सलीलसरुजन फरवरी २६
सॉनेट
तुम
•
आँख लगी तुम रहीं रिझाती।
आँख खुली हो जातीं गायब।
आँख मिली तुम रहीं लजाती।।
आँख झुकी मन भाती है छब ।।
आँख उठाई दिल निसार है।
आँख लड़ाई दिलवर हारा।
आँख दिखाई, क्या न प्यार है?
आँख तरेरी उफ् फटकारा।।
आँख झपककर कहा न बोलो।
आँख अबोले रही बोलती।
आँख बरजती राज न खोलो।।
आँख लाल हो रही डोलती।।
आँख मुँदी तो हो तुम ही तुम।
आँख खुली तो हैं हम ही हम।।
२६-२-२०२२
•••
ॐ
महाकाल की जय जय बोलो।
प्रभु-दर्शन कर पावन हो लो।।
*
करे भस्म श्रंगार मनोहर, मंद मंद मुस्काते।
डम-डम डिम-डिम डमरू ध्वनि कर दूषण सभी मिटाते।।
नेह नर्मदा धार शीश पर, जग हित हेतु बहाते।
कंठ नाग-विष; सिर शशि अमृत रख जीवन जय गाते।।
सत्य-तुला पर करनी तोलो।
प्रभु महिमा गा नव रस घोलो।।
महाकाल की जय जय बोलो प्रभु-दर्शन कर पावन हो लो।।
*
काम क्रोध मद त्रिपुरासुर को पल में मार भगाते।
भक्ति-भाव गह चरण शरण ले भक्त अभय हो जाते।।
रुद्र-अक्ष रुद्राक्ष हार हर बाधा दूर हटाते।
नंदी वृषभ साथ रखते फिर वन में धूनि रमाते।।
पौध लगा किस्मत पट खोलो।
वृक्ष बचाकर प्रभुप्रिय हो लो।।
महाकाल की जय जय बोलो।
प्रभु-दर्शन कर पावन हो लो।।
*
अशुभ आप ले शुभ देते हर, कंकर में बस जाते।
शंका तज विश्वास अमिट रख शंकर पूजे जाते।।
क्षिप्रा मति-गति करे न आलस, संकट पर जय पाते।
जंगल में मंगल करते प्रभु, देव-दनुज यश गाते।।
अपने पाप, पुण्य कर धो लो।
सत्-शिव-सुंदर पावन हो लो।।
महाकाल की जय जय बोलो।
प्रभु-दर्शन कर पावन हो लो।।
२६.२.२०२१
***
मुक्तिका
निराला हो
*
जैसे हुए, न वैसा ही हो, अब यह साल निराला हो
मेंहनतकश ही हाथों में, अब लिये सफलता प्याला हो
*
उजले वसन और तन जिनके, उनकी अग्निपरीक्षा है
सावधान हों सत्ता-धन-बल, मन न तनिक भी काला हो
*
चित्र गुप्त जिस परम शक्ति का, उसके पुतले खड़े न कर
मंदिर-मस्जिद के झगड़ों में, देव न अल्लाताला हो
*
कल को देख कलम कल का निर्माण आज ही करती है
किलकिल तज कलकल वरता मन-मंदिर शांत शिवाला हो
*
माटी तन माटी का दीपक बनकर तिमिर पिये हर पल
आये-रहे-जाए जब भी तब चारों ओर उजाला हो
*
क्षर हो अक्षर को आराधें, शब्द-ब्रम्ह की जय बोलें
काव्य-कामिनी रसगगरी, कवि-आत्म छंद का प्याला हो
*
हाथ हथौड़ा कन्नी करछुल कलम थाम, आराम तजे
जब जैसा हो जहाँ 'सलिल' कुछ नया रचे, मतवाला हो
***
दोहा सलिला
*
उन सा वर कर पंथ हम, करें देश की भक्ति
सावरकर को प्रिय नहीं, रही स्वार्थ अनुरक्ति
वीर विनायक ने किया, विहँस आत्म बलिदान
डिगे नहीं संकल्प से, कब चाहा प्रतिदान?
भक्तों! तजकर स्वार्थ हों, नीर-क्षीर वत एक
दोषारोपण बंद कर, हों जनगण मिल एक
मोटी-छोटी अँगुलियाँ, मिल मुट्ठी हों आज
गले लगा-मिल साधिए, सबके सारे काज
***
वंदना
हे हंसवाहिनी! वीणा के तारों से झट झंकार करो
जो मतिभ्रम फैला वह हर, सद्भाव सलिल संचार करो
हो शरद पूर्णिमा की झिलमिल, दिल से दिल मिल खिल पाएँ
टकराव न हो, अलगाव न हो, मिल सुर से सुर सरगम गाएँ
२६.२.२०२०
***
सुमुखी सवैया
सूत्र: सतजलग = सात जगण + लघु गुरु
वर्णिक मापनी - १२१ १२१ १२१ १२१ १२१ १२१ १२१ १२
*
नहीं घुसपैठ सहे अब देश, करे प्रतिकार न रोक सको
सुनो अब बात नहीं कर घात, झुको इमरान न टोक सको
उड़े कुछ यान नहीं कुछ भान, गिरा बम लौट सके चुपके
नहीं जिद ठान करो मत मान, छुरा अब पीठ न भोक सको
*
नहीं करता हमला यदि भारत, तो न कहो नहिं ताकत है
करे हमला यदि तो न बचो तुम, सत्य सुनो अब शामत है
मिटे अब पाक नहीं कुछ धाक, न साथ दिया चुप चीन रहा-
नहीं सुधरे यदि तो समझो, न भविष्य रहा बस आफत है
*
मिराज उड़े जब भारत के, नभ ने झुक वंदन आप किया
धरा चुप देख रही उड़ते, अभिनंदन चंदन माथ किया
किया जब लेसर वार अचूक, कँपा तब पाक न धैर्य रहा-
मिटे सब बंकर धूल मिले, अभिशाप बना सब पाप किया
२६-२-२०१९
***
दोहा सलिला
ट्रस्टीशिप सिद्धांत लें, पूँजीपति यदि सीख
सबसे आगे सकेगा, देश हमारा दीख
*
लोकतंत्र में जब न हो, आपस में संवाद
तब बरबस आते हमें, गाँधी जी ही याद
*
क्या गाँधी के पूर्व था, क्या गाँधी के बाद?
आओ! हम आकलन करें, समय न कर बर्बाद
*
आम आदमी सम जिए, पर छू पाए व्योम
हम भी गाँधी को समझ, अब हो पाएँ ओम
*
कहें अतिथि की शान में, जब मन से कुछ बात
दोहा बनता तुरत ही, बिना बात हो बात
*
समय नहीं रुकता कभी, चले समय के साथ
दोहा साक्षी समय का, रखे उठाकर माथ
*
दोहा दुनिया का सतत, होता है विस्तार
जितना गहरे उतरते, पाते थाह अपार
२६.२.२०१८
***
रचना एक : रचनाकार दो
वासंती कुंडलिया
दोहा: पूर्णिमा बर्मन
रोला: संजीव वर्मा
*
वसंत-१
ऐसी दौड़ी फगुनहट, ढाँणी-चौक फलाँग।
फागुन झूमे खेत में, मानो पी ली भाँग।।
मानो पी ली भाँग, न सरसों कहना माने।
गए पड़ोसी जान, बचपना है जिद ठाने।।
केश लताएँ झूम लगें नागिन के जैसी।
ढाँणी-चौक फलाँग, फगुनहट दौड़ी ऐसी।।
*
वसंत -२
बौर सज गये आँगना, कोयल चढ़ी अटार।
