कुल पेज दृश्य

बुधवार, 12 नवंबर 2025

नवंबर १२, बुंदेली, सरस्वती, पीयूषवर्ष छंद, छठ, अपन्हुति अलंकार, प्रार्थना, दोहा, यमक,

सलिल सृजन नवंबर १२
*
एक सोरठा
दें सुगंध बेदाम, अलबेली है चमेली।
खुश हर खासो-आम, उसको यह संतोष है।।
१२.११.२०२४
***
बुंदेली सरस्वती वंदना
मुक्त छंद
सारद री!
कितै बिलम गईं सारद री!
रस्ता हेरत पथरा रईं अँखियाँ।
हंसा! कितै बिलानो रे!
उरत-उरत थक गईं का पँखियाँ?
मन मंदिर में आन बिराजो,
बुरो बखत मत भटक सारदा!
बनो कलेवा आकर खाओ,
पनघट पर मत अटक सारदा!
झटपट सपर घरे आ जाओ
माँ मो से सिंगार कराओ
माथे बेंदा, कानों बाली
चरन महावर, अधरन लाली
हाथन कंगन, बालन बैनी
मनमोहक छबि हे सुख दैनी!
बनो कलेवा भोग लगाओ
सारद! घर सें कहूँ नें जाओ।
१२-११-२२
●●●
छंदशाला ४८
पीयूषवर्ष छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली व पुरारि छंद)
विधान
प्रति पद १९ मात्रा, यति १०-९, पदांत ल ग।
लक्षण छंद
रच पीयूषवर्ष, मन में हो हर्ष।
दिश-ग्रह तक पाओ, अप्रतिम उत्कर्ष।।
लघु-गुरु पदांत रहे, लक्ष्य नहीं भूल-
होना निराश मत, पल भर अपकर्ष।
उदाहरण
मीत था जो गीत, सारे ले गया
ख्वाब देखे जो ह,मारे ले गया
.
दर्द से कोई न,हीं नाता रखा
वस्ल के पैगाम, प्यारे ले गया
.
हारने की दे दु,हाई हाय रे!
जीत के औज़ान, न्यारे ले गया
.
ताड़ मौका वार, पीछे से किया
फोड़ आँखें अश्क, खारे ले गया
.
रात में अच्छे दि,नों का वासता
वायदों को ही स,कारे ले गया
.
बोल तो जादूग,री कैसे करी
पूर्णिमा से ही सि,तारे ले गया
.
साफ़ की गंगा न, थोड़ी भी कहीं
गंदगी जो थी कि,नारे ले गया
*
छंद: महापौराणिक जातीय पीयूषवर्ष
मापनी: २१२२ २१२२ २१२
बह्र: फ़ायलातुन् फ़ायलातुन् फायलुन्
***
रामचरित मानस में जीवन रक्षक मंत्र
मानस रचना के पश्चात् गोस्वामी तुलसीदास जी से पूछा गया कि अब तक राम कथा को 'रामायण' ही कहा गया है। विशिष्टता दर्शाने के लिए रामायण के साथ विशेषण जोड़ दिया जाता है. यथा - वाल्मीकि रामायण, कंबन रामायण, अध्यात्म रामायण आदि।
गोस्वामी जी ने उत्तर दिया कि रामायण का रथ है राम का मंदिर। मंदिर में जाने की मर्यादा है। मंदिर स्वच्छ हो, वास्तु के अनुसार बना हो, नियमानुसार पूजन-आरती और विश्राम आदि हो, मंदिर जानेवाला स्नान आदि कर स्वच्छ ही, स्वच्छ वस्त्र पहने हो, पूजन सामग्री लिए हो। मानस अर्थात मन का सरोवर, सरोवर में मलिनता से मुक्ति हेतु जाते हैं, सरोवर में जाने के लिए कोई सामग्री नहीं चाहिए, समय का प्रतिबंध नहीं होता। कोई भी, कभी भी, कहीं भी सरोवर में जा सकता है और अपनी मलिनता से मुक्त होकर निर्मल हो सकता है।
१. रक्षा हेतु - मामभिरक्षय रघुकुल नायक। घृत वर चाप रुचिर कर सायक।।
२. विपत्ति मुक्ति - राजिव नयन धरे धनु सायक। भक्त विपति भंजन सुखदायक।।
३. सहायता हेतु - मोरे हित हरि सम नहिं कोऊ। एहि अवसर सहाय सोई होऊ।।
४. कार्य सिद्धि हेतु - बन्दौं बाल रूप सोइ रामु। सब सिधि सुलभ जपत जेहि नामू।।
५. वशीकरण हेतु - सुमिर पवनसुत पावन नामू। अपने वाश कर रखे रामू।।
६. संकट निवारण हेतु - दीनदयालु विरुद संभारि। हरहु नाथ मम संकट भारी।।
७. विघ्न विनाश हेतु - सकल विघ्न व्यापहु नहीं तेहि। राम सुकृपा बिलोकहिं जेहि।।
८. रोग मुक्ति हेतु - राम कृपा नासहि सब रोगा। जो यहि भाँति बनहि संयोगा।।
९. ज्वर निवारण हेतु - दैहिक दैविक भौतिक जापा। राम राज नहिं काहुहि ब्यापा।।
१०. दुःख मुक्ति हेतु - राम भक्ति मणि जिस उर बस जाके। दुःख लवलेस न सपनेहु ताके।।
११. गुमी वस्तु प्राप्ति हेतु - गई बहोरि गरीबनवाजू। सरल सहज साहब रघुराजू।।
