कुल पेज दृश्य

रविवार, 8 मई 2022

मुक्तक, चित्रगुप्त, माँ, अम्मी, दोहे, टैगोर

मुक्तक

जुदाई जान ले लेगी तभी आओगे तुम जाना
लिया जब जान तब ठाना तुम्हारे बिन नहीं जाना
न आओगे, न जाऊँगा, जो आओगे तो रोकोगे
तुम्हें दुख दे नहीं सकता, हुआ तय यह नहीं जाना
८-५-२०२२
***
चित्रगुप्त भजन सलिला:
*
१. शरणागत हम

शरणागत हम चित्रगुप्त प्रभु!
हाथ पसारे आए
*
अनहद; अक्षय; अजर; अमर हे!
अमित; अभय; अविजित; अविनाशी
निराकार-साकार तुम्ही हो
निर्गुण-सगुण देव आकाशी
पथ-पग; लक्ष्य-विजय-यश तुम हो
तुम मत-मतदाता-प्रत्याशी
तिमिर मिटाने अरुणागत हम
द्वार तिहारे आए
*
वर्ण; जात; भू; भाषा; सागर
अनिल;अनल; दिश; नभ; नद ; गागर
तांडवरत नटराज ब्रह्म तुम
तुम ही बृज रज के नटनागर
पैगंबर ईसा गुरु तुम ही
तारो अंश सृष्टि हे भास्वर!
आत्म जगा दो; चरणागत हम
झलक निहारें आए
*
आदि-अंत; क्षय-क्षर विहीन हे!
असि-मसि-कलम-तूलिका हो तुम
गैर न कोई सब अपने हैं
काया में हैं आत्म सभी हम
जन्म-मरण; यश-अपयश चक्रित
छाया-माया; सुख-दुःख सम हो
द्वेष भुला दो; करुणाकर हे!
सुनो पुकारें, आए
*
२. चित्रगुप्त का ध्यान धरे जो...
*
चित्रगुप्त का ध्यान धरे जो
भवसागर तर जाए रे...
*
जा एकांत भुवन में बैठे,
आसन भूमि बिछाए रे.
चिंता छोड़े, त्रिकुटि महल में
गुपचुप सुरति जमाए रे.
चित्रगुप्त का ध्यान धरे जो
निश-दिन धुनि रमाए रे...
*
रवि शशि तारे बिजली चमके,
देव तेज दरसाए रे.
कोटि भानु सम झिलमिल-झिलमिल-
गगन ज्योति दमकाए रे.
चित्रगुप्त का ध्यान धरे तो
मोह-जाल कट जाए रे.
*
धर्म-कर्म का बंध छुडाए,
मर्म समझ में आए रे.
घटे पूर्ण से पूर्ण, शेष रह-
पूर्ण, अपूर्ण भुलाए रे.
चित्रगुप्त का ध्यान धरे तो
चित्रगुप्त हो जाए रे...
*
३. समय महा बलवान...
*
समय महा बलवान
लगाये जड़-चेतन का भोग...
*
देव-दैत्य दोनों को मारा,
बाकी रहा न कोई पसारा.
पल में वह सब मिटा दिया जो-
बरसों में था सृजा-सँवारा.
कौन बताये घटा कहाँ-क्या?
कैसे कब संयोग?...
*
श्वास -आस की रास न छूटे,
मन के धन को कोई न लूटे.
शेष सभी टूटे जुड़ जाएँ
जुड़े न लेकिन दिल यदि टूटे.
फूटे भाग उसी के जिसको-
लगा भोग का रोग...
*
गुप्त चित्त में चित्र तुम्हारा,
कितना किसने उसे सँवारा?
समय बिगाड़े बना बनाया-
बिगड़ा 'सलिल' सुधार-सँवारा.
इसीलिये तो महाकाल के
सम्मुख है नत लोग...
*
४. प्रभु चित्रगुप्त नमस्कार...
*
प्रभु चित्रगुप्त! नमस्कार
बार-बार है...
*
कैसे रची है सृष्टि प्रभु!
कुछ बताइए.
आये कहाँ से?, जाएं कहाँ??
मत छिपाइए.
जो गूढ़ सच न जान सके-
वह दिखाइए.
सृष्टि का सकल रहस्य
प्रभु सुनाइए.
नष्ट कर ही दीजिए-
जो भी विकार है...
*
भाग्य हम सभी का प्रभु!
अब जगाइए.
जयी तम पर उजाले को
विधि! बनाइए.
कंकर को कर शंकर जगत में
हरि! पुजाइए.
अमिय सम विष पी सकें-
'हर' शक्ति लाइए.
चित्र सकल सृष्टि
गुप्त चित्रकार है...
*
बाल गीत :
अपनी माँ का मुखड़ा.....
संजीव वर्मा 'सलिल'
*
मुझको सबसे अच्छा लगता
अपनी माँ का मुखड़ा.....
*
सुबह उठाती गले लगाकर,
फिर नहलाती है बहलाकर.
आँख मूँद, कर जोड़ पूजती
प्रभु को सबकी कुशल मनाकर.
देती है ज्यादा प्रसाद फिर
सबकी नजर बचाकर.
आंचल में छिप जाता मैं
ज्यों रहे गाय सँग बछड़ा.
मुझको सबसे अच्छा लगता
अपनी माँ का मुखड़ा.....
*
बारिश में छतरी आँचल की.
ठंडी में गर्मी दामन की..
गर्मी में धोती का पंखा,
पल्लू में छाया बादल की.
कभी दिठौना, कभी आँख में
कोर बने काजल की..
दूध पिलाती है गिलास भर -
कहे बनूँ मैं तगड़ा. ,
मुझको सबसे अच्छा लगता -
अपनी माँ का मुखड़ा!
***
आव्हान गान:
*
जागो माँ!, जागो माँ!!
*
सघन तिमिर आया घिर
तूफां है हावी फिर.
गौरैया घायल है
नष्ट हुए जंगल झिर.
बेबस है राम आज
रजक मिल उठाये सिर.
जनमत की सीता को
निष्ठा से पागो माँ.
जागो माँ!, जागो माँ!!
*
शकुनि नित दाँव चले
कृष्णा को छाँव छले.
शहरों में आग लगा
हाथ सेंक गाँव जले.
कलप रही सत्यवती
बेच घाट-नाव पले.
पद-मद के दानव को
मार-मार दागो माँ
जागो माँ!, जागो माँ!!
*
करतल-करताल लिये
रख ऊँचा भाल हिये.
जस गाते झूम अधर
मन-आँगन बाल दिये.
घंटा-ध्वनि होने दो
पंचामृत जगत पिये.
प्राणों को खुद भी
ज्यादा प्रिय लागो माँ!
जागो माँ!, जागो माँ!!
***
स्मृति-गीत
माँ के प्रति:
संजीव
*
अक्षरों ने तुम्हें ही किया है नमन
शब्द ममता का करते रहे आचमन
वाक्य वात्सल्य पाकर मुखर हो उठे-
हर अनुच्छेद स्नेहिल हुआ अंजुमन
गीत के बंद में छंद लोरी मृदुल
और मुखड़ा तुम्हारा ही आँचल धवल
हर अलंकार माथे की बिंदी हुआ-
रस भजन-भाव जैसे लिए चिर नवल
ले अधर से हँसी मुक्त मुक्तक हँसा
मौन दोहा हृदय-स्मृति ले बसा
गीत की प्रीत पावन धरोहर हुई-
मुक्तिका ने विमोहा भुजा में गसा
लय विलय हो तुम्हीं सी सभी में दिखी
भोर से रात तक गति रही अनदिखी
यति कहाँ कब रही कौन कैसे कहे-
पीर ने धीर धर लघुकथा नित लिखी
लिपि पिता, पृष्ठ तुम, है समीक्षा बहन
थिर कथानक अनुज, कथ्य तुमको नमन
रुक! सखा चिन्ह कहते- 'न संजीव थक'
स्नेह माँ की विरासत हुलस कर ग्रहण
साधना माँ की पूनम बने रात हर
वन्दना ओम नादित रहे हर प्रहर
प्रार्थना हो कृपा नित्य हनुमान की
अर्चना कृष्ण गुंजित करें वेणु-स्वर
माँ थी पुष्पा चमन, माँ थी आशा-किरण
माँ की सुषमा थी राजीव सी आमरण
माँ के माथे पे बिंदी रही सूर्य सी-
माँ ही जीवन में जीवन का है अवतरण
***
दोहा सलिला  
माँ जमीन में जमी जड़, पिता स्वप्न आकाश
पिता हौसला-कोशिशें, माँ ममतामय पाश
*
वे दीपक ये स्नेह थीं, वे बाती ये ज्योत
वे नदिया ये घाट थे, मोती-धागा पोत
*
गोदी-आंचल में रखा, पाल-पोस दे प्राण
काँध बिठा, अँगुली गही, किया पुलक संप्राण
*
ये गुझिया वे रंग थे, मिल होली त्यौहार
ये घर रहे मकान वे,बाँधे बंदनवार
*
शब्द-भाव रस-लय सदृश, दोनों मिलकर छंद
पढ़-सुन-समझ मिले हमें, जीवन का आनंद
*
नेत्र-दृष्टि, कर-शक्ति सम, पैर-कदम मिल पूर्ण
श्वास-आस, शिव-शिवा बिन, हम रह गये अपूर्ण
***
माँ के प्रति प्रणतांजलि:
तन पुलकित, मन सुरभित करतीं, माँ की सुधियाँ पुरवाई सी.
दोहा गीत गजल कुण्डलिनी, मुक्तक छप्पय रूबाई सी..
मन को हुलसित-पुलकित करतीं, यादें 'सलिल' डुबातीं दुख में-
होरी गारी बन्ना बन्नी, सोहर चैती शहनाई सी..
*
मानस पट पर अंकित नित नव छवियाँ ऊषा अरुणाई सी.
तन पुलकित, मन सुरभित करतीं, माँ की सुधियाँ पुरवाई सी..
प्यार हौसला थपकी घुड़की, आशीर्वाद दिलासा देतीं-
नश्वर जगती पर अविनश्वर विधि-विधना की परछांई सी..
*
उँगली पकड़ सहारा देती, गिरा उठा गोदी में लेती.
चोट मुझे तो दर्द उसे हो, सुखी देखकर मुस्का देती.
तन पुलकित, मन सुरभित करतीं, माँ की सुधियाँ पुरवाई सी-
'सलिल' अभागा माँ बिन रोता, श्वास -श्वास है रुसवाई सी..
*
जन्म-जन्म तुमको माँ पाऊँ, तब हो क्षति की भरपाई सी.
दूर हुईं जबसे माँ तबसे घेरे रहती तन्हाई सी.
अंतर्मन की पीर छिपाकर, कविता लिख मन बहला लेता-
तन पुलकित, मन सुरभित करतीं, माँ की सुधियाँ पुरवाई सी
*
कौशल्या सी ममता तुममें, पर मैं राम नहीं बन पाया.
लाड़ दिया जसुदा सा लेकिन, नहीं कृष्ण की मुझमें छाया.
मूढ़ अधम मुझको दामन में लिए रहीं तुम निधि पाई सी.
तन पुलकित, मन सुरभित करतीं, माँ की सुधियाँ पुरवाई सी
***
माँ को अर्पित चौपदे:
संजीव 'सलिल'
*
बारिश में आँचल को छतरी, बना बचाती थी मुझको माँ.
जाड़े में दुबका गोदी में, मुझे सुलाती थी गाकर माँ..
गर्मी में आँचल का पंखा, झलती कहती नयी कहानी-
मेरी गलती छिपा पिता से, बिसराती थी मुस्काकर माँ..
*
मंजन स्नान आरती थी माँ, ब्यारी दूध कलेवा थी माँ.
खेल-कूद शाला नटख़टपन, पर्व मिठाई मेवा थी माँ..
व्रत-उपवास दिवाली-होली, चौक अल्पना राँगोली भी-
संकट में घर भर की हिम्मत, दीन-दुखी की सेवा थी माँ..
*
खाने की थाली में पानी, जैसे सबमें रहती थी माँ.
कभी न बारिश की नदिया सी कूल तोड़कर बहती थी माँ..
आने-जाने को हरि इच्छा मान, सहज अपना लेती थी-
सुख-दुःख धूप-छाँव दे-लेकर, हर दिन हँसती रहती थी माँ..
*
गृह मंदिर की अगरु-धूप थी, भजन प्रार्थना कीर्तन थी माँ.
वही द्वार थी, वातायन थी, कमरा परछी आँगन थी माँ..
चौका बासन झाड़ू पोंछा, कैसे बतलाऊँ क्या-क्या थी?-
शारद-रमा-शक्ति थी भू पर, हम सबका जीवन धन थी माँ..
*
कविता दोहा गीत गजल थी, रात्रि-जागरण चैया थी माँ.
हाथों की राखी बहिना थी, सुलह-लड़ाई भैया थी माँ.
रूठे मन की मान-मनौअल, कभी पिता का अनुशासन थी-
'सलिल'-लहर थी, कमल-भँवर थी, चप्पू छैंया नैया थी माँ..
*
आशा आँगन, पुष्पा उपवन, भोर किरण की सुषमा है माँ.
है संजीव आस्था का बल, सच राजीव अनुपमा है माँ..
राज बहादुर का पूनम जब, सत्य सहाय 'सलिल' होता तब-
सतत साधना, विनत वन्दना, पुण्य प्रार्थना-संध्या है माँ..
*
माँ निहारिका माँ निशिता है, तुहिना और अर्पिता है माँ
अंशुमान है, आशुतोष है, है अभिषेक मेघना है माँ..
मन्वंतर अंचित प्रियंक है, माँ मयंक सोनल सीढ़ी है-
ॐ कृष्ण हनुमान शौर्य अर्णव सिद्धार्थ गर्विता है माँ
***
बाङ्ग्ला-हिंदी भाषा सेतु:
पूजा गीत
रवीन्द्रनाथ ठाकुर
*
जीवन जखन छिल फूलेर मतो
पापडि ताहार छिल शत शत।
बसन्ते से हत जखन दाता
रिए दित दु-चारटि तार पाता,
तबउ जे तार बाकि रइत कत
आज बुझि तार फल धरेछे,
ताइ हाते ताहार अधिक किछु नाइ।
हेमन्ते तार समय हल एबे
पूर्ण करे आपनाके से देबे
रसेर भारे ताइ से अवनत।
*
पूजा गीत: रवीन्द्रनाथ ठाकुर
हिंदी काव्यानुवाद : संजीव
*
फूलों सा खिलता जब जीवन
पंखुरियां सौ-सौ झरतीं।
यह बसंत भी बनकर दाता
रहा झराता कुछ पत्ती।
संभवतः वह आज फला है
इसीलिये खाली हैं हाथ।
अपना सब रस करो निछावर
हे हेमंत! झुककर माथ।
*
८-५-२०१४
मुक्तिका:
अम्मी
संजीव 'सलिल'
*
माहताब की
जुन्हाई में,
झलक तुम्हारी
पाई अम्मी.
दरवाजे, कमरे
आँगन में,
हरदम पडी
दिखाई अम्मी.
कौन बताये
कहाँ गयीं तुम?
अब्बा की
सूनी आँखों में,
जब भी झाँका
पडी दिखाई
तेरी ही
परछाईं अम्मी.
भावज जी भर
गले लगाती,
पर तेरी कुछ
बात और थी.
तुझसे घर
अपना लगता था,
अब बाकीपहुनाई अम्मी.
बसा सासरे
केवल तन है.
मन तो तेरे
साथ रह गया.
इत्मीनान
हमेशा रखना-
बिटिया नहीं
परायी अम्मी.
अब्बा में
तुझको देखा है,
तू ही
बेटी-बेटों में है.
सच कहती हूँ,
तू ही दिखती
भाई और
भौजाई अम्मी.
तू दीवाली ,
तू ही ईदी.
तू रमजान
और होली है.
मेरी तो हर
श्वास-आस में
तू ही मिली
समाई अम्मी.
९-६-२०१०
*********
माँ पर दोहे
माँ गौ भाषा मातृभू, प्रकृति का आभार.
श्वास-श्वास मेरी ऋणी, नमन करूँ शत बार..