चंग द्वार दे दादरा, मौसम हुआ बहार।।
मौसम हुआ बहार, थाप सुन नाचे पायल।
वाह-वाह कर उठा, हृदय डफली का घायल।।
सपने देखे मूँद नयन, सर मौर बंध गये।
कोयल चढ़ी अटार, आँगना बौर सज गये।
*
वसंत-३
दूब फूल की गुदगुदी, बतरस चढ़ी मिठास।
मुलके दादी भामरी, मौसम को है आस।।
मौसम को है आस, प्यास का त्रास अकथ है।
मधुमाखी हैरान, लली सी कली थकित है।।
कहे 'सलिल' पूर्णिमा, रात हर घड़ी मिलन की।
कथा कही कब जाए, गुदगुदी डूब-फूल की।।
२६.२.२०१७
***
नवगीत:
तुम पर
*
तुम पर
खुद से अधिक भरोसा
मुझे रहा है।
*
बिना तुम्हारे
चल, गिर, उठ, बढ़
तुम तक आया।
कदम-कदम बढ़
जगह बना निज
तुमको लाया।
खुद को किया
समर्पित हँस, फिर
तुमको पाया।
खाली हाथ बढ़ाया
तेरा हाथ गहा है।
*
तन-मन-धन
कर तुझे समर्पित
रीत गया हूँ।
अदल-बदल दिल
हार मान कर
जीत गया हूँ।
आज-आज कर
पता यह चला
बीत गया हूँ।
ढाई आखर
की चादर को
मौन तहा है।
*
तुम पर
खुद से अधिक भरोसा
मुझे रहा है।
२६.२.२०१६
***
नवगीत:
तुमने
*
तुमने
सपने सत्य बनाये।
*
कभी धूप बन,
कभी छाँव बन।
सावन-फागुन की
सुन-गुन बन।
चूँ-चूँ, कलकल
स्वर गुंजाये।
*
अंकुर ऊगे,
पल्लव विकसे।
कलिका महकी
फल-तरु विहँसे।
मादक परिमल
दस दिश छाये।
*
लिखी इबारत,
हुई इबादत।
सचमुच रब की
बहुत इनायत।
खनखन कंगन
कुछ कह जाए।
*
बिना बताये
दिया सहारा।
तम हर घर-
आँगन उजियारा।
आधे थे
पूरे हो पाये।
*
कोई न दूजा
इतना अपना।
खुली आँख का
जो हो सपना।
श्वास-प्यास
जय-जय गुंजाये।
२६-२-२०१६
***
नवगीत:
संजीव
.
हमने
बोये थे गुलाब
क्यों
नागफनी उग आयी?
.
दूध पिलाकर
जिनको पाला
बन विषधर
डँसते हैं,
जिन पर
पैर जमा
बढ़ना था
वे पत्त्थर
धँसते हैं.
माँगी रोटी,
छीन लँगोटी
जनप्रतिनिधि
हँसते हैं.
जिनको
जनसेवा
करना था,
वे मेवा
फँकते हैं.
सपने
बोने थे जनाब
पर
नींद कहो कब आयी?
.
सूत कातकर
हमने पायी
आज़ादी
दावा है.
जनगण
का हित मिल
साधेंगे
झूठा हर
वादा है.
वीर शहीदों
को भूले
धन-सत्ता नित
भजते हैं.
जिनको
देश नया
गढ़ना था,
वे निज घर
भरते हैं.
जनता
ने पूछा हिसाब
क्यों
तुमने आँख चुरायी?
.
हैं बलिदानों
के वारिस ये
जमी जमीं
पर नजरें.
गिरवी
रखें छीन
कर धरती
सेठों-सँग
हँस पसरें.
कमल कर रहा
चीर हरण
खेती कुररी
सी बिलखे.
श्रम को
श्रेय जहाँ
मिलना था
कृषक क्षुब्ध
मरते हैं.
गढ़ ही
दे इतिहास नया
अब
‘आप’ न हो रुसवाई.
