कुल पेज दृश्य

गुरुवार, 16 जून 2016

vidhata chhand

रसानंद दे छंद नर्मदा ३४ :  विधाता/शुद्धगाRoseछंद  
गुरुवार, १५  जून २०१६  


​दोहा, ​सोरठा, रोला, ​आल्हा, सार​,​ ताटंक, रूपमाला (मदन), चौपाई​, ​हरिगीतिका, उल्लाला​,गीतिका,​घनाक्षरी, बरवै, त्रिभंगी, सरसी, छप्पय, भुजंगप्रयात, कुंडलिनी, सवैया, शोभन या सिंहिका, सुमित्र, सुगीतिका, शंकर, मनहरण (कवित्त/घनाक्षरी), उपेन्द्रवज्रा, इंद्रवज्रा तथा सखी छंदों से साक्षात के पश्चात् मिलिए​ विधाता छन्द ​से
*
छंद लक्षण:  जाति यौगिक, प्रति पद २८ मात्रा, 
                 यति ७-७-७-७ / १४-१४ , ८ वीं - १५ वीं मात्रा लघु। 
विशेष: उर्दू बहर हज़ज सालिम 'मुफाईलुन मुफाईलुन मुफाईलुन मुफाईलुन' इसी छंद पर आधारित है। 

लक्षण छंद:

    विधाता को / नमन कर ले , प्रयासों को / गगन कर ले 
    रंग नभ पर / सिंधु में जल , साज पर सुर / अचल कर ले 
    सिद्धि-तिथि लघु / नहीं कोई , दिखा कंकर / मिला शंकर  
    न रुक, चल गिर / न डर, उठ बढ़ , सीकरों को / सलिल कर ले   
    
    संकेत: रंग =७, सिंधु = ७, सुर/स्वर = ७, अचल/पर्वत = ७ 
              सिद्धि = ८, तिथि = १५ 
उदाहरण:


१.   न बोलें हम, न बोलो तुम, सुनें कैसे बात मन की?
    न तोलें हम न तोलो तुम , गुनें कैसे जात तन की ?  
    न डोलें हम न डोलो तुम , मिलें कैसे श्वास-वन में?   
    न घोलें हम न घोलो तुम, जियें कैसे प्रेम धुन में? 

    जात = असलियत, पानी केरा बुदबुदा अस मानुस की जात 

२. ज़माने की निगाहों से , न कोई बच सका अब तक

   निगाहों ने कहा अपना , दिखा सपना लिया ठग तक     
   गिले - शिकवे करें किससे? , कहें किसको पराया हम?         
   न कोई है यहाँ अपना , रहें जिससे नुमायाँ हम  

३. है हक़ीक़त कुछ न अपना , खुदा की है ज़िंदगानी          
    बुन रहा तू हसीं सपना , बुजुर्गों की निगहबानी
    सीखता जब तक न तपना , सफलता क्यों हाथ आनी?  
    कोशिशों में खपा खुदको , तब बने तेरी कहानी

४. जिएंगे हम, मरेंगे हम, नहीं है गम, न सोचो तुम 
    जलेंगे हम, बुझेंगे हम, नहीं है तम, न सोचो तुम 
    कहीं हैं हम, कहीं हो तुम, कहीं हैं गम, न सोचो तुम 
    यहीं हैं हम, यहीं हो तुम, नहीं हमदम, न सोचो तुम

- सुनीता काम्बोज

५. दिलों के बीच में उनको खड़ी दीवार करने दो
     हमें बस प्यार आता है, हमें बस प्यार करने दो 
     हमारे चिर मिलन को, यह नहीं अब रोक पाएगा 
     जमाना कर रहा है तो इसे तकरार करने दो

६. समय के साथ थोड़ा सा बदलना भी जरुरी है
    कभी चट्टान बन जाना, पिघलना भी जरुरी है
    नहीं हालात बदलेंगे, हमारे देश के खुद ही 
    घरों से आज थोड़ा सा निकलना भी जरुरी है           
     
                         ********* 

navgeet

एक रचना
यार शिरीष!
*
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
अब भी खड़े हुए एकाकी
रहे सोच क्यों साथ न बाकी?
तुमको भाते घर, माँ, बहिनें
हम चाहें मधुशाला-साकी।
तुम तुलसी को पूज रहे हो
सदा सुहागन निष्ठा पाले।
हम महुआ की मादकता के
हुए दीवाने ठर्रा ढाले।
चढ़े गिरीश
पर नहीं बिगड़े
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
राजनीति तुमको बेगानी
लोकनीति ही लगी सयानी।
देश हितों के तुम रखवाले
दुश्मन पर निज भ्रकुटी तानी।  
हम अवसर को नहीं चूकते 
लोभ नीति के हम हैं गाहक।
चाट सकें इसलिए थूकते 
भोग नीति के चाहक-पालक।
जोड़ रहे
जो सपने बिछुड़े
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
तुम जंगल में धूनि रमाते
हम नगरों में मौज मनाते।
तुम खेतों में मेहनत करते 
हम रिश्वत परदेश-छिपाते।
ताप-शीत-बारिश हँस झेली
जड़-जमीन तुम नहीं छोड़ते।
निज हित खातिर झोपड़ तो क्या
हम मन-मंदिर बेच-तोड़ते।
स्वार्थ पखेरू के
पर कतरे।
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
*
तुम धनिया-गोबर के संगी
रीति-नीति हम हैं दोरंगी।
तुम मँहगाई से पीड़ित हो
हमें न प्याज-दाल की तंगी।  
अंकुर पल्लव पात फूल फल
औरों पर निर्मूल्य लुटाते।
काट रहे जो उठा कुल्हाड़ी
हाय! तरस उन पर तुम खाते। 
तुम सिकुड़े
हम फैले-पसरे।
यार शिरीष!
तुम नहीं सुधरे
***

बुधवार, 15 जून 2016

doha

दोहा सलिला- 
ब्रम्ह अनादि-अनन्त है, रचता है सब सृष्टि 
निराकार आकार रच, करे कृपा की वृष्टि 
*
परम सत्य है ब्रम्ह ही, चित्र न उसका प्राप्त 
परम सत्य है ब्रम्ह ही, वेद-वचन है आप्त 
*
ब्रम्ह-सत्य जो जानता, ब्राम्हण वह इंसान 
हर काया है ब्रम्ह का, अंश सके वह मान
*
भेद-भाव करता नहीं, माने ऊँच न नीच
है समान हर आत्म को, प्रेम भाव से सींच
*
काया-स्थित ब्रम्ह ही, 'कायस्थ' ले जो जान 
छुआछूत को भूलकर, करता सबका मान 
*
राम श्याम रहमान हरि, ईसा मूसा एक 
ईश्वर को प्यारा वही, जिसकी करनी नेक 
*
निर्बल की रक्षा करे, क्षत्रिय तजकर स्वार्थ 
तभी मुक्ति वह पा सके, करे नित्य परमार्थ 
*
कर आदान-प्रदान जो, मेटे सकल अभाव 
भाव ह्रदय में प्रेम का, होता वैश्य स्वभाव 
*
पल-पल रस का पान कर, मनुज बने रस-खान 
ईश तत्व से रास कर, करे 'सलिल' गुणगान 
*
सेवा करता स्वार्थ बिन, सचमुच शूद्र महान 
आत्मा सो परमात्मा, सेवे सकल जहान 
*
चार वर्ण हैं धर्म के, हाथ-पैर लें जान 
चारों का पालन करें, नर-नारी है आन 
*
हर काया है शूद्र ही, करती सेवा नित्य 
स्नेह-प्रेम ले-दे बने, वैश्य बात है सत्य 
*
रक्षा करते निबल की, तब क्षत्रिय हों आप 
ज्ञान-दान, कुछ सीख दे, ब्राम्हण हों जग व्याप 
*
काया में रहकर करें, चारों कार्य सहर्ष 
जो वे ही कायस्थ हैं, तजकर सकल अमर्ष 
*
विधि-हरि-हर ही राम हैं, विधि-हरि-हर ही श्याम 
जो न सत्य यह मानते, उनसे प्रभु हों वाम 
*

navgeet

नवगीत
एक-दूसरे को
*
एक दूसरे को छलते हम
बिना उगे ही
नित ढलते हम।
*
तुम मुझको 'माया' कहते हो,
मेरी ही 'छाया' गहते हो।
अवसर पाकर नहीं चूकते-
सहलाते, 'काया' तहते हो।
'साया' नहीं 'शक्ति' भूले तुम
मुझे न मालूम  
सृष्टि बीज तुम।
चिर परिचित लेकिन अनजाने
एक-दूसरे से
लड़ते हम।
*
मैंने तुम्हें कह दिया स्वामी,
किंतु न अंतर्मन अनुगामी।
तुम प्रयास कर खुद से हारे-
संग न 'शक्ति' रही परिणामी।
साथ न तुमसे मिला अगर तो 
हुई नाक में  
मेरी भी दम।
हैं अभिन्न, स्पर्धी बनकर 
एक-दूसरे को 
खलते हम।
*
मैं-तुम, तुम-मैं, तू-तू मैं-मैं,
हँसना भूले करते पैं-पैं।
नहीं सुहाता संग-साथ भी-
अलग-अलग करते हैं ढैं-ढैं।
अपने सपने चूर हो रहे 
दिल दुखते हैं  
नयन हुए नम।
फेर लिए मुंह अश्रु न पोंछें  
एक-दूसरे बिन  
ढलते हम।
*
 तुम मुझको 'माया' कहते हो,
मेरी ही 'छाया' गहते हो।
अवसर पाकर नहीं चूकते-
सहलाते, 'काया' तहते हो।
'साया' नहीं 'शक्ति' भूले तुम
मुझे न मालूम  
सृष्टि बीज तुम।
चिर परिचित लेकिन अनजाने
एक-दूसरे से
लड़ते हम।
*
जब तक 'देवी' तुमने माना
तुम्हें 'देवता' मैंने जाना।
जब तुम 'दासी' कह इतराए
तुम्हें 'दास' मैंने पहचाना।
बाँट सकें जब-जब आपस में
थोड़ी खुशियाँ,
थोड़े से गम
तब-तब एक-दूजे के पूरक
धूप-छाँव संग-
संग सहते हम।
*
'मैं-तुम' जब 'तुम-मैं' हो जाते ,
'हम' होकर नवगीत गुञ्जाते ।
आपद-विपदा हँस सह जाते-
'हम' हो मरकर भी जी जाते।
स्वर्ग उतरता तब धरती पर 
जब मैं-तुम  
होते हैं हमदम।
दो से एक, अनेक हुए हैं 
एक-दूसरे में 
खो-पा हम।
*****
१०-६-२०१६ 
TIET JABALPUR

 


  

रविवार, 12 जून 2016

navgeet

एक रचना
शिरीष के फूल












फूल-फूल कर बजा रहे हैं 
बीहड़ में रमतूल,
धूप-रूप पर मुग्ध, पेंग भर
छेड़ें झूला झूल
न सुधरेंगे
शिरीष के फूल।
*
तापमान का पान कर रहे
किन्तु न बहता स्वेद,
असरहीन करते सूरज को
तनिक नहीं है खेद।
थर्मामीटर नाप न पाये
ताप, गर्व निर्मूल
कर रहे हँस
शिरीष के फूल।।
*
भारत की जनसँख्या जैसे
खिल-झरते हैं खूब,
अनगिन दुःख, हँस सहे न लेकिन
है किंचित भी ऊब।
माथे लग चन्दन सी सोहे
तप्त जेठ की धूल
तार देंगे
शिरीष के फूल।।
*
हो हताश एकाकी रहकर
वन में कभी पलाश,
मार पालथी, तुरत फेंट-गिन
बाँटे-खेले ताश।
भंग-ठंडाई छान फली संग
पीकर रहते कूल,
हमेशा ही
शिरीष के फूल।।
*
जंगल में मंगल करते हैं
दंगल नहीं पसंद,
फाग, बटोही, राई भाते
छन्नपकैया छंद।
ताल-थाप, गति-यति-लय साधें
करें न किंचित भूल,
नाचते सँग
शिरीष के फूल।।
*
संसद में भेजो हल कर दें
पल में सभी सवाल,
भ्रमर-तितलियाँ गीत रचें नव
मेटें सभी बबाल।
चीन-पाक को रोज चुभायें
पैने शूल-बबूल
बदल रँग-ढँग
शिरीष के फूल।।
*****

samanvay prakashan abhiyan


समन्वय प्रकाशन अभियान

समन्वय प्रकाशन अभियान रचनाकारों को कृति प्रकाशन में सहयोग करनेवाला अव्यवसायिक मंच है। पाण्डुलिपि सुधार, टंकण, पाठ्य शुद्धि, भूमिका लेखन, मुद्रण, समीक्षा लेखन, समीक्षा प्रकाशन, विमोचन समारोह, लोकार्पण, कार्यशाला, साक्षात्कार, चर्चा गोष्ठी आदि के रूप में सहयोग न्यूनतम व्यय पर उपलब्ध कराया जा सकता है। पुस्तक प्रकाशन सहयोगाधार पर किया जाता है। पुस्तकों को ISBN दिया जा सकता है।



















समन्वय प्रकाशन अभियान जबलपुर द्वारा प्रकाशित
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' द्वारा लिखित - संपादित साहित्य
०१. कलम के देव, भक्ति गीत, वर्ष १९९७, ISBN ८१-८७७२७-००-४, अनुपलब्ध
०२. भूकंप के साथ जीना सीखें, १९९७, ISBN ८१-८७७२७-००-४ लोकोपयोगी, अनुपलब्ध
०३. लोकतंत्र का मक़बरा, कवितायेँ, २००१, ISBN ८१-८७७२७-०७-१अनुपलब्ध
०४. मीत मेरे, कवितायेँ, २००३, ISBN ८१-८७७२७-११-x, १५०/-, सीमित प्रतियाँ
०५. काल है संक्रांति का, नवगीत, २०१६, ISBN ८१-७७६१-०००-७, ३००/-
०६. राम नाम सुखदाई, भक्तिगीत, शांति देवी वर्मा, १९९९, ISBN ८१-८७७२७-००-४, २००८ ISBN ८१-८७७२७-००-४, अनुपलब्ध
०७. मता-ए-परवीन, ग़ज़ल संग्रह, परवीन हक़, १९९९, ISBN ८१-८७७२७-००-४, ८०/-, अनुपलब्ध
०८. उमर की पगडंडियों पर, गीत, राजेंद्र श्रीवास्तव, २०००, ISBN ८१-८७७२७-००-४१२०/-, अनुपलब्ध
९. पहला कदम, कविताएँ, डॉ. अनूप निगम, २००२, ISBN ८१-८७७२७-०८-x, १००/-, सीमित प्रतियाँ
१०. कदाचित, कवितायेँ, सुभाष पांडेय, २००२, ISBN ८१-८७७२७-१०-१,
११. Off and On, अंग्रेजी ग़ज़ल,अनिल जैन,२००१, ISBN ८१-८७७२७-१९-५, ८०/-
१२. यदा-कदा, उक्त ११ का हिंदी काव्यानुवाद, डॉ. बाबू जोसेफ-स्टीव विंसेंट, २००५, ISBN ८१-८७७२७-१५-२, ८०/-,
१३. नीरव का संगीत, कविताएँ, अग्निभ, २००८, ISBN ६१-८७७२९-१९-s, ८०/-,
१४. समयजयी सहितयशिल्पी भागवत प्रसाद मिश्र 'नियाज़'- व्यक्तित्व-कृतित्व, २००५, ISBN SI-७७६१-०४०-६०, ५००/-,
१५. निर्माण के नूपुर, सामूहिक काव्य संग्रह,१९८३, ५/-, अनुपलब्ध,
१६. नींव के पत्थर, सामूहिक काव्य संग्रह,१९८५, १०/-, अनुपलब्ध,
१७. तिनका-तिनका नीड़, सामूहिक काव्य संग्रह,२०००, ISBN ६१-८७७२९-१९-s,२५०/-, सीमित प्रतियाँ,

hasya kavita

हास्य रचना
ठेंगा
​​
*




















ठेंगे में 'ठ', ठाकुर में 'ठ', ठठा हँसा जो वह ही जीता
कौन ठठेरा?, कौन जुलाहा?, कौन कहाँ कब जूते सीता?

ठेंगा दर्शन बेज़ार करे, ठेंगे बिन मिलाता चैन नहीं
ठेंगे बिन दिवस नहीं कटता, ठेंगे बिन कटती रैन नहीं

बिन ठेंगे कब काम चला है?, लगा, दिखा, चूसो या पकड़ो
चार अँगुलियों पर भारी है ठेंगा एक, न उससे अकड़ो

ठेंगे की महिमा भारी है, पूछो ठकुरानी से जाकर
ठेंगे के संग जीभ चिढ़ा दें, हो जाते बेबस करुणाकर

ठेंगा हाथों-लट्ठ थामता, पैरों में हो तो बेनामी
ठेंगा लगता, इसकी दौलत उसको दे देता है दामी

लोक देखता आया ठेंगा, नेता दिखा-दिखा है जीता
सीता-गीता हैं संसद में, लोकतंत्र को लगा पलीता

राम बाग़ में लंका जैसा दृश्य हुआ अभिनीत, ध्वंस भी
कान्हा गायब, यादव करनी देख अचंभित हुआ कंस भी

ठेंगा नितीश मुलायम लालू, ममता माया जया सोनिया
मौनी बाबा गुमसुम-अण्णा, आप बने तो मिले ना ठिया

चाय बेचकर छप्पन इंची, सीना बन जाता है ठेंगा
वादों को जुमला कहता है, अंधे को कहता है भेंगा

लोकतंत्र को लोभतंत्र कर, ठगता ठेंगा खुद अपने को
ढपली-राग हो गया ठेंगा, बेच रहा जन के सपने को

ठेंगे के आगे नतमस्तक, चतुर अँगुलियाँ चले न कुछ बस
ठेंगे ठाकुर को अर्पित कर भोग लगाओ, 'सलिल' मिले जस
***
-आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल',
२०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन जबलपुर ४८२००१

शनिवार, 11 जून 2016

samiksha

पुस्तक सलिला-
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
[पुस्तक परिचय- ढलती हुई धूप, कविता संग्रह, ISBN ९७८-९३-८४९७९-८०-५, सुरेश चन्द्र सर्वहारा, प्रथम संस्करण २०१५, आकार २०.५ से.मी. x १४ से.मी.,  आवरण बहुरंगी पेपरबैक, बोधि प्रकाशन ऍफ़ ७७, सेक़्टर ९, मार्ग ११, करतारपुर औद्योगिक क्षेत्र, बाईस गोदाम, जयपुर ३०२००६, ०१४१ २५०३९८९, ९८२९० १८९८७। कवि संपर्क ३ ऍफ़ २२ विज्ञान नगर, कोटा ३२४००५, ९९२८५३९४४६]
*** 
                         अनुभूति की अभिव्यक्ति गद्य और पद्य दो शैलियों में की जाती है। पद्य को विविध विधाओं में वर्गीकृत किया गया है। कविता सामान्यतः छंदहीन अतुकांत रचनाओं को कहा जाता है जबकि गीत लय, गति-यति को साधते हुए छंदबद्ध होता है। इन्हें झरने और नदी के प्रवाह की तरह समझा जा सकता है।  अनुभूति और अभिव्यक्ति किसी बंधन की मुहताज नहीं होती। रचनाकार कथ्य के भाव के अनुरूप शैली और शिल्प चुनता है, कभी-कभी तो कथ्य इतना प्रबल होता है कि रचनाकार भी  उपकरण ही हो जाता है, रचना खुद को व्यक्त करा लेती है। कुछ पद्य रचनाऐँ दो विधाओं की सीमारेखा पर होती हैं अर्थात उनमें एकाधिक विधाओं के लक्षण होते है। इन्हें दोनों विधाओं में वर्गीकृत किया जा सकता है।  कवि - गीतकार सुरेशचंद्र सर्वहारा की कृति 'ढलती हुई धूप' कविता के निकट नवगीतों और नवगीत के निकट कविताओं का संग्रह है। विवेच्य कृति की रचनाओं को दो भागों 'नवगीत' और 'कविता' में वर्गीकृत भी किया जा सकता था किन्तु सम्भवतः पाठक को दोनों विधाओं की गंगो-जमुनी प्रतीति करने के उद्देश्य से उन्हें घुला-मिला कर रख आगया है।       

                         कविता की कोई सर्वमान्य परिभाषा नहीं है,  न हो सकती है। गीत की समसामयिक विसंगति और विषमता से जुडी भावमुद्रा नव छन्दों को समाहित कर नवगीत बन जाती है जबकि छंद आंशिक हो या न हो तो वह कविता हो जाती है।  'ढलती हुई धूप' के मुखपृष्ठ पर अंकित चन्द्र का भ्रम उत्पन्न करता अस्ताचलगामी सूर्य इन रचनाओं के मिजाज की प्रतीति बिना पढ़े ही करा देता है।  कवि के शब्दों में- ''आज जबकि संवेदना और रसात्मकता चुकती जा रही है फिर भी इस धुँधले परिदृश्य में कविता मानव ह्रदय के निकट है।'' 

                         प्रथम रचना 'शाम के साये' में ६ पंक्तियों के मुखड़े के बाद ५ पंक्तियों का अंतरा तथा मुखड़े के सम भार और तुकांत की ३-३ पंक्तियाँ फिर ६ पंक्तियों का अन्तरा है। दोनों अंतरों के बीच की ६ में से ३ पंक्तियाँ अंत में रख दी जाएँ तो यह नवगीत है।  सम्भवत: नवगीत होने या न होने को लेकर जो तू-तू मैं-मैं समीक्षकों ने मचा रखी है उससे बचने के लिए  नवगीतों को कविता रूप में प्रस्तुत किया गया है।  
                         दिन डूबा / उत्तरी धरती पर / धीरे-धीरे शाम 
                         चिट्ठी यादों की / ज्यों कोेेई / लाई मेरे नाम। 
                         लगे उभरने पीड़ाओं के / कितने-कितने दंश 
                         दीख रहे कुछ धुँधलाए से / अपनेपन के अंश।  
                         सिमट गए / सायों जैसे ही / जीवन के आयाम 
                         लगा दृश्य पर / अंधियारों का / अब तो पूर्ण विराम। 
                         पुती कालिमा / दूर क्षितिज पर / सब कुछ हुआ उदास 
                         पंछी बन / उड़ गए सभी तो / कोेेई न मेरे पास 