भूल मार तज जननि को, मनुज कर रहा पाप.
शाप बना जेवन 'सलिल', दोषी है सुत आप..

दो माओं के पूत से, पाया गीता-ज्ञान.
पाँच जननियाँ कह रहीं, सुत पा-दे वरदान..

रग-रग में जो रक्त है, मैया का उपहार.
है कृतघ्न जो भूलता, अपनी माँ का प्यार..

माँ से, का, के लिए है, 'सलिल' समूचा लोक.
मातृ-चरण बिन पायेगा, कैसे तू आलोक?
२४-४-२०१०
***

शनिवार, 7 मई 2022

जापानी छंद कतौता
*
कतौता लिखो,
अपनी राह चुनो 
नए सपने बुनो। 
*
कभी न बनो 
लकीर के फकीर,
पुरानी लीक तोड़ो। 
*
प्यार को प्यार 
कम मिलता यार,
क्यों होते हो बेज़ार?
*
दीप से दीप 
जलाते चलो भाई 
तब होगा उजाला। 
*
कोयल कूकी 
दहका है पलाश 
पर्वत पर आग। 
*
बरसात में 
नदिया है बौराई 
भूल गई मर्यादा। 
*
जो हुआ; हुआ 
बिसरा; आगे बढ़ो 
उठो! भविष्य गढ़ो। 
*
वर्ण पिरोएँ 
पाँच-सात औ' सात 
कतौता रचें आप। 
*
इंद्र धनुष 
सतरंगी कमान 
शर लापता। 
७-५-२०२२ 
*
 

   
 



