कुल पेज दृश्य

श्री श्री लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
श्री श्री लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 22 अप्रैल 2026

अप्रैल २२, सॉनेट, सोरठे, हरिऔध, ट्रेन, श्री श्री, त्रिपदि, कुंडलिया, राम, सीता छंद, गीतिका छंद, दोहा, रोला, फतवा, नवगीत


सलिल सृजन अप्रैल २२
.
हरिऔध कथा २ 
सोरठा 
सुमिर नवाए माथ, हर हिंदी प्रेमी ऋणी। 
हिंदी मैया साथ, श्वास आखिरी तक रहे।। 

चूम 'लाल' कह माथ, मैया पहला दर्श कर। 
अंत 'राम' हों साथ, हिंदी साथ न छोड़ती।। 
चौपाई 
है हरिऔध कथा अति पावन। पढ़िए सुनिए करिए गायन।। 
श्रम निष्ठा आशा का परचम।‌सूर्य उगाए नित हरकर तम।। 
भारत माँ का पुत्र अनोखा।जिसका पूरा जीवन अनोखा।। 
था सामान्य असाधारण भी। हिंदी सुत, हिंदी सुत हिंदी चारण भी।। 
बृज अवधी उर्दू के झगड़े। भोजपुरी के दावे तगड़े।। 
बुंदेली कन्नौजी बोली। मेवाड़ी हाड़ौती टोली।। 
झगड़ मालवी संग निमाड़ी। खुद की जय खुद कर मरवाड़ी।। 
कठियावाड़ी शेखावाटी, सबका दावा सबकी माटी।। 
मन मुटाव की गठरी खोली। अंग्रेजी ने ताकत तोली।। 
सोरठा 
दो समूह हिंदी बँटी, संस्कृत-उर्दू द्वंद में। 
लड़कर निज ताकत घटी, फँसी विकट छल-छंद में।। 
चौपाई 
न्याय- प्रशासन का गुलाम मन। गौर मालिकों का बंदी तन।। 
लोक उपेक्षित है जब देखा। सिंह अयोध्या का कर लेखा।। 
टकसाली हिंदी का परचम। मैदां में आया ले दमखम।। 
अन्यों को दे सका चुनौती। हिंदी को मत मान बपौती।। 
सबकी हिंदी सबके हित हो। मत प्रधान इसमें निज हित हो।। 
सब देशज भाषाएँ सखियाँ। हिंदी सँग डालें गलबहियाँ।। 
सब हिंदी में घुल-मिल जाएँ। भारत भू की जय-जय गाएँ।। 
दयानंद स्वामी जी रचकर। कृति 'सत्यार्थ प्रकाश' दिवाकर।। 
'चंद्रकांता संतति' हिंदी में। लिख देवकीनंदन खत्री ने।। 
दिखलाई जो राह उसी पर। बढ़े अयोध्या सिंह चरण धर।। 
सोरठा 
तनिक न की परवाह, हुई बहुत आलोचना। 
रख हिंदी प्रति चाह, जुटे रहे हरिऔध जी।। 
२२.४.२०२६ 
०००
मुक्तक
नर पर दो दो मात्रा भारी।
खुश हो चलवा नर पर आरी।।
कभी न बोले 'हाँ', नित ना री!
कमजोरी ताकत भी नारी।।
सॉनेट
मुसाफ़िर
हम सब सिर्फ मुसाफिर यारो!
दुनिया प्लेटफार्म पर आए।
छीनो-झपटो व्यर्थ न प्यारो!
श्वास ट्रेन की टिकिट कटाए।।
सफर जिंदगी का हसीन हो।
हँस-बोलो तो कट जाएगा।
बजती मन में आस बीन हो।
संग न तू कुछ ले पाएगा।।
नाहक नहीं झमेला करना।
सबसे भाईचारा पालो।
नहीं टिकिटचैकर से डरना।।
जो चढ़-उतरे उसे सम्हालो।।
सफर न सफरिंग होने देना।
सर्फिंग कर भव नैया खेना।।
२२-४-२०२३●●●
मुसाफ़िरी सोरठे
*
ट्रेन कर रही ट्रेन, मुसाफिरों को सफर में।
सफर करे हमसफ़र, अगर मदद उसकी करें।।
*
जबलपूर आ गया, क्यों कहता है मुसाफिर।
आता-जाता आप, शहर जहाँ था है वहीं।।
*
करे मुसाफिर भूल, रेल रिजर्वेशन कहे।
बिछी जमीं पर रेल, बर्थ ट्रेन में सुरक्षित।।
*
बिना टिकिट चल रहे, रवि-शशि दोनों मुसाफिर।
समय ट्रेन पर रोज, टी सी नभ क्यों चुप रहे।।
*
नहीं मुसाफिर कौन, सब आते-जाते यहाँ।
प्लेटफ़ॉर्म का संग, नहीं सुहाता किसी को।।
*
देख मुसाफिर मौन, सिग्नल लाल हरा हुआ।
जा ले मंजिल खोज, प्रभु से है मेरी दुआ।।
*
सोरठा गीत
नाहक छोड़ न ठाँव।
*
रहे सुवासित श्वास,
श्रम सीकर सिंचित अगर।
मिले तृप्ति मिट प्यास,
हुई भोर उठ कर समर।।
कोयल कूके नित्य,
कागा करे न काँव
नाहक छोड़ न ठाँव।
*
टेर रही है साँझ,
नभ सिंदूरी हो रहा।
पंछी लौटे नीड़,
मानव लालच बो रहा।
थकी दुपहरी मौन
रोक कहीं तो पाँव,
नाहक छोड़ न ठाँव।
*
रात रुपहली जाग,
खनखन बजती चूड़ियाँ।
हेरे तेरी राह,
जयी न हों मजबूरियाँ।
पथिक भटक मत और
बुला रहा है गाँव।
नाहक छोड़ न ठाँव।
२२-४-२०२३
*
सॉनेट
मौसम
मौसम करवट बदल रहा है
इसका साथ निभाएँ कैसे?
इसको गले लगाएँ कैसे?
दहक रहा है, पिघल रहा है
बेगाना मन बहल रहा है
रोज आग बरसाता सूरज
धरती को धमकाता सूरज
वीरानापन टहल रहा है
संयम बेबस फिसल रहा है
है मुगालता सम्हल रहा है
यह मलबा भी महल रहा है
व्यर्थ न अपना शीश धुनो
कोरे सपने नहीं बुनो
मौसम की सिसकियाँ सुनो
२२-४-२०२२
•••
सॉनेट
महाशक्ति
महाशक्ति हूँ; दुनिया माने
जिससे रूठूँ; उसे मिटा दूँ
शत्रु शांति का; दुनिया जाने
चाहे जिसको मार उठा दूँ
मौतों का सौदागर निर्मम
गोरी चमड़ी; मन है काला
फैलाता डर दहशत मातम
लज्जित यम; मरघट की ज्वाला
नर पिशाच खूनी हत्यारा
मिटा जिंदगी खुश होता हूँ
बारूदी विष खाद मिलाकर
बीज मिसाइल के बोता हूँ
सुना नाश के रहा तराने
महाशक्ति हूँ दुनिया माने
२२-४-२०२२
•••
चिंतन ४
कैसे?
'कैसे' का विचार तभी होता है इससे पहले 'क्यों' और 'क्या' का निर्णय ले लिया गया हो।
'क्यों' करना है?
इस सवाल का जवाब कार्य का औचित्य प्रतिपादित करता है। अपनी गतिविधि से हम पाना क्या चाहते हैं?
'क्या' करना है?
इस प्रश्न का उत्तर परिवर्तन लाने की योजनाओं और प्रयासों की दिशा, गति, मंज़िल, संसाधन और सहयोगी निर्धारित करता है।
'कैसे'
सब तालों की चाबी यही है।
चमन में अमन कैसे हो?
अविनय (अहंकार) के काल में विनय (सहिष्णुता) से सहयोग कैसे मिले?
दुर्बोध हो रहे सामाजिक समीकरण सुबोध कैसे हों?
अंतर्राष्ट्रीय, वैश्विक और ब्रह्मांडीय संस्थाओं और बरसों से पदों को पकड़े पुराने चेहरों से बदलाव और बेहतरी की उम्मीद कैसे हो?
नई पीढ़ी की समस्याओं के आकलन और उनके समाधान की दिशा में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका कितनी और कैसे हो?
नई पीढ़ी सामाजिक संस्थाओं, कार्यक्रमों और नीतियों से कैसे जुड़े?
कैसे? कैसे? कैसे?
इस यक्ष प्रश्न का उत्तर तलाशने का श्रीगणेश कैसे हो?
२२•४•२०२२
***
प्रात नमन
*
मन में लिये उमंग पधारें राधे माधव
रचना सुमन विहँस स्वीकारें राधे माधव
राह दिखाएँ मातु शारदा सीख सकें कुछ
सीखें जिससे नहीं बिसारें राधे माधव
हों बसंत मंजरी सदृश पाठक रचनाएँ
दिन-दिन लेखन अधिक सुधारें राधे-माधव
तम घिर जाए तो न तनिक भी हैरां हों हम
दीपक बन दुनिया उजियारें राधे-माधव
जीतेंगे कोविंद न कोविद जीत सकेगा
जीवन की जय-जय उच्चारें राधे-माधव
***
प्राची ऊषा सूर्य मुदित राधे माधव
मलय समीरण अमल विमल राधे माधव
पंछी कलरव करते; कोयल कूक रही
गौरैया फिर फुदक रही राधे माधव
बैठ मुँडेरे कागा टेर रहा पाहुन
बनकर तुम ही आ जाओ राधे माधव
सुना बजाते बाँसुरिया; सुन पायें हम
सँग-सँग रास रचा जाओ राधे माधव
मन मंदिर में मौन न मूरत बन रहना
माखन मिसरी लुटा जाओ राधे माधव
२१-४-२०२०
***
दोहा सलिला
नियति रखे क्या; क्या पता, बनें नहीं अवरोध
जो दे देने दें उसे, रहिए आप अबोध
*
माँगे तो आते नहीं , होकर बाध्य विचार
मन को रखिए मुक्त तो, आते पा आधार
*
सोशल माध्यम में रहें, नहीं हमेशा व्यस्त
आते नहीं विचार यदि, आप रहें संत्रस्त
*
एक भूमिका ख़त्म कर, साफ़ कीजिए स्लेट
तभी दूसरी लिख सकें,समय न करता वेट
*
रूचि है लोगों में मगर, प्रोत्साहन दें नित्य
आप करें खुद तो नहीं, मिटे कला के कृत्य
*
विश्व संस्कृति के लगें, मेले हो आनंद
जीवन को हम कला से, समझें गाकर छंद
*
भ्रमर करे गुंजार मिल, करें रश्मि में स्नान
मन में खिलते सुमन शत, सलिल प्रवाहित भान
*
हैं विराट हम अनुभूति से, हुए ईश में लीन
अचल रहें सुन सकेंगे, प्रभु की चुप रह बीन
***
मनरंजन -
आर्य भट्ट ने शून्य की खोज ६ वीं सदी में की तो लगभग ५००० वर्ष पूर्व रामायण में रावण के दस सर की गणना और त्रेता में सौ कौरवों की गिनती कैसे की गयी जबकि उस समय लोग शून्य (जीरो) को जानते ही नही थे।
*
आर्यभट्ट ने ही (शून्य / जीरो) की खोज ६ वीं सदी में की, यह एक सत्य है। आर्यभट्ट ने ० (शून्य, जीरो) की खोज *अंकों मे* की थी, *शब्दों* नहीं। उससे पहले ० (अंक को) शब्दों में शून्य कहा जाता था। हिन्दू धर्म ग्रंथों जैसे शिव पुराण,स्कन्द पुराण आदि में आकाश को *शून्य* कहा गया है। यहाँ शून्य का अर्थ अनंत है । *रामायण व महाभारत* काल में गिनती अंकों में नहीं शब्दो में होती थी, वह भी *संस्कृत* में।
१ = प्रथम, २ = द्वितीय, ३ = तृतीय, ४ = चतुर्थ, ५ = पंचम, ६ = षष्ठं, ७ = सप्तम, ८ = अष्टम, ९= नवंम, १० = दशम आदि।
दशम में *दस* तो आ गया, लेकिन अंक का ० नहीं।
आया, ‍‍रावण को दशानन, दसकंधर, दसशीश, दसग्रीव, दशभुज कहा जाता है !!
*दशानन मतलव दश+आनन =दश सिरवाला।
त्रेता में *संस्कृत* में *कौरवो* की संख्या सौ *शत* शब्दों में बतायी गयी, अंकों में नहीं।
*शत्* संस्कृत शब्द है जिसका हिन्दी में अर्थ सौ (१००) है। *शत = सौ*
रोमन में १, २, ३, ४, ५, ६, ७, ८, ९, ०, के स्थान पर i, ii, iii, iv, v, vi, vii, viii, ix, x आदि लिखा-पढ़ा जाता है किंतु शून्य नहीं आता।आप भी रोमन में एक से लेकर सौ की गिनती पढ़ लिख सकते है !!
आपको ० या ०० लिखने की जरूरत भी नहीं पड़ती है।
तब गिनती को *शब्दो में* लिखा जाता था !!
उस समय अंकों का ज्ञान नहीं, था। जैसे गीता,रामायण में अध्याय १, २, ३, ४, ५, ६, ७, ८, ९, को प्रथम अध्याय, द्वितीय अध्याय, पंचम अध्याय,दशम अध्याय... आदि लिखा-पढ़ा जाका था।
दशम अध्याय ' मतलब दसवाँ पाठ (10th lesson) होता है !!
इसमे *दश* शब्द तो आ गया !! लेकिन इस दश मे *अंको का ०* (शून्य, जीरो)" का प्रयोग नही हुआ !!
आर्यभट्ट ने शून्य के लिये आंकिक प्रतीक "०" का अन्वेषण किया जो हमारे आभामंडल, पृथ्वी के परिपथ या सूर्य के आभामंडल का लघ्वाकार है।
*
२०-४-२०२०
कुंडलिया
*
नारी को नर पूजते, नारी नर की भक्त
एक दूसरे के बिना दोनों रहें अशक्त
दोनों रहें अशक्त, मिलें तो रचना करते
उनसा बनने भू पर, ईश्वर आप उतरते
यह दीपक वह ज्योत, पुजारिन और पुजारी
मन मंदिर में मौन, विराजे नर अरु नारी
२२-४-२०२०
***
दोहा-दोहा राम
*
भीतर-बाहर राम हैं, सोच न तू परिणाम
भला करे तू और का, भला करेंगे राम
*
विश्व मित्र के मित्र भी, होते परम विशिष्ट
युगों-युगों तक मनुज कुल, सीख मूल्य हो शिष्ट
*
राम-नाम है मरा में, जिया राम का नाम
सिया राम पैगाम है, राम सिया का नाम
*
उलटा-सीधा कम-अधिक, नीचा-ऊँच विकार
कम न अधिक हैं राम-सिय, पूर्णकाम अविकार
*
मन मारुतसुत हो सके, सुमिर-सुमिर सिय-राम
तन हनुमत जैसा बने, हो न सके विधि वाम
*
मुनि सुतीक्ष्ण मति सुमति हो, तन हो जनक विदेह
धन सेवक हनुमंत सा, सिया-राम का गेह
*
शबरी श्रम निष्ठा लगन, सत्प्रयास अविराम
पग पखर कर कवि सलिल, चल पथ पर पा राम
*
हो मतंग तेरी कलम, स्याही बन प्रभु राम
