कानून वही करे जो माँ ने शुंभ-निशुंभ के साथ किया। कोरोना को मानव बम बनाने की सोच को जड़-मूल से ही मिटाना होगा।
२-४-२०२०
***
हाइकु के रंग भोजपुरी के संग
*
आपन त्रुटि
दोसरा माथे मढ़
जीव ना छूटी..
*
बिना बात के
माथा गरमाइल
केतना फीका?.
*
फनफनात
मेहरारू, मरद
हिनहिनात..
*
बांझो स्त्री के
दिल में ममता के
अमृत-धार..
*
धूप-छाँव बा
नजर के असर
छाँव-धूप बा..
*
तन एहर
प्यार-तकरार में
मन ओहर..
*
झूठ न होला
कवनो अनुभव
बोल अबोला..
*
सबुर दाढे
मेवा फरेला पर
कउनो हद?.
*
घर फूँक के
तमाशा देखल
समझदार?.
२-४-२०१०
***

सत श्लोकी दुर्गा भावानुवाद

सत श्लोकी दुर्गा
हिंदी भावानुवाद 
शिव बोले- हो सुलभ भक्त को, कार्य नियंता हो देवी!
एक उपाय प्रयत्न मात्र है, कार्य-सिद्धि की कला यही।।
देवी बोलीं- सुनें देव हे!, कला साधना उत्तम है।
स्नेह बहुत है मेरा तुम पर, स्तुति करूँ प्रकाशित मैं।।
ॐ मंत्र सत् श्लोकी दुर्गा, ऋषि ‌नारायण छंद अनुष्टुप।
देव कालिका रमा शारदा, दुर्गा हित हो पाठ नियोजित।।
ॐ चेतना ज्ञानी जन में, मात्र भगवती माँ ही हैं।
मोहित-आकर्षित करती हैं, मातु महामाया खुद ही।१।
भीति शेष जो है जीवों में, दुर्गा-स्मृति हर लेती,
स्मृति-मति हो स्वस्थ्य अगर तो, शुभ फल हरदम है देती।
कौन भीति दारिद्रय दुख हरे, अन्य न कोई है देवी।
कारण सबके उपकारों का, सदा आर्द्र चितवाली वे।२।
मंगलकारी मंगल करतीं, शिवा साधतीं हित सबका।
 त्र्यंबका गौरी, शरणागत, नारायणी नमन तुमको।३।
दीन-आर्त जन जो शरणागत, परित्राण करतीं उनका।
सबकी पीड़ा हर लेती हो, नारायणी नमन तुमको।४।
सब रूपों में, ईश सभी की, करें समन्वित शक्ति सभी।
देवी भय न अस्त्र का किंचित्, दुर्गा देवि नमन तुमको।५।
रोग न शेष, तुष्ट हों तब ही, रुष्ट काम से, अभीष्ट सबका।
जो आश्रित वह दीन न होता, आश्रित पाता प्रेय अंत में।६। 
सब बाधाओं को विनाशतीं, हैं अखिलेश्वरी तीन लोक में।
इसी तरह सब कार्य साधतीं, करें शत्रुओं का विनाश भी।७।
२-४-२०२२
•••

शुक्रवार, 1 अप्रैल 2022

दोहा, यमक, गीत, तुम,

सॉनेट 
दुर्गा दुर्गतिनाशिनी दमकें  
दुर्गस्वामिनी दुर्जय दम दें। 
दुर्गमविद्यादायिनी दुर्गे! 
दान-दक्षिणा दया दीप्ति दें। 

द्युतिस्वामिन! द्युतिवान दिपदिपा 
देह दुर्ग दुनिया दीपित दें।  
दस दिश दिखे दयालु! दबदबा 
दनुज दल दलें, दमदम दमकें।
   
दक्षा दक्ष दक्षतादायिनी!
दिन-दिन दूनी दया दिव्य दें। 
दुखविदारिणी!  दोषहारिणी!   
दरियादिल! दात्री! दर्शन दें।

दया दिखा, दुख-दर्द दमनकर
दुर्गा दुर्गतिनाशिनी दमकें 
***
दोहा दुनिया 
बौरा-गौरा को नमन, करता बौरा आम.
खास बन सके, आम हर, हे हरि-उमा प्रणाम..
*
देख रहा चलभाष पर, कल की झलकी आज.
नन्हा पग सपने बड़े, कल हो इसका राज..
***
गीत
मीत तुम्हारी राह हेरता...
*
मीत तुम्हारी राह हेरता...
*
सुधियों के उपवन में तुमने
वासंती शत सुमन खिलाये.
विकल अकेले प्राण देखकर-
भ्रमर बने तुम, गीत सुनाये.
चाह जगा कर आह हुए गुम
मूँदे नयन दरश करते हम-
आँख खुली तो तुम्हें न पाकर
मन बौराये, तन भरमाये..
मुखर रहूँ या मौन रहूँ पर
मन ही मन में तुम्हें टेरता.
मीत तुम्हारी राह हेरता...
*
मन्दिर मस्जिद गिरिजाघर में
तुम्हें खोजकर हार गया हूँ.
बाहर खोजा, भीतर पाया-
खुद को तुम पर वार गया हूँ..
नेह नर्मदा के निनाद सा
अनहद नाद सुनाते हो तुम-
ओ रस-रसिया!, ओ मन बसिया!
पार न पाकर पार गया हूँ.
ताना-बाना बुने बुने कबीरा
किन्तु न घिरता, नहीं घेरता.
मीत तुम्हारी राह हेरता...
१-४-२०१०

***

गुरुवार, 31 मार्च 2022

सॉनेट, भवानी, दोहा सतचरणी, हास्य, अरहंत, कविता

सॉनेट
भवानी
भोर भई आईं किरनें
मूँद न नैना जाग उठो।
टेर चिरैया मौन भई
धो मुँह मैया रे सपरो।।

आ पटियाँ दूँ पार जरा
लो गुड़ रोटी भोग लगा
छाछ पिओ जीरा बघरा
गौ बछड़े को रोट खिला।।

झाँक चिरैया टेर रही
जा कुछ दाने तो बिखरा
दे हमको छैंया अपनी
मातु भवानी आ अँगना।।

माँ न बिसारो, हो बिटिया
वास करो मोरे मन मां।।
३१-३-२०२२
•••
सॉनेट 
(लय सूत्र : जभभ गल)
जगा दिया तुमने झकझोर 
कहाँ चले सजना मुँह मोड़ 
चुरा लिया चित ही चितचोर।।
फिरा रहे अँखियाँ दिल तोड़।।

सुनो हुआ मन भाव विभोर।
गले मिलो, कर दो मत छोड़। 
छिपा रखी छवि श्याम अँजोर।।
नहीं किसी सँग है कुछ होड़।।

लुको-छिपो मत, छोड़ न डोर। 
छलो नहीं, छलिया रणछोड़। 
हरो सभी तम,  दो कर भोर।।
सदा रहे तुमसे गठजोड़।।

रहें बसी मन साथ किशोर। 
लली न भूल, न हीं मुँह मोड़।।
३१-३-२०२२२ 
 
दोहा सलिला
(अभिनव प्रयोग - सतचरणी दोहा)
छाया की काया नहीं, पर माया बेजोड़
हटे शीश से तब लगे, पाने खातिर होड़
किसी के हाथ न आती
उजाला सखा सँगाती
तिमिर को धता बताती
*
गुझिया खा मीना कहें, मी ना कोई और
सीख यही इतिहास की, तन्नक करिए गौर
परीक्षार्थी हों गुरु जब
परीक्षाफल नकली तब
देखते भौंचक हो सब
*
करता शोक अशोक नित, तमचर है आलोक
लछमीपति दर दर फिरे, जनपथ पर है रोक
विपक्षी मुक्त देश हो
तर्क कुछ नहीं शेष हो
प्रैस चारण विशेष हो
*
रंग उड़ गया देखकर, बीबी का मुख लाल
रंग जम गया जब मिली, साली लिए गुलाल
रँगे सरहज मूँ कारा
भई बिनकी पौ बारा
कि बोलो सा रा रा रा
*
उषा दुपहरी साँझ सँग, सूरज करता डेट
थक वसुधा को सुमिरता, रजनी शैया लेट
नमन फिर भी जग करता
न किंचित यह रवि डरता
किरण के संग विचरता
***
हास्य रचना
भोर भई शुभ, पड़ोसन हिला रही थी हाथ
देख मुदित मन हो गया, तना गर्व से माथ
तना गर्व से माथ, हिलाते हाथ रहे हम
घरवाली ने होली पर, था फोड़ दिया बम
निर्ममता से तोड़ दिल, बोल रही थी साँच
'तुम्हें नहीं वह हेरती, पोंछे खिड़की- काँच'
*
बुंदेली हास्य रचना:
उल्लू उवाच
*
मुतके दिन मा जब दिखो, हमखों उल्लू एक.
हमने पूछी: "कित हते बिलमे? बोलो नेंक"
बा बोलो: "मुतके इते करते रैत पढ़ाई.
दो रोटी दे नई सके, बो सिच्छा मन भाई.
बिन्सें ज्यादा बड़े हैं उल्लू जो लें क्लास.
इनसें सोई ज्यादा बड़े, धरें परिच्छा खास.
इनसें बड़े निकालते पेपर करते लीक.
औरई बड़े खरीदते कैते धंधा ठीक.
करें परीच्छा कैंसिल बिन्सें बड़े तपाक.
टीवी पे इनसें बड़े, बैठ भौंकते आप.
बिन्सें बड़े करा रए लीक काण्ड की जाँच.
फिर से लेंगे परिच्छा, और बड़े रए बाँच
इतने उल्लुन बीच में अपनी का औकात?
एई काजे लुके रए, जान बचाखें भ्रात.
३१-३-२०२१
***
एक रचना
*
अरिहंत
करते अंत
किसका?
अरि कौन?
अपना अहं?
संचय वृत्ति?
मोह-माया?
स्वार्थ?
इन्द्रियाँ?
जिन्होंने नहीं जीता
एक भी अरि,
वह कैसे अनुयायी हुआ
महावीर का?
सिर्फ इसलिए
कि उसने
जैन नामधारी
परिवार में जन्म लिया.
इन्द्रियों को
जीतकर भी,
अरिओं का
अंत करने के बाद भी
दूसरा नहीं हो सका जैन
क्योंकि उसके जनक
नहीं थे जैन.
कितना उचित
कौन करे परिभाषित?
३१-३-२०१८
***