कुल पेज दृश्य

दीपक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
दीपक लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 17 नवंबर 2026

नवंबर १७, स्मृति, गीत, दिंडी, सगुण, छंद, दीपक अलंकार, दिल्लीवालो, फ़साना, लघुकथा

सलिल सृजन नवंबर १७

*
हाइकु गीत
थकान
.
थकान होना / बताता है सचाई / कोशिश हुई
.
थकान हो तो / मत होना शर्मिंदा / न होना दुखी
लगाना गले / थकान को हो जाना / संतुष्ट-सुखी
थकान देती / गवाही निर्भय हो / यात्रा है नई
थकान होना / बताता है सचाई / कोशिश हुई
.
थकान कह / सो मत जाना मित्र! / देखना चित्र
मंजिल मिले / जब पसीना बने / तन का इत्र
असफलता / कहती न खो आस / जो बीती गई
थकान होना / बताता है सचाई / कोशिश हुई
.
व्यर्थ नहीं है / थकान का पाथेय / साथ रखना
कुछ रुकना / नव उत्साह जुटा / फिर बढ़ना
आँख में आँख / डाल थकान बोले / विजय हुई
थकान होना / बताता है सचाई / कोशिश हुई
१७.११.२०२६
०००
गीत
माघ कहता संक्रमण सब दूर कर
गीत दुख के गा न खुद को सूर कर
.
गुलगुले गद्दे पे पसरा, तोंद भर
चला एसी, गीत लिखता धूप के
कह रहा जग से कि तज दे वासना-
आँख मूँदे ख्वाब देखे रूप के
गर लिखे नवगीत, नवता नूर कर
माघ कहता संक्रमण सब दूर कर
.
कह रही संक्रांति 'मन मत भ्रांति रख'
अमावस मौनी कहे 'जन जाग जा,
कह रहा सेवक स्वयं को आज जो
मिले सत्ता तो कहेगा भाग जा,
मत स्वयं को सुदामा-अक्रूर कर,
माघ कहता संक्रमण सब दूर कर
.
खोल ली दुकान निष्ठुर व्यंग्य की
कथ्य बासी, बिंब जूठे सजाकर
लघुकथा संदेश बिन रो-सिसकती
कहानी क्रंदन करे दुख ध्वजा लख
पढ़ किताबें तब, समीक्षा तूर कर
माघ कहता संक्रमण सब दूर कर
०००
पूर्णिका
विधाता की अदालत में, वकालत हो नहीं सकती।
वकालत हो जहाँ, सच्ची अदालत हो नहीं सकती।।
दलाली कोट काला पहिनकर सच को छिपाती है-
विलंबित न्याय से बढ़कर अदावत हो नहीं सकती।।
पराई दौलतों को ताककर कर मत हाय भरना रे!
दुख्तरे-नेक से बेहतर इनायत हो नहीं सकती।।
उमर बढ़ती तो कम होती लगावट है गलतफहमी
हदों में रह हरी हो तो कयामत हो नहीं सकती।।
नजर का खेल है यारों! मिले-झुक-उठ कहर ढाए
दिलों से बेहतर दिल को नियामत हो नहीं सकती।।
किसी को चूमना संवाद है सपनों का सपनों से।
दिलों में दूरियाँ रखकर मुहब्बत हो नहीं सकती।।
नहीं निर्जीव या बेजिस्म से कर आशिकी तौबा ।
'सलिल संजीव' बिन सच्ची सखावत हो नहीं सकती।।
***
स्मृति गीत
०
शांति सुमन मुरझा रहे, है नफरत का दौर।
आम्र कुंज वीरान है, कैक्टस पर है बौर।।
०
व्याप गया है मौन, नवगीती दरबार में।
पौआ अद्धा पौन, ग्रसे जा रहे एक को।।
खूं की प्यासी साँझ को, सूर्य हो गया कौर।
शांति सुमन मुरझा रहे, है नफरत का दौर।।
०
नहीं आँख को आँख, सोहे फूटी आँख भी।
नोच रहे हैँ पाँख, पाँख आप ही पाँख के।।
पद-मद पाकर तृप्ति गुम, चाह हमेशा और।
शांति सुमन मुरझा रहे, है नफरत का दौर।।
(दोहा-सोरठा गीत) १७.११.२०२४
०००
छंदशाला ५२
दिंडी छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली, पुरारि, पीयूषवर्ष, तमाल, सगुण व नरहरी छंद)
•
विधान
प्रति पद १९ मात्रा, यति ९-१०, पदांत गुरु गुरु।
•
लक्षण छंद
ग्रह-दिशा यति रख, लिखो छंद दिंडी।
घर घर विराजे, शिव जी की पिंडी।।
गुरु गुरु नमन लें, वर दें बनें छंद।
रस-लय सुसज्जित, दे भाव आनंद।।
(संकेत-ग्रह नौ, दिशा दस)
•
उदाहरण
हे हरि! दया कर, भक्तों को तारो।
भव सिंधु पीड़ा, मिटाओ उबारो।।
हमें लो शरण में, सुनो प्रार्थनाएँ-
हरकर तिमिर सब, जगत को उजारो।।
•
१७-११-२०२२
•••
छंदशाला ५०
सगुण छंद
(इससे पूर्व- सुगती/शुभगति, छवि/मधुभार, गंग, निधि, दीप, अहीर/अभीर, शिव, भव, तोमर, ताण्डव, लीला, नित, चंद्रमणि/उल्लाला, धरणी/चंडिका, कज्जल, सखी, विजाति, हाकलि, मानव, मधुमालती, सुलक्षण, मनमोहन, सरस, मनोरम, चौबोला, गोपी, जयकारी/चौपई, भुजंगिनी/गुपाल, उज्जवला, पुनीत, पादाकुलक, पद्धरि, अरिल्ल, डिल्ला, पज्झटिका, सिंह, मत्त समक, विश्लोक, चित्रा, उपचित्रा, वानवसिका, राम, चंद्र, राजीवगण/माली, शक्ति, बंदन/रोली, पुरारि, पीयूषवर्ष व तमाल छंद)
•
विधान
प्रति पद १९ मात्रा, पदादि ल, पदांत ज।
•
लक्षण छंद
सगुण-निर्गुण दोनों है ईश एक।
यह सच सब जानते जिनमें विवेक।।
लघु-जगण हों आदि-अंत साथ-साथ।
करें देशसेवा सभी उठा माथ।।
•
उदाहरण
गुनगुना रहे भ्रमर, लखकर बसंत।
हिल-मिलकर घूमते, कामिनी-कंत।।
महक मोगरा कहे, मैं भी जवान।
मन मोहे चमेली, सुनाकर गान।।
•
१२-११-२०२२
•••
卐 ॐ 卐
एकता और शक्ति गीत
*
बारा बरसी खटन गयासी
झट लै आया झंडा
तिरंगा फहराया
कि जन गण मन गाया
*
बारा बरसी खटन गया
सब दै रहे सलामी
गर्व से शीश तना
एक यह देश बना
*
बारा बरसी खटन गया
मिल मुट्ठी बन जाएँ
अँगुलियाँ अलग न हों
देश ताकतवर हो
*
बारा बरसी खटन गया
स्वच्छता रखें सभी
स्वस्थ तन-मन भी हो
नित नव सपने बो
*
बारा बरसी खटन गया
जहाँ हैं कर मेहनत
बनाएँ देश नया
झुके सारी दुनिया
***
हास्य मुक्तक
नम आँख देखकर हमारी आँख नम हुई
दिल से करी तारीफ मगर वह भी कम हुई
छत पर दिखी ज्यों फुलझड़ी, अनार मैं हुआ
कैसा गज़ब है एक ही पल में वो बम हुई
*
गृह लक्ष्मी से कहा 'आज है लछमी जी का राज
मुँहमाँगा वरदान मिलेगा रोक न मुझको आज'
घूर एकटक झट बोली वह-"भाव अगर है सच्चा
देती हूँ वरदान रहो खुश कर प्रणाम नित बच्चा"
***
हास्य कविता
मेहरारू बोली 'ए जी! है आज पर्व दीवाली
सोना हो जब, तभी मने धनतेरस वैभवशाली'
बात सुनी मादक खवाबों में तुरत गया मन डूब
मैं बोला "री धन्नो! आ बाँहों में सोना खूब"
वो लल्ला-लल्ली से बोली "सोना बापू संग
जाती हूँ बाजार करो रे मस्ती चाहे जंग"
हुई नरक चौदस यारों ये चीखे, वो चिल्लाए
भूख इसे, हाजत उसको कोई तो जान बचाए
घंटों बाद दिखी घरवाली कई थैलों के संग
खाली बटुआ फेंका मुझ पर, उतरा अपना रंग
१७.११.२०२०
***
नवगीत
दिल्लीवालो!
*
दिल्लीवालो!
भोर हुई पर
जाग न जाना
घुली हवा में प्रचुर धूल है
जंगल काटे, पर्वत खोदे
सूखे ताल, सरोवर, पोखर
नहीं बावली-कुएँ शेष हैं
हर मुश्किल का यही मूल है
बिल्लीवालो!
दूध विषैला
पी मत जाना
कल्चर है होटल में खाना
सद्विचार कह दक़ियानूसी
चीर-फाड़कर वस्त्र पहनना
नहीं लाज से नज़र झुकाना
बेशर्मों को कहो कूल है
इल्लीवालो!
पैकिंग बढ़िया
कर दे जाना
आज जुडो कल तोड़ो नाता
मनमानी करना विमर्श है
व्यापे जीवन में सन्नाटा
साध्य हुआ केवल अमर्ष है
वाक् न कोमल तीक्ष्ण शूल है
किल्लीवालो!
ठोंको ताली
बना बहाना
१७-११-२०१९
***
दोहा सलिला
लट्टू पर लट्टू हुए, दिया न आया याद
जब बिजली गुल हो गई, तब करते फरियाद
*
उग, बढ़, झर पत्ते रहे, रहे न कुछ भी जोड़
सीख न लेता कुछ मनुज, कब चाहे दे छोड़
*
लोकतंत्र में धमकियाँ, क्यों देते हम-आप.
संविधान की अदेखी, दंडनीय है पाप.
*
१७.११.२०१७
***
कार्य शाला
छंद-बहर दोउ एक हैं २
*
गीत
फ़साना
(छंद- दस मात्रिक दैशिक जातीय, षडाक्षरी गायत्री जातीय सोमराजी छंद)
[बहर- फऊलुन फऊलुन १२२ १२२]
*
कहेगा-सुनेगा
सुनेगा-कहेगा
हमारा तुम्हारा
फसाना जमाना
*
तुम्हें देखता हूँ
तुम्हें चाहता हूँ
तुम्हें माँगता हूँ
तुम्हें पूजता हूँ
बनाना न आया
बहाना बनाना
कहेगा-सुनेगा
सुनेगा-कहेगा
हमारा तुम्हारा
फसाना जमाना
*
तुम्हीं जिंदगी हो
तुम्हीं बन्दगी हो
तुम्हीं वन्दना हो
तुम्हीं प्रार्थना हो
नहीं सीख पाया
बिताया भुलाना
कहेगा-सुनेगा
सुनेगा-कहेगा
हमारा तुम्हारा
फसाना जमाना
*
तुम्हारा रहा है
तुम्हारा रहेगा
तुम्हारे बिना ना
हमारा रहेगा
कहाँ जान पाया
तुम्हें मैं लुभाना
कहेगा-सुनेगा
सुनेगा-कहेगा
हमारा तुम्हारा
फसाना जमाना
१७-११-२०१६
***
शब्द चर्चा- सैलाब या शैलाब?
सही शब्द ’सैलाब’ ही है -’शैलाब ’ नहीं
’सैलाब’[ सीन,ये,लाम,अलिफ़,बे] -अरबी/फ़ारसी का लफ़्ज़ है अर्थात ’उर्दू’ का लफ़्ज़ है जो ’सैल’ और ’आब’ से बना है
’सैल’ [अरबी लफ़्ज़] मानी बहाव और ’आब’[फ़ारसी लफ़्ज़] मानी पानी
सैलाब माने पानी का बहाव ही होता है मगर हम सब इसका अर्थ अचानक आए पानी के बहाव ,जल-प्लावन.बाढ़ से ही लगाते है
सैल के साथ आब का अलिफ़ वस्ल [ मिल ] हो गया है अत: ’सैल आब ’ के बजाय ’सैलाब’ ही पढ़ते और बोलते है ।हिन्दी के हिसाब से इसे आप ’दीर्घ सन्धि’ भी कह सकते है’
चूँकि ’सैल’ मानी ’बहाव’ होता है तो इसी लफ़्ज़ से ’सैलानी’ भी बना है -वह जो निरन्तर सैर तफ़्रीह एक जगह से दूसरी जगह जाता रहता है।
आँसुओं की बाढ़ को सैल-ए-अश्क भी कहते है
हिन्दी के ’शैल’ से आप सब लोग तो परिचित ही हैं।
***
अलंकार सलिला: ३१
दीपक अलंकार
*
दीपक वर्ण्य-अवर्ण्य में, देखे धर्म समान।
धारण करता हो जिसे, उपमा संग उपमान।।
जहाँ वर्ण्य (प्रस्तुत) और अवर्ण्य (अप्रस्तुत) का एक ही धर्म स्थापित किया जाये, वहाँ दीपक अलंकार होता है।
अप्रस्तुत एक से अधिक भी हो सकते हैं।
तुल्ययोगिता और दीपक में अंतर यह है कि प्रथम में प्रस्तुत और प्रस्तुत तथा अप्रस्तुत और अप्रस्तुत का धर्म
समान होता है जबकि द्वितीय में प्रस्तुत और अप्रस्तुत दोनों का समान धर्म बताया जाता है।
जब प्रस्तुत औ' अप्रस्तुत, में समान हो धर्म।
तब दीपक जानो 'सलिल', समझ काव्य का मर्म।।
यदि प्रस्तुत वा अप्रस्तुत, गहते धर्म समान।
अलंकार दीपक कहे, वहाँ सभी मतिमान।।
दीपक वर्ण्य-अवर्ण्य के, देखे धर्म समान।
कारक माला आवृत्ति, तीन भेद लें जान।।
उदाहरण:
१. सोहत मुख कल हास सौं, अम्ल चंद्रिका चंद्र।
प्रस्तुत मुख और अप्रस्तुत चन्द्र को एक धर्म 'सोहत' से अन्वित किया गया है।
२. भूपति सोहत दान सौं, फल-फूलन-उद्यान।
भूपति और उद्यान का सामान धर्म 'सोहत' दृष्टव्य है।
३. काहू के कहूँ घटाये घटे नहिं, सागर औ' गन-सागर प्रानी।
प्रस्तुत हिंदवान और अप्रस्तुत कामिनी, यामिनी व दामिनी का एक ही धर्म 'लसै' कहा गया है।
४. डूँगर केरा वाहला, ओछाँ केरा नेह।
वहता वहै उतावला, छिटक दिखावै छेह।।
अप्रस्तुत पहाड़ी नाले, और प्रस्तुत ओछों के प्रेम का एक ही धर्म 'तेजी से आरम्भ तथा शीघ्र अंत' कहा है।
५. कामिनी कंत सों, जामिनी चंद सोन, दामिनी पावस मेघ घटा सों।
जाहिर चारहुँ ओर जहाँ लसै, हिंदवान खुमान सिवा सों।।
६. चंचल निशि उदवस रहैं, करत प्रात वसिराज।
अरविंदन में इंदिरा, सुन्दरि नैनन लाज।।
७. नृप मधु सों गजदान सों, शोभा लहत विशेष।
अ. कारक दीपक:
जहाँ अनेक क्रियाओं में एक ही कारक का योग होता है वहाँ कारक दीपक अलंकार होता है।
उदाहरण:
१. हेम पुंज हेमंत काल के इस आतप पर वारूँ।
प्रियस्पर्श की पुलकावली मैं, कैसे आज बिसारूँ?
किन्तु शिशिर में ठंडी साँसें, हाय! कहाँ तक धारूँ?
तन जारूँ, मन मारूँ पर क्या मैं जीवन भी हारूँ।।
२. इंदु की छवि में, तिमिर के गर्भ में,
अनिल की ध्वनि में, सलिल की बीचि में।
एक उत्सुकता विचरती थी सरल,
सुमन की स्मृति में, लता के अधर में।।
३. सुर नर वानर असुर में, व्यापे माया-मोह।
ऋषि मुनि संत न बच सके, करें-सहें विद्रोह।।
४. जननी भाषा / धरती गौ नदी माँ / पाँच पालतीं।
५. रवि-शशि किरणों से हरें
तम, उजियारा ही वरें
भू-नभ को ज्योतित करें।
आ. माला दीपक:
जहाँ पूर्वोक्त वस्तुओं से उत्तरोक्त वस्तुओं का एकधर्मत्व स्थापित होता है वहाँ माला दीपक अलंकार होता है।
उदाहरण:
१. घन में सुंदर बिजली सी, बिजली में चपल चमक सी।
आँखों में काली पुतली, पुतली में श्याम झलक सी।।
प्रतिमा में सजीवता सी, बस गर्भ सुछवि आँखों में।
थी एक लकीर ह्रदय में, जो अलग रही आँखों में।।
२. रवि से शशि, शशि से धरा, पहुँचे चंद्र किरण।
कदम-कदम चलकर करें, पग मंज़िल का वरण।।
३. ध्वनि-लिपि, अक्षर-शब्द मिल करें भाव अभिव्यक्त।
काव्य कामिनी को नहीं, अलंकार -रस त्यक्त।।
४. कूल बीच नदिया रे / नदिया में पानी रे
पानी में नाव रे / नाव में मुसाफिर रे
नाविक पतवार ले / कर नदिया पार रे!
५. माथा-बिंदिया / गगन-सूर्य सम / मन को मोहें।
इ. आवृत्ति दीपक:
जहाँ अर्थ तथा पदार्थ की आवृत्ति हो वहाँ पर आवृत्ति दीपक अलंकार होता है।इसके तीन प्रकार पदावृत्ति दीपक,
अर्थावृत्ति दीपक तथा पदार्थावृत्ति दीपक हैं।
क. पदावृत्ति दीपक:
जहाँ भिन्न अर्थोंवाले क्रिया-पदों की आवृत्ति होती है वहाँ पदावृत्ति दीपक अलंकार होता है।
उदाहरण:
१. तब इस घर में था तम छाया,
था मातम छाया, गम छाया,
-भ्रम छाया।
२. दीन जान सब दीन, नहिं कछु राख्यो बीरबर।
३. आये सनम, ले नयन नम, मन में अमन,
तन ले वतन, कह जो गए, आये नहीं, फिर लौटकर।
ख. अर्थावृत्ति दीपक:
जहाँ एक ही अर्थवाले भिन्न क्रियापदों की आवृत्ति होती है, वहाँ अर्थावृत्ति दीपक अलंकार होता है।
उदाहरण:
१. सर सरजा तब दान को, को कर सकत बखान?
बढ़त नदी गन दान जल उमड़त नद गजदान।।
२. तोंहि बसंत के आवत ही मिलिहै इतनी कहि राखी हितू जे।
सो अब बूझति हौं तुमसों कछू बूझे ते मेरे उदास न हूजे।।
काहे ते आई नहीं रघुनाथ ये आई कै औधि के वासर पूजे।
देखि मधुव्रत गूँजे चहुँ दिशि, कोयल बोली कपोतऊ कूजे।।
३. तरु पेड़ झाड़ न टिक सके, झुक रूख-वृक्ष न रुक सके,
तूफान में हो नष्ट शाखा-डाल पर्ण बिखर गये।
ग. पदार्थावृत्ति दीपक:
जहाँ पद और अर्थ दोनों की आवृत्ति हो वहाँ,पदार्थावृत्ति दीपक अलंकार होता है।
उदाहरण
१. संपत्ति के आखर तै पाइ में लिखे हैं, लिखे भुव भार थाम्भिबे के भुजन बिसाल में।
हिय में लिखे हैं हरि मूरति बसाइबे के, हरि नाम आखर सों रसना रसाल में।।
आँखिन में आखर लिखे हैं कहै रघुनाथ, राखिबे को द्रष्टि सबही के प्रतिपाल में।
सकल दिशान बस करिबे के आखर ते, भूप बरिबंड के विधाता लिखे भाल में।।
२.
दीपक अलंकार का प्रयोग कविता में चमत्कार उत्पन्न कर उसे अधिक हृद्ग्राही बनाता है।।
***
नव गीत
*
मानवासुर!
है चुनौती
हमें भी मारो।
*
हम नहीं हैं एक
लेकिन एक हैं हम।
जूझने को मौत से भी
हम रखें दम।
फोड़ते हो तुम
मगर हम बोलते हैं
गगन जाए थरथरा
सुन बोल 'बम-बम'।
मारते तुम निहत्थों को
क्रूर-कायर!
तुम्हारा पुरखा रहा
दनु अंधकासुर।
हम शहादत दे
मनाते हैं दिवाली।
जगमगा देते
दिया बन रात काली।
जानते हैं देह मरती
आत्मा मरती नहीं है।
शक्ल है
कितनी घिनौनी, जरा
दर्पण तो निहारो
मानवासुर!
है चुनौती
हमें भी मारो।
*
मनोबल कमजोर इतना
डर रहे परछाईं से भी।
रौंदते कोमल कली
भूलो न सच तुम।
बो रहे जो
वही काटोगे हमेशा
तडपते पल-पल रहोगे
दर्द होगा पर नहीं कम।
नाम मत लो धर्म का
तुम हो अधर्मी!
नहीं तुमसे अधिक है
कोई कुकर्मी।
जब मरोगे
हँसेगी इंसानियत तब।
शूल से भी फूल
ऊगेंगे नए अब ।
निरा अपना, नया सपना
नित नया आकार लेगा।
किन्तु बेटा भी तुम्हारा
तुम्हें श्रृद्धांजलि न देगा
जा उसे मारो।
मानवासुर!
है चुनौती
हमें भी मारो।
***
लघुकथा:
सहिष्णुता
*
'हममें से किसी एक में अथवा सामूहिक रूप से हम सबमें कितनी सहिष्णुता है यह नापने, मापने या तौलने का कोई पैमाना अब तक ईजाद नहीं हुआ है. कोई अन्य किसी अन्य की सहिष्णुता का आकलन कैसे कर सकता है? सहिष्णुता का किसी दल की हार - जीत अथवा किसी सरकार की हटने - बनने से कोई नाता नहीं है. किसी क्षेत्र में कोई चुनाव हो तो देश असहिष्णु हो गया, चुनाव समाप्त तो देेश सहिष्णु हो गया, यह कैसे संभव है?' - मैंने पूछा।
''यह वैसे हो संभव है जैसे हर दूरदर्शनी कार्यक्रमवाला दर्शकों से मिलनेवाली कुछ हजार प्रतिक्रियाओं को लाखों बताकर उसे देश की राय और जीते हुए उम्मीदवार को देश द्वारा चुना गया बताता है, तब तो किसी को आपत्ति नहीं होती जबकि सब जानते हैं कि ऐसी प्रतियोगिताओं में १% लोग भी भाग नहीं लेते।'' - मित्र बोला।
''तुमने जैसे को तैसा मुहावरा तो सुना ही होगा। लोक सभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के दावेदार ने ढेरों वायदे किये, जितने पर उनके दलाध्यक्ष ने इसे 'जुमला' करार दिया, यह छल नहीं है क्या? छल का उत्तर भी छल ही होगा। तब जुमला 'विदेशों में जमा धन' था, अब 'सहिष्णुता' है. जनता दोनों चुनावों में ठगी गयी।
इसके बाद भी कहीं किसी दल अथवा नेता के प्रति उनके अनुयायियों में असंतोष नहीं है, धार्मिक संस्थाएँ और उनके अधिष्ठाता समाज कल्याण का पथ छोड़ भोग-विलास और संपत्ति - अर्जन को ध्येय बना बैठे हैं फिर भी उन्हें कोई ठुकराता नहीं, सब सर झुकाते हैं, सरकारें लगातार अपनी सुविधाएँ और जनता पर कर - भार बढ़ाती जाती हैं, फिर भी कोई विरोध नहीं होता, मंडियां बनाकर किसान को उसका उत्पाद सीधे उपभोक्ता को बेचने से रोका जाता है और सेठ जमाखोरी कर सैंकड़ों गुना अधिक दाम पर बेचता है तब भी सन्नाटा .... काश! न होती हममें या सहिष्णुता।'' मित्र ने बात समाप्त की।
***
नव गीत :
छाया है आतंक का
मकड़जाल चहुँ ओर
*
कहता है इतिहास
एक साथ लड़ते रहे
दानव गण सायास।
.
निर्बल को दे दंड
पाते थे आनंद वे
रहे सदा उद्दंड।
.
नहीं जीतती क्रूरता
चाहे जितने जुल्म कर
संयम रखती शूरता।
.
रात नहीं कोई हुई
जिसके बाद न भोर
छाया है आतंक का
मकड़जाल चहुँ ओर
*
उठो, जाग, हो एक
भिड़ो तुरत आतंक से
रखो इरादे नेक।
.
नहीं रिलीजन, धर्म
या मजहब आतंक है
मिटा कीजिए कर्म।
.
भुला सभी मतभेद
लड़, वरना हों नष्ट सब
व्यर्थ न करिए खेद।
.
कटे पतंग न शांति की
थाम एकता डोर
छाया है आतंक का
मकड़जाल चहुँ ओर
१६-११-२०१५
***
छंद सलिला :
*
कीर्ति छंद
छंद विधान:
द्विपदिक, चतुश्चरणिक, मात्रिक कीर्ति छंद इंद्रा वज्रा तथा उपेन्द्र वज्रा के संयोग से बनता है. इसका प्रथम चरण उपेन्द्र वज्रा (जगण तगण जगण दो गुरु / १२१-२२१-१२१-२२) तथा शेष तीन दूसरे, तीसरे और चौथे चरण इंद्रा वज्रा (तगण तगण जगण दो गुरु / २२१-२२१-१२१-२२) इस छंद में ४४ वर्ण तथा ७१ मात्राएँ होती हैं.
उदाहरण:
१. मिटा न क्यों दें मतभेद भाई, आओ! मिलाएं हम हाथ आओ
आओ, न जाओ, न उदास ही हो, भाई! दिलों में समभाव भी हो.
२. शराब पीना तज आज प्यारे!, होता नहीं है कुछ लाभ सोचो
माया मिटा नष्ट करे सुकाया, खोता सदा मान, सुनाम भी तो.
३. नसीहतों से दम नाक में है, पीछा छुड़ाएं हम आज कैसे?
कोई बताये कुछ तो तरीका, रोके न टोके परवाज़ ऐसे.
१६-११-२०१३
***
हास्य मुक्तक
नम आँख देखकर हमारी आँख नम हुई
दिल से करी तारीफ मगर वह भी कम हुई
हमने जलाई फुलझड़ी 'सलिल' ये क्या हुआ
दीवाला हो गया है वो जैसे ही बम हुई.
१६-११-२०१३
***

रविवार, 8 नवंबर 2026

नवंबर ८, दोहा गीत, सॉनेट, दीपक, हाइकु, त्रिपदिक गीत, संदेह अलंकार, बाल कविता

सलिल सृजन नवंबर ८
*
दोहा गीत
दीपावली
.
मना पर्व दीपावली, अंतर्मन उजियार।
तिमिर दीप नीचे रहे, तन पर रहे निखार।।
.
तन-मन दोनों स्वच्छ हों, देह-आत्मा दीप।
स्नेह-शांति फूले-फले, ज्यों मोती में सीप।।
डाल रंगोली द्वार पर, मीठे वचन उचार।
मना पर्व दीपावली, अंतर्मन उजियार।।
.
बिसर न बाती-तेल को, घर के बूढ़े-वृद्ध।
निज सुख-सुविधा त्याग कर, घर को किया समृद्ध।।
मात-पिता दीपक सदृश, भरा रखें भंडार।
मना पर्व दीपावली, अंतर्मन उजियार।।
.
दियासलाई आप बन, बच्चे स्नेह-प्रकाश।
अरमानों की फुलझड़ी, चमका दे आकाश।।
जूझ चुनौती जीत ले, 'सलिल' न माने हार।
मना पर्व दीपावली, अंतर्मन उजियार।।
८.११.२०२६
०००
मुखपोथी
•
हर मुख पोथी पढ़ो पढ़ सको।
पढ़कर मुखड़ा गढ़ो गढ़ सको।।
विमुख सृजन से मत होना रे!
शब्द-चित्र नव मढ़ो मढ़ सको।।
सम्मुख आए बाधा-पर्वत
आमुख पग रख चढ़ो चढ़ सको।।
लहर-लहर सुख-दुख का संगम
अनगढ़ से कुछ गढ़ो गढ़ सको।।
८.११.२०२४
•••
सॉनेट
दीपक
•
जलते बाती-तेल उजाला करते,
दीपक पाता श्रेय, छिपाता तम को,
जैसे नेता ठगता है जन-गण को,
दोषी जन-गण भी न सत्य जो वरते।
औरों की सूखी पर नजरें धरते,
चलें न अपने घर की हरियाली को,
जोड़, न खाते, छोड़ यहीं सब मरते।
कुछ अतिभोगी कर्जा ले घृत पीते,
भोग भोगते, भोग भोगता उनको,
दोनों अति से बचो, चतुर जन कहते।
रखें समन्वय जो जीवन-रण जीते,
सत्य समझ आया है यह दीपक को,
जले न रवि सम और नहीं तम तहते।
८.११.२०२३
•••
कार्यशाला- ७-११-१६
आज का विषय- पथ का चुनाव
अपनी प्रस्तुति टिप्पणी में दें।
किसी भी विधा में रचना प्रस्तुत कर सकते हैं।
रचना की विधा तथा रचना नियमों का उल्लेख करें।
समुचित प्रतिक्रिया शालीनता तथा सन्दर्भ सहित दें।
रचना पर प्राप्त सम्मतियों को सहिष्णुता तथा समादर सहित लें।
किसी अन्य की रचना हो तो रचनाकार का नाम, तथा अन्य संदर्भ दें।
*
हाइकु
सहज नहीं
है 'पथ का चुनाव'
​विकल्प कई.
(जापानी त्रिपदिक वार्णिक छंद, ध्वनि ५-७-५)
*
मुक्तक
पथ का चुनाव आप करें देख-भालकर
सारे अभाव मौन सहें, लोभ टालकर
​पालें लगाव तो न तजें, शूल देखकर
भुलाइये 'सलिल' को न संबंध पालकर ​
​(२२ मात्रिक चतुष्पदिक मुक्तक छंद, टुकनर गुरु-लघु, पदांत गुरु-लघु-लघु-लघु) ​
*
***
त्रिपदिक गीत:
करो मुनादी...
*
करो मुनादी
गोडसे ने पहनी
उजली खादी.....
*
सवेरे कहा:
जय भोले भंडारी
फिर चढ़ा ली..
*
तोड़े कानून
ढहाया ढाँचा, और
सत्ता भी पाली..
*
बेचा ईमान
नेता हैं बेईमान
निष्ठा भुला दी.....
*
एक ने खोला
मंदिर का ताला तो -
दूसरा डोला..
*
रखीं मूर्तियाँ
करवाया पूजन
न्याय को तौला..
*
मत समझो
जनगण नादान
बात भुला दी.....
*
क्यों भ्रष्टाचार
नस-नस में भारी?
करें विचार..
*
आख़िरी पल
करें किला फतह
क्यों हिन्दुस्तानी?
*
लगाया भोग
बाँट-खाया प्रसाद.
सजा ली गादी.....
*
​***
हरियाणवी हाइकु
*
घणा कड़वा
आक करेला नीम
भला हकीम।१।
*
​गोरी गाम की
घाघरा-चुनरिया
नम अँखियाँ।२।
*
बैरी बुढ़ापा
छाती तान के आग्या
अकड़ कोन्या।३।
*
जवानी-नशा
पोरी पोरी मटकै
जोबन-बम।४।
*
कोरा कागज
हरियाणवी हाइकु
लिक्खण बैठ्या।५।
*
'हरि' का 'यान'
देस प्रेम मैं आग्गै
'बहु धान्यक'।६।
*
पीछै पड़ गे
टाबर चिलम के
होश उड़ गे।७।
*
मानुष एक
छुआछूत कर्‌या
रै बेइमान।८।
*
हैं भारतीय
आपस म्हं विरोध
भूल भी जाओ।९।
*
चिन्ता नै चाट्टी
म्हारी हाण कचोट
रंज नै खाई।१०।
*
ना है बाज का
चिडिय़ा नै खतरा
है चिड़वा का।११।
*
गुरू का दर्जा
शिक्षा के मन्दिर मैं
सबतै ऊँच्चा।१२।
*
कली नै माली
मसलण लाग्या हे
बची ना आस। १३।
*
माणस-बीज
मरणा हे लड़कै
नहीं झुककै।१४।
*
लड़ी लड़ाई
जमीन छुड़वाई
नेता लौटाई।१५।
*
भुख्खा किसाण
कर्ज से कर्ज तारै
माटी भा दाणे।१६।
*
बाग म्हं कूकै
बिरहण कोयल
दिल सौ टूक।१७।
*
चिट्ठी आई सै
आंख्या पाणी भरग्या
फौजी हरख्या।१८।
*
सब नै दंग
करती चूड़ी-बिंदी
मैडल ल्याई।१९।
*
लाडो आ तूं
किलकारी मारकै
सुपणा मेरा।२०।
८.११.२०१६
***
अलंकार सलिला: २९
संदेह अलंकार
*
किसी एक में जब दिखें, संभव वस्तु अनेक।
अलंकार संदेह तब, पहिचानें सविवेक।।
निश्चय करना कठिन हो, लख गुण-धर्म समान ।
अलंकार संदेह की, यह या वह पहचान ।।
गुरुदत्त जी, वहीदा जी, रहमान जी तथा जॉनी वाकर जी के जीवंत अभिनय, निर्देषम, कथा और मधुर गीतों के लिये
स्मरणीय हिंदी सिनेमा की कालजयी कृति 'चौदहवीं का चाँद' को हम याद कर रहे हैं शीर्षक गीत के लिये...
चौदहवीं का चाँद हो / या आफताब हो?
जो भी हो तुम / खुदा की कसम / लाजवाब हो।
नायिका के अनिंद्य रूप पर मुग्ध नायक यह तय नहीं कर पा रहा कि उसे चाँद माने या सूर्य? एक अन्य पुराना फिल्मी गीत है-
ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत / कौन हो तुम बतलाओ?
देर से इतनी दूर खड़ी हो / और करीब आ जाओ।
यह तो आप सबने समझ ही लिया है कि नायक नायिका को देखकर सपना है या सच है? का निश्चय नहीं कर पा रहा है
और यह तय करने के लिये उसे निकट बुला रहा है। एक और फिल्मी गीत को लें-
मार दिया जाये कि छोड़ दिया जाए
बोल तेरे साथ क्या सलूक किया जाए?
आप सोच रहे होंगे अलंकार चर्चा के इच्छुक काव्य रसिकों से यह कैसा सलूक कि अलंकार छोड़कर सिनेमाई गीत वो भी
पुराने दोहराये जाएँ? धैर्य रखिये, यह अकारण नहीं है।
घबराइये मत, हम आपसे न तो गीत सुनाने को कह रहे हैं, न गीतकार, गायक या संगीतकार का नाम ही पूछ रहे हैं।
बताइए सिर्फ यह कि इन गीतों में कौन सी समानता है?
क्या?.. पर्दे पर नायक ने गाया है... यह तो पूछने जैसी बात ही नहीं है असल में ...समानता यह है कि तीनों गीतों में
नायक दुविधा का शिकार है- चाँद या सूरज?, सपना या सच?, मारे या छोड़े ?
यह दुविधा, अनिर्णय, संशय, शक या संदेह की मनःस्थिति जिस अलंकार की जननी है, उसका नाम है संदेह अलंकार।
रूप, रंग आदि की समानता होने के कारण उपमेय में उपमान का संशय होने पर संदेह अलंकार होता है।
जहाँ रूप, रंग और गुण की समानता के कारण किसी वस्तु को देखकर यह निश्चचय न हो सके कि यह वही वस्तु है या
नहीं? वहाँ संदेह अलंकार होता है।
यह अलंकार तब होता है जब एक वस्तु में किसी दूसरी वस्तु का संदेह तो हो पर निश्चय न हो। इसके वाचक शब्द कि,
किधौं, धौं, अथवा, या आदि हैं।
यह-वह का संशय बने, अलंकार संदेह।
निश्चय बिन हिलता लगे, विश्वासों का गेह।।
इस-उस के निश्चय बिना हो मन हो डाँवाडोल।
अलंकार संदेह को, ऊहापोह से तोल।।
उदाहरण:
१. कौन बताये / वीर कहूँ या धीर / पितामह को?
२. नग, जुगनू या तारे? / बूझ न पाये हारे
३. नर्मदा हो, वर्मदा हो / शर्मदा हो धर्मदा
जानता माँ मात्र इतना / तुम सनातन मर्मदा
४. सारी बीच नारी है कि नारी बीच सारी है।
सारी ही कि नारी है कि नारी ही कि सारी है।।
यहाँ द्रौपदी के चीरहरण की घटना के समय का चित्रण है कि द्रौपदी के चारों और चीर के ढेर देखकर दर्शकों को संदेह
हुआ कि साड़ी के बीच नारी है या नारी के बीच साड़ी है?
५. को तुम तीन देव मँह कोऊ, नर नारायण की तुम दोऊ।
यहाँ संदेह है कि सामने कौन उपस्थित है ? नर, नारायण या त्रिदेव (ब्रम्हा-विष्णु-महेश)।
६ . परत चंद्र प्रतिबिम्ब कहुँ जलनिधि चमकायो।
कै तरंग कर मुकुर लिए शोभित छवि छायो।।
कै रास रमन में हरि मुकुट आभा जल बिखरात है।
कै जल-उर हरि मूरति बसत ना प्रतिबिम्ब लखात है।।
पानी में पड़ रही चंद्रमा की छवि को देखकर कवि संशय में है कि यह पानी में चन्द्र की छवि है या लहर हाथ में दर्पण लिये
है? यह रास लीला में निमग्न श्री कृष्ण के मुकुट की परछाईं है या सलिल के ह्रदय में बसी प्रभु की प्रतिमा है?
७. तारे आसमान के हैं आये मेहमान बनि,
केशों में निशा ने मुक्तावलि सजायी है।
बिखर गयी है चूर-चूर है के चंद कैधों,
कैधों घर-घर दीपमालिका सुहाई है।।
इस प्रकृति चित्रण में संशय है कि आसमान में तारे अतिथि बनकर आये हैं, अथवा रजनी ने मुक्तावलि सजायी है,
चंद्रमा चूर होकर बिखर गया है या घर -घर में दिवाली मनाई जा रही है.
८. कज्जल के तट पर दीपशिखा सोती है कि,
श्याम घन मंडल में दामिनी की धारा है?
यामिनी के अंचल में कलाधर की कोर है कि,
राहू के कबंध पै कराल केतु तारा है?
'शंकर' कसौटी पर कंचन की लीक है कि,
तेज ने तिमिर के हिए में तीर मारा है?
काली पाटियों के बीच मोहिनी की मांग है कि,
ढाल पर खांडा कामदेव का दुधारा है.?
इस छंद में संदेह अलंकार की ४ बार आवृत्ति है. संदेह है कि- काजल के किनारे दिये की बाती है या काले बादलों के बीच बिजली?, रात के आँचल में चंद्रमा की कोर है या राहू के कंधे पर केतु?, कसौटी के पत्थर पर परखे जा रहे सोने की रेखा है या अँधेरे के दिल में उजाले का तीर?, काले बालों के बीच सुन्दरी की माँग है या ढाल पर कामदेव का दुधारा रखा है?
९. नित सुनहली साँझ के पद से लिपट आता अँधेरा,
पुलक पंखी विरह पर उड़ आ रहा है मिलन मेरा।
कौन जाने बसा है उस पार
तम या रागमय दिन? - महादेवी वर्मा
१०. जननायक हो जनशोषक
पोषक अत्याचारों के?
धनपति हो या धन-गुलाम तुम
दोषी लाचारों के? -सलिल
११. भूखे नर को भूलकर, हर को देते भोग।
पाप हुआ या पुण्य यह?, करुँ हर्ष या सोग?.. -सलिल
१२. राधा मुख आली! किधौं, कैधौं उग्यो मयंक?
१३. कहहिं सप्रेम एक-इक पाहीं। राम-लखन सखि! होब कि नाहीं।।
१४. संसद या मंडी कहूँ?
हल्ला-गुल्ला हो रहा
आम आदमी रो रहा।
१५. जीत हुई या हार
भाँज रहे तलवार
जन हित होता उपेक्षित।
संदेह अलंकार का प्रयोग सामाजिक विसंगतियों और त्रासदियों के चित्रण में भी किया जा सकता है।
८-११-२०१५
===
बाल कविता:
*
अंशू-मिंशू दो भाई हिल-मिल रहते थे हरदम साथ.
साथ खेलते साथ कूदते दोनों लिये हाथ में हाथ..
अंशू तो सीधा-सादा था, मिंशू था बातूनी.
ख्वाब देखता तारों के, बातें थीं अफलातूनी..
एक सुबह दोनों ने सोचा: 'आज करेंगे सैर'.
जंगल की हरियाली देखें, नहा, नदी में तैर..
अगर बड़ों को बता दिया तो हमें न जाने देंगे,
बहला-फुसला, डांट-डपट कर नहीं घूमने देंगे..
छिपकर दोनों भाई चल दिये हवा बह रही शीतल.
पंछी चहक रहे थे, मनहर लगता था जगती-तल..
तभी सुनायी दीं आवाजें, दो पैरों की भारी.
रीछ दिखा तो सिट्टी-पिट्टी भूले दोनों सारी..
मिंशू को झट पकड़ झाड़ पर चढ़ा दिया अंशू ने.
'भैया! भालू इधर आ रहा' बतलाया मिंशू ने..
चढ़ न सका अंशू ऊपर तो उसने अकल लगाई.
झट ज़मीन पर लेट रोक लीं साँसें उसने भाई..
भालू आया, सूँघा, समझा इसमें जान नहीं है.
इससे मुझको कोई भी खतरा या हानि नहीं है..
चला गए भालू आगे, तब मिंशू उतरा नीचे.
'चलो उठो कब तक सोओगे ऐसे आँखें मींचें.'
दोनों भाई भागे घर को, पकड़े अपने कान.
आज बचे, अब नहीं अकेले जाएँ मन में ठान..
धन्यवाद ईश्वर को देकर, माँ को सच बतलाया.
माँ बोली: 'संकट में धीरज काम तुम्हारे आया..
जो लेता है काम बुद्धि से वही सफल होता है.
जो घबराता है पथ में काँटें अपने बोता है..
खतरा-भूख न हो तो पशु भी हानि नहीं पहुँचाता.
मानव दानव बना पेड़ काटे, पशु मार गिराता..'
अंशू-मिंशू बोले: 'माँ! हम दें पौधों को पानी.
पशु-पक्षी की रक्षा करने की मन में है ठानी..'
माँ ने शाबाशी दी, कहा 'अकेले अब मत जाना.
बड़े सदा हितचिंतक होते, अब तुमने यह माना..'
***

शनिवार, 7 नवंबर 2026

नवंबर ७, रूप चतुर्दशी, दीपक, दोहा गीत, अमरकंटक छंद, ग़ज़ल, अवधी, नवगीत, गजल

सलिल सृजन नवंबर ७
*
रूप चतुर्दशी 
० 
रूप चतुर्दशी रूप निखारे, 
तन-मन दोनों सजा-सँवारे। 
. 
कचरा रहे न शेष, साफ करो परिवेश सब 
जो भी है अधिशेष, दो औरों को, देर बिन।। 
श्रम हो अपना साध्य अब, 
स्वास्थ्य रहे आराध्य रे! 
रूप चतुर्दशी रूप निखारे, 
तन-मन दोनों सजा-सँवारे।
. 
तन पर उबटन-तेल, मल-मल रगड़ न मैल हो। 
मन में ममता-स्नेह, दीप जला, नहिं बैर हो।। 
जो अपने, अपने न हो सके, 
उनको अपना कह अपना रे! 
रूप चतुर्दशी रूप निखारे, 
तन-मन दोनों सजा-सँवारे। 
. 
नरकासुर मन बसा, मोह-वासना-बैर बन। 
अंतर्मन में धँसा, वहम अहं का रख न मन।। 
तन दीपक मुख बाती कर ले, 
मन-मंदिर में ज्योति जला रे! 
रूप चतुर्दशी रूप निखारे, 
तन-मन दोनों सजा-सँवारे। 
०००

दोहा गीत
दीपक
.
दीप दिया दीपक रहा, पाता कीर्ति सुनाम।
जलें तेल-बाती सिसक, जग उजियार अनाम।।
श्रेय क्यों नहीं पा रहे
गीत हम नहीं गा रहे
.
दीपक बाती तेल ज्यों, तन-मन अरु संसार।
मिलें त्रिवेणी सदृश जब, तब मेटें अँधियार।।
उजाला व्याप सके तब
मिटा तम-शाप सकें तब
.
तम को अशुभ न मानता, नहीं मिटाता दीप।
रखे सुरक्षित छिपाकर, जैसे मोती सीप।।
न मानो नीचे देखो
तिमिर रक्षित है लेखो
.
तम में छिपा प्रकाश है, यही दीप का सत्य।
सृष्टि जन्म अँधियार से, होता सत्य अनित्य।।
गर्भ में रहे अँधेरा
जीव जी करे सवेरा
.
तम न अगर हो रात में, हो न शयन-विश्राम।
चौबिस घंटे उजाला, करे दीप अविराम।।
कहो क्या सुखद रहेगा?
तिमिर को जगत भजेगा
.
शिव-हरि दोनों श्याम तम, शिवा-रमा गौरांग।
श्याम-श्वेत का मिलन ही, है माया की माँग।।
मोह-ममता-माया से
दीप जीवन काया से
.
दीपक करें प्रदीप्त जब, तम को रखिए याद
माटी बाती तेल सँग, अग्नि इन्हें आभार
पंच तत्वी जग-जीवन
स्वच्छ रख कर दें मधुवन
.
नयन दीप पा सराहो, सकल सृष्टि व्यापार
सबके प्रति अभिव्यक्त कर, धन्यवाद आभार
दिवाली सलिल मनेगी
जिंदगी-कली खिलेगी
७.११.२०२६
०००

हिन्दी के नये छंद १३
सप्तोच्चारिक अमरकंटक छंद
विधान-
१. प्रति पंक्ति ७ मात्रा।
२. प्रति पंक्ति उच्चार क्रम लघु लघु लघु गुरु लघु लघु।
गीत
नरक चौदस
.
मनुज की जय
नरक चौदस।
.
चल मिटा तम
मिल मिटा गम
विमल हो मन
नयन हों नम
पुलकती खिल
विहँस चौदस
मनुज की जय
नरक चौदस।
.
घट सके दुःख
बढ़ सके सुख
सुरभि गंधित
दमकता मुख
धरणि पर हो
अमर चौदस
मनुज की जय
नरक चौदस।
.
विषमता हर
सुसमता वर
दनुजता को
मनुजता कर
तब मने नित
विजय चौदस
मनुज की जय
नरक चौदस।
.
मटकना मत
भटकना मत
अगर चोटिल
चटकना मत
नियम-संयम
वरित चौदस
मनुज की जय
नरक चौदस।
.
बहक बादल
मुदित मादल
चरण नर्तित
बदन छागल
नरमदा मन
'सलिल' चौदस
मनुज की जय
नरक चौदस।
६-११-२०१८
०००
ग़ज़ल
०
चंपई शबाब का दीदार है ग़ज़ल
गुलाबी उद्गार का इज़हार है ग़ज़ल
नफरतों के दौर को देती चुनौतियाँ
प्यार प्यार प्यार सिर्फ प्यार है ग़ज़ल
आदाब कह रही है, आ दाब मत समझ
नेकियों के वास्ते आभार है ग़ज़ल
छुईमुई नहीं रही, लड़ जंग जीतती
राहें न रोक तीर है, तलवार है ग़ज़ल
हाले-दिल, हकीकतें भी कर रही बयां
इंतिजार है, विसाले-यार है गजल
पलक पाँवड़े बिछा सब राह देखते
हैं चाह हर बशर की, इतवार है ग़ज़ल
पूर्णिका या मुक्तिका, सजल या तेवरी
गीतिका साहित्य का सिंगार है ग़ज़ल
•••
अवधी गीत
सुनो कथा यह चंदावाली
भारत सुखी भवा।
उतरो दक्खिन ध्रुव पै इसरो
जग में प्रथम हुआ।
राम-बान सम राकिट छोड़िन
नील गगन चीरन।
कक्षा पे कक्षाएँ बदलिन
सब दुनिया हेरन।
कूद-फाँद के चंदा की
कक्षा में पैठि गवा।
सुनो कथा यह चंदावाली
भारत सुखी भवा।
छटा देखि चंदा की पप्पू
हुलस-पुलक नाचब।
सुमिर रह्यो बजरंगबली के
जिन सागर लाँघव।
लैंडर बिकरम झट चंदा के
झुककर नमन किया।
सुनो कथा यह चंदावाली
भारत सुखी भवा।
दर्वज्जे से निकरब बहिरे
रोवर घूमि रहा।
पद-चिन्हन के फोटू भेजब
सब जग जाँचि रहा।
गड्ढा लाँघिब, पानी खोजब
अघटित घटित हुआ।
सुनो कथा यह चंदावाली
भारत सुखी भवा।
७.११.२०२४
•••
मुक्तिका
क्यों चाहते हो खुशी, यश, सुख, प्यार?
क्या पता कितनी हैं श्वास उधार?
तुम कह रहे हो जिसे अपना यार
वह सिर्फ सपना सच करो स्वीकार
अनुबंध हैं; संबंध सचमुच मीत
हैं सत्य पर प्रतिबंध नित्य हजार
बावरी है आस, प्यास अनंत है
संत्रास; जग-उपहास कह उपहार
जग पूजता है मौन रह दिन-रात
प्रभु को; पुजारी कर रहा व्यापार
है श्रेष्ठ कृति; खुद को समझ मत दीन
पुरुषार्थ ही परमार्थ का आगार
नपना न कोई है सनातन सत्य
तपना नियति कर सूर्य अंगीकार
***
मुक्तक
परिंदों ने किया कलरव सुन तुम्हारी हँसी निर्मल
निर्झरों की तरंगों ने की नकल तो हुई कलकल
ज़िन्दगी हँसती रहे कर बंदगी चाहा खुदा से
मिटेगा दुःख का प्रदूषण रहो हँसते 'सलिल' पल-पल
७.११.२०१९
मुक्तक
'समझ लेंगे' मिली धमकी बताओ क्या करें हम?
समर्पण में कुशल है, रहेंगे संबंध कायम
कहो सबला या कि अबला, बला टलती नहीं है
'सलिल' चाहत बिना राहत कभी मिलती नहीं है
७.११.`०१६
***
रसानंद दे छंद नर्मदा :५ 
दोहा की छवियाँ अमित 
- आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ 
* 
दोहा की छवियाँ अमित, सभी एक से एक । 
निरख-परख रचिए इन्हें, दोहद सहित विवेक ।। 
रम जा दोहे में तनिक, मत कर चित्त उचाट। 
ध्यान अधूरा यदि रहा, भटक जायेगा बाट।। 
दोहा की गति-लय पकड़, कर किंचित अभ्यास। 
या मात्रा गिनकर 'सलिल', कर लेखन-अभ्यास।। 

दोहा छंद शब्दाक्षरों के उच्चार के अनुसार रचा जाता है। इसमें दो पद (पंक्ति), प्रत्येक पद में दो चरण (विषम १३ उच्चार तथा सम ११ उच्चार) होते हैं। चरणों के अंत में यति (विराम) होती है। दोहा के विषम चरण के आरम्भ में एक शब्द में जगण निषिद्ध कहा गया है। विषम चरणों में कल-क्रम (मात्रा-बाँट) ३ ३ २ ३ २ या ४ ४ ३ २ तथा सम चरणों में ३ ३ २ ३ या ४ ४ ३ हो तो लय सहज होती है, किन्तु अन्य निषिद्ध नहीं हैं।संक्षिप्तता, लाक्षणिकता, सार्थकता, मर्मबेधकता तथा सरसता उत्तम दोहे के गुण हैं। 

कथ्य, भाव, रस, बिम्ब, लय, अलंकार, लालित्य। 
गति-यति नौ गुण नौलखा, दोहा हो आदित्य।। - संजीव ''सलिल' 

दोहे में अनिवार्य हैं, कथ्य-शिल्प-लय-छंद। 
ज्यों गुलाब में रूप-रस, गंध और मकरंद ।। - डॉ. श्यामानन्द सरस्वती 'रौशन', खड़ी हिंदी 
गुरु ने दीन्ही चीनगी, शिष्य लेहु सुलगाय । 
चित चकमक लागे नहीं, याते बुझ-बुझ जाय।। - रामनारायण 'बौखल', बुंदेली 
कामधेनु दोहावली, दुहवत ज्ञानी वृन्द। 
सरल, सरस, रुचिकर,गहन, कविवर को वर छंद।। - मृदुल कीर्ति, अवधी 
शब्द ब्रम्ह जाना जबहिं, कियो उच्चरित ॐ। 
होने लगे विकार सब, ज्ञान यज्ञ में होम।। - सावित्री शर्मा, बृज भाषा 
वृक्ष-कर्तनं करिष्यति, भूत्वांधस्तु भवान्। 
पदे स्वकीये कुठारं, रक्षकस्तु भगवान्।। - शास्त्री नित्य गोपाल कटारे, संस्कृत 
की हो रहल समाज में?, की करैत समुदाय? 
किछु न करैत समाज अछि, अपनहिं सैं भरिपाय।। - ब्रम्हदेव शास्त्री, मैथिली 
पहलां बरगा ना रिहा, लोकां दा किरदार। 
मतलब दी है दोस्ती, मतलब दे ने यार।। - डॉ. हरनेक सिंह 'कोमल', पंजाबी
कागा करंग ढढोलिया, सगल खाइया मासु । 
ए दुई नैना मत छुहऊ, पिऊ देखन कि आसु ।। - बाबा शेख फरीद शकरगंज (११७३-१२६५) 

दोहा के २३ प्रकार लघु-गुरु मात्राओं के संयोजन पर निर्भर हैं। 
भ्रमर सुभ्रामर शरभ श्येन मंडूक बखानहु। 
मरकत करभ सु और नरहि हंसहि परिमानहु।। 
गनहु गयंद सु और पयोधर बल अवरेखहु। 
वानर त्रिकल प्रतच्छ, कच्छपहु मच्छ विसेखहु।। 
शार्दूल अहिबरहु व्यालयुत वर विडाल अरु.अश्वगनि। 
उद्दाम उदर अरु सर्प शुभ तेइस विधि दोहा करनि।। -गजाधर कवि, दोहा मंजरी  

दोहा के तेईस हैं, ललित-ललाम प्रकार। 
व्यक्त कर सकें भाव हर, कवि विधि के अनुसार।। 
भ्रमर-सुभ्रामर में रहें, गुरु बाइस-इक्कीस। 
शरभ-श्येन में गुरु रहें, बीस और उन्नीस।। 
रखें चार-छ: लघु सदा, भ्रमर सुभ्रामर छाँट। 
आठ और दस लघु सहित, शरभ-श्येन के ठाठ।। 
भ्रमर- २२ गुरु, ४ लघु=४८ 
बाइस गुरु, लघु चार ले, रचिए दोहा मीत। 
भ्रमर सद्रश गुनगुन करे, बना प्रीत की रीत।। 
सांसें सांसों में समा, दो हो पूरा काज। 
मेरी ही तो हो सखे, क्यों आती है लाज ? 
सुभ्रामर - २१ गुरु, ६ लघु=४८ 
इक्किस गुरु छ: लघु सहित, दोहा ले मन मोह। 
कहें सुभ्रामर कवि इसे, सह ना सकें विछोह।। 
पाना-खोना दें भुला, देख रहा अज्ञेय। 
हा-हा,ही-ही ही नहीं, है सांसों का ध्येय।। 
शरभ- २० गुरु, ८ लघु=४८ 
रहे बीस गुरु आठ लघु का उत्तम संयोग। 
कहलाता दोहा शरभ, हरता है भव-रोग।। 
हँसे अंगिका-बज्जिका, बुन्देली के साथ। 
मिले मराठी-मालवी, उर्दू दोहा-हाथ।। 
श्येन- १९ गुरु, १० लघु=४८ 
उन्निस गुरु दस लघु रहें, श्येन मिले शुभ नाम। 
कभी भोर का गीत हो, कभी भजन की शाम।।
ठोंका-पीटा-बजाया, साधा सधा न वाद्य। 
बिना चबाये खा लिया, नहीं पचेगा खाद्य।। 
मंडूक- १८ गुरु, १२ लघु=४८ 
अट्ठारह-बारह रहें, गुरु-लघु हो मंडूक। 
अड़तालीस आखर गिनें, कहे कोकोल कूक।। 
दोहा में होता सदा, युग का सच ही व्यक्त। 
देखे दोहाकार हर, सच्चे स्वप्न सशक्त।। 
मरकत- १७ गुरु, १४ लघु=४८ 
सत्रह-चौदह से बने, मरकत करें न चूक।। 
निराकार-निर्गुण भजै, जी में खोजे राम। 
गुप्त चित्र ओंकार का, चित में रख निष्काम।।
करभ- १६ गुरु, १६ लघु=४८ 
दोहा करभ कहे अगर, लघु-गुरु रहें समान। 
सोलह-सोलह साथ ले, गा बत्तीसी गान।। 
जान हथेली पर लिए, खड़ा सिपाही मौन। 
योगी इस सम दूसरा, कहिए तो है कौन।।
नर- १५ गुरु, १८ लघु=४८ 
गुरु-लघु पंद्रह-अठारह, नर दोहा रस-खान। 
थोथा-थोथा बाजता, चना न गाता गान।। 
मरा-मरा का जाप कर, बने दस्यु से संत। 
जो शरणागत राम का, जगन्नाथ हों कंत।।
हंस- १४ गुरु, २० लघु=४८ 
चौदह गुरु लघु बीस ले, भरता हंस उड़ान।
चौंतिस आखर कह-सुने, प्रमुदित हो गा गान।। 
ठाकुर पूजन कर जपें, ठाकुर जी का नाम। 
ठकुराइन मुस्का रहीं, आज पड़ा फिर काम।। 
गयंद- १३ गुरु, २२ लघु=४८ 
तेरह-बाईस गुरु-लघु, पैंतीस अक्षर झूम। 
दोहा रचें गयंद मिल, सदा सफलता चूम।।
सूर्य-चाँद-आकाश का, साथ सनातन रीत। 
समलैंगिक अनुकरण कर, पाल रहे हैं प्रीत।। 
पयोधर- १२ गुरु, २४ लघु=४८ 
छत्तीसा है पयोधर, गुरु भज बारह मास। 
चौबिस गुरु अभ्यास कर, करे भाव सँग रास।। 
उषा सुंदरी भाल पर, है दिनेश रवि दिव्य।
सदा सुहागिन छवि-छटा, मनमोहक अति भव्य।। 
चल/बल- ११ गुरु, २६ लघु=४८ 
ग्यारह गुरु चल-बल रखे, छब्बिस लघु पग रोज। 
सैंतिस आखर हँस रहे, क्यों करिए कवि खोज।। 
शारद ब्रह्मा लक्ष्मी, जगन्नाथ लख साथ। 
उमा उमापति गजवदन, जगत झुकत नत माथ।। 
वानर- १० गुरु, २८ लघु=४८
अट्ठाइस लघु कुलाटी, खा वानर है मस्त। 
जगन्नाथ अवतार सम, दस गुरु सिर पर हस्त।।
जनक लली दशरथ लला, साथ रहे वनवास।
अवध न मिथिला पति गए, कहता है इतिहास।। 
त्रिकल- ९ गुरु, ३० लघु=४८ 
उन्चालिस अक्षर त्रिकल, ले नौ गुरु से जान।
सिखलाता लघु तीस को, सच्चा दोहा-ज्ञान।। 
रिमझिम रिमझिम बरसकर, शुष्क धरणि को सींच।
जागा रह जल बीज को, झट उठ आँख न मींच।। 
कच्छप- ८ गुरु, ३२ लघु=४८ 
बत्तिस् लघु कच्छप रखे, पग गुरु आठ न भूल। 
चालिस आखर मिल रहे, खिला सुगंधित फूल।। 
नयन-नयन मिल चुप न हों, बात करें बिन बात। 
पल-छन जैसे कट गई, सुन-कह, कह-सुन रात।। 
मच्छ- ७ गुरु, ३४ गुरु=४८ 
इकतालिस लहरें गिनें, मच्छ महातम संग। 
चौंतिस लघु सप्तर्षि गुरु, हँसे देख जग दंग।। 
अमरस बतरस छंद रस, मधुर मधुरतर मान।
निंदा रस विश-घट सदृश, तजो कहें मतिमान।। 
शार्दूल- ६ गुरु, ३६ लघु=४८ 
छ: छक्के लघु मानकर, छ: गुरु रखें मनोज। 
दोहा हँस धरदुल हो, ब्यालिस् आखर खोज।। 
सुख-दुख सम रह सहनकर, विधि का मान विधान। 
कुछ मत कह गम सह 'सलिल', भूल मान-अपमान।।
अहिवर- ५ गुरु, ३८ लघु=४८ 
मन मनोज पच तीर गुरु, अड़तिस लघु शर साथ। 
तैंतालिस तरकस भरे, चले उठाकर माथ।।          
कलकल कलरव ध्वनि सुबह, सुनकर हो मन शांत। 
हिलमिल खुश रहते विहग, पल भर चित्त न भ्रांत।। 
व्याल- ४ गुरु, ४० लघु=४८    
व्याल चार-चालीस ले, गुरु-लघु मात्रा साथ। 
योग चवालिस आखरी, मिले हाथ से हाथ।। 
सजल नयन चुप रह विकल, कहे न कह हर बात। 
मधुर वचन दुख हर सकल, विकल न करते तात।।
विडाल- ३ गुरु, ४२ लघु=४८ 
हैण विडाल के सँग लघु, ब्यालिस गुरु बस तीन।
पैंतालिस आखर कहें, रच कुछ छंद नवीन।। 
अटपट लटपट वचन कह, किशन रुदन कर हार। 
नटवट अभिनय कर सतत, जसुमति रहा निहार।। 
श्वान- २ गुरु ४४ लघु=४८ 
लिए चवालिस लघु सहित, दो गुरु दोहा श्वान। 
कहे सतत संघर्ष कर, किंतु न छोड़े जान।।
रघुकुल मणि रघुवर-लखन, सिय सँग नत शिर-माथ। 
महल-निकल पथ-डगर चल, वन-उपवन मग साथ।।     
उदर- १ गुरु, ४६ लघु=४८
छयालिस लघु गुरु एक से, 'उदर' करे संतोष। 
सैंतालिस आखर भरे, अलंकार रस कोष।।
रख न असहमति सुमति यदि, सहमति कर वर विजय। 
पग-पग कर-कर सँग यदि, डॉ न तनिक रह अभय।। 
सर्प- ० गुरु, ४८ लघु 
अड़तालिस लघु अक्षरी, सर्प रहा फुंफकार।
कंठ लपेटें शिव हँसें, भी से तुरत उबार।। 
बीम मतलब मत बहस कर, चुप रह बन मन सुमन। 
नम न, नमन कर, न मन यदि, तन-मन खुद रख मन अमन।।    
***
नवगीत:
*
एक हाथ मा
छुरा छिपा
दूजे से मिले गले
ताहू पे शिकवा
ऊगे से पैले
भोर ढले.
*
केर-बेर खों संग
बिधाता हेरें
मुंडी थाम.
दोउन खों
प्यारी है कुर्सी
भली करेंगे राम.
उंगठा छाप
लुगाई-मोंड़ा
सी एम - दावेदार।
पिछड़ों के
हम भये मसीहा
अगड़े मरें तमाम।
बात नें मानें जो
उनखों जुटे के तले मलें
ताहू पे शिकवा
ऊगे से पैले
भोर ढले.
एक हाथ मा
छुरा छिपा
दूजे से मिले गले
*
सहें न तिल भर
कोसें दिन भर
पीड़ित तबहूँ हम.
अपनी लाठी
अपन ई भैंसा
लैन न देंहें दम.
सहनशीलता
पाठ पढ़ायें
खुद न पढ़ें, लो जान-
लुच्चे-लोफर
फूंके पुतला
रोको तो मातम।
देस-हितों से
का लेना है
कैसउ ताज मिले.
ताहू पे शिकवा
ऊगे से पैले
भोर ढले.
एक हाथ मा
छुरा छिपा
दूजे से मिले गले
*
***
नवगीत:
नौटंकियाँ
*
नित नयी नौटंकियाँ
हो रहीं मंचित
*
पटखनी खाई
हुए चित
दाँव चूके
दिन दहाड़े।
छिन गयी कुर्सी
बहुत गम
पढ़ें उलटे
मिल पहाड़े।
अब कहो कैसे
जियें हम?
बीफ तजकर
खायें चारा?
बना तो सकते
नहीं कुछ
बन सके जो
वह बिगाडें।
न्याय-संटी पड़ी
पर सुधरे न दंभित
*
'सहनशीली
हो नहीं
तुम' दागते
आरोप भारी।
भगतसिंह, आज़ाद को
कब सहा तुमने?
स्वार्थ साधे
चला आरी।
बाँट-रौंदों
नीति अपना
सवर्णों को
कर उपेक्षित-
लगाया आपात
बापू को
भुलाया
ढोंगधारी।
वाममार्गी नाग से
थे रहे दंशित
*
सह सके
सुभाष को क्या?
क्यों छिपाया
सच बताओ?
शास्त्री जी के
निधन को
जाँच बिन
तत्क्षण जलाओ।
कामराजी योजना
जो असहमत
उनको हटाओ।
सिक्ख-हत्या,
पंडितों के पलायन
को भी पचाओ।
सह रहे क्यों नहीं जनगण ने
किया जब तुम्हें दंडित?
७.११.२०१५
***
प्रयोगात्मक यमकीय दोहे:
*
रखें नोटबुक निज नहीं, कलम माँगते रोज
नोट कर रहे नोट पर, क्यों करिये कुछ खोज
*
प्लेट-फॉर्म बिन आ रहे, प्लेटफॉर्म पर लोग
है चुनाव बन जायेगा, इस पर भी आयोग
*
हुई गर्ल्स हड़ताल क्यों?, पूरी कर दो माँग
'माँग भरो' है माँग तो, कौन अड़ाये टाँग?
*
एग्रीगेट कर लीजिये, एग्रीगेट का आप
देयक तब ही बनेगा, जब हो पूरी माप
एग्रीगेट = योग, गिट्टी
*
फेस न करते फेस को, छिपते फिरते नित्य
बुक न करे बुक फुकटिया, पाठक सलिल अनित्य
*
सर! प्राइज़ किसको मिला, अब तो खोलें राज
सरप्राइज़ हो खत्म तो, करें शेष जो काज
*
नवगीत:
*
जो जी चाहे करें
हमारा राज है
.
मंत्री से संत्री तक जो है, अपना है
मनमाफिक कानून-व्यवस्था सपना है
जनता का क्या? वह रौंदी ही जानी है
फाँसी पर लटकाना और लटकना है
बने मियाँ मिट्ठू
सर धारा ताज है
जो जी चाहे करें
हमारा राज है
.
बस से धक्का दें या रौंद-कुचल मारें
अनुग्रहित हो, हम जैसे चाहें-तारें
जान गयी तो रुपये ले मुँह बंद रखो
मुँह खोलें जो वे अपना जीवन हारें
कहीं न कहना
हुआ कोढ़ में खाज है
जो जी चाहे करें
हमारा राज है
.
बादल बरपा करे कहर तो मत बोलो
आप शाप हो तो अपने लब मत खोलो
कमल सदा कीचड़ में खिलते, मौन रहो
पंजा रिश्वत गिने, न लेकिन तुम डोलो
सत्ताधारी सदा
गिराता गाज है
जो जी चाहे करें
हमारा राज है
५.५.२०१५

०००