श्वास शब्द में समाहित, गुंजित हो निष्काम
*
अत्रि व्यक्ति की उच्चता, अनुसुइया तारल्य
ज्ञान किताबी भंग शर, कर्मठ राम प्रणम्य
*
निबल सरलता अहल्या, सिया सबल निष्पाप
गौतम संयम-नियम हैं, इंद्र शक्तिमय पाप
*
नियम समर्थन लोक का, पा बन जाते शक्ति
सत्ता दण्डित हो झुके, हो सत-प्रति अनुरक्ति
*
जनगण से मिल जूझते, अगर नहीं मतिमान.
आत्मदाह करते मनुज, दनुज करें अभिमान.
*
भंग करें धनु शर-रहित, संकुच-विहँस रघुनाथ.
भंग न धनु-शर-संग हो, सलिल उठे तब माथ.
२२-४-२०१९
***
श्री श्री चिंतन दोहा मंथन
इंद्रियाग्नि:
24.7.1995, माँट्रियल आश्रम, कनाडा
*
जीवन-इंद्रिय अग्नि हैं, जो डालें हो दग्ध।
दूषित करती शुद्ध भी, अग्नि मुक्ति-निर्बंध।।
*
अग्नि जले; उत्सव मने, अग्नि जले हो शोक।
अग्नि तुम्हीं जल-जलाते, या देते आलोक।।
*
खुद जल; जग रौशन करें, होते संत कपूर।
प्रेमिल ऊष्मा बिखेरें, जीव-मित्र भरपूर।।
*
निम्न अग्नि तम-धूम्र दे, मध्यम धुआँ-उजास।
उच्च अग्नि में ऊष्णता, सह प्रकाश का वास।।
*
करें इंद्रियाँ बुराई, तिमिर-धुआँ हो खूब।
संयम दे प्रकृति बदल, जा सुख में तू डूब।।
*
करें इंद्रियाँ भलाई, फैला कीर्ति-सुवास।
जहाँ रहें सत्-जन वहाँ, सब दिश रहे उजास।।
***
12.4.2018
मुक्तक
अर्थ डे है, अर्थ दें तो अर्थ का कुछ अर्थ हो.
जेब खाली ही रहे तो काटना भी व्यर्थ हो
जेब काटे अगर दर्जी तो न मर्जी पूछता
जेबकतरा जेब काटे बिन सजा न अनर्थ हो
***
अभिनव प्रयोग
त्रिपदियाँ
(सोलह मात्रिक संस्कारी जातीय छंद, पदांत गुरु)
*
तन्मय जिसमें रहें आप वो
मूरत मन-मंदिर में भी हो
तीन तलाक न दे पाएँगे।
*
नहीं एक के अगर हुए तो
दूजी-तीजी के क्या होंगे?
खाली हाथ सदा पाएँगे।
*
बीत गए हैं दिन फतवों के
साथ समय के नहीं चले तो
आप अकेले पड़ जाएँगे।
२२-४-२०१७
*
छन्द बहर का मूल है ९
मुक्तिका:
*
पंद्रह वार्णिक, अति शर्करी जातीय सीता छंद.
छब्बीस मात्रिक महाभागवत जातीय गीतिका छंद
मात्रा क्रम -२१२.२/२१.२२/२.१२२./२१२
गण सूत्र-रतमयर
बहर- फाइलातुन फाइलातुन फाइलातुन फाइलुन
*
कामना है रौशनी की भीख दें संसार को
मनुजता को जीत का उपहार दें, हर हार को
सर्प बाधा, जिलहरी है परीक्षा सामर्थ्य की
नर्मदा सा ढार दें शिवलिंग पर जलधार को
कौन चाहे मुश्किलों से हो कभी भी सामना
नाव को दे छोड़ जब हो जूझना मँझधार को
भरोसा किस पर करें जब साथ साया छोड़ दे
नाव से खतरा हुआ है हाय रे पतवार को
आ रहे हैं दिन कहीं अच्छे सुना क्या आपने?
सूर्य ही ठगता रहा जुमले कहा उद्गार को
२३-०७-२०१५
***
नवगीत
*
सत्ता-लाश
नोचने आतुर
गिद्ध, बाज, कऊआ.
*
जनमत के लोथड़े बटोरें
पद के भूखे चंद चटोरे.
दर-दर घूम समर्थन माँगें
ले हाथों में स्वार्थ-कटोरे.
मिलीभगत
फैला अफवाहें
खड़ा करो हऊआ.
सत्ता-लाश
नोचने आतुर
गिद्ध, बाज, कऊआ.
*
बाँट रहे अनगिन आश्वासन,
जुमला कहते पाकर शासन.
टैक्स और मँहगाई बढ़ाते
माल उड़ाते, देते भाषण.
त्याग-परिश्रम
हैं अवमूल्यित
साध्य खेल-चऊआ.
सत्ता-लाश
नोचने आतुर
गिद्ध, बाज, कऊआ.
*
निर्धन हैं बेबस अधनंगे
धनी-करें फैशन अधनंगे.
लाज न ढँक पाता है मध्यम
भद्र परेशां, लुच्चे चंगे.
खाली हाथ
सभी को जाना
सुने न क्यों खऊआ?
सत्ता-लाश
नोचने आतुर
गिद्ध, बाज, कऊआ.
*
नवगीत
फतवा
*
तुमने छींका
हमें न भाया
फतवा जारी।
*
ठेकेदार
हमीं मजहब के।
खासमखास
हमई हैं रब के।
जब चाहें
कर लें निकाह फिर
दें तलाक.
क्यों रायशुमारी?
तुमने छींका
हमें न भाया
फतवा जारी।
*
सही-गलत क्या
हमें न मतलब।
मनमानी ही
अपना मजहब।
खुद्दारी से
जिए न औरत
हो जूती ही
अपनी चाहत।
ख्वाब न उसके
बनें हकीकत
है तैयारी।
तुमने छींका
हमें न भाया
फतवा जारी।
*
हमें नहीं
कानून मानना।
हठधर्मी कर
रार ठानना।
मनगढ़ंत
हम करें व्याख्या
लाइलाज है
अकल अजीरण
की बीमारी।
तुमने छींका
हमें न भाया
फतवा जारी।
*
नवगीत: बिंदु-बिंदु परिचय
*
१. नवगीत के २ हिस्से होते हैं १. मुखड़ा २. अंतरा।
२. मुखड़ा की पंक्तिसंख्या या पंक्ति में वर्ण या मात्रा संख्याका कोई बंधन नहीं होता पर मुखड़े की प्रथम या अंतिम एक पंक्ति के समान पदभार की पंक्ति अंतरे के अंत में आवश्यक है ताकि उसके बाद मुखड़े को दोहराया जा सके तो निरंतरता की प्रतीति हो।
३. सामान्यतः २ या ३ अंतरे होते हैं। अन्तरा सामान्यतः स्वतंत्र होता है पर पूर्व या पश्चात्वर्ती अंतरे से सम्बद्ध नहीं होता। अँतरे में पंक्ति या पंक्तियों में वर्ण या मात्रा का कोई बंधन नहीं होता किन्तु अंतरे की पंक्तियों में एक लय का होना तथा वही लय हर अन्तरे में दोहराई जाना आवश्यक है।
४. नवगीत में विषय, रस, भाव आदि का कोई बंधन नहीं होता।
५. संक्षिप्तता, लाक्षणिकता, मार्मिकता, बेधकता, स्पष्टता, सामयिकता, सहजता-सरलता नवगीत के गुण या विशेषतायें हैं।
६. नवगीत की भाषा में देशज शब्दों के प्रयोग से उपज टटकापन या अन्य भाषिक शब्द विशिष्टता मान्य है, जबकि लेख, निबंध में इसे दोष कहा जाता है।
७. नवगीत की भाषा सांकेतिक होती है, गीत में विस्तार होता है।
८. नवगीत में आम आदमी की या सार्वजनिक भावनाओं को अभिव्यक्ति दी जाती है जबकि गीत में गीतकार अपनी व्यक्तिगत अनुभूतियों को शब्दित करता है।
९. नवगीत में अप्रचलित छंद या नए छंद को विशेषता कहा जाता है। छंद मुक्तता भी स्वीकार्य है पर छंदहीनता नहीं।
१०. नवगीत में अलंकारों की वहीं तक स्वीकार्यता है जहाँ तक वे कथ्य की स्पष्ट-सहज अभिव्यक्ति में बाधक न हों।
११. नवगीत में प्रतीक, बिम्ब तथा रूपक भी कथ्य के सहायक के रूप में ही होते हैं।
सारत: हर नवगीत अपने आप में पूर्ण तथा गीत होता है पर हर गीत नवगीत नहीं होता। नवगीत का अपरिहार्य गुण उसका गेय होना है।
+++++++
नवगीत:
.
अपनों पर
अपनों की
तिरछी रहीं निगाहें.
.
साये से भय खाते लोग
दूर न होता शक का रोग
बलिदानी को युग भूले
अवसरवादी करता भोग
सत्य न सुन
सह पाते
झूठी होती वाहें
अपनों पर
अपनों की
तिरछी रहीं निगाहें.
.
उसने पाया था बहुमत
साथ उसी के था जनमत
सिद्धांतों की लेकर आड़
हुआ स्वार्थियों का जमघट
बलिदानी
कब करते
औरों की परवाहें
अपनों पर
अपनों की
तिरछी रहीं निगाहें.
.
सत्य, झूठ को बतलाते
सत्ता छिने न, भय खाते
छिपते नहीं कारनामे
जन-सम्मुख आ ही जाते
जननायक
का स्वांग
पाल रहे डाहें
अपनों पर
अपनों की
तिरछी रहीं निगाहें.
.
वह हलाहल रहा पीता
बिना बाजी लड़े जीता
हो विरागी की तपस्या
घट भरा वह, शेष रीता
जन के मध्य
रहा वह
चाही नहीं पनाहें
अपनों पर
अपनों की
तिरछी रहीं निगाहें.
.
कोई टोंक न पाया
खुद को झोंक न पाया
उठा हुआ उसका पग
कोई रोक न पाया
सबको सत्य
बताओ, जन की
सुनो सलाहें
अपनों पर
अपनों की
तिरछी रहीं निगाहें.
***
मुक्तक:
*
हम एक हों, हम नेक हों, बल दो हमें जगदंबिके!
नित प्रात हो, हम साथ हों, नत माथ हो जगवन्दिते !!
नित भोर भारत-भारती वर दें हमें सब हों सुखी
असहाय के प्रति हों सहायक हो न कोई भी दुखी
*
मत राज्य दो मत स्वर्ग दो मत जन्म दो हमको पुन:
मत नाम दो मत दाम दो मत काम दो हमको पुन:
यदि दो हमें बलिदान का यश दो, न हों जिन्दा रहें
कुछ काम मातु! न आ सके नर हो, न शर्मिंदा रहें
*
तज दे सभी अभिमान को हर आदमी गुणवान हो
हँस दे लुटा निज ज्ञान को हर लेखनी मतिमान हो
तरु हों हरे वसुधा हँसे नदियाँ सदा बहती रहें-
कर आरती माँ भारती! हम हों सुखी रसखान हों
*
फहरा ध्वजा हम शीश को अपने रखें नत हो उठा
मतभेद को मनभेद को पग के तले कुचलें बिठा
कर दो कृपा वर दो जया!हम काम भी कुछ आ सकें
तव आरती माँ भारती! हम एक होकर गा सकें
*
[छंद: हरिगीतिका, सूत्र: प्रति पंक्ति ११२१२ X ४]
२२-४-२०१५
***
षट्पदी :
*'
हिन्दी की जय बोलिए, हो हिन्दीमय आप.
हिन्दी में पढ़-लिख 'सलिल', सकें विश्व में व्याप्त..
नेह नर्मदा में नहा, निर्भय होकर डोल.
दिग-दिगंत को गुँजा दे, जी भर हिन्दी बोल..
जन-गण की आवाज़ है, भारत मान ता ताज.
हिन्दी नित बोले 'सलिल', माँ को होता नाज़..
*
२२-४-२०१०
छंद सलिला:
विशेषिका छंद
*
छंद-लक्षण: जाति महादैशिक , प्रति चरण मात्रा २० मात्रा, चरणांत तीन लघु लघु गुरु (सगण)।
लक्षण छंद:
'विशेषिका' कलाएँ बीस संग रहे
विशेष भावनाएँ कह दे बिन कहे
कमल ज्यों नर्मदा में हँस भ्रमण करे
'सलिल' चरण के अंत में सगण रहे
उदाहरण:
१. नेता जी! सीखो जनसेवा, सुधरो
रिश्वत लेना छोडो अब तो ससुरों!
जनगण ने देखे मत तोड़ो सपने
मानो कानून सभी मानक अपने
२. कान्हा रणछोड़ न जा बज मुरलिया
राधा का काँप रहा धड़कता जिया
निष्ठुर शुक मैना को छोड़ उड़ रहा
यमुना की लहरों का रंग उड़ रहा
नीलाम्बर मौन है, कदम्ब सिसकता
पीताम्बर अनकहनी कहे ठिठकता
समय महाबली नाच नचा हँस रहा
नटवर हो विवश काल-जाल फँस रहा
३. बंदर मामा पहन पजामा सजते
मामी जी पर रोब ज़माने लगते
चूहा देखा उठकर भागे घबरा
मामी मन ही मन मुस्काईं इतरा
२२-४-२०१४
*********************************************
(अब तक प्रस्तुत छंद: अखण्ड, अग्र, अचल, अचल धृति, अरुण, अहीर, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रवज्रा, उपेन्द्रवज्रा, उल्लाला, एकावली, ककुभ, कज्जल, कामिनीमोहन कीर्ति, गंग, घनाक्षरी, चौबोला, चंडिका, छवि, जाया, तांडव, तोमर, दीप, दीपकी, दोधक, नित, निधि, प्रतिभा, प्रदोष, प्रेमा, बाला, भव, मदनअवतार, मधुभार, मधुमालती, मनहरण घनाक्षरी, मनमोहन, मनोरम, मानव, माली, माया, माला, मोहन, योग, ऋद्धि, राजीव, रामा, लीला, वाणी, विशेषिका, शक्तिपूजा, शशिवदना, शाला, शास्त्र, शिव, शुभगति, सरस, सार, सिद्धि, सुगति, सुजान, हेमंत, हंसगति, हंसी)
***
मुक्तक:
नव संवत्सर मंगलमय हो.
हर दिन सूरज नया उदय हो.
सदा आप पर ईश सदय हों-
जग-जीवन में 'सलिल' विजय हो.
*
दिल चुराकर आप दिलवर बन गए.
दिल गँवाकर हम दीवाने हो गए.
दिल कुचलनेवाले दिल की क्यों सुनें?
थामकर दिल वे सयाने बन गए.
*
पीर पराई हो सगी, निज सुख भी हो गैर.
जिसको उसकी हमेशा, 'सलिल' रहेगी खैर..
सबसे करले मित्रता, बाँट सभी को स्नेह.
'सलिल' कभी मत किसी के, प्रति हो मन में बैर..
*
मन मंदिर में जो बसा, उसको भी पहचान.
जग कहता भगवान पर वह भी है इंसान..
जो खुद सब में देखता है ईश्वर का अंश-
दाना है वह ही 'सलिल' शेष सभी नादान..
*
'संबंधों के अनुबंधों में ही जीवन का सार है.
राधा से,मीरां से पूछो, सार भाव-व्यापार है..
साया छोडे साथ,गिला क्यों?,उसका यही स्वभाव है.
मानव वह जो हर रिश्ते से करता'सलिल'निभाव है.'
२२-४-२०१०
***

मंगलवार, 11 नवंबर 2025

नवंबर ११, विश्व शिक्षा दिवस, चंपा, हाइकु गीत, श्री श्री, गीत, दोहा, अलंकार

 सलिल सृजन नवंबर ११

*
११ नवंबर विश्व शिक्षा दिवस 
आलंकारिक दोहे
.
यमक
पहले धो खा बाद में, हाथ और फल मीत।
लेकिन धोखा खा नहीं, यही सही है रीत।।
.
अगर अदावत पल रही, दावत मत खा यार।
नफ़रत फितरत हो जहाँ, वहाँ न खोजो प्यार।।
.
अगर-मगर बिन गरल भी, करते शिव स्वीकार।
विष अणु पी श्यामल हुए, विष्णु जगत आधार।।
.
श्लेष
जब आए ऋतु काल तो, कर स्नेहिल व्यवहार।
नई फसल जो बो सके, पाए हर्ष अपार।।
.
उपमा व रूपक
नेता ठग सम झूठ कह, जीतें आम चुनाव। - उपमा
हुए चिकित्सक लुटेरे, कैसे करें निभाव।। - रूपक
.
अतिशयोक्ति
कुसुम पंखुरी छुए से, लगी बदन पर चोट। - संबंध अतिशयोक्ति
वैसे ही खुश हो गए, जैसे पाए नोट।। - चपल अतिशयोक्ति
.
अपन्हुति
केवल शिक्षक गुरु नहीं, मिले न श्रद्धा, मान।
जो कहते करते नहीं, ज्ञान नहीं दें ज्ञान।।
.
प्रतिवस्तूपमा अलंकार
मुख मोहे मुस्कान से, जैसे मोहे चंद।
काव्य मधुर रस से लगे, जैसे मीठा कंद।।
११.११.२०२५
.
गीत
चंपा
रूप छटा चंपई मनोहर देख लुभाया
अपना ही मन रहा न अपना, हुआ पराया
पीताभित श्वेताभ वदन मन मुकुलित प्रमुदित
हास अधर पर ज्यों कलिका पर भँवरा नर्तित
शोभित रति सह काम, अकाम न काम सुहाया
कर पल्लव सम पर्ण हरित करतल ध्वनि गुंजित
क्षीण मृणाल मनो कटि मनहर लचके हर्षित
तापस पवन करे तप भंग, फिरे बौराया
जड़ न रही जड़, है जमीन को जकड़े चेतन
कली विकस हो कुसुम तजे तरु हो अनिकेतन
नव पीढ़ी का पथ प्रशस्त करना मन भाया
हरित पर्ण खुशहाली का संदेश सुनाएँ
सुमन सफेद-पीत मिल राग-विराग बसाएँ
तना तना कमजोर शाख पा रहे लजाया
चंपा षष्ठी-नदी-नगर का नाम हो अमर
मिथ्या भाषी शापित, शिव पूजन से वंचित
कार्तिकेय प्रिय चंपा प्रभु पर गया चढ़ाया 
११.११.२०२४
•••
दोहा
किरण सलिल जब जब मिले, स्वर्णिम आभा देख।
निशि में भी आलोक हो, पवन मुग्ध हो लेख।।
***
हाइकु गीत
*
ऊषा की माँग
माँग भरे सूरज
हो गई पूरी।
*
गगन सजा / पंछी बने बाराती / आ रहा मजा
फहर रही / भू से गगन तक / प्रणय ध्वजा
ऊषा शर्माई
चेहरे पर छाई
लालिमा नूरी।
*
गूँजते गीत / पत्ते बजाते वाद्य / मजा ही मजा
धरती सास / हँसती मुँह देख / प्रभु की रजा
देवर चंदा
करे जब मजाक
भौजी सिंदूरी।
*
देता आशीष / बाबुल आसमान / हो सुखी सदा
दूध नहाओ / हमेशा फूलो फलो / पुत्री शुभदा
दोनों कुलों का
रखना तुम मान
सीख है जरूरी।
११.११.२०२१
***
किताबों में से निकली किताब - साहित्य बगिया में महकता गुलाब
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
[कृति विवरण - किताबों में से निकली किताब, समीक्षा संकलन, डॉ. रमेशचंद्र खरे, प्रथम संस्करण २०२०, आकार २१.५ से.मी. x १४ से.मी., पृष्ठ १८०, मूल्य १७५/-, प्रकाशक इंद्र पब्लिशिंग हाउस भोपाल]
*
मानव समाज में नीतिशास्त्र या संविधान की तरह साहित्य में समीक्षा अथवा समलोचना का महत्वपूर्ण स्थान है। समालोचना द्वारा ही किसी कृति की श्रेष्ठता, सामान्यता या हीनता का चिंतन किया जाता है। समालोचक साहित्य के सिद्धांतों के निकष पर कसने के साथ स्वविवेक से कृति की श्रेष्ठता, उपादेयता आदि पर विचार व्यक्त करता है। समालोचना के सिद्धांत, मानक या नियम देश-काल-परिस्थति सापेक्ष होते हैं, नश्वर नहीं। समालोचक की विचारधारा, मान्यताएँ, रुचि-अरुचि तथा लोकमत का भी महत्व है। किसी कृति को एक समीक्षक श्रेष्ठ निरूपित करता है तो अन्य सामान्य या हीन, तथापि निष्पक्ष और विवेकी समीक्षक नीर-क्षीर विवेचन कर कृति का मूल्यांकन करते हैं। संस्कृत की 'लोच्' क्रिया का अर्थ देखना (नयनों से), समझना (मन से) और प्रकाशित करना है। 'आ' उपसर्ग का अर्थ है चारों और से अथवा पूर्णतया। आलोचना का अर्थ है किसी वस्तु या कृति को सांगोपांग देख-समझकर उस पर / उसके संबंध में कुछ कहन या लिखना। 'सम' उपसर्ग के साथ संयुक्त होकर आलोचना, समालोचना हो जाती है जिसका अर्थ है संतुलित, निष्पक्ष या भली-भाँति मूल्यांकन करना। संस्कृत की टीका, व्याख्या या भाष्य, अंग्रेजी के क्रिटिसिज़्म, रिव्यू या ओपिनियन, अरबी के नज़रसानी, नुक्ताचीनी से समालोचना का आशय लिया जा सकता है। संस्कृत की एक उक्ति है 'कवि: करोति काव्यानां रसं जानाति पंडित:' अर्थात कवि कृति की रचना करता है जबकि विद्वान् उसका रस लेता है। बाबू श्यामसुंदर दास के अनुसार 'अच्छा कवि जीवन की व्याख्या करता है तो अच्छा समालोचक उस व्याख्या को समझने में सहायक होता है।'
डॉ. रमेशचंद्र खरे राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक, सहृदय कवि, प्रखर व्यंग्यकार, कुशल कहानीकार, सक्षम समीक्षक तथा समझदार पाठक हैं। इस नाते किसी कृति पर उनके विचार, उनका चिंतन, उनका अभिमत समीक्षा के रूप में उपलब्ध होना रचनाकार, पाठकों, शोधार्थियों व विद्वानों सबके लिए बहुत उपयोगी है। विवेच्य कृति 'किताबों में से निकली किताब लघु समीक्षा कोष है जिसमें डॉ. खरे द्वारा समकालिक कृतियों पर लिखित ४२ महत्वपूर्ण समीक्षाएँ संकलित हैं। ये पुस्तकें विविध विधाओं (८ उपन्यास, ५ गीत-नवगीत संग्रह, ४ निबंध संग्रह ,३ खंडकाव्य, ३ काव्य संकलन, ३ व्यंग्य लेख संग्रह ,२ उपन्यासिकाएँ, २ प्रबंध काव्य, २ कहानी संग्रह, २ मुक्तक संग्रह, २ ग़ज़ल संग्रह, १ महाकाव्य, १ शोधकृति, १ दैनन्दिनी, १ पत्र संकलन, १ व्यंग्य काव्य, १ संस्मरण संग्रह, १ यात्रा संस्मरण, १ समालोचना कृति, १ भाषा शास्त्र) पर महत्वपूर्ण रचनाकारों (अम्बिका प्रसाद दिव्य, हरिभाऊ उपाध्याय, इंद्रबहादुर खरे, नरेश मेहता, प्रभाकर श्रोत्रिय, लीलाधर मंडलोई, कुँअर नारायण, डॉ. श्यामसुंदर दुबे, चंद्रसेन विराट, गंगाप्रसाद बरसैंया, मयंक श्रीवास्तव, संतोष खरे, डॉ. रामनारायण शर्मा, डॉ. सुरेश कुमार वर्मा, डॉ. शिवकुमार तिवारी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. देवप्रकाश खन्ना, डॉ. रामबल्लभ आचार्य, जंगबहादुर श्रीवास्तव, पूनम ए. चावला, दिलजीतसिंह रील, निर्मला जोशी, रमेश बख्शी, सत्यमोहन वर्मा, डॉ. रघुनंदन चिले, डॉ. नाथूराम राठौर, आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', शंकर शरण बत्रा, विनोद श्रीवास्तव, डॉ. अनिता, अभभरती, डॉ. गिरीश कुमार श्रीवास्तव तथा विनोद गुप्ता) द्वारा लिखी गयी और चर्चित हुई हैं।
विधा-वैविध्य से डॉ. रमेशचंद्र खरे के विस्तृत अध्ययन आकाश का आभास होता है। किसी पुस्तक की समीक्षा करना अपने आपमें जटिल काम है। विविध विधाओं की पुस्तकों की समीक्षा करना अर्थात उन सब विधाओं के मानकों, उनमें हुए महत्वपूर्ण सृजन से परिचित होना और मनोयोगपूर्वक हर कृति के गुण-दोष परख कर इस तरह प्रस्तुत करना कि कृति, कृतिकार और पाठक सबके साथ न्याय होते हुए कुछ नया और सार्थक कथ्य संप्रेषित हो सके। एक ही विधा की कई कृतियों की समीक्षाओं संकलित करते समय दुहराव और ऊब न हो, विविध कालखंडों की रचनाओं में प्रामाणिकता और ऐतिहासिकता का आकलन करना, भिन्न-भिन्न विचारधाराओं से प्रेरित कृतियों की सटीक विवेचना कर निष्पक्षता बनाये रख पाना और वह भी कम से कम शब्दों में, यह कार्य रज्जु पर खेल दिखाते नट के संतुलन-कौशल से भी बहुत अधिक दुष्कर है।
