कुल पेज दृश्य

रविवार, 10 मार्च 2013

ravan krit shiv tandav stotra : poetic translation in hindi with meaning by acharya sanjiv 'salil'

 शिवरात्रि महापर्व पर-
 :: शिव स्तुति माहात्म्य ::
                                                                                    
श्री गणेश विघ्नेश शिवा-शिव-नंदन वंदन.
लिपि-लेखनि, अक्षरदाता कर्मेश शत नमन..
नाद-ताल,स्वर-गान अधिष्ठात्री माँ शारद-
करें कृपा नित मातु नर्मदा जन-मन-भावन..
*
प्रात स्नान कर, श्वेत वसन धारें, कुश-आसन.
मौन करें शिवलिंग, यंत्र, विग्रह का पूजन..
'ॐ नमः शिवाय' जपें रुद्राक्ष माल ले-
बार एक सौ आठ करें, स्तोत्र का पठन..
भाँग, धतूरा, धूप, दीप, फल, अक्षत, चंदन,
बेलपत्र, कुंकुम, कपूर से हो शिव-अर्चन..
उमा-उमेश करें पूरी हर मनोकामना-
'सलिल'-साधना सफल करें प्रभु, निर्मल कर मन..
*
: रावण रचित शिवताण्डवस्तोत्रम् :
हिन्दी काव्यानुवाद तथा अर्थ - संजीव 'सलिल'
श्रीगणेशाय नमः
जटाटवीगलज्जलप्रवाहपावितस्थले गलेऽवलम्ब्य लम्बितां भुजङ्गतुङ्गमालिकाम् |
डमड्डमड्डमड्डमन्निनादवड्डमर्वयं चकार चण्ड्ताण्डवं तनोतु नः शिवः शिवम् || १||

सघन जटा-वन-प्रवहित गंग-सलिल प्रक्षालित.
पावन कंठ कराल काल नागों से रक्षित..
डम-डम, डिम-डिम, डम-डम, डमरू का निनादकर-
तांडवरत शिव वर दें, हों प्रसन्न, कर मम हित..१..

सघन जटामंडलरूपी वनसे प्रवहित हो रही गंगाजल की धाराएँ जिन शिवजी के पवित्र कंठ को प्रक्षालित करती (धोती) हैं, जिनके गले में लंबे-लंबे, विकराल सर्पों की मालाएँ सुशोभित हैं, जो डमरू को डम-डम बजाकर प्रचंड तांडव नृत्य कर रहे हैं-वे शिवजी मेरा कल्याण करें.१.
                                                                                *

जटाकटाहसंभ्रमभ्रमन्निलिम्पनिर्झरी- विलोलवीचिवल्लरीविराजमानमूर्धनि |
धगद्धगद्धगज्ज्वलल्ललाटपट्टपावके किशोरचन्द्रशेखरे रतिः प्रतिक्षणं मम || ||
सुर-सलिला की चंचल लहरें, हहर-हहरकर,
करें विलास जटा में शिव की भटक-घहरकर.
प्रलय-अग्नि सी ज्वाल प्रचंड धधक मस्तक में,
हो शिशु शशि-भूषित शशीश से प्रेम अनश्वर.. २..
जटाओं के गहन कटावों में भटककर अति वेग से विलासपूर्वक भ्रमण करती हुई देवनदी गंगाजी की लहरें जिन शिवजी के मस्तक पर लहरा रही हैं, जिनके मस्तक में अग्नि की प्रचंड ज्वालायें धधक-धधककर प्रज्वलित हो रही हैं, ऐसे बाल-चन्द्रमा से विभूषित मस्तकवाले शिवजी में मेरा अनुराग प्रतिपल बढ़ता रहे.२.


धराधरेन्द्रनंदिनीविलासबन्धुबन्धुरस्फुरद्दिगन्तसन्ततिप्रमोदमानमानसे |
कृपाकटाक्षधोरणीनिरुद्धदुर्धरापदि क्वचिद्दिगम्बरे मनोविनोदमेतु वस्तुनि || ||

पर्वतेश-तनया-विलास से परमानन्दित,
संकट हर भक्तों को मुक्त करें जग-वन्दित!
वसन दिशाओं के धारे हे देव दिगंबर!!
तव आराधन कर मम चित्त रहे आनंदित..३..

पर्वतराज-सुता पार्वती के विलासमय रमणीय कटाक्षों से परमानन्दित (शिव), जिनकी कृपादृष्टि से भक्तजनों की बड़ी से बड़ी विपत्तियाँ दूर हो जाती हैं, दिशाएँ ही जिनके वस्त्र हैं, उन शिवजी की आराधना में मेरा चित्त कब आनंदित होगा?.३.
*
                                                 

लताभुजङ्गपिङ्गलस्फुरत्फणामणिप्रभा कदम्बकुङ्कुमद्रवप्रलिप्तदिग्वधूमुखे |
मदान्धसिन्धुरस्फुरत्त्वगुत्तरीयमेदुरे मनोविनोदमद्भुतं विभर्तुभूतभर्तरि || ||

केशालिंगित सर्पफणों के मणि-प्रकाश की,
पीताभा केसरी सुशोभा दिग्वधु-मुख की.
लख मतवाले सिन्धु सदृश मदांध गज दानव-
चरम-विभूषित प्रभु पूजे, मन हो आनंदी..४..

जटाओं से लिपटे विषधरों के फण की मणियों के पीले प्रकाशमंडल की केसर-सदृश्य कांति (प्रकाश) से चमकते दिशारूपी वधुओं के मुखमंडल की शोभा निरखकर मतवाले हुए सागर की तरह मदांध गजासुर के चरमरूपी वस्त्र से सुशोभित, जगरक्षक शिवजी में रमकर मेरे मन को अद्भुत आनंद (सुख) प्राप्त हो.४.
*
ललाटचत्वरज्वलद्धनंजस्फुल्लिंगया, निपीतपंचसायकं नमन्निलिम्पनायकं |
सुधामयूखलेखया विराजमानशेखरं, महाकपालिसंपदे सरिज्जटालमस्तुनः ||||

ज्वाला से ललाट की, काम भस्मकर पलमें,
इन्द्रादिक देवों का गर्व चूर्णकर क्षण में.
अमियकिरण-शशिकांति, गंग-भूषित शिवशंकर,
तेजरूप नरमुंडसिंगारी प्रभु संपत्ति दें..५..

अपने विशाल मस्तक की प्रचंड अग्नि की ज्वाला से कामदेव को भस्मकर इंद्र आदि देवताओं का गर्व चूर करनेवाले, अमृत-किरणमय चन्द्र-कांति तथा गंगाजी से सुशोभित जटावाले नरमुंडधारी तेजस्वी शिवजी हमें अक्षय संपत्ति प्रदान करें.५.
*

सहस्रलोचनप्रभृत्यशेषलेखशेखर प्रसूनधूलिधोरणी विधूसराङ्घ्रिपीठभूः |
भुजङ्गराजमालया निबद्धजाटजूटक: श्रियै चिराय जायतां चकोरबन्धुशेखरः ||||
सहसनयन देवेश-देव-मस्तक पर शोभित,
सुमनराशि की धूलि सुगन्धित दिव्य धूसरित.
पादपृष्ठमयनाग, जटाहार बन भूषित-
अक्षय-अटल सम्पदा दें प्रभु शेखर-सोहित..६..

इंद्र आदि समस्त देवताओं के शीश पर सुसज्जित पुष्पों की धूलि (पराग) से धूसरित पाद-पृष्ठवाले सर्पराजों की मालाओं से अलंकृत जटावाले भगवान चन्द्रशेखर हमें चिरकाल तक स्थाई रहनेवाली सम्पदा प्रदान करें.६.
*
करालभालपट्टिकाधगद्धगद्धगज्ज्वलद्ध नञ्जयाहुतीकृतप्रचण्डपञ्चसायके |
धराधरेन्द्रनन्दिनीकुचाग्रचित्रपत्रक-प्रकल्पनैकशिल्पिनि त्रिलोचनेरतिर्मम || ||
धक-धक धधके अग्नि सदा मस्तक में जिनके,
किया पंचशर काम-क्षार बस एक निमिष में.
जो अतिदक्ष नगेश-सुता कुचाग्र-चित्रण में-
प्रीत अटल हो मेरी उन्हीं त्रिलोचन-पद में..७..
*
अपने मस्तक की धक-धक करती जलती हुई प्रचंड ज्वाला से कामदेव को भस्म करनेवाले, पर्वतराजसुता (पार्वती) के स्तन के अग्र भाग पर विविध चित्रकारी करने में अतिप्रवीण त्रिलोचन में मेरी प्रीत अटल हो.७. 
नवीनमेघमण्डली निरुद्धदुर्धरस्फुरत् - कुहूनिशीथिनीतमः प्रबन्धबद्धकन्धरः |
निलिम्पनिर्झरीधरस्तनोतु कृत्तिसिन्धुरः कलानिधानबन्धुरः श्रियं जगद्धुरंधरः || ||
नूतन मेघछटा-परिपूर्ण अमा-तम जैसे,
कृष्णकंठमय गूढ़ देव भगवती उमा के.
चन्द्रकला, सुरसरि, गजचर्म सुशोभित सुंदर-
जगदाधार महेश कृपाकर सुख-संपद दें..८..