२६.२.२०१५
*
बुन्देली लोकरंग की साक्षी : ईसुरी की फागें
.
बुंदेलखंड के महानतम लोककवि ईसुरी के काव्य में लोकजीवन के सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक पक्ष पूरी जीवन्तता और रचनात्मकता के साथ उद्घाटित हुए हैं. ईसुरी का वैशिष्ट्य यह है कि वे तथाकथित संभ्रांतता या पांडित्य से कथ्य, भाषा, शैली आदि उधार नहीं लेते. वे देशज ग्रामीण लोक मूल्यों और परम्पराओं को इतनी स्वाभाविकता, प्रगाढ़ता और अपनत्व से अंकित करते हैं कि उसके सम्मुख शिष्टता-शालीनता ओढ़ति सर्जनधारा विपन्न प्रतीत होने लगती है. उनका साहित्य पुस्तकाकार रूप में नहीं श्रुति परंपरा में सुन-गाकर सदियों तक जीवित रखा गया. बुंदेलखंड के जन-मन सम्राट महान लोककवि ईसुरी की फागें गेय परंपरा के कारण लोक-स्मृति और लोक-मुख में जीवित रहीं. संकलनकर्ता कुंवर श्री दुर्ग सिंह ने १९३१ से १९४१ के मध्य इनका संकलन किया. श्री इलाशंकर गुहा ने धौर्रा ग्राम (जहाँ ईसुरी लम्बे समय रहे थे) निवासियों से सुनकर फागों का संकलन किया. अपेक्षाकृत कम प्रचलित निम्न फागों में ईसुरी के नैसर्गिक कारयित्री प्रतिभा के साथ-साथ बुन्देली लोक परंपरा हास्य एवं श्रृंगारप्रियता के भी दर्शन होते हैं:
कृष्ण-भक्त ईसुरी वृन्दावन की माटी का महात्म्य कहते हुए उसे देवताओं के लिए भी दुर्लभ बताते हैं:
अपनी कृस्न जीभ सें चाटी, वृन्दावन की माटी
दुरलभ भई मिली ना उनखों, देई देवतन डाटी
मिल ना सकी अनेकन हारे, पावे की परिपाटी
पायो स्वाग काहू ने नइयाँ, मीठी है की खाटी
बाही रज बृजबासिन ‘ईसुर’, हिसदारी में बाटी
कदम कुञ्ज में खड़े कन्हैया राहगीरों को रास्ता भुला देते हैं, इसलिए पथिक जमुना की राह ही भूल गये हैं अर्थात जमुना से नहीं जाते. किसी को भुला कर मजा लेने की लोकरीत को ईसुरी अच्छा नहीं मानते और कृष्ण को सलाह देते हैं कि किसी से अधिक हँसी अच्छी नहीं होती:
आली! मनमोहन के मारें, जमुना गेल बिसारें
जब देखो जब खडो कुञ्ज में, गहें कदम की डारें
जो कोउ भूल जात है रस्ता, बरबस आन बिगारें
जादा हँसी नहीं काऊ सें, जा ना रीत हमारें
‘ईसुर’ कौन चाल अब चलिए, जे तौ पूरी पारें
रात भर घर से बाहर रहे कृष्ण को अपनी सफाई में कुछ कहने का अवसर मिले बिना ‘छलिया’ का खिताब देना ईसुरी के ही बस की बात है:
ओइ घर जाब मुरलियाबारे!, जहाँ रात रये प्यारे
हेरें बाट मुनइयां बैठीं, करें नैन रतनारे
अब तौ कौनऊँ काम तुमारो, नइयाँ भवन हमारे
‘ईसुर’ कृष्ण नंद के छौना, तुम छलिया बृजबारे
