कुल पेज दृश्य

बुधवार, 3 दिसंबर 2025

दिसंबर ३, सॉनेट, मुक्तक, मुक्तिका, गीत, छंद, शुभगति, छवि, गंग, दोहा, सोरठा, कुण्डलिया

सलिल सृजन दिसंबर ३
0
सॉनेट
मन-वीणा पर चोट लगी जब, तब झंकार हुई,
खून जरा सा सबने देखा सिसक रहा दिल मौन?
आँसू बहा न व्यर्थ, पीर कब बाँट सका है कौन?
रिश्तों की तुरपाई करते अँगुली चुभी सुई।
अपनों के बेगानेपन की पीड़ा असह्य मुई,
बेगानों का अपनापन जैसे थाली में नौन,
करें पूर्णता का दावा नित पौआ-अद्धा-पौन,
मधु गगरी फोड़ी साकी ने कहकर 'आप चुई'।
अहं-भवन में नहीं दरीचा, नहीं देहरी-द्वार,
नींव भरम; छत वहम; मोह दीवारें रखतीं घेर,
छप्पर क्रोध; वासना तम सच सूरज रखते दूर।
स्वार्थ कहे- 'मैं साथी तेरा; रह बाँहों में यार!
संयम दिनकर दिन कर बोले- 'नहीं हुई है देर,
आँख खोल ले, आँख मूँदकर मत बन नाहक सूर।
३.१२.२०२३
***
नवगीत
छंद लुगाई है गरीब की
*
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
जिसका जब मन चाहे छेड़े
ताने मारे, आँख तरेरे
लय; गति-यति की समझ न लेकिन
कहे सात ले ले अब फेरे
कैसे अपनी जान बचाए?
जान पडी सांसत में भाई
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
कलम पकड़ कल लिखना सीखा
मठाधीश बन आज अकड़ते
ताल ठोंकते मुख पोथी पर
जो दिख जाए; उससे भिड़ते
छंद बिलखते हैं अनाथ से
कैसे अपनी जान बचाये
इधर कूप उस ओर है खाई
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
यह नवगीती पत्थर मारे
वह तेवरिया लट्ठ भाँजता
सजल अजल बन चीर हर रही
तुक्कड़ निज मरजाद लाँघता
जाँघ दिखाता कुटिल समीक्षक
बचना चाहे मति बौराई
छंद लुगाई है गरीब की
गाँव भरे की है भौजाई
३-१२-२०१९
***
मुक्तक सलिला
*
प्रात मात शारदा सुरों से मुझे धन्य कर।
शीश पर विलंब बिन धरो अनन्य दिव्य कर।।
विरंचि से कहें न चित्रगुप्त गुप्त चित्र हो।
नर्मदा का दर्श हो, विमल सलिल सबल मकर।।
*
मलिन बुद्धि अब अमल विमल हो श्री राधे।
नर-नारी सद्भाव प्रबल हो श्री राधे।।
अपराधी मन शांत निबल हो श्री राधे।
सज्जन उन्नत शांत अचल हो श्री राधे।।
*
जागिए मत हे प्रदूषण, शुद्ध रहने दें हवा।
शांत रहिए शोरगुल, हो मौन बहने दें हवा।।
मत जगें अपराधकर्ता, कुंभकर्णी नींद लें-
जी सके सज्जन चिकित्सक या वकीलों के बिना।।
*
विश्व में दिव्यांग जो उनके सहायक हों सदा।
एक दिन देकर नहीं बनिए विधायक, तज अदा।
सहज बढ़ने दें हमें, चढ़ सकेंगे हम सीढ़ियाँ-
पा सकेंगे लक्ष्य चाहे भाग्य में हो ना बदा।।
२-१२-२०१९
***
कार्यशाला
मुक्तिका
दिल लगाना सीखना है आपसे
२१२२ २१२२ २१२
*
दिल लगाना सीखना है आपसे
जी चुराना सीखना है आपसे
*
वायदे को आप जुमला कह गए
आ, न आना सीखना है आपसे
*
आस मन में जगी लेकिन बैंक से
नोट लाना सीखना है आपसे
*
बस गए मन में निकलते ही नहीं
हक जमाना सीखना है आपसे
*
देशसेवा कर रहे हम भी मगर
वोट पाना सीखना है आपसे
*
सिखाने के नाम पर ले सीख खुद
गुरु बनाना सीखना है आपसे
*
ध्यान कर, कुछ ध्यान ही करना नहीं
ध्येय ध्याना सीखना है आपसे
*
मूँद नैना, दिखा ठेंगा हँस रहे
मुँह बनाना सीखना है आपसे
*
आह भरते देख, भरना आह फिर
आजमाना सीखना है आपसे
४.१२.२०१६
***
एक गीत
बातें हों अब खरी-खरी
*
मुँह देखी हो चुकी बहुत
अब बातें हों कुछ खरी-खरी
जो न बात से बात मानता
लातें तबियत करें हरी
*
पाक करे नापाक हरकतें
बार-बार मत चेताओ
दहशतगर्दों को घर में घुस
मार-मार अब दफनाओ
लंका से आतंक मिटाया
राघव ने यह याद रहे
काश्मीर को बचा-मिलाया
भारत में, इतिहास कहे
बांगला देश बनाया हमने
मत भूले रावलपिडी
कीलर-सेखों की बहादुरी
देख सरहदें थीं सिहरी
मुँह देखी हो चुकी बहुत
अब बातें हों कुछ खरी-खरी
*
करगिल से पिटकर भागे थे
भूल गए क्या लतखोरों?
सेंध लगा छिपकर घुसते हो
क्यों न लजाते हो चोरों?
पाले साँप, डँस रहे तुझको
आजा शरण बचा लेंगे
ज़हर उतार अजदहे से भी
तेरी कसम बचा लेंगे
है भारत का अंग एक तू
दुहराएगा फिर इतिहास
फिर बलूच-पख्तून बिरादर
के होंठों पर होगा हास
'जिए सिंध' के नारे खोदें
कब्र दुश्मनी की गहरी
मुँह देखी हो चुकी बहुत
अब बातें हों कुछ खरी-खरी
*
२१-९-२०१६
***
छंद सप्तक १.
*
शुभगति
कुछ तो कहो
चुप मत रहो
करवट बदल-
दुःख मत सहो
*
छवि
बन मनु महान
कर नित्य दान
तू हो न हीन-
निज यश बखान
*
गंग
मत भूल जाना
वादा निभाना
सीकर बहाना
गंगा नहाना
*
दोहा:
उषा गाल पर मल रहा, सूर्य विहँस सिंदूर।
कहे न तुझसे अधिक है, सुंदर कोई हूर।।
*
सोरठा
सलिल-धार में खूब,नृत्य करें रवि-रश्मियाँ।
जा प्राची में डूब, रवि ईर्ष्या से जल मरा।।
*
रोला
संसद में कानून, बना तोड़े खुद नेता।
पालन करे न आप, सीख औरों को देता।।
पाँच साल के बाद, माँगने मत जब आया।
आश्वासन दे दिया, न मत दे उसे छकाया।।
*
कुण्डलिया
बरसाने में श्याम ने, खूब जमाया रंग।
मैया चुप मुस्का रही, गोप-गोपियाँ तंग।।
गोप-गोपियाँ तंग, नहीं नटखट जब आता।
माखन-मिसरी नहीं, किसी को किंचित भाता।।
राधा पूछे "मजा, मिले क्या तरसाने में?"
उत्तर "तूने मजा, लिया था बरसाने में??"
*
३.१२.२०१८
***
नवगीत
सड़क पर
.
फ़िर सड़क पर
भीड़ ने दंगे किए
.
आ गए पग
भटकते-थकते यहाँ
छा गए पग
अटकते-चलते यहाँ
जाति, मजहब,
दल, प्रदर्शन, सभाएँ,
सियासी नेता
ललच नंगे हुए
.
सो रहे कुछ
थके सपने मौन हो
पूछ्ते खुद
खुदी से, तुम कौन हो?
गएरौंदते जो,
कहो क्यों चंगे हुए?
.
ज़िन्दगी भागी
सड़क पर जा रही
आरियाँ ले
हाँफ़ती, पछ्ता रही
तरु न बाकी
खत्म हैं आशा कुंए
.
झूमती-गा
सड़क पर बारात जो
रोक ट्रेफ़िक
कर रही आघात वो
माँग कन्यादान
भिखमंगे हुए
.
नेकियों को
बदी नेइज्जत करे
भेडि.यों से
शेरनी काहे डरे?
सूर देखें
चक्षु ही अंधे हुए
३-१२-२०१७
***
नवगीत:
अनेक वर्णा पत्तियाँ हैं
शाख पर तो क्या हुआ?
अपर्णा तो है नहीं अमराई
सुख से सोइये
.
बज रहा चलभाष सुनिए
काम अपना छोड़कर
पत्र आते ही कहाँ जो रखें
उनको मोड़कर
किताबों में गुलाबों की
पंखुड़ी मिलती नहीं
याद की फसलें कहें, किस नदी
तट पर बोइये?
.
सैंकड़ों शुभकामनायें
मिल रही हैं चैट पर
सिमट सब नाते गए हैं
आजकल अब नैट पर
ज़िंदगी के पृष्ठ पर कर
बंदगी जो मीत हैं
पड़ गये यदि सामने तो
चीन्ह पहचाने नहीं
चैन मन का, बचा रखिए
भीड़ में मत खोइए
२-१२-२०१७
***
मुक्तक
*
क्या लिखूँ? कैसे लिखूँ? मैं व्यस्त हूँ
कहूँ क्यों जग से नहीं सन्यस्त हूँ
ज़माने से भय नहीं मुझको तनिक
आपके ही विरह से संत्रस्त हूँ
३-१२-२०१६
***
कृति चर्चा:
जिजीविषा : पठनीय कहानी संग्रह
चर्चाकार: आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
[कृति विवरण: जिजीविषा, कहानी संग्रह, डॉ. सुमनलता श्रीवास्तव, द्वितीय संस्करण वर्ष २०१५, पृष्ठ ८०, १५०/-, आकार डिमाई, आवरण पेपरबैक जेकट्युक्त, बहुरंगी, प्रकाशक त्रिवेणी परिषद् जबलपुर, कृतिकार संपर्क- १०७ इन्द्रपुरी, ग्वारीघाट मार्ग जबलपुर।]
*
हिंदी भाषा और साहित्य से आम जन की बढ़ती दूरी के इस काल में किसी कृति के २ संस्करण २ वर्ष में प्रकाशित हो तो उसकी अंतर्वस्तु की पठनीयता और उपादेयता स्वयमेव सिद्ध हो जाती है। यह तथ्य अधिक सुखकर अनुभूति देता है जब यह विदित हो कि यह कृतिकार ने प्रथम प्रयास में ही यह लोकप्रियता अर्जित की है। जिजीविषा कहानी संग्रह में १२ कहानियाँ सम्मिलित हैं।
सुमन जी की ये कहानियाँ अतीत के संस्मरणों से उपजी हैं। अधिकांश कहानियों के पात्र और घटनाक्रम उनके अपने जीवन में कहीं न कहीं उपस्थित या घटित हुए हैं। हिंदी कहानी विधा के विकास क्रम में आधुनिक कहानी जहाँ खड़ी है ये कहानियाँ उससे कुछ भिन्न हैं। ये कहानियाँ वास्तविक पात्रों और घटनाओं के ताने-बाने से निर्मित होने के कारण जीवन के रंगों और सुगन्धों से सराबोर हैं। इनका कथाकार कहीं दूर से घटनाओं को देख-परख-निरख कर उनपर प्रकाश नहीं डालता अपितु स्वयं इनका अभिन्न अंग होकर पाठक को इनका साक्षी होने का अवसर देता है। भले ही समस्त और हर एक घटनाएँ उसके अपने जीवन में न घटी हुई हो किन्तु उसके अपने परिवेश में कहीं न कहीं, किसी न किसी के साथ घटी हैं उन पर पठनीयता, रोचकता, कल्पनाशक्ति और शैली का मुलम्मा चढ़ जाने के बाद भी उनकी यथार्थता या प्रामाणिकता भंग नहीं होती ।
जिजीविषा शीर्षक को सार्थक करती इन कहानियों में जीवन के विविध रंग, पात्रों - घटनाओं के माध्यम से सामने आना स्वाभविक है, विशेष यह है कि कहीं भी आस्था पर अनास्था की जय नहीं होती, पूरी तरह जमीनी होने के बाद भी ये कहानियाँ अशुभ पर चुभ के वर्चस्व को स्थापित करती हैं। डॉ. नीलांजना पाठक ने ठीक ही कहा है- 'इन कहानियों में स्थितियों के जो नाटकीय विन्यास और मोड़ हैं वे पढ़नेवालों को इन जीवंत अनुभावोब में भागीदार बनाने की क्षमता लिये हैं। ये कथाएँ दिलो-दिमाग में एक हलचल पैदा करती हैं, नसीहत देती हैं, तमीज सिखाती हैं, सोई चेतना को जाग्रत करती हैं तथा विसंगतियों की ओर ध्यान आकर्षित करती हैं।'