नयी मेघ घटाओं से परिपूर्ण अमावस्या की रात्रि के सघन अन्धकार की तरह अति श्यामल कंठवाले, देवनदी गंगा को धारण करनेवाले शिवजी हमें सब प्रकार की संपत्ति दें.८.
*
प्रफुल्लनीलपङ्कजप्रपञ्चकालिमप्रभा-वलम्बिकण्ठकन्दलीरुचिप्रबद्धकन्धरम् |
स्मरच्छिदं पुरच्छिदं भवच्छिदं मखच्छिदं गजच्छिदांधकछिदं तमंतकच्छिदं भजे || ||

पुष्पित नीलकमल की श्यामल छटा समाहित,
नीलकंठ सुंदर धारे कंधे उद्भासित.
गज, अन्धक, त्रिपुरासुर भव-दुःख काल विनाशक-
दक्षयज्ञ-रतिनाथ-ध्वंसकर्ता हों प्रमुदित.. 

खिले हुए नीलकमल की सुंदर श्याम-प्रभा से विभूषित कंठ की शोभा से उद्भासित कन्धोंवाले, गज, अन्धक, कामदेव तथा त्रिपुरासुर के विनाशक, संसार के दुखों को मिटानेवाले, दक्ष के यज्ञ का विध्वंस करनेवाले श्री शिवजी का मैं भजन करता हूँ.९.
*
अखर्वसर्वमङ्गलाकलाकदंबमञ्जरी रसप्रवाहमाधुरी विजृंभणामधुव्रतम् |
स्मरान्तकं पुरान्तकं भवान्तकं मखान्तकं गजान्तकान्धकान्तकं तमन्तकान्तकं भजे || १०||

शुभ अविनाशी कला-कली प्रवहित रस-मधुकर,
दक्ष-यज्ञ-विध्वंसक, भव-दुःख-काम क्षारकर.
गज-अन्धक असुरों के हंता, यम के भी यम-
भजूँ महेश-उमेश हरो बाधा-संकट हर..१०..

नष्ट न होनेवाली, सबका कल्याण करनेवाली, समस्त कलारूपी कलियों से नि:सृत, रस का रसास्वादन करने में भ्रमर रूप, कामदेव को भस्म करनेवाले, त्रिपुर नामक राक्षस का वध करनेवाले, संसार के समस्त दु:खों के हर्ता, प्रजापति दक्ष के यज्ञ का ध्वंस करनेवाले, गजासुर व अंधकासुर को मारनेवाले, यमराज के भी यमराज शिवजी का मैं भजन करता हूँ.१०.
*
जयत्वदभ्रविभ्रमभ्रमद्भुजङ्गमश्वसद्विनिर्गमत्क्रमस्फुरत्करालभालहव्यवाट् |
धिमिद्धिमिद्धिमिध्वनन्मृदङ्गतुङ्गमङ्गल ध्वनिक्रमप्रवर्तित प्रचण्डताण्डवः शिवः || ११||
वेगवान विकराल विषधरों की फुफकारें,
दहकाएं गरलाग्नि भाल में जब हुंकारें.
डिम-डिम डिम-डिम ध्वनि मृदंग की, सुन मनमोहक.
मस्त सुशोभित तांडवरत शिवजी उपकारें..११..

अत्यंत वेगपूर्वक भ्रमण करते हुए सर्पों के फुफकार छोड़ने से ललाट में बढ़ी हुई प्रचंड अग्निवाले, मृदंग की मंगलमय डिम-डिम ध्वनि के उच्च आरोह-अवरोह से तांडव नृत्य में तल्लीन होनेवाले शिवजी सब प्रकार से सुशोभित हो रहे हैं.११.
*
दृषद्विचित्रतल्पयोर्भुजङ्गमौक्तिकस्रजोर्गरिष्ठरत्नलोष्ठयोः सुहृद्विपक्षपक्षयोः |
तृणारविन्दचक्षुषोः प्रजामहीमहेन्द्रयोः समप्रवृत्तिकः कदा सदाशिवं भजाम्यहत  || १२||

कड़ी-कठोर शिला या कोमलतम शैया को,
मृदा-रत्न या सर्प-मोतियों की माला को.
शत्रु-मित्र, तृण-नीरजनयना, नर-नरेश को-
मान समान भजूँगा कब त्रिपुरारि-उमा को..१२..

कड़े पत्थर और कोमल विचित्र शैया, सर्प और मोतियों की माला, मिट्टी के ढेलों और बहुमूल्य रत्नों, शत्रु और मित्र, तिनके और कमललोचनी सुंदरियों, प्रजा और महाराजाधिराजों के प्रति समान दृष्टि रखते हुए कब मैं सदाशिव का भजन करूँगा?
*
कदा निलिम्पनिर्झरीनिकुञ्जकोटरे वसन् विमुक्तदुर्मतिः सदा शिरस्थमञ्जलिं वहन् |
विमुक्तलोललोचनो ललामभाललग्नकः शिवेति मंत्रमुच्चरन् कदा सुखी भवाम्यहम् || १३||
कुञ्ज-कछारों में रेवा सम निर्मल मन हो, 
सिर पर अंजलि धारणकर कब भक्तिलीन हो?
चंचलनयना ललनाओं में परमसुंदरी, 
उमा-भाल-अंकित शिव-मन्त्र गुंजाऊँ सुखी हो?१३..

मैं कब नर्मदा जी के कछार-कुंजों में निवास करता हुआ, निष्कपट होकर सिर पर अंजलि धारण किये हुए, चंचल नेत्रोंवाली ललनाओं में परमसुंदरी पार्वती जी के मस्तक पर अंकित शिवमन्त्र का उच्चारण करते हुए अक्षय सुख प्राप्त करूँगा.१३.
*
                   निलिम्पनाथनागरी कदंबमौलिमल्लिका, निगुम्फ़ निर्भरक्षन्म धूष्णीका मनोहरः.
                   तनोतु नो मनोमुदं, विनोदिनीं महर्नीशं, परश्रियं परं पदं तदंगजत्विषां चय: || १४||

सुरबाला-सिर-गुंथे पुष्पहारों से झड़ते,
परिमलमय पराग-कण से शिव-अंग महकते.
शोभाधाम, मनोहर, परमानन्दप्रदाता, 
शिवदर्शनकर सफल साधन सुमन महकते..१४..

देवांगनाओं के सिर में गुंथे पुष्पों की मालाओं से झड़ते सुगंधमय पराग से मनोहर परम शोभा के धाम श्री शिवजी के अंगों की सुंदरताएँ परमानन्दयुक्त हमारे मनकी प्रसन्नता को सर्वदा बढ़ाती रहें.१४.

प्रचंडवाडवानल प्रभाशुभप्रचारिणी, महाष्टसिद्धिकामिनी जनावहूतजल्पना.
विमुक्तवामलोचनो विवाहकालिकध्वनि:, शिवेतिमन्त्रभूषणों जगज्जयाम  जायतां|| १५||

पापभस्मकारी प्रचंड बडवानल शुभदा,
अष्टसिद्धि अणिमादिक मंगलमयी नर्मदा.
शिव-विवाह-बेला में सुरबाला-गुंजारित,
परमश्रेष्ठ शिवमंत्र पाठ ध्वनि भव-भयहर्ता..१५..
प्रचंड बड़वानल की भाँति पापकर्मों को भस्मकर कल्याणकारी आभा बिखेरनेवाली शक्ति (नारी) स्वरूपिणी अणिमादिक अष्ट महासिद्धियों तथा चंचल नेत्रोंवाली देवकन्याओं द्वारा शिव-विवाह के समय की गयी परमश्रेष्ठ शिवमंत्र से पूरित, मंगलध्वनि सांसारिक दुखों को नष्टकर विजयी हो.१५.
  *

इदम् हि नित्यमेवमुक्तमुत्तमोत्तमं स्तवं पठन्स्मरन्ब्रुवन्नरो विशुद्धिमेतिसंततम् |
हरे गुरौ सुभक्तिमाशु याति नान्यथा गतिं विमोहनं हि देहिनां सुशङ्करस्य चिंतनम् || १६||
शिवतांडवस्तोत्र उत्तमोत्तम फलदायक,
मुक्तकंठ से पाठ करें नित प्रति जो गायक.
हो सन्ततिमय भक्ति अखंड रखें हरि-गुरु में.
गति न दूसरी, शिव-गुणगान करे सब लायक..१६..

इस सर्वोत्तम शिवतांडव स्तोत्र का नित्य प्रति मुक्त कंठ से पाठ करने से भरपूर सन्तति-सुख, हरि एवं गुरु के प्रति भक्ति अविचल रहती है, दूसरी गति नहीं होती तथा हमेशा शिव जी की शरण प्राप्त होती है.१६.
  *
पूजावसानसमये दशवक्त्रगीतं यः शंभुपूजनपरं पठति प्रदोषे |
तस्य स्थिरां रथगजेन्द्रतुरङ्गयुक्तां लक्ष्मीं सदैव  सुमुखिं प्रददाति शंभुः || १७||
करें प्रदोषकाल में शिव-पूजन रह अविचल,
पढ़ दशमुखकृत शिवतांडवस्तोत्र यह अविकल.
                                                   रमा रमी रह दे समृद्धि, धन, वाहन, परिचर.                                                  करें कृपा शिव-शिवा 'सलिल'-साधना सफलकर..१७..  