फगुआ हो और राधा न खेलें, यह कैसे हो सकता है? कृष्ण सेर हैं तो राधा सवा सेर. दोनों की लीलाओं का सजीव वर्णन करते हैं ईसुरी मानो साक्षात् देख रहे हों. राधा ने कृष की लकुटी-कमरिया छीन ली तो कृष्ण ने राधा के सिर से सारी खींच ली. इतना ही हो तो गनीमत... होली की मस्ती चरम पर हुई तो राधा नटनागर बन गयी और कृष्ण को नारी बना दिया:
खेलें फाग राधिका प्यारी, बृज खोरन गिरधारी
इन भर बाहू बाँस को टारो, उन मारो पिचकारी
इननें छीनीं लकुटि मुरलिया, उन छीनी सिर सारी
बे तो आंय नंद के लाला, जे बृषभान दुलारी
अपुन बनी नटनागर ‘ईसुर’, उनें बनाओ नारी
अटारी के सीढ़ी चढ़ते घुंघरू निशब्द हो गए. फूलों की सेज पर बनवारी की नींद लग गयी, राधा के आते ही यशोदा के अनाड़ी बेटे की बीन (बांसुरी) चोरी हो गयी. कैसी सहज-सरस कल्पना है:
चोरी गइ बीन बिहारी की, जसुदा के लाल अनारी की
जामिन अमल जुगल के भीतर, आवन भइ राधा प्यारी की
नूपुर सबद सनाके खिंच रये, छिड़िया चड़त अटारी की
बड़ी गुलाम सेज फूलन की लग गइ नींद मुरारी की
कात ‘ईसुरी’ घोरा पै सें, उठा लई बनवारी की
कृष्ण राधा और गोपियों के चंगुल में फँस गये हैं. गोपियों ने अपने मनभावन कृष्ण को पकड़कर स्त्री बनाए का उपक्रम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. कृष्ण की बनमाला और मुरली छीनकर सिर पर साड़ी उढ़ा दी गयी. राधा ने उन्हें सभी आभूषणों से सजाकर कमर में लंहगा पहना दिया और सखियों के संग फागुन मनाने में लीन हो गयी हैं. श्रृंगार और हास्य का ऐसा जीवंत शब्द चित्र ईसुरी ही खींच सकते हैं:
पकरे गोपिन के मनभावन, लागी नार बनावन
छीन लई बनमाल मुरलिया, सारी सीस उड़ावन
सकल अभूषन सजे राधिका, कटि लंहगा पहरावन
नारी भेस बना के ‘ईसुर’, फगुआ लगी मगावन
ईसुरी प्रेमिका से निवेदन करा रहे हैं कि वह अपने तीखे नयनों का वार न करे, जिरह-बख्तर कुछ न कर सकेंगे और देखे ही देखते नयन-बाण दिल के पार हो जायेगा. किसी गुणी वैद्य की औषधि भी काम नहीं आएगी, ईसुरी के दवाई तो प्रियतमा का दर्शन ही है. प्रणय की ऐसी प्रगाढ़ रससिक्त अभिव्यक्ति अपनी मिसाल आप है:
नैना ना मारो लग जैहें, मरम पार हो जैहें
बखतर झिलम कहा का लैहें, ढाल पार कर जैहें
औषद मूर एक ना लगहै, बैद गुनी का कैहें
कात ‘ईसुरी’ सुन लो प्यारी, दरस दबाई दैहें
निम्न फाग में ईसुरी नयनों की कथा कहते हैं जो परदेशी से लगकर बिगड़ गये, बर्बाद हो गये हैं. ये नयना अंधे सिपाही हैं जो कभी लड़कर नहीं हारे, इनको बहुत नाज़ से काजल की रेखा भर-भरकर पाला है किन्तु ये खो गए और इनसे बहते आंसुओं से नयी की नयी सारी भीग गयी है. कैसी मार्मिक अभिव्यक्ति है:
नैना परदेसी सें लग कें, भये बरबाद बिगरकें
नैना मोरे सूर सिपाही, कबऊँ ना हारे लरकें
