कुल पेज दृश्य

शनिवार, 22 अगस्त 2015

geeta 4

अध्याय १ 
कुरुक्षेत्र और अर्जुन 
कड़ी ४. 

कुरुक्षेत्र की तपोभूमि में 
योद्धाओं का विपुल समूह 
तप्त खून के प्यासे वे सब
बना रहे थे रच-रच व्यूह 
*
उनमें थे वीर धनुर्धर अर्जुन 
ले मन में भीषण अवसाद 
भरा ह्रदय ले खड़े हुए थे 
आँखों में था अतुल विषाद 
*
जहाँ-जहाँ वह दृष्टि डालता
परिचित ही उसको दिखते
कहीं स्वजन थे, कहीं मित्र थे 
कहीं पूज्य उसको मिलते 
*
कौरव दल था खड़ा सामने 
पीछे पाण्डव पक्ष सघन 
रक्त एक ही था दोनों में 
एक वंश -कुल था चेतन 
*
वीर विरक्त समान खड़ा था 
दोनों दल के मध्य विचित्र
रह-रह जिनकी युद्ध-पिपासा 
खींच रही विपदा के चित्र 
*
माँस-पेशियाँ फड़क रही थीं 
उफ़न रहा था क्रोध सशक्त 
संग्रहीत साहस जीवन का 
बना रहा था युद्धासक्त 
*
लड़ने की प्रवृत्ति अंतस की 
अनुभावों में सिमट रही
झूल विचारों के संग प्रतिपल 
रौद्र रूप धर लिपट रही 
*
रथ पर जो अनुरक्त युद्ध में 
उतर धरातल पर आया 
युद्ध-गीत के तेज स्वरों में
ज्यों अवरोह उतर आया 
*
जो गाण्डीव हाथ की शोभा 
टिका हुआ हुआ था अब रथ में 
न्योता महानाश का देकर-
योद्धा था चुप विस्मय में 
*
बाण चूमकर प्रत्यञ्चा को 
शत्रु-दलन को थे उद्यत 
पर तुरीण में ही व्याकुल हो 
पीड़ा से थे अब अवनत 
*
और आत्मा से अर्जुन की 
निकल रही थी आर्त पुकार 
सकल शिराएँ रण-लालायित 
करती क्यों विरक्ति संचार?
*
यौवन का उन्माद, शांति की 
अंगुलि थाम कर थका-चुका 
कुरुक्षेत्र से हट जाने का 
बोध किलकता छिपा-लुका 
*
दुविधा की इस मन: भूमि पर 
नहीं युद्ध की थी राई 
उधर कूप था गहरा अतिशय 
इधर भयानक थी खाई 
*
अरे! विचार युद्ध के आश्रय
जग झुलसा देने वाले 
स्वयं पंगु बन गये देखकर 
महानाश के मतवाले 
*
तुम्हीं क्रोध के प्रथम जनक हो 
तुम में वह पलता-हँसता 
वही क्रिया का लेकर संबल 
जग को त्रस्त सदा करता 
*
तुम्हीं व्यक्ति को शत्रु मानते 
तुम्हीं किसी को मित्र महान 
तुमने अर्थ दिया है जग को 
जग का तुम्हीं लिखो अवसान 
*
अरे! कहो क्यों मूल वृत्ति पर 
आधारित विष खोल रहे 
तुम्हीं जघन्य पाप के प्रेरक 
क्यों विपत्तियाँ तौल रहे? 
*
अरे! दृश्य दुश्मन का तुममें 
विप्लव गहन मचा देता 
सुदृढ़ सूत्र देकर विनाश का 
सोया क्रोध जगा देता
*
तुम्हीं व्यक्ति को खल में परिणित 
करते-युद्ध रचा देते 
तुम्हीं धरा के सब मनुजों को 
मिटा उसे निर्जन करते 
*
तुम मानस में प्रथम उपल बन 
लिखते महानाश का काव्य 
नस-नस को देकर नव ऊर्जा 
करते युद्ध सतत संभाव्य 
*
अमर मरण हो जाता तुमसे 
मृत्यु गरल बनती
तुम्हीं पतन के अंक सँजोकर 
भाग्य विचित्र यहाँ लिखतीं 
*
तुम्हीं पाप की ओर व्यक्ति को 
ले जाकर ढकेल देते 
तुम्हीं जुटा उत्थान व्यक्ति का 
जग को विस्मित कर देते 
*
तुम निर्णायक शक्ति विकट हो 
तुम्हीं करो संहार यहाँ 
तुम्हीं सृजन की प्रथम किरण बन 
रच सकती हो स्वर्ग यहाँ 
*
विजय-पराजय, जीत-हार का 
बोध व्यक्ति को तुमसे है 
आच्छादित अनवरत लालसा- 
आसक्तियाँ तुम्हीं से हैं 
*
तुम्हीं प्रेरणा हो तृष्णा की 
सुख पर उपल-वृष्टि बनते 
जीवन मृग-मरीचिका सम बन 
व्यक्ति सृष्टि अपनी वरते 
*
अरे! शून्य में भी चंचल तुम 
गतिमय अंतर्मन करते 
शांत न पल भर मन रह पाता 
तुम सदैव नर्तन करते 
*
दौड़-धूप करते पल-पल तुम 
तुम्हीं सुप्त मन के श्रृंगार 
तुम्हीं स्वप्न को जीवन देते 
तुम्हीं धरा पर हो भंगार 
*
भू पर तेरी ही हलचल है 
शब्द-शब्द बस शब्द यहाँ 
भाषण. संभाषण, गायन में 
मुखर मात्र हैं शब्द जहाँ 
*
अवसरवादी अरे! बदलते 
क्षण न लगे तुमको मन में 
जो विनाश का शंख फूँकता 
वही शांति भरता मन में 
*
खाल ओढ़कर तुम्हीं धरा पर 
नित्य नवीन रूप धरते 
नये कलेवर से तुम जग की 
पल-पल समरसता हरते 
*
तुम्हीं कुंडली मारे विषधर 
दंश न अपना तुम मारो 
वंश समूल नष्ट करने का 
रक्त अब तुम संचारो 
*
जिस कक्षा में घूम रहे तुम 
वहीँ शांति के बीज छिपे 
अंधकार के हट जाने पर 
दिखते जलते दिये दिपे 
*
दावानल तुम ध्वस्त कर रहे
जग-अरण्य की सुषमा को 
तुम्हीं शांति का चीर-हरण कर 
नग्न बनाते मानव को 

रोदन जन की है निरीहता 
अगर न कुछ सुन सके यहाँ 
तुम विक्षिप्त , क्रूर, पागल से 
जीवन भर फिर चले यहाँ 
*
अरे! तिक्त, कड़वे, हठवादी 
मृत्यु समीप बुलाते क्यों?
मानवहीन सृष्टि करने को 
स्वयं मौत सहलाते क्यों?
*
गीत 'काम' के गाकर तुमने 
मानव शिशु को बहलाया 
और भूख की बातचीत की 
बाढ़ बहाकर नहलाया 
*
सदा युद्ध की विकट प्यास ने 
छला, पतिततम हमें किया 
संचय की उद्दाम वासना, से 
हमने जग लूट लिया 
*
क्रूर विकट घातकतम भय ने 
विगत शोक में सिक्त किया 
वर्तमान कर जड़ चिंता में 
आगत कंपन लिप्त किया 
*
लूट!लूट! तुम्हारा नाम 'राज्य' है 
औ' अनीति का धन-संचय 
निम्न कर्म ही करते आये 
धन-बल-वैभव का संचय 
*
रावण की सोने की लंका 
वैभव हँसता था जिसमें 
अट्हास आश्रित था बल पर 
रोम-रोम तामस उसमें 
*
सात्विक वृत्ति लिये निर्मल 
साकेत धाम अति सरल यहाँ 
ऋद्धि-सिद्धि संयुक्त सतत वह 
अमृतमय था गरल कहाँ?
*
स्वेच्छाचारी अभय विचरते 
मानव रहते हैं निर्द्वंद 
दैव मनुज दानव का मन में 
सदा छिड़ा रहता है द्वंद 
*
सुनो, अपहरण में ही तुमने 
अपना शौर्य सँवारा है 
शोषण के वीभत्स जाल को 
बुना, सतत विस्तारा है 
*
बंद करो मिथ्या नारा 
जग के उद्धारक मात्र तुम्हीं 
उद्घोषित कर मीठी बातें 
मूर्ख बनाते हमें तुम्हीं 
*
व्यक्ति स्वयं है अपना नेता 
अन्य कोई बन सकता 
अपना भाग्य बनाना खुद को 
अन्य कहाँ कुछ दे सकता?
*
अंतर्मन की शत शंकाएँ 
अर्जुन सम करतीं विचलित 
धर्मभूमि के कर्मयुद्ध का 
प्रेरक होता है विगलित 
*
फिर निराश होता थक जाता 
हार सहज शुभ सुखद लगे 
उच्च लक्ष्य परित्याग, सरलतम 
जीवन खुद को सफल लगे 
*
दुविधाओं के भंवरजाल में 
डूब-डूब वह जाता है 
क्या करना है सोच न पाता 
खड़ा, ठगा पछताता है 
*

rochak charcha

रोचक चर्चा:
अगले २० वर्षों में मिटने-टूटनेवाले देश 
साभार : https://youtu.be/1vP3Ju7J4gk
यू ट्यूब के उक्त अध्ययन के अनुसार अगले २० वर्षों में दुनिया के १० देशो के सामने मिटने या टूटने का गंभीर खतरा है. 
१. स्पेन: केटेलेनिआ तथा बास्क क्षेत्रों में स्वतंत्रता की सबल होती मांग से २ देशों में विभाजन.
२. उत्तर कोरिआ: न्यून संसाधनों के कारण दमनकारी शासन के समक्ष आत्मनिर्भरता की नीति छोड़ने की मजबूरी, शेष देशों से जुड़ते ही परिवर्तन और दोनों कोरिया एक होने की मान के प्रबल होने के आसार.
३. बेल्जियम: वालोनिआ तथा फ्लेंडर्स में विभाजन की लगातार बढ़ती मांग.
४. चीन: प्रदूषित होता पर्यावरण, जल की घटती मात्र, २०३० तक चीन उपलब्ध जल समाप्त कर लेगा। प्रांतों में विभाजन की माँग।
५. इराक़: सुन्नी, कुर्द तथा शीट्स बहुल ३ देशों में विभाजन की माँग.
६. लीबिया: ट्रिपोलिटेनिआ, फैजान तथा सायरेनीका में विभाजन
७. इस्लामिक स्टेट: तुर्किस्तान, सीरिया, सऊदी अरब, ईरान, तथा इराक समाप्त कर उसके क्षेत्र को आपस में बांटने के लिये प्रयासरत।
८. यूनाइटेड किंगडम: स्कॉट, वेल्स तथा उत्तर आयरलैंड में स्वतंत्र होने के पक्ष में जनमत।
९. यूनाइटेड स्टेट ऑफ़ अमेरिका: ५० प्रांतों का संघ, अलास्का तथा टेक्सास में स्वतंत्र होने की बढ़ती माँग।
१०. मालदीव: समुद्र में डूब जाने का भीषण खतरा।
---
११. पाकिस्तान: पंजाब, सिंध तथा बलूचों में अलग होने की मांग.
१२. श्री लंका: तमिलों तथा सिंहलियों में सतत संघर्ष।

