कुल पेज दृश्य

मंगलवार, 29 सितंबर 2020

कुछ नए छंद : सलिल

आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' द्वारा आविष्कृत, नामित लिखित कुछ नए छंद 

१. कृष्णमोहन छन्द
विधान-
१. प्रति पंक्ति ७ मात्रा
२. प्रति पंक्ति मात्रा क्रम गुरु लघु गुरु लघु लघु
गीत
रूप चौदस
.
रूप चौदस
दे सदा जस
.
साफ़ हो तन
साफ़ हो मन
हों सभी खुश
स्वास्थ्य है धन
बो रहा जस
काटता तस
बोलती सच
रूप चौदस.
.
है नहीं धन
तो न निर्धन
हैं नहीं गुण
तो न सज्जन
ईश को भज
आत्म ले कस
मौन तापस
रूप चौदस.
.
बोलना तब
तोलना जब
राज को मत
खोलना अब
पूर्णिमा कह
है न 'मावस
रूप चौदस
.
मैल दे तज
रूप जा सज
सत्य को वर
ईश को भज
हो प्रशंसित
रूप चौदस
.
वासना मर
याचना मर
साथ हो नित
साधना भर
हो न सीमित
हर्ष-पावस
साथ हो नित
रूप चौदस
.......
२ सड़गोड़ासनी (बुंदेली छंद)
विधान: मुखड़ा १५-१६, ४ मात्रा पश्चात् गुरु लघु अनिवार्य,
अंतरा १६-१२, मुखड़ा-अन्तरा सम तुकांत .
*
जन्म हुआ किस पल? यह सोच
मरण हुआ कब जानो?
*
जब-जब सत्य प्रतीति हुई तब
कह-कह नित्य बखानो.
*
जब-जब सच ओझल हो प्यारे!
निज करनी अनुमानो.
*
चलो सत्य की डगर पकड़ तो
मीत न अरि कुछ मानो.
*
देख तिमिर मत मूँदो नयना
अंतर-दीप जलानो.
*
तन-मन-देश न मलिन रहे मिल
स्वच्छ करेंगे ठानो.
*
ज्यों की त्यों चादर तब जब
जग सपना विहँस भुलानो.
***


वार्णिक छंद: अथाष्टि जातीय छंद
मात्रिक छंद: यौगिक जातीय विधाता छंद
1 2 2 2 , 1 2 2 2 , 1 2 2 2 , 1 2 2 2.
मुफ़ाईलुन,मुफ़ाईलुन, मुफ़ाईलुन,मुफ़ाईलुन।
बहरे हज़ज मुसम्मन सालिम।।
*
दियों में तेल या बाती नहीं हो तो करोगे क्या?
लिखोगे प्रेम में पाती नहीं भी तो मरोगे क्या?
.
बुलाता देश है, आओ! भुला दो दूरियाँ सारी
बिना गंगा बहाए खून की, बोलो तरोगे क्या?
.
पसीना ही न जो बोया, रुकेगी रेत ये कैसे?
न होगा घाट तो बोलो नदी सूखी रखोगे क्या?
.
परों को ही न फैलाया, नपेगा आसमां कैसे?
न हाथों से करोगे काम, ख्वाबों को चरोगे क्या?
.
न ज़िंदा कौम को भाती कभी भी भीख की बोटी
न पौधे रोप पाए तो कहीं फूलो-फलोगे क्या?
-----------
४ मातंगी सवैया
विधान:
१. प्रति पंक्ति ३६ मात्रा
२. sss की ६ आवृत्तियाँ
३. यति १२-२४-३६ पर
४. आदि-अंत sss
*
दौड़ेंगे-भागेंगे, कूदेंगे-फांदेंगे, मेघों सा गाएँगे
वृक्षों सा झूमेंगे, नाचेंगे-गाएँगे, आल्हा गुन्जाएँगे
आतंकी शैतानों, मारेंगे-गाड़ेंगे, वीरों सा जीतेंगे
चंदा सा, तारों सा, आकाशी दीया हो, दीवाली लाएँगे
***
५. सुरेश सवैया
विधान:
वर्णिक - १० - ५ - ८ = २३
मात्रिक - १० - ७ - १० = २७
अधर पर धर अधर, कर आधार, बन आधार प्रिय तू!
नजर पर रख नजर, कर स्वीकार, बन सिंगार प्रिय तू!!
सृजन-पथ कर वरण, गति व्यापार, बन झंकार प्रिय तू!
डगर पर रख चरण, भव हो पार, बन ओंकार प्रिय तू!!
६. रौद्रक जातीय हरि छंद
*
छंद-लक्षण:
प्रति चरण मात्रा २३ मात्रा, चरणारंभ गुरु,
यति ६ - ६ - ११, चरणान्त गुरु लघु गुरु (रगण) ।

लक्षण छंद:
रास रचा / हरि तेइस / सखा-सखी खेलते
राधा की / सखियों के / नखरे हँस झेलते
गुरु से शुरु / यति छह-छह / ग्यारह पर सोहती
अंत रहे / गुरु लघु गुरु / कला 'सलिल' मोहती

उदाहरण:
१. राखो पत / बनवारी / गिरधारी साँवरे
टेर रही / द्रुपदसुता / बिसरा मत बावरे
नंदलाल / जसुदासुत / अब न करो देर रे
चीर बढ़ा / पीर हरो / मेटो अंधेर रे

२. सीता को / जंगल में / भेजा क्यों राम जी?
राधा को / छोड़ा क्यों / बोलो कुछ श्याम जी??
शिव त्यागें / सती कहो / कैसे यह ठीक है?
नारी भी / त्यागे नर / क्यों न उचित लीक है??

३. नेता जी / भाषण में / जो कुछ है बोलते
बात नहीं / अपनी क्यों / पहले वे तोलते?
मुकर रहे / कह-कहकर / माफी भी माँगते
देश की / फ़िज़ां में / क्यों नफरत घोलते?

४. कौन किसे / बिना बात / चाहता-सराहता?
कौन जो न / मुश्किलों से / आप दूर भागता?
लोभ, मोह / क्रोध द्रोह / छोड़ सका कौन है?
ईश्वर से / कौन और / अधिक नहीं माँगता?
७. मन्वन्तर सवैया
मापनी- २१२ २११ १२१ १२१ १२१ १२१ १२१ १२।
२३ वार्णिक, ३२ मात्रिक छंद।
गण सूत्र- रभजजजजजलग।
मात्रिक यति- ८-८-८-८, पदांत ११२।
वार्णिक यति- ५-६-६-६, पदांत सगण।
*
उदाहरण
हो गयी भोर, मतदान करों, मत-दान करो, सुविचार करो।
हो रहा शोर, उठ आप बढ़ो, दल-धर्म भुला, अपवाद बनो।।
है सही कौन, बस सोच यही, चुन काम करे, न प्रचार वरे।
जो नहीं गैर, अपना लगता, झट आप चुनें, नव स्वप्न बुनें।।
*
हो महावीर, सबसे बढ़िया, पर काम नहीं, करता यदि तो।
भूलिए आज, उसको न चुनें, पछता मत दे, मत आज उसे।।
जो रहे साथ, उसको चुनिए, कब क्या करता, यह भी गुनिए।
तोड़ता नित्य, अनुशासन जो, उसको हरवा, मन की सुनिए।।
*
नर्मदा तीर, जनतंत्र उठे, नव राह बने, फिर देश बढ़े।
जागिए मीत, हम हाथ मिला, कर कार्य सभी, निज भाग्य गढ़ें।।
मुश्किलें रोक, सकतीं पथ क्या?, पग साथ रखें, हम हाथ मिला।
माँगिए खैर, सबकी रब से, खुद की खुद हो, करना न गिला।।
***
८. रामरति छंद
विधान :
वर्ण : ५ - ६ - ७ = १८
मात्रा : ८ - ८ - ११ = २७
पदांत : २२१।
मौन पियेगा, ऊग सूर्य जब, आ अँधियारा नित्य।
तभी पुजेगा, शिवशंकर सा, युगों युगों आदित्य।।
चन्द्र न पाये, मान सूर्य सम, ले उजियारा दान-