जे नैना बारे सें पाले, काजर रेखें भरकें
‘ईसुर’ भींज गई नई सारी, खोवन अँसुआ ढरकें
श्रृंगार के विरह पक्ष का प्रतिनिधित्व करती यह फाग ईसुरी और उनकी प्रेमिका रजऊ के बिछड़ने की व्यथा-कथा कहती है:
बिछुरी सारस कैसी जोरी, रजो हमारी तोरी
संगे-सँग रहे निसि-बासर, गरें लिपटती सोरी
सो हो गई सपने की बातें, अन हँस बोले कोरी
कछू दिनन को तिया अबादो, हमें बता दो गोरी
जबलो लागी रहै ‘ईसुरी’, आसा जी की मोरी
ईसुरी की ये फागें श्रृंगार के मिलन-विरह पक्षों का चित्रण करने के साथ-साथ hasya के उदात्त पक्ष को भी सामने लाती हैं. इनमें हँसी-मजाक, हँसाना-बोलना सभी कुछ है किन्तु मर्यादित, कहीं भी अश्लीलता का लेश मात्र भी नहीं है. ईसुरी की ये फागें २८ मात्री नरेन्द्र छंद में रचित हैं. इनमें १६-१२ पर यति का ईसुरी ने पूरी तरह पालन किया है. सम चरणान्त में गुरु की अधिकता है किन्तु २ लघु भी प्राप्य है. इक फाग में ४, ५ या ६ तक पंक्तियाँ मिलती हैं. एक फाग की सभी पंक्तियों में सम चरणान्त सम्मन है जबकि विषम चरणान्त में लघु-गुरु का कोई बंधन नहीं है.
२६.२.२०१५
***
शिशु गीत सलिला : १
संजीव 'सलिल'
*
१. श्री गणेश
श्री गणेश की बोलो जय,
पाठ पढ़ो होकर निर्भय।
अगर सफलता पाना है-
काम करो होकर तन्मय।।
*
२. सरस्वती
माँ सरस्वती देतीं ज्ञान,
ललित कलाओं की हैं खान।
जो जमकर अभ्यास करे-
वही सफल हो, पा वरदान।।
*
३. भगवान
सुन्दर लगते हैं भगवान,
सब करते उनका गुणगान।
जो करता जी भर मेहनत-
उसको देते हैं वरदान।।
*
४. देवी
देवी माँ जैसी लगती,
काम न लेकिन कुछ करती।
भोग लगा हम खा जाते-
कभी नहीं गुस्सा करती।।
*
५. धरती माता धरती सबकी माता है,
सबका इससे नाता है।
जगकर सुबह प्रणाम करो-
फिर उठ बाकी काम करो।।
*
६. भारत माता सजा शीश पर मुकुट हिमालय,
नदियाँ जिसकी करधन।
सागर चरण पखारे निश-दिन-
भारत माता पावन।
*
७. हिंदी माता
हिंदी भाषा माता है,
इससे सबका नाता है।
सरल, सहज मन भाती है-
जो पढ़ता मुस्काता है।।
*
८. गौ माता
देती दूध हमें गौ माता,
घास-फूस खाती है।
बछड़े बैल बनें हल खीचें
खेती हो पाती है।
गोबर से कीड़े मरते हैं,
मूत्र रोग हरता है,
अंग-अंग उपयोगी
आता काम नहीं फिकता है।
गौ माता को कर प्रणाम
सुख पाता है इंसान।
बन गोपाल चराते थे गौ
धरती पर भगवान।।
*
९. माँ -१ माँ ममता की मूरत है,
देवी जैसी सूरत है।
थपकी देती, गाती है,
हँसकर गले लगाती है।
लोरी रोज सुनाती है,
सबसे ज्यादा भाती है।।
*
१०. माँ -२ माँ हम सबको प्यार करे,
सब पर जान निसार करे।
माँ बिन घर सूना लगता-
हर पल सबका ध्यान धरे।।
*
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें