कुल पेज दृश्य

बुधवार, 13 जुलाई 2016

lekh doha nasha mukti

विशेष लेख 

                                                 नशा: कारण और निवारण


                                                                                                                      आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
नशा क्या है-

           किसी सामान्य मनुष्य की मानसिक स्थिति को बदलकर  नींद या मदहोशी की हालत में ला देने वाले पदार्थ नारकॉटिक्स, ड्रग्स या नशा कहलाते है। मॉर्फिन, कोडेन, मेथाडोन, फेंटाइनाइल आदि नारकॉटिक्स चूर्ण (पाउडर), गोली (टैब्लेट) और सुई (इंजेक्शन) के रूप में मिलते हैं। ये मस्तिष्क और आसपास के ऊतकों (टिशू) को उत्तेजित करते हैं। किसी मरीज को दर्द से राहत दिलाने के लिए कभी-कभी चिकित्सक अल्प मात्रा में इनका उपयोग करते हैं। केवल मौज-मजे के लिए पारंपरिक नशे (ज़र्दा, बीड़ी, सिगरेट, चिलम, गाँजा, भाँग, चरस, गांजा, अफीम, छिपकली की पूँछ, शराब आदि), सिंथेटिक ड्रग्स (स्मैक, हीरोइन, आईस आदि), ब्राउन शुगर, सल्फ़ी,  मेडिकल नशा (मोमोटिल, कैरीसोमा, आयोडेक्स, कफ सिरप आदि), स्निफर्स (लिक्विड व्हाइट फ्लूड, पेट्रोल सूँघना, पंक्चर सेल्यूशन को सूँघना आदि) आदि का बार-बार उपयोग करना लत बनकर बेचैनी, पागलपन या मौत का कारण हो सकता है। 

। जो पदार्थ मदहोश कर, हर लेते हैं शक्ति। 
। उनका सेवन मत करें, रखिए सदा विरक्ति।।  
*
। बुद्धि-विवेक हरे नशा, ताकत लेता छीन। 
। पात्र हँसी का बनाता, मानव होता दीन
 
                                                                                                               
नशा करने का दुष्प्रभाव-

           नशा करने के बाद आँखें लाल होना, जबान तुतलाना, पसीना आना, अकारण गुस्सा आना या ख़ुशी होना, पैर लड़खड़ाना, शरीर टूटना, नींद-भूख कम होना, बेमतलब की बातें करना, घबराहट होना, उबासी आना, दस्त लगना, दौरे पड़ना  आदि दुष्प्रभाव दिखते हैं। 

। लाल आँख टूटे बदन, आता गुस्सा खूब
। बेमतलब बातें करें, मनुज नशे में डूब

नशा करनेवाले की पहचान-

           पैसों की बढ़ती माँग, पुराने दोस्त छोड़ कर नये दोस्त बनाना, अकेला रहने की कोशिश करना, घर में नई किस्म की दवाएं या खाली इंजेक्शन मिलना आदि से नशे की आदत का अनुमान लगाया जा सकता है। 

                                                      । धन चाहे, क्रोधित रहे, घबराए धन चाह 
                                                    ।। काली ऊँगली बताते, करता नशा तबाह। 

नशा करने का कारण-
  
           नशीला पदार्थ खून में जाते ही आदमी को खुशी और स्फूर्ति की अनुभूति कराता है। प्राय: लोग अन्य नशैलची की संगत में आकर दबाव या शौकवश नशा करने लगते हैं। मानसिक तनाव, अपमान, अभाव, प्रताड़ना, सजा, उपहास, द्वेष, बदला आदि स्थितियाँ नशा करने का कारण बन जाती हैं। नशे की प्रवृत्ति बढ़ने का मुख्य कारण नशीले पदार्थ का सुलभता से मिल जाना है। 

                                               । द्वेष, हानि, अपमान, दुःख, शौक नशे के मूल
                                                 ।।गन्दी संगत लत लगा, कर दे सोना धूल 


नशा करने में महिलायें पीछे नहीं- 

           हले सामान्यत: पुरुष ही नशा करते थे किन्तु अब लड़कियाँ और महिलाएँ भी पीछे नहीं हैं। पढ़ाई, नौकरी और उससे उपजे तनाव, खुद को आधुनिक दिखाने या बुरी संगत के कारण नशा करती महिला आसानी से दैहिक शोषण का शिकार बन जाती है। महिला का शरीर पुरुष के शरीर की तुलना में कोमल होता है। इसलिए नशा उसे अधिक हानि पहुँचाता है। महिला के नशा गर्भस्थ शिशु के मस्तिष्क तथा शरीर के विकास पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। भारत में महिलाएँ परिवार की मान-प्रतिष्ठा की प्रतीक मानी जाती हैं। महिला के नशा करने से परिवार की प्रतिष्ठा पर आघात पहुँचता है तथा बच्चे आसानी से नशे के आदी हो जाते हैं। न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसन में छपे शोध के अनुसार  धूम्रपान के कारण पुरुषों की ही तरह महिलाएं भी बड़ी संख्या में मर रही हैं।  सिगरेट का अधिक सेवन करने से वर्ष २००० से २०१० के बीच धूम्रपान करने वाली महिलाओं में फेफड़े के कैंसर से मौत की आशंका सामान्य लोगों की तुलना २५ गुना अधिक हो गई। शोध २० लाख से अधिक अमरीकी महिलाओं से एकत्र जानकारी पर आधारित है। 

। नशा शत्रु है नारियाँ, रहें हमेशा दूर
। काया घर परिवार की, रक्षा तभी हुजूर


 नशा नाश का दूत-

           नशा किसी भी प्रकार का हो, एक सामाजिक अभिशाप है। नशा करना और कराना अपराध है। कभी भी किसी भी कारण से धूम्रपान, सुरापान अथवा अन्य नशा न करें। नशा आरम्भ करने के बाद उसकी लत बढ़ती ही जाती है जिसे छोड़ना असम्भव न भी हो किन्तु बहुत कथन तो होता ही है। इसलिए बेहतर यही है कि नशा किया ही न जाए। नशा एक ऐसी बुराई है, जिससे इंसान समय से पहले ही मौत का शिकार हो जाता है । जहरीले नशीले पदार्थों के सेवन से व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक हानि पहुँचने के साथ ही सामाजिक वातावरण प्रदूषित होता है। अपनी और परिवार की सामाजिक तथा आर्थिक स्थिति को भारी नुकसान होता है । नशैलची व्यक्ति समाज में हेय की दृष्टि से देखा जाता है। वह परिवार के लिए बोझ हो जाता है।  समाज एवं राष्ट्र के लिये उसकी उपादेयता शून्य हो जाती है । वह नशे से अपराध की ओर अग्रसर होकर शांतिपूर्ण समाज के लिए अभिशाप बन जाता है । 

           आजकल बच्चे, किशोर, युवा, प्रौढ़, वयस्क वृद्ध सभी नशे की चपेट में हैं । इस अभिशाप से समय रहते मुक्ति पा लेने में ही मानव समाज की भलाई है । मादक प्रदार्थों के सेवन का प्रचलन किसी भी स्थिति में किसी भी सभ्य समाज के लिए वर्जनीय होना चाहिए। धूम्रपान स्वास्थ्य के लिए हानिकारक और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का कारण है। यह चेतावनी सभी तम्बाकू उत्पादों पर अनिवार्य रूप से लिखी होने और सभी को पता होने पर भी लोग इसका सेवन बहुत चाव से करते हैं । समाज में पनप रहे अपराधों का एक कारण नशा भी है। नशाखोरी में वृध्दि के साथ-साथ अपराधियों की संख्या में भी वृध्दि होती है। ध्रूमपान से  निकट के व्यक्ति को फेफड़ों में कैंसर और अन्य रोग हो सकते हैं। इसलिए न खुद धूम्रपान करें, न ही किसी को करने दें । कोकीन, चरस, अफीम जैसे उत्तेजक पदार्थों के प्रभाव में व्यक्ति अपराध कर बैठता है । इनके अधिक सेवन से व्यक्ति पागल या विक्षिप्त हो जाता है। तंबाखू के सेवन से तपेदिक, निमोनिया और सांस की बीमारियों सहित मुख, फेफड़े और गुर्दे में कैंसर, हृदय रोग और उच्च रक्तचाप हो जाता है। 


           शराब के सेवन से किडनी और लीवर खराब होते हैं, मुख में छाले पड़ सकते हैं या पेट का कैंसर हो सकता है । इससे अल्सर होता है, गले और पेट को जोड़ने वाली नली में सूजन आ जाती है और बाद में कैंसर भी हो सकता है । गांजा -भांग आदि पदार्थ मनुष्य के मस्तिष्क पर बुरा असर डालते हैं । देश का विकास उसके नागरिकों के स्वास्थ्य पर निर्भर करता है, लेकिन नशे की बुराई के कारण यदि मानव स्वास्थ्य खराब होगा तो देश का भी विकास नहीं हो सकता । नशा व्यक्ति को तन-मन-धन से खोखला कर देता है। इस बुराई को समाप्त करने के लिए शासन के साथ ही समाज के हर तबके को आगे आना होगा।  

। नशा नाश का दूत है, असमय लाता मौत
। हँसी-ख़ुशी-सुख छीन ले, लत श्वासों  की सौत 
*
।  धूम्रपान से फेफड़े, होते हैं कमजोर 
। कैंसर अतिशय कष्ट दे, काटे जीवन-डोर
*
। किडनी-लीवर का करे, सुरा-पान नुकसान
। तंबाकू-ज़र्दा नहीं, खाते हैं मतिमान
*
। स्मैक, चरस, कोकीन हैं, यम जैसे विकराल
। सेवन कर मत जाइये, आप काल के गाल
*


नशा रोकने के उपाय-

           शासन - प्रशासन मादक पदार्थों पर रोक लगाकर नशे से हो रही हानि को घटा सकता है। आजकल सरकारें दोमुँही नीति अपना रही हैं। एक ओर मद्यपान को समाप्त करना चाहती हैं, दूसरी ओर शराब की दुकानें नीलाम करती हैं। िासि तरह बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू के उत्पादों का उत्पादन बंद नहीं कर उन पर चेतावनी चाप कर अपने कर्तव्य की इतिश्री समझ लेती हैं। यह ठीक है कि मादक पदार्थों का उत्पादन और प्रयोग पूरी तरह से बंद कर देने से राजस्व का घाटा होगा किन्तु कोेे भी धनराशि मानव जीवन से अधिक मूल्यवान नहीं हो सकती। राजस्व का यह घाटा बीमारियों के कम होने से चिकित्सा, औषधि, शल्यक्रिया आदि पर संभावित व्यय में कमी तथा अन्य उपायों से पूरी की जा सकती है।  

           नशे की आदत लगने पर दृढ़ संकल्प, प्यार और अपने पण से छुड़ाई जा सकती है। नशैलची से घृणा कर दूर भागने के स्थान पर उसने अपनापन रखकर मित्र की तरह व्यवहार करें। उसे नशे से हानि के बारे में जानकारी दें। पढ़ाई या अन्य गृह कार्य का अत्यधिक बोझ न डालें। उसकी संगत का ध्यान रखें कि नशा करनेवाला अन्य साथी न मिल सके। उसे हल्के-फुल्के मन बहलाव के कार्य में व्यस्त रखें। नशा न करने के कारण हो रहे कष्ट को सहन करने और भूलने में उसकी सहायता करें। कई संस्थाएं भी इस दिशा में कार्य कर रही हैं। बहुधा व्यक्ति कुछ समय के लिए नशा छोड़ने के बाद फिर नशा करने लगता है। इसका एकमात्र उपाय दृढ़ संकल्प है।  

           प्रबंधों के बावजूद चोरी-छिपे मादक पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वालों के विरुद्ध कड़े कदम उठाकर उनकी  गिरफ्तारियाँ कर दण्ड दिया जा सके तो जा सके तो नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा। 

           नशे की लत घटाने और मिटाने का एक प्रभावी उपाय ग्राम्यांचलों में स्वस्थ्य मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराना है।  गाँव-गाँव में योग कक्षाएँ, व्यायाम शालाएँ, अखाड़े, वाचनालय, पुस्तकालय, कला तथा साहित्य की कार्यशालाएँ निरन्तर चलें तो आम जन निरंतर व्यस्त रहेंगे और नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लग सकेगा। ग्राम्य अंचलों की कलाओं को प्रोत्साहन देकर रामलीला, नौटंकी, आल्हा गायन, कजरी गायन, फाग गायन आदि की प्रतियोगिताएँ कर प्रशासन द्वारा पुरस्कृत  किया जाए तो इनकी तैयारी में व्यस्त रहने से आम लोगों में नशे की और उन्मुख होने का चाव घटेगा।   

। अपनापन संयम ख़ुशी, सरल - सुगम उपचार
। व्यस्त रखें खुद को सदा, पायें - बाँटें प्यार
*
। मादक तत्वों का नहीं, उत्पादन हो और
।शासन चेते नीतियाँ, बदले ला नव दौर
*
। अब न दुकानें मद्य की, खुलें, खुली हों बंद
।नीति आबकारी बदल, विहँस मिटायें गंद
*
।गाँजा भाँग अफीम का, जो करते व्यापार
। कड़ा दण्ड उनको मिले, जनगण करे पुकार
*
।पहले बीमारी बढ़ा,  फिर करना उपचार
।जनहितकारी राज्य में, क्यों शासन लाचार
*
।आय घटे राजस्व की, खोजें अन्य उपाय
।सुरा बेच मत कीजिए, जनता को लाचार
*
।ग्राम्य कला-साहित्य की, कक्षाएँ हों रोज
।योग और व्यायाम की, प्रतिभाएँ लें खोज
*
।कजरी आल्हा फाग का, गायन हो हर शाम
।नौटंकी मंचन करें, कोेेई न हो बेकाम
*****
नशा मुक्ति संदेश 

*
नशा दूत है मौत का 
नाम साँस की सौत का। 
छोड़, मिले जीवन नया 
जो न तजे मरघट गया। 
*
सुरा तमाखू स्मैक हैं, घातक तज दें आप
सेवन करना-कराना, है सर्वाधिक पाप
*
बीड़ी-सिगरेट मौत को, लाते असमय पास
भूले कभी न पीजिए, दूर रहे संत्रास
*
नशा नाश-पैगाम है, रहें नशे से दूर
जो नादां करता नशा, आँखे  रहते सूर
*****

samiksha

ॐ 

पुस्तक सलिला-

स्व. श्याम़ श्रीवास्तव गीत-नवगीत ‘यादों की नागफनी’
      आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’
[पुस्तक परिचय- यादों की नागफनी, गीत संग्रह, स्व. श्याम़ श्रीवास्तव, प्रथम संस्करण २०१६,  आकार २१.५ से.मी. x १४ से.मी., आवरण बहुरंगी पेपरबैक लेमिनेटेड, पृष्ठ ६२, मूल्य १५० रु., शैली प्रकाशन, २०सहज सदन, शुभम विहार, कस्तूरबा मार्ग, रतलाम, संपादन- डाॅ. सुमनलता श्रीवास्तव sumanshrivastava2003@yahoo.com ]  
      00000 

