कुल पेज दृश्य

गुरुवार, 3 मार्च 2022

लेख : नारी और दोहा

लेख :
नारी दोहा दूहते 
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
नारी जननी है, जन्मदायिनी है। वह जीवन में हर परिस्थिति से सार ग्रहण करती है। कन्या, भगिनी, सहचरी और माँ सभी भूमिकाओं में नारी जीवन में रस संचार करती है। नारी, सार सार को गहि रहै, थोथा देय उड़ाय' को मूर्तित करती है। यही विशेषताएँ हिंदी के छंदराज दोहा में भी हैं। संस्कृत में इसका नाम 'दोग्धक' है, 'दोग्धि चित्तिमित्ति दोग्धकम्' जो श्रोता/पथक के चित्त का दोहन कर ले।१ नारी भी हर भूमिका में अपने स्वजनों-परोजनों के चित्त में स्थान पाती है। आधुनिक हिंदी के जन्म के पूर्व इसकी जननी प्राकृत भाषा में लगभग ३००० वर्ष पूर्व से दोहा कहा जाता रहा है। दोहा ने हर युग में नारी की हर भूमिका का प्रशस्ति गान ही नहीं किया है अपितु नारी के दर्द और पीड़ा, संघर्ष और उत्कर्ष में साक्षी भी रहा है। दोहा ने नारी की अद्भुत छवियों को अभिव्यक्त कर अमर कर दिया है। बदलते समाज के साथ-साथ बदलती नारी की बदलती छवियों, दायित्वों तथा अवदान का संयुक्त मूल्यांकन दोहे ने किया है। आइए, दृष्टिपात करें-     

नारी वंदना 
विक्रम संवत १६७७ में रचित 'ढोला मारू दा दोहा' में नारी समस्त सुरोंतथा असुरों की स्वामिनी मानते हुए,सरस्वती कहकर वंदना करते हुए अविरल मति का वरदान माँगा गया है। यहाँ सुरासुर में शेष अलंकार का सुन्दर प्रयोग है। सुरासुर के दो अर्थ देव-दानव तथा स्वर-अ स्वर (संगीत संबंधी) है। 
सकल सुरासुर सामिनी, सुणि माता सरसत्ति। 
विनय करीन इ वीनवूं,मुझ तउ अविरल मत्ति।।२

उत्सर्ग 
काव्य शास्त्र, योग शास्त्र तथा जैनदर्शन के अप्रतिम विद्वान आचार्य हेमचन्द्र सूरी (११४५-१२२९) रचित ग्रंथ 'शब्दानुशासन' के एक दोहे में नायिका अपने पति का देहांत होने पर संतोष व्यक्त कर कहती है 'भला हुआ'। सामान्यत: सौभाग्यवती स्त्रियाँ अपने सुहाग के लिए मंगलकामना ही करती हैं किन्तु विपरीत आचरण कर रही यह स्त्री अपने सुहाग के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति भी कर्तव्य बोध के दिव्य भाव से भी संपन्न है। दोहा उसके इस आचरण पर प्रकाश डालता है- 
भल्ला हुआ जु मारिया, बहिणी म्हारा कंतु। 
लज्जेजं तु बयसि अहू, जइ भग्गो घर एन्तु।।३   

भला हुआ; मारा गया मेरा बहिन सुहाग। 
मर जाती मैं लाज से, जो आता घर भाग।। 

विदुषि 

कर्णाटक के चालुक्य नरेश तैलप को ६ बार पराजित कर क्षमादान करने के बाद मालवा का परमार नरेश मुंज सातवें युद्ध में छलपूर्वक हराकर बंदी बना लिया गया। उसकी ख्याति और व्यक्तित्व का प्रभाव यह की तैलप की विधवा बहिन मृणालिनी बंदी मुंज को दिल दे बैठी।काठियावाड़ गुजरात निवासी आचार्य मेरुतुंग रचित ऐतिहासिक कृति 'प्रबंध चिंतामणि'(१३०४ ई.) में मुंज मृणालवती प्रसंग में नीतिगत दोहों के माध्यम से ज्ञात होता है कि उस समय की नारियाँ विविध विषयों पर विद्वतापूर्ण विमर्श भी कर लेती थीं-

भुञ्ज भणइ मृणालवइ, जुब्बण गयुं न झूरि। 
जइ सक्कर सय खंडथिय, टी इस मीठी चूरि।।

जा मति पच्छइ संपजइ, सा मति पहिली होइ। 
भुञ्ज भणइ मृणालवइ, बिघन न बेढ़इ कोइ।।

माया 

संत शिरोमणि कबीर (सं १४५५-१५७५) के बीजक में नारी संबंधी कई दोहे प्राप्त होते हैं। कबीर नारी को 'माया' मानते हुए कहते हैं -

कबिरा माया चोरटी, मुसि मुसि लावै हाट। 
एक कबीरा ना मुसै, कीन्हि बारहबाँट।।

पथ प्रदर्शक 

गोस्वामी तुलसीदास (संवत १५५४-१६८०) जब अपनी पत्नी रत्नावली के रूप-पाश में अत्यधिक आसक्त होकर अपना धर्म और कर्तव्य = भूल गए तब उनकी पत्नी रत्नावली ने उन्हें धिक्कारते हुए राह दिखाकर राम-भक्ति की और उन्मुख करते हुए कहा- 

लाज न आवतु आपको, दौरे आयहु साथ। 
धिक् धिक् ऐसे प्रेम को, कहा कहौं मैं नाथ।। 

अस्थि-चर्ममय देह मम, तामें जैसी प्रीति। 
तिसु आधी जो राम प्रति, होति न तौ भवभीति।।  

जगजननी, पथप्रदर्शक तथा मर्यादाप्रिय

रामचरित मानस में तुलसीदास नारी को जगजननी मानकर उसकी वंदना करते हैं। वे पुष्पवाटिका प्रसंग में सीता जी से पार्वती जी की वंदना कराते हुए कहते हैं- 

जय जय गिरवर राज किसोरी। जय महेस मुख चंद चकोरी। 
जय गजवदन षडानन माता, जगतजननि दामिनी दुति गाता।।  

तुलसी जगत जननी कहकर ही संतुष्ट नहीं होते, वे 'नहिं तव आदि मध्य अवसाना। अमित प्रभाव वेद नहिं जाना।। ' कहकर नारी के प्रभाव की महत्ता व्यक्त करते हैं।  इस प्रसंग में सीता जी को मर्यादाप्रिय, संस्कारी युवती के रूप में वर्णित किया गया है। वे श्री राम के प्रति आकर्षित होने पर भी यह तथ्य किसी पर प्रगट न कर पार्वती जी से ही प्रार्थना करती हैं- 

'मोर मनोरथ जानहुँ नीके। बसहु सदा उर पुर सभी के।।

तुलसी नारी को परखते रहने की सलाह देते हुए कहते हैं -

उरग तुरग नारी नृपति, नर नीचे हथियार। 
तुलसी परखब रहब नित, इनहिं न पलटत बार।।

मंत्र तंत्र तंत्री तिया, पुरुष अश्वधन पाठ। 
प्रतिगुण योग-वियोग ते, तुरत जाहिं ये आठ।।

नारि नगर भोजन सचिव, सेवक सखा अगार। 
सरस परिहरे रंग रस, नीरस विषाद विकार।।४ 

'ढोल गँवार शूद्र पशु नारी। सकल ताड़ना के अधिकारी' लिखने के लिए तुलसी को स्त्री विमर्शवादी निशाने पर रखते हैं किन्तु तुलसी नारी निंदक नहीं, नारी के उदात्त रूप के आराधक हैं। मानस में दशानन की बंदी जानकी से भेंट करते समय महाबलशाली हनुमान उन्हें प्रणाम कर (देखि मनहिं मन कीन्ह प्रनामा) 'माँ' का सम्बोधन (रामदूत मैं मातु जानकी) देते हैं। तुलसी नारी की तुलना धीरज, धर्म और मित्र के साथ करते हैं - 'धीरक धरम मित्र अरु नारी। आपत्काल परखिहहु चारी।।' 

विदुषी रत्नावली (सं. १५६७-१६५१) अपने पति रामबोला को कर्तव्य का पाठ पढ़कर तुलसीदास बना देती हैं। तुलसी राम भक्ति मार्ग पर पग बढ़ाते हैं तो रत्नावली बाधक नहीं होतीं, वे अपने परित्यग हेति तुलसी को कभी दोष नहीं देतीं, इसे प्रारब्ध मानकर संतोष करती हैं। 

'रतन' देव बस अमृत बिष, बिष अमरित बनि जात। 
सुधि हू उलटी परै, उलटी सूधी बात।। 

'रतनावलि' औरै कछू, चहिय होइ कछू और। 

भल चाहत 'रतनावली' विधि बस अनभल होइ। 

रत्नावली से मिलने की चाह में तुलसी, सर्प को रस्सी समझकर उसे पकड़कर रत्नावली के कक्ष में पहुँच गए थे। रत्नावली इस प्रसंग को भूली नहीं, वे लिखती हैं -
जानि परै कहुँ रज्जु अहि, कहिं अहि रज्जु लषात।  
रज्जु-रज्जु अहि-अहि कबहुँ, 'रतन' समय की बात। 

तुलसी के रत्नावली से विमुख होकर राम भक्ति में लीन होने पर भी रत्नावली उनके प्रति मन कोई कटुता नहीं रखतीं और पति को नारी का सच्चा श्रृंगार कह कर अपनी उदार वृत्ति का परिचय देती हैं -

पिय सांचो सिंगार तिय, सब झूठे सिंगार। 
सिब सिंगार 'रतनावली', इक पियु बिन निस्सार।।

तुलसी को कर्तव्य बोध कराने के लिए कहे गए अपने कटु वचन के प्रति खेद व्यक्त करते हुए रत्नावली लिखती हैं -

'रतनावलि' मुखबचन हूँ, इक सुख-दुःख को मूल। 
सुख सरसावत वचन मधु, कटु उपजावत सूल।। 
   
'रतनावलि' काँटो लग्यो, वैदनि दयो निकारि। 
वचन लग्यो निकस्यो कहुँ, उन डारो हिय फारि।।

संस्कृत और फ़ारसी के विद्वान, अप्रतिम दोहाकार अब्दुर्रहीम खानखाना  (सं. १६१०-१६८२) के नीति परक दोहे समय और साहित्य की थाती हैं। रहीम नारी के संरक्षण को आवश्यक मानते हैं- 

उरग तुरग नारी नृपति, नीच जाति हथियार। 
रहिमन इन्हें सँभारिए, पलटत लगै न बार।। 

नारी के रूप की वंदना करते हुए कहा गया रहीम का यह दोहा कालजयी है-

नैन सलोने अधर मधु, कहि रहीम घटि कौन। 
मीठो भावै लोन पर, अरु मीठे पर लोन।। 

समाज में नारी को अभिव्यक्ति का अवसर न मिले तो अयोग्य जन आगे बढ़ जाते हैं। यह सनातन सत्य संसद में भारतीय  स्त्रियों की अल्प संख्या और निरंतर बढ़ते जाते अपराधी सांसदों को देखकर भी कहा जा सकता है। तुलसी और रहीम दोनों ही इस सनातन सत्य को दोहा में कोयल के माध्यम से व्यक्त करते हैं -

'तुलसी' पावस के समय, धरी कोकिलन मौन। 
अब तो दादुर बोलिहैं, हमहिं पूछिहैं कौन।।      - तुलसी 

पावस देखि रहीम मन, कोयल साधे मौन। 
अब दादुर वक्ता भए, महको पूछत कौन।।   - रहीम 

दोहा सम्राट बिहारी (सं. १६६०-१७७३) नारी (राधा) से भव-बाधा हरने की प्रार्थना करते हैं -

मेरी भव-बाधा हरौ, राधा नागरि सोइ। 
जा तन की झाईं परै, स्यामु हरित दुति होइ।।

बिहारी नारी के दैहिक सौंदर्य पर आत्मिक सौंदर्य को वरीयता देते हुए, सौंदर्य को समयसापेक्ष बताते हैं- 

समै समय सुंदर सबै, रूपु कुरूपु न कोइ। 
मन की रुचि जेती जितै, तित तेति रुचि होइ।।

नारी अस्मिता का रक्षक दोहा 

बुंदेलखंड की अतीव सुंदरी विदुषी कवयित्री-नर्तकी राय प्रवीण की कीर्ति दसों दिशों में फ़ैल गयी थी। वे ओरछा नरेश इंद्रजीत के प्रति समर्पित, उनकी प्रेयसी थीं। अकबर ने इस नारीरत्न को अपने दरबार में भेजने का संदेश भेजा। बादशाह की हुक्मउदूली करने पर राज्य संकट में पद जाता। राजगुरु केशवदास राज्य हित में रायप्रवीण के साथ अकबर के दरबार में गए। बादशाह द्वारा आमंत्रण दिए जाने पर राय प्रवीण ने एक दोहा कहा जिसे सुनकर अकबर पानी-पानी हो गया और अतिथियों का सम्मान कर उन्हें बिदा किया।  रायप्रवीण की अस्मिता का रक्षक बन दोहा निम्न है- 

बिनती राय प्रवीन की, सुनिए शाह सुजान। 
जूठी पातल भाखत हैं, बारी बायस स्वान।।   

दृढ़ संकल्प की धनी 

नारी जो पाना चाहती है, उसे पाने की राह भी निकाल ही लेती है। दृढ़ संकल्प की धनी गोकुल की नारी कुल मर्यादा का पालन करते हुए भी, कृष्ण की मुरली के रस का पान कर ही लेती है- 

किती न गोकुल कुल बधू, किहिन न काहि सुख दीन। 
कौनैं तजि न कुल-गली, व्है मुरली सुर लीन।।

ठाकुर पृथ्वी सिंह 'रसनिधि' (रचनाकाल सं. १६६०-१७१७) भी नारी (राधा) से बाधा हरने की प्रार्थना करते हैं -

राधा सब बाधा हरैं, श्याम सकल सुख देंय। 
जिन उर जा जोरि बसै,  निरबाधा मुख लेंय।। 

मतिराम त्रिपाठी (१६०४ ई.-१७०१ई.) भूख-प्यास की परवाह न कर व्रत कर रही नारी से पूछते हैं -

नींद भूख अरु प्यास तजि, करती हो तन राख। 
जलसाई बिन पूजिहैं, क्यों मन के अभिलाख।।

नारी के रूप की वंदना करते हुए मतिराम, उसकी समता का प्रयास कर रहे चंद्रमा को दोषी ठहराते हैं- 

तेरी मुख समता करी, साहस करि निरसंक। 
धूरि परी अरविंद मुख, चंदहि लग्यो कलंक।।

महाभारत कथा में अभिमन्यु द्वारा माँ के गर्भ में चक्रव्यूह वेधन कला सीखने का वर्णन है। वृन्द (१६४३-१७२३ ई.) माँ के गर्भ में पल रहे शिशु पर पड़ रहे प्रभाव को उल्लेखनीय मानते हैं- 

नियमित जननी-उदर में, कुल को लेत सभाव। 
उछरत सिंहनि कौ गरभ, सुनी गरजत घनराव।।

बृज की नारियों की महिमा बताते हुए वृन्द कहते हैं की उनके आगे ठकुराई नहीं चलती, स्वयं त्रिभुवनपति उनके पीछे-पीछे जंगल-जंगल घूमते हैं- 

अगम पंथ है प्रेम को, जहँ ठकुराई नाहिं। 
गोपिन के पाछे फिरे, त्रिभुवन पति बन माहिं।। 

वृन्द नारी की तुलना पंडित और लता से करते हैं - 

पंडित बनिता अरु लता, सोभित आस्रय पाय। 

अंग दर्पन तथा रसबोध जैसी कालजयी कृतियों के रचयिता सैयद गुलाम अली 'रसलीन' (सं १७७१-१८८२) भी राधा रानी से भाव-बाधा हरने की प्रार्थना करते हैं -

राधा पद बाधा हरन, साधा करि रसलीन। 

नारी सौंदर्य का शालीनतापूर्वक वर्णन करने में रसलीन का सानी नहीं है। चंद्रमुखी नायिका बालों को स्निग्ध कर इस तरह जूड़ा बाँध रही है कि नायक की पगड़ी भी लज्जित है -

यों बाँधति जूरो तिया, पटियन को चिकनाय। 
पाग चिकनिया सीस की, या तें रही लजाय।। 

अमी हलाहल मद भरे, स्वेत स्याम रतनार। 
जियत मरत झुकि-झुकि परत, जेहि चितवत इक बार।।

विक्रम सतसई के रचयिता चरखारी नरेश महाराज विक्रमादित्य सिंह (राज्यकाल सं. १८३९-१८८६) के दोहे नारी-सौंदर्य के लालित्यपूर्ण वर्णन तथा अनूठी उपमाओं से संपन्न हैं-

तरुनि तिहारो देखियतु, यह तिल ललित कपोल। 
मनौ मदन बिधु गोद में, रविसुत करत किलोल।।

गौने आई नवल तिय, बैठी तियन समाज। 
आस-पास प्रफुलित कमल, बीच कली छवि साज।।

रामसहाय अस्थाना 'भगत' (रचनाकाल सं. १८६०-१८८०) ने 'राम सतसई में ब्रज भाषा का उपयोग करते हुए नारी के लिए 'गहन जोबन नय चातुरी, सुंदरता मृदु बोल' को आवश्यक मानते हैं। इस दोहे में रात्रि-रति से थकी नायिका भोर में आलस्य से जंभा रही है-

नैन उनींदे कच छुटे, सुखहि छुटे अंगिराय। 
भोर खरी सारस मुखी, आरस भरी जँभाय।।

शुद्ध साहित्यिक खड़ी हिंदी में रची गई 'हरिऔध सतसई' के रचनाकार अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध (१५ अप्रैल १८६५-१६ मार्च १९४७) 'सारी बाधाएँ हरे, नारी नयनानंद'  कहकर नारी की सामर्थ्य का आभास कराते हैं। नारी के मातृत्व को प्रणतांजलि देते हुए उसकी ममता को पय-धार का कारण बताते हैं हरिऔध जी-

जो महि में होती नहीं, माता ममता भौन। 
ललक बिठाता पुत्र को, नयन-पलक पर कौन।।

छाती में कढ़ता न क्यों, तब बन पाय की धार। 
जब माता उर में उमग, नहीं समाता प्यार। 

रामचरित उपाध्याय (सं. १९२९) ने 'बृज सतसई' में नारी सौंदर्य और प्रशंसा के अनेक दोहे रचे हैं। वे एक दोहे में धर्म विमुख नारी को भी दंडित करने की सलाह देते हैं -

नारी गुरु पितु मातु सुत, सचिव महीपति मीत। 
बंधु विप्रहु डंडिए, धर्म-विमुख यह नीत।।

हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग द्वारा मंगलप्रसाद पुरस्कार से पुरस्कृत कृति 'वीर सतसई' के रचनाकार हरी प्रसाद द्विवेदी 'वियोगी हरि' (१८९५-१९८८ई.) नारी में चंडिका को देखते उसकी उपस्थिति मात्र से 'काम' को नष्ट को नष्ट होता देखते हैं -

जहँ नृत्यति नित चंडिका, तांडव नृत्य प्रचंड। 
कुसुम तीर तँह काम के, होत आप सत-खंड।। 

नारीरत्न पद्मिनी को 'सिंहिनी' तथा रूप-लोलुप सुलतान को 'कुत्ता' कहते हुए वियोगी हरि जी प्रणतांजलि अर्पित करते हैं- 

वह चित्तौर की पद्मिनी, किमि पेहो सुल्तान।
कब सिंहनि अधरान कौ, कियौ स्वयं मधु पान।।

रण जाते चूड़ावत सरदार को मोहासक्त देखकर अपने सर काट कर भेंट देनेवाली रानी, राककुंवर को बचने के लिए अपने पुत्र की बलि देनेवाली पन्ना धाय, गढ़ा मंडला की वीरांगना रानी दुर्गावती, मुग़ल सम्राट को चुनौती देनेवाली चाँद बीबी, १८५७ के स्वातंत्र्य संग्राम में अंग्रेजों को नाकों चने चबवानेवाली रानी लक्ष्मीबाई आदि के पराक्रम पर दोहांजलि देकर वियोगी हरि बाल विधवाओं की पीड़ा पर भी दोहा रचते हैं -

जहाँ बाल विधवा हियेँ, रहे धधकि अंगार। 
सुख-सीतलता कौ तहाँ, करिहौ किमि संचार।।

सुधा संपादक दुलारेलाल भार्गव (१९५६ ई. -६-९-१९७५) नारी में दीपशिखा के दर्शन करते हैं- 

दमकती दरपन-दरप दरि, दीपशिखा-दुति देह। 
वह दृढ़ इकदिसि दिपत यह, मृदु दस दिसनि सनेह।।

इतना ही नहीं, यहाँ तक कहते हैं कि कामिनी की कृपा होने पर ईश्वर की ओर भी क्यों देखा जाए?

कविता कंचन कामिनी, करैं कृपा की कोर। 
हाथ पसारै कौन फिर, वहि अनंत की ओर।। 

गीत सम्राट बाल कृष्ण शर्मा 'नवीन' (८-१२-१८९७-२९-४-१९६०) की मुखरा नायिका नेत्रों में प्रिय की छवि होने का उलाहना देते हुए कहती है-

खीझहु मत; रंचक सुनहु, ओ सलज्ज सरदार। 
हमरे दृग में लखि तुम्हें, विहँसि रह्यो संसार।।

राष्ट्रीय आत्मा के विशेषण से प्रसिद्ध राजाराम शुक्ल 'चितचोर' (सं. १९५५-) ने 'आँखों' पर लिखे दोहों में हर रस का समावेश किया है। कौवे अपनी निष्ठुर नायिका के नेत्रों की लाल रेखाओं को प्रेम पंथ नहीं; रसिकों के रुधिर से बनी बताते हैं- 

लाल-लाल डोरे नहीं, प्रेम-पंथ की रेख।
हैं रसिकों के रुधिर से, अरुण हो रहे देख।।

'चंद्रमुखी के दृग बने. सूर्यमुखी के फूल', 'बिन बंधन अपराध बिन, बाँध लिया मजबूत', 'आँखों की ही है तुला, आँखों के ही बाँट', 'आनन आज्ञा पत्र पर,  आँखें मुहर समान जैसी', 'क्यों न चलाऊँ आपकी आँखों पर अभियोग' सरस अभिव्यक्तियों के धनी चितचोर नारी की मादक मधुरता के गायक हैं- 

प्रेम दृष्टि की माधुरी, अधर-माधुरी सान। 
रूप माधुरी से मधुर, करा रही जलपान।। 

राधावल्लभ  पांडेय 'बंधु' (जन्म ऋषि पंचमी सं. १९४५) आधुनिक नारी के छलनामय आचरण पर शब्दाघात कर कहते हैं- 

अनुचित उचित न सोचती, हरती है सम्मान। 
भरी जवानी ताकती, काम भरी मुस्कान।।

जाल बिछाती फाँसती, करके यत्न महान। 
ठगती भोले 'बंधु' को, मतलब की मुस्कान।।

दीनानाथ 'अशंक' नारी में देवियों का दिव्य दर्शन करते हैं- 

नारी के प्रति आर्यजन, रखते भाव अनूप। 
गिनते उसको शारदा; शक्ति रमा का रूप।।

'श्याम सतसई' के रचनाकार तुलसीराम शर्मा 'दिनेश' (जन्म सं. १५५३) नारी की श्रेष्ठता प्रतिपादित करते हुए उसे नर से श्रेष्ठ तथा प्रकृति को पतिव्रता बताते हैं -

माधव के उर में यदपि, बसते दीनानाथ।                                                    
राधा उर को देखिए, बसते दीनानाथ।। 

नहीं प्रकृति सी पतिव्रता, जग में नारी अन्य। 
मूक-पंगु पति की सदा, करती टहल अनन्य।।

बुंदेलखंड के श्रेष्ठ उपन्यासकार, चित्रकार और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अंबिका प्रसाद वर्मा 'दिव्य' (१६ मार्च १९०७-५ सितंबर १९८६) ने 'दिव्या दोहावली में चित्रों पर आधारित दोहे लिखकर कीर्तिमान स्थापित किया। नारी के नयनों को चाँद कहें या सूर्य? यह प्रश्न दिव्या जी का दोहा पूछ रहा है- 

का कहिए इन दृगन कौं, कै चंदा कै भानु। 
सौहैं ये शीतल लगें, पीछे होंय कृशानु।।

अलंकारों, उपमाओं और बिम्बों से सज्जित और समृद्ध दिव्या जी के बुंदेली में रचित दोहों में नारी की प्रकृति और स्वाभाव को संकेतों के माध्यम से केंद्र में रखा गया है। ननद - भौजाई के मधु संबंध पर रचित एक दोहे में दिव्य जी कहते हैं- 

परभृत कारे कान्ह की, भगिनी लगे सतभाइ। 
ननद हमारी कुहिलिया, कस न हमें तिनगाइ।।

रामेश्वर शुक्ल 'करुण' श्रमजीवी नारी की विपन्नता और आधुनिक की दिशाहीनता को दो दोहों के माध्यम से सामने लाते हैं -

कृषक वधूटीं की दशा, को करि सकै बखान। 
जाल निवारन हेतु जो, नहिं पातीं परिधान।।

धन्य पश्चिम सुंदरी, मोहनि मूरति-रूप। 
नहिं आकर्षे काहि तव, मोहक रूप अनूप।।

मध्य भारत के दीवान बहादुर चंद्र भानु सिंह 'रज' बृज-अवधी मिश्रित भाषा में लिखी गयी 'प्रेम सतसई' में नारी की महिमा का बखान कई दोहों में करते हैं। वे भी श्याम के पहले राधा की वंदना करते हैं। रज नारी का अपमान करनेवालों को चेताते हुए कहते हैं-

अरे बावरे! ध्यान दे, मति करि तिय अपमान। 
सति सावित्री जानकी, 'रज' नारी धौं आन।।

संबु राम नहिं करि सके, नहिं पाई निज तीय। 
'रस' सोइ नारी स्वर्ग तेन, लिए फेरि निज पीय।।

६३८४ दोहों के रचयिता किशोर चंद्र 'कपूर' (जन्म सं. १९५६, कानपुर) नारी को माया मानकर उसके प्रभाव को स्वीकार करते हैं- 

माया से बचता नहीं, निर्धन अरु धनवान। 
साधु संत छूटत नहीं, माया बड़ी महान।।  

नावक के तीर तथा उग आई फिर दूब दोहा सतसई सहित १४ कृतियों के रचयिता हरदोई में अनंत चतुर्दशी सं. २०१३ को जन्मे, विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर दिवय नर्मदा हिंदी रत्न अलंकरण से अलंकृत डॉ. अनंतराम मिश्र 'अनंत' वर्षा, पूनम, शरद शाम आदि को नारी से जोड़कर सामयिक संदर्भों के अर्थगर्भित दोहे कहने में सिद्धहस्त हैं। वे नारी के अवदान को संजीवनी कहते हैं -

जब-जब मैं मूर्छित हुआ, लड़कर जीवन युद्ध। 
दे चुंबन संजीवनी, तुमने किया प्रबुद्ध।। ५ 
 
नारी को प्रेरणा शक्ति के रूप में देखते हैं अनंत जी-

ओठों पर मुक्तक लिखूँ, लिखूँ वक्ष पर छंद।
आँखों पर ग़ज़लें लिखूँ, गति पर मत्तगयंद।। ६  

अभियंता कवि चन्द्रसेन 'विराट'  (३-१२-१९३६-१५-११-२०१८) अभिनव और मौलिक बिम्ब-विधान तथा नवीन उपमाओं के लिए जाने जाते रहे हैं।  गीतों (१२), ग़ज़लों (१०), मुक्तक (३) तथा दोहों (३) के संकलनों के माध्यम से कालजयी साहित्य रचनेवाले विराट ने नारी को केंद्र में रखकर शताधिक दोहे कहे हैं। आधुनिकता के नाम पर सौंदर्य प्रतियोगिताओं में होते नारी शोषण के विरुद्ध आवाज़ उठाते हुए विराट कहते हैं- 

स्पर्धाएँ सौंदर्य की, रूपाओं की हाट। 
धनकुबेर को लग गयी, सुंदरता की चाट।।

नारी शोषण के विरुद्ध दोहे लिखने में विराट जी संकेतों में सत्य को इस तरह उद्घाटित करते हैं कि पाठक के मन तक बात पहुँचे -

ठकुराइन मइके गई, पकी न घर में दाल। 
घर की मुर्गी रामकली, उसको किया हलाल।।७ 

हरियाणा के राज्य कवि उदयभानु 'हंस' (२-८-१९२६-२६-२-२०१९) नारी के जीवन में औरों के हस्तक्षेप को कठपुतली के माध्यम से इंगित करते हैं-

कठपुतली के नाच पर, सब हैं भाव विभोर। 
नहीं पता नेपथ्य में, कौन हिलता डोर।।८

स्वामी श्यामानन्द सरस्वती 'रौशन'  (जन्म २६-११-१९२०) नारी के दो रूपों 'बेटी' और 'बहू' को केंद्र में रखकर एक मर्मस्पर्शी और मार्गदर्शी दोहा कहते हैं- 

बेटी जैसी बहू है, इसका रखें विचार। 
बहू बने बेटी सरिस, सुखी बसे परिवार।।९

विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर द्वारा पुरस्कृत के नर्मदांचल के वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य भगवत दुबे नारी उत्पीड़न के प्रमुख कारण दहेज की कुप्रथा पर आघात करते हुए लिखते हैं-

सगुणपंछीयों को रहे, उल्लू-गिद्ध खदेड़। 
क्वाँरी बुलबुल हो रही, दौलत अधेड़।।१०  

परिणय प्रसंग में नारी की भूमिका को लेकर आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' अपनी बात कुछ व्यंजना और हास्य मिलाकर भिन्न दृष्टिकोण से सामने रखते हैं।  यहाँ 'वरदान' में श्लेष का प्रयोग दृष्टव्य है। 

नारी के दो-दो जगत, वह दोनों की शान।  
पाती है वरदान वह, जब हो कन्यादान।। 

दल-बल सह जा दान ले, भिक्षुक नर हो दीन। 
नारी बनती स्वामिनी, बजा चैन से बीन।। 

दो-दो मात्रा अधिक है, नारी नर से जान। 
कुशल चाहता तो कभी, बैर न उससे ठान।।११ 

डॉ. किशोर काबरा कबीर की उलटबाँसी शैली का प्रयोग करते हुए व्यंजना में कहते हैं कि नारी द्वारा तिरस्कृत नर का उद्धार संभव नहीं-

कलियुग में श्री राम का, कैसे हो परित्राण। 
स्पर्श अहल्या का मिला, राम हुए पाषाण।।१२  

कल्पना रामानी नारी को अन्नपूर्णा कहते हुए उसकी बचत करने की प्रवृत्ति को सामने लाती हैं -

अन्नपूर्णा है सदा, जब भी पड़े अकाल। 
संचित दानों से करे, नारी सदा कमाल।।१२ 

सीता को प्रतीक बनाकर नारी पर दोषारोपण की सामाजिक कुप्रवृत्ति पर आघात करते हैं कृष्णस्वरूप शर्मा 'मैथिलेन्द्र'। सीता को मिले वनवास को न रोक पाने की आत्मग्लानि से श्री राम जलसमाधि लेकर जीवनांत कर लेते हैं -

सीताजी को त्यागकर, पछताए प्रभु खूब। 
खिन्न हुए इस ग्लानि से, गए नदी में डूब।। १३  

दुर्गावती, चाँदबीबी, लक्ष्मीबाई, अवंतीबाई, चेन्नमा आदि नारी आदि ने देश की स्वतंत्रता के लिए जान की बाजी लगाने में कोई संकोच नहीं किया। कस्तूरबा गाँधी, सरोजिनी नायडू, सुभद्रा कुमारी चौहान आदि ने स्वतंत्रता सत्याग्रह में महती भूमिका निभाई। नागार्जुन इन नारी रत्नों को कायल की उपमा देते हुए एक दोहा कहकर नूके अवदान को नमन करते हैं- 

जली ठूंठ पर बैठकर, गयी कोकिला कूक। 
बाल न बाँका कर सकी, शासन की बंदूक।।१४ 

नारी विवाह पश्चात् ससुराल आ जाती है तो सावन में भाई का स्मरण होना और न मिल पाने की विवशता, उसे व्यथित करती ही है। आर. सी.शर्मा 'आरसी' नारी-वेदना के इस पक्ष को सामने लाते हैं- 

सावन बरसे आँख से, ब्याही कितनी दूर। 
बाबुल भी मजबूर थे, मैं भी हूँ मजबूर।। 

डॉ. शैल रस्तोगी (जन्म १-९-१९२७) नारी जीवन के दो पक्षों को दो दोहों के माध्यम से सामने लाती हैं -

पत्नी, माँ, बेटी, बहिन, भौजी, ननदी, सास। 
एक ज़िंदगी में जिए, नारी सौ अहसास।।

बहुएँ बड़बोली हुईं, सासें दिन-दिन मौन। 
उलटी गंगा बाह रही, घर को बाँधे कौन।।  

डॉ. देवेंद्र शर्मा 'इंद्र' (१.४.१९३४-२०१९) संतानों के अन्यत्र जा बसने से उपजी विसंगति को इंगित करते हुए कहते हैं - 

बीबी-बच्चे संग ले, शहर जा बसा पूत। 
बूढ़ी आँखें सांझ से, घर में देखें भूत।। 

नर्मदांचल के ख्यात साहित्यकार माणिक वर्मा (जन्म २५.१२.१९३८) अत्याधुनिकता की चाह में शालीनता-त्याग की कुप्रवृत्ति को इंगित करते हुए कहते हैं -

कटि जंघा पिंडलि कमर, दिया वक्ष भी खोल। 
और कहाँ तक सभ्यता, बदला लेगी बोल।।

मधुकर अष्ठाना (२७.१०.१९३९) निरंतर बढ़ते यौन अपराधों पर अपनी चिंता व्यक्त करते हैं -

नाबालिग से रेप क्यों, पतित हुआ यूँ देश। 
हैवानों ने धार लिया, इंसानों का वेश।।

नारी विमर्श की बात स्थूल रूप से न कर, धूप, चाँदनी, आकाश, धुएँ और बाज चिड़िया, खेत के माध्यम से करते हैं डॉ. कुँवर बेचैन (१.७.१९४२-२९.४.२०२१) -

धूप साँवली हो गयी, हुई चाँदनी शाम। 
जब से यह सारा गगन, हुआ धुएँ के नाम।।

फँस चंगुल में बाज के, चिड़िया हुई अचेत। 
खड़ा देखता रह गया, हरी चरी का खेत।।  

डॉ. राधेश्याम शुक्ल (२६.१०.१९४२) इस चलभाष काल में बिसराई जा चुकी चिट्ठी को नारी से जोड़ते हुए कहते हैं-

औरत चिट्ठी दर्द की, जिस पर पैट मुकाम। 
फेंक गया है डाकिया, पत्थरवाले गाम।।

दिनेश शुक्ल (१-१-१९४३) तमाम बाधाओं के बावजूद आगे बढ़ते रहने के नारी के हौसले को सलाम करते हैं -

गाँठ लगी धोती फ़टी, सौ थिगड़े पैबंद।  
लड़की बुनती रात दिन, मुस्कानों के छंद।।

सूर्यदेव पाठक 'पराग' (२३-७-१९४३) नारी को नर की शक्ति कहते हैं - 

नारी नर की शक्ति है, वही प्रेरणापुंज। 
जीवन रेगिस्तान में, सुंदर कुसुमित कुञ्ज।। 
 
डॉ. रमा सिंह (१७.१०.१९४५) नारी के स्वाभिमान की रक्षा को महत्वपूर्ण मानती हैं -

अम्मा की आँखें मुझे, सदा दिलातीं याद। 
कमज़र्फों के सामने, मत करना फरियाद।। 

डॉ. मिथलेश दीक्षित (१-९-१९४६) नारी के दो रूपों की दो चरित्रों के माध्यम से चर्चा करते हुए युगीन विसंगति को इंगित करती हैं-

शूर्पणखा की धूम है, रही जानकी चीख। 
झूठ कार में घूमता, सत्य माँगता भीख।। 

हिंदी के कालजयी छंद दोहा ने हर देश-काल में नारी की अस्मिता का सम्मान कर, उसके अधिकारों के बात की है, शौर्य का गुणगान किया है और पथ भटकी नारियों को सत्परामर्श देकर मार्ग दर्शन भी किया है। हिंदी के प्रतिष्ठित और नवोदित सभी दोहाकारों ने नारी को केंद्र में लेकर दोहे रचे हैं। आदि काल में देवी वंदना, वीरगाथा काल में वीरांगना प्रशस्ति, भक्ति काल में आत्मा-परमात्मा, रीति काल में श्रृंगार और नायिका वर्णन, आधुनिक काल में समसामयिक सामाजिक विसंगतियों के नारी पर प्रभाव को दोहे ने हमेशा ही ह्रदय में बसाया है। एक लेख में यह सब कुछ समेटा नहीं जा सकता। नारी सृष्टि का अर्धांग ही नहीं जननी भी है। नर और नारी एक-दूसरे के पूरक हैं। मैंने एक दोहे के माध्यम से नर-नारी की सहभागिता और समन्वय को इंगित किया है -

यह उसका रहमान है, वह इसकी रसखान। 
उसमें इसकी जान है, इसमें उसकी जान।।
***
संदर्भ -           
१. अनंतराम मिश्र 'अनंत', नावक के तीर। 
२. दोहा-दोहा नर्मदा, संपादक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
३. हिंदी दोहा सार, सम्पादक बरजोर सिंह 'सरल', 
४. रामचरित मानस, गोस्वामी तुलसीदास
५. नावक के तीर, डॉ. अनंतराम मिश्र 'अनंत'
६. उग आयी फिर दूब, डॉ. अनंतराम मिश्र 'अनंत'
७. चुटकी-चुटकी चाँदनी - चन्द्रसेन 'विराट' 
८. दोहा सप्तशती - उदयभानु हंस 
९. होते ही अंतर्मुखी - श्यामानंद सरस्वती 'रौशन'
१०. शब्दों के संवाद - आचार्य भगवत दुबे
११. दिव्यनर्मदा.इन / दोहा सलिला - आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' 
१२. बाबूजी का भारत मित्र, दोहा विशेषांक - संपादक रघुविंदर यादव 
१३. स्वरूप सहस्रसई - कृष्णस्वरूप शर्मा 'मैथिलेन्द्र'
१४. समकालीन दोहा कक्ष - संपादक हरेराम 'समीप'
संपर्क - आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, चलभाष ९४२५१८३२४४   


नारी के दो-दो जगत, वह दोनों की शान. 
पाती है वरदान वह, जब हो कन्यादान.
.
नारी को माँगे बिना, मिल जाता नर-दास.
कुल-वधु ले नर दान में, सहता जग-उपहास.
.
दल-बल सह जा दान ले, भिक्षुक नर हो दीन.
नारी बनती स्वामिनी, बजा चैन से बीन.
.
चीन्ह-चीन्ह आदेश दे, हक लेती है छीन. 
समता कर सकता न नर, कोशिश नाहक कीन.
.
दो-दो मात्रा अधिक है, नारी नर से जान.
कुशल चाहता तो कभी, बैर न उससे ठान.
.
यह उसका रहमान है, वह इसकी रसखान.
उसमें इसकी जान है, इसमें उसकी जान.

सॉनेट, आलोक श्रीवास्तव, दोहा, राधेश्याम बंधु, गीत, मुक्तिका, लघुकथा, छंद बरवै, छंद नंदा दोहा, रोहिताश्व अस्थाना

सॉनेट
हम
हम अपने ही दुश्मन क्यों हैं?
कहें भला पर बुरा कर रहे।
आत्मनाश से नहीं डर रहे।।
बिना काम के कंचन क्यों हैं?

बिना नींव, प्रासाद बनाते।
कह विकास करते विनाश हम।
तम फैलाते कालांश हम।।
अपनों की बलि, बली चढ़ाते।

अहं-दंभ की सुरा पी रहे।
शंका भय के साथ जी रहे।
नाश-यज्ञ दुष्कर्म घी रहे।।

वन पर्वत सलिलाएँ सिसकें।
करें अनसुनी मनुज न हिचकें।
हाय विधाता! कहीं तो रुकें।।
•••
कृति चर्चा:
‘बाँसुरी विस्मित है’ हिंदी गज़ल की नई भंगिमा
- आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’
*
[कृति विवरण: बाँसुरी विस्मित है, हिंदी ग़ज़ल / मुक्तिका संग्रह, डॉ. रोहिताश्व अस्थाना, द्वितीय संस्करण, २०११, पृष्ठ ७०, मूल्य १००/-, आवरण एकरंगी, पेपरबैक, सहयोगी साहित्यकार प्रकाशन, निकट बावन चुंगी चौराहा हरदोई २४१००१, रचनाकार संपर्क: चलभाष ०५८५२ २३२३९२]
*
‘बाँसुरी विस्मित है’ हिंदी ग़ज़ल या मुक्तिका विधा के शिखर हस्ताक्षर डॉ. रोहिताश्व अस्थाना रचित ५४ मुक्तिकाओं का पठनीय संकलन है. अस्थाना जी हिंदी ग़ज़ल पर प्रथम शोधकार, हिंदी गजल के ७ सामूहिक संकलनों के संपादक तथा सुधी समीक्षक के रूप में बहुचर्चित तथा बहुप्रशंसित रहे हैं. साफ़-सुथरी, सहज-सरल भाषा शैली, मानवीय मनोभावनाओं का सटीक-सूक्ष्म विश्लेषण, लाक्षणिकता तथा व्यंजनात्मकता का सम्यक मिश्रण तथा आम आदमी के दर्द-हर्ष का संवेदनापूर्ण शब्दांकन inमुक्तिकाओं में है. ख्यात हिंदी गज़लकार डॉ. कुंवर बेचैन के शब्दों में- ‘साफ़-सथरी बहारों में कही/लिखी in ग़ज़लों ने भाषा का अपना एक अलग मुहावरा पकड़ा है. प्रतीक और बिम्बों की झलक में कवि का मंतव्य देखा जा सकता है. उनकी ग़ज़लों में अनुभवों का पक्कापन दिखाई देता है.
सनाकलं की पहली गजल हिंदी ग़ज़ल को परिभाषित करते हुए तमाम विवादों का पटाक्षेप कर स्वस्थ परिभाषा का संकेत करती है. १९ मात्रिक महापौराणिक जातीय छंद (बहर- ‘रमल मुसद्दस महफूज़’) में लिखी गई यह ग़ज़ल डॉ. अस्थाना के विश्वास की साक्षी है कि हिंदी ग़ज़ल का भविष्य उज्जवल है-
दर्द का इतिहास है हिंदी ग़ज़ल
एक शाश्वत प्यास ही हिंदी ग़ज़ल
प्रेम मदिरा रूप की बातों भरी
अब नहीं बकवास है हिंदी गजल
आदमी के साथ नंगे पाँव ही
ढो रही संत्रास है हिंदी ग़ज़ल
आदमी की जिंदगी का आइना
पेश करती ख़ास है हिंदी ग़ज़ल
२६ मात्रिक महाभागवत जातीय गीतिका छंद (बह्र- रमल महजूफ़ मुसम्मन) में रची गयी ग़ज़ल ज़िंदगी के दिन-ब-दिन मुश्किल होते जाते हालात बयान करती है-
प्यास का पर्याय बनकर रह गयी है ज़िन्दगी
कस कदर असहाय बनकर रह गयी है जिंदगी
दे न पायेगी तुम्हें सुविधाओं का ये दूध अब
एक बूढ़ी गाय बनकर गयी है जिंदगी
सभ्यता के नाम पर क्या गाँव से आए शहर
एक प्याला चाय बनकर रह गयी है ज़िन्दगी
धूम्र का अजगर निगलता जा रहा है बस्तियां
धुंध सीलन हाय बनकर रह गयी है जिंदगी
दर्द उत्पीडन रुदन जैसे पड़ावों से गुजर
काफिला निरुपाय बनकर रह गयी है जिंदगी
१९९७ में लिखी गई यह ग़ज़ल जिन पर्यावरणीय समस्याओं को सामने लाती हैं वे तब उतनी भीषण नहीं थीं किंतु कवि भविष्यदर्शी होता है. आज से लगभग २० पूर्व लिखी गई रचना अधिक प्रासंगिक और समीचीन है.
शहर और गाँव के बीच बढ़ती खाई और आम आदमी की अधिक से अधिक दुश्वार होती ज़िन्दगी की नब्ज़ पर गजलकार की नजर है-
इस कदर फैला हवाओं में ज़हर है
धुंध में डूबा हुआ सारा शहर है
हैं पडीं चुपचाप सड़कें वैश्या सी
कुंओं पर ढा रहा हर पल कहर है
झोपडी-झुग्गी उजड़कर रह गयी
शहर में आई तरक्की की लहर है
(त्रैलोक जातीय छंद, बह्र रमल मुसद्दस सालिम)
गज़ल-दर-ग़ज़ल उसकी बह्र का उल्लेख करनेवाले डॉ. अस्थाना ग़ज़लों के छंदों का भी उल्लेख कर देते तो सोने में सुहागा होगा किंतु उनहोंने यह कार्य शोधकारों पर छोड़ दिया है. बह्र के नाम देने से रचनाओं की ग़ज़लपरक शास्त्रीयता तो प्रमाणित होती है किंतु छंद का नाम छूट जाने से हिंदी छंद सम्मतता सिद्ध नहीं हो पाई है.
अस्थाना जी शिक्षा कर्म से जुड़े और सामाजिक जीवन की विसंगतियों से भली-भाँति परिचित हैं. सम्माज में व्याप्त दहेज़ की कुप्रथाजनित दुष्प्रभाव को वे बहुत कोमलता से सामने रखते हैं-
‘कम है दहेज’ सब की जुबान पर ये बात है
भोली बहू के हाथ का कंगन उदास है
शिक्षा के शेत्र में ज्ञान पर उपाधि को वरीयता देने के दुष्प्रभाव और दुरभिसंधि के वे आजीवन साक्षी रहे हैं और इसीलिए पूछते हैं-
ज्ञान का स्वागत करें ताम को मिटाएँ
इस जरूरी काम पर किसकी नजर है?
आम आदमी के मंगल को भूलकर मंगल की खोज करने के फलसफे से असहमत रोहिताश्व जी बहुत सादगी और संजीदगी से कहते हैं-
मरते हैं लोग भूख से, वो देखते नहीं
झन्डा विजय का चाँद पर जो गाड़ने लगे
‘दिल मिले या न मिले हाथ मिलाए रहिए’ की दिखावटी सामाजिकता अस्थाना जी को मंजूर नहीं है. वे ऐसी झूठी सदाशयता को आइना दिखाते हुए पूछते हैं-
दिल न मिल पाएँ तो हम सीना मिलाकर क्या करें?
अपने चहरे पर नया चेहरा लगाकर क्या करें??
क्या मिला था हमको पहले फूँक दी थी झोपड़ी
आज फिर महलों की खातिर, घर जलाकर क्या करें?
चाँद सुख-सुविधाओं के लिए अपने सिद्धांतों को तिलांजलि देनेवालों से मुक्तिकाकार पूछता है-
एक दिना जाना सभी को है सिकन्दर की तरह
क्यों भला फिर आदमी नाचे है बन्दर की तरह?
और फिर विसंगतियों का पटाक्षेप कर सर्व सहमति की दिशा इंगित करते हैं डॉ. अस्थाना
आपमें सबके विचारों की नदी मिल जाएँगी
दिल को अपने कीजिए पहले समंदर की तरह
जन सामान्य को सहज ग्राह्य शब्दावली में बड़ी से बड़ी बात रख पाना उन्हीं के वश की बात है-
कुछ खुदा से डरो तो अच्छा है
बोलना कम करो तो अच्छा है
धुन में अपनी लगे-लगे यूँ ही
पीर सबकी हरो तो अच्छा है
मौन से मूर्ख कालिदास हुआ
अनुकरण तुम करो तो अच्छा है
देश के बड़बोले नेताओं को इससे अधिक साफ़-साफ़ और कौन सलाह दे सकता है?
दुष्यंत कुमार ने लिखा था- ‘पीर पर्वत हो गयी है अब पिघलनी चाहिए’ और डॉ. अस्थाना लिखते हैं-
पीर का पर्वत खड़ा उर पर
मरसिए के गान के दिन हैं
हड्डियों तक भर गयी जड़ता
चेतना-प्रस्थान के दिन हैं.
मर्मबेधी व्यंजनात्मकता का कमाल देखें-
कारोबार बड़े लोगों का
है संसार बड़े लोगों क
चोर-उचक्का ही होता है
पहरेदार बड़े लोगों का
परिवर्तन क़ानून में कर दें
हर अधिकार बड़े लोगों का
शब्द-बिम्बों के माध्यम से समाज में व्याप्त विद्रूपताओं और विसंगतियों को सामने लाकर डॉ. अस्थाना हिंदी ग़ज़ल को समय-साक्षी दस्तावेज बना देते हैं-
रूपा का रूप ले गया ग्रसकर कोई ग्रहण
पर पेट के प्रसंग सवालात हैं वही
नाराज़ हो गए हैं सभी दोस्त ‘रोहिताश्व’
सच बोलने के अपने तो आदात हैं वही
‘प्रेम मदिरा रूप की बातें भरी / अब नहीं बकवास है हिंदी ग़ज़ल’ कहने के बाद भी रोहिताश्व जी सात्विक श्रृंगार से हिंदी ग़ज़ल / मुक्तिका को सज्जित कर आल्हादित होते हैं-
फूलों का उपहार तुम्हारा
सबसे सुन्दर प्यार तुम्हारा
मुझे बहुत अच्छा लगत अहै
यह सोलह श्रृंगार तुम्हारा
मेरी ग़ज़लों पर जाने-मन
पहला है अधिकार तुम्हारा
मेरे जीवन में आ जाओ
मानूँगा आभार तुम्हारा
एक और बानगी देखें –
बैठकर मुस्का रही हो तुम
सच बहुत ही भा रही हो तुम
बाँसुरी विस्मित समर्पित सी
गीत मेरा गा रही हो तुम
एक अभिनव प्रेम का दर्शन
आँख से समझा रही हो तुम
एक अनबुझ आग पानी में
प्रिय! लगाए जा रही हो तुम
चाहते हैं भूलना जितना
याद उतना आ रही हो तुम
डॉ, अस्थाना शब्दों की सांझा विरासत में यकीन करते हैं. वे हिंदी-उर्दू ग़ज़ल को भिन्न तो मानते हैं किंतु इसका आधार ‘शब्द’ नहीं शिल्प को स्वीकारते हैं. उर्दू तक्तीअ के अनुसार वज़न देखें को वे उर्दू ग़ज़ल के लिए जरूरी मानते हैं तो हिंदी मात्रा गणना को हिंदी ग़ज़ल का आधार मानते हैं. हिंदी छंदों का प्रयोगकर हिंदी ग़ज़ल को नव आयाम दिए जाने का समर्थन करते हैं डॉ. अस्थाना किंतु स्वयं हिंदी पिंगल पर अधिकार न होने का हवाला देकर हिंदी बह्र के साथ छंद का उल्ल्लेख न करने का बचाव करते हैं.
डॉ. अस्थाना की कहाँ अपने आपमें एक मिसाल है. वे बहुत सादगी और सरलता से बात इस तरह कहते हैं जिसे समझने की कोशिश न करनी पड़े, पढ़ते या सुनते ही अपने आप समझ आ जाए.
बाँट दिया नाकाम प्यार मासूम खिलौनों में
उन हँसमुख चेहरों का तुम्हें सलाम लिख रहा हूँ
पीड़ा का इतिहास पढ़ा तो जान लिया मैंने
कोई मीरा पा न सकी घनश्याम लिख रहा हूँ.
*
चन्द्रमा की चांदनी हो तुम
पूर्णिमा की यामिनी हो तुम
पास मेरे इस तरह बैठो-
मेघ में ज्यों दामिनी हो तुम
*
दर्द का दरिया समन्दर हो गया
जब से कोइ दिल के अन्दर हो गया
गजल का वर्चस्व हिंदी में बढ़ा
क्योंकि उसका तल्ख़ तेवर हो गया
हिंदी ग़ज़ल के वर्चस्व का आधार ‘तल्ख़ तेवर’ को माननेवाल्व डॉ. रोहिताश्व अस्थाना उम्र के सात दशक पार करने, कई बीमारियों और पारिवारिक समस्याओं से दो-चार होने के बाद भी हिंदी ग़ज़ल, बाल साहित्य और समीक्षा के सरह नव रचनाकारों को संरक्षण देने के उपक्रम में जुटे हुए हैं. उनके पास महत्वपूर्ण पुस्तकों का संकलन है जिसे वे किसी शोधगार को सौपना कहते हैं ताकि उसका समुषित उपयोग और सुरक्षा हो सके. उनके महत्वपूर्ण कार्य का सम्यक मूल्यांकन अब तक नहीं हो सका है. जिस हिंदी ग़ज़ल की आधार शिला पर शोध की इमारत उन्होंने खादी की, उसी के नए दावेदार उनके अवदान का उल्लेख तक करने में संकुचाते हैं. शासन और समीक्षकों को अपनी वैचारिक संकीर्णता और बौनेपन से बाहर आकर उन्हें और उनके काम को सम्दृत कर अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए, अन्यथा समय उन्हें कटघरे में खड़ा करेगा है. डॉ. अस्थाना रहिंदी ग़ज़ल को मुक्तिका कहा जाना ‘गीतिका’ या अन्य नामों की तुलना में अधिक तार्किक मानते हैं.
३-३-२०१८
***
रसानंद दे छंद नर्मदा १८
बरवै (नंदा दोहा)
बरवै अर्ध सम मात्रिक छंद है जिसके विषम चरण (प्रथम, तृतीय) में बारह तथा सम चरण ( द्वितीय, चतुर्थ) में सात मात्राएँ रखने का विधान है। सम चरणों के अन्त में जगण (जभान = लघु गुरु लघु) या तगण (ताराज = गुरु गुरु लघु) होने से बरवै की मिठास बढ़ जाती है।
बरवै छंद के प्रणेता अकबर के नवरत्नों में से एक महाकवि अब्दुर्रहीम खानखाना 'रहीम' कहे जाते हैं। किंवदन्ती है कि रहीम का कोई सेवक अवकाश लेकर विवाह करने गया। वापिस आते समय उसकी विरहाकुल नवोढा पत्नी ने उसके मन में अपनी स्मृति बनाये रखने के लिए दो पंक्तियाँ लिखकर दीं। रहीम का साहित्य-प्रेम सर्व विदित था सो सेवक ने वे पंक्तियाँ रहीम को सुनायीं।सुनते ही रहीम चकित रह गये। पंक्तियों में उन्हें ज्ञात छंदों से अलग गति-यति का समायोजन था। सेवक को ईनाम देने के बाद रहीम ने पंक्ति पर गौर किया और मात्रा गणना कर उसे 'बरवै' नाम दिया। मूल पंक्ति में प्रथम चरण के अंत 'बिरवा' शब्द का प्रयोग होने से रहीम ने इसे बरवै कहा। रहीम के लगभग २२५ तथा तुलसी के ७० बरवै हैं। विषम चरण की बारह (भोजपुरी में बरवै) मात्रायें भी बरवै नाम का कारण कही जाती है। सम चरण के अंत में गुरु लघु (ताल या नन्द) होने से इसे 'नंदा' और दोहा की तरह दो पंक्ति और चार चरण होने से नंदा दोहा कहा गया। पहले बरवै की मूल पंक्तियाँ इस प्रकार है:
प्रेम-प्रीति कौ बिरवा, चले लगाइ।
सींचन की सुधि लीज्यौ, मुरझि न जाइ।।
रहीम ने इस छंद का प्रयोग कर 'बरवै नायिका भेद' नामक ग्रन्थ की रचना की। गोस्वामी तुलसीदास की कृति 'बरवै रामायण में इसी का प्रयोग किया गया है। भारतेंदु हरिश्चंद्र तथा जगन्नाथ प्रसाद 'रत्नाकर' आदि ने भी इसे अपनाया। उस समय बरवै रचना साहित्यिक कुशलता और प्रतिष्ठा का पर्याय था। दोहा की ही तरह दो पद, चार चरण तथा लय के लिए विख्यात छंद नंदा दोहा या बरवै लोक काव्य में प्रयुक्त होता रहा है। ( सन्दर्भ: डॉ. सुमन शर्मा, मेकलसुता, अंक ११, पृष्ठ २३२)
रहीम ने फ़ारसी में भी इस छंद का प्रयोग किया-
मीं गुज़रद ईं दिलरा, बेदिलदार।
इक-इक साअत हमचो, साल हज़ार।।
इस दिल पर यूँ बीती, हृदयविहीन!
पल-पल वर्ष सहस्त्र, हुई मैं दीन
बरवै को 'ध्रुव' तथा' कुरंग' नाम भी मिले। ( छ्न्दाचार्य ओमप्रकाश बरसैंया 'ओंकार', छंद-क्षीरधि' पृष्ठ ८८)
मात्रा बाँट-
बरवै के चरणों की मात्रा बाँट ८+४ तथा ४+३ है। छन्दार्णवकार भिखारीदास के अनुसार-
पहिलहि बारह कल करु, बहरहुँ सत्त।
यही बिधि छंद ध्रुवा रचु, उनीस मत्त।।
पहले बारह मात्रा, बाहर सात।
इस विधि छंद ध्रुवा रच, उन्निस मात्र।।
उदाहरण-
०१. वाम अंग शिव शोभित, शिवा उदार ।
SI SI II SII IS ISI
सरद सुवारिद में जनु, तड़ित बिहार ॥
III ISII S II III ISI
०२. चंपक हरवा अँग मिलि, अधिक सुहाय।
जानि परै सिय हियरे, जब कुम्हलाय।।
०३. गरब करहु रघुनन्दन, जनि मन मांह।
देखहु अपनी मूरति, सिय की छांह।। -तुलसीदास
०४. मन-मतंग वश रह जब, बिगड़ न काज।
बिन अंकुश विचलत जब, कुचल समाज।। -ओमप्रकाश बरसैंया 'ओंकार'
०५. 'सलिल' लगाये चन्दन, भज हरि नाम।
पण्डे ठगें जगत को, नित बेदाम।।
०६. हाय!, हलो!! अभिवादन, तनिक न नेह।
भटक शहर में भूले, अपना गेह।।
०७. पाँव पड़ें अफसर के, भूले बाप।
रोज पुण्य कह करते, छिपकर पाप।।
शन्नो अग्रवाल -
०८. उथल पुथल करे पेट, न पचे बात।
मंत्री को पचे नोट, बन सौगात।।
०९. चश्में बदले फिर भी, नहीं सुझात।
मन के चक्षु खोल तो, बनती बात।।
१०. गरीब के पेट नहीं, मारो लात।
कम पैसे से बिगड़े, हैं हालात।।
११. पैसे ठूंसे फिर भी, भरी न जेब।
हर दिन करते मंत्री, नये फरेब।।
१२. मैं हूँ छोटा सा कण, नश्वर गात।
परम ब्रह्म के आगे, नहीं बिसात।।
१३. महुए के फूलों का, पा आभास।
कागा उड़-उड़ आये, उनके पास।।
१४. अकल के खोले पाट, जो थे बंद।
आया तभी समझ में, बरवै छंद।
अजित गुप्ता-
१५. बारह मात्रा पहले, फिर लिख सात।
कठिन बहुत है लिख ले, मिलती मात।।
१६. कैसे पकडूँ इनको, भागे छात्र।
रचना आवे जिनको, रहते मात्र।।
***
लघु कथा-
बदलाव का मतलब
*
जन प्रतिनिधियों के भ्रष्टाचरण, लगातार बढ़ते कर और मँहगाई, संवेदनहीन प्रशासन ने जीवन दूभर कर दिया तो जनता जनार्दन ने अपने वज्रास्त्र का प्रयोग कर सत्ताधारी दल को चारों खाने चित्त कर वोपक्षवोपक्ष को सत्तासीन कर दिया।
अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में निरंतर पेट्रोल-डीजल की कीमत में गिरावट के बावजूद ईंधन के दाम न घटने, बीच सत्र में अहिनियमों के द्वारा परोक्ष कर वृद्धि और बजट में आम कर्मचारी को मजबूर कर सरकार द्वारा काटे और कम ब्याज पर लंबे समय तक उपयोग किये गये भविष्य निधि कोष पर करारोपण से ठगा अनुभव कर रहे मतदाता को समझ ही नहीं आया बदलाव का मतलब।
***
मुक्तिका:
*
जब भी होती है हव्वा बेघर
आदम रोता है मेरे भीतर
*
आरक्षण की फाँस बनी बंदूक
जले घोंसले, मरे विवश तीतर
*
बगुले तालाबों को दे धाढ़स
मार रहे मछली घुसकर भीतर
*
नहीं चेतना-चिंतन संसद में
बजट निचोड़े खूं थोपे जब कर
*
खुद के हाथ तमाचा गालों पर
मार रहे जनतंत्र अश्रु से तर
*
पीड़ा-लाश सियासत का औज़ार
शांति-कपोतों के कतरें नित पर
*
भक्षक के पहरे पर रक्षक दीन
तक्षक कुंडली मार बना अफसर
३-३-२०१६
***
नवगीत:
संजीव
.
समय न्यायाधीश की
लगती अदालत.
गीत!
हाज़िर हो.
.
लगा है इलज़ाम
तुम पर
गिरगिटों सा
बदलते हो रंग.
श्रुति-ऋचा
या अनुष्टुप बन
छेड़ डी थी
सरसता की जंग.
रूप धरकर
मन्त्र का
या श्लोक का
शून्य करते भंग.
काल की
बनकर कलम तुम
स्वार्थ को
करते रहे हो तंग.
भुलाई ना
क्यों सखावत?
गीत!
हाज़िर हो.
.
छेड़ते थे
जंग हँस
आक्रामकों
से तुम.
जान जाए
या बचे
करते न सुख
या गम.
जूझते थे
बूझते थे
मनुजता को
पूजते थे.
ढाल बनकर
देश की
दस दिशा में
घूमते थे.
मिटायी क्यों
हर अदावत?
गीत!
हाज़िर हो.
.
पराजित होकर
न हारे,
दैव को
ले आये द्वारे.
भक्ति सलिला
में नहाये
कर दिये
सब तम उजारे.
बने संबल
भीत जन का-
‘त्राहि’ दनु हर
हर पुकारे.
दलित से
लगकर गले तुम
सत्य का
बनते रहे भुजदंड .
अनय की
क्यों की मलामत?
गीत!
हाज़िर हो.
.
एक पल में
जिरह-बखतर
दूसरे पल
पहन चीवर.
योग के सँग
भोग अनुपम
रूप को
वरकर दिया वर.
नव रसों में
निमज्जित हो
हर असुन्दर
किया सुंदर.
हास की
बनकर फसल
कर्तव्य का ही
भुला बैठे संग?
नाश की वर
ली अलामत?
गीत!
हाज़िर हो.
.
श्रमित काया
खोज छाया,
लगी कहने-
‘जगत माया’.
मूर्ति में भी
अमूरत को
छिपा- देखा,
पूज पाया.
सँग सुन्दर के
वरा शिव
शिवा को
मस्तक नवाया.
आज का आधार
कल कर,
स्वप्न कल का
नव सजाया.
तंत्र जन का
क्यों नियामत?
गीत!
हाज़िर हो.
.
स्वप्न टूटा,
धैर्य छूटा.
सेवकों ने
देश लूटा.
दीनता का
प्रदर्शन ही -
प्रगतिवादी
बेल-बूटा.
छंद से हो तंग
कर रस-भंग
कविता गढ़ी
श्रोता मिला सोता.
हुआ मरकर
पुनर्जीवित
बोल कैसे
गीत-तोता?
छंद अब भी
क्यों सलामत?
गीत!
हाज़िर हो.
.
हो गये इल्जाम
पूरे? तो बतायें
शेष हों कुछ और
तो वे भी सुनायें.
मिले अनुमति अगर
तो मैं अधर खोलूँ.
बात पहले आप तोलूँ
बाद उसके असत्य बोलूँ
मैं न मैं था,
हूँ न होऊँ.
अश्रु पोछूं,
आस बोऊँ.
बात जन की
है न मन की
फ़िक्र की
जग या वतन की.
साथ थी हर-
दम सखावत
प्रीत!
हाज़िर हो.
.
नाम मुझको
मिले कितने,
काम मैंने
किये कितने.
याद हैं मुझको
न उतने-
कह रहा है
समय जितने.
छंद लय रस
बिम्ब साधन
साध्य मेरा
सत सुपावन
चित रखा है
शांत निश-दिन
दिया है आनंद
पल-छिन
इष्ट है परमार्थ
आ कह
नीत!
हाज़िर हो.
.
स्वयंभू जो
गढ़ें मानक,
हो न सकते
वे नियामक.
नर्मदा सा
बह रहा हूँ.
कुछ न खुद का
गह रहा हूँ.
लोक से ले
लोक को ही,
लोक को दे-
लोक का ही.
रहा खाली हाथ
रखा ऊँचा माथ,
सब रहें सानंद
वरें परमानन्द.
विवादों को भूल
रच नव
रीत!
हाज़िर हो.
.
***
कृति चर्चा :
‘नदियाँ क्यों चुप हैं?’ विसंगतियों पर आस्था का जयघोष
चर्चाकार: संजीव
[कृति विववरण: नदियाँ क्यों चुप हैं?, नवगीत संग्रह, राधेश्याम बंधु , आकार डिमाई, पृष्ठ ११२, मूल्य १५०/-, आवरण बहुरंगी सजिल्द जैकेटयुक्त, वर्ष २०११, कोणार्क प्रकाशन, बी ३/१६३ यमुना विहार दिल्ली ११००५३, संपर्क: ९८६८४४४६६६, rsbandhrsbandhu2@gmail.com]
.
दादी सी दुबली, गरीब हैं नदियाँ बहुत उदास
सबकी प्यास बुझातीं, उनकी कौन बुझाये प्यास?
.
जब सारा जल
जहर हो रहा नदियाँ क्यों चुप हैं?
.
उक्त २ उद्धरण श्रेष्ठ-ज्येष्ठ नवगीतकार राधेश्याम बंधु के चिन्तनपरक नवगीतों में अन्तर्निहित संतुलित, समन्वित, विचारधारा के संकेतक हैं कि उनकी सोच एकांगी नहीं है, वे विसंगति और विडम्बना के दोनों पक्षों का विचार कर नीर-क्षीर प्रवृत्ति परक नवगीत रचते हैं, उनका आग्रह ‘कला’ को साध्य मानने के प्रति कम तथा ‘कथ्य’ को साध्य मानने के प्रति अधिक है. वे नवगीत में छंद की अंतर्व्याप्ति के पक्षधर हैं. उनके अपने शब्दों में: ‘मनुष्य ने जब भी अपनी अन्तरंग अनुभूतियों की अनुगूंज अपने मन में सुननी चाही, तो उसे सदैव गीतात्मक प्रतीति की अनुगूंज ही सुनाई पड़ी. वहाँ विचार या विमर्श का कोई अस्तित्व नहीं होता. हम चाहे जितने आधुनिकता या उत्तर आधुनिकता के रंग में रंग जाएँ, हम अपने सांस्कृतिक परिवेश और लोकचेतना के सौन्दर्यबोध से कभी अलग नहीं हो सकते. इतिहास साक्षी है कि जब भी हर्ष, विषद या संघर्ष की अनुभूतियों को अभिव्यक्त करने की आवश्यकता हुई तो लयात्मक छान्दस कविता ही उसके लिये माध्यम बनी. आदि कवि बाल्मीकि से लेकर निराला तक के कविता के इतिहास पर यदि हम दृष्टि डालें तो हम पायेंगे कि इतने लम्बे कालखंड में छन्दस काव्य का ही सातत्य विद्यमान है. वह चाहे ऋचा हो या झूले का गीत हो.’
इस संग्रह के गीत कथ्य की दृष्टि से नवगीत (२७) तथा जनगीत (१५) में वर्गीकृत हैं किन्तु उनमें पर्यावरण के प्रति चिंता सर्वत्र दृष्टव्य है. प्रदूषण प्राकृतिक पर्यावरण में हो अथवा सामाजिक पर्यावरण में वह बंधु जी को क्लेश पहुँचाता है. इस संग्रह का वैशिष्ट्य एक पात्र को विविध रूपकों में ढाल कर उसके माध्यम से विसंगतियों और विडम्बनाओं का इंगित करना है. चाँदनी, नदी, आदि के माध्यम से कवि वह सब कहता है जो सामान्य जन अनुभव करते हैं पर अभिव्यक्त नहीं कर पाते:
यहाँ ‘नदी’ जलधार मात्र नहीं है, वह चेतना की संवाहक प्रतीक है, वह जीवन्तता की पर्याय है:
संसद की
राशन की नदियाँ
किस तहखाने में खो जाती?
.
प्यासी नदी
रेत पर तड़पे
अब तो बादल आ
.
कैसे दिन
आये रिश्तों की
नदिया सूख गयी.
.
पाषाणों
में भी हमने
नदिया की तरज जिया.
मानव जीवन में खुशहाली के लिये हरियाली और छाँव आवश्यक है:
फिर-फिर
जेठ तपेगा आँगन
हरियल पेड़ लगाये रखना
विश्वासों के
हरसिंगार की
शीतल छाँव बचाये रखना
बादल भी विसंगतियों का वाहक है:
राजा बन बादल जुलूस में
हठी पर आते
हाथ हिलाकर प्यासी जनता
को हैं बहलाते
.
फिर-फिर
तस्कर बादल आते
फिर भी प्यास नहीं बुझ पाती
.
जब बादल बदल गए तो चांदनी कैसे अपनी मर्यादा में रहे:
कभी उतर आँगन में
निशिगंधा चूमती
कभी खड़ी खिड़की पर
ननदी सी झाँकती
निराश न हों, कहते हैं आशा पर आकाश थमा है. कालिमा कितनी भी प्रबल क्यों न हो जाए चाँदनी अपनी धवलता से निर्मलता का प्रसार करेगी ही:
उतरेगी
दूधिया चाँदनी
खिड़की जरा खुली रहने दो
.
कठिनाई यह है कि बेचारी चाँदनी के लिये इंसान ने कहीं स्थान ही नहीं छोड़ा है:
पत्थर के
शहरों में अब तो
मिलती नहीं चाँदनी है
बातूनी
चंचल बंगलों में
दिखती नहीं चाँदनी है
.
इस जीवन शैली में किसी को किसी के लिये समय नहीं है और चाँदनी नाउम्मीद हुई जाती है:
लेटी है बेचैन चाँदनी
पर आँखों में नींद कहाँ?
आँखें जब रतजगा करें तो
सपनों की उम्मीद कहाँ?रिश्तों की
उलझी अलकें भी
कोई नहीं सँवार रहा
.
नाउम्मीदी तो किसी समस्या का हल हो नहीं सकती. कोशिश किये बिना कोई समाधान नहीं मिलता. इसलिए चाँदनी लगातार प्रयासरत रहती है:
रिश्तों की
उलझन को
सुलझाती चाँदनी
एकाकी
जीना क्या
समझाती चाँदनी
.
बंधु जी विसंगतियों का संकेतन स्पष्टता से करते हैं:
चाँदनी को
धूप मैं, कैसे कहूँ
वह भले ही तपन का अहसास दे?
.
नारी है
चाँदनी प्यार की
हर घर की मुस्कान
फिर भी
खोयी शकुंतला की
अब भी क्यों पहचान?
.
कम भले हो
तन का आयतन
प्यार का घनत्व कम न हो
.
अपनेपन की कोमल अनुभूति को समेटे कवि प्यार दो या न दो / प्यार से टेर लो, मौन / तुम्हारा इतना मादक / जब बोलोगे तब क्या होगा, धुप बनी / या छाँव बनो / हम तुम्हें खोज लेंगे, शब्दों / के पंख उड़ चले / चलो चलें सपनों के गाँव, चलो बचा लें / महुआवाले / रिश्तों का अहसास आदि में रूमानियत उड़ेलते हुए नवगीत को क्लिष्ट शब्दों और जटिल अनुभूतियों से भरनेवाले कला के पक्षधरों को अपनी सरलता-सहजता से निरुत्तरित करते हैं.
जनगीतों में बन्धु जी मनुष्य की अस्मिता के संरक्षण हेतु कलम चलाते हैं:
आदमी कुछ भी नहीं
फिर भी वतन की आन है
हर अँधेरी झोपड़ी का
वह स्वयं दिनमान है
जब पसीने की कलम से
वक्त खुद गीता लिखे
एक ग्वाला भी कभी
बनता स्वयं भगवान् है.
.
भारत में श्रम की प्रतिष्ठा तथा मूल्यांकन न होना पूँजी के असमान वितरण का कारण है. बंधु जी को श्रम ही अँधेरा मिटाकर उजाला करने में समर्थ प्रतीत होता है:
उगा
सूर्य श्रम का
अँधेरा मिटेगा
गयी धुंध दुःख की
उजाला हँसेगा
.
वे इंसान की प्रतिष्ठा भगवान से भी अधिक मानते हैं:
रहने दो इंसान
ही मुझे, मुझको मत देवता बनाओ.
नवगीतों में छंद को अनावश्यक माननेवाले संकीर्ण दृष्टि संपन्न अथवा छंद का पूर्णरूपेण पालन न कर सकनेवाले मूर्धन्यों को छोड़ दें तो नवगीत के प्रेमी इन नवगीतों का स्वागत मात्र नहीं करेंगे अपितु इनसे प्रेरणा भी ग्रहण करेंगे. अवतारी, महाभागवत आदि छंदों का प्रयोग करने में बंधु जी सिद्धहस्त हैं. वे शब्द चयन में प्रांजलता को वरीयता देते हैं, हिंदीतर शब्दों का प्रयोग न्यूनतम करते हैं. विवेच्य संकलन के नवगीत लोकमानस में अपना स्थान बनाने में समर्थ हैं, यही कवि का साध्य है.
३-३-२०१५
***
कृति चर्चा:
मानवीय जिजीविषा का जीवंत दस्तावेज ''मुझे जीना है''
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
(कृति विवरण: मुझे जीना है, उपन्यास, आलोक श्रीवास्तव, डिमाई आकार, बहुरंगी सजिल्द आवरण, पृष्ठ १८३, १३० रु., शिवांक प्रकाशन, नई दिल्ली)
*
विश्व की सभी भाषाओँ में गद्य साहित्य की सर्वाधिक लोकप्रिय विधा उपन्यास है. उपन्यास शब्द अपने जिस अर्थ में आज हमारे सामने आता है उस अर्थ में वह प्राचीन साहित्य में उपलब्ध नहीं है. वास्तव में अंगरेजी साहित्य की 'नोवेल' विधा हिंदी में 'उपन्यास' विधा की जन्मदाता है. उपन्यास जीवन की प्रतिकृति होता है. उपन्यास की कथावस्तु का आधार मानवजीवन और उसके क्रिया-कलाप ही होते हैं. आलोचकों ने उपन्यास के ६ तत्व कथावस्तु, पात्र, संवाद, वातावरण, शैली और उद्देश्य माने हैं. एक अंगरेजी समालोचक के अनुसार- 'आर्ट लाइज इन कन्सीलमेंट' अर्थात 'कला दुराव में है'. विवेच्य औपन्यासिक कृति 'मुझे जीना है' इस धारणा का इस अर्थ में खंडन करती है कि कथावस्तु का विकास पूरी तरह सहज-स्वाभाविक है.
खंडकाव्य पंचवटी में मैथिलीशरण गुप्त जी ने लिखा है:
'जितने कष्ट-कंटकों में है जिसका जीवन सुमन खिला,
गौरव गंध उन्हें उतना ही यत्र-तत्र-सर्वत्र मिला'.
उपन्यास के चरित नायक विजय पर उक्त पंक्तियाँ पूरी तरह चरितार्थ होती हैं। छोटे से गाँव के निम्न मध्यम खेतिहर परिवार के बच्चे के माता-पिता का बचपन में देहावसान, दो अनुजों का भार, ताऊ द्वारा छलपूर्वक मकान हथियाकर नौकरों की तरह रखने का प्रयास, उत्तम परीक्षा परिणाम पर प्रोत्साहन और सुविधा देने के स्थान पर अपने बच्चों को पिछड़ते देख ईर्ष्या के वशीभूत हो गाँव भेज पढ़ाई छुडवाने का प्रयास, शासकीय विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रोत्साहन, गाँव में दबंगों के षड्यंत्र, खेती की कठिनाइयाँ और कम आय, पुनः शहर लौटकर अंशकालिक व्यवसाय के साथ अध्ययन कर प्रशासनिक सेवा में चयन... उपन्यास का यह कथा क्रम पाठक को चलचित्र की तरह बांधे रखता है। उपन्यासकार ने इस आत्मकथात्मक औपन्यासिक कृति में आत्म-प्रशंसा से न केवल स्वयं को बचाया है अपितु बचपन में कुछ कुटेवों में पड़ने जैसे अप्रिय सच को निडरता और निस्संगता से स्वीकारा है।
शासकीय विद्यालयों की अनियमितताओं के किस्से आम हैं किन्तु ऐसे ही एक विद्यालय में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थी के प्रवेश देने के पूर्व उसकी योग्यता की परख किया जाना, अनुपस्थिति पर पड़ताल कर व्यक्तिगत कठिनाई होने पर न केवल मार्ग-दर्शन अपितु सक्रिय सहायता करना, यहाँ तक की आर्थिक कठिनाई दूर करने के लिए अंशकालिक नौकरी दिलवाना... इस सत्य के प्रमाण है की शिक्षक चाहे तो विद्यार्थी का जीवन बना सकता है. यह कृति हर शिक्षक और शिक्षक बनने के प्रशिक्षणार्थी को पढ़वाई जानी चाहिए ताकि उसे अपनी सामर्थ्य और दायित्व की प्रतीति हो सके. विपरीत परिस्थितियों और अभावों के बावजूद जीवन संघर्षों से जूझने और सफल होने का यह यह कथा-वृत्त हर हिम्मतहबाने वाले के लिए अंधे की लकड़ी हो सकता है. कृति में श्रेयत्व के साथ-साथ प्रेयत्व का उपस्थिति इसे आम उपन्यासों से अलग और अधिक प्रासंगिक बनाती है।
अपनी प्रथम कृति में जीवन के सत्यों को उद्घाटित करने का साहस विरलों में ही होता है. आलोक जी ने कैशोर्य में प्रेम-पकरण में पड़ने, बचपन में धूम्रपान जैसी घटनाओं को न छिपाकर अपनी सत्यप्रियता का परिचय दिया है। वर्तमान काल में यह प्रवृत्ति लुप्त होती जा रही है। मूल कथावस्तु के साथ प्रासंगिक कथावस्तु के रूप में शासकीय मोडल हाई स्कूल जबलपुर के शिक्षक और वातावरण, खलनायिकावत ताई, अत्यंत सहृदय और निस्वार्थी चिकित्सक डॉ. एस. बी. खरे, प्रेमिका राधिका, दबंग कालीचरण, दलित स्त्री लक्ष्मी द्वारा अपनी बेटी के साथ बलात्कार का मिथ्या आरोप, सहृदय ठाकुर जसवंत सिंह तथा पुलिस थानेदार द्वारा निष्पक्ष कार्यवाही आदि प्रसंग न केवल कथा को आगे बढ़ाते हैं अपितु पाठक को प्रेरणा भी देते हैं। सारतः उपन्यासकार समाज की बुराइयों का चित्रण करने के साथ-साथ घटती-मिटती अच्छाइयों को सामने लाकर बिना कहे यह कह पाता है की अँधेरे कितने भी घने हों उजालों को परस्त नहीं कर सकते।
उपन्यासकार के कला-कौशल का निकष कम से कम शब्दों में उपन्यास के चरित्रों को उभारने में है। इस उपन्यास में कहीं भी किसी भी चरित्र को न तो अनावश्यक महत्त्व मिला है, न ही किसी पात्र की उपेक्षा हुई है। शैल्पिक दृष्टि से उपन्यासकार ने चरित्र चित्रण की विश्लेषणात्मक पद्धति को अपनाया है तथा पात्रों की मानसिक-शारीरिक स्थितियों, परिवेश, वातावरण आदि का विश्लेषण स्वयं किया है। वर्तमान में नाटकीय पद्धति बेहतर मानी जाती है जिसमें उपन्यासकार नहीं घटनाक्रम, पत्रों की भाषा तथा उनका आचरण पाठक को यह सब जानकारी देता है। प्रथम कृति में शैल्पिक सहजता अपनाना स्वाभाविक है। उपन्यास में संवादों को विशेष महत्त्व नहीं मिला है। वातावरण चित्रण का महत्त्व उपन्यासकार ने समझा है और उसे पूरा महत्त्व दिया है।
औपन्यासिक कृतियों में लेखक का व्यक्तित्व नदी की अंतर्धारा की तरह घटनाक्रम में प्रवाहित होता है। इस सामाजिक समस्या-प्रधान उपन्यास में प्रेमचंद की तरह बुराई का चित्रण कर सुधारवादी दृष्टि को प्रमुखता दी गयी है। आजकल विसंतियों और विद्रूपताओं का अतिरेकी चित्रण कर स्वयं को पीड़ित और समाज को पतित दिखने का दौर होने पर भी आलोक जी ने नकारात्मता पर सकारात्मकता को वरीयता दी है। यह आत्मकथात्मक परिवृत्त तृतीय पुरुष में होने के कारन उपन्यासकार को चरित-नायक विजय में विलीन होते हुए भी यथावसर उससे पृथक होने की सुविधा मिली।
मुद्रण तकनीक सुलभ होने पर भी खर्चीली है. अतः किसी कृति को सिर्फ मनोरंजन के लिए छपवाना तकनीक और साधनों का दुरूपयोग ही होगा। उपन्यासकार सजगता के साथ इस कृति को रोचक बनाने के साथ-साथ समाजोपयोगी तथा प्रेरक बना सका है। आदर्शवादी होने का दम्भ किये बिना उपन्यास के अधिकांश चरित्र प्रेमिका राधिका, माडल हाई स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक, मित्र, ठाकुर जसवंत सिंह, पुलिस निरीक्षक, पुस्तक विक्रय केंद्र की संचालिका श्रीमती मनोरमा चौहान (स्व. सुभद्रा कुमारी चौहान की पुत्रवधु) आदि पात्र दैनंदिन जीवन में बिना कोई दावा या प्रचार किये आदेश का निर्वहन अपना दायित्व मानकर करते हैं। दूसरी ओर उच्चाधिकारी ताऊजी, उनकी पत्नी और बच्चे सर्व सुविधा होने पर भी आदर्श तो दूर अपने नैतिक-पारिवारिक दायित्व का भी निर्वहन नहीं करते और अपने दिवंगत भाई की संतानों को धोखा देकर उनके आवास पर न केवल काबिज हो जाते हैं अपितु उन्हें अध्ययन से विमुख कर नौकर बनाने और गाँव वापिस भेजने का षड्यंत्र करते हैं। यह दोनों प्रवृत्तियाँ समाज में आज भी कमोबेश हैं और हमेशा रहेंगी।
यथार्थवादी उपन्यासकार इमर्सन ने कहा है- ''मुझे महान दूरस्थ और काल्पनिक नहीं चाहिए, मैं साधारण का आलिंगन करता हूँ।'' आलोक जी संभवतः इमर्सन के इस विचार से सहमत हों। सारतः मुझे जीना है मानवीय जिजीविषा का जीवंत और सार्थक दस्तावेज है जो लुप्त होते मानव-मूल्यों के प्रति और मानवीय अस्मिता के प्रति आस्था जगाने में समर्थ है। उपन्यासकार अलोक श्रीवास्तव इस सार्थक कृति के सृजन हेतु बढ़ाई के पात्र हैं.
salil.sanjiv @gmail.com / divyanarmada.blogspot.in / 94251 83244. 0761- 2411131
***
दोहा की होली
*
दीवाली में दीप हो, होली रंग-गुलाल
दोहा है बहुरूपिया, शब्दों की जयमाल
*
जड़ को हँस चेतन करे, चेतन को संजीव
जिसको दोहा रंग दे, वह न रहे निर्जीव
*
दोहा की महिमा बड़ी, कीर्ति निरुपमा जान
दोहा कांतावत लगे, होली पर रसखान
*
प्रथम चरण होली जले, दूजे पूजें लोग
रँग-गुलाल है तीसरा, चौथा गुझिया-भोग
*
दोहा होली खेलता, ले पिचकारी शिल्प
बरसाता रस-रंग हँस, साक्षी है युग-कल्प
*
दोहा गुझिया, पपडिया, रास कबीरा फाग
दोहा ढोलक-मँजीरा, यारों का अनुराग
*
दोहा रच-गा, झूम सुन, होला-होली धन्य
दोहा सम दूजा नहीं. यह है छंद अनन्य
***
होलिकोत्सव २-३-२०१८

बुधवार, 2 मार्च 2022

सॉनेट

सॉनेट
प्रार्थना
सरस्वती जी सुमति दीजिए।
अंगुलियों पर रमें रमा माँ।
शिवा शक्ति दे कृपा कीजिए।।
विधि-हरि-हर हृदय सर्वदा।।

चित्र गुप्त मस्तक में बसिए।
गोद खिलाए धरती माता।
पिता गगन हो कभी न तजिए।।
पवन सखा सम शांति प्रदाता।।

आत्म दीप कर अग्नि प्रकाशित।
रहे जीव संजीव सलिल से।
मानवता हित रहें समर्पित।।
खिलें रहें हम शत शतदल से।।

कर जोड़ें, दस दिश प्रणाम कर।
सभी सुखी हों, सबका शुभ कर।।
२-३-२०२२
•••