सामान्यत: पुस्तक का समीक्षा लेखन सैद्धांतिक समीक्षा का अंश मात्र है। समीक्षक के समक्ष अनेक प्रतिबंध होते हैं। यथा कृति की अंतर्वस्तु का आभास सामान्य पाठक को हो सके ताकि वह पढ़ने के लिए प्रेरित हो, विद्वानों के लिए नीर-क्षीर विवेचन हो, रचनाकार हतोत्साहित न हो तथा पत्रिकाओं में उपलब्ध सीमित स्थान के अनुरूप समीक्षा भी 'गागर में सागर' की तरह संक्षिप्त हो। डॉ. खरे स्वयं श्रेष्ठ-ज्येष्ठ और बहुविधायी लेखन के धनी रचनाकार हैं, इसलिए वे इस कठिनतम कार्य को सहजता और प्रमाणिकता के साथ निष्पादित कर सके हैं। कृति की भूमिका में वरिष्ठ भाषाशास्त्री, शिक्षाविद, उपन्यासकार, कहानीकार, निबंधकार, नाटककार और कवि डॉ. सुरेश कुमार वर्मा ने ठीक ही लिख है "समीक्षक की यात्रा दो चरणों में संपन्न होती है- अध्ययन और लेखन। अध्ययन से रचना (समीक्षा) में परिपक्वता आती है और तुलनात्मक समीक्षा के नए आयाम खुलते हैं। रमेश खरे जी की बहुज्ञता का एक कारण उनका विपुल अध्ययन है। उन्होंने गद्य-पद्य की समस्त विधाओं के महत्वपूर्ण ग्रंथों को गंभीरता से पढ़ा है। यह पठन उनके समस्त लेखन में झलकता है और उनकी रचनाओं की विश्वसनीयता में वृद्धि करता है। खरे जी ने अपने समीक्षा कर्म में नीर-क्षीर विवेक का प्रयोग किया है।'' मैं इस आकलन से पूरी तरह सहमत हूँ।
विवेच्य कृति हिंदी वांग्मय को समृद्ध करने के साथ वन रचनाकारों का पथप्रदर्शन करने में भी समर्थ है। इसे पढ़कर रचनाकार समझ सकता है की उसे अपने विषय और विधा के साथ न्याय किस तरह करना है? उसकी कृति का मूल्यांकन किन आधारों पर किया जाएगा। नव समीक्षकों के लिए यह कृति पाठ्य पुस्तक की तरह है। विविध विधाओं की कृतियों में किन पहलूओं को कितना महत्व दिया जाना चाहिए,किन मानकों के आधार पर उन्हें परखा जाना चाहिए आदि जानकारी सप्रयोग उपलब्ध है। इस दृष्टि से इस कृति का वही महत्त्व है जो विज्ञान में प्रयोग कार्य के मैनुअल का होता है।
हिंदी भाषा और साहित्य को गंभीर क्षति डॉ. रमेशचंद्र खरे के असामयिक निधन से हुई है। महाप्रस्थान कुछ दिन पूर्व ही उनसे मुझे यह कृति प्राप्त हुई थी। काश, यह समीक्षा वे पढ़ पाते। विधि का विधान डॉ. खरे के कृतित्व का सम्यक मूल्यांकन उनके जीवन काल में नहीं हो सका, अब होना चाहिए। उनके अप्रकाशित कार्य को प्रकाशित करने की दिशा में भी पहल की जानी चाहिए। स्व. विष्णुस्वरूप खरे और स्व. श्यामा बाई खरे के पुत्र रमेश जी क जन्म १९ जुलाई १९३७ को होशंगाबाद में हुआ था। उन्होंने साहित्य रत्न, एम. ए., (इतिहास, हिंदी) तथा पीएच। डी. की उपाधियाँ अर्जित कीं। 'अंबिका प्रसाद 'दिव्य' : व्यक्तित्व और कृतित्व' उनका महत्वपूर्ण शोध ग्रंथ अब तक अप्रकाशित है। डॉ. खरे रचित प्रमुख प्रकाशित कृतियाँ है- पद्य : गोस्वामी तुलसीदास पर रचित महाकाव्य 'विरागी अनुरागी' (३ संस्करण,अभियान जबलपुर द्वारा भाषा भूषण १९९८, बालकृष्ण शर्मा पुरस्कार), गीत संग्रह 'संवेदनाओं के सोपान' (चंद्रप्रकाश वर्मा पुरस्कार), व्यंग्यायन खंड काव्य (म.प्र. लेखिका संघ पुरस्कार), गीता योगायन खंड काव्य (अक्षर आदित्य सम्मान), संभावनाओं के आयाम, बहरा युग, बाल साहित्य : आओ गाएँ शाला पढ़ते-पढ़ते, आओ सीखें मैदानों में गाते-गाते, आओ खेलें रंगमंच पर मंथन करते, आओ बाँटें यादें बचपन की हँसते-हँसते, प्रकृति से पहचान, कहानियाँ बुद्धि और विवेक की (दिव्य पुरस्कार, बाल पुरस्कार), व्यंग्य : अधबीच में लटके, शेष कुशल है, मेरे भरोसे मत रहना शरद जोशी व्यंग्य पुरस्कार, सूत्रों के हवाले से, निबंध : भावानुभूति, भावानुकृति, कृतित्व से झाँकते व्यक्तित्व आदि।
'किताबों में से निकली किताब' डॉ. राम्रश्चंद्र खरे की साहित्यिक पैठ, बहुविधायी सामर्थ्य, समीक्षकीय नैपुण्यता तथा तटस्थ चिंतन की साक्षी है। डॉ. खरे लिखित समीक्षाओं का वैशिष्ट्य कृति की विधा व अंतर्वस्तु के अनुरूप परख करना तथा सरसता है। उनकी विपुल अध्ययनशीलता गुण-दोष निर्धारण में सहायक है। आदर्श शिक्षक होने के नाते वे संप्रेषणीयता कला पर अधिकार रखते हैं। उनके गयी समीक्षाएँ पाठकों को बाँधती हैं। वे न तो विधा के मानकों को पुलिस के डंडे की तरह प्रयोग करते हैं, न नेताओं द्वारा विधान को ठेंगे पर मारने की तरह मानकों की अनदेखी करते हैं। घर के तटस्थ मुखिया की तरह वे सहृदयता पूर्वक गुण-दोषों के मध्य तटस्थ रहकर समीक्षा कर्म से रचनाकारों और कृतियों को अभिसिंचित करते हैं। डॉ.खरे की प्रथम समालोचना कृति 'किताबों में से निकली किताबें उन्हें कुशल समीक्षकों की पंक्ति में प्रतिष्ठित करती है।
११.११.२०२०
==============
दोहा सलिला
*
श्री श्री की श्री-सरलता, मीठी वाणी खूब
उतना ही ज्यादा मिले, जितना जाओ डूब
*
अरुण! गीतमय हो रहा, रजनी भाव विभोर
उषा लाल-पीली हुई, पवन कर रहा शोर
*
शिशु शशि शीश शशीश चुप, शशिवदनी-शशिनाथ
कुंडलि कुंडलिनाथ की, निरखें गहकर हाथ
*
दिन कर दिनकर ने कहा, उठो! करो कुछ काम
काम करो निष्काम तब, नाम न रख हो नाम
*
सरसों के पीले किये, जब से भू ने हाथ
एक साथ हँस-रो रही, उठा-झुका कर माथ
*
जन्म ब्याह राखी तिलक, गृह-प्रवेश त्यौहार
हर अवसर पर दे 'सलिल', पुस्तक ही उपहार
*
तन कुंडा में कुंडली, आत्म चेतना जान
छंद कुंडली रच 'सलिल', मन होगा रसखान
*
भू, जल, अग्नि, पवन,गगन, पञ्च चक्र के तत्व
रख विवेक जाग्रत सलिल', तभी प्राप्त हो सत्व
*
खुद में खुद ही डूब जा, खुद रह खुद से दूर
खुद ही खुद मिल जायेगा, तुझको खुद का नूर
*
खुदा खुदी खुद में रहे, खुद न खुदा से भिन्न
जुदा खुदा से कब हुआ, कोई सलिल'अभिन्न
*
कौन जगत में सगा है?, बोल कौन है गैर?
दोनों हाथ पसारकर, माँग सभी की खैर
*
मत प्रयास करना अधिक, और न देना छोड़
थोड़ी-थोड़ी कोशिशें, लोहा भी दें मोड़
*
जोड़-तोड़ से क्या मिला?, खोया मन का चैन
होड़ न करना किसी से, छोड़ स्वार्थ पा चैन
*
अधिक खींचने से 'सलिल', टूटे मन की डोर
अधिक ढील से उलझकर, गुम चैन के छोर
*
*
सु-मन ग्रहण कविता करे, मिले सुमन सी गंध
दूर दृष्ट भी हो निकट, हट जाए मन-बंध
११.११.२०१६
***
गीत:
कौन हो तुम?
*
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
*
समय के अश्वों की वल्गा
निरंतर थामे हुए हो.
किसी को अपना किया
ना किसी के नामे हुए हो.
अनवरत दौड़ा रहे रथ
दिशा, गति, मंजिल कहाँ है?
डूबते ना तैरते, मझधार या
साहिल कहाँ है?
क्यों कभी रुकते नहीं हो?
क्यों कभी झुकते नहीं हो?
क्यों कभी चुकते नहीं हो?
क्यों कभी थकते नहीं हो?
लुभाते मुझको बहुत हो
जहाँ भी हो जौन हो तुम.
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
*
पूछता है प्रश्न नाहक,
उत्तरों का जगत चाहक.
कौन है वाहन सुखों का?
कौन दुःख का कहाँ वाहक?
करो कलकल पर न किलकिल.
ढलो पल-पल विहँस तिल-तिल.
साँझ को झुरमुट से झिलमिल.
झाँक आँकों नेह हिलमिल.
क्यों कभी जलते नहीं हो?
क्यों कभी ढलते नहीं हो?
क्यों कभी खिलते नहीं हो?
क्यों कभी फलते नहीं हो?
छकाते हो बहुत मुझको
लुभाते भी तौन हो तुम.
कौन हो तुम?
मौन हो तुम?...
११.११.२०१०
***

