कुल पेज दृश्य

सोमवार, 13 नवंबर 2023

मुक्तक, गहोई, गीत, षट्पदी, हाइकु गीत, प्रदीप शुक्ल, सरस्वती, सुमेरु, नरहरी,

सरस्वती वंदना
(हाइकु गीत)
सरस्वती जी!
नमन शत शत
दया करिए।
विनत हम
सिर पर हमारे
हाथ धरिए।।
*
हंसवाहिनी!
अमल विमल दो
मति हमें माँ।
ध्याएँ तुमको
भजन गाकर
नित्य प्रति माँ।।
भाव-रस के
सृजन पथ पर
साथ चलिए।
सरस्वती जी!
नमन शत शत
दया करिए।।
शब्द-अक्षर
सरस सहचर
बन सहारे।
पकड़कर
कर कलम छवि
प्यारी उतारे।।
आँख मन की
खुल निरख जग
कथा कहिए।
सरस्वती जी!
नमन शत शत
दया करिए।।
*
बात अपनी
बिन हिचक हम
मिल लिखेंगे।
समय सच
दर्पण सदृश बिन
भय कहेंगे।।
पीर जग की
सकल हर भव
पार करिए।
सरस्वती जी!
नमन शत शत
दया करिए।
१३-११-२०२२
●●●
मुक्तक
खड़े सीमा पर सजग, सोते न प्रहरी ।
अड़े सरहद पर अभय, रोते न प्रहरी।।
शत्रु भय से काँपते, आएँ न सम्मुख -
मिले अवसर तो कभी, खोते न प्रहरी।।
छंदशाला ५०
सगुण छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली, पुरारि, पीयूषवर्ष व तमाल छंद)
विधान
प्रति पद १९ मात्रा, पदादि ल, पदांत ज।
लक्षण छंद
सगुण-निर्गुण दोनों है ईश एक।
यह सच सब जानते जिनमें विवेक।।
लघु-जगण हों आदि-अंत साथ-साथ।
करें देशसेवा सभी उठा माथ।।
उदाहरण
गुनगुना रहे भ्रमर, लखकर बसंत।
हिल-मिलकर घूमते, कामिनी-कंत।।
महक मोगरा कहे, मैं भी जवान।
मन मोहे चमेली, सुनाकर गान।।
१२-११-२०२२
•••
छंदशाला ५१
सुमेरु छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली, पुरारि, पीयूषवर्ष, तमाल व सगुण छंद)
विधान
प्रति पद १९ मात्रा, यति १२-७ या १०-९।
लक्षण छंद
रखे यति बारह-सात, सुमेरु छंद।
दस-नौ भी हो यति, पाएं आनंद।।
लघु आदि; यगण से, पदांत भी करें-
काठज्या भाव लय रस, बिंब संग रखें।
उदाहरण
सत्य का अनुगमन, करना है सदा।
धर्म का अनुसरण, करना है बदा।।
जूझना खुद से हमें, प्रभु को भजें-
संतुलन ही साध्य है, सुख मत तजें।।
१३-११-२०२२
•••
छंदशाला ५२
नरहरी छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली, पुरारि, पीयूषवर्ष, तमाल, सगुण व सुमेरु छंद)
विधान
प्रति पद १९ मात्रा, यति १४-५, पदांत न ग ।
लक्षण छंद
बचाने प्रह्लाद प्रगटे, नरहरी।
यति रखे यम-तत्व झपटे, नरहरी।।
नगण गुरु पद अंत रखकर, कवि रचें।
लोक में रचना सरस पुनि, पुनि बचें।।
टीप - याम १४, तत्व ५।
उदाहरण
छल न अपने आपसे किंचित करें।
फल न अपना आपका जो, मत धरें।।
बीज बोया आपने जो वह फले।
देखकर अरि आपसे नाहक जले।।
१३-११-२०२२
•••
***
दोहा सलिला
राम कथा
वह नर हुआ सुरेश, राम कृपा जिस पर हुई।
उससे खुद देवेश, करे स्पृहा निरंतर।।
कहें आंगिरस सत्य, राम कृष्ण दोउ एक हैं।
वे परमेश अनित्य, वेणु छोड़ धनु कर गहें।।
संगीता हर श्वास, जिसके मन संतोष है।
पूरी हो हर आस, सदानंद उसको मिले।।
जब कृपालु हों राम, जय जयंत को तब मिले।
प्रभु बिन विधना वाम, सिय अनंत गुण-धाम हैं।।
कृष्ण कथा रवि-रश्मि, राम कथा आदित्य है।
प्रभु महिमा का काव्य, सच सच्चा साहित्य है।।
भरद्वाज आश्रम चलें, राम कथा सुन धन्य।
मूल्य आचरण में ढलें, जीवन बने प्रणम्य।।
करिए मंगल कार्य, बाधाएँ हों उपस्थित।
करें विहँस स्वीकार्य, तजें न शुभ संकल्प हम।।
परखें आस्था दैव, किसकी कैसी भक्ति है?
विचलित हुआ न कौन?, जिसकी दृढ़ अनुरक्ति है।।
हों सात्विक तब लोग, संत रूप राजा रहे।
तब सत्ता है रोग, अगर नहीं सद आचरण।।
हो शासक सामान्य, हो विशिष्ट किंचित नहीं।
जनमत का प्राधान्य, राम राज्य तब हो यहीं।।
नहीं किसी से बैर, सदा सभी से निकटता।
तभी रहेगी खैर, जब शासक निष्पक्ष हो।।
समरसता ही साध्य, कहें राम दें बैर तज।
स्वामी-सेवक सम रहें, तभी सकेंगे ईश भज।।
राम सखा वर दीन, दीनों के प्रिय हो गए।
बंधु मानकर दौड़ , भेंटें भुज भरकर भरत।।
हैं परमेश्वर एक, किन्तु विभूति अनंत हैं।
हम मानव हों नेक, भिन्न भले ही पंथ हैं।।
कोई ऊँच; न नीच, कण-कण में सिय-राम।
देश-बाग दें सींच, फूले-फले सुदेश तब।।
राजपुत्र होकर नहीं, जन-चयनित थे राम।
जन आकांक्षा थी तभी, राम अवध-राजा हुए।।
मानव है चैतन्य, प्रश्न करे; हल चाहता।
क्यों जग में वैभिन्न्य, प्रभु से उत्तर चाहता।।
परम शक्ति भगवान्, सब कुछ करता है वही।
रखें हमेशा ध्यान, जो करते भोगें 'सलिल'।।
मनुज सोचता रहा, जाकर आते या नहीं?
एक नहीं मत रहा, विविध पंथ तब ही बने।।
भक्ति शक्ति अनुरक्ति, गुरु अनुकंपा से मिले।
साध्य न होती मुक्ति, प्रभु सेवा ही साध्य हो।।
सोच गहे आनंद, कामी नारी मिलन बिन।
धन से रखता प्रेम, लोभी करता व्यय नहीं।।
भक्त न साधे स्वार्थ, प्रेम अकारण ही करे।
लक्ष्य मात्र परमार्थ, कष्ट अगिन हँसकर सही।।
चित्रकार हर चित्र, निजानंद हित बनाता।
कब देखेगा कौन?, क्रय-विक्रय नहिं सोचता।।
निष्ठा ही हो साध्य, बार-बार बदलें नहीं।
अगिन न हों आराध्य, तभी भक्ति होती सफल।।
तन न; साध्य हो आत्म, माय-छाया एक है।
मूर्त तभी परमात्म, काया जब हो समर्पित।।
१३-११-२०२२
***
पुरोवाक
फ़ुरक़त के बहाने : वस्ल के तराने
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
'फ़ुरक़त' (विरह) और वस्ल (मिलन) एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सृष्टि की उत्पत्ति ही प्रकृति और पुरुष के मिलन से होती है। मिलन नव संतति को जन्म देता है जिसका पालन-पोषण मिलनकी अपेक्षा अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। अन्य प्राणियों के लिए 'वस्ल' वंश-वृद्धि का माध्यम मात्र है इसलिए 'फ़ुरक़त' का वॉयस सिर्फ मौत होती है। इंसान ने अपने दिमाग के जरिए 'वस्ल' को रोजमर्रा की ज़िंदगी में शामिल कर लिया है। साइंसदां न्यूटन के मुताबिक कुदरत में हर 'एक्शन' का समान लेकिन उलटा 'रिएक्शन' होता है। जब इंसान ने 'वस्ल' की ख़ुशी को रोजमर्रा की ज़िंदगी में जोड़ लिया तो कुदरत ने इंसान के न चाहने पर भी 'फ़ुरक़त' को ज़िंदगी का हिस्सा बना दिया। 'वस्ल' और 'फ़ुरक़त' की शायरी ही 'ग़ज़ल' है। हिंदी में श्रृंगार रस के दो रंग 'मिलन' और 'विरह' के बिना रसानंद की प्राप्ति नहीं हो सकती। यह श्रृंगार जब सूफियाना रंग में ढलता है तो भक्त और भगवान के मध्य संवाद बन जाता है और जब दुनियावी शक्ल अख्तियार करता है तो माशूक और माशूका के दरमियां बातचीत का वायस बनता है।
ग़ज़ल : दिल को दिल से जोड़ती
ग़ज़ल अरबी साहित्य की प्रसिद्ध काव्य विधा है जो बाद में फ़ारसी, उर्दू, हिंदी, बांगला, मराठी, अंग्रेजी सहित विश्व की कई भाषाओँ में कहीं-पढ़ी और सुनी जाती है। अरबी में ग़ज़ल की पैदाइश भारत में आम लोगों और संतों द्वारा गयी जाती दूहों, त्रिपदियों और चौपदियों और षट्पदीयों के परंपरा में थोड़ा बदलाव कर किया गया। चौपदी की तीसरी और चौथी पंक्ति की तरह समभारिक पंक्तियों को जोड़ने पर मुक्तक ने जो शक्ल पाई, उसे ही 'ग़ज़ल' कहा गया। भारत से अरब-फारस तक आम लोगों, संत-फकीरों और व्यापारियों का आना-जाना हमेशा से होता रहा है। उनके साथ अदबी किताबें और जुबान भी यहाँ से वहां जाती रही। पहले तो जुबानी (मौखिक) लेन-देन हुआ होगा , बाद में लिपि का विकास होने पर ताड़पत्र, भोजपत्र पर कलम से लिखकर किताबें और उनकी नकलें इधर से उधर और उधर से इधर होती रहीं। भारत पर मुगलों के हमलों और उनकी सल्तनत कायम होने के दौर में अरबी-फ़ारसी-तुर्की वगैरह का भारत के सरहदी सूबों की जुबानों के साथ घुलना-मिलना होता रहा। नतीजतन एक नई जुबान सिपाहियों, मजदूरों, किसानों, व्यापारियों और हुक्मरानों के काम-काज के दौरान शक्ल अखित्यार करती रही। लश्करों में बोले जाने की वजह से इसे लश्करी, बाजारू काम-काज की जुबान होने की वजह से 'उर्दू' और महलों में काम आने की वज़ह से 'रेख़्ता' कहा गया। बाद में दिल्ली, हैदराबाद और लखनऊ मुगलों की सत्ता के केंद्र बने तो उर्दू जुबान की तीन शैलियाँ (स्कूल्स) सामने आईं।
हिंदी - उर्दू
अरबी-फारसी की जो काव्य शैलियाँ भारत में पसंद की गईं, उनमें 'भारत की चौपदियों को बढ़ाकर सातवीं सदी में बनाई गई ग़ज़ल' अव्वल थी और है। भारत में अपभृंश, संस्कृत, हिंदी तथा अन्य भाषाओँ/बोलिओं में गीति काव्य का विकास उच्चार (सिलेबल्स) के आधार पर उपयोग किये जा रहे वर्णों और मात्राओं से विकसित लय खंड (रुक्न) और छंद (बह्र) से हुआ। बहुत बाद में इसी तरह अरबी-फ़ारसी में ग़ज़ल कही गई। इसी वजह से भारत के लोगों को ग़ज़ल अपनी सी लगी और हिंदी ही नहीं भारत की कई सी दीगर जुबानों में ग़ज़ल कही जाने लगी। भारत में ग़ज़ल की दो शैलियाँ सामने आईं - पहली जो अरबी-फारसी ग़ज़लों की नकल कर उनके भाष-नियमों और बह्रों को आधार बनाकर लिखी गईं और दूसरी जो भारत के छंदों और हिंदी भाषा के व्याकरण, छंदशास्त्र, षट्कोण, बिम्बों का उपयोग कर कही गईं। शुरुआत में उर्दूभाषियों ने हिंदी ग़ज़ल को खारिज करने की कोशिश की बावजूद इसके कि उनके घरों में चूल्हे हिन्दीवालों द्वारा देवनागरी लिपि में उनकी गज़लें पढ़ने की वजह से जल रहे थे। इस तंग नज़रिए ने हिंदी ग़ज़ल को अलहदा पहचान दिलाने के हालत बनाये और हिंदी ग़ज़ल या भारतीय ग़ज़ल मुक्तिका, गीतिका, पूर्णिका, सजल, तेवरी आदि कही जाने लगी।
हिंदी ग़ज़ल - उर्दू ग़ज़ल
एक बात और साफ़ तौर पर समझी जानी चाहिए कि हिंदी ग़ज़ल और उर्दू ग़ज़ल न तो एक ही चीज हैं, न उनको शब्दों (अलफ़ाज़) की बिना पर अलग-अलग किया जा सकता है। बकौल प्रेमचंद बोलचाल की हिंदी और उर्दू प्राय:एक सी हैं। दोनों जुबानों की निरस्त साझा है सिवाय इसके कि उर्दू की लिपि विदेशी है हिंदी की स्वदेशी। उर्दू ग़ज़ल को देवनागरी में लिखेजाने से यह फर्क भी खत्म होता जा रहा है। अब जो फर्क है वह है भाषाओं के भिन्न व्याकरण और पिंगल का। अरबी-फ़ारसी और हिंदी वर्णमाला का अंतर ही उर्दू-हिंदी ग़ज़ल को अलग-अलग करता है। अरबी-फ़ारसी के कुछ हर्फ़ हिंदी वर्णमाला में नहीं हैं, इसी तरह हिंदी वर्णमाला के कुछ अक्षर (वर्ण) अरबी-फारसी जुबान में नहीं हैं। तुकांत-पदांत (काफिया-रदीफ़) नियमों के अनुसार उनके उच्चार भिन्न नहीं समान होने चाहिए। हिंदी वर्णमाला की पंचम ध्वनिवाले शब्द तुकांत-पदांत में हों तो वे अरबी-फ़ारसी वर्णमाला में न होने के कारण उर्दू ग़ज़ल में नहीं लिखे जा सकते। इसी तरह कुछ ध्वनियों के लिए हिंदी वर्णमाला में एक वर्ण है किंतु अरबी-फ़ारसी वर्णमाला में एक से अधिक हर्फ़ हैं, इस वजह से हिंदी के शायर जिन शब्दों को ठीक समझ कर उपयोग करेगा कि उनमें सम ध्वनि है, अरबी-फ़ारसी के अनुसार उनमें भिन्न ध्वनि वाले हर्फ़ होने की वज़ह से उसे गलत कहा जाएगा। हिंदी के संयुक्ताक्षर भी उर्दू ग़ज़ल में स्थान नहीं पा सकते। अरबी-फ़ारसी के बिम्ब-प्रतीक हिंदी ग़ज़ल में अनुपयुक्त होंगे।
डॉ. रामविलास शर्मा के अनुसार 'हिंदी-उर्दू भाषियों की दो कौमें नहीं है, उनकी जाति एक है और बोलचाल की भाषा भी एक सी है।१ डॉ. शर्मा भूल जाते हैं कि जाती और भाषा एक होने पर भी आदमी-औरत, बच्चे-जवान-बूढ़े कुछ समानता रखते हुए भी पूरी तरह एक ही नहीं, भिन्न होते हैं। वे हिंदी-उर्दू के मुख्य अंतर वर्णमाला और विरासत या अतीत को भुला देते हैं। दुर्भाग्य से देवनागरी लिपि में हिंदी भाषियों द्वारा स्वीकारे जाने के बाद भी, अरबी-फ़ारसी से जुड़े रहने का अंधमोह उर्दू ग़ज़ल में भारतीय बिम्ब-प्रतीकों को दोयम दर्जा देता रहा है। खुद को अलग दिखाने की चाह सिर्फ ग़ज़ल में नहीं मुस्लिम संस्थाओं और लोगों के नामों में भी देखी जा सकती है।
हिंदी ग़ज़ल में तुकांत-पदांत का पालन किया जाता है किन्तु अंग्रेजी ग़ज़ल में ऐसा संभव नहीं हो पाता। अंग्रेजी ग़ज़ल में 'पेंशन' और 'अटेंशन' का पदांत स्वीकार्य है, जबकि हिंदी ग़ज़ल में 'होश' और 'कोष' का पदांत दोषपूर्ण कहा जाता है।
ग़ज़ल और संगीत
संगीत के क्षेत्र में ग़ज़ल गाने के लिए इरानी और भारतीय संगीत के मिश्रण से एक अलग शैली निर्मित हुई। भारतीय शास्त्रीय संगीत की ख्याल और ठुमरी शैली से शुरुआत कर अब ग़ज़ल को विविध सरल और मधुर रागों पर लिखा और गाया जाता है।
फ़ुरक़त की गज़लें
इस पृष्ठभूमि में फ़ुरक़त की ग़ज़लों में हिंदी ग़ज़ल और उर्दू ग़ज़ल की विरासत का सम्मिश्रण है। ग़ज़लों की गंगो-जमनी भाषा आँखों से दिमाग में नहीं, दिल में उतरती है। यह ख़ासियत इस ग़ज़लों को खास बनाती है। इन ग़ज़लों में 'कसीदे' से पैदा बताई जाती ग़ज़ल की तरह हुस्नों-इश्क़ के चर्चे नहीं हैं, न ही आशिको-माशूक की चिमगोइयाँ हैं। ये गज़लें वक़्त की आँखों में आँखें डालकर सवाल करती हैं -
मुझको आज़ादी से लेकर आज तक बतलाइए
आस क्या थी और क्या सरकार से हासिल हुआ?
आज़ादी के बाद से 'ब्रेन ड्रेन' (काबिल लोगों का विदेश जा बसना) की समस्या के शिकार इस मुल्क की तरफ से ऐसे खुदगर्ज़ लोगों को आईना दिखाती हैं विभा -
बहुत सोचा कि मैं जीवन गुजारूँ मुल्क के बाहर
मगर ग़ैरों के दर पर मौत भी अच्छी नहीं होती।।
विभा हिदायत देते समय मुल्क के बाशिंदों को भी नहीं बख्शतीं। वे हर उस जगह चोट करती हैं जहाँ बदलाव और सुधार की गुंजाइश देखती हैं।
गली हो या मोहल्ला हो 'विभा' ये ज़ह्न हो दिल हो
कहीं पे भी हो फ़ैली गंदगी अच्छी नहीं लगती।
ज़िन्दगी के मौजूदा हालात पर निगाह डालते हुए विभा देख पाती हैं कि घरों में जैसे-जैसे सहूलियात के सामन आते हैं, आपस में दूरियाँ बढ़ती जाती हैं। इस हक़ीक़त की तनक़ीद करती हुई वे कहती हैं -
फिर तमन्नाओं ने रक्खा है मेरे दिल में क़दम
चाँद मिट्टी के खिलौने मेरे घर में आ गए।।
बेसबब फिर बढ़ गयी हैं घर से अपनी दूरियाँ
हम भले बैठे-बिठाये क्यों सफर में आ गए।।
शहर जाकर गाँव को भूल जाने, शहर से आकर गाँव की फिज़ा बिगाड़ने, माँ की ममता को भूल जाने और अत्यधिक आधुनिकता के लिबास में इतराने की कुप्रवृत्ति पर शब्दाघात करते हुई विभा लिखती हैं -
फ़िज़ाएँ इस गाँव की कहती हैं उससे दूर रह
शह्र से लौटा है कितने पल्लुओं से खेलकर।।
मेरा भाई अब उसी माँ की कभी सुनाता नहीं
बन गया पापा वो जिसके पहलुओं में खेलकर।।
किस कदर लैलाएँ इतराने लगी हैं ऐ 'विभा'
आजकल के मनचले कुछ मजनूओं से खेलकर।।
सदियों पहले आदमी की आंख का पानी मरने की फ़िक्र करते हुए रहीं ने लिखा था 'बिन पानी सब सून', यह फ़िक्र तब से अब तक बरकरार है-
इस ज़माने में अब नहीं ग़ैरत
शर्म आँखों में मर गई साहिब।।
विभा का अंदाज़े-बयां, आम आदमी की जुबान में, उसी के हालात पर इस अंदाज़ में तब्सिरा करना है कि वह खुद ठिठककर सोचने लगे। शर्म ही नहीं साथ में ख़ुशी भी गायब हो गई-
आरज़ू दिल से हो गई रुख़सत
और ख़ुशी रूठकर गई साहिब।।
दुनिया-ए-फ़ानी में आना-जाना, एक दस्तूर की तरह है। विभा सूफियाना अंदाज़ में कहती हैं-
तेरी दुनिया सराय जैसी है
कोई आया अगर गया कोई।।
विभा बेहद सादगी से बात कहती हैं, वे पाठक को चौंकाती या डराती नहीं हैं। पूरी सादगी के बाद भी बात पुरअसर रहती हैं। 'इस सादगी पे कौन न मर जाए ऐ खुदा' -
यूँ तो सच्चाई की चिड़िया छटपटाई थी बहुत
आख़िरश फँस ही गई मक्कारियों के बीच में।।
एक माँ कई औलादों को पाल-पोसकर बड़ा और खड़ा कर देती है पर वे औलादें मिलकर भी माँ को नहीं सम्हाल पातीं। इस कड़वी सचाई को विभा एक शे'र में सामने रखती हैं -
बाँट के खाना ही जिस माँ ने सिखाया था कभी
आज वो खुद बँट गई दो भाइयों के बीच में।।
आज की भौतिकतावादी सोच और स्वार्थकेंद्रित जीवनदृष्टि बच्चों को बदजुबानी और बदगुमानी सिखा रही है -
निगल गई है शराफ़त को आज की तहज़ीब
है बदज़ुबान हुए बेज़ुबान से लड़के।।
कहते हैं 'मनुज बली नहीं होत है, समय होत बलवान'। विभा कहती हैं -
अपनी मर्जी से कोई कब काम होता है यहाँ
वक़्त के हाथों की कठपुतली रहा है आदमी।।
जीवन को समग्रता में देखती इन हिंदी ग़ज़लों में प्रेम भी है, पूरी शिद्दत के साथ है लेकिन वह खाम-ख़याली (कपोल कल्पना) नहीं जमीनी हक़ीक़त की तरह है।
इश्क़ में सोचना क्या है।
सोचने के लिए बचा क्या है?
लड़ गयी आँख हो गया जादू
गर नहीं ये तो हादसा क्या है?
बह्र छोटी हो या बड़ी विभा अपनी बैठत बहुत सफ़ाई और खूबसूरती से कहती हैं -
रात भर मुंतज़िर रहा कोई
छत पे आने से डर गया कोई।।
दिल था बेकार उसको तोड़ गया
ये भला काम कर गया कोई
इन ग़ज़लों में अनुपास अलंकार तो सर्वत्र है ही। यमक की छटा देखिए -
मेरी आँखों से तारे टपकते रहे
रात रोती रही रात भर देखिए।।
'व्यंजना' में बात कहने का सलीका और वक्रोक्ति अलंकार की झलक देखिए -
यह हुनर भी तुम्हीं से सीखा है
चार में दो मिलाके सात करूँ।।
सारत:, फ़ुरक़त की गज़लें वक़्त की नब्ज़ टटोलने की कामयाब कोशिश है। गज़लसरा का यह पहला दीवान पाठकों को पसंद आएगा, यह भरोसा है। विभा हालात की हालत पर नज़र रखते हुए ग़ज़ल कहने का सिलसिला न केवल जरी रखें अपना अगला दीवान जल्द से जल्द लाएँ 'अल्लाह करे जोरे कलम और जियादा'।
संदर्भ १, भाषा और समाज पृष्ठ ३५७।
१३.११.२०२१
संपर्क - आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', विशववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१
ईमेल salil.sanjiv@gmail.com, चलभाष ९४२५१८३२४४
***
हाइकु गीत
*
ऊगे या डूबे
सूर्य कब थकता?
सदा चलता।
*
हमेशा रहे / गतिमान जो वह / है मतिमान।
सही हो दिशा / साथ हो मति-गति / चाहें सुजान।।
पास या दूर
न भूलता मंजिल
तभी वरता।
ऊगे या डूबे
सूर्य कब थकता?
सदा चलता।।
*
रजनी संग सो / उषा के साथ जागे / रंगे प्राची को।
सखी किरणें / गुइंया दोपहरी / वरे संध्या को।।
ताके धरा को
करता रंगरेली
छैला सजता।
ऊगे या डूबे
सूर्य कब थकता?
सदा चलता।।
*
आँखें दिखाता / कभी नहीं झुकाता / नैना लड़ाता।
तम हरता / किसी से न डरता / प्रकाशदाता।।
है खाली हाथ
जग झुकाए माथ
धैर्य धरता।
ऊगे या डूबे
सूर्य कब थकता?
सदा चलता।।
१३.११.२०२१
***
कृति चर्चा :
"गाँव देखता टुकुर-टुकुर" शहर कर रहा मौज
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
[कृति विवरण - गाँव देखता टुकुर-टुकुर, नवगीत संग्रह, नवगीतकार - प्रदीप कुमार शुक्ल, प्रथम संस्करण, वर्ष २०१८, आवरण - बहुरंगी, पेपरबैक, आकार - २१ से. x १४ से., पृष्ठ १०७, मूल्य ११०/-, प्रकाशक - रश्मि प्रकाशन लखनऊ, गीतकार संपर्क - एन.एच.१, सेक्टर डी, एलडीए कॉलोनी, कानपुर मार्ग, लखनऊ २२६०१२ चलभाष ९४१५०२९७१३ ]
*
गाँव से शहरों की ओर निरंतर तथा दिन-ब-दिन बढ़ते पलायन के दुष्काल में, गाँव से आकर महानगर में बसे किन्तु यादों, संपर्कों और स्मृतियों के माध्यम से गाँव से निरन्तर जुड़े नवगीतकार डॉ. प्रदीप शुक्ल द्वारा अपने गाँव को समर्पित यह नवगीत कृति अपनी माटी में जमीं ही नहीं अपितु उससे जुडी हुई जड़ों का जीवंत दस्तावेज है। खड़ी बोली और अवधी के गंगो-जमुनी संगम को समेटे यह प्रति नवगीत पटल पर नवाचार का एक पृष्ठ जोड़ती है। पेशे से चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार शुक्ल भली-भाँति जानते हैं कि दर्द की दवा किसी एक जीवन सत्व में नहीं, विविध जीवन सत्वों के सम्यक-समुचित समायोजन और सेवन में होती है। उनके नवगीत किसी एक तत्व को न तो अतिरेकी महत्व देते हैं, न ही किसी तत्व की अवहेलना करते हैं। मानवीय चेतना परिवेश, परंपरा और जीवन मूल्यों में विकसित होने के साथ उन्हें नवता प्रदान करती है। संवेदनशीलता नवगीत लेखन और रोग निदान दोनों के लिए उर्वरक का कार्य करती है। प्रदीप जी की बहुआयामी संवेदनशीलता "गुल्लू का गाँव" बाल गीत संग्रह में चांचल्य, "यहै बतकही" अवधी नवगीत संग्रह में पारिवारिक सारल्य तथा "अम्मा रहतीं गाँव में" एवं "गाँव देखता टुकुर-टुकुर" दोनों हिन्दी नवगीत संग्रहों में समरसता की सरस धार प्रवाहित करती है। प्रदीप जी वाचिक परंपरा में अमीर खुसरो प्रणीत कह मुकरियाँ रचने में भी निपुण हैं। यह पृष्ठभूमि उनके नवगीतों को रस, लय व् छंद से समृद्ध करती है। उनका 'रामदीन' रोजी मिलने - न मिलने के चक्रव्यूह में घिरा हगोने के बाद भी धुकुर पुकुर करते दिल से सुरसतिया की अनकही पीड़ा में साझेदार है। गाँवों से पलायन, आजीविका अवसरों का भाव, युवाओं के जाने से नष्ट होती खेती, कॉन्क्रीटी सड़कों से पशुओं के नष्ट होते खुर, गावों को निगलने के लिए तटपर शहर और अपने अस्तित्व खोने की आशंका से टुकुर-टुकुर तकते गाँव सब कुछ चंद शब्दों में बयां कर देना कवी की सामर्थ्य का परिचायक है -
यहाँ शहर में
सारा आलम
आँख खुली बस दौड़ रहा,
वहाँ गाँव में रामदीन
बस दिन उजास के जोड़ रहा
मनरेगा में काम मिलेगा?
दिल करता है धुकुर-पुकुर
सुरतिया के
दोनों लड़के
सूरत गए कमाने हैं
गेहूँ के खेतों में लेकिन
गिल्ली लगी घमाने हैं
लँगड़ाकर चलती है गैया
सड़कों ने खा डाले खुर
दीदा फाड़े शहर देखता
गाँव देखता टुकर-टुकर।
गीतज नवगीत विधा को सामाजिक विसंगति, समसामयिक विडंबना, पारिवारिक बिखराव, व्यक्तिगत दर्द, समष्टिगत पीड़ा, बेबस रुदन आदि का पर्याय माननकर शोकगीत, रुदाली या स्यापा बनाने की असफल कोशिश में निमग्न दुराग्रहियों को प्रदीप जी अपने नवगीतों में प्रकृति सौंदर्य के मनोरम शब्द चित्र अंकित कर सटीक और सशक्त उत्तर देते हैं -
जाड़े में धूप के बिछौने
गुड़हल की पत्ती से
लटक रहे मोती।
अलसाई सुबह बहुत
देर तलक सोती
खिड़की पर किरणों के
फुदक रहे छौने।
श्रेष्ठ-ज्येष्ठ नवगीतकार निर्मल शुक्ल ठीक ही लिखते हैं - "जब व्यक्ति की अनुभूति, अपनी रागात्मक अवस्था में यथार्थ को छूती है तो गीत का जन्म होता है। यथर्थ की यह आतंरिक सच्चाई जब गहन अनुभूति से शब्द-रूप में परिवर्तित होती है तो उसकी लोक संवेदना सामाजिक सरोकारों से जुड़ जाती है।" व्यक्तिगत पीड़ा का यह सार्वजनीकरण डॉ. प्रदीप शुक्ल के गीतों में सहज दृष्टव्य है किन्तु यह एकाकी या अतिरेकी नहीं है। गीत-नवगीत को भारत-पाकिस्तान की तरह एक-दूसरे के लिए अश्पृश्य, सर्वथा भिन्न और अस्वीकार्य बनाने की जिद ठाने नासमझों को भारतीय परंपरा, संस्कृति और जीवन मूल्यों का समय सापेक्ष उल्लेख कर, प्रदीप जी अपनी रचनाओं में विद्रूपता से साथ सुरूपता का सम्यक सामंजस्य का नीर-क्षीर विवेक का परिचय देते हैं। 'गुलमुहर ने आज हमसे बात की' शीर्षक नवगीत की पंक्तियों में दिशाओं की महक महसूस कीजिए -
"प्यार से
पुचकार कर
उसने हमें विश्राम बोला
वहीं हमने देर तक
भटके हुए मन को टटोला
गुलमुहर ने फिर हमें
बातें कहीं उस रात की।
रात में उस रोज़
महकी थीं सभी चारों दिशाएँ
ओस भीगी रात में जब
खौल उठी थी शिराएँ
और फिर खामोशियाँ थीं
थम चुकी बरसात की
प्रदीप शुक्ल जी की अनेक रचनाएँ गीत-नवगीत दोनों के हाशियों या सीमा रेखाओं पर रची गई हैं। घर के आँगन में जाड़े की धूप का लजाना, कुहरे की चादर में शर्माना, गौरैया का उतरकर चूं-चूं-चूं बोलना, आहट सुनकर कुत्ते का आँखें खोलना और सन्नाटे का भागना जैसे छोटे-छोटे विवरण प्रदीप जी के नवगीतों का वैशिष्ट्य है। इस परिवेश में दर्द की झालं नकली, अतिरेकी या थोपी हुई नहीं लगती। जीवन में धूप-छाँव की तरह सुख-दुख आते-जाते रहते हैं, प्रदीप जी उनका सम्यक सम्मिश्रण करने की सामर्थ्य रखते है-
खड़ी हुई है धूप लजाई
घर के आँगन में
आलस बिखरा
हर कोने में
दुबकी पड़ी रजाई
भोर अभी कुहरे की चादर
में बैठी शरमाई....
.... उतरी है गौरैया
आकर
चूं चूं चूं बोली
आहट सुनकर सोये कुत्ते
ने आँखें खोलीं
दबे भागा
आनन-फानन में
रात रानी की महक से सुवासित 'साँझ का गीत' कको भी महका रहा है-
खिल-खिल कर
हँसते हैं दूर खड़े तारे
अभी और चमकेंगे
रात के दुलारे
उन से ही पूछेंगे
रात की कहानी
खुशबू से महकेगी
अभी रात रानी
चंदा उग आया है
बरगद की डाल
ओ अमलतास, कनेर की बात, गुलमुहर के फूल, देखो आगे मौलसिरी है, जैसे नवगीत पादप संसार, गर्मी का गीत, फागुन, फागुन है पसरा, बरखा, बारिश, मेघा आये रे, बारिश को आना था,अगहन, जाड़े की धूप, चैट, मई का गीत, आदि ऋतुचक्र , यह भारत देश है मेरा, सीमा पर चिट्ठी, याद आयीं अम्मा में संबंधों तथा कहाँ गए तुम पानी, प्यासा रहा शहर, अच्छे दिन अभी लौटे नहीं हैं आदि सामाजिक-राजनैतिक-पर्यावरणीय विसंगतियों पर केंद्रित हैं। प्रदीप जी के गीतों की वैषयिक विविधता उनकी सूक्ष्म अंतर्दृष्टि की परिचायक है। मुझे आश्चर्य नहीं होगा यदि आगामी संकलनों में रोगों पर केंद्रित दें। उनकी सृजन सामर्थ्य मौलिक और लीक से हटकर लिखने में विश्वास रखती है। 'कनेर की बात' बचपन की यादों से बाबस्ता है-
तुम कनेर की बात ना छेड़ो,
बचपन याद दिला जाता है,
हरी-भरी पतली डाली पर
एक नजर रक्खूँ माली पर
किसी तरह से मिल जाए वह
रख दूँ पूजा की थाली पर
बाबा कहते हैं ठाकुर को
पीला फूल बहुत भाता है
सामाजिक सौहार्द्र को क्षति पहुँचाते, मतभेदों को बढ़ाते नवगीतों की खरपतवार के बीच में प्रदीप शुक्ल के नवगीत पंकज पुष्पों की तरह अलग आनंदित करते हैं। इन गीतों की भाषा आक्रामक, तेवर विद्रोही, भाव मुद्रा टकराव प्रधान, भाषा पैनी, शब्द चुभते हुए नहीं हैं। रचनाकार विखंडन नहीं, सृजन और समन्वय का पक्षधर है। वह फिर से सूरज उगाने को गीत रचना का लक्ष्य मानता है। उसके गीतों में विसंगति सुसंगती स्थापित करने की पृष्ठभूमि का काम करती है। वह दर्द पर हर्ष की जय का गायक है। प्रदीप शुक्ल के नवगीत जीवन और जिजीविषा की जय गुँजाते हैं। 'मैं तो चलता हूँ' शीर्षक नवगीत प्रदीप जी के गीतों में नव हौसलों की बानगी पेश करता है। तुमको रुकना हो
रुक जाओ
मैं तो चलता हूँ.
माना बहुत कठिन है राहें
आगे बढ़ने की
मन में लेकिन है इच्छाएँ
सूरज चढ़ने की
तुम सूरज के किस्से गाओ
मैं बस चढ़ता हूँ
प्रदीप शुक्ल का चिकित्सक उन्हें सामाजिक परिवेश में नवगीतों के माध्यम से घाव लगाने या घावों को कुरेदने की मन:स्थिति से दूर है। वे गीतों के माध्यम से घावों की मरहम-पट्टी करते हैं या विसंगतियों से आहत-संत्रस्त मानों को राहत पहुँचाते हैं। सामाजिक विसंगतियों का अतिरेकी चित्रण कर, असंतोष की वृद्धि कर, जनक्रोश उत्पन्न करने के इच्छुक राजनैतिक प्रतिबद्धताओं से जुड़े तथाकथित नवगीतकारों के रुष्ट होने या उनके द्वारा अनदेखे किए जाने जोखिम उठाकर भी डॉ. प्रदीप शुक्ल गीत-नवगीत को रस-सलिला के दो किनारे मानते हुए सटीक भाव-बिम्बों और सम्यक प्रतीकों के द्वारा हैं जो कहा जाना सामाजिक समरसता के है। प्रसाद गुण संपन्न भाषिक शब्दावली और अमिधा में बात करते ये गीत-नवगीत अवध की सरजमीं को तरह-तरह से सजदा करते हैं। दादा, आम आये, पाठक को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। इन नवगीतों में आशावादिता का जो स्वर बार-बार उभरता है वह बहुमूल्य और दुर्लभ है। ऐसा नहीं है की समाज के अमांगलिक पक्ष की और से बंद कर ली गयी हैं। नए साल में क्या बदलेगा, यह भारत देश है मेरा आदि नवगीतों में दीपक अँधेरे की किन्तु अर्चा दीपक के प्रकाश की है। भावी नवगीत को के उन्नयन का साक्षी बनकर अपनी सामायिक-सामाजिक उपयोगिता सिद्ध करनी होगी, चिरजीवी होंगे। यह सृष्टि का सनातन सत्य है कि जो उपयोगी नहीं होता, मिटा जाता है। डॉ. प्रदीप शुक्ल के नवगीत अभिव्यक्ति विश्वम लखनऊ तथा विश्ववाणी हिंदी संस्थान जबलपुर के नवगीत सृजन आयोजनों की सार्थकता प्रमाणित करते हैं। जवाहर लाल चौरसिया 'तरुण', यतीन्द्र नाथ 'राही', गिरि मोहन गुरु, दयाराम गुप्त 'पथिक', निर्मल शुक्ल, मधु प्रधान, अशोक गीते, पूर्णिमा बर्मन, संजीव 'सलिल', संध्या सिंह, जयप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. वीरेंद्र निर्झर, बसंत शर्मा, गोपालकृष्ण 'आकुल', कल्पना रामानी, शीला पांडे,, रामशंकर वर्मा, धीरज श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव ॐ, गरिमा सक्सेना, अवनीश त्रिपाठी, शशि पुरवार, रोहित रूसिया, छाया सक्सेना, मिथिलेश बड़गैया आदि का नवगीत सृजन नवगीतों में प्रकृति, परिवेश और समाज की विसंगतियों के साथ-साथ उल्लास, आशावादिता, पर्व, श्रृंगार, आदि के माध्यम सुसंगतियों को भी शब्दांकित किया गया है। डॉ. प्रदीप शुक्ल इसी गीत-गंगा महत्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं। भविष्य में यह नवगीतीय भावधारा अधिकाधिक पुष्ट होना है।
'गाँव देखता टुकुर-टुकुर' के नवगीत विसंगतिवादियों को भले ही रुचें किन्तु सुसंगतिवादी इनका स्वागत करने के साथ ही आगामी संकलन की प्रतीक्षा करेंगे।
---
***
कुण्डलिया
राजनीति आध्यात्म की, चेरी करें न दूर
हुई दूर तो देश पर राज करेंगे सूर
राज करेंगे सूर, लड़ेंगे हम आपस में
सृजन छोड़ आनंद गहेँगे, निंदा रस में
देरी करें न और, वरें राह परमात्म की
चेरी करें न दूर, राजनीति आध्यात्म की
संजीव, १३.११.२०१८
***
मुक्तक : गहोई
कहो पर उपकार की क्या फसल बोई?
मलिनता क्या ज़िंदगी से तनिक धोई?
सत्य-शिव-सुन्दर 'सलिल' क्या तनिक पाया-
गहो ईश्वर की कृपा तब हो गहोई।।
*
कहो किसका कब सदा होता है कोई?
कहो किसने कमाई अपनी न खोई?
कर्म का औचित्य सोचो फिर करो तुम-
कर गहो ईमान तब होगे गहोई।।
*
सफलता कब कहो किसकी हुई गोई?
श्रम करो तो रहेगी किस्मत न सोई.
रास होगी श्वास की जब आस के संग-
गहो ईक्षा संतुलित तब हो गहोई।।
*
कर्म माला जतन से क्या कभी पोई?
आस जाग्रत रख हताशा रखी सोई?
आपदा में धैर्य-संयम नहीं खोना-
गहो ईप्सा नियंत्रित तब हो गहोई।।
*
सफलता अभिमान कर कर सदा रोई.
विफलता की नष्ट की क्या कभी चोई..
प्रयासों को हुलासों की भेंट दी क्या?
गहो ईर्ष्या 'सलिल' मत तब हो गहोई।
*
(गोई = सखी, ईक्षा = दृष्टि, पोई = पिरोई / गूँथी,
ईप्सा = इच्छा,
१३.११.२०१७
***
गीत
*
पूछ रही पीपल से तुलसी
बोलो ऊँचा कौन?
जब भी मैंने प्रश्न किया
तब उत्तर पाया मौन
*
मीठा कोई कितना खाये
तृप्तिं न होती
मिले अलोना तो जिव्हा
चखने में रोती
अदा करो या नहीं किन्तु क्या
नहीं जरूरी नौन?
जब भी मैंने प्रश्न किया है
तब उत्तर पाया मौन
*
भुला स्वदेशी खुद को ठगते
फिर पछताते
अश्रु छिपाते नैन पर अधर
गाना गाते
टूथपेस्ट ने ठगा न लेकिन
क्यों चाहा दातौन?
जब भी मैंने प्रश्न किया है
तब उत्तर पाया मौन
*
हाय-बाय लगती बलाय
पर नमन न करते
इसकी टोपी उसके सर पर
क्यों तुम धरते?
क्यों न सुहाता संयम मन को
क्यों रुचता है यौन?
जब भी मैंने प्रश्न किया है
तब उत्तर पाया मौन

***

षट्पदी

*
करे न नर पाणिग्रहण, यदि फैला निज हाथ
नारी-माँग न पा सके, प्रिय सिंदूरी साज?
प्रिय सिंदूरी साज, न सबला त्याग सकेगी
'अबला' 'बला' बने क्या यह वर-दान मँगेंगी ?
करता नर स्वीकार, फजीहत से न डरे
नारी कन्यादान, न दे- वरदान नर करे
१३.११.२०१६
***

रविवार, 12 नवंबर 2023

बुंदेली सरस्वती वंदना, पीयूषवर्ष छंद, मुक्तिका, गणेश, नवगीत, छठ के दोहे, अपन्हुति अलंकार

बुंदेली सरस्वती वंदना
मुक्त छंद
सारद री!

कितै बिलम गईं सारद री!
रस्ता हेरत पथरा रईं अँखियाँ।
हंसा! कितै बिलानो रे!
उरत-उरत थक गईं का पँखियाँ?
मन मंदिर में आन बिराजो,
बुरो बखत मत भटक सारदा!
बनो कलेवा आकर खाओ,
पनघट पर मत अटक सारदा!
झटपट सपर घरे आ जाओ
माँ मो से सिंगार कराओ
माथे बेंदा, कानों बाली
चरन महावर, अधरन लाली
हाथन कंगन, बालन बैनी
मनमोहक छबि हे सुख दैनी!
बनो कलेवा भोग लगाओ
सारद! घर सें कहूँ नें जाओ।
१२-११-२२
●●●
छंदशाला ४८
पीयूषवर्ष छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली व पुरारि छंद)

विधान
प्रति पद १९ मात्रा, यति १०-९, पदांत ल ग।

लक्षण छंद
रच पीयूषवर्ष, मन में हो हर्ष।
दिश-ग्रह तक पाओ, अप्रतिम उत्कर्ष।।
लघु-गुरु पदांत रहे, लक्ष्य नहीं भूल-
होना निराश मत, पल भर अपकर्ष।

उदाहरण
मीत था जो गीत, सारे ले गया
ख्वाब देखे जो ह,मारे ले गया
.
दर्द से कोई न,हीं नाता रखा
वस्ल के पैगाम, प्यारे ले गया
.
हारने की दे दु,हाई हाय रे!
जीत के औज़ान, न्यारे ले गया
.
ताड़ मौका वार, पीछे से किया
फोड़ आँखें अश्क, खारे ले गया
.
रात में अच्छे दि,नों का वासता
वायदों को ही स,कारे ले गया
.
बोल तो जादूग,री कैसे करी
पूर्णिमा से ही सि,तारे ले गया
.
साफ़ की गंगा न, थोड़ी भी कहीं
गंदगी जो थी कि,नारे ले गया

११-११-२०२२
•••
छंद: महापौराणिक जातीय पीयूषवर्ष
मापनी: २१२२ २१२२ २१२
बह्र: फ़ायलातुन् फ़ायलातुन् फायलुन्
***
मुक्तिका
卐 ॐ 卐
हे गणपति विघ्नेश्वर जय जय
मंगल काज करें हम निर्भय
अक्षय-सुरभि सुयश दस दिश में
गुंजित हो प्रभु! यही है विनय
हों अशोक हम करें वंदना
सफल साधना करें दें विजय
संगीता हो श्वास श्वास हर
सविता तम हर, दे सुख जय जय
श्याम रामरति कभी न बिसरे
संजीवित आशा सुषमामय
रांगोली-अल्पना द्वार पर
मंगल गीत बजे शिव शुभमय
१२.११.२०२१
***
नवगीत
*
सहनशीलता कमजोरी है
सीनाजोरी की जय
*
गुटबंदीकर
अपनी बात कहो
ताली पिटवाओ।
अन्य विचार
न सुनो; हूटकर
शालीनता भुलाओ।
वृद्धों का
अपमान करो फिर
छाती खूब फुलाओ।
श्रम की कद्र
न करो, श्रमिक के
हितकारी कहलाओ।
बातें करें किताबी पर
आचरण न किंचित है भय
*
नहीं गीत में
छंद जरूरी
मिथ्या भ्रम फैलाते।
नव कलमों को
गलत दिशा में
नाहक ही भटकाते।
खुद छंदों में
नव प्रयोग कर
आगे बढ़ते जाते।
कम साहित्य,
सियासत ज्यादा
करें; घूम मदमाते।
मौन न हारे,
शोर न जीते,
हो छंदों की ही जय
*
एक विधा को
दूजी का उच्छिष्ट
बताकर फूलो।
इसकी टोपी
उसके सर धर
सुख-सपनों में झूलो।
गीत न आश्रित
कविता-ग़ज़लों का
यह सच भी भूलो।
थाली के पानी में
बिम्ब दिखा कह
शशि को छू लो।
छद्म दर्द का,
गुटबंदी का,
बिस्तर बँधना है तय
१२-११-२०१९

***
छठ के दोहे 
*
छठ पूजन कर एक दिन, शेष दिवस नाबाद
दूध छठी का कराती, गृहस्वामी को याद
*
हरछठ पर 'हऱ' ने किए, नखरे कई हजार
'हिज़' बेचारा उठाता, नखरे बाजी हार
*
नाक-शीर्ष से सर तलक, भरी देख ले माँग
माँग न पूरी की अगर, बच न सकेगी टाँग
*
'मी टू' छठ का व्रत रही, तू न रहा क्यों बोल?
ढँकी न अब रह सकेगी, खोलेगी वह पोल
*
माँग नहीं जिसकी भरी, रही एक वर माँग
माँग भरे वह कर सके, जो पूरी हर माँग
*
१२.११.२०१८

अनपढ़ पढ़ता अनलिखा, समझ-बूझ चुपचाप
जीवन पुस्तक है बडी, अक्षर-अक्षर आप
१२.११.२०१७
*

मैं औ' मेरी डायरी, काया-छाया संग
कहने को हैं दो मगर, 'सलिल'एक है रंग
१२.११.२०१६
***
अलंकार सलिला: ३०
अपन्हुति अलंकार
*
*
प्रस्तुत का वारण जहाँ, वहीं अपन्हुति मीत।
कर निषेध उपमेय का, हो उपमान सप्रीत।।
'अपन्हुति' का अर्थ है वारण या निषेध करना, छिपाना, प्रगट न होने देना आदि. इसलिए इस अलंकार में प्रायः निषेध देखा जाता है। प्रकृत, प्रस्तुत या उपमेय का प्रतिषेध कर अन्य अप्रस्तुत या उपमान का आरोप या स्थापना किया जाए तो 'अपन्हुति अलंकार' होता है। जहाँ उपमेय का निषेध कर उसमें उपमान का आरोप किया जाये वहाँ 'अपन्हुति अलंकार' होता है।
प्रस्तुत या उपमेय का, लें निषेध यदि देख।
अलंकार तब अपन्हुति, पल में करिए लेख।।
प्रस्तुत का वारण जहाँ, वहीं अपन्हुति मीत।
आरोपित हो अप्रस्तुत, 'सलिल' मानिये रीत।।
१. हेम सुधा यह किन्तु है सुधा रूप सत्संग।
यहाँ सुधा पर सुधा का आरोप करना के लिए उसमें अमृत के गुण का निषेध किया गया है। अतः, अपन्हुति अलंकार है।
२.सत्य कहहूँ हौं दीनदयाला, बन्धु न होय मोर यह काला।
यहाँ प्रस्तुत उपमेय 'बन्धु' का निषेध कर अप्रस्तुत उपमान 'काल' की स्थापना किये जाने से अपन्हुति अलंकार है।
३. फूलों पत्तों सकल पर हैं वारि बूँदें लखातीं।
रोते हैं या निपट सब यों आँसुओं को दिखाके।।
प्रकृत उपमेय 'वारि बूँदे' का निषेधकर 'आँसुओं' की स्थापना किये जाने के कारण यहाँ ही अपन्हुति है।
४.अंग-अंग जारति अरि, तीछन ज्वाला-जाल।
सिन्धु उठी बडवाग्नि यह, नहीं इंदु भव-भाल।।
अत्यंत तीक्ष्ण ज्वालाओं के जाल में अंग-प्रत्यंग जलने का कारण सिन्धु की बडवाग्नि नहीं, शिव के शीश पर चन्द्र का स्थापित होना है. प्रस्तुत उपमेय 'बडवाग्नि' का प्रतिषेध कर अन्य उपमान 'शिव'-शीश' की स्थापना के कारण अपन्हुति है.
५.छग जल युक्त भजन मंडल को, अलकें श्यामन थीं घेरे।
ओस भरे पंकज ऊपर थे, मधुकर माला के डेरे।।
यहाँ भक्ति-भाव में लीन भक्तजनों के सजल नयनों को घेरे काली अलकों के स्थापित उपमेय का निषेध कर प्रातःकाल तुहिन कणों से सज्जित कमल पुष्पों को घेरे भँवरों के अप्रस्तुत उपमान को स्थापित किया गया है. अतः अपन्हुति अलंकार है.
६.हैं नहीं कुल-श्रेष्ठ, अंधे ही यहाँ हैं।
भक्तवत्सल साँवरे, बोलो कहाँ हैं? -सलिल
यहाँ द्रौपदी द्वारा प्रस्तुत उपमेय कुल-श्रेष्ठ का निषेध कर अप्रस्तुत उपमान अंधे की स्थापना की गयी है. अतः, अपन्हुति है.
७.संसद से जन-प्रतिनिधि गायब
बैठे कुछ मक्कार हैं। -सलिल
यहाँ उपमेय 'जनप्रतिनिधि' का निषेध कर उपमान 'मक्कार' की स्थापना किये जाने से अपन्हुति है.
८. अरी सखी! यह मुख नहीं, यह है अमल मयंक।
९. किरण नहीं, पावक के कण ये जगतीतल पर गिरते हैं।
१०. सुधा सुधा प्यारे! नहीं, सुधा अहै सतसंग।
११. यह न चाँदनी, चाँदनी शिला 'मरमरी श्वेत।
१२. चंद चंद आली! नहीं, राधा मुख है चंद।
१३. अरध रात वह आवै मौन
सुंदरता बरनै कहि कौन?
देखत ही मन होय अनंद
क्यों सखि! पियमुख? ना सखि चंद।
अपन्हुति अलंकार के प्रकार:
'यहाँ' नहीं 'वह' अपन्हुति', अलंकार लें जान।
छः प्रकार रोचक 'सलिल', रसानंद की खान।।
प्रस्तुत या उपमेय का निषेध कर अप्रस्तुत की स्थापना करने पर अपन्हुति अलंकार जन्मता है. इसके छः भेद हैं.
१. शुद्धापन्हुति:
जहाँ पर प्रकृत उपमेय को छिपाकर या उसका प्रतिषेध कर अन्य अप्रस्तुत का निषेधात्मक शब्दों में आरोप किया जाता है.
१. ऊधो यह सूधो सो संदेसो कहि दीजो भलो,
हरि सों हमारे ह्यां न फूले वन कुञ्ज हैं।
किंसुक गुलाब कचनार औ' अनारन की
डारन पै डोलत अन्गारन के पुंज हैं।।
२. ये न मग हैं तव चरण की रेखियाँ हैं।
बलि दिशा की ओर देखा-देखियाँ हैं।।
विश्व पर पद से लिखे कृति-लेख हैं ये।
धरा-तीर्थों की दिशा की मेख हैं ये।।
३. ये न न्यायाधीश हैं,
धृतराष्ट्र हैं ये।
न्याय ये देते नहीं हैं,
तोलते हैं।।
४. नहीं जनसेवक
महज सत्ता-पिपासु,
आज नेता बन
लूटते देश को हैं।
५. अब कहाँ कविता?
महज तुकबन्दियाँ हैं,
भावना बिन रचित
शाब्दिक-मंडियाँ हैं।
२. हेत्वापन्हुति:
जहाँ प्रस्तुत का प्रतिषेध कर अप्रस्तुत का आरोप करते समय हेतु या कारण स्पष्ट किया जाए वहाँ हेत्वापन्हुति अलंकार होता है.
१. रात माँझ रवि होत नहिं, ससि नहिं तीव्र सुलाग।
उठी लखन अवलोकिये, वारिधि सों बड़बाग।।
२. ये नहिं फूल गुलाब के, दाहत हियो अपार।
बिनु घनश्याम अराम में, लगी दुसह दवार।।
३. अंक नहीं है पयोधि के पंक को औ' वसि बंक कलंक न जागै।
छाहौं नहीं छिति की परसै अरु धूमौ नहीं बड़वागि को पागै।।
मैं मन वीचि कियो निह्चै रघुनाथ सुनो सुनतै भ्रम भागै।
ईठिन या के डिठौना दिया जेहि काहू वियोगी की डीठि न लागै।।
४. पहले आँखों में थे, मानस में कूद-मग्न प्रिय अब थे।
छींटे वहीं उड़े थे, बड़े-बड़े ये अश्रु कब थे.
५. गुरु नहीं, शिक्षक महज सेवक
साध्य विद्या नहीं निज देयक।
३. पर्यस्तापन्हुति:
जहाँ उपमेय या वास्तविक धर्मी में धर्म का निषेध कर अन्य में उसका आरोप जाता है वहाँ पर्यस्तापन्हुति अलंकार होता है।
१. आपने कर्म करि हौं हि निबहौंगो तौ तो हौं ही करतार करतार तुम काहे के?
२. मधुशाला वह नहीं जहाँ पर मदिरा बेची जाती है।
भेंट जहाँ मस्ती की मिलती वह मेरी मधुशाला है।।
३ . जहाँ दुःख-दर्द
जनता के सुने जाएँ
न वह संसद।
जहाँ स्वार्थों का
सौदा हो रहा
है देश की संसद।।
४. चमक न बाकी चन्द्र में
चमके चेहरा खूब।
५. डिग्रियाँ पाई,
न लेकिन ज्ञान पाया।
लगी जब ठोकर
तभी कुछ जान पाया।।
४. भ्रान्त्य अपन्हुति:
जहाँ किसी कारणवश भ्रम हो जाने पर सच्ची बात कहकर भ्रम का निवारण किया जाता है और उसमें कोई चमत्कार रहता है, वहाँ भ्रान्त्यापन्हुति अलंकार होता है।
१. खायो कै अमल कै हिये में छायो निरवेद जड़ता को मंत्र पढि नायो शीश काहू अरि।
कै लग्यो है प्रेत कै लग्यो है कहूँ नेह हेत सूखि रह्यो बदन नयन रहे आँसू भरि।।
बावरी की ऐसी दशा रावरी दिखाई देति रघुनाथ इ भयो जब मन में रो गयो डरि।
सखिन के टरै गरो भरे हाथ बाँसुरी देहरे कही-सुनी आजु बाँसुरी बजाई हरि।।
२. आली लाली लखि डरपि, जनु टेरहु नंदलाल।
फूले सघन पलास ये, नहिं दावानल ज्वाल।।
३. डहकु न है उजियरिया, निसि नहिं घाम।
जगत जरत अस लाग, मोहिं बिनु राम।।
४. सर्प जान सब डर भगे, डरें न व्यर्थ सुजान।
रस्सी है यह सर्प सी, किन्तु नहीं है जान।।
५. बिन बदरा बरसात?
न, सिर धो आयी गोरी।
टप-टप बूँदें टपकाती
फिरती है भोरी।।
५. छेकापन्हुति:
जहाँ गुप्त बात प्रगट होने की आशंका से चतुराईपूर्वक मिथ्या समाधान से निषेध कर उसे छिपाया जाता है वहाँ छेकापन्हुति अलंकार होता है।
१. अंग रंग साँवरो सुगंधन सो ल्प्तानो पीट पट पोषित पराग रूचि वरकी।
करे मधुपान मंद मंजुल करत गान रघुनाथ मिल्यो आन गली कुञ्ज घर की।।
देखत बिकानी छबि मो पै न बखानी जाति कहति ही सखी सों त्यों बोली और उरकी।
भली भईं तोही मिले कमलनयन परत नहीं सखी मैं तो कही बात मधुकर की।।
२. अर्धनिशा वह आयो भौन।
सुन्दरता वरनै कहि कौन?
निरखत ही मन भयो अनंद।
क्यों सखी साजन?
नहिं सखि चंद।।
३. श्यामल तन पीरो वसन मिलो सघन बन भोर।
देखो नंदकिशोर अलि? ना सखि अलि चितचोर।।
४. चाहें सत्ता?,
नहीं-नहीं,
जनसेवा है लक्ष्य।
५. करें चिकित्सा डॉक्टर
बिना रोग पहचान।
धोखा करें मरीज से?
नहीं, करें अनुमान।
६. कैतवापन्हुति:
जहाँ प्रस्तुत का प्रत्यक्ष निषेध न कर चतुराई से किसी व्याज (बहाने) से उसका निषेध किया जाता है वहाँ कैतवापन्हुति अलंकार होता है। कैटव में बहाने से, मिस, व्याज, कारण आदि शब्दों द्वारा उपमेय का निषेध कर उपमान का होना कहा जाता है।।
१. लालिमा श्री तरवारि के तेज में सारदा लौं सुखमा की निसेनी।
नूपुर नील मनीन जड़े जमुना जगै जौहर में सुखदेनी।।
यौं लछिराम छटा नखनौल तरंगिनी गंग प्रभा फल पैनी।
मैथिली के चरणाम्बुज व्याज लसै मिथिला मग मंजु त्रिवेनी।
२. मुख के मिस देखो उग्यो यह निकलंक मयंक।
३. नूतन पवन के मिस प्रकृति ने सांस ली जी खोल के।
यह नूतन पवन नहीं है,प्रकृति की सांस है।
४. निपट नीरव ही मिस ओस के
रजनि थी अश्रु गिरा रही
ओस नहीं, आँसू हैं।
५. जनसेवा के वास्ते
जनप्रतिनिधि वे बन गये,
हैं न प्रतिनिधि नेता हैं।
===
गजानन-लक्ष्मी पूजा:
.
शांति सौख्य सुख चैन दो
हे मेरे करतार
देश-देशवासी सकें
पा उत्तम सरकार।
*
दीपमालिका
का हर दीपक
नव समृद्धि
यश-कीर्ति
विपुल दे.
*
मन में आशा दीप जलें शत
घेरे नहीं निराशा.
सुख-दुःख दोनों सम सह पायें
अधिक न हो प्रत्याशा।
*
मथुरा के लड्डू गोपाल,
गंडक नदी के शालिग्राम,
श्रीनाथ द्वारा की चौकी,
भुज का कच्छप और तुलसी चौरा दीप,
पशुपतिनाथ के नगर की रुद्राक्ष माला,
माँ-पापा द्वारा परंपरा से संकलित सिक्के,
सासू जी द्वारा प्रदत्त कसौटी पत्थर का शिवलिंग सिंहासन,
जगन्नाथ पुरी समुद्र के दक्षिणावर्त शंख-अधबने मोतीयुक्त सीप,
मन-आंगन उजियारने की कामना करते दीप और नतमस्तक हम
भारत भाग्य विधाता सदय हों तो हो गयी दीपावली।
१२.११.२०१५
***
दोहा सलिला
गले मिले दोहा यमक
*
जिस का रण वह ही लड़े, किस कारण रह मौन.
साथ न देते शेष क्यों?, बतलायेगा कौन??
*
ताज महल में सो रही, बिना ताज मुमताज.
शिव मंदिर को मकबरा, बना दिया बेकाज..
*
भोग लगा प्रभु को प्रथम, फिर करना सुख-भोग.
हरि को अर्पण किये बिन, बनता भोग कुरोग..
*
योग लगते सेठ जी, निन्यान्नबे का फेर.
योग न कर दुर्योग से, रहे चिकित्सक-टेर..
*
दस सर तो देखे मगर, नौ कर दिखे न दैव.
नौकर की ही चाह क्यों, मालिक करे सदैव?
*
करे कलेजा चाक री, अधम चाकरी सौत.
सजन न आये चौथ पर, अरमानों की मौत..
*
चढ़े हुए सर कार पर, हैं सरकार समान.
सफर करे सर कार क्यों?, बिन सरदार महान..
*
चाक घिस रहे जन्म से. कोइ न समझे पीर.
गुरु को टीचर कह रहे, मंत्री जी दे पीर..
*
रखा आँख पर चीर फिर, दिया कलेजा चीर.
पीर सिया की सलिल थी, राम रहे प्राचीर..
*
पी मत खा ले जाम तू, है यह नेक सलाह.
जाम मार्ग हो तो करे, वाहन इंजिन दाह..
*
कर वट की आराधना, ब्रम्हदेव का वास.
करवट ले सो चैन से, ले अधरों पर हास..
१२-११-२०११
***

शनिवार, 11 नवंबर 2023

जबलपुर के प्रमुख साहित्यकार,

लेख-
जबलपुर के श्रेष्ठ कलमकार
गीतिका श्रीव, बरेला
*

                     संस्कारधानी जबलपुर पुरातन नगरी है। सत्य-शिव-सुंदर का इस नगरी से अद्भुत संबंध है। एक ओर शिव द्वारा दिव्य शक्ति का उपयोग कर अमरकंटक में वंशलोचन वन-सरोवर का अमृतमय जल कालजयी कलकल निनादिनी नर्मदा के रूप में इस नगर को प्राप्त है दूसरी ओर त्रिपुरी ग्राम में त्रिपुरासुर की तीन पूरियों को क्षण मात्र में ध्वंस कर देने की कथा भी पुराणों में वर्णित है। भगवती गौरी की तपस्थली गौरीघाट और चौंसठ योगिनी के मंदिर भी इस नगरी की महत्त प्रतिपादित करते हैं। इस नगरी की महत्ता विद्या और कला के अधिष्ठाता शिव के साथ-साथ शब्द ब्रह्म उपासक कलमकारों से भी है। भारतीय नाट्य शास्त्र को नांदी पाठ की विरासत देने वाले आचार्य नंदिकेश्वर समीपस्थ बरगी ग्राम के निवासी थे। भृगु, जाबालि, अगस्त्य आदि ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है जबलपुर।

                     आधुनिक हिंदी के उद्भव काल से अब तक महत्व पूर्ण दिवंगत रचनाकारों में विनायक राव, जगमोहन सिंह, रघुवर प्रसाद द्विवेदी, सुखराम चौबे 'गुणाकर', राय देवी प्रसाद 'पूर्ण', गंगा प्रसाद अग्निहोत्री, कामता प्रसाद गुरु, लक्ष्मण सिंह चौहान, महादेव प्रसाद 'सामी', बाल मुकुंद त्रिपाठी, सेठ गोविंद दास, तोरण देवी लली, रामानुज श्रीवास्तव 'ऊँट बिलहरीवी', ब्योहार राजेन्द्र सिंह, द्वारका प्रसाद मिश्र, झलकनलाल वर्मा 'छैल', हरिहर शरण मिश्र, सुभद्रा कुमारी चौहान, केशव प्रसाद पाठक, शांति देवी वर्मा, रामकिशोर अग्रवाल 'मनोज', भवानी प्रसाद तिवारी, नर्मदा प्रसाद खरे, रामेश्वर प्रसाद गुरु, माणिकलाल चौरसिया 'मुसाफिर', जीवन लाल वर्मा 'विद्रोही', पन्नालाल श्रीवास्तव 'नूर', डॉ. पूरन चंद श्रीवास्तव, डॉ. चंद्र प्रकाश वर्मा, शकुंतला खरे, श्री बाल पांडेय, डॉ. मलय, इन्द्र बहादुर खरे, रामकृष्ण श्रीवास्तव, रास बिहारी पाण्डेय, ब्रजेश माधव, जवाहर लाल चौरसिया 'तरुण, ललित श्रीवास्तव, डॉ. रामशंकर मिश्र, डॉ. गार्गी शरण मिश्र, डॉ. चित्रा चतुर्वेदी कार्तिका', श्रीराम ठाकुर 'दादा', श्याम श्रीवास्तव, मोइनुद्दीन अतहर, पूर्णिमा निगम 'पूनम', इं. भवानी शंकर मालपाणी, इं. गोपाल कृष्ण चौरसिया 'मधुर',इं. कोमल चंद जैन, इं. राम राज फौजदार, आशुतोष विश्वकर्मा 'असर' आदि के नाम उल्लेखनीय हैं।

                     समकालीन सृजनरत रचनाकार भी हिंदी भाषा के सारस्वत कोश की श्रीवृद्धि करने में महती भूमिका निभा रहे हैं। जिन महत्वपूर्ण हस्ताक्षरों के अवदान को विस्मृत नहीं किया जा सकता उनमें से कुछ हैं- 

आचार्य कृष्णकान्त चतुर्वेदी- संस्कृत, पाली प्राकृत साहित्य शास्त्र तथा बौद्ध दर्शन के विद्वान चतुर्वेदी जी कालिदास अकादमी मध्य प्रदेश के निदेशक, आचार्य एवं अध्यक्ष संसकरु-पालि-प्राकृत विभाग रानी दुर्गावती विश्व विद्यालय जबलपुर आदि पदों पर प्रतिष्ठित रहे हैं। अथातो  ब्रह्म जिज्ञासा, द्वैत वेदान्त तत्व समीक्षा, भारतीय परंपरा एवं अनुशीलन, वेदान्त दर्शन की पीठिका, मध्य प्रदेश में बुद्ध दर्शन, क्रस्न-विलास, राधाभाव सूत्र, अनुवाक्, आगत का स्वागत तथा क्षण के साथ चलाचल आपकी कृतियाँ हैं। 

डॉ. सुरेश कुमार वर्मा- नगर के श्रेष्ठ-ज्येष्ठ साहित्यकार डॉ. सुरेश कुमार वर्मा का जन्म २० दिसंबर १९३८ को हुआ। आपने  हिंदी में पी-एच. डी., डी. लिट. की उपाधि प्राप्त कर, मध्य ऑरदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापक, विभागाध्यक्ष, प्राचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा के महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। आपकी प्रमुख प्रकाशित कृतियाँ हैं- उपन्यास: मुंतहमहल, रेसमान, सबका मालिक एक, महाराजा छत्रसाल, नीले घोड़े का सवार आदि, नाटक: निम्नमार्गी, दिशाहीन, कहानी संग्रह: जंग के बारजे पर, मंदिर एवं अन्य कहानियाँ, आलोचना: डॉ. रामकुमार वर्मा की नाट्य कला, निबंध संग्रह: करमन की गति न्यारी, मैं तुम्हारे हाथ का लीला कमल हूँ, भाषा विज्ञान: हिंदी अर्थान्तर।

आचार्य भगवत दुबे- 
१८ अगस्त १९४३ को जन्मे आचार्य जी संस्कारधानी ही नहीं समस्त भारत के समकालिक साहित्यकारों में बहुचर्चित हैं। आचार्य जी ऐसे व्यक्तित्व हैं जिन्हें पाकर सम्मान सम्मानित होते हैं। आपने हिंदी साहित्य की अधिकांश विधाओं कहानी, लघुकथा, निबंध, संस्मरण, समीक्षा, गीत, ग़ज़ल, हाइकू, तांका, बांका, फाग, गेट, नवगीत, कुंडलिया, सवैया, घनाक्षरी, मुक्तक आदि में विपुल लेखन। ५० से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा साहित्य भूषण अलंकरण (दो लाख रुपए नगद) सहित असंख्य सम्मान व पुरस्कार। भारत की ३ भाषाओँ में रचनाएँ अनुदित। आपके सृजन पर अनेक शोध कार्य संपन्न हुए।

डॉ. इला घोष- संस्कृत वांग्मय में शिल्प कलाएँ, संस्कृत वांग्मये कृषि विज्ञानं, ऋग्वैदिक ऋषिकाएँ: जीवन एवं दर्शन, वैदिक संस्कृति संरचना, नारी योगदान विभूषित, सफलता के सूत्र- वैदिक दृष्टि, व्यक्तित्व विकास में वैदिक वांग्मय का योगदान, तमसा तीरे तथा महीयसी आदि कृतियों के द्वारा अपने पांडित्य की पताका फहरानेवाली इला जी शसकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में प्राध्यापक तथा प्राचार्य रही हैं।  

डॉ. निशा तिवारी- शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राध्यापक तथा प्राचार्य पदों पर श्रेष्ठ कार्य हेतु ख्यात निशा जी का जन्म २५ अक्टूबर १९४४ को हुआ। आपकी महत्वपूर्ण कृतियाँ मूल्य और मूल्यांकन, विमर्श विविधा, पाश्चात्य काव्य शास्त्र, भारतीय काव्य शास्त्र, पाश्चात्य साहित्य शास्त्र, आज कविता अवधारणा और सृजन, सिलसिले को तोड़ती राजेन्द्र मिश्र की कविताएँ आदि है।  

इं. अमरेन्द्र नारायण- २१ नवम्बर १९४५, मटुकपुर, भोजपुर,बिहार में जन्में अमरेन्द्र नारायण जी ने बी.एस-सी. इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की। आप भारतीय दूर संचार सेवा और एशिया फैसिफिक टेलीकम्युनिटी के महासचिव पद से सेवानिवृत्त हैं। आपकी कृतियाँ-  उपन्यास- संघर्ष, एकता और शक्ति, Unity and Strength,The Smile of Jasmine, Fragrance Beyond Borders काव्य- श्री हनुमत् श्रद्धा सुमन, सिर्फ एक लालटेन जलती है, अनुभूति, जीवन चरित:पावन चरित-डाॅ.राजेन्द्र प्रसाद आदि हैं। आपको असाधारण उत्कृष्ठ सेवा हेतु संयुक्त राष्ट्र संघ से स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है। 

राम सेंगर- भारतीय रेलवे में जनवरी २००५ तक कार्यालय अधीक्षक (कार्मिक) के पद पर कार्यरत रहे सेंगर जी का जन्म २ जनवरी  १९४५ को हुआ। शेष रहने के लिए, जिरह फिर कभी होगी तथा एक गैल अपनी भी आपके बहुचर्चित नवगीत संग्रह हैं। आप नवगीत दशक २ तथा नवगीत अर्ध शती में सहभागी रहे हैं। आप कई पुरस्कारों से अलंकृत किए जा चुके हैं। 

डॉ. सुमनलता श्रीवास्तव- संगीताधिराज हृदयनारायण देव, सरे राह तथा जिजीविषा आदि कृतियों की रचयिता सुमन लता श्रीवास्तव नगर की विदुषियों में अग्रगण्य हैं, ग्रहणी रहते हुए भी आपने पी-एच. डी., डी. लिट. आदि उपाधियाँ प्राप्त कीं तथा बहुचर्चित कृतियों द्वारा ख्याति पाई।  

इं. उदयभानु तिवारी 'मधुकर'- आपने डी.सी.ई., एम.बी.ई.एच., डी. एच. एम. एस., आयुर्वेदरत्न आदि उपढ़ियाँ की हैं। आप जल संसाधन विभाग मध्य प्रदेश में उप अभियंता के पद पर कार्यरत रहे। १८ अगस्त १९४६ को जन्मे मधुकर जी की कृतियाँ गीता मानस, मधुकर काव्य कलश, मधुकर भाव सुमन, रासलीला पंचाध्यायी आदि हैं।   

जयप्रकाश श्रीवास्तव- नरसिंहपुर में ९ मई १९५१ को जन्मे जयप्रकाश जी हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त कर केन्द्रीय विद्यालय में शिक्षक रहे हैं। हिंदी नवगीत के सशक्त स्तंभ जयप्रकाश जी की कृतियाँ हैं- मन का साकेत, परिंदे संवेदना के, शब्द वर्तमान, रेत हुआ दिन, बीच बहस में, धूप खुलकर नहीं आती, चल कबीरा लौट चल। समकालीन गीतकोश तथा नवगीत में मानवतावाद में आपका उल्लेख है।     

आचार्य इं. संजीव वर्मा 'सलिल'- २० अगस्त १९५२ को मण्डला मध्य प्रदेश में जन्मे सलिल जी लोक निर्माण विभाग में संभागीय परियोजना अभियंता पद पर कार्य कर चुके हैं। अंतर्जाल पर हिंदी पिंगल (रस-छंद-अलंकार) शिक्षण का श्रीगणेश करने तथा ५०० से अधिक नए छंदों के आविष्कार हेतु आपकी ख्याति है। आपने तकनीकी शिक्षा के हिंदीकरण हेतु सुदीर्घ संघर्ष किया है। आपके अथक प्रयास से जबलपुर विश्व का एकमात्र नगर बन सका है जहाँ भारतरत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की ९ मूर्तियाँ स्थापित हैं। आप हिंदी सोनेट छंद के प्रवर्तक हैं। आपकी प्रकाशित कृतियाँ कलम के देव, भूकंप के साथ जीना सीखें, लोकतंत्र का मकबरा, मीत मेरे, सौरभ:, कुरुक्षेत्र गाथा, काल है संक्रांति का, सड़क पर, आदमी अब भी जिंदा है,  

मीना भट्ट- श्रीमती मीना भट्ट संस्कारधानी के साहित्यकारों में विशिष्ट स्थान रखती हैं। आप हिंदी छंद तथा गजल में अधिक सक्रिय हैं। ३० अप्रैल १९५३ को जन्मी मीना जी जिला एवं सत्र न्यायाधीश रही हैं। 'पंचतंत्र में नारी' आपकी उल्लेखनीय कृति है।    

इं. सुरेन्द्र सिंह पवार- जल संसाधन विभाग से कार्यपालन यंत्री के पद से सेवा निवृत्त पवार जी का जन्म २५ जून १९५७ को हुआ। आपने बी. ई., एम.बी.ए., तथा पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। आपकी कृति परख पुस्तक समीक्षा संग्रह है। आप साहित्य संस्कार त्रैमासिकी के संपादक हैं। 

बसंत कुमार शर्मा-  आपकी जन्म तिथि ५ मार्च १९६६ है। संस्कारधानी जबलपुर में रहकर नवगीत, दोहा, गजल, गीत आदि विविध विधाओं में अपनी कलम का लोहा मनवाने वाले बसंत कुमार शर्मा आई,आर.टी.एस. में चयनित होकर भारतीय रेलवे में सेवारत हैं। अपनी सहजता-सरलता से लोकप्रिय शर्मा जी बोनसाई कला में निपुण हैं। आपकी प्रकाशित कृतियाँ नवगीत संग्रह बुधिया लेता टोह, दोहा संग्रह ढाई आखर तथा गजल संग्रह शाम हँसी पुरवाई में हैं। नवगीत संग्रह बुधिया लेता टोह को भारतीय रैलवे विभाग द्वारा ...   पुरस्कार प्रदान किया गया है।    

हरि सहाय पांडे- आपका जन्म १० जून १९६६ को हुआ। छंदबद्ध काव्य में विशेष रुचि रखनेवाले हरि सहाय पांडे जी स्नातकोत्तर (कृषि) शिक्षा प्राप्त कार  पश्चिम मध्य रेलवे में ------------------ पद पर जबलपुर में पदस्थ है। आपकी रुचि छंदबद्ध काव्य लेखन में है। दोहा, चौपाई, गीत, सोनेट आदि विधाओं में आप सिद्धहस्त हैं। मिलनसार स्वभाव के पांडे जी हमेशा परोपकार हेतु तत्पर रहते हैं। 'हिंदी सोनेट सलिला' में आपके सोनेट संकलित हैं। आपकी रचनाओं में सात्विक सनातन मूल्यों का प्रतिपादन होता है। 

अविनाश ब्योहार- २८ अक्टूबर १९६६ को जन्मे अविनाश जी ने बी.एस-सी. तथा स्टेनोग्राफी की उपाधि प्राप्त की है। आप मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में महाधिवक्ता कार्यालय में व्याकतीसहायक के पद पर कार्यरत हैं। आपकी कृतियाँ अंधे पीसे कुत्ते कहानी, पोखर ठोके दावा, कोयल करे मुनादी, तथा मौसम अंगार आदि हैं। 

                     संस्कारधानी जबलपुर में ५०० से अधिक साहित्यकार सृजनरत हैं। नदी की अपार जलराशि में से कुछ बूँदें लेकर अभिषेक किया जाता है, उसी भाव से कुछ सरस्वती पुत्रों का उल्लेख यहाँ किया गया है। सबका उल्लेख करने पर ग्रंथ ही बन जाएगा। शेष सभी सरस्वती सुतों के व्यक्तित्व-कृतित्व को सादर प्रणाम है। 
*** 






विनोद नयन-  


कृष्ण कुमार चौरसिया 'पथिक' (५ मई १९३७)  रका

मनोरमा तिवारी (२८ अगस्त १९३८)

डॉ. राज कुमार तिवारी सुमित्र (२५-१०-१९३८)

साधना उपाध्याय (८ अप्रैल आ १९४१)

इं. सुरेश 'सरल' (१ अगस्त १९४२)

वीणा तिवारी (३० जुलाई १९४४)

राज सागरी (१ अप्रैल १९५४)

अभय तिवारी (१ फरवरी १९५५)

इं. सुरेन्द्र सिंह पवार

अंबर प्रियदर्शी (२१ सितंबर १९५५)

संध्या जैन 'श्रुति' (१ अक्टूबर १९६०)

डॉ. जयश्री जोशी, कुँवर प्रेमिल, डॉ. अपरा तिवारी, डॉ. स्मृति शुक्ल, डॉ. नीना उपाध्याय, अखिलेश खरे, मनीषा  सहाय,










गीत : पाँच पर्व

गीत :
पाँच पर्व 
*
पाँच तत्व की देह है,
ज्ञाननेद्रिय हैं पाँच।
कर्मेन्द्रिय भी पाँच हैं,
पाँच पर्व हैं साँच।।
*
माटी की यह देह है,
माटी का संसार।
माटी बनती दीप चुप,
देती जग उजियार।।
कच्ची माटी को पका
पक्का करती आँच।
अगन-लगन का मेल ही
पाँच मार्ग का साँच।।
*
हाथ न सूझे हाथ को
अँधियारी हो रात।
तप-पौरुष ही दे सके
हर विपदा को मात।।
नारी धीरज मीत की
आपद में हो जाँच।
धर्म कर्म का मर्म है
पाँच तत्व में जाँच।।
*
बिन रमेश भी रमा का
तनिक न घटता मान।
ऋद्धि-सिद्धि बिन गजानन
हैं शुभत्व की खान।।
रहें न संग लेकिन पुजें
कर्म-कुंडली बाँच।
अचल-अटल विश्वास ही
पाँच देव हैं साँच।।
*
धन्वन्तरि दें स्वास्थ्य-धन
हरि दें रक्षा-रूप।
श्री-समृद्धि, गणपति-मति
देकर करें अनूप।।
गोवर्धन पय अमिय दे
अन्नकूट कर खाँच।
बहिनों का आशीष ले
पाँच शक्ति शुभ साँच।।
*
पवन, भूत, शर, अँगुलि मिल
हर मुश्किल लें जीत।
पाँच प्राण मिल जतन कर
करें ईश से प्रीत।।
परमेश्वर बस पंच में
करें न्याय ज्यों काँच।
बाल न बाँका हो सके
पाँच अमृत है साँच
८-११-२०२१
*****

हाइकु गीत, ऊषा, दोहा, गीत,

नरक चौदस / रूप चतुर्दशी पर विशेष रचना:
*
असुर स्वर्ग को नरक बनाते
उनका मरण बने त्यौहार.
देव सदृश वे नर पुजते जो
दीनों का करते उपकार..
अहम्, मोह, आलस्य, क्रोध, भय,
लोभ, स्वार्थ, हिंसा, छल, दुःख,
परपीड़ा, अधर्म, निर्दयता,
अनाचार दे जिसको सुख..
था बलिष्ठ-अत्याचारी
अधिपतियों से लड़ जाता था.
हरा-मार रानी-कुमारियों को
निज दास बनाता था..
बंदीगृह था नरक सरीखा
नरकासुर पाया था नाम.
कृष्ण लड़े, उसका वधकर
पाया जग-वंदन कीर्ति, सुनाम..
रजमहिषियाँ कृष्णाश्रय में
पटरानी बन हँसी-खिलीं.
कहा 'नरक चौदस' इस तिथि को
जनगण को थी मुक्ति मिली..
नगर-ग्राम, घर-द्वार स्वच्छकर
निर्मल तन-मन कर हरषे.
ऐसा लगा कि स्वर्ग सम्पदा
धराधाम पर खुद बरसे..
'रूप चतुर्दशी' पर्व मनाया
सबने एक साथ मिलकर.
आओ हम भी पर्व मनाएँ
दें प्रकाश दीपक बनकर..
'सलिल' सार्थक जीवन तब ही
जब औरों के कष्ट हरें.
एक-दूजे के सुख-दुःख बाँटें
इस धरती को स्वर्ग करें..
४-११-२०१०
***
***
दोहा 
किरण सलिल जब जब मिले, स्वर्णिम आभा देख।
निशि में भी आलोक हो, पवन मुग्ध हो लेख।।
***
हाइकु गीत
*
ऊषा की माँग
माँग भरे सूरज
हो गई पूरी।
*
गगन सजा / पंछी बने बाराती / आ रहा मजा
फहर रही / भू से गगन तक / प्रणय ध्वजा
ऊषा शर्माई
चेहरे पर छाई
लालिमा नूरी।
*
गूँजते गीत / पत्ते बजाते वाद्य / मजा ही मजा
धरती सास / हँसती मुँह देख / प्रभु की रजा
देवर चंदा
करे जब मजाक
भौजी सिंदूरी।
*
देता आशीष / बाबुल आसमान / हो सुखी सदा
दूध नहाओ / हमेशा फूलो फलो / पुत्री शुभदा
दोनों कुलों का
रखना तुम मान
सीख है जरूरी।
११.११.२०२१
***
दोहा सलिला
*
श्री श्री की श्री-सरलता, मीठी वाणी खूब
उतना ही ज्यादा मिले, जितना जाओ डूब
*
अरुण! गीतमय हो रहा, रजनी भाव विभोर
उषा लाल-पीली हुई, पवन कर रहा शोर
*
शिशु शशि शीश शशीश चुप, शशिवदनी-शशिनाथ
कुंडलि कुंडलिनाथ की, निरखें गहकर हाथ
*
दिन कर दिनकर ने कहा, उठो! करो कुछ काम
काम करो निष्काम तब, नाम न रख हो नाम
*
सरसों के पीले किये, जब से भू ने हाथ
एक साथ हँस-रो रही, उठा-झुका कर माथ
*
जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह-प्रवेश त्यौहार
हर अवसर पर दे 'सलिल', पुस्तक ही उपहार
*
तन कुंडा में कुंडली, आत्म चेतना जान
छंद कुंडली रच 'सलिल', मन होगा रसखान
*
भू, जल, अग्नि, पवन,गगन, पञ्च चक्र के तत्व
रख विवेक जाग्रत सलिल', तभी प्राप्त हो सत्व
*
खुद में खुद ही डूब जा, खुद रह खुद से दूर
खुद ही खुद मिल जायेगा, तुझको खुद का नूर
*
खुदा खुदी खुद में रहे, खुद न खुदा से भिन्न
जुदा खुदा से कब हुआ, कोई सलिल'अभिन्न
*
कौन जगत में सगा है?, बोल कौन है गैर?
दोनों हाथ पसारकर, माँग सभी की खैर
*
मत प्रयास करना अधिक, और न देना छोड़
थोड़ी-थोड़ी कोशिशें, लोहा भी दें मोड़
*
जोड़-तोड़ से क्या मिला?, खोया मन का चैन
होड़ न करना किसी से, छोड़ स्वार्थ पा चैन
*
अधिक खींचने से 'सलिल', टूटे मन की डोर
अधिक ढील से उलझकर, गुम चैन के छोर
*
*
सु-मन ग्रहण कविता करे, मिले सुमन सी गंध
दूर दृष्ट भी हो निकट, हट जाए मन-बंध
११.११.२०१६
***
गीत:
कौन हो तुम?
*
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
*
समय के अश्वों की वल्गा
निरंतर थामे हुए हो.
किसी को अपना किया
ना किसी के नामे हुए हो.

अनवरत दौड़ा रहे रथ
दिशा, गति, मंजिल कहाँ है?
डूबते ना तैरते, मझधार या
साहिल कहाँ है?

क्यों कभी रुकते नहीं हो?
क्यों कभी झुकते नहीं हो?
क्यों कभी चुकते नहीं हो?
क्यों कभी थकते नहीं हो?

लुभाते मुझको बहुत हो
जहाँ भी हो जौन हो तुम.
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
*
पूछता है प्रश्न नाहक,
उत्तरों का जगत चाहक.
कौन है वाहन सुखों का?
कौन दुःख का कहाँ वाहक?

करो कलकल पर न किलकिल.
ढलो पल-पल विहँस तिल-तिल.
साँझ को झुरमुट से झिलमिल.
झाँक आँकों नेह हिलमिल.

क्यों कभी जलते नहीं हो?
क्यों कभी ढलते नहीं हो?
क्यों कभी खिलते नहीं हो?
क्यों कभी फलते नहीं हो?

छकाते हो बहुत मुझको
लुभाते भी तौन हो तुम.
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
११.११.२०१० 
***

शुक्रवार, 10 नवंबर 2023

हाइबन, हाइकु, ताँका, सेदोका, चोका, हाइगा, ककुप, माहिया, जनक छंद, कहमुकरी, मुक्तिका, दोहा, गीत, लघुकथा


***
हाइबन
*
'विश्वैक नीड़म्' (संसार एक घोंसला है), 'वसुधैव कुटुम्बकम्' (पृथ्वी एक कुटुंब है) आदि अभिव्यक्तियाँ भारतीय मनीषा की उदात्तता की परिचायक हैं। विश्ववाणी हिंदी इसी पृष्ठभूमि में विश्व की हर भाषा-बोली के शब्दों और साहित्य को गले लगाती है। हिंदी साहित्य लेखन को मुख्यत: गद्य-पद्य दो वर्गों में रखे जाने के साथ ही दोनों मिलाकर अथवा दोनों विधाओं के गुण-धर्म युक्त साहित्य रचा जाता रहा है। 'गद्य ग़ीत', 'अगीत' आदि ऐसी ही काव्य-विधाएँ हैं। गद्य गीत वह गद्य है जिसमें आंशिक गीतात्मकता हो। अगीत ऐसे गीत हैं जिनमें गीत के बंधन शिथिल कर आंशिक गद्यात्मकता को आत्मसात किया गया हो। इन दोनों विधाओं की रचनाएँ कथ्यानुसार आकार ग्रहण करती हैं। हाइकु, ताँका, सेदोका, चोका, स्नैर्यू आदि काव्य विधाएँ हिंदी में ग्रहण की जा चुकी हैं। जापानी काव्य विधा 'हाईकु' के रचना विधान (तीन पंक्तियों में ५-७-५ उच्चार) में पद्य-गद्य का मिश्रित रूप है 'हाइबन'।
डॉ. हरदीप कौर संधू के अनुसार- ''हाइबन' जापानी भाषा का शब्द है जिसका अर्थ है 'काव्य-गद्य'। हाइबन गद्य तथा काव्य का संयोजन है। १७ वीं शताब्दी के कवि बाशो ने इस विधा का आरंभ १६९० में आपने एक दोस्त को खत में सफरनामा /डायरी के रूप में 'भूतों वाली झोंपड़ी' लिखकर किया। इस खत के अंत में एक हाइकु लिखा गया था। हाइबन की भाषा सरल, मनोरंजक तथा बिंबात्मक होती है। इस में आत्मकथा, लेख , लघुकथा या यात्रा का ज़िक्र आ सकता है। पुरातन समय में हाइबन एक सफरनामे या डायरी के रूप में लिखी जाता था। यात्रा करने के बाद बौद्ध भिक्षु पूरी दिनचर्या को वार्ता के रूप में लिख लेता था और अंत में एक हाइकु भी''
चढ़ती लाली
पत्ती -पत्ती बिखरा
सुर्ख गुलाब।
(यह हाइकु विकलांग बच्चों के माता -पिता के मन की दशा को ब्यान करता है। इन बच्चों की जिंदगी तो अभी शुरू ही हुई है अभी तो दिन चढ़ा ही है। सूर्य की लालिमा ही दिखाई दे रही है…मगर सुर्ख गुलाब …ये बच्चे …पत्ती-पत्ती हो बिखर भी गए। इनको तमाम जिंदगी इनके माता -पिता ही सँभालेंगे। स्कूल ऑफ़ स्पेशल एजुकेशन -"चिल्ड्रन विथ स्पेशल नीड्स "… का अनुभव ब्यान करता )
कुछ और उदाहरण-
बहती हवा
लाई धूनी की गंध
देव द्वार से।
(अभी अभी बाहर टहलने निकली तो वातावरण में धूप अगरबत्ती फूल सबका मिला जुला गंध बहुत ही मोहक लगा.... लेकिन कहीं पास में ना तो कोई माता पंडाल है और ना कोई मन्दिर है)
*
अट्टा जो मिले
ढूँढें झिर्री जीवन
रश्मि हवा भी
(अगर जोड़ते है इसे एक लड़की के अरमानों से...जिसकी गरीब मोहब्बत की झोपड़ी को कुचल कर उसके ऊपर बना दिया गया है... एक महल... उसे थमा दिया गया है सोने का एक महल... जिसमे कैद है वो... अपने अरमानों के साथ... नहीं है एक धड़कता दिल जो बन सके एक झरोखा... उसकी कैद जिन्दगी में... जिससे आ सके थोड़ी सी रोशनी और खुली हवा...चारों ओर ऊँची-ऊँची दीवारें है... जिनसे टकराकर दुआएँ भी लौट जाती हैं ... हैं तो बस दीवारें और अँधेरा ... और ढूँढती रहती है वो एक झरोखा... उन दीवारों में)
*
नभ बिछुड़ा
बेसहारों का आस
उडु भू संगी ।
*
कुछ अन्य जापानी काव्य विधाएँ-
हाइकु (३ पंक्तियों में ५-७-५ उच्चार) भूल न जाना / झाड़ियों में खिले ये / बेर के फूल -बाशो
. नश्वर संसार में / छोटी सी चिड़िया भी / बनाती है नीड़ -इस्सा
. मंदिर के घंटे पर चुपचाप सोई है एक तितली -बुसोन
.
आकाश बड़ा
हौसला हारिल का
उससे बड़ा -नलिनिकान्त
. ईंट-रेत का
मंदिर मनहर
देव लापता -संजीव वर्मा 'सलिल' .
जेरीली हवा
हमनेज करीदी
अबे भुगतां -मालवी हाइकु, ललिता रावल
*
ताँका (५ पंक्तियों में ५-७-५-७-७ उच्चार)
जापानी काव्य विधा ताँका (短歌) को नौवीं शताब्दी से बारहवीं शताब्दी के दौरान प्रसिद्धि मिली। इसके विषय धार्मिक या दरबारी हुआ करते थे। हाइकु का उद्भव इसी से हुआ।[1] इसकी संरचना ५+७+५+७+७=३१ वर्णों से होती है। एक कवि प्रथम ५+७+५=१७ भाग की रचना करता था तो दूसरा कवि दूसरे भाग ७+७ की पूर्त्ति के साथ शृंखला को पूरी करता था। फिर पूर्ववर्ती ७+७ को आधार बनाकर अगली शृंखला में ५+७+५ यह क्रम चलता; फिर इसके आधार पर अगली शृंखला ७+७ की रचना होती थी। इस काव्य शृंखला को रेंगा कहा जाता था।
इस प्रकार की शृंखला सूत्रबद्धता के कारण यह संख्या १०० तक भी पहुँच जाती थी। ताँका पाँच पंक्तियों और ५+७+५+७+७=३१ वर्णों के लघु कलेवर में भावों को गुम्फित करना सतत अभ्यास और सजग शब्द साधना से ही सम्भव है। इसमें यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि इसकी पहली तीन पंक्तियाँ कोई स्वतन्त्र हाइकु है। इसका अर्थ पहली से पाँचवीं पंक्ति तक व्याप्त होता है।
ताँका का शाब्दिक अर्थ है लघुगीत अथवा छोटी कविता। लयविहीन काव्यगुण से शून्य रचना छन्द का शरीर धारण करने मात्र से ताँका नहीं बन सकती। साहित्य का दायित्व बहुत व्यापक है। अत: ताँका को किसी विषय विशेष तक सीमित नहीं किया जा सकता।
रो रही रात
बुला रही चाँद को
तारों को भी
डरती- सिसकती
अमावस्या है आज - डॉ. अनीता कपूर
.
मदन गंध
कहाँ से आ रही है?
तुम आए क्या?
महके हैं
घर-आँगन मेरे -आचार्य भगवत दुबे
.
मन बैरागी
हुआ है आज बागी
तुम्हें देख के
बुनता नए स्वप्न
जीन की आस जागी -मंजूषा 'मन'
*
सेदोका (६ पंक्तियों में ५-७-७, ५-७-७ उच्चार)
जापान में ८वीं सदी में प्रचलित रहा छंद जिसमें प्रेमी या प्रेमिका को सम्बोधित कर ५-७-७, ५-७-७ दो अधूरी काव्य रचनाएँ (प्रश्नोत्तर / संवाद भी) संगुफित होती हैं। इसे कतौता (katauta = kah-tah-au-tah) कहते हैं। इसमें विषयवस्तु, ३८ वर्ण, पंक्ति संख्या या तुक बंधन रूढ़ नहीं होता। सेदोका का वैशिष्ट्य संवेदनशीलता है।
ले जाओ सब
वो जो तुमने दिया
शेष को बचाना है
सँभालने में
आधी चुक गई हूँ
भ्रम को हटाना है -डॉ. अनीता कपूर .
क्या पूछते हो रास्ता जाता कहाँ है? बताऊँ सच सुनो। जाता नहीं है रास्ता कोई कहीं भी हमेशा जाते हमीं। -संजीव वर्मा 'सलिल'
*
चोका
चोका उच्चार पर आधारित उच्च स्वर में गाई जाने वाली एक लम्बी कविता (नज़्म) है। चुका में ५ और ७ वर्णों के क्रम में यथा ५+७+५ +७+५+ ....... पंक्तियों को व्यवस्थित करते हैं और अन्त में एक ताँका अर्थात ७ वर्ण की एक और पंक्ति जोड़ देते हैं। इसमें पंक्ति संख्या या विषय बंधन नहीं है।
खुद ही काटें
ये दु:ख की फ़सलें
सुख ही बाँटें
है व्याकुल धरती
बोझ बहुत
सबके सन्तापों का
सब पापों का
दिन -रात रौंदते
इसका सीना
कर दिया दूभर
इसका जीना
शोषण ठोंके रोज़
कील नुकीली
आहत पोर-पोर
आँखें हैं गीली
मद में ऐंठे बैठे
सत्ता के हाथी
हैं पैरों तले रौंदे
सच के साथी
राहें हैं जितनी भी
सब में बिछे काँटे । -रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु' *
हाइगा (चित्र कविता)
एक छोटा लड़का जिसे हाइगा के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
हाइगा शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है 'हाइ' और 'गा'। हाइ शब्द का अर्थ है हाइकु और 'गा' का तात्पर्य है चित्र। इस प्रकार हाइगा का अर्थ है चित्रों के समायोजन से वर्णित किया गया हाइकु। वास्तव में हाइगा’ जापानी पेण्टिंग की एक शैली है, जिसका शाब्दिक अर्थ है-’चित्र-कविता’। हाइगा की शुरुआत १७ वीं शताब्दी में जापान में हुई। तब हाइगा रंग-ब्रुश से बनाया जाता था।
*
भारतीय लघु काव्य विधाएँ
ककुप
मिल पौधे लगाइए
वसुंधरा हरी-भरी बनाइये
विनाश को भगाइए
*
माहिया
फागों की तानों से
मन से मन मिलते
मधुरिम मुस्कानों से
*
जनक छंद (३ पंक्तियाँ १३-१३-१३ मात्राएँ)
सबका सबसे हो भला
सभी सदा निर्भय रहें
हो मन का शतदल खिला
.
कहमुकरी
सृष्टि रचे प्रभु खेल कर रहा
नित्य अशुभ-शुभ मेल कर रहा
रसवर्षा ही है अरमान
आसमान है?, नहिं अभियान
***
यह भी खूब रही
सुहागरात में आलू भूनना
--------------------------------
कवि कब क्या कर बैठे, कोई नहीं कह सकता। कवी होता ही है अपने मन का मालिक, धुन का पक्का, प्रचलित नियमें-क़ायदों-मूल्यों को तहस-नहस कर अपनी तरह से जीवन जीनेवाला, सारी वर्जनाओं को ठेंगा दिखानेवाला, 'मेरी मुर्गी की एक टाँग' को माननेवालावाला।
विश्वास न हो तो पढ़िए एक रोचक प्रसंग सोवियत रूस के सुप्रसिद्ध कवि ओसिप मन्देलश्ताम और उसकी पत्नी चित्रकार नाद्‍या हाज़िना का, कैसे उन दोनों ने मनाई सुहागरात।
मिख़ाइल मठ के बाहर बने बाज़ार से उन्होंने एक-एक पैसे वाली दो नीली अँगूठियाँ ख़रीद लीं, पर वे अँगूठियाँ उन्होंने एक-दूसरे को पहनाई नहीं। मन्देलश्ताम ने वह अँगूठी अपनी जेब में ठूँस ली और नाद्या हाज़िना ने उसे अपने गले में पहनी ज़ंजीर में पिरो लिया।
मन्देलश्ताम ने इस अनोखी शादी के मौक़े पर शरबती आँखों वाली अपनी अति सुन्दर व आकर्षक प्रेमिका को उसी बाज़ार से एक उपहार भी ख़रीदकर भेंट किया। यह उपहार था - लकड़ी की एक हस्तनिर्मित ख़ूबसूरत कँघी, जिस पर लिखा हुआ था - 'ईश्वर तुम्हारी रक्षा करे।' हनीमून की जगह मन्देलश्ताम नाद्या को द्‍नेपर नदी में नौका-विहार के लिए ले गए और उसके बाद नदी किनारे बने कुपेचिस्की बाग़ में अलाव जलाकर उसमें आलू भून-भून कर खाते हुए दोनों ने अपने विवाह की सुहागरात मनाई।
***
मुक्तिका
(१४ मात्रिक मानव जातीय छंद, यति ५-९)
मापनी- २१ २, २२ १ २२
*
आँख में बाकी न पानी
बुद्धि है कैसे सयानी?
.
है धरा प्यासी न भूलो
वासना, हावी न मानी
.
कौन है जो छोड़ देगा
स्वार्थ, होगा कौन दानी?
.
हैं निरुत्तर प्रश्न सारे
भूल उत्तर मौन मानी
.
शेष हैं नाते न रिश्ते
हो रही है खींचतानी
.
देवता भूखे रहे सो
पंडितों की मेहमानी
.
मैं रहूँ सच्चा विधाता!
तू बना देना न ज्ञानी
.
संजीव, १०.१०.२०१८
***
मुक्तिका
छंद: महापौराणिक जातीय पीयूषवर्ष छंद
मापनी: २१२२ २१२२ २१२
बह्र: फ़ायलातुन् फ़ायलातुन् फायलुन्
*
मीत था जो गीत सारे ले गया
ख्वाब देखे जो हमारे ले गया
.
दर्द से कोई नहीं नाता रखा
वस्ल के पैगाम प्यारे ले गया
.
हारने की दे दुहाई हाय रे!
जीत के औज़ान न्यारे ले गया
.
ताड़ मौका वार पीछे से किया
फोड़ आँखें अश्क खारे ले गया
.
रात में अच्छे दिनों का वासता
वायदों को ही सकारे ले गया
.
बोल तो जादूगरी कैसे करी
पूर्णिमा से ही सितारे ले गया
.
साफ़ की गंगा न थोड़ी भी कहीं
गंदगी जो थी किनारे ले गया
***
संजीव, १०.११.२०१८
***
दोहा सलिला
स्वास्थ्य संपदा है सलिल, सचमुच ही अनमोल
वह खाएँ जो पच सके, रखें याद यह बोल
*
अदरक थोड़ी चूसिये, अजवाइन के साथ
हो खराश से मुक्ति तब, कॉफ़ी भी लें साथ
*

मिश्र न हो सुख-दुख अगर, जीवन हो रसहीन.
बने 'सलिल' रसखान यदि, रहे सदा रसलीन.
*
मन प्रशांत हो तो करे, पूर्ण शक्ति से काम.
मन अशांत हो यदि 'सलिल', समझें विधना वाम.
*
सुख पाने के हेतु कर, हर दिन नया उपाय.
मन न पराजित हो 'सलिल', कभी न हो निरुपाय.
*
अदरक थोड़ी चूसिये, अजवाइन के साथ
हो खराश से मुक्ति जब, कॉफ़ी प्याला हाथ
१०.११.२०१७
***
मुक्तक
कविता उबालें, भूनें, तलें तो, धोना न भूलें यही प्रार्थना है
छौंकें-बघारें तो हो आंच मद्दी, जला दिल न लेना यही कामना है
जो चटनी सी पीसो तो मिर्ची भी डालो, मगर हो न ज्यादा खटाई तनिक हो
पुदीना मिला लो, ढेली हो गुड़ की, चटखारे लेना सफल साधना है
*
***
षट्पदी
*
संजीवनी मिली कविता से सतत चेतना सक्रिय है
मौन मनीषा मधुर मुखर, है, नहीं वेदना निष्क्रिय है
कभी भावना, कभी कामना, कभी कल्पना साथ रहे
मिली प्रेरणा शब्द साधना का चेतन मन हाथ गहे
व्यक्त तभी अभिव्यक्ति करो जब एकाकार कथ्य से हो
बिम्ब, प्रतीक, अलंकारों से रस बरसा नव बात कहो
१०.११.२०१६
***
दोहा दीप
*
अच्छे दिन के दिए का, ख़त्म हो गया तेल
जुमलेबाजी हो गयी, दो ही दिन में फेल
*
कमल चर गयी गाय को, दुहें नितीश कुमार
लालू-राहुल संग मिल, खीर रहे फटकार
*
बड़बोलों का दिवाला, छुटभैयों को मार
रंग उड़े चेहरे झुके, फीका है त्यौहार
*
मोदी बम है सुरसुरी, नितिश बाण दमदार
अमित शाह चकरी हुए, लालू रहे निहार
*
पूँछ पकड़ कर गैर की, बिसरा मन का बैर
मना रही हैं सोनिया, राहुल की हो खैर
*
शत्रु बनाकर शत्रु को, चारों खाने चित्त
हुए, सुधारो भूल अब. बात बने तब मित्त
*
दूर रही दिल्ली हुआ, अब बिहार भी दूर
हारेंगे बंगाल भी, बने रहे यदि सूर
*
दीवाला तो हो गया, दिवाली से पूर्व
नर से हार नरेंद्र की, सपने चकनाचूर
*
मीसा से विद्रोह तब, अब मीसा से प्यार
गिरगिट सम रंग बदलता, जब-तब अजब बिहार
***
***
दोहा:
दया उसी पर कीजिए, जो मन से विकलांग
तन तो माटी में मिले, कोई रचा ले स्वांग
*
माटी है तो दीप बन, पी जा सब अँधियार
इंसां है तो ते सीप सम, दे मुक्ता हर बार
*
व्यर्थ पटाखे फोड़कर, क्यों करता है शोर
मौन-शांति की राह चल, ऊगे उज्जवल भोर
***
लघु कथा:
चन्द्र ग्रहण
*
फेसबुक पर रचनाओं की प्रशंसा से अभिभूत उसने प्रशंसिका के मित्रता आमंत्रण को स्वीकार कर लिया। एक दिन सन्देश मिला कि वह प्रशंसिका उसके शहर में आ रही है और उससे मिलना चाहती है। भेंट के समय आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का प्रस्ताव उसने सहज रूप से स्वीकार कर लिया। नौकाविहार आदि के समय कई सेल्फी भी लीं प्रशंसिका ने। लौटकर वह प्रशंसिका को छोड़ने उसके कमरे में गया ही था की कमरे के बाहर भाग-दौड़ की आवाज़ आई और जोर से दरवाजा खटखटाया गया।
दरवाज़ा खोलते ही कुछ लोगों ने उसेउसे घेर लिया। गालियाँ देते हुए, उस पर प्रशंसिका से छेड़छाड़ और जबरदस्ती के आरोप लगाये गए, मोबाइल की सेल्फ़ी और रात के समय कमरे में साथ होना साक्ष्य बनाकर उससे रकम मांगी गयी, उसका कीमती कैमरा और रुपये छीन लिए गए। किंकर्तव्यविमूढ़ उसने इस कूटजाल से टकराने का फैसला किया और बात मानने का अभिनय करते हुए द्वार के समीप आकर झटके से बाहर निकलकर द्वार बंद कर दिया अंदर कैद हो गई प्रशंसिका और उसके साथी।
तत्काल काउंटर से उसने पुलिस और अपने कुछ मित्रों से संपर्क किया। पुलिसिया पूछ-ताछ से पता चला वह प्रशंसिका इसी तरह अपने साथियों के साथ मिलकर भयादोहन करती थी और बदनामी के भय से कोई पुलिस में नहीं जाता था किन्तु इस बार पाँसा उल्टा पड़ा और उस चंद्रमुखी को लग गया चंद्रग्रहण।
***
नवगीत:
बतलाओ तो
*
बतलाओ तो
धन्वन्तरी!
क्या है कोई इलाज?
.
औंधे मुँह गिर पड़े हैं
वाग्मी जुमलेबाज।
तक्षशिला पर हो गया
फिर तिकड़म का राज।
संग सुशासन-घुटाले
करते बंदरबाँट।
मीसा सत्ता की सगी
हक़ छीने किस व्याज?
बिसर गयी सिद्धांत सब
हाय! सियासत आज।
बतलाओ तो
धन्वन्तरी!
क्या है कोई इलाज?
.
केर-बेर के साथ पर
गर्व करें या लाज?
बेच-खरीद उसूल कह
खुद पर करते नाज।
बड़बोला हर शख्श है
कोई न जिम्मेदार।
दइया रे! हो गया है
आज कोढ़ संग खाज।
रक्षक बने कपोत के
क्रूर-शिकारी बाज।
बतलाओ तो
धन्वन्तरी!
क्या है कोई इलाज?
.
अफसर हैं प्यारे इन्हें
चाहें करें न काज।
रैंक-पेंशन बन गिरी
अफसरियत पर गाज।
जनगण का शोषण करें
बढ़ा-थोपकर टैक्स।
सब्जी-दाल विलासिता
दूभर हुआ अनाज।
चाह एक न्यूज शीश पर
हो सत्ता का ताज।
बतलाओ तो
धन्वन्तरी!
क्या है कोई इलाज?
१०.११.२०१५

***

नवगीत:

मौन सुनो सब, गूँज रहा है
अपनी ढपली
अपना राग
तोड़े अनुशासन के बंधन
हर कोई मनमर्जी से
कहिए कैसे पार हो सके
तब जग इस खुदगर्जी से
भ्रान्ति क्रांति की
भारी खतरा
करे शांति को नष्ट
कुछ के आदर्शों की खातिर
बहुजन को हो कष्ट
दोष व्यवस्था के सुधारना
खुद को उसमें ढाल
नहीं चुनौती अधिक बड़ी क्या
जिसे रहे हम टाल?
कोयल का कूकना गलत है
कहे जा रहा
हर दिन काग
संसद-सांसद भृष्ट, कुचल दो
मिले न सहमत उसे मसल दो
पिंगल के भी नियम न माने
कविपुंगव की नयी नसल दो
गण, मात्रा,लय,
यति-गति तज दो
शब्दाक्षर खुद
अपने रच लो
कर्ता-क्रिया-कर्म बंधन क्यों?
ढपली ले,
जो चाहो भज लो
आज़ादी है मनमानी की
हो सब देख निहाल
रोक-टोक मत
कजरी तज
सावन में गायें फाग
१०.११.२०१४
***

गुरुवार, 9 नवंबर 2023

लघुकथा, मुक्तिका

मुक्तिका 
मौसम भौंचक
*
मौसम भौंचक तपिश बढ़ी है
निष्ठा बेघर लुटी खड़ी है

राजनीति हर शीश चढ़ी है
आरोपों की फसल बड़ी है

शत्रु चैन से बजा बाँसुरी
नेताओं में जंग छिड़ी है

बदकिस्मत के शयन कक्ष में
'लिव इन' की तस्वीर मढ़ी है

पहुँचा भू की बर्बादी कर
मनु, चंदा की खाट खड़ी है

देशभक्ति की कोई पुस्तक
अफसर सेठों ने न पढ़ी है

आस सुहागिन राहों में 
सौत प्यास की टाँग अड़ी है 
९.११.२०२३ 
***
लघुकथा 
*
खट खट खट खट
अलस्सुबह सरस्वती मंदिर के द्वार की कुंडी बज रही थी। अलसाते हुए पुजारी जी ने दरवाजा खोला। एक भद्र महिला सिसक रही थी। पुजारी जी आने ने कारण पूछा तो बोली माँ से विनती करनी है। पुजारी ने राह छोड़ दी। 
महिला ने सरस्वती जी को प्रणाम किया और बोली- 'माँ! मेरी रक्षा करो।' 
''बोल बेटी क्या कष्ट है?'' 
'माँ! आप तो त्रिकालदर्शी हैं सब जानती हैं, फिर भी अनजान की तरह पूछ रही हैं?'
''सृष्टि की रचना उद्देश्य यही है कि ईश का अंश 'कर्ता और भोक्ता हो', यदि दैवीय शक्ति 'कर्ता' हो तो उसे 'भोक्ता' भी होना होगा। तब 'ईश' और 'जीव' में कोई भेद ही न रहेगा।
' जैसी आज्ञा माँ! मैं आपकी सुता लघुकथा हूँ। आपने मुझे जीव के जीवन में क्षणमात्र में घटित होनेवाली घटनाओं को कथ्य बनाकर उससे उपजी अनुभूतियों की अभिव्यक्ति करने का दायित्व दिया है। मैं आदि काल से अपने दायित्व का निर्वहन कर रही हूँ। कलिकाल के प्रभाव से कुछ मठाधीश मेरे दायित्व निर्वहन में बाधक बन गए हैं।'
लघु कथा ने माँ की पर देखा, उन्हें ध्यान से सुनते पाया तो आगे बोली 'माँ! मठाधीशों ने पहले तो मेरे पूर्व कथ्य-रूपों का विभाजन कर दिया, फिर उन्हें मुझसे अलग घोषित कर दिया, इतने पर भी नहीं रुके। मेरे कथ्य, शिल्प, आकार आदि को लेकर मनमानी मान्यताएँ थोप दिन और जिन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया उन्हें लघुकथाकार ही नहीं मान रहे।'
'इससे तुम्हें कष्ट है तो इतने दिन मौन क्यों रहीं और अब क्या चाहती हो?'
'माँ! मैंने सोचा वे बाल-क्रीडा कर रहे हैं, समय के साथ समझकर सुधार जाएँगे पर उन्हें अक्ल तो न आई, उन्होंने लामबंदी कर, नए लघुकथाकारों के लेखन को नियंत्रित करने का दुष्प्रयास आरंभ कर दिया है। उन्होंने अनधिकार चेष्टा करते हुए अलग-लग कुछ मानक बना लिए हैं और स्वतंत्रचेता लघुकथाकारों द्वारा लिखी जा रही लघुकथाओं को अपने मानक के अनुसार न होने पर अमान्य करने का दुस्साहस कर रहे हैं। चंद परिपक्व लघुकथाकार इं पर ध्यान न देकर समाजोपयोगी लघुकथाएँ लिख रहे हैं पर नए लघुकथाकार कुंठित होकर लघुकथा लेखन बंद कार रहे हैं। इससे मेरा विकास ही रुक जाएगा और किसी कारखाने के उत्पाद की तरह एक ही ढाँचे में लिखी गई लघुकथाएँ पाठकों को मुझसे विमुख कर मुझे निष्प्राण कर देंगी।'   
''बस इतना सा कष्ट है। स्मरण रखो 'समय होत बलवान'। जब तक अँधेरा घना नहीं होता, दीपावली नहीं मनाई जाती, सूर्योदय नहीं होता। मेरी किसी संतान का विकास रोकना या विनाश करना किसी मठाधीश के लिए संभव नहीं है। वे अपने कदाचरण के कारण  कुछ समय बाद खुद ही नकार दिए जाएँगे। साहित्य और समाज में सबका हित साधने का साधनेवाली लघुकथाएँ ही चिरजीवी होंगी। किसके रोके रुक है सवेरा।'
'माँ! मैं आश्वस्त हुई। अब कोई शंका शेष नहीं है।' कहकर पुन: प्रणाम कर लौट पड़ी लघुकथा। 
९.११.२०२३
***