                         खुशियों की तलाश, जाड़े की शाम, धुँधली शाम, पत्ते, चिड़िया, दुःख के आँसू, ज़िंदगी, उतरती शाम, सूखा पेड़, गुलमोहर, टेसू के फूल, फूल हरसिंगार के, बासंती हवा, यादों के बादल, याद तुम्हारी, दर्द की नदी, कविता और लड़की, झुलसते पाँव, फूल बैंगनी, जाड़े की धूप, माँ का आँचल, रिश्ते, समय शकुनि, लल्लू, उषा सुंदरी आदि रचनाएँ शिल्प की दृष्टि से नवगीत के समीप है जबकि पहली बारिश, धुंध में, कागज़ की नाव, ढलती हुई धूप, सीमित ज़िंदगी, सृजन, मेघदर्शन, बंजर मन, पेड़ और मैं, याद की परछाइयाँ, सूखी नदी, फूल खिलते हैं, लड़कियाँ, अकेली लड़की, निशब्द संबंध, वह स्त्री, युद्ध के बाद, नंगापन, एक बुजुर्ग का जाना, नव वर्ष, विधवा की बेटी, वयोवृद्ध एवं बूढ़ा, वृद्धाश्रम आदि कविता के निकट हैं।

                         सर्वहारा जी के मत में ''साहित्य का सामाजिक सरोकार भी होना चाहिए जो सामाजिक बुराइयों का बहिष्कार कर सामाजिक परिवर्तन का शंखनाद करे।'' इसीलिए विधवा की बेटी, वयोवृद्ध एवं बूढ़ा, वृद्धाश्रम,वह स्त्री, युद्ध के बाद, नंगापन, लड़कियाँ, अकेली लड़की, निशब्द संबंध जैसी कवितायें लिखकर वे पीड़ितों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। ''युद्ध का ही / दूसरा नाम है बर्बरता / जो कर लेती है हरण / आँखों की नमी के साथ / धरती की उर्वरता'', और ''खुश नहीं / रह पाते / जीतनेवाले भी / अपराध बोध से / रहते हैं छीजते / हिमालय में गल जाते हैं'' लिखकर कवि संतुष्ट नहीं होता, शायद उसे पाठकीय समझ पर संदेह है, इसलिए इतना पर्याप्त हों पर भी वह स्पष्ट करता है ''पांडवों के शरीर / जो जैसे-तैसे कर / महाभारत हैं जीतते''। 

                         पर्यावरण की चिंता सूखी नदी, फूल खिलते हैं, पेड़ और मैं, सूखा पेड़, गुलमोहर, टेसू के फूल, फूल हरसिंगार के, दर्द की नदी आदि रचनाओं में व्यक्त होती है।  फूलों और खुशियों का रिश्ता अटूट है- 
                         ''रह-रह कर / झर रहे / फूल हरसिंगार के। 
                         भीनी-भीनी / खुशबू से / भीग गया मन 
                         साँसों को / बाँध रहा / नेह का बंधन 
                         लौट रहे / दिन फिर से / प्यार और दुलार के। 
                         थिरक उठा / मस्ती से / आँगन का पोर - पोर 
                         नच उठा / खुशियों से / घर-भर का / ओर - छोर 
                         गए रहा ही / गीत कौन / मान और मनुहार के। 
                         रातों को / खिलते थे / जीवन में झूमते 
                         प्रातः को / हँस - हँस अब / मौत को हैं चूमते 
                         अर्थ सारे / खो गए हैं / जीत और हार के'' 

                         इस नवगीत में फूल और मानव जीवन के साम्य को भी इंगित किया गया है।   

                         सर्वहारा जी हिंदी - उर्दू की साँझा शब्द सम्पदा के हिमायती हैं। गीतों के कथ्य आम जन को सहजता से ग्राह्य हो सकने योग्य हैं।  उनका 'गुलमोहर' नटखट बच्चों की क्रीड़ा का साथी है '' दूर - दूर तक / फैले सन्नाटों / औे लू के थपेड़ों को / अनदेखा कर / घरवालों की / आँख चुराकर / छाँव तले आए / नटखट बच्चों संग / खेलता गुलमोहर'' तो टेसू आश - विश्वास के रंग बिखेरता है - '' बिखर गए / रंग कई / आशा - विश्वास के / निखर गए / ढंग नए / जीवन उल्लास के / फागुन के फाग से / भा गए टेसू के फूल।''

                         गाँव से शहरों की पलायन की समस्या 'लल्लू' में मुखरित है- 
                         लल्लू! / कितने साल हो गए / तुमको शहर गए 
                         खेतों में / पसरा सन्नाटा / सूखे हैं खलिहान / साँय - साँय / करते घर - आँगन / सिसक रहे दालान।  
                         भला कौन/  ऐसे में सुख से / खाये और पिए।   

                         शब्द - सम्पदा और अभिव्यक्ति - सामर्थ्य के धनी सुरेश जी के स्त्री विमर्श विषयक गीत मार्मिकता से सराबोर हैं। इनमें  पीड़ा और दर्द का होना स्वाभाविक है किन्तु आशा की किरण भी है-
                         देखते ही देखते / बह चली / रोशनी की नदी / उसके पथ में आज 
                         कई काली रातों के बाद / फैला है उजाला / सुनहरी भोर का 
                         एक नए /  है यह आगाज।  

                         सुरेश जी विराम चिन्हों को अनावश्यक समझने के काल में  उनके महत्त्व से न केवल परिचित हैं अपितु विराम चिन्हों का निस्संकोच प्रयोग भी करते हैं। अल्प विराम, पूर्ण विराम, संयोजक चिन्ह आदि का उपयोग पाठक को रुचता है। इन गीतों की कहन सहज प्रवाहमयी, भाषा सरस और अर्थपूर्ण तथा कथ्य सम - सामयिक है। बिम्ब और प्रतीक प्रायः पारम्परिक हैं। पंक्तयांत के अनुप्रास में वे कुछ छूट लेते हुए चिड़िया, बुढ़िया, गडरिया, गगरिया जैसे अंत्यानुप्रासिक प्रयोग बेहिचक करते हैं।  

                         सारतः, इन नवगीतों में नवगीत जैसी ताजगी, ग़ज़लों जैसी नफासत, गीतों की सी सरसता, मुकतक की सी चपलता, छांदस संतुलन और मौलिकता है जी पाठकों को केवल आकृष्ट करती है अपितु बाँधकर भी रखती है।  यह पठनीय कृति लोकप्रिय भी होगी।