                    ‘यादों की नागफनी’सनातन सलिला नर्मदा के तट पर बसी संस्कारधानी जबलपुर के लाड़ले रचनाकार स्व. श्याम़ श्रीवास्तव की प्रतिनिधि रचनाओं का संकलन है जिसे उनके स्वजनों ने अथक प्रयास कर उनके ७५ वें जन्म दिवस पर प्रकाशित कर उनके सरस-सरल व्यक्तित्व को पुनः अपने बीच महसूसने का श्लाघ्य प्रयास किया। स्व. श्याम ने कभी खुद को कवि, गायक, गीतकार नहीं कहा या माना, वे तो अपनी अलमस्ती में लिखते - गाते रहे। आकाशवाणी ए ग्रेड कलाकार कहे या श्रोता उनके गीतों-नवगीतों पर वाह-वाह करें, उनके लिये रचनाकर्म हमेशा आत्मानंद प्राप्ति का माध्यम मा़त्र रहा। आत्म में परमात्म को तलाशता-महसूसता रचनाकार विधाओं और मानकों में बॅंधकर नहीं लिखता, उसके लिखे में कहाॅं-क्या बिना किसी प्रयास के आ गया यह उसके जाने के बाद देखा-परखा जाता है।

                    यादों की नागफनी में गीत-नवगीत, कविता तीेनों हैं। श्याम का अंदाज़े-बयाॅं अन्य समकालिकों से जुदा है- 

‘‘आकर अॅंधेरे घर में / चौंका दिया न तुमने
मुझको अकेले घर में / मौका दिया न तुमने
तुम दूर हो या पास /क्यों फर्क नहीं पड़ता?
मैं तुमको गा रहा हूॅं / हूॅंका दिया न तुमने

                    ‘जीवन इक कुरुक्षेत्र’ में श्याम खुद से ही संबोधित हैं- "जीवन / इक कुरुक्षेत्र है / मैं अकेला युद्ध लड़ रहा /अपने ही विरुद्ध लड़ रहा ......... शांति / अहिंसा क्षमा को त्याग / मुझमें मेरा बुद्ध लड़ रहा।"

                    यह बुद्ध आजीवन श्याम की ताकत भी रहा और कमजोरी भी। इसने उन्हें बड़े से बड़े आघात को चुपचाप सहने और बिल्कुल अपनों से मिले गरल को पीने में सक्षम बनांया तो अपने ‘स्व’ की अनदेखी करने की ओर प्रवृत्त किया। फलतः, जमाना ठगकर खुश होता रहा और श्याम ठगे जाकर। 

                    श्याम के नवगीत किसी मानक विधान के मोहताज नहीं रहे। आनुभूतिक संप्रेषण को वरीयता देते हुए श्याम ‘कविता कोख में’ शीर्षक नवगीत में संभवतः अपनी और अपने बहाने हर कवि की रचना प्रक्रिया का उल्लेख करते हैं। 

                    तुमने जब / समर्पण किया 
                    धरती आसमान मुझे / हर जगह क्षितिज लगे।
                    छुअन - छुअन मनसिज लगे। 
                    कविता आ गई कोख में।
                    वैचारिक लयता / उगी /मिटटी पगी
                    राग के बयानों की/भाषा जगी
                    छंद-छंद अलंकार- पोषित हुए
                    नव रसों को ले कूदी /चिंतन मृगी
                    सृष्टि का / अर्पण किया
                    जनपद की खान मुझे 
                    समकालिक क्षण खनिज लगे।
                    कथ्य उकेरे स्याहीसोख में।
                    कविता आ गई कोख में। 

                    श्याम के श्रृंगारपरक गीत सात्विकता के साथ-साथ सामीप्य की विरल अनुभूति कराते हैं। ‘नमाज़ी’शीर्षक नवगीत श्याम की अन्वेषी सोच का परिचायक है-

                    पूर्णिमा का चंद्रमा दिखा

                    विंध्याचल-सतपुड़ा से प्रण
                    पत्थरों से गोरे आचरण
                    नर्मदा का क्वांरापन नहा
                    खजुराहो हो गये हैं क्षण
                    सामने हो तुम कुरान सी
                    मैं नमाज़ी बिन पढ़ा-लिखा

                    ‘बना-ठना गाॅंव’ में श्याम की आंचलिक सौंदर्य से अभिभूत हैं। उरदीला गोदना, माथे की लट बाली, अकरी की वेणी, मक्का सी मुस्कान, टिकुली सा फूलचना, सरसों की चुनरिया, अमारी का गोटा, धानी किनार, जुन्नारी पैजना, तिली कम फूल जैसे कर्णफूल, अरहर की झालर आदि सर्वथा मौलिक प्रतीक अपनी मिसाल आप हैं। समूचा परिदृश्य श्रोता/पाठक की आॅंखों के सामने झूलने लगता है। 

                    गोरी सा / बना-ठना गाॅंव 

                    उरदीला गोदना गाॅंव।
                    माथे लट गेहूॅं की बाली
                    अकरी ने वेणी सी ढाली,
                    मक्का मुस्कान भोली-भाली 
                    टिकुली सा फूलचना गाॅंव।

                    सरसों की चूनरिया भारी
                    पल्लू में गोटा अमारी,
                    धानी-धानी रंग की किनारी 
                    जुन्नारी पैंजना गाॅंव।

                    तिली फूल करनफूल सोहे
                    अरहर की झालर मन मोहे,
                    मोती अजवाइन के पोहे।
                    लौंगों सा खिला धना गाॅंव।

                    श्रेष्ठ-ज्येष्ठ गीतकार स्व, शिवमंगल सिंह ‘सुमन’ ने श्याम की रचनाओं को ‘विदग्ध, विलोलित, विभिन्न आयामों से गुजरती हुई अनुभूति के विरल क्षणों को समेटने में समर्थ, पौराणिक संदर्भों के साथ-साथ नई उदभावनाओं को सॅंजोने में समर्थ तथा भावना की आॅंच में ढली भाषा से संपन्न‘’ ठीक ही कहा है। किसी रचनाकार के महाप्रस्थान के आठ वर्ष पश्चात भी उसके सृजन को केंद्र में रखकर सारस्वत अनुष्ठान होना ही इस बात का परिचायक है कि उसका रचनाकर्म जन-मन में पैठने की सामथ्र्य रखता है। स्व. रामेश्वर शुक्ल ‘अंचल’ के अनुसार ‘‘कवि का निश्छल सहज प्रसन्न मन अपनम कथ्य के प्रति आश्वस्त है और उसे अपनी निष्ठा पर विश्वास है। पुराने पौराणिक प्रतीकों की भक्ति तन्मयता को उसने अपनी रूपवर्णना और प्रमोक्तियों में नये रूप् में ढालकर उन्हें नयी अर्थवत्ता प्रदान की हैं।’’

                    श्याम के समकालीन चर्चित रचनाकारों सर्व श्री मोहन शशि, डाॅ. राजकुमार तिवारी ‘सुमित्र’, संजीव वर्मा ‘सलिल’ की शब्दांजलियों से समृद्ध और श्रीमती पुष्पलता श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, रचना खरे तथा सुमनलता श्रीवास्तव की भावांजलियों से रससिक्त हुआ यह संग्रह नयी पीढ़ी के नवगीतकारों ही नहीं तथाकथित समीक्षकों और पुरोधाओं को नर्मदांचल के प्रतिनिधि गीतकार श्याम श्रीवास्तव के अवदान सें परिचित कराने का सत्प्रयास है जिसके लिये शैली निगम तथा मोहित श्रीवास्तव वास्तव में साधुवाद के पात्र हैं। 

                    श्याम सामाजिक विसंगतियों पर आघात करने में भी पीछे नहीं हैं। "ये रामराजी किस्से / जनता की सुख-कथाएॅं / भूखे सुलाते बच्चों को / कब तलक सुनायें", "हम मुफलिस अपना पेट काट / पत्तल पर झरकर परस रहे", "गूँथी हुई पसीने से मजदूर की रोटी, पेट खाली लिये गीत गाता रहा" आदि अनेक रचनाएॅं इसकी साक्षी हैं।

