कुल पेज दृश्य

मंगलवार, 20 जुलाई 2010

सामूहिक सरस्वती वंदना:

सरस्वती वंदना:

१. महाकवि गुलाब खंडेलवालजी :
अयि मानस-कमल-विहारिणी!
हंस-वाहिनी! माँ सरस्वती! वीणा-पुस्तक-धारिणी!

शून्य अजान सिन्धु के तट पर
मानव-शिशु रोता  था कातर
उतरी ज्योति सत्य, शिव, सुन्दर
तू भय-शोक-निवारिणी

देख प्रभामय तेरी मुख-छवि
नाच उठे भू, गगन, चन्द्र, रवि
चिति की चिति तू  कवियों की कवि
अमित रूप विस्तारिणी

तेरे मधुर स्वरों से मोहित
काल अशेष शेष-सा नर्तित
आदि-शक्ति तू अणु-अणु में स्थित
जन-जन-मंगलकारिणी

अयि मानस-कमल-विहारिणी!
हंस-वाहिनी! माँ सरस्वती! वीणा-पुस्तक-धारिणी!

*****************
शकुंतला बहादुर जी :
शारदे ! वर दे , वर दे ।
दूर कर अज्ञान-तिमिर माँ,
ज्ञान-ज्योति भर दे , वर दे । शारदे...
सत्य का संकल्प दे माँ,
मन पवित्र रहें हमारे ,
वेद की वीणा बजा कर,
जग झंकृत कर दे,वर दे ।। शारदे...
** ** **

सरस्वती माता ss
सरस्वती माता ss
विद्या-दानी, दयानी
सरस्वती माता ss
कीजे कृपा दृष्टि,
दीजे विमल बुद्धि,
गाऊँ मैं शुभ-गान,
मुझको दो वरदान।
सरस्वती माता, सरस्वती माता।।
** ** **
आर. सी. शर्मा :  
 rcsharmaarcee@yahoo.co.in
माँ शारदे ऐसा वर दे।
दिव्य ज्ञान से जगमग कर दे॥

शीश झुका कर दीप जला कर।
शब्द्पुष्प के हार बना कर॥
हम  तेरा  वंदन  करते  हैं।
सब मिल अभिनन्दन करते हैं।।
करुण कृपा का वरद हस्त  माँ, शीश मेरे धर दे।

प्रेम दया सबके हित मन में।
करुणा की जलधार नयन में॥
वीणा  की  झंकार  सृजन  में।
भक्ति की  रसधार  भजन में॥
हंस वाहिनी धवल धारिणी परम कृपा कर दे।

साक्षरता के दिये  जला दें।
भूख  और  संताप मिटा दें।
बहे ज्ञान की  अविरल धरा
हो अभिभूत जगत ये सारा॥
जग जननी माँ अब गीतों को नितनूतन स्वर दे।
माँ शारदे ऐसा वर दे।
दिव्य ज्ञान से जगमग कर दे॥

***********************
 
माँ शारदा के स्तुति गान में एक विनम्र पुष्प:
कल्पना की क्यारियों से
फूल चुन चुन कर सजाये
कार्तिकी पूनम निशा के
मोतियॊं की गूँथ माला
शब्द के अक्षत रंगे हैं
भावना की रोलियों में
प्राण में दीपित किये हैं
अर्चना की दीप-ज्वाला
और थाली में रखे हैं
काव्य की अगरु सुगन्धित
शारदे तेरे चरण में
एक कविता और अर्पित
छंद दोहे गीत मुक्तक
नज़्म कतए और गज़लें
कुछ तुकी हैं, बेतुकी कुछ
जो उगा हम लाये फ़सलें
हर कवि के कंठ से तू
है विनय के ्साथ वम्दित
शारदे तेरे चरण में
एक कविता और अर्पित
आदि तू है, तू अनादि
तू वषटकारा स्वरा है
तू है स्वाहा तू स्वधा है
तू है भाषा, अक्षरा है
तेरी वीणा की धुनों पर
काल का हर निमिष नर्तित
शारदे तेरे चरण में
एक कविता और अर्पित
************************ 

-आर० सी० शर्मा “आरसी”
 - rcsharmaarcee@yahoo.co.in

धवल  धारिणी  शारदे,  वीणा  सोहे  हाथ।
शब्द सुमन अर्पित करें, धर चरणों में माथ ॥
 
वागेश्वरी, सिद्धेश्वरी, विश्वेश्वरी तुम मात।
वाणी का वरदान दो, गीतों की  बरसात ॥
 
बन याचक  वर  मांगते, पूरी  कर  दे साध।
हम पानी के बुलबुले, तू कृपासिन्धु अगाध॥
 
शब्द पुष्प अर्पित करें, हम गीतों के हार ।
दिन दूना बढ़ता रहे, ज्ञान कृपा भण्डार ॥
 
इतनी  शीतलता  लिए,  है  माँ  तेरा  प्यार ।
ज्ञान पिपासु हम धरा, तू रिमझिम बरसात ॥
 
हम  तेरे  सुत  शारदे  दे  ऐसा  वरदान ।
फसल उगाएं ज्ञान की, भरें खेत खलिहान॥
 
आस लिए  हम  सब  खड़े, देखें तेरी ओर।
ज्यों चातक स्वाति तके, चंदा तके चकोर ।।
 
********************************
 
                                                            


                                                                           

कोई टिप्पणी नहीं: