कुल पेज दृश्य

मंगलवार, 9 अगस्त 2016

muktak

मुक्तक
वही अचल हो सचल समूची सृष्टि रच रहा
कण-कणवासी किन्तु दृष्टि से सदा बच रहा
आँख खोजती बाहर वह भीतर पैठा है
आप नाचता और आप ही आप नच रहा
*
श्री प्रकाश पा पाँव पलोट रहा राधा के
बन महेश-सिर-चंद्र, पाश काटे बाधा के
नभ तारे राकेश धरा भू वज्र कुसुम वह-
तर्क-वितर्क-कुतर्क काट-सुनता व्याधा के
*
राम सुसाइड करें, कृष्ण का मर्डर होता
ईसा बन अपना सलीब वह खुद ही ढोता
बने मुहम्मद आतंकी जब-जब जय बोलें
तब-तब बेबस छिपकर अपने नयन भिगोता
*
पाप-पुण्य क्या? सब कर्मों का फल मिलना है
मुरझाने के पहले जी भरकर खिलना है
'सलिल' शब्द-लहरों में डूबा-उतराता है
जड़ चेतन होना चाहे तो खुद हिलना है
*

सोमवार, 8 अगस्त 2016

muktak

मुक्तक सलिला 
*
मधु रहे गोपाल बरसा वेणु वादन कर युगों से 
हम बधिर सुन ही न पाते, घिरे हैं छलिया ठगों से 
कहाँ नटनागर मिलेगा,पूछते रणछोड़ से क्यों?
बढ़ चलें सब भूल तो ही पा सकें नन्हें पगों से 
***

रंज ना कर मुक्ति की चर्चा न होती बंधनों में 
कभी खुशियों ने जगह पाई तनिक क्या क्रन्दनों में? 
जो जिए हैं सृजन में सच्चाई के निज स्वर मिलाने 
'सलिल' मिलती है जगह उनको न किंचित वंदनों में 
***

मुक्तक 
ऊँचाइयाँ छूता रहा मन, पैर धरती पर जमा 
नभ नापकर गर्वित हुआ, बन मेघ खुद में था रमा 
होकर विनीता धरा ने टेरा, बरस रेवा हुआ-
हो 'सलिल' धारा बह चला, पा लक्ष्य सागर चुप थमा
***

मुक्तक 
नेह तुम्हारा बन गया जीवन का आधार
धन्य हुआ जब कर लिया तुमने अंगीकार 
पिसे हिना सम नित्य हम रंग चढ़ा है खूब 
एक-दूसरे को हुए श्वासों का श्रृंगार 
***

मुक्तक 
नेह तुम्हारा बन गया जीवन का आधार
धन्य हुआ जब कर लिया तुमने अंगीकार 
पिसे हिना सम नित्य हम रंग चढ़ा है खूब 
एक-दूसरे को हुए श्वासों का श्रृंगार 
***

मुक्तक-
रहे निश्चय साथ, अंतिम श्वास तक 
पीर की सीमा सुसंयमित हास तक 
विरह के पल युगों सम लगते मगर-
मिलन के युग पल हुए परिहास कर 
***

मुक्तक -
मन न नादां है जिसे समझाएँ कुछ, जानता है सब, मगर अनजान बन। 
चाहता है दर्द को आनंद कर, जीत पाये कभी तो इंसान बन।।
और ये दुनिया उसे ही ठग रही, भोग दिखला आप खा जाती 'सलिल'
हाथ जोड़े चाहता तन मौन हो, मन रहे निष्प्राण बस भगवन बन।। 
***

बन के अपना पराया तुमने किया 
हमने चुप हो ज़हर का घूँट पिया 
हों जो तूफ़ान हार जाओगे-
जलेंगे दिल में तेरे बन के दिया

***
मुक्तक-
प्यार कण-कण से करे तो पुण्य है 
मोह को पल-पल तजे तो पुण्य है। 
संतुलन आचार और विचार का-
साधना ही कल्पना-नैपुण्य है।। 
***

मुक्तक-
हाथ में दे हाथ जो वह सत्य है 
माथ ऊँचा करे जो सद्कृत्य है 
जो न अपने साथ उसमें भरमकर 
ईश्वर को दोष दें, अपकृत्य है