१२. अनुराग वृद्धि हेतु - सीताराम चरण रत मोरे। अनुदिन बढ़े अनुग्रह मोरे।।
१३. सुख प्राप्ति हेतु - जे सकाम नर सुनहिं जे गावहिं। सुख-संपति नाना विध पावहिं।।
१४. सुधार हेतु - मोहि सुधारहि सोई सब भाँती। जासु कृपा नहिं कृपा अघाती।।
१५. विद्या प्राप्ति हेतु - गुरु गृह पढ़न गए रघुराई। अलप काल विद्या सब आई।।
१६. सरस्वती की कृपा हेतु - जेहि पर कृपा करहि जन जानी। कवि उर अजिर नचावहि बानी।।
१७. निर्मल मति हेतु - ताके युग पद कमल मनाऊँ। जासु कृपा निर्मल मति पाऊँ।।
१८. मोह/भ्रम नाश हेतु - होय विवेक मोह भ्रम भंगा। टीवी रघुनाथ चरण अनुरागा।।
१९. स्नेह संवर्धन हेतु - सब नर करहिं परस्पर प्रीती। चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति रीति।।
२०. बैर नाश हेतु - बैर न करु काहू संग कोई। राम प्रताप बिसमता खोई।।
२१. परिवार-सुख प्राप्ति हेतु - अनुजन संयुत भोजन करहिं। देखि सकल जननी सुख भरहीं।।
२२. भातृ सुख हेतु - सेवहिं सानुकूल भाई। राम चरन रति अति अधिकाई।।
२३. मेल-मिलाप हेतु - गरल सुधा रिपु करहिं मिलाई। गोपद सिंधु अनल सितलाई।।
२४. शत्रु नाश हेतु - जाके सुमिरन ते रिपु नासा। नाम सत्रुहन बेद प्रकासा।।
२५. आजीविका हेतु - बिस्व भरण पोसन करि सोई। ताकर नाम भरत अस होई।।
२६. मनोकामना पूर्ति हेतु - राम सदा सेवक रुचि राखी। बेद पुरान साधु सुर साखी।।
२७. मुक्ति हेतु - पापी जाकर नाम सुमिरहीं। अति अपार भव सागर तरहीं।।
२८. अल्प मृत्यु नाश /सौंदर्य हेतु - अलप मृत्यु नहिं कवनिहुँ पीरा। सब सुंदर सब नीरज सरीरा।।
२९. दरिद्रता नाश हेतु - नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना। नहिं कोउ अबुध न लच्छनहीना।।
३०. प्रभु प्राप्ति हेतु - अतिशय प्रीति देखि रघुबीरा। प्रगटे हृदय हरन भाव पीरा।।
३१. प्रभु साक्षात् हेतु - नयनबंत रघुपतिहिं बिलोकी। आए जनम फल होहिं बिसोकी।।
३२. क्षमा प्राप्ति हेतु - अनुचित बहुत कहहुँ अज्ञाता। छमहु छमा मंदिर दोउ भ्राता।।
३३. विश्राम/शांति हेतु - रामचरित मानस एहि नामा। कहत सुनत पाइअ बिसरामा।।
११-११-२०२२
•••
मुक्तिका
卐 ॐ 卐
हे गणपति विघ्नेश्वर जय जय
मंगल काज करें हम निर्भय
अक्षय-सुरभि सुयश दस दिश में
गुंजित हो प्रभु! यही है विनय
हों अशोक हम करें वंदना
सफल साधना करें दें विजय
संगीता हो श्वास श्वास हर
सविता तम हर, दे सुख जय जय
श्याम रामरति कभी न बिसरे
संजीवित आशा सुषमामय
रांगोली-अल्पना द्वार पर
मंगल गीत बजे शिव शुभमय
१२.११.२०२१
***
नवगीत
*
सहनशीलता कमजोरी है
सीनाजोरी की जय
*
गुटबंदीकर
अपनी बात कहो
ताली पिटवाओ।
अन्य विचार
न सुनो; हूटकर
शालीनता भुलाओ।
वृद्धों का
अपमान करो फिर
छाती खूब फुलाओ।
श्रम की कद्र
न करो, श्रमिक के
हितकारी कहलाओ।
बातें करें किताबी पर
आचरण न किंचित है भय
*
नहीं गीत में
छंद जरूरी
मिथ्या भ्रम फैलाते।
नव कलमों को
गलत दिशा में
नाहक ही भटकाते।
खुद छंदों में
नव प्रयोग कर
आगे बढ़ते जाते।
कम साहित्य,
सियासत ज्यादा
करें; घूम मदमाते।
मौन न हारे,
शोर न जीते,
हो छंदों की ही जय
*
एक विधा को
दूजी का उच्छिष्ट
बताकर फूलो।
इसकी टोपी
उसके सर धर
सुख-सपनों में झूलो।
गीत न आश्रित
कविता-ग़ज़लों का
यह सच भी भूलो।
थाली के पानी में
बिम्ब दिखा कह
शशि को छू लो।
छद्म दर्द का,
गुटबंदी का,
बिस्तर बँधना है तय
१२-११-२०१९
***
छठ के दोहे,
*
छठ पूजन कर एक दिन, शेष दिवस नाबाद
दूध छठी का कराती, गृहस्वामी को याद
*
हरछठ पर 'हऱ' ने किए, नखरे कई हजार
'हिज़' बेचारा उठाता, नखरे बाजी हार
*
नाक-शीर्ष से सर तलक, भरी देख ले माँग
माँग न पूरी की अगर, बच न सकेगी टाँग
*
'मी टू' छठ का व्रत रही, तू न रहा क्यों बोल?
ढँकी न अब रह सकेगी, खोलेगी वह पोल
*
माँग नहीं जिसकी भरी, रही एक वर माँग
माँग भरे वह कर सके, जो पूरी हर माँग
*
१२.११.२०१८
अनपढ़ पढ़ता अनलिखा, समझ-बूझ चुपचाप
जीवन पुस्तक है बडी, अक्षर-अक्षर आप
१२.११.२०१७
*
मैं औ' मेरी डायरी, काया-छाया संग
कहने को हैं दो मगर, 'सलिल'एक है रंग
१२.११.२०१६
***
अलंकार सलिला: ३०
अपन्हुति अलंकार
*
प्रस्तुत का वारण जहाँ, वहीं अपन्हुति मीत।
कर निषेध उपमेय का, हो उपमान सप्रीत।।
'अपन्हुति' का अर्थ है वारण या निषेध करना, छिपाना, प्रगट न होने देना आदि. इसलिए इस अलंकार में प्रायः निषेध देखा जाता है। प्रकृत, प्रस्तुत या उपमेय का प्रतिषेध कर अन्य अप्रस्तुत या उपमान का आरोप या स्थापना किया जाए तो 'अपन्हुति अलंकार' होता है। जहाँ उपमेय का निषेध कर उसमें उपमान का आरोप किया जाये वहाँ 'अपन्हुति अलंकार' होता है।
प्रस्तुत या उपमेय का, लें निषेध यदि देख।
अलंकार तब अपन्हुति, पल में करिए लेख।।
प्रस्तुत का वारण जहाँ, वहीं अपन्हुति मीत।
आरोपित हो अप्रस्तुत, 'सलिल' मानिये रीत।।
१. हेम सुधा यह किन्तु है सुधा रूप सत्संग।
यहाँ सुधा पर सुधा का आरोप करना के लिए उसमें अमृत के गुण का निषेध किया गया है। अतः, अपन्हुति अलंकार है।
२.सत्य कहहूँ हौं दीनदयाला, बन्धु न होय मोर यह काला।
यहाँ प्रस्तुत उपमेय 'बन्धु' का निषेध कर अप्रस्तुत उपमान 'काल' की स्थापना किये जाने से अपन्हुति अलंकार है।
३. फूलों पत्तों सकल पर हैं वारि बूँदें लखातीं।
रोते हैं या निपट सब यों आँसुओं को दिखाके।।
प्रकृत उपमेय 'वारि बूँदे' का निषेधकर 'आँसुओं' की स्थापना किये जाने के कारण यहाँ ही अपन्हुति है।
४.अंग-अंग जारति अरि, तीछन ज्वाला-जाल।
सिन्धु उठी बडवाग्नि यह, नहीं इंदु भव-भाल।।
अत्यंत तीक्ष्ण ज्वालाओं के जाल में अंग-प्रत्यंग जलने का कारण सिन्धु की बडवाग्नि नहीं, शिव के शीश पर चन्द्र का स्थापित होना है. प्रस्तुत उपमेय 'बडवाग्नि' का प्रतिषेध कर अन्य उपमान 'शिव'-शीश' की स्थापना के कारण अपन्हुति है.
५.छग जल युक्त भजन मंडल को, अलकें श्यामन थीं घेरे।
ओस भरे पंकज ऊपर थे, मधुकर माला के डेरे।।
यहाँ भक्ति-भाव में लीन भक्तजनों के सजल नयनों को घेरे काली अलकों के स्थापित उपमेय का निषेध कर प्रातःकाल तुहिन कणों से सज्जित कमल पुष्पों को घेरे भँवरों के अप्रस्तुत उपमान को स्थापित किया गया है. अतः अपन्हुति अलंकार है.
६.हैं नहीं कुल-श्रेष्ठ, अंधे ही यहाँ हैं।
भक्तवत्सल साँवरे, बोलो कहाँ हैं? -सलिल
यहाँ द्रौपदी द्वारा प्रस्तुत उपमेय कुल-श्रेष्ठ का निषेध कर अप्रस्तुत उपमान अंधे की स्थापना की गयी है. अतः, अपन्हुति है.
७.संसद से जन-प्रतिनिधि गायब
बैठे कुछ मक्कार हैं। -सलिल
यहाँ उपमेय 'जनप्रतिनिधि' का निषेध कर उपमान 'मक्कार' की स्थापना किये जाने से अपन्हुति है.
८. अरी सखी! यह मुख नहीं, यह है अमल मयंक।
९. किरण नहीं, पावक के कण ये जगतीतल पर गिरते हैं।
१०. सुधा सुधा प्यारे! नहीं, सुधा अहै सतसंग।
११. यह न चाँदनी, चाँदनी शिला 'मरमरी श्वेत।
१२. चंद चंद आली! नहीं, राधा मुख है चंद।
१३. अरध रात वह आवै मौन
सुंदरता बरनै कहि कौन?
देखत ही मन होय अनंद
क्यों सखि! पियमुख? ना सखि चंद।
अपन्हुति अलंकार के प्रकार:
'यहाँ' नहीं 'वह' अपन्हुति', अलंकार लें जान।
छः प्रकार रोचक 'सलिल', रसानंद की खान।।
प्रस्तुत या उपमेय का निषेध कर अप्रस्तुत की स्थापना करने पर अपन्हुति अलंकार जन्मता है. इसके छः भेद हैं.
१. शुद्धापन्हुति:
जहाँ पर प्रकृत उपमेय को छिपाकर या उसका प्रतिषेध कर अन्य अप्रस्तुत का निषेधात्मक शब्दों में आरोप किया जाता है.
१. ऊधो यह सूधो सो संदेसो कहि दीजो भलो,
हरि सों हमारे ह्यां न फूले वन कुञ्ज हैं।
किंसुक गुलाब कचनार औ' अनारन की
डारन पै डोलत अन्गारन के पुंज हैं।।
२. ये न मग हैं तव चरण की रेखियाँ हैं।
बलि दिशा की ओर देखा-देखियाँ हैं।।
विश्व पर पद से लिखे कृति-लेख हैं ये।
धरा-तीर्थों की दिशा की मेख हैं ये।।
३. ये न न्यायाधीश हैं,
धृतराष्ट्र हैं ये।
न्याय ये देते नहीं हैं,
तोलते हैं।।
४. नहीं जनसेवक
महज सत्ता-पिपासु,
आज नेता बन
लूटते देश को हैं।
५. अब कहाँ कविता?
महज तुकबन्दियाँ हैं,
भावना बिन रचित
शाब्दिक-मंडियाँ हैं।
२. हेत्वापन्हुति:
जहाँ प्रस्तुत का प्रतिषेध कर अप्रस्तुत का आरोप करते समय हेतु या कारण स्पष्ट किया जाए वहाँ हेत्वापन्हुति अलंकार होता है.
१. रात माँझ रवि होत नहिं, ससि नहिं तीव्र सुलाग।
उठी लखन अवलोकिये, वारिधि सों बड़बाग।।
२. ये नहिं फूल गुलाब के, दाहत हियो अपार।
बिनु घनश्याम अराम में, लगी दुसह दवार।।
३. अंक नहीं है पयोधि के पंक को औ' वसि बंक कलंक न जागै।
छाहौं नहीं छिति की परसै अरु धूमौ नहीं बड़वागि को पागै।।
मैं मन वीचि कियो निह्चै रघुनाथ सुनो सुनतै भ्रम भागै।
ईठिन या के डिठौना दिया जेहि काहू वियोगी की डीठि न लागै।।
४. पहले आँखों में थे, मानस में कूद-मग्न प्रिय अब थे।
छींटे वहीं उड़े थे, बड़े-बड़े ये अश्रु कब थे.
५. गुरु नहीं, शिक्षक महज सेवक
साध्य विद्या नहीं निज देयक।
३. पर्यस्तापन्हुति:
जहाँ उपमेय या वास्तविक धर्मी में धर्म का निषेध कर अन्य में उसका आरोप जाता है वहाँ पर्यस्तापन्हुति अलंकार होता है।
१. आपने कर्म करि हौं हि निबहौंगो तौ तो हौं ही करतार करतार तुम काहे के?
२. मधुशाला वह नहीं जहाँ पर मदिरा बेची जाती है।
भेंट जहाँ मस्ती की मिलती वह मेरी मधुशाला है।।
३ . जहाँ दुःख-दर्द
जनता के सुने जाएँ
न वह संसद।
जहाँ स्वार्थों का
सौदा हो रहा
है देश की संसद।।
४. चमक न बाकी चन्द्र में
चमके चेहरा खूब।
५. डिग्रियाँ पाई,
न लेकिन ज्ञान पाया।
लगी जब ठोकर
तभी कुछ जान पाया।।
४. भ्रान्त्य अपन्हुति:
जहाँ किसी कारणवश भ्रम हो जाने पर सच्ची बात कहकर भ्रम का निवारण किया जाता है और उसमें कोई चमत्कार रहता है, वहाँ भ्रान्त्यापन्हुति अलंकार होता है।
१. खायो कै अमल कै हिये में छायो निरवेद जड़ता को मंत्र पढि नायो शीश काहू अरि।
कै लग्यो है प्रेत कै लग्यो है कहूँ नेह हेत सूखि रह्यो बदन नयन रहे आँसू भरि।।
बावरी की ऐसी दशा रावरी दिखाई देति रघुनाथ इ भयो जब मन में रो गयो डरि।
सखिन के टरै गरो भरे हाथ बाँसुरी देहरे कही-सुनी आजु बाँसुरी बजाई हरि।।
२. आली लाली लखि डरपि, जनु टेरहु नंदलाल।
फूले सघन पलास ये, नहिं दावानल ज्वाल।।
३. डहकु न है उजियरिया, निसि नहिं घाम।
जगत जरत अस लाग, मोहिं बिनु राम।।
४. सर्प जान सब डर भगे, डरें न व्यर्थ सुजान।
रस्सी है यह सर्प सी, किन्तु नहीं है जान।।
५. बिन बदरा बरसात?
न, सिर धो आयी गोरी।
टप-टप बूँदें टपकाती
फिरती है भोरी।।
५. छेकापन्हुति:
जहाँ गुप्त बात प्रगट होने की आशंका से चतुराईपूर्वक मिथ्या समाधान से निषेध कर उसे छिपाया जाता है वहाँ छेकापन्हुति अलंकार होता है।
१. अंग रंग साँवरो सुगंधन सो ल्प्तानो पीट पट पोषित पराग रूचि वरकी।
करे मधुपान मंद मंजुल करत गान रघुनाथ मिल्यो आन गली कुञ्ज घर की।।
देखत बिकानी छबि मो पै न बखानी जाति कहति ही सखी सों त्यों बोली और उरकी।
भली भईं तोही मिले कमलनयन परत नहीं सखी मैं तो कही बात मधुकर की।।
२. अर्धनिशा वह आयो भौन।
सुन्दरता वरनै कहि कौन?
निरखत ही मन भयो अनंद।
क्यों सखी साजन?
नहिं सखि चंद।।
३. श्यामल तन पीरो वसन मिलो सघन बन भोर।
देखो नंदकिशोर अलि? ना सखि अलि चितचोर।।
४. चाहें सत्ता?,
नहीं-नहीं,
जनसेवा है लक्ष्य।
५. करें चिकित्सा डॉक्टर
बिना रोग पहचान।
धोखा करें मरीज से?
नहीं, करें अनुमान।
६. कैतवापन्हुति:
जहाँ प्रस्तुत का प्रत्यक्ष निषेध न कर चतुराई से किसी व्याज (बहाने) से उसका निषेध किया जाता है वहाँ कैतवापन्हुति अलंकार होता है। कैटव में बहाने से, मिस, व्याज, कारण आदि शब्दों द्वारा उपमेय का निषेध कर उपमान का होना कहा जाता है।।
१. लालिमा श्री तरवारि के तेज में सारदा लौं सुखमा की निसेनी।
नूपुर नील मनीन जड़े जमुना जगै जौहर में सुखदेनी।।
यौं लछिराम छटा नखनौल तरंगिनी गंग प्रभा फल पैनी।
मैथिली के चरणाम्बुज व्याज लसै मिथिला मग मंजु त्रिवेनी।
२. मुख के मिस देखो उग्यो यह निकलंक मयंक।
३. नूतन पवन के मिस प्रकृति ने सांस ली जी खोल के।
यह नूतन पवन नहीं है,प्रकृति की सांस है।
४. निपट नीरव ही मिस ओस के
रजनि थी अश्रु गिरा रही
ओस नहीं, आँसू हैं।
५. जनसेवा के वास्ते
जनप्रतिनिधि वे बन गये,
हैं न प्रतिनिधि नेता हैं।
===
प्रार्थना
गजानन-लक्ष्मी पूजा:
.
*
शांति सौख्य सुख चैन दो
हे मेरे करतार
देश-देशवासी सकें
पा उत्तम सरकार।
*
दीपमालिका
का हर दीपक
नव समृद्धि
यश-कीर्ति
विपुल दे.
*
मन में आशा दीप जलें शत
घेरे नहीं निराशा.
सुख-दुःख दोनों सम सह पायें
अधिक न हो प्रत्याशा।
*
मथुरा के लड्डू गोपाल,
गंडक नदी के शालिग्राम,
श्रीनाथ द्वारा की चौकी,
भुज का कच्छप और तुलसी चौरा दीप,
पशुपतिनाथ के नगर की रुद्राक्ष माला,
माँ-पापा द्वारा परंपरा से संकलित सिक्के,
सासू जी द्वारा प्रदत्त कसौटी पत्थर का शिवलिंग सिंहासन,
जगन्नाथ पुरी समुद्र के दक्षिणावर्त शंख-अधबने मोतीयुक्त सीप,
मन-आंगन उजियारने की कामना करते दीप और नतमस्तक हम
भारत भाग्य विधाता सदय हों तो हो गयी दीपावली।
१२.११.२०१५
***
दोहा सलिला
गले मिले दोहा यमक
*
जिस का रण वह ही लड़े, किस कारण रह मौन.
साथ न देते शेष क्यों?, बतलायेगा कौन??
*
ताज महल में सो रही, बिना ताज मुमताज.
शिव मंदिर को मकबरा, बना दिया बेकाज..
*
भोग लगा प्रभु को प्रथम, फिर करना सुख-भोग.
हरि को अर्पण किये बिन, बनता भोग कुरोग..
*
योग लगते सेठ जी, निन्यान्नबे का फेर.
योग न कर दुर्योग से, रहे चिकित्सक-टेर..
*
दस सर तो देखे मगर, नौ कर दिखे न दैव.
नौकर की ही चाह क्यों, मालिक करे सदैव?
*
करे कलेजा चाक री, अधम चाकरी सौत.
सजन न आये चौथ पर, अरमानों की मौत..
*
चढ़े हुए सर कार पर, हैं सरकार समान.
सफर करे सर कार क्यों?, बिन सरदार महान..
*
चाक घिस रहे जन्म से. कोइ न समझे पीर.
गुरु को टीचर कह रहे, मंत्री जी दे पीर..
*
रखा आँख पर चीर फिर, दिया कलेजा चीर.
पीर सिया की सलिल थी, राम रहे प्राचीर..
*
पी मत खा ले जाम तू, है यह नेक सलाह.
जाम मार्ग हो तो करे, वाहन इंजिन दाह..
*
कर वट की आराधना, ब्रम्हदेव का वास.
करवट ले सो चैन से, ले अधरों पर हास..
१२-११-२०११

*** 

मंगलवार, 11 नवंबर 2025

नवंबर ११, विश्व शिक्षा दिवस, चंपा, हाइकु गीत, श्री श्री, गीत, दोहा, अलंकार

 सलिल सृजन नवंबर ११

*
११ नवंबर विश्व शिक्षा दिवस 
आलंकारिक दोहे
.
यमक
पहले धो खा बाद में, हाथ और फल मीत।
लेकिन धोखा खा नहीं, यही सही है रीत।।
.
अगर अदावत पल रही, दावत मत खा यार।
नफ़रत फितरत हो जहाँ, वहाँ न खोजो प्यार।।
.
अगर-मगर बिन गरल भी, करते शिव स्वीकार।
विष अणु पी श्यामल हुए, विष्णु जगत आधार।।
.
श्लेष
जब आए ऋतु काल तो, कर स्नेहिल व्यवहार।
नई फसल जो बो सके, पाए हर्ष अपार।।
.
उपमा व रूपक
नेता ठग सम झूठ कह, जीतें आम चुनाव। - उपमा
हुए चिकित्सक लुटेरे, कैसे करें निभाव।। - रूपक
.
अतिशयोक्ति
कुसुम पंखुरी छुए से, लगी बदन पर चोट। - संबंध अतिशयोक्ति
वैसे ही खुश हो गए, जैसे पाए नोट।। - चपल अतिशयोक्ति
.
अपन्हुति
केवल शिक्षक गुरु नहीं, मिले न श्रद्धा, मान।
जो कहते करते नहीं, ज्ञान नहीं दें ज्ञान।।
.
प्रतिवस्तूपमा अलंकार
मुख मोहे मुस्कान से, जैसे मोहे चंद।
काव्य मधुर रस से लगे, जैसे मीठा कंद।।
११.११.२०२५
.
गीत
चंपा
रूप छटा चंपई मनोहर देख लुभाया
अपना ही मन रहा न अपना, हुआ पराया
पीताभित श्वेताभ वदन मन मुकुलित प्रमुदित
हास अधर पर ज्यों कलिका पर भँवरा नर्तित
शोभित रति सह काम, अकाम न काम सुहाया
कर पल्लव सम पर्ण हरित करतल ध्वनि गुंजित
क्षीण मृणाल मनो कटि मनहर लचके हर्षित
तापस पवन करे तप भंग, फिरे बौराया
जड़ न रही जड़, है जमीन को जकड़े चेतन
कली विकस हो कुसुम तजे तरु हो अनिकेतन
नव पीढ़ी का पथ प्रशस्त करना मन भाया
हरित पर्ण खुशहाली का संदेश सुनाएँ
सुमन सफेद-पीत मिल राग-विराग बसाएँ
तना तना कमजोर शाख पा रहे लजाया
चंपा षष्ठी-नदी-नगर का नाम हो अमर
मिथ्या भाषी शापित, शिव पूजन से वंचित
कार्तिकेय प्रिय चंपा प्रभु पर गया चढ़ाया 
११.११.२०२४
•••
दोहा
किरण सलिल जब जब मिले, स्वर्णिम आभा देख।
निशि में भी आलोक हो, पवन मुग्ध हो लेख।।
***
हाइकु गीत
*
ऊषा की माँग
माँग भरे सूरज
हो गई पूरी।
*
गगन सजा / पंछी बने बाराती / आ रहा मजा
फहर रही / भू से गगन तक / प्रणय ध्वजा
ऊषा शर्माई
चेहरे पर छाई
लालिमा नूरी।
*
गूँजते गीत / पत्ते बजाते वाद्य / मजा ही मजा
धरती सास / हँसती मुँह देख / प्रभु की रजा
देवर चंदा
करे जब मजाक
भौजी सिंदूरी।
*
देता आशीष / बाबुल आसमान / हो सुखी सदा
दूध नहाओ / हमेशा फूलो फलो / पुत्री शुभदा
दोनों कुलों का
रखना तुम मान
सीख है जरूरी।
११.११.२०२१
***
किताबों में से निकली किताब - साहित्य बगिया में महकता गुलाब
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
[कृति विवरण - किताबों में से निकली किताब, समीक्षा संकलन, डॉ. रमेशचंद्र खरे, प्रथम संस्करण २०२०, आकार २१.५ से.मी. x १४ से.मी., पृष्ठ १८०, मूल्य १७५/-, प्रकाशक इंद्र पब्लिशिंग हाउस भोपाल]
*
मानव समाज में नीतिशास्त्र या संविधान की तरह साहित्य में समीक्षा अथवा समलोचना का महत्वपूर्ण स्थान है। समालोचना द्वारा ही किसी कृति की श्रेष्ठता, सामान्यता या हीनता का चिंतन किया जाता है। समालोचक साहित्य के सिद्धांतों के निकष पर कसने के साथ स्वविवेक से कृति की श्रेष्ठता, उपादेयता आदि पर विचार व्यक्त करता है। समालोचना के सिद्धांत, मानक या नियम देश-काल-परिस्थति सापेक्ष होते हैं, नश्वर नहीं। समालोचक की विचारधारा, मान्यताएँ, रुचि-अरुचि तथा लोकमत का भी महत्व है। किसी कृति को एक समीक्षक श्रेष्ठ निरूपित करता है तो अन्य सामान्य या हीन, तथापि निष्पक्ष और विवेकी समीक्षक नीर-क्षीर विवेचन कर कृति का मूल्यांकन करते हैं। संस्कृत की 'लोच्' क्रिया का अर्थ देखना (नयनों से), समझना (मन से) और प्रकाशित करना है। 'आ' उपसर्ग का अर्थ है चारों और से अथवा पूर्णतया। आलोचना का अर्थ है किसी वस्तु या कृति को सांगोपांग देख-समझकर उस पर / उसके संबंध में कुछ कहन या लिखना। 'सम' उपसर्ग के साथ संयुक्त होकर आलोचना, समालोचना हो जाती है जिसका अर्थ है संतुलित, निष्पक्ष या भली-भाँति मूल्यांकन करना। संस्कृत की टीका, व्याख्या या भाष्य, अंग्रेजी के क्रिटिसिज़्म, रिव्यू या ओपिनियन, अरबी के नज़रसानी, नुक्ताचीनी से समालोचना का आशय लिया जा सकता है। संस्कृत की एक उक्ति है 'कवि: करोति काव्यानां रसं जानाति पंडित:' अर्थात कवि कृति की रचना करता है जबकि विद्वान् उसका रस लेता है। बाबू श्यामसुंदर दास के अनुसार 'अच्छा कवि जीवन की व्याख्या करता है तो अच्छा समालोचक उस व्याख्या को समझने में सहायक होता है।'
डॉ. रमेशचंद्र खरे राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, सहृदय कवि, प्रखर व्यंग्यकार, कुशल कहानीकार, सक्षम समीक्षक तथा समझदार पाठक हैं। इस नाते किसी कृति पर उनके विचार, उनका चिंतन, उनका अभिमत समीक्षा के रूप में उपलब्ध होना रचनाकार, पाठकों, शोधार्थियों व विद्वानों सबके लिए बहुत उपयोगी है। विवेच्य कृति 'किताबों में से निकली किताब लघु समीक्षा कोष है जिसमें डॉ. खरे द्वारा समकालिक कृतियों पर लिखित ४२ महत्वपूर्ण समीक्षाएँ संकलित हैं। ये पुस्तकें विविध विधाओं (८ उपन्यास, ५ गीत-नवगीत संग्रह, ४ निबंध संग्रह ,३ खंडकाव्य, ३ काव्य संकलन, ३ व्यंग्य लेख संग्रह ,२ उपन्यासिकाएँ, २ प्रबंध काव्य, २ कहानी संग्रह, २ मुक्तक संग्रह, २ ग़ज़ल संग्रह, १ महाकाव्य, १ शोधकृति, १ दैनन्दिनी, १ पत्र संकलन, १ व्यंग्य काव्य, १ संस्मरण संग्रह, १ यात्रा संस्मरण, १ समालोचना कृति, १ भाषा शास्त्र) पर महत्वपूर्ण रचनाकारों (अम्बिका प्रसाद दिव्य, हरिभाऊ उपाध्याय, इंद्रबहादुर खरे, नरेश मेहता, प्रभाकर श्रोत्रिय, लीलाधर मंडलोई, कुँअर नारायण, डॉ. श्यामसुंदर दुबे, चंद्रसेन विराट, गंगाप्रसाद बरसैंया, मयंक श्रीवास्तव, संतोष खरे, डॉ. रामनारायण शर्मा, डॉ. सुरेश कुमार वर्मा, डॉ. शिवकुमार तिवारी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. देवप्रकाश खन्ना, डॉ. रामबल्लभ आचार्य, जंगबहादुर श्रीवास्तव, पूनम ए. चावला, दिलजीतसिंह रील, निर्मला जोशी, रमेश बख्शी, सत्यमोहन वर्मा, डॉ. रघुनंदन चिले, डॉ. नाथूराम राठौर, आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', शंकर शरण बत्रा, विनोद श्रीवास्तव, डॉ. अनिता, अभभरती, डॉ. गिरीश कुमार श्रीवास्तव तथा विनोद गुप्ता) द्वारा लिखी गयी और चर्चित हुई हैं।
विधा-वैविध्य से डॉ. रमेशचंद्र खरे के विस्तृत अध्ययन आकाश का आभास होता है। किसी पुस्तक की समीक्षा करना अपने आपमें जटिल काम है। विविध विधाओं की पुस्तकों की समीक्षा करना अर्थात उन सब विधाओं के मानकों, उनमें हुए महत्वपूर्ण सृजन से परिचित होना और मनोयोगपूर्वक हर कृति के गुण-दोष परख कर इस तरह प्रस्तुत करना कि कृति, कृतिकार और पाठक सबके साथ न्याय होते हुए कुछ नया और सार्थक कथ्य संप्रेषित हो सके। एक ही विधा की कई कृतियों की समीक्षाओं संकलित करते समय दुहराव और ऊब न हो, विविध कालखंडों की रचनाओं में प्रामाणिकता और ऐतिहासिकता का आकलन करना, भिन्न-भिन्न विचारधाराओं से प्रेरित कृतियों की सटीक विवेचना कर निष्पक्षता बनाये रख पाना और वह भी कम से कम शब्दों में, यह कार्य रज्जु पर खेल दिखाते नट के संतुलन-कौशल से भी बहुत अधिक दुष्कर है।
सामान्यत: पुस्तक का समीक्षा लेखन सैद्धांतिक समीक्षा का अंश मात्र है। समीक्षक के समक्ष अनेक प्रतिबंध होते हैं। यथा कृति की अंतर्वस्तु का आभास सामान्य पाठक को हो सके ताकि वह पढ़ने के लिए प्रेरित हो, विद्वानों के लिए नीर-क्षीर विवेचन हो, रचनाकार हतोत्साहित न हो तथा पत्रिकाओं में उपलब्ध सीमित स्थान के अनुरूप समीक्षा भी 'गागर में सागर' की तरह संक्षिप्त हो। डॉ. खरे स्वयं श्रेष्ठ-ज्येष्ठ और बहुविधायी लेखन के धनी रचनाकार हैं, इसलिए वे इस कठिनतम कार्य को सहजता और प्रमाणिकता के साथ निष्पादित कर सके हैं। कृति की भूमिका में वरिष्ठ भाषाशास्त्री, शिक्षाविद, उपन्यासकार, कहानीकार, निबंधकार, नाटककार और कवि डॉ. सुरेश कुमार वर्मा ने ठीक ही लिख है "समीक्षक की यात्रा दो चरणों में संपन्न होती है- अध्ययन और लेखन। अध्ययन से रचना (समीक्षा) में परिपक्वता आती है और तुलनात्मक समीक्षा के नए आयाम खुलते हैं। रमेश खरे जी की बहुज्ञता का एक कारण उनका विपुल अध्ययन है। उन्होंने गद्य-पद्य की समस्त विधाओं के महत्वपूर्ण ग्रंथों को गंभीरता से पढ़ा है। यह पठन उनके समस्त लेखन में झलकता है और उनकी रचनाओं की विश्वसनीयता में वृद्धि करता है। खरे जी ने अपने समीक्षा कर्म में नीर-क्षीर विवेक का प्रयोग किया है।'' मैं इस आकलन से पूरी तरह सहमत हूँ।
विवेच्य कृति हिंदी वांग्मय को समृद्ध करने के साथ वन रचनाकारों का पथप्रदर्शन करने में भी समर्थ है। इसे पढ़कर रचनाकार समझ सकता है की उसे अपने विषय और विधा के साथ न्याय किस तरह करना है? उसकी कृति का मूल्यांकन किन आधारों पर किया जाएगा। नव समीक्षकों के लिए यह कृति पाठ्य पुस्तक की तरह है। विविध विधाओं की कृतियों में किन पहलूओं को कितना महत्व दिया जाना चाहिए,किन मानकों के आधार पर उन्हें परखा जाना चाहिए आदि जानकारी सप्रयोग उपलब्ध है। इस दृष्टि से इस कृति का वही महत्त्व है जो विज्ञान में प्रयोग कार्य के मैनुअल का होता है।
हिंदी भाषा और साहित्य को गंभीर क्षति डॉ. रमेशचंद्र खरे के असामयिक निधन से हुई है। महाप्रस्थान कुछ दिन पूर्व ही उनसे मुझे यह कृति प्राप्त हुई थी। काश, यह समीक्षा वे पढ़ पाते। विधि का विधान डॉ. खरे के कृतित्व का सम्यक मूल्यांकन उनके जीवन काल में नहीं हो सका, अब होना चाहिए। उनके अप्रकाशित कार्य को प्रकाशित करने की दिशा में भी पहल की जानी चाहिए। स्व. विष्णुस्वरूप खरे और स्व. श्यामा बाई खरे के पुत्र रमेश जी क जन्म १९ जुलाई १९३७ को होशंगाबाद में हुआ था। उन्होंने साहित्य रत्न, एम. ए., (इतिहास, हिंदी) तथा पीएच। डी. की उपाधियाँ अर्जित कीं। 'अंबिका प्रसाद 'दिव्य' : व्यक्तित्व और कृतित्व' उनका महत्वपूर्ण शोध ग्रंथ अब तक अप्रकाशित है। डॉ. खरे रचित प्रमुख प्रकाशित कृतियाँ है- पद्य : गोस्वामी तुलसीदास पर रचित महाकाव्य 'विरागी अनुरागी' (३ संस्करण,अभियान जबलपुर द्वारा भाषा भूषण १९९८, बालकृष्ण शर्मा पुरस्कार), गीत संग्रह 'संवेदनाओं के सोपान' (चंद्रप्रकाश वर्मा पुरस्कार), व्यंग्यायन खंड काव्य (म.प्र. लेखिका संघ पुरस्कार), गीता योगायन खंड काव्य (अक्षर आदित्य सम्मान), संभावनाओं के आयाम, बहरा युग, बाल साहित्य : आओ गाएँ शाला पढ़ते-पढ़ते, आओ सीखें मैदानों में गाते-गाते, आओ खेलें रंगमंच पर मंथन करते, आओ बाँटें यादें बचपन की हँसते-हँसते, प्रकृति से पहचान, कहानियाँ बुद्धि और विवेक की (दिव्य पुरस्कार, बाल पुरस्कार), व्यंग्य : अधबीच में लटके, शेष कुशल है, मेरे भरोसे मत रहना शरद जोशी व्यंग्य पुरस्कार, सूत्रों के हवाले से, निबंध : भावानुभूति, भावानुकृति, कृतित्व से झाँकते व्यक्तित्व आदि।
'किताबों में से निकली किताब' डॉ. राम्रश्चंद्र खरे की साहित्यिक पैठ, बहुविधायी सामर्थ्य, समीक्षकीय नैपुण्यता तथा तटस्थ चिंतन की साक्षी है। डॉ. खरे लिखित समीक्षाओं का वैशिष्ट्य कृति की विधा व अंतर्वस्तु के अनुरूप परख करना तथा सरसता है। उनकी विपुल अध्ययनशीलता गुण-दोष निर्धारण में सहायक है। आदर्श शिक्षक होने के नाते वे संप्रेषणीयता कला पर अधिकार रखते हैं। उनके गयी समीक्षाएँ पाठकों को बाँधती हैं। वे न तो विधा के मानकों को पुलिस के डंडे की तरह प्रयोग करते हैं, न नेताओं द्वारा विधान को ठेंगे पर मारने की तरह मानकों की अनदेखी करते हैं। घर के तटस्थ मुखिया की तरह वे सहृदयता पूर्वक गुण-दोषों के मध्य तटस्थ रहकर समीक्षा कर्म से रचनाकारों और कृतियों को अभिसिंचित करते हैं। डॉ.खरे की प्रथम समालोचना कृति 'किताबों में से निकली किताबें उन्हें कुशल समीक्षकों की पंक्ति में प्रतिष्ठित करती है।
११.११.२०२०
==============
दोहा सलिला
*
श्री श्री की श्री-सरलता, मीठी वाणी खूब
उतना ही ज्यादा मिले, जितना जाओ डूब
*
अरुण! गीतमय हो रहा, रजनी भाव विभोर
उषा लाल-पीली हुई, पवन कर रहा शोर
*
शिशु शशि शीश शशीश चुप, शशिवदनी-शशिनाथ
कुंडलि कुंडलिनाथ की, निरखें गहकर हाथ
*
दिन कर दिनकर ने कहा, उठो! करो कुछ काम
काम करो निष्काम तब, नाम न रख हो नाम
*
सरसों के पीले किये, जब से भू ने हाथ
एक साथ हँस-रो रही, उठा-झुका कर माथ
*
जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह-प्रवेश त्यौहार
हर अवसर पर दे 'सलिल', पुस्तक ही उपहार
*
तन कुंडा में कुंडली, आत्म चेतना जान
छंद कुंडली रच 'सलिल', मन होगा रसखान
*
भू, जल, अग्नि, पवन,गगन, पञ्च चक्र के तत्व
रख विवेक जाग्रत सलिल', तभी प्राप्त हो सत्व
*
खुद में खुद ही डूब जा, खुद रह खुद से दूर
खुद ही खुद मिल जायेगा, तुझको खुद का नूर
*
खुदा खुदी खुद में रहे, खुद न खुदा से भिन्न
जुदा खुदा से कब हुआ, कोई सलिल'अभिन्न
*
कौन जगत में सगा है?, बोल कौन है गैर?
दोनों हाथ पसारकर, माँग सभी की खैर
*
मत प्रयास करना अधिक, और न देना छोड़
थोड़ी-थोड़ी कोशिशें, लोहा भी दें मोड़
*
जोड़-तोड़ से क्या मिला?, खोया मन का चैन
होड़ न करना किसी से, छोड़ स्वार्थ पा चैन
*
अधिक खींचने से 'सलिल', टूटे मन की डोर
अधिक ढील से उलझकर, गुम चैन के छोर
*
*
सु-मन ग्रहण कविता करे, मिले सुमन सी गंध
दूर दृष्ट भी हो निकट, हट जाए मन-बंध
११.११.२०१६
***
गीत:
कौन हो तुम?
*
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
*
समय के अश्वों की वल्गा
निरंतर थामे हुए हो.
किसी को अपना किया
ना किसी के नामे हुए हो.
अनवरत दौड़ा रहे रथ
दिशा, गति, मंजिल कहाँ है?
डूबते ना तैरते, मझधार या
साहिल कहाँ है?
क्यों कभी रुकते नहीं हो?
क्यों कभी झुकते नहीं हो?
क्यों कभी चुकते नहीं हो?
क्यों कभी थकते नहीं हो?
लुभाते मुझको बहुत हो
जहाँ भी हो जौन हो तुम.
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
*
पूछता है प्रश्न नाहक,
उत्तरों का जगत चाहक.
कौन है वाहन सुखों का?
कौन दुःख का कहाँ वाहक?
करो कलकल पर न किलकिल.
ढलो पल-पल विहँस तिल-तिल.
साँझ को झुरमुट से झिलमिल.
झाँक आँकों नेह हिलमिल.
क्यों कभी जलते नहीं हो?
क्यों कभी ढलते नहीं हो?
क्यों कभी खिलते नहीं हो?
क्यों कभी फलते नहीं हो?
छकाते हो बहुत मुझको
लुभाते भी तौन हो तुम.
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
११.११.२०१०
***