कुल पेज दृश्य

शुक्रवार, 12 जनवरी 2024

राघवयादवीयम्, वेंकटाध्वरि

 " दक्षिण का एक ग्रन्थ "

क्या ऐसा संभव है कि जब आप किताब को सीधा पढ़े तो रामायण की कथा पढ़ी जाए और जब उसी किताब में लिखे शब्दों को उल्टा करके पढ़े
तो कृष्ण भागवत की कथा सुनाई दे।
जी हां, कांचीपुरम के 17वीं शदी के कवि वेंकटाध्वरि रचित ग्रन्थ "राघवयादवीयम्" ऐसा ही एक अद्भुत ग्रन्थ है।
इस ग्रन्थ को
‘अनुलोम-विलोम काव्य’ भी कहा जाता है। पूरे ग्रन्थ में केवल 30 श्लोक हैं। इन श्लोकों को सीधे-सीधे
पढ़ते जाएँ, तो रामकथा बनती है और
विपरीत (उल्टा) क्रम में पढ़ने पर कृष्णकथा। इस प्रकार हैं तो केवल 30 श्लोक, लेकिन कृष्णकथा के भी 30 श्लोक जोड़ लिए जाएँ तो बनते हैं 60 श्लोक।
पुस्तक के नाम से भी यह प्रदर्शित होता है, राघव (राम) + यादव (कृष्ण) के चरित को बताने वाली गाथा है ~ "राघवयादवीयम।"
उदाहरण के तौर पर पुस्तक का पहला श्लोक हैः
वंदेऽहं देवं तं श्रीतं रन्तारं कालं भासा यः ।
रामो रामाधीराप्यागो लीलामारायोध्ये वासे ॥ १॥
अर्थातः
मैं उन भगवान श्रीराम के चरणों में प्रणाम करता हूं, जो
जिनके ह्रदय में सीताजी रहती है तथा जिन्होंने अपनी पत्नी सीता के लिए सहयाद्री की पहाड़ियों से होते हुए लंका जाकर रावण का वध किया तथा वनवास पूरा कर अयोध्या वापिस लौटे।
विलोमम्:
सेवाध्येयो रामालाली गोप्याराधी भारामोराः ।
यस्साभालंकारं तारं तं श्रीतं वन्देऽहं देवम् ॥ १॥
अर्थातः
मैं रूक्मिणी तथा गोपियों के पूज्य भगवान श्रीकृष्ण के
चरणों में प्रणाम करता हूं, जो सदा ही मां लक्ष्मी के साथ
विराजमान है तथा जिनकी शोभा समस्त जवाहरातों की शोभा हर लेती है।
" राघवयादवीयम" के ये 60 संस्कृत श्लोक इस प्रकार हैं:-
राघवयादवीयम् रामस्तोत्राणि
वंदेऽहं देवं तं श्रीतं रन्तारं कालं भासा यः ।
रामो रामाधीराप्यागो लीलामारायोध्ये वासे ॥ १॥
विलोमम्:
सेवाध्येयो रामालाली गोप्याराधी भारामोराः ।
यस्साभालंकारं तारं तं श्रीतं वन्देऽहं देवम् ॥ १॥
साकेताख्या ज्यायामासीद्याविप्रादीप्तार्याधारा ।
पूराजीतादेवाद्याविश्वासाग्र्यासावाशारावा ॥ २॥
विलोमम्:
वाराशावासाग्र्या साश्वाविद्यावादेताजीरापूः ।
राधार्यप्ता दीप्राविद्यासीमायाज्याख्याताकेसा ॥ २॥
कामभारस्स्थलसारश्रीसौधासौघनवापिका ।
सारसारवपीनासरागाकारसुभूरुभूः ॥ ३॥
विलोमम्:
भूरिभूसुरकागारासनापीवरसारसा ।
कापिवानघसौधासौ श्रीरसालस्थभामका ॥ ३॥
रामधामसमानेनमागोरोधनमासताम् ।
नामहामक्षररसं ताराभास्तु न वेद या ॥ ४॥
विलोमम्:
यादवेनस्तुभारातासंररक्षमहामनाः ।
तां समानधरोगोमाननेमासमधामराः ॥ ४॥
यन् गाधेयो योगी रागी वैताने सौम्ये सौख्येसौ ।
तं ख्यातं शीतं स्फीतं भीमानामाश्रीहाता त्रातम् ॥ ५॥
विलोमम्:
तं त्राताहाश्रीमानामाभीतं स्फीत्तं शीतं ख्यातं ।
सौख्ये सौम्येसौ नेता वै गीरागीयो योधेगायन् ॥ ५॥
मारमं सुकुमाराभं रसाजापनृताश्रितं ।
काविरामदलापागोसमावामतरानते ॥ ६॥
विलोमम्:
तेन रातमवामास गोपालादमराविका ।
तं श्रितानृपजासारंभ रामाकुसुमं रमा ॥ ६॥
रामनामा सदा खेदभावे दया-वानतापीनतेजारिपावनते ।
कादिमोदासहातास्वभासारसा-मेसुगोरेणुकागात्रजे भूरुमे ॥ ७॥
विलोमम्:
मेरुभूजेत्रगाकाणुरेगोसुमे-सारसा भास्वताहासदामोदिका ।
तेन वा पारिजातेन पीता नवायादवे भादखेदासमानामरा ॥ ७॥
सारसासमधाताक्षिभूम्नाधामसु सीतया ।
साध्वसाविहरेमेक्षेम्यरमासुरसारहा ॥ ८॥
विलोमम्:
हारसारसुमारम्यक्षेमेरेहविसाध्वसा ।
यातसीसुमधाम्नाभूक्षिताधामससारसा ॥ ८॥
सागसाभरतायेभमाभातामन्युमत्तया ।
सात्रमध्यमयातापेपोतायाधिगतारसा ॥ ९॥
विलोमम्:
सारतागधियातापोपेतायामध्यमत्रसा ।
यात्तमन्युमताभामा भयेतारभसागसा ॥ ९॥
तानवादपकोमाभारामेकाननदाससा ।
यालतावृद्धसेवाकाकैकेयीमहदाहह ॥ १०॥
विलोमम्:
हहदाहमयीकेकैकावासेद्ध्वृतालया ।
सासदाननकामेराभामाकोपदवानता ॥ १०॥
वरमानदसत्यासह्रीतपित्रादरादहो ।
भास्वरस्थिरधीरोपहारोरावनगाम्यसौ ॥ ११॥
विलोमम्:
सौम्यगानवरारोहापरोधीरस्स्थिरस्वभाः ।
होदरादत्रापितह्रीसत्यासदनमारवा ॥ ११॥
यानयानघधीतादा रसायास्तनयादवे ।
सागताहिवियाताह्रीसतापानकिलोनभा ॥ १२॥
विलोमम्:
भानलोकिनपातासह्रीतायाविहितागसा ।
वेदयानस्तयासारदाताधीघनयानया ॥ १२॥
रागिराधुतिगर्वादारदाहोमहसाहह ।
यानगातभरद्वाजमायासीदमगाहिनः ॥ १३॥
विलोमम्:
नोहिगामदसीयामाजद्वारभतगानया ।
हह साहमहोदारदार्वागतिधुरागिरा ॥ १३॥
यातुराजिदभाभारं द्यां वमारुतगन्धगम् ।
सोगमारपदं यक्षतुंगाभोनघयात्रया ॥ १४॥
विलोमम्:
यात्रयाघनभोगातुं क्षयदं परमागसः ।
गन्धगंतरुमावद्यं रंभाभादजिरा तु या ॥ १४॥
दण्डकां प्रदमोराजाल्याहतामयकारिहा ।
ससमानवतानेनोभोग्याभोनतदासन ॥ १५॥
विलोमम्:
नसदातनभोग्याभो नोनेतावनमास सः ।
हारिकायमताहल्याजारामोदप्रकाण्डदम् ॥ १५॥
सोरमारदनज्ञानोवेदेराकण्ठकुंभजम् ।
तं द्रुसारपटोनागानानादोषविराधहा ॥ १६॥
विलोमम्:
हाधराविषदोनानागानाटोपरसाद्रुतम् ।
जम्भकुण्ठकरादेवेनोज्ञानदरमारसः ॥ १६॥
सागमाकरपाताहाकंकेनावनतोहिसः ।
न समानर्दमारामालंकाराजस्वसा रतम् ॥ १७ विलोमम्:
तं रसास्वजराकालंमारामार्दनमासन ।
सहितोनवनाकेकं हातापारकमागसा ॥ १७॥
तां स गोरमदोश्रीदो विग्रामसदरोतत ।
वैरमासपलाहारा विनासा रविवंशके ॥ १८॥
विलोमम्:
केशवं विरसानाविराहालापसमारवैः ।
ततरोदसमग्राविदोश्रीदोमरगोसताम् ॥ १८॥
गोद्युगोमस्वमायोभूदश्रीगखरसेनया ।
सहसाहवधारोविकलोराजदरातिहा ॥ १९॥
विलोमम्:
हातिरादजरालोकविरोधावहसाहस ।
यानसेरखगश्रीद भूयोमास्वमगोद्युगः ॥ १९॥
हतपापचयेहेयो लंकेशोयमसारधीः ।
राजिराविरतेरापोहाहाहंग्रहमारघः ॥ २०॥
विलोमम्:
घोरमाहग्रहंहाहापोरातेरविराजिराः ।
धीरसामयशोकेलं यो हेये च पपात ह ॥ २०॥
ताटकेयलवादेनोहारीहारिगिरासमः ।
हासहायजनासीतानाप्तेनादमनाभुवि ॥ २१॥
विलोमम्:
विभुनामदनाप्तेनातासीनाजयहासहा ।
ससरागिरिहारीहानोदेवालयकेटता ॥ २१॥
भारमाकुदशाकेनाशराधीकुहकेनहा ।
चारुधीवनपालोक्या वैदेहीमहिताहृता ॥ २२॥
विलोमम्:
ताहृताहिमहीदेव्यैक्यालोपानवधीरुचा ।
हानकेहकुधीराशानाकेशादकुमारभाः ॥ २२॥
हारितोयदभोरामावियोगेनघवायुजः ।
तंरुमामहितोपेतामोदोसारज्ञरामयः ॥ २३॥
विलोमम्:
योमराज्ञरसादोमोतापेतोहिममारुतम् ।
जोयुवाघनगेयोविमाराभोदयतोरिहा ॥ २३॥
भानुभानुतभावामासदामोदपरोहतं ।
तंहतामरसाभक्षोतिराताकृतवासविम् ॥ २४॥
विलोमम्:
विंसवातकृतारातिक्षोभासारमताहतं ।
तं हरोपदमोदासमावाभातनुभानुभाः ॥ २४॥
हंसजारुद्धबलजापरोदारसुभाजिनि ।
राजिरावणरक्षोरविघातायरमारयम् ॥ २५॥
विलोमम्:
यं रमारयताघाविरक्षोरणवराजिरा ।
निजभासुरदारोपजालबद्धरुजासहम् ॥ २५॥
सागरातिगमाभातिनाकेशोसुरमासहः ।
तंसमारुतजंगोप्ताभादासाद्यगतोगजम् ॥ २६॥
विलोमम्:
जंगतोगद्यसादाभाप्तागोजंतरुमासतं ।
हस्समारसुशोकेनातिभामागतिरागसा ॥ २६॥
वीरवानरसेनस्य त्राताभादवता हि सः ।
तोयधावरिगोयादस्ययतोनवसेतुना ॥ २७॥
विलोमम्
नातुसेवनतोयस्यदयागोरिवधायतः ।
सहितावदभातात्रास्यनसेरनवारवी ॥ २७॥
हारिसाहसलंकेनासुभेदीमहितोहिसः ।
चारुभूतनुजोरामोरमाराधयदार्तिहा ॥ २८॥
विलोमम्
हार्तिदायधरामारमोराजोनुतभूरुचा ।
सहितोहिमदीभेसुनाकेलंसहसारिहा ॥ २८॥
नालिकेरसुभाकारागारासौसुरसापिका ।
रावणारिक्षमेरापूराभेजे हि ननामुना ॥ २९॥
विलोमम्:
नामुनानहिजेभेरापूरामेक्षरिणावरा ।
कापिसारसुसौरागाराकाभासुरकेलिना ॥ २९॥
साग्र्यतामरसागारामक्षामाघनभारगौः ॥
निजदेपरजित्यास श्रीरामे सुगराजभा ॥ ३०॥
विलोमम्:
भाजरागसुमेराश्रीसत्याजिरपदेजनि ।स
गौरभानघमाक्षामरागासारमताग्र्यसा ॥ ३०॥
॥ इति श्रीवेङ्कटाध्वरि कृतं श्री ।।

विवेकानंद, शिकागो

आज विवेकानंद जी का जन्मदिन है ..
सन् १८९३ में शिकागो (अमेरिका) में विश्व धर्म परिषद् में भाषण-
अमेरिकी बहनों और भाइयों, आपने जिस सौहार्द और स्नेह के साथ हम लोगों का स्वागत किया हैं, उसके प्रति आभार प्रकट करने के निमित्त खड़े होते समय मेरा हृदय अवर्णनीय हर्ष से पूर्ण हो रहा हैं। संसार में संन्यासियों की सब से प्राचीन परम्परा की ओर से मैं आपको धन्यवाद देता हूँ; धर्मों की माता की ओर से धन्यवाद देता हूँ; और सभी सम्प्रदायों एवं मतों के कोटि कोटि हिन्दुओं की ओर से भी धन्यवाद देता हूँ। मैं इस मंच पर से बोलनेवाले उन कतिपय वक्ताओं के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित करता हूँ, जिन्होंने प्राची के प्रतिनिधियों का उल्लेख करते समय आपको यह बतलाया हैं कि सुदूर देशों के ये लोग सहिष्णुता का भाव विविध देशों में प्रचारित करने के गौरव का दावा कर सकते हैं। मैं एक ऐसे धर्म का अनुयायी होने में गर्व का अनुभव करता हूँ, जिसने संसार को सहिष्णुता तथा सार्वभौम स्वीकृति, दोनों की ही शिक्षा दी हैं। हम लोग सब धर्मों के प्रति केवल सहिष्णुता में ही विश्वास नहीं करते, वरन् समस्त धर्मों को सच्चा मान कर स्वीकार करते हैं। मुझे ऐसे देश का व्यक्ति होने का अभिमान हैं, जिसने इस पृथ्वी के समस्त धर्मों और देशों के उत्पीड़ितों और शरणार्थियों को आश्रय दिया हैं। मुझे आपको यह बतलाते हुए गर्व होता हैं कि हमने अपने वक्ष में यहूदियों के विशुद्धतम अवशिष्ट को स्थान दिया था, जिन्होंने दक्षिण भारत आकर उसी वर्ष शरण ली थी, जिस वर्ष उनका पवित्र मन्दिर रोमन जाति के अत्याचार से धूल में मिला दिया गया था । ऐसे धर्म का अनुयायी होने में मैं गर्व का अनुभव करता हूँ, जिसने महान् जरथुष्ट्र जाति के अवशिष्ट अंश को शरण दी और जिसका पालन वह अब तक कर रहा हैं। भाईयो, मैं आप लोगों को एक स्तोत्र की कुछ पंक्तियाँ सुनाता हूँ, जिसकी आवृति मैं बचपन से कर रहा हूँ और जिसकी आवृति प्रतिदिन लाखों मनुष्य किया करते हैं: रुचिनां वैचित्र्यादृजुक ुटिलनानापथजुषाम ् । नृणामेको गम्यस्त्वमसि पयसामर्णव इव ।। - ' जैसे विभिन्न नदियाँ भिन्न भिन्न स्रोतों से निकलकर समुद्र में मिल जाती हैं, उसी प्रकार हे प्रभो! भिन्न भिन्न रुचि के अनुसार विभिन्न टेढ़े-मेढ़े अथवा सीधे रास्ते से जानेवाले लोग अन्त में तुझमें ही आकर मिल जाते हैं।' यह सभा, जो अभी तक आयोजित सर्वश्रेष्ठ पवित्र सम्मेलनों में से एक हैं, स्वतः ही गीता के इस अद्भुत उपदेश का प्रतिपादन एवं जगत् के प्रति उसकी घोषणा हैं: ये यथा मां प्रपद्यन्ते तांस्तथैव भजाम्यहम् । मम वर्त्मानुवर्तन् ते मनुष्याः पार्थ सर्वशः ।। - ' जो कोई मेरी ओर आता हैं - चाहे किसी प्रकार से हो - मैं उसको प्राप्त होता हूँ। लोग भिन्न मार्ग द्वारा प्रयत्न करते हुए अन्त में मेरी ही ओर आते हैं।' साम्प्रदायिकता, हठधर्मिता और उनकी बीभत्स वंशधर धर्मान्धता इस सुन्दर पृथ्वी पर बहुत समय तक राज्य कर चुकी हैं। वे पृथ्वी को हिंसा से भरती रही हैं, उसको बारम्बार मानवता के रक्त से नहलाती रही हैं, सभ्यताओं को विध्वस्त करती और पूरे पूरे देशों को निराशा के गर्त में डालती रही हैं। यदि ये बीभत्स दानवी न होती, तो मानव समाज आज की अवस्था से कहीं अधिक उन्नत हो गया होता । पर अब उनका समय आ गया हैं, और मैं आन्तरिक रूप से आशा करता हूँ कि आज सुबह इस सभा के सम्मान में जो घण्टाध्वनि हुई हैं, वह समस्त धर्मान्धता का, तलवार या लेखनी के द्वारा होनेवाले सभी उत्पीड़नों का, तथा एक ही लक्ष्य की ओर अग्रसर होनेवाले मानवों की पारस्पारिक कटुता का मृत्युनिनाद सिद्ध हो।
मैं बौद्ध धर्मावलम्बी नहीं हूँ, जैसा कि आप लोगों ने सुना हैं, पर फिर भी मैं बौद्ध हूँ । यदि दीन, जापान अथवा सीलोन उस महान् तथागत के उपदेशों का अनुसरण करते हैं, तो भारत वर्ष उन्हें पृथ्वी पर ईश्वर का अवतार मानकर उनकी पूजा करता हैं । आपने अभी अभी सुना कि मैं बौद्ध धर्म की आलोचना करनेवाला हूँ , परन्तु उससे आपको केवल इतना ही समझना चाहिए । जिनको मैं इस पृथ्वी पर ईश्वर का अवतार मानता हूँ, उनकी आलोचना ! मुझसे यह सम्भव नहीं । परन्तु वुद्ध के विषय में हमारी धारणा यह हैं कि उनके शिष्यों ने उनकी शिक्षाओं को ठीक ठीक नहीं समझा । हिन्दू धर्म (हिन्दू धर्म से मेरा तात्पर्य वैदिक धर्म हैं ) और जो आजकल बौद्ध धर्म कहलाता हैं, उनमें आपस में वैसा ही सम्बन्ध हैं , जैसा यहूदी तथा ईसाई धर्मों में । ईसा मसीह यहूदी थे और शाक्य मुनि हिन्दू । यहूदियों ने ईसा को केवल अस्वीकार ही नहीं किया, उन्हें सूली पर भी चढ़ा दिया, हिन्दूओं नें शाक्य मुनि को ईश्वर के रूप में ग्रहण किया हैं और उनकी पूजा करते हैं । किन्तु प्रचलित हौद्ध धर्म नें तथा बुद्धदेव की शिक्षाओं में जो वास्तविक भेद हम हिन्दू लोग दिखलाना चाहते हैं, वह विशेषतःयह हैं कि शाक्य मुनि कोई नयी शिक्षा देने के लिए अवतीर्ण नहीं हुए थे । वे भी ईसा के समान धर्म की सम्पूर्ति के लिए आये थे , उसका विनाश करने नहीं । अन्तर इतना हैं कि जहाँ ईसा को प्राचीन यहूदी नहीं समझ पाये । जिस प्रकार यहूदी प्राचीन व्यवस्थान की निष्पत्ति नहीं समझ सके, उसी प्रकार बऔद्ध भी हिन्दू धर्म के सत्यों की निष्पत्ति को नहीं समझ पाये । मैं यह वात फिर से दुहराना चाहता हूँ कि शाक्य मुनि ध्वंस करने नहीं आये थे, वरन् वे हिन्दू धर्म की निष्पत्ति थे, उसकी तार्किक परिणति और उसके युक्तिसंगत विकास थे ।
हिन्दी धर्म के दो भाग हैं -- कर्मकाणड और ज्ञानकाणड । ज्ञानकाण्ढ का विशेष अध्ययन संन्यासी लोग करते हैं ।
ज्ञानकाण्ड में जाति भेद नहीं हैं । भारतवर्ष में उच्च अथवा नीच जाति के लोग संन्यासी हो सकते हैं, और तब दोनों जातियाँ समान हो जाती हैं । धर्म में जाति भेद नहीं हैं ; जाति तो एक सामाजिक संस्था मात्र हैं । शाक्य मुनि स्वमं संन्यासी थे , और यह उनकी ही गरिमा हैं कि उनका हृदय इतना विशाल था कि उन्होंने अप्राप्य वेदों से सत्यों को निकाल कर उनको समस्त संसार में विकीर्ण कर दिया । इस जगत् में सब से पहते वे ही ऐसे हुए, जिन्होंमे धर्मप्रचार की प्रथा चलायी -- इतना ही नहीं , वरन् मनुष्य को दूसरे धर्म से अपने धर्म में दीक्षीत करने का विचार भी सब से पहले उन्हीं के मन में उदित हुआ ।
सर्वभूतों के प्रति , और विशेषकर अज्ञानी तथा दीन जनों के प्रति अद्भुत सहानुभूति मेंं ही तथागत ता महान् गौरव सन्निहित हैं । उनके कुछ श्ष्य ब्राह्मण थे । बुद्ध के धर्मोपदेश के समय संस्कृत भारत की जनभाषा नहीं रह गयी थी । वह उस समय केवल पण्डितों के ग्रन्थों की ही भाषा थी । बुद्धदेव के कुछ ब्राह्मण शिष्यों मे उनके उपदेशों का अनुवाद संस्कृत भाषा में करना चाहा था , पर बुद्धदेव उनसे सदा यही कहते -- ' में दरिद्र और साधारण जनों के लिए आया हूँ , अतः जनभाषा में ही मुझे बोलने दो। ' और इसी कारण उनके अधिकांश उपदेश अब तक भारत की तत्कालीन लोकभाषा में पायें जाते हैं ।
दर्शनशास्त्र का स्थान चाहे जो भी दो, तत्त्वज्ञान का स्थान चाहे जो भी हो, पर जब तक इस लोक में मृत्यु मान की वस्तु हैं, जब तक मानवहृदय में दुर्वलता जैसी वस्तु हैं , जव तक मनुष्य के अन्तःकरण से उसका दुर्बलताजनित करूण क्रन्दन बाहर निकलता हैं, तव तक इस सेसार में ईश्वर में विश्वास कायम रहेगा ।
जहाँ तक दर्शन की बात हैं , तथागत के शिष्यों ने वेदों की सनातन चट्टानों पर बहुत हाथ-पैर पटके , पर वे उसे तोड न सके और दूसरी ओर उन्होंने जनता के बीच से उस सनातन परमेश्वर को उठा लिया, जिसमे हर नर-नारी इतने अनुराग से आश्रय लेता हैं । फल यह हुआ कि बौद्ध धर्म को भारतवर्ष में स्वाभाविक मृत्यु प्राप्त करनी पड़ी और आज इस धर्म की जन्मभूमि भारत में अपने को बौद्ध कहनेवाली एक भी स्त्री या पुरुष नहीं हैं ।
किन्तु इसके साथ ही ब्राह्मण धर्म ने भी कुछ खोया -- समाजसुधार का वह उत्साह, प्राणिमात्र के प्रति वब आश्चर्यजनक सहानुभूति और करूणा , तथा वह अद्भुत रसायन, जिसे हौद्ध धर्म ने जन जन को प्रदान किया था एवं जिसके फलस्वरूप भारतिय समाज इतना महान् हो गया कि तत्कालीन भारत के सम्बन्ध में लिखनेवाले एक यूनानी इतिहासकार को यह लिखना पड़ा कि एक भी ऐसा हिन्दू नहीं दिखाई देता , जो मिथ्याभाषण करता हो ; एक भी ऐसी हिन्दू नारी नहीं हैं , जो पतिव्रता न हो । हिन्दू धर्म बौद्ध धर्म के बिना नहीं रह सकता और न बौद्ध धर्म हिन्दू धर्म के बीना ही । तब यह देख्ए कि हमारे पारस्परिक पार्थक्य ने यह स्पष्ट रूप से प्रकट कर दिया कि बौद्ध, ब्राह्मणों के दर्षन और मस्तिष्क के बिना नहीं ठहर सकते, और न ब्राह्मण बौद्धों के विशाल हृदय क बिना । बौद्ध और ब्राह्मण के बीच यह पार्थक्य भारतवर्ष के पतन का कारण हैं । यही कारण हैं कि आज भारत में तीस करोड़ भिखमंगे निवास करते हैं , और वह एक सहस्र वर्षों से विजेताओं का दास बना हुआ हैं । अतः आइए, हम ब्राह्मणों की इस अपूर्व मेधा के साथ तथागत के हृदय, महानुभावता और अद्भुत लोकहितकारी शक्ति को मिला दें ।

गुरुवार, 11 जनवरी 2024

सलिल सृजन ११ जनवरी, मेरा परिचय, शान्तिराज पुस्तकालय, मुक्तिका, नवगीत, श्रीनाथद्वारा

सलिल सृजन ११ जनवरी  

बुंदेली सॉनेट
*
आकें देखो कभऊँ गाँव में,
पता परैगी तब सच्चाई,
अब नें मताई नार पराई,
घाम तपत है इतै छाँव में।
नरदा बह रओ सूख नाँव में,
जीत रई हर रोज बुराई,
हार गई सच में सच्चाई,
लगो सनिश्चर जवां पाँव में।
एक बहन जी पाँच किलासें,
होते पास पढ़े बिन बच्चे,
देस कर रओ खूब तरक्की।
पंच-खसम श्रमिकों को ठाँसे,
तंग कर रए शह पा लुच्चे,
भई लाड़ली हक्की-बक्की।
११.१.२०२४
***
सॉनेट
विरोधाभास
*
वे बाल काव्य लिख रहे हैं बाल श्याम कर।
दाँत मुँह में हैं नहीं लोहे के हैं चने।
जला रहे फसलें, हैं दाम आसमान पर।।
है नाम नम्रता मगर तेवर रहें तने।।
भाषा न भाव है मगर साहित्य रच रहे।
क्यों नाम बदल छंद का भरमा रहे कहें।
पढ़ते न और को कभी, सुनने से बच रहे।।
जैसी बयार हो कलम क्यों उस तरफ बहें।।
कुछ लोग देख डर गए, वक्तव्य वीर जी।
है चोर की दाढ़ी में, तिनका रहा सदा।
जनता कुचल रहे हैं, मंत्री के पूत जी।।
हैं वायदे जुमले हुए, क्या भाग्य में बदा।।
कुम्हला रहे कमल कहा दुष्यंत ने सही।
तालाब का पानी बदल, सुपंथ चुन सही।।
११.१.२०२२
***
गीत
भीड़ का हिस्सा नहीं
छाँव हूँ मैं, धूप भी हूँ
खेत हूँ मैं, कूप भी हूँ
महल का ठस्सा नहीं
लोक हूँ मैं स्वाभिमानी
देशप्रेमी आत्मदानी
वायवी किस्सा नहीं
खींच कर तृष्णा बुझाओ
गले बाँधो, मुक्ति पाओ
कसूरी रस्सा नहीं
भाग्य लिखता कर परिश्रम
बाँध मुट्ठी, आँख रख नम
बेतुका घिस्सा नहीं
११.१.२०२०
***
लघुकथा:
निपूती भली थी
*
बापू के निर्वाण दिवस पर देश के नेताओं, चमचों एवं अधिकारियों ने उनके आदर्शों का अनुकरण करने की शपथ ली. अख़बारों और दूरदर्शनी चैनलों ने इसे प्रमुखता से प्रचारित किया.
अगले दिन एक तिहाई अर्थात नेताओं और चमचों ने अपनी आँखों पर हाथ रख कर कर्तव्य की इति श्री कर ली. उसके बाद दूसरे तिहाई अर्थात अधिकारियों ने कानों पर हाथ रख लिए, तीसरे दिन शेष तिहाई अर्थात पत्रकारों ने मुँह पर हाथ रखे तो भारत माता प्रसन्न हुई कि देर से ही सही इन्हे सदबुद्धि तो आई.
उत्सुकतावश भारत माता ने नेताओं के नयनों पर से हाथ हटाया तो देखा वे आँखें मूंदे जनगण के दुःख-दर्दों से दूर सता और सम्पत्ति जुटाने में लीन थे. दुखी होकर भारत माता ने दूसरे बेटे अर्थात अधिकारियों के कानों पर रखे हाथों को हटाया तो देखा वे आम आदमी की पीडाओं की अनसुनी कर पद के मद में मनमानी कर रहे थे. नाराज भारत माता ने तीसरे पुत्र अर्थात पत्रकारों के मुँह पर रखे हाथ हटाये तो देखा नेताओं और अधिकारियों से मिले विज्ञापनों से उसका मुँह बंद था और वह दोनों की मिथ्या महिमा गा कर ख़ुद को धन्य मान रहा था.
अपनी सामान्य संतानों के प्रति तीनों की लापरवाही से क्षुब्ध भारत माता के मुँह से निकला- 'ऐसे पूतों से तो मैं निपूती ही भली थी.
* * *
मेरा परिचय:
कौन हूँ मैं?...
*
क्या बताऊँ, कौन हूँ मैं?
नाद अनहद मौन हूँ मैं.
दूरियों को नापता हूँ.
दिशाओं में व्यापता हूँ.
काल हूँ कलकल निनादित
कँपाता हूँ, काँपता हूँ.
जलधि हूँ, नभ हूँ, धरा हूँ.
पवन, पावक, अक्षरा हूँ.
निर्जरा हूँ, निर्भरा हूँ.
तार हर पातक, तरा हूँ..
आदि अर्णव सूर्य हूँ मैं.
शौर्य हूँ मैं, तूर्य हूँ मैं.
अगम पर्वत कदम चूमे.
साथ मेरे सृष्टि झूमे.
ॐ हूँ मैं, व्योम हूँ मैं.
इडा-पिंगला, सोम हूँ मैं.
किरण-सोनल साधना हूँ.
मेघना आराधना हूँ.
कामना हूँ, भावना हूँ.
सकल देना-पावना हूँ.
'गुप्त' मेरा 'चित्र' जानो.
'चित्त' में मैं 'गुप्त' मानो.
अर्चना हूँ, अर्पिता हूँ.
लोक वंदित चर्चिता हूँ.
प्रार्थना हूँ, वंदना हूँ.
नेह-निष्ठा चंदना हूँ.
ज्ञात हूँ, अज्ञात हूँ मैं.
उषा, रजनी, प्रात हूँ मैं.
शुद्ध हूँ मैं, बुद्ध हूँ मैं.
रुद्ध हूँ, अनिरुद्ध हूँ मैं.
शांति-सुषमा नवल आशा.
परिश्रम-कोशिश तराशा.
स्वार्थमय सर्वार्थ हूँ मैं.
पुरुषार्थी परमार्थ हूँ मैं.
केंद्र, त्रिज्या हूँ, परिधि हूँ.
सुमन पुष्पा हूँ, सुरभि हूँ.
जलद हूँ, जल हूँ, जलज हूँ.
ग्रीष्म, पावस हूँ, शरद हूँ.
साज, सुर, सरगम सरस हूँ.
लौह को पारस परस हूँ.
भाव जैसा तुम रखोगे
चित्र वैसा ही लखोगे.
स्वप्न हूँ, साकार हूँ मैं.
शून्य हूँ, आकार हूँ मैं.
संकुचन-विस्तार हूँ मैं.
सृष्टि काव्यापार हूँ मैं.
हिंस्र खातिर काल हूँ मैं
हलाहल की ज्वाल हूँ मैं
कभी दुर्गा, कभी काली
दनुज-सर की माल हूँ मैं
चाहते हो स्नेह पाओ.
सृष्ट में हो लीन जाओ.
द्वेष, हिंसा भूल जाओ.
रागिनी जग में गुँजाओ.
जलधि जल की धार हूँ मैं
हिंद-हिंदी सार हूँ मैं.
कायरों की मौत हूँ मैं
सज्जनों हित ज्योत हूँ मैं
नर्मदा हूँ, वर्मदा हूँ.
धर्मदा हूँ, कर्मदा हूँ.
कभी कंकर, कभी शंकर.
कभी सैनिक कभी बंकर.
दहशतगर्दों! मौत हूँ मैं.
ज़िंदगी की सौत हूँ मैं.
सुधर आओ शरण हूँ मैं.
सिर रखो शिव-चरण हूँ मैं.
क्या बताऊँ, कौन हूँ मैं?
नाद अनहद मौन हूँ मैं.
***
लावणी
*
छंद विधान: यति १६-१४, समपदांती द्विपदिक मात्रिक छंद, पदांत नियम मुक्त।
पुस्तक मेले में पुस्तक पर, पाठक-क्रेता गायब हैं।
थानेदार प्रकाशक कड़ियल, विक्रेतागण नायब हैं।।
जहाँ भीड़ है वहाँ विमोचन, फोटो ताली माला है।
इंची भर मुस्कान अधर पर, भाषण घंटों वाला है।।
इधर-उधर ताके श्रोता, मीठा-नमकीन कहाँ कितना?
जितना मिलना माल मुफ्त का, उतना ही हमको सुनना।।
फोटो-सेल्फी सुंदरियों के, साथ खिंचा लो चिपक-चिपक।
गुस्सा हो तो सॉरी कह दो, खोज अन्य को बिना हिचक।।
मुफ्त किताबें लो झोला भर, मगर खरीदो एक नहीं।
जो पढ़ने को कहे समझ लो, कतई इरादे नेक नहीं।।
हुई देश में व्याप्त आजकल, लिख-छपने की बीमारी।
बने मियाँ मिट्ठू आपन मुँह, कविगण करते झखमारी।।
खुद अभिनंदन पत्र लिखा लो, ले मोमेंटो श्रीफल शाल।
स्वल्पाहार हरिद्रा रोली, भूल न जाना मल थाल।।
करतल ध्वनि कर चित्र खींच ले, छपवा दे अख़बारों में।
वह फोटोग्राफर खरीद लो, सज सोलह सिंगारों में।।
जिम्मेदारी झोंक भाड़ में, भूलो घर की चिंता फ़िक्र।
धन्य हुए दो ताली पाकर, तरे खबर में पाकर ज़िक्र।।
११.१.२०१९
शान्तिराज पुस्तकालय
जिन शिक्षा संस्थाओं में अर्थाभाव के कारण विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनके प्राचार्य द्वारा आवेदन करने और शिक्षकों द्वारा पुस्तकालय संचालन का दायित्व ग्रहण करने की सहमति होने पर प्रतिवर्ष १०० पुस्तकें तथा साहित्यिक पत्रिकाएँ निशुल्क प्रदान की जाती हैं।
संस्था के केंद्रीय कार्यालय ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन जबलपुर में सदस्यों हेतु निशुल्क पुस्तकालय है जिसमें लगभग १५००० पुस्तकें व पत्रिकाएँ उपलब्ध हैं। सहयोगी संस्था आईसेक्ट द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई गई पुस्तकें / पत्रिकाएँ आदि यहाँ सदस्यों को उपलब्ध रहती हैं। संस्था के संस्थापक सभापति आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, सचिव इंजी. अरुण भटनागर हैं। संस्था द्वारा विविध साहित्यक विधाओं की कृतियों तथा विशिष्ट अवदान पर वार्षिक सम्मेलन के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। वर्ष २०२१ में तरुण स्मृति गीत-नवगीत सम्मान (५०००/- नगद) से श्री विनोद निगम को सम्मानित किया गया।
महीयसी पुस्तक प्रसार योजना
संस्था द्वारा वाट्सऐप समूह अभियान जबलपुर पर हर मंगलवार को शाम ५ बजे से आयोजित बाल जगत कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे बच्चों की प्रतिभा विकास कर उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए न्यायमूर्ति शिवदयाल जी की पुण्य स्मृति में सबसे अच्छी प्रस्तुति पर एक पुस्तक पुरस्कार में दी जाएगी। ये पुस्तकें भोपाल से डॉ. ज्योत्स्ना निगम जी के माध्यम से दी जाएँगी। पुरस्कार के निर्णायक विशववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर के सभापति होंगे। पुरस्कार घोषणा के पश्चात् विजयी बच्चा अपना डाक का पता, चलभाष क्रमांक आदि पटल पर सूचित करेगा।
बच्चे अपना खुद का पुस्तकालय बना सकें तो उनमें पुस्तक पढ़ने की आदत का विकास होगा। पाठ्यक्रम के अतिरिक्त अन्य पुस्तकें पढ़ने से बाल पाठक शब्द भण्डार, शब्दों के अर्थ की समझ बढ़ेगी, वाक्य अथवा छंद की संरचना के प्रति लगाव होगा और वे अपनी परीक्षा पुस्तिका या साक्षात्कार में अपने उत्तर देते समय या भाषण आदि देते समय सटीक शब्दों व भाषा का प्रयोग कर सफल होंगे।
प्रथम पुरस्कार सुरभि मुले को
पटल पर श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों की सुंदर प्रस्तुति करने के लिए सुरभि मुले को प्रथम 'न्यायमूर्ति शिवदयाल स्मृति पुरस्कार' प्रदान करने के निर्णय लिया गया है। सुरभि को पूरी गीता कंठस्थ है। ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा सुरभि गीता के श्लोकों का सस्वर वाचन तथा व्याख्या करने में निपुण है। सुरभि का पता- प्लाट क्रमांक ४६ बी, मकान क्रमांक ७८२ बदनपुर, साई पैलेस के सामने, शक्ति नगर, जबलपुर ४८२००१।
पाठक पंचायत
संस्था के सदस्यों तथा अन्य रचनाकारों से प्राप्त पुस्तकों की समीक्षा नियमित गोष्ठियों में निरंतर की जाती है। संस्थान की ११ ईकाइयाँ विविध नगरों में कार्यरत हैं। सभी ईकाइयों में समीक्षा हेतु प्रति इकाई २ पुस्तकें आना आवश्यक है। कम प्रतियाँ मिलने पर केवल केंद्रीय ईकाई में चर्चा की जाती है।
वॉट्सऐप जीवंत गोष्ठियाँ
वॉट्सऐप पर जीवंत (लाइव) गोष्ठियाँ प्रतिदिन ५ बजे से आयोजित की जा रही हैं जिनके विषय सोमवार उपनिषद वार्ता, मंगलवार बाल जगत, बुधवार भाषा विविधा, गुरूवार लोक साहित्य, शुक्रवार रस-छंद-अलंकार तथा समीक्षा, शनिवार काव्य गोष्ठी, रविवार संत समागम (११ बजे से) हैं।
दिव्य नर्मदा
संस्थान की पत्रिका दिव्य नर्मदा.इन पर प्रतिदिन नई रचनाएँ प्रस्तुत की जाती हैं। इसका गणक अब तक आ चुके पाठकों की संख्या ३८,१४,४५५ दिखा रहा है। इस पर १२६६१ रचनाएँ प्रस्तुत की जा चुकी हैं।
अन्य गतिविधियाँ
संस्था अपने सदस्यों को लेखन विधाओं, हिंदी व्याकरण, हिंदी छंद आदि की जानकारी तथा लेखन हेतु मार्गदर्शन देने के साथ पांडुलिपियों के संशोधन, मुद्रण, भूमिका लेखन, समीक्षा लेखन, विमोचन आदि में सहायक होती है।
***
पर्यावरण - वानिकी
*
साहित्य मंडल श्रीनाथद्वारा के आमंत्रण पर बाल साहित्य सम्मेलन में सहभागिता हेतु राजस्थान के कुछ भू भाग का भ्रमण करने का लोभ संवरण न कर सका। अत्यधिक शीत और कोहराजनित असुविधा की आशंका पर श्रीनाथ जी के दर्शन मिलने के सौभाग्यजनित भक्ति भाव ने विजय पाई।
मैं और उदयभानु तिवारी 'मधुकर' दयोदय एक्सप्रेस में पूर्वारक्षित बी ३, ९-१२ शायिकाओं से ४ जनवरी को रात्रि ८ बजे प्रस्थित हुए, सिहोरा से भाई विजय बागरी जुड़ गए। शयन से पूर्व जीवित काव्य गोष्ठी हो गई, सहयात्री भी रसानंद लेते रहे। बिरला इंस्टीयूट ऑफ़ टैक्नॉलॉजी पिलानी का एक युवा विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा में गिरावट और अंग्रेजी के वर्चस्व के प्रति चिंतित मिला। मैं और मधुकर जी अभियंता भी हैं, जानकर प्रसन्न हुआ। मध्यप्रदेश में इंजीनियरिंग की शिक्षा हिंदी में होती यह जानकर वह विस्मित और प्रसन्न हुआ। स्नेह सम्मेलन या परिसंवाद में हिंदी में तकनीकी शिक्षा पर मार्ग दर्शन हेतु उसने सहमति माँगी। उसे विषय को विविध पहलुओं से अवगत कराकर रात्रि ११.३० बजे सपनों की दुनिया की सैर करने चला गया।
प्रात: लगभग ६ बजे आँख खुली, खिड़की से झाँकते ही घने कोहरे ने सिहरा दिया। पटरियों को किनारे लगे वृक्ष तक दिखाई नहीं दे रहे थे। अधुनातन दृष्टिवर्धक उपकरणों से सज्जित होने पर भी रेलगाड़ी मंथर गति से बढ़ पा रही थी। लगभग सवा घंटे विलंब से हम कोटा पहुँचे।
कोटा से बस द्वारा भीलवाड़ा जाते समय राजस्थानी जन-जीवन की झलकियाँ, विशेषकर निरंतर बढ़ती हरियाली देखकर प्रसन्नता हुई। लगभग १० वर्ष पूर्व की तुलना में राजस्थान में पर्वतों का विनाश बड़े पैमाने पर हुआ है किन्तु हरियाली बढ़ी है। प्रकृति मनुष्य के मुनाफे का माध्यम बना दी गई है।
***
मुक्तिका
*
ज़िंदगी है बंदगी, मनुहार है.
बंदगी ही ज़िंदगी है, प्यार है.
सुबह-संझा देख अरुणिम आसमां
गीत गाए, प्रीत की झंकार है.
अचानक आँखें, उठीं, मिल, झुक गईं
अनकहे ही कह गयीं 'स्वीकार है'.
.
सांस सांसों में घुलीं, हमदम हुईं
महकता मन हुआ हरसिंगार है.
मौन तजकर मौन बरबस बोलता
नासमझ! इनकार ही इकरार है.
११.१.२०१७
***
नवगीत:
समझदारी
*
साक्षरता ही
समझदारी नहीं है
*
बीज, पानी, खाद की
मात्रा प्रचुर है
भूमि है पर्याप्त
उर्वरता मुखर है
सुरक्षा कर नहीं पाता
निबल माली
उपकरण थामे
मगर क्यारी नहीं है
साक्षरता ही
समझदारी नहीं है
*
औपचारिकता
हुए कानून सारे
स्वार्थ-सुविधा ही
हुए हैं हमें प्यारे
नगद सौदे की
नहीं है चाह बाकी
उधारी की प्रथा
हितकारी नहीं है
साक्षरता ही
समझदारी नहीं है
*
त्याग का कर त्याग
भोगें भोग सारे
अस्पतालों में
पले हैं रोग न्यारे
संक्रमण से ग्रस्त
ऑपरेशन थियेटर
मरीजों से कहाँ
बटमारी नहीं है?
साक्षरता ही
समझदारी नहीं है
***
नवगीत-
गुनो
*
जो पढ़ो
उसकी समझकर
गुनो भी
*
सिर्फ रट लेना विषय
काफी नहीं है
जानकार ना जानना?
माफ़ी नहीं है
किताबों को
खोलकर, सर
धुनों भी
जो पढ़ो
उसकी समझकर
गुनो भी
*
बात अपनी बोलना
बेहद जरूरी
जानकारी लें न दें
आधी-अधूरी
कोशिशों की
ऊन ले, चादर
बुनो भी
जो पढ़ो
उसकी समझकर
गुनो भी
*
जीभ पायी एक
लेकिन कान दो हैं
गीत अपने नहीं
किसको कहो मोहें?
अन्य क्या कहते
कभी उसको
सुनो भी
जो पढ़ो
उसकी समझकर
गुनो भी
***
नवगीत
*
भीड़ का हिस्सा नहीं
छाँव हूँ मैं, धूप भी हूँ
खेत हूँ मैं, कूप भी हूँ
महल का ठस्सा नहीं
लोक हूँ मैं स्वाभिमानी
देशप्रेमी आत्मदानी
वायवी किस्सा नहीं
खींच कर तृष्णा बुझाओ
गले बाँधो, मुक्ति पाओ
कसूरी रस्सा नहीं
भाग्य लिखता कर परिश्रम
बाँध मुट्ठी, आँख रख नम
बेतुका घिस्सा नहीं
११-१-२०२०
***
नवगीत-
बहती नदी
*
नवगीत तो
बहती नदी है
*
चेतना ने
कैद नियमों की
न मानी
वेदना ने
विभाजन रेखा
न जानी
स्नेह का
क्षण मात्र भी
जीवित सदी है
नवगीत तो
बहती नदी है
*
विषमता को
कौन-कैसे
साध्य माने?
विड़ंबनामय
नियति क्यों
आराध्य ठानें?
प्रीति भी तो
मनुज!
किस्मत में बदी है
नवगीत तो
बहती नदी है
*
हास का
अरविन्द खिलता
तो न रोको
आस का
मकरंद प्रसरित हो
न टोको
बदलाव ही
हर विधा की
प्रकृति रही है
नवगीत तो
बहती नदी है
११.१.२०१६
***
नवगीत:
.
ग्रंथि श्रेष्ठता की
पाले हैं
.
कुटें-पिटें पर बुद्धिमान हैं
लुटे सदा फिर भी महान हैं
खाली हाथ नहीं संसाधन
मतभेदों का सर वितान है
दो-दो हाथ करें आपस में
जाने क्या गड़बड़
झाले हैं?
.
बातें बड़ी-बड़ी करते हैं
मनमानी का पथ वरते हैं
बना तोड़ते संविधान खुद
दोष दूसरों पर धरते हैं
बंद विचारों की खिड़की
मजबूत दिशाओं पर
ताले हैं
.
सच कह असच नित्य सब लेखें
शीर्षासन कर उल्टा देखें
आँख मूँद 'तूफ़ान नहीं' कह
शतुरमुर्ग निज पर अवरेखें
परिवर्तित हो सके न तिल भर
कर्म सकल देखे
भाले हैं.
१४.३०, २९.१२.२०१४
पंचायती धर्मशाला, जयपुर
नवगीत:
.
दिशा न दर्शन
दीन प्रदर्शन
.
क्यों आये हैं?
क्या करना है??
ज्ञात न पर
चर्चा करना है
गिले-शिकायत
शिकवे हावी
यह अतीत था
यह ही भावी
मर्यादाओं का
उल्लंघन
.
अहंकार के
मारे सारे
हुए इकट्ठे
बिना बिचारे
कम हैं लोग
अधिक हैं बातें
कम विश्वास
अधिक हैं घातें
क्षुद्र स्वार्थों
हेतु निबंधन
.
चित्र गुप्त
सू रत गढ़ डाली
मनमानी
मूरत बनवा ली
आत्महीनता
आत्ममोह की
खुश होकर
पीते विष-प्याली
पल में गाली
पल में ताली
मंथनहीन
हुआ मन-मंथन

२९.१२. २०१४ जयपुर

मुक्तिका:
क्या कहूँ...
*
क्या कहूँ कुछ कहा नहीं जाता.
बिन कहे भी रहा नहीं जाता..
काट गर्दन कभी सियासत की
मौन हो अब दहा नहीं जाता..
ऐ ख़ुदा! अश्क ये पत्थर कर दे,
ऐसे बेबस बहा नहीं जाता.
सब्र की चादरें जला दो सब.
ज़ुल्म को अब तहा नहीं जाता..
हाय! मुँह में जुबान रखता हूँ.
सत्य फिर भी कहा नहीं जाता..
देख नापाक हरकतें जड़ हूँ.
कैसे कह दूं ढहा नहीं जाता??
सर न हद से अधिक उठाना तुम
मुझसे हद में रहा नहीं जाता..
***

मुक्तिका :

नया आज इतिहास लिखें हम
*
नया आज इतिहास लिखें हम.
गम में लब पर हास लिखें हम..
दुराचार के कारक हैं जो
उनकी किस्मत त्रास लिखें हम..
अनुशासन को मालिक मानें
मनमानी को दास लिखें हम..
ना देवी, ना भोग्या मानें
नर-नारी सम, लास लिखें हम..
कल की कल को आज धरोहर
कल न बनें, कल आस लिखें हम..
(कल = गत / आगत / यंत्र / शांति)
नेता-अफसर सेवक हों अब
जनगण खासमखास लिखें हम..
स्वार्थ भावना दूर करें
सर्वार्थ भावना पास लिखें हम..
हाथ मिला जीतें हर बाधा
मरुथल में मधुमास लिखें हम..
श्रम हो कृष्ण, लगन हो राधा
'सलिल' सफलता रास लिखें हम..
११.१.२०१३
***