गीता गायन ३

गीता गायन 
अध्याय १ 
पूर्वाभास
कड़ी ३. 
*
अभ्यास सद्गुणों का नित कर 
जीवन मणि-मुक्ता सम शुचि हो 
विश्वासमयी साधना सतत 
कर तप: क्षेत्र जगती-तल हो 
*
हर मन सौंदर्य-उपासक है
हैं सत्य-प्रेम के सब भिक्षुक 
सबमें शिवत्व जगता रहता 
सब स्वर्ग-सुखों के हैं इच्छुक 
*
वे माता वहाँ धन्य होतीं 
होती पृथ्वी वह पुण्यमयी 
होता पवित्र परिवार व्ही 
होती कृतार्थ है वही मही 
*
गोदी में किलक-किलक 
चेतना विहँसती है रहती 
खो स्वयं परम परमात्मा में 
आनंद जलधि में जो बहती 
*
हो भले भिन्न व्याख्या इसकी 
हर युग के नयन उसी पर थे 
जो शक्ति सृष्टि के पूर्व व्याप्त 
उससे मिलने सब आतुर थे 
*
हम नेत्र-रोग से पीड़ित हो 
कब तप:क्षेत्र यह देख सके?
जब तक जीवित वे दोष सभी 
तब तक कैसा कब लेख सके?
*
संसार नया तब लगता है 
संपूर्ण प्रकृति बनती नवीन 
हम आप बदलते जाते हैं 
हो जाते उसमें आप लीन 
*
परमात्मा की इच्छानुसार 
जीवन-नौका जब चलती है 
तब नये कलेवर के मानव 
में, केवल शुचिता पलती है 
*
फिर शोक-मुक्त जग होता है 
मिलता है उसको नया रूप 
बनकर पृथ्वी तब तप:क्षेत्र 
परिवर्तित करती निज स्वरूप 
*
जीवन प्रफुल्ल बन जाता है 
भौतिक समृद्धि जुड़ जाती है 
आत्मिक उत्थान लक्ष्य लेकर 
जब धर्म-शक्ति मुड़ जाती है 
*
है युद्ध मात्र प्रतिशोध बुद्धि 
जिसमें हर क्षण बढ़ता 
दो तत्वों के संघर्षण में 
अविचल विकास क्रम वह गढ़ता 
*
कुत्सित कर्मों का जनक यहाँ
अविवेक भयानकतम दुर्मुख 
जिससे करना संघर्ष, व्यक्ति का
बन जाता है कर्म प्रमुख 
*
कर्मों का गुप्त चित्र अंकित 
हो पल-पल मिटता कभी नहीं 
कर्मों का फल दें चित्रगुप्त 
सब ज्ञात कभी कुछ छिपे नहीं 
*
यह तप:क्षेत्र है कुरुक्षेत्र
जिसमें अनुशासन व्याप्त सकल 
जिसका निर्णायक परमात्मा 
जिसमें है दण्ड-विधान प्रबल 

बन विष्णु सृष्टि का करता है 
निर्माण अनवरत वह पल-पल
शंकर स्वरूप में वह सत्ता
संहार-वृष्टि करता छल-छल 
*
'मैं हूँ, मेरा है, हमीं रहें, 
ये अहंकार के पुत्र व्यक्त 
कल्मष जिसका आधार बना 
है लोभ-स्वार्थ भी पूर्व अव्यक्त 
*
कुत्सित तत्वों से रिक्त-मुक्त 
जस को करना ही अनुशासन 
संपूर्ण विश्व निर्मल करने 
जुट जाएँ प्रगति के सब साधन 
*
कौरव-पांडव दो मूर्तिमंत 
हैं रूप विरोधी गतियों के 
ले प्रथम रसातल जाती है 
दूसरी स्वर्ग को सदियों से 
*
आत्मिक विकास में साधक जो 
पांडव सत्ता वह ऊर्ध्वमुखी 
माया में लिपट विकट उलझी 
कौरव सत्ता है अधोमुखी 
*
जो दनुज भरोसा वे करते 
रथ, अश्वों, शासन, बल, धन का 
पर मानव को विश्वास अटल 
परमेश्वर के अनुशासन का 
*
संघर्ष करें अभिलाषा यह 
मानव को करती है प्रेरित 
दुर्बुद्धि प्रबल लालसा बने 
हो स्वार्थवृत्ति हावी उन्मत 
*
हम नहीं जानते 'हम क्या हैं?
क्या हैं अपने ये स्वजन-मित्र? 
क्या रूप वास्तविक है जग का
क्या मर्म लिये ये प्रकृति-चित्र?
*
अपनी आँखों में मोह लिये 
हम आजीवन चलते रहते 
भौतिक सुख की मृगतृष्णा में 
पल-पल खुद को छलते रहते 
*
जग उठते हममें लोभ-मोह 
हबर जाता मन में स्वार्थ हीन 
संघर्ष भाव अपने मन का 
दुविधा-विषाद बन करे दीन 
*
भौतिक सुख की दुर्दशा देख 
होता विस्मृत उदात्त जीवन 
हो ध्वस्त न जाए वह क्षण में 
हम त्वरित त्यागते संघर्षण 
*
अर्जुन का विषाद 
सुन शंख, तुमुल ध्वनि, चीत्कार 
मनमें विषाद भर जाता है 
हो जाते खड़े रोंगटे तब 
मन विभ्रम में चकराता है 
*
हो जाता शिथिल समूचा तन 
फिर रोम-रोम जलने लगता 
बल-अस्त्र पराये गैर बनकर डँसते 
मन युद्ध-भूमि तजने लगता 
*
जिनका कल्याण साधना ही
अब तक है रहा ध्येय मेरा
संहार उन्हीं का कैसे-कब
दे सके श्रेय मुझको मेरा?
*
यह परंपरागत नैतिकता
यह समाजगत रीति-नीति 
ये स्वजन, मित्र, परिजन सारे 
मिट जाएँगे प्रतीक 
*
हैं शत्रु हमारे मानव ही 
जो पिता-पितामह के स्वरूप 
उनका अपना है ध्येय अलग 
उनकी आशा के विविध रूप 
*
उनके पापों के प्रतिफल में 
हम पाप स्वयं यदि करते हैं 
तो स्वयं लोभ से हो अंधे 
हम मात्र स्वार्थ ही वरते हैं 
*
हम नहीं चाहते मिट जाएँ 
जग के संकल्प और अनुभव 
संतुलन बिगड़ जाने से ही 
मिटते कुलधर्म और वैभव 
*
फिर करुणा, दया, पुण्य जग में 
हो जाएँगे जब अर्थहीन 
जिनका अनुगमन विजय करती 
होकर प्रशस्ति में धर्मलीन 
*
मैं नहीं चाहता युद्ध करूँ 
हो भले राज्य सब लोकों का
अपशकुन अनेक हुए देखो 
है खान युद्ध दुःख-शोकों का 
*
चिंतना हमारी ऐसी ही 
ले डूब शोक में जाती है 
किस हेतु मिला है जन्म हमें 
किस ओर हमें ले जाती है?
*
जीवन पाया है लघु हमने 
लघुतम सुख-दुःख का समय रहा 
है माँग धरा की अति विस्तृत 
सुरसा आकांक्षा रही महा 
*
कितना भी श्रम हम करें यहाँ
अभिलाषाएँ अनेक लेकर 
शत रूप हमें धरना होंगे 
नैया विवेचना की खेकर 
*
सीधा-सदा है सरल मार्ग 
सामान्य बुद्धि यह कहती है 
कर लें व्यवहार नियंत्रित हम 
सर्वत्र शांति ही फलती है 
*
ज्यों-ज्यों धोया कल्मष हमने 
त्यों-त्यों विकीर्ण वह हुआ यहाँ
हम एक पाप धोने आते 
कर पाप अनेकों चले यहाँ 
*
प्राकृतिक कार्य-कारण का जग 
इससे अनभिज्ञ यहाँ जो भी 
मानव-मन उसको भँवर जाल 
कब समझ सका उसको वह भी 
*
है जनक समस्याओं का वह 
उससे ही जटिलतायें प्रसूत 
जानना उसे है अति दुष्कर 
जो जान सका वह है सपूत
*
अधिकांश हमारा विश्लेषण 
होता है अतिशय तर्कहीन 
अधिकांश हमारी आशाएँ 
हैं स्वार्थपूर्ण पर धर्महीन 
*
जो मुक्ति नहीं दे सकती हैं
जीवन की किन्हीं दशाओं में 
जब तक जकड़े हम रहे फँसे 
है सुख मरीचिका जीवन में 
*
लगता जैसे है नहीं कोई 
मेरा अपना इस दुनिया में 
न पिता-पुत्र मेरे अपने 
न भाई-बहिन हैं दुनिया में 
*
उत्पीड़न की कैसी झाँकी 
घन अंधकार उसका नायक
चिंता-संदेह व्याप्त सबमें 
एकाकीपन जिसका गायक 
*
जब भी होता संघर्ष यहाँ 
हम पहुँच किनारे रुक जाते 
साहस का संबल छोड़, थकित 
भ्रम-संशय में हम फँस जाते 
*

navgeet

एक रचना
संजीव
*
पीटो ढोल
बजाओ मँजीरा 
*
भाग गया परदेशी शासन
गूँज रहे निज देशी भाषण
वीर शहीद स्वर्ग से हेरें
मँहगा होता जाता राशन
रँगे सियार शीर्ष पर बैठे
मालिक बेबस नौकर ऐंठे
कद बौने, लंबी परछाई
सूरज लज्जित, जुगनू ऐंठे
सेठों की बन आयी, भाई
मतदाता की शामत आई
प्रतिनिधि हैं कुबेर, मतदाता
हुआ सुदामा, प्रीत न भायी
मन ने चाही मन की बातें
मन आहत पा पल-पल घातें
तब-अब चुप्पी-बहस निरर्थक
तब भी, अब भी काली रातें
ढोंग कर रहे
संत फकीरा
पीटो ढोल
बजाओ मँजीरा
*
जनसेवा का व्रत लेते जो
धन-सुविधा पा क्षय होते वो
जनमत की करते अवहेला
जनहित बेच-खरीद गये सो
जनहित खातिर नित्य ग्रहण बन
जन संसद को चुभे दहन सम
बन दलाल दल करते दलदल
फैलाते केवल तम-मातम
सरहद पर उग आये कंटक
हर दल को पर दल है संकट
नाग, साँप, बिच्छू दल आये
किसको चुनें-तजें, है झंझट
क्यों कोई उम्मीदवार हो?
जन पर क्यों बंदिश-प्रहार हो?
हर जन जिसको चाहे चुन ले
इतना ही अब तो सुधार हो
मत मतदाता
बने जमूरा?
पीटो ढोल
बजाओ मँजीरा
*
चयनित प्रतिनिधि चुन लें मंत्री
शासक नहीं, देश के संत्री
नहीं विपक्षी, नहीं विरोधी
हटें दूर पाखंडी तंत्री
अधिकारी सेवक मनमानी
करें न, हों विषयों के ज्ञानी
पुलिस न नेता, जन-हित रक्षक
हो, तब ऊगे भोर सुहानी
पारदर्शितामय पंचायत
निर्माणों की रचकर आयत
कंकर से शंकर गढ़ पाये
सब समान की बिछा बिछायत
उच्छृंखलता तनिक नहीं हो
चित्र गुप्त अपना उज्जवल हो
गौरवमय कल कभी रहा जो
उससे ज्यादा उज्जवल कल हो
पूरा हो
हर स्वप्न अधूरा
पीटो ढोल
बजाओ मँजीरा
*

geet

एक रचना:
संजीव
*
अरमानों की फसलें हर दिन ही कुदरत बोती है
कुछ करने के लिए कभी भी देर नहीं होती है
उठ आशीष दीजिए छोटों को महके फुलवारी
नमन ईश को करें दूर हों चिंता पल में सारी
गीत ग़ज़ल कवितायेँ पोयम मंत्र श्लोक कुछ गा लें
मन की दुनिया जब जैसी चाहें रच खूब मजा लें
धरती हर दुःख सह देती है खूब न पर रोती है
कुछ करने के लिए कभी भी देर नहीं होती है
देश-विदेश कहाँ कैसा क्या भला-बुरा बतलायें
हम न जहाँ जा पाये पढ़कर ही आनंद मनायें
मौसम लोग, रीतियाँ कैसी? कैसा ताना-बाना
भारत की छवि कैसी? क्या वे चाहें भारत आना?
हरे अँधेरा मौन चाँदनी, नील गगन धोती है
कुछ करने के लिए कभी भी देर नहीं होती है
*

muktak

मुक्तक
संजीव
*
शहादतों को भूलकर सियासतों को जी रहे 
पड़ोसियों से पिट रहे हैं और होंठ सी रहे
कुर्सियों से प्यार है, न खुद पे ऐतबार है-
नशा निषेध इस तरह कि मैकदे में पी रहे
*
जो सच कहा तो घेर-घेर कर रहे हैं वार वो
हद है ढोंग नफरतों को कह रहे हैं प्यार वो
सरहदों पे सर कटे हैं, संसदों में बैठकर-
एक-दूसरे को कोस, हो रहे निसार वो
*
मुफ़्त भीख लीजिए, न रोजगार माँगिए
कामचोरी सीख, ख्वाब अलगनी पे टाँगिए
फर्ज़ भूल, सिर्फ हक की बात याद कीजिए-
आ रहे चुनाव देख, नींद में भी जागिए
*
और का सही गलत है, अपना झूठ सत्य है
दंभ-द्वेष-दर्प साध, कह रहे सुकृत्य है
शब्द है निशब्द देख भेद कथ्य-कर्म का-
वार वीर पर अनेक कायरों का कृत्य है
*
प्रमाणपत्र गैर दे: योग्य या अयोग्य हम?
गर्व इसलिए कि गैर भोगता, सुभोग्य हम
जो न हाँ में हाँ कहे, लांछनों से लाद दें -
शिष्ट तज, अशिष्ट चाह, लाइलाज रोग्य हम
*
गंद घोल गंग में तन के मुस्कुराइए
अनीति करें स्वयं दोष प्रकृति पर लगाइए
जंगलों के, पर्वतों के नाश को विकास मान-
सन्निकट विनाश आप जान-बूझ लाइए
*
स्वतंत्रता है, आँख मूँद संयमों को छोड़ दें
नियम बनायें और खुद नियम झिंझोड़-तोड़ दें
लोक-मत ही लोकतंत्र में अमान्य हो गया-
सियासतों से बूँद-बूँद सत्य की निचोड़ दें
*
हर जिला प्रदेश हो, राग यह अलापिए
भाई-भाई से भिड़े, पद पे जा विराजिए
जो स्वदेशी नष्ट हो, जो विदेशी फल सके-
आम राय तज, अमेरिका का मुँह निहारिए
*
धर्महीनता की राह, अल्पसंख्यकों की चाह
अयोग्य को वरीयता, योग्य करे आत्म-दाह
आँख मूँद, तुला थाम, न्याय तौल बाँटिए-
बहुमतों को मिल सके नहीं कहीं तनिक पनाह
*
नाम लोकतंत्र, काम लोभतंत्र कर रहा
तंत्र गला घोंट लोक का विहँस-मचल रहा
प्रजातंत्र की प्रजा है पीठ, तंत्र है छुरा-
राम हो हराम, तज विराम दाल दल रहा
*
तंत्र थाम गन न गण की बात तनिक मानता
स्वर विरोध का उठे तो लाठियां है भांजता
राजनीति दलदली जमीन कीचड़ी मलिन-
लोक जन प्रजा नहीं दलों का हित ही साधता
*
धरें न चादरों को ज्यों का त्यों करेंगे साफ़ अब
बहुत करी विसंगति करें न और माफ़ अब
दल नहीं, सुपात्र ही चुनाव लड़ सकें अगर-
पाक-साफ़ हो सके सियासती हिसाब तब
*
लाभ कोई ना मिले तो स्वार्थ भाग जाएगा
देश-प्रेम भाव लुप्त-सुप्त जाग जाएगा
देस-भेस एक आम आदमी सा तंत्र का-
हो तो नागरिक न सिर्फ तालियाँ बजाएगा
*
धर्महीनता न साध्य, धर्म हर समान हो
समान अवसरों के संग, योग्यता का मान हो
तोडिये न वाद्य को, बेसुरा न गाइए-
नाद ताल रागिनी सुछंद ललित गान हो
*
शहीद जो हुए उन्हें सलाम, देश हो प्रथम
तंत्र इस तरह चले की नयन कोई हो न नम
सर्वदली-राष्ट्रीय हो अगर सरकार अब
सुनहरा हो भोर, तब ही मिट सके तमाम तम
=====

muktak

एक मुक्तक:
संजीव 
*
अहमियत न बात को जहाँ मिले 
भेंट गले दिल-कली नहीं खिले 
'सलिल' वहां व्यर्थ नहीं जाइए
बंद हों जहाँ ह्रदय-नज़र किले
*