कुल पेज दृश्य

बुधवार, 22 जनवरी 2025

शमी, खेजड़ी, प्रोसोपिस सिनेरेरिया, सुमरी, जांट, जांटी, सांगरी,कांडी

 रेतीले क्षेत्र में जीवन रक्षक शमी


थार के मरुस्थल एवं अन्य स्थानों में बहुत उपयोगी शमी वृक्ष को राजस्थान में खेजड़ी, जांट/जांटी, सांगरी, उत्तर प्रदेश में छोंकरा, पंजाब में जंड, सिंध में कांडी, गुजरात में सुमरी, तमिलनाडु में वण्णि, संयुक्त अरब अमीरात में घफ़, अंग्रेजी में यह प्रोसोपिस सिनेरेरिया कहा जाता है। यह वृक्ष जेठ के महीने में भी हरा रहता है। तेज गर्मी में जब रेगिस्तान में जानवरों के लिए धूप से बचने का कोई सहारा नहीं होता तब यह पेड़ छाया देता है। जब खाने को कुछ नहीं होता है तब यह मनुष्यों और पशुओं का पेट भरता है। इसका चारा लूंग, फूल मींझर कहलाता है। इसके फल सांगरी की सब्जी बनाई जाती है। यह फल सूखने पर खोखा कहलाता है जो सूखा मेवा है। इसकी लकड़ी मजबूत होती है जो फर्नीचर बनाने और ईंधन के काम आती है। इसकी जड़ से हल बनता है। अकाल के समय रेगिस्तान के आदमी और जानवरों का यही एक मात्र सहारा है। सन १८९९ में पड़े अकाल छपनिया के समय रेगिस्तान के लोग इस पेड़ के तनों के छिलके खाकर जिन्दा रहे थे। इस पेड़ के नीचे अनाज की पैदावार ज्यादा होती है। १९८३ से यह राजस्थान राज्य का राज्य वृक्ष है। राजस्थान में इसके नाम पर एक स्थान का नाम खेजड़ली है। राजस्थानी भाषा में कन्हैयालाल सेठिया की कविताएँ मींझर, खेजड़ी तथा खेजड़लो बहुत प्रसिद्ध हैं। ये थार के रेगिस्तान में पाए जाने वाले वृक्ष खेजड़ी के सम्बन्ध में है। इस कविता में खेजड़ी की उपयोगिता और महत्व का सुन्दर चित्रण किया गया है।
मींझर
कन्हैयालाल सेठिया
सौनेली मींझर लड़ालूम
रस पीवै भंवरा झूमझूम
सौनेली मींझर लड़ालूम।

सै मन मिलणै री बातां है
कुण कीं रै हाथां बाथां है ?
बा अलगोजै री गूंज उठी
सुण बिछड्यां हियां अमूझ उठी,

आंख्यां में सुपनां नाच गया
कर छननछून कर छननछून,
सौनेली मींझर लड़ालूम
सौनेली मींझर लड़ालूम।

दिन मधरा, मदवी रातां है
अै सुख बैरी री घातां है,
मन मौजां में तण उणमादी
नैणां ने दारू कुण प्यादी ?

कंठा रै मीठैे गीतां री
आभै में माची धमकधूम,
सौनेली मींझर लड़ालूम
सौनेली मींझर लड़ालूम।

फुलड़ां री झिलमिल पांतां है,
ज्यों रंगा भरी परातां है,
धरती रो रूप सुआ पंखी
तीतर री टोळ्यां उड़ किलखी,

बो बवै बायरो मद झीणो
धोरां रा गोरा गाल चूम,
सौनेली मींझर लड़ालूम
सौनेली मींझर लड़ालूम।
***
खेजड़ी 
खेजड़ी, रूत आयां पांघरसी

छांग्यो लूंग टाटड्यां तांई
नागी बूची कर दी,
लाज लूंट ली आं निमल्यां री
लूंठां जोरांमरदी,
भर्यै सियाळै डांफर पाळै
साव उधाड़ी ठरसी।
खेजड़ी, रूत आयां पांघरसी।

बै तपता बैसाख जेठ रा
महीनां मिनख भुलाया,
सावणियै रा सपनां देख्या
ईं री ठंडी छांयां,
पण कुदरत दातार, बापड़ी
फेर फूलसी फळसी।
खेजड़ी रूत आयां पांघरसी।

कूर कुंआड़ी रै के लागै
देखै काची पाकी ?
खुद रै कुळ नै विणसै लारै
लाग्यो डांडो डाकी,
घर रै भेदू बिनां काम अै
दूजो कुण कर सकसी ?
खेजड़ी, रूत आयाँ पांघरसी।
***
खेजड़लो
म्हौ मुरधर रो है सांचो
सुख दुख साथी खेजड़लो,
तिसां मरै पण छयां करै है
करड़ी छाती खेजड़लो,

आसोजां रा तप्या तावड़ा
काचा लोहा पिलघळग्या,
पान फूल री बात करां के
बै तो कद ही जळबळग्या,

सूरज बोल्यो छियां न छोडूं
पण जबरो है खेजड़लो
सरणै आय’र छियां पड़ी है
आप बळै है खेजड़लोः

सगळा आवै कह कर ज्यावै
मरू रो खारो पाणी है,
पाणी क्यां रो अै तो आंसू
खेजड़लै ही जाणी है,

आंसू पीकर जीणो सीख्यो
एक जगत में खेजड़लो,
सै मिट ज्यासी अमर रवैलो
एक बगत में खेजड़लो,

गांव आंतरै नारा थकग्या
और सतावै भूख घणी,
गाड़ी आळो खाथा हांकै
नारां था रो मरै धणी,

सिंझ्या पड़गी तारा निकल्या
पण है सारो खेजड़लो,
‘आज्या’ दे खोखां रो झालो
बोल्यो प्यारो खेजड़लो,

जेठ मास में धरती धोळी
फूस पानड़ो मिलै नहीं,
भूखां मरता ऊंठ फिरै है
अै तकलीफां झिलै नहीं,
इण मौके भी उण ऊंठा नै
डील चरावै खेजड़लो,
अंग अंग में पीड़ भरी पण
पेट भरावै खेजड़लो,

म्हारै मुरधर रो है साचो
सुख दुख साथी खेजड़लो
तिसां मरै पण छियां करै है
करड़ी छाती खेजड़लो।
***
वास्तु के अनुसार शमी का पौधा शमी के पौधे से शनि की दृष्टि बनी रहती है। आँगन में शमी वृक्ष का सूखना शनि का प्रकोप दर्शाता है। शिव को प्रिय शामी का पौधा मुख्य द्वार से दाहिने हाथ पर लगा सकते हैं। इसे बगिया में पूर्व-पश्चिम दिशा में लगाना शुभ होता है। इसे दक्षिण में लगाने से घर में शांति, स्वास्थ्य और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। शमी का पौधा उत्तर दिशा में, शयन कक्ष में, छत पर लगाने से कँटीला होने के कारण मानसिक शांति भंग कर सकता है। इसे स्नानागार या पाकशाला के निकट न लगाएँ। वसन्त ऋतु में समिधा के लिए शमी की लकड़ी का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार वारों में शनिवार को शमी की समिधा का विशेष महत्त्व है। लंका विजय से पूर्व भगवान राम द्वारा शमी के वृक्ष की पूजा का उल्लेख मिलता है। दशहरे के दिन रावण दहन के बाद घर लौटते समय शमी के वृक्ष की पूजा करने तथा स्वर्ण के प्रतीक शमी के पत्ते लूट कर लाने की प्रथा है। नवरात्रि उत्सव में भगवान गणेश और देवी दुर्गा को शमी के पत्ते चढ़ाए जाते हैं। पांडवों द्वारा अज्ञातवास के अंतिम वर्ष में गांडीव धनुष इसी पेड़ में छुपाए जाने के उल्लेख मिलते हैं। शमी या खेजड़ी के वृक्ष की लकड़ी यज्ञ की समिधा के लिए पवित्र मानी जाती है। हर शनिवार को शमी वृक्ष के नीचे तेल का दीपक जलाना चाहिए। 

वैज्ञानिक वर्गीकरण: जगत: पादप, विभाग: माग्नोल्योप्सीदा, वर्ग: माग्नोल्योफ़ीता, गण: फ़ाबालेस् कुल: फ़ाबाकेऐस्, वंश: प्रोसोपीस् जाति: P. cineraria, द्विपद नाम Prosopis cineraria (प्रोसोपीस कीनेरार्या)। शमी का पौधा धूप में लगाएँ। शमी के पौधे के लिए उचित तापमान १० डिग्री से २० डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। उत्तर भारत में यह पौधा फरवरी माह में अच्छी तरह से फलता फूलता है। तापमान बहुत ज्यादा रहताहो तो इसे किसी छायादार जगह पर ही लगा सकते हैं। इसे पानी की अधिक जरूरत नहीं होती है लेकिन किसी भी अन्य पौधे की तरह समय-समय पर इसमें पानी डालते रहें ताकि जड़ें न सूखें।

लाभ: आँतों में पाए जाने वाले कीड़ों को खत्म करने के लिए शमी के पत्तों का रस बनाकर आप इसे पी सकते हैं। शमी के पत्ते मधुमेह के इलाज में मददगार होते हैं। शमी के पौधे के उपयोग से शरीर के भीतर के विषाक्त तत्वों का नाश करने में मदद मिलती है। शमी के पेड़ की छाल अल्सर आदि को खत्म करती है।  छाल पीसकर पीने पर खाँसी और गले की खराश में तुरंत आराम मिलता है। मेडिकल जगत में सिजोफ्रेनिया और बहुत से मानसिक रोगों के लिए भी इस पौधे से दवाइयाँ बनाई जाती हैं। यह शरीर को ताजगी और ऊर्जा प्रदान करता है। शमी का पौधा वातावरण को शुद्ध कर ऑक्सीजन का स्तर और हवा की ताजगी बढ़ाता है। शमी का पौधा कीटों को दूर करने में भी सहायक होता है। इसके आसपास मच्छरों और अन्य कीटों का प्रभाव कम होता है। यह धन-समृद्धि और सुख-शांति दायक है। शमी के सेवन से कब्ज, वमन, सिरदर्द, पेट में जलन आदि होने की संभावना देखते हुए कुशल चिकित्सक की देख-रेख में ही उपयोग कीजिए।
००० 
[19:35, 22/1/2025] संजीव सलिल: शमी
विश्वंभरनाथ उपाध्याय
मैं शमी का दरख़्त!
मैं नहीं चाहता था, शुभ-शकुन के लिए 
मेरा वजूद काम आए
मेरी छाया में बैठ कर कोई जोड़ा
एक दूसरे को बेवक़ूफ़ बनाए!
मैं त्यक्त और निषिद्ध
इस खड्ड में अजनबी अछूत-सा खड़ा था
कुछ अनहोना नहीं देखा, जिसे कहूँ
सब पूर्वनिश्चित, पूर्वघोषित, लकीर के फ़क़ीर
मैं मगन अपने में
एक 'बस यों ही' जैसा भाव
सूरज निकल या सनीचर
सूखा हो या गुल-ओ-बुलबुल के चाव
काल यों ही कूदता रहे कंगारू-सा
या किसी भद्र की शिष्टगति अपनाए
इधर से गुज़रता कोई अलाप छेड़े
या चीख़ छोड़ जाए
मैं न मोम था, न पत्थर
एक अंत्यज पौधा था, रुख़
जो है और नहीं भी है
गंदगी में गर्वीला, दुर्गंध में दुर्दांत!
सोचा था औघट-घाट के बमररक्कस-सा पड़ा
लेकिन मैं भी दंतकथा से सताया गया

कहा गया, शमी निर्लिप्त है
और निर्लिप्त ही लिप्सा पूरी कर सकता है!
मेरी डालों पर कुँआरे कपड़े बाँध कर
मुरादें माँगी जाने लगीं
दूध और पूत के शेख़चिल्ली सपनों में डूबीं
दरख़्वास्ते लगाई जाने लगीं
परीज़ाद लुक-छिप कर आने लगे
निर्वासित पांडव मुझ पर मुर्दे टाँग कर

अपने हथियार छिपाने लगे!
मैं इनसे उदासीन रह कर
अपनी जड़ों पर जमा रह सकता था
लेकिन इस हकलाती पीढ़ी का क्या करूँ
जो मुझसे ज़हर नहीं, दुआ माँगती है?
सोचता हूँ पांडवों के शस्त्र
इन बघनख बालकों को दे दूँ
हो सकता है गदा देखकर कोई भीम हो जाए

गांडीव पाकर गुडाकेश बन जाए
इनका जीवन एक निर्लज्ज चीरहरण है
इनकी द्रौपदियों की चोटियाँ नहीं बँधतीं
जली-कटी दास्तानें सुनाते हैं दिन-रात मुझे
कृष्ण का प्रतीक समझकर
और सचमुच मैं महाभारत रचाने की संभावना में
संपृक्त, संकल्प में सनकता
चुनौती सख़्त!
०००
मैं शमी हूँ
सुनील कुमार महला
०                                                                                                                                                                                                            मरूस्थल की आन,बान और शान हूँ
मैं शमी(खेजड़ी) हूँ...!
वैशाख,
जेठ(ज्येष्ठ मास) की तपती दुपहरी में
लू के थपेड़ों को सहकर
मैं डगमगाती नहीं
हरितिमा से ओतप्रोत,
सावन के सपने मुझमें हैं
क्योंकि
मैं बन जाती हूँ,
रेगिस्तानी प्राणियों का कड़ी धूप में
सहारा...!
ढ़ोर बुझा लेते हैं जठराग्नि
मेरी लूंग(हरे छोटे पत्ते) से,
मेरे मींझर (फूल)
बढ़ाते शोभा मरू की,
मेरे फल सांगरी की सब्जी की बात निराली है,
शादी-ब्याह में,
चाव से ढ़ूढ़ी जाती,
स्वाद से भरपूर
सांगरियों की सब्जी आज मिलती कहाँ है ?
तपते सूरज की गरमी से सांगरियां,
बन जाती जब खोखा...!
सूखा मेवा हो जैसे...आदमी हो या ढ़ोर
सबकी जबान पे चढ़ जाते मेरे खोखे...!
मेरी जड़ से हलधर बना लेते हल,
मेरी लकड़ी से बने हल की नोंक से
लिखी जाती फिर इस मरूधरा की तस्वीर,
लिखे जाते यहाँ गीत खुशहाली के
मैं शमी हूँ...!
याद है ! छपनिया अकाल में भी
जीने का मैं शमी वृक्ष ही बनी थी,
मनुष्य मात्र का एकमात्र सहारा,
तब
मेरी छाल को खाकर जिंदा रहे थे मनुष्य...!
मैं जानती हूँ दर्द, नहीं मैं बे-दर्द
मरूस्थल की इन हवाओं से
गूंजते तूफानों से,
मैं लड़ी हूँ, भिड़ी हूँ
मैं शमी हूँ...!
मैं जानती हूँ, पहचानती हूँ हरेक दर्द
मरू की दुनिया के...!
मरू होना बांझ होना है, बंजर होना है
लेकिन
जब तक मैं हूँ... मेरे अस्तित्व से
बना रहेगा
ऐ मानव ! तुम्हारा भी अस्तित्व...!
तुम तो ऐ मानव !
दशहरे के दिन मुझे पूजते हो,
मेरी अनेक औषधीय विशेषताएं हैं...!
यज्ञ में भी मैं(मेरी लकड़ी) काम आती हूँ,
मीठे धोरों का मैं चूमूं गाल
मैंनें मरू धरती का रस पीया
मरू खातिर ही मैं जीवित हूँ
आंखों में मेरे सपने नाचें,
बादल मेरे संग-संग हैं भागे
मैं मरू की अलगोजे सी गूंज,
मैं मरूभूमि का श्रंगार, मरूधर देश में...!
तुम्हें क्यों नहीं है मेरी दरकार ...?
कैसे भुला सकते हो तुम ?
मेरे बलिदान को...?
मैं शमीं कर रही आह्वान पर आह्वान
छपनिया में ग़र
मैं नहीं बुझाती तुम्हारी जठराग्नि, ऐ मरूवासी
अस्तित्व नहीं होता शायद
तुम्हारा...! क्या होता तुम्हारा ग़र मैं नहीं होती ?
क्या तुमने कभी सोचा है, समझा है ?
मेरे होने का मतलब ?
तुम जिंदा हो तो
यह परोपकार मेरा है तुम पर
और आज तुम हो गए हो..
निर्दयी, निर्लज्ज...!
विकास और तकनीकी के इस दौर में
तू ऐ मानव ! हो गया है स्वार्थी, लालची
चला रहा है मुख पर आरी, कुल्हाड़े...!
कंक्रीट की दीवारों ने रौंद डाला है
मेरे अस्तित्व को
लेकिन याद रख, यह तेरा विकास नहीं है,
यह विनाश है
कोरा विनाश, सत्यानाश...!
ग़र मुझे दर्द होगा
तो यह दर्द वास्तव में तेरा दर्द है...!
चलते चलते बस इतना जरूर याद रखना
मैं शमी हूँ, मैं जीवन श्वास हूँ, मरू पारिस्थितिकी की जान हूँ...!
युगों युगों से इस मरूधर की पहचान हूँ...!
०००

जनवरी २२, नवगीत, सूरज। अभियंता, मुक्त, समीक्षा, झूमर गीत, फुलबगिया, सोरठा, सॉनेट

सलिल सृजन जनवरी २२

फुलबगिया अपराजिता, अमलतास, अर्जुन, अश्वगंधा, आंवला, आक, आम, आर्किड, एलोविरा, एस्टर, कचनार, कदंब, कनेर, कमल, काँस, कॉसमॉस, कुमुदिनी, केतकी, केवड़ा, कैक्टस, कैलेंडुला, क्रोकस, गुलमेंहदी, गुलाब, गेंदा-गेंदी, ग्लेडुलस, चंपा, चमेली, चाँदनी, चेरी, जिप्सोफिला, जासौन, जीनिया, जुही, ट्यूलिप, डहलिया, डायंथस, डेफोडिल, धतूरा, नागचंपा, निर्विषी, पलाश, पथरचटा, पेटूनिया, पैशन, पैंसी, बन्धूक, बाँस, बुरांस, बेशरम, ब्राह्मी, भटकटैया, मगरमस्त, मधुमालती, मधुमालिनी, महुआ, महोनिआ, मेंहदी, मोगरा, रजनीगंधा, रातरानी, रुद्राक्ष, लिली, वैजयंती, शमी, सदासुहागन, सरसों, साल्विया, सिनेरेरिया, सूरजमुखी, हरसिंगार। अनुरोध है की भारत में हजारों तरह के पुष्प खिलते हैं। हम अपने आसपास उग रहे फूलों को प्राथमिकता दें जिन्हें हम देख और पहचान सकें। साग-सब्जियों, अनाजों तथा मसलों आदि  पर लेखन अन्य शृंखलाओं  में किया जाएगा। अब तक लिए गए पुष्प- (१) जासौन (२) मोगरा (३) गेंदा (४) सदासुहागन (५) गुलाब (६) कमल (७) चंपा (८) चमेली (९) हरसिंगार (१०) कनेर (११) कचनार (१२) कपास (१३) अमलतास (१४) रजनीगंधा (१५) डहेलिया (१६) पलाश (१७) रातरानी (१८) शमी 

फुलबगिया 
० 
फुलबगिया में रूप-रंग है 
भरम न जाना महक-गंध है। 
अलस्सुबह घाँसों पर घूमो 
भू पर पैर, गगन को छू लो। 
क्या करते हो?, सुमन न तोड़ो 
कली-पुष्प रक्षित कर छोड़ो। 
आई आई तितली आई 
संग भ्रमर मतवाले लाई। 
कली लली परिवार न तजती 
रक्षा भ्रमर भाई से मिलती। 
टिड्डा अगर आँख दिखलाता 
फल आ उसको दूर भगाता। 
कोयल संग टिटहरी बोले 
मन मयूर नाचे हँस डोले। 
सब हिल-मिलकर साथ रहेंगे 
व्यथा-कथा निज नहीं कहेंगे। 
पौ फटती प्राची को देखो 
रूप उषा का मन में लेखो। 
आँख मूँद लो अपनी बैठो 
तज चिंता निज मन में पैठो। 
पवन दुलार रहा हो मुकुलित 
सूर्य किरण करती आलिंगित। 
खींचो श्वास रोक अब छोड़ो 
योगासन से तन-मन जोड़ो। 
सुमिरो नाम इष्ट का सविनय 
करो प्रार्थना सभी हों अभय। 
फुलबगिया के पौधे विकसें 
कभी सलिल के लिए न तरसें। 
पौधों-फूलों को पहचानें 
गुण-उपयोग आदि भी जानें। 
पेड़ न काटें, नए लगाएँ 
संजीवित हो मोद मनाएँ। 
हम सब वनमाली हो पाएँ 
हरियाली की जय गुँजाएँ।
००० 
दश आनन
दश-आनन का रुदन सुन, मैया थी हैरान बहुत।
दूध पिलाए किस तरह, राह न सूझे थी कुगत।।
सीख न पाए कुंभकर्ण, गिनती झट सो जाय।
दस आनन कैसे गिने, जगना नहीं सुहायौ।।
दस कंधों को नापता, मेघनाद सौ खेलकर।
अक्षकुमार मचल उसे, दूर हटाता ठेलकर।
एक अँगूठी-चैन ले, आया मय हैरान है।
बीस अँगुलियाँ कंठ दस, प्रभु मुश्किल में जान है।।
बीस भुजाएँ देखकर, हैरां थी मंदोदरी।
गले लगेगी किस तरह, सोच-सोच बेहद डरी।।
० 
खैर राम की जान की, रही माँगती जानकी।
कैसे दश-आनन हने, बाधा थी हनुमान की।। 
२२.१.२०२५
००० 
भोजपुरी-बुंदेली झूमर गीत
कवन रंग मुंगवा, कवन रंग मोतिया !
भोजपुरी और बुंदेली क्षेत्रों में चिरकाल से ख़ुशी के मौके पर जोड़े या समूह में औरतों द्वारा झूमर गीत गायन की परंपरा रही है। दुर्भाग्य से फ़िल्मी गीतों के प्रचलन के साथ झूमर की गायन परंपरा गाँवों में भी समाप्त होती जा रही है। हमारी पीढ़ी के लोग बचपन में माँ-बहनों-भाभियों को झूमर गाते देखते हुए ही बड़े हुए हैं। एक झूमर गीत 'कवन रंग मुंगवा, कवन रंग मोतिया, कवन रंग ननदी तोर भैया।' सदियों से सर्वाधिक लोकप्रिय गीत रहा है। लोकगीतों और लोकधुनों के आधार पर लेकर साहित्यकार और चित्रपटीय गीतकार रचनकर्म करते रहे हैं। किसी से प्रेरणा लेने में कोई बुराई भी नहीं है किंतु वर्ष १९५९ की एक हिंदी फिल्म 'हीरा मोती' में संगीतकार रोशन ने चक्की चलाती ननद और भौजाई के मुँह से सदियों पुराने लोकगीत को न केवल ज्यों का त्यों गवाया, इसके रचनाकार के रूप में प्रेम धवन का नाम दे दिया। यह वास्तव में अपराध है कि लोक संपदा का उपयोग कर व्यक्तिगत लाभर्जन किया जाए। फ़िल्मीकरण ने इस झूमर गीत को देशव्यापी लोकप्रियता दिलाई। वास्तव में बीसवी सदी के आरंभ में इस गीत को बनारस के रहनेवाले एक भोजपुरी कवि दिमाग राम ने लिखा था। संवाद शैली में लिखे गए इस गीत में ननद और भाभी के हास-परिहास का रंग इतना आत्मीय और गहरा था कि यह गीत देखते-देखते समूचे भोजपुरी क्षेत्र में फ़ैल गया। यह गीत उनके नाम से एक बहुत पुरानी किताब 'झूमर तरंग' में संकलित है। दिमाग राम जी को नमन करते हुए आपके साथ इस पूरे गीत को साझा कर रहा हूं।
कवन रंग मुंगवा, कवन रंग मोतिया,
कवन रंग ननदी तोर भैया।
लाल रंग मुंगवा, सफ़ेद रंग मोतिया,
सांवर रंग भौजी मोरा भैया।
कान सोभे मोतिया, गले सोभे मुंगवा,
पलंग सोभे ननदी तोर भैया।
टूटी जैहे मोतिया, छितराई जैहे मुंगवा,
कि रूसि जैहे भौजी मोरा भैया।
चुनी लेबो मोतिया, बटोरि लेंबो मुंगवा,
मनाई लेबो ननदी तोर भैया।
***
सोरठा सलिला
घुटना रहता मौन, घुट कर भी घुट ना सके।
दिवस रात्रि या भौन, घटता या बढ़ता नहीं।।
घोंट-छान हो तृप्त, कर जिह्वा रसपान कर।
घुटना है संतप्त, भोग न पाता कभी कुछ।।
उठा न पाया शीश, घुटना जिस पर धर गया।
बचकर रहें मनीष, घुटने से दूरी रखें।।
घुटना छूते लोग, करें शत्रुता निमंत्रित।
लाइलाज है रोग, समझें आदर दे रहे।।
कभी असल को मात, नकली दे सकता नहीं।
घुटना देखें तात, असल-नकल सम हैं नहीं।।
कहता यही विवेक, हो जबरा यदि सामने।
झट घुटना दें टेक, शीश न कटा; उठाइए।।
घुट मत मन में बाद, जो कहना बिंदास कह।
घूँट घूँट ले स्वाद, मत उड़ेल रस कंठ में।।
बाबा रामदास जी नर्मदापुरम
राम दास जी सिद्ध हैं, अविनाशी प्रभु दास।
लीन निगुण विधि में रहे, भव-त्यागी हरि-खास।।
*
आत्माराम सराहिए, परमात्मा के दास।
जा गिरि मोहन बस रहे, गुरु पर कर विश्वास।।
***
सॉनेट
आवागमन
*
देह मृण्मय रहो तन्मय।
श्वास अगली है अनिश्चित।
गमन से क्यों हो कहें भय।।
लौट आना है सुनिश्चित।।
दूर करती अनबनों से।
क्या गलत है, क्या सही है?
मुक्त करती बंधनों से।।
मौत तो मातामही है।।
चाह करते जिंदगी की।
कशमकश में है गुजरती।
राह भूले बंदगी की।।
थके आ-जा दम ठहरती।।
डूब सूरज, उगे फिर कल
भूल किलकिल, करो खिलखिल।।
२२-१-२०२२
***

