कुल पेज दृश्य

बुधवार, 13 अप्रैल 2022

सॉनेट, आलोक, दोहा व्यंग्य, कांति शुक्ल पुरोवाक,

सॉनेट 
आलोक
लोक में आलोक हो प्रभु!
तोम-तम भी साथ में हो।
हृदय में हो प्रेम हे विभु!
हाथ कोई हाथ में हो।

मुस्कुराएँ हम उषा में।
दोपहर में मेहनत कर।
साँझ झूमे मन खुशी से।।
रात में हो बात जी भर।।

नवाशा दीपक जलाएँ।
गीत गाएँ प्रयासों के।
तुझे सबमें देख पाएँ।।
रंग देखें उजासों के।।

तू बुलाए, दौड़ आएँ।
तुझे तुझसे ही मिलाएँ।।
१३-४-२०२२
•••
सामयिक दोहे
*
शिशु भी बात समझ रहे, घर में है सुख-चैन
नादां बाहर घूमते, दिन हो चाहे रैन
*
तब्लीगी की फ़िक्र में, बच्चे हैं बेचैन
मजलिस में अब्बू गुमे, गीले सबके नैन
*
बुला रहा जो उसे हो, सबसे भारी दंड
देव लात के बात से, कब मानें उद्द्ण्ड
*
नेताजी की चाह है, हर दिन कहीं चुनाव
कोरोना की फ़िक्र तज, सरकारों का चाव
*
मंत्री जी पहिनें नहीं, मास्क न कोई बात
किंतु नागरिक खा रहे, रोज पुलिसिया लात
*
दवा-ओषजन है नहीं, जनगण है लाचार
शासन झूठ परोसता, हर दिन सौ सौ बार
*
दवा ब्लैक में बेचना, निज आत्मा को मार
लानत है व्यापारियों, पड़े काल की मार
*
अँधा शासन प्रशासन, बहरा गूँगे लोग
लाजवाब जनतंत्र यह, ' सलिल' कीजिए सोग
*
भाँग विष नहीं घोल दें, मुफ्त न पीता कौन?
आश्वासन रूपी सुरा, नेता फिर हों मौन
*
देश लाश का ढेर है, फिर भी हैं हम मस्त
शेष न कहीं विपक्ष हो, सोच हो रहे त्रस्त
*
लोकतंत्र में 'तंत्र' का, अब है 'लोक' गुलाम
आजादी हैं नाम की, लेकिन देश गुलाम
१३-४-२०२१
***
दोहा सलिला
*
ओवरटाइम कर रहे, दिवस-रात यमदूत
शाबासी यमराज दें, भत्ते बाँट अकूत
*
आहुति पाकर चंडिका, कंकाली के साथ
भ्रमण करें भयभीत जग, झुका नवाये माथ
*
जनसंख्या यमलोक में, बढ़ी नहीं भूखंड
रेट हाई हैं आजकल, बढ़ी डिमांड प्रचंड
*
हैं रसूल एकांत में, सब बंदों से दूर
कह सोशल डिस्टेंसिंग, बंदे करें जरूर
*
गुरु कहते रख स्वच्छता, बाँटो कड़ा प्रसाद
कोई भूखा ना रहे, तभी सुनूँ अरदास
*
ईसा मूसा नमस्ते करें, जोड़कर हाथ
गले क्यों मिलें दिल मिले, जनम जनम का साथ
*
आज सुरेंद्र नरेंद्र का, है समान संदेश
सुर नर व्यर्थ न घूमिए, मानें परमादेश
*
भोले भंडारी कहें, खुले रखो भंडार
जितना दो उतना बढ़े, सच मानो व्यापार
*
मौन लक्ष्मी दे रहीं, भक्तों को संदेश
दान दिया धन दस गुना, हो दे लाभ अशेष
*
शारद के भंडार को, जो बाँटे ले जोड़
इसीलिए तो लगी है, नवलेखन की होड़
*
चित्र गुप्त हो रहे हैं, उद्घाटित नित आज
नादां कहते दुर्वचन, रहा न दूजा काज
१३-४-२०२०
***
पुरोवाक :
कहने-पढ़ने योग्य जीवन प्रसंगों से समृद्ध कांति शुक्ल की कहानियाँ
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
आदि मानव ने अनुभूतियों को अभिव्यक्त करने के लिए कंठजनित ध्वनि का उपयोग सीखने के बाद ध्वनियों को अर्थ देकर भाषा का विकास किया। कालान्तर में ध्वनि संकेतों की प्रचुरता के बाद उन्हें स्मरण रखने में कठिनाई अनुभव कर विविध माध्यमों पर संकेतों के माध्यम से अंकित किया। सहस्त्रों वर्षों में इन संकेतों के साथ विशिष्ट ध्वनियाँ संश्लिष्ट कर लिपि का विकास किया गया। भूमण्डल के विविध क्षेत्रों में विचरण करते विविध मानव समूहों में अलग-अलग भाषाओँ और लिपियों का विकास हुआ। लिपि के विकास के साथ ज्ञान राशि के संचयन का जो क्रम आरम्भ हुआ वह आज तक जारी है और सृष्टि के अंत तक जारी रहेगा। मौखिक या वाचिक और लिखित दोनों माध्यमों में देखे-सुने को सुनाने या किसी अन्य से कहने की उत्कंठा ने कहानी को जान दिया। आचार्य रामचंद्र शुक्ल के अनुसार ''कहानियों का चलन सभ्य-असभ्य सभी जातियों में चला आ रहा है सब जगह उनका समाविश शिष्ट साहित्य के भीतर भी हुआ है। घटना प्रधान और मार्मिक उनके ये दो स्थूल भेद भी बहुत पुराने हैं और इनका मिश्रण भी।"१ प्राचीन कहानियों में कथ्यगत घटनाक्रम सिलसिलेवार तथा भाव प्रधान रहा जबकि आधुनिक कहानी में घटना-श्रृंखला सीधी एक दिशा में न जाकर, इधर-उधर की घटनाओं से जुड़ती चलती है जिनका समाहार अंत में होता है।
कल्पना-सापेक्ष गद्यकाव्य का अन्य नाम कहानी है... प्रेमचंद कहानी को ऐसी रचना मानते हैं "जिसमें जीवन के किसी अंग या किसी मनोभाव को प्रदर्शित करना ही लेखक का उद्देश्य होता है। बाबू श्याम सुन्दर दस के अनुसार कहानी "एक निश्चित लक्ष्य या प्रभाव को लेकर लिखा गया नाटकीय आख्यान है।" पश्चिमी कहानीकार एडगर एलिन पो के अनुसार कहानी "इतनी छोटी हो कि एक बैठक में पढ़ी जा सके और पाठक पर एक ही प्रभाव को उत्पन्न करने के लिए लिखी गई हो।" २ "कहानी साहित्य की विकास यात्रा में समय के साथ इसके स्वरुप, सिद्धांत, उद्देश्य एवं कलेवर में आया बदलाव ही जीवंतता का द्योतक है।"३ मेहरुन्निसा परवेज़ के शब्दों में "कहानी मनुष्य के अंतर्मन की अभिव्यक्ति है, मनुष्य के जीवित रहने का सबूत है, उसके गूँगे दुःख, व्यथा, वेदना का दस्तावेज है।"४ स्वाति तिवारी के अनुसार "कहानी गपबाजी नहीं होती, वे विशुद्ध कला भी नहीं होतीं। वे किसी मन का वचन होती हैं, वे मनोविज्ञान होती हैं। जीवन है, उसकी जिजीविषा है, उसके बनते-बिगड़ते सपने हैं, संघर्ष हैं, कहानी इसी जीवन की शब्द यात्रा ही तो है, होनी भी चाहिए, क्योंकि जीवन सर्वोपरि है। जीवन में बदलाव है, विविधता है, अत: फार्मूलाबद्ध लेखन कहानी नहीं हो सकता।"५
सारत: कहानी जीवन की एक झलक (स्नैपशॉट) है। डब्ल्यू. एच. हडसन के अनुसार कहानी में एक हुए केवल एक केंद्रीय विचार होना चाहिए जिसे तार्किक परिणति तक पहुँचाया जाए।६ कांति जी की लगभग सभी कहानियों में यह केंद्रीय एकोन्मुखता देखी जा सकती है। 'बदलता सन्दर्भ' की धोखा तेलिन हो या 'मुकाबला ऐसा भी' की भौजी उनके चरित्र में यह एकोन्मुखता ही उन कहांनियों का प्राण तत्व है।
कहानी के प्रमुख तत्व कथा वस्तु, पात्र, संवाद, वातावरण, शैली और उद्देश्य हैं। इस पृष्ठ भूमि पर श्रीमती कांति शुक्ल की कहानियाँ संवेदना प्रधान, प्रवाहपूर्ण घटनाक्रम युक्त कथानक से समृद्ध हैं। वे कहानियों के कथानक का क्रमिक विकास कर पाठक में कौतूहलमय उत्सुकता जगाते हुए चार्म तक पहुंचाती हैं। स्टीवेंसन के अनुसार "कहानी के प्रारम्भ का वातावरण कुछ ऐसा होना चाहिए कि किसी सुनसान सड़क के किनारे सराय के कमरे में मोमबत्ती के धुंधले प्रकाश में कुछ लोग धीरे-धीरे बात कर रहे हों" आशय यह कि कहानी के आरम्भ में मूल संवेदना के अवतरण हेतु वातावरण की रचना की जानी चाहिए। कांति जी इस कला में निपुण हैं। 'संभावना शेष' के आरम्भ में नायक का मोहभंग, 'आखिर कब तक' और 'आशा-तृष्णा ना मरे' में केंद्रीय चरित का स्वप्न टूटना, 'करमन की गति न्यारी' में नायिका के बचपन की समृद्धि, 'ना माया ना राम' में बिटियों पर पहरेदारी, 'मुकाबला ऐसा भी' के नायक का सुदर्शन रूप आदि मूल कथा के प्रागट्य पूर्व का वातावरण ऐसा उपस्थित करते हैं कि पाठक के मन में आगे के घटनाक्रम के प्रति उत्सुकता जागने लगती है।
कांति जी रचित कहानियों में पात्रों और घटनाओं का विकास इस तरह होता है कि कथानक द्रुत गति से विकसित होकर आतंरिक कुतूहल अथवा संघर्ष के माध्यम से परिणति की ओर अग्रसर होता है। वे पाठक को वैचारिक ऊहापोह में उलझने-भटकने का अवकाश ही नहीं देतीं। 'समरथ का नहीं दोष गुसाई' में ठाकुर-पुत्र के दुर्व्यवहार के प्रत्युत्तर में पारबती की प्रतिक्रिया, उसकी अम्मा की समझाइश, ईंधन की कमी, पारबती का अकेले जाना, न लौटना और अंतत: मृत शरीर मिलना, यह सब इतने शीघ्र और सिलसिलेवार घटता है कि इसके अतिरिक्त किसी अन्य घटनाक्रम की सम्भावना भी पाठक के मस्तिष्क में नहीं उपजती। कांति जी कहानी के कथानक के अनुरूप शब्द-जाल बुनने में दक्ष हैं। 'तेरे कितने रूप' में वैधव्य का वर्णन संतान के प्रति मोह में परिणित होता है तो 'संकल्प और विकल्प' में नवोढ़ा नायिका को मिली उपेक्षा उसके विद्रोह में। संघर्ष, द्वन्द, कुतूहल, आशंका, अनिश्चितता आदि मनोभावों से कहानी विकसित होती है। '५ क' (क्या, कब, कैसे, कहाँ और क्यों?) का यथावश्यक-यथास्थान प्रयोग कर कांति जी कथानक का विकास करती हैं।
इन कहानियों में आशा और आशंका, उत्सुकता और विमुखता, संघर्ष और समर्पण, सहयोग और द्वेष जैसे परस्पर विरोधी मनोभावों के गिरि-शिखरों के मध्य कथा-सलिला की अटूट धार प्रवाहित होकर बनते-बिगड़ते लहर-वर्तुलों की शब्दाभा से पाठक को मोहे रखती है। वेगमयी जलधार के किसी प्रपात से कूद पड़ने या किसी सागर में अचानक विलीन होने की तरह कहानियों का चरम आकस्मिक रूप से उपस्थित होकर पाठक को अतृप्त ही छोड़ देता है। ऐसा नहीं होता, यह कहानीकार की निपुणता का परिचायक है। कांति जी की कहानियों की परिणिति (क्लाइमेक्स) में ही उसका सौंदर्य है, इनमें निर्गति (एंटी क्लाईमेक्स) के लिए स्थान ही नहीं है। सीमित किन्तु जीवंत पात्र, अत्यल्प, आवश्यक और सार्थक संवाद, विश्लेषणात्मक चरित्र चित्रण, वातावरण का जीवंत शब्दांकन, इन कहानियों में यत्र-तत्र दृष्टव्य है।
कहानी के सकल रचना प्रसार में तीन स्थल आदि, मध्य और अंत बहुत महत्त्वपूर्ण होते हैं। आरम्भ पूर्वपीठिका है तो अंत प्रतिपाद्य, मध्य इन दोनों के मध्य समन्वय सेतु का कार्य करता है। यदि अंत का निश्चय किए बिना कहानी कही जाए तो वह मध्य में भटक सकती है जबकि अंत को ही सब कुछ मान लिया जाए तो कहानी नद्य में प्रचारात्मक लग सकती है। इन तीनों तत्वों के मध्य संतुलन-समन्वय आवश्यक है। कांति जी इस निकष पर प्राय: सफल रही हैं। डॉ. जगन्नाथ प्रसाद शर्मा के अनुसार 'आड़ी और 'आंत के तारतम्य में 'आंत को अधिक महत्त्व देना चाहिए क्योंकि मूल परिपाक का वही केंद्र बिंदु है।७ कांति जी की कहांनियों में अंत अधिकतर मर्मस्पर्शी हुआ है। 'अनुरक्त विरक्त' और 'चाह गयी चिंता मिटी' के अंत अपवाद स्वरूप हैं।
कहानी में कहानीकार का व्यक्तित्व हर तत्व में अन्तर्निहित होता है। शैली के माध्यम से कहानीकार की अभिव्यक्ति सामर्थ्य (पॉवर ऑफ़ एक्सप्रेशन) की परीक्षा होती है। कहानी में कविता की तुलना में अधिक और उपन्यास की तुलना में अल्प विवरण और वर्णन होते हैं। अत: वर्णन-सामर्थ्य (पॉवर ऑफ़ नरेशन) की परीक्षा भी शैली के माध्यम से होती है। भाषा, भाव और कल्पना अर्थात तन, मन और मस्तिष्क... इन कहानियों में इन तत्वों की प्रतीति भली प्रकार की जा सकती है। कांति जी की कहानियों का वैशिष्ट्य घटना क्रम का सहज विकास है। कहीं भी घटनाएँ थोपी हुई या आरोपित नहीं हैं। चरित्र चित्रण स्वाभाविक रूप से हुआ है। कहानीकार ने बलात किसी चरित्र को आदर्शवाद, या विद्रोह या विमर्श के पक्ष में खड़ा नहीं किया है, न किसी की जय-पराजय को ठूँसने की कोशिश की है।
कहानी के भाषिक विधान के सन्दर्भ में निम्न बिंदु विचारणीय होते हैं- भाषा पात्र को कितना जीवन करती है, भाषा कहानी की संवेदना को कितना उभारती है, भाषा कहानी के केन्द्रीय विचार को कितना सशक्त तरीके के व्यक्त करती है, भाषा कहानी के घटना क्रम के समय के साथ कितना न्याय करती है तथा भाषा वर्तमान युग सन्दर्भ में कितनी ग्राह्य और सहज है।८ ये कहानियाँ वतमान समय से ही हैं अत: समय के परिप्रेक्ष्य की तुलना में पात्र, घटनाक्रम और केन्द्रीय विचार के सन्दर्भ में इन कहानियों की भाषा का आकलन हो तो कांति जी अपनी छाप छोड़ने में सफल हैं। प्राय: सभी कहानियों की भाषा देश-काल. पात्र और परिस्थिति अनुकूल है।
कहानी का उद्देश्य न तो मनरंजन मात्र होता है, न उपदेश या परिष्करण, इससे हटकर कहानी का उद्देश्य कहानी लेखन का उद्देश्य मानव मन में सुप्त भावनाओं को उद्दीप्त कर उसे रस अर्थात उल्लास, उदात्तता और सार्थकता की प्रतीति कराना है। क्षुद्रता, संकीर्णता, स्वार्थपरकता और अहं से मुक्त होकर उदारता, उदात्तता, सर्वहित और नम्रता जनित आनंद की प्रतीति साहित्य सृजन का उद्देश्य होता है। कहानी भी एतदअनुसार कल्पना के माध्यम से यथार्थ का अन्वेषण कर जीवन को परिष्कृत करने का उपक्रम करती है। कांति जी की कहानियाँ इस निकष पर खरी उतरने के साथ-साथ किसी वाद विशेष, विचार विशेष, विमर्श विशेष के पक्ष-विपक्ष में नहीं हैं। उनकी प्रतिबद्धताविहीनता ही निष्पक्षता और प्रमाणिकता का प्रमाण है। प्रथम कहानी संकलन के माध्यम से कांति जी भावी संकलनों के प्रति उत्सुकता जगाने में सफल हुई हैं। कहानी कला में शैली और शिल्पगत हो रहे अधुनातन प्रयोगों से दूर इन कहानियों में ब्यूटी पार्लर का सौंदर्य भले ही न हो किन्तु सलज्ज ग्राम्य बधूटी का सात्विक नैसर्गिक सौंदर्य है। यही इनका वैशिष्ट्य और शक्ति है।
*********
संदर्भ: १. हिंदी साहित्य का इतिहास- रामचंद्र शुक्ल, २. आलोचना शास्त्र मोहन वल्लभ पंत, ३. समाधान डॉ. सुशीला कपूर, ४. अंतर संवाद रजनी सक्सेना, ५.मेरी प्रिय कथाएँ स्वाति तिवारी, ६. एन इंट्रोडक्शन टू द स्टडी ऑफ़ लिटरेचर, ७. कहानी का रचना विधान जगन्नाथ प्रसाद शर्मा, ८समकालीन हिंदी कहानी संपादक डॉ. प्रकाश आतुर में कृष्ण कुमार ।
१३-४-२०१८
***

लेख : नारी-दोहा दूहते

लेख :
नारी-दोहा दूहते
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'

नारी जननी है, जन्मदायिनी है। वह जीवन में हर परिस्थिति से सार ग्रहण करती है। कन्या, भगिनी, सहचरी और माँ सभी भूमिकाओं में नारी जीवन में रस संचार करती है। नारी, 'सार सार को गहि रहै, थोथा देय उड़ाय' को मूर्तित करती है। यही विशेषताएँ हिंदी के छंदराज दोहा में भी हैं। संस्कृत में इसका नाम 'दोग्धक' है, 'दोग्धि चित्तिमित्ति दोग्धकम्' जो श्रोता/पाठक के चित्त का दोहन कर ले।१ नारी भी हर भूमिका में अपने स्वजनों-परोजनों के चित्त में स्थान पाती है। आधुनिक हिंदी के जन्म के पूर्व इसकी जननी प्राकृत भाषा में लगभग ३००० वर्ष पूर्व से दोहा कहा जाता रहा है। दोहा ने हर युग में नारी की हर भूमिका का प्रशस्ति गान ही नहीं किया है अपितु नारी के दर्द और पीड़ा, संघर्ष और उत्कर्ष में साक्षी भी रहा है। दोहा ने नारी की अद्भुत छवियों को अभिव्यक्त कर अमर कर दिया है। बदलते समाज के साथ-साथ बदलती नारी की बदलती छवियों, दायित्वों तथा अवदान का संयुक्त मूल्यांकन दोहे ने किया है। आइए, दृष्टिपात करें-

नारी वंदना

विक्रम संवत १६७७ में रचित 'ढोला मारू दा दोहा' में नारी को समस्त सुरों तथा असुरों की स्वामिनी मानते हुए,सरस्वती कहकर वंदना करते हुए अविरल मति का वरदान माँगा गया है। यहाँ सुरासुर में श्लेष अलंकार का सुन्दर प्रयोग है। सुरासुर के दो अर्थ देव-दानव तथा स्वर-अ स्वर (संगीत संबंधी) है।

सकल सुरासुर सामिनी, सुणि माता सरसत्ति।
विनय करीन इ वीनवूं,मुझ तउ अविरल मत्ति।।२

उत्सर्ग

काव्य शास्त्र, योग शास्त्र तथा जैनदर्शन के अप्रतिम विद्वान आचार्य हेमचन्द्र सूरी (११४५-१२२९) रचित ग्रंथ 'शब्दानुशासन' के एक दोहे में नायिका अपने पति का देहांत होने पर संतोष व्यक्त कर कहती है 'भला हुआ'। सामान्यत: सौभाग्यवती स्त्रियाँ अपने सुहाग के लिए मंगलकामना ही करती हैं किन्तु विपरीत आचरण कर रही यह स्त्री अपने सुहाग के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति भी कर्तव्य बोध के दिव्य भाव से भी संपन्न है। दोहा उसके इस आचरण पर प्रकाश डालता है-

भल्ला हुआ जु मारिया, बहिणी म्हारा कंतु।
लज्जेजं तु बयसि अहू, जइ भग्गो घर एन्तु।।३

भला हुआ; मारा गया मेरा बहिन सुहाग।
मर जाती मैं लाज से, जो आता घर भाग।।

विदुषि

कर्णाटक के चालुक्य नरेश तैलप को ६ बार पराजित कर क्षमादान करने के बाद मालवा का परमार नरेश मुंज सातवें युद्ध में छलपूर्वक हराकर, बंदी बना लिया गया। उसकी ख्याति और व्यक्तित्व का प्रभाव यह की तैलप की विधवा बहिन मृणालिनी बंदी मुंज को दिल दे बैठी।काठियावाड़ गुजरात निवासी आचार्य मेरुतुंग रचित ऐतिहासिक कृति 'प्रबंध चिंतामणि'(१३०४ ई.) में मुंज मृणालवती प्रसंग में नीतिगत दोहों के माध्यम से ज्ञात होता है कि उस समय की नारियाँ विविध विषयों पर विद्वतापूर्ण विमर्श भी कर लेती थीं-

भुञ्ज भणइ मृणालवइ, जुब्बण गयुं न झूरि।
जइ सक्कर सय खंडथिय, तौ इस मीठी चूरि।।

जा मति पच्छइ संपजइ, सा मति पहिली होइ।
भुञ्ज भणइ मृणालवइ, बिघन न बेढ़इ कोइ।।

माया

संत शिरोमणि कबीर (सं १४५५-१५७५) के बीजक में नारी संबंधी कई दोहे प्राप्त होते हैं। कबीर नारी को 'माया' मानते हुए कहते हैं -

कबिरा माया चोरटी, मुसि मुसि लावै हाट।
एक कबीरा ना मुसै, कीन्हि बारहबाँट।।

पथ प्रदर्शक

गोस्वामी तुलसीदास (संवत १५५४-१६८०) जब अपनी पत्नी रत्नावली के रूप-पाश में अत्यधिक आसक्त होकर अपना धर्म और कर्तव्य भूल गए तब उनकी पत्नी रत्नावली ने उन्हें धिक्कारते हुए राह दिखाकर राम-भक्ति की ओर उन्मुख करते हुए कहा-

लाज न आवतु आपको, दौरे आयहु साथ।
धिक् धिक् ऐसे प्रेम को, कहा कहौं मैं नाथ।।

अस्थि-चर्ममय देह मम, तामें जैसी प्रीति।
तिसु आधी जो राम प्रति, होति न तौ भवभीति।।

जगजननी, पथप्रदर्शक तथा मर्यादाप्रिय रामचरित मानसकार  तुलसीदास  नारी को परखते रहने की सलाह देते हुए कहते हैं -

उरग तुरग नारी नृपति, नर नीचे हथियार।
तुलसी परखब रहब नित, इनहिं न पलटत बार।।

मंत्र तंत्र तंत्री तिया, पुरुष अश्व धन पाठ।
प्रतिगुण योग-वियोग ते, तुरत जाहिं ये आठ।।

नारि नगर भोजन सचिव, सेवक सखा अगार।
सरस परिहरे रंग रस, नीरस विषद विकार।।४

विदुषी रत्नावली (सं. १५६७-१६५१) अपने पति रामबोला को कर्तव्य का पाठ पढ़कर तुलसीदास बना देती हैं। तुलसी राम भक्ति मार्ग पर पग बढ़ाते हैं तो रत्नावली बाधक नहीं होतीं, वे अपने परित्यग हेतु तुलसी को कभी दोष नहीं देतीं, इसे प्रारब्ध मानकर संतोष करती हैं।

'रतन' देव बस अमृत बिष, बिष अमरित बनि जात।
सूधि हू उलटी परै, उलटी सूधी बात।।

'रतनावलि' औरै कछू, चहिय होइ कछू और।
भल चाहत 'रतनावली' विधि बस अनभल होइ।

रत्नावली से मिलने की चाह में तुलसी, सर्प को रस्सी समझकर उसे पकड़कर रत्नावली के कक्ष में पहुँच गए थे। रत्नावली इस प्रसंग को भूली नहीं, वे लिखती हैं -

जानि परै कहुँ रज्जु अहि, कहिं अहि रज्जु लषात।
रज्जु-रज्जु अहि-अहि कबहुँ, 'रतन' समय की बात।

तुलसी के रत्नावली से विमुख होकर राम भक्ति में लीन होने पर भी रत्नावली उनके प्रति मन कोई कटुता नहीं रखतीं और पति को नारी का सच्चा श्रृंगार कह कर अपनी उदार वृत्ति का परिचय देती हैं -

पिय सांचो सिंगार तिय, सब झूठे सिंगार।
सिब सिंगार 'रतनावली', इक पियु बिन निस्सार।।

तुलसी को कर्तव्य बोध कराने के लिए कहे गए अपने कटु वचन के प्रति खेद व्यक्त करते हुए रत्नावली लिखती हैं -

'रतनावलि' मुखबचन हूँ, इक सुख-दुःख को मूल।
सुख सरसावत वचन मधु, कटु उपजावत सूल।।

'रतनावलि' काँटो लग्यो, वैदनि दयो निकारि।
वचन लग्यो निकस्यो कहुँ, उन डारो हिय फारि।।

संस्कृत और फ़ारसी के विद्वान, अप्रतिम दोहाकार अब्दुर्रहीम खानखाना (सं. १६१०-१६८२) के नीति परक दोहे समय और साहित्य की थाती हैं। रहीम नारी के संरक्षण को आवश्यक मानते हैं-

उरग तुरग नारी नृपति, नीच जाति हथियार।
रहिमन इन्हें सँभारिए, पलटत लगै न बार।।

नारी के रूप की वंदना करते हुए कहा गया रहीम का यह दोहा कालजयी है-

नैन सलोने अधर मधु, कहि रहीम घटि कौन।
मीठो भावै लोन पर, अरु मीठे पर लोन।।

समाज में नारी को अभिव्यक्ति का अवसर न मिले तो अयोग्य जन आगे बढ़ जाते हैं। यह सनातन सत्य संसद में भारतीय स्त्रियों की अल्प संख्या और निरंतर बढ़ते जाते अपराधी सांसदों को देखकर भी कहा जा सकता है। तुलसी और रहीम दोनों ही इस सनातन सत्य को दोहा में कोयल के माध्यम से व्यक्त करते हैं -

'तुलसी' पावस के समय, धरी कोकिलन मौन।
अब तो दादुर बोलिहैं, हमहिं पूछिहैं कौन।। - तुलसी

पावस देखि रहीम मन, कोयल साधे मौन।
अब दादुर वक्ता भए, हमको पूछत कौन।। - रहीम

दोहा सम्राट बिहारी (सं. १६६०-१७७३) नारी (राधा) से भव-बाधा हरने की प्रार्थना करते हैं -

मेरी भव-बाधा हरौ, राधा नागरि सोइ।
जा तन की झाईं परै, स्यामु हरित दुति होइ।।

बिहारी नारी के दैहिक सौंदर्य पर आत्मिक सौंदर्य को वरीयता देते हुए, सौंदर्य को समय-सापेक्ष बताते हैं-

समै समय सुंदर सबै, रूपु कुरूपु न कोइ।
मन की रुचि जेती जितै, तित तेति रुचि होइ।।

नारी अस्मिता का रक्षक दोहा

बुंदेलखंड की अतीव सुंदरी विदुषी कवयित्री-नर्तकी राय प्रवीण की कीर्ति दसों दिशों में फ़ैल गयी थी। वे ओरछा नरेश इंद्रजीत के प्रति समर्पित, उनकी प्रेयसी थीं। अकबर ने इस नारीरत्न को अपने दरबार में भेजने का संदेश भेजा। बादशाह की हुक्मउदूली करने पर राज्य संकट में पड़ जाता। राजगुरु केशवदास राज्य हित में रायप्रवीण के साथ अकबर के दरबार में गए। बादशाह द्वारा आमंत्रण दिए जाने पर राय प्रवीण ने एक दोहा कहा जिसे सुनकर अकबर पानी-पानी हो गया और अतिथियों का सम्मान कर उन्हें बिदा किया। रायप्रवीण की अस्मिता का रक्षक बन दोहा निम्न है-

बिनती राय प्रवीन की, सुनिए शाह सुजान।
जूठी पातल भाखत हैं, बारी बायस स्वान।।

दृढ़ संकल्प की धनी

नारी जो पाना चाहती है, उसे पाने की राह भी निकाल ही लेती है। दृढ़ संकल्प की धनी गोकुल की नारी कुल मर्यादा का पालन करते हुए भी, कृष्ण की मुरली के रस का पान कर ही लेती है-

किती न गोकुल कुल बधू, किहि न काहि सुख दीन।
कौनैं तजि न कुल-गली, व्है मुरली सुर लीन।।

ठाकुर पृथ्वी सिंह 'रसनिधि' (रचनाकाल सं. १६६०-१७१७) भी नारी (राधा) से बाधा हरने की प्रार्थना करते हैं -

राधा सब बाधा हरैं, श्याम सकल सुख देंय।
जिन उर जा जोरी बसै, निरबाधा मुख लेंय।।

मतिराम त्रिपाठी (१६०४ ई.-१७०१ई.) भूख-प्यास की परवाह न कर व्रत कर रही नारी से पूछते हैं -

नींद भूख अरु प्यास तजि, करती हो तन राख।
जलसाई बिन पूजिहैं, क्यों मन के अभिलाख।।

नारी के रूप की वंदना करते हुए मतिराम, उसकी समता का प्रयास कर रहे चंद्रमा को दोषी ठहराते हैं-

तेरी मुख समता करी, साहस करि निरसंक।
धूरि परी अरविंद मुख, चंदहि लग्यो कलंक।।

महाभारत कथा में अभिमन्यु द्वारा माँ के गर्भ में चक्रव्यूह वेधन कला सीखने का वर्णन है। वृन्द (१६४३-१७२३ ई.) माँ के गर्भ में पल रहे शिशु पर पड़ रहे प्रभाव को उल्लेखनीय मानते हैं-

नियमित जननी-उदर में, कुल को लेत सभाव।
उछरत सिंहनि कौ गरभ, सुनी गरजत घनराव।।

बृज की नारियों की महिमा बताते हुए वृन्द कहते हैं कि उनके आगे ठकुराई नहीं चलती, स्वयं त्रिभुवनपति उनके पीछे-पीछे जंगल-जंगल घूमते हैं-

अगम पंथ है प्रेम को, जहँ ठकुराई नाहिं।

गोपिन के पाछे फिरे, त्रिभुवन पति बन माहिं।।
वृन्द नारी की तुलना पंडित और लता से करते हैं -

पंडित बनिता अरु लता, सोभित आस्रय पाय।

अंग दर्पन तथा रसबोध जैसी कालजयी कृतियों के रचयिता सैयद गुलाम अली 'रसलीन' (सं १७७१-१८८२) भी राधा रानी से भव-बाधा हरने की प्रार्थना करते हैं -

राधा पद बाधा हरन, साधा करि रसलीन।

नारी सौंदर्य का शालीनतापूर्वक वर्णन करने में रसलीन का सानी नहीं है। चंद्रमुखी नायिका बालों को स्निग्ध कर इस तरह जूड़ा बाँध रही है कि नायक की पगड़ी भी लज्जित है -

यों बाँधति जूरो तिया, पटियन को चिकनाय।
पाग चिकनिया सीस की, या तें रही लजाय।।

अमी हलाहल मद भरे, स्वेत स्याम रतनार।
जियत मरत झुकि-झुकि परत, जेहि चितवत इक बार।।

विक्रम सतसई के रचयिता चरखारी नरेश महाराज विक्रमादित्य सिंह (राज्यकाल सं. १८३९-१८८६) के दोहे नारी-सौंदर्य के लालित्यपूर्ण वर्णन तथा अनूठी उपमाओं से संपन्न हैं-

तरुनि तिहारो देखियतु, यह तिल ललित कपोल।
मनौ मदन बिधु गोद में, रविसुत करत किलोल।।

गौने आई नवल तिय, बैठी तियन समाज।
आस-पास प्रफुलित कमल, बीच कली छवि साज।।

रामसहाय अस्थाना 'भगत' (रचनाकाल सं. १८६०-१८८०) ने 'राम सतसई में ब्रज भाषा का उपयोग करते हुए नारी के लिए 'गहन जोबन नय चातुरी, सुंदरता मृदु बोल' को आवश्यक मानते हैं। इस दोहे में रात्रि-रति से थकी नायिका भोर में आलस्य से जंभा रही है-

नैन उनींदे कच छुटे, सुखहि छुटे अंगिराय।
भोर खरी सारस मुखी, आरस भरी जँभाय।।

शुद्ध साहित्यिक खड़ी हिंदी में रची गई 'हरिऔध सतसई' के रचनाकार अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध (१५ अप्रैल १८६५-१६ मार्च १९४७) 'सारी बाधाएँ हरे, नारी नयनानंद' कहकर नारी की सामर्थ्य का आभास कराते हैं। नारी के मातृत्व को प्रणतांजलि देते हुए उसकी ममता को पय-धार का कारण बताते हैं हरिऔध जी-

जो महि में होती नहीं, माता ममता भौन।
ललक बिठाता पुत्र को, नयन-पलक पर कौन।।

छाती में कढ़ता न क्यों, तब बन पय की धार।
जब माता उर में उमग, नहीं समाता प्यार।

रामचरित उपाध्याय (सं. १९२९) ने 'बृज सतसई' में नारी सौंदर्य और प्रशंसा के अनेक दोहे रचे हैं। वे एक दोहे में धर्म विमुख नारी को भी दंडित करने की सलाह देते हैं -

नारी गुरु पितु मातु सुत, सचिव महीपति मीत।
बंधु विप्रहु डंडिए, धर्म-विमुख यह नीत।।

हिंदी साहित्य सम्मेलन प्रयाग द्वारा मंगलप्रसाद पुरस्कार से पुरस्कृत कृति 'वीर सतसई' के रचनाकार हरि प्रसाद द्विवेदी 'वियोगी हरि' (१८९५-१९८८ई.) नारी में चंडिका को देखते हैं। वे नारी की उपस्थिति मात्र से 'काम' को नष्ट होता देखते हैं -

जहँ नृत्यति नित चंडिका, तांडव नृत्य प्रचंड।
कुसुम तीर तँह काम के, होत आप सत-खंड।।

नारीरत्न पद्मिनी को 'सिंहिनी' तथा रूप-लोलुप सुलतान को 'कुत्ता' कहते हुए वियोगी हरि जी प्रणतांजलि अर्पित करते हैं-

वह चित्तौर की पद्मिनी, किमि पेहो सुल्तान।
कब सिंहनि अधरान कौ, कियौ स्वयं मधु पान।।

रण जाते चूड़ावत सरदार को मोहासक्त देखकर अपने सर काट कर भेंट देनेवाली रानी, रामकुँवर को बचाने के लिए अपने पुत्र की बलि देनेवाली पन्ना धाय, गढ़ा मंडला की वीरांगना रानी दुर्गावती, मुग़ल सम्राट को चुनौती देनेवाली चाँद बीबी, १८५७ के स्वातंत्र्य संग्राम में अंग्रेजों को नाकों चने चबवानेवाली रानी लक्ष्मीबाई आदि के पराक्रम पर दोहांजलि देकर वियोगी हरि बाल विधवाओं की पीड़ा पर भी दोहा रचते हैं -

जहाँ बाल विधवा हियेँ, रहे धधकि अंगार।
सुख-सीतलता कौ तहाँ, करिहौ किमि संचार।।

सुधा संपादक दुलारेलाल भार्गव (१९५६ ई. -६-९-१९७५) नारी में दीपशिखा के दर्शन करते हैं-

दमकत दरपन-दरप दरि, दीपशिखा-दुति देह।
वह दृढ़ इकदिसि दिपत यह, मृदु दस दिसनि सनेह।।

इतना ही नहीं, यहाँ तक कहते हैं कि कामिनी की कृपा होने पर ईश्वर की ओर भी क्यों देखा जाए?

कविता कंचन कामिनी, करैं कृपा की कोर।
हाथ पसारै कौन फिर, वहि अनंत की ओर।।

गीत सम्राट बाल कृष्ण शर्मा 'नवीन' (८-१२-१८९७-२९-४-१९६०) की मुखरा नायिका नेत्रों में प्रिय की छवि होने का उलाहना देते हुए कहती है-

खीझहु मत; रंचक सुनहु, ओ सलज्ज सरदार।
हमरे दृग में लखि तुम्हें, विहँसि रह्यो संसार।।

राष्ट्रीय आत्मा के विशेषण से प्रसिद्ध राजाराम शुक्ल 'चितचोर' (सं. १९५५-) ने 'आँखों' पर लिखे दोहों में हर रस का समावेश किया है। कौवे अपनी निष्ठुर नायिका के नेत्रों की लाल रेखाओं को प्रेम पंथ नहीं; रसिकों के रुधिर से बनी बताते हैं-

लाल-लाल डोरे नहीं, प्रेम-पंथ की रेख।
हैं रसिकों के रुधिर से, अरुण हो रहे देख।।

'चंद्रमुखी के दृग बने. सूर्यमुखी के फूल', 'बिन बंधन अपराध बिन, बाँध लिया मजबूत', 'आँखों की ही है तुला, आँखों के ही बाँट', 'आनन आज्ञा पत्र पर, आँखें मुहर समान जैसी', 'क्यों न चलाऊँ आपकी आँखों पर अभियोग' सरस अभिव्यक्तियों के धनी चितचोर नारी की मादक मधुरता के गायक हैं-

प्रेम दृष्टि की माधुरी, अधर-माधुरी सान।
रूप माधुरी से मधुर, करा रही जलपान।।

राधावल्लभ पांडेय 'बंधु' (जन्म ऋषि पंचमी सं. १९४५) आधुनिक नारी के छलनामय आचरण पर शब्दाघात कर कहते हैं-

अनुचित उचित न सोचती, हरती है सम्मान।
भरी जवानी ताकती, काम भरी मुस्कान।।

जाल बिछाती फाँसती, करके यत्न महान।
ठगती भोले 'बंधु' को, मतलब की मुस्कान।।

दीनानाथ 'अशंक' नारी में देवियों का दिव्य दर्शन करते हैं-

नारी के प्रति आर्यजन, रखते भाव अनूप।
गिनते उसको शारदा; शक्ति रमा का रूप।।

'श्याम सतसई' के रचनाकार तुलसीराम शर्मा 'दिनेश' (जन्म सं. १५५३) नारी की श्रेष्ठता प्रतिपादित करते हुए उसे नर से श्रेष्ठ तथा प्रकृति को पतिव्रता बताते हैं -

माधव के उर में यदपि, बसते दीनानाथ। राधा उर को देखिए, बसते दीनानाथ।।

नहीं प्रकृति सी पतिव्रता, जग में नारी अन्य।
मूक-पंगु पति की सदा, करती टहल अनन्य।।

बुंदेलखंड के श्रेष्ठ उपन्यासकार, चित्रकार और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अंबिका प्रसाद वर्मा 'दिव्य' (१६ मार्च १९०७-५ सितंबर १९८६) ने 'दिव्या दोहावली में चित्रों पर आधारित दोहे लिखकर कीर्तिमान स्थापित किया। नारी के नयनों को चाँद कहें या सूर्य? यह प्रश्न दिव्य जी का दोहा पूछ रहा है-

का कहिए इन दृगन कौं, कै चंदा कै भानु।
सौहैं ये शीतल लगें, पीछे होंय कृशानु।।

अलंकारों, उपमाओं और बिम्बों से सज्जित और समृद्ध दिव्य जी के बुंदेली में रचित दोहों में नारी की प्रकृति और स्वाभाव को संकेतों के माध्यम से केंद्र में रखा गया है। ननद - भौजाई के मधुर संबंध पर रचित एक दोहे में दिव्य जी कहते हैं-

परभृत कारे कान्ह की, भगिनी लगे सतभाइ।
ननद हमारी कुहिलिया, कस न हमें तिनगाइ।।

रामेश्वर शुक्ल 'करुण' श्रमजीवी नारी की विपन्नता और आधुनिक की दिशाहीनता को दो दोहों के माध्यम से सामने लाते हैं -

कृषक वधूटीं की दशा, को करि सकै बखान।
जाल निवारन हेतु जो, नहिं पातीं परिधान।।

धन्य पश्चिम सुंदरी, मोहनि मूरति-रूप।
नहिं आकर्षे काहि तव, मोहक रूप अनूप।।

मध्य भारत के दीवान बहादुर चंद्रभानु सिंह 'रज' बृज-अवधी मिश्रित भाषा में लिखी गयी 'प्रेम सतसई' में नारी की महिमा का बखान कई दोहों में करते हैं। वे भी श्याम के पहले राधा की वंदना करते हैं। रज नारी का अपमान करनेवालों को चेताते हुए कहते हैं-

अरे बावरे! ध्यान दे, मति करि तिय अपमान।
सति सावित्री जानकी, 'रज' नारी धौं आन।।

संबु राम नहिं करि सके, नहिं पाई निज तीय।
'रस' सोइ नारी स्वर्ग तें, लिए फेरि निज पीय।।

६३८४ दोहों के रचयिता किशोर चंद्र 'कपूर' (जन्म सं. १९५६, कानपुर) नारी को माया मानकर उसके प्रभाव को स्वीकार करते हैं-

माया से बचता नहीं, निर्धन अरु धनवान।
साधु संत छूटत नहीं, माया बड़ी महान।।

'नावक के तीर' तथा 'उग आई फिर दूब' दोहा सतसई सहित १४ कृतियों के रचयिता हरदोई में अनंत चतुर्दशी सं. २०१३ को जन्मे, विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर दिवय नर्मदा हिंदी रत्न अलंकरण से अलंकृत डॉ. अनंतराम मिश्र 'अनंत' वर्षा, पूनम, शरद शाम आदि को नारी से जोड़कर सामयिक संदर्भों के अर्थगर्भित दोहे कहने में सिद्धहस्त हैं। वे नारी के अवदान को संजीवनी कहते हैं -

जब-जब मैं मूर्छित हुआ, लड़कर जीवन युद्ध।
दे चुंबन संजीवनी, तुमने किया प्रबुद्ध।। ५

नारी को प्रेरणा शक्ति के रूप में देखते हैं अनंत जी-

ओठों पर मुक्तक लिखूँ, लिखूँ वक्ष पर छंद।
आँखों पर ग़ज़लें लिखूँ, गति पर मत्तगयंद।। ६

अभियंता कवि चन्द्रसेन 'विराट' (३-१२-१९३६-१५-११-२०१८) अभिनव और मौलिक बिम्ब-विधान तथा नवीन उपमाओं के लिए जाने जाते रहे हैं। गीतों (१२), ग़ज़लों (१०), मुक्तक (३) तथा दोहों (३) के संकलनों के माध्यम से कालजयी साहित्य रचनेवाले विराट ने नारी को केंद्र में रखकर शताधिक दोहे कहे हैं। आधुनिकता के नाम पर सौंदर्य प्रतियोगिताओं में होते नारी शोषण के विरुद्ध आवाज़ उठाते हुए विराट कहते हैं-

स्पर्धाएँ सौंदर्य की, रूपाओं की हाट।
धनकुबेर को लग गयी, सुंदरता की चाट।।

नारी शोषण के विरुद्ध दोहे लिखने में विराट जी संकेतों में सत्य को इस तरह उद्घाटित करते हैं कि पाठक के मन तक बात पहुँचे -

ठकुराइन मइके गई, पकी न घर में दाल।
घर की मुर्गी रामकली, उसको किया हलाल।।७

हरियाणा के राज्य कवि उदयभानु 'हंस' (२-८-१९२६-२६-२-२०१९) नारी के जीवन में औरों के हस्तक्षेप को कठपुतली के माध्यम से इंगित करते हैं-

कठपुतली के नाच पर, सब हैं भाव विभोर।
नहीं पता नेपथ्य में, कौन हिलाता डोर।।८

स्वामी श्यामानन्द सरस्वती 'रौशन' (जन्म २६-११-१९२०) नारी के दो रूपों 'बेटी' और 'बहू' को केंद्र में रखकर एक मर्मस्पर्शी और मार्गदर्शी दोहा कहते हैं-

बेटी जैसी बहू है, इसका रखें विचार।
बहू बने बेटी सरिस, सुखी बसे परिवार।।९

विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर द्वारा पुरस्कृत के नर्मदांचल के वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य भगवत दुबे नारी उत्पीड़न के प्रमुख कारण दहेज की कुप्रथा पर आघात करते हुए लिखते हैं-

सगुणपंछीयों को रहे, उल्लू-गिद्ध खदेड़।
क्वाँरी बुलबुल हो रही, दौलत देख अधेड़।।१०

परिणय प्रसंग में नारी की भूमिका को लेकर आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' अपनी बात कुछ व्यंजना और हास्य मिलाकर भिन्न दृष्टिकोण से सामने रखते हैं। यहाँ 'वरदान' में श्लेष का प्रयोग दृष्टव्य है।

नारी के दो-दो जगत, वह दोनों की शान।
पाती है वरदान वह, जब हो कन्यादान।।

दल-बल सह जा दान ले, भिक्षुक नर हो दीन।
नारी बनती स्वामिनी, बजा चैन से बीन।।

दो-दो मात्रा अधिक है, नारी नर से जान।
कुशल चाहता तो कभी, बैर न उससे ठान।।११

डॉ. किशोर काबरा, कबीर की उलटबाँसी शैली का प्रयोग करते हुए व्यंजना में कहते हैं कि नारी द्वारा तिरस्कृत नर का उद्धार संभव नहीं-

कलियुग में श्री राम का, कैसे हो परित्राण।
स्पर्श अहल्या का मिला, राम हुए पाषाण।।१२

कल्पना रामानी नारी को अन्नपूर्णा कहते हुए उसकी बचत करने की प्रवृत्ति को सामने लाती हैं -

अन्नपूर्णा है सदा, जब भी पड़े अकाल।
संचित दानों से करे, नारी सदा कमाल।।१२

सीता को प्रतीक बनाकर नारी पर दोषारोपण की सामाजिक कुप्रवृत्ति पर आघात करते हैं कृष्णस्वरूप शर्मा 'मैथिलेन्द्र'। सीता को मिले वनवास को न रोक पाने की आत्मग्लानि से श्री राम जलसमाधि लेकर जीवनांत कर लेते हैं -

सीताजी को त्यागकर, पछताए प्रभु खूब।
खिन्न हुए इस ग्लानि से, गए नदी में डूब।। १३

दुर्गावती, चाँदबीबी, लक्ष्मीबाई, अवंतीबाई, चेन्नमा आदि नारी आदि ने देश की स्वतंत्रता के लिए जान की बाजी लगाने में कोई संकोच नहीं किया। कस्तूरबा गाँधी, सरोजिनी नायडू, सुभद्रा कुमारी चौहान आदि ने स्वतंत्रता सत्याग्रह में महती भूमिका निभाई। नागार्जुन इन नारी रत्नों को कोयल की उपमा देते हुए एक दोहा कहकर उनके अवदान को नमन करते हैं-

जली ठूंठ पर बैठकर, गयी कोकिला कूक।
बाल न बाँका कर सकी, शासन की बंदूक।।१४

नारी विवाह पश्चात् ससुराल आ जाती है तो सावन में भाई का स्मरण होना और न मिल पाने की विवशता, उसे व्यथित करती ही है। आर. सी.शर्मा 'आरसी' नारी-वेदना के इस पक्ष को सामने लाते हैं-

सावन बरसे आँख से, ब्याही कितनी दूर।
बाबुल भी मजबूर थे, मैं भी हूँ मजबूर।।

डॉ. शैल रस्तोगी (जन्म १-९-१९२७) नारी जीवन के दो पक्षों को दो दोहों के माध्यम से सामने लाती हैं -

पत्नी, माँ, बेटी, बहिन, भौजी, ननदी, सास।
एक ज़िंदगी में जिए, नारी सौ अहसास।।

बहुएँ बड़बोली हुईं, सासें दिन-दिन मौन। 
उलटी गंगा बाह रही, घर को बाँधे कौन।।

डॉ. देवेंद्र शर्मा 'इंद्र' (१.४.१९३४-२०१९) संतानों के अन्यत्र जा बसने से उपजी विसंगति को इंगित करते हुए कहते हैं -

बीबी-बच्चे संग ले, शहर जा बसा पूत।
बूढ़ी आँखें साँझ से, घर में देखें भूत।।

नर्मदांचल के ख्यात साहित्यकार माणिक वर्मा (जन्म २५.१२.१९३८) अत्याधुनिकता की चाह में शालीनता-त्याग की कुप्रवृत्ति को इंगित करते हुए कहते हैं -

कटि जंघा पिंडलि कमर, दिया वक्ष भी खोल।
और कहाँ तक सभ्यता, बदला लेगी बोल।।

मधुकर अष्ठाना (२७.१०.१९३९) निरंतर बढ़ते यौन अपराधों पर अपनी चिंता व्यक्त करते हैं -

नाबालिग से रेप क्यों, पतित हुआ यूँ देश।
हैवानों ने धर लिया, इंसानों का वेश।।

नारी विमर्श की बात स्थूल रूप से न कर, धूप, चाँदनी, आकाश, धुएँ और बाज चिड़िया, खेत के माध्यम से करते हैं डॉ. कुँवर बेचैन (१.७.१९४२-२९.४.२०२१) -

धूप साँवली हो गयी, हुई चाँदनी शाम।
जब से यह सारा गगन, हुआ धुएँ के नाम।।

फँस चंगुल में बाज के, चिड़िया हुई अचेत।
खड़ा देखता रह गया, हरी चरी का खेत।।

डॉ. राधेश्याम शुक्ल (२६.१०.१९४२) इस चलभाष काल में बिसराई जा चुकी चिट्ठी को नारी से जोड़ते हुए कहते हैं-

औरत चिट्ठी दर्द की, जिस पर पेट मुकाम।
फेंक गया है डाकिया, पत्थरवाले गाम।।

दिनेश शुक्ल (१-१-१९४३) तमाम बाधाओं के बावजूद आगे बढ़ते रहने के नारी के हौसले को सलाम करते हैं -

गाँठ लगी धोती फ़टी, सौ थिगड़े पैबंद।
लड़की बुनती रात दिन, मुस्कानों के छंद।।

सूर्यदेव पाठक 'पराग' (२३-७-१९४३) नारी को नर की शक्ति कहते हैं -

नारी नर की शक्ति है, वही प्रेरणापुञ्ज
जीवन रेगिस्तान में, सुंदर कुसुमित कुञ्ज।।

डॉ. रमा सिंह (१७.१०.१९४५) नारी के स्वाभिमान की रक्षा को महत्वपूर्ण मानती हैं -

अम्मा की आँखें मुझे, सदा दिलातीं याद।
कमज़र्फों के सामने, मत करना फरियाद।।

डॉ. मिथलेश दीक्षित (१-९-१९४६) नारी के दो रूपों की दो चरित्रों के माध्यम से चर्चा करते हुए युगीन विसंगति को इंगित करती हैं-

शूर्पणखा की धूम है, रही जानकी चीख।
झूठ कार में घूमता, सत्य माँगता भीख।।

हिंदी के कालजयी छंद दोहा ने हर देश-काल में नारी की अस्मिता का सम्मान कर, उसके अधिकारों के बात की है, शौर्य का गुणगान किया है और पथ भटकी नारियों को सत्परामर्श देकर मार्ग दर्शन भी किया है। हिंदी के प्रतिष्ठित और नवोदित सभी दोहाकारों ने नारी को केंद्र में लेकर दोहे रचे हैं। आदि काल में देवी वंदना, वीरगाथा काल में वीरांगना प्रशस्ति, भक्ति काल में आत्मा-परमात्मा, रीति काल में श्रृंगार और नायिका वर्णन, आधुनिक काल में समसामयिक सामाजिक विसंगतियों के नारी पर प्रभाव को दोहे ने हमेशा ही ह्रदय में बसाया है। एक लेख में यह सब कुछ समेटा नहीं जा सकता। नारी सृष्टि का अर्धांग ही नहीं जननी भी है। नर और नारी एक-दूसरे के पूरक हैं। मैंने एक दोहे के माध्यम से नर-नारी की सहभागिता और समन्वय को इंगित किया है -

नारी के दो-दो जगत, वह दोनों की शान.
पाती है वरदान वह, जब हो कन्यादान.
.
नारी को माँगे बिना, मिल जाता नर-दास.
कुल-वधु ले नर दान में, सहता जग-उपहास.
.
दल-बल सह जा दान ले, भिक्षुक नर हो दीन.
नारी बनती स्वामिनी, बजा चैन से बीन.
.
चीन्ह-चीन्ह आदेश दे, हक लेती है छीन.
समता कर सकता न नर, कोशिश नाहक कीन.
.
दो-दो मात्रा अधिक है, नारी नर से जान.
कुशल चाहता तो कभी, बैर न उससे ठान.
.
यह उसका रहमान है, वह इसकी रसखान.
उसमें इसकी जान है, इसमें उसकी जान.
*
संदर्भ -
१. अनंतराम मिश्र 'अनंत', नावक के तीर।
२. दोहा-दोहा नर्मदा, संपादक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'।
३. हिंदी दोहा सार, सम्पादक बरजोर सिंह 'सरल',
४. रामचरित मानस, गोस्वामी तुलसीदास
५. नावक के तीर, डॉ. अनंतराम मिश्र 'अनंत'
६. उग आयी फिर दूब, डॉ. अनंतराम मिश्र 'अनंत'
७. चुटकी-चुटकी चाँदनी - चन्द्रसेन 'विराट'
८. दोहा सप्तशती - उदयभानु हंस
९. होते ही अंतर्मुखी - श्यामानंद सरस्वती 'रौशन'
१०. शब्दों के संवाद - आचार्य भगवत दुबे
११. दिव्यनर्मदा.इन / दोहा सलिला - आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
१२. बाबूजी का भारत मित्र, दोहा विशेषांक - संपादक रघुविंदर यादव
१३. स्वरूप सहस्रसई - कृष्णस्वरूप शर्मा 'मैथिलेन्द्र'
१४. समकालीन दोहा कक्ष - संपादक हरेराम 'समीप'
संपर्क - आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', संयोजक विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, चलभाष ९४२५१८३२४४
•••

मंगलवार, 12 अप्रैल 2022

कवितायेँ, ब्रह्म और आत्मा, ब्रह्मचर्य, कायस्थ, चित्रगुप्त, चमन श्रीवास्तव

कृति समालोचना -
"भारत में १५ करोड़ कायस्थों का महापरिवार" - मानवता का सिपहसालार 
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' 
संयोजक : विश्ववाणी हिंदी संस्थान, विश्व कायस्थ समाज 
पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभाकाम, पूर्व महामंत्री राकाम
चैयरमैन इंडियन जिओटेक्नीकल सोसायटी जबलपुर  
[कृति विवरण: भारत में १५ करोड़ कायस्थों का महापरिवार, लेखक - सर्वेश्वर चमन श्रीवास्तव, प्रथम संस्करण २०२२, आकार - २४ से.मी. x १८.५ से.मी., पृष्ठ १५४, मूल्य - अमूल्य, आवरण - बहुरंगी, पेपरबैक लेमिनेटेड, संदर्भ प्रकाशन भोपाल]
*
मानव सभ्यता और संस्कृति में शब्द, भाषा, पटल, कलम, स्याही और लिपि का योगदान अभूतपूर्व है। सच कहें तो इनके बिना मानव जाति जीवित तो होती पर अन्य पशु-पक्षियों की तरह। ग़ालिब कहता है -'आदमी को मयस्सर नहीं इंसां होना', मेरा मानना है कि आदमी को इंसान बनाने के महायात्रा में 'काया' में अवस्थित  निराकार 'चित'  जिसका चित्र गुप्त है, जो निराकार है, जो हर आकार में समाहित है, उस परमब्रह्म परमेश्वर, कर्मेश्वर, गुप्तेश्वर की ही प्रेरणा है जिसने खुदको उसका अंशज -वंशज माननेवाले ''कायस्थ'' विशेषण को अपनी पहचान बनानेवाले श्रेष्ठ मनुष्यों को उक्त षड उपहारों शब्द, भाषा, पटल, कलम, स्याही और लिपि से अलंकृत किया। 'शब्द ब्रह्म' सबका, सबके लिए है, इसलिए शब्द-साधना कर निपुणता अर्जित करनेवाले 'कायस्थ' अपना उपास्य शब्देश्वर सर्वेश्वर चित्रगुप्त तथा उनकी आदिभौतिक एवं आधिदैविक शक्तियों (नंदिनी और इरावती) को मानें, यह स्वाभाविक ही है। अपनी इष्ट देव मूर्तियों तथा अपने पूर्वजों को जानकर, उनकी विरासत को सम्हालकर, अपनी भावी पीढ़ी को प्रगतिपथ पर बढ़ने की प्रेरणा देने के पवित्र उद्देश्य से इस कृति का प्रयत्न लेखक चमन श्रीवास्तव ने पूरे मनोयोग से किया है। यह कोई साधारण पुस्तक नहीं है अपितु यह लेखा-जोखा है वेद पूर्व काल से अब तक आदमी के इंसान बनने की महायात्रा में औरों की अंगुली थामकर उन्हें आगे बढ़ानेवाली जातीय परंपरा का। 

संस्कृति सेतु कायस्थ   

पुस्तक में वर्णित श्री चित्रगुप्त जी निराकार परात्पर परमब्रह्म ही हैं। पुराणकार कहता है ''चित्रगुप्त प्रणम्यादौ वात्मानं सर्व देहीनाम्'' अर्थात उन चित्रगुप्त को सबसे पहले प्रणाम जो सभी प्राणियों में आत्मा रूप में विराजमान हैं। लोकश्रुति है ''आत्मा सो परमात्मा'', उपनिषद ''अहं ब्रह्मास्मि'', ''शिवोsहं'' आदि  कहता है। हर काया में स्थित परब्रह्म चित्रगुप्त सृष्टि का सृजन कर सके  विस्तार हेतु साकार होते हैं, ब्रह्मा-विष्णु-महेश के रूप में सृष्टि रचना-पालन और विनाश की भूमिकाएँ निभाते हैं। अंग्रेजी में कहावत है 'चाइल्ड इस द फादर ऑफ़  मैन' अर्थात ; बच्चा तो है बाप बाप का'। निराकार परब्रह्म चित्रगुप्त जी स्वयं अपने ही अंश 'ब्रह्मा' के माध्यम से साकार देहज अवतार धारण कर देव कन्या 'नंदिनी' और नाग कन्या 'इरावती' से विवाहकर विश्व का प्रथा अंतर्सांस्कृतिक विवाह कर ''वसुधैव कुटुम्बकम्'' तथा ''वसुधैव नीड़म्'' का जीवन सूत्र मनुष्य को देते हैं। काल क्रम में 'कश्यप' ऋषि, शारदा लिपि, कश्मीर प्रदेश और कैकेयी कायस्थों की कर्म कुशलता की कथा कहते हैं। आज से सहस्त्रब्दियों पूर्व कायस्थ भी कश्मीर से निष्क्रमित हुए थे। इतिहास खुद को दुहराता है, अब पंडितों का निष्क्रमण हम देख रहे हैं। चमन जी ने अतीत के म कुछ पन्नों को पलटा है, समूची महागाथा एक बार में, एक साथ कह पाना असंभव है। 

गत-आगत से आज का संवाद 

यह कृति गतागत का आज से संवाद का सुप्रयास है। राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त लिखते हैं -''हम कौन थे?, क्या हो गए हैं?, और क्या होंगे अभी?, आओ विचारें आज मिलकर, ये समस्याएँ सभी''। लेखन 'कौन थे? और 'क्या हो गए हैं?' में मध्य संवाद सेतु के रूप में इस कृति का प्रकाश कर रहे हैं। वे इसके दूसरे भाग के प्रकाशन का संकेत कर बताते हैं कि 'और क्या होंगे अभी?' की बात अगली कृति में होगी। स्पष्ट है कि यह पुस्तक 'विगत' और 'आगत' के मध्य स्थित 'वर्तमान' की करवट है। किसी ऐसे समाज जो अपनी ही नहीं अपने देश और अपने साथियों के साथ सकल सभ्यता का निर्माता, विकासकर्ता और पारिभाषिक रहा हो, के लिए निरंतर आत्मावलोकन तथा आत्मालोचन करना अपरिहार्य हो जाता है। जिला १९७६ में प्रातस्मरणीय ब्योहार राजेंद्र सिंह जी (कक्का जी) के मार्गदर्शन में जिला कायस्थ सभा से आरंभ कर प्रातस्मरणीय डॉ. रतनचन्द्र वर्मा के नेतृत्व में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, प्रातस्मरणीय दादा लोकेश्वर नाथ जी की प्रेरणा से राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद, वर्ल्ड कायस्थ कॉन्फ्रेंस आदि में सक्रिय रहकर मैंने यह जाना है कि बुद्धिजीवियों को एकत्र कर एकमत कर पाना मेंढकों को तौलने से अधिक कठिन कार्य है। ऐसा होना स्वाभाविक है 'मुंडे-मुंडे मतिर्भिन्ना' यह भी सत्य है कि कठिन होने से कार्य असंभव नहीं हो जाता, कठिन को संभव बनाने के लिए स्नेह, समानता, सद्भाव, संकल्प और साहचर्य आवश्यक होता है। 

सुनहरा अवसर 

विवेच्य कृति का संयोजन भारत के १५ करोड़ से अधिक कायस्थों से जुड़ने का सद्प्रयास सचमुच सुनहरा अवसर है जब हम मत-मतान्तरों के चक्रव्यूह में अभिमन्यु तरह बलि का बकरा न बनकर, चक्रव्यूह भेदनकर, एक साथ मिलकर 'योग: कर्मसु कौशलम्' के पथ पर चलें। याद रखें अकेली अँगुली झुक जाती पर सभी अँगुलियाँ एक साथ मिलकर मुट्ठी बन जाएँ तो युग बदल सकती हैं। 'साथी हाथ बढ़ाना, एक अकेला तक जाएगा, सब मिल बोझ उठाना' की भावना हममें से हर एक में हो तो दुनिया की कोई भी ताकत हमारी राह नहीं रोक सकती। 'कायस्थ एक नज़र में' के अंतरगत अपने प्रेरणा पुरुषों का उल्लेख, हममें सहभागिता का भाव जगाता है कि ये सब हम सबके हैं, हम सब इनके हैं।कायस्थ महापुरुषों के सूची वास्तव में इतनी लंबी है कि सहस्त्रों पृष्ठ भी कम पड़ जाएँ इसलिए बतौर बानगी कुछ नामों का उल्लेख कर दिया जाता है। यह गौरवमयी विरासत आदिकाल से अब तक अक्षुण्ण है।     

'चमन' आबाद तब होगा, 'विनय' का भाव जब जागे 

'कायस्थ शब्द की व्युत्पत्ति एवं चित्रगुप्त भगवान का परिवार परिचय' शीर्षक अध्याय  मत-मतांतर को महत्व न देकर, नई पीढ़ी के सम्मुख सिलसिलेवार जानकारियाँ प्रस्तुत करने का प्रयास है। 'हरि अनंत हरि कथा अनंता, बहुविधि कहहिं-सुनहिं सब संता।'' चित्रगुप्त जी तो सकल सृष्टि जिसमें देव भी सम्मिलित हैं, के मूल हैं। उनकी कथाओं में विविधता होना स्वाभाविक है। प्रागट्य संबंधी अनेकता में एकता यह है कि वे कर्मेश्वर हैं, कर्म विधाता हैं, सबसे पहले पूज्य हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी तक असम से गुजरात तक कायस्थों की कर्मनैपुण्यता किस्सों में कही जाती है. विस्मय से सुनी जाती है पर इसके बाद भी शिखर पर कायस्थों की संख्या घटती जाती है इसका एक कारण यह है कि कायस्थ लोकतंत्र में 'लोक' की तरह एक जुट होकर 'तंत्र' को उपकरण बनाने की ओर अग्रसर नहीं हो सके। 

चमन आबाद तब होगा, विनय का भाव जब जागे
सभी आगे बढ़ेंगे तब, बढ़े एक-एक जब आगे
नहीं माँगा, न माँगेंगे कभी अनुदान हम साथी -
करें खुद को बुलंद इतना, ज़माना दान आ माँगे 

'कान्त सहाय' तभी होते जब होता भक्त 'सुबोध'  

'भगवान् चित्रगुप्त का स्तवन' शीर्षक अध्याय में विविध ग्रंथों से सकल प्राणियों के भाग्य विधाता चित्रगुप्त जी की वंदना के उद्धरण, प्रभु की महत्ता प्रतिपादित करते हैं। वास्तव में गीता में 'कृष्ण जो अपने विषय में कहते हैं, वह सब चित्रगुप्त जी के लिए भी सत्य है। त्रेता में, कुरुक्षेत्र में कृष्ण 'कर्ता' थे, नियामक थे। जहाँ कृष्ण वहीं धर्म, जहाँ धर्म वहीं विजय। सभी युगों में, सभी स्थानों पर, सभी प्राणियों के लिए चित्रगुप्त जी एकमात्र करता है, नियामक हैं, भाग्य विधाता हैं इसलिए सकल दैवीय रूप चित्रगुप्त जी के हैं। सब साधनाएँ, सब वंदनाएँ, सब प्रार्थनाएँ चित्रगुप्त जी की ही हैं। विविध देव पर्वत हैं तो चित्रगुप्त जी हिमालय हैं। विविध देव नदियाँ हैं तो चित्रगुप्त जी महासागर हैं। वे सुरों-असुरों, यक्षों-गंधर्वों, भूत-प्रेतों, नर-वानरों, पशु-पक्षियों, जड़-चेतन, जन्मे-अजन्मे के कर्मदेवता हैं। इसीलिए वे सबके पूज्य और सब उनके अनुगामी हैं। किसी भी रूप की, किसी भी भाषा में, किसी भी भाव से, किसी भी छंद में स्तुति करें वह चित्रगुप्त जी की ही स्तुति हो जाती है, हम मानें या न मानें, कोई जाने या न जाने, इस सनातन सत्य पर आँच नहीं आती किन्तु चित्रगुप्त जी की कृपा के वही कर्मफल से मुक्त होता है जो अपना हर काम निष्काम भाव से उन्हें समर्पित कर करे। सबके कान्त (स्वामी)  चित्रगुप्त जी की कृपा पाने के लिए भक्त को सुबोध होना होता है।   

'कान्त सहाय' तभी होते जब, होता भक्त 'सुबोध' 
रावण सा विद्वान् मिट गया, हो स्वार्थी दुर्बोध 

सकल सृष्टि 'कायस्थ' है 

कायस्थों के इतिहास का सूक्ष्म उल्लेख 'कायस्थों के प्रकार' नामक अध्याय में है। हकीकत यह है कि सब कायाधारी कायस्थ हैं क्योंकि उनकी 'काया' में वह जो सबसे पहले पूज्य है, आत्मा रूप में स्थित है। यहाँ 'कायस्थ' शब्द से आशय मानव समाज से हैं जो इस तथ्य को जानता और मानता है। हैं तो शेष जन भी 'कायस्थ' किन्तु वे इस सत्य को या तो जानते नहीं या जानकर भी मानते नहीं। इसे इस तरह भी समझें कि कायस्थ ब्रह्म (सत्य) को जानकर पौरोहित्य, वैद्यक, शिक्षण कर्म करने के कारण ब्राह्मण, शासन-प्रशासन प्रमुख होने के नाते क्षत्रिय, विविध व्यवसाय करने में दक्ष होने के कारण वैश्य तथा सकल सृष्टि की सेवा कर दीनबंधु होने के नाते शूद्र हैं किन्तु उन्हें इन चरों में कोई समाज अपना 'अंश' या 'अंग' नहीं मान सकता क्योंकि वे 'अंश' नहीं 'पूर्ण' हैं। कायस्थ पंचम वर्ण नहीं अपितु चरों वर्णों का समन्वित समग्र विराट रूप हैं। कायस्थों के अंश ब्राह्मण, क्षत्रिय वैश्य शूद्र ही नहीं बौद्ध, जैन, सिख, यवन आदि भी हैं इसीलिये दुनिया के किसी  पूजालय, पंथ, संप्रदाय, महापुरुष को कायस्थ नकारते नहीं, वे सबके सद्गुणों को स्वीकारते हैं और असदगुणों से दूर रहते हैं। 

सकल सृष्टि कायस्थ है, मान सके तो मान। 
भव बंधन तब ही कटे, जब हो सच्चा इंसान।।

कण कण प्रभु का लेख है, देख सके तो देख 

कायस्थों संबंधी शिलालेखों, ताम्रपत्रों आदि से पुरातत्व के ग्रंथ भरे पड़े हैं। उन अभिलेखों की एक झलक के माध्यम से नई पीढ़ी को गौरवमय अतीत से परिचित कराने का प्रशंसनीय प्रयास किया है चमन जी ने। समसामयिक व्यक्तित्वों के चित्र व जीवनियाँ नई पीढ़ी को अधिक विश्वसनीय तथा प्रामाणिक प्रतीत होती है क्योंकि अन्यत्र भी इसकी पुष्टि की जा सकती है। सारत:, ''भारत में १५ करोड़ से अधिक कायस्थों का महापरिवार'' ग्रंथ गागर में सागर' संहित करने का श्लाघ्य प्रयास है। ऐसे प्रयास हर जिले, हर शहर से हों तो अनगिन बिंदु मिलकर सिंधु बना सकेंगे। लंबे समय बाद कायस्थों की महत्ता प्रतपदित करने का यह गंभीर प्रयास सराहनीय है, प्रशंसनीय है। भाई चमन जी को इस सार्थक प्रस्तुति हेतु साधुवाद। 
***
संपर्क - विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, 
चलभाष ९४२५१८३२४४, ईमेल salil.sanjiv@gmail.com   
     



कवितायेँ 
१. ब्रह्म और आत्मा
*
ब्रह्म विराजित है कण-कण में
मिली चेतना
कर्म कर सके।

कर्म करे वह
जो सुकर्म हो,
जो ले जाए
निकट ब्रह्म के।

काम-क्रोध-मद-लोभ आदि हैं
पाप-कर्म हैं त्याज्य सभी वे।
*
ढँका अविद्या ने, माया ने
शिशु है सुखी; अधिक अन्यों से।
करें लालसा तो दुःख पाएँ
है संतोष, न सुख यह मानें।