जिजीविषा की लगभग सभी कहानियाँ नारी चरित्रों तथा नारी समस्याओं पर केन्द्रित हैं तथापि इनमें कहीं भी दिशाहीन नारी विमर्ष, नारी-पुरुष पार्थक्य, पुरुषों पर अतिरेकी दोषारोपण अथवा परिवारों को क्षति पहुँचाती नारी स्वातंत्र्य की झलक नहीं है। कहानीकार की रचनात्मक सोच स्त्री चरित्रों के माध्यम से उनकी समस्याओं, बाधाओं, संकोचों, कमियों, खूबियों, जीवत तथा सहनशीलता से युक्त ऐसे चरित्रों को गढ़ती है जो पाठकों के लिए पथ प्रदर्शक हो सकते हैं। असहिष्णुता का ढोल पीटते इस समय में सहिष्णुता की सुगन्धित अगरु बत्तियाँ जलाता यह संग्रह नारी को बला और अबला की छवि से मुक्त कर सबल और सुबला के रूप में प्रतिष्ठित करता है।
'पुनर्नवा' की कादम्बिनी और नव्या, 'स्वयंसिद्धा' की निरमला, 'ऊष्मा अपनत्व की' की अदिति और कल्याणी ऐसे चरित्र है जो बाधाओं को जय करने के साथ स्वमूल्यांकन और स्वसुधार के सोपानों से स्वसिद्धि के लक्ष्य को वरे बिना रुकते नहीं। 'कक्का जू' का मानस उदात्त जीवन-मूल्यों को ध्वस्त कर उन पर स्वस्वार्थों का ताश-महल खड़ी करती आत्मकेंद्रित नयी पीढ़ी की बानगी पेश करता है। अधम चाकरी भीख निदान की कहावत को सत्य सिद्ध करती 'खामियाज़ा' कहानी में स्त्रियों में नवचेतना जगाती संगीता के प्रयासों का दुष्परिणाम उसके पति के अकारण स्थानान्तारण के रूप में सामने आता है। 'बीरबहूटी' जीव-जंतुओं को ग्रास बनाती मानव की अमानवीयता पर केन्द्रित कहानी है। 'या अल्लाह' पुत्र की चाह में नारियों पर होते जुल्मो-सितम का ऐसा बयान है जिसमें नायिका नुजहत की पीड़ा पाठक का अपना दर्द बन जाता है। 'प्रीती पुरातन लखइ न कोई' के वृद्ध दम्पत्ति का देहातीत अनुराग दैहिक संबंधों को कपड़ों की तरह ओढ़ते-बिछाते युवाओं के लिए भले ही कपोल कल्पना हो किन्तु भारतीय संस्कृति के सनातन जवान मूल्यों से यत्किंचित परिचित पाठक इसमें अपने लिये एक लक्ष्य पा सकता है।
संग्रह की शीर्षक कथा 'जिजीविषा' कैंसरग्रस्त सुधाजी की निराशा के आशा में बदलने की कहानी है। कहूँ क्या आस निरास भई के सर्वथा विपरीत यह कहानी मौत के मुंह में जिंदगी के गीत गाने का आव्हान करती है। अतीत की विरासत किस तरह संबल देती है, यह इस कहानी के माध्यम से जाना जा सकता है, आवश्यकता द्रितिकों बदलने की है। भूमिका लेख में डॉ. इला घोष ने कथाकार की सबसे बड़ी सफलता उस परिवेश की सृष्टि करने को मन है जहाँ से ये कथाएँ ली गयी हैं। मेरा नम्र मत है कि परिवेश निस्संदेह कथाओं की पृष्ठभूमि को निस्संदेह जीवंत करता है किन्तु परिवेश की जीवन्तता कथाकार का साध्य नहीं साधन मात्र होती है। कथाकार का लक्ष्य तो परिवेश, घटनाओं और पात्रों के समन्वय से विसंगतियों को इंगित कर सुसंगतियों के स्रुअज का सन्देश देना होता है और जिजीविषा की कहानियाँ इसमें समर्थ हैं।
सांस्कृतिक-शैक्षणिक वैभव संपन्न कायस्थ परिवार की पृष्ठभूमि ने सुमन जी को रस्मो-रिवाज में अन्तर्निहित जीवन मूल्यों की समझ, विशद शब्द भण्डार, परिमार्जित भाषा तथा अन्यत्र प्रचलित रीति-नीतियों को ग्रहण करने का औदार्य प्रदान किया है। इसलिए इन कथाओं में विविध भाषा-भाषियों,विविध धार्मिक आस्थाओं, विविध मान्यताओं तथा विविध जीवन शैलियों का समन्वय हो सका है। सुमन जी की कहन पद्यात्मक गद्य की तरह पाठक को बाँधे रख सकने में समर्थ है। किसी रचनाकार को प्रथम प्रयास में ही ऐसी परिपक्व कृति दे पाने के लिये साधुवाद न देना कृपणता होगी।
२-१२-२०१५
***
सवाल-जवाब:
Radhey Shyam Bandhu 11:20 pm (11 घंटे पहले)
आचार्य संजीव वर्मा सलिल आप तो कुछ जरूरत से ज्यादा नाराज लग रहे हैं । आप के साथ तो मैंने एेसी गुस्ताखी नहीं की फिर आप अलोकतांत्रिक भाषा का प्रयोग करके अपनी मर्यादा क्यों भंग कर रहे हैं ? अनजाने में कोई बात लग गयी हो तो क्षमा करें आगे आप का ध्यान रखेंगे ।
राधेश्याम बन्धु
*
आदरणीय बंधु जी!
नमन.
साहित्य सृजन में व्यक्तिगत राग-द्वेष का कोई स्थान नहीं होता। मैंने एक विद्यार्थी और रचनाकार के नाते मर्यादाओं का आज तक पालन ही किया है । ऐसे रचनाकार जो खुद मानते हैं कि उन्होंने कभी नवगीत नहीं लिखा, उन्हें सशक्त नवगीतकार बताकर और जो कई वर्षों से सैंकड़ों नवगीत रच चुके हैं उन्हें छोड़कर मर्यादा भंग कौन कर रहा है? इस अनाचार का शिकार लगभग ५० नवगीतकार हुए हैं। गुण-दोष विवेचन समीक्षक का अधिकार है पर उन सबके संकलनों को शून्य नहीं माना जा सकता । राजधानी की चमक-दमक में जिन्हें महिमामंडित किया गया वे भी मेरे अच्छे मित्र हैं किन्तु सृजन का मूल्यांकन व्यक्तिगत पसंद-नापसंद के आधार पर नहीं किया जा सकता।
अतीतजीवी मठाधीशों की मायानगरी में आपसे यह आशा की थी कि आप निष्पक्ष होंगे किन्तु निराशा ही हाथ लगी। लखनऊ में जब नवोदितों के रचनाकर्म पर आक्षेप किये जा रहे थे, उनके सृजन को बेमानी बताया जा रहा है तब भी आप उनके समर्थन में नहीं थे।
वह आयोजन नवगीत के लिये था, किसी कृति विशेष या व्यक्ति विशेष पर चर्चा के लिये नहीं। वहाँ प्रतिवर्षानुसार पूर्वघोषित सभी कार्यवाही यथासमय सुचारू रूप से सम्पादित की गयी। आपका अपनी पुस्तक पर चर्चा करने का विचार था तो आप कहते, आपने मुझसे कभी कुछ नहीं कहा। कहा होता तो एक अतिरिक्त सत्र की व्यवस्था कर दी जाती। मेरे कक्ष में दोनों रात देर तक अघोषित चर्चा सत्र चले रहे और नये नवगीतकार अपनी शंकाओं और जिज्ञासाओं के उत्तर मुझसे, डॉ. रणजीत पटेल और श्री रामकिशोर दाहिया से प्राप्त करते रहे। पुस्तकों के अवलोकन और अध्ययन का कार्य भी निरंतर चला। आपने चाहा होता तो आपकी कृतियों पर भी चर्चा हो सकती थी। लखनऊ के कई सशक्त और प्रतिष्ठित नवगीतकारों को आपकी पुस्तक पर बहुत कुछ कहना था किन्तु आपको असुविधा से बचाने के लिये उन्हें मना किया गया था और उनहोंने खुद पर संयम बनाये रखते हुए निर्धारित विषयों की मर्यादा का ध्यान रखा।
आपको आयोजन में सर्वाधिक सम्मान और बोलने के अवसर दिये गये। प्रथम सत्र में शेष वक्ताओं ने एक नये नवगीतकार को मार्दर्शन दिया आपको २ नवगीतकारों के सन्दर्भ में अवसर दिया गया। आपने उनके प्रस्तुत नवगीतों पर कम और अपनी पुस्तक पर अधिक बोला।
द्वितीय सत्र में आपको नवगीत वाचन का अवसर दिया गया जबकि पूर्णिमा जी, व्योम जी तथा मुझ समेत कई नवगीतकार जो आयोजन के अभिन्न अंग हैं, उन्होंने खुद नवगीत प्रस्तुत नहीं किये।
तृतीय सत्र सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा चतुर्थ सत्र शोधपत्र वाचन के लिये था। यहाँ भी पूर्वघोषित के अलावा किसी ने शोध पत्र प्रस्तुत नहीं किये जबकि मेरा शोधपत्र तैयार था। जो पहली बार शोधपत्र प्रस्तुत कर रहे थे उन्हें प्रोत्साहित किया गया ।
पंचम सत्र में नवगीत की कृतियों पर समीक्षाएं प्रस्तुत की गयीं।
षष्ठं सत्र में नवगीत के विविध पहलुओं पर सारगर्भित चर्चा हुई।
सप्तम सत्र में नवगीतकारों ने एक-एक नवगीत प्रस्तुत किया। किसी ने अधिक प्रस्तुति का मोह नहीं दिखाया। ऐसा आत्मानुशासन मैंने अन्यत्र नहीं देखा।
इन सभी सत्रों में आप किसी न किसी बहाने अपनी पुस्तक को केंद्र में रखकर बार-बार बोलते रहे। किसी भी आयोजन में आयोजन आवधि के पूर्व और पश्चात् प्रवास-भोजन व्यवस्था आयोजक नहीं करते, जबकि लखनऊ में यह आने से जाने के समय तक उपलब्ध कराई गयी। सबसे अधिक समय तक उस सुविधा को लेने वाले आप ही थे । इसके बाद भी अवसर न दिये जाने का आक्षेप लगाना आपको शोभा देता है क्या? श्री रामकिशोर दाहिया ने इसीलिये 'जिस पत्तल में खाया उसी में छेद किया' की बात कही।
रहा मेरा ध्यान रखने की बात तो आप कृपया, मुझ पर ऐसी अहैतुकी कृपा न करें। मैं अपने सृजन से संतुष्ट हूँ, मुझे माँ शारदा के अलावा अन्य किसी की कृपा नहीं चाहिए।
आप पुस्तक मेले में समय लेकर ''श्री राधेश्याम 'बन्धु' की समीक्षात्मक कृतियाँ - एक मूल्यांकन'' परिसंवाद का आयोजन करा लें। मैं पूर्णत: सहयोग करूँगा और आपकी पुस्तक पढ़ चुके साथियों से पहुँचकर विविध आयामों पर चर्चा करने अथवा आलेख भेजने हेतु अनुरोध करूंगा।
विश्वास रखें आप या अन्य किसी के प्रति मेरे मन में अनादर नहीं है। हम सब सरस्वतीपुत्र हैं। छिद्रान्वेषण और असहिष्णुता हमारे लिए त्याज्य है। मतभेदों को मनभेद न मानें तथापि इस कठिन काल में स्वसाधनों से ऐसा गरिमामय आयोजन करनेवाले और उन्हें सहयोग देनेवाले दोनों सराहना और अभिनन्दन के पात्र हैं, आक्षेप के नहीं।
१-१२-२०१५
***
नवगीत -
*
आपन मूं
आपन तारीफें
करते सीताराम
*
जो औरों ने लिखा न भाया
जिसमें-तिसमें खोट बताया
खुद के खुदी प्रशंसक भारी
जब भी मौका मिला भुनाया
फोड़-फाड़
फिर जोड़-तोड़ कर
जपते हरि का नाम
*
खुद की खुद ही करें प्रशंसा
कहे और ने की अनुशंसा
गलत करें पर सही बतायें
निज किताब का तान तमंचा
नट-करतब
दिखलाते जब-तब
कहें सुबह को शाम
*
जिन्दा को स्वर्गीय बता दें
जिसका चाहें नाम हटा दें
काम न देखें किसका-कितना
सच को सचमुच धूल चटा दें
दूर रहो
मत बाँह गहो
दूरी से करो प्रणाम
*
आपन मूं
आपन तारीफें
करते सीताराम
२-१२-२०१५

*** 

मंगलवार, 2 दिसंबर 2025

भाषा और तकनीक

 भाषा की तकनीक और तकनीक की भाषा 

इं. संजीव वर्मा 'सलिल'  
*
            'भा' अर्थात् प्रकाशित करना। भाना, भामिनी, भाव, भावुक, भाषित, भास्कर आदि में 'भा' की विविध छवियाँ दृष्टव्य हैं। 'भारत' अर्थात वह देश, वह व्यक्ति जो प्रकाश पाने में रत है। 'भाषा' मानव-मन को ज्ञान-भाव और रस के प्रकाश से प्रकाशित करती है।  

            ज्ञान का व्यवस्थित रूप ही विज्ञान है। विज्ञान 'ज्ञान' की एक शाखा है जो तथ्यों को इकट्ठा करके, उनका वर्गीकरण करके और सामान्य नियमों की स्थापना करके व्यवस्थित की जाती है। यह एक खोजी प्रक्रिया है जिसका लक्ष्य ब्रह्मांड के बारे में सच्चाई को उजागर करने के लिए एक व्यवस्थित और तार्किक दृष्टिकोण (वैज्ञानिक विधि) अपनाते हुए परिकल्पना करना, परीक्षण करना और निष्कर्ष निकालकर मानव-जीवन को सुखकर बनाना है। 

            विज्ञान जिस व्यवस्थित कार्य-पद्धति का अनुसरण करता है, उसे तकनीक कहते हैं। तकनीक में वैज्ञानिक ज्ञान, प्रक्रियाएँ, विधियाँ, उपकरण, संगठनात्मक प्रणालियाँ, कौशल, प्रक्रियाएँ और दक्षता वृद्धि आदि सम्मिलित होती हैं। तकनीक का अर्थ किसी विशिष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रक्रियाओं या विधियों को लागू करना अथवा काम को पूरा करने का सुचारु-व्यवस्थित तरीका है। तकनीक जीवन के हर क्षेत्र और विज्ञान की हर शाखा में काम आती है। 

            अभियांत्रिकी विज्ञान के उपयोग कार मानवीय आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु व्यावहारिक समाधान खोजने की कला और विज्ञान है।इसमें विभिन्न प्रणालियों, संरचनाओं, उपकरणों, और प्रक्रियाओं का डिज़ाइन, निर्माण और रखरखाव शामिल है। अभियांत्रिकी औद्योगिक प्रक्रियाओं को विकसित-नियंत्रित और प्राकृतिक संसाधनों का कुशल उपयोग कर जीवन को  बेहतर बनाती है। अभियांत्रिकी जटिल चुनौतियों के लिए रचनात्मक और प्रभावी समाधान बनाने हेतु ज्ञान को कार्रवाई में बदलने की कला और विज्ञान है। 

भाषा मानवीय अनुभूतियों को ध्वनियों, प्रतीकों एवं व्याकरण की व्यवस्थित प्रणाली द्वारा अभिव्यक्त कर अन्यों तक पहुँचाने का सशक्त और समर्थ माध्यम है। भाषा मौखिक, लिखित या सांकेतिक रूप में हो सकती है। भाषा विचारों को बोल या लिखकर व्यक्त करती है।

भाषा ध्वनियों से निर्मित अक्षरों व शब्दों का प्रयोग कर विचारों को संप्रेषित करती है। भाषा के माध्यम से व्यवस्थित विचाराभिव्यक्ति के नियम 'व्याकरण' कहे जाते हैं। विचारों की लयबद्ध अभिव्यक्ति छंद करते हैं। भाषा निरंतर विकसित होती-बदलती रहती है। समय, संदर्भ और प्रसंग के अनुसार शब्दों के अर्थ भी बदलते हैं।
            
            सामान्य जनों द्वारा दैनिक जीवन में प्रयोग की जाती ग्राम्य भाषा को 'लोक भाषा' कहा जाता है। लोकभाषा व्याकरण के बंधनों से मुक्त होती है। विद्वानों द्वारा प्रयोग की जाती व्याकरण सम्मत भाषा को 'साहित्यिक भाषा' कहा जाता है। साहित्यिक भाषा के लक्ष्य पाठक वर्ग के अनुसार विविध रूप होते हैं। शिशु-शिक्षा और शोध-शिक्षा की भाषा का भिन्न रूप स्वाभाविक है। विज्ञान और अभियांत्रिकी में शब्दों के लोक और साहित्य में प्रचलित शब्दकोषीय अर्थ, भावार्थ, व्यंजनार्थ की लीक से हटकर शब्दों को विशिष्ट विज्ञान सम्मत अर्थ में प्रयोग कर अर्थ विशेष की अभिव्यक्ति अपरिहार्य होती है। इसलिए विषय, संदर्भ और प्रसंग के अनुसार विज्ञान में प्रयुक्त भाषा, शब्दावली और शब्दों के अर्थ साहित्य में प्रयुक्त भाषा, शब्दावली और शब्दों के अर्थ से भिन्न हो सकते और बहुधा होते भी हैं। 

            'आँसू न बहा फरियाद न कर /दिल जलता है तो जलने दे' जैसी अभिव्यक्ति साहित्य में मूल्यवान होते हुए भी विज्ञान के क्षेत्र में तथ्य दोष से युक्त कही जाएगी। विज्ञान जानता है कि दिल (हार्ट) के दुखने का कारण 'विरह' नहीं दिल की बीमारी है। सामान्य बोलचाल में 'रेल आ रही है' कहना दोषपूर्ण नहीं माना जाता है जबकि 'रेल' का अर्थ 'पटरी' होता है जिस पर रेलगाड़ी (ट्रेन) चलती है। इसी तरह जबलपुर आ गया कहना भी गलत है। जबलपुर एक स्थान है जो अपनी जगह स्थिर है, आना-जाना वाहन या सवारी का कार्य है।

            'तस्वीर तेरी दिल में बसा रखी है' कहकर प्रेमी और सुनकर प्रेमिका भले खुश हो लें, विज्ञान जानता है कि प्राणी बसता-उजड़ता है, निष्प्राण तस्वीर बस-उजड़ नहीं सकती। दिल तस्वीर बसाने का मकान नहीं शरीर को रक्त प्रदाय करने का पंप है। आशय यह नहीं है कि साहित्यिक अभिव्यक्ति निरर्थक या त्याज्य हैं। कहना यह है कि शिक्षा पाने के साथ शब्दों को सही अर्थ में प्रयोग करना भी आवश्यक है, विशेषकर तकनीकी विषयों पर लिखने के लिए भाषा और शब्द-प्रयोग के प्रति सजगता आवश्यक है।

            'साइज' और 'शेप' दोनों के लिए 'आकार' या 'आकृति' का प्रयोग सामान्यत: किया जाता रहा है किंतु विज्ञानपरक लेखन में ऐसा करना गंभीर त्रुटि है। साइज के लिए सही शब्द 'परिमाप' है।

            सामान्य बोलचाल में 'गेंद' और 'रोटी' दोनों को 'गोल' कह दिया जाता है जबकि गेंद गोल (स्फेरिकल) तथा रोटी वृत्ताकार (सर्कुलर) है। विज्ञान में वृत्तीय परिपथ को गोल या गोल पिंड को वृत्तीय कदापि नहीं कहा जा सकता।

            'कला' के अंतर्गत अर्थशास्त्र या समाज शास्त्र आदि को रखा जाना भी भाषिक चूक है। ये सभी विषय सामाजिक विज्ञान (सोशल साइंस) के अंग हैं। अर्थशास्त्र का कर रहे व्यक्ति के लिए 'कलाकारी कर रहा है' नहीं कहा जा सकता किंतु चित्र बन रहे व्यक्ति के लिए ऐसा कहा जा सकता है। शुद्धता की दृष्टि से चित्र बनाना 'चित्रकारी, मूर्ति बनाना 'मूर्तिकारी है इसी तरह 'संगीतकार, नृत्यकार और गायक भी सर्वथा भिन्न आयाम में कार्य करते हैं  किंतु जन सामान्य इन सभी को 'कलाकार' कह लेता है।। 

            शब्दकोशीय समानार्थी शब्द विज्ञान में भिन्नार्थों में प्रयुक्त होते हैं। भाप (वाटर वेपर) और वाष्प (स्टीम) सामान्यत: समानार्थी होते हुए भी यांत्रिकी की दृष्टि से भिन्न हैं। भाप की सघनता कम और वाष्प की अधिक होती है। भाप-चालित एंजिन को 'स्टीम एंजिन कहें तो सही है किंतु 'वाटर वेपर एंजिन' कहें तो सर्वथा गलत होगा। 

            अणु 'एटम' है, परमाणु 'मॉलिक्यूल' पर हम 'परमाणु बम' को 'एटम बम' कह देते हैं। हम सब यह जानते हैं कि पौधा लगाया जाता है वृक्ष नहीं, फिर भी 'पौधारोपण' की जगह 'वृक्षारोपण' कहते हैं।  बल (फोर्स) और शक्ति (स्ट्रैंग्थ) को सामान्य जन समानार्थी मानकर प्रयोग करता है पर भौतिकी का विद्यार्थी इनका अंतर जानता है।

            कोई भाषा रातों-रात नहीं बनती। ध्वनि विज्ञान और भाषा शास्त्र की दृष्टि से हिंदी सर्वाधिक समर्थ भाषा है। हमारे सामने यह चुनौती है कि श्रेष्ठ साहित्यिक विरासत संपन्न हिंदी को विज्ञान और तकनीक के लिए सर्वाधिक उपयुक्त भाषा बनाएँ। इसके लिए यह जानना आवश्यक कि भाषा 'शब्द' किस तरह और कितने प्रकार से ग्रहण करती है। यह एक स्वतंत्र लेख का विषय है।

            वर्तमान समय में अभियांत्रिकी, आयुर्विज्ञान तथा अन्य विज्ञान संबंधी विषयों के पाठ्यक्रमों में हिंदी भाषा का प्रयोग दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है किंतु लेखक गण शब्दों की एकरूपता के विषय में सजग नहीं हैं। रसायन शास्त्र की पुस्तकों में 'कॉन्सेंट्रेटेड' के लिए गाढ़ा व सांद्र तथा 'डाइल्यूटेड' के लिए हल्का, पतला व तनु का प्रयोग विद्यार्थियों विशेषकर अहिन्दीभाषी छात्रों को भ्रमित करता है। 

            एक ही शब्द के विविध अर्थ विज्ञान की विविध शाखाओं में होते हैं। 'सेतु' का अर्थ सिविल इंजीनियरिंग में पुल है जो निर्माण सामग्री से बनाया जाता है किंतु इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में तो बिंदुओं को जोड़नेवाले तार से है।    

            विडंबना है कि नव रचनाकार उच्च शिक्षित होने के बाद भी भाषा की शुद्धता के प्रति प्रायः सजग नहीं हैं। कोई भी साहित्य या साहित्यकार शब्दों का गलत प्रयोग कर यश नहीं पा सकता। अत:, रचना प्रकाशित करने के पूर्व एक-एक शब्द की उपयुक्तता परखना आवश्यक है। हो सके तो साहित्यिक लेखन में विज्ञान सम्मत अर्थों में शब्दों का प्रयोग किया जाना चाहिए। विहीय विषयक लेखन में तो विशेष सतर्कता अनिवार्य है।   
***
संपर्क- सभापति विश्व वाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, चलभाष- ९४२५१८३२४४ 

दिसंबर २, पैरोडी, विद्यासागर, नरेंद्र शर्मा, भाषा-गीत, सवैया मुक्तक, बृज, मुक्तिका, पद


सलिल सृजन दिसंबर २
*
पूर्णिका
हर हाल में खुशहाल रह
बन नर्मदा हर हाल बह
सब द्वेष-चिंता दे भुला
धोकर चदरिया मौन तह
होकर न है जो वह सुमिर
जो हो रहा चुपचाप सह
सद्गुरु मिले बन चरण-रज
शिव परम गुरु से पीर कह
हों हाथ खाली नित मना
माटी मिले माटी, न गह
संजीव जब संजीव हो
निर्जीव हो तब हो विरह
२.१२.२०२५
०००
एक पद
*
मैया! मोहे मन की बात न भाए।
मनमानी कर रई रे सत्ता, अंधभक्त गुर्राए।।
नोट बंद कर बरसों जोड़ी रकम धुआँ करवाए।
काला धन सुरसा मूँ घाईं, पल पल बढ़ता जाए।।
बैर बढ़ा रओ परोसियन से, नन्नो सोइ गुर्राए।
ताकतवर खों आँख दिखा के, अपनी जमीं गँवाए।।
सेना करे पराक्रम, पीट ढिंढोरा वोट मँगाए।
सरकारी संपत्ति बेंच के, बचतें सोई गँवाए।।
कोरोना सौ को मारे, जे झूठी दो बतलाए।
कष्ट कोऊ खों देखत नई, बरसों धरना धरवाए।।
नदी लास पै लास उगल रई, चादर डाल छिपाए।
चुनी भई सरकारें दईया, कैसऊँ करें गिराए।।
जन की बात कोऊ नई सुन रओ, प्रैस झूठ फैलाए।
हाँ में हाँ जो नई मिलाए, ओ पे जाँच बिठाए।।
२.१२.२०२१
***
बृज मुक्तिका
*
जी भरिकै जुमलेबाजी कर
नेता बनि कै लफ्फाजी कर
*
दूध-मलाई गटक; सटक लै
मुट्ठी में मुल्ला-काजी कर
*
जनता कूँ आपस में लड़वा
टी वी पै भाषणबाजी कर
*
अंडा शाकाहारी बतला
मुर्ग-मुसल्लम को भाजी कर
*
सौ चूहे खा हज करने जा
जो शरीफ उसको पाजी कर
***
सवैया मुक्तक
एक अकेला
*
एक अकेला दिनकर तम हर, जगा कह रहा हार न मानो।
एक अकेला बरगद दृढ़ रह, कहे पखेरू आश्रय जानो।
एक अकेला कंकर, शंकर बन सारे जग में पुजता है-
एक अकेला गाँधी आँधी, गोरी सत्ता तृणमूल अनुमानो।
*
एक अकेला वानर सोने की लंका में आग लगाता।
एक अकेला कृष्ण महाभारत रचकर अन्याय मिटाता।
एक अकेला ध्रुव अविचल रह भ्रमित पथिक को दिशा ज्ञान दे-
एक अकेला यदि सुभाष, सारे जग से लोहा मनवाता।
*
एक अकेला जुगनू; दीपक जले न पग ठोकर खाता है
एक अकेला लालबहादुर जिससे दुश्मन थर्राता है
एक अकेला मूषक फंदा काट मुक्त करता नाहर को-
एक अकेला जगता जब तब शीश सभी का झुक जाता है।
२-१२-२०२०
***
त्रिपदिक मुक्तिका
*
निर्झर कलकल बहता
किलकिल न करो मानव
कहता, न तनिक सुनता।
*
नाहक ही सिर धुनता
सच बात न कह मानव
मिथ्या सपने बुनता।
*
जो सुना नहीं माना
सच कल ने बतलाया
जो आज नहीं गुनता।
*
जिसकी जैसी क्षमता
वह लूट खा रहा है
कह कैसे हो समता?
*
बढ़ता न कभी कमता
बिन मिल मिल रहा है
माँ का दुलार-ममता।
***
***
द्विपदियाँ (अश'आर)
*
आँख आँख से मिलाकर, आँख आँख में डूबती।
पानी पानी है मुई, आँख रह गई देखती।।
*
एड्स पीड़ित को मिलें एड्स, वो हारे न कभी।
मेरे मौला! मुझे सामर्थ्य, तनिक सी दे दे।।
*
बहा है पर्वतों से सागरों तक आप 'सलिल'।
समय दे रोक बहावों को, ये गवारा ही नहीं।।
*
आ काश! कि आकाश साथ-साथ देखकर।
संजीव तनिक हो सके, 'सलिल' के साथ तू।।
२.१२.२०१८
***
दो दोहे जुगुनू जगमग कर रहे सूर्य-चंद्र हैं अस्त.
मच्छर जी हैं जगजयी, पहलवान हैं पस्त.
*
अपनी अपनी ढपलियाँ अपने-अपने राग.
कोयल-कंठी मौन है, सुरमणि होते काग.
२.१२.२०१७
***
भाषा-गीत 
*
हिंद और हिंदी की जय-जयकार करें हम
भारत की माटी, हिंदी से प्यार करें हम
*
भाषा सहोदरी होती है, हर प्राणी की
अक्षर-शब्द बसी छवि, शारद कल्याणी की
नाद-ताल, रस-छंद, व्याकरण शुद्ध सरलतम
जो बोले वह लिखें-पढ़ें, विधि जगवाणी की
संस्कृत सुरवाणी अपना, गलहार करें हम
हिंद और हिंदी की, जय-जयकार करें हम
भारत की माटी, हिंदी से प्यार करें हम
*
असमी, उड़िया, कश्मीरी, डोगरी, कोंकणी,
कन्नड़, तमिल, तेलुगु, गुजराती, नेपाली,
मलयालम, मणिपुरी, मैथिली, बोडो, उर्दू
पंजाबी, बांगला, मराठी सह संथाली
सिंधी सीखें बोल, लिखें व्यवहार करें हम
हिंद और हिंदी की, जय-जयकार करें हम
भारत की माटी, हिंदी से प्यार करें हम
*
ब्राम्ही, प्राकृत, पाली, बृज, अपभ्रंश, बघेली,
अवधी, कैथी, गढ़वाली, गोंडी, बुन्देली,
राजस्थानी, हल्बी, छत्तीसगढ़ी, मालवी,
भोजपुरी, मारिया, कोरकू, मुड़िया, नहली,
परजा, गड़वा, कोलमी से सत्कार करें हम
हिंद और हिंदी की, जय-जयकार करें हम
भारत की माटी, हिंदी से प्यार करें हम
*
शेखावाटी, डिंगल, हाड़ौती, मेवाड़ी
कन्नौजी, मागधी, खोंड, सादरी, निमाड़ी,
सरायकी, डिंगल, खासी, अंगिका, बज्जिका,
जटकी, हरयाणवी, बैंसवाड़ी, मारवाड़ी,
मीज़ो, मुंडारी, गारो मनुहार करें हम
हिन्द और हिंदी की जय-जयकार करें हम
भारत की माटी, हिंदी से प्यार करें हम
*
देवनागरी लिपि, स्वर-व्यंजन, अलंकार पढ़
शब्द-शक्तियाँ, तत्सम-तद्भव, संधि, बिंब गढ़
गीत, कहानी, लेख, समीक्षा, नाटक रचकर
समय, समाज, मूल्य मानव के नए सकें मढ़
'सलिल' विश्व, मानव, प्रकृति-उद्धार करें हम
हिन्द और हिंदी की जय-जयकार करें हम
भारत की माटी, हिंदी से प्यार करें हम
*
गीत में ५ पद ६६ (२२+२३+२१) भाषाएँ / बोलियाँ हैं। १,२ तथा ३ अंतरे लघुरूप में पढ़े जा सकते हैं। पहले दो अंतरे पढ़ें तो भी संविधान में मान्य भाषाओँ की वन्दना हो जाएगी।
***
आइये कविता करें:१.
[लेखक परिचय- आचार्य संजीव वर्मा
'सलिल' गत ३ दशकों से हिंदी साहित्य, भाषा के विकास के लिये सतत समर्पित और सक्रिय हैं। गद्य,-पद्य की लगभग सभी विधाओं, समीक्षा, तकनीकी लेखन, शोध लेख, संस्मरण, यात्रा वृत्त, साक्षात्कार आदि में आपने निरंतर सृजन कर अपनी पहचान स्थापित की है। १२ राज्यों की साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा शताधिक अलंकरणों, पुरस्कारों आदि से सम्मानित किये जा चुके सलिल जी की ५ पुस्तकें (१. कलम के देव भक्ति गीत संग्रह, २ लोकतंत्र का मक़बरा कविता संग्रह, ३. मीत मेरे कविता संग्रह, ४. भूकम्प के साथ जीना सीखें तकनीकी लोकोपयोगी, ५. काल है संक्रांति का, गीत-नवगीत संग्रह,) प्रकाशित हैं जबकि लघुकथा, दोहा, गीत, नवगीत, मुक्तक, मुक्तिका, लेख, आदि की १० पांडुलिपियाँ प्रकाशन की प्रतीक्षा में हैं। हिंदी भाषा के व्याकरण तथा पिंगल अधिकारी विद्वान सलिल जी ने सिविल अभियंता तथा अधिवक्ता होते हुए भी हिंदी के समांतर बुंदेली, ब्रज, भोजपुरी, अवधी, छत्तीसगढ़ी, मालवी, निमाड़ी, राजस्थानी, हरयाणवी, सिरायकी तथा अंग्रेजी में भी लेखन किया है। मेकलसुता पत्रिका तथा साइट हिन्दयुग्म व् साहित्य शिल्पी पर भाषा, छंद, अलंकार आदि पर आपकी धारावाहिक लेखमालाएँ बहुचर्चित रही हैं। अपनी बुआ श्री महीयसी महादेवी जी तथा माताजी कवयित्री शांति देवी को साहित्य व भाषा प्रेम की प्रेरणा माननेवाले सलिल जी प्रस्तुत लेख में गीत, नवगीत, ग़ज़ल और कविता के लेखन में छंद की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला है।]
काव्य रचना के आरम्भिक तत्व १. भाषा, २. कथ्य या विषय, ३. शब्द भण्डार, ४. छंद तथा ५. कहन अर्थात कहने का तरीका हैं.
शब्दों को विषय के भावों के अनुसार चुनना और उन्हें इस तरह प्रस्तुत करना कि उन्हें पढ़ते-सुनते समय लय (प्रवाह) की अनुभूति हो, यही कविताई या कविता करने की क्रिया है.
आप नदी के किनारे खड़े होकर देखें बहते पानी की लहरें उठती-गिरती हैं तो उनमें समय की एकरूपता होती है, एक निश्चित अवधि के पश्चात दूसरी लहर उठती या गिरती है. संगीत की राग-रागिनियों में आरोह-अवरोह (ध्वनि का उतार-चढ़ाव) भी समय बद्ध होता है. यहाँ तक कि कोयल के कूकने, मेंढक के टर्राने आदि में भी समय और ध्वनि का तालमेल होता है. मनुष्य अपनी अनुभूति को जब शब्दों में व्यक्त करता है तो समय और शब्द पढ़ते समय ध्वनि का ताल-मेल निश्चित हो तो एक प्रवाह की प्रतीति होती है, इसे लय कहते हैं. लय कविता का अनिवार्य गुण है.
लय को साधने के लिये शब्दों का किसी क्रम विशेष में होना आवश्यक है ताकि उन्हें पढ़ते समय समान अंतराल पर उतार-चढ़ाव हो, ये वांछित शब्द उच्चारण अवधि के साथ सार्थक तथा कविता के विषय के अनुरूप और कवि जो कहना चाहता है उसके अनुकूल होना चाहिए। यहाँ कवि कौशल, शब्द-भण्डार और बात को आवश्यकता के अनुसार सीधे-सीधे, घुमा-फिराकर या लक्षणों के आधार पर या किसी बताते हुए इस तरह लय भंग न हो और जो वह कह दिया जाए. छान्दस कविता करना इसीलिये कठिन प्रतीत होता है.
छन्दहीन कविता में लय नहीं कथ्य (विचार) प्रधान होता है. विराम स्थलों पर पंक्ति परिवर्तन कर दिया जाता है.
कविता में पंक्ति (पद) के उच्चारण का समय समान रखने के लिए ध्वनि को २ वर्गों में रखा गया है १. लघु २. दीर्घ. लघु ध्वनि की १ मात्रा तथा दीर्घ मात्राएँ गिनी जाती हैं. छोटे-बड़े शब्दों को मिलाकर कविता की हर पंक्ति समान समय में कही जा सके तो जा सके तो लय आती है. पंक्ति को पढ़ते समय जहाँ श्वास लेने के लिये शब्द पूर्ण होने पर रुकते हैं उसे यति कहते हैं. यति का स्थान पूर्व निश्चित तथा आवश्यक हो तो उससे पहले तथा बाद के भाग को चरण कहा जाता है. अ, इ, उ तथा ऋ लघु हैं जिनकी मात्रा १ है, आ, ई, ऊ, ओ, औ, तथा अं की २ मात्राएँ हैं.
आभा सक्सेना: संजीव जी मेरा आपके दिये मार्गदर्शन के बाद प्रथम प्रयास प्रतिक्रिया अवश्य देखें .....
बसन्त
बागों में बसन्त छाया जब से २२ २ १२१ २२ ११ २ = १८
खिल उठे हैं पलाश तब से ११ १२ २ १२१ ११ २ = १५
रितु ने ली अंगडाई जम के ११ २ २ ११२२ ११ २ = १६
सोच रही कुछ बैठी बैठी २१ १२ ११ २२ २२ = १६
घर जाऊँ मैं किसके किसके ११ २२ २ ११२ ११२ = १६
टूट रही है ठंड की झालर २१ १२ २ २१ २ २११ = १७
ठंडी ठंडी छांव भी खिसके २२ २२ २१ २ ११२ = १७
अब तो मौसम भी अच्छा है ११ २ २११ २ २२ २ = १६
दुबक रजाई में क्यों तुम बैठे १११ १२२ २ २ ११ २२ = १८
क्यों बिस्तर में बैठे ठसके २२ २११ २ २२ ११२ = १६
अब तो बाहर निकलो भैया ११ २ २११ ११२ २२ = १६
लिये जा रहे चाय के चस्के १२ २ १२ २१ २ २२ = १७
फूल खिल उठे पीले पीले २१ ११ १२ २२ २२ = १६
सरसों भी तो पिलियायी है ११२ २ २ ११२२ २ = १६
देख अटारी बहुयें चढ़तीं २१ १२२ ११२ ११२ = १६
बतियातीं वह मुझसे हंसके ११२२ ११ ११२ ११२ = १६
बसन्त है रितुराज यहाँ का १२१ २ ११२१ १२ २ = १६
पतंग खेलतीं गांव गगन के १२१ २१२ २१ १११ २ = १७
होली की अब तैयारी है २२ २ ११ २२२ २ = १६
रंग अबीर उड़ेगे खिल के.. २१ १२१ १२२ ११ २ = १६
इस रचना की अधिकांश पंक्तियाँ १६ मात्रीय हैं. अतः, इसकी शेष पंक्तियों को जो कम या अधिक मात्राओं की हैं, को १६ मात्रा में ढालकर रचना को मात्रिक दृष्टि से निर्दोष किया जाना चाहिए। अलग-अलग रचनाकार यह प्रयास अपने-अपने ढंग से कर सकते हैं. एक प्रयास देखें:
बागों में बसन्त आया है २२ २ १२१ २२ २ = १६
पर्वत पर पलाश छाया है २२ ११ १२१ २२ २ = १६
रितु ने ली अँगड़ाई जम के ११ २ २ ११२२ ११ २ = १६
सोच रही है बैठी-बैठी २१ १२ २ २२ २२ = १६
घर जाऊँ मैं किसके-किसके ११ २२ २ ११२ ११२ = १६
टूट रही झालर जाड़े की २१ १२ २११ २२ २ = १६
ठंडी-ठंडी छैंया खिसके २२ २२ २२ ११२ = १६
अब तो मौसम भी अच्छा है ११ २ २११ २ २२ २ = १६
कहो दुबककर क्यों तुम बैठे १२ १११११ २ ११ २२ = १६
क्यों बिस्तर में बैठे ठसके २२ २११ २ २२ ११२ = १६
अब तो बाहर निकलो भैया ११ २ २११ ११२ २२ = १६
चैया पी लो तन्नक हँसके २२ २ २ २११ ११२ = १६
फूल खिल उठे पीले-पीले २१ ११ १२ २२ २२ = १६
सरसों भी तो पिलियायी है ११२ २ २ ११२२ २ = १६
देख अटारी बहुयें चढ़तीं २१ १२२ ११२ ११२ = १६
बतियातीं आपस में छिपके ११२२ २११ २ ११२ = १६
है बसन्त रितुराज यहाँ का २ १२१ ११२१ १२ २ = १६
उड़ा पतंग गाँव में हँसके १२ १२१ २१ २ ११२ = १६
होली की अब तैयारी है २२ २ ११ २२२ २ = १६
रंग अबीर उड़ेगे खिल के.. २१ १२१ १२२ ११ २ = १६
मात्रिक संतुलन की दृष्टि से यह रचना अब निर्दोष है. हर पंक्ति में १६ मात्राएँ हैं. एक बात और देखें: यहाँ हर पंक्ति का अंतिम वर्ण दीर्घ है.
***
कार्यशाला-
दो कवि एक मुक्तक
*
तुम एक सुरीला मधुर गीत, मैं अनगढ़ लोकगीत सा हूँ
तुम कुशल कलात्मक अभिव्यंजन, मैं अटपट बातचीत सा हूँ - फौजी
तुम वादों को जुमला कहतीं, मैं जी भर उन्हें निभाता हूँ
तुम नेताओं सी अदामयी, मैं निश्छल बाल मीत सा हूँ . - सलिल
२.१२.२०१६
***
संस्मरण
कवि प्रदीप द्वारा पण्डित नरेंद्र शर्मा का उल्लेख
*
"अतीत के झरोखे से झाँक रहा हूँ। इलाहाबाद में एक कवि-सम्मेलन का आयोजन था। काफ़ी भीड़ थी। उसी सम्मेलन में नरेन्द्र जी से मेरा अनायास परिचय हो गया था। समय की लीला अजीब होती है। मैं नया कवि होने के नाते मंच के एक कोने में सिमटा-सिकुड़ा बैठा था।"
"अपने से थोड़ी दूर बैठे एक गौरवर्ण सुकुमार-सौम्य युवक को न जाने क्यों मैं बार-बार देख लिया करता था। वे भी कविता पाठ के लिए आमंत्रित थे और मैं भी। अध्यक्ष की घोषणा से पता चला कि यही पंडित नरेन्द्र शर्मा हैं। जब दो कवियों के बाद मेरी बारी आयी, तो मैंने एक गीत सुनाया (यह बता दूँ कि शुरू से ही मेरी पठन-शैली बड़ी अच्छी थी)। गीत के बोल थे-
'मुरलिके छेड़ सुरीली तान,
सुना-सुना मादक-अधरे,
विश्व - विमोहन तान।'
"मैंने देखा सुंदर युवक नरेन्द्र जी मेरे पास आ कर बैठ गये और गीत में मेरे शब्द-प्रयोग 'मादक-अधरे' की ख़ूब प्रशंसा करके शाबाशी दी।"
"यही हमारी पहली मुलाक़ात मित्रता में बदल गयी। फिर तो हम अनेकों बार लगातार मिलते रहे। उक्त बात क़रीब साठ वर्ष पहले की है। उमर में नरेन्द्र जी दो वर्ष मेरे अग्रज थे।"
"सन् 1934 में इलाहाबाद छोड़ कर मैं लखनऊ आ गया। फिर तो हमारी जन्म-कुंडलियों ने अपना-अपना काम शुरू कर दिया। नरेन्द्र जी इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में ही रहे और मैं आगे के विद्याभ्यास के लिए लखनऊ आ गया। इस प्रकार हम एक-दूसरे से दूर हो गये। लखनऊ में चार वर्ष रहने के बाद, अचानक भाग्य की आँधी ने मुझे फ़िल्म क्षेत्र में ला पटका एक गीतकार के रूप में। यह सन् 1939 की बात है। नरेन्द्र जी के कार्यक्षेत्र भी बदलते रहे।"
"हम दोनों अपने-अपने क्षेत्र में काम करते रहे। परंतु हमारे स्नेह-बंधन में कभी कमी नहीं आयी।"
"उनके पास बैठे हुए मेरे भीतर वैसे ही तरंगें उठती थी, जैसी बचपन में अपने नाना, मौसा के पास बैठ कर उठती थी। वही भव्य भारतीयता, ऐसी साधारणता कि जिसके आगे कैसी भी विशिष्टता फीकी पड़ जाए।"
***
स्मरण:
ईश्वरचन्द्र विद्यासागर
(२६ दिसंबर १८२० - २९ जुलाई १८९१)
*
ईश्वरचंद्र विद्यासागर बांग्ला साहित्य के समर्पित रचनाकार तथा श्रेष्ठ शिक्षाविद रहे हैं। आपका जन्म २६ दिसंबर १८२० को अति निर्धन परिवार में हुआ था। पिताश्री ठाकुरदास तथा माता श्रीमती भगवती देवी से संस्कृति, समाज तथा साहित्य के प्रति लगाव ही विरासत में मिला। गाँव में प्राथमिक शिक्षा प्राप्त कर आप १८२८ में पिता के साथ पैदल को कलकत्ता (कोलकाता) पहुँचे तथा संस्कृत महाविद्यालय में अध्ययन आरम्भ किया। अत्यधिक आर्थिक अभाव, निरंतर शारीरिक व्याधियाँ, पुस्तकें न खरीद पाना तथा सकल गृह कार्य हाथ से करना जैसी विषम परिस्थितियों के बावजूद अपने हर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सन १८४१ में आपको फोर्ट विलियम कोलेज में ५०/- मासिक पर मुख्य पंडित के पद पर नियुक्ति मिली। आपके पांडित्य को देखते हुए आपको 'विद्यासागर' की उपाधि से विभूषित किया गया। १८५५ में आपने कोलेज में उपसचिव की आसंदी को सुशोभित कर उसकी गरिमा वृद्धि की। १८५५ में ५००/- मासिक वेतन पर आप विशेष निरीक्षक (स्पेशल इंस्पेक्टर) नियुक्त किये गये।
अपने विद्यार्थी काल से अंत समय तक आपने निरंतर सैंकड़ों विद्यार्थिओं, निर्धनों तथा विधवाओं को अर्थ संकट से बिना किसी स्वार्थ के बचाया। आपके व्यक्तित्व की अद्वितीय उदारता तथा लोकोपकारक वृत्ति के कारण आपको दयानिधि, दानवीर सागर जैसे संबोधन मिले।
आपने ५३ पुस्तकों की रचना की जिनमें से १७ संकृत में,५ अंग्रेजी में तथा शेष मातृभाषा बांगला में हैं। बेताल पंचविंशति कथा संग्रह, शकुन्तला उपाख्यान, विधवा विवाह (निबन्ध संग्रह), सीता वनवास (कहानी संग्रह), आख्यान मंजरी (बांगला कोष), भ्रान्ति विलास (हास्य कथा संग्रह) तथा भूगोल-खगोल वर्णनं आपकी प्रमुख कृतियाँ हैं।
दृढ़ प्रतिज्ञ, असाधारण मेधा के धनी, दानवीर, परोपकारी, त्यागमूर्ति ईश्वरचंद्र विद्यासागर ७० वर्ष की आयु में २९ जुलाई १८९१ को इहलोक छोड़कर परलोक सिधारे। आपका उदात्त व्यक्तित्व मानव मात्र के लिए अनुकरणीय है।
***
ई मित्रता पर पैरोडी:
*
(बतर्ज़: अजीब दास्तां है ये,
कहाँ शुरू कहाँ ख़तम...)
*
हवाई दोस्ती है ये,
निभाई जाए किस तरह?
मिलें तो किस तरह मिलें-
मिली नहीं हो जब वज़ह?
हवाई दोस्ती है ये...
*
सवाल इससे कीजिए?
जवाब उससे लीजिए.
नहीं है जिनसे वास्ता-
उन्हीं पे आप रीझिए.
हवाई दोस्ती है ये...
*
जमीं से आसमां मिले,
कली बिना ही गुल खिले.
न जिसका अंत है कहीं-
शुरू हुए हैं सिलसिले.
हवाई दोस्ती है ये...
*
दुआ-सलाम कीजिए,
अनाम नाम लीजिए.
न पाइए न खोइए-
'सलिल' न न ख्वाब देखिए.
हवाई दोस्ती है ये...
***

सोमवार, 1 दिसंबर 2025

दिसंबर १, सॉनेट, वीप्सा अलंकार, दोहे, नवगीत, मुक्तक, कुण्डलिया, वैदिक धर्म ध्वज

सलिल सृजन दिसंबर १
*
वैदिक सनातन धर्म ध्वज वेदों में ग्रन्थों में ध्वज का विस्तृत विवरण कई स्थानों में दिया गया है। आईये जानते हैं हमारे ध्वज की महत्ता :, अस्माकमिन्द्र: समृतेषु ध्वजेष्वस्माकं या इषवस्ता जयन्तु। अस्माकं वीरा उत्तरे भवन्त्वस्माँ उ देवा अवता हवेषु।। ऋग्वेद, 10-103-11, अथर्ववेद, 19-13-11 अर्थात्, हमारे ध्वज फहराते रहें, हमारे बाण विजय प्राप्त करें, हमारे वीर वरिष्ठ हों, देववीर युद्ध में हमारी विजय करवा दें। इस मंत्र में युद्ध के समय ध्वज लहराता रहना चाहिये। उद्धर्षन्तां मघवन्वाजिनान्युद्वीराणां जयतामेतु घोष:। पृथग्घोषा उलुलय: केतुमन्त उदीरताम्।। अथर्ववेद, 3.19.6 अर्थात्, हमारी सब सेनाएं उत्साहित हों, हमारे विजयी वीरों की घोषणाएं (आकाश में) गरजती रहें, अपने-अपने ध्वज लेकर आनेवाले विविध पथों की घोषणाओं का शब्द यहां निनादित होता रहे। अमी ये युधमायन्ति केतून्कृत्वानीकश:। वही, 6.103.3 अर्थात्, ये वीर अपनी सेना की टुकडिय़ों के साथ अपने ध्वज लेकर युद्ध में उपस्थित होते हैं। अब प्रश्न यह उठता है कि अति प्राचीन युग में भारतीय-ध्वज का स्वरूप कैसा था ? ऋग्वेद में कहा गया है – अदृश्रमस्य केतवो वि रश्मयो जनाँ अनु। भ्राजन्तो अग्नयो यथा।। अथर्ववेद, 6.126.3 अर्थात्, उगनेवाली सूर्य की रश्मियां, तेजस्वी अग्नि की ज्वालाएं (फड़कने वाले) ध्वज के समान दिखाई दे रही हैं। इस मंत्र से यह निश्चित होता है कि वैदिक आर्यों के ध्वज का आकार अग्नि-ज्वाला के समान था। वेदों में कई स्थानों पर अग्नि-ज्वाला के आकारवाले ध्वज का वर्ण भगवा स्पष्ट किया गया है "एता देवसेना: सूर्यकेतवः सचेतसः। अमित्रान् नो जयतु स्वाहा ।।" (अथर्ववेद ५.२१.१२), "अरुणैः केतुभिः सह " (अथर्ववेद ११.१२.२) उपरोक्त मन्त्रों में अरुण, अरुष, रुशत्, हरित, हरी, अग्नि, रजसो भानु, रजस् और सूर्य – ये नौ शब्द ध्वज का वर्ण निश्चित करते हैं। हरित और हरी – इन शब्दों से हल्दी के समान पीला रंग ज्ञात होता है। सूर्य शब्द सूर्य का रंग बता रहा है। यह रंग भी हल्दी के समान ही है। अरुण रंग यह उषाकाल के सदृश कुल लाल रंग के आकाश का रंग है। अरुष तथा रुशत् – ये शब्द भी भगवे रंग के ही निदर्शक हैं। रजस तथा रजसो भानु – ये शब्द सूर्य किरणों से चित्रित धूल का रंग बता रहे हैं। इन मन्त्रों में ध्वज को अग्नि ज्वाला, विद्युत, उगता हुआ सूर्य तथा चमकनेवाला खंग – ये उपमाएं दी हुई हैं। इसमें निर्णायक उपमाएं रजसो भानुं तथा अरुण: – ये हैं। कहने की आवश्यकता नहीं कि इन पदों में निदर्शित रंग भगवा ही है। इन नौ पदों से यद्यपि भगवे रंग की न्यूनाधिक छटाएं बताई गई हैं, तथापि पीला तथा लाल भरतमुनिकृत नाट्यशास्त्रम् में युद्ध में देवताओं द्वारा दानवों के पराजित होने पर इन्द्र के विजयोत्सव में मनाये गये ध्वज-महोत्सव का उल्लेख मिलता है। सूर्यमण्डलान्तर्गत सूर्यस्वरूप सर्वरूप अप्रतिरूप शिव अपनी ध्वजा और पताका पर सूर्यका चिह्न धारण करते हैं। *नमोऽस्त्वप्रतिरूपाय विरूपाय शिवाय च। सूर्याय सूर्यमालाय सूर्यध्वजपताकिने।।* (महाभारत - शान्तिपर्व २८४.८१) त्रिकोण रक्तवर्ण के वस्त्रपर अङ्कित श्वेत वर्ण के सूर्य को वैदिक ध्वज माना गया है उपरोक्त मंत्रों से स्प्ष्ट है कि वैदिक सनातन ध्वज की संरचना में मुख्य उसका रंग है जो कि यज्ञ की पावन अग्नि , उगते हुए सूर्य और उत्साह एवं वीरता के प्रतीक भगवा है। इसके मध्य में श्वेत वर्णीय सूर्य है और सूर्य के मध्य सबका कल्याण हो ऐसी स्वस्ति कामना करता स्वस्तिक चिन्ह है।
१.१२.२०२५ 
००० 
सॉनेट
समय छिछोरा
*
छेड़ रहा है उम्मीदों को समय छिछोरा,
आशा के पग रुक गए, भय से एसिड देख,
ब्लैक मेल अरमान हो, कौन करेगा लेख?
भूल रहा है निज भाषा को मनुज अधूरा।
कौन पढ़े क्या लिखा?, कोशिशी कागज कोरा,
कहें हथेली पर नहीं, खिंची सफलता रेख,
नियम हथौड़ा हो गए, रीति बन गई मेख,
कुर्सी बैठ कागा चमचा कहता गोरा।
दीप-ज्योति में कराकर, शक तूफान तलाक,
ठठा रहा है बेधड़क, कहाँ करें फ़रियाद?
वादों को जुमला बता, चोर बन गया शाह।
बिसर गया 'बतखाव' मन, रोज कर रहा टाक,
नाक कटाते 'लिव इनी', खुद को कार बर्बाद,
खुद जाते पर पूछते 'कहाँ जा रही राह?'
१.१२.२०२३
***
***
मुक्तक
रचनाधर्मी साथ हमारे, हो प्रभात खुशहाल
दोपहरी उपलब्धि दे, संध्या सज्जित भाल
निशा शांति विश्राम ले, बोले 'मीचो नैन-
सुखद स्वप्न अनगिन दिखा सबको दीनदयाल'
१.१२.२०२१
***
कार्य शाला:
दोहा से कुण्डलिया
*
बेटी जैसे धूप है, दिन भर करती बात।
शाम ढले पी घर चले, ले कर कुछ सौगात।। -आभा सक्सेना 'दूनवी'
लेकर कुछ सौगात, ढेर आशीष लुटाकर।
बोल अनबोले हो, जो भी हो चूक भुलाकर।।
रखना हरदम याद, न हो किंचित भी हेटी।
जाकर भी जा सकी, न दिल से प्यारी बेटी।। -संजीव वर्मा 'सलिल'
***
दोहा सलिला
*
दोहा सलिला निर्मला, सारस्वत सौगात।
नेह नर्मदा सनातन, अवगाहें नित भ्रात
*
अक्षर-अक्षर ब्रम्ह है, शब्द-शब्द सौगात।
चरण-चरण में सार है, पद-पद है अवदात।।
*
दोहा दिव्य दिनेश दे, तम हर नवल प्रभात।
भाषा-भूषा सुरुचिमय, ज्यों पंकज जलजात।।
*
भाव, कहन, रस, बिंब, लय, अलंकार सज गात।
दोहा वनिता कथ्य है, अजर- अम्र अहिवात।।
*
दोहा कम में अधिक कह, दे संदेशा तात।
गागर में सागर भरे, व्यर्थ न करता बात।।
१.१२.२०१८
...
दोहा
कथ्य भाव लय छंद रस, पंच तत्व आधार.
मुरली-धुन सा कवित रच, पा पाठक से प्यार
मुक्तक
उषा-स्वागत कर रही है चहक गौरैया
सूर्य-वंदन पवन करता नाच ता-थैया
बैठका मुंडेर कागा दे रहा संदेश-
तानकर रजाई मनुज सो रहा भैया...
मत जगाओ, जागकर अन्याय करेगा
आदमी से आदमी भी जाग डरेगा
बाँटकर जुमले ठगेगा आदमी खुद को
छीन-झपट, आग लगा आप मरेगा
...
नमन तुमको कर रहा सोया हुआ ही मैं
राह दिखाता रहा, खोया हुआ ही मैं
आँख बंद की तो हुआ सच से सामना
जाना कि नहीं दूध का धोया हुआ हूं मैं
१.१२.२०१७
...
अलंकार सलिला ३७
वीप्सा अलंकार
*
कविता है सार्थक वही, जिसका भाव स्वभाव।
वीप्सा घृणा-विरक्ति है, जिससे कठिन निभाव।।
अलंकार वीप्सा वहाँ, जहाँ घृणा-वैराग।
घृणा हरे सुख-चैन भी, भर जीवन में आग।।
जहाँ शब्द की पुनरुक्ति द्वारा घृणा या विरक्ति के भाव की अभिव्यक्ति की जाती है वहाँ वीप्सा अलंकार होता है।
उदाहरण:
१. शिव शिव शिव कहते हो यह क्या?
ऐसा फिर मत कहना।
राम राम यह बात भूलकर,
मित्र कभी मत गहना।।
२. राम राम यह कैसी दुनिया?
कैसी तेरी माया?
जिसने पाया उसने खोया,
जिसने खोया पाया।।
३. चिता जलाकर पिता की, हाय-हाय मैं दीन।
नहा नर्मदा में हुआ, यादों में तल्लीन।।
४ उठा लो ये दुनिया, जला दो ये दुनिया,
तुम्हारी है तुम ही सम्हालो ये दुनिया।
ये दुनिया अगर मिल भी जाये तो क्या है?
ये दुनिया अगर मिल भी जाये तो क्या है?'
५. मेरे मौला, प्यारे मौला, मेरे मौला...
मेरे मौला बुला ले मदीने मुझे,
मेरे मौला बुला ले मदीने मुझे।
६. नगरी-नगरी, द्वारे-द्वारे ढूँढूँ रे सँवरिया!
पिया-पिया रटते मैं तो हो गयी रे बँवरिया!!
७. मारो-मारो मार भगाओ आतंकी यमदूतों को।
घाट मौत के तुरत उतारो दया न कर अरिपूतों को।।
वीप्सा में शब्दों के दोहराव से घृणा या वैराग्य के भावों की सघनता दृष्टव्य है.
१.१२.२०१५
***
नवगीत
पत्थरों के भी कलेजे
हो रहे पानी
.
आदमी ने जब से
मन पर रख लिए पत्थर
देवता को दे दिया है
पत्थरों का घर
रिक्त मन मंदिर हुआ
याद आ रही नानी
.
नाक हो जब बहुत ऊँची
बैठती मक्खी
कब गयी कट?, क्या पता?
उड़ गया कब पक्षी
नम्रता का?, शेष दुर्गति
अहं ने ठानी
.
चुराते हैं, झुकाते हैं आँख
खुद से यार
बिन मिलाये बसाते हैं
व्यर्थ घर-संसार
आँख को ही आँख
फूटी आँख ना भानी
.
चीर हरकर माँ धरा का
नष्टकर पोखर
पी रहे जल बोतलों का
हाय! हम जोकर
बावली है बावली
पानी लिए धानी
१.१२.२०१४

 

दिसंबर

दिसंबर
*
दिसंबर नाम लैटिन शब्द 'डेसम' से आया है जिसका अर्थ है दस। रोमन कैलेंडर में, दिसंबर दसवाँ महीना था। नूमा पोम्पिलियस ने जनवरी और फ़रवरी को जोड़कर कैलेंडर में बदलाव किया। दिसंबर बारहवाँ महीना बन गया, और कैलेंडर पृथ्वी पर एक वर्ष की लंबाई को अधिक सटीकता से दर्शाने लगा। दिसंबर के दौरान, शीतकालीन संक्रांति उत्तरी गोलार्ध को सूर्य से उसकी सबसे दूर ले जाती है। महीने के अधिकांश समय में, शीतकालीन संक्रांति तक, इसके निवासी प्रतिदिन लगभग २ मिनट सूर्य का प्रकाश खो देते हैं। शीतकालीन संक्रांति सर्दियों की शुरुआत और कैलेंडर के सबसे छोटे दिन का प्रतीक है। उस दिन के बाद, दिन धीरे-धीरे लंबे होते जाते हैं। वे शायद ज़्यादा गर्म न हों, लेकिन पृथ्वी अपनी धुरी पर सूर्य की ओर झुक रही है। तड़प का प्रतीक सुगंधित नार्सिसस फूल आमतौर पर बसंत में खिलता है।
कब? क्या??
०१. एड्स जागरूकता दिवस, नागालैंड दिवस १९६३, सीमा सुरक्षा  बल गठित १९६५, क्रांन्तिकारी राजा महेंद्र प्रताप जन्म १८८६
०२. संत ज्ञानेश्वर दिवस, अरविन्द आश्रम स्कूल पॉन्डिचेरी १९४२
०३. किसान दिवस, विश्व विकलांग दिवस, शहीद खुदीराम बोस जन्म १८८९ शहीद ११-८-१९०८, डॉ. राजेंद्र प्रसाद जयंती १८८४, यशपाल जन्म १९०३, चंद्रसेन (ढोके) विराट जन्म १९३६, देवानंद निधन २०११, भारत-पाक युद्ध १९७१, भोपाल गैस रिसाव १९८४
०४. अंतरराष्ट्रीय बैंक दिवस, अंतरराष्ट्रीय एकतरफा बल-प्रयोग निषेध दिवस, भारतीय जल सेना दिवस, सती प्रथा समापन आदेश जारी १८२९ (लार्ड विलियम बेंटिक), शेख अब्दुल्ला जन्म १९०५
०५. विश्व मृदा दिवस, अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवक दिवस, आर्थिक-सामाजिक विकास दिवस, महर्षि अरविन्द दिवस, पन्नालाल श्रीवास्तव 'नूर' जन्म १९१४, रामकृष्ण दीक्षित 'विश्व' जन्म १९२८
०६. महापरिनिर्वाण दिवस, राष्ट्रीय माइक्रोवेव ओवन दिवस, डॉ. अंबेडकर निधन १९५६, तुर्की महिला मताधिकार १९२९
०७. अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन दिवस, सशस्त्र सेना झंडा दिवस, भारत प्रथम विधवा विवाह १८५६, चक्रवर्ती राजगोपालाचारी जन्म १८७९
०८. बोधि दिवस, तेजबहादुर सप्रू जन्म १८७५, क्रांतिकारी जतीन्द्रनाथ मुखर्जी (बाघा जतिन) जन्म १८७९, शर्मिला टैगोर जन्म
०९. अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस, नरसंहार रोकथाम दिवस, संविधान सभा प्रथम बैठक १९४६, महाकवि सूरदास जन्म १४८४, क्रान्तिकारी राव तुलाराम जन्म १८२५, शत्रुघ्न सिन्हा जन्म,
१०. मानव अधिकार दिवस, डॉ. द्वारकानाथ कोटनीस निधन १९४२ चीन में
११. अंतरराष्ट्रीय पर्वत दिवस, यूनिसेफ दिवस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद अध्यक्ष १९४६, कवि प्रदीप जन्म, ओशो जन्म १९३१, अमरीकी अंतरिक्ष उतरे १९७२ (अपोलो)
१२. अंतरराष्ट्रीय तटस्थता दिवस, अंतरराष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस, मैथिलीशरण गुप्त निधन १९६४, प्रो. सत्य सहाय निधन २०१०, प्रिवीपर्स समाप्ति कानून पारित १०७१
१३. राष्ट्रीय अश्व दिवस, भवानी प्रसाद तिवारी निधन
१४. राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस, उपेंद्र नाथ अश्क जन्म १९१०, राजकपूर जन्म १९२४, शैलेन्द्र जन्म १९६६
१५. सरदार पटेल निधन १९५०
१६. बांगला देश विजय दिवस १९७१, प्रथम परमाणु भट्टी कलपक्कम १९८५
१७. क्रांतिकारी राजेंद्र लाहिड़ी निधन १९२७, भगत सिंह- स्कॉट के धोखे में सांडर्स को गोली मारी, नूरजहाँ निधन १६४५, सत्याग्रह स्थगित १९४०, पाक सेना सर्पण ढाका १९७१
१८. अंतरराष्ट्रीय प्रवासी दिवस, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक अधिकार दिवस, अरबी भाषा दिवस, राष्ट्रीय संग्रहालय उद्घाटित १९६०
१९. रामप्रसाद बिस्मिल-अशफ़ाक़ उल्ला खान शहीद १९२७, गोवा विजय १९६१,
२०. अंतरराष्ट्रीय मानव एकता दिवस, क्रांतिकारी बाबा सोहन सिंह भखना शहीद १९६८, वनडे मातरम् रचना १८७६ (बंकिम चन्द्र चटर्जी)
२१. विश्व साड़ी दिवस, विश्व बास्केटबॉल दिवस, विश्व ध्यान दिवस
२२. राष्ट्रीय गणित दिवस, श्रीनिवास रामानुजम जन्म १८८७
२३. स्वामी श्रद्धानन्द निधन १९२६, किसान दिवस,चौधरी चरण सिंह जयंती,
२४. राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस, विश्व भारती स्थापना १९२१, मो.रफ़ी जन्म १९२४
२५. बड़ा दिन, मदन मोहन मालवीय जन्म १८६१, मो. अली जिन्ना जन्म, अटल बिहारी बाजपेयी जन्म १९२४, कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव जन्म, चक्रवर्ती राजगोपालाचारी निधन, अभिनेत्री साधना निधन २०१५
२६. वीर बाल दिवस, बॉक्सिंग डे, शहीद ऊधम सिंह जन्म १८९९, डॉ. किशोर काबरा जन्म १९३४, यशपाल निधन १९७६,
२७. अंतरराष्ट्रीय महामारी तत्परता दिवस, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष स्थापित १९४५, जान गण मन गायन दिवस १९११ मिर्ज़ा ग़ालिब जन्म १७९७, बेनज़ीर भुट्टो हत्या २००७
२८. सुमित्रा नंदन पंत निधन १९७७, प्रथम सिनेमा गृह पेरिस १८९५, कश्मीर युद्ध १९४७
२७-३१ दिसंबर- विष्णुपुर महोत्सव बांकुड़ा प. बंगाल   
२९. कोलकाता मेट्रो कार्यारंभ १९७२
३०. नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने तिरंगा फहराकर भारत को स्वतंत्र घोषित किया, बाबर मारा १५३०
३१. स्वराज्य संकल्प लाहौर १९२९, विश्व युद्ध समाप्त १९४६, रघुवीर सहाय निधन, दुष्यंत कुमार निधन

***