कुल पेज दृश्य

शुक्रवार, 29 मार्च 2024

मार्च २९, कहमुकरी

सलिल सृजन २९ मार्च
*
विश्ववाणी हिंदी में छीन का उद्भव लोक में लोक के द्वारा, लोक के लिए हुआ है। अधिकतर समझदार किंतु अशिक्षित / अल्पशिक्षित लोक ने लय को आधार बनाकर छंदों की रचना की। कोई बात कहकर उससे मुकर जाना अथवा स्वीकार न कर कोई अन्य बात कह देने के प्रवृत्ति सामान्य है। 'कहने' और 'मुकरने' का क्रिया-कलाप हइओ 'कहमुकरी' छंद है। इस लोक छंद से प्रभावित होकर 'अमीर खुसरो' ने कई कहमुकरियाँ रचीं। उसके बाद भारतेन्दु हरिश्चन्द्र और अन्यान्य कवियों ने भी इस विधा को आगे बढ़ाया।

दुमदार दोहा

एक दिन आमिर खुसरो कुदरत के हसीन नज़ारे देखते-देखते दूर गाँव की ओर चले गए। उन्हें जोर से प्यास लगी। चारों ओर देखा तो कुछ दूरी पर ४ ग्रामीण महिलाएँ कुएँ से जल भरती दिखाई दीं। खुसरो ने उनसे जल पिलाने के आग्रह किया। वे महिलाएँ खुसरो को पहचान गईं और उनमें से एक ने खुसरो से कहा कि जल तो तबही मिलेगा जब आप हमें हमारे दिए विषय पर तुरंत कविता रच कार सुनाएँगे। खुसरो समझ गए कि जिन्हें वे सामान्य भोली बालाएँ समझ रहे हैं वे चतुरा नारियाँ हैं। प्यास से गला सूखने की बेचैनी, मीठा ठंडा पानी समीप होने के बाद भी पी नहीं पा रहे थे। राज हठ और बाल हठ से भी अधिक विषम होता है त्रिया हठ। खुसरो इसी त्रिया हाथ का सामना कार रहे थे। बहुत आरज़ू-मिन्नत के बाद भी कोई रियायत न मिली तो खुसरो ने उनसे विषय पूछे। उन महिलाओं ने विषय दिए खीर,चरखा, कुत्ता और ढोल। कोई सामान्य कवि होता तो उसके छक्के छूट जाते पर खुसरो तो बाकमाल शख्स थे। कुछ पल दाढ़ी खुजलाते हुए सोचते रहे और झट से एक ऐसी रचना सुनाई जिसमें चारों विषय सम्मिलित हो गए। महिलाओं ने रचना सुनकर खुसरो की कविताई का कमाल सुन, सराहा और सहर्ष पानी पिलाकर खुसरो की प्यास बुझाई। वह कविता थी-

खीर पकाई जतन से, चरखा दिया जलाय।
आया कुत्ता कहा गया, तू बैठी ढोल बजाय।।
ला पानी पिला।

इस तरह हिंदी में चिरकाल से प्रचलित सर्वाधिक लोक प्रिय छंद दोहे ने 'दुमदार दोहे' के रूप में अपनी वंश वृद्धि की।

खेतों में मचान पर बैठ कर फसल की रखवाली करते किसान शाम-रात के समय अकेलापन मिटाने के लिए कोई गीत गाते हैं। दूर किसी अन्य मचान पर इस पंक्ति को सुनकर उस पर बैठा किसान अपनी ओर से नई पंक्ति जोड़ देता है। यह क्रम चलता रहता है, गीत में कड़ियाँ जुड़ती रहती हैं। इन पंक्तियों के रचयिता स्त्री-पुरुष दोनों हो सकते हैं और वे अपरिचित भी होते हैं।
कहमुकरी भी लोक गीतों की ऐसी ही एक स्वतंत्र शैली है जिसका वैशिष्ट्य बिम्बात्मकता, लयात्मकता, गेयता तथा प्रश्नोत्तरता है। आरंभ में कहमुकरी की संरचना चौपाई के समान, (१६ मात्रा के ४ चरण) रही है। एक सखी दूसरी सखी से अपने साजन के बारे में बात करती है। प्रथम दो पंक्तियों में ऐसा बिंब बनाती कि दूसरी को लगता है कि वह साजन के बारे में बता रही है, लेकिन जब वह पूछती है तो वह मुकर जाती है। इस प्रकार यह छंद रोचक रचना विधान के साथ पाठक के मन की जिज्ञासा को बढ़ाता है। कहमुकरी दो सखियों/कवियों के वार्तालाप का जीवंत दृश्य उपस्थित करती है। सहज प्रवाहमयी लय और लोक ग्राह्य तुक कहमुकरी में चार चाँद लगाती हैं। कहमुकरी लोक छंद है, इसलिए इसके चरण भार में वैविध्य दिखता है,। सामान्यत: १५, १६ या १७ मात्राओं के समभारिक चरण प्रयोग में लाए जाते हैं हैं। चरण के अंत में नगण, सगण, भगण , यागन आदि का प्रयोग चारुत्व वर्धक होता है।

कहमुकरी की प्रथम ३ पंक्तियों में एक सखी अपनी दूसरी अंतरंग सखी से अपने साजन (पति, प्रेमी आदि) के बारे में अपने मन की कोई बात लाक्षणिक रूप से इस प्रकार कहती है कि वह किसी अन्य बिम्ब पर भी सटीक बैठे। दूसरी सखी कहे गए लक्षणों के आधार पर ४ थी पंक्ति के पूर्वार्ध में कहमुकरी- नायक को पहचान लेती है। तब पहली सखी लजाते हुए कहमुकरी के अंत (४ थी पंक्ति के उत्तरार्ध) में अपनी बात से मुकरते हुए लक्षण साम्य के आधार पर किसी अन्य का नाम लेती है।

आरंभिक कहमुकरियों में 'न' की जगह 'ना' या 'नहिं' शब्द का प्रयोग तथा 'सखी' को 'सखि लिखा जाता रहा है। आधुनिक कहमुकरीकार शिल्पगत विरासत को यथावत रखने अथवा उसमें यथोचित परिवर्तन करने को लेकर एकमत नहीं हैं। हिंदी काव्य में अर्थचमत्कृति के लिए श्लेष व छेकापहृति अलंकारों का विशेष प्रयोग किया जाता है। कहमुकरी में यमक अलंकार का प्रयोग बहुअर्थ की प्रतीति करता है। श्लेष अलंकार में कहनेवाला मूल अर्थ में तथा सुनने वाला भिन्न अर्थ में ग्रहण करता है।छेकापहृति अलंकार में में प्रस्तुत को अस्वीकार व अप्रस्तुत को स्वीकार करवाया जाता है।

एक उदाहरण:-

वा बिन रात न नीकी लागे, वा देखें हिय प्रीत ज जागे,
अद्भुत करता वो छल छंदा। क्या सखि साजन? ना री चंदा।।

पहली तीन पंक्तियों में उसके बिना रात अच्छी नहीं लगती, उसे देखकर मन में प्रेम-भावना जागती है तथा वह अद्भुत क्रीड़ाएँ करता है कहकर प्रेमी को संकेतित किया गया है। चौथी पंक्ति के पूर्वार्ध में सखी द्वारा संकेत समझ लिए जाने पर नायिका प्रस्तुत को अस्वीकृत करअप्रस्तुत (चंद्रमा) को मान्य करती है। यही कहमुकरी विधा का वैशिष्ट्य व काव्यगत लालित्य है। कहमुकरी मे लय-प्रवाह व गति-यति के सुचारु संतुलन हेतु द्विकल का प्रयोग अधिक होता है। कह मुकरी में कल बाँट २२ २२ २२ २२, २२ २२ २२ २१ या २२ २२ २२ २१२ तथा दो-दो सम तुकांती चरण रखने की प्रथा है।

पारंपरिक कहमुकरी में 'सखि' और 'साजन' का प्रयोग किया गया है किंतु आधुनिक कहमुकरीकार (मैं भी) इनके स्थान पर अन्य शब्द भी प्रयोग करते हैं। कहमुकरी की जान भावविलास व कथ्य चातुर्य में बसती है, जीवंतता बनाए रखने के लिए शिल्पगत तथा विषयगत परिवर्तन कार इस विधा को समयानुकूल तथा लोकोपयोगी बनाए रखा जाना आवश्यक है।

अमीर खुसरो की मुकरियाँ मनोरंजन प्रधान हैं। भारतेंदु हरिश्चंद्र की मुकरियों में तत्कालीन राजनीतिक-सामाजिक विसंगतियाँ हैं। साहित्य सृजन की हर विधा सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक परिवेश की साक्षी तथा विसंगतियों को उद्घाटित कर उनके निवारण में सहायक हो तभी उसकी उपादेयता है। आधुनिक कहमुकरियाँ इस दायित्व के निर्वहन हेतु सक्रिय हैं।
*
खुसरो की कुछ कहमुकरियाँ

रात समय वह मेरे आवे। भोर भये वह घर उठि जावे॥
यह अचरज है सबसे न्यारा। ऐ सखि साजन? ना सखि तारा॥

नंगे पाँव फिरन नहिं देत। पाँव से मिट्टी लगन नहिं देत॥
पाँव का चूमा लेत निपूता। ऐ सखि साजन? ना सखि जूता॥

वह आवे तब शादी होय। उस बिन दूजा और न कोय॥
मीठे लागें वाके बोल। ऐ सखि साजन? ना सखि ढोल॥

जब माँगू तब जल भरि लावे। मेरे मन की तपन बुझावे॥
मन का भारी तन का छोटा। ऐ सखि साजन? ना सखि लोटा॥

बेर-बेर सोवतहिं जगावे। ना जागूँ तो काटे खावे॥
व्याकुल हुई मैं हक्की बक्की। ऐ सखि साजन? ना सखि मक्खी॥

अति सुरंग है रंग रंगीलो। है गुणवंत बहुत चटकीलो॥
राम भजन बिन कभी न सोता। क्यों सखि साजन? ना सखि तोता॥

अर्ध निशा वह आया भौन। सुंदरता बरने कवि कौन॥
निरखत ही मन भयो अनंद। क्यों सखि साजन? ना सखि चंद॥

शोभा सदा बढ़ावन हारा। आँखिन से छिन होत न न्यारा॥
आठ पहर मेरो मनरंजन। क्यों सखि साजन? ना सखि अंजन॥

जीवन सब जग जासों कहै। वा बिनु नेक न धीरज रहै॥
हरै छिनक में हिय की पीर। क्यों सखि साजन? ना सखि नीर॥

बिन आये सबहीं सुख भूले। आये ते अँग-अँग सब फूले॥
सीरी भई लगावत छाती। क्यों सखि साजन? ना सखि पाति॥

भारतेन्दु हरिश्चंद्र की कुछ कहमुकरियाँ

रूप दिखावत सरबस लूटै, फंदे में जो पड़ै न छूटै।
कपट कटारी जिय मैं हुलिस, क्यों सखि साजन? नहिं सखि पुलिस।

नई- नई नित तान सुनावै, अपने जाल मैं जगत फँसावै।
नित नित हमैं करै बल सून, क्यों सखि साजन? नहिं कानून।

तीन बुलाए तेरह आवैं, निज निज बिपता रोइ सुनावैं।
आँखौ फूटे भरा न पेट, क्यों सखि साजन? नहिं ग्रैजुएट।
*
कहमुकरी : मेरे कुछ प्रयोग
मन की बात अनकही कहती
मधुर सरस सुधियाँ हँस तहती
प्यास बुझाती जैसे सरिता
क्या सखि वनिता?
ना सखि कविता।
लहर-लहर पर लहराती है।
कलकल सुनकर सुख पाती है।।
मनभाती सुंदर मन हरती
क्या सखि सजनी?
ना सखि नलिनी।
नाप न कोई पा रहा।
सके न कोई माप।।
श्वास-श्वास में रमे यह
बढ़ा रहा है ताप।।
क्या प्रिय बीमा?
नहिं प्रिये, सीमा।
१०-३-२०२२
वस्त्र सफेद पहनतीं हरदम
नयनों में ममता होती नम
अधरों पर मुस्कान सजाएँ
माँ? नहिं शारद;
आ! गुण गाएँ
रहे प्रतीक्षा इसकी सबको
कौन न चाहे कहिए इसको?
इस पर आए सबको प्यार
सखि! दिलदार?,
नहिं रविवार
काया छोटी; अर्थ बड़े
लगता रच दें खड़े-खड़े
मोह न छूटे जैसे नग का
वैसे नथ का?;
ना सखि! क्षणिका
बिंदु बिंदु संसार बना दे
रेखा खींचे भाव नया दे
हो अंदाज न उसकी मति का
सखी! शिक्षिका?,
नहीं अस्मिता
साथ बहारें उसके आएँ
मन करता है गीत सुनाएँ
साथ उसी के समय बिताएँ
प्यारी! कंत?,
नहीं बसंत
कभी न रीते उसका कोष
कोई न देता उसको दोष
रहता दूर हमेशा रोष
भैया! होश?,
ना संतोष
समझ न आए उसकी माया
पीछा कोई छुड़ा न पाया
संग-साथ उसका मन भाया
मीता! काया?,
ना रे! छाया
कभी न करती मिली रंज री!
रहती मौन न करे तंज री!
एक बचाकर कई बनाए
सखी! अंजुरी?,
नहीं मंजुरी
४-१२-२०२२
***
सुंदरियों की तुलना पाता
विक्रम अरु प्रज्ञान सुहाता
शीश शशीश निहारे शेष
क्या देवेश?
नहीं राकेश।
विक्रम के काँधे बेताल
प्रश्न पूछता दे-दे ताल
उत्तर देता सीना तान
क्या अज्ञान?
ना, प्रज्ञान।
जहँ जा लिख-पढ़ बनते शिक्षित
कर घुमाई, बिन गए अशिक्षित
मानव मति शशि-रवि छू दक्षा
सखी है शिक्षा?
नहिं सखि कक्षा।
घटता-बढ़ता, नष्ट न होता
प्रेम कथाएँ फसलें बोता
पल में चमके, पल में मंदा
गोरखधंधा?
मितवा! चंदा।
मन कहता हँस पगले! मत रो
अपने सपने नाहक मत खो
सपने पूरे होते किस रो?
फ़ाइलों-पसरो?
नहिं सखि! इसरो।
नयन मूँदते रूप दिखाया
ना अपना नहिं रहा पराया
सँग भीगना कँपना तपना
माला जपना?
नहिं रे! सपना।
सुंदरियों की तुलना पाता
विक्रम अरु प्रज्ञान सुहाता
शीश शशीश निहारे शेष
क्या देवेश?
नहीं राकेश।
८.१०.२०२३
•••
वस्त्र सफेद पहनतीं हरदम
नयनों में ममता होती नम
अधरों पर मुस्कान सजाएँ
माँ? नहिं शारद;
आ! गुण गाएँ
रहे प्रतीक्षा इसकी सबको
कौन न चाहे कहिए इसको?
इस पर आए सबको प्यार
सखि! दिलदार?,
नहिं रविवार
काया छोटी; अर्थ बड़े
लगता रच दें खड़े-खड़े
मोह न छूटे जैसे नग का
वैसे नथ का?;
ना सखि! क्षणिका
बिंदु बिंदु संसार बना दे
रेखा खींचे भाव नया दे
हो अंदाज न उसकी मति का
सखी! शिक्षिका?,
नहीं अस्मिता
साथ बहारें उसके आएँ
मन करता है गीत सुनाएँ
साथ उसी के समय बिताएँ
प्यारी! कंत?,
नहीं बसंत
कभी न रीते उसका कोष
कोई न देता उसको दोष
रहता दूर हमेशा रोष
भैया! होश?,
ना संतोष
समझ न आए उसकी माया
पीछा कोई छुड़ा न पाया
संग-साथ उसका मन भाया
मीता! काया?,
ना रे! छाया
कभी न करती मिली रंज री!
रहती मौन न करे तंज री!
एक बचाकर कई बनाए
सखी! अंजुरी?,
नहीं मंजुरी
स्वार्थ बिना नित सेवा करता,
प्रभु का ध्यान हमेशा धरता।
हँसे इष्ट का कष्ट सभी हर,
क्या हरि-चाकर? नहिं सखि किंकर।
रामचन्द्र का बहुत दुलारा,
राम नाम प्राणाधिक प्यारा।
मानस मीमांसक अजरामर,
क्या सखि शंकर?, नहिं री! किंकर।
शब्द शब्द को अर्थ नए दे,
भक्ति नर्मदा, भजन नाव खे।
भवसागर से पार कराता,
सखी! विधाता?, किंकर त्राता।
२९.४.२०२४
•••

गुरुवार, 28 मार्च 2024

मार्च २८, कुण्डलिया, मुक्तक, मुक्तिका, दोहा, हास्य, सॉनेट, रामकिंकर

सलिल सृजन २८ मार्च
*
स्मरण युग तुलसी
सॉनेट

मन गह शरण रामकिंकर की,
पढ़-सुन-गुन साहित्य निरंतर,
राम नाम जप निशि-दिन सत्वर
अँगुली पकड़ राम चाकर की।

सद्गति होती हर पामर की,
तर जाते हैं सभी चर-अचर,
मस्तक पर गुरु की पग रज धर,
समझो कृपया हुई हरि-हर की।

महिमा कहि न जाय, यश गाएँ ,
किंकर-छवि अति पावन भावन,
दयासिंधु गुरु करुणासागर।

राम नाम नर्मदा नहाएँ,
राम-कृपा बरसे घर-आँगन,
हनुमत कर गह तर भवसागर।
२८-३-२०२४
•••
मुक्तक
*
कहाँ मुकम्मल ज़िंदगी
जहाँ इश्क है बंदगी।।
प्यार न जिसमें हो तनिक
नाता वही दरिंदगी।।
***