भाषा नीति, मानक हिंदी, मानक भाषा

भाषा नीति, मानक हिंदी 

०१. स्वर-व्यंजन निम्न अनुसार होंगें-
(अ) स्वर - अ, आ, इ, ई, उ, ऊ, ऋ, ए, ऐ, ओ, औ, अनुस्वार- अं विसर्ग: अ:।
(आ ) व्यंजन - क, ख, ग, घ, ङ (क़, ख़, ग़), च, छ, ज, झ, ञ (ज़, झ़), ट, ठ, ड, ढ, ण (ड़, ढ़), त, थ, द, ध, न, प, फ, ब, भ, म, (फ़), य, र, ल, व, श, ष, स, ह।
(इ) संयुक्त वर्ण- क्ष, त्र, ज्ञ, श्र, क्र, प्र, ब्र, स्र, ह्र, ख्र आदि। संयुक्त वर्ण (अ) खड़ी पाईवाले व्यंजन - ख्यात, लग्न, विघ्न, कच्चा, छज्जा, नगण्य, कुत्ता, पथ्य, ध्वनि, न्यास, प्यास, अब्बा, सभ्य, रम्य, अय्याश, उल्लेख, व्यास, श्लोक, राष्ट्रीय, स्वीकृति, यक्ष्मा, त्र्यंबक। (आ) अन्य व्यंजन - संयुक्त, पक्का, दफ्तर, वाङ्मय, लट्टू, बुड्ढा, विद्या, ब्रह्मा,प्रकार, धर्म, श्री, श्रृंगार, विद्वान, चिट्ठी, बुद्धि, विद्या, चंचल, अंक, वृद्ध; द्वैत आदि।
(उ) संस्कृत भाषा के मूल श्लोकों को उद्धृत करते समय मूल अंश में प्रयुक्त वर्ण, संयुक्ताक्षर तथा हिंदी वर्णमाला में जो वर्ण शामिल नहीं हैं, वे यथावत लिखे जाएँ। पाली, ब्राह्मी, प्रकृत, कैथी, शारदा आदि लिपियों के उद्धरण मूल उच्चारण के अनुसार देवनागरी में लिखे जाएँ।
(ऊ) शिरोरेखा (मुड्ढा) का प्रयोग अनिवार्य है। 
(ए) विरामचिह्न- 
पूर्णविराम - । इसका प्रयोग -
वाक्य के अंत में करें। कृष्णप्रज्ञा उत्तम पत्रिका है।  
अल्पविराम , इसका प्रयोग -
(१) तीन या अधिक शब्दों को अलग करने के लिए - गीत, ग़ज़ल, सॉनेट, माहिया आदि काव्य रूप हैं। 
(२) एक वाक्य में प्रयुक्त एक प्रकार के पदबंधों, उपवाक्यों को अलग करने के लिए - नर्मदा का शीतल जल, हरीतिमा और सौंदर्य मन मोह लेता है। 
(३) वाक्य के बीच में किसी अंश को अलग दिखाने के लिए - पाठ्यक्रम बदल जाने से, पुस्तकें बदलेंगी, परीक्षा फल भी प्रभावित होंगा।
(४) सकारात्मक और नकारात्मक अभिव्यक्ति के बाद - हाँ, चले जाओ। / नहीं, मत जाओ। 
(५) बस, सचमुच, अच्छा, वास्तव में, खैर आदि शब्दों से आरंभ होने वाले वाक्यों में इनके बाद - बस, और आगे मत जाओ। 
(६) संबोधन के बाद - संपादक जी, रचना चयनित होने की सूचना दें।  
अर्धविराम ; इसका प्रयोग 
(१) एक वाक्य पर आश्रित दो या अधिक वाक्यों की श्रृंखला में हो। विद्या विनय से आती है; विनय से पात्रता;  पात्रता से धन; धन से धर्म और धर्म से सुख की प्राप्ति होती है। 
(२) समुच्चयबोधकों से बने उपवाक्यों को अलग करने के लिए - आपने उसकी निंदा की; इसलिए वह आपका शत्रु बनेगा। 
(३) समानाधिकरण उपवाक्यों के बीच में - गाँधी जी ने सत्याग्रह किए; अहिंसा का शस्त्र दिया। 
(४) अंकों का विवरण देने में - पेन - १२ ; पेन्सिल ६; रबर ६ 
उपविराम : आगेआनेवाली सूची के पूर्व, जैसे मनुष्य के ३ शत्रु हैं : १आलस्य, हीनता, पराश्रय। 
योजक/निर्देशक  चिह्न - योजक चिह्न की आड़ी रेखा छोटी होती है जबकि निर्देशक चिह्न की आड़ी रेखा अपेक्षाकृत लंबी होती है। 
योजक चिह्न का प्रयोग - 
(१) द्वंद्व समास के बीच में।   जैसे - राम और श्याम के स्थान पर राम-श्याम
(२) शब्द की आवृत्ति होने पर। यथा :-  मुख्य-मुख्य बिंदुओं पर विचार करें। 
(३) विलोम शब्दों के बीच में।  जैसे :- रात-दिन। 
निर्देशक  चिह्न का प्रयोग 
(१) उद्धरण के बाद और लेखक के पहले - स्वराज्य हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है - तिलक 
(२) निम्न व निम्नलिखित के बाद - पानी के समानार्थी निम्न/निम्नलिखित हैं - नीर, जल, सलिल, वारि आदि।    
विवरण चिह्न  :- यह उपविराम तथा निर्देशक चिन्ह का मिश्रित रूप है। इसका प्रयोग दोनों के विकल्प रूप में किया जाता है। 
प्रश्न चिह्न ? इसका प्रयोग प्रश्न पूछने के बाद किया जाता है - तुम्हारा नाम क्या है ? क्या, क्यों, कब, कैसे, कितने, किसने, किससे, किस लिए जैसे प्रश्न सूचक शब्द इस चिह्न के प्रयोग के पूर्व प्रयुक्त होते हैं। 
विस्मयसूचक चिह्न ! यह विस्मय, हर्ष, आह्लाद, आदि के अभिव्यक्ति के बाद प्रयुक्त होता है। जैसे :- हे राम! यह कैसे हुआ?
ऊर्ध्व अल्प विराम ' इसका प्रयोग - अंक लोपन हेतु, सन '४७ से सन '५२ तक।  
शब्द चिह्न ' ' इसका प्रयोग पुस्तक, व्यक्ति, स्थान आदि के नाम के साथ किया जाता है। 'गीता' में निष्काम कर्म को ही धर्म बताया गया है। 
उद्धरण चिह्न "  " इसका प्रयोग किसी का कथन ज्यों का त्यों उद्धृत करते समय, नाटकों-कहानियों में संवाद के साथ, किसी सिद्धांत / लोकोक्ति के साथ करें। नेता जी ने कहा - ''तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा।" 
छोटा कोष्ठक () - इसके अंदर वह सामग्री रखी जाती है जो मुख्य वाक्य का अंग होते हुए भी पृथक की जा सकती है। काल के तीन प्रकारों (भूत, वर्तमान, भविष्य) के उदाहरण दो। क्रमांक, अक्षरों तथा अंकों में लिखी संख्या को अक्षरों में लिखने के लिए भी छोटा कोष्ठक प्रयोग करें। 
मध्यम कोष्ठक  {} - एक से अधिक प्रकार की टिप्पणी हेतु माध्यम कोष्ठक का प्रयोग करें।  
बड़ा कोष्ठक [] - दो से अधिक प्रकार की टिप्पणी हेतु बड़े कोष्ठक का प्रयोग करें।
लोप चिह्न ... किसी लेखांश को न लिखना हो तो इस चिह्न का प्रयोग करें। जैसे :- तेरी ...........  
हंसपद  ^  -  दो शब्दों के मध्य कुछ लिखना हो तो यह चिन्ह बनाकर पंक्ति के ऊपर लिखें।  
सार/ संक्षेप चिह्न . इसका प्रयोग संक्षेपाक्षर के बाद करें। एम.ए., से.मी. आदि। 
(ऐ) विसर्ग और उपविराम (कोलन) चिन्ह : समान है। इनके प्रयोग में अन्तर है। 
(१) विसर्ग वर्ण से चिपकाकर (भारत:) तथा कोलन कुछ दूरी पर (सरकार के ३ अंग : विधायिका, कार्यपालिका तथा न्यायपालिका हैं।) रखें। (२) संख्याओं में अनुपात प्रदर्शित करने के लिए - २ : ४। 
(३) नाटक/एकांकी में उद्धरण चिह्न के बिना केवल उपविराम चिह्न का प्रयोग किया जाता है।  राम :  सीते! अग्नि देव ने यह प्रमाणित किया  है कि तुम निर्दोष, निष्कलंक हो। 
(४) सूचनाओं के लिए - स्थान : सभागार , समय अपराह्न ५ बजे 
०२. कृष्ण प्रज्ञा की मुख्य भाषा आधुनिक (खड़ी) हिंदी तथा लिपि देवनागरी है। संस्कृत, भारतीय भाषाओँ-बोलिओं, आंचलिक बोलिओं तथा विदेशी भाषा-बोलिओं के उद्धरण यथास्थान दिए जा सकते हैं। अहिन्दी भाषाओँ के उद्धरण देते समय मूल उच्चारण देवनागरी लिपि में तथा हिंदी अर्थ दिया जाना चाहिए।

०३. लेखक उद्धरणों की शुद्धता तथा प्रामाणिकता हेतु जिम्मेदार होंगे। प्रयुक्त उद्धरणों के संदर्भ आरोही (बढ़ते हुए) क्रम में लेख के अंत में देंगे। पृष्ठ डिजाइनर हर पृष्ठ पर मुद्रित सामग्री संबंधी उद्धरणों के संदर्भ उसी पृष्ठ पर पाद टिप्पणी के रूप में देंगे।

०४. रचनाओं में तत्सम-तद्भव शब्दों का प्रयोग स्वीकार्य है।
०५. रचनाओं में केवल यूनिकोड या यूनिकोड समर्थित फॉण्ट का उपयोग करें जिसे कोकिला फॉण्ट में परिवर्तित कर मुद्रित किया जायेगा।
०६. कृष्णप्रज्ञा में हिंदी संस्करण में देवनागरी अंकों तथा अंग्रेजी संस्करण में अंग्रेजी अंकों का प्रयोग किया जाए।
०७. हिंदी में पारंपरिक रूप से नुक्ता का प्रयोग नहीं किया जाता है। लेखक अपनी भाषा-शैली में चाहे तो नुक्ता का प्रयोग यथास्थान कर सकता है।
०८. कारक चिह्न (परसर्ग) -
(अ) हिंदी के कारक : कर्ता - ने, कर्म - को, करण - से; द्वारा, संप्रदान - को; के लिए, अपादान - से (पृथक होना), संबंध - का; के; की; ना, नी ने, रा, री, रे, अधिकरण - में; पर, संबोधन - हे; अहो, अरे, अजी आदि हैं।
(आ) संज्ञा शब्दों में कारक प्रतिपादक से अलग लिखें।
(इ) सर्वनाम शब्दों में करक को प्रतिपादक के साथ मिलाकर लिखें।
(ई) सर्वनाम के साथ दो कारक एक साथ हों तो पहला कारक मिलाकर तथा दूसरा अलग लिखा जाए। सर्वनाम और कारक के बीच निपात हों तो कारक को पृथक लिखें।
०९. संयुक्त क्रिया पद -
सभी अंगीभूत क्रियाएँ अलग-अलग लिखें।
१०. योजक चिह्न (हाइफ़न -) - इसका प्रयोग स्पष्टता के लिए किया जाता है।
(अ) द्वंद्व समास में पदों के बीच में योजक चिह्न हो। उदाहरण :- शिव-पार्वती, लिखना-पढ़ना आदि।
(आ) सा, से, सी के पूर्व योजक चिह्न हो। जैसे :- तुम-सा, उस-सी, कलम से आदि।
(इ) तत्पुरुष समास में योजक चिह्न का प्रयोग केवल वहीं हो जहाँ उसके बिना भ्रम की संभावना हो, अन्यथा नहीं। जैसे भू-तत्व = पृथ्वी तत्व, भूतत्व = भूत होने का भाव या लक्षण आदि।
(ई) कठिन संधियों से बचने के लिए भी योजक प्रयोग किया जा सकता है। द्वयक्षर के स्थान पर द्वि-अक्षर, त्र्यंबक के स्थान पर त्रि-अंबक। इससे अहिन्दीभाषियों के लिए समझना आसान होगा।
११. अव्यय -
(अ) 'तक', 'साथ' आदि अव्यय हमेशा अलग लिखें। जैसे :-वहाँ तक, उसके साथ।
(आ) जब अव्यय के आगे परसर्ग (कारक) आए तब भी अव्यय अलग ही लिखा जाए। अब से, सदा के लिए, मुझे जाने तो दो, बीघा भर जमीन, बात भी नहीं बनी आदि।
(इ) सब पदों में प्रति, मात्र, यथा आदि समास होने पर सकल पद एक माना जाता है। यथा :- 'दस रूपए मात्र , मात्र कुछ रुपए आदि।
१२. सम्मानसूचक अव्यय
(अ) सम्मानात्मक अव्यय पृथक लिखें। यथा :- श्री चित्रगुप्त जी, पूज्य स्वामी विवेकानंद आदि।
(आ) श्री संज्ञा का भाग हो तो अलग नहीं लिखें। जैसे :- श्रीगोपाल श्रीवास्तव।
(इ) सभी पदों में प्रति, मात्र, यथा आदि अव्यय जोड़कर लिखें। उदाहरण :- प्रतिदिन, प्रतिशत, नित्यप्रति, मानवमात्र, निमित्तमात्र, यथासमय, यथोचित, यथाशक्ति आदि।
१३. अनुस्वार (शिरोबिंदु/बिंदी)
(अ) अनुस्वार व्यंजन है।
(आ) संस्कृत शब्दों में अनुस्वार का प्रयोग अन्य वर्णीय वर्णों (य से ह तक) से पहले रहेगा। यथा :- यंत्र, रंचमात्र, लंब, वंश, शंका, संयोग, संरक्षण, संलग्न, संवाद, संक्षेप, संतोष, हंपी, अंश, कंस, सिंह आदि।
(इ) संयुक्त वर्ण में पाँचवे अक्षर ('ङ्', ञ्, ण, न, म) के बाद सवर्णीय वर्ण हो तो अनुस्वार का प्रयोग करें। यथा :- कंगाल, खंगार, गंगा, घंटा, चंचु, छंद, जंजाल, झंझट, टंकर, ठंडा, डंडी, तंदूर, थंब, दंश, धंधा, नंद, पंच, फंदा, बंधु, भंते, मंदिर आदि।
(ई) पाँचवे अक्षर के बाद अन्य वर्ग का वर्ण आए तो पांचवा अक्षर अनुस्वार के रूप में नहीं बदलेगा। जैसे :- वाङ्मय, अन्य, उन्मुख, चिन्मय, जन्मेजय, तन्मय आदि।
(उ) पाँचवा वर्ण साथ-साथ आए तो अनुस्वार में नहीं बदलेगा। जैसे :- अन्न, सम्मेलन, सम्मति आदि।
(ऊ) अन्य भाषाओँ (उर्दू, अंग्रेजी आदि) से लिए गए शब्दों में आधे वर्ण या अनुस्वार के भ्रम को दूर करने के लिए नासिक्य (न, म) व्यंजन पूरा लिखें। जैसे :- लिमका, तनखाह, तिनका, तमगा, कमसिन आदि।
१४. अनुनासिक (चंद्रबिंदु)
(अ) अनुनासिक स्वर का नासिक्य विकार है। यह, व्यंजन नहीं,स्वरों का ध्वनि गुण है। अनुनासिक स्वरों के उच्चारण में मुँह और नाक से वायु प्रवाह होता है। जैसे :- अँ, आँ, ऊँ, एँ, माँ, हूँ, आएँ आदि।
(आ) अनुस्वार और अनुनासिक के गलत प्रयोग से अर्थ का अनर्थ हो जाता है। जैसे :- हंस = पक्षी, हँस - क्रिया, आंगन
(इ) जहाँ चंद्रबिंदु के स्थान पर बिंदु का प्रयोग भ्रम न उत्पन्न करे वहाँ निषेध नहीं है। जैसे :- में, मैं, नहीं, आदि में अनुनासिक के स्थान पर अनुस्वार का प्रयोग।
१५. विसर्ग
(अ) तत्सम रूप में प्रयुक्त संस्कृत शब्दों में विसर्ग का प्रयोग यथास्थान किया जाए। जैसे :- दु:खानुभूति।
(आ) तत्सम शब्दों के अंत में विसर्ग का प्रयोग अवश्य हो। यथा :- अत:. पुन:, स्वत:, प्राय:, मूलत:, अंतत:, क्रमश: आदि।
(इ) विसर्ग के स्थान पर उसके उच्चरित रूप 'ह' का प्रयोग कतई न किया जाए।
(ई) दुस्साहस, निस्स्वार्थ तथा निश्शब्द का नहीं, दु:साहस, नि:स्वार्थ तथा नि:शब्द का प्रयोग करें।
(उ) निस्तेज, निर्वाचन, निश्छल लिखें। नि:तेज, नि:वचन,नि:चल न लिखें।
(ऊ) अंत:करण, अंत:पुर, दु:स्वप्न, नि:संतान, प्रात:काल विसर्ग सहित ही लिखें।
(ए) तद्भव / देशी शब्दों में विसर्ग का प्रयोग न करें। छः नहीं छह लिखें।
(ऐ) प्रायद्वीप, समाप्तप्राय आदि में विसर्ग नहीं है।
(ओ) विसर्ग को वर्ण के साथ चिपकाकर लिखा जाए जबकि उपविराम (कोलन) चिन्ह शब्द से कुछ दूरी पर हो। अत:, जैसे :- आदि।
१६. हल् चिह्न ( ् )
(अ) व्यंजन के नीचे लगा हल् चिह्न बताता है कि वह व्यंजन स्वर रहित है। हल् चिह्न लगा शब्द 'हलंत' शब्द है। जैसे :- जगत्।