परम पावन, भूत भवन भगवन सदाशिव के पूजन के नत में रावण द्वारा रचित इस शिवतांडव स्तोत्र का प्रदोष काल में पाठ (गायन) करने से शिवजी की कृपा से रथ, गज, वाहन, अश्व आदि से संपन्न होकर लक्ष्मी सदा स्थिर रहती है.१७.


|| इतिश्री रावण विरचितं शिवतांडवस्तोत्रं सम्पूर्णं||   
 || रावणलिखित(सलिलपद्यानुवादित)शिवतांडवस्तोत्र संपूर्ण|| 
       *****************

shiv bhajan: yamuna prasad chaturvedi, shanti devi, satish chandr verma, madhukar

महा शिव रात्रि पर विशेष :

शिव वन्दना

यमुना प्रसाद चतुर्वेदी 'प्रीतम'

*
जय जयति जगदाधार जगपति जय महेश नमामिते
वाहन वृषभ वर सिद्धि दायक विश्वनाथ उमापते
सिर गंग भव्य भुजंग भूसन भस्म अंग सुसोभिते
सुर जपति शिव, शशि धर कपाली, भूत पति शरणागते

जय जयति गौरीनाथ जय काशीश जय कामेश्वरम
कैलाशपति, जोगीश, जय भोगीश, वपु गोपेश्वरम
जय नील लोहित गरल-गर-हर-हर विभो विश्वंभरम
रस रास रति रमणीय रंजित नवल नृत्यति नटवरम

तत्तत्त ताता ता तताता थे इ तत्ता ताण्डवम
कर बजत डमरू डिमक-डिम-डिम गूंज मृदु गुंजित भवम
बम-बम बदत वेताल भूत पिशाच भूधर भैरवम
जय जयति खेचर यक्ष किन्नर नित्य नव गुण गौरवम

जय प्रणति जन पूरण मनोरथ करत मन महि रंजने
अघ मूरि हारी धूरि जटि तुम त्रिपुर अरि-दल गंजने
जय शूल पाणि पिनाक धर कंदर्प दर्प विमोचने
'प्रीतम' परसि पद होइ पावन हरहु कष्ट त्रिलोचने
*
शिव भजन :
गिरिजा कर सोलह सिंगार
स्व. शान्ति देवी वर्मा
*
गिरिजा कर सोलह सिंगार
चलीं शिव शंकर हृदय लुभांय...
*
मांग में सेंदुर, भाल पे बिंदी,
नैनन कजरा लगाय.
वेणी गूंथी मोतियन के संग,
चंपा-चमेली महकाय.
गिरिजा कर सोलह सिंगार...
*
बांह बाजूबंद, हाथ में कंगन,
नौलखा हार सुहाय.
कानन झुमका, नाक नथनिया,
बेसर हीरा भाय.
गिरिजा कर सोलह सिंगार...
*
कमर करधनी, पाँव पैजनिया,
घुँघरू रतन जडाय.
बिछिया में मणि, मुंदरी मुक्ता,
चलीं ठुमुक बल खांय.
गिरिजा कर सोलह सिंगार...
*
लंहगा लाल, चुनरिया पीली,
गोटी-जरी लगाय.
ओढे चदरिया पञ्च रंग की ,
शोभा बरनि न जाय.
गिरिजा कर सोलह सिंगार...
*
गज गामिनी हौले पग धरती,
मन ही मन मुसकाय.
नत नैनों मधुरिम बैनों से
अनकहनी कह जांय.
गिरिजा कर सोलह सिंगार...
**********
शिव भजन
नमामि शंकर
-सतीश चन्द्र वर्मा, भोपाल
*
नमामि शंकर, नमामि शंकर...
बदन में भस्मी, गले में विषधर.
नमामि शंकर, नमामि शंकर...
*
जटा से गंगा की धार निकली.
विराजे मस्तक पे चाँद टिकली.
सदा विचरते बने दिगंबर,
नमामि शंकर, नमामि शंकर...
*
तुम्हारे मंदिर में नित्य आऊँ.
तुम्हारी महिमा के गीत गाऊँ.
चढ़ाऊँ चंदन तुम्हें मैं घिसकर,
नमामि शंकर,नमामि शंकर...
*
तुम्हीं हमारे हो एक स्वामी.
कहाँ हो आओ, हे विश्वगामी!
हरो हमारी व्यथा को आकर,
नमामि शंकर,नमामि शंकर...
=====================
शिवस्तोत्रं
- उदयभानु तिवारी 'मधुकर'
*
शिव अनंत शक्ति विश्व दीप्ति सत्य सुंदरम्.
प्रसीद मे प्रभो अनादिदेव जीवितेश्वरम्.
*
नमो-नमो सदाशिवं पिनाकपाणि शंकरं.
केशमध्य जान्हवी झरर्झरति सुनिर्झरं.
भालचंद्र अद्भुतं भुजंगमाल शोभितं.
नमोस्तु ब्रह्मरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.१.
*
करालकालकंटकं कृपालु सुर मुनीन्द्रकं.
ललाटअक्षधारकं प्रभो! त्रिलोकनायकं.
परं तपं शिवं शुभं निरंक नित्य चिन्तनं.
नमोस्तु विश्वरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.२.
*
महाश्वनं मृड़ोनटं त्रिशूलधर अरिंदमं.
महायशं जलेश्वरं वसुश्रवा धनागमं.
निरामयं निरंजनं महाधनं सनातनं.
नमोस्तु वेदरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.३.
*
कनकप्रभं दुराधरं सुराधिदेव अव्ययं.
परावरं प्रभंजनं वरेण्यछिन्नसंशयं.
अमृतपं अजितप्रियं उन्नघ्रमद्रयालयं.
नमोस्तु नीलरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.४.
*
परात्परं प्रभाकरं तमोहरं त्र्यम्बकं.
महाधिपं निरान्तकं स्तव्य कीर्तिभूषणं.
अनामयं मनोजवं चतुर्भुजं त्रिलोचनं.
नमोस्तु सोमरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.५.
*
स्तुत्य आम्नाय शम्भु शम्बरं परंशुभं.
महाहदं पदाम्बुजं रति: प्रतिक्षणं  मम.
विद्वतं विरोचनं परावरज्ञ सिद्धिदं.
नमोस्तु सौम्यरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.६.
*
आत्मभू: शाश्वतं नमोगतिं जगद्गुरुं.
अलभ्य भक्ति देहि मे करोतु प्रभु परं सुखं.
सुरेश्वरं महेश्वरं गणेश्वरं धनेश्वरं.
नमोस्तु सूक्ष्मरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.७.
*
शिवस्य नाम अमृतं 'उदय' त्रितापनाशनं.
करोतु जाप मे मनं नमो नमः शिवः शिवं.
मोक्षदं महामहेश ओंकार त्वं स्वयं.
नमोस्तु रूद्ररूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.७.
*
पूजनं न अर्चनं न शक्ति-भक्ति साधनं.
जपं न योग आसनं न वन्दनं उपासनं
मनगुनंत प्रतिक्षणं शिवं शिवं शिवं शिवं. 
नमोस्तु शांतिरूप ज्ञानगम्य भूतभावनं.९.

**********


शनिवार, 9 मार्च 2013

गीत: माँ संजीव 'सलिल'

गीत:
माँ
संजीव 'सलिल'
*
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
सत्य है यह
खा-कमाती,
सदा से सबला रही.
*
खुरदरे हाथों से टिक्कड़
नोन के संग जब दिए. 
लिए चटखारे सभी ने,
साथ मिलकर खा लिए.
तूने खाया या न खाया
कौन कब था पूछता?
तुझमें भी इंसान है
यह कौन-कैसे बूझता?
यंत्र सी चुपचाप थी क्यों
आँख क्यों सजला रही?
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
*
काँच की चूड़ी न खनकी,
साँस की सरगम रुकी.
भाल पर बेंदी लगाई,
हुलस कर किस्मत झुकी.
बाँट सपने हमें अपने
नित नया आकाश दे.
परों में ताकत भरी
श्रम-कोशिशें अहिवात दे.
शिव पिता की है शिवा तू
शारदा-कमला रही?
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
*
इंद्र सी हर दृष्टि को
अब हम झुकाएँ साथ मिल.
ब्रम्ह को शुचिता सिखायें
पुरुष-स्त्री हाथ मिल.
राम को वनवास दे दें
दु:शासन का सर झुके.
दीप्ति कुल की बने बेटी
संग हित दीपक रुके.
सचल संग सचला रही तू
अचल संग अचला रही.
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
*

गुरुवार, 7 मार्च 2013

गीत वंशी संपत देवी मुरारका

गीत 
वंशी
संपत देवी मुरारका 
*
दूर कहीं वंशी बजती है,
सुनती हूँ मैं कान लगाकर|
मेरा मन प्यासा-प्यासा है,
एक बूंद की अभिलाषा ह|
इस अतृप्ति से पार लगाओ,
मन में यह जगती आशा है|
आओ मेरे ह्रदय-गेह में,
बैठी हूँ मैं ध्यान लगाकर|
जगमग कर दो मेरा जीवन,
आनंदित हो जाए तन-मन|
जब-जब मैं अपने को देखूं,
तुम बन जाओ मेरे दर्पण|
तेरे कदमों की आहट पर,
मैं व्याकुल हूँ प्राण बिछाकर|
यह अपने सपनों का घर है,
तेरा-मेरा प्यार अमर है|
आओ मिलकर गढ़ें घरोंदा,
तुझ में मुझ में क्या अंतर है|
कब से तुम्हें पुकार रही मैं,
मीरा जैसी तान लगाकर|
दूर कहीं वंशी बजती है,
सुनती हूँ मैं कान लगाकर|
_________________
 
Hand Phone +91 94415 11238 / +91 93463 93809
Home +91 (040) 2475 1412 / Fax +91 (040) 4017 5842
sampat devi murarka <murarkasampatdevii@yahoo.co.in>


  

बाल कविता - दादा जी की छींक संतोष कुमार

बाल कविता -
दादा जी की छींक
सन्तोष कुमार सिंह
           *
          दादा जी ने मारी उस दिन,
बड़ी जोर की छींक।
चिन्टू, पिन्टू और बबली की,
निकल गई थी चीख।।
 
बिल्ली के पंजों में जकड़ा,
चूहा भी झट छूटा।
दादी काँपी उनके सिर से,
घट भी गिर कर फूटा।।
 
पगहा तोड़ भगा खूँटे से,
बँधा हुआ जो घोड़ा।
पिल्लों ने भी डर कर देखो,
पान दुग्ध का छोड़ा।।
 
घर के सब सामान अचानक,
आपस में टकराये।
पर दादा निश्चिन्त बैठकर,
हुक्का पीते पाये।।
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
 <ksantosh_45@yahoo.co.in> Web:http://bikhreswar.blogspot.com/

आशीष अक्षत:

आशीष अक्षत: प्रसंग लघुकथा सम्मलेन
डॉ. गायत्री तिवारी, डॉ. राजकुमार 'सुमित्र', डॉ. रामनिवास 'मानव' हिसार, हर्ष तिवारी, आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' तथा मो. मोईनुद्दीन 'अतहर' 


https://mail-attachment.googleusercontent.com/attachment/u/0/?ui=2&ik=dad2fa7c6e&view=att&th=13d3eacab113d4f4&attid=0.14&disp=inline&realattid=f_hdy6nbh913&safe=1&zw&saduie=AG9B_P8iolpeP3f4iPAHowfQMMHF&sadet=1362631641692&sads=c7OK8InAsxEv2nUcAzpCEMMU3hU

डॉ. गायत्री तिवारी, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजकुमार 'सुमित्र' , आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' तथा हर्ष तिवारी

https://mail-attachment.googleusercontent.com/attachment/u/0/?ui=2&ik=dad2fa7c6e&view=att&th=13d3eacab113d4f4&attid=0.9&disp=inline&realattid=f_hdy6nbgg8&safe=1&zw&saduie=AG9B_P8iolpeP3f4iPAHowfQMMHF&sadet=1362631571442&sads=P_QxIF-eikfWpO-M4vYVJ9Anbrc

 डॉ. गायत्री तिवारी, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजकुमार 'सुमित्र', मो. मोईनुद्दीन 'अतहर' तथा हर्ष तिवारी

https://mail-attachment.googleusercontent.com/attachment/u/0/?ui=2&ik=dad2fa7c6e&view=att&th=13d3eacab113d4f4&attid=0.11&disp=inline&realattid=f_hdy6nbgr10&safe=1&zw&saduie=AG9B_P8iolpeP3f4iPAHowfQMMHF&sadet=1362631965300&sads=H2SQUmbQcOE5i--eIrJ6eSbygyI

डॉ. गायत्री तिवारी, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजकुमार 'सुमित्र', मो. मोईनुद्दीन 'अतहर' मोहन सोंधिया तथा हर्ष तिवारी


https://mail-attachment.googleusercontent.com/attachment/u/0/?ui=2&ik=dad2fa7c6e&view=att&th=13d3eacab113d4f4&attid=0.10&disp=inline&realattid=f_hdy6nbgl9&safe=1&zw&saduie=AG9B_P8iolpeP3f4iPAHowfQMMHF&sadet=1362632105269&sads=lkaUsSoT_7OKx6HkhD_8CalLwU4


चित्र-चित्र चिंतन










बुधवार, 6 मार्च 2013

aalekh: swasthya bharat ka sapna -ashutosh kumar singh

चिंतन आलेख:
स्वस्थ भारत का सपना...
आशुतोष कुमार सिंह                                                                                           

( लेखक ‘स्वस्थ भारत विकिसित भारत’ अभियान चला रही प्रतिभा-जननी सेवा संस्थान के राष्ट्रीय समन्वयक व युवा पत्रकार हैं )

किसी भी राष्ट-राज्य के नागरिक-स्वास्थ्य को समझे बिना वहां के विकास को नहीं समझा जा सकता है। दुनिया के तमाम विकसित देश अपने नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर हमेशा से चिंतनशील व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रयत्नशील रहे हैं। नागरिकों का बेहतर स्वास्थ्य राष्ट्र की प्रगति को तीव्रता प्रदान करता है। दुर्भाग्य से हिन्दुस्तान में ‘स्वास्थ्य चिंतन’ न तो सरकारी प्राथमिकता में है और न ही नागरिकों की दिनचर्या में। हिन्दुस्तान में स्वास्थ्य के प्रति नागरिक तो बेपरवाह है ही, हमारी सरकारों के पास भी कोई नियोजित ढांचागत व्यवस्था नहीं है जो देश के प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य का ख्याल रख सके।
स्वास्थ्य के नाम पर चहुंओर लूट मची हुई है। आम जनता तन, मन व धन के साथ-साथ सुख-चैन गवां कर चौराहे पर किमकर्तव्यविमूढ़ की स्थिति में है। घर की इज्जत-आबरू को बाजार में निलाम करने पर मजबूर है। सरकार के लाख के दावों के बावजूद देश के भविष्य कुपोषण के शिकार हैं, जन्मदात्रियां रक्तआल्पता (एनिमिया) के कारण मौत की नींद सो रही हैं।

दरअसल आज हमारे देश की स्वास्थ्य नीति का ताना-बाना बीमारों को ठीक करने के इर्द-गीर्द है। जबकि नीति-निर्धारण बीमारी को खत्म करने पर केन्द्रित होने चाहिए। पोलियो से मुक्ति पाकर हम फूले नहीं समा रहे हैं, जबकि इस बीच कई नई बीमारियां देश को अपने गिरफ्त में जकड़ चुकी हैं।

मुख्यतः आयुर्वेद, होमियोपैथ और एलोपैथ पद्धति से बीमारों का इलाज होता है। हिन्दुस्तान में सबसे ज्यादा एलोपैथिक पद्धति अथवा अंग्रेजी दवाइयों के माध्यम से इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि अंग्रेजी दवाइयों से इलाज कराने में जिस अनुपात से फायदा मिलता है, उसी अनुपात से इसके नुकसान भी हैं। इतना ही नहीं महंगाई के इस दौर में लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं पर खर्च कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा है। ऐसे में बीमारी से जो मार पड़ रही है, वह तो है ही साथ में आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है। इन सभी समस्याओं पर ध्यान देने पर यह स्पष्ट हो जाता है कि स्वास्थ्य की समस्या राष्ट्र के विकास में बहुत बड़ी बाधक है।

ऐसे में देश के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ रखने के लिए वृहद सरकारी नीति बनाने की जरूरत है। ऐसे उपायों पर ध्यान दिया जाना चाहिए ताकि कोई बीमार ही न पड़े।

मेरी समझ से देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को नागरिकों के उम्र के हिसाब से तीन भागों में विभक्त करना चाहिए। 0-25 वर्ष तक, 26-59 वर्ष तक और 60 से मृत्युपर्यन्त। शुरू के 25 वर्ष और 60 वर्ष के बाद के नागरिकों के स्वास्थ्य की पूरी व्यवस्था निःशुल्क सरकार को करनी चाहिए। जहाँ तक 26-59 वर्ष तक के नागरिकों के स्वास्थ्य का प्रश्न है तो इन नागरिकों को अनिवार्य रूप से राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत लाना चाहिए। जो कमा रहे हैं उनसे बीमा राशि का प्रीमियम भरवाने चाहिए, जो बेरोजगार है उनकी नौकरी मिलने तक उनका प्रीमियम सरकार को भरना चाहिए।

शुरू के 25 वर्ष नागरिकों को उत्पादक योग्य बनाने का समय है। ऐसे में अगर देश का नागरिक आर्थिक कारणों से खुद को स्वस्थ रखने में नाकाम होता है तो निश्चित रूप से हम जिस उत्पादक शक्ति अथवा मानव संसाधन का निर्माण कर रहे हैं, उसकी नींव कमजोर हो जायेगी और कमजोर नींव पर मजबूत इमारत खड़ी करना संभव नहीं होता। किसी भी लोक-कल्याणकारी राज्य-सरकार का यह महत्वपूर्ण दायित्व होता है कि वह अपने उत्पादन शक्ति को मजबूत करे।

अब बारी आती है 26-59 साल के नागरिकों पर ध्यान देने की। इस उम्र के नागरिक सामान्यतः कामकाजी होते हैं और देश के विकास में किसी न किसी रूप से उत्पादन शक्ति बन कर सहयोग कर रहे होते हैं। चाहे वे किसान के रूप में, जवान के रूप में अथवा किसी व्यवसायी के रूप में हों कुछ न कुछ उत्पादन कर ही रहे होते हैं। जब हमारी नींव मजबूत रहेगी तो निश्चित ही इस उम्र में उत्पादन शक्तियाँ मजबूत इमारत बनाने में सक्षम व सफल रहेंगी और अपनी उत्पादकता का शत् प्रतिशत देश हित में अर्पण कर पायेंगी। इनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए इनकी कमाई से न्यूनतम राशि लेकर इन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत लाने की जरूरत है। जिससे उन्हें बीमार होने की सूरत में इलाज के नाम पर अलग से एक रूपये भी खर्च न करने पड़े।
अब बात करते हैं देश की सेवा कर चुके और बुढ़ापे की ओर अग्रसर 60 वर्ष की आयु पार कर चुके नागरिकों के स्वास्थ्य की। इनके स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी सरकार को पूरी तरह उठानी चाहिए। और इन्हें खुशहाल और स्वस्थ जीवन यापन के लिए प्रत्येक गांव में एक बुजुर्ग निवास भी खोलने चाहिए जहां पर गांव भर के बुजुर्ग एक साथ मिलजुल कर रह सकें और गांव के विकास में सहयोग भी दे सकें।

आदर्श स्वास्थ्य व्यवस्था लागू करने के लिए सरकार को निम्न सुझाओं पर गंभीरता-पूर्वक अमल करने की जरूरत है। प्रत्येक गाँव में सार्वजनिक शौचालय, खेलने योग्य प्लेग्राउंड, प्रत्येक स्कूल में योगा शिक्षक के साथ-साथ स्वास्थ्य शिक्षक की बहाली हो। प्रत्येक गाँव में सरकारी डॉक्टर, एक नर्स व एक कपांउडर की टीम रहे जिनके ऊपर प्राथमिक उपचार की जिम्मेदारी रहे। प्रत्येक गाँव में सरकारी केमिस्ट की दुकान, वाटर फिल्टरिंग प्लांट जिससे पेय योग्य शुद्ध जल की व्यवस्था हो सके, सभी कच्ची पक्की सड़कों के बगल में पीपल व नीम के पेड़ लगाने की व्यवस्था के साथ-साथ हर घर-आंगन में तुलसी का पौधा लगाने हेतु नागरिकों को जागरूक करने के लिए कैंपेन किया जाए।

उपरोक्त बातों का सार यह है कि स्वास्थ्य के नाम किसी भी स्थिति में नागरिकों पर आर्थिक दबाव नही आना चाहिए। और इसके लिए यह जरूरी है कि देश में पूर्णरूपेण कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
यदि उपरोक्त ढ़ाचागत व्यवस्था को हम नियोजित तरीके से लागू करने में सफल रहे तो निश्चित ही हम ‘स्वस्थ भारत विकसित भारत’ का सपना बहुत जल्द पूर्ण होते हुए देख पायेंगे।

संपर्क-09987904006,0810811015 / zashusingh@gmail.com,pratibhajanai@gmail.com
राजस्थान सरकार की लोक लुभावनी घोषणा और वैवाहिक ढांचा 
अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन : राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद् द्वारा स्वागत 

जयपुर। राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद् ने राजस्थान सरकार के बजट में अंतर्जातीय विवाह को प्रोत्साहन देने की नीति का स्वागत किया है. उल्लेखनीय है कि  मह्परिषद की जयपुर में संपन्न राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में
अंतर्जातीय विवाह को प्रोत्साहन देने तथा वर-वधु के समाजों द्वारा विरोध की स्थिति में उन्हें कायस्थ समाज में प्रवेश दिए जाने की नीति तय की गयी थी। महापरिषद के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आचार्य संजीव 'सलिल' तथा राजस्थान संयोजक श्री सचिन खरे ने राजस्थान सरकार की अंतरजातीय विवाहों को प्रोत्साहित कर समरस्थापूर्ण सहिष्णु समाज के विकास की नीति का प्रथम दृष्टया स्वागत किया है।
 
राजस्थान की कांग्रेस सरकार के बजट में लोक लुभावनी घोषणाओं में सिर्फ अल्पसंख्यक समुदाय के लिए विशेष सहानुभूति का राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद ने स्वागत करते हुए आशा की है की यह सरकार अल्प संख्यकों के साथ साथ समाज के अन्य सवर्ण वर्गों का भी ध्यान रखेगी और विशेष रूप से सवर्णों में आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के लिए कुछ योजनायें और नीति बनाये।

पूर्व से ही अंतरजातीय विवाह की पक्षधर राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद ने  अंतरजातीय विवाह के लिए  प्रोत्साहन राशि  २५,००० से ५ लाख किये जाने को विचारणीय बताते हुए चिंता व्यक्त की है कि ५ लाख रूपए की बड़ी धनराशि  मिलने के लोभ में प्रेम न होते हुए भी विवाह कर राशि पाने और कुछ बाद तलाक देकर फिर अंतरजातीय विवाह कर धनार्जन की व्यवसाय या खिलवाड़ प्रवृत्ति  पनप सकती है समय जो सामाजिक वातावरण तथा वैवाहिक स्थायित्व के लिए घातक होगी ।

कुल मिलाकर राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद गहलोत सरकार के इस "चुनावी" बजट का स्वागत किया है | यदि  सरकारों द्वारा जन हितैषी नीतियां केवल चुनाव पूर्व वर्षों में बनाना है तो  राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त से भारत की जनता के हितार्थ "प्रतिवर्ष" चुनाव करवानें की प्रार्थना करेगा |

सोमवार, 4 मार्च 2013

ruchi sanghvi: face book's first female engineer

फेसबुक की पहली महिला अभियंता रूचि सांघवी :


मिलिए FB की पहली महिला इंजीनियर से, इनके दम पर खड़ी हुई कंपनीसाल 2005 की बात है। फेसबुक हैडक्वार्टर एकदम खाली भूतहा जैसा दिख रहा था। एक लड़की पहली जॉब और इंटरव्यू के लिए ऑफिस में बैठी थी। दोपहर में लगभग दो घंटे इंतजार करने के बाद उसे बुलाया गया। 
लड़की ने फेसबुक प्रमुख 'मार्क जुकरबर्ग' को ऐसा प्रभावित किया कि वह बन गई 'फेसबुक'  की पहली महिला इंजीनियर। यह लड़की थी 'रुचि सांघवी', जिसने फेसबुक की सबसे विवादित फीचर 'न्यूज फीड'  का आइडिया दिया।
उन्होंने अपने कुछ बेहतरीन आईडिया से फेसबुक को दुनिया की सोशल नेटवर्किंग साइट बनाया. 2005 में नौकरी ज्वाइन करने वाली 23 वर्षीय रुचि ने 2010 में कंपनी में बड़े पद को छोड़कर सबको चौंका दिया।

महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली रुचि सांघवी ने फेसबुक उस समय ज्वाइन किया, जब उसे कोई जानता नहीं था। वह शुरुआत के 10 इंजीनियर्स में अकेली लड़की थी। सिर्फ पांच साल के फेसबुक करियर में उन्होंने कंपनी को दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किग साइट बनते हुए देखा।

मिलिए FB की पहली महिला इंजीनियर से, इनके दम पर खड़ी हुई कंपनी
अपने पिता की कंपनी से न जुड़कर रुचि कुछ अलग करना चाहती थीं। उन्होंने अमेरिका जाकर 'कार्नेज मेलन यूनीवर्सिटी' से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उन्होंने कहा कि जब मैंने इंजीनियरिंग में जाने के बारे में सोचा तो मेरी हंसी उड़ाई गई. लोग मुझसे कहते कि अब तुम आस्तीन ऊंची कर किसी फैक्ट्री में काम करोगी।
इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के 150 छात्रों की क्लास में रूचि समेत सिर्फ पांच लड़कियां थीं। वह भी अमेरिका जैसे देश में. सच पूछा जाए तो उन्होंने अपनी मेहनत के बल पर पुरुषों के अधिकार क्षेत्र में सेंध लगाई। 2005 में 23 वर्षीय रुचि के फेसबुक ज्वाइन करने के बाद फेसबुक संस्थापक जुकरबर्ग और उनके साथी यूजर को साइट पर इंगेज करने के लिए आईडिया ढूंढ रहे थे। तभी रूचि ने एक आइडिया दिया..।
मिलिए FB की पहली महिला इंजीनियर से, इनके दम पर खड़ी हुई कंपनीरुचि ने बताया कि 'हम लगातार मीटिंग कर रहे थे और कोई भी हल नहीं निकल रहा था। तभी, अचानक मैंने कहा कि क्यों न हम एक न्यूज पेपर जैसा 'फीचर' बनाएं, जिसमें यूजर लगातार इंगेज रहे। यह कुछ लत जैसा था.'उन्होंने मार्क से कहा कि जैसे न्यूजपेपर में हम लगातार पेज पलटते जाते हैं और एक स्टोरी से दूसरी स्टोरी पर पहुंच जाते हैं, ऐसी ही  फीचर बनाना होगा, जिसमें यूजर लगातार उलझा रहे।

मिलिए FB की पहली महिला इंजीनियर से, इनके दम पर खड़ी हुई कंपनीमार्क को आईडिया पसंद आ गया. रुचि और उनके साथियों ने 2006 में 'न्यूज फीड' लांच किया, जिसने बाद के सालों में फेसबुक की किस्मत बदल दी. फेसबुक का सबसे विवादित फीचर 'न्यूज फीड' किसी भी यूजर के होमपेज का सेंटर कॉलम होता है। दूसरे लोगों के पेज से नई स्टोरीज और उनके विचार आदि आपको अपने पेज पर 'न्यूज फीड' के जरिए दिखाई देते हैं।

उस समय लोगों का कहना था कि यह प्राइवेसी पर हमला है। कुछ का कहना था कि यह फालतू फीचर जोड़ा गया है। उन दिनों की याद कर रुचि कहती हैं कि लोगों ने फेसबुक पर 'आई हेट फेसबुक' ग्रुप बनाया था। हमारे ऑफिस के बाहर लोग नारे लगाते थे, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, लोगों ने इसे बहुत पसंद किया। हमारे फेसबुक पर हर घंटे में करीब 50 हजार नए यूजर आने लगे। बाद के सालों में 'फ्रेंड्सफीड' और 'लिंक्डिन' ने भी इसी आइडिया को कॉपी किया।

मिलिए FB की पहली महिला इंजीनियर से, इनके दम पर खड़ी हुई कंपनी'न्यूज फीड' के अलावा फेसबुक के 'प्लेटफॉर्म' (थर्ड पार्टी डेवलपर के लिए) और 'कनेक्ट' (फेसबुक यूजर को अपनी आईडेंटिटी को दुनिया की किसी भी साइट से कनेक्ट करने के लिए) लांच किए। इन फीचर्स के जरिए फेसबुक को इंटरनेट की दुनिया में खुद के नियम गढ़ने का मौका दिया। मार्क कहते हैं कि इन तीन एप्लीकेशन ने फेसबुक पर सोशल नेटवर्किग को आसान और सबसे अलग बनाया।
रुचि ने एक स्पीच के दौरान कहा कि मैंने अपने पापा से वादा किया था कि मैं 25 साल की उम्र में शादी कर लूंगी, क्योंकि भारत में लड़की की शादी की यही सही उम्र है और 50 साल में उसे दादी भी बन जाना होता है. यह ताज्जुब की बात थी कि रुचि को अपना हमसफर फेसबुक में ही मिला।
उनके पति 'आदित्य अग्रवाल' ने 2005 में इंजीनियरिंग निदेशक के रूप में फेसबुक ज्वाइन किया था। छह साल डेटिंग के बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी में उनके दोस्तों के अलावा खुद 'मार्क जुकरबर्ग' भारतीय परिधान में मौजूद थे। उन्होंने दूल्हे की बारात में हिन्दी गानों पर जमकर ठुमके लगाए।

2010 में 30 साल की उम्र में रुचि ने फेसबुक छोड़कर अपना खुद का काम करने का फैसला किया।फेसबुक में 'लीड प्रॉडक्ट मैनेजर' के पद को छोड़ खुद की कंपनी 'कोव' शुरू की। फरवरी 2012 में 'कोव' को 'ड्रोपबॉक्स' नामक कंप्यूटर डेटा शेयरिंग कपंनी ने खरीद लिया। 'रुचि' कंपनी की वाइस प्रेसीडेंट हैं।
मिलिए FB की पहली महिला इंजीनियर से, इनके दम पर खड़ी हुई कंपनी
रुचि का कहना है कि कई लोग सोचते हैं कि कोई भी लड़की 'बिल गेट्स' और 'स्टीव जॉब्स' जैसी नहीं बन सकती, लेकिन वे गलत हैं। मेरा कहना है कि लड़कियों को इस फील्ड में आना चाहिए। रुचि ने जब कंपनी ज्वाइन की थी, तब फेसबुक का कोई ब्रांड नहीं था, लेकिन इसी ने 2012 में एक अरब यूजर का आंकड़ा छू लिया।
कैलिफोर्निया की सिलिकॉन वैली की स्टार मानी जाने वाली 'रुचि' की सक्सेस को जब दूसरी लड़कियों ने देखा तो और लड़कियों के लिए रास्ते खुले। बकौल रूचि, अब कई सॉफ्टवेयर कंपनियों में महिलाओं को पुरुषों जैसी सुविधाएं मिलने लगी हैं। बच्चों की देखभाल के लिए छुट्टियां, काम की लचीली शिफ्ट और दफ्तर में बच्चों की देखभाल की सुविधाएं बहुत फायदेमंद हैं।

आभार: दैनिक भास्कर, हिंदुस्तान का दर्द 

navgeet: nadani sanjiv 'salil'

नव गीत:

कैसी नादानी??...

संजीव 'सलिल'
*
मानव तो करता है, निश-दिन मनमानी.
प्रकृति से छेड़-छाड़, घातक नादानी...
*
काट दिये जंगल,
दरकाये पहाड़.
नदियाँ भी दूषित कीं-
किया नहीं लाड़..
गलती को ले सुधार, कर मत शैतानी.
'रुको' कहे प्रकृति से कैसी नादानी??...
*
पाट दिये ताल सभी
बना दीं इमारत.
धूल-धुंआ-शोर करे
प्रकृति को हताहत..
घायल ऋतु-चक्र हुआ, जो है लासानी...
प्रकृति से छेड़-छाड़, घातक नादानी...
*
पावस ही लाता है
हर्ष सुख हुलास.
हमने खुद नष्ट किया
अपना मधु-मास..
सूर्य तपे, कहे सुधर, बचा 'सलिल' पानी.
'रुको' कहे प्रकृति से कैसी नादानी??...
*

विचित्र किन्तु सत्य : मस्तिष्क कैमरा है?...

विचित्र किन्तु सत्य : 
विजय कौशल  

क्या आपका मस्तिष्क कैमरा है?... क्या यह चित्र का नेगटिव बना सकता है?? 

कहते है: ''हाथ कंगन को आरसी क्या?... पढ़े-लिखे को फारसी क्या??....''

आइए! आजमाइए!!

निम्न चित्र में मुस्कुराती सुन्दरी की नासिका के लाल बिंदु पर ३ सेकेण्ड तक टकटकी लगाकर देखिए. अब आँख बंद कर अपने पास की दीवार या कमरे की छत जिस पर कोइ डिजाइन न हो को आँखें मिचमिचाकर देखें... कहें क्या सुन्दरी की छवि वहाँ नहीं दिख रही है? इसी तरह आप अपने आराध्य या प्रिय की छवि को नयनों में भरकर देख सकते हैं। अब 'विलम्ब कही कारन कीजै?...' हो जाइए शुरू...

 
Your brain develops the Negative...   How does it work ????


I couldn't believe it, definitely didn't  expect to see  what I saw.  (not a trick or a scare)   probably need a laptop or PC. Follow the instructions.

 
0F7C673495184A168E46AE445A5954F9@ownerPC

see the picture in colour on the wall

रविवार, 3 मार्च 2013

कृति चर्चा मुझे जीना है संजीव 'सलिल'


कृति चर्चा:
मानवीय जिजीविषा का जीवंत दस्तावेज ''मुझे जीना है''
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
(कृति विवरण: मुझे जीना है, उपन्यास, आलोक श्रीवास्तव, डिमाई आकार, बहुरंगी सजिल्द आवरण, पृष्ठ १८३, १३० रु., शिवांक प्रकाशन, नई दिल्ली)
*
                 

                  विश्व की सभी भाषाओँ में गद्य साहित्य की सर्वाधिक लोकप्रिय विधा उपन्यास है। उपन्यास शब्द अपने जिस अर्थ में आज हमारे सामने आता है उस अर्थ में वह प्राचीन साहित्य में उपलब्ध नहीं है। वास्तव में अंगरेजी साहित्य की 'नोवेल' विधा हिंदी में 'उपन्यास' विधा की जन्मदाता है। उपन्यास जीवन की प्रतिकृति होता है। उपन्यास की कथावस्तु का आधार मानवजीवन और उसके क्रिया-कलाप ही होते हैं। आलोचकों ने उपन्यास के ६ तत्व कथावस्तु, पात्र, संवाद, वातावरण, शैली और उद्देश्य माने हैं। एक अंगरेजी समालोचक के अनुसार- 'आर्ट लाइज इन कन्सीलमेंट' अर्थात 'कला दुराव में है'। विवेच्य औपन्यासिक कृति 'मुझे जीना है' इस धारणा का इस अर्थ में खंडन करती है कि कथावस्तु का विकास पूरी तरह सहज-स्वाभाविक है।

                  खंडकाव्य पंचवटी  में मैथिलीशरण गुप्त जी ने लिखा है: 

'जितने कष्ट-कंटकों में है जिसका जीवन सुमन खिला, 
गौरव गंध उन्हें उतना ही यत्र-तत्र-सर्वत्र मिला'।

                     उपन्यास के चरित नायक विजय पर उक्त पंक्तियाँ पूरी तरह चरितार्थ होती हैं।  छोटे से गाँव के निम्न मध्यम खेतिहर परिवार के बच्चे के माता-पिता का बचपन में देहावसान, दो अनुजों का भार, ताऊ द्वारा छलपूर्वक मकान हथियाकर नौकरों की तरह रखने का प्रयास, उत्तम परीक्षा परिणाम पर प्रोत्साहन और सुविधा देने के स्थान पर अपने बच्चों को पिछड़ते देख ईर्ष्या के वशीभूत हो गाँव भेज पढ़ाई छुड़वाने का प्रयास, शासकीय विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रोत्साहन, गाँव में दबंगों के षड्यंत्र, खेती की कठिनाइयाँ और कम आय, पुनः शहर लौटकर अंशकालिक व्यवसाय के साथ अध्ययन कर अंतत: प्रशासनिक सेवा में चयन... उपन्यास का यह कथा-क्रम पाठक को चलचित्र की तरह बाँधे रखता है। उपन्यासकार ने इस आत्मकथात्मक औपन्यासिक कृति में आत्म-प्रशंसा से न केवल स्वयं को बचाया है अपितु बचपन में कुछ कुटैवों में पड़ने जैसे अप्रिय सच को निडरता और निस्संगता से स्वीकारा है।

                   शासकीय विद्यालयों की अनियमितताओं के किस्से आम हैं किन्तु ऐसे ही एक विद्यालय में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थी के प्रवेश देने के पूर्व उसकी योग्यता की परख किया जाना, अनुपस्थिति पर पड़ताल कर व्यक्तिगत कठिनाई होने पर न केवल मार्ग-दर्शन अपितु सक्रिय सहायता करना, यहाँ तक की आर्थिक कठिनाई दूर करने के लिए अंशकालिक नौकरी दिलवाना... इस सत्य के प्रमाण है कि शिक्षक चाहे तो विद्यार्थी का जीवन बना सकता है। यह कृति हर शिक्षक और शिक्षक बनने के प्रशिक्षणार्थी को पढ़वाई जानी चाहिए ताकि उसे अपनी सामर्थ्य और दायित्व की प्रतीति हो सके। विपरीत परिस्थितियों और अभावों के बावजूद जीवन संघर्षों से जूझने और सफल होने का यह  यह कथा-वृत्त हर हिम्मत न हारनेवाले के लिए अंधे की लकड़ी हो सकता है। कृति में श्रेयत्व के साथ-साथ प्रेयत्व का उपस्थिति इसे आम उपन्यासों से अलग और अधिक प्रासंगिक बनाती है।