                    तत्सम-तदभव शब्द प्रयोग की कला में कुशल श्याम श्रीवास्तव हिंदी, बुंदेली, उर्दू, अंग्रेजी के शब्दों को भाव-भंगिमाओं की टकसाल में ढालकर गीत, नवगीत, ग़ज़ल, कविता के खरे सिक्के लुटाते चले गये। समय आज ही नहीं, भविष्य में भी उनकी रचनाओं को दुहराकर आश्वस्ति की अनुभूति करता रहेगा।
.................................
संपर्क- समन्वयम, २०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, ९४२५१८३२४४ 
salil.sanjiv@gmail.com   
-----------------------

मंगलवार, 12 जुलाई 2016

व्यंग्य

व्यंग्य- 
हाय! हम न रूबी राय हुए  
- संजीव वर्मा 'सलिल'
*
                       रात अचानक नींद खुल गयी, उठ भी नहीं सकता था। श्रीमती जी की निद्रा भंग होने की आशंका और फिर अगले दिन ठीक से सो न पाने का उलाहना कौन सुनता? यह भी कि देर रात उठकर तीर भी कौन सा मार लेता? सो 'करवटें बदलते रहे सारी' न सही आधी 'रात हम'...  कसम किसकी? यह नहीं बता सकते.... 'श्रीमती जी की' कहा तो गुस्सा "क्यों असगुन कर रहे हो झूठ बोलकर" और किसी और का नाम लिया तो ज़लज़ला ही आ जायेगा सो "परदे में रहने दो पर्दा न उठाओ, पर्दा जो उठ गया तो" रूबी राय बन जाएगा। 

                       चालीस साल इंजीनियरी करने, सामाजिक-साहित्यिक संस्थाओं में सक्रिय रहने और कलम घिसाई करने, ५ पुस्तकें छपाने और सहस्त्रों रचनाएँ करने  के बाद बकौल श्रीमती जी "भाड़ झोंकने" के बाद भी दूरदर्शन पर अपने आपके निकट दर्शन कर पाने से वंचित रहा मैं, गत कई दिनों से छोटे पर्दे की एकछत्र साम्राज्ञी महामहिमामयी रूबी राय जी के कीर्तिमान के समक्ष नतमस्तक हो सोचने लगा 'क्यों न टॉपर बन गया?'
                       मैं ही नहीं, न जाने कितने और भी यही सोच रहे होंगे। जो समझदार हैं उन्होंने सोचा पूरा न सही, आधा ही सही कुछ तो हाथ आये। ऐसे समझदार जनसेवक दो खेमों में बँट गए। कुछ रूबी राय के विरोध में बोलकर-लिखकर सुर्ख़ियों में आ गए, शासन, प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन और छात्रों को पानी पीकर कोसने, अरे! नहीं, नहीं तब तो भीषण गर्मी और पानी का अकाल था, इसलिए बिना पानी पिए ही सबको कोस-कोसकर अख़बारों में छपे और दिन - दो दिन  की वाहवाही बटोरकर भुला दिए गए। कोसनेवालों के हाथ में दोष - दर्शन के अलावा कोई तर्क नहीं रहा, लोग उनसे मौखिक सहानुभूति जताकर धीरे से सरकने लगे चूँकि अपने गरेबां में झाँकते ही जान गए कि हमाम में सब नंगे हैं। मौका मिलने पर हाथ सेंकनेवाले भी कहाँ पीछे रहे? अपने चेहरे की झलक कैमरे में कैद होते ही सरक लिए। रूबी राय के कारण जो प्रथम आने की मनोकामना पूरी न कर सके थे, वे शुरू में खुश हुए किंतु खुलासे की आग में अपने भी हाथ जलते देख 'सबसे भली चुप्प' के नीति का अनुसरण करने लगे।बाकी रह गये वे जिन्हें मौक़ा ही नहीं मिला, ऐसे लोग मौके की तलाश में आगे आये किन्तु यह अहसास होते ही कि कल मौका देनेवाले उनसे दूर हो जायेंगे, पीठ दिखाकर भाग खड़े हुए। 

                       कुछ अधिक समझदार जननायक बनने की तैयारी कर आरंभ में मौन रहकर हालात का जायज़ा लेते रहे और फिर धीरे से समर्थन में आ खड़े हुए और मौखिक संवेदना जताने लगे। इनके तर्क अधिक दमदार हैं। भारत में हर गलत को सही सिद्ध करने का सर्वाधिक प्रभावशाली शस्त्र मानवाधिकार है। आतंकी सौ निर्दोषों को मार दे तो कोई बात नहीं, सेना या पुलिस आतंकी को मारने की बात सोचे भी तो मानवाधिकार पर बिजली गिर जाती है। किसी अपराधी मानसिकता के नराधम ने किसी अबला के साथ कुकृत्य किया तो व्यवस्था दोष को लेकर हंगामा और जब दण्ड देने की बात सामने आये तो अपराधी के कमसिन होने, गरीब होने, अशिक्षित होने याने किसी न किसी बात का बतंगड़ कर अपराधी को नाममात्र का दण्ड दिलाकर या दण्ड-मुक्त कराने की दुहाई देकर अपनी पीठ आप ठोंकने का मौका तलाशना मानवाधिकारवादियों का प्रिय शगल है। कोइ रईसजादा इन्हें इस से भी कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनकी बात न्यायालय में टिकी या नहीं? उन्हें मतलब सिर्फ इस बात से है कि सुर्खियाँ बटोरीं, कतरने विदेश भेजीं और अपने एन. जी. ओ. के लिए डोनेशन बटोरकर अपने निजी ऐशो-आराम पर खर्च किया। किस्मत ने साथ दिया और दमदार नेता की कोई  कमी पकड़ ली तो उसे उजागर न करने का सौदा कर 'पदम' पाने का जुगाड़ याने आम के आम गुठली के भी दाम। रूबी राय ऐसे मानवाधिकारवादियों (?) के लिए सुनहरा मौका है। 

                       रूबी राय एक लॉटरी है जो खुल गयी है स्त्री विमर्शवादियों के नाम पर। लॉटरी भी ऐसी जिसका टिकिट ही नहीं खरीदना पड़ा। इनका तर्क यह है कि वह कमसिन है, अबला है, निर्दोष-नासमझ है, धोखे से फँसाई गयी है। स्त्री विमर्शवादी द्रौपदी, अहल्या, मंदोदरी, शूर्पणखा, शबरी  और न जाने किस-किस के गड़े मुर्दे उखाड़कर सिद्ध कर देंगे कि इस देश में नारी का दमन और शोषण ही किया गया है, कभी मान, प्यार, लाड़ नहीं दिया गया। बहुत आसानी से भुला दिया जाएगा कि  इसी देश में कहा गया 'काह न अबला कर सके?' कहकर नारी की सामर्थ्य को आलोचकों ने भी स्वीकारा है। इसी देश में 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता' कह कर नारी की वंदना की गयी।  इसी देश में विद्या, धन और शक्ति की अधिष्ठात्री नारी ही मान्य है जिसकी उपासना कर नर खुद को धन्य मानता है। इनसे पूछ लिया जाए कि उन्हें लाड़ नहीं मिला तो जन्म के बाद सुरक्षित कैसे रहीं? उन्हें प्यार नहीं मिला तो वे अपने सुहाग पर नाज़ क्यों करती हैं और संतान कहाँ से आई? उन्हें सम्मान नहीं मिला तो घर में उनकी मर्जी के बिना पत्ता भी क्यों नहीं खड़कता? तो वे बगलें झाँकती नज़र आएँगी। 

                       लोकतंत्र की विधायिका के अपरिहार्य अंग विपक्ष के लिए तो यह प्रसंग सोने का अंडा देनेवाली मुर्गी की तरह है।अपने सत्ताकाल में हुईं इस जैसी और इससे भी बड़ी गड़बड़ियों को भूलकर इस प्रसंग को लेकर जुलूस, नारेबाजी, सभाएँ, अखबारबाजी और खबरी चैनलों पर भाषणबाजी का यह सुनहरा मौका है। सत्ता पक्ष की आलोचना, सरकार को कटघरे में खड़ा करना, सत्ता के सच को झूठ और विपक्ष के झूठ को सच कहना, कुर्सी से  दूर रहने तक अपना जन्मसिद्ध अधिकार माननेवाले, सत्ता हेतु समर्पित राजनैतिक लोगों के लिए रूबी-प्रसंग अलादीन का चिराग है, घिसते रहो कभी न कभी तो जिन्न निकलेगा ही। "मंज़िल मिले, मिले न मिले, और बात है / मंज़िल की जुस्तजू में मेरा (इनका) कारवां तो है।" इनका बस चले तो ये रूबी मैया की जय का जयकारा लगते हुए विधान सभा के गलियारे में व्रत-कथा भी करने लगें।

                       यह प्रसंग परिवार के व्यक्तिगत विरोधियों के लिए भी एक अवसर है किन्तु वे जुबानी चटखारे ले - लेकर परनिंदा रस का आनंद लेने से अधिक  नहीं सकेंगे कि इससे अधिक की उनकी औकात ही नहीं है। कॉलेज के व्यवसायगत विरोधियों के लिए यह मौका है खुद को  बढ़ाने का। इसलिए नहीं कि वे ऐसा फिर नहीं होने देना चाहते बल्कि इसलिए कि ऐसा चाहनेवाले अब बड़ी रकम देकर उनकी संस्था में प्रवेश लें और अगले कई वर्षों तक कुशलतापूर्वक ऐसे कारनामे करने का अवसर उन्हें मिले। 

                       पराई आग में हाथ सेंकने की आदी खबरिया बिरादरी के छुटभैये इस घटना को नमक-मिर्च लगाकर इस आस में बखानते रहेंगे कि उनका कद बढ़ जाए लेकिन उनके आका उनसे कई कदम आगे हैं। वे छुटभैयों द्वारा जुटाए गए मसाले सनसनीखेज़ बनाकर सबसे पहले परोसने की नूरा कुश्ती कर टी. आर. पी. बढ़ाने में प्राण-प्राण से संलग्न होकर, कॉलेजों से विज्ञापन जुटाकर अपना उल्लू सीधा करेंगे। यही नहीं ऐसे मामलों से होनेवाली कमाई का अंदाज़ कर अपना कॉलेज आरम्भ करने में भी पीछे नहीं रहेंगे।इसलिए निकट भविष्य में ऐसे अनेक प्रकरण हर राज्य और विश्वविद्यालय में होने लगें तो 'किमाश्चर्यम?' अर्थात कोई आश्चर्य नहीं।       

​​
                        यहाँ तक तो फिर भी गनीमत है लेकिन बात यहीं नहीं रूकती, यह प्रसंग सत्ता पक्ष के लिए भी मौके को भुनाने की तरह है। जाँच के नाम पर एक जाँच आयोग गठित कर अपने चहेतों को नियुक्त कर मुख्य मंत्री जी विद्यार्थी वर्ग जो कल मतदाता बनेगा, के बीच अपनी स्वच्छ छवि बनायेँगे। जाँच आयोग सुरसा के मुँह की तरह अपना कार्यकाल और बजट बढ़ाता जाएगा और जब उसके घपले सामने आयेंगे तो एक साथ गवाहों की दुर्घटना या बीमारियों से मौतें होने लगेंगी। नेताओं को राजनीति की रोटियां सेंकने के नए अवसर मिलते रहेंगे। 
                       इस घटना के बाद रूबी राय व्यक्ति नहीं प्रवृत्ति बन गयी है।  हम सबमें कहीं न कहीं रूबी राय है। वह जब भी नज़र आये तो उसे उकसाने नहीं, दबाने की जरूरत है कि वह गलत तरीके या छोटे मार्ग से शीर्ष तक जाने की बात न सोचे।  

                       रूबी राय को इस मुकाम पर पहुँचाने का श्रेय है उसके माता-पिता, कॉलेज प्रबंधक, उत्तर पुस्तिका जाँचकर्ता और  नियति को भी है। जो हुआ वह सब होने के बाद भी यदि रूबी राय शीर्ष पर न आकर कुछ नीचे आतीं ८ वें-१० वें क्रमांक पर, तो उनकी चर्चा ही न होती। अभी भी उनके अलावा किस-किस ने किस प्रकार कितने अंक और कौन सा स्थान इसके पहले पाया या बाद में पाएगा यह कोई नहीं बता सकता।रूबी के जीवन में जटिलता और बदनामी का उसे सामना करना ही होगा, उसके परिजन उसे सहारा दें और इतना सबल बनायें कि वह परिश्रम कर उत्तम परिणाम लाये और जिन में कुछ बन सके।  
                       लाख टके का सवाल यह है कि क्या इस सबके बाद भी रूबी राय, उनके स्वजन, कॉलेज प्रबंधन या अन्य छात्र ऐसा करने से तौबा करेंगे? अगर नहीं तो इसका यही अर्थ है कि मिल रही सजा कम है। हमारे समाज की यही विडंबना है कि सही को सराहनेवाले नहीं मिलते पर गलत के प्रति सहानुभूति जतानेवाले रेडीमेड होते हैं। इसे संयोग कहें या दुर्योग सच यह है कि शिक्षा के नाम पर अंकों और उपाधियों का फर्जीवाड़ा सड़ गए नासूर की तरह बजबजा रहा है। दो ही रास्ते हैं दोषियों को कड़ा दण्ड या रहमदिली के साथ और बढ़ने का अवसर देना।पौ फटती देख मन मसोस कर उठ रहे हैं कि हाय! हम क्यों न हुए रूबी राय ? हो पाते तो दूरदर्शन और  छाने के साथ हमारे हमदर्दों की भी बड़ी संख्या होती। 

****

सोमवार, 11 जुलाई 2016

समीक्षा

पुस्तक समीक्षा-
गीत-नवगीत की भगीरथी 'काल है संक्रांति का'
समीक्षक साधुशरण वर्मा 'सरन', लखनऊ 
*
                   अंग्रेजी की निरन्तर बढ़ते वर्चस्व काल में सतत हिंदी साहित्य की अखण्ड साधना में निमग्न, आधुनिक हिंदी भाषा और छंद के विकास तथा लोकप्रियता हेतु समर्पित, कलम के देव, लोकतंत्र का मक़बरा औेर मीत मेरे जैसी चर्चित कृतियों के रचयिता, संपूर्ण भारत में हिंदी की ध्वजा फहराती देखने के लिए निरन्तर प्रयत्नशील, अनेक पुस्तकों, पत्रिकाओं और स्मारिकाओं को अपनी संपादन कला से सँवारने-सुशोभित करनेवाले, हिंदी पिंगल विद्वानों की अग्र पंक्ति में स्थापित, गीत-नवगीत की अजस्र भगीरथी प्रवाहित करनेवाले, कलम के धनी भाई आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' हिंदी साहित्य के कोहिनूर हैं। बहुधा जिन सम्मानों
तथा पुरस्कारों के पीछे अनेक साहित्यकार दौड़ते हैं, वे आपका पीछा  करते हैं। 

                   निस्पृह संत की तरह हिंदी साहित्य के प्रति समर्पित सलिल जी को कौन नहीं जानता?  वर्तमान हिंदी साहित्य में आपका योगदान सर्वदा सराहा जायेगा। ऐसे हिंदीसेवी की लेखनी ने गीत-नवगीत की नयी कृति 'काल है संक्रांति का' का रत्नोपहार देकर साहित्य की श्रीवृद्धि की है। इस कृति का वैशिष्ट्य यह है कि कृति में समर्पण, भूमिका आदि समूची सामग्री नव पद्य में निवेदित है। यह एक नयी परंपरा का सूत्रपात है। कृति का अनूठापन गीत-अगीत का नवगीत में ढल जाना है।  कृति की रचनाएँ  विविधताओं को समाविष्ट किये हैं, अनेक विषय इनमें निहित हैं।  दैनन्दिन जीवन की अनेक छोटी-छोटी घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में रचे गए गीतों की मार्मिकता ह्रदय को छू जाती है। उद्धरण देने के सिलसिले में कहना होगा कि पूरी पुस्तक ही उद्धरणीय पंक्तियों से भरी हुई है। "जगो सूर्य आता है" महान आशावादी नवगीत है।  १२-१-१०१५ को छिंदवाड़ा में लिखा गया यह गीत दर्शाता है कि यत्र-तत्र  भ्रमण के बीच  इन नवगीतों की रचना की गयी है। "नए साल को आना है तो आएगा ही" मनमोहक प्रेरणाप्रद गीत है।  संकलन में ऐसे गीतों की झड़ी लगी है।

                   इस संग्रह के नवगीतों में एक तथ्य सर्वथा नवीन मिलता है कि इनमें लोक साहित्य और लोक गीतों का सा आनंद मिलता है। ऐसा कृति पूर्व में मेरे परहने में नहीं आई।  कटनी में लिखी गयी रचना ''राम बचाये'' पठनीय है।  इसी तरह "हाथों में मोबाइल", "खुशियों की मछली" आदि नवगीत आपकी प्रतिनिधि रचनाएँ  कही जा सकती हैं।  "तुम बंदूक चलाओ तो" रचना युग निर्माण हेतु आदर्श रचना है।  "मिल जाइए" जैसी शास्त्रीय रचना भी ध्यान आकर्षित करती है।  कृति में अनेक रचनाएँ शास्त्रीयता का निर्वाह कर रही हैं। "दर्पण का दिल" भी इसी कोटि की रचना है।

                   संग्रह में ''मैं लडूँगा'' जैसी कई असाधारण रचनाएँ हैं, जिनका कथ्य पाठक शायद पहली बार पढ़ेगा। इनमें यथार्थ के स्वर गूँजते हैं। ''श्वासों में श्वास", "उठो पाखी", "संक्रांति काल है", "आओ भी सूरज" आदि अनेक रचनाओं को उदाहरण के लिए उद्धृत किया जा सकता है।

                   सूरज को लक्ष्य बनाकर अनेक मनमोहक रचनाओं का सृजन किया गया है। सूरज को अनेक रूपों और विविध छटाओं में प्रस्तुत करने से कवि की कल्पनाशीलता, मौलिकता तथा काव्य प्रवीणता का परिचय होता है। उदाहरणार्थ "उठो सूरज", "जगो सूर्य आता है", "उगना नित", "आओ भी सूरज", "उग रहे या ढल रहे", "सूरज बबुआ", "छुएँ  सूरज" आदि में सूरज के बिम्ब को विविध रूपों में दर्शाया गया है।  "छोडो हाहाकार मियाँ" जैसी नवीन विधा की रचनाएँ पाठक को बाँधती हैं। संग्रह की सबसे बड़ी विशेषता है कि लोक जीवन से जुडी हुई अनेक रोचक रचनाओं में बुंदेलखण्डी  की स्पष्ट छाप होना है। ये रचनाएँ बुंदेलखंड के महान कवि ईसुरी की याद दिलाती और अपना स्वतंत्र प्रभाव छोड़ती हैं।

                   कृति के आरम्भ में "स्तवन" पढ़कर महाकवि निराला की लेखनी  को जीवंत किया गया है।  "स्मरण" रचना अपने ढंग की अलग छाप छोड़ती है। "समर्पण" जैसी रचना यदि संग्रह में नहीं होती तो 'नारी' विशेषकर 'बहिन' के महत्व को कैसे सँवारा जाता? "अर्पित शब्द-हार उनको / जिनसे मुस्काता रक्षाबंधन"।

                   संग्रह में संग्रहीत रचनाएँ आज के गीत-नवगीत की प्रतिनिधि-क्रन्तिकारी रचनाएँ हैं।  इन्हें एक नयी पीढ़ी और युग परिवर्तन के अनुरूप ढाला गया है। इसलिए संग्रह का नाम "काल है संक्रांति का" सर्वथा सार्थक है। वर्तमान जन मानस में पाश्चात्य शहरीकरण के बढ़ते दुष्प्रभाव को देखते हुए लोकजीवन से जुडी अनेक रचनाएँ कवि की भाषाई पैठ का अनुपम उदाहरण हैं।  "छोडो हाहाकार मियाँ" रचना की इस दृष्टि से जितनी तारीफ की जाए थोड़ी है।

                   "कब होंगे आज़ाद" आधुनिक शैली में लिखी गयी अनुपम राष्ट्रीय रचना है। नयी शैली की "खौं-खौं करते बादल बब्बा" जैसी रूपक प्रधान कविता असंग्रह की उपलब्धि है।  प्रत्येक रचना के साथ उनके कथ्य को समेटे चित्र महादेवी वर्मा की याद दिलाते हैं जिनकी अधिकांश रचनाएँ चित्रमाला से सज्जित होती थीं। संदेशवाही आवरण के लिए मयंक वर्मा तथा शीर्षक-चित्रों की प्रस्तुति के लिए अनुप्रिया साधुवाद के पात्र हैं।

                   "काल है संक्रांति का" कृति कई दृष्टियों से पठनीय, मननीय, प्रशंसनीय, संग्रहणीय और स्मरणीय है। यह गीत-नवगीत विधा में मील का पत्थर है। वर्तमान काल में गीत-नवगीत की ऐसी सरस, सारगर्भित अन्य कृति मैंने नहीं पढ़ी। समूची कृति  शब्दों को सलीके से उपयोग में लाया गया है। हर रचना की हर एक विशेषता का वर्णन संभव नहीं लगता।  कृति को कई भागों में बाँटकर ही उस पर लिखा जा सकता है।  कृति की साज-सज्जा मनमोहक, हजारों में एक है।  परम प्रिय भाई आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' की यह कृति आज के गीत-नवगीत रचना क्षेत्र में नवीन कीर्तिमान गढ़ेगी।  से प्रार्थना है कि सलिल जी को परिवर्तनशील युग के अनुरूप सृजन शक्ति देकर नए-नए कीर्तिमान रचवाती रहें।
***
-कल्पतरु, ५२५/२९३ पुराना महानगर लखनऊ , चलभाष ९४५०४००७९२

रविवार, 10 जुलाई 2016

समीक्षा

पुस्तक समीक्षा
आधुनिक समय का प्रमाणिक दस्तावेज 'काल है संक्रांति का' 
समीक्षक- डॉ. रोहिताश्व अस्थाना, हरदोई 
*
                       
  गीत संवेदनशील हृदय की कोमलतम, मार्मिक एवं सूक्ष्मतम अभिव्यक्तियों की गेयात्मक, रागात्मक एवं संप्रेषणीय अभिव्यक्ति का नाम है।  गीत में प्रायः व्यष्टिवदी एवं नवगीत में समष्टिवादी   स्वर प्रमुख होता है।  गीत के ही शिल्प में नवगीत के अंतर्गत नई उपमाओं, एवं टटके बिंबों के सहारे दुनिया जहान की बातों को अप्रतिम प्रतीकों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाता है।  छन्दानुशासन में बँधे रहने के कारण गीत शाश्वत एवं सनातन विधा के रूप में प्रचलित रहा है किंतु प्रयोगवादी काव्यधारा के अति नीरस स्वरूप के विद्रोह स्वरूप नवगीत, ग़ज़ल, दोहा जैसी काव्य विधाओं का प्रचलन आरम्भ हुआ।  

                          अभी हाल में भाई हरिशंकर सक्सेना कृत 'प्रखर संवाद', सत्येंद्र तिवारी कृत 'मनचाहा आकाश' तथा यश मालवीय कृत 'समय लकड़हारा' नवगीत के श्रेष्ठ संकलनों के रूप में प्रकाशित एवं चर्चित हुए हैं। इसी क्रम में समीक्ष्य कृति 'काल है संक्रांति का' भाई आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' के गीतों और नवगीतों की उल्लेखनीय प्रस्तुति है।  सलिल जी समय की नब्ज़ टटोलने की क्षमता रखते हैं।  वस्तुत: यह संक्रांति का ही काल है।  आज सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों में टूटने एवं बिखरने तथा उनके स्थान पर नवीन मूल्यों की प्रतिस्थापना का क्रम जारी है। कवि ने कृति के शीर्षक में इन परिस्थितियों का सटीक रेखांकन करते हुए कहा है- "काल है संक्रांति / तुम मत थको सूरज / प्राच्य पर पाश्चात्य का / चढ़ गया है रंग / शराफत को शरारत / नित का कर रही है तंग / मनुज-करनी देखकर खुद नियति भी है दंग' इसी क्रम में सूरज को सम्बोधित कई अन्य गीत-नवगीत उल्लेखनीय हैं।

                          कवि सत्य की महिमा के प्रति आस्था जाग्रत करते हुए कहता है- 

''तक़दीर से मत हों गिले 
तदबीर से जय हों किले 
मरुभूमि से जल भी मिले
तन ही नहीं, मन भी खिले 
करना सदा- वह जो सही।''

                          इतना ही नहीं कवि ने सामाजिक एवं आर्थिक विसंगति में जी रहे आम आदमी का जीवंत चित्र  खींचते हुए कहा है-

"मिली दिहाड़ी 
चल बाजार। 
चवल-दाल किलो भर ले ले,
दस रुपये की भाजी। 
घासलेट का तेल लिटर भर 
धनिया मिर्ची ताज़ी।" 

                           सचमुच रोज कुआं खोदकर पानी पीनेवालों की दशा अति दयनीय है।  इसी विषय पर 'राम बचाये'  शीर्षक नवगीत की निम्न पंक्तियाँ भी दृष्टव्य है -

"राम-रहीम बीनते कूड़ा 
रजिया-रधिया झाड़ू थामे 
सड़क किनारे बैठे लोटे 
बतलाते कितने विपन्न हम ?"

                          हमारी नयी पीढ़ी पाश्चात्य सभ्यता के दुष्प्रभाव में अपने लोक जीवन को भी भूलती जा रही है। कम शब्दों में संकेतों के माध्यम से गहरे बातें कहने में कुशल कवि हर युवा के हाथ में हर समय दिखेत चलभाष (मोबाइल) को अपसंस्कृति का प्रतीक बनाकर एक और तो जमीन से दूर होने पर चिंतित होते हैं, दूसरी और भटक जाने की आशंका से व्यथित भी हैं- 

" हाथों में मोबाइल थामे 
गीध-दृष्टि पगडण्डी भूली,
भटक न जाए।   
 राज मार्ग पर जाम लगा है 
कूचे-गली हुए हैं सूने। 
ओवन-पिज्जा का युग निर्दय
भटा कौन चूल्हे में भूने ?"

                          सलिल जी ने अपने कुछ नवगीतों में राजनैतिक प्रदूषण के शब्द-चित्र कमाल के खींचे हैं। वे विविध बिम्बों और प्रतीकों के माध्यम से बहुत कुछ ऐसा कह जाते हैं जो आम-ख़ास हर पाठक के मर्म को स्पर्श करता है और सोचने के लिए विवश भी करता है-

"लोकतंत्र का पंछी बेबस 
नेता पहले दाना डालें 
फिर लेते पर नोच। 
अफसर रिश्वत-गोली मारें
करें न किंचित सोच।"

अथवा 
"बातें बड़ी-बड़ी करते हैं,
मनमानी का पथ वरते हैं। 
बना-तोड़ते संविधान खुद 
दोष दूसरों पर धरते हैं।"

                          इसी प्रकार कवि के कुछ नवगीतों में छोटी-छोटी पंक्तियाँ उद्धरणीय बन पड़ी हैं।  जरा देखिये- "वह जो खासों में खास है / रूपया जिसके पास है। ", "तुम बंदूक चलो तो / हम मिलकर कलम चलायेंगे। ", लेटा हूँ मखमल गादी पर / लेकिन नींद नहीं आती है। ", वेश संत का / मन शैतान। ", "अंध श्रृद्धा शाप है / बुद्धि तजना पाप है। ", "खुशियों की मछली को। / चिंता  बगुला / खा जाता है। ", कब होंगे आज़ाद? / कहो हम / कब होंगे आज़ाद?" आदि। 

                          अच्छे दिन आने की आशा में बैठे दीन-हीन जनों को सांत्वना देते हुए कवि कहता है- "उम्मीदों की फसल / उगाना बाकी है 
अच्छे दिन नारों-वादों से कब आते हैं ?
कहें बुरे दिन मुनादियों से कब जाते हैं??"

                          इसी प्रकार एक अन्य नवगीत में कवि द्वारा प्रयुक्त टटके प्रतीकों एवं बिम्बों का उल्लेख आवश्यक है- 
"खों-खों करते / बादल बब्बा 
तापें सूरज सिगड़ी। 
पछुआ अम्मा / बड़बड़ करतीं 
डाँट लगातीं तगड़ी।"

                          निष्कर्षत: कृति के सभी गीत-नवगीत एक से बरहकर एक सुन्दर, सरस, भाव-प्रवण एवं नवीनता से परिपूर्ण हैं।  इन सभी रचनाओं के कथ्य का कैनवास अत्यन्त ही विस्तृत और व्यापक है। यह सभी रचनाएँ छन्दों के अनुशासन में आबद्ध और शिल्प के निकष पर सौ टंच खरी उतरने वाली हैं। 

                          कविता के नाम पर अतुकांत और व्याकरणविहीन गद्य सामग्री परोसनेवाली प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं को प्रस्तुत कृति आइना दिखने में समर्थ है।  कुल मिलाकर प्रस्तुत कृति पठनीय ही नहीं अपितु चिन्तनीय और संग्रहणीय भी है।  इस क्षेत्र में कवि से ऐसी ही सार्थक, युगबोधक परक और मन को छूनेवाली कृतियों की आशा की सकती है।  
***
[पुस्तक परिचय - काल है संक्रांति का, गीत-नवगीत संग्रह, कवि आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', प्रकाशक- समन्वय प्रकाशन अभियान, २०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१ म. प्र., प्रकाशन वर्ष २०१६,मूल्य सजिल्द ३००/-, पेपरबैंक  २००/-, चलभाष ९४२५१८३२४४]
समीक्षक- डॉ. रोहिताश्व अस्थाना, निकट बावन चुंगी चौराहा, हरदोई २४१००१ उ. प्र. दूरभाष ०५८५२ २३२३९२। 
-----------------------------------------------------    



    

समालोचना

पुस्तक समीक्षा -
नव आयामी नवगीत संग्रह 'काल है संक्रांति का' 
डाॅ. अंसार क़म्बरी
*
                 
आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी का गीत-नवगीत संग्रह ‘‘काल है संक्रांति का’’ प्राप्त कर हार्दिक प्रसन्नता हुई। गीत हिन्दी काव्य की प्रभावी एवं सशक्त विधा है । इस विधा में कवि अपनी उत्कृष्ट अनुभूति एवं उन्नत अभिव्यक्ति व्दारा काव्य का ऐसा उदात्त रूप प्रस्तुत करता है जिसके अंतर्गत तत्कालीन, सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक एवं साहित्यिक परिस्थितियों को साकार करते हुये मानव-मनोवृृत्तियों की अनेक प्रतिमायें (बिम्ब)चित्रित करता है। आत्मनिरीक्षण और शुक्ताचरण की प्रेरणा देते हुये कविवर आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ जी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा नवगीत को नए आयाम दिए हैं। 

                   इधर समकालीन कवियों ने भी विचार बोझिल गद्य-कविता की शुष्कता से मुक्ति के लिये गीत एवं नवगीत मात्रिक छंद को अपनाना श्रेष्ठकर समझा है, जैसा कि सलिल जी ने प्रस्तुत संग्रह में बड़ी सफलता से प्रस्तुत किया हैं। प्रस्तुत संग्रह में उनकी भाषा भाव-सम्प्रेषण में कहीं अटकती नहीं है। उन्होंने आम बोलचाल के शब्दों को धड़ल्ले से प्रयोग करते हुये आंचलिक भाषा का भी समावेश किया है जो उनके गीतों का प्राण है। उनके गीत नवीन विषयों को स्वयम् में समाहित करने के उपरान्त अपनी अनुशासनबध्दता यथा- आत्माभिव्यंजकता, भाव-प्रवणता, लयात्मकता, गेयता, मधुरता एवं सम्प्रेषणीयता आदि प्रमुख तत्वों से सम्पूरित हैं अर्थात उन्होंने हिन्दी-गीत की निरंतर प्रगतिशील बहुभावीय परम्परा एवं नवीनतम विचारों के साथ गतिमान होने के बावजूद गीति-काव्य की सर्वांगीणता को पूर्णरुपेण समन्वित किया है। 

                   'काल है संक्रान्ति का' में नवगीतकार ने प्रत्येक गीत को एक शीर्षक दिया है जो कथ्य तक पहुँचने में सहायक होता है। आचार्य जी, चित्रगुप्त प्रभु एवं वीणापाणि के चरणों में बैठकर रचनाधर्मिता, जीवंतता तथा युगापेक्षी सारस्वत साधनारत समर्थ प्रतीक रस सिध्द कवि हैं। वंदन करते हुये वो अपनी लेखनी से विनती करते हैं:
शरणागत हम
चित्रगुप्त प्रभु !
हाथ पसारे आये।
अनहद, अक्षय, अजर, अमर हे !
अमित, अभय, अविजित, अविनाशी
निराकार-साकार तुम्हीं हो
निर्गुण-सगुण देव आकाशी।
पथ-पग, लक्ष्य, विजय-यश तुम हो
तुम मत-मतदाता प्रत्याशी।
तिमिर मिटाने
अरुणागत हम
व्दार तिहारे आये।
$ः$ः$ः
माॅै वीणापाणि को - स्तवन
सरस्वती शारद ब्रम्हाणी।
जय-जय वीणापाणी।।
अमल-धवन शुचि, विमल सनातन मैया।
बुध्दि-ज्ञान-विज्ञान प्रदायिनी छैंया।
तिमिरहारिणी, भयनिवारिणी सुखदा,
नाद-ताल, गति-यति खेलें तब कैंया।
अनहद सुनवा दो कल्याणी।
जय-जय वीणापाणी।।

                   उनके नवीन गीत-सृजन समसामयिक चेतना की अनुभूति एवं अभिव्यक्ति से संपन्न हैं किंतु वे प्रारम्भ में पुरखों को स्मरण करते हुए कहते है। यथा:
सुमिर लें पुरखों को हम
आओ ! करें प्रणाम।
काया-माया-छायाधारी
जिन्हें जपें विधि-हरि-त्रिपुरारी
सुर, नर, वानर, नाग, द्रविण, मय
राजा-प्रजा, पुरुष-शिशु-नारी
मूर्त-अमूर्त, अजन्मा-जन्मा
मति दो करें सुनाम।
आओ! करें प्रणाम।

                   पुस्तक शीर्षक को सार्थकता प्रदान करते हुये ‘संक्रांति काल है’ रचना में जनमानस को कवि झकझोरते हुये जगा रहा है। यथा:
संक्रांति काल है
जगो, उठो
प्रतिनिधि होकर जन से दूर
आॅैखें रहते भी हो सूर
संसद हो चैपालों पर
राजनीति तज दे तंदूर।
अब भ्रांति टाल दो
जगो, उठो।

                   उक्त भावों को शब्द देते हुये कवि ने सूरज के माध्यम से कई रचनाएँ  दी हैं जैसे - उठो सूरज,  हे साल नये, जगो सूर्य आता है, उगना नित, आओ भी सूरज, उग रहे या ढल रहे, सूरज बबुआ, छुएँ सूरज आदि - यथा:
आओ भी सूरज।
छट गये हैं फूट के बादल
पतंगें एकता की मिल उड़ाओ।
गाओ भी सूरज।
$ः$ः$ः$ः$ः
उग रहे या ढल रहे तुम
क्रान्त प्रतिपल रहे तुम ।
उगना  नित
हँस सूरज।
धरती पर रखना पग
जलना नित, बुझना मत।

                   उनके गीत जीवन में आये उतार-चढ़ाव, भटकाव-ठहराव, देश और समाज के बदलते रंगों के विस्तृत व विश्वसनीय भावों को उकेरते हुये परिलक्षित होते हैं। इस बात की पुष्टि के लिये पुस्तक में संग्रहीत उनके गीतों के कुछ मुखड़े दे रहा हूँ। यथा:
तुम बंदूक चलाओ तो
हम मिलकर
क़लम चलायेंगे।
$ः$ः$ः$ः
अधर पर धर अधर छिप
नवगीत का मुखड़ा कहा।
$ः$ः$ः$ः
कल के गैर
आज हैं अपने।
$ः$ः$ः$ः
कल का अपना
आज गैर है।
$ः$ः$ः$
काम तमाम, तमाम का
करतीं निश-दिन आप।
मम्मी, मैया, माॅै, महतारी
करुॅै आपका जाप।
    
                   अंत में इतना ही कह सकता हूॅै कि आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ आदर्शवादी संचेतना के कवि हैं लेकिन यथार्थ की अभिव्यक्ति करने में भी संकोच नहीं करते। अपने गीतों में उन्होंने भारतीय परिवेश की पारिवारिक, सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक आदि विसंगतियों को सटीक रूप में चित्रित किया है। निस्संदेह, उनका काव्य-कौशल सराहनीय एवं प्रशंसनीय है। उनके गीतों में उनका समग्र व्यक्तित्व स्पष्ट दृष्टिगोचर होता है। निश्चित ही उनका प्रस्तुत गीत-नवगीत संग्रह ‘काल है संक्रांति का’ साहित्य संसार में सराहा जायेगा। मैं उन्हें कोटिशः बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूॅै और ईश्वर से प्रार्थना करता हूॅै कि वे निरंतर स्वस्थ व सानंद रहते हुए  चिरायु हों और माँ सरस्वती की ऐसे ही समर्पित भाव से सेवा करते रहें।
**********
संपर्क - ज़फ़र मंज़िल’, 11/116, ग्वालटोली, कानपुर-208001, चलभाष  9450938629

शनिवार, 9 जुलाई 2016

hindi gazal

हिंदी ग़ज़ल / मुक्तिका
[रौद्राक जातीय, मोहन छंद, ५,६,६,६]
*
''दिलों के / मेल कहाँ / रोज़-रोज़ / होते हैं''
मिलन के / ख़्वाब हसीं / हमीं रोज़ / बोते हैं
*
बदन को / देख-देख / हो गये फि/दा लेकिन
न मन को / देख सके / सोच रोज़ / रोते हैं
*
न पढ़ अधि/क, ले समझ/-सोच कभी /तो थोड़ा
ना समझ / अर्थ राम / कहें रोज़ / तोते हैं
*
अटक जो / कदम गए / बढ़ें तो मि/ले मंज़िल
सफल वो / जो न धैर्य / 'सलिल' रोज़ / खोते हैं
*
'सलिल' न क/रिए रोक / टोक है स/फर बाकी
करम का / बोझ मौन / काँध रोज़ / ढोते हैं
***