इसीलिये तारक भी नभ में, करें नहीं सम्मान।।
९. महापौराणिकजातीय आनंदवर्धक छंद
विधान : १९ मात्रा, वर्ण १२  
पदांत : २१२   
*
जी रहा हूँ श्वास हर तेरे लिए
पी रहा हूँ प्यास हर तेरे लिए
हर ख़ुशी-आनंद है तेरे लिए
मीत! स्नेहिल छंद है तेरे लिए
*
सावनी जलधार है तेरे लिए
फागुनी मनुहार है तेरे लिए
खिला हरसिंगार है तेरे लिए
प्रिये ये भुजहार है तेरे लिए
*
१०. अमरकंटक छंद  
विधान-
1. प्रति पंक्ति 7 मात्रा
2. प्रति पंक्ति मात्रा क्रम लघु लघु लघु गुरु लघु लघु
गीत
नरक चौदस
.
मनुज की जय  
नरक चौदस
.
चल मिटा तम
मिल मिटा गम
विमल हो मन
नयन हों नम
पुलकती खिल
विहँस चौदस  
मनुज की जय
नरक चौदस
.
घट सके दुःख
बढ़ सके सुख
सुरभि गंधित 
दमकता मुख
धरणि पर हो 
अमर चौदस 
मनुज की जय  
नरक चौदस
.
विषमता हर
सुसमता वर
दनुजता को
मनुजता कर
तब मने नित 
विजय चौदस  
मनुज की जय  
नरक चौदस
.
मटकना मत
भटकना मत
अगर चोटिल
चटकना मत
नियम-संयम
वरित चौदस
मनुज की जय  
नरक चौदस
.
बहक बादल
मुदित मादल
चरण नर्तित 
बदन छागल
नरमदा मन
'सलिल' चौदस 
मनुज की जय  
नरक चौदस
११. आर्द्रा छंद
*
द्विपदीय, चतुश्चरणी, मात्रिक आर्द्रा छंद के दोनों पदों पदों में समान २२-२२ वर्ण तथा ३५-३५ मात्राएँ होती हैं. प्रथम पद के २ चरण उपेन्द्र वज्रा-इंद्र वज्रा (जगण तगण तगण २ गुरु-तगण तगण जगण २ गुरु = १७ + १८ = ३५ मात्राएँ) तथा द्वितीय पद के २ चरण इंद्र वज्रा-उपेन्द्र वज्रा (तगण तगण जगण २ गुरु-जगण तगण तगण २ गुरु = १८ + १७ = ३५ मात्राएँ) छंदों के सम्मिलन से बनते हैं.
उपेन्द्र वज्रा फिर इंद्र वज्रा, प्रथम पंक्ति में रखें सजाकर
द्वितीय पद में सह इंद्र वज्रा, उपेन्द्र वज्रा कहे हँसाकर
उदाहरण:
१. कहें सदा ही सच ज़िंदगी में, पूजा यही है प्रभु जी! हमारी
रहें हमेशा रत बंदगी में, हे भारती माँ! हम भी तुम्हारी
२. बसंत फूलों कलियों बगीचों, में झूम नाचा महका सवेरा
सुवास फ़ैली वधु ज्यों नवेली, बोले अबोले- बस में चितेरा
३. स्वराज पाया अब भारतीयों, सुराज पाने बलिदान दोगे?
पालो निभाओ नित नेह-नाते, पड़ोसियों से निज भूमि लोगे?
कहो करोगे मिल देश-सेवा, सियासतों से मिल पार होगे?
नेता न चाहें फिर भी दलों में, सुधार लाने फटकार दोगे?
