कुल पेज दृश्य

आल्हा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आल्हा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 26 जून 2026

जून २६, गुलबाँस, नवगीत, सरस्वती, सत्यमित्रानंद सवैया, आल्हा, अविनाश ब्यौहार, जीएसटी, पर्यावरण गीत, हाइकु गीत

सलिल सृजन जून २६

*
हास्य रचना
लाली लालू से कहे-
होती गर अखबार
रोज सुबह ले हाथ में
करते खूब दुलार।
लालू बोला- काश तुम
हो जातीं अखबार
हर दिन नूतन छवि दिखा
रहतीं चुप मनुहार।।
२६.५.२०२५
०0०
मुक्तक
चर्चित हो रचना तभी, जब हो वह रस-खान
मन हो भाव विभोर सुन, ज्यों कोयल की तान
भाव बिंब का समन्वय, अलंकार दैदीप्य
संजीवित हो कथ्य ज्यों नभ में हो दिनमान
*
शब्द-शब्द मोती सदृश, गूँथ बनाएँ हार
धागा हो अनुभूति का, सुई अभिव्यक्त विचार
काव्य कामिनी सुसज्जित, पाठक-श्रोता मुग्ध
शैली मोती की दमक, शिल्प रूप श्रंगार
***
नवगीत
मैं गुलबाँस
मैं गुलबाँस समय पर खिलता झर जाता हूँ अपने आप
फोरो-क्लॉक मुझे कहता जग
खुश्बू जाती जग में व्याप
.
श्वेत लाल मैजेंटा पीला
कृष्ण कली भी पाया नाम
पाँच पत्तियाँ, गोल लाल फल
खुशी लुटाता हूँ बेदाम
चिकनी हरी पत्तियाँ लंबी
सब पर छोड़ें अपनी छाप
मैं गुलबाँस समय पर खिलता झर जाता हूँ अपने आप
.
है मझोल आकारी पौधा
देख-भाल की चाह नहीं
देख-भाल करता खुद खुद की
करूँ किसी से डाह नहीं
मैं न कभी वरदान चाहता
भीत न करता मुझको शाप
मैं गुलबाँस समय पर खिलता झर जाता हूँ अपने आप
.
महको, महकाओ दुनिया को
जन्नत धरती पर आए
एक दूसरे के सहभागी
संग-साथ सबको भाए
जुदा रूप-रंग है हर गुल का
अलग-अलग हैं सबके नाप
मैं गुलबाँस समय पर खिलता झर जाता हूँ अपने आप
२६.६.२०२५
...
नवगीत
तुम सोईं
*
तुम सोईं तो
मुँदे नयन-कोटर में सपने
लगे खेलने।
*
अधरों पर छा
मंद-मंद मुस्कान कह रही
भोर हो गयी,
सूरज ऊगा।
पुरवैया के झोंके के संग
श्याम लटा झुक
लगी झूलने।
*
थिर पलकों के
पीछे, चंचल चितवन सोई
गिरी यवनिका,
छिपी नायिका।
भाव, छंद, रस, कथ्य समेटे
मुग्ध शायिका
लगी झूमने।
*
करवट बदली,
काल-पृष्ठ ही बदल गया ज्यों।
मिटा इबारत,
सबक आज का
नव लिखने, ले कोरा पन्ना
तजकर आलस
लगीं पलटने।
*
ले अँगड़ाई
उठ-बैठी हो, जमुहाई को
परे ठेलकर,
दृष्टि मिली, हो
सदा सुहागन, कली मोगरा
मगरमस्त लख
लगी महकने।
*
बिखरे गेसू
कर एकत्र, गोल जूड़ा धर
सर पर, आँचल
लिया ढाँक तो
गृहस्वामिन वन में महुआ सी
खिल-फूली फिर
लगी गमकने।
*
मृगनयनी को
गजगामिनी होते देखा तो
मकां बन गया
पल भर में घर।
सारे सपने, बनकर अपने
किलकारी कर
लगे खेलने।
[टीप- मेरे गीत-नवगीत संग्रह 'ओ मेरी तुम' की सभी ५५ गीति रचनाएं जीवन संगिनी प्रो. (डॉ.) साधन वर्मा को ही समर्पित हैं। इसका विमोचन सेवा निवृत्ति पर्व पर उन्हीं के कर कमलों से हुआ था। प्रस्तुत है एक रचना]
***
कृति चर्चा
'धानी चुनर' : हिंदी गजल का लाजवाब हुनर
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
(कृति विवरण- धानी चुनर, हिंदी ग़ज़ल संग्रह, नवीन सी. चतुर्वेदी, प्रथम संस्करण 2022, पृष्ठ 95, मूल्य ₹150, आवरण पेपरबैक, बहुरंगी, प्रकाशक आर. के. पब्लिकेशन मुंबई)
हिंदी में ग़ज़ल मूलतः फारसी से आयातित साहित्यिक सृजन विधा है जिसे हिंदी ने आत्मार्पित किया है। ग़ज़ल का शिल्प और विधान दोनों फारसी से आते हैं। हर भाषा की अपने कुछ खासियतें होती हैं। फारसी से आने के कारण ग़ज़ल में भी फारसी की विशेषताएँ अंतर्निहित हैं। जब एक भाषा की साहित्यिक विधा को दूसरी भाषा स्वीकार करती है तो स्वाभाविक रूप से उसमें अपनी प्रवृत्ति, संस्कार, व्याकरण और पिंगल को आरोपित करती है। हिंदी ग़ज़ल भी इसी प्रक्रिया से गुजर रही है। भारत के पश्चिमोत्तर प्रांतों की भाषाओं और फारसी के मिश्रण से जो जुबान सैनिक छावनियों में विकसित हुई वह 'लश्करी' कही गई। आम लोगों से बातचीत के लिए यह जुबान देशज शब्द-संपदा ग्रहण कर रोजमर्रा के काम-काज की भाषा 'उर्दू' हो गई। ग़ज़ल को हिंदी में कबीर और खुसरो आम लोगों तक पहुँचाया। हिंदी में ग़ज़ल ने कई मुकाम हासिल किए। इस दौरान उसे गीतिका, मुक्तिका, तेवरी, सजल, पूर्णिका, अनुगीत इत्यादि नाम दिए गए और आगे भी कई नाम दिए जाएंगे। इसका मूल कारण यह है कि गजल हर रचनाकार को अपनी सी लगती है और इस अपनेपन को वह एक नया नाम देकर जाहिर करता है पर ग़ज़ल तो ग़ज़ल थी, है और रहेगी।
हिंदी ग़ज़ल को 'तंग गली' कहनेवाले मिर्जा गालिब और 'कोल्हू का बैल' कहकर नापसंद करनेवाले कहनेवाले शायरों को भी ग़ज़ल कहनी पड़ी और वक्त ने उन्हें ग़ज़लकार के रूप में ही याद रखा। कहते हैं 'मुंडे मुंडे मतिर्भिन्ना'। हिंदी ग़ज़ल को मैंने इस रूप में समझा है -
ब्रह्म से ब्रह्मांश का संवाद है हिंदी ग़ज़ल
आत्म की परमात्म से फरियाद है हिंदी ग़ज़ल
मत 'गजाला चश्म' कहना, यह 'कसीदा' भी नहीं
छंद गण लय रसों की औलाद है हिंदी ग़ज़ल
बकौल नवीन चतुर्वेदी-
ओढ़कर धानी चुनर हिंदी ग़ज़ल
बढ़ रही सन्मार्ग पर हिंदी ग़ज़ल
विश्व कविता ने चुना जिस पंथ को
है उसी पर अग्रसर हिंदी ग़ज़ल
भीड़ ने जिस पंथ को रस्ता कहा
लिख रही उसको डगर हिंदी ग़ज़ल
हत हुई गरिमा तो मन आहत हुआ
उठ खड़ी होकर मुखर हिंदी ग़ज़ल
देव भाषा की सलोनी संगिनी
मूल स्वर में है प्रबल हिंदी ग़ज़ल
19 मात्रिक महापौराणिक जातीय छंद में दी गई ग़ज़ल की यह परिभाषा वास्तव में सटीक है। 'धानी चुनर' की ग़ज़लों की भाषा संस्कृत निष्ठ हिंदी है जबकि ग़ज़ल की कहन फारसी की बह्रों पर आधारित है। मैंने ऐसे कई हिंदी ग़ज़ल संकलन देखे हैं जिनमें इसके सर्वथा विपरीत फारसी शब्द बाहुल्य की रचनाएँ हिंदी छंदों में मिली हैं। मुझे हिंदी ग़ज़ल के इन दो रूपों में अंतर्विरोध नहीं दिखता अपितु वह एक दूसरे की पूरक प्रतीत होती हैं
नवीन जी की गजलों की खासियत गज़लियत और शेरियत से युक्त होना है। आमतौर पर गजल के नाम पर या तो अत्यधिक वैचारिक रचनाएं प्राप्त होती हैं अथवा केवल तुकबंदी। संतोष है कि नवीन जी की ये गजलें दोनों दोषों से मुक्त अपनी ही तरह की हैं जिनकी समानता किसी अन्य से स्थापित कर पाना सहज नहीं। इन ग़ज़लों की हर द्विपदी (शेर) सार्थक है। ये ग़ज़लें शब्दों को उसके शब्दकोशीय अर्थ से परे नवीन अर्थ में स्थापित करती हैं।
नवीन जी की एक ग़ज़ल जो महापुराणजातीय दिंडी छंद में लिखी गई है उस का आनंद लें-
नदी के पार उतरना है गुरुजी
हमें यह काम करना है गुरु जी
विनय पथ का वरण करके हृदय का
सकल संताप हरना है गुरुजी
घुमाएँ आप अपनी चाक फिर से
हमें बनना-सँवरना है गुरुजी
इस कंप्यूटर काल में 'चाक' की चर्चा कर नवीन जी उस समय की सार्थकता बताना चाहते हैं जहाँ ऑनलाइन कक्षाएँ नहीं होती थीं, गुरु और शिष्य साथ में बैठकर शिक्षा देते और लेते थे।
एक और गजल देखें यह गजल विभिन्न पंक्तियों में अलग-अलग पदभार समाहित करती है और इसकी अलग-अलग पंक्तियों में अलग-अलग छंद हैं।
हृदय को सर्वप्रथम निर्विकार करना था
तदोपरांत विषय पर विचार करना था
कदापि ध्यान में थी ही नहीं दशा उसकी
नदी में हमको तो बस जलविहार करना था
वर्तमान राजनीति में जनहित की ओर कोई ध्यान न होने और नेताओं के द्वारा जनसेवा का पाखंड करने को नवीन ने जलविहार के माध्यम से बहुत अच्छी तरह व्यक्त किया है।
यौगिक जातीय विधाता छंद में रची गई एक और रचना देखें जिसमें सामाजिक पाखंड को उद्घाटित किया गया है-
व्यर्थ साधो बन रहे हो कामना तो कर चुके हो
उर्वशी से प्रेम की तुम याचना तो कर चुके हो
पंच तत्वों से विनिर्मित जग नियम ही से चलेगा
वर्जना के हेतु समझो गर्जना तो कर चुके हो
यहां नवीन जी सामाजिक संदर्भ में 'वर्जना' के द्वारा मानवीय आचरण के प्रति चेतावनी देते हैं। यह ग़ज़ल 'मुस्तफउलन' की चार आवृत्तियों या 'फ़ाइलातुन' की चार आवृत्तियों के माध्यम से रची जा सकती है। इससे प्रमाणित होता है कि उर्दू की बहरें, मूलत: भारतीय छंदों से ही नि:सृत हैं।
प्रेम और करुणा को एक साथ मिलाते हुए नवीन जी महाभागवत जातीय छंद में कहते हैं-
मीरा और गिरधर जैसी गरिमा से छूना था
प्रीत अगर सच्ची थी तो करुणा से छूना था
जैसे नटनागर ने स्पर्श किया राधा का मन
उसका अंतस वैसी ही शुचिता से छूना था
नवीन जी महाभागवत जाति के विष्णुपद छंद का प्रयोग करते हुए इस ग़ज़ल में पर्यावरण और राजनीति के प्रति अपनी चिंता व्यक्त करते हैं-
जब जब जंगल के मंगल पर कंटक आते हैं
विश्वामित्र व्यवस्थाओं पर प्रश्न उठाते हैं
सहसभुजी जब-जब जनधन हरकर ले जाते हैं
भृगुवंशी जैसे योद्धा कर्तव्य निभाते हैं
जब-जब सत्ता धृतराष्ट्रों की दासी बनती है
तब तब शरशैया पर भीष्म लिटाए जाते हैं
इस ग़ज़ल में 'सहसभुजी' शब्द का प्रयोग, देशज शब्दों के प्रति नवीन जी के लगाव को जाहिर करता है जबकि विश्वामित्र, भगवान, श्री जगदीश दुष्यंत, शकुंतला, चरक इत्यादि पौराणिक पात्रों के माध्यम से नवीन इस युग की समस्याओं को उठाते हैं।
महापुराण जातीय सुमेरु छंद में नवीन की यह ग़ज़ल मानवीय संवेदना और संभावनाओं को उद्घाटित कर दोनों का अंतरसंबंध बताती है-
जहां संवेदना संभव नहीं है
वहां संभावना संभव नहीं है
जड़ों को त्यागना संभव नहीं है
नियति की वर्जना संभव नहीं है
स्वयं जगदीश की हो या मनुज की
सतत आराधना संभव नहीं है
महा पौराणिक जाति का दिंडी छंद नवीन का प्रिय छंद है। इसी छंद में वे व्यंजना में अपनी बात करते हैं-
इस कला में हम परम विश्वस्त हैं
काम तो कुछ भी नहीं पर व्यस्त हैं
मित्र यह उपलब्धि साधारण नहीं
त्रस्त होकर भी अहर्निश मस्त हैं
आप सिंहासन सुशोभित कीजिए
हम पराजय के लिए आश्वस्त हैं
यहाँ नवीन जी राजनीतिक वातावरण को जिस तरह संकेतित करते हैं, वह दुष्यंत कुमार की याद दिलाता है।
महाभागवत जातीय गीतिका छंद में नवीन जी मानवीय प्रयासों की महिमा स्थापित करते हैं-
कर्मवीरों के प्रयासों को डिगा सकते नहीं
शब्द संधानी पहाड़ों को हिला सकते नहीं
अस्मिता का अर्थ बस उपलब्धि हो जिनके लिए
इस तरह के झुंड निज गौरव बचा सकते नहीं
नवीन जी की ग़ज़लों में भाषिक प्रवाह, भाव बौली तथा रस वैविध्य उल्लेखनीय है-
प्रश्न करना किसी विषय के मंथन का सबसे अच्छा तरीका है। यौगिक जातीय सार छंद में रचित इस रचना में नवीन प्रश्नों के माध्यम से ही अपनी बात कहते हैं-
मान्यवर का प्रश्न है दिन रात का आधार क्या है
और ये दिन-रात हैं इस बात का आधार क्या है
एक और अद्भुत अनोखा प्रश्न है श्रीमान जी का
ज्ञात का आधार क्या अज्ञात का आधार क्या है
एक हैं जयचंद वे भी पूछते हैं प्रश्न अद्भुत
हमको यह बताओ भितरघात का आधार क्या है
नवीन चतुर्वेदी की हर ग़ज़ल पाठक को ना केवल बाँधती है अपितु चिंताऔर चिंतन की ओर प्रवृत्त करती है। हिंदी ग़ज़ल को सिर्फ मनोरंजन की दृष्टि से नहीं देखा जा सकता। एक और ग़ज़ल में नवीन यौगिक जातीय विद्या छंद में अपनी बात कहते हैं-
तुच्छ बरसाती नदी गंगा नदी जैसी लगी है
मोह में तो बेसुरी भी बाँसुरी जैसी लगे है
जामुनी हो या गुलाबी गौर हो या श्याम वर्णा
यामिनी में कामिनी सौदामिनी जैसी लगी है
'यामिनी', 'कामिनी', 'सौदामिनी' जैसे शब्दों का चयन नवीन जी का शब्द-सामर्थ्य बताता है और पाठक को अनुप्रास अलंकार का रसानंद करा देता है। नवीन शब्दों के जादूगर हैं, वह शब्दों के माध्यम से वह सब कह पाते हैं जो कहना चाहते हैं। बहुधा शब्द की शब्दकोशीय मर्यादा को बौना करते हुए नवीन अधिक गहरा अर्थ अपनी गजलों के माध्यम से देते हैं। योगेश जातीय विद्या छंद में ही उनकी एक और ग़ज़ल देखें-
आकलन की बात थी सो मौन रहना ही उचित था
अध्ययन की बात थी सो मौन रहना ही उचित था
तीन डग में विष्णु ने तीनों भवन को नाप डाला
आयतन की बात थी सो मौन रहना ही उचित था
नवीन जी अनुचित कार्योंको देखते हुए भी अनदेखा करने की आम जन की रीति-नीति और सत्ता व्यवस्था को व्यंजना के माध्यम से अभिव्यक्त करते है। यह व्यंजना मन को छू जाती है। कहते हैं राजनीति किसी की सगी नहीं होती। नवीन की गजलों में राजनीति पर कई जगह केवल कटाक्ष नहीं किए गए हैं अपितु राजनीति का सत्य सामने लाया गया है। एक उदाहरण देखें-
आधुनिक संग्राम के कुछ उद्धरण ऐसे भी हैं
शांति समझौते किए ग्रह युद्ध करवाया गया
पहले तो जमकर हुआ उनका अनादर और फिर
जो कहा करते थे सबसे बुद्ध करवाया गया
इसी ग़ज़ल के अंतिम शेर में नवीन जी 'दुर्गा' शब्द का उपयोग कर अपनी बात अनूठे ढंग से कहते हैं-
दुर्गा भवानी यूं ही थोड़ी ही बनी
सीधी-सादी नारियों से युद्ध करवाया गया
स्पष्ट है दृश्य जैसा दिखता है वैसा होता नहीं, वैसा दिखाने के लिए चतुरों द्वारा अनेक जतन किए जाते हैं और नवीन अपनी गजलों के माध्यम से इन्हीं चतुरों की चतुराई को बिना बख्शे उस पर शब्दाघाट करते हैं। इस संक्रांतिकाल में जब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर 'आस्था पर चोट' की आड़ में हमले किए जा रहे हैं, अनुभूत सत्य की बेलाग अभिव्यक्ति के लिए साहस आवश्यक है। नवीन जी अभिनंदनीय हैं कि वे खतरा उठाकर भी युग सत्य सामने ला रहे हैं।
बहुधा हम अपने आप को उन सब गुणों का भंडार मान लेते हैं जो हम में होते नहीं हैं। इस भ्रम का उद्घाटन करते हुए नवीन जी कहते हैं -
गंध से सुरभित सकल उद्यान हैं
पुष्प को लगता है वह गुणवान है
जब स्वयं जगदीश को भी है नहीं
आपको किस बात का अभिमान है
इसी गजल के अंतिम शेर में नवीन कहते हैं-
रूद्र बनना है तो बन पर भूल मत
शंभु के प्रारब्ध में विषपान है
स्पष्ट ही ग़ज़लकार बताना चाहता है कि जो लोग बहुत सुखी दिखते हैं वास्तव में होते नहीं। नवीन जी की यह गजलें पंक्ति पंक्ति में योजनाओं को विडंबनाओं को उद्घाटित करती हैं, विसंगतियों पर कटाक्ष करती हैं-
मूर्तियों के अंग अंग ही न मात्र भग्न थे
मूर्तियों को भग्न करनेवाले भी कृतघ्न थे
उनकी रक्त धमनियों में राक्षसी प्रमाद था
क्या बताएँ उनके संस्कार ही प्रभग्न थे
इस संकलन का शीर्षक 'धानी चुनर' बहुत कुछ कहता है। चुनर लाज को ढकती है, चुनर की ओट में अनेक सपने पलते हैं और जब यह चुनर अपनों के द्वारा तार-तार की जाती है तब कोई द्रौपदी किसी कृष्ण का आह्वान करने को विवश होती है। गज़लकार कहता है-
मान्यवरों! जनता के हित को ताक पर रखना अनुचित है
भोले भाले जन-जीवों को मूर्ख समझना अनुचित है
भरी सभा के मध्य निहत्थे कृष्ण यही दोहराते हैं
प्रजा दुखी हो तो गद्दी से चिपके रहना अनुचित है
वर्तमान परिवेश में आकाश छूती मँहगाईऔर आम आदमी के खाली जेबों के परिप्रेक्ष्य में सत्तासीनों के लिए यह शेर वास्तव में चिंतनीय होना चाहिए-
यदा-कदा यदि विलासिता पर कर का भार बड़े तो ठीक
खाद्य पदार्थों के भागों का अनहद बढ़ना अनुचित है
यहाँ 'अनहद' शब्द का प्रयोग नवीन की भाषिक दक्षता का प्रमाण है। सामान्य तौर पर 'अनहद' (नाद) के द्वारा हम आध्यात्मिक संदर्भ में बात करते हैं लेकिन उस 'अनहद' शब्द को यहाँ मँहगाई के संदर्भ में उपयोग करना वास्तव में एक मौलिक प्रयोग हो जो मैंने इसके पहले कभी कहीं नहीं पढ़ा है।
नवीन की 'धानी चुनर' का हर पृष्ठ नवीन भावनाओं को उद्घाटित करता है ,नवीन विसंगतियां सामने लाता है और बिना कहे ही नवीन समाधान का संकेत करता है-
भव्य भावनाओं को व्यक्त सब करते नहीं
निज उपासनाओं को व्यक्त सब करते नहीं
सब को ठेस लगती है सब को कष्ट होता है
किंतु यातनाओं को व्यक्त सब करते नहीं
सबके पास कौशल है, सब के पास दलबल है
किंतु योजनाओं को व्यक्त सब करते नहीं
ख़ास ही नहीं आमजन से भी नवीन का शायर आंख में आंख मिलाकर बात करता है-
दिग्भ्रमित जग से उलझ कर क्या मिला है क्या मिलेगा
आत्म चिंतन कीजिए श्रीमान श्रेयस्कर यही है
यह आत्म चिंतन करने की इस युग में सबसे अधिक आवश्यकता हम सभी को है और नवीन इस बात को बेधड़क कहते हैं, ताल ठोंकर कहते हैं।
छांदस ग़ज़ल की संरचना में प्रवीण नवीन जी ने छोटी मापनी की एक ग़ज़ल में गागर में सागर भर दिया है-
ज्योति की उन्नायिका ने
हर लिया तुम वर्तिका ने
पृष्ठ तो पूरा धवल था
रंग उकेरे तूलिका ने
चक्षु मन के खुल गए हैं
भेद खोले पुस्तिका ने
संतुलन को भूलना मत
कह दिया है चर्चिका ने
यहाँ 'चर्चिका' शब्द का प्रयोग नवीन के शब्द भंडार को इंगित करता है। चर्चिका का अर्थ है शिव की तीसरी आंख और यह शब्द अलप प्रचलित है जिसे नवीन जी ने बहुत अच्छी तरह उपयोग किया है। इसी तरह एक और शब्द है जिसका प्रयोग बहुत कम होता है और वह है 'बिपाशा' जिसका अर्थ होता है नदी। नवीन जी ने इस शब्द का भी प्रयोग सार्थक तरीके से किया है- भोर का सुख लगे हैं बिपाशा सदृश।
'धानी चुनर' का धानीपन उसकी रसीली एवं रचनात्मक हिंदी गजलों में है। ये ग़ज़लें वास्तव में हिंदी ग़ज़ल के पाठकों को रस आनंद से भावविभोर करने में समर्थ हैं। यह विस्मय की बात है कि 2022 में प्रकाशित इस संकलन की चर्चा लगभग नहीं हुई है। मैं हिंदी ग़ज़ल के हर कद्रदान से यह कहना चाहूंगा कि वह 'धानी चुनर' की एक प्रति खरीद कर जरूर पढ़े। उसे इस दीवान में एक संभावना पूर्ण ग़ज़लकार ही नहीं मिलेगा, गजल के उद्यान में खिले हुए विभिन्न रंगों के सुमन ओ की मनोहारी सुगंध भी मिलेगी जो उसके मन प्राण को रस आनंद के माध्यम से परमानंद तक ले जाने में समर्थ है।
***
शारद वंदन
(मात्रिक लौकिक जातीय
वर्णिक सुप्रतिष्ठा जातीय
नवाविष्कृत गंगोजमुन छंद)
सूत्र - त ल ल।
*
मैया नमन
चाहूँ अमन...
ऊषा विहँस
आ सूर्य सँग
आकाश रँग
गाए यमन...
पंछी हुलस
बोलें सरस
झूमे धरणि
नाचे गगन...
माँ! हो सदय
संतान पर
दो भक्ति निज
होऊँ मगन...
माते! दरश
दे आज अब
दीदार बिन
माने न मन...
वीणा मधुर
गूँजे सतत
आनंदमय
हो शांत मन...
***
२५-६-२०२०
अभिनव प्रयोग
नवान्वेषित सत्यमित्रानंद सवैया
*
विधान -
गणसूत्र - य न त त र त र भ ल ग।
पदभार - १२२ १११ २२१ २२१ २१२ २२१ २१२ २११ १२ ।
यति - ७-६-६-७ ।
*
गए हो तुम नहीं, हो दिलों में बसे, गई है देह ही, रहोगे तुम सदा।
तुम्हीं से मिल रही, है हमें प्रेरणा, रहेंगे मोह से, हमेशा हम जुदा।
तजेंगे हम नहीं, जो लिया काम है, करेंगे नित्य ही, न चाहें फल कभी।
पुराने वसन को, है दिया त्याग तो, नया ले वस्त्र आ, मिलेंगे फिर यहीं।
*
तुम्हारा यश सदा, रौशनी दे हमें, रहेगा सूर्य सा, घटेगी यश नहीं।
दिये सा तुम जले, दी सदा रौशनी, बँधाई आस भी, न रोका पग कभी।
रहे भारत सदा, ही तुम्हारा ऋणी, तुम्हीं ने दी दिशा, तुम्हीं हो सत्व्रती।
कहेगा युग कथा, ये सन्यासी रहे, हमेशा कर्म के, विधाता खुद जयी।
*
मिला जो पद तजा, जा नई लीक पे, लिखी निर्माण की, नयी ही पटकथा।
बना मंदिर नया, दे दिया तीर्थ है, नया जिसे कहें, सभी गौरव कथा।
महामानव तुम्हीं, प्रेरणास्रोत हो, हमें उजास दो, गढ़ें किस्मत नयी।
खड़े हैं सुर सभी, देवतालोक में, प्रशस्ति गा रहे, करें स्वागत सभी।
*
२६-६-२०१९
***
पुस्तक सलिला:
'अंधी पीले कुत्ते खाएँ' खोट दिखाती हैं क्षणिकाएँ
समीक्षक: आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
(पुस्तक विवरण: 'अंधी पीसे कुत्ते खाएँ' क्षणिका संग्रह, अविनाश ब्यौहार, प्रथम संस्करण २०१७, आकार डिमाई, आवरण पेपरबैक बहुरंगी, पृष्ठ १३७, मूल्य १००/-, प्रज्ञा प्रकाशन २४ जगदीशपुरम्, रायबरेली, कवि संपर्क: ८६,रॉयल एस्टेट कॉलोनी, माढ़ोताल, जबलपुर, चलभाष: ९८२६७९५३७२, ९५८४०५२३४१।)
*
सुरवाणी संस्कृत से विरासत में काव्य-परंपरा ग्रहण कर विश्ववाणी हिंदी उसे सतत समृद्ध कर रही है। हिंदी व्यंग्य काव्य विधा की जड़ें संस्कृत, प्राकृत, अपभ्रंश तथा लोक-भाषाओं के लोक-काव्य में हैं। व्यंग्य चुटकी काटने से लेकर तिलमिला देने तक का कार्य कुछ शब्दों में कर देता है। गागर में सागर भरने की तरह दुष्कर क्षणिका विधा में पाठक-मन को बाँध लेने की सामर्थ्य है। नवोदित कवि अविनाश ब्यौहार की यह कृति 'पूत के पाँव पालने में दिखते हैं' कहावत को चरितार्थ करती है। कृति का शीर्षक उन सामाजिक कुरीतियों को लक्ष्य करता है जो नेत्रहीना द्वारा पीसे गए को कुत्ते द्वारा खाए जाने की तरह निष्फल और व्यर्थ हैं।
बुद्धिजीवी कायस्थ परिवार में जन्मे और उच्च न्यायालय में कार्यरत कवि में औचित्य-विचार सामर्थ्य होना स्वाभाविक है। अविनाश पारिस्थितिक वैषम्य को 'सर्वजनहिताय' के निकष पर कसते हैं, भले ही 'सर्वजनसुखाय' से उन्हें परहेज नहीं है किंतु निज-हित या वर्ग-हित उनका इष्ट नहीं है। उनकी क्षणिकाएँ व्यवस्था के नाराज होने का खतरा उठाकर भी; अनुभूति को अभिव्यक्त करती हैं। भ्रष्टाचार, आरक्षण, मँहगाई, राजनीति, अंग प्रदर्शन, दहेज, सामाजिक कुरीतियाँ, चुनाव, न्याय प्रणाली, चिकित्सा, पत्रकारिता, बिजली, आदि का आम आदमी के दैनंदिन जीवन पर पड़ता दुष्प्रभाव अविनाश की चिंता का कारण है। उनके अनुसार 'आजकल/लोगों की / दिमागी हालत / कमजोर पड़ / गई है / शायद इसीलिए / क्षणिकाओं की / माँग बढ़ / गई है।' विनम्र असहमति व्यक्त करना है कि क्षणिका रचना, पढ़ना और समझना कमजोर नहीं सजग दिमाग से संभव होता है। क्षणिका, दोहा, हाइकु, माहिया, लघुकथा जैसी लघ्वाकारी लेखन-विधाओं की लोकप्रियता का कारण पाठक का समयाभाव हो सकता है।अविनाश की क्षणिकाएँ सामयिक, सटीक, प्रभावी तथा पठनीय-मननीय हैं। उनकी भाषा प्रवाहपूर्ण, प्रसाद गुण संपन्न, सहज तथा सटीक है किंतु अनुर्वर और अनुनासिक की गल्तियाँ खीर में कंकर की तरह खटकती हैं। 'हँस' क्रिया और 'हंस' पक्षी में उच्चारण भेद और एक के स्थान पर दूसरे के प्रयोग से अर्थ का अनर्थ होने के प्रति सजगता आवश्यक है चूँकि पुस्तक में प्रकाशित को पाठक सही मानकर प्रयोग करता है।
इन क्षणिकाओं का वैशिष्ट्य मुहावरे का सटीक प्रयोग है। इससे भाषा जीवंत, प्रवाहपूर्ण, सहज ग्राह्य तथा 'कम में अधिक' कह सकी है। 'पक्ष हो /या विपक्ष / दोनों एक / थैली के / चट्टे-बट्टे हैं। / जीते तो / आँधी के आम / हारे तो / अंगूर खट्टे हैं।' यहाँ कवि दो प्रचलित मुहावरे का प्रयोग करने के साथ 'आँधी के आम' एक नए मुहावरे की रचना करता है। इस कृति में कुछ और नए मुहावरे रच-प्रयोगकर कवि ने भाषा की श्रीवृद्धि की है। यह प्रवृत्ति स्वागतेय है।
'चित्रगुप्त ने यम-सभा से / दे दिया स्तीफा / क्योंकि उन्हें मुँह / चिढ़ा रहा था / आतंक का खलीफा।' पंगु सिद्ध हो रही व्यवस्था पर कटाक्ष है। 'मैं अदालत / गया तो / मैंने ऐसा / किया फील / कि / झूठे मुकदमों / की पैरवी / बड़ी ईमानदारी / से करते / हैं वकील।' यहाँ तीखा व्यंग्य दृष्टव्य है। अंग्रेजी शब्द 'फील' का प्रयोग सहज है, खटकता नहीं किंतु 'ईमानदारी' के साथ 'बड़ी' विशेषण खटकता है। ईमानदारी कम-अधिक तो हो सकती है, छोटी-बड़ी नहीं।
अविनाश ने अपनी पहली कृति से अपनी पैठ की अनुभूति कराई है, इसलिए उनसे 'और अच्छे' की आशा है।
*
मुक्तक:
दर्द हों मेहमां तो हँसकर मेजबानी कीजिए
मेहमानी का मजा कुछ ग़मों को भी दीजिए
बेजुबां हो बेजुबानों से करें कुछ गुफ्तगू
जिंदगी की बंदगी का मजा हँसकर लीजिए
***
दाना देते परीक्षा, नादां बाँटे ज्ञान
रट्टू तोते आ रहे, अव्वल हैं अनजान
समझ-बूझ की है कमी, सिर्फ किताबी लोग
चला रहे हैं देश को, मनमर्जी भगवान
***
गौ माता के नाम पर, लड़-मरते इंसान
गौ बेबस हो देखती, आप बहुत हैरान
शरण घोलकर पी गया, भूल गया तहजीब
पूत आप ही लूटते भारत माँ की आन
***
*GST सार*
हे पार्थ, परिवर्तन संसार का नियम है।
जो कल Sales Tax था, आज VAT है, कल GST होगा ।
तुम्हारा क्या गया जो तुम रोते हो ।
जो लिया customer से लिया ।
जो दिया, दूकान मे देश की सरकार को दिया ,
जो बचा वो घर आकर पत्नी ( *घर की सरकार* ) को दे दिया ।
तुम्हारे पास तो पहले भी कुछ नही था, अभी भी कुछ नही रहेगा ।
अतएव, हे वत्स, व्यर्थ विक्षोभ एवं विलाप मत करो । निष्काम भाव से कर्म किये जाओ । रण दुन्दुभि बज गई है ।
*उठ, आॅख - नाक पोंछ , हे भारत माता के लाल* ,
*वीर योद्धा की तरह हथियार सम्हाल* ।
*गोदाम मे जितना भी है माल*
*वो सारा 30 June से पहले पहले निकाल*
बाकी बाद मे देखेंगे!
तनिक समझे हो की नाही?
***
दोहा सलिला
*
काम और आराम में, ताल-मेल ले सीख
जो वह ही मंजिल वरे, सबसे आगे दीख
*
सुबह उषा फिर साँझ से, खूब लड़ाया लाड़
छिपा निशा की गोद में, सूरज लेकर आड़
*
तर्क वितर्क कुतर्क से, ठगा गया विश्वास
बिन श्रद्धा के ज्ञान का, कैसे हो आभास?
*
लगा-लगा दम, आदमी, हो बेदम मजबूर
कोई न कहता आ दमी, सभी भागते दूर
*
अपने अपने है नहीं, गैर नहीं हैं गैर
खुद को खुद ही परख लें, तभी रहेगी खैर
*
पेड़ कभी लगते नहीं, रोपी जाती पौध
अब जमीन ही है नहीं, खड़े सहस्त्रों सौध
*
खेत ख़त्म कर बना लें, सडक शहर सरकार
खेती करने चाँद पर, जाओ कहे दरबार
*
पल-पल पल जीता रहा, पल-पल मर पल मौन
पल-पल मानव पूछता, पालक से तू कौन?
*
प्रथम रश्मि रवि की हँसी, लपक धरा को चूम
धरा-पुत्र सोता रहा, सुख न उसे मालूम
*
दल के दलदल में फँसा, नेता देता ज्ञान
जन की छाती पर दले, दाल- स्वार्थ की खान
*
खेल रही है सियासत, दलित-दलित का खेल
भूल सिया-सत छल रही, देश रहा चुप झेल
*
मीरा मत आ दौड़कर, ये तो हैं कोविंद
भूल भई तूने इन्हें, समझ लिया गोविन्द
*
लाल कृष्ण पीछे हुए, सम्मुख है अब राम
मीरा-यादव दुखी हैं, भला करेंगे राम
*
जो जनता के वक्ष पर दले स्वार्थ की दाल
वही दलित कलिकाल में, बनता वही भुआल
*
हिंदी घरवाली सुघड़, हुई उपेक्षित मीत
अंग्रेजी बन पड़ोसन, लुभा रही मन रीत
*
चाँद-चाँदनी नभ मकां, तारे पुत्र हजार
हम दो, दो हों हमारे, भूले बंटाढार
*
काम और आराम में, ताल-मेल ले सीख
जो वह ही मंजिल वारे, सबसे आगे दीख
*
अधकचरा मस्तिष्क ही, लेता शब्द उधार
निज भाषा को भूलकर, परभाषा से प्यार
*
मन तक जो पहुँचा सके, अंतर्मन की बात
'सलिल' सफल साहित्य वह, जिसमें हों ज़ज्बात
*
हिंदी-उर्दू सहोदरी, अंग्रेजी है मीत
राम-राम करते रहे, घुसे न घर में रीत
*
घुसी वजह बेवजह में, बिना वजह क्यों बोल?
नामुमकिन मुमकिन लिए, होता डाँवाडोल
*
खुदी बेखुदी हो सके, खुद के हों दीदार
खुदा न रहता दूर तब, नफरत बनती प्यार
*
एक द्विपदी:
मैं सपनों में नहीं जी रहा, सपने मुझमें जीते हैं
कोशिश की बोतल में मदिरा, संघर्षों की पीते हैं.
*
पर्यावरण गीत
*
नहा रहे हैं
बरसातों में
हरे-भरे बतियाते झाड़
अपनी जगह
हमेशा ठांड़े
झूम-झूम मस्ताते झाड़
*
सूर्य-बल्ब
जब होता रौशन
मेक'प करते बिना छिपे.
शाखाओं,
कलियों फूलों से
मिलते, नहीं लजाते झाड़
नहा रहे हैं
बरसातों में
हरे-भरे बतियाते झाड़
अपनी जगह
हमेशा ठांड़े
झूम-झूम मस्ताते झाड़
*
बऊ धरती
आँखें दिखलाये
बहिना हवा उड़ाये मजाक
पर्वत दद्दा
आँख झुकाये,
लता संग इतराते झाड़
नहा रहे हैं
बरसातों में
हरे-भरे बतियाते झाड़
अपनी जगह
हमेशा ठांड़े
झूम-झूम मस्ताते झाड़
*
कमसिन सपने
देख थिरकते
डेटिंग करें बिना हिचके
बिना गये
कर रहे आउटिंग
कभी नहीं पछताते
नहा रहे हैं
बरसातों में
हरे-भरे बतियाते झाड़
अपनी जगह
हमेशा ठांड़े
झूम-झूम मस्ताते झाड़
२६-६-२०१७
***
मुक्तिका:
*
गये जब से दिल्ली भटकने लगे हैं.
मिलीं कुर्सियाँ तो बहकने लगे हैं
कहाँ क्या लिखेंगे न ये राम जाने
न पूछो पढ़ा क्या बिचकने लगे हैं
रियायत का खाना खिला-खा रहे हैं
न मँहगाई जानें मटकने लगे हैं
बने शेर घर में पिटे हर कहीं वे
कभी जीत जाएँ तरसने लगे हैं
भगोड़ों के साथी न छोड़ेंगे सत्ता
न चूकेंगे मौका महकने लगे हैं
न भूली है जनता इमरजेंसी को
जो पूछा तो गुपचुप सटकने लगे हैं
किये पाप कितने कहाँ और किसने
किसे याद? सोचें चहकने लगे हैं
चुनावी है यारी हसीं खूब मंज़र
कि काँटे भी पल्लू झटकने लगे हैं
न संध्या न वंदन न पूजा न अर्चन
'सलिल' सूट पहने सरसने लगे हैं.
२६-६-२०१५
***
छंद सलिला:
आल्हा/वीर/मात्रिक सवैया छंद
*
छंद-लक्षण: जाति , अर्ध सम मात्रिक छंद, प्रति चरण मात्रा ३१ मात्रा, यति १६ -१५, पदांत गुरु गुरु, विषम पद की सोलहवी मात्रा गुरु (ऽ) तथा सम पद की पंद्रहवीं मात्रा लघु (।),
लक्षण छंद:
आल्हा मात्रिक छंद सवैया, सोलह-पन्द्रह यति अनिवार्य.
गुरु-लघु चरण अंत में रखिये, सिर्फ वीरता हो स्वीकार्य..
अलंकार अतिशयता करता बना राई को 'सलिल' पहाड़.
ज्यों मिमयाती बकरी सोचे, गुँजा रही वन लगा दहाड़..
उदाहरण:
१. बुंदेली के नीके बोल... संजीव 'सलिल'
*
तनक न चिंता करो दाऊ जू, बुंदेली के नीके बोल.
जो बोलत हैं बेई जानैं, मिसरी जात कान मैं घोल..
कबू-कबू ऐसों लागत ज्यौं, अमराई मां फिररै डोल.
आल्हा सुनत लगत हैं ऐसो, जैसें बाज रए रे ढोल..
अंग्रेजी खों मोह ब्याप गौ, जासें मोड़ें जानत नांय.
छींकें-खांसें अंग्रेजी मां, जैंसें सोउत मां बर्रांय..
नीकी भासा कहें गँवारू, माँ खों ममी कहत इतरांय.
पाँव बुजुर्गों खें पड़ने हौं, तो बिनकी नानी मर जांय..
फ़िल्मी धुन में टर्राउट हैं, आँय-बाँय फिर कमर हिलांय.
बन्ना-बन्नी, सोहर, फागें, आल्हा, होरी समझत नांय..
बाटी-भर्ता, मठा-महेरी, छोड़ केक बिस्कुट बें खांय.
अमराई चौपाल पनघटा, भूल सहर मां फिरें भुलांय..
*
२. कर में ले तलवार घुमातीं, दुर्गावती करें संहार.
यवन भागकर जान बचाते गिर-पड़ करते हाहाकार.
सरमन उठा सूँढ से फेंके, पग-तल कुचले मुगल-पठान.
आसफ खां के छक्के छूटे, तोपें लाओ बचे तब जान.
३. एक-एक ने दस-दस मारे, हुआ कारगिल खूं से लाल
आये कहाँ से कौन विचारे, पाक शिविर में था भूचाल
या अल्ला! कर रहम बचा जां, छूटे हाथों से हथियार
कैसे-कौन निशाना साधे, तजें मोर्चा हो बेज़ार
__________
*********
(अब तक प्रस्तुत छंद: अखण्ड, अग्र, अचल, अचल धृति, अरुण, अवतार, अहीर, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रवज्रा, उड़ियाना, उपमान, उपेन्द्रवज्रा, उल्लाला, एकावली, कुकुभ, कज्जल, कमंद, कामिनीमोहन, काव्य, कीर्ति, कुण्डल, कुडंली, गंग, घनाक्षरी, चौबोला, चंडिका, चंद्रायण, छवि, जग, जाया, तांडव, तोमर, त्रिलोकी, दिक्पाल, दीप, दीपकी, दोधक, दृढ़पद, नित, निधि, निश्चल, प्लवंगम्, प्रतिभा, प्रदोष, प्रभाती, प्रेमा, बाला, भव, भानु, मंजुतिलका, मदन,मदनावतारी, मधुभार, मधुमालती, मनहरण घनाक्षरी, मनमोहन, मनोरम, मानव, माली, माया, माला, मोहन, मृदुगति, योग, ऋद्धि, रसामृत, रसाल, राजीव, राधिका, रामा, रूपमाला, लीला, वस्तुवदनक, वाणी, विरहणी, विशेषिका, शक्तिपूजा, शशिवदना, शाला, शास्त्र, शिव, शुभगति, शोभन, सरस, सार, सारस, सिद्धि, सिंहिका, सुखदा, सुगति, सुजान, सुमित्र, संपदा, हरि, हेमंत, हंसगति, हंसी)
***
हाइकु गीत:
आँख का पानी
*
आँख का पानी,
मर गया तो कैसे
धरा हो धानी?...
*
तोड़ बंधन
आँख का पानी बहा.
रोके न रुका.
आसमान भी
हौसलों की ऊँचाई
के आगे झुका.
कहती नानी
सूखने मत देना
आँख का पानी....
*
रोक न पाये
जनक जैसे ज्ञानी
आँसू अपने.
मिट्टी में मिला
रावण जैसा ध्यानी
टूटे सपने.
आँख से पानी
न बहे, पर रहे
आँख का पानी...
*
पल में मरे
हजारों बेनुगाह
गैस में घिरे.
गुनहगार
हैं नेता-अधिकारी
झूठे-मक्कार.
आँख में पानी
देखकर रो पड़ा
आँख का पानी...
२६-६-२०१०
***

मंगलवार, 30 दिसंबर 2025

दिसंबर ३०, नया साल, सॉनेट, रक्त समूह, पौधारोपण, ठंड, छंद, सोरठा, आल्हा, लघुकथा, गीत, अल्ज़ाइमर्स,

 सलिल सृजन दिसंबर ३०

*
पूर्णिका
बच्चे लाना फर्स्ट है, इसीलिए क्यों टेन्स।
बिन सिग्नल क्यों जा रहे, क्या तुम एंबुलेंस।।
नचा अँगुलियों पर रहे, नाच अकारण फेन्स।
कब तक बीबी की सुनें, पस्त हुआ पेशेन्स।।
पढ़े-लिखे मिलते बहुत, जिन्हें नहीं है ज्ञान।
देश चलाते वे नहीं, जिनमें कॉमन सेंस।।
जाना है जितना तुम्हें, उतनी हो अनजान।
कैसे जानूँ बढ़ रहा, लगातार सस्पेंस।।
इश्क वकीलन-जज करें, वादीगण हैरान।
यह करती है बहस वह, माँगे एवीडेंस।।
कारण कहा तलाक का, बीबी ने बिंदास।
झाड़ू-बेलन फेंकती, तब रहती एबसेन्स।।
बहुत डेवलप हम हुए, पानी पिएँ खरीद।
अब न नदी तालाब में, वाटर की प्रेजेंस।।
मुझको रहना मायके, यह रह ले ससुराल।
पति-पत्नी की माँग में, 'सलिल' नहीं डिफरेंस।।
३०.१२.२०१२४
०००
सोरठा
सूरज बादल ओट, नैन मटक्का कर रहा।
भाँप नियत में खोट, धूप धरा माँ-घर गई।।
.
लिया मेघ ने घेर, देख दामिनी अकेली।
क्रोधित छाती चीर, रणचंडी सम गरजती।।
.
गौरैया मन मार, कैद घोंसले में हुई।
करती अत्याचार, बेमौसम बरसात क्यों?
.
समरथ को नहिं दोष, जो जी चाहे वह करे।
जनगण-मन में रोष, देखे राह चुनाव की।।
.
रजनीगंधा शांत, अकड़ डहलिया ठठाता।
हो लज्जित उद्भ्रांत, वह गंधित; निर्गंध यह।।
.
निखर रहा है रूप, कली श्वेत-रतनार का।
गले मिले जब धूप, गप्प-पुराण न खत्म हो॥
.
करे शाख में छेद, ठक-ठक करती टिटहरी।
व्यर्थ बहाती स्वेद, खेद कर रही गिलहरी।।
३०.१२.२०२४
000
सॉनेट
समय
समय गीत गुनगुना रहा है,
सुनो समझ गा सुना खुश रहो,
स्नेह सलिल के सतत संग बहो,
झूम बजा झुनझुना रहा है।
समय खीझ अनमना रहा है,
क्या कहता सुन, तुम न कुछ कहो,
अनगिन सुधियाँ सुमिर कर तहो,
नहीं मित्रता भुना रहा है।
समय गजल अश'आर रुक पढ़ो,
मतलब समझो; मत लब सिलो,
समय सदय हो भला रहा है।
सपना समय नया कुछ गढ़ो,
भुज भर भेंटो; हँसकर मिलो,
सुनो कहाँ क्या कभी कहा है।
३०.१२.२०२३
•••
ग़ज़ल
गमे-दौरां जो सताए तो ग़ज़ल होती है।
इश्क आँसू में नहाए तो ग़ज़ल होती है।।
गुले-गुलशन को जुदा शाख से करके माली
बेच बाजार में आए तो ग़ज़ल होती है।।
दिखा के भोग बुतों को ये पुजारी खाएँ।
भक्त भूखों को भगाएँ तो ग़ज़ल होती है।।
करें वादे, मिले सत्ता तो कहें है जुमला।
ठेंगा जनता को दिखाएँ तो ग़ज़ल होती है।।
बिठा काँधे पे पिता सुत को दिखाए दुनिया।
जलाने पूत दे कंधा तो ग़ज़ल होती है
३०.१२.२०२३
•••
सॉनेट
अलविदा
*
अलविदा उसको जो जाना चाहता है, तुरत जाए।
काम दुनिया का किसी के बिन कभी रुकता नहीं है?
साथ देना चाहता जो वो कभी थकता नहीं है।।
रुके बेमन से नहीं, अहसान मत नाहक जताए।।
कौन किसका साथ देगा?, कौन कब मुँह मोड़ लेगा?
बिना जाने भी निरंतर कर्म करते जो न हारें।
काम कर निष्काम,खुद को लक्ष्य पर वे सदा वारें।।
काम अपना कर चुका, आगे नहीं वह काम देगा।।
व्यर्थ माया, मोह मत कर, राह अपनी तू चला चल।
कोशिशों के नयन में सपने सदृश गुप-चुप पला चल।
ऊगना यदि भोर में तो साँझ में हँसकर ढला चल।
आज से कर बात, था क्या कल?, रहेगा क्या कहो कल?
कर्म जैसा जो करेगा, मिले वैसा ही उसे फल।।
मुश्किलों की छातियों पर मूँग तू बिन रुक सतत दल।।
३०-१२-२०२१
***
सॉनेट
ठंड
*
ठंड ठिठुरती गर्म सियासत।
स्वार्थ-सिद्धि ही बनी रवायत।
ईश्वर की है बहुत इनायत।।
दंड न देता सुने शिकायत।।
पाँच साल को सत्ता पाकर।
ऐंठ रहे नफरत फैलाकर।
आपन मूँ अपना गुण गाकर।।
साधु असाधु कर्म अपनाकर।।
जला झोपड़ी आग तापते।
मुश्किल से डर दूर भागते।
सच सूली पर नित्य टाँगते।।
झूठ बोलकर वोट माँगते।।
मत मतदान कभी करना बिक।
सदा योग्य पर ही रहना टिक।।
३०-१२-२०२१
***
लघुकथा:
ठण्ड
*
बाप रे! ठण्ड तो हाड़ गलाए दे रही है। सूर्य देवता दिए की तरह दिख रहे हैं। कोहरा, बूँदाबाँदी, और बरछी की तरह चुभती ठंडी हवा, उस पर कोढ़ में खाज यह कि कार्यालय जाना भी जरूरी और काम निबटाकर लौटते-लौटते अब साँझ ढल कर रात हो चली है। सोचते हुए उसने मेट्रो से निकलकर घर की ओर कदम बढ़ाए। हवा का एक झोंका गरम कपड़ों को चीरकर झुरझुरी की अनुभूति करा गया।
तभी चलभाष की घंटी बजी, भुनभुनाते हुए उसने देखा, किसी अजनबी का क्रमांक दिखा। 'कम्बख्त न दिन देखते हैं न रात, फोन लगा लेते हैं' मन ही मन में सोचते हुए उसने अनिच्छा से सुनना आरंभ किया- "आप फलाने बोल रहे हैं?" उधर से पूछा गया।
'मेरा नंबर लगाया है तो मैं ही बोलूँगा न, आप कौन हैं?, क्या काम है?' बिना कुछ सोचे बोल गया। फिर आवाज पर ध्यान गया यह तो किसी महिला का स्वर है। अब कडुवा बोल जाना ख़राब लग रहा था पर तोप का गोला और मुँह का बोला वापिस तो लिया नहीं जा सकता।
"अभी मुखपोथी में आपकी लघुकथा पढ़ी, बहुत अच्छी लगी, उसमें आपका संपर्क मिला तो मन नहीं माना, आपको बधाई देना थी। आम तौर पर लघुकथाओं में नकली व्यथा-कथाएँ होती हैं पर आपकी लघुकथा विसंगति इंगित करने के साथ समन्वय और समाधान का संकेत भी करती है। यही उसे सार्थक बनाता है। शायद आपको असुविधा में डाल दिया... मुझे खेद है।"
'अरे नहीं नहीं, आपका स्वागत है.... ' दाएँ-बाएँ देखते हुए उसने सड़क पार कर गली की ओर कदम बढ़ाए। अब उसे नहीं चुभ रही थी ठण्ड।
***
एक कुण्डलिया : दो कवि
तन को सहलाने लगी, मदमाती सी धूप
सरदी हंटर मारती, हवा फटकती सूप -शशि पुरवार
हवा फटकती सूप, टपकती नाक सर्द हो
हँसती ऊषा कहे, मर्द को नहीं दर्द हो
छोड़ रजाई बँधा, रहा है हिम्मत मन को
लगे चंद्र सा, सूर्य निहारे जब निज तन को - संजीव
***
बैठे-ठाले
रक्तसमूह और आप
ए + = अच्छे नायक, नेता
ए - = परिश्रमी
बी + = त्याग
बी - = स्वार्थी, स्वकेन्द्रित, अड़ियल
ओ + = परोपकारी, मददगार
ओ - = संकीर्ण दृष्टि
एबी + = जटिल, कठिन
एबी - = मेधावी
३०-१२-२०२१
***
छंद क्या है?
*
छंद क्या है?
छंद रस है,
रस बिना नीरस न होना
निराशा में पथ न खोना
चीरकर तम, कर उजाला
जागरण का गान होना
*
छंद क्या है?
छंद लय है
प्राणप्रद गंधित मलय है
सत्य में शिव का विलय है
सत्य सुंदर तभी शिव है
असुंदर के हित प्रलय है
*
छंद क्या है?
छंद ध्वनि है
नाद अनहद सृष्टि रचता
वीतरागी सतत भजता
डूब रागी गा-बजाता
शब्द सार्थक हो हुलसता
*
छंद क्या है?
छंद जग है
कथ्य कहता हुआ पग है
खुशी वरता हुआ डग है
कभी कलकल; कभी कलरव
दर्द पर विजयी सुमग है
*
छंद क्या है?
छंद जय है
सर्वहित की बात बोले
स्वार्थ विष किंचित् न घोले
अमिय औरों को पिलाए
नीलकंठी अभय डोले
*
छंद रस है
छंद लय है
छंद ध्वनि है
छंद जग है
छंद जय है
२९-१२-२०१९
***
सामयिक आल्हा
*
मचा महाभारत भारत में, जन-गण देखें ताली पीट
दहशत में हैं सारे नेता, कैसे बचे पुरानी सीट?
हुई नोटबंदी, पैरों के नीचे, रही न हाय जमीन
कौन बचाए इस मोदी से?, नींद निठुर ने ली है छीन
पल भर चैन न लेता है खुद, दुनिया भर में करता धूम
कहे 'भाइयों-बहनों' जब भी, तभी सफलता लेता चूम
कहाँ गए वे मौनी बाबा?, घपलों-घोटालों का राज
मनमानी कर जोड़ी दौलत, घूस बटोरी तजकर लाज
हाय-हाय हैं कैसे दुर्दिन?, छापा पड़ता सुबहो-शाम
चाल न कोई काम आ रही, जब्त हुआ सब धन बेदाम
जन-धन खातों में डाला था, रूपया- पीट रहे अब माथ
स्वर्ण ख़रीदा जाँच हो रही, बैठ रहा दिल खाली हाथ
पत्थर फेंक करेगा दंगा, कौन बिना धन? पिट रइ गोट
नकली नोट न रहे काम के, रोज पड़े चोटों पर चोट
ताले तोड़ आयकरवाले, खाते-बही कर रहे जब्त
कर चोरी की पोल खोलते, रिश्वत लेंय न कैसी खब्त?
बेनामी संपत्ति बची थी, उस पर ली है नजर जमाय
हाय! राम जी-भोले बाबा, हनुमत कहूँ न राह दिखाय
छोटे नोट दबाये हमीं ने, जनता को है बेहद कष्ट
चूं न कर रहा फिर भी कोई, समय हो रहा चाहे नष्ट
लगे कतारों में हैं फिर भी, कहते नीति यही है ठीक
शायर सिंह सपूत वही जो, तजे पुरानी गढ़ नव लीक
पटा लिया कुछ अख़बारों को, चैनल भरमाते हैं खूब
दोष न माने फिर भी जनता, लुटिया रही पाप की डूब
चचा-भतीजे आपस में भिड़, मोदी को करते मजबूत
बंद बोलती माया की भी, ममता को है कष्ट अकूत
पाला बदल नितिश ने मारा, दाँव न लालू जाने काट
बोल थके है राहुल भैया, खड़ी हुई मैया की खाट
जो मैनेजर ललचाये थे, उन पर भी गिरती है गाज
फारुख अब्दुल्ला बौराया, कमुनिस्टों का बिगड़ा काज
भूमि-भवन के भाव गिर रहे, धरे हाथ पर हाथ सुनार
सेठ अफसरों नेताओं के ठाठ, न बाकी- फँसे दलाल
रो-रो सूख रहे हैं आँसू, पिचक गए हैं फूले गाल
जनता जय-जयकार कर रही, मोदी लिखे नाता इतिहास
मन मसोस दिन-रात रो रहे, घूसखोर सब पाकर त्रास
३०-१२-२०१६
***
नव वर्ष गीत :
*
सोलह साला
सदी हुई यह
*
सपनीली आँखों में आँसू
छेड़ें-रेपें हरदिन धाँसू
बहू कोशिशी झुलस-जल रही
बाधा दियासलाई सासू
कैरोसीन ननदिया की जय
माँग-दाँव पर
लगी हुई सह
सोलह साला
सदी हुई यह
*
मालिक फटेहाल बेचारा
नौकर का है वारा-न्यारा
जीना ही दुश्वार हुआ है
विधि ने अपनों को ही मारा
नैतिकता का पल-पल है क्षय
भाँग चाशनी
पगी हुई कह
सोलह साला
सदी हुई यह
*
रीत पुरातन ज्यों की त्यों है
मत पूछो कैसी है?, क्यों है?
कहीं बोलता है सन्नाटा
कहीं चुप्प बैठी चिल्ल-पों है
अंधियारे की दिवाली में
ज्योति-कालिमा
सगी हुई ढह
सोलह साला
सदी हुई यह
***
नवगीत
*
न मैं सुधरूँ
न तुम सुधरो
कहो हो साल शुभ कैसे?
*
वही रफ़्तार बेढंगी
जो पहले थी, सो अब भी है
दिशा बदले न गति बदले
निकट हो लक्ष्य फिर कैसे?
न मैं सुधरूँ
न तुम सुधरो
कहो हो साल शुभ कैसे?
*
हरेक चेहरा है दोरंगी
न मेहनत है, न निष्ठा है
कहें कुछ और कर कुछ और
अमिय हो फिर गरल कैसे?
न मैं सुधरूँ
न तुम सुधरो
कहो हो साल शुभ कैसे?
*
हुई सद्भाव की तंगी
छुरी बाजू में मुख में राम
धुआँ-हल्ला दसों दिश है
कहीं हो अमन फिर कैसे?
न मैं सुधरूँ
न तुम सुधरो
कहो हो साल शुभ कैसे?
३०-१२-२०१५
***
संस्मरण
।। पुरस्कार यदि काट न खाय तो ।।
‘'सम्भवतः पहली कहानी लिखकर दुलारेलाल भार्गव को लखनऊ भेजी। ‘सुधा’ उन्होंने तब निकाली ही थी, एक दिन मुझे उनका पोस्टकार्ड मिला। लिखा था - आपको यदि नागवार न गुजरे तो हम कहानी का पुरस्कार आपको देना चाहते हैं। पाठक मेरी खुशी का अनुमान न लगा सकेंगे। यह एक ऐसी आमदनी का सीधा रास्ता खुल रहा था, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अब तक तो मैं इसी में खुश था कि मेरी रचनाएं छप रही हैं। तब तक मैं ‘प्रताप’ कानपुर में ही लेख भेजता था, पर उसने कभी एक धेला भी पारिश्रमिक नहीं दिया था।
अतः मैंने कार्ड का तुरन्त उत्तर दिया कि- ‘पुरस्कार यदि काट न खाय तो मुझे किसी हालत में उसका भेजा जाना नागवार न गुजरेगा।’ कुछ दिन बाद ही ५ रूपये का मनीआर्डर मिला। उस दिन मैंने सपत्नीक जश्न मनाया और कई दिन तक उन पांच रूपयों का हम लोगों को नशा-सा रहा।’'
- आचार्य चतुरसेन शास्त्री
***
अल्ज़ाइमर्स की दवा का अमरीकी पेटेंट बीएचयू को
मनीष कुमार मिश्रा
बीएचयू अल्ज़ाइमर्स पेटेंट
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) को अल्ज़ाइमर की दवा बनाने का अमरीकी पेटेंट हासिल हुआ है.
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के आयुर्वेद विभाग को यह अमरीकी पेटेंट हासिल हुआ है.
संबंधित समाचारकैसा होता है अल्ज़ाइमर के साथ जीना?कैसे देखरेख होती है अलज़ाइमर के मरीजों की...जल्दी चलेगा अल्ज़ाइमर्स का पताइससे जुड़ी ख़बरें
टॉपिकभारत
अल्ज़ाइमर्स बुढ़ापे में होने वाली बीमारी. इसमें यादाश्त चली जाती है. उम्र बढ़ने के साथ ही इसका दुष्प्रभाव भी बढ़ता जाता है.
आयुर्वेद विभाग के प्रमुख डॉ गोविंद प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि भारत में परंपरागत रूप से औषधीय गुणों वाले पौधौं से दवा बनाने का काम किया जाता रहा है.
इन्हीं परंपरागत औषधियों को आधार बनाकर विभाग ने ब्राह्मी कल्प, वराही कल्प और अम्ल वेतक नाम से अल्ज़ाइमर, पार्किंसन और बुढ़ापे को कम करने वाली दवाएं विकसित की गई हैं.
डॉ गोविंद के अनुसार इन तीनों दवाओं का अमरीका, जापान और ऑस्ट्रेलिया की स्टैंडर्ड लैबोरेट्री में परीक्षण कर इन्हें प्रमाणित किया गया है.
ब्राम्ही कल्प, वराही कल्प और अम्ल वेतक आयुर्वेदिक दवाओं का अमरीका की फ़ेडरल ड्रग एजेंसी (एफ़डीए) द्वारा मान्य प्रयोगशाला में परीक्षण भी किया गया.
बिज़नेस प्लानबीएचयू अल्ज़ाइमर्स पेटेंट
बीएचयू की दवाइयों का जापान और ऑस्ट्रेलिया की लैब में भी परीक्षण किया गया.
डॉ गोविंद ने बताया कि इन दवाओं के चिकित्सकीय परीक्षण के लिए चार संस्थानों को अधिकृत किया गया है. ये हैं काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), एसआरएम यूनिवर्सिटी, आदेश यूनिवर्सिटी- भटिंडा और जिनोम फ़ाउंडेशन- हैदराबाद.
इन चार संस्थानों ने चेन्नई के अरविंद रेमेडीज़ लिमिटेड के साथ इन तीनों दवाओं की ग्लोबल मार्केटिंग के लिए समझौता किया है.
अरविंद रेमेडीज़ लिमिटेड अमरीका की फ़ेडरल ड्रग एजेंसी से अनुमति, प्रमाणन और प्रायोजन के साथ सभी ख़र्च वहन करने के लिए सहमत हो गई है.
अरविंद रेमेडीज़ लिमिटेड बीएचयू और अन्य सहयोगी संगठनों में दवा के निर्माण के लिए धन उपलब्ध करवाएगी.
इसके संबंध में फ़ैसला बीएचयू के वाइस चांसलर पद्मश्री लालजी सिंह की अध्यक्षता में हुई बिज़नेस सेल की मीटिंग में लिया गया.
डॉ गोविंद कहते हैं कि ये दवाएं अल्ज़ाइमर, पार्किंसन और बुढ़ापे के असर को कम करने के अलावा अवसाद, अनिद्रा और स्मरण शक्ति के कमज़ोर होने पर प्रयोग में लाई जा सकती है.
वो दावा करते हैं कि इन दवाओं के प्रयोग का शरीर पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा.
डॉ गोविंद कहते हैं कि इन दवाओं के बाज़ार में आ जाने से इन बीमारियों के मरीज़ों और उनके परिजनों को काफ़ी राहत मिलेगी.
आभार शीला मदान (गुड्डो दादी)
२९-१२-२०१३
***
दोहा सलिला:
पौधारोपण कीजिए
*
पौधारोपण कीजिए, शुद्ध हो सके वायु
जीवन जियें निरोग सब, मानव हो दीर्घायु
*
एक-एक ग्यारह हुए, विहँसे बारह मास
तेरह पग चलकर हरें, 'सलिल' सभी संत्रास
*
मैं-तुम मिल जब हम हुए, मंज़िल मिली समीप
हों अनेक जब एक तो, तम हरते बन दीप
*
चेतन जब चैतन्य हो, तब होता संजीव
अंतर्मन शतदल सदृश, खिल होता राजीव
*
विजय-पराजय से रहे, जब अंतर्मन दूर
प्रभु-कीर्तन पल-पल करे, श्वासों का संतूर
*
जब तक रीतेगा नहीं, आकांक्षा का कोष
जब तक पायेगा नहीं, अंतर्मन संतोष
*
नित लाती है रवि-किरण, दिनकर का पैगाम
लाली आती उषा के, गालों पर सुन नाम
*
आशीषों की रोटरी, कोशिश की हो राह
वाह परिश्रम की करें, मन में पले न डाह
*
अंकुर पल्लव पौध ही, बढ़ बनते उद्यान
संरक्षण पा ओषजन, से दें जीवन दान
३०-१२-२०१३
***
लेख - चित्रगुप्त रहस्य
चित्रगुप्त सर्वप्रथम प्रणम्य हैं
परात्पर परमब्रम्ह श्री चित्रगुप्त जी सकल सृष्टि के कर्मदेवता हैं, केवल कायस्थों के नहीं। उनके अतिरिक्त किसी अन्य कर्ण देवता का उल्लेख किसी भी धर्म में नहीं है, न ही कोई धर्म उनके कर्म देव होने पर आपत्ति करता है। अतः, निस्संदेह उनकी सत्ता सकल सृष्टि के समस्त जड़-चेतनों तक है। पुराणकार कहता है:
''चित्रगुप्त प्रणम्यादौ वात्मानाम सर्व देहिनाम.''
अर्थात श्री चित्रगुप्त सर्वप्रथम प्रणम्य हैं जो आत्मा के रूप में सर्व देहधारियों में स्थित हैं. आत्मा क्या है? सभी जानते और मानते हैं कि 'आत्मा सो परमात्मा' अर्थात परमात्मा का अंश ही आत्मा है। स्पष्ट है कि श्री चित्रगुप्त जी ही आत्मा के रूप में समस्त सृष्टि के कण-कण में विराजमान हैं। इसलिए वे सबके लिए पूज्य हैं सिर्फ कायस्थों के लिए नहीं।
चित्रगुप्त निर्गुण परमात्मा हैं
सभी जानते हैं कि आत्मा निराकार है। आकार के बिना चित्र नहीं बनाया जा सकता। चित्र न होने को चित्र गुप्त होना कहा जाना पूरी तरह सही है। आत्मा ही नहीं आत्मा का मूल परमात्मा भी मूलतः निराकार है इसलिए उन्हें 'चित्रगुप्त' कहा जाना स्वाभाविक है। निराकार परमात्मा अनादि (आरंभहीन) तथा (अंतहीन) तथा निर्गुण (राग, द्वेष आदि से परे) हैं।
चित्रगुप्त पूर्ण हैं
अनादि-अनंत वही हो सकता है जो पूर्ण हो। अपूर्णता का लक्षण आराम तथा अंत से युक्त होना है। पूर्ण वह है जिसका क्षय (ह्रास या घटाव) नहीं होता। पूर्ण में से पूर्ण को निकल देने पर भी पूर्ण ही शेष बचता है, पूर्ण में पूर्ण मिला देने पर भी पूर्ण ही रहता है। इसे 'ॐ' से व्यक्त किया जाता है। इसी का पूजन कायस्थ जन करते हैं।
ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णात पूर्णमुदच्यते
पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते
*
पूर्ण है यह, पूर्ण है वह, पूर्ण कण-कण सृष्टि सब
पूर्ण में पूर्ण को यदि दें निकाल, पूर्ण तब भी शेष रहता है सदा।
चित्रगुप्त निर्गुण तथा सगुण हैं
चित्रगुप्त निराकार ही नहीं निर्गुण भी है। वे अजर, अमर, अक्षय, अनादि तथा अनंत हैं। परमेश्वर के इस स्वरूप की अनुभूति सिद्ध ही कर सकते हैं इसलिए सामान्य मनुष्यों के लिए वे साकार-सगुण रूप में प्रगट होते हैं। आरम्भ में वैदिक काल में ईश्वर को निराकार और निर्गुण मानकर उनकी उपस्थिति हवा, अग्नि (सूर्य), धरती, आकाश तथा पानी में अनुभूत की गयी क्योंकि इनके बिना जीवन संभव नहीं है। इन पञ्च तत्वों को जीवन का उद्गम और अंत कहा गया। काया की उत्पत्ति पञ्चतत्वों से होना और मृत्यु पश्चात् आत्मा का परमात्मा में तथा काया का पञ्च तत्वों में विलीन होने का सत्य सभी मानते हैं।
अनिल अनल भू नभ सलिल, पञ्च तत्वमय देह।
परमात्मा का अंश है, आत्मा निस्संदेह।।
*
परमब्रम्ह के अंश कर, कर्म भोग परिणाम
जा मिलते परमात्म से, अगर कर्म निष्काम।।
कर्म ही वर्ण का आधार
श्रीमद्भगवद्गीता में श्री कृष्ण कहते हैं: 'चातुर्वर्ण्यमयासृष्टं गुणकर्म विभागशः' अर्थात गुण-कर्मों के अनुसार चारों वर्ण मेरे द्वारा ही बनाये गये हैं। स्पष्ट है कि वर्ण जन्म पर आधारित नहीं हो था। वह कर्म पर आधारित था। कर्म जन्म के बाद ही किया जा सकता है, पहले नहीं। अतः, किसी जातक या व्यक्ति में बुद्धि, शक्ति, व्यवसाय या सेवा वृत्ति की प्रधानता तथा योग्यता के आधार पर ही उसे क्रमशः ब्राम्हण, क्षत्रिय, वैश्य या शूद्र वर्ग में रखा जा सकता था। एक पिता की चार संतानें चार वर्णों में हो सकती थीं। मूलतः कोई वर्ण किसी अन्य वर्ण से हीन या अछूत नहीं था। सभी वर्ण समान सम्मान, अवसरों तथा रोटी-बेटी सम्बन्ध के लिए मान्य थे। सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक, आर्थिक अथवा शैक्षणिक स्तर पर कोई भेदभाव मान्य नहीं था। कालांतर में यह स्थिति पूरी तरह बदल कर वर्ण को जन्म पर आधारित मान लिया गया।
चित्रगुप्त पूजन क्यों और कैसे?
श्री चित्रगुप्त का पूजन कायस्थों में प्रतिदिन विशेषकर यम द्वितीया को किया जाता है। कायस्थ उदार प्रवृत्ति के सनातन धर्मी हैं। उनकी विशेषता सत्य की खोज करना है इसलिए सत्य की तलाश में वे हर धर्म और पंथ में मिल जाते हैं। कायस्थ यह जानता और मानता है कि परमात्मा निराकार-निर्गुण है इसलिए उसका कोई चित्र या मूर्ति नहीं है, उसका चित्र गुप्त है। वन हर चित्त में गुप्त है अर्थात हर देहधारी में उसका अंश होने पर भी वह अदृश्य है। जिस तरह कहने की थाली में पानी न होने पर भी हर खाद्यान्न में पानी होता है उसी तरह समस्त देहधारियों में चित्रगुप्त अपने अंश आत्मा रूप में विराजमान होते हैं। चित्रगुप्त ही सकल सृष्टि के मूल तथा निर्माणकर्ता हैं। सृष्टि में ब्रम्हांड के निर्माण, पालन तथा विनाश हेतु उनके अंश ब्रम्हा-महासरस्वती, विष्णु-महालक्ष्मी तथा शिव-महाशक्ति के रूप में सक्रिय होते हैं। सर्वाधिक चेतन जीव मनुष्य की आत्मा परमात्मा का ही अंश है।मनुष्य जीवन का उद्देश्य परम सत्य परमात्मा की प्राप्ति कर उसमें विलीन हो जाना है। अपनी इस चितन धारा के अनुरूप ही कायस्थजन यम द्वितीय पर चित्रगुप्त पूजन करते हैं।
सृष्टि निर्माण और विकास का रहस्य:
आध्यात्म के अनुसार सृष्टिकर्ता की उपस्थिति अनहद नाद से जानी जाती है। यह अनहद नाद सिद्ध योगियों के कानों में परतो पल भँवरे की गुनगुन की तरह गूँजता हुआ कहा जाता है। इसे 'ॐ' से अभिव्यक्त किया जाता है। विज्ञान सम्मत बिग बैंग थ्योरी के अनुसार ब्रम्हांड का निर्माण एक विशाल विस्फोट से हुआ जिसका मूल यही अनहद नाद है। इससे उत्पन्न ध्वनि तरंगें संघनित होकर कण तथा क्रमश: शेष ब्रम्हांड बना। यम द्वितीय पर कायस्थ एक कोरा सफ़ेद कागज़ लेकर उस पर चन्दन, हल्दी, रोली, केसर के तरल 'ॐ' अंकित करते हैं। यह अंतरिक्ष में परमात्मा चित्रगुप्त की उपस्थिति दर्शाता है। 'ॐ' परमात्मा का निराकार रूप है। निराकार के साकार होने की क्रिया को इंगित करने के लिए 'ॐ' को श्रृष्टि की सर्वश्रेष्ठ काया मानव का रूप देने के लिए उसमें हाथ, पैर, नेत्र आदि बनाये जाते हैं। तत्पश्चात ज्ञान की प्रतीक शिखा मस्तक से जोड़ी जाती है। शिखा का मुक्त छोर ऊर्ध्वमुखी (ऊपर की ओर उठा) रखा जाता है जिसका आशय यह है कि हमें ज्ञान प्राप्त कर परमात्मा में विलीन (मुक्त) होना है।
बहुदेव वाद की परंपरा
इसके नीचे कुछ श्री के साथ देवी-देवताओं के नाम लिखे जाते हैं, फिर दो पंक्तियों में 9 अंक इस प्रकार लिखे जाते हैं कि उनका योग 9 बार 9 आये। परिवार के सभी सदस्य अपने हस्ताक्षर करते हैं और इस कागज़ के साथ कलम रखकर उसका पूजन कर दण्डवत प्रणाम करते हैं। पूजन के पश्चात् उस दिन कलम नहीं उठाई जाती। इस पूजन विधि का अर्थ समझें। प्रथम चरण में निराकार निर्गुण परमब्रम्ह चित्रगुप्त के साकार होकर सृष्टि निर्माण करने के सत्य को अभिव्यक्त करने के पश्चात् दूसरे चरण में निराकार प्रभु के साकार होकर सृष्टि के कल्याण के लिए विविध देवी-देवताओं का रूप धारण कर जीव मात्र का ज्ञान के माध्यम से कल्याण करने के प्रति आभार विविध देवी-देवताओं के नाम लिखकर व्यक्त किया जाता है। ज्ञान का शुद्धतम रूप गणित है। सृष्टि में जन्म-मरण के आवागमन का परिणाम मुक्ति के रूप में मिले तो और क्या चाहिए? यह भाव दो पंक्तियों में आठ-आठ अंक इस प्रकार लिखकर अभिव्यक्त किया जाता है कि योगफल नौ बार नौ आये।
पूर्णता प्राप्ति का उद्देश्य
निर्गुण निराकार प्रभु चित्रगुप्त द्वारा अनहद नाद से साकार सृष्टि के निर्माण, पालन तथा नाश हेतु देव-देवी त्रयी तथा ज्ञान प्रदाय हेतु अन्य देवियों-देवताओं की उत्पत्ति, ज्ञान प्राप्त कर पूर्णता पाने की कामना तथा मुक्त होकर पुनः परमात्मा में विलीन होने का समुच गूढ़ जीवन दर्शन यम द्वितीया को परम्परगत रूप से किये जाते चित्रगुप्त पूजन में
अन्तर्निहित है। इससे बड़ा सत्य कलम व्यक्त नहीं कर सकती तथा इस सत्य की अभिव्यक्ति कर कलम भी पूज्य हो जाती है इसलिए कलम की पूजा की जाती है। इस गूढ़ धार्मिक तथा वैज्ञानिक रहस्य को जानने तथा मानने के प्रमाण स्वरूप परिवार के सभी स्त्री-पुरुष, बच्चे-बच्चियां अपने हस्ताक्षर करते हैं, जो बच्चे लिख नहीं पाते उनके अंगूठे का निशान लगाया जाता है। उस दिन व्यवसायिक कार्य न कर आध्यात्मिक चिंतन में लीन रहने की परम्परा है।
'ॐ' की ही अभिव्यक्ति अल्लाह और ईसा में भी होती है। सिख पंथ इसी 'ॐ' की रक्षा हेतु स्थापित किया गया। 'ॐ' की अग्नि आर्य समाज और पारसियों द्वारा पूजित है। सूर्य पूजन का विधान 'ॐ' की ऊर्जा से ही प्रचलित हुआ है।
उदारता तथा समरसता की विरासत
यम द्वितीया पर चित्रगुप्त पूजन की आध्यात्मिक-वैज्ञानिक पूजन विधि ने कायस्थों को एक अभिनव संस्कृति से संपन्न किया है। सभी देवताओं की उत्पत्ति चित्रगुप्त जी से होने का सत्य ज्ञात होने के कारण कायस्थ किसी धर्म, पंथ या सम्प्रदाय से द्वेष नहीं करते। वे सभी देवताओं, महापुरुषों के प्रति आदर भाव रखते हैं। वे धार्मिक कर्म कांड पर ज्ञान प्राप्ति को वरीयता देते हैं। चित्रगुप्त जी के कर्म विधान के प्रति विश्वास के कारण कायस्थ अपने देश, समाज और कर्त्तव्य के प्रति समर्पित होते हैं। मानव सभ्यता में कायस्थों का योगदान अप्रतिम है। कायस्थ ब्रम्ह के निर्गुण-सगुण दोनों रूपों की उपासना करते हैं। कायस्थ परिवारों में शैव, वैष्णव, गाणपत्य, शाक्त, राम, कृष्ण, सरस्वतीसभी का पूजन किया जाता है। आर्य समाज, साईं बाबा, युग निर्माण योजना आदि हर रचनात्मक मंच पर कायस्थ योगदान करते मिलते हैं।
***
बिदाई गीत:
अलविदा दो हजार दस...
*
अलविदा दो हजार दस
स्थितियों पर
कभी चला बस
कभी हुए बेबस.
अलविदा दो हजार दस...
तंत्र ने लोक को कुचल
लोभ को आराधा.
गण पर गन का
आतंक रहा अबाधा.
सियासत ने सिर्फ
स्वार्थ को साधा.
होकर भी आउट न हुआ
भ्रष्टाचार पगबाधा.
बहुत कस लिया
अब और न कस.
अलविदा दो हजार दस...
लगता ही नहीं, यही है
वीर शहीदों और
सत्याग्रहियों की नसल.
आम्र के बीज से
बबूल की फसल.
मंहगाई-चीटी ने दिया
आवश्यकता-हाथी को मसल.
आतंकी-तिनका रहा है
सुरक्षा-पर्वत को कुचल.
कितना धँसेगा?
अब और न धँस.
अलविदा दो हजार दस...
३०-१२-२०१०
***