होता है आनंद आत्म को
सुख पाती है देह हमारी।
सुख है क्षणिक, नष्ट हो जाता
है आनंद अनश्वर जानो।
*
चाह हमारी है क्या जानें?
परमात्मा या जग मायामय?
प्रिय संसार' न छोड़ रहे हम,
और न जग ही हमें छोड़ता।

जग-जंजाल हमें प्रिय लगता
जग को प्रिय लगते क्या हम भी?
सुख को ही सर्वस्व मानते
भले क्षणिक, हम छोड़ न पाते।

रसानंद मिलता कविता से
ब्रह्मानंद सहोदर है यह।
शब्द-शब्द में अर्थ छिपा है
अर्थ-अर्थ प्रगटे आत्मा से।

परापरा, वैखरी, ब्रह्म भी, बसे शब्द में;
आत्मार्पित कर सकें अगर तो
पर्दे के पीछे माशूका
मिल पाए अपने आशिक़ से।

हैं विभूति सब परमेश्वर की।
देख न सकते चक्षु हमारे
दिव्य रूप जो परम् ब्रह्म का।
दिव्य दृष्टि जब मिल पाए तब
झलक लखे कान्हा की मीरा।

सद्गुरु बिन भटका करती मति
जग में होकर दुखी-अधीरा।
सुख मरीचिका सम भटकाता
मृग आत्मा भटका करती है।
११-४-२०२२
***
ब्रह्मचर्य
*
ब्रह्मचर्य का अर्थ नहीं है
देह परे हो सभी सुखों से।
ब्रह्मचर्य- चर्या स्वाभाविक 
होती जो निष्काम भाव रख। 

प्रभु को अर्पित, प्रभु करता जब 
तब न तनिक दूरी रहती है।
तब न आत्म यह संश्लिष्ट हो 
कर्मों का कुछ फल गहती है।

खुद से खुद मिल जाता है जब 
तब न आवरण रहता कोई, 
धरती शैया, दिशा वसन हों,  
अंबर होता निर्मल लोई। 

देख दिगंबर लगे न लज्जा 
तनिक न शेष वासना रहती। 
मानवात्म तन की प्रतीति तज
अवचेतन में प्रिय संग रहती। 
१२-४-२०२२ 
***
   

सॉनेट, सीता, द्विपदी, शे'र, गीत

सॉनेट 
सीता 
• 
वसुधातनया जनकदुलारी। 
रामप्रिया लंकेशबंदिनी। 
अवधमहिष वनवासिन न्यारी।। 
आश्रमवासी लव-कुश जननी।। 

क्षमामूर्ति शुभ-मंगलकारी। 
जनगण पूजे करे आरती। 
संतानों की विपदाहारी।। 
कीर्ति कथा भव सिंधु तारती।।
 
योद्धा राम न साथ तुम्हारे। 
रण जीते, सत्ता अपनाई। 
तुम्हें गँवा, खुद से खुद हारे।। 
सरयू में शरणागति पाई।। 

सियाराम हैं लोक-हृदय में। 
सिर्फ राम सत्ता-अविनय में।। 
१२-४-२०२२ 
•••
द्विपदि सलिला (अश'आर)
*
पत्थर से हर शहर में मिलते मकां हजारों
मैं ढूँढ-ढूँढ हारा, घर एक नहीं मिलता
*
बाप की दो बात सह नहीं पाते
अफसरों की लात भी परसाद है
*
जब तलक जिन्दा था रोटी न मुहैया थी
मर गया तो तेरही में दावतें हुईं
*
परवाने जां निसार कर देंगे
हम चरागे-रौशनी तो बन जाएँ
*
तितलियों की चाह में दौड़ो न तुम
फूल बन महको, चली आएँगी ये
*
आँसू का क्या, आते-जाते हैं
किसका इन पर जोर चला है?
*
आँसू वह दौलत है यारां
जिसको लूट न सके जमाना
*
बन जाते हैं काम, कोशिश करने से 'सलिल'
भला करेंगे राम, अनथक करो प्रयास नित
*
मुझ बिन न तुझमें जां रहे बोला ये तन से मन
मुझ बिन न तू यहाँ रहे, तन मन से कह रहा
*
औरों के ऐब देखकर मन खुश बहुत हुआ
खुद पर पड़ी नज़र तो तना सर ही झुक गया
*
तुम पर उठाई एक, उठी तीन अँगुलियाँ
खुद की तरफ, ये देख कर चक्कर ही आ गया
*
हो आईने से दुश्मनी या दोस्ती 'सलिल'
क्या फर्क? जब मिलेगा, कहेगा वो सच सदा
*
देवों को पूजते हैं जो वो भोग दिखाकर
खुद खा रहे, ये सोच 'इससे कोई डर नहीं'
*
आँख आँख से मिलाकर, आँख आँख में डूबती।
पानी पानी है मुई, आँख रह गई देखती।।
*
एड्स पीड़ित को मिलें एड्स, वो हारे न कभी।
मेरे मौला! मुझे सामर्थ्य, तनिक सी दे दे।।
*
बहा है पर्वतों से सागरों तक आप 'सलिल'।
समय दे रोक बहावों को, ये गवारा ही नहीं।।
*
आ काश! कि आकाश साथ-साथ देखकर।
संजीव तनिक हो सके, 'सलिल' की धार तू।।
*
जानेवाले लौटकर आ जाएँ तो
आनेवालों को जगह होगी कहाँ?
*
मंच से कुछ पात्र यदि जाएँ नहीं
मंच पर कुछ पात्र कैसे आयेंगे?
*
जो गया तू उनका मातम मत मना
शेष हैं जो उनकी भी कुछ फ़िक्र कर
*
मोह-माया तज गए थे तीर्थ को
मुक्त माया से हुए तो शोक क्यों?
*
है संसार असार तो छुटने का क्यों हो शोक?
गए सार की खोज में, मिला सार खुश हो
*
बहे आँसू मगर माशूक ने नाता नहीं जोड़ा
जलाया दिल, बनाया तिल और दिल लूट लिया
*
जब तक था दूर कोई मुझे जानता न था.
तुमको छुआ तो लोहे से सोना हुआ 'सलिल'.
*
वीरानगी का क्या रहा आलम न पूछिए.
दिल ले लिया तुमने तभी आबाद यह हुआ..
*
जाता है कहाँ रास्ता? कैसे बताऊँ मैं??
मुझ से कई गए न तनिक रास्ता हिला..
*
ज्योति जलती तो पतंगे लगाते हैं हाजरी
टेरता है जब तिमिर तो पतंगा आता नहीं
.
हों उपस्थित या जहाँ जो वहीं रचता रहे
सृजन-शाला में रखे, चर्चा करें हम-आप मिल
.
हों अगर मतभेद तो मनभेद हम बनने न दें
कार्य सारस्वत करेंगे हम सभी सद्भाव से
.
जब मिलें सीखें-सिखायें, शारदा आशीष दें
विश्व भाषा हैं सनातन हमारी हिंदी अमर
.
बस में नहीं दिल के, कि बसा फिर निकाल दे.
परबस न हो अगर तो आओ तुम निकाल दो..
*
जो दिल जला है उसके दिल से दिल मिला 'सलिल'
कुछ आग अपने दिल में लगा- जग उजार दे.. ..
*
मिलाकर हाथ खासों ने, किया है आम को बाहर
नहीं लेना न देना ख़ास से, हम आम इन्सां हैं
*
उनका भगवा हाथ है, इनके पंजा साइकिल
आम आदमी को ठगें, सियासत व्यवसाय है
*
'राज्य बनाया है' कहो या 'तोड़ा है राज्य'
साध रही है सियासत केवल अपना स्वार्थ
*
दीनदयालु न साथ दें, न ही गरीब नवाज़
नहीं आम से काम है, हैं खासों के साथ
*
चतुर्वेदी को मिला जब राह में कोई कबीर
व्यर्थ तत्क्षण पंडितों की पंडिताई देख ली
*
सुना रहा गीता पंडित जो खुद माया में फँसा हुआ
लेकिन सारी दुनिया को नित मुक्ति-राह बतलाता है
*
आह न सुनता किसी दीन की बात दीन की खूब करे
रोज टेरता खुदा न सुनता मुल्ला हुआ परेशां है
*
हो चुका अवतार, अब हम याद करते हैं मगर
अनुकरण करते नहीं, क्यों यह विरोधाभास है?
*
कल्पना इतनी मिला दी, सत्य ही दिखता नहीं
पंडितों ने धर्म का, हर दिन किया उपहास है
*
गढ़ दिया राधा-चरित, शत मूर्तियाँ कर दीं खड़ी
हिल गयी जड़ सत्य की, क्या तनिक भी अहसास है?
*
शत विभाजन मिटा, ताकतवर बनाया देश को
कृष्ण ने पर भक्त तोड़ें, रो रहा इतिहास है
*
रूढ़ियों से जूझ गढ़ दें कुछ प्रथाएँ स्वस्थ्य हम
देश हो मजबूत, कहते कृष्ण- 'हर जन खास है'
*
भ्रष्ट शासक आज भी हैं, करें उनका अंत मिल
सत्य जीतेगा न जन को हो सका आभास है
*
फ़र्ज़ पहले बाद में हक़, फल न अपना साध्य हो
चित्र जिसका गुप्त उसका देह यह आवास है.
१२-४-२०२०
***
गीत
*
जितना दिखता है आँखों को
उससे अधिक नहीं दिखता
*
ऐसा सोच न नयन मूँदना
खुली आँख सपने देखो
खुद को देखो, कौन कहाँ क्या
करता वह सब कम लेखो
कदम न रोको
लिखो, ठिठककर
सोचो, क्या मन में टिकता?
जितना दिखता है आँखों को
उससे अधिक नहीं दिखता
*
नहीं चिकित्सक ने बोला है
घिसना कलम जरूरी है
और न यह कानून बना है
लिखना कब मजबूरी है?
निज मन भाया
तभी कर रहीं
सोचो क्या मन को रुचता?
जितना दिखता है आँखों को
उससे अधिक नहीं दिखता
*
मन खुश है तो जग खुश मानो
अपना सत्य आप पहचानो
व्यर्थ न अपना मन भटकाओ
अनहद नाद झूमकर गाओ
झूठ सदा
बिकता बजार में
सत्य कभी देखा बिकता?
जितना दिखता है आँखों को
उससे अधिक नहीं दिखता
१२-४-२०१९
*