पुस्तक सलिला
समीक्षक - आचार्य संजीव वर्मा "सलिल"
*
(पुस्तक विवरण - मधुर निनाद, गीत संग्रह, गोपालकृष्ण चौरसिया "मधुर", प्रथम संस्करण २०१७, ISBN ९७८-९३-८३४६८-७९-९, आकार डिमाई, आवरण बहुरंगी सजिल्द जैकेट सहित, पृष्ठ १३५, मूल्य २००/-, साहित्यागार प्रकाशन, जयपुर, गीतकार संपर्क चलभाष ८१२७७८९७१०, दूरभाष ०७६१ २६५५५९९)
*
छंद हीन कविता और तथाकथित नवगीतों के कृत्रिम आर्तनाद से ऊबे अंतर्मन को मधुर निनाद के रस-लय-भाव भरे गीतों का रसपान कर मरुथल की तप्त बालू में वर्षा की तरह सुखद प्रतीति होती है। विसंगतियों और विडम्बनाओं को साहित्य सृजन का लक्श्य मान लेने के वर्तमान दुष्काल में सनातन सलिला नर्मदा के अंचल में स्थित संस्कारधानी जबलपुर में निवास कर रहे अभियंता कवि गोपालकृष्ण चौरसिया "मधुर" का उपनाम ही मधुर नहीं है, उनके गीत भी कृष्ण-वेणु की तान की तरह सुमधुर हैं। कृति के आवरण चित्र में वेणु वादन के सुरों में लीन राधा-कृष्ण और मयूर की छवि ही नहीं, शीर्षक मधुर निनाद भी पाठक को गीतों में अंतर्निहित माधुर्य की प्रतीति करा देता है। प्रख्यात संस्कृत विद्वान आचार्य कृष्णकांत चतुर्वेदी ने अपने अभिमत में ठीक ही लिखा है कि मधुर निनाद का अवतरण एक साहित्यिक और रसराज, ब्रजराज की आह्लादिनी शक्ति श्री राधा के अनुपम प्रेम से आप्लावित अत:करण के मधुरतम स्वर का उद्घोष है.....प्रत्येक गीत जहाँ मधुर निनाद शीर्षक को सार्थक करता हुआ नाद ब्रह्म की चिन्मय पीठिका पर विराजित है, वहीं शब्द-शिल्प उपमान चयन पारंपरिकता का आश्रय लेता हुआ चिन्मय श्रृंगार को प्रस्तुत करता है।
विवेच्य कृति में कवि के कैशोर्य से अब तक गत पाँच दशकों से अधिक कालावधि की प्रतिनिधि रचनाएँ हैं। स्वाभाविक है कि कैशोर्य और तारुण्य काल की गीति रचनाओं में रूमानी कल्पनाओं का प्रवेश हो।
इंसान को क्या दे सकोगे?, फूलों सा जग को महकाओ, रे माँझी! अभी न लेना ठाँव, कब से दर-दर भटक रहा है, रूठो नहीं यार आज, युग परिवर्तन चाह रहा, मैं काँटों में राह बनाता जाऊँगा आदि गीतों में अतीत की प्रतीति सहज ही की जा सकती है। इन गीतों का परिपक्व शिल्प, संतुलित भावाभिव्यक्ति, सटीक बिंबादि उस समय अभियांत्रिकी पढ़ रहे कवि की सामर्थ्य और संस्कार के परिचायक हैं।
इनमें व्याप्त गीतानुशासन और शाब्दिक सटीकता का मूल कवि के पारिवारिक संस्कारों में है। कवि के पिता स्वतंत्रता सत्याग्रही स्मृतिशेष माणिकलाल मुसाफिर तथा अग्रजद्वय स्मृतिशेष प्रो. जवाहर लाल चौरसिया "तरुण" व श्री कृष्ण कुमार चौरसिया "पथिक" समर्थ कवि रहे हैं किंतु प्राप्य को स्वीकार कर उसका संवर्धन करने का पूरा श्रेय कवि को है। इन गीतों के कथ्य में कैशोर्योचित रूमानियत के साथ ईश्वर के प्रति लगन के अंकुर भी दृष्टव्य हैं। कवि के भावी जीवन में आध्यात्मिकता के प्रवेश का संकेत इन गीतों में है।
२२-१-२०२१
***
कार्यशाला
पद
पद शब्द का प्रयोग दो अर्थों में किया जाता है।
१. कुंडलिया षट्पदिक छंद है। यहाँ पद का अर्थ पंक्ति है।
२. मीरा ने कृष्ष भक्ति के पद रचे। यहाँ पद का अर्थ पूरी काव्य रचना से है।
शब्द कोशीय अर्थ में पद का अर्थ पैर होता है। बैल चतुष्पदीय जानवर है।
पैर के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते हैं। कृष्ण भक्ति का संदेश पदों के माध्यम से फैला। किसी काव्य रचना का कथ्य पंक्ति के माध्यम से दिया - लिया जाता है। पद के तीनों अर्थों के मूल में 'विचरण' है।
चरण
शब्द कोशीय अर्थ में पद और चरण दोनों का अर्थ पैर है किंतु काव्य शास्त्र में पद का अर्थ पंक्ति या पंक्ति समूह है जबकि चरण का अर्थ पंक्ति का भाग है।
दोहा के हर पद में दो चरण होते हैं जबकि चौपई के हर पद में तीन चरण होते हैं। यहाँ चरण का अर्थ दो विरामस्थलों के बीच का भाग है।
तुक
पंक्तियों में एक स्थान पर समान उच्चार वाले शब्दों का प्रयोग तुक कहलाता है। इसे संगत शब्द प्रयोग भी कह सकते हैं। असंगत बात को बेतुकी बात कहा जाता है।
लय
समान समय में समान उच्चारों का प्रयोग लय कहलाता है। समय में उच्चार का लीन होना ही लय है। लय से ही मलय, विलय, प्रलय जैसे शब्द बने हैं।
रस
फल का रस पीने से आनंद मिलता है। काव्य से मिलने वाला आनंद ही काव्य का रस है। जिसमें रस न हो वह नीरस काव्य कोई नहीं चाहता।
भाव
भाव अनेकार्थी शब्द है। भाव की अनुपस्थिति अभाव या कमी दर्शाती है। भाव का पूरक शब्द मोल है। मोल भाव वस्तु की उपलब्धता सुनिश्चित करती है। कविता के संदर्भ में भाव का आशय रचना में वह होना है जिसे सम्प्रेषित करने के लिए रचना की गई। स्वभाव, निभाव, प्रभाव जैसे शब्द भाव से ही बनते हैं।
बिंब
बिंब और प्रतिबिंब एक दूसरे के पूरक हैं।
***
कार्यशाला
३० मात्रिक महातैथिक जातीय चौपइया छंद
१०-८-१२ पर यतचरणांत गुरु
*
जय जय अविनाशी, जय सुखराशी, प्रणतपाल भगवंता
- गो. तुलसीदास
*
जय जय माँ हिंदी, भारत बिंदी, बारहखड़ी विशेषा
अनुपम स्वर-व्यंजन, नाद निकंदन, छंद अपार अशेषा
वाचिक वैदिक सह, वार्णिक मात्रिक, जनगण-हृदय विराजे
रस भाव बिंब लय, अलंकार शत, कथ्य सुरुचिमय साजे
श्रुति वेद पुराणा, रच रच नाना, ऋषि-मुनि कथा सुनाते
मानव मूल्यों के, पाठ सनातन, जनगण को समझाते
जो बोलें लिखते, बिन त्रुटि पढ़ते, रचते काव्य-कथाएँ
गायक गण गाते, नर्तक भाते, दिखा भाव मुद्राएँ
नव शब्द बनाएँ, कोश बढ़ाएँ,
विषय जटिल समझाएँ
जगवाणी हिंदी, सरल सहज सब, नित इसके गुण गाएँ
२२-१-२०२०
***
मुक्तक
*
देश है पहले सियासत बाद में।
शत्रु मारें; हो इनायत बाद में।।
बगावत को कुचल दें हम साथ मिल-
वार्ता की हो रवायत बाद में।।
*
जगह दहशत के लिये कुछ है नहीं।
जगह वहशत के लिए कुछ है नहीं।।
पत्थरों को मिले उत्तर गनों से -
जगह रहमत के लिए कुछ है नहीं।।
*
सैनिकों को टोंकना अपराध है।
फ़ौज के पग रोकना अपराध है।।
पठारों को फूल मत दें शूल दें-
देश से विद्रोह भी अपराध है।।
***
पुस्तक चर्चा
संतोष शुक्ल
*
सडक़ पर- नवगीत संग्रह, गीतकार-आचार्य संजीव वर्मा ' सलिल '
*
[कृति विवरण: सड़क पर, गीत-नवगीत संग्रह, आचार्य संजीव वर्मा सलिल, प्रथम संस्करण २०१८, आकार १३.५ से.मी. x २१.५ से.मी., आवरण बहुरंगी, पेपरबैक, पृष्ठ ९६, मूल्य २५०/-, समन्वय प्रकाशन अभियान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, चलभाष ९४२५१८३२४४ / ७९९९५५९६१८ ]
*
आचार्य संजीव वर्मा ' सलिल ' जी का नाम नवीन छंदों के निर्माण तथा उनपर गहनता से कये गए कार्यों के लिए प्रबुद्ध जगत में बड़े गौरव से लिया जाता है।
माँ भारती के वरदपुत्र आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल 'जी को अथस्रोतञान का भण्डार मानो उन्हें विरासत में मिला हो। स्वयं आचार्य सलिल जी अपनी बुआश्री महादेवी वर्मा और अपनी माँ कवियत्री शांति देवी को साहित्य और भाषा के प्रति अटूट स्नेह का प्रेरणा श्रोत मानते हैं। जिनकी रग-रग में संस्कारों के बीज बचपन से ही अंकुरित, प्रस्फुटित और पल्लवित हुए हों उनकी प्रतिभा का आकलन करना सरल काम नहीं।
सलिल जी आभासी जगत में भी अपनी निरंतर साहित्यिक उपलब्धियों से साहित्य प्रमियों को लाभान्वित कर रहे हैं। अभियंता और अधिवक्ता होते हुए भी हिंदी की कोई भी विधा नहीं है जिस पर आचार्य जी ने गहनता से कार्य न किया हो। रस, अलंकार और छंद का गहन ज्ञान उनकी कृतियों में स्पष्ट दिखाई देता है। विषय वस्तु की दृष्टि से कोई विषय उनकी लेखनी से बचा नहीं है। रचनाओं पर उनकी पकड़ गहरी है। हर क्षेत्र का अनुभव उसी रूप में बोलता है जिससे पाठक और श्रोता उसी परिवेश में पहुंच जाता है। हिन्दी के साथ साथ बुन्देली, पचेली, भोजपुरी, ब्रजभाषा, अवधी, राजस्थानी, मालवी, छत्तीसगढ़ी, हरियाणवी तथा अंग्रेजी भाषा में भी आपने लेखन कार्य किया है।
उनकी पूर्व प्रकाशित नवगीत कृति 'काल है संक्रांति की 'उद्भट समीक्षकों द्वारा की गई समीक्षाओं को पढ़कर ही पता चलता है कि आचार्य सलिल जी ज्ञान के अक्षय भण्डार हैं अनन्त सागर हैं। आचार्य सलिल जी की सद्य प्रकाशित 'सड़क पर' मैंने अभी-अभी पढ़ी है। 'सड़क पर' नवगीत संग्रह में गीतकार सलिल जी ने देश में हो रहे राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक परिवर्तनों को स्पष्ट रूप से दर्शाया है। उनके नवगीतों में भाग्य के सहारे न रहकर परिश्रम द्वारा लक्ष्य प्राप्त करने पर सदैव जोर दिया है।छोटे छोटे शब्दों द्वारा बड़े बड़े संदेश दिये हैं और चेतावनी भी दी है। कहीं अभावग्रसित होने के कारण तो कहीं अत्याधुनिक होने पर प्यार की खरीद फरोख्त को भी उन्होंने सृजन में उकेरा है।आजकल शादी कम और तलाक ज्यादा होते हैं, यह भी आधुनिकता का एक चोला है।
इसके अतिरिक्त सलिल जी ने एक और डाइवोर्स की बात लिखी है-
निष्ठा ने मेहनत से
डाइवोर्स चाहा है।
आगे भी
मलिन बिंब देख -देख
मन दर्पण
चटका है
आजकल बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता
सलिल जी के शब्दों में
पद -मद ने रिश्वत का
टैक्स फिर उगाहा है ।
पाश्चात्य के प्रभाव में लोगों को ग्रसित देख गीतकार का हृदय व्यथित है-
देह को दिखाना ही
प्रगति परिचायक है
मानो लगी होड़
कौन कितना सकता है छोड़।
पाशचात्य प्रभाव के कारण ही लोग अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम में असहाय छोड़ कर अपनी जिम्मेदारियों से मुँह मोड़ लेते हैं। अपने पुराने स्वास्थ्य वर्धक खान-पान को भूलकर हानिकारक चीजों को शौक से खाते हैं। एक शब्द-चित्र देखिए-
ब्रेड बटर बिस्कुट
मन उन्मन ने
गटका है।
अब
लोरी को राइम ने
औंधे मुँह पटका है
इसी क्रम में-
नाक बहा,टाई बाँध
अंग्रेजी बोलेंगे
कब कान्हा गोकुल में
शायद ही डोलेंगे।
आजकल शिक्षा बहुत मँहगी हो गई है।उच्च शिक्षा प्राप्त युवक नौकरी की तलाश इधर- उधर भटकते हैं।बढ़ती बेरोजगारी पर भी आचार्य जी ने चिंता व्यक्त की है।शायद ही कोई ऐसा विषय है जिस पर सलिल जी की पैनी दृष्टि न पड़ी हो।
आचार्य जी के नवगीतों के केंद्र में श्रमजीवी श्रमिक है। चाहे वह खेतों में काम करनेवाला किसान हो,फैक्ट्रियों में काम करनेवाला श्रमिक या दिनभर पसीना बहाने वाला कोई मजदूर जो अथक परिश्रम के बाद भी उचित पारिश्रमिक नहीं पाता तो दूसरी ओर मिल मालिक, सेठों,सूदखोरों की तोंद बढ़ती रहती है।
देखिए-
चूहा झाँक रहा हंडी में
लेकिन पाई
सिर्फ हताशा
यह भी देखने में आता है
जो नंही हासिल
वही चाहिए
जितनी आँखें
उतने सपने
समाज के विभिन्न पहलुओं पर बड़ी बरीकी से कलम चलाई है। घर में काम वाली बाइयों, ऑफिस में सहकर्मियों तथा पास पड़ोस में रहने वाली महिलाओं के प्रति पुरुषों की कुदृष्टि को भी आपने पैनी कलम का शिकार बनाया है।
आज भले ही लगभग सभी क्षेत्रों में अपना वर्चस्व स्थापित कर रही हैं फिर भी मध्यम और सामान्य वर्ग की महिलाओं की स्थिति अभी भी बहुत अच्छी नहीं है। कार्यरत महिलाओं को दोहरी भूमिका निभाने के बाद भी ताने, प्रताड़ना और उपेक्षा का सामना करना पड़ता है।
सलिल जी के शब्दों में
मैंने पाए कर कमल,तुमने पाए हाथ
मेरा सर ऊँचा रहे झुके तुम्हारा माथ
सलिल जी ने नवगीतों में विसंगतियों को खूब उकेरा है।कुछ उदाहरण देखते हैं-
आँखें रहते सूर हो गए
जब हम खुद से दूर हो गए
**
मन की मछली तन की तितली
हाथ न आई पल में फिसली
जब तक कुर्सी तब तक ठाट
नाच जमूरा नाच मदारी
**
मँहगाई आई
दीवाली दीवाला है
नेता हैं अफसर हैं
पग-पग घोटाला है
आजादी के इतने वर्षों बाद भी गाँव और गरीबी का अभी भी बुरा हाल है लेकिन गीतकार का कहना है-
अब तक जो बीता सो बीता
अब न आस घट होगा रीता
**
मिल कर काटें तम की कारा
उजियारे के हों पौ बारा
**
बहुत झुकाया अब तक तूने
अब तो अपना भाल उठा
मन भावन सावन के माध्यम से जहाँ किसानों की खुशी का अंकन किया है वहीं बरसात में होने वाली समस्याओं को भी चित्रित किया है।
आचार्य जी ने नये नये छंदों की रचना कर अभिनव प्रयोग किया है।
सलिल जी ने नवगीतों में परिवेश की सजीवता बनाए रखने के लिए उन्होंने घरों में उपयोग में आने वाली वस्तुओं, रिश्तों के सम्बोधनों आदि का ही प्रयोग किया है। संचार क्रांति के आने से लोगों में कितना बदलाव आया है उसकी चिंता भी गीतकार को है
हलो हाय मोबाइल ने
दिया न हाय गले मिलने
नातों को जीता छलने
आचार्य ' सलिल 'जी ने गीतों-नवगीतों में लयबद्धता पर विशेष जोर दिया है।
लोकगीतों में गाये जाने वाले शब्दों, छंदों , अन्य भाषाओं के शब्दों, नये-नये बिंबों तथा प्रतीकों का निर्माण कर लोगों के लिए सड़क पर भी फुटपाथ बनाये हैं।जो बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। 'सड़क पर' गीत नवगीत संग्रह में अनेकानेक छोटे-छोटे बिंदुओं को अंकित किया है, उन सब को इंगित करना असंभव है।
सलिल जी ने ' सड़क पर ' गीत-नवगीत संग्रह में सड़क को केंद्र बिंदु बनाकर जीवन के अनेकानेक पहलुओं को बड़ी कुशलता से चित्रित किया है-
सड़क पर जनम है
सड़क पर मरण है
सड़क पर शरम है
सड़क बेशरम है
सड़क पर सियासत
सड़क पर भजन है
सड़क सख्त लेकिन
सड़क ही नरम है
सड़क पर सड़क से
सड़क मिल रही है।
आचार्य संजीव वर्मा ' सलिल 'जी ने अपनी सभी रचनाओं में माँ नर्मदा के वर्चस्व को सदा वर्णित किया है तथा 'सलिल' को अपनी रचनाओं में भी यथासंभव प्रयुक्त किया है। माँ नर्मदा के पावन निर्मल सलिल की तरह आचार्य 'सलिल 'जी भी सदा प्रवहमान हैं और सदा रहेंगे। उनकी इस कृति को पाठकों का भरपूर मान, सम्मान और प्यार मिलेगा ऐसा मेरा विश्वास है।
२२.१.२०१९
***
नवगीत:
बाँसुरी
*
बजा बाँसुरी
झूम-झूम मन...
*
जंगल-जंगल
गमक रहा है.
महुआ फूला
महक रहा है.
बौराया है
आम दशहरी-
पिक कूकी, चित
चहक रहा है.
डगर-डगर पर
छाया फागुन...
*
पियराई सरसों
जवान है.
मनसिज ताने
शर-कमान है.
दिनकर छेड़े
उषा लजाई-
प्रेम-साक्षी
चुप मचान है.
बैरन पायल
करती गायन...
*
रतिपति बिन रति
कैसी दुर्गति?
कौन फ़िराये
बौरा की मति?
दूर करें विघ्नेश
विघ्न सब-
ऋतुपति की हो
हे हर! सद्गति.
गौरा माँगें वर
मन भावन...
***
मुक्तक
*
श्वास-श्वास आस-आस झूमता बसन्त हो
मन्ज़िलों को पग तले चूमता बसन्त हो
भू-गगन हुए मगन दिग-दिगन्त देखकर
लिए प्रसन्नता अनंत घूमता बसन्त हो
*
साथ-साथ थाम हाथ ख्वाब में बसन्त हो
अँगना में, सड़कों पर, बाग़ में बसन्त हो
तन-मन को रँग दे बासंती रंग में विहँस
राग में, विराग में, सुहाग में बसन्त हो
*
अपना हो, सपना हो, नपना बसन्त हो
पूजा हो, माला को जपना बसन्त हो
मन-मन्दिर, गिरिजा, गुरुद्वारा बसन्त हो
जुम्बिश खा अधरों का हँसना बसन्त हो
*
अक्षर में, शब्दों में, बसता बसन्त हो
छंदों में, बन्दों में हँसता बसन्त हो
विरहा में नागिन सा डँसता बसन्त हो
साजन बन बाँहों में कसता बसन्त हो
*
मुश्किल से जीतेंगे कहता बसन्त हो
किंचित ना रीतेंगे कहता बसन्त हो
पत्थर को पिघलाकर मोम सदृश कर देंगे
हम न अभी बीतेंगे कहता बसन्त हो
*
सत्यजित न हारेगा कहता बसन्त है
कांता सम पीर मौन सहता बसंत है
कैंसर के काँटों को पल में देगा उखाड़
नर्मदा निनादित हो बहता बसन्त है
*
मन में लड्डू फूटते आया आज बसंत
गजल कह रही ले मजा लाया आज बसंत
मिली प्रेरणा शाल को बोली तजूं न साथ
सलिल साधना कर सतत छाया आज बसंत
*
वंदना है, प्रार्थना है, अर्चना बसंत है
साधना-आराधना है, सर्जना बसंत है
कामना है, भावना है, वायदा है, कायदा है
मत इसे जुमला कहो उपासना बसंत है
***
गीत
छंद - अनुकूला
गणसूत्र - भतनगग
मापनी - २११ २२१ १११ २२
*
देश दुलारा, जनगण प्यारा
जान लुटाई तन-मन वारा
त्याग-तपस्या ऋषि-मुनि थाती
खेत किसानी श्रम परिपाटी
राघव-सीता घर-घर खेले
नंद-यशोदा मधुवन मेले
श्रम-सीकर से इसे सँवारा
देश दुलारा, जन गण प्यारा
पौध लगाओ, तरु सुख देंगे
छाँह मिलेगी, नित फल लेंगे
फूल खिलेंगे, सुरभि मिलेगी
औषध लेंगे, विपति मिटेगी
सूर्य-उषा ने गगन सँवारा
देश दुलारा, जनगण प्यारा
ग्यान हमारा जनहितकारी
ध्यान हमेशा मनहितकारी
खोज करें मानव उपयोगी
संयम धारें बनकर योगी
विश्व समूचा सुहृद हमारा
देश दुलारा जनगण प्यारा
***
बासंती दोहा ग़ज़ल (मुक्तिका)
*
स्वागत में ऋतुराज के, पुष्पित शत कचनार.
किंशुक कुसुम विहँस रहे, या दहके अंगार..
पर्ण-पर्ण पर छा गया, मादक रूप निखार.
पवन खो रहा होश निज, लख वनश्री श्रृंगार..
महुआ महका देखकर, चहका-बहका प्यार.
मधुशाला में बिन पिए, सिर पर नशा सवार..
नहीं निशाना चूकती, पंचशरों की मार.
पनघट-पनघट हो रहा, इंगित का व्यापार..
नैन मिले लड़ मिल झुके, करने को इंकार.
देख नैन में बिम्ब निज, कर बैठे इकरार..
मैं तुम यह वह ही नहीं, बौराया संसार.
फागुन में सब पर चढ़ा, मिलने गले खुमार..
ढोलक, टिमकी, मँजीरा, करें ठुमक इसरार.
फगुनौटी चिंता भुला. नाचो-गाओ यार..
घर-आँगन, तन धो लिया, अनुपम रूप निखार.
अपने मन का मैल भी, किंचित 'सलिल' बुहार..
बासंती दोहा ग़ज़ल, मन्मथ की मनुहार.
सीरत-सूरत रख 'सलिल', निर्मल सहज सँवार..
२२-१-२०१८
***
नवगीत:
अभियंता की यंत्रणा
.
'अगले जनम
अभियंता न कीजो'
करे प्रार्थना मिल अभियंता
पिघले-प्रगटे भाग्यनियंता
'वत्स! बताओ, मुश्किल क्या है?
क्यों है इस माथे पर चिंता?'
'देव! प्रमोशन एक दिला दो
फिर चाहे जो काम करा लो'
'वत्स न यह संभव हो सकता
कलियुग में सच कभी न फलता'
है प्रशासनिक अफसर हावी
तुझ पर तकनीकों का पातक
वह डंडे के साथ रहेगा
तुझ पर हरदम वार करेगा
तुझे भेज साईट पर सोए
तू उन्नति के अवसर खोए
तू है नींव, कलश है अफसर
इसीलिये वह पाता अवसर
वह बढ़ मुख्य सचिव हो जाता
तू न पदोन्नति कोई पाता
तेरी मेहनत उसका परचम
उसको खुशियाँ, तुझको मातम
सर्वे कर प्राक्कलन बनाता
फिर स्वीकृति हित दौड़ लगाता
तू साईट पर बहा पसीना
वह कहलाता रहा नगीना
काम करा तू देयक लाता
जोड़ बजट में वः यश पाता
ठेकेदार सगे हैं उसके
पत्रकार फल पाते मिलके
मंत्री सभी उसी के संग हैं
पग-पग पर तू होता तंग है
पार न तू इनसे पाएगा
रोग पाल, घुट मर जाएगा
अफसर से मत कभी होड़ ले
भूल पदोन्नति, हाथ जोड़ ले
तेरा होना नहीं प्रमोशन
तेरा होगा नहीं डिमोशन
तू मृत्युंजय नहीं झोल दे
उठकर इनकी पोल खोल दे
खुश रह जैसा और जहाँ है
तुझसे बेहतर कौन-कहाँ है?
पाप कट रहे तेरे सारे
अफसर को ठेंगा दिखला रे!
बच्चे पढ़ें-बढ़ेंगे तेरे
तब सँवरेंगे साँझ-सवेरे
कर्म योग तेरी किस्मत में
भोग-रोग उनकी किस्मत में
कह न किसी से कभी पसीजो
श्रम-सीकर खुश रह भीजो
मुक्तिका
.
आप मानें या न मानें, सत्य हूँ किस्सा नहीं हूँ
कौन कह सकता है, हूँ इस सरीखा, उस सा नहीं हूँ
मुझे भी मालुम नहीं है, क्या बता सकता है कोई
पूछता हूँ आजिजी से, कहें मैं किस सा नहीं हूँ
साफगोई ने अदावत का दिया है दंड हरदम
फिर भी मुझको फख्र है, मैं छल रहा घिस्सा नहीं हूँ
हाथ थामो या न थामो, फैसला-मर्जी तुम्हारी
कस नहीं सकता गले में, आदमी- रस्सा नहीं हूँ
अधर पर तिल समझ मुझको, दूर अपने से न करना
हनु न रवि को निगल लेना, हाथ में गस्सा नहीं हूँ
निकट हो या दूर हो तुम, नूर हो तुम हूर हो तुम
पर बहुत मगरूर हो तुम, सच कहा गुस्सा नहीं हूँ
खामियाँ कम, खूबियाँ ज्यादा, तुम्हें तब तक दिखेंगी
मान जब तक यह न लोगे, तुम्हारा हिस्सा नहीं हूँ
.
***
नवगीत:
.
उग रहे या ढल रहे तुम
कान्त प्रतिपल रहे सूरज
.
हम मनुज हैं अंश तेरे
तिमिर रहता सदा घेरे
आस दीपक जला कर हम
पूजते हैं उठ सवेरे
पालते या पल रहे तुम
भ्रांत होते नहीं सूरज
.
अनवरत विस्फोट होता
गगन-सागर चरण धोता
कैंसर झेलो ग्रहण का
कीमियो नव आस बोता
रश्मियों की कलम ले
नवगीत रचते मिले सूरज
.
कै मरे कब गिने तुमने?
बिम्ब के प्रतिबिम्ब गढ़ने
कैमरे में कैद होते
हास का मधुमास वरने
हौसले तुमने दिये शत
ऊगने फिर ढले सूरज
.
***
मुक्तक:
*
चिंता न करें हाथ-पैर अगर सर्द हैं
कुछ फ़िक्र न हो चहरे भी अगर ज़र्द हैं
होशो-हवास शेष है, दिल में जोश है
गिर-गिरकर उठ खड़े हुए, हम ऐसे मर्द हैं.
*
जीत लेंगे लड़ के हम कैसा भी मर्ज़ हो
चैन लें उतार कर कैसा भी क़र्ज़ हो
हौसला इतना हमेशा देना ऐ खुदा!
मिटकर भी मिटा सकूँ मैं कैसा भी फ़र्ज़ हो
***
नवगीत:
संजीव
*
मिली दिहाड़ी
चल बाजार
चावल-दाल किलो भर ले-ले
दस रुपये की भाजी
घासलेट का तेल लिटर भर
धनिया-मिर्ची ताजी
तेल पाव भर फ़ल्ली का
सिंदूर एक पुडिया दे
दे अमरूद पांच का, बेटी की
न सहूं नाराजी
खाली जेब पसीना चूता
अब मत रुक रे!
मन बेजार
निमक-प्याज भी ले लऊँ तन्नक
पत्ती चैयावाली
खाली पाकिट हफ्ते भर को
फिर छाई कंगाली
चूड़ी-बिंदी दिल न पाया
रूठ न मो सें प्यारी
अगली बेर पहलऊँ लेऊँ
अब तो दे मुस्का री!
चमरौधे की बात भूल जा
सहले चुभते
कंकर-खार
नवगीत:
.
अधर पर धर अधर १०
छिप २
नवगीत का मुखड़ा कहा १४
.
चाह मन में जगी १०
अब कुछ अंतरे भी गाइये १६
पंचतत्वों ने बनाकर १४
देह की लघु अंजुरी १२
पंच अमृत भर दिये १२
कर पान हँस-मुस्काइये १४
हाथ में पा हाथ १०
मन
लय गुनगुनाता खुश हुआ १४
अधर पर धर अधर १०
छिप
नवगीत का मुखड़ा कहा १४
.
सादगी पर मर मिटा १२
अनुरोध जब उसने किया १४
एक संग्रह अब मुझे १२
नवगीत का ही चाहिए १४
मिटाकर खुद को मिला क्या? १४
कौन कह सकता यहाँ? १२
आत्म से मिल आत्म १०
हो
परमात्म मरकर जी गया १४
अधर पर धर अधर १०
छिप
नवगीत का मुखड़ा कहा १४
२२-१-२०१५
हास्य सलिला:
औरत भी ले लो.…
*
लाली जी से हो गए जब लालू जी तंग
जा मुशायरे में किया 'सलिल' रंग में भंग
' ये दौलत भी ले लो, ये शोहरत भी ले लो'
सुनकर बोले आप, 'मेरी तो औरत भी ले लो
मिटे तभी संताप, सुन हुड़दंगा मच गया, ताली सीटी शोर
श्रोता चीखे: 'लालू जी वंस मोर, वंस मोर'
_________________________

मंगलवार, 21 जनवरी 2025

जनवरी २१, विधाता छंद, दीप छंद, यमकीय गजल, रूप की आरती, सॉनेट, सोरठा, लघुकथा

सलिल सृजन जनवरी २१
पूर्णिका
खंजन
छंद-दोहा

खंजन के दर्शन मिले, बनती बिगड़ी बात।
हाथ जोड़ स्वागत करें, शीश नवाकर तात।।
.
हेर रहे खंजन नयन, कहाँ छिपे हो श्याम।
टेर रहे राधा सदृश, दर्शन दो अभिजात।।
.

भरे कल्पना गगन में, जी भर विहँस उड़ान।
निरख नीलिमा मुग्ध हो, खंजन पुलकित गात।।
.
मीनाक्षी खंजन नयन, मुक्ता सम अनमोल।
हों प्रसन्न रूठे अगर, तो जीते जी मात।।
.
विमल सलिल में मुग्ध हो, झाँक देख निज रूप।
करें सुमंगल कामना, खुश खंजन दिन-रात।।
००० 
छंद शाला 
सरस्वती वंदना
रजनी शर्मा, रायपुर

सकल जन जन करते हैं मां, नित तेरी ही अराधना।         १५-१४=२९  
जीवन बीते करते करते, सदा तेरी ही उपासना ।।           १६-१५=३१  
१.
हम तो हैं निर्बोध प्राणी, आप विद्या दायिका ।                  १५-१२=२७         
युगल कर संग धवल मन से, सामने है ये याचना ।।          १५-१४=२९  
२.
तुम हो गार्गी तुम शुचिता, तुम हो वीणा वाहिका ।            १४-१३=२७  
सुता हो तुम पुष्करपति की, सामने है ये भाविका ।।         १५-१९=२९ 
३.
फैले जब तम का गरल, कर वरद से इसे विरल।              १३-१३=२६ 
विनय का घृत सदा ही बरसे, मद की ना हो अतिरंजना।।  १६--१५=३१ 
४.
जग में गूंजे ज्ञान हमेशा, तुम जहां की शाश्विता।                १६-१२=२८     
वाणी की वीणा सदा हो झंकृत, सामने है ये गीतिका।।       १९-१४=३३  
***
इस सुंदर सरस्वती वंदना की छाँदस तथा कथ्यगत त्रुटियाँ दूर करने का प्रयास करें।
(१४-१२= २६ मात्रिक गीतिका छंद, पदांत लघु-गुरु)
सकल जन-जन कर रहे माँ!, सतत तव आराधना। 
बिता दें जीवन सभी हम, करें मातु उपासना।। 
हम निबल-निर्बोध प्राणी, आप विद्या दायिका। 
कर युगल जोड़े विनत सिर, पूर्ण करिए कामना।। 
तुम्हीं गार्गी अपाला हो, अदिति वीणावाहिका।
सुता पुष्करनाथ की हे!, सफल करिए साधना।। 
तम-गरल घातक हरो माँ!, करो वर देकर सफल।
विनय-अमृत वृष्टि कर दो, करो भव-भय भंजना।। 
ज्ञान गुंजित हो हमेशा, सृष्टि में हे शाश्विता
गीतिका अर्पित तुम्हें है, स्वीकार करिए वंदना।। 
*** 
२१.१.२०२५
०००
द्विपदी
राम मरा है, मरा राम है, माया छाया एक समान।
जिसने यह सच जान लिया है, वह इंसान बना भगवान।।
२१.१.२०२४
***
सोरठा सलिला

दृष्टि देखती द्वैत, श्याम-गौर दो हैं नहीं।
आत्म अमिट अद्वैत, दोनों में दोनों कहे।।

कान्ह कन्हैया लाल, कान्हा लला गुपाल जू।
श्याम कृष्ण गोपाल, गिरिधर मुरलीधर भजो।।

नटखट नटवर नैन, नटनागर के जब मिलें।
छीने मन का चैन, मिलन बिना बेचैन कर।।

वेणु हाथ आ; अधर चढ़, रही गर्व से ऐंठ।
रेणु चरण छू कह रही, यहाँ न तेरी पैठ।।

होता भव से पार, कृष्ण कांत जिसके वही।
वह सकता भव-तार, इष्ट जिसे हो राधिका।।
२१-१-२०२३
•••
सॉनेट
संकल्प

जैसी भी है यह दुनिया
हमको है रहकर जीना
शीश उठा तानें सीना
काँपे कभी न कहीं जिया
संकट जब जो भी आएँ
टकराकर हम जीतेंगे
विष भी हँसकर पी लेंगे
गीत सफलता के गाएँ
छोटा कद हौसला बड़ा
वार करेंगे हम तगड़ा र
ह न सकेगा शत्रु खड़ा
हिम्मत कभी न हारेंगे
खुद को सच पर वारेंगे
सारे जग को तारेंगे
२१-१-२०२३
•••
सॉनेट
छीछालेदर
*
है चुनाव हो छीछालेदर।
नूराकुश्ती खेले नेता।
सत्ता पाता वादे देकर।।
अनचाहे वोटर मत देता।।
नाग साँप बिच्छू सम्मुख हैं।
भोले भंडारी है जनता।
जिसे चुनो डँसता यह दुख है।।
खुद को खुद मतदाता ठगता।।
टोपी दाढ़ी जैकेट झंडा।
डंडा थामे है हर बंदा।
जोश न होता ठगकर ठंडा।।
खेल सियासत बेहद गंदा।।
राम न बाकी; नहीं सिया-सत।
लत न न्याय की; अदा अदालत।।
***
सॉनेट
हेरा-फेरी
*
इसकी टोपी उसके सर पर।
उसकी झोली इसके काँधे।
डमरू बजा नजर जो बाँधे।।
वही बैठता है कुर्सी पर।।
नेता बाज; लोक है तीतर।
पूँजीपति हँस डाले दाना।
चुग्गा चुगता सदा सयाना।।
बिन बाजी जो जीते अफसर।।
है गणतंत्र; तंत्र गन-धारी।
संसद-सांसद वाक्-बिहारी।
न्यायपालिका है तकरारी।
हक्का बक्का हैं त्रिपुरारी।।
पंडिताई धंधा बाजारी।।
पैसा फेंक देख छवि प्यारी।।
२१-१-२०२१
***
लघु व्यंग्य
विकास
*
हे गुमशुदा! तुम जहाँ कहीं हो चुपचाप लौट आओ. तुम्हें कोई कुछ नहीं कहेगा. तुम्हारे दुःख में युवा बेरोजगार, दलित शोषण के शिकार, पिछड़े
परवरदिगार और अगड़े धारदार हथियार हो रहे हैं.
तुम्हारे बिना आयकर का बढ़ना, मँहगाई का चढ़ना और पड़ोसी का लड़ना बदस्तूर जारी है.
तुम्हारे नाम पर बनते शौचालय, महामार्ग और स्मार्ट शहर तुम्हारे वियोग में उद्घाटन होते ही चटकने लगते हैं. तुम्हारे आने का दावा कर रहे नेता जुमलों का हिमालय खड़ा कर चुनाव जीत रहे हैं. हम अपने घर को न सम्हाल पाने पर भी खुद को विश्व का मसीहा मानकर बूँद-बूँद रीत रहे हैं.
हम तुम्हारे वियोग में सद्भावों का कर रहे हैं विनाश, चौराहे पर रखे बैठे हैं सत्य की लाश, इससे पहले कि आशा हो जाए हताश अपने घर लौट आओ नहीं आना है तो भाड़ में जाओ हे विकास.
***
दोहा
लपक आपने ले लिया, हमसे हिंदी-फूल.
हाय! क्या कहें कह रहीं, हैं अंगरेजी-फूल
*
मुक्तक
बोलती हैं अबोले भी बोल कुछ आँखें.
भर सकें परवाज़ पंछी, खोलते पाँखें.
जड़ हुए तो क्या सलिल, चेतन हमीं होंगे-
तन तने सम, फूल-फलना चाहती शाखें।।
*
२१.१.२०१८
***
नवगीत:
*
मिली दिहाड़ी
चल बाजार
चावल-दाल किलो भर ले-ले
दस रुपये की भाजी
घासलेट का तेल लिटर भर
धनिया-मिर्ची ताजी
तेल पाव भर फ़ल्ली का
सिंदूर एक पुडिया दे
दे अमरूद पांच का, बेटी की
न सहूं नाराजी
खाली जेब पसीना चूता
अब मत रुक रे!
मन बेजार
निमक-प्याज भी ले लऊँ तन्नक
पत्ती चैयावाली
खाली पाकिट हफ्ते भर को
फिर छाई कंगाली
चूड़ी-बिंदी दिल न पाया
रूठ न मो सें प्यारी
अगली बेर पहलऊँ लेऊँ
अब तो दे मुस्का री!
चमरौधे की बात भूल जा
सहले चुभते
कंकर-खार
***
अभिनव प्रयोग:
नवगीत :
.
मिलती काय न ऊँचीवारी
कुरसी हमखों गुइयाँ
.
हमखों बिसरत नहीं बिसारे
अपनी मन्नत प्यारी
जुलुस, विशाल भीड़ जयकारा
सुविधा-संसद न्यारी
मिल जाती, मन की कै लेते
रिश्वत ले-दे भैया
.
पैलां लेऊँ कमीशन भारी
बेंच खदानें सारी
पाछूं घपले-घोटाले सौ
रकम बिदेस भिजा री
होटल फैक्ट्री टाउनशिप
कब्जा लौं कुआ तलैया
.
कौनौ सैगो हमरो नैयाँ
का काऊ सेन काने?
अपनी दस पीढ़ी खें लाने
हमें जोड़ रख जानें
बना लई सोने की लंका
ठेंगे पे राम-रमैया
.
(बुंदेली लोककवि ईसुरी की चौकड़िया फागों की लय पर आधारित, प्रति पद १६-१२ x ४ पंक्तियाँ, महाभागवत छंद )
***
एक छक्का:
.
पार एक से पा नहीं, पाते हैं हम-आप
घिरे चार के बीच में, रहे केजरी कांप
रहे केजरी कांप, आप है हक्का-बक्का
अमित जोर से लगा कमल का ऊंचा छ्क्का
कहे 'सलिल' कविराय, लडो! मत मानो हार
जनगण-मन लो जीत तभी हो नैया पार
***
मुक्तक:
*
चिंता न करें हाथ-पैर अगर सर्द हैं
कुछ फ़िक्र न हो चहरे भी अगर ज़र्द हैं
होशो-हवास शेष है, दिल में जोश है
गिर-गिरकर उठ खड़े हुए, हम ऐसे मर्द हैं.
*
जीत लेंगे लड़ के हम कैसा भी मर्ज़ हो
चैन लें उतार कर कैसा भी क़र्ज़ हो
हौसला इतना हमेशा देना ऐ खुदा!
मिटकर भी मिटा सकूँ मैं कैसा भी फ़र्ज़ हो
२१-१-२०१५
***
छंद सलिला:
दस मात्रिक दैशिक छंद:
*
दस दिशाओं के आधार पर दस मात्रिक छंदों को दैशिक छंद कहा जाता है. विविध मात्रा बाँट से ८९ प्रकार के दैशिक छंद रचे जा सकते हैं.
(अब तक प्रस्तुत छंद: अग्र, अचल, अचल धृति, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रा वज्रा, उपेन्द्र वज्रा, कीर्ति, घनाक्षरी, छवि, दीप, दोधक, निधि, प्रेमा, माला, वाणी, शक्तिपूजा, शाला, सार, सुगति/शुभगति, सुजान, हंसी)
दस मात्रिक दीप छंद
*
दस मात्रक दीप छंद के चरणान्त में ३ लघु १ गुरु १ लघु अर्थात एक नगण गुरु-लघु या लघु सगण लघु या २ लघु १ जगण की मात्रा बाँट होती है.
उदाहरण:
१. दीप दस नित बाल, दे कुचल तम-व्याल
स्वप्न नित नव पाल, ले 'सलिल' करताल
हो न तनिक मलाल, विनत रख निज भाल
दे विकल पल टाल, ले पहन कर-माल
२. हो सड़क-पग-धूल, नाव-नद-नभ कूल
साथ रख हर बार, जीत- पर मत हार
अनवरत बढ़ यार, आस कर पतवार
रख सुदृढ़ निज मूल, फहर नभ पर झूल
३. जहाँ खरपतवार, करो जड़ पर वार
खड़ी फसल निहार, लुटा जग पर प्यार
धरा-गगन बहार, सलामत सरकार
हुआ सजन निसार, भुलाकर सब रार
२१.१.२०१४
***
मुक्तक
रूप की आरती
*
रूप की आरती उतारा कर.
हुस्न को इश्क से पुकारा कर.
चुम्बनी तिल लगा दे गालों पर-
तब 'सलिल' मौन हो निहारा कर..
*
रूप होता अरूप मानो भी..
झील में गगन देख जानो भी.
देख पाओगे झलक ईश्वर की-
मन में संकल्प 'सलिल' ठानो भी..
*
नैन ने रूप जब निहारा है,
सारी दुनिया को तब बिसारा है.
जग कहे वन्दना तुम्हारी थी-
मैंने परमात्म को गुहारा है..
*
झील में कमल खिल रहा कैसे.
रूप को रूप मिल रहा जैसे.
ब्रम्ह की अर्चना करे अक्षर-
प्रीत से मीत मिल रहा ऐसे..
*
दीप माटी से जो बनाता है,
स्वेद-कण भी 'सलिल' मिलाता है.
श्रेय श्रम को मिले दिवाली का-
गौड़ धन जो दिया जलाता है.
*
भाव में डूब गया है अक्षर,
रूप है सामने भले नश्वर.
चाव से डूबकर समझ पाया-
रूप ही है अरूप अविनश्वर..
*
हुस्न को क्यों कहा कहो माया?
ब्रम्ह को क्या नहीं यही भाया?
इश्क है अर्चना न सच भूलो-
छिपा माशूक में वही पाया..
२१-१-२०१३
***
अभिनव प्रयोग:
यमकमयी गजल:
*
नहीं समस्या कोई हल की.
कोशिश लेकिन रही न हलकी..
आशा शेष न उज्जवल कल की.
जब तब हरि प्रगटें बन कलकी..
सुना रही है सारे बृज को
छल की कथा गगरिया छलकी..
बिन पानी सब सून हो रहा
बंद हुई जब नलकी नल की..
फल की ओर निशाना साढेन
फ़िक्र न करिए सफल-विफल की..
नभ ताने चादर मखमल की.
चंदा बिछा रहा मलमल की..
खल की बात न बट्टा सुनता.
जब से संगत पायी खल की..
श्रम पर निष्ठां रही सलिल की
दुनिया सोचे लकी-अनलकी..
कर-तल की ध्वनि जग सुनता है.
'सलिल' अनसुनी ध्वनि पग-तल की..
२३-२-२०११
===
छंद - बहर दोउ एक हैं
मुक्तिका
*
तुझे भी क्या कभी गुजरे ज़माने याद आएँगे
मापनी - १२२२ १२२२ १२२२ १२२२
गणसूत्र - य र त म य ग
मात्रभार - २८, यौगिक जातीय, विधाता मात्रिक छंद
वर्णभार - १६, अष्टादि: जातीय छंद
रुक्न - मुफाईलुं x ४
टीप : 'गुजरे' को 'बीते' करने पर १२२२ के स्थान पर १२११२ करने से बचा जा सकता है। गुरु को दो लघु करने की छूट लेने पर काव्य रचना आसान हो जाती है पर पिंगल शास्त्र के अनुसार ऐसा करने पर उन पंक्तियों में छंद भिन्न हो जाता है।
*
तुझे भी क्या कभी गुजरे ज़माने याद आएँगे
मिलें तन्हाईयाँ सपने सुहाने याद आएँगे
करोगे गुफ्तगू खुद से कभी तो जान लो जानां
लिखोगे मुक्तिका दोहे तराने याद आएँगे
बहाओगे पसीना, बादलों में देखना हमको
हँसेंगी खेत में फ़स्लें बहाने याद आएँगे
इसे देखो दिखा उसको न वो दिन अब रहे बाकी
नए साधो न तुम बीते निशाने याद आएँगे
न तुमसे दूर हैं, तुम भी न हमसे दूर हो यारां
हमें तुम याद आओगे, तुम्हें हम याद आएँगे
***
तुझे भी क्या कभी बीते ज़माने याद आएँगे
नहीं जो साथ वो भूले ज़माने याद आएँगे
हमेशा प्यार ही पाओ नहीं होता कभी ऐसा
न चाहो तो नहीं झूठे ज़माने याद आएँगे
नदी ने प्यास से पूछा कहाँ क्या दाम वो देगी?
लुटा दी तृप्ति पाने आ जमाने याद आएँगे
मिलेगा साथ साथी का न सच्चा आप खोजोगे
न चाहोगे जिसे वो ही जमाने याद आएँगे
न भूली हो, न भूलोगी, कहो या ना कहो प्यारी
रहे संजीव जो वो ही जमाने याद आएँगे
२१.१.२०१०
***

सोमवार, 20 जनवरी 2025

जनवरी २०, राम, सॉनेट, विवाह, दीप प्रज्जवलन, विजाति छंद, सबरीमाला, सरस्वती,

सलिल सृजन जनवरी २०
*
पूर्णिका

रात रानी को बिदा कर रातरानी।
सुबह का स्वागत करे सविनय सयानी।।
.
पहन बाना श्वेत हरियल हँस रही है।
सूर्य माली कर रहा खुद निगहबानी।।
.
धरा जननी 'हो न ओझल आँख से' कह

रहे चिंतित हो रही बिटिया लुभानी।।
.
बाँध सेहरा द्वार पर आ गया गेंदा।
नाच-गाए भ्रमर दल सुन धुन सुहानी।।
.
मिले समधी गले बरगद और पीपल।
गाए गारी कूक कोयल मधुर बानी।।
.
हो न कन्या दान, अब वर दान होगा।
हो तभी गुणवान नव संतति अजानी।।
.
सलिल स्नेहिल सुवासित संबंध सपने।
कर सके साकार जो वह मनुज ज्ञानी।।
०००

नयन नयन को बाँचते, गए नयन में डूब।
नयन नयन को बाँधते, नयन न करते चूक।।
०००

पेंसिल

एक बच्चे ने अपनी दादी को पत्र लिखते हुए देखकर उत्सुकता से पूछा- "दादी, आप क्या लिख ​​रही हो? क्या आप कुछ दिलचस्प बातें लिख रही हो? या क्या आप मेरे बारे में कुछ लिख रही हो?"

दादी ने लिखना बंद कर अपने पोते की ओर मुड़ते हुए कहा- "हाँ बेटा! मैं आपके बारे में ही लिख रही हूँ खत से ज्यादा महत्वपूर्ण यह पेंसिल है, जिसका मैं उपयोग कर रही हूँ। मुझे आशा है कि आप इस पेंसिल से बहुत कुछ सीखेंगे।"

उत्सुकतावश वह बच्चा अपनी दादी की ओर दौड़ता हुआ आया और थोड़ी देर पेंसिल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद उसने पूछा- "इस पेंसिल से सबक? हम एक पेंसिल से क्या सीख सकते हैं?"

उसकी दादी ने जवाब दिया, "बेटे!, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप चीज़ों को कैसे देखते हैं। इस पेंसिल में सात गुण हैं, जिन्हें अगर आप जीवन में शामिल करते हैं, तो आप एक अद्भुत व्यक्ति बन जाएँगे और हमेशा शांति और प्रेम से रहेंगे।"

बच्चे ने पूछा- कैसे?

दादी ने कहा- " पेंसिल में ७ गुण हैं। 

पहला- इस पेंसिल की तरह, हम भी काम कर सकते हैं लेकिन याद रखें कि हर समय, किसी का हाथ हमारे हर कार्य के पीछे रहकर हमें आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाता है। हम उसे भगवान कहते हैं।।"

दूसरा- हमें अपनी पेंसिल की नोक को बार-बार नुकीला करना पड़ता है, पेंसिल को पहले कष्ट होता है, लेकिन बाद में यह अधिक दक्षता के साथ काम करती है। इसी तरह, कठिन समय हमें जीवन में बड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करता है, जो आगे चलकर हमारे आंतरिक विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और हमें एक बेहतर इंसान बनने में मदद करता है। 

तीसरा- गलती होने पर पेंसिल उसे सुधारने का मौका देती है। हम रबर से मिटाकर गलती सुधार सकते हैं। गलतियाँ करना मानव स्वभाव है,  गलती हो जाए तो उसे स्वीकार कर सुधारें और फिर न दोहराएँ।  

चौथा- पेंसिल बाहर से खूबसूरत हो और उसके अंदर का ग्रेफाइट लिखने के काम न आए तो वह निरुपयोगी होगी। इसलिए हमें बाहरी साज-सज्जा के स्थान पर अपने अंदर सद्गुणों को अधिक महत्व देना चाहिए। 

पाँचवा- पेंसिल लिखकर अपने पीछे एक छाप छोड़ जाती है जिससे कई जन प्रेरणा लेकर बेहतर बन सकते हैं। हमें भी जीवन में विचारों और कार्यों की छाप छोड़नी चाहिए जिससे अन्य जन प्रेरणा ले सकें। 

छठवाँ- पेंसिल दिन-ब-दिन अधिक से अधिक छोटी होती जाती है और उसके समाप्त होने का समय निकट आटा जाता है। हमारा जीवन इसी तरह घटता रहता है। उम्र बढ़ती है पर शेष समय घटता है इसलिए काम टालना नहीं चाहिए। 

सातवाँ - पेंसिल फेंके जाने तक बिना विरोध या माँग किए लिखती रहती है। इसी तरह हमें भी जितना भी जीवन मिल है उसमें बिना थके-रुके काम  करते रहना चाहिए।

बच्चे के पेंसिल को स्नेहपूर्वक निहारा और दादी से लेकर सम्हालकर रख लिया।  
२०.१.२०२५
०००
राम लला स्वागत
स्वागत में तैयार, सुरग स्यूं देव पधार्या।
खड़्या अवध र द्वार, सुरज चंदा जस गार्या ।।
पात मिलावै ताल, नाच रय फुलड़ा कलियाँ।
रए झूम तरु शाख, मगन व्है रईं तितलियाँ ।।
ऊषा लए गुलाल, भाल पै टाँके टीका।
रजनी करे मलाल, दरस बिन जीवन फीका।।
सरयू चरन पखार, भई बड़भागी मैया।
सिकता तन लिपटाय, हँस रए चारउं भैया।।
दस रथ थाम लगाम, प्रभाती सुन नृप गदगद।
बिसरे मंत्र सुमंत्र, मातु त्रै सुमधुर गाउत।।
झूम अजुध्या नची, पताका जै कह उछली।
नारी-नर तर रए, लला लख किस्मत बदली।।
बिधि-हर ठाँड़े द्वार, जुरे कर लेखें लीला।
धरा छुए पग मौन, छत्र नभ लै है नीला।।
२०.१.२०२४
***
राम दोहावली
*
राम आत्म परमात्म भी, राम अनादि-अनंत।
चित्र गुप्त है राम का, राम सृष्टि के कंत।।
विधि-हरि-हर श्री राम हैं, राम अनाहद नाद।
शब्दाक्षर लय-ताल हैं, राम भाव रस स्वाद।।
राम नाम गुणगान से, मन होता है शांत।
राम-दास बन जा 'सलिल', माया करे न भ्रांत।।
राम आम के खास के, सबके मालिक-दास।
राम कर्म के साथ हैं, करते सतत प्रयास।।
वाम न राम से हो सलिल, हो जाने दे पार।
केवट के सँग मिलेगा, तुझको सुयश अपार।।
राम न सहते गलत को, राम न रहते मौन।
राम न कहते निज सुयश, नहीं जानता कौन?
राम न बाधा मानते, राम न करते बैर।
करते हैं सत्कर्म वे, सबकी चाहें खैर।।
लक्ष्य रखे जो एक ही, वह जन परम सुजान।
लख न लक्ष मन चुप करे, साध तीर संधान।।
.
लखन लक्ष्मण या कहें, लछ्मन उसको आप।
राम-काम सौमित्र का, हर लेता संताप।।
.
सिया-सिंधु की उर्मि ला, अँजुरी रखें अँजोर।
लछ्मन-मन नभ, उर्मिला मनहर उज्ज्वल भोर।।
.
लखन-उर्मिला देह-मन, इसमें उसका वास।
इस बिन उसका है कहाँ, कहिए अन्य सु-वास।।
.
मन में बसी सुवास है, उर्मि लखन हैं फ़ूल।
सिया-राम गलहार में, शोभित रहते झूल।।
***
राम बारात - बधाई गीत
चलो मिलके सजाएँ बारात, बधाई हो सबको २
*
जुही-चमेली अंजलि छाया, आभा देखे जग चकराया।
वसुधा जगमग करे ज्योत्सना, निशि संग चंदा आया।
चलो मिल के बनाएँ बारात, बधाई हो सबको २
*
विभा सजाए सुंदर टीका, सरला बिन मजमा है फीका।
हैं कमलेश मगन गायन में, रजनी का सेहरा है नीका।
चलो मिल के निकालें बारात, बधाई हो सबको २
*
इंद्रा संग संतोष सुसज्जित, राजकुमार नर्मदा मज्जित।
पाखी नीलम देख हो रहे, सुर नर बरबस लज्जित।
चलो मिल के घुमाएँ बारात, बधाई हो सबको २
***
गीत
मधुर मधुर चितवन ने हेरा
मन-पत्थर पर सुमन खिल गए।
मदिर स्वप्न ने डाला डेरा
नज़र उतारें दाई तिल हुए।।
*
अधर रसाल बोल कलरव से
शशि सम बिंदी शोभित उज्ज्वल।
कहती श्याम बसे अंतर्मन
केश राशि सर्पीली श्यामल।
नयन नयन को दे आमंत्रण
ह्रदय हृदय से सँकुच मिल गए।
मधुर मधुर चितवन ने हेरा
मन-पत्थर पर सुमन खिल गए।
*
भाल प्रशस्त गगन सम सुंदर
शशि सम बिंदी शोभित उज्ज्वल।
भौंह-कमान दृष्टि शर बंकिम
मुक्ता मणि रद करते झिलमिल।
प्रणय पत्रिका करते प्रेषित
हस्ताक्षर बन विकल दिल गए
मधुर मधुर चितवन ने हेरा
मन-पत्थर पर सुमन खिल गए।
*
कुंडल डोल रहे कानों में
ग्रीवा राजहंसिनी गर्वित।
भाग्यवान भुज-हार पा सके
करपल्लव गह चंदन चर्चित।
द्वैत मिटा, अद्वैत पंथ चल
अधराधर अनकहे सिल गए।
मधुर मधुर चितवन ने हेरा
मन-पत्थर पर सुमन खिल गए।
*
सॉनेट
विवाह
*
प्रकृति-पुरुष का मिलन ही, सकल सृष्टि का मूल।
द्वैत मिटा अद्वैत वर, रहें साथ गह हाथ।
दो अपूर्ण मिल पूर्ण हों, सुख-सपनों में झूल।।
सप्तपदी पर वचन दें, लें ऊँचा कुल माथ।।
हल्दी-मेंहदी-तेल है, रूप-रंग अरु स्नेह।
पूजें माटी-कूप हँस, जड़ जमीन से जोड़।
लग्न पत्रिका कह रही, लगन लगी चल गेह।।
नीर-क्षीर सम मिल रहें, कोई सके न तोड़।।
श्वास गीतिका आस हो, मन्वन्तर तक रास।
नेह निनादित नर्मदा, कलकल करे सदैव।
प्यास-त्रास से मुक्त हो, सदा बिखेरे हास।।
चित्र गुप्त होकर प्रगट, शुभाशीष दे दैव।।
कलगी अचकन पर रहे, नथ बेंदा बलिहार।
चूड़ी पायल नथ लखे, पटका निज मन हार।।
***
मन से मन का मिलन हो, रोज मने त्यौहार।
सुख-दुख साझा हो सदा, कदम हमेशा संग।
दो कुटुंब मिल एक हों, बाँधें बंदनवार।।
अंतर में अंतर न हो, मनभावन हो संग।।
सात जन्म तक साथ की, कभी न कम हो चाह।
ध्रुव तारे सी प्रीत हो, सहज सरस मनुहार।
अपनापन हो अपरिमित, सबसे पाओ वाह।।
पहनो पहनाए रहो, आस-हास भुजहार।।
गंग-जमुन सम साथ हो, बने प्रेरणा स्रोत।
चाह-राह हो एक ही, सुख-दुख भी हो एक।
सूर्य-उषा जैसी रहे, आनन पर सुख-ज्योत।।
नातों से नाता रखो, तान न ताना नेंक।।
विष्णु-लक्ष्मी हृद बसें, अँगना बाल गुपाल।
विजय तिलक से सुशोभित, रहे हमेशा भाल।।
२०-१-२०२२
***
सॉनेट
दीप प्रज्जवलन
*
दीप ज्योति सब तम हरे, दस दिश करे प्रकाश।
नव प्रयास हो वर्तिका, ज्योति तेल जल आप।
पंथ दिखाएँ लक्ष्य वर, हम छू लें आकाश।।
शिखर-गह्वर को साथ मिल, चलिए हम लें नाप।।
पवन परीक्षा ले भले, कँपे शिखा रह शांत।
जले सुस्वागत कह सतत, कर नर्तन वर दीप।
अगरु सुगंध बिखेर दे, रहता धूम्र प्रशांत।।
भवसागर निर्भीक हो, मन मोती तन सीप।।
एक नेक मिल कर सकें, शारद का आह्वान।
चित्र गुप्त साकार हो, भाव गहें आकार।
श्री गणेश विघ्नेश हर, विघ्न ग्रहणकर मान।।
शुभाशीष दें चल सके, शुभद क्रिया व्यापार।।
दीप जले जलता रहे, हर पग पाए राह।
जिसके मन में जो पली, पूरी हो वह चाह।।
छंद- दोहा
१८-१-२०२२
***
नवगीत
*
रहे तपते गर्मियों में
बारिशों में टपकते थे
सर्दियों में हुए ठन्डे
रौशनी गायब हवा
आती नहीं है
घोंसलें है कॉन्क्रीटी
घुट रही दम
हवा तक दूभर हुई है
सोम से रवि तक न अंतर
एक से सब डे
श्वास नदिया सूखती
है नहीं पानी
आस घाटों पर न मेले
नहीं हलचल
किंतु हटने को नहीं
तैयार तिल भर भी यहाँ से
स्वार्थ के पंडे
अस्पताली तीर्थ पर है
जमा जमघट
पीडितों का, लुटेरों का
रात-दिन नित
रोग पहचाने बिना
परीक्षण-औषधि अनेकों
डॉक्टरी फंडे
***
छंद शाला
* विजाति छंद
* मापनी-१२२२ १२२२
*सूत्र -यरगग
*
निहारा क्या?
गुहारा क्या?
कहो क्या साथ लाया था?
कहो क्या साथ जायेगा?
रहेंगे हाथ खाली ही -
न कोई साथ आयेगा
बनाया क्या?
बिगाड़ा क्या?
न कोई गीत है तेरा
न कोई मीत है तेरा
सुनेगा बात ना कोई
लगेगा व्यर्थ ही टेरा
अँधेरा क्या?
सवेरा क्या?
तुझे तेरे भुला देंगे
सगे साथी जला देंगे
कहेंगे तेरही तेरी
मँगा मीठा मजा लेंगे
हमारा क्या?
तुम्हारा क्या?
२०-१-२०२०
***
एक रचना
सबरीमाला
*
सबरीमाला केंद्र है,
जनगण के विश्वास का।
नर-नारी के साम्य का,
ईश्वर के अहसास का
*
जो पतितों को तारता,
उससे दूर न कोई रहे-
आयु-रंग प्रतिबंध न हो,
हर जन हरिजन व्यथा कहे।।
अन्धकार में देवालय
स्रोत अनंताभास का
*
बना-बदलता परंपरा,
मानव जड़ता ठीक नहीं।
लिंग-भेद हो पूजा में,
सत्य ठीक यह लीक नहीं।
राजनीति ही कारन है,
मानव के संत्रास का
*
पोंगापंथी दूर करें,
एक समान सभी संतान।
अन्धी श्रद्धा त्याज्य सखे!
समता ईश्वर का वरदान।।
आरक्षण कारण बनता
सदा विरोधाभास का
२०-१-२०१९
***
स्तवन
*
सरस्वती शारद ब्रम्हाणी!
जय-जय वीणा पाणी!!
*
अमल-धवल शुचि,
विमल सनातन मैया!
बुद्धि-ज्ञान-विज्ञान
प्रदायिनी छैंया।
तिमिरहारिणी,
भयनिवारिणी सुखदा,
नाद-ताल, गति-यति
खेलें तव कैंया।
अनहद सुनवाई दो कल्याणी!
जय-जय वीणापाणी!!
*
स्वर, व्यंजन, गण,
शब्द-शक्तियां अनुपम।
वार्णिक-मात्रिक छंद
अनगिनत उत्तम।
अलंकार, रस, भाव,
बिंब तव चारण।
उक्ति-कहावत, रीति-
नीति शुभ परचम।
कर्मठ विराजित करते प्राणी
जय-जय वीणापाणी!!
*
कीर्ति-गान कर,
कलरव धन्य हुआ है।
यश गुंजाता गीत,
अनन्य हुआ है।
कल-कल नाद प्रार्थना,
अगणित रूपा,
सनन-सनन-सन वंदन
पवन बहा है।
हिंदी हो भावी जगवाणी
जय-जय वीणापाणी!!
२०.१.२०१८
***
एक रचना
कल्पना
*
जन्म दिन कब कल्पना का?
प्रश्न कौन बूझेगा?
पूछता यथार्थ से मैं
उसे कुछ न सूझेगा।
कल्पना अजन्मी है
अनादि है, अनंत है।
श्वास-श्वास व्याप्त प्रिया
आस-आस कंत है।
कलप ना, सदा खुश हो
कल-पना ले आज ने
काल को बताया है
कल्पना अनंत है
२०.१.२०१७
***
नवगीत
चीनी जैसा नुक्ता
*
चीनी जैसा नुक्ता है या
नुक्ता जैसी चीनी है?
नुक़्ती के लड्डू में खुश्बू
नेह-प्रेम की भीनी है....
*
तकलीफों दरी बिछाई
ढाई आखर की चादर।
मसनद मुसीबतों के रखकर
बैठी कोशिश मुस्काकर।
जरूरतों की दाल गल सके
मिल हर अड़चन बीनी है।
चीनी जैसा नुक्ता है या
नुक्ता जैसी चीनी है?
*
गम ढोलक पर थाप ख़ुशी की
कोकिल-कंठों में कजरी।
मर्यादा की चूड़ी खनकी
उठ उमंग बनरी सज री!
पीस हिया हिना रचायी
अँखियाँ गीली कीनी है।
चीनी जैसा नुक्ता है या
नुक्ता जैसी चीनी है?
*
घोडा चुनौतियों का बाँका
सपना नौशा थामे रास।
आम आदमी भी बाराती
बनकर हो जाता है ख़ास।
ऐ नसीब! मत आँख दिखा
मेहनत ने खुशियाँ दीनी है
चीनी जैसा नुक्ता है या
नुक्ता जैसी चीनी है?
२०-१-२०१६
***
आइये कविता करें: ७
.
एक और प्रयास.......
नव गीत
आभा सक्सेना
.
सूरज ने छाया को ठगा १५
किरनों नेे दिया दग़ा १२
अब कौन है, जो है सगा १४
कांपता थर थर अंधेरा १४
कोहरे का धुन्ध पर बसेरा १७
जागता अल्हड़ सवेरा १४
रोशनी का अधेरों से १४
दीप का जली बाती से १४
रिश्तें हैं बहुत करीब से १५
कांपती झीनी सी छांव १४
पकड़ती धूप की बांह १३
ताकती एक और ठांव १४
इस नवगीत के कथ्य में नवता तथा गेयता है. यह मानव जातीय छंद में रचा गया है. शैल्पिक दृष्टि से बिना मुखड़े के ४ त्रिपंक्तीय समतुकान्ती अँतरे हैं।एक प्रयोग करते हैं, पहले अंतरे की पहली पंक्ति को मुखड़ा बना कर शेष २ पंक्तियों को पहले तीसरे अंतरे के अंत में प्रयोग किया गया है। दूसरे अँतरे के अंत में पंक्ति जोड़ी गई है। आभा जी! क्या इस रूप में यह अपनाने योग्य है? विचार कर बतायें।
सूर्य ने ५
छाया को ठगा ९
काँपता थर-थर अँधेरा १४
कोहरे का है बसेरा १४
जागता अल्हड़ सवेरा १४
किरनों नेे ६
दिया है दग़ा ८
रोशनी का दीपकों से १४
दीपकों का बातियों से १४
बातियों का ज्योतियोँ से १४
नेह नाता ७
क्यों नहीं पगा? ८
सूर्य ने ५
छाया को ठगा ९
छाँव झीनी काँपती सी १४
बाँह धूपिज थामती सी १४
ठाँव कोई ताकती सी १४
अब कौन है ७
किसका सगा? ७
सूर्य ने ५
छाया को ठगा ९
.
***
कार्यशाला
आइये! कविता करें ६ :
.
मुक्तक
आभा सक्सेना
कल दोपहर का खाना भी बहुत लाजबाब था, = २६
अरहर की दाल साथ में भुना हुआ कबाब था। = २६
मीठे में गाजर का हलुआ, मीठा रसगुल्ला था, = २८
बनारसी पान था पर, गुलकन्द बेहिसाब था।। = २६
लाजवाब = जिसका कोई जवाब न हो, अतुलनीय, अनुपम। अधिक या कम लाजवाब नहीं होता, भी'' से ज्ञात होता है कि इसके अतिरिक्त कुछ और भी स्वादिष्ट था जिसकी चर्चा नहीं हुई। इससे अपूर्णता का आभास होता है। 'भी' अनावश्यक शब्द है।
तीसरी पंक्ति में 'मीठा' और 'मीठे' में पुनरावृत्ति दोष है. गाजर का हलुआ और रसगुल्ला मीठा ही होता है, अतः यहाँ मीठा लिखा जाना अनावश्यक है।
पूरे मुक्तक में खाद्य पदार्थों की प्रशंसा है. किसी वस्तु का बेहिसाब अर्थात अनुपात में न होना दोष है, मुक्तककार का आशय दोष दिखाना प्रतीत नहीं होता। अतः, इस 'बेहिसाब' शब्द का प्रयोग अनुपयुक्त है।
कल दोपहर का खाना सचमुच लाजवाब था = २५
दाल अरहर बाटी संग भर्ता-कवाब था = २४
गाजर का हलुआ और रसगुल्ला सुस्वाद था- = २६
अधरों की शोभा पान बनारसी नवाब था = २५
१८-१-२०१५

रविवार, 19 जनवरी 2025

जनवरी १९, चित्रगुप्त, सोरठा, सॉनेट, कालगणना, ब्राह्मण, ओशो, बुद्ध, शिव, नवगीत, लघुकथा, बिरजू महाराज

सलिल सृजन जनवरी १९    


प्रभु श्री चित्रगुप्त जी का पवित्र ग्रंथों में महिमा वर्णन

- ०१. ऋग्वेद अध्याय ४,५,६ सूत्र ९-१-२४ अध्याय १७ सूत्र १०७ /१० - ७-२४ में। ऋग्वेद गायत्री मंत्र-
ॐ तत्पुरूषाय विद्महे श्री चित्रगुप्तायधीमहि तन्नो गुप्त: प्रचोदयात् ।
ॐ तत्पुरूषाय विद्महे श्री चित्रगुप्तायधीमहि तन्नो कवि लेखक: प्रचोदयात्।
ऋग्वेद नमस्कार मंत्र में - यमाय धर्मराजाय श्री चित्रगुप्ताय वै नम:।
ॐ सचित्र: चित्रं विन्तये तमस्मै चित्रक्षत्रं चित्रतम वयोधाम् चँद्ररायो पुरवौ ब्रहभूयं चँद्र चँद्रामि गृहीते यदस्व:।
२- अर्थववेद- अध्याय १३-२-३२ के आश्वलायन स्त्रोत ४-१२-३ श्री चित्रश्वि कित्वान्महिष: सुपर्ण आरोचयन रोदसी अन्तरिक्षम् आखलायन क्षति। सचित्रश्रीचित्र चिन्तयंत मस्वो अग्निरीक्षे व्रहत: क्षत्रियस्य ।
३- पद्मपुराण - सृष्टिखण्ड व पातालखण्ड के अध्याय ३१ में, भूखण्ड के अध्याय १६, ६७, ६८ व स्वर्गखण्ड - चित्रगुप्त जी के नाम- यम, धर्मराज, मृत्यु, अन्तक, वैवस्त, सर्वभूतक्षय, औदम्बर, घघ्न, परमेष्ठी, बृकोदराय, श्रीचित्रगुप्त, चित्र, काल, नीलाम।
४- अग्नि पुराण - श्री चित्रगुप्त प्रणम्यादौ - वात्मानं सर्वदेहिनाम् । कायस्थअवतरण यथार्थ्यान्वेषणेेनोच्यते मया।। येनेदं स्वेच्छया सर्व मायया मोहित्जगत। राजयत्यजित: श्रीमान कायस्थ परमेश्वर:।।
५- गरुण पुराण - ब्रह्माणा निर्मित: पूर्णा विष्णुना पालितं यदा यद्र संहार मूर्तिश्व ब्रह्मण: तत: वायु सर्वगत सृष्ट: सूर्यस्तेजो विवृद्धिमान धर्मराजस्तत: सृष्टिश्चित्रगुप्तेन संयुत: ।
६- शिव पुराण में उमासंहिता अध्याय ७ में व अग्निपुराण अघ्याय २० व ३७० में - मार्कण्डेय धर्मराज श्रीचित्रगुप्तजी को 'कायस्थ' कहा गया है। शिव पुराण ज्ञान संहिता ध्याय १६- श्री चित्रगुप्त जी, भगवान शंकरजी के विवाह में शामिल हैं।
७- वशिष्ठ पुराण में - भगवान राम के विवाह में भगवान श्री राम जी के द्वारा सर्वप्रथम आहुति परमात्मा श्री चित्रगुप्त जी को दी गई।
८- लिंग पुराण में - अध्याय ९८ में शिवजी का नाम 'भक्त कायस्थ' लिखा है।
९- ब्रह्म पुराण में - अध्याय २-५-5५६ में श्री चित्रगुप्तजी परम न्यायाधीश का कार्य करते हैं।
१० - मत्स्य पुराण में -
श्री चित्रगुप्त जी को केतु, दाता, प्रदाता, सविता, प्रसविता, शासत:, आमत्य, मंत्री, प्राज्ञ, ललाट का विधाता, धर्मराज, न्यायाधीश, लेखक, सैनिक, सिपाहियों का सरदार, याम्यसुब्रत, परमेश्वर, घमिष्ठ, यम कहा गया है।
११- ब्रह्मावर्त पुराण में - श्री चित्रगुप्त जी का वर्णन है।
१२- कूर्म पुराण में - पूर्व भाग अध्याय ४० में।
१३- भविष्य पुराण में - उत्तराखण्ड अध्याय ८९ में।
१४- स्कन्द पुराण में - श्री चित्रगुप्त जी के अवतरण का वर्णन है।
१५- यम संहिता में - उदीच्य वेषधरं सौम्यंदर्शनम् द्विभुजं केतु प्रत्याउयधिदेवं श्रीचित्रगुप्तं आवाह्यमि। चितकेत दीता प्रदाता सविता प्रसादिता शासनानमन्त:।
उपनिषदों में - श्री चित्रगुप्त जी का वर्णन
१६- कठोपनिषद् में - यम के नाम से श्री चित्रगुप्त जी का वर्णन।
१७- वाल्मीकि रामायण में - आत्मज्ञानी जनक ने श्री चित्रगुप्त जी का पूजन किया।
१८- महाभारत अनुशासन पर्व में - श्रीकृष्ण चँद्र वासुदेव जी ने सर्वप्रथम श्री चित्रगुप्त जी का पूजन किया है -
मषिभाजन सुयुक्तश्चरसित्वं महीतले
लेखनी कटनी हस्ते श्री चित्रगुप्त: नमस्तुते।
•••
***
सोरठा सलिला
जो करते संदेह, शांत न हो सकते कभी।
कर विश्वास विदेह, रहे शांत ही हमेशा।।
दिखती भले विराट, निराधार गिरती लहर।
रह साहस के घाट, जीत अविचलित रह सलिल।।
मिले वहीं आनंद, भय बंधन कटते जहाँ।
गूँजा करते छंद, मन के नीलाकाश में।।
कर्म स्वास्थ्य अनुभूति, संगत मिल परिणाम दें।
शुभ की करें प्रतीति, हों असीम झट कर विलय।।
सोच सकारात्मक रखें, जीवन हो सोद्देश्य।
कार्य निरंतर कीजिए, पूरा हो उद्देश्य।।
जीवन केवल आज, नहीं विगत; आगत नहीं।
पल पल करिए काज, दें संदेश किशन यही।।
मन के अंदर झाँक, अटक-भटक मत बावरे।
खुद को कम मत आँक, साथ हमेशा साँवरे।।
हुए मूल से दूर, ज्यों त्यों ही असहाय हम।
आँखें रहते सूर, मिले दर्द-दुख अहं से।।
•••
सॉनेट
बिरजू महाराज
*
ताल-थाप घुँघरू मादल
एक साथ हो मौन गए
नृत्य कथाएँ कौन कहे?
कौन भरे रस की छागल??
रहकर भी थे रहे नहीं
अपनी दुनिया में थे लीन
रहे सुनाते नर्तन-बीन
जाकर भी हो गए नहीं
नटसम्राट अनूठे तुम
फिर आओ पथ हेरें हम
नहीं करेंगे हम मातम
आँख भले हो जाए नम
जब तक अपनी दम में दम
छवियाँ नित सुमिरेंगे हम
१८-१-२०२२
***
भारतीय कालगणना
१८ निमेष = १ काष्ठा
३० काष्ठा = १ कला
३० कला = १ क्शण
१२ क्शण = १ मुहूर्त
३० मुहूर्त = १ दिन-रात
३० दिन रात = १ माह
२ माह = १ ऋतु
३ ऋतु = १ अयन
२ अयन = १ वर्ष
१२ वर्ष = १ युग
१ माह = पितरों का दिन-रात
१ वर्ष = देवों का दिन-रात
युग। दिव्य वर्ष - सौर वर्ष
सत = ४८०० - १७२८०००
त्रेता = ३६०० - १२९६०००
द्वापर = २४०० - ८६४०००
कलि = १२०० - ४३२००००
एक महायुग = १२००० दिव्य वर्ष = ४३,२०,००० वर्ष = १ देवयुग
१००० देवयुग = १ ब्रह्म दिन या ब्रह्म रात्रि
७१ दिव्य युग = १ मन्वन्तर
१४ मन्वन्तर = १ ब्रह्म दिन
*
ब्रह्मा जागने पर सतासत रूपी मन को उत्पन्न करते हैं। मन विकारी होकर सृष्टि रचना हेतु क्रमश: आकाश (गुण शब्द), गंध वहनकर्ता वायु (गुण स्पर्श), तमनाशक प्रकाशयुक्त तेज (गुण रूप), जल (गुण रस) तथा पृथ्वी (गुण गंध) उत्पन्न होती है।
*
***
भविष्यपुराण से
*
ब्राह्मण के लक्षण -
संस्कार ही ब्रह्त्व प्राप्ति का मुख्य कारण है। जिस ब्राह्मण के वेदादि शास्त्रों में निर्दिष्ट गर्भाधान, पुंसवन आदि ४८ संस्कार विधिपूर्वक हुए हों, वही ब्राह्मण ब्रह्मलोक और ब्रह्मत्व को प्राप्त करता है।
४८ संस्कार - गर्भाधान, पुंसवन, सीमन्तोन्नयन, जातकर्म, नामकरण, अन्नप्राशन, चूड़ाकर्म, उपनयन, ४ वेदव्रत, वेदस्नान, विवाह, पंचमहायग्य (जिनसे देवता, पितरों, मनुष्य, भूत और ब्रह्म तृप्त हों), सप्तपाक यग्य (संस्था, अष्टकाद्वय, पार्वण, श्रावणी, आग्रहायणी, चैत्री या शूलगव तथा अाश्वयुजी), सप्तविर्यग्य (संस्था, अग्न्याधान, अग्निहोत्र, दर्श पौर्णमास, चातुर्मास्य, निरूढ-पशुबंध, सौत्रामणी) और सप्तसोम (संस्था-अग्निष्टोम, अत्यग्निष्टोम, उक्थ्य। षोडशी, वाजपेय, अतिरात्र व आप्तोर्याम) तथा ८ आत्मगुण (अनसूया-दूसरों के गुणों में दोष-बुद्धि न रखना, दया-परदुख दूर करने की इच्छा, क्शांति-क्रोध व वैर न करना, अनायास-सामान्य बात के लिए जान की बाजी न लगाना, मंगल-मांगलिक वस्तुओं का धारण, अकार्पण्य-दीन वचन न बोलना व अति कृपण न बनना, शौच-बाह्यभ्यंतर की शुद्धि तथा अस्पृहा-परधन की इच्छा न रखना।) ।
***
ओशो विमर्श
*बुद्धपुरूषों का बुद्धत्तव के बाद दुबारा जन्म क्यों नहीं होता है?*
ओशो: जरूरत नहीं रह जाती। जन्म अकारण नहीं है, जन्म शिक्षण है। जीवन एक परीक्षा है, पाठशाला है। यहाँ तुम आते हो क्योंकि कुछ जरूरत है। बच्चे को हम स्कूल भेजते है, पढ़ने लिखने,समझने-बूझने; फिर जब वह सब परीक्षाएँ उत्तीर्ण हो जाता है, फिर तो नहीं भेजते। फिर वह अपने घर आ गया। फिर भेजने की कोई जरूरत न रही।
परमात्मा घर है, सत्य कहो, निर्वाण कहो, मोक्ष कहो संसार विद्यालय है। वहाँ हम भेजे जाते हैं, ताकि हम परख लें, निरख लें, कस लें कसौटी पर अपने को सुख-दुख की आँच में, सब तरह के कडुवे-मीठे अनुभव से गुजर लें और वीतरागता को उपलब्ध हो जाएँ। सब गँवा दें, सब तरफ से भटक जाएँ, दूर-दूर अँधेरों में, अँधेरी खाइयों-खड्डों में सरकें, सत्य से जितनी दूरी संभव हो सके निकल जाएँ और फिर बोध से वापस लौटें।
बच्चा भी शांत होता, निर्दोष होता; संत भी शांत होता, निर्दोष होता। लेकिन संत की निर्दोषता में बड़ा मूल्य है, बच्चे की निर्दोषता में कोई खास मूल्य नहीं है। यह निर्दोषता जो बच्चे की है, मुफ्त है, कमाई हुई नहीं है। यह आज है, कल चली जाएगी। जीवन इसे छीन लेगा। संत की जो निर्दोषता है, इसे अब कोई भी नहीं छीन सकता। जो-जो घटनाएँ छिन सकती थीं, उनसे तो गुजर चुका संत। इसलिए परमात्मा को खोना, परमात्मा को ठीक से जानने के लिए अनिवार्य है। इसलिए हम भेजे जाते हैं।
बुद्धपुरुष को तो भेजने की कोई जरूरत नहीं, जब फल पक जाता है तो फिर डाली से लटका नहीं रहता, फिर क्या लटकेगा! किसलिए? वृक्ष से लटका था पकने के लिए। धूप आई, सर्दी आई, वर्षा आई, फल पक गया, अब वृक्ष से क्यों लटका रहेगा! कच्चे फल लटके रहते हैं। बुद्ध यानी पका हुआ फल।
छोड़ देती है डाल
रस भरे फल का हाथ
किसी और कसैले फल को
मीठा बनाने के लिए
छोड़ ही देना पड़ेगा। वृक्ष छोड़ देगा पके फल को, अब क्या जरूरत रही? फल पक गया, पूरा हो गया, पूर्णता आ गयी। बुद्धत्व का अर्थ है, जो पूर्ण हो गया। दुबारा लौटने का कोई कारण नहीं।
हमारे मन में सवाल उठता है कभी-कभी, क्योंकि हमें लगता है, जीवन बहुत मूल्यवान है। यह तो बिल्कुल उलटी बात हुई कि बुद्धत्व को उपलब्ध व्यक्ति को फिर जीवन नहीं मिलता। हमें लगता है, जीवन बहुत मूल्यवान है। बुद्धत्व को जो उपलब्ध है, उसे तो पता चल गया और बड़े जीवन का, और विराट जीवन का।
ऐसा ही समझो कि तुम शराब-घर जाते थे रोज, फिर एक दिन भक्ति-रस लग गया, फिर मंदिर में नाचने लगे, डोलने लगे, फिर प्रभु की शराब पी ली, अब शराब-घर नहीं जाते। शराबी सोचते होंगे कि बात क्या हो गयी? ऐसी मादक शराब को छोड़कर यह आदमी कहाँ चला गया? अब आता क्यों नहीं?
इसे बड़ी शराब मिल गयी, अब यह आए क्यों? इसे असली शराब मिल गयी, अब यह नकली के पास आए क्यों? इसे ऐसी शराब मिल गई जिसको पीकर फिर होश में आना ही नहीं पड़ता। और इसे एक ऐसी शराब मिल गई जिसमें बेहोशी भी होश है। अब यह इस क्षुद्र सी शराब को पीने क्यों आए?
बुद्धत्व को पाया व्यक्ति परम सागर में डूब गया। जिसकी तुम तलाश करते थे, जिस आनंद की, वह उसे मिल गया, अब वह यहाँ क्यों आए? यह जीवन तो कच्चे फलों के लिए है, ताकि वे पक जाएं, परिपक्य हो जाएं। इस जीवन के सुख-दुख, इस जीवन की पीड़ाएँ, इस जीवन के आनंद, जो कुछ भी है, वह हमें थपेड़े मारने के लिए है, चोटें मारने के लिए है।
देखा, कुम्हार घड़ा बनाता है, घड़े को चोटें मारता है। एक हाथ भीतर रखता है, एक हाथ बाहर रखता, चाक पर घड़ा घूमता और वह चोटें मारता! फिर जब घड़ा बनकर तैयार होगा, चोटें बंद कर देता है; फिर घड़े को आग में डाल देता है। फिर जब घड़ा पक गया, तो न चोट की जरूरत है, न आग में डालने की जरूरत है। संसार में चोटें हैं और आग में डाला जाना है। जब तुम पक जाओगे, तब प्रभु का परम रस तुममें भरेगा। तुम पात्र बन जाओगे, तुम घड़े बन जाओगे, फिर कोई जरूरत न रह जाएगी।
***
विश्व विवाह दिवस पर
*
विवाह के बाद पति-पत्नि एक सिक्के के दो पहलू हो जाते हैं, वे एक दूसरे का सामना नहीं कर सकते फिर भी एक साथ रहते हैं। - अल गोर
*
जैसे भी हो शादी करो। यदि अच्छी बीबी हुई तो सुखी होगे, यदि बुरी हुई तो दार्शनिक बन जाओगे। - सुकरात
*
महिलाएँ हमें महान कार्य करने हेकु प्रेरित करती हैं और उन्हें प्राप्त करने से हमें रोकती हैं। - माइक टायसन
*
मैं ने अपनी बीबी से कुछ शब्द कहे और उसने कुछ अनुच्छेद। - बिल क्लिंटन
*
इलैक्ट्रॉनिक बैंकिंग से भी अधिक तेजी से धन निकालने का एक तरीका है। उसे शादी कहते हैं। - माइकेल जॉर्डन
*
एक अच्छी बीबी हमेशा अपने शौहर को माफ कर देती है जब वह गलत होती है। - बराक ओबामा
*
जब आप प्रेम में होते हैं तो आश्चर्य होते रहते हैं। किंतु एक बार आपकी शादी हुई तो आप आश्चर्य करते हैं क्या हुआ?
*
और अंत में सर्वोत्तम
शादी एक सुंदर वन है जिसमें बहादुर शेर सुंदर हिरणियों द्वारा मारे जाते हैं।
***
नवगीतकार संध्या सिंह को
फेसबुक द्वारा ऑथर माने जाने पर प्रतिक्रिया
संध्या को ऑथर माना मुखपोथी जी
या सिंह से डर यश गाया मुखपोथी जी
फेस न बुक हो जाए लखनऊ थाने में
गुपचुप फेस बचाया है मुखपोथी जी
लाजवाब नवगीत, ग़ज़ल उम्दा लिखतीं
ख्याल न अब तक क्यों आया मुखपोथी जी
जुड़ संध्या के साथ बढ़ाया निज गौरव
क्यों न सैल्फी खिंचवाया मुखपोथी जी
है "मुखपोथी रत्न" ठीक से पहचानो
कद्र न करना आया है मुखपोथी जी
फेस "सलिल" में देख कभी "संजीव" बनो
अब तक समय गँवाया है मुखपोथी जी
तुम से हम हैं यह मुगालता मत पालो
हम से तुम हो सच मानो मुखपोथी जी
१९-१-२०
***
नवगीत-
पड़ा मावठा
*
पड़ा मावठा
घिरा कोहरा
जला अँगीठी
आगी ताप
*
सिकुड़-घुसड़ मत बैठ बावले
थर-थर मत कँप, गरम चाय ले
सुट्टा मार चिलम का जी भर
उठा टिमकिया, दे दे थाप
पड़ा मावठा
घिरा कोहरा
जला अँगीठी
आगी ताप
*
आल्हा-ऊदल बड़े लड़ैया
टेर जोर से,भगा लड़ैया
गा रे! राई, सुना सवैया
घाघ-भड्डरी
बन जा आप
पड़ा मावठा
घिरा कोहरा
जला अँगीठी
आगी ताप
*
कुछ अपनी, कुछ जग की कह ले
ढाई आखर चादर तह ले
सुख-दुःख, हँस-मसोस जी सह ले
चिंता-फिकिर
बना दे भाप
पड़ा मावठा
घिरा कोहरा
जला अँगीठी
आगी ताप
*
बाप न भैया, भला रुपैया
मेरा-तेरा करें लगैया
सींग मारती मरखन गैया
उठ, नुक्कड़ का
रस्ता नाप
पड़ा मावठा
घिरा कोहरा
जला अँगीठी
आगी ताप
*
जाकी मोंड़ी, बाका मोंड़ा
नैन मटक्का थोड़ा-थोड़ा
हम-तुम ने नाहक सर फोड़ा
पर निंदा का
मत कर पाप
पड़ा मावठा
घिरा कोहरा
जला अँगीठी
आगी ताप
***
लघुकथा-
भारतीय
*
- तुम कौन?
_ मैं भाजपाई / कॉंग्रेसी / बसपाई / सपाई / साम्यवादी... तुम?
= मैं? भारतीय।
***
लघुकथा-
चैन की साँस
*
- हे भगवान! पानी बरसा दे, खेती सूख रही है।
= हे भगवान! पानी क्यों बरसा दिया? काम रुक गया।
- हे भगवान! रेलगाड़ी जल्दी भेज दे समय पर कार्यालय पहुँच जाऊँ।
= हे भगवान! रेलगाड़ी देर से आये, स्टेशन तो पहुँच जाऊँ।
- हे भगवान पास कर दे, लड्डू चढ़ाऊँगा।
= हे भगवान रिश्वतखोरों का नाश कर दे।
_ हे इंसान! मेरा पिंड छोड़ तो चैन की साँस ले सकूँ।
***
रोचक संवाद कथा-
ताना-बाना
*
- ताना ताना?
= ताना पर टूट गया।
- अधिक क्यों ताना?, और बाना?
= पहन लिया।
- ताना क्यों नहीं?
= ताना ताना
- बाना क्यों नहीं ताना?
= ताना ताना, बाना ताना।
- ताना, ताना है तो बाना कैसे हो सकता है?
= इसको ताना, उसको ताना, ये है ताना वो है बाना
- ताना मारा, बाना नहीं मारा क्यों?
दोनों चुप्प.
१९.१.२०१६
...
नवगीत:
.
उड़ चल हंसा
मत रुकना
यह देश पराया है
.
ऊपर-नीचे बादल आये
सूर्य तरेरे आँख, डराये
कहीं स्वर्णिमा, कहीं कालिमा
भ्रमित न होना
मत मुड़ना
यह देश सुहाया है
.
पंख तने हों ऊपर-नीचे
पलक न पल भरअँखियाँ मीचे
ऊषा फेंके जाल सुनहरा
मुग्ध न होना
मत झुकना
मत सोच बुलाया है
...
नवगीत
काम तमाम
.
काम तमाम तमाम का
करतीं निश-दिन आप
मम्मी मैया माँ महतारी
करूँ आपका जाप
.
हो मनुष्य या यंत्र बताये कौन? विधाता हारे
भ्रमित न केवल तुम, पापा-हम खड़े तुम्हारे द्वारे
कहतीं एक बात तब तक जब तक न मान ले दुनिया
बदल गया है समय तुम्हें समझा-समझा हम हारे
कैसे जिद्दी कहूँ?
न कर सकता मैं ऐसा पाप
.
'आने दो उनको' कहकर तुम नित्य फ़ोड़तीं अणुबम
झेल रहे आतंकवाद यह हम हँस पर निकले दम
मुझ सी थीं तब क्या-क्या तुमने किया न अब बतलाओ
नाना-नानी ने बतलाया मुझको सच क्या थीं तुम?
पोल खोलकर नहीं बढ़ाना
मुझको घर का ताप
.
तुमको पता हमेशा रहता हम क्या भूल करेंगे?
हो त्रिकालदर्शी न मानकर हम क्यों शूल वरेंगे?
जन्मसिद्ध अधिकार तुम्हारा करना शक-संदेह
मेरे मित्र-शौक हैं कंडम, चुप इल्जाम सहेंगे
हम भी, पापा भी मानें यह
तुम पंचायत खाप
१९.१.२०१५
...
शिव पर दोहे
*
शिव ही शिव जैसे रहें, विधि-हरि बदलें रूप।
चित्र गुप्त हो त्रयी का, उपमा नहीं अनूप।।
*
अणु विरंचि का व्यक्त हो, बनकर पवन अदृश्य।
शालिग्राम हरि, शिव गगन, कहें काल-दिक् दृश्य।।
*
सृष्टि उपजती तिमिर से,श्यामल पिण्ड प्रतीक।
रवि मण्डल निष्काम है, उजियारा ही लीक।।
*
गोबर पिण्ड गणेश है, संग सुपारी साथ।
रवि-ग्रहपथ इंगित करें, पूजे झुकाकर माथ।।
*
लिंग-पिण्ड, भग-गोमती,हर-हरि होते पूर्ण।
शक्तिवान बिन शक्ति के, रहता सुप्त अपूर्ण।।
*
दो तत्त्वों के मेल से, बनती काया मीत।
पुरुष-प्रकृति समझें इन्हें, सत्य-सनातन रीत।।
*
लिंग-योनि देहांग कह, पूजे वामाचार।
निर्गुण-सगुण न भिन्न हैं, ज्यों आचार-विचार।।
*
दो होकर भी एक हैं, एक दिखें दो भिन्न।
जैसे चाहें समझिए, चित्त न करिए खिन्न।।
*
सत्-शिव-सुंदर सृष्टि है, देख सके तो देख।
सत्-चित्-आनंद ईश को, कोई न सकता लेख।।
*
१९.१.२०११, जबलपुर।