(आ) संयुक्ताक्षर बनाने में हल् चिह्न का प्रयोग आवश्यक है। यथा :- बुड्ढा, विद्वान आदि।
(इ) तत्सम शब्दों का प्रयोग हलन्त रूपों के साथ हो। प्राक्, वाक्, सत्, भगवन्, साक्षात्, जगत्, तेजस्, विद्युत्, राजन् आदि। महान, विद्वान आदि में हल् चिह्न न लगाएँ।
१७. स्वन परिवर्तन
संस्कृतमूलक तत्सम शब्दों की वर्तनी ज्यों की त्यों रखें। 'ब्रह्मा' को ब्रम्हा, चिह्न को चिन्ह न लिखें। अर्ध, तत्त्व आदि स्वीकार्य हैं।
१८. 'ऐ' तथा 'औ' का प्रयोग
(अ) 'ै' तथा ' ौ' का प्रयोग दो तरह से (अ) मूल स्वरों की तरह - 'है', 'और' आदि में तथा सन्ध्यक्षरों के रूप में 'गवैया', कौवा' आदि में किया जा सकता है। इन्हें 'गवय्या', 'कव्वा' आदि न लिखें।
(आ) अहिन्दी शब्दों 'अय्यर', 'नय्यर', 'रामय्या' को 'ऐयर', 'नैयर', 'रामैया' न लिखें। 'अव्वल', 'कव्वाली' आदि प्रचलित शब्द यथावत प्रयोग किए जा सकते हैं।
(अ) संस्कृत शब्द 'शय्या' को 'शैया' या 'शइया' न लिखें।
१९. पूर्वकालिक कृदंत
(अ) पूर्वकालिक कृदंत क्रिया से मिलाकर लिखें। जैसे :- आकर, सुलाकर, दिखलाकर आदि।
(आ) कर + कर = 'करके', करा + कर = 'कराके' होगा।
२०. 'वाला' प्रत्यय
(अ) क्रिया रूप में अलग लिखें। जैसे :- करने वाला, बोलने वाला आदि।
(आ) योजक प्रत्यय के रूप में एक साथ लिखें। यथा :- दिलवाला, टोपीवाला, दूधवाला आदि।
(इ) निर्देशक शब्द के रूप में 'वाला' अलग से लिखें। जैसे :- अच्छी वाली बात, कल वाली कहानी, यह वाला गीत आदि।
२१. श्रुतिमूलक 'य', 'व्'
(अ) विकल्प रूप में प्रयोग न किया जाए। जैसे :- 'किए', 'नई', 'हुआ' आदि के स्थान पर 'किये', 'नयी', 'हुवा' आदि का प्रयोग न करें।
(आ) जहाँ 'य' शब्द का मूल तत्व हो वहाँ उसे न बदलें। जैसे :- 'स्थायी', 'अव्ययीभाव', 'दायित्व' आदि को 'स्थाई', 'अव्यईभाव', 'दाइत्व' आदि न लिखें।
२२. अहिन्दी-विदेशी ध्वनियाँ
(अ) अरबी-फ़ारसी (उर्दू) शब्द -
(क) हिंदी का अभिन्न अंग बन चुके अरबी-फ़ारसी शब्द बिना नुक्ते के लिखें। जैसे :- 'कलम', 'किला', 'दाग' लिखें, 'क़लम', 'क़िला', 'दाग़' न लिखें।
(ख) जहाँ शब्द को मूल भाषा के अनुसार लिखना आवश्यक हो वहाँ हिंदी रूप में यथास्थान नुक्ता (बिंदु) लगाएँ। जैसे- 'खाना', 'राज', 'फन' के स्थान पर 'ख़ाना', 'राज़', 'फ़न' आदि लिखें।
(आ) अंग्रेजी शब्द
(क) जिन अंग्रेजी शब्दों में अर्ध विवृत 'ओ' ध्वनि का प्रयोग होता है, उनके शुद्ध हिंदी रूप के लिए 'ा ' (आ की मात्रा) के ऊपर अर्धचंद्र लगाएँ। जैसे :- हॉल, मॉल, चॉल, डॉल, टॉकीज, मॉम आदि।
(ख) अंग्रेजी शब्दों का देवनागरी लिप्यंतरण मूल उच्चारण के अधिक से अधिक निकट हो।
(इ) अन्य विदेशी भाषाओँ के शब्द
चीनी, जापानी, जर्मन आदि भाषाओँ के शब्दों को देवनागरी में लिखते समय उनके उच्चारण साम्य पर ध्यान दें। 'बीजिंग' को 'पीकिंग' न लिखें।
२३. दो रूपी शब्द -
कुछ शब्दों के शब्दों के रूप चिरकाल से लोक में प्रचलित तथा साहित्य में उपयोग किये जाते रहे हैं। ऐसे शब्दों के दोनों रूपों का उपयोग किया जा सकता है। जैसे :- गरदन-गर्दन, गरम-गर्म, गरमी-गर्मी, बरफ़-बर्फ़, बिलकुल-बिल्कुल, सरदी-सर्दी, कुरसी-कुर्सी, भरती-भर्ती, फुरसत-फुर्सत, बरदाश्त-बर्दाश्त, बरतन-बर्तन, दुबारा-दोबारा आदि। 
२४. आगत शब्दों की वर्तनी - 
(अ) निम्न में संयुक्ताक्षर का प्रयोग न हो - नुकसान, इनसान, इनकार, परवाह, बरबाद, मजदूर, सरकार, फरमान, तनखाह, करवट, कुदरत, शिरकत, मरकज़, अकबर, मुजरिम, परवाना, मुगदर, मसखरा, इलजाम, फिलहाल, फुरसत, मनज़र, इनकलाब, आसमान, तकलीफ, मरहम, दरकार, किरदार, शबनम, इजलास, इकबाल, इनतहा, तनहा, तनहाई, असल, असली, असलियत, फसली, गलत, गलती, नकल, नकली, नकलची, वरना, शरबत, दफतर, सरकस, अकसर, रफतार, शरम, शरमाना आदि। अल्प प्रचलित शब्दों के साथ कोष्ठक में उनके हिंदी अर्थ दें। जैसे निस्बत (के लिए), मुख़ालफ़त (विरोध), ज़ाहिर (स्पष्ट), हैरत (आश्चर्य) आदि। 
(आ) निम्न में संयुक्ताक्षर का प्रयोग हो - फुर्ती, फुर्तीला, शिकस्त, दुरुस्त, बुजुर्ग, गिरफ्त, गिरफ्तार, रुख्सत, ज़िंदा, क़र्ज़, खर्च, ज़िंदगी, इंतकाम, इंतज़ार, इल्तिजा, अशर्फी, इम्तहान, तिलिस्म, पुख्ता,दरख्त, तर्रार, तश्तरी, लश्कर, जींस, मुंशी, नक्शा, कब्ज़, लफ्ज़, शुक्र,शुक्रिया, खटियर, इत्तेफाक, इश्तहार, बख्शीश, अक्ल, शक्ल, सख्त, सख्ती, गश्त, क़िस्त, किस्म, मुश्क, इश्क, जश्न, कश्मीर, पश्मीना, जिलम, जुर्म, जिस्म, रस्म, रस्मी, हश्र, फिक्र, मुल्क, इल्म, फर्ज, फ़र्ज़ी, इर्द-गिर्द, गोश्त, रास्ता, नाश्ता, शख्स, दर्ज़, दर्ज़ी, सुर्ख, सुर्खी,  गुर्दा, जल्द, जल्दी, चश्मा, भिश्ती,  उम्र,कुश्ती, चुस्त, चुस्ती, चसकी, फर्क, शर्म, शर्मीली आदि। 
(इ) कुछ और मानक शब्द - दुहरा, दुहराना, दुगुना, दूना, दुपहर, दुमंज़िला, दुधारी, दुकान, दुशाला, कुहनी, कुहरा, कुहराम, मुहब्बत, कुहासा, सुहाग, सुहागन, मोहताज, शोहरत, बोहनी, मोहसिन, पहनावा, पहचान, दहलीज, मेहमान, एहसान, एहसास, एहतियात, महँगा, लहँगा, तहज़ीब, गहरा, मुहल्ला, धुआँ, कुआँ, कुँवर, कुँआरा, गेहुँआ आदि। 
(ई) आगत शब्दों के बहुवचन तथा लिंग  - आगत शब्दों के बहुवचन तथा लिंग हिंदी व्याकरण के अनुसार रखें, उस भाषा के व्याकरण के अनुसार नहीं। जैसे - क़ौम - क़ौमें (अक़्वाम नहीं), किताब - किताबें (किताबात नहीं), किस्म - किस्में (अक्साम नहीं), पिन - पिनें (पिंस नहीं), बोतल - बोतलें (बॉटल - बॉटल्स नहीं) आदि। उद्धरण में वर्जित शब्द यथावत दिए जा सकेंगे। 
(उ) विश्व की विविध भाषाओं के हिंदी में प्रचलित शब्दों का प्रयोग हिंदी शब्दों की तरह ही किया जाए।   
अंग्रेजी शब्द - बटन, फीस, पिन, पेट्रोल, पुलिस, पेंट, पैंट, पेंसिल, पेन, निब, कैमरा, फोटो, रेडिओ, सिनेमा, साइकिल, रिक्शा, कैलेंडर, फ्रेम, लेंस, नाइट्रोजन, टॉफी, पॉलिश, फुटबाल, हॉकी, मनीऑर्डर, टी. बी., हॉस्पिटल, डॉक्टर, बुक, रेडियो, पेन, पेंसिल, स्टेशन, कार, स्कूल, कंप्यूटर, ट्रेन, सर्कस, ट्रक, टेलीफोन, टिकट, टेबल आदि। 
अरबी शब्द -  अदा, अजब, अमीर, अजीब, अजायब, अदावत, अक्ल, असर, अहमक, अल्ला, आसार, आखिर, आदमी, आदत, इनाम, इजलास, इज्जत, इमारत, इस्तीफा, इलाज, ईमान, उम्र, एहसान, औरत, औसत, औलाद, कसूर, कदम, कब्र, कसर, कमाल, कर्ज, क़िस्त, किस्मत, किस्सा, किला, कसम, कीमत, कसरत, कुर्सी, किताब, कायदा, कातिल, खबर, खत्म, खत, खिदमत, खराब, खयाल, गरीब, गैर, जिस्म, जलसा, जनाब, जवाब, जहाज, जालिम, जिक्र, तमाम, तकदीर, तारीफ, तकिया, तमाशा, तरफ, तै, तादाद, तरक्की, तजुरबा, दाखिल, दिमाग, दवा, दाबा, दावत, दफ्तर, दगा, दुआ, दफा, दल्लाल, दुकान, दिक, दुनिया, दौलत, दान, दीन, नतीजा, नशा, नाल, नकद, नकल, नहर, फकीर, फायदा, फैसला, बाज, बहस, बाकी, मुहावरा, मदद, मरजी, माल, मिसाल, मजबूर, मालूम, मामूली, मुकदमा, मुल्क, मल्लाह, मौसम, मौका, मौलवी, मुसाफिर, मशहूर, मजमून, मतलब, मानी, मान, राय, लिहाज, लफ्ज, लहजा, लिफाफा, लायक, वारिस, वहम, वकील, शराब, हिम्मत, हैजा, हिसाब, हरामी, हद, हज्जाम, हक, हुक्म, हाजिर, हाल, हाशिया, हाकिम, हमला, हवालात, हौसला आदि। 
इटालियन शब्द - कार्टून, गजट, पिआनो, मलेरिआ, लॉटरी, वायलिन, रॉकेट, सॉनेट, स्टूडियो आदि।  
चीनी (मैंडेरिन) शब्द - कारतूस, चाय, पटाखा, लीची, साबुन आदि।
जर्मन शब्द - ट्रेन, नात्सी (नाज़ी), सेमिनार। 
जापानी शब्द - कतौता, चोका, ताँका, रेंगा, जूडो, सदोका, सायोनारा, हाइकु, हाइगा आदि। 
डच शब्द - तुरूप, बम, चिडिया, ड्रिल।
तुर्की शब्द - आगा, आका, उजबक, उर्दू, कातिल, दुकान, बदनाम, कालीन, काबू, कैंची, कुली, कुर्की, चिक, चेचक, चमचा, चुगुल, चकमक, जाजिम, तमगा, तोप, तलाश, बेगम, बहादुर, मुगल, लफंगा, लाश, सौगात, सुराग, चाकू, बारूद, कलंगी, चम्मच, कालीन, खंजर, चुगली, चोगा, तमजा, तमाशा, बावर्ची, उर्दू, हवा, हफ़्ता   इत्यादि।
पर्शियन शब्द - ताज़ा। 
पुर्तगाली शब्द - अगस्त,  अचार, अलमारी, आया, आलपिन, आलू, इस्पात, कनस्तर,  कमीज, कार्बन, गमला, गोदाम, गोभी, चाबी, तंबाकू,  तौलिया, नीलाम, पतलून, पपीता, पादरी, पीपा, पिस्तौल, प्याज, फालतू, फीता, बटन, बस्ता, बाल्टी, मेज, संतरा, साबुन आदि।   
फारसी शब्द - कम, कमर, ख़ाक, गम, वापस, खुदा, अफसोस, आबदार, आबरू, आतिशबाजी, अदा, आराम, आमदनी, आवारा, आफत, आवाज, आइना, उम्मीद, कबूतर, कमीना, कुश्ती, कुश्ता, किशमिश, कमरबन्द, किनारा, कूचा, खाल, खुद, खामोश, खरगोश, खुश, खुराक, खूब, गर्द, गज, गुम, गल्ला, गवाह, गिरफ्तार, गरम, गिरह, गुलूबन्द, गुलाब, गुल, गोश्त, चाबुक, चादर, चिराग, चश्मा, चरखा, चूँकि, चेहरा, चाशनी, जंग, जहर, जीन, जोर, जबर, जिन्दगी, जादू, जागीर, जान, जुरमाना, जिगर, जोश, तरकश, तमाशा, तेज, तीर, ताक, तबाह, तनख्वाह, ताजा, दीवार, देहात, दस्तूर, दुकान, दरबार, दंगल, दिलेर, दिल, दवा, नामर्द, नाव, नापसन्द, पलंग, पैदावार, पलक, पुल, पारा, पेशा, पैमाना, बेवा, बहरा, बेहूदा, बीमार, बेरहम, मादा, माशा, मलाई, मुर्दा, मजा, मुफ्त, मोर्चा, मीना, मुर्गा, मरहम, याद, यार, रंग, रोगन, राह, लश्कर, लगाम, लेकिन, वर्ना, वापिस, शादी, शोर, सितारा, सितार, सरासर, सुर्ख, सरदार, सरकार, सूद, सौदागर, हफ्ता, हजार आदि।  
फ्रेंच (फ़्रांसिसी) शब्द - अंग्रेज, एडवोकेट, काजू, कारतूस, कूपन, मीनू, मेयर, रेस्तरां, लैंप, वारंट, सूप आदि।
यूनानी शब्द - एकेडमी, एटलस, बाइबिल, टेलिफोन, एटम।
रूसी शब्द - जार, बुजुर्ग, लूना, वोद्का, वोल्गा, स्पुत्निक।
स्पेनिश शब्द - कारक, प्यून, देस्पासीतो (क्रमश:, धीरे-धीरे). सिगरेट, सिगार, 
(ऊ) कोई अन्य भाषायी शब्द आवश्यक हो तो उसे शब्द चिन्ह (' ') एकल इन्वर्टेड कोमा में लिखें। जैसे :- यह जटिल 'प्रॉब्लम' है। 
(ए) अंग्रेजी शब्दों का लिप्यंतरण करते समय केवल 'ई'तथा 'ऊ' का प्रयोग करें। जैसे :- key की, city सिटी, blue ब्लू , shoe शू आदि। 
(ऐ) अन्य भाषाओँ की व्यक्तिवाचक संज्ञाओं (नामों)  उच्चारण यथासंभव मूल  रखें। जैसे :- जापानी :   तोक्यो (tokyo), फ्रांसीसी : दूप्ले (duplex), रूसी : तोलसतोय (टॉलस्टॉय), स्पेनी : दान किहोते (डॉनक्विज़ोट), अन्य : पोल्स्की (पोलिश नहीं), सोल (सियोल नहीं), म्याँमा (म्याँमार/मियांमार नहीं) आदि।                  
२५. तत्सम शब्द
पर्वत, दर्पण जैसे तत्सम शब्दों के देशज रूप परबत, दरपन आदि कॉल उद्धरणों या स्थानीय बोली में उपयोग करें।   
२६.तद्भव शब्द -
२७. देशज शब्द देश + ज अर्थात देश में जन्मा, जो शब्द देश के विभिन्न प्रदेशों में प्रचलित आम बोल-चाल की भाषा से हिंदी में आ गए हैं, वे देशज शब्द कहलाते हैं। इनकी व्युत्पत्ति का पता नही चलता।प्रचलित  हेमचन्द्र ने उन शब्दों को 'देशी' कहा है, जिनकी व्युत्पत्ति किसी संस्कृत धातु या व्याकरण के नियमों से नहीं हुई। विदेशी विद्वान जॉन बीम्स ने देशज शब्दों को मुख्यरूप से अनार्यस्त्रोत से सम्बद्ध माना हैं। जैसे :- चिरैया, पन्हैया, डिबिया, टेंटुआ, कटरा, चिड़िया, कटरा, कटोरा, खिरकी, जूता, खिचड़ी, पगड़ी, लोटा, तेंदुआ, कटरा, अण्टा, ठेठ, ठुमरी, खखरा, चसक, फुनगी, डोंगा आदि।  
हिंदी में प्रचलित भारतीय भाषाओँ के शब्द -
ओड़िया शब्द - अटका, अपकर्ष, हँसी-ठट्टा आदि। 
गुजराती शब्द - गरबा, बा, बापू, हड़ताल आदि। 
पंजाबी शब्द - कुड़माई, गिद्धा, जट्ट, खालसा, बेबे, भाँगड़ा, माहिया, वीर, सिक्ख आदि। 
बांगला शब्द - आपत्ति, उपन्यास, गल्प, चमचम, रसगुल्ला, आदि।  
मराठी शब्द - चालू, बाजू, लागू, वापरना आदि।  