दोहा सलिला

ब्यूटीपार्लर में मिला, उनको नया निखार।
धुँधआया चौका पुता, ज्यों चूने से यार।।

यहाँ वहाँ पढ़कर रहे, अब तक हम बेकार।
कार पोंछने कर से, जाते अब सरकार।।

सास-बहू से प्यार कर, माँ-बेटे पर वार।
नफरत-सागर में नहा, वाक् हुई तलवार।।

मन की बातों ने धरा, मनमानी का रूप।
मनमोहन के मौन की, आती याद अनूप।।

बिन बोले जो बोलते, वे न खोलते राज।
बड़बोले देते गँवा, बिना व्याज ही ताज।।

हो लाइक कट पेस्ट पर, जी एस टी अब यार।
भरे तिजोरी तब चले, जुमलों की सरकार।।

२७-३-२०२३
***
मुक्तिका
*
कहाँ गुमी गुड़धानी दे दो
किस्सोंवाली नानी दे दो
बासंती मस्ती थोड़ी सी
थोड़ी भंग भवानी दे दो
साथ नहीं जाएगा कुछ भी
कोई प्रेम निशानी दे दो
मोती मानुस चून आँख को
बिन माँगे ही पानी दे दो
मीरा की मुस्कान बन सके
बंसी-ध्वनि सी बानी दे दो
***
मुक्तक
शशि त्यागी है सदा से, करे चाँदनी दान
हरी हलाहल की तपिश, शिव चढ़ पाया मान
सुंदरता पर्याय बन, कवियों से पा प्रेम
सलिल धार में छवि लखे, माँगे जग की क्षेम
२७-३-२०२०
***
लेख:
संतान बनो
*
इसरो के वैग्यानिकों ने देश के बाहरी शत्रुओं की मिसाइलों, प्रक्षेपास्त्रों व अंतरिक्षीय अड्डों को नष्ट करने की क्षमता का सफल क्रियान्वयन कर हम सबको 'शक्ति की भक्ति' का पाठ पढ़ाया है। इसमें कोई संदेह नहीं कि देश बाहरी शत्रुओं से बहादुर सेना और सुयोग्य वैग्यानिकों की दम पर निपट सकता है। मेरा कवि यह मानते हुए भी 'जहाँ न पहुँचे रवि वहाँ पहुँचे कवि' तथा 'सम्हल के रहना अपने घर में छिपे हुए गद्दारों से' की घुटी में मिली सीख भूल नहीं पाता।
लोकतंत्र के भीतरी दुश्मन कौन और कहाँ हैं, कब-कैसे हमला करेंगे, उनसे बचाव कौन-कैसे करेगा जैसे प्रश्नों के उत्तर चाहिए?
सचमुच चाहिए या नेताओं के दिखावटी देशप्रेम की तरह चुनावी वातावरण में उत्तर चाहने का दिखावा कर रहे हो?
सचमुच चाहिए
तुम कहते हो तो मान लेता हूँ कि लोकतंत्र के भीतरी शत्रुओं को जानना और उनसे लोकतंत्र को बचाना चाहते हो। इसके लिए थोड़ा कष्ट करना होगा।
घबड़ाओ मत, न तो अपनी या औलाद की जान संकट में डालना है, न धन-संपत्ति में से कुछ खर्च करना है।
फिर?
फिर... करना यह है कि आइने के सामने खड़ा होना है।
खड़े हो गए? अब ध्यान से देखो। कुछ दिखा?
नहीं?
ऐसा हो ही नहीं सकता कि तुम आइने के सामने हो और कुछ न दिखे। झिझको मत, जो दिख रहा है बताओ।
तुम खुद... ठीक है, आइना तो अपनी ओर से कुछ जोड़ता-घटाता नहीं है, सामने तुम खड़े हो तो तुम ही दिखोगे।
तुम्हें अपने प्रश्नों के उत्तर मिला?
नहीं?, यह तो हो ही नहीं सकता, आईना तुम्हारे प्रश्नों के उत्तर ही दिखा रहा है।
चौंक क्यों रहे हो? हमारे लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा और उस खतरे से बचाव का एकमात्र उपाय दोनों तुम ही हो।
कैसे?
बताता हूँ। तुम कौन हो?
आदमी
वह तो जानता हूँ पर इसके अलावा...
बेटा, भाई, मित्र, पति, दामाद, जीजा, कर्मचारी, व्यापारी, इस या उस धर्म-पंथ-गुरु या राजनैतिक दल या नेता के अनुयायी...
हाँ यह सब भी हो लेकिन इसके अलावा?
याद नहीं आ रहा तो मैं ही याद दिला देता हूँ। याद दिलाना बहुत जरूरी है क्योंकि वहीं समस्या और समाधान है।
जो सबसे पहले याद आना चाहिए और अंत तक याद नहीं आया वह यह कि तुम, मैं, हम सब और हममें से हर एक 'संतान' है। 'संतान होना' और 'पुत्र होना' शब्द कोश में एक होते हुए भी, एक नहीं है।
'पुत्र' होना तुम्हें पिता-माता पर आश्रित बनाता है, वंश परंपरा के खूँटे से बाँधता है, परिवार पोषण के ताँगे में जोतता है, कभी शोषक, कभी शोषित और अंत में भार बनाकर निस्सार कर देता है, फिर भी तुम पिंजरे में बंद तोते की तरह मन हो न हो चुग्गा चुगते रहते हो और अर्थ समझो न समझो राम नाम बोलते रहते हो।
