कुल पेज दृश्य

सोमवार, 25 दिसंबर 2023

चंद्र विजय अभियान, बड़ा दिन, अतिशर्करी छंद, भवन, दोहे, जनक छंद, नवगीत

विश्ववाणी हिंदी अभियान संस्थान जबलपुर
संपर्क ९४२५१८३२४४, salil.sanjiv@gmail.com 
काव्य संकलन - चंद्र विजय अभियान
सभी साथियों को अनंत-अशेष शुभकामना।

हिंदी के साहित्येतिहास में पहली बार किसी वैज्ञानिक परियोजना को केंद्र में रखकर साझा काव्य संकलन प्रकाशित कर कीर्तिमान बनाया जा रहा है।

इसरो के चंद्र विजय अभियान को सफल बनानेवाले वैज्ञानिकों, अभियंताओं व तकनीशियनों की भारत के कलमकारों द्वारा मानवंदना कर काव्यांजलि अर्पित करने के सारस्वत अनुष्ठान में आपका स्वागत है। काव्य संग्रह "चंद्र विजय अभियान" में अब तक ३३ भाषा-बोलिओं के कवि सहभागिता कार चुके हैं। अपनी आंचलिक बोली, प्रादेशिक भाषा, राष्ट्र भाषा या विदेशी भाषा में लगभग २० पंक्तियों की रचना, चित्र , परिचय (जन्म दिनांक माह वर्ष स्थान, माता-पिता, पति, शिक्षा, संप्रति, प्रकाशित पुस्तकें, डाक पता, ईमेल, चलभाष, वाट्स एप) तथा सहभागिता निधि ३००/- ९४२५१ ८३२४४ पर तुरंत भेजें। संकलन में कम से कम १५१ सहभागी होंगे। अब तक १४५ सहभागी सम्मिलित हो चुके हैं। अंतिम तिथि ३१ दिसँबर २०२३। संकलन में देश-विदेश की भाषाओं/बोलिओं की रचनाओं का स्वागत है। संकलन में ९४ वर्ष से लेकर १८ वर्ष तक की आयु के ३ पीढ़ियों के रचनाकार सम्मिलित हैं। तमिल, तेलुगु, मलयालम, कोंकणी, डोगरी, सरायकी, जौनसारी, मीज़ो, शेरपा आदि शेष सभी भाषाओं/बोलिओं की प्रतीक्षा है।  

अंगिका, अंग्रेजी, असमी, उड़िया, उर्दू, कन्नौजी, कुमायूनी, गढ़वाली, गुजराती, छत्तीसगढ़ी, नगपुरी, निमाड़ी, पचेली, पाली, प्राकृत, बघेली, बांग्ला, बुंदेली, ब्रज, भुआणी, भोजपुरी, मराठी, मारवाड़ी, मालवी, मैथिली, राजस्थानी, संबलपुरी, संस्कृत, हलबी, हिंदी आदि ३३ भाषाओं/बोलिओं की रचनाएँ आ चुकी हैं। आस्ट्रेलिया, अमेरिका तथा इंग्लैंड से रचनाकार जुड़ चुके हैं।

पहली बार विविध भाषाओं/बोलियों में वैज्ञानिकों/अभियंताओं को काव्यांजलि देकर कीर्तिमान बनाया जा रहा है। मत चूके चौहान, आज ही जुड़िए। हर सहभागी को इन कीर्तिमानों में आपकी सहभागिता संबंधी प्रमाणपत्र संस्थान अध्यक्ष के हस्ताक्षरों से ओन लाइन भेजा जाएगा।
•••
सलिल सृजन २५.१२.२०२३ 
गीत:
'बड़ा दिन'
*
हम ऐसा कुछ काम कर सकें
हर दिन रहे बड़ा दिन अपना.
बनें सहायक नित्य किसी के-
पूरा करदें उसका सपना.....
*
केवल खुद के लिए न जीकर
कुछ पल औरों के हित जी लें.
कुछ अमृत दे बाँट, और खुद
कभी हलाहल थोडा पी लें.
बिना हलाहल पान किये, क्या
कोई शिवशंकर हो सकता?
बिना बहाए स्वेद धरा पर
क्या कोई फसलें बो सकता?
दिनकर को सब पूज रहे पर
किसने चाहा जलना-तपना?
हम ऐसा कुछ काम कर सकें
हर दिन रहे बड़ा दिन अपना.....
*
निज निष्ठा की सूली पर चढ़,
जो कुरीत से लड़े निरंतर,
तन पर कीलें ठुकवा ले पर-
न हो असत के सम्मुख नत-शिर.
करे क्षमा जो प्रतिघातों को
रख सद्भाव सदा निज मन में.
बिना स्वार्थ उपहार बाँटता-
फिरे नगर में, डगर- विजन में.
उस ईसा की, उस संता की-
'सलिल' सीख ले माला जपना.
हम ऐसा कुछ काम कर सकें
हर दिन रहे बड़ा दिन अपना.....
*
जब दाना चक्की में पिसता,
आटा बनता, क्षुधा मिटाता.
चक्की चले समय की प्रति पल
नादां पिसने से घबराता.
स्नेह-साधना कर निज प्रतिभा-
सूरज से कर जग उजियारा.
देश, धर्म, या जाति भूलकर
चमक गगन में बन ध्रुवतारा.
रख ऐसा आचरण बने जो,
सारी मानवता का नपना.
हम ऐसा कुछ काम कर सकें
हर दिन रहे बड़ा दिन अपना.....
***
१५ वर्णिक अतिशर्करी जातीय छंद
सारंगी
विधान - ५ म। यति - ८-७।
माया जीवों को मोहेगी; प्राणों से ज्यादा प्यारी।
ज्यों ही पाई खोई त्यों ही; छाया कर्मों की क्यारी।।
जैसा बोया वैसा काटा; जो लाया वो ले जाए -
काया को काया ही भाती; माटी को माटी न्यारी।।
*
चित्रा
विधान - म म म य य। यति - ८-७।
क्या तेरा क्या मेरा साधो; बोल दे साँच भाई।
खाली हाथों आना-जाना; जोड़ता व्यर्थ भाई।।
झूठे सारे रिश्ते नाते; वायदे झूठ सारे-
क्या कोई भी साथी होता आखिरी वक़्त भाई।।
*
सीता
विधान - र त म य र। यति - ८-७।
झूठ बोलो यार तो भी; सत्य बोला बोलना।
सार बोला या न बोलै; किंतु बोलै तोलना।।
प्यार होता या न होता; किंतु दे-पाया कहो-
राह है संसार का जो; राज तू ना खोलना।।
*
नलिनी / भ्रमरावली / मनहरण
विधान - ५ स।
सब में रब है; सब से सच ही कहना।
तन में मन मंदिर है; रब तू रहना।।
जब जो घटता; तब वो सब है घटना-
सलिला सम जीवन में लहरा-बहना।।
*
कुञ्ज
विधान - त ज र स र। यति - ८-७।
होता रस-रास नित्य ; मौन सखा देख ले।
देती नव शक्ति भक्ति ; भाव भरी लेख ले।।
राधा-बस श्याम श्याम; के बस राधा हुई-
साक्षी यह कुञ्ज-तीर आकर तू देख ले।।
*
दीपक
विधान - भ त न त य। यति - १०-५।
हाय किसानों तुम पर है आपद आई।
शासन बातें सुन न रहा; शामत आई।।
साध्य न खेती श्रमिक नहीं; है अब प्यारा-
सेठ-परस्ती हर दल को, है अब भाई।।
*
मालिनी / मञ्जुमालिनी
विधान - न न म य य। यति - ८-७।
कदम-कदम शूलों; से घिरे फूल प्यारे।
पग-पग पर घाटों; से घिरे कूल न्यारे।।
कलकल जलधारों; को करें लोग गंदा-
अमल सलिल होने; दो निर्मल हों धारे ।।
*
उपमालिनी
विधान - न न त भ र। यति - ८-७।
कृषक-श्रमिक भूखे; रहें जिस राज में।
जनगण-मन आशा; तजे उस राज में।।
जन प्रतिनिधि भोगें; मजे जिस राज में-
नजमत अनदेखा; रहे उस राज में।।
*
१६ वर्णिक अथाष्टि जातीय छंद
मदनललिता
विधान - म भ न म न ग। यति - ४-६-६।
खेतों में जो; श्रम कर रहे; वे ही लड़ रहे।
बोते हैं जो; फसल अब तो; वे ही डर रहे।।
सारे वादे; बिसर मुकरे; नेता कह रहे-
जो बोले थे; महज जुमले; मैया! छल रहे।।
*
नील
विधान - ५ भ + ग।
मैं तुम; हों हम; तो फिर क्या गम; खूब मिले।
मीत बनें हम; प्रीत करें हम; भूल गिले।।
हार वरें जब; जीत मिले तब; हार गले-
दीप जले जब; द्वार सजे तब; प्यार खिले।।
*
मणिकल्पलता
विधान - न ज र म भ ग। यति - १०-६।
मिल-जल दीप दीपमाला; हो भू पे पुजते ।
मिल-जुल साथ-साथ सारे; अंधेरा हरते।।
जब तक तेल और बाती; हैं साथी उनके-
तब तक वे प्रकाश देते; मुस्काते मिलते ।।
*
अचलधृति
विधान - ५ न + ल।
अमल विमल सलिल लहर प्रवहित।
अगिन सुमन जलज कमल मुकुलित।।
रसिक भ्रमर सरसिज पर मर-मिट-
निरख-निरख शतदल-दल प्रमुदित।।
*
प्रवरललिता
विधान - य म न स र ग। यति - ६-१०।
तिरंगा ऊँचा है; हरदम रखें खूब ऊँचा।
न होने देना है; मिलकर इसे यार नीचा।।
यही काशी-काबा; ब्रज-रज यही है अयोध्या -
इन्हें सींचें खूं से; हम सब न सूखे बगीचा।।
*
चंचला
विधान -र ज र ज र ल।
है शिकार आज भी किसान जुल्म का हुजूर।
है मजूर भूख का शिकार आज भी हुजूर।।
दूरदर्शनी हुआ सियासती प्रचार आज-
दे रहा फिजूल में चुनौतियाँ इन्हें हुजूर।।
*
रतिलेखा
विधान -स न न न स ग। यति ११-५।
अब तो जग कर विजय; हँस वनिताएँ।
जय मंज़िल कर रुक न; बढ़ यश पाएँ।।
नर से बढ़कर सफल; अब यह होंगी-
गिरि-पर्वत कर फतह; ध्वज फहराएँ।।
***
मुक्तक
मोक्षदा एकादशी; गीता दिवस पर, मदन मोहन को नमन शत,
अटल हों संकल्प अपने; दिन बड़ा है; भारती माँ को नमन शत।
निरुपमा कविता व्यथित है, देख कृषकों को सड़क पर यूँ उपेक्षित -
सलिल कर अभिषेक श्रम का, अन्नदाता देश के उनको नमन शत।
*
वंदन शारद भारती; हरि सहाय हों आज
नमन अनिल अमरेंद्र को; हो अशोक सब काज
जय प्रकाश की भावना; हो बसंत का राज
मन मिथलेश अवधपति; हो तन तब संतोष
कर विवेक रंजन सदा; सृजन विनीता कोष
*
आमंत्रित सबको करें जो वे अब रहें न दूर
काव्य पाठ मिथलेश जी करें बजे संतूर
*
भाभी जी का स्टेशन है भैया जी के मन में
सादर वंदन नमन समर्पित, हो हुलास जीवन में
*
नेह नर्मदा बहे निरंतर, महके आँगन देहरी
कविता-कविता मन को छूती बातें कह दे गहरी
२५-१२-२०२०
***
नवगीत:
.
कौन है जो
बिन कहे ही
शब्द में संगीत भरता है?
.
चाँद उपगृह निरा बंजर
सिर्फ पर्वत बिन समंदर
ज़िन्दगी भी नहीं संभव
उजाला भी नहीं अंदर
किन्तु फिर भी
रात में ले
चाँदनी का रूप झरता है
.
लता को देता सहारा
करें पंछी भी गुजारा
लकड़ियाँ फल फूल पत्ते
लूटता वहशी मनुज पर
दैव जैसा
सदय रहता
वृक्ष कल से नहीं डरता है
.
नदी कलकल बह रही है
क्या कभी कुछ गह रही है?
मिटाती है प्यास सबकी
पर न कुछ भी कह रही है
अचल सागर
से अँजुरिया
नीर पी क्या कोई तरता है?
***
दोहा सलिला :
भवन माहात्म्य
*
[इंस्टिट्यूशन ऑफ़ इंजीनियर्स, लोकल सेंटर जबलपुर द्वारा गगनचुम्बी भवन (हाई राइज बिल्डिंग) पर १०-११ अगस्त २०१३ को आयोजित अखिल भारतीय संगोष्ठी की स्मारिका में प्रकाशित कुछ दोहे।]
*
भवन मनुज की सभ्यता, ईश्वर का वरदान।
रहना चाहें भवन में, भू पर आ भगवान।१।
*
भवन बिना हो जिंदगी, आवारा-असहाय।
अपने सपने ज्यों 'सलिल', हों अनाथ-निरुपाय।२।
*
मन से मन जोड़े भवन, दो हों मिलकर एक।
सब सपने साकार हों, खुशियाँ मिलें अनेक।३।
*
भवन बचाते ज़िन्दगी, सड़क जोड़ती देश।
पुल बिछुडों को मिलाते, तरु दें वायु हमेश।४।
*
राष्ट्रीय संपत्ति पुल, सड़क इमारत वृक्ष।
बना करें रक्षा सदा, अभियंतागण दक्ष।५।
*
भवन सड़क पुल रच बना, आदम जब इंसान।
करें देव-दानव तभी, मानव का गुणगान।६।
*
कंकर को शंकर करें, अभियंता दिन-रात।
तभी तिमिर का अंत हो, उगे नवल प्रभात७।
*
भवन सड़क पुल से बने, देश सुखी संपन्न।
भवन सेतु पथ के बिना, होता देश विपन्न।८।
*
इमारतों की सुदृढ़ता, फूंके उनमें जान।
देश सुखी-संपन्न हो, बढ़े विश्व में शान।९।
*
भारत का नव तीर्थ है, हर सुदृढ़ निर्माण।
स्वेद परिश्रम फूँकता, निर्माणों में प्राण।१०।
*
अभियंता तकनीक से, करते नव निर्माण।
होता है जीवंत तब, बिना प्राण पाषाण।११।
*
भवन सड़क पुल ही रखें, राष्ट्र-प्रगति की नींव।
सेतु बना- तब पा सके, सीता करुणासींव।१२।
*
करे इमारत को सुदृढ़, शिल्प-ज्ञान-तकनीक।
लगन-परिश्रम से बने, बीहड़ में भी लीक।१३।
*
करें कल्पना शून्य में, पहले फिर साकार।
आंकें रूप अरूप में, यंत्री दे आकार।१४।
*
सिर्फ लक्ष्य पर ही रखें, हर पल अपनी दृष्टि।
अभियंता-मजदूर मिल, रचें नयी नित सृष्टि।१५।
*
सडक देश की धड़कनें, भवन ह्रदय पुल पैर।
वृक्ष श्वास-प्रश्वास दें, कर जीवन निर्वैर।१६।
*
भवन सेतु पथ से मिले, जीवन में सुख-चैन।
इनकी रक्षा कीजिए, सब मिलकर दिन-रैन।१७।
*
काँच न तोड़ें भवन के, मत खुरचें दीवार।
याद रखें हैं भवन ही, जीवन के आगार।१८।
*
भवन न गन्दा हो 'सलिल', सब मिल रखें खयाल।
कचरा तुरत हटाइए, गर दे कोई डाल।१९।
*
भवनों के चहुँ और हों, ऊँची वृक्ष-कतार।
शुद्ध वायु आरोग्य दे, पायें ख़ुशी अपार।२०।
*
कंकर से शंकर गढ़े, शिल्प ज्ञान तकनीक।
भवन गगनचुम्बी बनें, गढ़ सुखप्रद नव लीक।२१।
*
वहीं गढ़ें अट्टालिका जहाँ भूमि मजबूत।
जन-जीवन हो सुरक्षित, खुशियाँ मिलें अकूत।२२।
*
ऊँचे भवनों में रखें, ऊँचा 'सलिल' चरित्र।
रहें प्रकृति के मित्र बन, जीवन रहे पवित्र।२३।
*
रूपांकन हो भवन का, प्रकृति के अनुसार।
अनुकूलन हो ताप का, मौसम के अनुसार।२४।
*
वायु-प्रवाह बना रहे, ऊर्जा पायें प्राण।
भवन-वास्तु शुभ कर सके, मानव को सम्प्राण।२५।
***
सामयिकी:
हिंदी की शब्द सलिला
*
आजकल हिंदी विरोध और हिनदी समर्थन की राजनैतिक नूराकुश्ती जमकर हो रही है। दोनों पक्षों का वास्तविक उद्देश्य अपना राजनैतिक स्वार्थ साधना है। दोनों पक्षों को हिंदी या अन्य किसी भाषा से कुछ लेना-देना नहीं है। सत्तर के दशक में प्रश्न को उछालकर राजनैतिक रोटियाँ सेंकी जा चुकी हैं। अब फिर तैयारी है किंतु तब आदमी तबाह हुआ और अब भी होगा। भाषाएँ और बोलियाँ एक दूसरे की पूरक हैं, प्रतिस्पर्धी नहीं। खुसरो से लेकर हजारीप्रसाद द्विवेदी और कबीर से लेकर तुलसी तक हिंदी ने कितने शब्द संस्कृत. पाली, प्राकृत, अपभ्रंश, बुंदेली, भोजपुरी, बृज, अवधी, अंगिका, बज्जिका, मालवी निमाड़ी, सधुक्कड़ी, लश्करी, मराठी, गुजराती, बांग्ला और अन्य देशज भाषाओँ-बोलियों से लिये-दिये और कितने अंग्रेजी, तुर्की, अरबी, फ़ारसी, पुर्तगाली आदि से इसका कोई लेख-जोखा संभव नहीं है.
इसके बाद भी हिंदी पर संकीर्णता, अल्प शब्द सामर्थ्य, अभिव्यक्ति में अक्षम और अनुपयुक्त होने का आरोप लगाया जाना कितना सही है? गांधी जी ने सभी भारतीय भाषाओँ को देवनागरी लिपि में लिखने का सुझाव दिया था ताकि सभी के शब्द आपस में घुलमिल सकें और कालांतर में एक भाषा का विकास हो किन्तु प्रश्न पर स्वार्थ की रोटी सेंकनेवाले अंग्रेजीपरस्त गांधीवादियों और नौकरशाहों ने यह न होने दिया और ७० के दशक में हिन्दीविरोध दक्षिण की राजनीति में खूब पनपा।
संस्कृत से हिंदी, फ़ारसी होकर अंग्रेजी में जानेवाले अनगिनत शब्दों में से कुछ हैं: मातृ - मातर - मादर - मदर, पितृ - पितर - फिदर - फादर, भ्रातृ - बिरादर - ब्रदर, दीवाल - द वाल, आत्मा - ऐटम, चर्चा - चर्च (जहाँ चर्चा की जाए), मुनिस्थारि = मठ, -मोनस्ट्री = पादरियों आवास, पुरोहित - प्रीहट - प्रीस्ट, श्रमण - सरमन = अनुयायियों के श्रवण हेतु प्रवचन, देव-निति (देवों की दिनचर्या) - देवनइति (देव इस प्रकार हैं) - divnity = ईश्वरीय, देव - deity - devotee, भगवद - पगवद - pagoda फ्रेंच मंदिर, वाटिका - वेटिकन, विपश्य - बिपश्य - बिशप, काष्ठ-द्रुम-दल(लकड़ी से बना प्रार्थनाघर) - cathedral, साम (सामवेद) - p-salm (प्रार्थना), प्रवर - frair, मौसल - मुसल(मान), कान्हा - कान्ह - कान - खान, मख (अग्निपूजन का स्थान) - मक्का, गाभा (गर्भगृह) - काबा, शिवलिंग - संगे-अस्वद (काली मूर्ति, काला शिवलिंग), मखेश्वर - मक्केश्वर, यदु - jude, ईश्वर आलय - isreal (जहाँ वास्तव इश्वर है), हरिभ - हिब्रू, आप-स्थल - apostle, अभय - abbey, बास्पित-स्म (हम अभिषिक्त हो चुके) - baptism (बपतिस्मा = ईसाई धर्म में दीक्षित), शिव - तीन नेत्रोंवाला - त्र्यम्बकेश - बकश - बकस - अक्खोस - bachenelion (नशे में मस्त रहनेवाले), शिव-शिव-हरे - सिप-सिप-हरी - हिप-हिप-हुर्राह, शंकर - कंकर - concordium - concor, शिवस्थान - sistine chapel (धर्मचिन्हों का पूजास्थल), अंतर - अंदर - अंडर, अम्बा- अम्मा - माँ मेरी - मरियम आदि।
हिंदी में प्रयुक्त अरबी भाषा के शब्द : दुनिया, ग़रीब, जवाब, अमीर, मशहूर, किताब, तरक्की, अजीब, नतीज़ा, मदद, ईमानदार, इलाज़, क़िस्सा, मालूम, आदमी, इज्जत, ख़त, नशा, बहस आदि ।
हिंदी में प्रयुक्त फ़ारसी भाषा के शब्द : रास्ता, आराम, ज़िंदगी, दुकान, बीमार, सिपाही, ख़ून, बाम, क़लम, सितार, ज़मीन, कुश्ती, चेहरा, गुलाब, पुल, मुफ़्त, खरगोश, रूमाल, गिरफ़्तार आदि ।
हिंदी में प्रयुक्त तुर्की भाषा के शब्द : कैंची, कुली, लाश, दारोगा, तोप, तलाश, बेगम, बहादुर आदि ।
हिंदी में प्रयुक्त पुर्तगाली भाषा के शब्द : अलमारी, साबुन, तौलिया, बाल्टी, कमरा, गमला, चाबी, मेज, संतरा आदि ।
हिंदी में प्रयुक्त अन्य भाषाओ से: उजबक (उज्बेकिस्तानी, रंग-बिरंगे कपड़े पहननेवाले) = अजीब तरह से रहनेवाला,
हिंदी में प्रयुक्त बांग्ला शब्द: मोशाय - महोदय, माछी - मछली, भालो - भला,
हिंदी में प्रयुक्त मराठी शब्द: आई - माँ, माछी - मछली,
अपनी आवश्यकता हर भाषा-बोली से शब्द ग्रहण करनेवाली व्यापक में से उदारतापूर्वक शब्द देनेवाली हिंदी ही भविष्य की विश्व भाषा है इस सत्य को जितनी जल्दी स्वीकार किया जाएगा, भाषायी विवादों का समापन हो सकेगा।
***
नवगीत:
*
साँप-सँपेरे
करें सियासत
.
हर चुनाव है नागपंचमी
बीन बज रही, बजे चंग भी
नागिन मोहे, कभी डराये
स्नेह लापता, छोड़ी जंग भी
कहीं हो रही
लूट-बगावत
.
नाचे बंदर, नचा मदारी
पण्डे-झंडे लाये भिखारी
कथनी-करनी में अंतर है
जनता, थोड़ा सबक सिखा री!
क्षणिक मित्रता
अधिक अदावत
.
खेलें दोनों ओर जुआरी
झूठे दावे, छद्म अदा री
जीतें तो बन जाए टपरिया
साथ मंज़िला भव्य अटारी
भृष्ट आचरण
कहें रवायत
.
***
नवगीत:
.
कुछ तो कीजिए
हुज़ूर!
कुछ तो कीजिए
माथे बिंदिया
द्वारे सतिया
हाथ हिना लख
खुश परबतिया
कर बौरा का जाप
भजिए रीझिए
.
भोर सुनहरी
गर्म दुपहरी
साँझ सजीली
निशा नशीली
होतीं अपने आप
नवता दीजिए
.
धूप तप रही
हवा बह रही
लहर मीन से
कथा कह रही
दूरी लेंगी नाप
पग धर दीजिए
.
हँसतीं कलियाँ
भ्रमर तितलियाँ
देखें संग-संग
दिल की गलियाँ
दिग्दिगंत तक व्याप
ढलिये-ऊगिये
.
महल टपरिया
गली बजरिया
मटके भटके
समय गुजरिया
नाच नचाएँ साँप
विष भी पीजिए
.
***
जनक छंदी सलिला:
*
शुभ क्रिसमस शुभ साल हो,
मानव इंसां बन सके.
सकल धरा खुश हाल हो..
*
दसों दिशा में हर्ष हो,
प्रभु से इतनी प्रार्थना-
सबका नव उत्कर्ष हो..
*
द्वार ह्रदय के खोल दें,
बोल क्षमा के बोल दें.
मधुर प्रेम-रस घोल दें..
*
तन से पहले मन मिले,
भुला सभी शिकवे-गिले.
जीवन में मधुवन खिले..
*
कौन किसी का हैं यहाँ?
सब मतलब के मीत हैं.
नाम इसी का है जहाँ..
*
लोकतंत्र नीलाम कर,
देश बेचकर खा गए.
थू नेता के नाम पर..
*
सबका सबसे हो भला,
सभी सदा निर्भय रहें.
हर मन हो शतदल खिला..
*
सत-शिव सुंदर है जगत,
सत-चित -आनंद ईश्वर.
हर आत्मा में है प्रगट..
*
सबको सबसे प्यार हो,
अहित किसी का मत करें.
स्नेह भरा संसार हो..
*
वही सिंधु है, बिंदु भी,
वह असीम-निस्सीम भी.
वही सूर्य है, इंदु भी..
*
जन प्रतिनिधि का आचरण,
जन की चिंता का विषय.
लोकतंत्र का है मरण..
*
शासन दुश्शासन हुआ,
जनमत अनदेखा करे.
कब सुधरेगा यह मुआ?
*
सांसद रिश्वत ले रहे,
क़ैद कैमरे में हुए.
ईमां बेचे दे रहे..
*
सबल निबल को काटता,
कुर्बानी कहता उसे.
शीश न निज क्यों काटता?
*
जीना भी मुश्किल किया,
गगन चूमते भाव ने.
काँप रहा है हर जिया..
*
***
गीत:
नया वर्ष है...
*
खड़ा मोड़ पर आकर फिर
एक नया वर्ष है...
*
कल से कल का सेतु आज है यह मत भूलो.
पाँव जमीं पर जमा, आसमां को भी छू लो..
मंगल पर जाने के पहले
भू का मंगल -
कर पाएँ कुछ तभी कहें
पग तले अर्श है.
खड़ा मोड़ पर आकर फिर
एक नया वर्ष है...
*
आँसू न बहा, दिल जलता है, चुप रह, जलने दे.
नयन उनींदे हैं तो क्या, सपने पलने दे..
संसद में नूराकुश्ती से
क्या पाओगे?
सार्थक तब जब आम आदमी
कहे हर्ष है.
खड़ा मोड़ पर आकर फिर
एक नया वर्ष है...
*
गगनविहारी माया की ममता पाले है.
अफसर, नेता, सेठ कर रहे घोटाले हैं.
दोष बताएँ औरों के
निज दोष छिपाकर-
शीर्षासन कर न्याय कहे
सिर धरा फर्श है.
खड़ा मोड़ पर आकर फिर
एक नया वर्ष है...
*
धनी और निर्धन दोनों अधनंगे फिरते.
मध्यमवर्गी वर्जनाएँ रच ढोते-फिरते..
मनमानी व्याख्या सत्यों
की करे पुरोहित-
फतवे जारी हुए न लेकिन
कुछ विमर्श है.
खड़ा मोड़ पर आकर फिर
एक नया वर्ष है...
*
चले अहर्निश ऊग-डूब कब सोचे सूरज?
कर कर कोशिश फल की चिंता काश सकें तज..
कंकर से शंकर गढ़ना हो
लक्ष्य हमारा-
विषपायी हो 'सलिल'
कहें: त्यागा अमर्श है.
खड़ा मोड़ पर आकर फिर
एक नया वर्ष है...
२५-१२-२०१२
***

रविवार, 24 दिसंबर 2023

एम.व्ही., विश्वेश्वरैया, गीत

स्मृति गीत 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई।

उद्योगों से नव उन्नति की राह देश को दिखलाई... 

*

भू-सुत एम.व्ही. खुद बाढ़ों की विभीषिका से जूझे थे। 

जलप्लावन का किया सामना, दृढ़ निर्माण अबूझे थे॥ 

'बाढ़-द्वार' से बाढ़ नियंत्रण कर जनहित की अगुआई

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई...

*

जल-प्रदाय का किया प्रबंधन, बाधाओं से टकराए। 

आंग्ल यंत्रियों की प्रभुता से कभी न किंचित घबराए।। 

जन्म जात प्रतिभा-क्षमता का लोहा जग माना की पहुनाई 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई...

*

कार-वस्त्र-उद्योग-नीतियाँ बना क्रियान्वय करवाया। 

पचसाला योजना बनाकर जग में झन फहराया।। 

कर्मवीर ने कर्मयोग की विजय  दुंदुभि गुंजाई 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई...

*

बापू से आदेश मिल तो कोसी नद की बाढ़ से। 

बचने के उपाय बतलाए, देश बच यम-दाढ़ से ।। 

अंग्रेजों ने भेजी निधि तो ग्रहण न कार थी लौटाई 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई... 

*

सजग रेल यात्राओं में रह टूटी पटरी पहचानी। 

सेतु-खंब की तिरछाई भी, दूर कराने की ठानी।। 

शासकीय सुविधाएँ न लेकर, नैतिकता थी दर्शाई 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई...

*

सीख  एम.व्ही. की भूले हम कच्चे पर्वत खोद दिए। 

सेतु-सुरंगें-मार्ग बनाकर संकट अनगिन खड़े किए।। 

घिरे श्रमिक जन गण विपदा में हुई देश की रुसवाई 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई...

*

अभियंता मिल आज शपथ लें, प्रकृति को माँ समझेंगे। 

तदनुसार निर्माण नए कर गुणवत्ता को परखेँगे ।। 

'सलिल' एम.व्ही. के पथ पर अब चले देश की तरुणाई 

प्रकृति के अनुरूप यांत्रिकी, एम.व्ही. ने थी सिखलाई...

*

संपर्क- ९४२५१८३२४४ 

शनिवार, 23 दिसंबर 2023

संजीव रेखा चित्र


 

जगती छंद, शर्करी छंद, लेख, हिंदी, नवगीत, कुण्डलिया, दोहा,

 

बारह वार्णिक जगती जातीय छंद
*
विद्याधरी
विधान - म म म म।
*
आजा मैया, दे दे छैंया, कैंया ले ले।
राधा-कान्हा, गोपी ग्वाले, तूने पाले।।
क्यों है रूठी?, झूठा-झूठी, लोरी भूली-
माटी प्यारी, सच्ची न्यारी, बच्चे खेले।।
*
चन्द्रवर्त्म
विधान - र न भ स।
देश को नमन, लोग मिल करें।
द्वेष का शमन, आप-हम करें।।
साथ हो चरण, साथ कर रहे-
देश में अमन, मीत सब करें।।
*
सारंग
विधान - त त त त।
बागी सुता आसमां तात नाराज।
भागा उषा को लिए सूर्य खो लाज।।
माता धरा ने लिया मान दामाद-
गाते पखेरू विदा गीत ले साज।।
*
इन्द्रवंशा
विधान - त त ज र।
बाती जली श्रेय कभी नहीं मिला।
पूजा गया दीप करे नहीं गिला।।
ऊँचा रखें शीश इमारतें सदा-
ढोती रही भार कहे नहीं शिला।।
तामरस
विधान - न ज ज य।
दिलवर है दिलदार पुकारा।
मधुवन में रच रास निहारा।
नटखट वेणु बजाकर छेड़े-
जब-सखि रूठ गई मनुहारा।।
कुसुमविचित्रा
विधान - न य न य।
लख कलियों को मधुकर झूमे।
निलज न माने; जब मन चूमे।।
उपवन जाने यह हरजाई-
तन-मन काला; मति भरमाई।।
मालती / यमुना
विधान - न ज ज र।
कृषक धरे धरना न मानते।
सच कहते डरना न जानते।।
जनमत को सरकार मान ले-
अड़कर रार न व्यर्थ ठानते।।
तरलनयन
विधान - न न न न।
कलरव कर खग प्रमुदित।
नभ पर रवि विहँस उदित।।
सलिल सुमन सु-मन सहित-
सुखद पवन प्रवह हँसित।।
*
तेरह अक्षरी जगती जातीय छंद
माया
विधान - म त य स ग। यति - ४-९।
पौधा रोपा; जो तरु होगा फल देगा।
पानी सींचो; आज न दे तो कल देगा।।
बागों में जो; फूल खिलें तो तितली भी-
नाचें भौरों संग विधाता हँस देगा।।
*
विलासी
विधान - म त म म ग। यति - ५-३-५।
तोड़ेंगे तारे; न हारें; मोड़ेंगे राहें।
पूरी होंगी ही; हमारी; जी चाही चाहें।।
बाधाएँ आएँ, न हारें, जीतेंगे बाजी-
जीतें या हारें; न भागें; जूझेगी बाहें।।
*
कंदुक
विधान - य य य य ग।
कहो बात सच्ची इरादे न भूलो रे।
करो कोशिशें भी; मुरादें न भूलो रे।।
सदा साथ दे जो उसीको पुकारो रे -
नहीं भाग्य को रो; उठो आ सँवारो रे।।
*
राधा
विधान - र त म य ग। यति - ८-५।
वायवी वादे तुम्हारे; झूठ हैं प्यारे।
ख्वाब की खेती समूची; लूट है प्यारे।।
'एकता' नारा लगाया; स्वार्थ साधा है-
साध्य सत्ता हेतु डाली; फूट है प्यारे।।
*
रुचिरा / प्रभावती
विधान - ज भ स ज ग। यति - ४-९।
रुको नहीं; पग पथ पे धरे चलो।
झुको नहीं; गिर-उठ के बढ़े चलो।।
कहे धरा; सुख-दुःख को सही चलो-
बनो नदी; कलकल गा बहे चलो।।
*
कंजअवलि
विधान - भ न ज ज ल।
हों कृषक भटकते पथ पे जब।
हों श्रमिक अटकते मग पे जब।।
तो रचकर कविता कह दे सच-
क्यों डर कवि चुप है?; लड़ जा अब।।
*
पुष्पमाला
विधान - न न र र ग। यति - ९-४।
नवल सुमन ले बना; पुष्पमाला।
प्रभु-पग पर दे चढ़ा, पुष्पमाला।।
स्तुति कर तू भुला; छोड़ निंदा -
कवि रच कविता बना; पुष्पमाला।।
*
१४ मात्रिक शर्करी जातीय छंद
वासंती
विधान - म त न म ग ग। यति - ६-८।
होता भ्रष्टाचार; कर रहे दागी नेता।
पाने सत्ता रोज; बन रहे बागी नेता।।
झूठी बातें बोल; ठग रहे हैं लोगों को -
डाकू जैसा चाल-चलन है ढोंगी नेता ।।
*
असंबाधा
विधान - म त न स ग ग। यति - ५-९।
राधा को देखा; झट किशन चला आया ।
कालिंदी तीरे; झटपट न दिखा आया।।
पेड़ों के पीछे; छिप नटखट गुर्राया-
चीखी थी राधा; डर- नटवर मुस्काया।।
*
मंजरी
विधान - स ज स य ल ग। यति - ५-९।
लिखना नहीं; वह जिसे नहीं जानते।
करना नहीं; वह जिसे नहीं मानते।।
कहना नहीं; मन जिसे नहीं चाहता-
मिलता नहीं, तुम जिसे नहीं ठानते।।
*
मंगली
विधान - स स ज र ल ग। यति - ३-६-५।
चल आ; हम साथ-साथ; बाग़ में चलें।
सपने; नव साथ-साथ; आँख में पलें।।
नपने; सब जान-मान; छंद मंगली-
रच दें; पढ़ सीख-सीख; आप भी लिखें।।
*
अनंद
विधान - ज र ज र ल ग।
जहाँ नहीं विचार हों समान; दूर हों।
करें नहीं विवाद आप; व्यर्थ सूर हों।।
रुचे न बात तो उसे भुला हुजूर दें-
न लें सखा उधार; लें चुका जरूर दें ।।
*
इन्दुवदना
विधान - भ ज स न ग ग।
इन्दुवदना विहँस मीत-मन मोहे।
चैन हर ले; सलज प्रीत कर सोहे।।
झाँक नयना नयन में हिचकिचाते-
प्रीत गगरी उलटती; रस बहाते।।
*
अपराजिता
विधान - न न र स ल ग। यति - ७-७।
निरख-परख बात को कहिए सदा।
दरस-परस मौन हो करिए सदा।।
जनगण-मन वृत्ति हो अपराजिता-
अमन-चमन में रखे रहिए सदा।।

२३.१२.२०२०

***

षट्पदी

*
बाँचे कोई तो कभी, अपना लिखा कवित्त।
खुद को कविवर समझकर, खुश हो जाता चित्त।।
खुश हो जाता चित्त, मित्त तालियाँ बजाते।
सुना-दिखाकर कलाकार, रोटियाँ कमाते।।
रुष्ट 'सलिल' कविराय, थमाकर नोटिस नाचे।
करे कमाई वकील, पिटीशन लिखकर बाँचे।।
***
क्षणिका
मैं बोला- आदाब!
वे समझीं- आ दाब।
खाना हुआ खराब
भागा तुरत जनाब
***
गीत -
*
नए साल में
हर दिन देना
बिना टैक्स
मुस्कान नयी तुम
*
हुई नोट-बंदी तो क्या गम?
बिन नोटों के नैन लड़ा लें.
क्या जानें राहुल-मोदीजी
हम बातों से क्या सुख पालें?
माया, ममता, उमा न जानें
द्वैत मिटाया जाता कैसे?
गहें हाथ में हाथ, साथ रह
हम कुटिया में महल बसा लें.
हर दिन मुझको
पडीं दिखाई
नव सद्गुण की
खान नयी तुम
*
यह मुस्कान न काली होती
यह मुस्कान न जाली होती
अधरों की यह शान सनातन
कठिनाई में खुशियाँ बोती
बेच-खरीद न सकता कोई
नहीं जमाखोरी हो सकती
है निर्धन का धन, जाड़े में
ज्यों चैया की प्याली होती
ऋचा-मन्त्र सी
निर्मल पावन
बम्बुलिया की
तान नयी तुम
*
काम न बैंकों की कतार से
कोई न नाता है उधार से
कम से कम में काम चलाना
जग सीखे तुम समझदार से
खर्च किया कम, बचत करी जो
निर्बल का बल बने समय पर
सुने न कोई कान लगाकर
दूरी रखना तुम दिवार से
कभी न करतीं
बहिष्कार जो
गृह-संसद की
शान नयी तुम
२३-१२-२०१६
***
नवगीत:
.
कुण्डी खटकी
उठ खोल द्वार
है नया साल
कर द्वारचार
.
छोडो खटिया
कोशिश बिटिया
थोड़ा तो खुद को
लो सँवार
.
श्रम साला
करता अगवानी
मुस्का चहरे पर
ला निखार
.
पग द्वय बाबुल
मंज़िल मैया
देते आशिष
पल-पल हजार
***
नवगीत:
*
नये बरस की
भोर सुनहरी
.
हरी पत्तियों पर
कलियों पर
तुहिन बूँद हो
ठहरी-ठहरी
ओस-कुहासे की
चादर को चीर
रवि किरण
हँसे घनेरी
खिड़की पर
चहके गौरैया
गाये प्रभाती
हँसे गिलहरी
*
लोकतंत्र में
लोभतंत्र की
सरकारें हैं
बहरी-बहरी
क्रोधित जनता ने
प्रतिनिधि पर
आँख करोड़ों
पुनः तरेरी
हटा भरोसा
टूटी निष्ठा
देख मलिनता
लहरी-लहरी
.
नए सृजन की
परिवर्तन की
विजय पताका
फहरी-फहरी
किसी नवोढ़ा ने
साजन की
आहट सुन
मुस्कान बिखेरी
गोरे करतल पर
मेंहदी की
सुर्ख सजावट
गहरी-गहरी
२३-१२-२०१६
***
नवगीत:
नए साल
मत हिचक
बता दे क्या होगा?
.
सियासती गुटबाजी
क्या रंग लाएगी?
'देश एक' की नीति
कभी फल पायेगी?
धारा तीन सौ सत्तर
बनी रहेगी क्या?
गयी हटायी
तो क्या
घटनाक्रम होगा?
.
काशी, मथुरा, अवध
विवाद मिटेंगे क्या?
नक्सलवादी
तज विद्रोह
हटेंगे क्या?
पूर्वांचल में
अमन-चैन का
क्या होगा?
.
धर्म भाव
कर्तव्य कभी
बन पायेगा?
मानवता की
मानव जय
गुंजायेगा?
मंगल छू
भू के मंगल
का क्या होगा?
***
हाइकु सलिला:
.
मन मोहतीं
धूप-छाँव दोनों ही
सच सोहतीं
.
गाँव न गोरी
अब है सियासत
धनी न धोरी
.
तितली उड़ी
पकड़ने की चाह
फुर्र हो गयी
.
ओस कणिका
मुदित मुकुलित
पुष्प कलिका
.
कुछ तो करें
महज आलोचना
पथ न वरें
***
दोहा सलिला:
.
प्रेम चंद संग चाँदनी, सहज योग हो मीत
पानी शर्बत या दवा, पियो विहँस शुभ रीत
.
रख खातों में ब्लैक धन, लाख मचाओ शोर
जनगण सच पहचानता, नेता-अफसर चोर
.
नया साल आ रहा है, खूब मनाओ हर्ष
कमी न कोशिश में रहे, तभी मिले उत्कर्ष
.
चन्दन वंदन कर मने, नया साल त्यौहार
केक तजें, गुलगुले खा, पंचामृत पी यार
.
रहें राम-शंकर जहाँ, वहाँ कुशल भी साथ
माता का आशीष पा, हँसो उठकर माथ
***
षट्पदी :
.
है समाज परिवार में, मान हो रहे अंध
जुट समाजवादी गये, प्रबल स्वार्थ की गंध
प्रबल स्वार्थ की गंध, समूचा कुनबा नेता
घपलों-घोटालों में माहिर, छद्म प्रणेता
कथनी-करनी से हुआ शर्मसार जन-राज है
फ़िक्र न इनको देश की, संग न कोई समाज है
*
क्यों किशोर शर्मा कहे, सही न जाए शीत
च्यवनप्राश खा चुनौती, जीत बने नव रीत
जीत बने नव रीत, जुटाकर कुनबा अपना
करना सभी अनीत, देख सत्ता का सपना
कहे सलिल कविराय, नाचते हैं बंदर ज्यों
नचते नेता पिटे, मदारी स्वार्थ बना क्यों?
*
हुई अपर्णा नीम जब, तब पाती नव पात
कली पुष्प फिर निंबोली, पा पुजती ज्यों मात
पा पुजती ज्यों मात, खरे व्यवहार सिखाती
हैं अनेक में एक, एक में कई दिखाती
माता भगिनी सखी संगिनी सुता नित नई
साली सलहज समधन जीवन में सलाद हुई
***
नवगीत:
संजीव
.
कुण्डी खटकी
उठ खोल द्वार
है नया साल
कर द्वारचार
.
छोडो खटिया
कोशिश बिटिया
थोड़ा तो खुद को
लो सँवार
.
श्रम साला
करता अगवानी
मुस्का चहरे पर
ला निखार
.
पग द्वय बाबुल
मंज़िल मैया
देते आशिष
पल-पल हजार
***
नवगीत:
*
नये बरस की
भोर सुनहरी
.
हरी पत्तियों पर
कलियों पर
तुहिन बूँद हो
ठहरी-ठहरी
ओस-कुहासे की
चादर को चीयर
रवि किरण
हँसे घनेरी
खिड़की पर
चहके गौरैया
गाये प्रभाती
हँसे गिलहरी
*
लोकतंत्र में
लोभतंत्र की
सरकारें हैं
बहरी-बहरी
क्रोधित जनता ने
प्रतिनिधि पर
आँख करोड़ों
पुनः तरेरी
हटा भरोसा
टूटी निष्ठा
देख मलिनता
लहरी-लहरी
.
नए सृजन की
परिवर्तन की
विजय पताका
फहरी-फहरी
किसी नवोढ़ा ने
साजन की
आहट सुन
मुस्कान बिखेरी
गोर करतल पर
मेंहदी की
सुर्ख सजावट
गहरी-गहरी
***
आलेख
हिंदी : चुनौतियाँ और संभावनाएँ
- आचार्य संजीव वर्मा "सलिल"
रचनाकार परिचय:-
आपकी प्रथम प्रकाशित कृति 'कलम के देव' भक्ति गीत संग्रह है। 'लोकतंत्र का मकबरा' तथा 'मीत मेरे' आपकी छंद मुक्त
कविताओं के संग्रह हैं। आपकी चौथी प्रकाशित कृति है 'भूकंप के साथ जीना सीखें'। आपने निर्माण के नूपुर, नींव के
पत्थर, राम नाम सुखदाई, तिनका-तिनका नीड़, सौरभ:, यदा-कदा, द्वार खड़े इतिहास के, काव्य मन्दाकिनी २००८
आदि पुस्तकों के साथ साथ अनेक पत्रिकाओं व स्मारिकाओं का भी संपादन किया है।
आपको देश-विदेश में १२ राज्यों की ५० सस्थाओं ने ७० सम्मानों से सम्मानित किया जिनमें प्रमुख हैं : आचार्य,
२०वीन शताब्दी रत्न, सरस्वती रत्न, संपादक रत्न, विज्ञानं रत्न, शारदा सुत, श्रेष्ठ गीतकार, भाषा भूषण, चित्रांश
गौरव, साहित्य गौरव, साहित्य वारिधि, साहित्य शिरोमणि, काव्य श्री, मानसरोवर साहित्य सम्मान, पाथेय
सम्मान, वृक्ष मित्र सम्मान, आदि। आप मध्य प्रदेश लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री / संभागीय
परियोजना यंत्री पदों पर कुशलतापूर्वक कार्य कर चुके हैं.
रचनाकार परिचय: आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' को हिंदी तथा साहित्य के प्रति लगाव पारिवारिक विरासत में प्राप्त हुआ है. अपने नागरिक अभियंत्रण में त्रिवर्षीय डिप्लोमा, बी. ई., एम. आई., एम. ए. (अर्थ शास्त्र, दर्शन शास्त्र), एल-एल. बी., डिप्लोमा पत्रकारिता, डिप्लोमा कप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है. आपकी प्रकाशित कृतियाँ अ. कलम का देव (भक्ति गीत संग्रह), लोकतंत्र का मकबरा तथा मेरे (अछांदस कविताएँ) तथा भूकम्प के साथ जीना सीखें (तकनीकी लोकोपयोगी) हैं. आपने ९ पत्रिकाओं तथा १६
भारत की वर्तमान शिक्षा पद्धति में शिशु को पूर्व प्राथमिक से ही अंग्रेजी के शिशु गीत रटाये जाते हैं. वह बिना अर्थ जाने अतिथियों को सुना दे तो माँ-बाप का मस्तक गर्व से ऊँचा हो जाता है. हिन्दी की कविता केवल २ दिन १५ अगस्त और २६ जनवरी पर पढ़ी जाती है, बाद में हिन्दी बोलना कोई नहीं चाहता. अंग्रेजी भाषी विद्यालयों में तो हिन्दी बोलने पर 'मैं गधा हूँ' की तख्ती लगाना पड़ती है. इस मानसिकता में शिक्षित बच्चा माध्यमिक और उच्च्तर माध्यमिक में मजबूरी में हिन्दी यत्किंचित पढ़ता है... फिर विषयों का चुनाव कर लेने पर व्यावसायिक शिक्षा का दबाव हिन्दी छुटा ही देता है.
इस मानसिकता की आधार भूमि पर जब साहित्य रचना की ओर मुड़ता है तो हिन्दी भाषा, व्याकरण और पिंगल का अधकचरा ज्ञान और हिन्दी को हेय मानने की प्रवृत्ति उसे उर्दू की ओर उन्मुख कर देती है जबकि उर्दू स्वयं हिन्दी की अरबी-फारसी शब्द बाहुल्यता की विशेषता समेटे शैली मात्र है.
गत कुछ दिनों से एक और चिंतनीय प्रवृत्ति उभरी है. राजनैतिक नेताओं ने मतों को हड़पने के लिये आंचलिक बोलियों (जो हिन्दी की शैली विशेष हैं) को प्रान्तों की राजभाषा घोषित कर उन्हें हिन्दी का प्रतिस्पर्धी बनाने का कुप्रयास किया है. अंतरजाल (नेट) पर भी ऐसी कई साइटें हैं जहाँ इन बोलियों के पक्षधर जाने-अनजाने हिन्दी विरोध तक पहुँच जाते हैं जबकि वे जानते हैं कि क्षेत्र विशेष के बाहर बोलिओं की स्वीकृति नहीं हो सकती.
मैंने इस के विरुद्ध रचनात्मक प्रयास किया और खड़ी हिन्दी के साथ उर्दू, बृज, अवधी, भोजपुरी, निमाड़ी, मालवी, मारवाड़ी, छत्तीसगढ़ी, बुन्देली आदि भाषारूपों में रचनाएँ इन साइटों को भेजीं, कुछ ई कविता के मंच पर भी प्रस्तुत कीं. दुःख हुआ कि एक बोली के पक्षधर ने किसी अन्य बोली की रचना में कोई रूचि नहीं दिखाई. इस स्थिति का लाभ अंग्रेजी के पक्षधर ले रहे हैं.
उर्दू के प्रति आकर्षण सहज स्वाभाविक है... वह अंग्रेजों के पहले मुग़ल काल में शासन-प्रशासन की भाषा रही है. हमारे घरों के पुराने कागजात उर्दू लिपि में हैं जिन्हें हमारे पूर्वजों ने लिखा है. उर्दू की उस्ताद-शागिर्द परंपरा इस शैली को लगातार आगे बढ़ाती और नये रचनाकारों को शिल्प की बारीकियाँ सिखाती हैं. हिन्दी में जानकार नयी कलमों को अतिउत्साहित, हतोत्साहित या उपेक्षित करने में गौरव मानते हैं. अंतरजाल आने के बाद स्थिति में बदलाव आ रहा है... किन्तु अभी भी रचना की कमी बताने पर हिन्दी का कवि उसे अपनी शैली कहकर शिल्प, व्याकरण या पिंगल के नियम मानने को तैयार नहीं होता. शुद्ध शब्द अपनाने के स्थान पर उसे क्लिष्ट कहकर बचता है. उर्दू में पाद टिप्पणी में अधिक कठिन शब्द का अर्थ देने की रीति हिन्दी में अपनाना एक समाधान हो सकता है.
हर भारतीय यह जानता है कि पूरे भारत में बोली-समझी जानेवाली भाषा हिन्दी और केवल हिन्दी ही हो सकती है तथा विश्व स्तर पर भारत की भाषाओँ में से केवल हिन्दी ही विश्व भाषा कहलाने की अधिकारी है किन्तु सच को जानकर भी न मानने की प्रवृत्ति हिन्दी के लिये घातक हो रही है.
हम रचना के कथ्य के अनुकूल शब्दों का चयन कर अपनी बात कहें... जहाँ लगता हो कि किसी शब्द विशेष का अर्थ सामान्य पाठक को समझने में कठिनाई होगी वहाँ अर्थ कोष्ठक या पाद टिप्पणी में दे दें. किसी पाठक को कोई शब्द कठिन या नया लगे तो वह शब्द कोष में अर्थ देख ले या रचनाकार से पूछ ले.
हिन्दी के समक्ष सबसे बड़ी समस्या विश्व की अन्य भाषाओँ के साहित्य को आत्मसात कर हिन्दी में अभिव्यक्त करने की तथा ज्ञान-विज्ञान की हर शाखा की विषय-वस्तु को हिन्दी में अभिव्यक्त करने की है. हिन्दी के शब्द कोष का पुनर्निर्माण परमावश्यक है. इसमें पारंपरिक शब्दों के साथ विविध बोलियों, भारतीय भाषाओँ, विदेशी भाषाओँ, विविध विषयों और विज्ञान की शाखाओं के परिभाषिक शब्दों को जोड़ा जाना जरूरी है.
एक सावधानी रखनी होगी. अंग्रेजी के नये शब्द कोष में हिन्दी के हजारों शब्द समाहित किये गये हैं किन्तु कई जगह उनके अर्थ/भावार्थ गलत हैं... हिन्दी में अन्यत्र से शब्द ग्रहण करते समय शब्द का लिंग, वचन, क्रियारूप, अर्थ, भावार्थ तथा प्रयोग शब्दकोष में हो तो उपयोगिता में वृद्धि होगी. यह महान कार्य सैंकड़ों हिन्दीप्रेमियों को मिलकर करना होगा. विविध विषयों के निष्णात जन अपने विषयों के शब्द-अर्थ दें जिन्हें हिन्दी शब्द कोष में जोड़ा जाये.
रचनाकारों को हिन्दी का प्रामाणिक शब्द कोष, व्याकरण तथा पिंगल की पुस्तकें अपने साथ रखकर जब जैसे समय मिले पढ़ने की आदत डालनी होगी. हिन्दी की शुद्धता से आशय उर्दू, अंग्रेजी या ने किसी भाषा/बोली के शब्दों का बहिष्कार नहीं अपितु भाषा के संस्कार, प्रवृत्ति, रवानगी, प्रवाह तथा अर्थवत्ता को बनाये रखना है चूँकि इनके बिना कोई भाषा जीवंत नहीं होती.
२३-१२-२०१४
***