कुल पेज दृश्य

शनिवार, 11 मार्च 2023

गीत, लिव इन,

गीत 

श्रद्धा के टुकड़े-टुकड़े कर

ठठा रहे लिव इन की जय जय।

धन्य-धन्य नारी विमर्श यह

रहे निर्भया जहाँ न निर्भय।।

पोथी पढ़, बढ़-चढ़ बातें कर

कमा रुपैया मनमानी कर।

तज संयम की लछमन रेखा

सिर्फ देह को रजधानी कर।

कन्यादान न करने देना

बाबुल को ठेंगा दिखला दो-

वरो शाप वरदान समझकर

ढक्कन धरो समझदानी पर।

बनना बोल्ड, बोल्ड हो चाहे

मर्यादा कुचलो हो निर्दय

ठठा रहे लिव इन की जय जय।

परंपरा पिछड़ापन बोलो

निष्ठा को सिक्कों से तोलो।

आजादी को उच्छृंखलता

मानो अमृत में विष घोलो।

देह दान को युवा क्रांति कह

गैरों की बाँहों में झूलो।

ढाँको कम तन अधिक दिखा 

हो प्रगतिशील मन ही मन फूलो।

बिन ब्याहे पर्यंकशायिनी

हो सतीत्व का कर डालो क्षय 

ठठा रहे लिव इन की जय जय।

अवसरवादी की लफ्फाजी

सुनो मान लो वादा सच्चा।

मात-पिता रोकें, कह दुश्मन 

भागो घर से देकर गच्चा।

हवस कुंड को खुद दहकाओ

साथी अदल-बदल मुस्काओ।

अपनी गलती कभी न मानो-

दुनिया को दोषी बतलाओ।

बिना नींव की बने इमारत

जो उसका गिरना ही है तय।

ठठा रहे लिव इन की जय जय

•••

कोई टिप्पणी नहीं: