कुल पेज दृश्य

गीत रामायण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गीत रामायण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 16 नवंबर 2025

गीत रामायण, डॉ. रवींद्र भ्रमर

कृति-चर्चा
''गीत रामायण''  प्रथम सांस्कृतिक नवगीतीय संकलन 
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
(कृति परिचय- गीत रामायण, रामकथा गीतानुवाद, डॉ. रवींद्र भ्रमर, सजिल्द बहुरंगी जैकेट युक्त आवरण, पृष्ठ १४४, प्रथम संस्करण १९९९, मूल्य १५०/-, प्रकाशक ग्रंथायन, सर्वोदय नगर, सासनी गेट, अलीगढ़ २०२००१)
*
            ''गीतों के आत्मा को अक्षुण्ण रखकर रवींद्र 'भ्रमर' ने जो नए प्रयोग किए हैं उनसे निश्चय ही गीतों के विकास को नयी दिशा मिली है।'' - डॉ. हरिवंश राय 'बच्चन'

            ''रवींद्र 'भ्रमर' के गीतों की सर्वथा नयी शैली है, भावभूमि और अभिव्यक्ति दोनों दृष्टियों से गीत को नया आयाम देने के लिए वे बधाई के पात्र हैं।'' - डॉ. शिवमंगल सिंह 'सुमन'

            ''रवींद्र 'भ्रमर' ने प्रकृति के चित्रों के साथ मन की स्थितियों को जोड़कर अपने गीतों में नया रंग भरने का प्रयत्न किया है।'' - डॉ. शंभु नाथ सिंह

            डॉ. रवींद्र 'भ्रमर' की गीतों में नव्य गीत-शिल्प लोक तत्व तथा संगीतात्मकता तीनों का सुंदर संगम हुआ है।'' - डॉ. रमेश कुंतल मेघ


            हिंदी के प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने 'गीत रामायण' के गीतों को 'नवगीत' क्यों नहीं कहा? गीत वृक्ष के सुदृढ़ तने से विकसित विविध शाखाएँ लोक गीत, बाल गीत, पर्व गीत, ऋतु गीत, आह्वान गीत, जागरण गीत, विवाह गीत, शृंगार गीत, हास्य गीत, नवगीत आदि विशेषणों से अभिषिक्त किए गए हैं।

            नवता क्या है? किसी अनुभूति को अभिव्यक्त करते समय विषय, कथ्य, शैली, अलंकार, मिथक, शब्द प्रयोग आदि के निरंतर नए प्रयोग नवता या रचनाकार का वैशिष्ट्य कहे जाते हैं। नवता व्यक्तिगत भी हो सकती है और अभिव्यक्ति गत भी। बच्चा कोई कार्य पहलीबार कर, उसे बार-बार दोहराता-दिखाता है क्योंकि अपनी समझ में उसने यह पहली बार किया है। बड़े उसे प्रोत्साहित करते हैं ताकि वह विकास पथ पर बढ़ता रह सके। साहित्य सृजन में हर नया रचनाकार अपने से पहले के रचनाकारों को सुन-पढ़कर लेखन आरंभ करता है, कुछ वरिष्ठ जनों द्वारा बनाई गई लीक का अनुसरण करते हैं, कुछ अन्य लीक से हटकर लिखते हैं। लोक कहता है- 'लीक तोड़ तीनों चलें, शायर सिंह सपूत'। मैं इसमें जोड़ता हूँ 'लीक-लीक तीनों चलें, कायर काग कपूत'। रचनाकार जब पूर्ववर्तियों द्वारा बनाई परंपरा से हटकर लिखता है तो कालजयी दृष्टि रखनेवाले उसे आशीषित करते हैं। डॉ. बच्चन और डॉ. सुमन ने गीत रामायण के रचनाकार को मुक्त कंठ से आशीष दिए हैं। 

            किसी वैचारिक आंदोलन अथवा विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रचनाकार अपनी मान्यताओं से हटकर अन्य किसी को महत्व कम ही देते हैं। डॉ. शंभुनाथ सिंह ने नवगीत को एक आंदोलन के रूप में विकसित करने और उसे साहित्यिक मंच पर स्थापित करने में केंद्रीय भूमिका निभाई।स्वाभाविक है कि डॉ. शंभुनाथ सिंह ने नवगीत संबंधी अपनी मान्यताओं से हटकर आई कृति को नवगीत स्वीकार नहीं किया और गीत रामायण को 'गीतों में नया रंग भरने का प्रयत्न' मात्र कहा जबकि उनसे पूर्व उनसे वरिष्ठ बच्चन जी 'निश्चय ही गीतों के विकास को नयी दिशा' देने वाला तथा सुमन जी 'गीत को नया आयाम देने के लिए'  बधाई दे चुके थे। उल्लेखनीय है कि बच्चन जी तथा सुमन जी ने नवगीत का, गीत से प्रथक अस्तित्व ही स्वीकार नहीं किया था अन्यथा वे गीत रामायण की गीति रचनाओं को 'नवगीत' कहने में संकोच नहीं करते। डॉ. सिंह नवगीत के शीर्ष हस्ताक्षर थे तथापि उन्होंने गीत रामायण को नवगीत-करती मानने में न केवल संकोच किया अपितु इसे 'नया रंग भरने का प्रयास' मात्र कहा। प्रयास को सफल भी नहीं कहा क्योंकि सफल कहते तो यह शैली नवगीत के पहचान बन सकती थी। अस्तु... 

            समय खुद भी न्याय करता ही है। पश्चातवर्ती गीतकारों-समीक्षकों से 'गीत रामायण' का महत्व अदेखा नहीं रह सका। डॉ. रमेश कुंतल मेघ के अनुसार- ''डॉ. रवींद्र 'भ्रमर' के गीतों में नवी गीत शिल्प लोक तत्व तथा संगीतात्मकता तीनों का सुंदर समन्वय हुआ है।'' डॉ. श्रीपाल सिंह 'क्षेम' गीत रामायण की गीति रचनाकारों को नवगीत मानते हुए लिखते हैं- ''डॉ. रवींद्र 'भ्रमर' ने परंपरित गीतों को सँवारकर सहज बनाने में विश्रुत ख्याति अर्जित की। .... उनके नवगीतों में उनकी सहज कविता की परिकल्पना साकार हुई है।'' इससे और आगे बढ़ते हुए डॉ. राम दरश मिश्र गीत रामयण की रचनाओं को संभवत: पहली बार नवगीत घोषित करते हुए उनमें 'लोक संवेगों के प्रति उन्मुखता' के दर्शन करते हैं- ''रवींद्र 'भ्रमर' के नवगीतों में  अनुभव की सच्चाई, लोक संवेगों के प्रति उन्मुखता दृष्टव्य है। कहीं-कहीं बड़े ही ताजे बिंब प्रयुक्त हुए हैं।''  डॉ. वेद प्रताप 'अमिताभ' गीत रामायण में संश्लिष्ट बिंबधर्मिता और समकालिकता को उल्लेख्य मानते हैं- ''रवींद्र 'भ्रमर' के गीतों की ताकत उनकी सहज और संश्लिष्ट बिंबधर्मिता में है। .... इस तरह के बिंब न केवल गीत को समकालीन बनाते हैं, अपितु संवेदन और चिंतन के स्तर पर झकझोरते भी हैं।'' गीत रामायण को आशीषित करते डॉ. विद्या निवास मिश्र ने गीत-प्रबंध काव्य के रूप में देखा है जबकि भ्रमर जी ने अपनी इस कृति को प्रबंध काव्य नहीं माना है।   

            वर्ष १९५८ में राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने अपने गीतों का नामकरण 'नवगीत' करते हुए 'गीतांगिनी' संकलन प्रकाशित किया। उनका उद्देश्य गीतों से पुरानी भावुकता को अलगकर सामाजिक यथार्थ से जोड़ना तथा नवगीत को नई कविता के समानांतर एक स्वायत्त विधा के रूप में विकसित करना था। नवगीत परंपरा के शीर्ष हस्ताक्षर डॉ. शंभुनाथ सिंह ने वर्ष १९८२ में नवगीतों का पहला महत्वपूर्ण संकलन 'नवगीत दशक-१', 'नवगीत अर्धशती' और 'नवगीत सप्तक' संपादन-प्रकाशन किया था। भ्रमर जी (६.६.१९३४ जौनपुर - २८.११.१९९८ पटना) की जीवन यात्रा पूर्ण होने के पश्चात १९९९ में उनकी धर्मपत्नी शकुंतला राजलक्ष्मी जी, पुत्र द्वय डॉ. श्री हर्ष व आनंद वर्धन तथा पुत्रवधू डॉ. मीनाक्षी आनंद ने कृति प्रकाश का सारस्वत अनुष्ठान संकल्पपूर्वक पूर्ण किया किंतु इसकी रचनाएँ लगभग १५ वर्ष पूर्व से ही पढ़ी और सराही जा रही थीं। नवगीत को समाजवादी-साम्यवादी आंदोलन से जोड़ रहे हस्ताक्षर इन्हें नवगीत कहने से परहेज कर रहे थे जबकि गीत में नवता को नवगीत मान रहे हस्ताक्षर इन्हें नवगीत घोषित कर रहे थे। वास्तव में ''गीत रामायण''  प्रथम सांस्कृतिक नवगीतीय संकलन है जिसमें नवगीत के कथ्य में सामाजिकता पर सांस्कृतिकता को वरीयता दी गई इसीलिए नवगीत में सामाजिकता (वैषम्य,विसंगति, टकराव, बिखराव आदि) तक ही नवगीत को सीमित रखने के पक्षधर नवगीत में सांस्कृतिक कथ्य को अमान्य करने की कोशिश करते रहे। इन्हें चुनौती मध्य प्रदेश विशेषकर नर्मदांचल के नवगीतकारों से मिली जो नवगीत को नई विधा नहीं विशेषण मानते रहे। स्व. जवाहरलाल चौरसिया 'तरुण' के गीतों में ग्राम्य तथा नागर जीवन शैली को केंद्र में रखकर अभिनव शैली में प्रस्तुति के बावजूद प्रगतिवादी खेमे ने नवगीत नहीं माना। विविध साहित्यिक आयोजनों में कई बार जबलपुर आए नवगीतकार श्री मधुकर अष्ठाना के साथ विश्ववाणी हिंदी संस्थान की गोष्ठियों में नवगीत में नवता पर विशद विमर्श हुआ। 

            वर्ष २०१४ में पूर्णिमा बर्मन जी का नवगीत संकलन 'चोंच में आकाश' अजूमन प्रकाशन ने प्रकाशित किया। अभिव्यक्ति विश्वम् के मञ्च पर नवगीत महोत्सव  में इस की समीक्षा करते हुए मैंने इसे नवगीत संकलन घोषित किया किंतु परंपरावादी नवगीतकार इसे गीत संकलन ही कहते रहे। यही स्थिति में गीत-नवगीत संकलनों 'काल है संक्रांति का' तथा 'सड़क पर' के साथ हुई। वर्ष २००३ में प्रकाशित कुमार रवींद्र के नवगीत संकलन 'सुनो तथागत' ने कुमार रवींद्र ने भ्रमर जी  द्वारा सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के नवगीत संकलन की परंपरा में अगली कड़ी जोड़ी। इस संकलन पर जबलपुर में संपन्न गोष्ठी में मधुकर अष्ठाना जी ने इसे नवगीत नहीं माना जबकि मैंने इसे नवगीतीय प्रबंध काव्य कहा था। आज भी नवगीत के जन्म के लगभग ७ दशक बाद यही स्थिति है। यह विमर्श इसलिए कि विश्व विद्यालयों में आज भी प्रगतिवाद के पक्षधर आसंदियों पर प्रतिष्ठित हैं जो भारतीय सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को नकारने में गौरव अनुभव करते हैं। यात: गीत रामायण को आज भी वह महत्व नहीं मिल सका है जो मिलना चाहिए। वस्तुत: 'गीत रामायण' प्रथम नवगीतीय प्रबंध कृति है जिसमें सांस्कृतिक ग्राम्य और नागर परंपराओं का सुंदर समन्वय रामकथा के संदर्भ में दृष्टव्य है। इस दृष्टि से 'सुनो तथागत' दूसरी नवगीतीय प्रबंध कृति है जिसमें बुद्धकथा के पात्रों के माध्यम से  कुमार रवींद्र जी ने अभिनव बिंबों और नूतन मिथकों की स्थापना की है। 

            भ्रमर जी की जन्मस्थली जौनपुर सूफी संतों के प्रेमाख्यानों के लिए प्रसिद्ध रही है । इसे 'शिराजे हिंद' संज्ञा से अभिषिक्त किया गया। भ्रमर जी ने शैशव से यह संस्कार पाया और जाने-अनजाने वह उनकी बौद्धिक चेतना  का अंश बन गया। भ्रमर जी की साहित्यिक यात्रा लगभग २० वर्ष की उम्र में आरंभ हुई। 'कविता-सविता' (१९५६), 'रवींद्र भ्रमर के गीत' (१९६२-६३), 'प्रक्रिया' (१९७२), 'सोन मछरी मन बसी' (१९८०)  तथा 'धूप दिखाए आरसी' (१९९१) आदि की रचनाओं में भ्रमर जी ने सहज मानवीय आदर्शों और समाज सापेक्ष सांस्कृतिक सूत्रों को निरंतर अभिव्यक्त किया। तथाकथित प्रगतिवादी-समाजवादी मूल्यहीनता के चक्रव्यूह में भ्रमर जी अभिमन्यु की तरह जूझते रहे। उनकी रचनाओं में सांस्कृतिक निर्वैयक्तिकता व सार्वजनीनता की उपस्थिति निरंतर बनी रही। 'गीत रामायण' में संत कवियों द्वारा प्रयुक्त पद पद्धति के स्थान पर प्रगीत पद्धति को अपनाते हुए भ्रमर जी ने वैश्विक मानवता तथा पारंपरिक मर्यादा के तटों पर संवेदना सेतु बनाए हैं। श्री राम तथा रामायण भ्रमर जी के व्यक्तित्व के अभिन्न अंग हैं। भ्रमर जी लिखते हैं- 

मैंने नवगीतों में रामायण लिखने की धुन ठानी ।
वे क्षमा करें जिनके लेखे यह गाथा हुई पुरानी।।

            यह 'क्षमा' तथाकथित प्रगतिवादियों और साम्यवादियों के लिए ही है जो श्री राम को काल्पनिक मानते रहे हैं। भ्रमर जी के शब्दों में- ''मैंने उन्हें (श्री राम को) पुरुषोत्तम और जननायक के रूप में प्रस्तुत करने पर बल दिया है।'' यहाँ यह स्मरण करना अप्रासंगिक न होगा कि वर्ष १९७५ में नरेंद्र कोहली जी की रामकथा पर औपन्यासिक शृंखला (७ उपन्यास दीक्षा, अवसर, संघर्ष की ओर, युद्ध १, युद्ध २, अभिज्ञान व पृष्ठभूमि) प्रकाशित हीना आरंभ हुई थी जो १९८० के आसपास पूर्ण हुई। कोहली जी ने भी श्री राम को भगवान के स्थान पर जननायक ही प्रस्तुत किया था। संभवत:, भ्रमर जी को इन उपन्यासों के पठन से ही 'गीत रामायण' रचने की प्रेरणा प्राप्त हुई। १०१ प्रगीतिय नवगीतों में भ्रमर जी  ने कृति का श्री गणेश पारंपरिक पद्धति अनुसार श्री गणेश वंदना से करते हुए उन्हें 'भारती भवन के आदि देव', जन गण मंगल अधिनायक', 'सुर साधक' तथा 'जनगायक' जैसे विशेषण दिए जो तब ही नहीं, अब भी सर्वथा नवता परक प्रतीत होते हैं। 

            भ्रमर जी के राम मेरुदंड की तरह तननेवाले, ज्योतिपुंज बन उगनेवाले, पुण्य पयोधर की तरह तृषा हरनेवाले, कर्मक्षेत्र में कीर्ति-कथा लिखनेवाले, इतिहास में अंकित स्वर्णाक्षर, जनमानस में प्रतिष्ठित नरसिंह और नरोत्तम हैं। वे  भूगोल, इतिहास, आकाश, मूर्ति, चित्र, रस, रास, वारिद, धरा, वातास, चेतन श्वास, विश्वास, जप-जोग-सन्यास आदि में राम के दर्शन करते हुए अपने हृदय में निवास करने के लिए प्रार्थना करते हैं। राम कथा के प्रथम गायक वाल्मीकि (देववाणी) तथा तुलसी (लोक भाषा) को स्मरण-नमन करने के बाद अपने आपसे संबोधित होते हैं- 

''बजट रहा अनंग, गीत तृष्णा के गाए।
तूने आठों पहर, अंध आलाप उठाए।।
प्यारे भ्रमर, खोल अब अंतर्मन की आँखें।
रामनाम-रस में डूबें, जीवन की पाँखें।।

            'गीत रामायण' के प्रगीतों को नवगीतों के स्वघोषित मसीहा नकारेंगे, यह सत्य भ्रमर जी भी जानते थे, इसलिए उन्होंने लिखा-

मैं उनके लिए नहीं लिखता राघव की कीर्ति-कथा को,
जो बड़े काल-सापेक्ष, धर्म-निपेक्ष, नवल विज्ञानी।। 

            ईंट ही नहीं भ्रमर जी यह भी लिखते हैं- ''मैं लिखता उनके लिए जिन्हें अपनी मिट्टी प्यारी है''। समीक्षकों के लिए भी संकेत है- 

हर पद पर शिल्प-शिला के घाट नहीं बांधे हैं मैंने,
रचना की निश्छल धारा है झरने का बहता पानी।।

कल्पना-कला के घाट-बात कुछ पीछे छूट गए है,
गायक की तान लगेगी रसिया को जानी-पहचानी।।

            'फिर होता अवतार' शीर्षक नवगीत में गीतकार त्रेता की कथा को वर्तमान से जोड़ते हुए 'लोकतंत्र में छेद कर रहे', 'उनके मुँह हराम की चर्बी', खाली है खलिहान, व्यवस्था खड़ी फसल चर जाति', 'चोर-उचक्कों की काय में माय दुंद मचाती' आदि से सम-सामयिक परिदृश्य का संकेत करते हुए 'फटती है धरती की छाती' लिखकर विसंगतियों की विकरालता 'कम लिखे को अधिक समझना' की परंपरा अनुसार इंगित करते हैं। मानस में वर्णित कथा क्रमानुसार राम-जन्म के पश्चात बधाई गीत, सोहर गीत आदि का प्रयोग नवगीत में संभवत: पहली बार किया गया है- 

मची ताता-थइया, अरे ताता-थइया। 
अवध के अँगना, बाजे बधइया।। 
तथा 
चंदन का पलना रे, डोरियाँ रेशम की, 
ललन झूल रहे श्री राम, झुलाएँ देवी कौशल्या।। 

            श्री राम की बाल लियाल व शिक्षा के पश्चात विश्वामित्र के साथ अहल्या उद्धार प्रसंग में भ्रमर जी समाज में नारी की दुरावस्था इंगित करते हैं- '... बन के पत्थर अहल्या पड़ी  है....   कर लो फिर कोई व्यभिचार कर लो / एक असहाय औरत पड़ी है'। 

            मिथिला में राम-विवाह पसंग में विवाह गीत, विवाह पश्चात अयोध्या में फाग, राजतिलक की घोषणा और वनवास। भ्रमर जी ने कैकेयी प्रसंग की अनदेखी की है, संभवत: नारी-निंदा से बचने के लिए। वनवास प्रसंग में 'महल ढाँप कार मुँह सोता है, /जंगल में मंगल होता है', 'ठग-ठकुर तो छल के राजा, / राम हुए जंगल के राजा  तथा 'ग्रीष्म तपे तो कुंदन होंगे, / पावस की झर, चंदन होंगे' जैसी मौलिक और मार्मिक अभिव्यक्तियाँ पाठक को मोहती हैं।