१२. आशाकिरण छंद
विधान : वर्ण ५ 
मात्रा ७ 
पदांत नगण 
सूत्र - त ल ल।
*
मैया नमन
चाहूँ अमन...
ऊषा विहँस
आ सूर्य सँग
आकाश रँग
गाए यमन...
पंछी हुलस
बोलें सरस
झूमे धरणि
नाचे गगन...
माँ! हो सदय
संतान पर
दो भक्ति निज
होऊँ मगन...
माते! दरश
दे आज अब
दीदार बिन
माने न मन...
वीणा मधुर
गूँजे सतत
आनंदमय
हो शांत मन...
*
१३. त्रयोदशी छंद 
विधान 
वर्ण  १३ 
मात्रा १९ 
पदांत लघु गुरु 
भोग्य यह संसार हो तुझको नहीं
त्याज्य यह संसार हो तुझको नहीं
देह का व्यापार जो नर कर रहा
आत्म का आधार बिसरा मर रहा
१४. यगणादित्य घनाक्षरी
*
विधान- बारह यगण 
वर्ण : ३६ 
मात्रा : ६० 
यति : १०-२०-३०-४०-५०-६० 
संकेत-यगण = १२२, आदित्य = १२।
*
कन्हैया! कन्हैया! पुकारें हमेशा, तुम्हें राधिका जी! गुहारें हमेशा, सदा गीत गाएँ तुम्हारे हमेशा।
नहीं कर्म भूलें, नहीं मर्म भूलें, लड़ें राक्षसों से नहीं धर्म भूलें, तुम्हीं को मनाएँ-बुलाएँ हमेशा।।
कहा था तुम्हीं ने 'उठो पार्थ प्यारे!, लड़ो कौरवों से नहीं हारना रे!, झुका या डरो ना बुराई से जूझो।
करो कर्म सारे, न सोचो मिले क्या?, मिला क्या?, गुमा क्या?, रहा क्या? हमेशा।।
***
१५  नीराजना छंद
*
विधान :
१. प्रति पंक्ति २१ मात्रा।
२. पदादि गुरु।
३. पदांत गुरु गुरु लघु गुरु।
४. यति ११ - १०।
लक्षण छंद:
एक - एक मनुपुत्र, साथ जीतें सदा।
आदि रहें गुरुदेव, न तब हो आपदा।।
हो तगणी गुरु अंत, छंद नीराजना।
मुग्ध हुए रजनीश, चंद्रिका नाचना।।
टीप:
एक - एक = ११, मनु पुत्र = १० (इक्ष्वाकु, नृग, शर्याति, दिष्ट,
धृष्ट, करुषय, नरिष्यन्त, प्रवध्र, नाभाग, कवि भागवत)
उदाहरण:
कामदेव - रति साथ, लिए नीराजना।
संयम हो निर्मूल, न करता याचना।।
हो संतुलन विराग - राग में साध्य है।
तोड़े सीमा मनुज, नहीं आराध्य है।।
१६. उषानाथ छंद 
विधान : रूप चौदस छंद 
वर्ण : ७ - ७ = १४  
मात्रा :  ९ - ९ = १८ 
पदांत : गुरु लघुगुरु 
नमन उषानाथ! मुँह मत मोड़ना।  
ईश! कर अनाथ, मन मत तोड़ना।। 
देव तम हर लो, सतत प्रकाश दो- 
कर-उठा लें नभ, ह्रदय हुलास दो।। 
१७. दष्ठौन छंद
विधान :
वर्ण : १० 
मात्रा: १७ 
पदांत : गुरु गुरु गुरु 
*
दे भुला वायदा वही नेता
दे भुला कायदा वही जेता

