कुल पेज दृश्य

s. n. sharma 'kamal' लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
s. n. sharma 'kamal' लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 29 अक्टूबर 2013

vimarsh: rough- fair -S.N.Sharma 'kamal' -sanjiv

विमर्श :
आ० आचार्य जी , निम्नलिखित वाक्य में रफ और फेयर के लिए हिंदी के शब्द क्या होंगे ?
यह रफ लिखा है इसे फेयर करना है "
यह प्राथमिक/प्रारंभिक लिखा है, अंतिम रूप देना है.
रफ-फेयर के लिए कच्चा-पक्का का उपयोग मुझे कम रुचता है
facebook: sahiyta salila / sanjiv verma 'salil' 

सोमवार, 28 जनवरी 2013

काव्य कुञ्ज: कितना - क्या एस. एन. शर्मा 'कमल'

काव्य कुञ्ज:
कितना  - क्याएस. एन. शर्मा 'कमल'
*

किसको कितनी ममता बाँटी
कितना मौन मुखर कर  पाया
कितने मिले सफ़र में साथी
कितना किसने साथ निभाया 
लेखाजोखा क्या अतीत का
क्या खोया कितना पाया

जीवन  यात्रा के समीकरण
कितने सुलझे कितने उलझे
कितनी बार कहाँ पर अटका
रही न गिनती याद मुझे
जब  आँगन में भीड़ लगी
कितना प्यार किसे  दे पाया

कितने सपने रहे कुवाँरे 
कितने विधुर बने जो  ब्याहे
कितनी साँसें  रहीं अधूरी
कितनी बीत  गईं अनचाहे 
उमर ढल गई शाम हो गई
उलझी गाँठ न सुलझा पाया

सजी  रह गई  द्वार अल्पना 
पल छिन पागल मन भरमाये 
रही जोहती बाट  तुम्हारी
लेकिन प्रीतम तुम ना आये
प्राण-पखेरू उड़े  छोड़  सब
धरी रह गई माया   काया 

जितनी साँसें ले कर  आया 
उन्हें  सजा लूं  गीतों में भर
मुझे  उठा लेना जग-माली
पीड़ा-रहित क्षणों में आ  कर
जग की रीति नीति ने अबतक
मन को  बहुतै नाच नचाया


*****

मंगलवार, 21 अगस्त 2012

कविता: प्रश्न -- एस. एन. शर्मा 'कमल'

कविता:
प्रश्न
 एस. एन. शर्मा 'कमल'
                           

तब तुम क्या करोगे
आकाश में मेघों का
बिछौना बिछाकर
जब मैं सो जाऊँगा
तब तुम क्या करोगे

मेघ तो बरसेंगे ही
उफनती नदी पर भी
बहा ले जायेगी हमें
महासागर के तल पर 
लहरों में कहीं दबा देगी
तब तुम क्या करोगे

सागर-जल बनेगा बादल
चल पड़ेगा हमें ले कर
तुम्हारे आँगन की ओर
बरस जायेगा वहाँ पर
कविता बिछ जायेगी 
एक धुन  बस जायेगी  
तब तुम क्या करोगे

बटोर कर  फेंक दोगे  
बाहर कूड़े में कहीं तुम  
मेरा बीज अंकुरित हो
एक विटप बन जाएगा    
कविता के पात होंगे  
गीतों की गंध होगी
गुजरोगे उधर से जब  
तब तुम क्या करोगे
घड़ी  भर ठहर जाना       
पातों के बजते गीत
हवा में लय की सुगंध
बरबस कदम रोकेगी
स्मृतियों की गांठें जब 
एक एक खुलने लगेंगी     
 
तब तुम क्या करोगे
        
एक आँसू गिरा देना 
मीत मेरे गाये गीत                   
मन में गुनगुना लेना  
तृप्त हो जाऊँगा मैं  
और तुम चल पड़ोगे  
तब तुम क्या करोगे
 
******************
sn Sharma <ahutee@gmail.com>

सोमवार, 16 जुलाई 2012

मौसमी कविता: झम झम बरसै पानी - एस. एन. शर्मा 'कमल'

मौसमी कविता: 
 
 
झम झम बरसै पानी
 




- एस. एन. शर्मा 'कमल'

बदरा आये वर्षा लाये चलै पवन मस्तानी
दामिनि दमकै हियरा दरकै झम झम बरसै  पानी
                                  
हाय,  झम झम बरसै पानी

धरती की छाती गदराई लखि पावस की तरुणाई

पात पात डोलै पुरवाई डार डार कोयल बौराई
बुलबुल चहकै बेला महकै नाचै मुदित मोर अभिमानी
                                    हाय , झम झम बरसै पानी

कलियन पर अलियन की गुन गुन सरगम छाये बगियन में
झूम झूम कजरी गाने की होड़ मचि रही सखियन में
उनके  अल्हड़पन  पर  चुपके आई  उतर  जवानी
                                  हाय झम झम बरसै पानी

बाग़ बगीचे हुए पल्लवित वन उपवन हरियाली छाई
ताल तलैयाँ उफनाये सब बाँस बाँस नदिया गहराई
दादुर मोर पपीहा बोलै  कोयल कूकै बनी दीवानी                                 
                               हाय, झम झम बरसै पानी

ठौर ठौर पर आल्हा जमते बजते ढोल नगाड़े
रस फुहार में नाच नाच रसिया गाते मतवारे
खनक उठी गगरी पनघट पर बोलैं बोल सयानी
                                हाय, झम झम बरसै पानी

पायल बिछिया कंगना बिंदिया कब से कहा था लाने
पर तुम टस से मस न हुए बस करते रहे बहाने
मैं मर गई निहोरे कर कर तुमने एक न मानी
                             हाय झम झम बरसै पानी

कनखी मारै लाज न आवै मटकै सांझ सबेरे
दैय्या रे दैय्या हाय रे मैय्या कागा बैठ मुंडेरे 
बार बार चितवै हरजाई बोलै बानि  अजानी
                           हाय, झम झम बरसै पानी

           बदरा आये वर्षा लाये चलै पवन मस्तानी
           दामिनि दमकै हियरा दरकै  झमझम बरसै पानी


************
- sn Sharma  ahutee@gmail.com