शुक्रवार, 11 जुलाई 2025

मई १०, लघुकथा, राख, सॉनेट, श्री श्री, माँ, धरती, गीत, चित्रगुप्त, व्योमिका, सोफिया,

सलिल सृजन मई १०

*
भारतीय सैन्य बलों ने ७ मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत POK और पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक की। इस ऑपरेशन के 
प्रेस ब्रीफिंग की जिम्मेदारी भारतीय सेना ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी को दी थी। विंग कमांडर व्योमिका सिंह  भारतीय वायुसेना (आईएएफ) में एक अधिकारी हैं , जो फ्लाइंग ब्रांच में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में कार्यरत हैं ।  

व्योमिका बचपन से ही थी निडर और तेज  
व्योमिका के पिता बताते हैं कि व्योमिका जब दसवीं कक्षा में थीं तभी उन्होंने कह दिया था कि उन्हें पायलट बनना है।व्योमिका सिंह का जन्म लखनऊ के ऐक राजपुताना परिवार में हुआ था, हालांकि उनकी सही जन्मतिथि और जन्मस्थान सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं हैं। उनका नाम "व्योमिका" जिसका अर्थ है "आकाश में रहने वाली" या "आकाश की पुत्री", उनके पायलट बनने के करियर से मेल खाता है।  उन्होंने अपने स्कूल और कॉलेज के दिनों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में भाग लिया था। १२ वीं के बाद उन्होंने बी.टेक. किया और कुछ समय नौकरी भी की लेकिन एयरफोर्स में जाने का सपना उन्होंने छोड़ा नहीं। व्योमिका ने अपनी माँ को बिना बताए एयरफोर्स की परीक्षा दी और फिर एक दिन फोन पर बताया कि"मेरा सेलेक्शन हो गया है।"

माँ करुणा सिंह बताती हैं कि व्योमिका हमेशा से ही एक्टिव और निडर स्वभाव की रही हैं. वह बचपन से ही खेलकूद, डांस, डिबेट हर एक्टिविटी में पार्टिसिपेट करती थीं। व्योमिका की माँ उनके बचपन से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया कि 'एक दिन जब व्योमिका की बड़ी बहन ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया था, तब वह छत की पाइप से नीचे उतर गईं जिसे देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए थे। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि कैसे जब एक लड़के ने व्योमिका से बदतमीज़ी करने की कोशिश की थी तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी थी। करुणा सिंह कहती हैं, "व्योमिका सिर्फ हमारी बेटी नहीं, पूरे देश की बेटी है. मैं सभी माता-पिता से कहना चाहती हूं कि बेटियों को सपने देखने दीजिए.लड़का-लड़की में फर्क न करें। जो ठान लिया जाए, उसे पूरी मेहनत और हिम्मत से हासिल किया जा सकता है।"


उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वालीं व्योमिका सिंह ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भारतीय वायु सेना (IAF) में १८ दिसंबर, २००४ को कमीशन प्राप्त किया। १३ वर्षों के भीतर व्योमिका सिंहविंग कमांडर  (२०१७) के पद तक पहुंचीं।उन्हें दिसंबर २०१९ में स्थायी कमीशन मिला। एक अनुभवी हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में, वह चेतक और चीता हेलीकॉप्टरों को चलाने में माहिर हैं। उनके पास२५०० घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। २०२१ में उन्होंने त्रि-सेवा महिला पर्वतारोहण अभियान में माउंट मणिरंग (२१,६५० फीट) पर तिरंगा फहराया, जिसे वायुसेना प्रमुख ने सराहा था। 


कर्नल सोफिया क़ुरैशी: (जन्म: १८ अप्रैल १९७२, लखनऊ, उत्तर प्रदेश) भारतीय सेना में कर्नल के पद पर कार्यरत सोफिया  संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में एक अखिल पुरुष भारतीय दल का नेतृत्व करने वाली पहली महिला होने के लिए उल्लेखनीय हैं। २०२५ के भारत-पाकिस्तान संघर्ष में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी नेतृत्वकारी भूमिका ने राष्ट्रीय ध्यान आकर्षित किया। सैन्य संचार और साइबर युद्ध के विशेषज्ञ के रूप में कुरैशी ने सशस्त्र बलों में लैंगिक बाधाओं को तोड़ने के साथ-साथ भारतीय सेना की तकनीकी क्षमताओं को आधुनिक बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। 

प्रारंभिक जीवन और शिक्षा 

सोफिया के पिता मुहम्मद कुरैशी सिविल इंजीनियर और माता अमीना कुरैशी गणित की प्रोफेसर थीं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा लोरेटो कॉन्वेंट, लखनऊ से पूरी की और १९९३  में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग में प्रौद्योगिकी स्नातक की उपाधि प्राप्त की। सोफिया ने १९९९  में तकनीकी स्टाफ अधिकारी पाठ्यक्रम, मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, महू से तथा २००५-०६ में, उन्नत संचार पाठ्यक्रम, रॉयल स्कूल ऑफ सिग्नल्स, यूके से २००७ में,  रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन – रक्षा और सामरिक अध्ययन में मास्टर उच्च कमान पाठ्यक्रम, आर्मी वॉर कॉलेज, महू से २०१३ में, नाटो साइबर रक्षा अभ्यास, एस्टोनिया से २०१५ में तथा  २०१८ में  राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्लीसे रणनीतिक साइबर सुरक्षा पाठ्यक्रम पूर्ण किया। १९९४ में सेना सिग्नल कोर में कमीशन प्राप्त करने के बाद सोफिया ने जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों में अपनी सेवाएं दी।२००१ में, उन्होंने सेना के पहले मोबाइल डिजिटल संचार नेटवर्क को विकसित करने में मदद की। २००८ तक लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में उन्होंने सिग्नल इंटेलिजेंस विंग, सेना मुख्यालय में आधुनिकीकरण का नेतृत्व किया। २०१६ में  कर्नल के रूप में, उन्होंने मोनूस्को, डीआरसी में ५०० से अधिक भारतीय सैनिकों का नेतृत्व किया। वे एक सर्व-पुरुष भारतीय शांति सेना इकाई की कमान संभालने वाली पहली महिला हैं।  उनकी इकाई ने अस्थिर उत्तरी किवु में शांति बनाए रखी, निरस्त्रीकरण किया और मानवीय सहायता को सक्षम बनाया। भारत की साइबर रक्षा कमान के ब्रिगेडियर और उप महानिदेशक नियुक्त, उन्होंने भारत के सैन्य साइबर सिद्धांत को परिभाषित करने, साइबर प्रशिक्षण रेंज विकसित करने और खतरे का पता लगाने की पहल का नेतृत्व करने में मदद की। २०२२ में वह मेजर बनीं और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और साइबर ऑप्स के एकीकरण की देखरेख करते हुए सामरिक संचार प्रभाग की कमान संभाली। उन्हें २०१९ में ग्लोबल पीस गाँधी पुरस्कार प्राप्त हुआ। 

सोफिया भारत की सेना में महिलाओं की उभरती भूमिका का प्रतीक हैं। उन्होंने महिलाओं के लिए स्थायी कमीशन और एनडीए प्रवेश सहित नीतिगत परिवर्तनों को प्रभावित किया है। विश्लेषक उन्हें आधुनिक युद्ध नेतृत्व का प्रतीक मानते हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी और कर्नल ताजुद्दीन बागेवाड़ी की शादी २०१५ में हुई थी और यह एक प्रेम विवाह था। ताजुद्दीन वर्तमान में झांसी में तैनात हैं, जबकि सोफिया जम्मू में ऑपरेशन सिंदूर के तहत कार्यरत हैं। उन्हें पर्वतारोहण का शौक है और उन्होंने स्टोक कांगरी (६,१५३ मीटर) की चोटी पर चढ़ाई की है। आप हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू और फ्रेंच भाषा में निपुण हैं।

००० 

लघु कथा
उबुन्टू
.
वन में एक वन मानुष बच्चा माँ से अन्य बच्चों से अधिक खाने के लिए जिद कर रहा था। माँ ने कुछ दूर फलों से भरी टोकरी रखकर कहा कि जो बच्चा सब से पहले टोकरी तक पहुँचेगा, उसे सारे फल जीत जाएगा। कुछ बच्चे बलिष्ठ थे कुछ कमजोर। बच्चों ने एक दूसरे को देखा, एक दूसरे का हाथ पकड़ा और दौड़ते हुए एक साथ टोकरी तक पहुँचकर मिल-बाँटकर फल खा लिए।

गाँव में एक बच्चा माँ से महानगर जाने की जिद कर रहा था। माँ ने ने कुछ दूर फलों से भरी टोकरी रखकर कहा कि जो बच्चा सब से पहले टोकरी तक पहुँचेगा, उसे सारे फल जीत जाएगा। कुछ बच्चे बलिष्ठ थे कुछ कमजोर। बच्चों ने दौड़ लगाई, जो बच्चा सबसे पहले टोकरी तक पहुँचा उसे सारे फल खा लिए बाकी बच्चे टुकुर-टुकुर ताकते रह गए।

नगर में एक बच्चा माँ से महानगर जाने की जिद कर रहा था। माँ ने कुछ दूर फलों से भरी टोकरी रखकर कहा कि जो बच्चा सब से पहले टोकरी तक पहुँचेगा, उसे सारे फल जीत जाएगा। कुछ बच्चे बलिष्ठ थे कुछ कमजोर। बच्चों ने दौड़ लगाई, आगे निकलते बच्चे को साथवाले ने टँगड़ी मारकर गिर दिया। एक दूसरे को गिराते रहने के कारण कोई टोकरी तक नहीं सका। सब टुकुर-टुकुर ताकते रह गए।

वन मानुष के अपने बच्चे ने यह सुनकर माँ से इसका कारण पूछा। माँ ने कहा 'उबुन्टू' (मैं नहीं हम)। बच्चे ने कहा ''मैं नहीं समझा।''

माँ बोली- 'जंगल के निवासी प्रकृति को देखकर जानते हैं कि जब पानी बरसता है तो सब कुएँ, नदी, सागर एक साथ भरते हैं, अकाल पड़ता है तो सब प्राणी भूख से मरते हैं, आग लगती तो सबको जलाती है। इसलिए बच्चे जानते हैं कि जब किसी एक को जीत मिलेगी तो बाकी सब दुखी होंगे, इसलिए सब एक साथ दौड़े और सफल हुए। गाँव में किसी की झोपड़ी छोटी है, किसी की बड़ी। बच्चे जानते हैं कि जो ज्यादा पाएगा, उसका प्रभाव दूसरों से अधिक होगा। वह दूसरों की चिंता नहीं करेगा इसलिए वे अकेले-अकेले दौड़े। शहर में किसी को किसी से कोई मतलब नहीं रहता, सब कमाने और पेट भरने में ही व्यस्त रहकर सोचते हैं कि दूसरा न कमा सके तो उसका भाग भी मेरे पास आ जाए इसलिए बच्चे एक दूसरे को गिरते रहे, किसी को कुछ नहीं मिला।'

'समझ गया, कम हो तो तो सब साथ रहते हैं, जैसे-जैसे अधिक मिलता है, स्वार्थ और लालच बढ़ता जाता है। कोई एक सुखी नहीं हो सकता अगर अन्य जन कम सुखी या दुखी हों। इसलिए मैं भी सबके साथ सबके बराबर ही खाऊँगा 'उबुन्टू'।
१०.५.२०२५
००० 
राख - एक रोगाणुनाशक 
० 
पहले घरों में हैंड साबुन/सैनीटाइजर नहीं होते थे। उस समय हाथ धोने के लिए सर्वसुलभ वस्तु थी राख जो लकड़ी और गोबर के कण्डों के जलाये जाने से मिलती थी।इसका प्रयोग बर्तन साफ करने में भी किया जाता था। राख में ऐसा क्या था कि उसेशरीर या बर्तन साफ करने के लिए प्रयोग किया जाता था?

राख में वो सभी तत्व पाए जाते हैं जो पौधों में उपलब्ध होते हैं। सबसे अधिक मात्रा में होता है कैल्शियम। इसके अलावा होता है पोटेशियम, अल्युमिनियम, मैग्नीशियम, आयरन, फॉस्फोरस, मैगनीज, सोडियम और नाइट्रोजन। कुछ मात्रा में जिंक, बोरोन, कॉपर, लैड, क्रोमियम, निकल, मोलीब्डीनम, आर्सेनिक, कैडमियम, मरकरी और सेलेनियम भी होता है। राख में मौजूद कैल्शियम और पोटेशियम के कारण इसकी पीएच वैल्यू ९ से १३.५ तक होती है। इसी पीएच के कारण जब कोई व्यक्ति हाथ में राख लेकर और उस पर थोड़ा पानी डालकर रगड़ता है या बर्तन साफ करता है तो जीवाणुओं और विषाणुओं का खात्मा हो जाता है।

सनातन धर्म में मृत देह को जलाने और फिर राख को बहते पानी में अर्पित करने का प्रावधान है। मृत व्यक्ति की देह की राख को पानी में मिलाने से वह पंचतत्वों में समाहित हो जाती है। मृत देह को अग्नि तत्व के हवाले करते समय उसके साथ लकड़ियाँ और उपले भी जलाये जाते हैं और अंततः जो राख पैदा होती है उसे जल में प्रवाहित किया जाता है। जल में प्रवाहित की गई राख जल के लिए डिसइंफैक्टेन्ट का काम करती है। इस राख के कारण मोस्ट प्रोबेबिल नम्बर ऑफ कोलीफॉर्म (MPN) में कमी आती है और साथ ही डिजोल्वड ऑक्सीजन (DO) की मात्रा में वृद्धि होती है। वैज्ञानिक अध्ययनों में यह स्पष्ट हो चुका है कि गाय के गोबर से बनी राख डिसइन्फेक्शन पर्पज के लिए लो कोस्ट एकोफ़्रेंडली विकल्प है जिसका उपयोग सीवेज वाटर ट्रीटमेंट (STP) के लिए भी किया जा सकता है।

०००
सॉनेट
आयुर्वेद को जानें
हम सब आयुर्वेद को जानें,
जीव जीव का भोजन जैसे,
प्रकृति रोग की औषधि तैसे,
कंकर में शंकर पहचानें।
कुछ न निरुपयोगी हम मानें,
बीज छाल जड़ अमृत ऐसे,
पात फूल फल औषधि कैसे,
समझ सीख सिखलाना ठानें।
चलो वनस्पति सघन उगाएँ,
डगर डगर में हो हरियाली,
वृक्ष जी सकें सीना तानें।
भू पर रहने सुर भी आएँ,
घर घर में हो अब खुशहाली,
तरुओं को पुरखों सम मानें।
१०.५.२०२४
•••
सॉनेट
भारत को जानें
नित्य नया इतिहास, भारत को जानें, रचें।
हो अधरों पर हास, हाथ हाथ में हाथ गह।
वर दें करुणासींव, कीर्तिमान नित नव बनें।।
हो जाएँ संजीव, सलिल लहर सम साथ बह।।
ममता का पाथेय, समता का अभियान बन।
करतल करे विधेय, काव्य प्रेम मन जोड़ दे।
हृदय विराजे छंद, शारद-रमा-उमा नमन।।
काटे भव के फंद, बाधाओं से होड़ ले।।
हों वर विजय सुरेंद्र, राजकुमार व आम जन।
बने विश्व का केंद्र, भारत कर नेतृत्व अब।
जन प्रतिनिधि मिथिलेश, अनिल विरागी कर जतन।।
हे गोविंद बृजेश, बुद्धि विनीता रखें सब।।
मन-वन बसे बसंत, अनुराधा सम श्रम-लगन।
कर साधना अनंत, भारत को जानें स्वजन।।
९.५.२०२४
•••
विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान के सप्तम सारस्वत अनुष्ठान कला पर्व में आप सबका सस्नेह स्वागत है।
माँ शारदा - माँ भारती को नमन।
ले बसंत के पुष्प माँ, आए तेरे द्वार।
मुकुलित मन सुत सलिल का, नमन करो स्वीकार।।
आज मातृ दिवस पर सभी माताओं को नमन।
लिए मंजरी माल हम, विनत कर रहे भेंट।
अपनी बाँहों में हमें, मैया विहँस समेट।।
माता की छाया तले, बैठे बन मिथिलेश।
बुद्धि विनीता हो सदा, चाह नहीं अवधेश।।
मुख्य अतिथि डॉ. मुकुल तिवारी जी का वंदन।
छाया सक्सेना जी ने कोकिलकंठी स्वर में दीप प्रज्वलन पश्चात् सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
आत्मदीप जलता रहे, ज्योतित रहे हमेश।
शब्दब्रह्म आराध हम, मिलें तुम्हें परमेश।।
संस्कारधानी को अपनी स्वर लहरी से मोह चुकी अर्चना गोस्वामी जी ने "मेघा रे जल भर लाए" प्रस्तुत कर सब को मंत्र मुग्ध कर दिया।
करे अर्चना मधुर स्वर, भाव पुनीता दिव्य
राम सुन रहे लीन हो, भक्ति भाव है भव्य
माननीय मंजरी शर्मा जी ने पाककला का अध्याय खोलते हुए लच्छेदार रबड़ी, मिथिलेश बड़गैया जी ने गुलाब जामुन, आशा नारायण जी ने आइसक्रीम तथा छाया सक्सेना जी ने बिना अंडे का केक बनाने की विधि व चित्र प्रस्तुत कर सबके मुँह में पानी ला दिया।
नृत्य गुरु बिटिया उपासना के निर्देशन में कालजयी कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान की अमर कविता "ये मेरी गोदी की शोभा" पर मौसमी नंदी जी तथा बालिका आराध्या तिवारी ने उत्तम नृत्य प्रस्तुत किया।
आराध्या जिनको कला, गुरु उपासना श्रेष्ठ ।
अभिनंदन मौसमी का, कलाकार है ज्येष्ठ।।
अरुण लिए आलोक आ, जला रहा मणि दीप।
मणि मुक्ता है कला हर, कलाकार हैं सीप।।
तालाबंदी पर संदेशपरक फिलम मुकुल जी के माध्यम से प्रस्तुत की गयी। केरल की नृत्य कला 'कथकळि' की मनोहर नृत्य मुद्राओं और हस्त संचालन की रोचक प्रस्तुति बसंत शर्मा जी के माध्यम से हुई।
नन्हीं प्रशिक्षा रंजन राज पलामू झारखण्ड ने मनोहर नृत्य प्रस्तुति दी।
प्रतिभा बहुत प्रशिक्षा में, मिल हम सकें तराश।
धरती पर पग जमाकर, छू पाए आकाश।।
अभियंता अरुण भटनागर ने वास्तु व् अभियांत्रिकी की समृद्ध विरासत पर जानकारीपूर्ण आलेख प्रस्तुत किया।
वास्तु कला की विरासत, अद्वितीय लें मान।
नव यांत्रिकी के क्षेत्र में, नहीं देश का सान।।
तान्या श्रीवास्तव द्वारा कत्थक नृत्य प्रस्तुति को सबने सराहा।
तान्या कत्थक नृत्य में, है प्रवीण लें मान।
फूँक सके पाषाण में, नृत्य दिखाकर जान।।
लौह तरंग पर अमर चित्रपटीय गीत 'मेरा जूता है जापानी' सुनकर श्रोता झूम उठे।
बोनसाई कला पर सारगर्भित संबोधन बसंत शर्मा जी ने प्रस्तुत किया।
बौने पौधों की कला, बोनसाई लें जान।
मनहर छटा बसंत की, देख झूमिए जान!
बारह मास बसंत की, छटा मंजरी भव्य।
बोनसाई ने दिखा दी, प्रकृति सुंदरी नव्य।।
"यादों के बेतरतीब बिखरे पन्ने" विनीता श्रीवास्तव की कविता की चित्रांकन सहित प्रस्तुति की हेमंत मोहन ने -
यादों के पन्ने लिए, श्री वास्तव में देख
खींच रहे हेमंत स्वर, चित्रांकन से रेख
१०.५.२०२०
***
श्री श्री चिंतन दोहा गुंजन: ७
विषय: विष्णु के अवतार
*
श्री-श्री का प्रवचन सुना, अंतरजाल कमाल।
प्रगटे दोहे समर्पित, स्वीकारें मन-पाल।।
*
दानी में हो अहं तो, वामन बनें विराट।
गुरु होता मोहांध; खो, नैन खड़ी हो खाट।।
*
पितृ कहे से मातृ-वध, कर चाहा वरदान।
फिर जीवित हो माँ, न हो सपने में अपमान।।
*
क्षत्रिय में विप्रत्व के, भार्गव बोते बीज।
अहं-नाश क्षत्रियों का, हुआ गर्व-घट छीज।।
*
राम-श्याम दो छोर हैं, रख दोनों को थाम।
तजा एक को भी अगर, लगे विधाता वाम।।
*
ये जन्मे दोपहर में, वे जन्मे अध रात।
सखा-सखी प्रिय उन्हें हैं, इनको प्रिय पितु -मात।।
*
कल्कि न कल अब में जिए, रखें ज्ञान तलवार।
काटेंगे अज्ञान सर, कर मानव उद्धार।।
*
'श्व' कल बीता-आ रहा, अ-श्व अ-कल 'अब' जान।
कल्कि करें 'अब' नियंत्रित, 'कल' का काट वितान।।
*
सार तत्व गुरु मुख-वचन, त्रुटियाँ मेरा दोष।
लोभ बाँट लूँ सगों से, गुरु वचनामृत-कोष।।
***
एक दोहा
'भली करेंगे राम जू!', कह मनमाना काम.
किया; दंड दे राम ने, कहा: 'भला यह काम.'
१०.५.२०१८, ८.२५,
***
लघुकथा
आग
अफसर पिता की लाडली बिटिया को किसी प्रकार की कमी नहीं थी. जब जो चाह तुरंत मिला गया. बढ़ती उम्र के साथ उसकी जिद भी बढ़ती गयी. माँ टोंकती तो पिता उन्हें चुप करा देते 'बाप के राज में मौज-मस्ती नहीं करेगी तो कब करेगी?
माँ ससुराल और शादी की फ़िक्र करतीं तो पिता कह देते जिसकी सौ बार गरज होगी, नाक रगड़ता हुआ आएगा देहलीज पर और मैं अपनी शर्तों पर बिटिया को रानी बनाकर भेजूँगा.
समय पर किसका वश? अनियमित खान-पान ने पिता को काल का ग्रास बना दिया. अफसरी का रौब-दाब समाप्त होते दो दिन न लगे. जो दिन-रात सलाम बजाते नहीं थकते थे, वही उपहास की दृष्टि से देखने लगे. शोक की अवधि समाप्त होते ही माँ-बेटी अपने पैतृक घर में आ गयीं. सगे-संबंधी जमीन-जायदाद में हिस्सा देने में आनाकानी करने लगे. साहब ने अपने रहते कभी ध्यान ही नहीं दिया, न कोई जानकारी दी पत्नि या बेटी को.
बाबूराज की महिमा अपरम्पार... पेंशन की नस्ती जिस मेज पर जाती उस बाबू को याद आता की कब-कब उसे डपटा गया था और वह नस्ती को दबा कर बैठ जाता. साल-दर-साल बीतने लगे... किसी प्रकार ले-देकर पेंशन आरम्भ हो सकी.
बिटिया जिद्दी और फिजूलखर्च और पार्टी करने की शौक़ीन थी. माँ के समझाने का असर कुछ दिन रहता फिर वही ढाक के तीन पात.
मुसीबत अकेले नहीं आती. माँ को सदमे और चिंताओं ने तो घेर ही लिया था. कोढ़ में खाज यह कि डोक्टर ने असाध्य बीमारी का रोगी बता दिया. अत्यंत मँहगी चिकित्सा. मरता क्या न करता ? जमा -पूँजी खर्च कर माँ को बचाने में जुट गयी वह. मौज-मस्ती के साथी उससे जो चाहते थे वह करने से बेहतर उसे मर जाना लगता. बस चलता तो ऐसे मतलबपरस्तों को ठिकाने लगा देती वह पर समय की नजाकत को देखते हुए उसे हर कदम फूँक-फूँक कर रखना था.
देर रात अस्पताल से घर आयी और आग जलाकर ठण्ड भगाने बैठी तो उसे लगा वह खुद भी सुलग रही है. समय ने भले ही उससे पिता का साया और माँ की गोद से वंचित कर दिया है पर वह हार नहीं मानेगी. अपने दोनों पैरों में पिता और हाथों में माँ का सम्बल है उसके पास. अपने पैरों को जमीन पर टिका कर वह न केवल मुसीबतों से जूझेगी बल्कि सफलता के आसमान को भी छुएगी. आत्मविश्वास ने उसमें ऊर्जा का संचार किया और वह आग के सामने जा बैठी पिता-माँ के आशीष की अनुभूति करने घुटनों पर हाथ और सर रखकर. कल के संघर्ष के लिए उसके तन को करना था विश्राम और मन को जलाए रखनी आग.
***
दोहा मुक्तिका
*
असत जीत गौतम हुए ब्रम्ह जीत जिस प्रात
पैर जमाने की हुई भर उड़ान शुरुआत
*
मोह-माधुरी लुटाकर गिरिधारी थे मस्त
चैन गँवाकर कंस ने तत्क्षण पाई मात
*
सुन बृजेंद्र की वंदना, था सुरेंद्र बेचैन
पार न लेकिन पा सका, जी भर कर ली घात
*
वास्तव में श्री मनोरमा, चेतन सदा प्रकाश
मीठी वाणी बोल तू, सूरज करे प्रभात
*
चंद्र किरण लख कुमुद को, उतर धरा पर मौन
पूनम बैठी शैल पर, करे रात में प्रात
१०-५-२०१७
***
बाल गीत
*
सबसे ज्यादा अच्छा लगता -
अपनी माँ का मुखड़ा!
सुबह उठाती गले लगाकर,
नहलाती है फिर बहलाकर,
आँख मूँद, कर जोड़ पूजती ,
प्रभु को सबकी कुशल मनाकर. ,
देती है ज्यादा प्रसाद फिर
सबकी नजर बचाकर.
आँचल में छिप जाता मैं ज्यों
रहे गाय सँग बछड़ा.
सबसे ज्यादा अच्छा लगता -
अपनी माँ का मुखड़ा.
बारिश में छतरी आँचल की ,
ठंडी में गर्मी दामन की.,
गर्मी में साड़ी का पंखा-,
पल्लू में छाया बादल की !
दूध पिलाती है गिलास भर -
कहे बनूँ मैं तगड़ा. ,
सबसे ज्यादा अच्छा लगता -
अपनी माँ का मुखड़ा!
***
माँ को अर्पित चौपदे:
बारिश में आँचल को छतरी, बना बचाती थी मुझको माँ.
जाड़े में दुबका गोदी में, मुझे सुलाती थी गाकर माँ..
गर्मी में आँचल का पंखा, झलती कहती नयी कहानी-
मेरी गलती छिपा पिता से, बिसराती थी मुस्काकर माँ..
*
मंजन स्नान आरती थी माँ, ब्यारी दूध कलेवा थी माँ.
खेल-कूद शाला नटख़टपन, पर्व मिठाई मेवा थी माँ..
व्रत-उपवास दिवाली-होली, चौक अल्पना राँगोली भी-
संकट में घर भर की हिम्मत, दीन-दुखी की सेवा थी माँ..
खाने की थाली में पानी, जैसे सबमें रहती थी माँ.
कभी न बारिश की नदिया सी कूल तोड़कर बहती थी माँ..
आने-जाने को हरि इच्छा मान, सहज अपना लेती थी-
सुख-दुःख धूप-छाँव दे-लेकर, हर दिन हँसती रहती थी माँ..
*
गृह मंदिर की अगरु-धूप थी, भजन प्रार्थना कीर्तन थी माँ.
वही द्वार थी, वातायन थी, कमरा परछी आँगन थी माँ..
चौका बासन झाड़ू पोंछा, कैसे बतलाऊँ क्या-क्या थी?-
शारद-रमा-शक्ति थी भू पर, हम सबका जीवन धन थी माँ..
*
कविता दोहा गीत गजल थी, रात्रि-जागरण चैया थी माँ.
हाथों की राखी बहिना थी, सुलह-लड़ाई भैया थी माँ.
रूठे मन की मान-मनौअल, कभी पिता का अनुशासन थी-
'सलिल'-लहर थी, कमल-भँवर थी, चप्पू छैंया नैया थी माँ..
*
आशा आँगन, पुष्पा उपवन, भोर किरण की सुषमा है माँ.
है संजीव आस्था का बल, सच राजीव अनुपमा है माँ..
राज बहादुर का पूनम जब, सत्य सहाय 'सलिल' होता तब-
सतत साधना, विनत वन्दना, पुण्य प्रार्थना-संध्या है माँ..
*
माँ निहारिका माँ निशिता है, तुहिना और अर्पिता है माँ
अंशुमान है, आशुतोष है, है अभिषेक मेघना है माँ..
मन्वंतर अंचित प्रियंक है, माँ मयंक सोनल सीढ़ी है-
ॐ कृष्ण हनुमान शौर्य अर्णव सिद्धार्थ गर्विता है माँ
***
एक कविता
धरती
*
धरती काम करने
कहीं नहीं जाती
पर वह कभी भी
बेकाम नहीं होती.
बादल बरसता है
चुक जाता है.
सूरज सुलगता है
ढल जाता है.
समंदर गरजता है
बँध जाता है.
पवन चलता है
थम जाता है.
न बरसती है,
न सुलगती है,
न गरजती है,
न चलती है
लेकिन धरती
चुकती, ढलती,
बंधती या थमती नहीं.
धरती जन्म देती है
सभ्यता को,
धरती जन्म देती है
संस्कृति को.
तभी ज़िंदगी
बंदगी बन पाती है.
धरती कामगार नहीं