********* 
समीक्षक- आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', २०४ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन जबलपुर ४८२००१
salil.sanjiv@gmail.com, ९४२५१ ८३२४४

muktika

मुक्तिका-
धत्तेरे की
*
आँख खुले भी ठोकर खाई धत्तेरे की
नेता से उम्मीद लगाई धत्तेरे की
.
पूज रहा गोबर गणेश पोंगा पण्डज्जी
अंधे ने आँखें दिखलाई धत्तेरे की
.
चौबे चाहे छब्बे होना, दुबे रह गए
अपनी टेंट आप कटवाई धत्तेरे की
.
अपन लुगाई आप देख के आँख फेर लें
छिप-छिप ताकें नार पराई धत्तेरे की
.
एक कमा दो खरचें, ले-लेकर उधार वे
अपनी शामत आप बुलाई धत्तेरे की
*** 
[अवतारी जातीय सारस छंद]
१-५-२०१६, हरदोई
पुस्तक समीक्षा -
आधुनिक समय का प्रामाणिक दस्तावेज - ''काल है संक्रन्ति का'' 
समीक्षक- डॉ. रोहिताश्व अस्थाना 
**
                                गीत, संवेदनशील ह्रदय की कोमलतम, मार्मिक एवं सूक्ष्मतम अनुभूतियों की गेयात्मक, रागात्मक एवं संप्रेषणीय अभिव्यक्ति का नाम है।  गीत में प्रायः व्यष्टिवादी एवं नवगीत में समष्टिवादी स्वर प्रमुख होता है।  गीत के ही शिल्प में नवगीत के अंतर्गत नई उपमाओं एवं टटके बिम्बों के सहारे दुनिया - जहान की बातों को अप्रतिम प्रतीकों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाता है।  छन्दानुशासन में बँधे रहने के कारण  गीत शाश्वत एवं सनातन विधा के रूप में प्रचलित रहा है किंतु प्रयोगवादी काव्यधारा के अति नीरस स्वरूप से विद्रोह कर नवगीत, ग़ज़ल, दोहा जैसी काव्य विधाओं का पुनः प्रचलन आरंभ हुआ। 

                                अभी हाल में भाई हरिशंकर सक्सेना कृत 'प्रखर संवाद', सत्येंद्र तिवारी कृत 'मनचाहा आकाश' तथा यश मालवीय कृत 'समय लकड़हारा' नवगीत के श्रेष्ठ संकलनों के रूप में प्रकाशित एवं चर्चित हुए हैं। इसी क्रम में समीक्ष्य कृति 'काल है संक्रांति का' भाई आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' के गीतों और नवगीतों की उल्लेखनीय प्रस्तुति है।  सलिल जी समय की नब्ज़ टटोलने की क्षमता रखते हैं।  वस्तुतः यह संक्रांति का ही काल है।  आज सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों में टूटने एवं बिखरने तथा उनके स्थान पर नवीन मूल्यों की प्रतिस्थापना का क्रम जारी है। कवि ने कृति के शीर्षक गीत में इन परिस्थितियों का सटीक रेखांकन करते हुए कहा है- '' काल है संक्रांति का / तुम मत थको सूरज / प्राच्य पर पाश्चात्य का / अब चढ़ गया है रंग / शराफत को शरारत / नित कर रही है तंग / मनुज करनी देखकर है / खुद नियति भी दंग।'' इसी क्रम में सूरज को सम्बोधित कई अन्य गीत भी उल्लेखनीय हैं। 

                                कवि सत्य की महिमा के प्रति आस्था जाग्रत करते हुए कहता है- ''तकदीर से मत हों गिले / तदबीर से जय हों किले / मरुभूभि से जल भी मिले / तन ही नहीं, मन भी खिले / करना सदा वह जो सही। '' 

                             इतना ही नहीं कवि ने सामाजिक एवं आर्थिक विसंगति में जी रहे आम आदमी का जीवंत चित्र खींचते हुए कहा है - ''मिली दिहाड़ी / चल बाजार / चावल - दाल किलो भर ले ले / दस रुपये की भाजी / घासलेट का तेल लिटर भर / धनिया - मिर्ची ताज़ी। ''सचमुच रोज कुआं खोदकर पानी पीनेवाले इस लघु मानव की दशा अति दयनीय है। 

इसी विषय पर 'राम बचाए' शीर्षक नवगीत की ये पंक्तियाँ भी दृष्टव्य हैं - ''राम - रहीम बीनते कूड़ा / रज़िया - रधिया झाड़ू थामे / सड़क किनारे बैठे लोटे / बतलाते कितने विपन्न हम। '' 

                                हमारी नई पीढ़ी पाश्चात्य सभ्यता में अपने लोक जीवन को भी भूलती जा रही है।  कवि के शब्दों में - ''हाथों में मोबाइल थामे गीध-दृष्टि पगडंडी भूली / भटक न जाए / राजमार्ग पर जाम लगा है / कूचे - गली हुए हैं सूने / ओवन - पिज्जा का युग निर्दय / भटा  कौन चूल्हे में भूने ?'' सचमुच आज की व्यवस्था ही चरमरा गई है। ''

                                सलिल जी ने अपने कुछ नवगीतों में राजनितिक प्रदुषण के चित्र खींचने का कमाल भी किया है।  देखें - 'लोकतंत्र का पंछी बेबस / नेता पहले दाना डालें / फिर लेते पर नोंच / अफसर रिश्वत गोली मारें / करें न किंचित सोच। '' अथवा बातें बड़ी - बड़ी करते हैं / मनमानी का पथ वरते हैं / बना - तोड़ते संविधान खुद / दोष दूसरों पर मढ़ते हैं। '' इसी प्रकार कवि के कुछ नवगीतों में छोटी - छोटी पंक्तियाँ उद्धरणीय बन पड़ी हैं।  जरा देखिये- ''वह खासों में ख़ास है / रुपया जिसके पास है।'',  ''तुम बंदूक चलाओ तो / हम मिलकर कलम चलाएँगे।'', ''लेटा हूँ मखमल गादी पर / लेकिन नींद नहीं आती है।'', वेश संत का / मन शैतान।'', ''अंध-श्रृद्धा शाप है / बुद्धि तजना पाप है।'', ''खुशियों की मछली को / चिंता का बगुला / खा जाता है।'', ''कब होंगे आज़ाद / कहो हम / कब होंगे आज़ाद?'' आदि। 

                                अच्छे दिन आने की आशा में बैठे दीन -हीन जनों को सांत्वना देते हुए कवि कहता है- ''उम्मीदों की फ़सल / उगाना बाकी है / अच्छे दिन नारों - वादों से कब आते हैं? / कहें बुरे दिन / मुनादियों से कब जाते हैं?'' इसी प्रकार एक अन्य नवगीत में कवि द्वारा प्रयुक्त टटके प्रतीकों एवं बिम्बों का उल्लेख आवश्यक है- ''खों - खों करते / बादल बब्बा / तापें सूरज सिगड़ी / पछुआ अम्मा बड़बड़ करतीं / डाँट लगतीं तगड़ी।''

                                निष्कर्षतः, कृति के सभी गीत - नवगीत एक से बढ़कर एक सुन्दर, सरस, भावप्रवण एवं नवीनता से परिपूर्ण हैं।  इन सभी रचनाओं के कथ्य का कैनवास अत्यन्त ही विस्तृत और व्यापक है।  यह सभी रचनाएँ छंदों के अनुशासन में आबद्ध और शिल्प के निकष पर खरी उतरनेवाली हैं।  

                                कविता के नाम पर अतुकांत और व्याकरण वहीं गद्य सामग्री परोसनेवाली प्रतिष्ठित पत्र - पत्रिकाओं को प्रस्तुत कृति आईना दिखने में समर्थ है।  कुल मिलाकर प्रस्तुत कृति पठनीय ही नहीं अपितु चिंतनीय और संग्रहणीय भी है।  इस क्षेत्र में कवि से और अधिक सार्थक कृतियों की अपेक्षा की जा सकती है। 
***
पुस्तक विवरण- काल है संक्रांति का, ISBN ८१७७६१०००-७ , गीत-नवगीत, कवि आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', प्रकाशक- समन्वय प्रकाशन, २०४ विजय अपार्टमेंट, सुभद्रा वार्ड, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२०११ म.प्र., दूरभाष-०७६१ २४१११३१, चलभाष- ९४२५१ ८३२४४, प्रथम संस्करण २०१६, मूल्य २००/- पेपरबैक संस्करण, ३००/- सजिल्द संस्करण। 
समीक्षक- डॉ. रोहिताश्व अस्थाना, एकन्तिका, निकट बावन चुंगी चौक, हरदोई २४१००१ उ. प्र., दूरभाष- ०५८५२ २३२३९२।  
                                                                          ------------- 
जो अपने हैं वही रिश्ते बना करते - बिगड़ते है
हुआ क्या गर कभी वो या कभी हम ही अकड़ते हैं
नहीं हम बाहरी लोगों को आने बीच में देंगे-
रसोई में रखे बर्तन भी टकराते-झगड़ते हैं 
***
जो मिलकर बंद होते हैं, वही पल्ले खड़कते हैं
दीवारों-दर न लेकिन कभी भी देखे छड़कते हैं
झिड़कते हैं, बुरा लगता, मगर फिर समझ जाते हैं
बिछुड़कर मिल सकें बस इसलिए बाजू फड़कते हैं
***

   

  

शुक्रवार, 10 जून 2016

samiksha





प्रो सी बी श्रीवास्तव की कुछ हिन्दी गजले

  गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

हमें दर्द दे वो जीते, हम प्यार करके हारे,
जिन्हें हमने अपना माना, वे न हो सके हमारे।

ये भी खूब जिन्दगी का कैसा अजब सफर है,
खतरों भरी है सड़के, काटों भरे किनारें।।

है राह एक सबकी मंजिल अलग-अलग है,
इससे भी हर नजर में हैं जुदा-जुदा नजारे।

बातें बहुत होती हैं, सफरों में सहारों की
चलता है पर सड़क में हर एक बेसहारे।

कोई किसी का सच्चा साथी यहाॅ कहाॅ है ?
हर एक जी रहा है इस जग मंे मन को मारे।

चंदा का रूप सबको अक्सर बहुत लुभाता,
पर कोई कुछ न पाता दिखते जहाॅ सितारे।

देखा नहीं किसी ने सूरज सदा चमकते
हर दिन के आगे पीछे हैं साॅझ औ’ सकारे।

सुनते हैं प्यार का भी देते हैं कई दुहाई।
थोड़े हैं किंतु ऐसे होते जो सबके प्यारे।


गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in
मेरे साथ तुम जो होते, न मैं बेकरार होता,
खुद से भी ष्षायद ज्यादा, मुझे तुमसे प्यार होता।

तुम बिन उदास मेरी मायूस जिन्दगी है,
होते जो पास तुम तो क्यों इन्तजार होता ?

मजबूरियाॅ तुम्हारी तुम्हें दूर ले गईं हंै,
वरना खुषी का हर दिन एक तैवहार होता।

मुूह माॅगी चाह सबको मिलती कहाॅ यहाॅ है ?
मिलती जो, कोई सपना क्यों तार-तार होता ?

हॅसने के वास्ते कुछ रोना है लाजिमी सा,
होता न चलन ये तो दिल पै न भार होता।

मुझकों जो मिले होते मुस्कान लिये तुम तो,
इस जिन्दगी में जाने कितना खुमार होता।

आ जाते जिन्दगी में मेरे राजदार बन जो,
सपनों की झाॅकियों का बढ़िया सिंगार होता।

हर रात रातरानी खुषबू बिखेर जाती,
हर दिन आलाप भरता सरगम-सितार होता।

तकदीर है कि ’यादों’ में आते तो तुम चुप हो,
पर काष कि किस्समत में कोई सुधार होता।।


जिन्दगी (गजल)
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

सुख दुखों की एक आकस्मिक रवानीं जिंदगी
हार-जीतों की की बड़ी उलझी कहानीं जिंदगी
व्यक्ति श्रम और समय को सचमुच समझता बहुत कम
इसी से संसार में धूमिल कई की जिंदगी ।।1।।
कहीं कीचड़ में फॅसी सी फूल सी खिलती कहीं
कहीं उलझी उलझन में, दिखती कई की।
पर निराषा के तमस में भी है आषा की किरण
है इसीसे तो है सुहानी दुखभरी भी जिंदगी ।।2।।
कहीं तो बरसात दिखती कहीं जगमग चाॅदनी
कहीं हॅसती खिल-खिलाती कहीं अनमन जिंदगी।
भाव कई अनुभूतियाॅ कई, सोच कई, व्यवहार कई
पर रही नित भावना की राजधानी जिंदगी ।।3।।
 सह सके उन्होंने ही सजाई है कई की जिंदगी
कठिनाई से जो उनने नित रचा इतिहास
सुलभ या दुख की महत्ता कम, महत्ता है कर्म की
कर्म से ही सजी सॅवरी हुई सबकी जिंदगी ।।4।।


गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

मोहब्बत से नफरत की जब मात होगी,
तो दुनिया में सचमुच बड़ी बात होगी।

यहाॅ आदमी-आदमी जब बनेगा,
तभी दिल से दिल की सही बात होगी।

हरेक घर में खुषियों की होंगी बहारें,
कहीं भी न आॅसू की बरसात होगी।

चमक होगी आॅखों में, मुस्कान मुंह पै,
सजी मन में सपनों की बारात होगी।

सुस्वागत हो सबके सजे होंगे आॅगन,
सुनहरी सुबह, रूपहली रात होगी।

न होगा कोई मैल मन में किसी के,
जहाॅ पे ये अनमोल सौगात होगी।

सभी मजहब आपस में मिल के रहेंगे,
नई जिंदगी की षुरूआत होगी।


गजल

बहुत कमजोर है मन
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

बहुत कमजोर है ये मन जहाॅ जाता फिसल जाता
समझने को बहुत है, पर बहुत कम ये समझ पाता।।
धरा पर हर कदम हर क्षण अनेकों दिखते आकर्षण
जहाॅ भी ये चला जाता, बचा खुद को नहीं पाता।।
अचानक ही लुभा लेती दमकती रूपसी माया
सदा अनजान सा नादान ये लालच में फॅस जाता।।
जहाॅ मिलती कड़कती धूप में इसको घनी छाया
वहीं पर बैठ कुछ पल काटने को ये ललच जाता।।
तरसता है उसे पाने, जहाॅ दिखती सरसता है
जिन्हें अपना समझता है नहीं उनसे कोई नाता।।
नदी से तेज बहती धार है दुनियाॅ में जीवन की
कहीं भी अपनी इच्छा से नहीं कोई ठहर पाता।।
सयाने सब बताते है, ये दुनियाॅ एक सपना है
जो भी मिलता है सपने में नहीं कोई काम है आता।।
सिमटते जब सुहाने दिन धुंधली षाम जाती है
समय जबलपुर बीत जाता है दुखी मन बैठ पछताता।।
भले वे हैं जो आने वाले कल का ध्यान रखते हैं
उन्हीं के साथ औरों का भी जीवन तक सॅवर जाता।।


गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

परेषानी हुआ करती हैं दिल को इन्तजारों में
खुषी मिलती भला किसकों कभी झूठे सहारों में।
किसी के आसरे का सच में कोई भी भरोसा क्या ?
मिलीं नाकामियाॅ उनसे भी थे जो हम गवारों में।
जहाॅ जो आज है षायद न कल वैसा वहाॅ होगा
बदलती रहती है दुनियाॅ, नये दिन नये नजारों में।
कहाॅ पर्वत ढहेंगे कल, कहाॅ भूचाल आयेंगे
नजूमी भी बता सकते नहीं पढ़के सितारों में।
किसी के कल के बारे में कहा कुछ भी न जा सकता
हुआ करते फरक कईयों के कामों औ’ विचारों में।
कभी जिन्ना अलमबरदार थे हिन्दू मुसलमाॅ के
औ’ जाते-जाते थे हिन्दोस्ताॅ के जाॅ निसारों में।
बना गये मगर पाकिस्ताॅ, मिटा दस लाख लोगों को
जो सदियों से बसे थे अपने घर औ’ कारबारों में।
हुई बरबादियाॅ जैसी कभी भूली न जायेंगी
बराबर याद की जायेंगी नये इतिहासकारों में।
चमक तो ऊपरी दिखती सभी आॅखें को आकर्षक
मगर दिल की चमक होती किसी इक की हजारों में।
किसी के दिल को कोई पर भला कब जान पाया है ?
दमकते हीरों से ज्यादा है ककड़ आबषारों में।
वहीं ’इकबाल’ जिनने लिख्खा था ’हिन्दोस्ताॅ प्यारा’
चले गये छोड़ हिन्दोस्ताॅ, बॅटा इसको दो धारों में।
मन में और कुछ होता है, मुॅह कुछ और कहता है
कभी दिखती नहीं बिजली जो दौड़ा करती तारों में।
बहुत मुष्किल है कुछ भी भाॅप पाना कल कि क्या होगा।
हुआ करतीं बहुत सी बातें जब केवल इषारों में।
हजारों बार धोखे उनसे भी मिलते जो अपने हैं
सचाई को छुपाये रखते हैं, मन के विचारों में।
भला इससे सही है अपने पैरों पै खड़े होना
नहीं अच्छा समय खोना निरर्थक इन्तजारों में।
गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

बीत गये जो दिन उन्हंे वापस कोई पाता नहीं
पर पुरानी यादों को दिल से भुला पाता नहीं।
बहती जाती है समय के साथ बेवस जिंदगी
समय की भॅवरों से बचकर कोई निकल पाता नहीं।
तरंगे दिखती हैं मन की उलझनें दिखती नहीं
तट तो दिखते हैं नदी के तल नजर आता नहीं।
आती रहती हैं हमेषा मौसमी तब्दीलियाॅ
पर सहज मन की व्यथा का रंग बदल पाता नहीं।
छुपा लेती वेदना को अधर की मुस्कान हर
दर्द लेकिन मन का गहरा कोई समझ पाता नहीं।
उतर आती यादें चुप जब देख के तन्हाइयाॅ
वेदना की भावना से कोई बच पाता नहीं।
जगा जाती आके यादें सोई हुई बेचैनियाॅ
किसी की मजबूरियों को कोई समझ पाता नहीं।
जुड़ गया है आॅसुओं का यादों से रिष्ता सघन
चाह के भी जिसकोे कोई अब बदल पाता नहीं।


आदमी (गजल)
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

आदमी से बड़ा दुष्मन आदमी का कौन है ?
गम बढ़ा सकता जो लेकिन गम घटा सकता नहीं।।
हड़प सकता हक जो औरों का भी अपने वास्ते
काट सकता सर कई, पर खुद कटा सकता नहीं।।
बे वजह, बिन बात समझे, बिना जाने वास्ता
जान ले सकता किसी की, जान दे सकता नहीं।।
कर जो सकता वारदातें, हर जगह, हर किस्म की
पर किसी को, माॅगने पर प्यार दे सकता नहीं।।
चाह कर भी मन के जिसकी थाह पाना है कठिन
हॅस तो सकता है, मगर खुल कर हॅसा सकता नहीं।।
रहके भी बस्ती में अपना घर बनाता है अलग
साथ रहता सबके फिर भी साथ पा सकता नहीं।।
नियत गंदी, नजर पैनी, चलन में जिके दगा
बातें ऐसी घाव जिनका सहज जा सकता नहीं।।
सारी दुनियाॅ में यही तो कबड्डी का खेल है
पसर जो पाया जहाॅ पर, फिर सिमट सकता नहीं।।
कैसे हो विष्वास ऐसे नासमझ इन्सान पर
जो पटाने में है सबको खुद पै पट सकता नहीं।।


कहीं भी मन नहीं लगता
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

लगाना चाहता हूॅ पर कहीं भी मन नहीं लगता
जगाना चाहता उत्साह पर मन में नहीं जगता।।
न जाने क्या हुआ है छोड़ जब से तुम गई हमको
उदासी का कुहासा है सघन, मन से नही हटता
वही घर है, वही परिवार, दुनियाॅ भी वही जो थी
मगर मन चाहने पर भी किसी रस में नही पगता।।
तुम्हें खोकर के सब सुख चैन घर के उठ गये सबके
घुली है मन में पीड़ा किसी का भी मन नहीं लगता।।
तुम्हारे साथ सुख-संतोष-सबल जो मिले सबको
उन्हीं की याद में उलझा किसी का मन नहीं लगता।।
अजब सी खीझ होती है मुझे तो जगमगाहट से
अचानक आई आहट का वनज अच्छा नहीं लगता।।
हमेषा भीड़-भड़भड़ से अकेलापन सुहाता है
तुम्हारी याद में चिंतन-मनन में मन नहीं लगता।।
सदा बेटा-बहू का प्यार-आदर मिल रहा फिर भी
तुम्हारी कमी का अहसास हरदम, हरजगह खलता।।
न जाने जिंदगी के आगे के दिन किस तरह के हों
नया दिन अच्छा हो फिर भी गये दिन सा नहीं लगता।।


आदमीयत से बड़ा जग में नही कोई धरम

गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

आदमी को फूलों की खुषबू लुटानी चाहिये।
दोपहर में भी न मुरझा मुस्कराना चाहिये।।
बदलता रहता है मौसम, हर जगह पर आये दिन
बेवफा मौसम को भी अपना बनाना चाहियें।
मान अपनी हार अॅधियारों से डरना है बुरा
मिटाने को अॅधेरे दीपक जलाना चाहिये।
मुष्किलें आती हैं अक्सर हर जगह हर राह में
आदमी को फर्ज पर अपना निभाना चाहिये
क्या सही है, क्या गलत है, क्या है करना लाजिमी
उतर के गहराई में, खुद मन बनाना चाहिये।
जिन्दगी के दिन हमेषा एक से रहते नहीं
अपने खुद पर रख भरोसा बढ़ते जाना चाहिये।
जो भी जिसका काम हो, हो जिन्दगी में जो जहाॅ
नेक नियती से उसे करके दिखाना चाहिये।
आदमीयत से बड़ा जग में है नहीं कोई धरम
बच्चों को सद्भाव की घुट्टी पिलाना चाहिये।
चार दिन की जिंदगी में बाॅटिये सबको खुषी
खुदगरज होके न औरों को सताना चाहिये।
किसी का भी दिल दुखे न हो सदा ऐसा जतन
भलाई कर दूसरों की, भूल जाना चाहिये।


गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

हिलमिल रहो दो दिन को सभी आये हुये है

परचम लिये मजहब का जो गरमाये हुये हैं
आवाज लगा लड़ने को जो आये हुये हैं।
उनको समझ नहीं है कि मजहब है किस लिये
कम अक्ल हैं बेवजह तमतमाये हुये हैं।
नफरत से सुलझती नहीं पेचीदगी कोई
यों किसलिये लड़ने को सर उठाये हुये हैं।
मजहब तो हर इन्सान की खुषियों के लिये हैं
ना समझी में अपनों को क्यों भटकाये हुये हैं।
औरों की भी अपनी नजर अपने खयाल हैं
क्यों तंगदिल ओछी नजर अपनाये हुये हैं।
दुनियाॅ बहुत बड़ी है औ’ ऊॅचा है आसमान
नजरें जमीन पै ही क्यों गड़ाये हुये है।
फूलों के रंग रूप औ’ खुषबू अलग है पर
हर बाग की रौनक पै सब भरमाये हुये हैं।
मजहब सभी सिखाते है बस एक ही रास्ता
हिल-मिल रहो, दो दिनों को सभी आये हुये हैं।
कुदरत भी यही कहती है-दुख को सुनो-समझो
जीने का हक खुदा से सभी पाये हुये हैं।
इन्सान वो इन्सान का जो तरफदार हो
इन्सानियत पै जुल्म यों क्यों ढाये हुये हैं।


गजल
प्रो सी बी  श्रीवास्तव विदग्ध
OB 11, विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर म.प्र.
फोन ०७६१ २६६२०५२, ०९४२५८०६२५२
vivek1959@yahoo.co.in

पीड़ा का भारी बोझ ये उठाये हुये हैं

चोटों पै चोट दिल पै कई खाये हुये है।
दुख-दर्दो को मुस्कानों में बहलाये हुये हैं।।
जब से है होष सबके लिये खपता रहा मैं
पर जिनको किया सब, वही बल खाये हुये हैं।।
करता रहा हर हाल मुष्किलों का सामना
पर जाने कि क्यों लोग मुॅह फुलाये हुये हैं।।
गम खाके अपनी चोट किसी से न कह सका
हम मन को कल के मोह में भरमाये हुये हैं।।
लगता है अकेले कहीं पै बैठ के रोयें
किससे कहें कि कितने गम उठाये हुये हैं।।
औरों से षिकायत नहीं अपनों से गिला है
जो मन पै परत मैल की चिपकाये हुये हैं।।
दिल पूॅछता है मुझसे कि कोई गल्ती कहाॅ है ?
धीरज धरे पर उसको हम समझाये हुये हैं।।
देखा है इस दुनियाॅ में कई करके भी भलाई
अनजानों से बदनामी ही तो पाये हुये हैं।।
करके भी सही औरों को हम खुष न कर सके
पीड़ा का भारी बोझ ये उठाये हुये हैं।।

muktika

 मुक्तिका
*
बाहर ताली, घर में गाली क्या नसीब है?
हर अपना हो गया सवाली क्या नसीब है??
.
काया की दुश्मन छाया, कैसी माया है?
अपनों से ही धोखा पाया क्या नसीब है??
.
अधिक गरीबों से गरीब हैं धनकुबेर ये
नींद चैन की कभी न पाते क्या नसीब है?
.
जैसा राजा प्रजा हुई है क्यों वैसी ही?
संसद बैठे चोर-मवाली क्या नसीब है?
.
छप्पन भोग लगाए जाते चखे न फिर भी
टुकुर-टुकुर ताका करता प्रभु क्या नसीब है?
.
हाड तोड़ मेहनत को रोटी-नोंन मिल रहा
चटखारे ले चटनी चाटे क्या नसीब है?
.
'ख़ास' न चाहे 'सलिल' बन सके 'आम' आदमी
'आम' न रहता, बने ख़ास गर, क्या नसीब है?
*****
[अवतारी जातीय, सारस छंद]
१०-६-२०१६    

गुरुवार, 9 जून 2016

एक ग़ज़ल : सपनों में लोकपाल था....

एक ग़ैर रवायती ग़ज़ल



सपनों में ’लोकपाल’ था  मुठ्ठी में इन्क़लाब
’दिल्ली’ में जा के ’आप’ को क्या हो गया जनाब !

वादे किए थे आप ने ,जुमलों का क्या हुआ
अपने का छोड़ और का लेने लगे हिसाब  ?

कुछ आँकड़ों में ’ आप’ को जन्नत दिखाई दी
गुफ़्तार ’आप’ की हुआ करती  है लाजवाब

लौटे हैं हाथ में लिए बुझते हुए  चराग
निकले थे घर से लोग जो लाने को माहताब

चढ़ती नहीं है काठ की हांडी ये बार बार
कीचड़ उछालने से ही  होंगे न कामयाब

जो बात इब्तिदा में थी अब वो नहीं रही
वो धार अब  नहीं है ,न तेवर ,न आब-ओ-ताब

गुमराह हो गया है  मेरा मीर-ए-कारवां
’आनन’ दिखा रहा है वो फिर भी हसीन ख़्वाब

-आनन्द.पाठक-
09413395592

शब्दार्थ
आप [A.A.P]   =Noun or pronoun जो आप समझ लें
गुफ़्तार = बातचीत
मीर-ए-कारवाँ  = कारवां का नेतृत्व करने वाला


muktika

मुक्तिका
*
खुद को खुद माला पहनाओ
अख़बारों में खबर छपाओ
.
करो वायदे, बोलो जुमला
लोकतंत्र को कफ़न उढ़ाओ
.
बन समाजवादी अपनों में
सत्ता-पद-मद बाँट-लुटाओ
.
आरक्षण की माँग रेवड़ी
चीन्ह-चीन्ह कर बाँटो-खाओ
.
भीख माँगकर पुरस्कार लो
नगद पचा वापिस लौटाओ
.
घर की कमजोरी बाहर कह
गैरों से ताली बजवाओ
.
नाच न आये, तो मत सीखो
आँगन को टेढ़ा बतलाओ
***
[संस्कारी जातीय छंद ]


muktika

हिंदी ग़ज़ल 
*
ब्रम्ह से ब्रम्हांश का संवाद है हिंदी ग़ज़ल। 
आत्म की परमात्म से फ़रियाद है हिंदी ग़ज़ल।।
*
मत गज़ाला-चश्म कहना, यह कसीदा भी नहीं।
जनक-जननी छन्द-गण, औलाद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
जड़ जमी गहरी न खारिज़ समय कर सकता इसे 
सिया-सत सी सियासत, मर्याद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
भार-पद गणना, पदांतक, अलंकारी योजना
दो पदी मणि माल, वैदिक पाद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
सत्य-शिव-सुन्दर मिले जब, सत्य-चित-आनंद हो 
आsत्मिक अनुभूति शाश्वत, नाद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
नहीं आक्रामक, न किञ्चित भीरु है, युग जान ले 
प्रात कलरव, नव प्रगति का वाद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
धूल खिलता फूल, वेणी में महकता मोगरा 
छवि बसी मन में समाई याद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
धीर धरकर पीर सहती, हर्ष से उन्मत्त न हो 
ह्रदय की अनुभूति का, अनुवाद है हिंदी ग़ज़ल ।।
*
परिश्रम, पाषाण, छेनी, स्वेद गति-यति नर्मदा 
युग रचयिता प्रयासों की दाद है हिंदी ग़ज़ल ।।
***
[महाभागवत जातीय छन्द]
२-५-२०१६ 
सी २५६ आवास-विकास, हरदोई