संतान बनकर तुम अंधकार से प्रकाश पाने में रत भारत माता (देश नहीं, पिता भी नहीं, पाश्चात्य चिंतन देश को पिता कहता है, पौर्वात्य चिंतन माता, दुनिया में केवल एक देश है जिसको माता कहा जाता है, वह है भारत) का संतान होना तुम्हें विशिष्ट बनाता है।
कैसे?
क्या तुम जानते हो कि देश को विदेशी ताकतों से मुक्त कराने वाले असंख्य आम जन, सर्वस्व त्यागने वाले साधु-सन्यासी और जान हथेली पर लेकर विदेशी शासकों से जूझनेवाले पंथ, दल, भाषा, भूषा, व्यवसाय, धन-संपत्ति, शिक्षा, वाद, विचार आदि का त्याग कर भारत माता की संतान मात्र होकर स्वतंत्रता का बलिवेदी पर हँसते-हँसते शीश समर्पित करते रहे थे?
भारत माँ की संतान ही बहरों को सुनाने के लिए असेंबली में बम फोड़ रही थी, आजाद हिंद फौज बनाकर रणभूमि में जूझ रही थी।
लोकतंत्र को भीतरी खतरा उन्हीं से है जो संतान नहीं है और खतरा तभी मिलेगा जब हम सब संतान बन जाएँगे। घबरा मत, अब संतान बनने के लिए सिर नहीं कटाना है, जान की बाजी नहीं लगाना है। वह दायित्व तो सेना, वैग्यानिक और अभियंता निभा ही रहे हैं।
अब लोकतंत्र को बचाने के लिए मैं, तुम, हम सब संतान बनकर पंथ, संप्रदाय, दल, विचार, भाषा, भूषा, शिक्षा, क्षेत्र, इष्ट, गुरु, संस्था, आहार, संपत्ति, व्यवसाय आदि विभाजक तत्वों को भूलकर केवल और केवल संतान को नाते लोकहित को देश-हित मानकर साधें-आराधें।
लोकतंत्र की शक्ति लोकमत है जो लोक के चुने हुए नुमाइंदों द्वारा व्यक्त किया जाता है।
यह चुना गया जनप्रतिनिधि संतान है अथवा किसी वाद, विचार, दल, मठ, नेता, पंथ, व्यवसायी का प्रतिनिधि? वह जनसेवा करेगा या सत्ता पाकर जनता को लूटेरा? उसका चरित्र निर्मल है या पंकिल? हर संतान, संतान को ही चुने। संतान उम्मीदवार न हो तो निराश मत हो, 'नोटा' अर्थात इनमें से कोई नहीं तो मत दो। तुम ऐसा कर सके तो राजनैतिक सट्टेबाजों, दलों, चंदा देकर सरकार बनवाने और देश लूटनेवालों का बाजी गड़बडा़कर पलट जाएगी।
यदि नोटा का प्रतिशत ५००० प्रतिशत या अधिक हुआ तो दुबारा चुनाव हो और इस चुनाव में खड़े उम्मीदवारों को आजीवन अयोग्य घोषित किया जाए।
पिछले प्रादेशिक चुनाव में सब चुनावी पंडितों को मुँह की खानी पड़ी क्योंकि 'नोटा' का अस्त्र आजमाया गया। आयाराम-गयाराम का खेल खेल रहे किसी दलबदलू को कहीं मत न दे, वह किसी भी दल या नेता को नाम पर मत माँगे, उसे हरा दो। अपराधियों, सेठों, अफसरों, पूँजीपतियों को ठुकराओ। उन्हें चुने जो आम मतदाता की औसत आय के बराबर भत्ता लेकर आम मतदाता को बीच उन्हीं की तरह रहने और काम करने को तैयार हो।
लोकतंत्र को बेमानी कर रहा दलतंत्र ही लोकतंत्र का भीतरी दुश्मन है। नेटा के ब्रम्हास्त्र से- दलतंत्र पर प्रहार करो। दलाधारित चुनाव संवैधानिक बाध्यता नहीं है। संतान बनकर मतदाता दलीय उम्मीदवारों के नकारना लगे और खुद जनसेवी उम्मीदवार खड़े करे जो देश की प्रति व्यक्ति औसत आय से अधिक भत्ता न लेने और सब सुविधाएँ छोड़ने का लिखित वायदा करे, उसे ही अवसर दिया जाए।
संतान को परिणाम की चिंता किए बिना नोटा का ब्रम्हास्त्र चलाना है। सत्तर साल का कुहासा दो-तीन चुनावों में छूटने लगेगा।
आओ! संतान बनो।
२८-३-२०१९
*
कुण्डलिया
*
मन से राधाकिशन तब, 'सलिल' रहे थे संग.
तन से रहते संग अब, लिव इन में कर जंग..
लिव इन में कर जंग, बदलते साथी पल-पल.
कौन बताए कौन, कर रहा है किससे छल?.
नाते पलते मिलें, आजकल केवल धन से.
सलिल न हों संजीव, तभी तो रिश्ते मन से.
२८.३.२०१०
***

बुधवार, 27 मार्च 2024

मार्च २७, मुक्तिका, मनोरम छंद, मधुमालती छंद, दोहा गीत, गणगौर, सॉनेट, कलम, दिया,

सलिल सृजन २७ मार्च
*
सॉनेट
*
शीतल जल जैसा,
था अग्नि ताप क्यों?,
चमत्कार ऐसा,
धरा पर हुआ यों।
झूठ है या सत्य?
कैसे बतलाएँ?
किसने किया कृत्य?
कैसे समझाएँ?
हाथ की सफाई,
अय्यारी या छल?
माया फैलाई
दिखाया भक्ति बल?
प्रह्लाद रहा मौन,
कहेगा सच कौन?
२७.३.२०२४
***
मुक्तिका
मुक्तक का विस्तार मुक्तिका
हो समान पदभार मुक्तिका
हिंदी ग़ज़ल इसे कह सकते
है शब्दों का हार मुक्तिका
मिटा दूरियाँ सके दिलों से
रही लुटाती प्यार मुक्तिका
रहे पदांत-तुकांत सुसज्जित
भावों का श्रृंगार मुक्तिका
यही गीतिका सजल तेवरी
द्विपद मुक्त रसधार मुक्तिका
***
सॉनेट
दिया
*
दिया जल गया हुआ उजाला
जय जय करें अंबिका की सब
हुआ अँधेरे का मुँह काला
लगे हो गई है पूनम अब
दिया जिसे जो लिया न जाता
तब ही कीर्ति गूँजती जग में
जो किस्मत में खुद ही आता
मंज़िल दूर न रहती मग से
दिया मकां को बना रहा घर
उतर मयंक धरा पर आया
दिया कहे हो कोई न बेघर
रहे प्रियंक सदा सरसैया
दिया हुलास आस देता है
दिया न कुछ वापिस लेता है
***
सॉनेट
कलम
*
कलम न होती अगर हमारे हाथ में
भाग्य विधाता खुद के हम कैसे होते?
कलम न करती भावों की खेती यदि तो
गीत-ग़ज़ल की फसलें हम कैसे बोते?
कलम न करती अक्षर का आराधन तो
शब्द निःशब्दित कहिए कैसे कर पाते?
कलम न रोपी जाती बगिया-क्यारी में
सुमन सुगंधित कैसे दुनिया महकाते?
बक़लम कलम जुड़े मन से मन खत बनकर
थाती पीढ़ी ने पीढ़ी को दी अनुपम
कलम जेब में भाग्य बनाती लिख-पढ़कर
मिली विरासत कल की कल को हर उत्तम
कलम उपस्थित कर देती है चित्र सखे!
कलम गमकती जीवन में बन इत्र सखे!
***
: हिंदी शब्द सलिला - १ :
आइये! जानें अपनी हिंदी को।
हिंदी का शब्द भंडार कैसे समृद्ध हुआ?
आभार अरबी भाषा का जिसने हमें अनेक शब्द दिए हैं, इन्हें हम निरंतर बोलते हैं बिना जाने कि ये अरबी भाषा ने दिए हैं।
भाषिक शुद्धता के अंध समर्थक क्या इन शब्दों को नहीं बोलते?
ये शब्द इतने अधिक प्रचलित हैं कि इनके अर्थ बिना बताए भी हम सब जानते हैं।
कुछ अरबी शब्द निम्नलिखित हैं -
अखबार
अदालत
अल्लाह
अलस्सुबह
आदमकद
आदमी
औकात
औरत
औलाद
इम्तहान
ऐनक
कद्दावर
काफी
किताब
कैद
खत
खातिर
ग़ज़ल
गलीचा
जलेबी
तकिया
तबला
तलाक
तारीख
दिनार
दीवान
बिसात
मकतब
मस्तूल
महक
मानसून
मुहावरा
मौसम
लिहाज
वकील
वक़्त
शहीद
शादी
सुबह
हकीम
***
विमर्श :
गणगौर : क्या और क्यों?
*
'गण' का अर्थ शिव के भक्त या शिव के सेवक हैं।
गणनायक, गणपति या गणेश शिवभक्तों में प्रधान हैं।
गणेश-कार्तिकेय प्रसंग में वे शिव-पार्वती की परिक्रमा कर सृष्टि परिक्रमा की शर्त जीतते हैं।
'कर्पूर गौरं करुणावतारं' के अनुसार 'गौर' शिव हैं। गण गौर में 'गण' मिलकर 'गौर' की पूजा करते हैं जो अर्धनारीश्वर हैं अर्थात् 'गौर' में ही 'गौरी' अंतर्व्याप्त हैं। तदनुसार परंपरा से गणगौर पर्व में शिव-शिवा पूज्य हैं।
'गण' स्त्री-पुरुष दोनों होते हैं किंतु चैत्र में फसल पकने के कारण पति को उसका संरक्षण करना होता है। इसलिए स्त्रियाँ (अपने मन में पति की छवि लिए) 'गौर' (जिनमें गौरी अंतर्निहित हैं) को पूजती हैं। नर-नारी साम्य का इससे अधिक सुंदर उदाहरण विश्व में कहीं नहीं है।
विवाह पश्चात् प्रथम गणगौर पर्व 'तीज' पर ही पूजने की अनिवार्यता का कारण यह है कि पति के मन में बसी पत्नि और पति के मन में बसा पति एक हों। मन का मेल, तन का मेल बने और तब तीसरे (संतान) का प्रवेश हो किंतु उससे भी दोनों में दूरी नहीं, सामीप्य बढ़े।
ईसर-गौर की प्रतिमा के लिए होलिका दहन की भस्म और तालाब की मिट्टी लेना भी अकारण नहीं है। योगी शिव को भस्म अतिप्रिय है। महाकाल का श्रंगार भस्म से होता है। त्रिनेत्र खुलने से कामदेव भस्म हो गया था। होलिका के रूप में विष्णु विरोधी शक्ति जलकर भस्म हो गयी थी। शिव शिवा प्रतिमा हेतु भस्म लेने का कारण विरागी का रागी होना अर्थात् पति का पत्नि के प्रति समर्पित होना, प्रेम में काम के वशीभूत न होकर आत्मिक होना तथा वे विपरीत मतावलंबी या विचारों के हों तो विरोध को भस्मीभूत करने का भाव अंतर्निहित है।
गौरीश्वर प्रतिमा के लिए दूसरा घटक तालाब की मिट्टी होने के पीछे भी कारण है। गौरी, शिवा, उमा ही पार्वती (पर्वत पुत्री) हैं। तालाब पर्वत का पुत्र याने पार्वती का भाई है। आशय यह कि ससुराल में पर्व पूजन के समय पत्नि के मायके पक्ष का सम मान हो, तभी पत्नि को सच्ची आनंदानुभूति होगी और वह पति के प्रति समर्पिता होकर संतान की वाहक होगी।
दर्शन, आध्यात्म, समाज, परिवार और व्यक्ति को एक करने अर्थात अनेकता में एकता स्थापित करने का लोकपर्व है गणगौर।
गणगौर पर १६ दिनों तक गीत गाए जाते हैं। १६ अर्थात् १+६=७। सात फेरों तथा सात-सात वचनों से आरंभ विवाह संबंध १६ श्रंगार सज्जित होकर मंगल गीत गाते हुए पूर्णता वरे।
पर्वांत पर प्रतिमा व पूजन सामग्री जल स्रोत (नदी, तालाब, कुआं) में ही क्यों विसर्जित करें, जलायें या गड़ायें क्यों नहीं?
इसका कारण भी पूर्वानुसार ही है। जलस्रोत पर्वत से नि:सृत, पर्वतात्मज अर्थात् पार्वती बंधु हैं। ससुराल में मंगल कार्य में मायके पक्ष की सहभागिता के साथ कार्य समापन पश्चात् मायके पक्ष को भेंट-उपहार पहुँचाई जाए। इससे दोनों कुलों के मध्य स्नेह सेतु सुदृढ़ होगा तथा पत्नि के मन में ससुरालियों के प्रति प्रेमभाव बढ़ेगा।
कुँवारी कन्या और नवविवाहिता एेसे ही संबंध पाने-निभाने की कामना और प्रयास करे, इसलिए इस पर्व पर उन्हें विशेष महत्व मिलता है।
एक समय भोजन क्योँ?
ऋतु परिवर्तन और पर्व पर पकवान्न सेवन से थकी पाचन शक्ति को राहत मिले। नवदंपति प्रणय-क्रीड़ारत होने अथवा नन्हें शिशु के कारण रात्रि में प्रगाढ़ निद्रा न ले सकें तो भी एक समय का भोजन सहज ही पच सकेगा। दूसरे समय भोजन बनाने में लगनेवाला समय पर्व सामग्री की तैयारी हेतु मिल सकेगा। थके होने पर इस समय विश्राम कर ऊर्जा पा सकेंगे।
इस व्रत के मूल में शिव पूजन द्वारा शिवा को प्रसन्न कर गणनायक सदृश मेधावी संतान धारण करने का वर पाना है। पुरुष संतान धारण कर नहीं सकता। इसलिए केवल स्त्रियों को प्रसाद दिया जाता है। सिंदूर स्त्री का श्रंगार साधन है। विसर्जन पूर्व गणगौर को पानी पिलाना, तृप्त करने का परिचायक है।
२७-३-२०२०
***
गीत :
मैं अकेली लड़ रही थी
*
मैं अकेली लड़ रही थी
पर न तुम पहचान पाये.....
*
सामने सागर मिला तो, थम गये थे पग तुम्हारे.
सिया को खोकर कहो सच, हुए थे कितने बिचारे?
जो मिला सब खो दिया, जब रजक का आरोप माना-
डूब सरयू में गये, क्यों रुक न पाये पग किनारे?
छूट मर्यादा गयी कब
क्यों नहीं अनुमान पाये???.....
*
समय को तुमने सदा, निज प्रशंसा ही सुनाई है.
जान यह पाये नहीं कि, हुई जग में हँसाई है..
सामने तव द्रुपदसुत थे, किन्तु पीछे थे धनञ्जय.
विधिनियंता थे-न थे पर, राह तुमने दिखायी है..
जानते थे सच न क्यों
सच का कभी कर गान पाये???.....
*
हथेली पर जान लेकर, क्रांति जो नित रहे करते.
विदेशी आक्रान्ता को मारकर जो रहे मरते..
नींव उनकी थी, इमारत तुमने अपनी है बनायी-
हाय! होकर बागबां खेती रहे खुद आप चरते..
श्रम-समर्पण का न प्रण क्यों
देश के हित ठान पाये.....
*
'आम' के प्रतिनिधि बने पर, 'खास' की खातिर जिए हो.
चीन्ह् कर बाँटी हमेशा, रेवड़ी- पद-मद पिए हो..
सत्य कर नीलाम सत्ता वरी, धन आराध्य माना.
झूठ हर पल बोलते हो, सच की खातिर लब सिये हो..
बन मियाँ मिट्ठू प्रशंसा के
स्वयं ही गान गाये......
*
मैं तुम्हारी अस्मिता हूँ, आस्था-निष्ठा अजय हूँ.
आत्मा हूँ अमर-अक्षय, सृजन संधारण प्रलय हूँ.
पवन धरती अग्नि नभ हूँ, 'सलिल' हूँ संचेतना मैं-
द्वैत मैं, अद्वैत मैं, परमात्म में होती विलय हूँ..
कर सके साक्षात् मुझसे
तीर कब संधान पाए?.....
*
मैं अकेली लड़ रही थी
पर न तुम पहचान पाये.....
*
⭐⭐⭐⭐👌👌👌👌⭐⭐⭐⭐
सामयिक दोहे
लोकतंत्र की हो गई, आज हार्ट-गति तेज?
राजनीति को हार्ट ने, दिया सँदेसा भेज?
वादा कर जुमला बता, करते मन की बात
मनमानी को रोक दे, नोटा झटपट तात
मत करिए मत-दान पर, करिए जग मतदान
राज-नीति जन-हित करे, समय पूर्व अनुमान
लोकतंत्र में लोकमत, ठुकराएँ मत भूल
दल-हित साध न झोंकिए, निज आँखों में धूल
सत्ता साध्य न हो सखे, हो जन-हित आराध्य
खो न तंत्र विश्वास दे, जनहित से हो बाध्य
नोटा का उपयोग कर, दें उन सबको रोक
स्वार्थ साधते जो रहे, उनको ठीकरा लोक
👌👌👌👌⭐⭐⭐⭐👌👌👌👌
***
गीत
सच्ची बात
*
मेरे घर में हो प्रकाश
तेरा घर बने मशाल
*
मेरा अनुभव है यही
पैमाने हैं दो।
मुझको रिश्वत खूब दो
बाकी मगर न लो।।
मैं तेरा रखता न पर
तू मेरा रखे खयाल।
मेरे घर में हो प्रकाश
तेरा घर बने मशाल।।
*
मेरे घर हो लक्ष्मी,
तेरे घर काली।
मुझसे ले मत, दे मुझे
तू दहेज-थाली।
तेरा नत, मेरा रहे
हरदम ऊँचा भाल।
मेरे घर में हो प्रकाश।
तेरा घर बने मशाल।।
*
तेरा पुत्र शहीद हो
मेरा अफसर-सेठ।
तेरी वाणी नम्र हो
मैं दूँ गाली ठेठ।।
तू मत दे, मैं झटक लूँ
पहना जुमला-माल।
मेरे घर में हो प्रकाश
तेरा घर बने मशाल।।
२७-३-२०१९
***
दोहा गीत
*
जो अव्यक्त हो,
व्यक्त है
कण-कण में साकार
काश!
कभी हम पा सकें,
उसके भी दीदार
*
कंकर-कंकर में वही
शंकर कहते लोग
संग हुआ है किस तरह
मक्का में? संजोग
जगत्पिता जो दयामय
महाकाल शशिनाथ
भूतनाथ कामारि वह
भस्म लगाए माथ
भोगी-योगी
सनातन
नाद वही ओंकार
काश!
कभी हम पा सकें,
उसके भी दीदार
*
है अगम्य वह सुगम भी
अवढरदानी ईश
गरल गहे, अमृत लुटा
भोला है जगदीश
पुत्र न जो, उनका पिता
उमानाथ गिरिजेश
नगर न उसको सोहते
रुचे वन्य परिवेश
नीलकंठ
नागेश हे!
बसो ह्रदय-आगार
काश!
कभी हम पा सकें,
उसके भी दीदार
२७-३-२०१८
***
नवगीत
*
ताप धरा का
बढ़ा चैत में
या तुम रूठीं?
लू-लपटों में बन अमराई राहत देतीं।
कभी दर्प की उच्च इमारत तपतीं-दहतीं।
बाहों में आ, चाहों ने हारना न सीखा-
पगडंडी बन, राजमार्ग से जुड़-मिल जीतीं।
ठंडाई, लस्सी, अमरस
ठंडा खस-पर्दा-
बहा पसीना
हुई घमौरी
निंदिया टूटी।
*
सावन भावन
रक्षाबंधन
साड़ी-चूड़ी।
पावस की मनहर फुहार मुस्काई-झूमी।
लीक तोड़कर कदम-दर-कदम मंजिल चूमी।
ध्वजा तिरंगी फहर हँस पड़ी आँचल बनकर-
नागपंचमी, कृष्ण-अष्टमी सोहर-कजरी।
पूनम-एकादशी उपासी
कथा कही-सुन-
नव पीढ़ी में
संस्कार की
कोंपल फूटी।
*
अन्नपूर्णा!
शक्ति-भक्ति-रति
नेह-नर्मदा।
किया मकां को घर, घरनी कण-कण में पैठीं।
नवदुर्गा, दशहरा पुजीं लेकिन कब ऐंठीं?
धान्या, रूपा, रमा, प्रकृति कल्याणकारिणी-
सूत्रधारिणी सदा रहीं छोटी या जेठी।
शीत-प्रीत, संगीत ऊष्णता
श्वासों की तुम-
सुजला-सुफला
हर्षदायिनी
तुम्हीं वर्मदा।
*
जननी, भगिनी
बहिन, भार्या
सुता नवेली।
चाची, मामी, फूफी, मौसी, सखी-सहेली।
भौजी, सासू, साली, सरहज छवि अलबेली-
गति-यति, रस-जस,लास-रास नातों की सरगम-
स्वप्न अकेला नहीं, नहीं है आस अकेली।
रुदन, रोष, उल्लास, हास,
परिहास,लाड़ नव-
संग तुम्हारे
हुई जिंदगी ही
अठखेली।
२७-३-२०१६
***
छंद सलिला:
मधुमालती छंद
*
लक्षण: जाति मानव, प्रति चरण मात्रा १४ मात्रा, यति ७-७, चरणांत गुरु लघु गुरु (रगण) होता है.
लक्षण छंद:
मधुमालती आनंद दे
ऋषि साध सुर नव छंद दे
चरणांत गुरु लघु गुरु रहे
हर छंद नवउत्कर्ष दे।
उदाहरण:
१. माँ भारती वरदान दो
सत्-शिव-सरस हर गान दो
मन में नहीं अभिमान हो
घर-अग्र 'सलिल' मधु गान हो।
२. सोते बहुत अब तो जगो
खुद को नहीं खुद ही ठगो
कानून को तोड़ो नहीं-
अधिकार भी छोडो नहीं
***
छंद सलिला: मनोरम छंद
*
लक्षण: समपाद मात्रिक छंद, जाति मानव, प्रति चरण मात्रा १४ मात्रा, चरणारंभ गुरु, चरणांत गुरु लघु लघु या लघु गुरु गुरु होता है.
लक्षण छंद:
हैं भुवन चौदह मनोहर
आदि गुरुवत पकड़ लो मग
अंत भय से बच हमेशा
लक्ष्य वर लो बढ़ाओ पग
उदाहरण:
१. साया भी साथ न देता
जाया भी साथ न देता
माया जब मन भरमाती
काया कब साथ निभाती
२. सत्य तज मत 'सलिल' भागो
कर्म कर फल तुम न माँगो
प्राप्य तुमको खुद मिलेगा
धर्म सच्चा समझ जागो
३. लो चलो अब तो बचाओ
देश को दल बेच खाते
नीति खो नेता सभी मिल
रिश्वतें ले जोड़ते धन
४. सांसदों तज मोह-माया
संसदीय परंपरा को
आज बदलो, लोक जोड़ो-
तंत्र को जन हेतु मोड़ो
२७-३-२०१४
***
मुक्तिका
बात मन की कही खरी समझो
ये मुलाकात आखिरी समझो
चीखती है अगर टिटहरी तो
वाकई है बहुत डरी समझो
दोस्त ही कर रहे दगाबाजी
है तबीयत जरा हरी समझो
हमनशीं हमसफ़र मिली जो भी
ज़िंदगी भर उसे परी समझो
बात 'संजीव' की सुनो-मानो
ये न जुमला, न मसखरी समझो
२७-३-२०१३
***
मुक्तिका
भावना बच पाए तो होली मने
भाव ना बढ़ पाएँ तो होली मने
*
काम ना मिल सके तो त्यौहार क्या
कामना हो पूर्ण तो होली मने
*
साधना की सिद्धि ही होली सखे!
साध ना पाए तो क्या होली मने?
*
वासना से दूर हो होली सदा
वास ना हो दूर तो होली मने
*
झाड़ ना काटो-जलाओ अब कभी
झाड़ना विद्वेष तो होली मने
*
लालना बृज का मिले तो मन खिले
लाल ना भटके तभी होली मने
*
साज ना छोड़े बजाना मन कभी
साजना हो साथ तो होली मने
***
२७-३-२०११
मुक्तिका
*
नेताओं का शगल है, करना बहसें रोज.
बिन कारण परिणाम के, क्यों नाहक है खोज..
नारी माता भगिनी है, नारी संगिनी दिव्य.
सुता सखी भाभी बहू, नारी सचमुच भव्य..
शारद उमा रमा त्रयी, ज्ञान शक्ति श्री-खान.
नर से दो मात्रा अधिक, नारी महिमावान..
तैंतीस की बकवास का, केवल एक जवाब.
शत-प्रतिशत के योग्य वह, किन्तु न करे हिसाब..
देगा किसको कौन क्यों?, लेगा किससे कौन?
संसद में वे भौंकते, जिन्हें उचित है मौन..
२७-३-२०१०
*