कामगारों की माँ होती है.
इसीलिये इंसानियत ही नहीं
भगवानियत भी
उसके पैर धोती है..
***
गीत:
माँ
*
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
सत्य है यह
खा-कमाती,
सदा से सबला रही.
*
खुरदरे हाथों से टिक्कड़
नोन के संग जब दिए.
लिए चटखारे सभी ने,
साथ मिलकर खा लिए.
तूने खाया या न खाया
कौन कब था पूछता?
तुझमें भी इंसान है
यह कौन-कैसे बूझता?
यंत्र सी चुपचाप थी क्यों
आँख क्यों सजला रही?
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
*
काँच की चूड़ी न खनकी,
साँस की सरगम रुकी.
भाल पर बेंदी लगाई,
हुलस कर किस्मत झुकी.
बाँट सपने हमें अपने
नित नया आकाश दे.
परों में ताकत भरी
श्रम-कोशिशें अहिवात दे.
शिव पिता की है शिवा तू
शारदा-कमला रही?
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
*
इंद्र सी हर दृष्टि को
अब हम झुकाएँ साथ मिल.
ब्रम्ह को शुचिता सिखायें
पुरुष-स्त्री हाथ मिल.
राम को वनवास दे दें
दु:शासन का सर झुके.
दीप्ति कुल की बने बेटी
संग हित दीपक रुके.
सचल संग सचला रही तू
अचल संग अचला रही.
माँ!
मुझे शिकवा है तुझसे
क्यों बनी अबला रही?
***
मातृदिवस पर गीत :
माँ जी हैं बीमार...
*
माँ जी हैं बीमार...
*
प्रभु! तुमने संसार बनाया.
संबंधों की है यह माया..
आज हुआ है वह हमको प्रिय
जो था कल तक दूर-पराया..
पायी उससे ममता हमने-
प्रति पल नेह दुलार..
बोलो कैसे हमें चैन हो?
माँ जी हैं बीमार...
*
लायीं बहू पर बेटी माना.
दिल में, घर में दिया ठिकाना..
सौंप दिया अपना सुत हमको-
छिपा न रक्खा कोई खज़ाना.
अब तो उनमें हमें हो रहे-
निज माँ के दीदार..
करूँ मनौती, कृपा करो प्रभु!
माँ जी हैं बीमार...
*
हाथ जोड़ कर करूँ वन्दना.
प्रभुजी! सुनिए नम्र प्रार्थना
तन-मन से सेवा करती हूँ
सफल कीजिए सकल साधना..
चैन न लेने दूँगी, तुमको
जग के तारणहार.
स्वास्थ्य लाभ दो मैया को हरि!
हों न कभी बीमार..
***
बाल कविता :
भय को जीतो
*
बहुत पुरानी बात है मित्रों!
तब मैं था छोटा सा बालक।
सुबह देर से उठना
मन को भाता था।
ग्वाला लाया दूध
मिला पानी तो
माँ ने बंद कर दिया
लेना उससे।
निकट खुली थी डेरी
कहा वहीं से लाना।
जाग छह बजे
निकला घर से
डेरी को मैं
लेकर आया दूध
मिली माँ से शाबाशी।
कुछ दिन बाद
अचानक
काला कुत्ता आया
मुझे देख भौंका
डर कर
मैं पीछे भागा।
सज्जन एक दिखे तो
उनके पीछे-पीछे गया,
देखता रहा
न कुत्ता तब गुर्राया।
घर आ माँ को
देरी का कारण बतलाया
माँ बोली:
'जो डरता है
उसे डराती सारी दुनिया।
डरना छोड़ो,
हिम्मत कर
मारो एक पत्थर।
तब न करेगा
कुत्ता पीछा।
अगले दिन
हिम्मत कर मैंने
एक छड़ी ली और
जेब में पत्थर भी कुछ।
ज्यों ही कुत्ता दिखा
तुरत मारे दो पत्थर।
भागा कालू पूँछ दबा
कूँ कूँ कूँ कूँ कर।
घर आ माँ को
हाल बताया
माँ मुस्काई,
सर सहलाया
बोली: 'बनो बहादुर तब ही
दुनिया देगी तुम्हें रास्ता।'
***
प्रो. श्यामलाल उपाध्याय कोलकाता के प्रति भावांजलि:
*
हिंदी माँ के पूत लाडले श्यामलाल जी
जगभाषा के दूत बावले श्यामलाल जी
.
है बुलंद आवाज़ पहुँचती सीधे दिल तक
सतत सृअजं करते है हर दिन दिन ढलने तक
पिंगल और व्याकरण पर अधिकार एक सा
स्वप्न करें साकार नया सपना पलने तक
.
अपनेपन का मानी दुनिया इनसे पूछे
इतनी ऊर्जा पाई कहाँ से, कैसे बूझे?
कतिहं कार्य भी बहुत सहजता से करते हैं
हे मुश्किल का हल क्या जाने कैसे सूझे?
.
नहीं श्याम मन नहीं लाल पर श्याम लाल हैं
बसे कोलकाता में ये सचमुच कमाल हैं
वार्धक्य को बने चुनौती शब्द-सिपाही
निर्मल-निश्छल-सहज, शांत करते धमाल हैं
.
अट्टहास जो सुने बिसारे चिंता सारी
शरद अनुष्ठान नित करते, धुनी पुजारी
बने विश्ववाणी हिंदी यह शुभ इच्छा ले-
श्वास-श्वास से हिंदी की आरती उतारी
.
'सलिल' धन्य वन्दन कर, पा आशीष आपसे
खोजे मिलते नहीं शब्द-ऋषि अन्य आपसे
सम्मानित सम्मान हुए कर कमलों जाकर
करें अनुकरण, सीख सकें कुछ सबक आपसे
.
हम बडभागी वन्दन कर श्री श्यामलाल जी
अर्पित चन्दन-कुंकुम-अक्षत श्यामलाल जी
१०-५-२०१५
***
दोहा
श्वास-श्वास माँ से मिली, ममता है उपहार
शब्द ब्रम्ह की साधना, हिंदी माँ का प्यार.
१०-५-२०१५
***
गीत
कनक पात्र का सत्य अनावृत्त हो न जाए, ढाँका करता हूँ
जीवन की चादर को तांका रच-रचकर थांका करता हूँ    
*
अटल सत्य गत-आगत फिसलन-मोड़ मिलाएंगे फ़िर हमको
किसके नयनों में छवि किसकी कौन बताये रही समाई
वहीं सृजन की रची पटकथा विधना ने चुपचाप हुलसकर
संचय अगणित गणित हुआ ज्यों ध्वनि ने प्रतिध्वनि थी लौटाई
मौन मगन हो सतनारायण के प्रसाद में मिली पँजीरी
अँजुरी में ले बुक्का भर हो आनंदित फाँका करता हूँ
*
खुदको तुममें गया खोजने जब तब पाया खुदमेँ तुमको
किसे ज्ञात कब तुम-मैं हम हो सिहर रहे थे अँखियाँ मीचे
बने सहारा जब चाहा तब अहम सहारा पा नतमस्तक
हुआ और भर लिया बाँह में खुदको खुदने उठ-झुक नीचे
हो अवाक मन देख रहा था कैसे शून्य सृष्टि रचता है
हार स्वयं से, जीत स्वयं को नव सपने आँका करता हूँ
*
चमका शुक्र हथेली पर हल्दी आकर चुप हुई विराजित
पुरवैया-पछुआ ने बन्ना-बन्नी गीत सुनाये भावन
गुण छत्तीस मिले थे उस पल, जिस पल पलभर नयन मिले थे
नेह नर्मदा छोड़ मिली थी, नेह नर्मदा मन के आँगन
पाकर खोना, खोकर पाना निमिष मात्र में जान मनीषा
मौन हुई, विश्वास सितारे मन नभ पर टाँका करता हूँ
*
आस साधना की उपासना करते उषा हुई है संध्या
रजनी में दोपहरी देखे चाहत, राहत हुई पराई
मृगमरीचिका को अनुरागा, दौड़ थका तो भुला विकलता
मन देहरी सँतोष अल्पना की कर दी हँसकर कुड़माई
सुधियों के दर्पण में तुझको, निरखा थकन हुई छूमंतर
कलकल करती 'सलिल'-लहर में, छवि तेरी झाँका करता हूँ
१०-५-२०१४
***
गीत
*
अटल सत्य गत-आगत फिसलन-मोड़ मिलाएंगे फ़िर हमको
किसके नयनों में छवि किसकी कौन बताये रही समाई
वहीं सृजन की रची पटकथा विधना ने चुपचाप हुलसकर
संचय अगणित गणित हुआ ज्यों ध्वनि ने प्रतिध्वनि थी लौटाई
मौन मगन हो सतनारायण के प्रसाद में मिली पँजीरी
अँजुरी में ले बुक्का भर हो आनंदित फाँका करता हूँ
*
खुदको तुममें गया खोजने जब तब पाया खुदमेँ तुमको
किसे ज्ञात कब तुम-मैं हम हो सिहर रहे थे अँखियाँ मीचे
बने सहारा जब चाहा तब अहम सहारा पा नतमस्तक
हुआ और भर लिया बाँह में खुदको खुदने उठ-झुक नीचे
हो अवाक मन देख रहा था कैसे शून्य सृष्टि रचता है
हार स्वयं से, जीत स्वयं को नव सपने आँका करता हूँ
*
चमका शुक्र हथेली पर हल्दी आकर चुप हुई विराजित
पुरवैया-पछुआ ने बन्ना-बन्नी गीत सुनाये भावन
गुण छत्तीस मिले थे उस पल, जिस पल पलभर नयन मिले थे
नेह नर्मदा छोड़ मिली थी, नेह नर्मदा मन के आँगन
पाकर खोना, खोकर पाना निमिष मात्र में जान मनीषा
मौन हुई, विश्वास सितारे मन नभ पर टाँका करता हूँ
*
आस साधना की उपासना करते उषा हुई है संध्या
रजनी में दोपहरी देखे चाहत, राहत हुई पराई
मृगमरीचिका को अनुरागा, दौड़ थका तो भुला विकलता
मन देहरी सँतोष अल्पना की कर दी हँसकर कुड़माई
सुधियों के दर्पण में तुझको, निरखा थकन हुई छूमंतर
कलकल करती 'सलिल'-लहर में, छवि तेरी झाँका करता हूँ
१०-५-२०१४
***
चित्रगुप्त जयंती पर विशेष रचना:
मातृ वंदना
*
ममतामयी माँ नंदिनी, करुणामयी माँ इरावती.
सन्तान तेरी मिल उतारें, भाव-भक्ति से आरती...
*
लीला तुम्हारी हम न जानें, भ्रमित होकर हैं दुखी.
सत्पथ दिखाओ माँ, बनें सन्तान सब तेरी सुखी..
निर्मल ह्रदय के भाव हों, किंचित न कहीं अभाव हों-
सात्विक रहें आचार, पायें अंत में हम सद्गति...
*
कुछ काम जग के आ सकें, महिमा तुम्हारी गा सकें.
सत्कर्म कर आशीष मैया!, पुत्र तेरे पा सकें..
निष्काम रह, निस्वार्थ रह, सब मोक्ष पायें अंत में-
निर्मल रहें मन-प्राण, रखना माँ! सदा निश्छल मति...
*
चित्रेश प्रभु की कृपा मैया!, आप ही दिलवाइए.
जैसी भी है सन्तान तेरी है, न अब ठुकराइए..
आशीष दो माता! 'सलिल', कंकर से शंकर बन सकें-
कर सफल मम साधना माँ!, पद-पद्म में होवे रति...
***
मुक्तिका:
तुम क्या जानो
*
तुम क्या जानो कितना सुख है दर्दों की पहुनाई में.
नाम हुआ करता आशिक का गली-गली रुसवाई में..
उषा और संझा की लाली अनायास ही साथ मिली.
कली कमल की खिली-अधखिली नैनों में, अंगड़ाई में..
चने चबाते थे लोहे के, किन्तु न अब वे दाँत रहे.
कहे बुढ़ापा किससे क्या-क्या कर गुजरा तरुणाई में..
सरस परस दोहों-गीतों का सुकूं जान को देता है.
चैन रूह को मिलते देखा गजलों में, रूबाई में..
'सलिल' उजाला सभी चाहते, लेकिन वह खलता भी है.
तृषित पथिक को राहत मिलती अमराई - परछाँई में
१०-५-२०११
***
मुक्तिका
कुछ हवा दो अधजली चिंगारियाँ फिर बुझ न जाएँ.
शोले जो दहके वतन के वास्ते फिर बुझ न जाएँ.
*
खुद परस्ती की सियासत बहुत कर ली, रोक दो.
लहकी हैं चिंगारियाँ फूँको कि वे फिर बुझ न जाएँ.
*
प्यार की, मनुहार की,इकरार की,अभिसार की
मशालें ले फूँक दो दहशत,कहीं फिर बुझ न जाएँ.
*
ज़हर से उतरे ज़हर, काँटे से काँटा दो निकाल.
लपट से ऊँची लपट करना सलिल फिर बुझ न जाएँ.
*
सब्र की हद हो गयी है, ज़ब्र की भी हद 'सलिल'
चिताएँ उनकी जलाओ इस तरह फिर बुझ न जाएँ
***
माँ की सुधियाँ
पुरवाई सी....
*
तन पुलकित मन प्रमुदित करतीं माँ की सुधियाँ पुरवाई सी
तुमको खोकर खुद को खोया, संभव कभी न भरपाई सी ...
*
दूर रहा जो उसे खलिश है तुमको देख नहीं वह पाया.
निकट रहा मैं लेकिन बेबस रस्ता छेक नहीं मैं पाया..
तुम जाकर भी गयी नहीं हो, बस यह है इस बेटे का सच.
साँस-साँस में बसी तुम्हीं हो, आस-आस में तुमको पाया..
चिंतन में लेखन में तुम हो, शब्द-शब्द सुन हर्षाई सी.
तुमको खोकर खुद को खोया, संभव कभी न भरपाई सी ...
*
तुम्हें देख तुतलाकर बोला, 'माँ' तुमने हँस गले लगाया.
दौड़ा गिरा बिसूरा मुँह तो, उठा गुदगुदा विहँस हँसाया..
खुशी न तुमने खुद तक रक्खी, मुझसे कहलाया 'पापा' भी-
खुशी लुटाने का अनजाने, सबक तभी माँ मुझे सिखाया..
लोरी भजन आरती कीर्तन, सुन-गुन धुन में छवि पाई सी.
तुमको खोकर खुद को खोया, संभव कभी न भरपाई सी ...
*
भोर-साँझ, त्यौहार-पर्व पर, हुलस-पुलकना तुमसे पाया.
दुःख चुप सह, सुख सब संग जीना, पंथ तुम्हारा ही अपनाया..
आँसू देख न पाए दुनिया, पीर चीर में छिपा हास दे-
संकट-कंटक को जय करना, मन्त्र-मार्ग माँ का सरमाया.
बन्ना-बन्नी, होरी-गारी, कजरी, चैती, चौपाई सी.
तुमको खोकर खुद को खोया, संभव कभी न भरपाई सी ...
*
गुदड़ी, कथरी, दोहर खो, अपनों-सपनों का साथ गँवाया..
चूल्हा-चक्की, कंडा-लकड़ी, फुंकनी सिल-लोढ़ा बिसराया.
नथ, बेन्दा, लंहगा, पायल, कंगन-सज करवाचौथ मनातीं-
निर्जल व्रत, पूजन-अर्चन कर, तुमने सबका क्षेम मनाया..
खुद के लिए न माँगा कुछ भी, विपदा सहने बौराई सी.
तुमको खोकर खुद को खोया, संभव कभी न भरपाई सी ...
*
घूँघट में घुँट रहें न बिटियाँ, बेटा कहकर खूब पढाया.
सिर-आँखों पर जामाता, बहुओं को बिटियों सा दुलराया.
नाती-पोते थे आँखों के तारे, उनमें बसी जान थी-
'उनका संकट मुझको दे', विधना से तुमने सदा मनाया.
तुम्हें गँवा जी सके न पापा, तुम थीं उनकी परछाईं सी.
तुमको खोकर खुद को खोया, संभव कभी न भरपाई सी ...
१०-५-२०१०
*