                  अपनी प्रथम कृति में जीवन के सत्यों को उद्घाटित करने का साहस विरलों में ही होता है। आलोक जी ने कैशोर्य में प्रेम-प्रकरण में पड़ने, बचपन में धूम्रपान जैसी घटनाओं को न छिपाकर अपनी सत्यप्रियता का परिचय दिया है। वर्तमान काल में यह प्रवृत्ति लुप्त होती जा रही है। मूल कथावस्तु के साथ प्रासंगिक कथावस्तु के रूप में शासकीय माडल हाई स्कूल जबलपुर के शिक्षकों और वातावरण, खलनायिकावत  ताई, अत्यंत सहृदय और निस्वार्थी चिकित्सक डॉ. एस. बी. खरे, प्रेमिका राधिका, दबंग कालीचरण, दलित स्त्री लक्ष्मी द्वारा अपनी बेटी के साथ बलात्कार का मिथ्या आरोप, सहृदय ठाकुर जसवंत सिंह तथा पुलिस थानेदार द्वारा निष्पक्ष कार्यवाही आदि प्रसंग न केवल कथा को आगे बढ़ाते हैं अपितु पाठक को प्रेरणा भी देते हैं। सारतः उपन्यासकार समाज की बुराइयों का चित्रण करने के साथ-साथ घटती-मिटती अच्छाइयों को सामने लाकर बिना कहे यह कह पाता है कि अँधेरे कितने भी घने हों उजालों को परास्त नहीं कर सकते।   

               उपन्यासकार के कला-कौशल का निकष कम से कम शब्दों में उपन्यास के चरित्रों को उभारने में है। इस उपन्यास में कहीं भी किसी भी चरित्र को न तो अनावश्यक महत्त्व मिला है, न ही किसी पात्र की उपेक्षा हुई है। शैल्पिक दृष्टि से उपन्यासकार ने चरित्र चित्रण की विश्लेषणात्मक पद्धति को अपनाया है तथा पात्रों की मानसिक-शारीरिक स्थितियों, परिवेश, वातावरण आदि का विश्लेषण स्वयं किया है। वर्तमान में नाटकीय पद्धति बेहतर मानी जाती है जिसमें उपन्यासकार नहीं घटनाक्रम, पात्रों की भाषा तथा उनका आचरण पाठक को यह सब जानकारी देता है। प्रथम कृति में शैल्पिक सहजता अपनाना स्वाभाविक है। उपन्यास में संवादों को विशेष महत्त्व नहीं मिला है। वातावरण चित्रण का महत्त्व उपन्यासकार ने समझा है और उसे पूरा महत्त्व दिया है।

                  औपन्यासिक कृतियों में लेखक का व्यक्तित्व नदी की अंतर्धारा की तरह घटनाक्रम में प्रवाहित होता है। इस सामाजिक समस्या-प्रधान उपन्यास में प्रेमचंद की तरह बुराई का चित्रण कर सुधारवादी दृष्टि को प्रमुखता दी गयी है। आजकल विसंतियों और विद्रूपताओं का अतिरेकी चित्रण कर स्वयं को पीड़ित और समाज को पतित दिखने का दौर होने पर भी आलोक जी ने नकारात्मता पर सकारात्मकता को वरीयता दी है। यह आत्मकथात्मक परिवृत्त तृतीय पुरुष में होने के कारण उपन्यासकार को चरित-नायक विजय में विलीन होते हुए भी यथावसर उससे पृथक होने की सुविधा मिली।

                   मुद्रण तकनीक सुलभ होने पर भी खर्चीली है। अतः, किसी कृति को सिर्फ मनोरंजन के लिए छपवाना तकनीक और साधनों का दुरूपयोग ही होगा। उपन्यासकार सजगता के साथ इस कृति को रोचक बनाने के साथ-साथ समाजोपयोगी तथा प्रेरक बना सका है। आदर्शवादी होने का दम्भ किये बिना उपन्यास के अधिकांश चरित्र प्रेमिका राधिका, माडल हाई स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक, मित्र, ठाकुर जसवंत सिंह, पुलिस निरीक्षक, पुस्तक विक्रय केंद्र की संचालिका श्रीमती मनोरमा चौहान (स्व. सुभद्रा कुमारी चौहान की पुत्रवधु) आदि पात्र दैनंदिन जीवन में बिना कोई दावा या प्रचार किये आदर्शों का निर्वहन अपना कर्तव्य मानकर करते हैं। दूसरी ओर उच्चाधिकारी ताऊजी, उनकी पत्नी और बच्चे सर्व सुविधा संपन्न होने पर भी आदर्श तो दूर अपने नैतिक-पारिवारिक दायित्व का भी निर्वहन नहीं करते और अपने दिवंगत भाई की संतानों को धोखा देकर उनके आवास पर न केवल काबिज हो जाते हैं अपितु उन्हें अध्ययन से विमुख कर नौकर बनाने और गाँव वापिस भेजने का षड्यंत्र करते हैं। यह दोनों प्रवृत्तियाँ समाज में आज भी कमोबेश हैं और हमेशा रहेंगी।

                  यथार्थवादी उपन्यासकार इमर्सन ने कहा है- ''मुझे महान दूरस्थ और काल्पनिक नहीं चाहिए, मैं साधारण का आलिंगन करता हूँ।'' आलोक जी संभवतः इमर्सन के इस विचार से सहमत हों। सारतः मुझे जीना है मानवीय जिजीविषा का जीवंत और सार्थक दस्तावेज है जो लुप्त होते मानव-मूल्यों के प्रति और मानवीय अस्मिता के प्रति आस्था जगाने में समर्थ है। उपन्यासकार आलोक श्रीवास्तव इस सार्थक कृति के सृजन हेतु बधाई के पात्र हैं.
****
salil.sanjiv @gmail.com / divyanarmada.blogspot.in / 94251 83244. 0761- 2411131
__________________

     

लेख: सुख शांति की दार्शनिक पृष्ठभूमि इंदिरा शर्मा

आध्यात्म-दर्शन
विशेष लेख:
सुख शांति की दार्शनिक पृष्ठभूमि 
इंदिरा शर्मा
*

             भारतीय मनस् अपने चेतन और अवचेतन मन में अध्यात्म तत्व की ओर प्रवृत होता है और यही प्रवृत्ति जब आत्मा में केन्द्रीभूत हो सूक्ष्मरूप धारण कर लेती है तो इससे नि:सृत किरणें आनंद रस की सृष्टि करती हैं | यह आनंद रस कोई स्थूल वस्तु नहीं है, यह तो गूँगे के गुड़ जैसी अनिर्वचनीय मन की वह अवस्था है जहाँ मनुष्य दैहिक रूप में विद्यमान रहकर भी दैहिक अनुभूति से परे ब्रह्म का साक्षात्कार करता है, वेदों में जिसे 'रसो वै स:' कहा गया है , वह आत्मा का रस ही साधारण भाषा में सुख–शांति के रूप में जाना जाता है |

             वर्तमान समय में मनुष्य के सारे जीवन मूल्य भौतिकता की कसौटी पर कसे जाते हैं | हम अपने  अध्यात्म स्वरूप को भूलकर भौतिकता में खोते जा रहे हैं और सुख–शांति जैसे शब्द जो पहले मनुष्य के आत्मिक सुख के पर्यायवाची होते थे वह आज अपना पुराना अर्थ खोकर मानव जीवन के भौतिक सुखों की ही व्याख्या करने के साधन मात्र बन कर रह गए हैं | आज मनुष्य के लिए धन, रूप और पद की संपन्नता ही सुख बन गई है, जिसके पास इन वस्तुओं का बाहुल्य है, वह सुखी है और जिसके पास ये सारे भौतिक सुख नहीं हैं वह अशांत और दुखी है परन्तु मनुष्य की यह भौतिक सुख–शांति केवल मानव जीवन का असत्य मात्र ही है जिसके कारण मनुष्य की आँखों और आत्मा पर भ्रान्ति का ऐसा पर्दा पड़ गया है जिसके कारण सत्य पर दृष्टि नहीं जाती | दूसरे शब्दों में हम कह सकते हैं कि प्रत्येक भौतिकवादी स्थूल रूप से सुख – शांति की परिभाषा उपभोग के द्वारा प्राप्त क्षणिक आनंद को ही मानते हैं |
 
             भारतीय दार्शनिक मनीषियों ने जिस आत्मिक सुख की परिकल्पना की थी वह अव्यक्त सुख की अनुभूति भारतीय दर्शन के प्राण हैं अर्थात् दर्शन जिसे हम 'विचित्रभावधर्मांश तत्वप्रख्या च दर्शनम्' कहेंगे |
यहाँ एक बात कह देना आवश्यक है कि जिसे हम सुख-शांति कहते हैं, वही आध्यात्मिक जगत में आनंद की स्थिति है | यही आत्मा का ब्रह्म में लीन होना है, यही मोक्ष की स्थिति है | मोक्ष कुछ और नहीं यह मनुष्य की वह भावातीत स्थिति है जब वह अपने स्थूल रूप में अर्थात् अपने पञ्चीकृत भूत से अपञ्चीकृत भूत की ओर
उन्मुख होता है | अपने स्थूल रूप में स्थित होते हुए भी स्थूल बंधनों से मुक्त हो विश्वात्मा में लीन हो जाता है | योगी मनुष्य योग साधना के द्वारा इस स्थिति को प्राप्त होता है | योग क्रिया के द्वारा जब जीव अपनी चरम स्थिति पर पहुँचता है तो वहाँ सब प्रकाश ही प्रकाश है, ज्ञान - अज्ञान सब शून्य है, पूर्ण लय की स्थिति है |  महर्षि पतंजलि के शब्दों में 'योगाश्चित्तवृतिनिरोध:' अर्थात् चित्त की वृत्तियों का निरोध ही योग है | इन चित्त- वृत्तियों को रोकने की भिन्न–भिन्न विधियाँ हैं किन्तु उच्च बोध अर्थात् ‘ प्रज्ञानंब्रह्म ‘ होने पर इन विधियों की आवश्यकता नहीं रहती |

             'प्रज्ञानंब्रह्म' अर्थात् सम्पूर्ण ब्रह्म के साथ एकात्म भाव, जब व्यक्ति को इसका बोध हो जाता है तो स्थूल संसार के विषय में उसकी सारी भ्रांतियाँ दूर हो जाती हैं, वह समझ जाता है कि संसार हमारे मन की सृष्टि मात्र है और मन आत्मा में निवास करता है | ऐसा आत्म स्थित हुआ मनुष्य ही बंधन मुक्त होता है अत : आत्मा से
परे कुछ है ही नहीं | इस विवेक से ही सत्य–असत्य का ज्ञान होता है और मनुष्य वैराग्य की और प्रवृत्त होता है | ज्ञानी आत्म स्थित होता है, सांसारिक सुख दुःख से ऊपर उठ जाता है जहाँ कबीर के शब्दों में 'फूटहिं कुम्भ जल जलहिं समाना' की स्थिति होती है | ब्रह्म को प्राप्त ज्ञानी लौकिक जगत में रहते हुए भी इससे परे आनंद लोक में विचरण करता है | वह वास्तव में न सोता है,  न जागता है, न पीता है। उसकी चेतना सारे दैहिक व्यापर करते हुए भी न सुख में सुखी होती है न दुःख में दुखी , न शोक में डूबती है न शोक से उबरती है ,यह सब संज्ञान उसे नहीं सताते |

             ज्ञान और आध्यात्मिक सुख प्राप्ति में वैराग्य का होना अथवा आसक्ति का त्याग पहली शर्त है | इसी से
आत्म ज्ञान होता है और इसी से मुक्ति – यही जीव की सर्वोपरि स्थिति है परन्तु इस स्थिति को प्राप्त करना इतना आसान नहीं है क्योंकि मनुष्य का अहंकार उसे इसकी प्राप्ति से विमुख करता है | यह अहंकार हमारी बुद्धि को सीमा बद्धकर देता है और स्थूल से सूक्ष्म की ओर बढ़ने की गति को शिथिल कर देता है | सूक्ष्म रूप में ब्रह्म की सत्ता अर्थात आत्मा , परमात्मा और आनंद इन्द्रिओंके विषय नहीं हैं अत : जो इन्द्रियाँ स्थूल सुख को पकड़ लेती हैं उनके हाथ से सूक्ष्म छूट जाता है सूक्ष्म को पकड़ने की विद्या ही दूसरी है यह ध्यान और समाधि की विद्या है जिसे हमारा शारीर नहीं वरन हमारी आत्मा ही ग्रहण कर पाती है , स्थूल शरीर हमारी सूक्ष्म आत्मा का केवल वाहन मात्र है |

             गीता में भी श्री कृष्ण का उपदेश समस्त प्राणियों को अंत में एक ही निर्देश देता है—' मामेकं शरणम् व्रज' यह इस बात की ओर संकेत करता है कि यदि संसार की त्रासदियों से मुक्ति चाहता है तो तू मेरी शरण में आ, तू मुझसे भिन्न कुछ नहीं है, जब तक मुझसे अलग है कष्टों का भोग कर रहा है, तुझे सुख प्राप्ति मुझमें लीन होकर ही मिलेगी |

             भारतीय दार्शनिक अध्यात्म ज्ञान के सर्वोच्च शिखर को छू आए हैं और वह शिखर है अद्वैतवाद का | अद्वैत वेदांत के प्रणेता आदि गुरु शंकराचार्य सम्पूर्ण सृष्टि को ईश्वर की कृति नहीं अभिव्यक्ति मानते हैं | सृष्टि में
ईश्वर नहीं बल्कि यह सम्पूर्ण सृष्टि ही ईश्वर है, आत्मा-परमात्मा, जीव-जगत, प्रकृति–पुरुष, जड़–चेतन उसी एक ब्रह्म तत्व के विभिन्न रूप मात्र हैं | यही तत्व की बात है तभी – 'सर्वं खल्विदं ब्रह्म', 'अयमात्मा ब्रह्म', 'ईशावास्यमिदम् सर्वं' एवं विश्व बंधुत्व की उद्घोषणा हुई है | यह केवल मानव बुद्धि के द्वारा की गई परिकल्पना मात्र ही नहीं है इसमें सभी दार्शनिक तत्वों का निचोड़ है, यही परम सत्य है,ज्ञान की निष्पत्ति है और जहाँ सत्य विराजमान है वहाँ सुख है, शांति है, आनंद है |

             अष्टावक्र गीता में भी शांति और सुख का अधिकारी वही बताया गया है जिसने चित्त के चांचल्य पर अधिकार पा लिया है ,ऐसा शांत चित्त व्यक्ति ही ज्ञानवान है और इस संसार में जनक की तरह सांसारिक व्यवहारों को करते हुए शांत मन से स्थित जैसा कि अष्टावक्र गीता के आत्म ज्ञान शतक के पहले सूत्र में कहा गया है –

                                       यस्य बोधोदयो तावत्स्वप्नवद्भवति भ्रम: |
                                       तस्मै सुखैकरूपाय नम: शान्ताय तेजसे ||

             अर्थात् जिसके बोध के उदय होने पर समस्त भ्रान्ति स्वप्न के समान तिरोहित हो जाती है उस एक मात्र आनंदरूप ,शांत और तेजोमय को नमस्कार है | बोधोदय ही परम शांति का मार्ग है। 

सुखमास्ते सुखं शेते सुख्मायाती याति च |
सुखं वक्ति सुखं भुक्ते व्यवहारेSपि शान्तिधी: ||

             अर्थात् जिसके बोध के उदय होने पर समस्त भ्रान्ति स्वप्न के समान तिरोहित हो जाती है उस एक मात्र आनंदरूप, शांत और तेजोमय को नमस्कार है अर्थात् शांत बुद्धिवाला ज्ञानी जिसने समस्त भोगों का त्याग कर दिया, व्यवहार में भी सुखपूर्वक बैठता है, सुखपूर्वक आता है, सुखपूर्वक जाता है, सुखपूर्वक बोलता है और सुखपूर्वक भोजन करता है | यहाँ भौतिकता को नकारा नहीं गया है वरन उसकी लिप्त अतिशयता पर विराम लगाया गया है |

             रस अर्थात परमानन्द को प्राप्त करने के लिए जीव को अज्ञान की सप्त भूमिकाओं को पार करते हुए ज्ञान की सप्त भूमिकाओं में से गुज़रना पड़ता है तब वह तुरीयावस्था को प्राप्त होता है | अज्ञान का पर्दा जब हटता है तो पहले उसमें वैराग्य , सत्संग ,सत्शास्त्र की सुभेच्छा जाग्रत होती है फिर विचारणा शक्ति का उदय होता है जहाँ वह सत्य और असत्य का विचार करता है,इसके पश्चात् तत्वज्ञान की स्थिति आती है जहाँ वह सत्य के दर्शन करता है और आत्मा में स्थित होता है | मनुष्य जब अपनी आत्मा में केन्द्रित हो जाता है तो असंसक्ति( non-attachment ) की स्थिति आती है और जीव जीवन मुक्त हो जाता है | जीवन मुक्त की अवस्था से तात्पर्य भौतिक देह का त्याग नहीं है वरन जहाँ पदार्थ, अभाविनी दृश्य का विस्मरण हो जाता है – आँखें देख रही हैं पर देख नहीं रहीं, कान सुन रहे हैं पर सुन नहीं रहे अर्थात दृश्य जगत के अस्तित्व ज्ञान से जीव शून्य हो जाता है केवल आत्म स्वरूप स्थिति में जीता है | यह आत्म स्वरूप उसको आत्माराम तुरीयावस्था में ले जाता है और जीव भेद–अभेद ज्ञान से परे हो जाता है | अंतिम स्थिति तुरीयातीत की है जहाँ उसका आत्म ब्रह्म में लीन हो जाता है | जीव का यही चरम सुख है | इसे ही हम सत् चित् आनंद या सच्चिदानन्द की स्थिति कह सकते हैं |

             चिंतन पद्धति चाहे भारतीय हो या अभारतीय चरम आनंद की स्थिति को ही सर्वत्र सुख शांति माना गया है | अकबर महान विचारक था इसीलिए उसने 'दीने-इलाही' चलाना चाहा था | पर वास्तव में यह कोई धर्म या संप्रदाय नहीं था यह आत्मा की वह स्थिति थी जो शांति (ब्रह्म) को प्राप्त करना चाहती थी जिसे भारतीय दर्शन में तुरीयावस्था कहा गया है | वर्तमान समय के ख्यातिप्राप्त इतिहास विशेषग्य प्रोफ़ेसर इरफ़ान हबीब ने अकबर की विचारणा दीन –ए – इलाही की व्याख्या करते हुए कहा है कि अकबर 'दीन' अर्थात धर्म में नहीं 'इलाही' अर्थात ब्रह्म में विश्वास रखता था और इस इलाही की कोई अलग सत्ता नहीं थी | सूफियों के रहस्यवाद की विचारणा (अना) अर्थात ब्रह्म से मिलाप जिसे अंग्रेज़ी में (communion with God) कहेंगे और ‘वा हदत- अल –वजूद ‘ अर्थात अस्तित्व की एकता ( unity of existence ) भारतीय वेदांत दर्शन का ही दूसरा रूप है|

             अत:, संक्षेप में हम यही कहेंगे कि सुख – शांति न भौतिक वस्तुओं से प्राप्त होती है और न ही उसका कोई स्थूलरूप है यह तो ब्रह्म स्वरूप है ,जीव उसमें लय होकर ही परमानन्द की प्राप्ति कर सकता है |
 *******