जूझता जो रहा नहीं हारा
है रहा जीतता सदा चेता

नाव पानी बिना नहीं डूबी
घाट नौका कभी नहीं खेता

भाव बाजार ने नहीं बोला
है चुकाता रहा खुदी क्रेता

कौन है जो नहीं रहा यारों?
क्या वही जो रहा सदा देता?

छोड़ता जो नहीं वही पंडा
जो चढ़ावा चढ़ा रहा लेता

कोकिला ने दिए भुला अंडे
काग ही तो रहा उन्हें सेता
१८.  ग्यारस छंद 
विधान:
वर्ण : ११ 
मात्रा : १७ 
पदांत : लघु लघु गुरु 
*
हाथ पे हाथ जो बढ़ा रखते
प्यार के फूल भी हसीं खिलते

जो पुकारो जरा कभी दिल से
जान पे खेल के गले मिलते

जो न देखा वही दिखा जलवा
थामते तो न हौसले ढलते

प्यार की आँच में तपे-सुलगे
झूठ जो जानते; नहीं जलते

दावते-हुस्न जो नहीं मिलती
वस्ल के ख्वाब तो नहीं पलते

जीव 'संजीव' हो नहीं सकता
आँख से अश्क जो नहीं बहते

नेह की नर्मदा बही जब भी
मौन पाषाण भी कथा कहते
१९. सत्यमित्रानंद सवैया
*
विधान: 
वर्ण : २६ 
मात्रा : ४० 
यति : ७-६-६-७ ।
*
गए हो तुम नहीं, हो दिलों में बसे, गई है देह ही, रहोगे तुम सदा।
तुम्हीं से मिल रही, है हमें प्रेरणा, रहेंगे मोह से, हमेशा हम जुदा।
तजेंगे हम नहीं, जो लिया काम है, करेंगे नित्य ही, न चाहें फल कभी।
पुराने वसन को, है दिया त्याग तो, नया ले वस्त्र आ, मिलेंगे फिर यहीं।
*
तुम्हारा यश सदा, रौशनी दे हमें, रहेगा सूर्य सा, घटेगी यश नहीं।
दिये सा तुम जले, दी सदा रौशनी, बँधाई आस भी, न रोका पग कभी।
रहे भारत सदा, ही तुम्हारा ऋणी, तुम्हीं ने दी दिशा, तुम्हीं हो सत्व्रती।
कहेगा युग कथा, ये सन्यासी रहे, हमेशा कर्म के, विधाता खुद जयी।
*
मिला जो पद तजा, जा नई लीक पे, लिखी निर्माण की, नयी ही पटकथा।
बना मंदिर नया, दे दिया तीर्थ है, नया जिसे कहें, सभी गौरव कथा।
महामानव तुम्हीं, प्रेरणास्रोत हो, हमें उजास दो, गढ़ें किस्मत नयी।
खड़े हैं सुर सभी, देवतालोक में, प्रशस्ति गा रहे, करें स्वागत सभी।
*
२०. द्वि इंद्रवज्रा सवैया
 विधान : 
वर्ण : ११ - ११ = २२ वर्ण 
मात्रा : १८ - १८ = ३६ 
पदांत : लघु गुरु गुरु 
माँगो न माँगो भगवान देंगे, चाहो न चाहो भव तार देंगे। 
होगा वही जो तकदीर में है, तदबीर के भी अनुसार देंगे।। 
हारो न भागो नित कोशिशें हो, बाधा मिलें जो कर पार लेंगे।
माँगो सहारा मत भाग्य से रे!, नौका न चाहें मँझधार लेंगे।

नाते निभाना मत भूल जाना, वादा किया है करके निभाना।
या तो न ख़्वाबों तुम रोज आना, या यूँ न जाना करके बहाना। 
तोड़ा भरोसा जुमला बताया, लोगों न कोसो खुद को गिराया।
छोड़ो तुम्हें भी हम आज भूले, यादों न आँसू हमने गिराया।

कोई टिप्पणी नहीं: