कुल पेज दृश्य

सोमवार, 28 अप्रैल 2025

अप्रैल २८, पूर्णिका, शारदा, सॉनेट, गीत गोविंद, कोरोना, चोका, दोहा, नवगीत, मुक्तिका

सलिल सृजन अप्रैल २८
*
पूर्णिका 
वंदना 
शारद वंदन
अर्पित चंदन
भव बाधा हर
मेटो क्रंदन
हर पर्वत पर 
हो वन नंदन
मातु! सलिल का
कर दुख भंजन
शब्द ब्रह्म भज
हरषे जन जन
*
पूर्णिका
हुई भोर दिनकर की जय कह
काव्य सरित में खुश रहकर बह
कर न ईर्ष्या-द्वेष किसी से
सुधियों से नित शक्ति नवल गह
संबंधों की तुरप चदरिया
तुरप सरीखे ही उनको तह
जितनी चादर पाई तूने
उतनी में ही तू सीमित रह
अरमानों के आसमान में
भर उड़ान, मत नाकामी सह
निंदक को रख निकट बावले
झूठ प्रशंसा सुनकर मत ढह
मात वही तो दे पाता है
जो आगे बढ़ता है सह शह
जोड़ जरूरत से ज्यादा मत
छूटे सारा ठाठ समझ यह
जैसी करनी वैसी भरनी
'सलिल' दाह दे, फिर खुद भी दह
२८.४.२०२५
०००
सॉनेट
सुधि वातायन
सुधि वातायन से जब हेरूँ,
झलक तुम्हारी पड़े दिखाई,
पलक झपकते मति चकराई,
कहीं न दिखते ज्यों पग फेरूँ।
विरह विकल हो खोजूँ टेरूँ,
सुधि सलिला विहँसी लहराई,
कली मोगरा की मुस्काई,
सिकता पर प्रिय नाम उकेरूँ।
जहँ देखूँ तहँ तुम ही तुम हो,
नयन भीगते अधर लरजते,
वाक् छंद रच पुलकित होती।
कौन कह रहा है तुम गुम हो,
सुमिरन करने से तुम मिलते,
सुधि नव फसलें लुक-छिप बोती।
२८.४.२०२४
•••
विमर्श : भोजन करिये बाँटकर
ऋग्वेद निम्नानुसार बाँटकर भोजन करने को कहता है-
१. जमीन से चार अंगुल भूमि का
२. गेहूँ के बाली के नीचे का पशुओं का
३. पहले पेड़ की पहली बाली अग्नि की
४. बाली से गेहूं अलग करने पर मूठ्ठी भर दाना पंछियो का
५. गेहूं का आटा बनाने पर मुट्ठी भर आटा चीटियो का
६. फिर आटा गूथने के बाद चुटकी भर गुथा आटा मछलियो का
७. फिर उस आटे की पहली रोटी गौमाता की
८. पहली थाली घर के बुज़ुर्ग़ो की और फिर हमारी
९. आखिरी रोटी कुत्ते की
***
दोहा अठपदी :
*
हिन्दी की जय बोलिए, हो हिन्दीमय आप.
हिन्दी में पढ़-लिख 'सलिल', सकें विश्व में व्याप ..
नेह नर्मदा में नहा, निर्भय होकर डोल.
दिग-दिगंत को गुँजाकर, जी भर हिन्दी बोल..
जन-गण की आवाज़ है, भारत माँ का ताज.
हिन्दी नित बोले 'सलिल', माँ को होता नाज़..
भारत माँ को सुहाती, लालित्यमय बिंदी
जनगण जिव्हा विराजती, विश्ववाणी हिंदी
२८-४-२०२१
***
विमर्श : 'श्री'
*
'श्री' पूरे ब्रह्मांड की प्राण-शक्ति है। श्री = शोभा, लक्ष्मी और कांति।
श्रीयुत का मतलब प्राणयुक्त है। 'श्री' का शब्द का सबसे पहले उपयोग ऋग्वेद में हुआ है। जो 'श्री' युक्त है उसका निरंतर विकास होगा, वह समृद्ध और सुखी होगा। ईश्वर श्री से ओतप्रोत है। परमात्मा को वेद में अनंत श्री वाला कहा गया है।
मनुष्य अनंत-धर्मा नहीं है, वह असंख्य श्री वाला तो नहीं हो सकता है, लेकिन पुरुषार्थ से ऐश्वर्य हासिल करके वह श्रीमान बन सकता है। जो पुरुषार्थ नहीं करता, वह श्रीमान कहलाने का अधिकारी नहीं है।
वर्तमान में सम्मानित या बड़े के नाम के पूर्व श्री लगाया जाता है। यह शिष्टाचार मात्र है।
स्वर्गीय यानी जो दिवंगत हो गए, जिनकी देह नहीं है, जिनका ईश्वर में लय हो गया हो उन्हें स्वर्गीय या स्मरणीय कह सकते हैं पर उनके नाम के आगे 'श्री' लगाया जाना अनुपयुक्त है। दिवंगत का न तो विकास संभव है न वह समृद्ध या सुखी हो सकता है। इसलिए दिवंगतों के नाम के पूर्व श्री या श्रीमती नहीं लगाना चाहिए।
***
गीत गोविंद : जयदेव
*
मेघैर्मेदुरमम्बरं वनभुव: श्यामास्तमालद्रुमैर्नक्तं भीरुरयं त्वमेव तदिमं राधे ग्रहं प्रापय।
इत्थं नंदनिदेशतश्चलितयो: प्रत्यध्वकुंजद्रुमं राधमाधवयोर्जयंति यमुनाकूले रह: केलय:।।
*
नील गगन पर श्यामल बादल, वन्य भूमि पर तिमिर घना है।
संध्या समय भीति भव; राधा एकाकी; घर दूर बना है।।
नंद कहें 'घर पहुँचाओ' सुन, राधा-माधव गये कुंज में-
यमुना तट पर केलि करें, जग माया-ब्रह्म सुस्नेह सना है।।
*
वाग्देवताचरितचित्रितचित्तसद्मापद्मावतीचरणचारण चक्रवर्ती।
श्रीवासुदेवरतिकेलिकथासमेतंमेतं करोति जयदेवकवि: प्रबंधम्।।
यदिहरिस्मरणे सरसं मनो यदि विलासकलासु कुतूहलम्।
मधुरकोमलकांतपदावलीं श्रणु तदा जयदेवसरस्वतीम्।।
*
वाग्देव चित्रित करें चित लगा, कमलावती पद-दास चक्रधारी।
श्री वासुदेव की सुरति केलि कथा, जयदेव कवि प्रबंध रच बखानी।।
यदि मन में हरि सुमिरन की है चाह, यदि कौतूहल जानें कला विलास।
सुनें सुमधुरा कोमलकांत पदावलि, जयदेव सरस्वती संग लिये हुलास।।
*
भावानुवाद : संजीव
***
कोरोना की जयकार करो
*
कोरोना की जयकार करो
तुम नहीं तनिक भी कभी डरो
*
घरवाले हो घर से बाहर
तुम रहे भटकते सदा सखे!
घरवाली का कब्ज़ा घर पर
तुम रहे अटकते सदा सखे!
जीवन में पहली बार मिला
अवसर घर में तुम रह पाओ
घरवाली की तारीफ़ करो
अवसर पाकर सत्कार करो
तुम नहीं तनिक भी कभी डरो
कोरोना की जयकार करो
*
जैसी है अपनी किस्मत है
गुणगान करो यह मान सदा
झगड़े झंझट बहसें छोडो
पाई जो उस पर रहो फ़िदा
हीरोइन से ज्यादा दिलकश
बोलो उसकी हर एक अदा
हँस नखरे नाज़ उठाओ तुक
चरणों कर झुककर शीश धरो
तुम नहीं तनिक भी कभी डरो
कोरोना की जयकार करो
*
झाड़ू मारो, बर्तन धोलो
फिर चाय-नाश्ता दे बोलो
'भोजन में क्या तैयार करूँ'
जो कहें बना षडरस घोलो
भोग लगाकर ग्रहण करो
परसाद' दया निश्चय होगी
झट दबा कमर पग-सेवा कर
उनके मन की हर पीर हरो
तुम नहीं तनिक भी कभी डरो
कोरोना की जयकार करो
२८-४-२०२०
***
छंद सलिला
जापानी वार्णिक छंद चोका :
*
चोका एक अपेक्षाकृत लम्बा जापानी छंद है।
जापान में पहली से तेरहवीं सदी में महाकाव्य की कथा-कथन की शैली को चोका कहा जाता था।
जापान के सबसे पहले कविता-संकलन 'मान्योशू' में २६२ चोका कविताएँ संकलित हैं, जिनमें सबसे छोटी कविता ९ पंक्तियों की है। चोका कविताओं में ५ और ७ वर्णों की आवृत्ति मिलती है। अन्तिम पंक्तियों में प्रायः ५, ७, ५, ७, ७ वर्ण होते हैं
बुन्देलखण्ड के 'आल्हा' की तरह चोका का गायन या वाचन उच्च स्वर में किया जाता रहा है। यह वर्णन प्रधान छंद है।
जापानी महाकवियों ने चोका का बहुत प्रयोग किया है।
हाइकु की तरह चोका भी वार्णिक छंद है।
चोका में वर्ण (अक्षर) गिने जाते हैं, मात्राएँ नहीं।
आधे वर्ण को नहीं गिना जाता।
चोका में कुल पंक्तियों का योग सदा विषम संख्या में होता है ।
रस लीजिए कुछ चोका कविताओं का-
*
उर्वी का छौना
डॉ. सुधा गुप्ता
*
चाँद सलोना
रुपहला खिलौना
माखन लोना
माँ का बड़ा लाडला
सब का प्यारा
गोरा-गोरा मुखड़ा
बड़ा सजीला
किसी की न माने वो
पूरा हठीला
‘बुरी नज़र दूर’
करने हेतु
ममता से लगाया
काला ‘दिठौना’
माँ सँग खेल रहा
खेल पुराना
पेड़ों छिप जाता
निकल आता
किलकता, हँसता
माँ से करे ‘झा’
रूप देख परियाँ
हुईं दीवानी
आगे-पीछे डोलतीं
करे शैतानी
चाँदनी का दरिया
बहा के लाता
सबको डुबा जाता
गोल-मटोल
उजला, गदबदा
रूप सलोना
नभ का शहज़ादा
वह उर्वी का छौना
***
ये दु:ख की फ़सलें
रामेश्वर काम्बोज ‘हिमांशु’
*
खुद ही काटें
ये दु:ख की फ़सलें
सुख ही बाँटें
है व्याकुल धरती
बोझ बहुत
सबके सन्तापों का
सब पापों का
दिन -रात रौंदते
इसका सीना
कर दिया दूभर
इसका जीना
शोषण ठोंके रोज़
कील नुकीली
आहत पोर-पोर
आँखें हैं गीली
मद में ऐंठे बैठे
सत्ता के हाथी
हैं पैरों तले रौंदे
सच के साथी
राहें हैं जितनी भी
सब में बिछे काँटे ।
***
पड़ोसी मोना
मनोज सोनकर
*
आँखें तो बड़ी
रंग बहुत गोरा
विदेशी घड़ी
कुत्ते बहुत पाले
पड़ोसी मोना
खुराक अच्छी डालें
आजादी प्यारी
शादी तो बंधन
कहें कुंवारी
अंग्रेज़ी फ़िल्में लाएं
हिन्दी कचरा
खूब भुनभुनाएं
ब्रिटेन भाए
बातचीत उनकी
घसीट उसे लाए
***
पेड़ निपाती
सरस्वती माथुर
*
पतझर में
उदास पुरवाई
पेड़ निपाती
उदास अकेला -सा ।
सूखे पत्ते भी
सरसराते उड़े
बिना परिन्दे
ठूँठ -सा पेड़ खड़ा
धूप छानता
किरणों से नहाता
भीगी शाम में
चाँदनी ओढ़कर
चाँद देखता
सन्नाटे से खेलता
विश्वास लिये-
हरियाली के संग
पतझर में
उदास पुरवाई
पेड़ निपाती
उदास अकेला -सा ।
सूखे पत्ते भी
सरसराते उड़े
बिना परिन्दे
ठूँठ -सा पेड़ खड़ा
धूप छानता
किरणों से नहाता
भीगी शाम में
चाँदनी ओढ़कर
चाँद देखता
सन्नाटे से खेलता
विश्वास लिये-
हरियाली के संग
पत्ते फिर फूटेंगे ।
***
विछोह घडी
भावना कुँवर
*
बिछोह -घड़ी
सँजोती जाऊँ आँसू
मन भीतर
भरी मन -गागर।
प्रतीक्षारत
निहारती हूँ पथ
सँभालूँ कैसे
उमड़ता सागर।
मिलन -घड़ी
रोके न रुक पाए
कँपकपाती
सुबकियों की छड़ी।
छलक उठा
छल-छल करके
बिन बोले ही
सदियों से जमा वो
अँखियों का सागर।
-0-
***
मुक्तिका
चाँदनी फसल..'
*
इस पूर्णिमा को आसमान में खिला कमल.
संभावना की ला रही है चाँदनी फसल..
*
वो ब्यूटी पार्लर से आयी है, मैं क्या कहूँ?
है रूप छटा रूपसी की असल या नक़ल?
*
दिल में न दी जगह तो कोई बात नहीं है.
मिलने दो गले, लोगी खुदी फैसला बदल..
*
तुम 'ना' कहो मैं 'हाँ' सुनूँ तो क्यों मलाल है?
जो बात की धनी थी, है बाकी कहाँ नसल?
*
नेता औ' संत कुछ कहें न तू यकीन कर.
उपदेश रोज़ देते न करते कभी अमल..
*
मन की न कोई भी करे है फ़िक्र तनिक भी.
हर शख्स की है चाह संवारे रहे शकल..
*
ली फेर उसने आँख है क्यों ताज्जुब तुझे.?
होते हैं विदा आँख फेरकर कहे अज़ल..
*
माया न किसी की सगी थी, है, नहीं होगी.
क्यों 'सलिल' चाहता है, संग हो सके अचल?
***
द्विपदी
*
शूल दें साथ सदा फिर भी बदनाम हुए
फूल दें साथ छोड़ फिर भी सुर्खरू क्यों हैं?
*
२८-४-२०१५
***
गीत:
यह कैसा जनतंत्र...
संजीव
*
यह कैसा जनतंत्र कि सहमत होना, हुआ गुनाह ?
आह भरें वे जो न और क़ी सह सकते हैं वाह...
*
सत्ता और विपक्षी दल में नेता हुए विभाजित
एक जयी तो कहे दूसरा, मैं हो गया पराजित
नूरा कुश्ती खेल-खेलकर जनगण-मन को ठगते-
स्वार्थ और सत्ता हित पल मेँ हाथ मिलाये मिलते
मेरी भी जय, तेरी भी जय, करते देश तबाह...
*
अहंकार के गुब्बारे मेँ बैठ गगन मेँ उड़ते
जड़ न जानते, चेतन जड़ के बल जमीन से जुड़ते
खुद को सही, गलत औरों को कहना- पाला शौक
आक्रामक भाषा ज्यों दौड़े सारमेय मिल-भौंक
दूर पंक से निर्मल चादर रखिए सही सलाह...
*
दुर्योधन पर विदुर नियंत्रण कर पायेगा कैसे?
शकुनी बिन सद्भाव मिटाये जी पाएगा कैसे??
धर्मराज की अनदेखी लख, पार्थ-भीम भी मौन
कृष्ण नहीं तो पीर सखा की न्यून करेगा कौन?
टल पाए विनाश, सज्जन ही सदा करें परवाह...
*
वेश भक्त का किंतु कुदृष्टि उमा पर रखे दशानन
दबे अँगूठे के नीचे तब स्तोत्र रचे मनभावन
सच जानें महेश लेकिन वे नहीं छोड़ते लीला
राम मिटाते मार, रहे फिर भी सिय-आँचल गीला
सत को क्यों वनवास? असत वाग्मी क्यों गहे पनाह?...
*
कुसुम न काँटों से उलझे, तब देव-शीश पर चढ़ता
सलिल न पत्थर से लडता तब बनकर पूजता
ढाँक हँसे घन श्याम, किन्तु राकेश न देता ध्यान
घट-बढ़कर भी बाँट चंद्रिका, जग को दे वरदान
जो गहरे वे शांत, मिले कब किसको मन की थाह...
***
दोहा दुनिया
बात से बात
*
बात बात से निकलती, करती अर्थ-अनर्थ
अपनी-अपनी दृष्टि है, क्या सार्थक क्या व्यर्थ?
*
'सर! हद सरहद की कहाँ?, कैसे सकते जान?
सर! गम है किस बात का, सरगम से अनजान
*
'रमा रहा मन रमा में, बिसरे राम-रमेश.
सब चाहें गौरी मिले, हों सँग नहीं महेश.
*
राम नाम की चाह में, चाह राम की नांय.
काम राम की आड़ में, संतों को भटकाय..
*
'है सराह में, वाह में, आह छिपी- यह देख.
चाह कहाँ कितनी रही?, करले इसका लेख..
*
'गुरु कहना तो ठीक है, कहें न गुरु घंटाल.
वरना भास्कर 'सलिल' में, डूब दिखेगा लाल..'
*
'लाजवाब में भी मिला, मुझको छिपा जवाब.
जैसे काँटे छिपाए, सुन्दर लगे गुलाब'.
*
'डूबेगा तो उगेगा, भास्कर ले नव भोर.
पंछी कलरव करेंगे, मनुज मचाए शोर..'
*
'एक-एक कर बढ़ चलें, पग लें मंजिल जीत.
बाधा माने हार जग, गाये जय के गीत.'.
*
'कौन कहाँ प्रस्तुत हुआ?, और अप्रस्तुत कौन?
जब भी पूछे प्रश्न मन, उत्तर पाया मौन.'.
*
तनखा ही तन खा रही, मन को बना गुलाम.
श्रम करता गम कम 'सलिल', करो काम निष्काम.
*
२८-४-२०१४
***
नवगीत: मत हो राम अधीर.........
*
जीवन के
सुख-दुःख हँस झेलो ,
मत हो राम अधीर.....
*
भाव, आभाव, प्रभाव ज़िन्दगी.
मिलन, विरह, अलगाव जिंदगी.
अनिल अनल परस नभ पानी-
पा, खो, बिसर स्वभाव ज़िन्दगी.
अवध रहो
या तजो, तुम्हें तो
सहनी होगी पीर.....
*
मत वामन हो, तुम विराट हो.
ढाबे सम्मुख बिछी खाट हो.
संग कबीरा का चाहो तो-
चरखा हो या फटा टाट हो.
सीता हो
या द्रुपद सुता हो
मैला होता चीर.....
*
विधि कुछ भी हो कुछ रच जाओ.
हरि मोहन हो नाच नचाओ.
हर हो तो विष पी मुस्काओ-
नेह नर्मदा नाद गुंजाओ.
जितना बहता
'सलिल' सदा हो
उतना निर्मल नीर.....
***
नव गीत:
झुलस रहा गाँव..... ...
*
झुलस रहा गाँव
घाम में झुलस रहा...
*
राजनीति बैर की उगा रही फसल.
मेहनती युवाओं की खो गयी नसल..
माटी मोल बिक रहा बजार में असल.
शान से सजा माल में नक़ल..
गाँव शहर से कहो
कहाँ अलग रहा?
झुलस रहा गाँव
घाम में झुलस रहा...
*
एक दूसरे की लगे जेब काटने.
रेवड़ियाँ चीन्ह-चीन्ह लगे बाँटने.
चोर-चोर के लगा है एब ढाँकने.
हाथ नाग से मिला लिया है साँप ने..
'सलिल' भले से भला ही
क्यों विलग रहा?.....
झुलस रहा गाँव
घाम में झुलस रहा...
***
एक चैट चर्चा:
Sanjay bhaskar:
AAP YE DEKHEN CHOTI SI RACHNAAA:
'जारी है अभी सिलसिला सरहदों पर.'
मैं:
'हद सर करती है हमें, हद को कैसे सर करें,
कोई यह बतलाये?' 'रमे रमा में सब मिले,
राम न चाहे कोई.
'सलिल' राम की चाह में
काम बिसर गयो मोई'.
Sanjay: 'ARE WAAAAHHHHH'
मैं:
राम नाम की चाह में, चाह राम की नांय.
काम राम की आड़ में, संतों को भटकाय..
***
कार्यशाला - काव्य प्रश्नोत्तर
संजय:
'आप तो गुरु हो.'
मैं:
'है सराह में, वाह में, आह छिपी- यह देख
चाह कहाँ कितनी रही, करले इसका लेख..'
Sanjay:
'बढ़िया'
मैं:
'गुरु कहना तो ठीक है, कहें न गुरु घंटाल।
वरना भास्कर 'सलिल' में, डूब दिखेगा लाल..'
Sanjay:
'क्या बात है लाजवाब।'
मैं:
'लाजवाब में भी मिला, मुझको छिपा जवाब।
जैसे काँटे छिपाए, सुन्दर लगे गुलाब'.एक दोहा
*
जय हो सदा नरेन्द्र की, हो भयभीत सुरेन्द्र.
साधन बिन कर साधना, भू पर आ देवेंद्र
*
तनखा तन को खा रही, मन को बना गुलाम.
श्रम करता गम कम 'सलिल', करो काम निष्काम..
***
कुण्डलिनी :
*
हिन्दी की जय बोलिए, हो हिन्दीमय आप.
हिन्दी में पढ़-लिख 'सलिल', सकें विश्व में व्याप ..
नेह नर्मदा में नहा, निर्भय होकर डोल.
दिग-दिगंत को गुँजा दे, जी भर हिन्दी बोल..
जन-गण की आवाज़ है, भारत मान ता ताज.
हिन्दी नित बोले 'सलिल', माँ को होता नाज़..
२८-४-२०१०
***

रविवार, 27 अप्रैल 2025

लेख १ भारतीय ज्ञान परंपरा, हिंदी भाषा एवं राम कथा

लेख १
भारतीय ज्ञान परंपरा, हिंदी भाषा एवं राम कथा
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' 
*
                    
भारतीय ज्ञान परंपरा

                    भारतीय ज्ञान परंपरा का श्री गणेश लोक साहित्य से होता है। आदि मानव ने नर्मदा, कृष्णा, कावेरी आदि नादियाओं की घाटियों में घूमते हुए प्रकृति में व्याप्त ध्वनियों जल प्रवाह की कलकल, मेघों की गर्जन, उल्कापात की तड़कन, सिंह की दहाड़, सर्प की फुँफकार आदि के प्रभावों का अध्ययन कर उनकी आवृत्ति की ताकि अपने साथियों को सूचित कर सके। पर्यावरण, मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों का अध्ययन कर मूल निवासियों ने प्रकाश कर्ता सूर्य, शीतलता दाता चंद्रमा, अन्न दात्री पृथ्वी, जल दात्री नदियों, आश्रय दाता पर्वतों, फूल-फल दाता वृक्षों आदि को पूज्य माना। आदिवासियों ने उपकारकर्ता वृक्षों, पशुओं, पक्षियों आदि को अपना कुल देवता माना तथा उन्हें क्षति न पहुँचने, उनकी रक्षा करने का संकल्प लेकर अपनी संततियों के लिए भी उसे अनिवार्य बना दिया। कालांतर में सूर्यवंशीय, चंद्र वंशीय, नाग वंशीय आदि सभ्यताएँ तथा राजकुल इसी विरासत से विकसित हुए। हर सभ्यता तथा कुल के मूल में लोक कथाएँ, लोक गीत आदि हैं जो अब पर्व कथाओं के ररोप में कही-सुनी जाती हैं। इन कथाओं के केंद्र में मानवीय मूल्य, धार्मिक विश्वास, सद्गुण तथा सद्भाव आदि रहते हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा का यह प्रथम चरण वाचिक अथवा मौखिक था। जब मनुष्य ने अंगुलियों से रेत पर कुछ उकेरना सीखा, पेड़ों की टहनियों को उसके रस में डुबाकर शिलाओं पर चित्र बनाना सीखा तब उसके समानांतर ध्वनियों को विशिष्ट संकेतों से व्यक्त करने की क्षमता पा लेने पर अक्षरों, शब्दों, वाक्यों का सृजन किया। अगला चरण भाषा और लिपि संबंधी व्याकरण और पिंगल की रचना था। आदि मानव के गुफा मानव, वन्य मानव, ग्राम्य मानव और नागर मानव के रूप में परिवर्तित होने के साथ-साथ भाषा भी बदलती गई। बुंदेलखंड में कहावत है "कोस कोस में बदले पानी, चार कोस में बानी।" भाषा में बदलाव के साथ ज्ञान का विकास होता गया। ज्ञान का व्यवस्थित अध्ययन 'विज्ञान' हो गया। 

                    लगभग ४ अरब वर्ष पूर्व दक्षिण ध्रुव पर एकत्रित भूखंड के टूटने पर पाँच महाद्वीपों तथा अनेकों लघु द्वीपों का निर्माण हुआ।  हिंद  महासागर में स्थित गोंडवाना लैंडस के साथ टैथीस महासागर महासागर के समाप्त होने से उभरे भूखंड मिलने पर वर्तमान भारत भूखंड का निर्माण हुआ। इस भारत की ज्ञान परंपरा लाखों वर्ष पूर्व वाचिक लोक साहित्य के रूप में आरंभ हुई। टैथीस महासागर के उत्तर में ईरान, अफगानिस्तान आदि में आर्य सभ्यता तथा दक्षिण में नाग सभ्यता, द्रविड़ सभ्यता  आपस में टकराईं और अंतत: मिश्रित हो गईं। वेद, उपनिषद, पुराण, ब्राह्मण ग्रंथ, आगम ग्रंथ, निगम ग्रंथ आदि के रूप में  जीवन निर्वहन हेतु हर क्षेत्र (आखेट, कृषि, प्राकृतिक चिकित्सा, खगोल विज्ञान, शिल्प, कौशल, जलवायु, ज्योतिष, वास्तु, नाट्य, पिंगल, विविध कलाएँ, आयुर्वेद और स्थानीय पारंपरिक प्रौद्योगिकी आदि) से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान कहानियों, किदवंतियों, लोक कथाओं, कहावतों, लोकोक्तियों,पर्व गीतों, पौराणिक कथाओं, दृश्य कला और वास्तु कला के रूप में संकलित किया जाता रहा। भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत संग्रहीत साहित्य की विरासत समृद्ध, दीर्घकालिक, लौकिक-पारलौकिक का मिश्रण, प्रकृति-पर्यावरण के अनुकूल, मानवता हेतु हितकर तथा वैश्विक कल्याण चेतना  से संपन्न है। तक्षशिला, नालंदा, विक्रमशील आदि विद्यापीठ तथा परशुराम, विश्वामित्र, संदीपनी जैसे ऋषियों के आश्रम शिक्षा व शोध के प्रधान केंद्र थे। शिक्षा का उद्देश्य ज्ञान प्राप्ति, सुख-ऐश्वर्य तथा आत्म कल्याण था। आधुनिक युग में पराधीनता के दौर में भारतीय ज्ञान परंपरा को भीषण आघात पहुँचा। मुग़ल आक्रान्ताओं ने शिक्षा केंद्र नष्ट कर ग्रंथागारों में आग लगाकर ग्रंथों को नष्ट कर दिया। अंग्रेजों ने पारंपरिक ज्ञान परंपरा के स्थान पर पाश्चात्य शिक्षा प्रणाली की स्थापना की। फलत: आधुनिक शिक्षा आंग्ल ज्ञान परंपरा पोषित है।

हिंदी भाषा

                    गोंडवाना में आदिवासी भाषाएँ (गोंड़ी, भीली, कोरकू, हलबी आदि) प्रचलित थीं। लिपि का विकास न होने के कारण आदिवासी भाषाएँ सिमटती गईं। द्रविड़ भाषाओं तमिल (उद्भव ५००० वर्ष पूर्व), डोगरी (१५०० ई.पू.), उड़िया (१० वी सदी ईसा पूर्व), तेलुगु (६ वी सदी ईसा पूर्व), पाली तथा ब्राह्मी (३ री सदी ई.पू.), कन्नड़ (२५०० वर्ष पूर्व, लिपि १९०० वर्ष पूर्व), मलयालम (९ वी सदी के आस-पास विकसित तमिल की बोली), बांग्ला (१००० ई.) आदि विकसित हुईं। आर्यों के आगमन के साथ संस्कृत का प्रवेश हुआ। संस्कृत (उद्भव २५०० ई.पू., ३ रूप वैदिक, शास्त्रीय, आधुनिक) की क्लिष्टता के कारण जन सामान्य में मध्य इंडो-आर्यन भाषा प्राकृत (५ वीं शताब्दी ईसा पूर्व से १२ वीं शताब्दी ईस्वी) तक प्रचलित रहा। अर्ध मागधी, शौरसेनी तथा महाराष्ट्री का विकास प्राकृत से हुआ। प्राकृत का अंतिम रूप अपभ्रंश ५०० ई. से १००० ई. में प्रचलित रही। असमिया (६ वी सदी), पञ्जाबी (७ वी सदी),राजस्थानी (९ वी सदी), गुजराती तथा उर्दू (१२ वी सदी) के विकास ने भारत की भाषिक समृद्धता में चार चाँद लगाए। हिंदी (उद्भव ७६९ ई.) के विकास में अपभ्रंश के अंतिम रूप अवहट्ट,  संस्कृत, शौरसेनी, बृज, बुंदेली आदि  कई पूर्ववर्ती भाषाओं का योगदान रहा है। आदिकाल (१०००ई.-१५०० ई.) में हिंदी अपभ्रंश के निकट रही। इस समय दोहा, चौपाई, छप्पय, दोहा, गाथा आदि छंदों की रचनाएँ होना शुरू हो गई थी। आदिकाल के प्रमुख रचनाकार गोरखनाथ, विद्यापति, नरपति नालह, चंद्र वरदाई और कबीर हैं। इनकी भाषा को सधुक्कड़ी  कहा गया। मध्यकाल (१५०० ई.-१८००ई.) में हिंदी ने अनुमानत: ३५०० फारसी शब्द, २५०० अरबी शब्द, ५० पश्तों शब्द, १२५ तुर्की शब्द, अनेक पुर्तगाली, स्पेनी, फ्रांसीसी,अंग्रेजी अन्य भाषाओं-बोलिओं के शब्दों को आत्मसात कार खुद को समृद्ध और समर्थ बनाया। इस अवधि में हिंदी पर अपभ्रंश का प्रभाव क्रमश: खत्म होता गया। १८०० ई. से अब तक के आधुनिक काल में हिंदी की दो शैलियाँ विकसित हुईं। एक उदारतावादी जिसमें हिंदी के विकास में सहायक रही भाषाओं-बोलिओं के शब्दों को अपनाने को प्राथमिकता दी गई दूसरी शुद्धतावादी जिसमें संस्कृत के शब्दों को जैसे का तैसा (तत्सम) अपनाने पर बल दिया गया। 

                    आधुनिक काल में यह विवाद निरर्थक है। आज हिंदी के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती भावी पीढ़ी के लिए अपनी उपादेयता बनाए रखना है। यह तभी संभव है जब हिंदी रोजगार और आजीविका प्राप्ति में सहायक हो सके। इस दिशा में मध्य प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य अभियांत्रिकी (इंजीनियारीग), आयुर्विज्ञान (मईदुकल), औषधि विज्ञान (फार्मेसी), पशु चिकित्सा (वेटेरिनरी) आदि के पाठ्यक्रमों तथा परीक्षा में हिंदी का उपयोग कार किया गया है। अन्य हिंदी भाषी क्षेत्रों को यह कदम तत्काल उठाना चाहिए। उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए हिंदी में पाठ्य पुस्तकें तैयार करते समय उनकी भाषा सहज-सरल तथा बोधगम्य रखने पर ध्यान देना होगा। अब तक का अनुभव यह है कि कानून, अभियंत्रिकी तथा चिकित्सा क्षेत्रों में तैयार की गई पुस्तकों की भाषा शुद्धता बनाए रखने के प्रयास में बनावटी, कठिन और अग्राह्य हो गई है। फलत: शिक्षक और विद्यार्थी अंग्रेजी को ही प्राथमिकता दे रहे हैं। यह परिदृश्य बदलने के लिए  सहज-सरल हिंदी में पुस्तकें तैयार करनी होंगी जिनमें वैश्विक स्तर पर स्वीकार्य तकनीकी-पारिभाषिक शब्दों का प्रयोग यथावत हो। आवश्यक होने पर नए शब्द भारतीय भाषाओं-बोलिओं से ग्रहण किए जाएँ और नए शब्द बनाते समय उनकी अर्थवत्ता तथा लोक स्वीकृति को ध्यान में रखा जाना आवश्यक है। 

                    वर्तमान समय में ज्ञान-विज्ञान का विकास अत्यधिक तीव्र गति से अगणित विषयों और आयामों में हो रहा है। हिंदी को समय के साथ परिवर्तित तथा विकसित होते हुए खुद को विश्ववाणी बनाने और चिरजीवी होने के लिए खुद को भावी पीढ़ी के लिए उपयोगी बनाए रखने की चुनौती का सामना करना है। यह तबही संभव है जब हिंदी हर विषय और हर विधा के अद्यतन ज्ञान को ग्रहण और अभिव्यक्त कर सके। इसके लिए हिंदी को विश्व की सभी भाषाओं के सम्यक शब्दों को ग्रहण करते रहना होगा। इसके समानांतर हिंदी को देशज बोलिओं के विशाल शब्द भंडार और अन्य भारतीय भाषाओं के विराट शब्द कोश से शब्द ग्रहण करने होंगे। ऐसा होने पर अन्य भाषा-भाषियों का हिंदी से लगाव बढ़ेगा। विषयगत पारिभाषिक शब्द ग्रहण करने से हिंदी की स्वीकार्यता विश्व में बढ़ेगी। आधुनिक काल में विश्व के विविध देश मिलकर महत्वपूर्ण वैज्ञानिक परियोजनाओं पर कार्य करते हैं। उनके मध्य वर्तमान में अंग्रेजी भाषा ही संपर्क भाषा का कार्य कर रही है। इस भूमिका में अपनी स्वीकार्यता के लिए हिंदी को शब्द-ग्रहण प्रक्रिया अधिकतम तेज करनी होगी, अन्यथा वह पिछड़ जाएगी। सार्ट:, यह याद रखा जाना चाहिए कि कोई भाषा तब ही तब ही जिंदा रहती है जब वह जन सामान्य द्वारा प्रयोग की जाती है।   
 
राम कथा   
  
                    भारतीय ज्ञान परंपरा और हिंदी के परिप्रेक्ष्य में राम कथा की प्रासंगिकता सर्वाधिक इसलिए है कि राम भारत के लोक मानस में सामान्य जन, महा मानव तथा सर्व शक्तिमान शक्ति की त्रिमूर्ति को एकाकारित कर सके हैं। तुलसी दास जी ने 'नाना भाँति राम अवतारा, रामायण सत कोटि अपारा' कहकर इसी सत्य की स्थापना की है। मनुष्य के जीवन में आने वाले सभी संबंधों को पूर्ण तथा उत्तम रूप से निभाने की शिक्षा देनेवाला रामके समान दूसरा कोई चरित्र विश्व साहित्य में नहीं है। आदि कवि वाल्मीकि ने उनके संबंध में कहा है- 'समुद्र इव गाम्भीर्ये धैर्यण हिमवानिव' अर्थात वे गाम्भीर्य में समुद्र के समान तथा धैर्य में पर्वत के समान हैं। राम के जीवन में कहीं भी अपूर्णता दृष्टिगोचर नहीं होती। जब जैसा कार्य करना चाहिए राम ने तब वैसा ही किया। राम रीति, नीति, प्रीति तथा भीति सभी जानते-मानते और यथावसर प्रयोग करते हैं। राम परिपूर्ण हैं, आदर्श हैं। राम ने नियम, त्याग का एक आदर्श स्थापित किया है।

                    किसी ज्ञान परंपरा का उद्देश्य सत्य की प्राप्ति, जन-हित, अज्ञान का विनाश, सर्व कल्याण तथा सुखद व चिरस्थायी भविष्य की प्राप्ति ही होता है। शिक्षा ज्ञान प्राप्ति का उपकरण है। शिक्षा प्राप्ति के लिए समर्पण, लगन, अनुशासन, नियमितता, जिज्ञासा, स्वाध्याय, अभ्यास तथा विनयशीलता आवश्यक है। राम कथा के नायक हीनहीं अन्य पत्रों में भी ये सभी अनुकरणीय प्रवृत्तियाँ सर्वत्र उपस्थित हैं। इसलिए राम कथा हर विषय, देश और काल की ज्ञान परंपरा के लिए समर्थ-सशक्त और प्रभावी माध्यम है। मानव जीवन के हर आयाम, हर क्षेत्र तथा हर उपक्रम में राम और राम कथा की प्रासंगिकता, उपादेयता और प्रामाणिकता असंदिग्ध है। यही कारण है की राम कथा भारत के बाहर भी प्रचलित थी, है और रहेगी। विश्व में राम कथा का प्रचार-प्रसार बिना किसी राजकीय-आर्थिक-राजनैतिक संसाधनों के स्वयमेव ही होता रहा है। अन्य किसी चरित्र और कथा को ऐसा सौभाग्य नहीं मिला। इस रूप में राम कथा 'लोक की, लोक के द्वारा, लोक के लिए' है। कोई ज्ञान परंपरा इस निकष पर खरी उतर सके तो वह कालजयी ही नहीं, भव-बाधा नाशक और कष्टों से मुक्तिदाता भी हो जाएगी।

                    हिंदी भाषा राम कथा की ही तरह सर्व ग्राह्य है। क्षुद्र राजनैतिक स्वार्थों के कारण दक्षिण भारत में हो रहे हिंदी विरोध से अप्रभावित रहकर हिंदी को विश्व वाणी के रूप में खुद को विकसित करते रहना है। यह तबही होगा जब हिंदी अन्य भाषाओं और उनके शब्दों को उसी तरह निस्संकोच स्वीकार करे जैसे राम अपने संबंधियों, प्रजा जनों, वन वासियों आधी को निस्संकोच स्वीकारते हैं। राम कथा ककी लोक स्वीकृति वाल्मीकि रामायण से कम तुलसी कृत राम चरित मानस से अधिक होने का कारण यही है की मानस लोक मान्य, लोक स्वीकृत सहज-सरल उदार मूल्यों को आतमर्पित ही नहीं स्थापित भी करती है। हिंदी को भी अपने आप को इसी तरह विकसित करना होगा की वह वर्ग विशेषम विद्वानों का समर्थों की भाषा न बनकर जन सामान्य और सकल विश्व की भाषा हो सके। हिंदी को राम कथा की ही टर्न भारतीय ज्ञान परंपरा के अतीत में जड़ें जमाकर, वर्तमान में अंकुरित-पल्लवित होते हुए भविष्य में पुष्पित-फलित होने के लिए रामकथा की तरह सर्व व्यापी होते रहना होगा।
***
संपर्क: विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,
चलभाष: ९४२५१८३२४४ ,ई मेल : salil.sanjiv@gmail.com   

अप्रैल २७, चित्रगुप्त, मोर्स, गोपी छंद, सॉनेट, नेपाल, भूकंप, हाइकु, दोहा, नवगीत

सलिल सृजन अप्रैल २७
मोर्स कोड दिवस
*
विनय
.
भोर भई टेरत गौरइया
काए बिलम रई उठ री मइया!
.
हवा सुहानी सुंदर बगिया 
हेर रई पथ कोमल कलिया
शारद! आशिष लुटा-लुटा खें
खाली कर दे आशिष डलिया
तार सितार टुनटुना तनकऊ
काए बिलम रई उठ री मइया!
.
रानी बिटिया! नाज़ुक सुंदर
सपर करौं सिंगार मनोहर
पटियाँ पार गूँथ दौं बेनी
जवाकुसुम लै धार कंठ पर
चंपा पायल सोहे पइंया
काए बिलम रई उठ री मइया!
.
हरसिँगार करधनी न बिसरा
महुआ कंगन निखरा निखरा
खोंस गुलाब कली बालन मां
सँग सोहे बेला का गजरा
तो सौं वरदा कौनउ नइया
काए बिलम रई उठ री मइया!
२७.४.२०२५
.
विमर्श :
चित्रगुप्त माहात्मय
*
जो भी प्राणी धरती पर जन्म लेता है उसकी मृत्यु निश्चित है, यही विधि का विधान है। चित्रगुप्त जी की जयंती मनाने का रथ है कि उनका जन्म हुआ, तब मृत्यु होना भी अटल है। क्या चित्रगुप्त जी की पुण्य तिथि किसी को ज्ञात है?
चित्रगुप्त जी परात्पर परब्रह्म हैं जो निराकार है। आकार नाहें है तो चित्र नहीं हो सकता, इसलिए चित्र गुप्त है। चित्रगुप्त जी और कायस्थों का उल्लेख ऋग्वेद आदि में है। सदियों तक कायस्थ राजवंशों ने शासन किया, कायस्थ महामंत्री रहे, महान सेनापति रहे, विखयात वैद्य रहे, महान विद्वान रहे, धनपति भी रहे पर चित्रगुप्त जी को केंद्र में रख मंदिर, मूर्ति, चालीसा, आदि नहीं बनाए। वे अशक्त नहीं थे, सत्य जानते थे। कायस्थ निराकार ब्रह्म के उपासक हैं, जबसे कायस्थों ने दूसरों की नकल कार साकार मूर्तिपूजा आरंभ की वे अशक्त होते गए।
पुराण कहता है- ''चित्रगुप्त प्रणम्यादौ वात्मानं सर्वदेहिनां'' चित्रगुप्त सब देवताओं में सबसे पहले प्रणाम करने के योग्य हैं क्योंकि वे सभी देहधारियों में आत्मा के रूप में स्थित हैं।
क्या आत्मा का आकार या चित्र है? आत्मा परमात्मा का अंश है। इसलिए सृष्टि में हर देहधारी की काया में आत्मा स्थित होने के कारण वह कायस्थ है। इसी कारण कायस्थ किसी एक धर्म, जाति, पंथ, संप्रदाय या देवता तक सीमित कभी नहेने रहे। वे देश-काल-परिस्थिति की आवश्यकतानुसार जनगण का नेत्रत्व कार अग्रगण्य रहे।
वर्तमान में यदि पुन: नेतृत्व पाना है तो अपनी जड़ों को, विरासत को पहचान-समेटकर बढ़ना होगा।
***
इतिहास - फ्रंटियर मेल
बल्लार्ड पियर मोल स्टेशन (बॉम्बे) से प्रस्थान करने वाली बॉम्बे पेशावर फ्रंटियर मेल। आप शेड पर स्टेशन का नाम देख सकते हैं।
यह ट्रेन इंग्लैंड से आने वाले अधिकारियों और सैनिकों को दिल्ली, लाहौर, रावलपिंडी और पेशावर की विभिन्न छावनियों में ले जाती थी।
विक्टोरिया टर्मिनस और चर्चगेट रेलवे स्टेशनों के निर्माण के बाद, बलार्ड पियर टर्मिनस को छोड़ दिया गया था। इसके बाद फ्रंटियर मेल को चर्चगेट (अब मुंबई सेंट्रल पर समाप्त) पर समाप्त किया जाता था।
सबसे प्रतिष्ठित ट्रेन होने के नाते, इसके आगमन पर, चर्चगेट स्टेशन को उज्ज्वल रूप से रोशन किया जाता था और इसकी त्रुटिहीन समयबद्धता के कारण लोग अपनी घड़ियाँ सेट करते थे!
***
अभिनव प्रयोग
गोपी छंदीय सॉनेट
*
घोर कलिकाल कठिन जीना।
हाय! भू पर संकट भारी।
घूँट खूं के पड़ते पीना।।
समर छेड़े अत्याचारी।।
सबल नित करता मनमानी।
पटकता बम नाहक दिन-रात।
निबल के आँसू भी पानी।।
दिख रही सच की होती मात।।
स्वार्थ सब अपना साध रहे।
सियासत केर-बेर का संग।
सत्य का कर परित्याग रहे।।
रंग जीवन के हैं बदरंग।।
धरा का छलनी है सीना।
घोर कलिकाल कठिन जीना।
२७-४-२०२२
***
***
मुक्तिका
*
जनमत मत सुन, अपने मन की बात करो
जन विश्वास भेज ठेंगे पर घात करो
*
बीमारी को हरगिज दूर न होने दो
रैली भाषण सभा नित्य दिन रात करो
*
अन्य दली सरकार न बन या बच पाए
डरा खरीदो, गिरा लोक' की मात करो
*
रोजी-रोटी छीन, भुखमरी फैला दो
मुट्ठी भर गेहूँ जन की औकात करो
*
जो न करे जयकार, उसे गद्दार कहो
जो खुद्दार उन्हीं पर अत्याचार करो
*
मंदिर-मस्जिद-गिरजाघर को लड़वाओ
लिखा नया इतिहास, सत्य से रार करो
*
हों अपने दामाद यवन तो जायज है
लव जिहाद कहकर औरों पर वार करो
२७-४-२०२१
***
ज्योति ज्योति ले हाथ में, देख रही है मौन
तोड़ लॉकडाउन खड़ा, दरवाजे पर कौन?
कोरोना के कैरियर, दूँगी नहीं प्रवेश
रख सोशल डिस्टेंसिंग, मान शासनादेश
जाँच करा अपनी प्रथम, कर एकाकीवास
लक्षण हों यदि रोग के, कर रोगालय वास
नाता केवल तभी जब, तन-मन रहे निरोग
नादां से नाता नहीं, जो करनी वह भोग
*
बेबस बाती जल मरी, किन्तु न पाया नाम
लालटेन को यश मिला, तेल जला बेदाम
२७.४.२०२०
***
गीत:
मन से मन के तार जोड़ती.....
**
मन से मन के तार जोड़ती कविता की पहुनाई का.
जिसने अवसर पाया वंदन उसकी चिर तरुणाई का.....
*
जहाँ न पहुँचे रवि पहुँचे वह, तम् को पिए उजास बने.
अक्षर-अक्षर, शब्द-शब्द को जोड़, सरस मधुमास बने..
बने ज्येष्ठ फागुन में देवर, अधर-कमल का हास बने.
कभी नवोढ़ा की लज्जा हो, प्रिय की कभी हुलास बने..
होरी, गारी, चैती, सोहर, आल्हा, पंथी, राई का
मन से मन के तार जोड़ती कविता की पहुनाई का.
जिसने अवसर पाया वंदन उसकी चिर तरुणाई का.....
*
सुख में दुःख की, दुःख में सुख की झलक दिखाकर कहती है.
सलिला बारिश शीत ग्रीष्म में कभी न रूकती, बहती है.
पछुआ-पुरवैया होनी-अनहोनी गुपचुप सहती है.
सिकता ठिठुरे नहीं शीत में, नहीं धूप में दहती है.
हेर रहा है क्यों पथ मानव, हर घटना मन भाई का?
मन से मन के तार जोड़ती कविता की पहुनाई का.
जिसने अवसर पाया वंदन उसकी चिर तरुणाई का.....
*
हर शंका को हरकर शंकर, पियें हलाहल अमर हुए.
विष-अणु पचा विष्णु जीते, जब-जब असुरों से समर हुए.
विधि की निधि है प्रविधि, नाश से निर्माणों की डगर छुए.
चाह रहे क्यों अमृत पाना, कभी न मरना मनुज मुए?
करें मौत का अब अभिनन्दन, सँग जन्म के आई का.
मन से मन के तार जोड़ती कविता की पहुनाई का.
जिसने अवसर पाया वंदन उसकी चिर तरुणाई का.....
***
मुक्तिका
नारी और रंग
*
नारी रंग दिवानी है
खुश तो चूनर धानी है
लजा गुलाबी गाल हुए
शहद सरीखी बानी है
नयन नशीले रतनारे
पर रमणी अभिमानी है
गुस्से से हो लाल गुलाब
तब लगती अनजानी है।
झींगुर से डर हो पीली
वीरांगना भवानी है
लट घुँघराली नागिन सी
श्याम लता परवानी है
दंत पंक्ति या मणि मुक्ता
श्वेत धवल रसखानी है
स्वप्नमयी आँखें नीली
समुद-गगन नूरानी है
ममता का विस्तार अनंत
भगवा सी वरदानी है
२७-४-२०१९
***
नवगीत:
.
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
.
पर्वत, घाटी या मैदान
सभी जगह मानव हैरान
क्रंदन-रुदन न रुकता है
जागा क्या कोई शैतान?
विधना हमसे क्यों रूठा?
क्या करुणासागर झूठा?
किया भरोसा क्या नाहक
पल भर में ऐसे टूटा?
डँसते सर्पों से सवाल
बार-बार फुँफकार
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
.
कभी नहीं मारे भूकंप
कभी नहीं हांरे भूकंप
एक प्राकृतिक घटना है
दोष न स्वीकारे भूकंप
दोषपूर्ण निर्माण किये
मानव ने खुद प्राण दिए
वन काटे, पर्वत खोदे
खुद ही खुद के प्राण लिये
प्रकृति के अनुकूल जिओ
मात्र एक उपचार
.
नींव कूटकर खूब भरो
हर कोना मजबूत करो
अलग न कोई भाग रहे
एकरूपता सदा धरो
जड़ मत हो घबराहट से
बिन सोचे ही मत दौड़ो
द्वार-पलंग नीचे छिपकर
राह काल की भी मोड़ो
फैलाता अफवाह जो
उसको दो फटकार
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
.
बिजली-अग्नि बुझाओ तुरत
मिले चिकित्सा करो जुगत
दीवारों से लग मत सो
रहो खुले में, वरो सुगत
तोड़ो हर कमजोर भवन
मलबा तनिक न रहे अगन
बैठो जा मैदानों में
हिम्मत देने करो जतन
दूर करो सब दूरियाँ
गले लगा दो प्यार
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
***
नवगीत:
.
पशुपतिनाथ!
तुम्हारे रहते
जनगण हुआ अनाथ?
.
वसुधा मैया भईं कुपित
डोल गईं चट्टानें.
किसमें बूता
धरती कब
काँपेगी अनुमाने?
देख-देख भूडोल
चकित क्यों?
सीखें रहना साथ.
अनसमझा भूकम्प न हो अब
मानवता का काल.
पृथ्वी पर भूचाल
हुए, हो रहे, सदा होएंगे.
हम जीना सीखेंगे या
हो नष्ट बिलख रोएँगे?
जीवन शैली गलत हमारी
करे प्रकृति से बैर.
रहें सुरक्षित पशु-पक्षी, तरु
नहीं हमारी खैर.
जैसी करनी
वैसी भरनी
फूट रहा है माथ.
पशुपतिनाथ!
तुम्हारे रहते
जनगण हुआ अनाथ?
.
टैक्टानिक हलचल को समझें
हटें-मिलें भू-प्लेटें.
ऊर्जा विपुल
मुक्त हो फैले
भवन तोड़, भू मेटें.
रहे लचीला
तरु ना टूटे
अड़ियल भवन चटकता.
नींव न जो
मजबूत रखे
वह जीवन-शैली खोती.
उठी अकेली जो
ऊँची मीनार
भग्न हो रोती.
वन हरिया दें, रुके भूस्खलन
कम हो तभी विनाश।
बंधन हो मजबूत, न ढीले
रहें हमारे पाश.
छूट न पायें
कसकर थामें
'सलिल' हाथ में हाथ
पशुपतिनाथ!
तुम्हारे रहते
जनगण हुआ अनाथ?
***
हाइकु सलिला:
.
सागर माथा
नत हुआ आज फिर
देख विनाश.
.
झुक गया है
गर्वित एवरेस्ट
खोखली नीव
.
मनमानी से
मानव पराजित
मिटे निर्माण
.
अब भी चेतो
न करो छेड़छाड़
प्रकृति संग
.
न काटो वृक्ष
मत खोदो पहाड़
कम हो नाश
.
न हो हताश
करें नव निर्माण
हाथ मिलाएं.
.
पोंछने अश्रु
पीड़ितों के चलिए
न छोड़ें कमी
***
कल और आज :
कल का दोहा
प्रभुता से लघुता भली, प्रभुता से प्रभु दूर
चीटी ले शक्कर चली, हाथी के सर धूर
.
आज का दोहा
लघुता से प्रभुता मिले, प्रभुता लघु हो हीन
'सलिल' लघुत्तम चाहता, दैव महत्तम छीन
एक षट्पदी:
.
प्रेमपत्र लिखता गगन, जब-तब भू के नाम
आप न आता क्रुद्ध भू, काँपे- सके न थाम
काँपे- सके न थाम, कहर से गिरते हैं घर
नाश देखकर रोता गगन न चुप होता फिर
आँधी-पानी से से बढ़ती है दर्द के अगन
आता तब भूकम्प जब प्रेमपत्र लिखता गगन
***
दोहा सलिला:
.
रूठे थे केदार अब, रूठे पशुपतिनाथ
वसुधा को चूनर हरी, उढ़ा नवाओ माथ
.
कामाख्या मंदिर गिरा, है प्रकृति का कोप
शांत करें अनगिन तरु, हम मिलकर दें रोप
.
भूगर्भीय असंतुलन, करता सदा विनाश
हट संवेदी क्षेत्र से, काटें यम का पाश
.
तोड़ पुरानी इमारतें, जर्जर भवन अनेक
करे नये निर्माण दृढ़, जाग्रत रखें विवेक
.
गिरि-घाटी में सघन वन, जीवन रक्षक जान
नगर बसायें हम विपुल, जिनमें हों मैदान
.
नष्ट न हों भूकम्प में, अपने नव निर्माण
सीखें वह तकनीक सब, भवन रहें संप्राण
.
किस शक्ति के कहाँ पर, आ सकते भूडोल
ज्ञात, न फिर भी सजग हम, रहे किताबें खोल
.
भार वहन क्षमता कहाँ-कितनी लें हम जाँच
तदनसार निर्माण कर, प्रकृति पुस्तिका बाँच
***
नवगीत:
.
आपद बिना बुलाये आये
मत घबरायें.
साहस-धीरज संग रखें
मिलकर जय पायें
.
भूगर्भी चट्टानें सरकेँ,
कांपे धरती.
ऊर्जा निकले, पड़ें दरारें
उखड़े पपड़ी
हिलें इमारत, छोड़ दीवारें
ईंटें गिरतीं
कोने फटते, हिल मीनारें
भू से मिलतीं
आफत बिना बुलाये आये
आँख दिखाये
सावधान हो हर उपाय कर
जान बचायें
आपद बिना बुलाये आये
मत घबरायें.
साहस-धीरज संग रखें
मिलकर जय पायें
.
द्वार, पलंग तले छिप जाएँ
शीश बचायें
तकिया से सर ढाँकें
घर से बाहर जाएँ
दीवारों से दूर रहें
मैदां अपनाएँ
वाहन में हों तुरत रोक
बाहर हो जाएँ
बिजली बंद करें, मत कोई
यंत्र चलायें
आपद बिना बुलाये आये
मत घबरायें.
साहस-धीरज संग रखें
मिलकर जय पायें
.
बाद बड़े झटकों के कुछ
छोटे आते हैं
दिवस पाँच से सात
धरा को थर्राते हैं
कम क्षतिग्रस्त भाग जो उनकी
करें मरम्मत
जर्जर हिस्सों को तोड़ें यह
अतिआवश्यक
जो त्रुटिपूर्ण भवन उनको
फिर गिरा बनायें
आपद बिना बुलाये आये
मत घबरायें.
साहस-धीरज संग रखें
मिलकर जय पायें
.
है अभिशाप इसे वरदान
बना सकते हैं
हटा पुरा निर्माण, नव नगर
गढ़ सकते हैं.
जलस्तर ऊपर उठता है
खनिज निकलते
भू संरचना नवल देख
अरमान मचलते
आँसू पीकर मुस्कानों की
फसल उगायें
आपद बिना बुलाये आये
मत घबरायें.
साहस-धीरज संग रखें
मिलकर जय पायें
२७-४-२०१५
***
छंद सलिला:
कुंडली छंद
*
छंद-लक्षण: जाति त्रैलोक लोक , प्रति चरण मात्रा २१ मात्रा, चरणांत गुरु गुरु (यगण, मगण), यति ११-१०।
लक्षण छंद:
छंद रचें इक्कीस / कला ले कुडंली
दो गुरु से चरणान्त / छंद रचना भली
रखें ग्यारह-दस पर, यति- न चूकें आप
भाव बिम्ब कथ्य रस, लय रहे नित व्याप
उदाहरण:
१. राजनीति कोठरी, काजल की कारी
हर युग हर काल में, आफत की मारी
कहती परमार्थ पर, साधे सदा स्वार्थ
घरवाली से अधिक, लगती है प्यारी
२. बोल-बोल थक गये, बातें बेमानी
कोई सुनता नहीं, जनता है स्यानी
नेता और जनता , नहले पर दहला
बदले तेवर दिखा, देती दिल दहला
३. कली-कली चूमता, भँवरा हरजाई
गली-गली घूमता, झूठा सौदाई
बिसराये वायदे, साध-साध कायदे
तोड़े सब कायदे, घर मिला ना घाट
२७-४-२०१४
***
तेवरी :
हुए प्यास से सब बेहाल
*
हुए प्यास से सब बेहाल.
सूखे कुएँ नदी सर ताल..
गौ माता को दिया निकाल.
श्वान रहे गोदी में पाल..
चमक-दमक ही हुई वरेण्य.
त्याज्य सादगी की है चाल..
शंकाएँ लीलें विश्वास.
डँसते नित नातों के व्याल..
कमियाँ दूर करेगा कौन?
बने बहाने हैं जब ढाल..
मौन न सुन पाए जो लोग.
वही बजाते देखे गाल..
उत्तर मिलते नहीं 'सलिल'.
अनसुलझे नित नए सवाल..
***
मुक्तिका
*
ज़िन्दगी हँस के गुजारोगे तो कट जाएगी.
कोशिशें आस को चाहेंगी तो पट जाएगी..
जो भी करना है उसे कल पे न टालो वरना
आयेगा कल न कभी, साँस ही घट जाएगी..
वायदे करना ही फितरत रही सियासत की.
फिर से जो पूछोगे, हर बात से नट जाएगी..
रख के कुछ फासला मिलना, तो खलिश कम होगी.
किसी अपने की छुरी पीठ से सट जाएगी..
दूरियाँ हद से न ज्यादा हों 'सलिल' ध्यान रहे.
खुशी मर जाएगी गर खुद में सिमट जाएगी..
२७-४-२०१०
*

अप्रैल २६, प्लवंगम् छंद, गीत, हास्य, नेपाल भूकंप, धरती, कुंडलिया, मुक्तक-मुक्तिका, लघुकथा

सलिल सृजन अप्रैल २६
अंतर्राष्ट्रीय मूर्तिकला (स्कल्पचर) दिवस
*
सॉनेट (इंग्लिश शैली)
जो सत्ता पर वह स्वामी है,जन गुलाम जयकार करे,
धर्म-देश की दे न दुहाई, स्वार्थ साधना मकसद है,
लोकतंत्र की नाकामी है,सच कहने से अगर डरे,
जो विपक्ष में वह भी दोषी, नहीं पतन की कुछ हद है।
दलदल दल का दाल दल रहा, नित जन-गण की छाती पर,
भुला देश-हित दल-हित साधे, संविधान को बिसराकर,
नव पीढ़ी को गर्व नहीं है, परंपरा या माटी पर,
दूर जड़ों से भाग रहे हैं, संस्कार निज ठुकराकर।
वृद्धाश्रम-बालाश्रम बढ़ते, घटते हैं कुटुंब-परिवार,
जल-जंगल-जमीन पर काबिज, होते जाते धन्ना सेठ,
वनवासी मजदूर किसानों का जीना भी है दुश्वार,
अस्सी प्रतिशत धन के मालिक, आठ फी सदी फूले पेट।
रौंद रहे कुदरत को, मौसम बदल रहा पर फिक्र नहीं,
कहते नव इतिहास लिखेंगे, सच का होगा जिक्र नहीं।
२६.४.२०२४
•••
सॉनेट (इटेलियन शैली)
सफर-ए-जिंदगी
*
खुशगवार है बहुत सफर-ए-जिंदगी,
हँसी-खुशी से साथ-साथ रह गुजारिए,
जो करे मदद; न कभी भी बिसारिए,
गैर की मदद करें यही है बंदगी।
जूझिए-मिटाइए सभी दरिंदगी,
निकालिए कभी न जिसे मन-बसाइए,
जाने-जां पे जान भी हँसकर लुटाइए,
बार-बार बदल मत अपनी पसंदगी।
कशिश कोशिशों की कभी कम नहीं हुई,
धूप-छाँव फूल-शूल हमसफ़र रहे,
रुके नहीं; गिरे-उठे कदम सदा बढ़े।
मन्नतों की; मिन्नतों की चाहतें मुई,
मुश्किलों से हाथ लगीं; हाथ है गहे,
हासिलों के पाठ हमने साथ मिल पढ़े।
२६.४.२०२४
***
सॉनेट
ओ तू
ओ तू कितना सदय-निठुर है?
बिन माँगे सब कुछ दे देता।
बिना बताए ले भी लेता
अपना-गैर न, कृपा-कहर है।।
मिलकर मिले न, जुदा न होता
सब करते हैं तेरी बातें।
मंदिर-मस्जिद में शह-मातें
फसल काटता, फिर फिर बोता।।
ओ तू क्या है? कभी बता दे?
ओ तू मुझसे मुझे मिला दे।
ओ तू मुझको राह दिखा दे।।
मुझे नचा खुश है क्या ओ तू?
भेज-बुला खुश है क्या ओ तू?
तुझमें मैं, मुझमें क्या ओ तू??
२६-४-२०२२
•••
लघुकथा
सुख-दुःख
*
गुरु जी को उनके शिष्य घेरे हुए थे। हर एक की कोई न कोई शिकायत, कुछ न कुछ चिंता। सब गुरु जी से अपनी समस्याओं का समाधान चाह रहे थे। गुरु जी बहुत देर तक उनकी बातें सुनते रहे। फिर शांत होने का संकेत कर पूछा - 'कितने लोग चिंतित हैं? कितनों को कोई दुःख है? हाथ उठाइये।
सभागार में एक भी ऐसा न था जिसने हाथ न उठाया हो।
'रात में घना अँधेरा न हो तो सूरज ऊग सकेगा क्या?'
''नहीं'' समवेत स्वर गूँजा।
'धूप न हो तो छाया अच्छी लगेगी क्या?'
"नहीं।"
'क्या ऐसा दिया देखा है जिसके नीचे अँधेरा न हो"'
"नहीं।"
'चिंता हुई इसका मतलब उसके पहले तक निश्चिन्त थे, दुःख हुआ इसका मतलब अब तक दुःख नहीं था। जब दुःख नहीं था तब सुख था? नहीं था। इसका मतलब दुःख हो या न हो यह तुम्हारे हाथ में नहीं है पर सुख हो या हो यह तुम्हारे हाथ में है।'
'बेटी की बिदा करते हो तो दुःख और सुख दोनों होता है। दुःख नहीं चाहिए तो बेटी मत ब्याहो। कौन-कौन तैयार है?' एक भी हाथ नहीं उठा।
'बहू को लाते हो तो सुखी होते हो। कुछ साल बाद उसी बहु से दुखी होते हो। दुःख नहीं चाहिए तो बहू मत लाओ। कौन-कौन सहमत है?' फिर कोई हाथ नहीं उठा।
'एक गीत है - रात भर का है मेहमां अँधेरा, किसके रोके रुका है सवेरा? अब बताओ अँधेरा, दुःख, चिंता ये मेहमान न हो तो उजाला, सुख और बेफिक्री भी न होगी। उजाला, सुख और बेफिक्री चाहिए तो अँधेरा, दुःख और चिंता का स्वागत करो, उसके साथ सहजता से रहो।'
अब शिष्य संतुष्ट दिख रहे थे, उन्हें पराये नहीं अपनों जैसे ही लग रहे थे सुख-दुःख।
****
मुक्तक
नभ के दिल में आग लगी या उषा विहँस शरमाई है
सूरज छैला ने लैला से अँखियाँ झूम मिलाई है
चढ़ा पेड़ पर बाँका खुद या आसमान से कूद पड़ा
शोले बीरू और बसंती, कथा गई दोहराई है
***
लेख
मुक्तक और मुक्तिका
*
हिंदी काव्य में वे समान पदभार के वे छंद जो अपने आप में पूर्ण हों अर्थात जिनका अर्थ उनके पहले या बाद की पंक्तियों से संबद्ध न हो उन्हें मुक्तक छंद कहा गया है। इस अर्थ में दोहा, रोला, सोरठा, उल्लाला, कुण्डलिया, घनाक्षरी, सवैये आदि मुक्तक छंद हैं।
कालांतर में चौपदी या चतुष्पदी (चार पंक्ति की काव्य रचना) को मुक्तक कहने का चलन हो गया। इनके पदान्तता के आधार पर विविध प्रकार हैं। १. चारों पंक्तियों का समान पदांत -
हर संकट को जीत
विहँस गाइए गीत
कभी न कम हो प्रीत
बनिए सच्चे मीत (ग्यारह मात्रिक पद)
२. पहली, दूसरी और चौथी पंक्ति का समान तुकांत -
घर के भीतर ही रहें
खुद ही सुन खुद ही कहें
हाथ बटाएँ काम में
अफवाहों में मत बहें (तेरह मात्रिक पद)
३. पहली-दूसरी पंक्ति का एक तुकांत, तीसरी-चौथी पंक्ति का भिन्न तुकांत -
चूं-चूं करती है गौरैया
सबको भाती है गौरैया
चुन-चुनकर दाना खाती है
निकट गए तो उड़ जाती है (सोलह मात्रिक)
४. पहली-तीसरी-चौथी पंक्ति का समान तुकांत -
भारत की जयकार करें
दुश्मन की छाती दहले
देश एक स्वीकार करें
ऐक्य भाव साकार करें (चौदह मात्रिक)
५. पहली-दूसरी-तीसरी पंक्ति का समान तुकांत -
भारत माँ के बच्चे
झूठ न बोलें सच्चे
नहीं अकल के कच्चे
बैरी को मारेंगे (बारह मात्रिक)
६. दूसरी, तीसरी, चौथी पंक्ति की समान तुक -
नेता जी आश्वासन फेंक
हर चुनाव में जाते जीत
धोखा देना इनकी रीत
नहीं किसी के हैं ये मीत (पंद्रह मात्रिक)
७. पहली-चौथी पंक्ति की एक तुक दूसरी-तीसरी पंक्ति की दूसरी तुक -
रात रानी खिली
मोगरा हँस दिया
बाग़ में ले दिया
आ चमेली मिली (दस मात्रिक)
८. पहली-तीसरी पंक्ति की एक तुक, दुसरी-चौथी पंक्ति की अन्य तुक -
होली के रंग
कान्हा पे डाल
राधा के संग
गोपियाँ निहाल (नौ मात्रिक)
*
इनमें से दूसरे प्रकार के मुक्तक अधिक लोकप्रिय हुए हैं ।
घर के भीतर ही रहें
खुद ही सुन खुद ही कहें
हाथ बटाएँ काम में
अफवाहों में मत बहें
यह तेरह मात्रिक मुक्तक है।
इसमें तीसरी-चौथी पंक्ति की तरह पंक्तियाँ जोड़ें -
घर के भीतर ही रहें
खुद ही सुन खुद ही कहें
हाथ बटाएँ काम में
अफवाहों में मत बहें
प्रगति देखकर अन्य की
द्वेष अग्नि में मत दहें
पीर पराई बाँट लें
अपनी चुप होकर सहें
याद प्रीत की ह्रदय में
अपने हरदम ही तहें
यह मुक्तिका हो गयी। इस शिल्प की कुछ रचनाओं को ग़ज़ल, गीतिका, सजल, तेवरी, पूर्णिका आदि भी कहा जाता है।
*
कार्यशाला : कुंडलिया
दोहा - बसंत, रोला - संजीव
*
सिर के ऊपर बाज है, नीचे तीर कमान |
खतरा है, फिर भी भरे, चिड़िया रोज उड़ान ||
चिड़िया रोज उड़ान, भरे अंडे भी सेती
कभी ना सोचे पाऊँगी, क्या-क्यों मैं देती
काम करे निष्काम, रहे नभ में या भू पर
तनिक न चिंता करे, ताज या आफत सिर पर
******
धरती माता
धरती माता विपदाओं से डरी नहीं
मुस्काती है जीत उन्हें यह मरी नहीं
आसमान ने नीली छत सिर पर तानी
तूफां-बिजली हार गये यह फटी नहीं
अग्नि पचाती भोजन, जला रही अब भी
बुझ-बुझ जलती लेकिन किंचित् थकी नहीं
पवन बह रहा, साँस भले थम जाती हो
प्रात समीरण प्राण फूँकते थमी नहीं
सलिल प्रवाहित कलकल निर्मल तृषा बुझा
नेह नर्मदा प्रवहित किंचित् रुकी नहीं
पंचतत्व निर्मित मानव भयभीत हुआ?
अमृत पुत्र के जीते जी यम जीत गया?
हार गया क्या प्रलयंकर का भक्त कहो?
भीत हुई रणचंडी पुत्री? सत्य न हो
जान हथेली पर लेकर चलनेवाले
आन हेतु हँसकर मस्तक देनेवाले
हाय! तुच्छ कोरोना के आगे हारे
स्यापा करते हाथ हाथ पर धर सारे
धीरज-धर्म परखने का है समय यही
प्राण चेतना ज्योति अगर निष्कंप रही
सच मानो मावस में दीवाली होगी
श्वास आस की रास बिरजवाली होगी
बमभोले जयकार लगाओ, डरो नहीं
हो भयभीत बिना मारे ही मरो नहीं
जीव बनो संजीव, कहो जीवन की जय
गौरैया सँग उषा वंदना कर निर्भय
प्राची पर आलोक लिये है अरुण हँसो
पुष्पा के गालों पर अर्णव लाल लखो
मृत्युंजय बन जीवन की जयकार करो
महाकाल के वंशज, जीवन ज्वाल वरो।
***
मुक्तक
कलियाँ पल पल अनुभव करतीं मकरंदित आभास को
नासापुट तक पहुँचाती हैं किसलय के अहसास को
पवन प्रवह रह आत्मानंदित दिग्दिगंत तक व्याप रहा
नीलगगन दे छाँव सभी को, नहीं चीह्नकर खास को
२६-४-२०२०
***
एक रचना
धरती की छाती पै होरा
रओ रे सूरज भून।
*
दरक रे मैदान-खेत सब
मुरझा रए खलिहान।
माँगे सीतल पेय भिखारी
ले न रुपया दान।
संझा ने अधरों पे बहिना
लगा रखो है खून।
धरती की छाती पै होरा
रओ रे सूरज भून।
*
धोंय, निचोरें सूखें कपरा
पहने गीले होंय।
चलत-चलत कूलर हीटर भओ
पंखें चल-थक रोंय।
आँख मिचौरी खेरे बिजुरी
मलमल लग रओ ऊन।
धरती की छाती पै होरा
रओ रे सूरज भून।
*
गरमा गरम नें कोऊ चाहे
रोएँ चूल्हा-भट्टी।
सब खों लगे तरावट नीकी
पनहा, अमिया खट्टी।
धारें झरें नई नैनन सें
बहें बदन सें दून।
धरती की छाती पै होरा
रओ रे सूरज भून।
*
लिखो तजुरबा, पढ़ तरबूजा
चक्कर खांय दिमाग।
मृगनैनी खों लू खें झोंकें
लगे लगा रए आग।
अब नें सरक पे घूमें रसिया
चौक परे रे! सून।
धरती की छाती पै होरा
रओ रे सूरज भून।
*
अंधड़ रेत-बगूले घेरे
लगी सहर में आग।
कितै गए पनघट अमराई
कोयल गाए नें राग।
आँखों मिर्ची झौंके मौसम
लगा र ओ रे चून।
धरती की छाती पै होरा
रओ रे सूरज भून।
२४-४-२०१७
***
हास्य रचना
हरदोई में मिल गये, हरि हर दोई संग।
रमा उमा ने कर दिया जब दोनों को तंग।।
जब दोनों को तंग, याद तब विधि की आई।
गए बिरंचि समीप विकल हो पीर बताई।।
'जान बचाएँ दैव, हमें दें रक्षा का वर।'
विधि बोले- 'ब्रम्हाणी से पीड़ित हम हरिहर।।
नारद ने तब तीनों की मुश्किल सुलझाई।
विधि-शिव ने पुष्कर-पर्वत पर धुनी रचाई।।
हरि ने झट से ले लिया धरती पर अवतार।
नाच नाचती गोपियाँ माखन दे बलिहार।।
२६-४-२०१६
***
नेपाल में भूकंपजनित महाविनाश के पश्चात रचित
हाइकु सलिला:
.
सागर माथा
नत हुआ आज फिर
देख विनाश.
.
झुक गया है
गर्वित एवरेस्ट
खोखली नीव
.
मनमानी से
मानव पराजित
मिटे निर्माण
.
अब भी चेतो
न करो छेड़छाड़
प्रकृति संग
.
न काटो वृक्ष
मत खोदो पहाड़
कम हो नाश
.
न हो हताश
करें नव निर्माण
हाथ मिलाएं.
.
पोंछने अश्रु
पीड़ितों के चलिए
न छोड़ें कमी
२६.४.२०१५
...
नवगीत:
.
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
.
पर्वत, घाटी या मैदान
सभी जगह मानव हैरान
क्रंदन-रुदन न रुकता है
जागा क्या कोई शैतान?
विधना हमसे क्यों रूठा?
क्या करुणासागर झूठा?
किया भरोसा क्या नाहक
पल भर में ऐसे टूटा?
डँसते सर्पों से सवाल
बार-बार फुँफकार
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
.
कभी नहीं मारे भूकंप
कबि नहीं हांरे भूकंप
एक प्राकृतिक घटना है
दोष न स्वीकारे भूकंप
दोषपूर्ण निर्माण किये
मानव ने खुद प्राण दिए
वन काटे, पर्वत खोदे
खुद ही खुद के प्राण लिये
प्रकृति अनुकूल जिओ
मात्र एक उपचार
.
नींव कूटकर खूब भरो
हर कोना मजबूत करो
अलग न कोई भाग रहे
एकरूपता सदा धरो
जड़ मत हो घबराहट से
बिन सोचे ही मत दौड़ो
द्वार-पलंग नीचे छिपकर
राह काल की भी मोड़ो
फैलता अफवाह जो
उसको दो फटकार
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
.
बिजली-अग्नि बुझाओ तुरत
मिले चिकित्सा करो जुगत
दीवारों से लग मत सो
रहो खुले में, वरो सुगत
तोड़ो हर कमजोर भवन
मलबा तनिक न रहे अगन
बैठो जा मैदानों में
हिम्मत देने करो जतन
दूर करो सब दूरियाँ
गले लगा दो प्यार
धरती की छाती फ़टी
फैला हाहाकार
***
नवगीत:
.
पशुपतिनाथ!
तुम्हारे रहते
जनगण हुआ अनाथ?
.
वसुधा मैया भईं कुपित
डोल गईं चट्टानें.
किसमें बूता
धरती कब
काँपेगी अनुमाने?
देख-देख भूडोल
चकित क्यों?
सीखें रहना साथ.
अनसमझा भूकम्प न हो अब
मानवता का काल.
पृथ्वी पर भूचाल
हुए, हो रहे, सदा होएंगे.
हम जीना सीखेंगे या
हो नष्ट बिलख रोएँगे?
जीवन शैली गलत हमारी
करे प्रकृति से बैर.
रहें सुरक्षित पशु-पक्षी, तरु
नहीं हमारी खैर.
जैसी करनी
वैसी भरनी
फूट रहा है माथ.
पशुपतिनाथ!
तुम्हारे रहते
जनगण हुआ अनाथ?
.
टैक्टानिक हलचल को समझें
हटें-मिलें भू-प्लेटें.
ऊर्जा विपुल
मुक्त हो फैले
भवन तोड़, भू मेटें.
रहे लचीला
तरु ना टूटे
अड़ियल भवन चटकता.
नींव न जो
मजबूत रखे
वह जीवन-शैली खोती.
उठी अकेली जो
ऊँची मीनार
भग्न हो रोती.
वन हरिया दें, रुके भूस्खलन
कम हो तभी विनाश।
बंधन हो मजबूत, न ढीले
रहें हमारे पाश.
छूट न पायें
कसकर थामें
'सलिल' हाथ में हाथ
पशुपतिनाथ!
तुम्हारे रहते
जनगण हुआ अनाथ?
२६-४-२०१५
***
छंद सलिला:
प्लवंगम् छंद
*
छंद-लक्षण: जाति त्रैलोक लोक , प्रति चरण मात्रा २१ मात्रा, चरणारंभ गुरु, चरणांत गुरु लघु गुरु (रगण), यति ८-१३।
लक्षण छंद:
प्लवंगम् में / रगण हो सदा अन्त में
आठ - तेरह न / भूलें यति हो अन्त में
आरम्भ करे / गुरु- लय न कभी छोड़िये
जीत लें सभी / मुश्किलें मुँह न मोड़िए
उदाहरण:
१. मुग्ध उषा का / सूरज करे सिंगार है
भाल सिंदूरी / हुआ लाल अंगार है
माँ वसुधा नभ / पिता-ह्रदय बलिहार है
बंधु नाचता / पवन लुटाता प्यार है
२. राधा-राधा / जपते प्रति पल श्याम ज़ू
सीता को उर / धरते प्रति पल राम ज़ू
शंकरजी के / उर में उमा विराजतीं
ब्रम्ह - शारदा / भव सागर से तारतीं
३. दादी -नानी / कथा-कहानी गुमे कहाँ?
नाती-पोतों / बिन बूढ़ा मन रमें कहाँ?
चंदा मामा / गुमा- शेष अब मून है
चैट-ऐप में / फँसा बाल-मन सून है
***
गीत
हे समय के देवता!
*
हे समय के देवता!
गर दे सको वरदान दो तुम...
*
श्वास जब तक चल रही है,आस जब तक पल रही है,
अमावस का चीरकर तम-प्राण-बाती जल रही है.
तब तलक रवि-शशि सदृश हम रौशनी दें तनिक जग को-
ठोकरों से पग न हारें-करें ज्योतित नित्य मग को.
दे सको हारे मनुज को, विजय का अरमान दो तुम.
हे समय के देवता! गर दे सको वरदान दो तुम...
*
नयन में आँसू न आए, हुलसकर हर कंठ गाए.
कंटकों से भरे पथ पर-चरण पग धर भेंट आए.
समर्पण-विश्वास-निष्ठा सिर उठाकर जी सके अब.
मनुज हँसकर गरल लेकर-शम्भु-शिववत पी सकें अब.
दे सको हर अधर को मुस्कान दो, मधुगान दो तुम..
हे समय के देवता! गर दे सको वरदान दो तुम...
*
सत्य-शिव को पा सकें हम' गीत सुन्दर गा सकें हम.
सत-चित-आनंद घन बन-दर्द-दुःख पर छा सकें हम.
काल का कुछ भय न व्यापे,अभय दो प्रभु!, सब वयों को.
प्रलय में भी जयी हों-संकल्प दो हम मृण्मयों को.
दे सको पुरुषार्थ को परमार्थ की पहचान दो तुम.
हे समय के देवता! गर दे सको वरदान दो तुम...
२६-४-२०१०
***