***
ढोंग करता जो उसे ठुकराइये
याद भी मन में न उसकी लाइये 
कल्पना भी कीजिए मत स्वप्न में-
मोह में उसके न मन भरमाइये

***
कुछ न कहता मौन लेकिन बोलता 
राज खुद ही राज पल-पल खोलता 
आदमी की सभ्यता है मात्र यह 
बात हो न्याय पहले तोलता

***
मुक्तक-
प्यार देता जिंदगी, कब मारता
प्यार जीत तभी जब सुख वारता 
जीतता है प्यार जीवन-युद्ध में 
तभी जब-जब दिखे जग को हारता

***
फूल-फूल पर तितली बैठी, किसी एक की कब हो पाई?
यह जग दोष न उसको देता, भँवरे को कहता हरजाई। 
रीत प्रीत की अजब-अनोखी, पाप-पुण्य ना सही-गलत कुछ 
'सलिल' सम्हालो अपने मन को, टूटे हो न सके भरपाई।।

***
जो जैसा है, वह वैसा ही रहे चाहना यह कैसी है?
परिवर्तन बिन हो विकास ही मन्द भावना यह कैसी है?
जब जो चाहें,वह मिल जाए तो फिर श्रम का अर्थ न होगा-
राह न जिसकी उसको चाहें-पाएँ कामना यह कैसी है?

***
सत्य कहने में करें हम शर्म क्यों?
समझ कर भी न समझें मर्म क्यों?
आप मुझसे श्रेष्ठ हैं, मैं जानता -
धर्म से कमतर कहे जग कर्म क्यों??

***
प्यार का तो अर्थ ही सुख त्याग है 
मोह होता व्यर्थ, जो दुःख-भाग है 
काम ना हो तो सदा शुभ कामना-
साध्य सबसे सात्विक अनुराग है

***


रविवार, 7 अगस्त 2016

laghukatha

लघुकथा 
पेट का रिश्ता 
*
हमेशा एक-दूसरे के विरोध में बोलनेवाले राजनेता आज एक दूसरे से सहमत थे।  संसद की कुसियाँ दम थामे देख रही थीं तमाशा। नाम मात्र की चर्चा के बाद पास कर दिया गया वेतन-भत्ते दोगुने कर देने का बिल। ठगी गयी जनता देख रही थी अपने प्रतिनिधियों को जो देश और जनता के हित में काम करने की कसम भूलकर निभा रहे थे पेट का रिश्ता। 
****

laghukatha

लघुकथा
मौन बर्फ
*
इधर एक बीज अंकुरित हुआ, पल्लवित होते हुए किशोर वृक्ष ने इधर बाँहें फैलायीं, उन पेपर बैठे पखेरू चहचहाते हुए कलरव करते रहे।  एक दिन भरी बूट पहने कुछ इंसान कुछ युवकों को लेकर लुकते-छिपते हुए इधर से उधर गए ही थे कि उधर से गोली चला दी गयी।  धाँय-धाँय रुकने पर मरे पड़े पंछियों को देखकर सिसक रही थी मौन बर्फ। 
***

लघुकथा

लघुकथा
दूषित वातावरण 
*
                        अपने दल की महिला नेत्री की आलोचना को नारी अपमान बताते हुए आलोचक की माँ, पत्नि, बहन और बेटी के प्रति अपमानजनक शब्दों की बौछार करते चमचों ने पूरे शहर में जुलूस निकाला।  दूरदर्शन पर दृश्य और समाचार देख के बुरी माँ सदमें में बीमार हो गयी जबकि बेटी दहशत के मारे विद्यालय भी न जा सकी। यह देख  पत्नी और बहन ने हिम्मत कर कुछ पत्रकारों से भेंट कर विषम स्थिति की जानकारी देते हुए महिला नेत्री और उनके दलीय कार्यकर्ताओं को कटघरे में खड़ा किया।  
                        कुछ वकीलों की मदद से क़ानूनी कार्यवाही आरम्भ की। उनकी गंभीरता देखकर शासन - प्रशासन को सक्रिय होना पड़ा, कई प्रतिबन्ध लगा दिए गए ताकि शांति को खतरा न हो। इस बहस के बीच रोज कमाने-खानेवालों के सामने संकट उपस्थित कर गया दूषित वातावरण।  
***

laghukatha

लघुकथा
युग का दास
*
लड़केवालों से मिलाने चलना है तो चलो पर मैं वही पोशाक पहनूँगी जो मुझे पसंद है। उन्हें दिखाने के लिये साड़ी लपेट कर जाऊँ और चार दिन बाद जींस पहनूँ तो उनके साथ धोखा होगा न? मेरी शिक्षा, आदत, स्वभाव, पसन्द-नापसन्द स्वीकार हो तो ही बात आगे बढ़ाना। जैसे मैं नहीं चाहती कि मुझसे सच छिपाया जाए, वैसे ही वे भी नहीं चाहेंगे कि उन्हें सच न बताया जाए। आप ज़माने की दुहाई मत दो।
जमाना जो चाहे करे मैं क्यों बनूँ युग का दास?
***

laghukatha

लघुकथा
निज स्वामित्व
*
आप लघुकथा में वातावरण, परिवेश या पृष्ठ भूमि क्यों नहीं जोड़ते? दिग्गज हस्ताक्षर इसे आवश्यक बताते हैं। 
यदि विस्तार में जाए बिना कथ्य पाठक तक पहुँच रहा है तो अनावश्यक विस्तार क्यों देना चाहिए? लघुकथा तो कम से कम शब्दों में अधिक से अधिक कहने की विधा है न? मैं किसी अन्य विचारों को अपने लेखन पर बन्धन क्यों बनने दूँ। किसी विधा पर कैसे हो सकता है कुछ समीक्षकों या रचनाकारों का निज स्वामित्व? 
***

laghukatha

लघुकथा
शर संधान 
*
आजकल स्त्री विमर्श पर खूब लिख रही हो। 'लिव इन' की जमकर वकालत कर रहे हैं तुम्हारी रचनाओं के पात्र। मैं समझ सकती हूँ।
तू मुझे नहीं समझेगी तो और कौन समझेगा?
अच्छा है, इनको पढ़कर परिवारजनों और मित्रों की मानसिकता ऐसे रिश्ते को स्वीकारने की बन जाए उसके बाद बताना कि तुम भी ऐसा करने जा रही हो। सफल हो तुम्हारा शर-संधान।
***

laghukatha

लघुकथा-
ठोस रिश्ता  
*
                 क्या हुआ जो तुम्हें किसी और का ख्याल आ गया। खुद को नाहक मत कोसो। हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं तो इसका यह अर्थ नहीं कि हम किसी और से प्यार नहीं कर सकते। प्यार भावना की नदी है जिसमें कई लोग स्नान कर सकते हैं। तुम यह बात छिपा भी सकती थीं किन्तु तुमने अप्रिय सत्य भी कह दिया। इससे पता लगता है कि हमारा प्यार लिजलिजी भावना नहीं है, यह है भरोसे की नींव पर बना ठोस रिश्ता। 
***  

lAGHUKATHA

लघुकथा
बेपेंदी का लोटा 
*
                    'आज कल किसी का भरोसा नहीं, जो कुर्सी पर आया लोग उसी के गुणगान करने लगते हैं और स्वार्थ साधने की कोशिश करते हैं।  मनुष्य को एक बात पर स्थिर रहना चाहिए।' पंडित जी नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे थे। 

                    प्रवचन से ऊब चूका बेटा बोल पड़ा- 'आप कहते तो ठीक हैं लेकिन एक यजमान के घर कथा में सत्यनारायण भगवान की जयकार करते हैं, दूसरे के यहाँ रुद्राभिषेक में शंकर जी की जयकार करते हैं, तीसरे के निवास पर जन्माष्टमी में कृष्ण जी का कीर्तन करते हैं, चौथे से अखंड रामायण करने के लिए कह कर राम जी को सर झुकाते हैं, किसी अन्य से नवदुर्गा का हवन करने के लिए कहते हैं। परमात्मा आपको भी तो कहता होंगे बेपेंदी का लोटा।'  

******

शुक्रवार, 5 अगस्त 2016

alha chhand

विशेष लेख-

                                                        आल्हा रचें सुजान 
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
                                                      *

                          छंद ओज बलिदान का, आल्हा रचें सुजान। 
                          सुन वीरों के भुज फड़क, कहें लड़ा दे जान।। 
                         सोलह-पन्द्रह यति रखें, गा अल्हैत रस-वान।
                           मुर्दों में भी फूँकता, छंद वीर नव जान।।
*
       
संस्कृत वांग्मय से वीर काव्य परंपरा ग्रहण कर हिंदी में रचित वीर-काव्य में प्रयुक्त तथा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक लोकप्रिय छंदों में गणनीय  आल्हा या वीर छंद को इतिहास में महती भूमिका निभाने के अनेक अवसर मिले और इस छंद ने जहाँ मातृभूमि के रक्षार्थ जूझ रहे नर-नाहरों में प्राणोत्सर्ग का भाव भरा, वही शत्रुओं के मन में मौत का भय पैदा किया। 

          बुंदेलखंड-बघेलखंड-रुहेलखंड में गाँव-गाँव में चौपालों पर सावन के पदार्पण के साथ ही अल्हैतों (आल्हा गायकों) की टोलियाँ ढोल-मंजीरा के साथ आल्हा गाती हैं। प्राचीन काल में युद्धों के समय सेना में, शांति काल में  दरबारों में तथा दैनंदिन जीवन में गाँवों में अल्हैत होते थे जो अपने राज्य, सेना प्रमुख अथवा किसी महावीर की कीर्ति का बखान आल्हा गाकर करते थे। इससे जवानों में लड़ने का जोश बढ़ता, जान की बजी लगाने की भावना पैदा होथी थी, शत्रु सेना के उत्साह में कमी आती थी।

          इस छंद का ’यथा नाम तथा गुण’ की तरह इसके कथ्य ओज भरे होते हैं और सुनने वाले के मन में उत्साह और उत्तेजना पैदा करते हैं। अतिरेकी अभिव्यंजनाएँ इस छंद का दोष न होकर मौलिक गुण हो जाता है।आल्हा छंद में अतिशयोक्ति अलंकार विशाल भण्डार है जिसकी बानगी पंक्ति-पंक्ति में देखि जा सकती है। आधुनिक काल में आल्हा छंद में हास्य रचनाएँ भी की गयीं हैं।

                                                     * 

छंद विधान:

                              विषम चरण के अंत में, गुरु या दो लघु श्रेष्ठ।
                             गुरु लघु सम चरणांत में, रखते आये ज्येष्ठ।। 
                               जगनिक आल्हा छंद के रचनाकार महान।
                             आल्हा-ऊदल की कथा, गा-सुन मिटता नेष्ठ।।

          आल्हा या वीर छंद भी दोहा की ही तरह अर्ध सम मात्रिक छंद है। इसे मात्रिक सवैया भी कहा जाता है। आल्हा दो पदों (पंक्तियों) तथा चार चरणों (अर्धाली) में रचा जाता है किन्तु दोहे की १३-११ पर यति के स्थान पर आल्हा छंद में १६-१५ पर यति होती है। 

          यह भी कह सकते हैं कि दोहा के ग्यारह मात्रीय सम चरण में ४ मात्रिक शब्द जोड़कर आल्हा या वीर छंद बन जाता है। इसके विपरीत आल्हा या वीर छंद के १५ मात्री सम चरण में से चार मात्राएँ कम करने पर दोहा का सम अंश शेष रहता है।वीर छंद में विषम चरण का अंत गुरु अथवा २ लघु से तथा सम चरण का अंत गुरु लघु से होता है।


   संध्या घनमाला की ओढे, सुन्दर रंग-बिरंगी छींट।
   गगन चुम्बिनी शैल श्रेणियाँ, पहने हुए तुषार-किरीट।। 


टीप - सम पदों मे से 'सुन्दर' तथा 'पहने' हटाने पर दोहा के सम पदांत 'रंग-बिरंगी छींट' तथा 'हुए तुषार-किरीट' शेष रहता है जो दोहा के सम पद हैं।

वीर छंद या आल्हा में ही वीर छंद की परिभाषा

                             मात्रा सोलह पन्द्रह आल्हाअतिशयोक्ति आभूषण भाय|
                                 अंत सदा गुरु लघु से होवैवीर छंद ही नाम सुहाय||
                                 आल्हा-ऊदल बड़े लड़ैयापहुँचे कूदि-कूदि  आकाश|
                                एक फूंक मा बैरी उड़िगेकै डारिनि  बैरिनि का नाश||

संरचना-
          चार चरण, प्रत्येक चरण में १६ + १५ मात्रा कुल ३१ मात्राएँ। विषम चरण में १६ मात्रा पर यति, सैम चरण में १५ मात्रा पर यति, चरणान्त में गुरु-लघु, विषम चरण की सोलहवी मात्रा गुरु तथा सम चरण की पंद्रहवी मात्र लघु। 
                आल्हा मात्रिक छंद सवैया, सोलह-पन्द्रह यति अनिवार्य। 
            गुरु या दो लघु विषम, सम रखें, गुरु-लघु तब ही हो स्वीकार्य।।
                अलंकार अतिशयताकारक, करे राई को तुरत पहाड़।
                ज्यों मिमयाती बकरी सोचे, गुँजा रही वन लगा दहाड़।। -सौरभ पाण्डेय


आल्हा खण्ड के महानायक आल्हा - ऊदल

          महाकाव्य आल्हा-खण्ड में दो महावीर बुन्देला युवाओं आल्हा-ऊदल के पराक्रम की गाथा है. विविध प्रसंगों में विविध रसों की कुछ पंक्तियाँ देखें-

पहिल बचनियां है माता की, बेटा बाघ मारि घर लाउ।
आजु बाघ कल बैरी मारउ, मोर छतिया कै डाह बुझाउ।। ('मोर' का उच्चारण 'मुर' की तरह)
बिन अहेर के हम ना जावैं, चाहे कोटिन करो उपाय।
जिसका बेटा कायर निकले, माता बैठि-बैठि मर जाय।।

*


टँगी खुपड़िया बाप-चचा की, मांडौगढ़ बरगद की डार।
आधी रतिया की बेला में, खोपड़ी कहे पुकार-पुकार।।  ('खोपड़ी' का उच्चारण 'खुपड़ी')
कहवाँ आल्हा कहवाँ मलखे, कहवाँ ऊदल लडैते लाल।  ('ऊदल' का उच्चारण 'उदल')
बचि कै आना मांडौगढ़ में, राज बघेल जिए कै काल।।
*
अभी उमर है बारी भोरी, बेटा खाउ दूध औ भात।
चढ़ै जवानी जब बाँहन पै, तब के दैहै तोके मात।।
*
एक तो सूघर लड़कैंयां कै, दूसर देवी कै वरदान। ('एक' का उच्चारण 'इक')
नैन सनीचर है ऊदल के, औ बेह्फैया बसे लिलार।।
महुवरि बाजि रही आँगन मां, जुबती देखि-देखि ठगि जाँय।
राग-रागिनी ऊदल गावैं, पक्के महल दरारा खाँय।।
*
सावन चिरैया ना घर छोडे, ना बनिजार बनीजी जाय।
टप-टप बूँद पडी खपड़न पर, दया न काहूँ ठांव देखाय।
आल्हा चलिगे ऊदल चलिगे, जइसे राम-लखन चलि जायँ।
राजा के डर कोइ न बोले, नैना डभकि-डभकि रहि जायँ।।
*
बारह बरिस ल कुक्कुर जीऐं, औ तेरह लौ जिये सियार।
बरिस अठारह छत्री जीयें, आगे जीवन को धिक्कार।।


चित्र परिचय: आल्हा-उदल की उपास्य माँ शारदा का मंदिर, आल्हा-उदल का अखाड़ा तथा तालाब. जनश्रुति है कि आल्हा-उदल आज भी मंदिर खुलने के पूर्व तालाब में स्नान कर माँ शारदा का पूजन करते हैं. चित्र आभार: गूगल.

                             
सलिल रचित आल्हा छंद के अन्य उदाहरण:

. बड़े लालची हैं नेतागण, रिश्वत-चारा खाते रोज।
    रोज-रोज बढ़ता जाता है, कभी न घटता इनका डोज़।।
    'सलिल' किस तरह ये सुधरेंगे?, मिलकर करें सभी हम खोज।
    नोच रहे हैं लाश देश की, जैसे गिद्ध कर रहे भोज।।

२. छप्पन इंची सीना देखें, पाकी-आतंकी घबराँय।   
    मिया मुशर्रफ भूल हेकड़ी,सोते में भी लात चलाँय
    भौंक रहे हैं खुद शरीफ भी, भुला शराफत जात दिखाँय
    घोल न शर्बत में पी जाएँ, सोच-सोच चीनी डर जाँय 

३. लोकतंत्र के पीपल बैठे, नेता काटें निश-दिन डाल
   लोक हितों की अनदेखी कर,मचा रहे हैं रोज बवाल
   रुष्ट देश की जनता सोचे,जिसे चुनो वह खींचे खाल। 
   हाय राम रे! हमें बचाओ, जीना भी अब हुआ मुहाल 

४. कौन किसी का कभी हुआ है,मरघट में सब जाते छोड़
    साथ चलेंगे नहीं लगाता, कोई भी थोड़ी भी होड़
    सुख-समृद्धि में भागीदारी, कंगाली में रहते दूर। 
    रिश्ते-नाते भरमाते हैं, जो न समझता सच वह सूर 

५. जा न सड़क पर आम आदमी, अभिनेता आये ले कार। 
    रौंद सड़क पर तुझे जाएगा, गरियाए कह मूर्ख-गँवार
    न्यायालय निर्दोष कहेगा, उसे- तुझे ही देगा दोष-
    मदद न कोई कहीं मिलेगी, मरे भूख से रो परिवार

६. तनक न चिंता करो दाउ जू, बुंदेली के नीके बोल।
    जो बोलत हैं बेई जानैं, मिसरी जात कान मैं घोल।।
    कबू-कबू ऐसों लागत ज्यौं, अमराई मां फिररै डोल।
    आल्हा सुनत लगत हैं ऐसो, जैसें बाज रए रे ढोल।।
                                                    
७. अंग्रेजी खों मोह ब्याप गौ, जासें मोड़ें जानत नांय।
    छींकें-खांसें अंग्रेजी मां, जैंसें सोउत मां बर्रांय।।
    नीकी भासा कहें गँवारू, माँ खों ममी कहत इतरांय।
    पाँव बुजुर्गों खें पड़ने हौं, तो बिनकी नानी मर जांय।।

८. फ़िल्मी धुन में टर्राउट हैं, आँय-बाँय फिर कमर हिलांय।
    बन्ना-बन्नी, सोहर, फागें, आल्हा, होरी समझत नांय।।
    बाटी-भर्ता, मठा-महेरी, छोड़ केक बिस्कुट बें खांय।
    अमराई चौपाल पनघटा, भूल सहर मां फिरें भुलांय।।

९. नव प्रयोग :
    भारतवारे बड़े लड़ैया
    बिनसें हारे पाक सियार 
    .
    घेर लओ बदरन नें सूरज
    मचो सब कऊँ हाहाकार
    ठिठुरन लगें जानवर-मानुस
    कौनौ आ करियो उद्धार
    बही बयार बिखर गै बदरा
    धूप सुनैरी कहे पुकार
    सीमा पार छिपे बनमानुस
    कबऊ न पइयो हमसें पार
    .
    एक सिंग खों घेर भलई लें
    सौ वानर-सियार हुसियार
    गधा ओढ़ ले खाल सेर की
    देख सेर पोंके हर बार
    ढेंचू-ढेचूँ रेंक भाग रओ
    करो सेर नें पल मा वार
    पोल खुल गयी, हवा निकर गयी
    जान बखस दो करें पुकार
   (भाषा रूप- बुंदेली)
     . 
१०. घर मा आग लगी बाग़त हैं, देस-बिदेस न देखें हाल
     कहूँ न पानी, कहूँ बाढ़ है, जनगण रोता हो बेहाल
     कौनउ लेत न जिम्मेदारी, एक-दूसरे पे दें टाल
   अफसर-नेता मौज उड़ाउत, सेठ तिजोरी भरते माल

११. हरिगंधा कुरुक्षेत्र की धरा, पुण्य कमाओ करो प्रणाम
    सुन गीता की वाणी मानो, कर्म-धर्म बिसरा परिणाम
    कलम थाम बैठे रामेश्वर, सत-शिव-सुंदर रच अभिराम
    सत-चित-आनंद दर्शन पाओ, मोह खास का तज हो आम

टिप्पणी-  पारंपरिक आल्हा छंद में  २-२ पंक्तियों में समान तुकांत होते हैं। उक्त में तुकांत संबंधी विविध प्रयोग किये गए हैं, इनसे छंद की लय, कथ्य आदि  विपरीत प्रभाव नहीं पड़ता। अत:, आल्हा मुक्तक, आल्हा गीत, आल्हा ग़ज़ल, आल्हा फाग, आल्हा बाल गीत जैसे प्रयोग छंद प्रासंगिकता और उपादेयता बढ़ाने के लिए स्वागतेय हैं। 
   
**********
संदेश में फोटो देखें
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
204 विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर 482001 
दूर वार्ता-  ​94251 83244 / 0761 2411131
दूरलेख- 
salil.sanjiv@gmail.com
http://divyanarmada.blogspot.in
facebook: sahiyta salila / sanjiv verma 'salil'