सॉनेट, माहिया गीत, दोहा, मुक्तक

सॉनेट 
विनय
प्रभु! जो करवाना, करवा लो
मैं हूँ केवल यंत्र तुम्हारा
चाहे जिसके पग पुजवा लो
एक बार तो हो पौ बारा

रमा रहा मन सदा रमा में
रति से रति पल पल करता है
जमा रखा है कमा कमा के
क्षति हो तनिक न छिप धरता है

क्षमा करो हे भव भय हारी
तुम मायापति हो संरक्षक
माया दे मम दशा सँवारी
जनम-जनम का मैं हूँ भिक्षुक 

मंदिर-मस्जिद सिर झुकवा लो
लेकिन अंबानी बनवा दो
७-५-२०२२
•••
माहिया गीत
मौसम के कानों में
*
(माहिया:पंजाब का त्रिपदिक मात्रिक छंद है. पदभार १२-१०-१२, प्रथम-तृतीय पद सम तुकांत, विषम पद तगण+यगण+२ लघु = २२१ १२२  ११, सम पद २२ या २१ से आरंभ, एक गुरु के स्थान पर दो गुरु या दो गुरु के स्थान पर एक लघु का प्रयोग किया जाता है, पदारंभ में २१ मात्रा का शब्द वर्जित।)
*
मौसम के कानों में
कोयलिया बोले,
खेतों-खलिहानों में।
*
आओ! अमराई से
आज मिल लो गले,
सरसों सरसाई से।
बोलो सौदाई से
दिल न मिला करता
रूपया या पाई से।।
आमों के दानों में,
गर्मी रस घोले,
बागों-बागानों में---
*
होरी, गारी, फगुआ
गाता है फागुन,
बच्चा, बब्बा, अगुआ।
हो पैर-खड़े बबुआ
काम नहीं आते
यारां लगा-भगुआ।।
प्राणों में, गानों में,
मस्ती है छाई,
दाना-नादानों में---
*
***
दोहा सलिला:
मन में अब भी रह रहे, पल-पल मैया-तात।
जाने क्यों जग कह रहा, नहीं रहे बेबात।।
*
कल की फिर-फिर कल्पना, कर न कलपना व्यर्थ।
मन में छवि साकार कर, अर्पित कर कुछ अर्ध्य।।
*
जब तक जीवन-श्वास है, तब तक कर्म सुवास।
आस धर्म का मर्म है, करें; न तजें प्रयास।।
*
मोह दुखों का हेतु है, काम करें निष्काम।
रहें नहीं बेकाम हम, चाहें रहें अ-काम।।
*
खुद न करें निज कद्र गर, कद्र करेगा कौन?
खुद को कभी सराहिए, व्यर्थ न रहिए मौन.
*
प्रभु ने जैसा भी गढ़ा, वही श्रेष्ठ लें मान।
जो न सराहे; वही है, खुद अपूर्ण-नादान।।
*
लता कल्पना की बढ़े, खिलें सुमन अनमोल।
तूफां आ झकझोर दे, समझ न पाए मोल।।
*
क्रोध न छूटे अंत तक, रखें काम से काम।
गीता में कहते किशन, मत होना बेकाम।।
*
जिस पर बीते जानता, वही; बात है सत्य।
देख समझ लेता मनुज, यह भी नहीं असत्य।।
*
भिन्न न सत्य-असत्य हैं, कॉइन के दो फेस।
घोडा और सवार हो, अलग न जीतें रेस।।
७.५.२०१८
***
मुक्तक
बात हो बेबात तो 'क्या बात' कहा जाता है.
छू ले गर दिल को तो ज़ज्बात कहा जाता है.
घटती हैं घटनाएँ तो हर पल ही बहुत सी लेकिन-
गहरा हो असर तो हालात कहा जाता है.
दोहा
कौन अकेला जगत में, प्रभु हैं सबके साथ.
काम करो निष्काम रह, उठा-झुकाओ माथ..
७-५-२०२२

बुधवार, 4 मई 2022

छंद उपमान, छंद दृढ़पत, छंद हरि,मुक्तक,दोहा,उत्सव,नवगीत,

नवगीत
जोड़-तोड़ है
मुई सियासत
*
मेरा गलत
सही है मानो।
अपना सही
गलत अनुमानो।
सत्ता पाकर,
कर लफ्फाजी-
काम न हो तो
मत पहचानो।
मैं शत गुना
खर्च कर पाऊँ
इसीलिए तुम
करो किफायत
*
मैं दो दूनी
तीन कहूँ तो
तुम दो दूनी
पाँच बताना।
मैं तुमको
झूठा बोलूँगा
तुम मुझको
झूठा बतलाना।
लोकतंत्र में
लगा पलीता
संविधान से
करें बगावत
*
यह ले उछली
तेरी पगड़ी।
झट उछाल तू
मेरी पगड़ी।
भत्ता बढ़वा,
टैक्स बढ़ा दें
लड़ें जातियाँ
अगड़ी-पिछड़ी।
पा न सके सुख
आम आदमी,
लात लगाकर
कहें इनायत।
***
नवगीत
आओ!
मिल उपवास करें.....
*
गरमा-गरम खिला दो मैया!
ठंडा छिपकर पी लें भैया!
भूखे आम लोग रहते हैं
हम नेता
कुछ खास करें
आओ!
मिल उपवास करें......
*
पहले वे, फिर हम बैठेंगे।
गद्दे-एसी ला, लेटेंगे।
पत्रकार!
आ फोटो खींचो।
पिओ,
पिलाओ, रास करें
आओ!
मिल उपवास करें.....
*
जनगण रोता है, रोने दो।
धीरज खोता है, खोने दो।
स्वार्थों की
फसलें काटें।
सत्ता
अपना ग्रास करें
आओ!
मिल उपवास करें.....
***
उत्सव
एकाकी रह भीड़ का अनुभव है अग्यान।
छवि अनेक में एक की, मत देखो मतिमान।।
*
दिखा एकता भीड़ में, जागे बुद्धि-विवेक।
अनुभव दे एकांत का, भीड़ अगर तुम नेक।।
*
जीवन-ऊर्जा ग्यान दे, अमित आत्म-विश्वास।
ग्यान मृत्यु का निडरकर, देता आत्म-उजास।।
*
शोर-भीड़ हो चतुर्दिक, या घेरे एकांत।
हर पल में उत्सव मना, सज्जन रहते शांत।।
*
जीवन हो उत्सव सदा, रहे मौन या शोर।
जन्म-मृत्यु उत्सव मना, रहिए भाव-विभोर।।
*
12.4.2018
दोहा सलिला 
ओ' शो करना जरूरी, तभी सके जग देख.
मन की मन में रहे तो, कौन कर सके लेख?

कुछ सुनना; कुछ सुनाना, तभी बनेगी बात.
अपने-अपने तक रहे, सीमित क्यों जज़्बात?

गला न घोंटें छंद का, बंदिश लगा अनेक.
सहज गेय जो वह सही, माने बुद्धि-विवेक.

दोहा मैं लिखता नहीं, दोहा प्रगटे आप।
कथ्य, भाव, रस आप ही, जाते दोहा-व्याप।।

जिया जिया में बसा ले, दोहा छंद पुनीत.
दोहा छंद जिया अगर, दिन दूनी हो प्रीत.

दोहा ने दोहा सदा, शब्द-शब्द का अर्थ.
दोहा तब ही सार्थक, शब्द न हो जब व्यर्थ.
***
मुक्तक:
*
बोल जब भी जबान से निकले
पान ज्यों पानदान से निकले
कान में घोल दे गुलकंद 'सलिल
ज्यों उजाला विहान से निकले
*
आज प्रियदर्शी बना है अम्बर,
शिव लपेटे हैं नाग- बाघम्बर।
नेह की भेंट आप लाई हैं-
चुप उमा छोड़ सकल आडम्बर।।
*
मन सागर, मन सलिला भी है, नमन अंजुमन विहँस कहें
प्रश्न करे यह उत्तर भी दे, मन की मन में रखेँ-कहें?
शमन दमन का कर महकाएँ चमन, गमन हो शंका का-
बेमन से कुछ काम न करिए, अमन-चमन 'सलिल' में रहे
*
तेरी निंदिया सुख की निंदिया, मेरी निंदिया करवट-करवट”
मेरा टीका चौखट-चौखट, तेरी बिंदिया पनघट-पनघट
तेरी आसें-मेरी श्वासें, साथ मिलें रच बृज की रासें-
तेरी चितवन मेरी धड़कन, हैं हम दोनों सलवट-सलवट
*
बोरे में पैसे ले जाएँ, संब्जी लायें मुट्ठी में
मोबाइल से वक़्त कहाँ है, जो रुचि ले युग चिट्ठी में
कुट्टी करते घूम रहे हैं सभी सियासत के मारे-
चले गये वे दिन जब गले मिले हैं संगा मिट्ठी में
*
नहीं जेब में बचीं छदाम, खास दिखें पर हम हैँ आम
कोई तो कविता सुनकर, तनिक दाद दे करे सलाम
खोज रहीं तन्मय नज़रें, कहाँ वक़्त का मारा है?
जिसकी गर्दन पकड़ें हम फ़िर चकेवा दें बिल बेदाम
***
छंद सलिला: हरि छंद
*
छंद-लक्षण: जाति रौद्राक, प्रति चरण मात्रा २३ मात्रा, चरणारंभ गुरु, यति ६ - ६ - ११, चरणान्त गुरु लघु गुरु (रगण) ।
लक्षण छंद:
रास रचा / हरि तेइस / सखा-सखी खेलते
राधा की / सखियों के / नखरे हँस झेलते
गुरु से शुरु / यति छह-छह / ग्यारह पर सोहती
अंत रहे / गुरु लघु गुरु / कला 'सलिल' मोहती
उदाहरण:
१. राखो पत / बनवारी / गिरधारी साँवरे
टेर रही / द्रुपदसुता / बिसरा मत बावरे
नंदलाल / जसुदासुत / अब न करो देर रे
चीर बढ़ा / पीर हरो / मेटो अंधेर रे
२. सीता को / जंगल में / भेजा क्यों राम जी?
राधा को / छोड़ा क्यों / बोलो कुछ श्याम जी??
शिव त्यागें / सती कहो / कैसे यह ठीक है?
नारी भी / त्यागे नर / क्यों न उचित लीक है??
३. नेता जी / भाषण में / जो कुछ है बोलते
बात नहीं / अपनी क्यों / पहले वे तोलते?
मुकर रहे / कह-कहकर / माफी भी माँगते
देश की / फ़िज़ां में / क्यों नफरत घोलते?
४. कौन किसे / बिना बात / चाहता-सराहता?
कौन जो न / मुश्किलों से / आप दूर भागता?
लोभ, मोह / क्रोध द्रोह / छोड़ सका कौन है?
ईश्वर से / कौन और / अधिक नहीं माँगता?
***
छंद सलिला:
दृढ़पद (दृढ़पत/उपमान) छंद 
*
छंद-लक्षण: जाति रौद्राक, प्रति चरण मात्रा २३ मात्रा, यति १३ - १०, चरणान्त गुरु गुरु (यगण, मगण) ।
लक्षण छंद:
तेईस मात्रा प्रति चरण / दृढ़पद रचें सुजान
तेरह-दस यति अन्त में / गुरु गुरु- है उपमान
कथ्य भाव रस बिम्ब लय / तत्वों का एका
दिल तक सीधे पहुँचता / लगा नहीं टेका
उदाहरण:
१. हरि! अवगुण से दूरकर / कुछ सद्गुण दे दो
भक्ति - भाव अर्पित तुम्हें / दिक् न करो ले लो
दुनियादारी से हुआ / तंग- शरण आया-
एक तुम्हारा आसरा / साथ न दे साया
२. स्वेद बिन्दु से नहाकर / श्रम से कर पूजा
फल अर्पित प्रभु को करे / भक्त नहीं दूजा
काम करो निष्काम सब / बतलाती गीता
जो आत्मा सच जानती / क्यों हो वह भीता?
३. राम-सिया के रूप हैं / सच मानो बच्चे
बेटी-बेटे में करें / फर्क नहीं सच्चे
शक्ति-लक्ष्मी-शारदा / प्रकृति रूप तीनो
जो न सत्य पहचानते / उनसे हक़ छीनो
***
४.५.२०१४
(अब तक प्रस्तुत छंद: अखण्ड, अग्र, अचल, अचल धृति, अरुण, अहीर, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रवज्रा, उड़ियाना, उपमान, उपेन्द्रवज्रा, उल्लाला, एकावली, कुकुभ, कज्जल, कामिनीमोहन, कीर्ति, कुण्डल, कुडंली, गंग, घनाक्षरी, चौबोला, चंडिका, चंद्रायण, छवि, जाया, तांडव, तोमर, त्रिलोकी, दीप, दीपकी, दोधक, दृढ़पद, नित, निधि, प्लवंगम्, प्रतिभा, प्रदोष, प्रभाती, प्रेमा, बाला, भव, भानु, मंजुतिलका, मदनअवतार, मधुभार, मधुमालती, मनहरण घनाक्षरी, मनमोहन, मनोरम, मानव, माली, माया, माला, मोहन, योग, ऋद्धि, रसामृत, राजीव, राधिका, रामा, लीला, वाणी, विशेषिका, शक्तिपूजा, शशिवदना, शाला, शास्त्र, शिव, शुभगति, सरस, सार, सिद्धि, सुगति, सुजान, हरि, हेमंत, हंसगति, हंसी)

मंगलवार, 3 मई 2022

लघुकथा, परशुराम

लघुकथा
मौन?
*
आज परशुराम जयंती है, समाचार पत्र में कई कार्यकर्मों की सूचनाएँ,, कुछ मित्र मुझे भी पकड़कर एक कार्यक्रम में ले गए। परशुराम जी की प्रशंसा में बहुत कुछ कहा गया, नारे लगाए गए। मुझे मौन देख एक ने एक वक्ता ने मेरी और घूरते हुए कहा जिस तरह परशुराम ने क्षत्रियों का संहार किया था उसी तरह हमें भी विधर्मियों का संहार करना होगा।

मेरी बारी आई तो मैंने कहा की परशुराम जी ने अपने पिता के कहने पर अपनी माँ का वध बिना कुछ आगा-पीछा किये कर दिया था। उनका अनुकरण आपमें से कौन करेगा?

उत्तर में छाया रहा मौन।
***

सोमवार, 2 मई 2022

दोहांजलि

दोहांजलि
*
गुरुवर सुरेश उपाध्याय जी, होशंगाबाद

निकट पढ़े अध्याय कुछ, जब 'सुरेश' के संग।
ऐसा चढ़ा न उतरता, मन से हिंदी-रंग।।
*
स्मृतिशेष गुरुवर रामचंद्र दास जी, जबलपुर

वीतराग प्रभु भक्ति में, मिले सदा लवलीन।
शुभाशीष उसको दिया, पहले जो था दीन।।
*
अग्रजवत डॉ. सुरेश कुमार वर्मा जी, जबलपुर

ठाठ कबीराना जिया, वाक् व्यास सी संग।
कर प्रयास लूँ सीख कुछ, सत्-चिंतन का ढंग।।
*
आचार्य कृष्णकांत चतुर्वेदी जी, जबलपुर

कृष्ण कांत आशीष पा, धन्य सलिल तू धन्य।
लोहे को सोना करे, चंद्रा-संग अनन्य।।
*
स्मृति शेष भगवती प्रसाद देवपुरा, श्रीनाथद्वारा

हिंदी के हित समर्पित, रहे समर्पित आप।
सलिल-प्रेरणा स्रोत बन, रहे श्वास में व्याप।।
*

स्मृतिशेष प्रो, भागवत प्रसाद मिश्र 'नियाज़', अहमदाबाद

सत्य साई आशीष पा, किया सृजन पठनीय।
श्रेष्ठ शलाका पुरुष हे!, हर पुस्तक मननीय।।

*
अग्रजवत अमरनाथ जी, लखनऊ

'अमरनाथ' ने रख दिया, ज्यों ही सर पर हाथ।
पग पखारते सलिल को, चढ़ा लिया निज माथ।।
*
डॉ. रामसनेही लाल शर्मा 'यायावर', फ़िरोज़ाबाद

'राम सनेही' ने दिया, जब जी भरकर स्नेह।
संजीवित संजीव हो, झट हो गया विदेह।।
*
पूर्णिमा बर्मन, लखनऊ

पा प्रवीण सत्संग में, शरत पूर्णिमा आभ।
सलिल-लहर ज्योतित हुईं, छंद-छंद अरुणाभ।।
*
देवकीनंदन 'शांत' जी, लखनऊ

शांत प्रशांत निशांत सम, जैसे उजली भोर।
नूर-नूर पा रच रहे, दोहे-ग़ज़ल अँजोर।।
*
मनोज श्रीवास्तव जी, लखनऊ

ओज-तेज मसि-कलम है, श्री वास्तव में मीत।
मिला तुम्हें मन ओज मय, रचे मनोरम गीत।।
*
वीणा तिवारी जी, जबलपुर

नेह नर्मदा निर्मला, तुममें दिखी सदैव।
आशीषित करती रहें सदा- सदय हो दैव।।
*
डॉ. छाया राय जी, जबलपुर

नमन वाग्वैदग्ध्य को, सक 'कांट' को जान।
दर्शन का दर्शन करा, तार दिया मतिमान।।
*
साधना उपाध्याय जी, जबलपुर

कर्मठता-संघर्ष की, ज्योतित दीप्त मशाल।
अटल प्रेरणा-स्रोत तुम, पग छू हुआ निहाल।।
*
डॉ. इला घोष जी, जबलपुर

सृजन अकुंठित कर रहीं, लुटा रहीं सद्ज्ञान।
मथकर वैदिक वांग्मय, करा रहीं सत्-पान।।
*