कुल पेज दृश्य

बाँसुरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बाँसुरी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 23 जनवरी 2026

जनवरी २२,फुलबगिया, बुंदेली, झूमर गीत, सोरठा, सॉनेट, सड़क पर, बाँसुरी, गीत, अनुकूला छंद,

सलिल सृजन जनवरी २२
भारत की फुलबगिया में खिलते हैं अगणित पुष्प। कुछ हैं- अपराजिता, अमलतास, अर्जुन, अश्वगंधा, आंवला, आक, आम, आर्किड, एलोविरा, एस्टर, कचनार, कदंब, कनेर, कमल, काँस, कॉसमॉस, कुमुदिनी, केतकी, केवड़ा, कैक्टस, कैलेंडुला, क्रोकस, गुलमेंहदी, गुलाब, गेंदा-गेंदी, ग्लेडुलस, चंपा, चमेली, चाँदनी, चेरी, जिप्सोफिला, जासौन, जीनिया, जुही, डहलिया, डायंथस, डेफोडिल, धतूरा, नागचंपा, निर्विषी, पलाश, पथरचटा, पेटूनिया, पैशन, पैंसी, बन्धूक, बाँस, बुरांस, बेशरम, ब्राह्मी, भटकटैया, मगरमस्त, मधुमालती, मधुमालिनी, महुआ, महोनिआ, मेंहदी, मोगरा, रजनीगंधा, रातरानी, रुद्राक्ष, लिली, वैजयंती, शमी, सदासुहागन, सरसों, साल्विया, सिनेरेरिया, सूरजमुखी, हरसिंगार आदि। फुलबागिया संकलन में सम्मिलित लिए गए पुष्प- १ अकौआ, २ अमलतास, अमलतास, आइरिस, आम, इक्जोरा, कचनार, कदंब,  कनेर, कपास, कमल, काकमाची, काँस, कॉसमॉस, कुमुदिनी, केतकी, केली, कैमेलिया, क्रोकस, गलगोटा, गुड़हल, गुलमोहर, गुलदाउदी, गुलाब, गेंदा, ग्लैडुला, चंपा, चकौड़ा, चमेली, चाँदनी, जकरांदा, छुईमुई, जासौन, जिनिया, जुही, टेसू, ट्यूलिप, डहेलिया, डेजी, धतूरा, धानीकोना, नागचंपा, नीलकमल, पलाश, पारिजात, प्रिमरोज, बारहमासी, बिगोनिआ, बुरांश, बेला, ब्रह्मकमल, भटकटैया, मकोय, मधुकामिनी, मधुमालती, मल्लिका, महुआ, मोगरा, रजनीगंधा, रातरानी,  रोहिड़ा,  ललताना, लिली, वैजयंती, शंख पुष्पी, शमी, शिरीष, सदाबहार, सदासुहागन, सहजन, सूरजमुखी, हरसिंगार आदि।  
फुलबगिया 
० 
फुलबगिया में रूप-रंग है 
भरम न जाना महक-गंध है। 
अलस्सुबह घाँसों पर घूमो 
भू पर पैर, 
गगन को छू लो। 
क्या करते हो?  
सुमन न तोड़ो, 
कली-पुष्प रक्षित कर छोड़ो। 
आई आई तितली आई 
संग भ्रमर मतवाले लाई। 
कली लली परिवार न तजती 
रक्षा भ्रमर भाई से मिलती। 
टिड्डा अगर आँख दिखलाता 
फल आ उसको दूर भगाता। 
कोयल संग टिटहरी बोले 
मन मयूर नाचे हँस डोले। 
सब हिल-मिलकर साथ रहेंगे 
व्यथा-कथा निज नहीं कहेंगे। 
पौ फटती प्राची को देखो 
रूप उषा का मन में लेखो। 
आँख मूँद लो अपनी बैठो 
तज चिंता निज मन में पैठो। 
पवन दुलार रहा हो मुकुलित 
सूर्य किरण करती आलिंगित। 
खींचो श्वास रोक अब छोड़ो 
योगासन से तन-मन जोड़ो। 
सुमिरो नाम इष्ट का सविनय 
करो प्रार्थना सभी हों अभय। 
फुलबगिया के पौधे विकसें 
कभी सलिल के लिए न तरसें। 
पौधों-फूलों को पहचानें 
गुण-उपयोग आदि भी जानें। 
पेड़ न काटें, नए लगाएँ 
संजीवित हो मोद मनाएँ। 
हम सब वनमाली हो पाएँ 
हरियाली की जय गुँजाएँ। 
२२.१.२०२५  
०००
भोजपुरी-बुंदेली झूमर गीत
कवन रंग मुंगवा, कवन रंग मोतिया !
भोजपुरी और बुंदेली क्षेत्रों में चिरकाल से ख़ुशी के मौके पर जोड़े या समूह में औरतों द्वारा झूमर गीत गायन की परंपरा रही है। दुर्भाग्य से फ़िल्मी गीतों के प्रचलन के साथ झूमर की गायन परंपरा गाँवों में भी समाप्त होती जा रही है। हमारी पीढ़ी के लोग बचपन में माँ-बहनों-भाभियों को झूमर गाते देखते हुए ही बड़े हुए हैं। एक झूमर गीत 'कवन रंग मुंगवा, कवन रंग मोतिया, कवन रंग ननदी तोर भैया।' सदियों से सर्वाधिक लोकप्रिय गीत रहा है। लोकगीतों और लोकधुनों के आधार पर लेकर साहित्यकार और चित्रपटीय गीतकार रचनकर्म करते रहे हैं। किसी से प्रेरणा लेने में कोई बुराई भी नहीं है किंतु वर्ष १९५९ की एक हिंदी फिल्म 'हीरा मोती' में संगीतकार रोशन ने चक्की चलाती ननद और भौजाई के मुँह से सदियों पुराने लोकगीत को न केवल ज्यों का त्यों गवाया, इसके रचनाकार के रूप में प्रेम धवन का नाम दे दिया। यह वास्तव में अपराध है कि लोक संपदा का उपयोग कर व्यक्तिगत लाभर्जन किया जाए। फ़िल्मीकरण ने इस झूमर गीत को देशव्यापी लोकप्रियता दिलाई। वास्तव में बीसवी सदी के आरंभ में इस गीत को बनारस के रहनेवाले एक भोजपुरी कवि दिमाग राम ने लिखा था। संवाद शैली में लिखे गए इस गीत में ननद और भाभी के हास-परिहास का रंग इतना आत्मीय और गहरा था कि यह गीत देखते-देखते समूचे भोजपुरी क्षेत्र में फ़ैल गया। यह गीत उनके नाम से एक बहुत पुरानी किताब 'झूमर तरंग' में संकलित है। दिमाग राम जी को नमन करते हुए आपके साथ इस पूरे गीत को साझा कर रहा हूं।
कवन रंग मुंगवा, कवन रंग मोतिया,
कवन रंग ननदी तोर भैया।
लाल रंग मुंगवा, सफ़ेद रंग मोतिया,
सांवर रंग भौजी मोरा भैया।
कान सोभे मोतिया, गले सोभे मुंगवा,
पलंग सोभे ननदी तोर भैया।
टूटी जैहे मोतिया, छितराई जैहे मुंगवा,
कि रूसि जैहे भौजी मोरा भैया।
चुनी लेबो मोतिया, बटोरि लेंबो मुंगवा,
मनाई लेबो ननदी तोर भैया।
***
सोरठा सलिला
घुटना रहता मौन, घुट कर भी घुट ना सके।
दिवस रात्रि या भौन, घटता या बढ़ता नहीं।।
घोंट-छान हो तृप्त, कर जिह्वा रसपान कर।
घुटना है संतप्त, भोग न पाता कभी कुछ।।
उठा न पाया शीश, घुटना जिस पर धर गया।
बचकर रहें मनीष, घुटने से दूरी रखें।।
घुटना छूते लोग, करें शत्रुता निमंत्रित।
लाइलाज है रोग, समझें आदर दे रहे।।
कभी असल को मात, नकली दे सकता नहीं।
घुटना देखें तात, असल-नकल सम हैं नहीं।।
कहता यही विवेक, हो जबरा यदि सामने।
झट घुटना दें टेक, शीश न कटा; उठाइए।।
घुट मत मन में बाद, जो कहना बिंदास कह।
घूँट घूँट ले स्वाद, मत उड़ेल रस कंठ में।।
बाबा रामदास जी नर्मदापुरम
राम दास जी सिद्ध हैं, अविनाशी प्रभु दास।
लीन निगुण विधि में रहे, भव-त्यागी हरि-खास।।
*
आत्माराम सराहिए, परमात्मा के दास।
जा गिरि मोहन बस रहे, गुरु पर कर विश्वास।।
***
सॉनेट
आवागमन
*
देह मृण्मय रहो तन्मय।
श्वास अगली है अनिश्चित।
गमन से क्यों हो कहें भय।।
लौट आना है सुनिश्चित।।
दूर करती अनबनों से।
क्या गलत है, क्या सही है?
मुक्त करती बंधनों से।।
मौत तो मातामही है।।
चाह करते जिंदगी की।
कशमकश में है गुजरती।
राह भूले बंदगी की।।
थके आ-जा दम ठहरती।।
डूब सूरज, उगे फिर कल
भूल किलकिल, करो खिलखिल।।
२२-१-२०२२
***
पुस्तक सलिला
समीक्षक - आचार्य संजीव वर्मा "सलिल"
*
(पुस्तक विवरण - मधुर निनाद, गीत संग्रह, गोपालकृष्ण चौरसिया "मधुर", प्रथम संस्करण २०१७, ISBN ९७८-९३-८३४६८-७९-९, आकार डिमाई, आवरण बहुरंगी सजिल्द जैकेट सहित, पृष्ठ १३५, मूल्य २००/-, साहित्यागार प्रकाशन, जयपुर, गीतकार संपर्क चलभाष ८१२७७८९७१०, दूरभाष ०७६१ २६५५५९९)
*
छंद हीन कविता और तथाकथित नवगीतों के कृत्रिम आर्तनाद से ऊबे अंतर्मन को मधुर निनाद के रस-लय-भाव भरे गीतों का रसपान कर मरुथल की तप्त बालू में वर्षा की तरह सुखद प्रतीति होती है। विसंगतियों और विडम्बनाओं को साहित्य सृजन का लक्श्य मान लेने के वर्तमान दुष्काल में सनातन सलिला नर्मदा के अंचल में स्थित संस्कारधानी जबलपुर में निवास कर रहे अभियंता कवि गोपालकृष्ण चौरसिया "मधुर" का उपनाम ही मधुर नहीं है, उनके गीत भी कृष्ण-वेणु की तान की तरह सुमधुर हैं। कृति के आवरण चित्र में वेणु वादन के सुरों में लीन राधा-कृष्ण और मयूर की छवि ही नहीं, शीर्षक मधुर निनाद भी पाठक को गीतों में अंतर्निहित माधुर्य की प्रतीति करा देता है। प्रख्यात संस्कृत विद्वान आचार्य कृष्णकांत चतुर्वेदी ने अपने अभिमत में ठीक ही लिखा है कि मधुर निनाद का अवतरण एक साहित्यिक और रसराज, ब्रजराज की आह्लादिनी शक्ति श्री राधा के अनुपम प्रेम से आप्लावित अत:करण के मधुरतम स्वर का उद्घोष है.....प्रत्येक गीत जहाँ मधुर निनाद शीर्षक को सार्थक करता हुआ नाद ब्रह्म की चिन्मय पीठिका पर विराजित है, वहीं शब्द-शिल्प उपमान चयन पारंपरिकता का आश्रय लेता हुआ चिन्मय श्रृंगार को प्रस्तुत करता है।
विवेच्य कृति में कवि के कैशोर्य से अब तक गत पाँच दशकों से अधिक कालावधि की प्रतिनिधि रचनाएँ हैं। स्वाभाविक है कि कैशोर्य और तारुण्य काल की गीति रचनाओं में रूमानी कल्पनाओं का प्रवेश हो।
इंसान को क्या दे सकोगे?, फूलों सा जग को महकाओ, रे माँझी! अभी न लेना ठाँव, कब से दर-दर भटक रहा है, रूठो नहीं यार आज, युग परिवर्तन चाह रहा, मैं काँटों में राह बनाता जाऊँगा आदि गीतों में अतीत की प्रतीति सहज ही की जा सकती है। इन गीतों का परिपक्व शिल्प, संतुलित भावाभिव्यक्ति, सटीक बिंबादि उस समय अभियांत्रिकी पढ़ रहे कवि की सामर्थ्य और संस्कार के परिचायक हैं।
इनमें व्याप्त गीतानुशासन और शाब्दिक सटीकता का मूल कवि के पारिवारिक संस्कारों में है। कवि के पिता स्वतंत्रता सत्याग्रही स्मृतिशेष माणिकलाल मुसाफिर तथा अग्रजद्वय स्मृतिशेष प्रो. जवाहर लाल चौरसिया "तरुण" व श्री कृष्ण कुमार चौरसिया "पथिक" समर्थ कवि रहे हैं किंतु प्राप्य को स्वीकार कर उसका संवर्धन करने का पूरा श्रेय कवि को है। इन गीतों के कथ्य में कैशोर्योचित रूमानियत के साथ ईश्वर के प्रति लगन के अंकुर भी दृष्टव्य हैं। कवि के भावी जीवन में आध्यात्मिकता के प्रवेश का संकेत इन गीतों में है।
२२-१-२०२१
***
कार्यशाला
पद
पद शब्द का प्रयोग दो अर्थों में किया जाता है।
१. कुंडलिया षट्पदिक छंद है। यहाँ पद का अर्थ पंक्ति है।
२. मीरा ने कृष्ष भक्ति के पद रचे। यहाँ पद का अर्थ पूरी काव्य रचना से है।
शब्द कोशीय अर्थ में पद का अर्थ पैर होता है। बैल चतुष्पदीय जानवर है।
पैर के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाते हैं। कृष्ण भक्ति का संदेश पदों के माध्यम से फैला। किसी काव्य रचना का कथ्य पंक्ति के माध्यम से दिया - लिया जाता है। पद के तीनों अर्थों के मूल में 'विचरण' है।
चरण
शब्द कोशीय अर्थ में पद और चरण दोनों का अर्थ पैर है किंतु काव्य शास्त्र में पद का अर्थ पंक्ति या पंक्ति समूह है जबकि चरण का अर्थ पंक्ति का भाग है।
दोहा के हर पद में दो चरण होते हैं जबकि चौपई के हर पद में तीन चरण होते हैं। यहाँ चरण का अर्थ दो विरामस्थलों के बीच का भाग है।
तुक
पंक्तियों में एक स्थान पर समान उच्चार वाले शब्दों का प्रयोग तुक कहलाता है। इसे संगत शब्द प्रयोग भी कह सकते हैं। असंगत बात को बेतुकी बात कहा जाता है।
लय
समान समय में समान उच्चारों का प्रयोग लय कहलाता है। समय में उच्चार का लीन होना ही लय है। लय से ही मलय, विलय, प्रलय जैसे शब्द बने हैं।
रस
फल का रस पीने से आनंद मिलता है। काव्य से मिलने वाला आनंद ही काव्य का रस है। जिसमें रस न हो वह नीरस काव्य कोई नहीं चाहता।
भाव
भाव अनेकार्थी शब्द है। भाव की अनुपस्थिति अभाव या कमी दर्शाती है। भाव का पूरक शब्द मोल है। मोल भाव वस्तु की उपलब्धता सुनिश्चित करती है। कविता के संदर्भ में भाव का आशय रचना में वह होना है जिसे सम्प्रेषित करने के लिए रचना की गई। स्वभाव, निभाव, प्रभाव जैसे शब्द भाव से ही बनते हैं।
बिंब
बिंब और प्रतिबिंब एक दूसरे के पूरक हैं।
***
कार्यशाला
३० मात्रिक महातैथिक जातीय चौपइया छंद
१०-८-१२ पर यति चरणांत गुरु
*
जय जय अविनाशी, जय सुखराशी, प्रणतपाल भगवंता
- गो. तुलसीदास
*
जय जय माँ हिंदी, भारत बिंदी, बारहखड़ी विशेषा
अनुपम स्वर-व्यंजन, नाद निकंदन, छंद अपार अशेषा
वाचिक वैदिक सह, वार्णिक मात्रिक, जनगण-हृदय विराजे
रस भाव बिंब लय, अलंकार शत, कथ्य सुरुचिमय साजे
श्रुति वेद पुराणा, रच रच नाना, ऋषि-मुनि कथा सुनाते
मानव मूल्यों के, पाठ सनातन, जनगण को समझाते
जो बोलें लिखते, बिन त्रुटि पढ़ते, रचते काव्य-कथाएँ
गायक गण गाते, नर्तक भाते, दिखा भाव मुद्राएँ
नव शब्द बनाएँ, कोश बढ़ाएँ, विषय जटिल समझाएँ
जगवाणी हिंदी, सरल सहज सब, नित इसके गुण गाएँ
२२-१-२०२०
***
मुक्तक
*
देश है पहले सियासत बाद में।
शत्रु मारें; हो इनायत बाद में।।
बगावत को कुचल दें हम साथ मिल-
वार्ता की हो रवायत बाद में।।
*
जगह दहशत के लिये कुछ है नहीं।
जगह वहशत के लिए कुछ है नहीं।।
पत्थरों को मिले उत्तर गनों से -
जगह रहमत के लिए कुछ है नहीं।।
*
सैनिकों को टोंकना अपराध है।
फ़ौज के पग रोकना अपराध है।।
पठारों को फूल मत दें शूल दें-
देश से विद्रोह भी अपराध है।।
***
पुस्तक चर्चा
डॉ. संतोष शुक्ला
*
सडक़ पर- नवगीत संग्रह, गीतकार-आचार्य संजीव वर्मा ' सलिल '
*
[कृति विवरण: सड़क पर, गीत-नवगीत संग्रह, आचार्य संजीव वर्मा सलिल, प्रथम संस्करण २०१८, आकार १३.५ से.मी. x २१.५ से.मी., आवरण बहुरंगी, पेपरबैक, पृष्ठ ९६, मूल्य २५०/-, समन्वय प्रकाशन अभियान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, चलभाष ९४२५१८३२४४ / ७९९९५५९६१८ ]
*
आचार्य संजीव वर्मा ' सलिल ' जी का नाम नवीन छंदों के निर्माण तथा उनपर गहनता से कये गए कार्यों के लिए प्रबुद्ध जगत में बड़े गौरव से लिया जाता है।
माँ भारती के वरदपुत्र आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल 'जी को अथस्रोतञान का भण्डार मानो उन्हें विरासत में मिला हो। स्वयं आचार्य सलिल जी अपनी बुआश्री महादेवी वर्मा और अपनी माँ कवियत्री शांति देवी को साहित्य और भाषा के प्रति अटूट स्नेह का प्रेरणा श्रोत मानते हैं। जिनकी रग-रग में संस्कारों के बीज बचपन से ही अंकुरित, प्रस्फुटित और पल्लवित हुए हों उनकी प्रतिभा का आकलन करना सरल काम नहीं।
सलिल जी आभासी जगत में भी अपनी निरंतर साहित्यिक उपलब्धियों से साहित्य प्रमियों को लाभान्वित कर रहे हैं। अभियंता और अधिवक्ता होते हुए भी हिंदी की कोई भी विधा नहीं है जिस पर आचार्य जी ने गहनता से कार्य न किया हो। रस, अलंकार और छंद का गहन ज्ञान उनकी कृतियों में स्पष्ट दिखाई देता है। विषय वस्तु की दृष्टि से कोई विषय उनकी लेखनी से बचा नहीं है। रचनाओं पर उनकी पकड़ गहरी है। हर क्षेत्र का अनुभव उसी रूप में बोलता है जिससे पाठक और श्रोता उसी परिवेश में पहुंच जाता है। हिन्दी के साथ साथ बुन्देली, पचेली, भोजपुरी, ब्रजभाषा, अवधी, राजस्थानी, मालवी, छत्तीसगढ़ी, हरियाणवी तथा अंग्रेजी भाषा में भी आपने लेखन कार्य किया है।
उनकी पूर्व प्रकाशित नवगीत कृति 'काल है संक्रांति की 'उद्भट समीक्षकों द्वारा की गई समीक्षाओं को पढ़कर ही पता चलता है कि आचार्य सलिल जी ज्ञान के अक्षय भण्डार हैं अनन्त सागर हैं। आचार्य सलिल जी की सद्य प्रकाशित 'सड़क पर' मैंने अभी-अभी पढ़ी है। 'सड़क पर' नवगीत संग्रह में गीतकार सलिल जी ने देश में हो रहे राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक परिवर्तनों को स्पष्ट रूप से दर्शाया है। उनके नवगीतों में भाग्य के सहारे न रहकर परिश्रम द्वारा लक्ष्य प्राप्त करने पर सदैव जोर दिया है।छोटे छोटे शब्दों द्वारा बड़े बड़े संदेश दिये हैं और चेतावनी भी दी है। कहीं अभावग्रसित होने के कारण तो कहीं अत्याधुनिक होने पर प्यार की खरीद फरोख्त को भी उन्होंने सृजन में उकेरा है।आजकल शादी कम और तलाक ज्यादा होते हैं, यह भी आधुनिकता का एक चोला है।
इसके अतिरिक्त सलिल जी ने एक और डाइवोर्स की बात लिखी है-
निष्ठा ने मेहनत से
डाइवोर्स चाहा है।
आगे भी
मलिन बिंब देख -देख
मन दर्पण
चटका है
आजकल बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता
सलिल जी के शब्दों में
पद -मद ने रिश्वत का
टैक्स फिर उगाहा है ।
पाश्चात्य के प्रभाव में लोगों को ग्रसित देख गीतकार का हृदय व्यथित है-
देह को दिखाना ही
प्रगति परिचायक है
मानो लगी होड़
कौन कितना सकता है छोड़।
पाशचात्य प्रभाव के कारण ही लोग अपने माता-पिता को वृद्धाश्रम में असहाय छोड़ कर अपनी जिम्मेदारियों से मुँह मोड़ लेते हैं। अपने पुराने स्वास्थ्य वर्धक खान-पान को भूलकर हानिकारक चीजों को शौक से खाते हैं। एक शब्द-चित्र देखिए-
ब्रेड बटर बिस्कुट
मन उन्मन ने
गटका है।
अब
लोरी को राइम ने
औंधे मुँह पटका है
इसी क्रम में-
नाक बहा,टाई बाँध
अंग्रेजी बोलेंगे
कब कान्हा गोकुल में
शायद ही डोलेंगे।
आजकल शिक्षा बहुत मँहगी हो गई है।उच्च शिक्षा प्राप्त युवक नौकरी की तलाश इधर- उधर भटकते हैं।बढ़ती बेरोजगारी पर भी आचार्य जी ने चिंता व्यक्त की है।शायद ही कोई ऐसा विषय है जिस पर सलिल जी की पैनी दृष्टि न पड़ी हो।
आचार्य जी के नवगीतों के केंद्र में श्रमजीवी श्रमिक है। चाहे वह खेतों में काम करनेवाला किसान हो,फैक्ट्रियों में काम करनेवाला श्रमिक या दिनभर पसीना बहाने वाला कोई मजदूर जो अथक परिश्रम के बाद भी उचित पारिश्रमिक नहीं पाता तो दूसरी ओर मिल मालिक, सेठों,सूदखोरों की तोंद बढ़ती रहती है।
देखिए-
चूहा झाँक रहा हंडी में
लेकिन पाई
सिर्फ हताशा
यह भी देखने में आता है
जो नंही हासिल
वही चाहिए
जितनी आँखें
उतने सपने
समाज के विभिन्न पहलुओं पर बड़ी बरीकी से कलम चलाई है। घर में काम वाली बाइयों, ऑफिस में सहकर्मियों तथा पास पड़ोस में रहने वाली महिलाओं के प्रति पुरुषों की कुदृष्टि को भी आपने पैनी कलम का शिकार बनाया है।
आज भले ही लगभग सभी क्षेत्रों में अपना वर्चस्व स्थापित कर रही हैं फिर भी मध्यम और सामान्य वर्ग की महिलाओं की स्थिति अभी भी बहुत अच्छी नहीं है। कार्यरत महिलाओं को दोहरी भूमिका निभाने के बाद भी ताने, प्रताड़ना और उपेक्षा का सामना करना पड़ता है।
सलिल जी के शब्दों में
मैंने पाए कर कमल,तुमने पाए हाथ
मेरा सर ऊँचा रहे झुके तुम्हारा माथ
सलिल जी ने नवगीतों में विसंगतियों को खूब उकेरा है।कुछ उदाहरण देखते हैं-
आँखें रहते सूर हो गए
जब हम खुद से दूर हो गए
**
मन की मछली तन की तितली
हाथ न आई पल में फिसली
जब तक कुर्सी तब तक ठाट
नाच जमूरा नाच मदारी
**
मँहगाई आई
दीवाली दीवाला है
नेता हैं अफसर हैं
पग-पग घोटाला है
आजादी के इतने वर्षों बाद भी गाँव और गरीबी का अभी भी बुरा हाल है लेकिन गीतकार का कहना है-
अब तक जो बीता सो बीता
अब न आस घट होगा रीता
**
मिल कर काटें तम की कारा
उजियारे के हों पौ बारा
**
बहुत झुकाया अब तक तूने
अब तो अपना भाल उठा
मन भावन सावन के माध्यम से जहाँ किसानों की खुशी का अंकन किया है वहीं बरसात में होने वाली समस्याओं को भी चित्रित किया है।
आचार्य जी ने नये नये छंदों की रचना कर अभिनव प्रयोग किया है।
सलिल जी ने नवगीतों में परिवेश की सजीवता बनाए रखने के लिए उन्होंने घरों में उपयोग में आने वाली वस्तुओं, रिश्तों के सम्बोधनों आदि का ही प्रयोग किया है। संचार क्रांति के आने से लोगों में कितना बदलाव आया है उसकी चिंता भी गीतकार को है
हलो हाय मोबाइल ने
दिया न हाय गले मिलने
नातों को जीता छलने
आचार्य ' सलिल 'जी ने गीतों-नवगीतों में लयबद्धता पर विशेष जोर दिया है।
लोकगीतों में गाये जाने वाले शब्दों, छंदों , अन्य भाषाओं के शब्दों, नये-नये बिंबों तथा प्रतीकों का निर्माण कर लोगों के लिए सड़क पर भी फुटपाथ बनाये हैं।जो बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। 'सड़क पर' गीत नवगीत संग्रह में अनेकानेक छोटे-छोटे बिंदुओं को अंकित किया है, उन सब को इंगित करना असंभव है।
सलिल जी ने ' सड़क पर ' गीत-नवगीत संग्रह में सड़क को केंद्र बिंदु बनाकर जीवन के अनेकानेक पहलुओं को बड़ी कुशलता से चित्रित किया है-
सड़क पर जनम है
सड़क पर मरण है
सड़क पर शरम है
सड़क बेशरम है
सड़क पर सियासत
सड़क पर भजन है
सड़क सख्त लेकिन
सड़क ही नरम है
सड़क पर सड़क से
सड़क मिल रही है।
आचार्य संजीव वर्मा ' सलिल 'जी ने अपनी सभी रचनाओं में माँ नर्मदा के वर्चस्व को सदा वर्णित किया है तथा 'सलिल' को अपनी रचनाओं में भी यथासंभव प्रयुक्त किया है। माँ नर्मदा के पावन निर्मल सलिल की तरह आचार्य 'सलिल 'जी भी सदा प्रवहमान हैं और सदा रहेंगे। उनकी इस कृति को पाठकों का भरपूर मान, सम्मान और प्यार मिलेगा ऐसा मेरा विश्वास है।
२२.१.२०१९
***
नवगीत:
बाँसुरी
*
बजा बाँसुरी
झूम-झूम मन...
*
जंगल-जंगल
गमक रहा है.
महुआ फूला
महक रहा है.
बौराया है
आम दशहरी-
पिक कूकी, चित
चहक रहा है.
डगर-डगर पर
छाया फागुन...
*
पियराई सरसों
जवान है.
मनसिज ताने
शर-कमान है.
दिनकर छेड़े
उषा लजाई-
प्रेम-साक्षी
चुप मचान है.
बैरन पायल
करती गायन...
*
रतिपति बिन रति
कैसी दुर्गति?
कौन फ़िराये
बौरा की मति?
दूर करें विघ्नेश
विघ्न सब-
ऋतुपति की हो
हे हर! सद्गति.
गौरा माँगें वर
मन भावन...
***
मुक्तक
*
श्वास-श्वास आस-आस झूमता बसन्त हो
मन्ज़िलों को पग तले चूमता बसन्त हो
भू-गगन हुए मगन दिग-दिगन्त देखकर
लिए प्रसन्नता अनंत घूमता बसन्त हो
*
साथ-साथ थाम हाथ ख्वाब में बसन्त हो
अँगना में, सड़कों पर, बाग़ में बसन्त हो
तन-मन को रँग दे बासंती रंग में विहँस
राग में, विराग में, सुहाग में बसन्त हो
*
अपना हो, सपना हो, नपना बसन्त हो
पूजा हो, माला को जपना बसन्त हो
मन-मन्दिर, गिरिजा, गुरुद्वारा बसन्त हो
जुम्बिश खा अधरों का हँसना बसन्त हो
*
अक्षर में, शब्दों में, बसता बसन्त हो
छंदों में, बन्दों में हँसता बसन्त हो
विरहा में नागिन सा डँसता बसन्त हो
साजन बन बाँहों में कसता बसन्त हो
*
मुश्किल से जीतेंगे कहता बसन्त हो
किंचित ना रीतेंगे कहता बसन्त हो
पत्थर को पिघलाकर मोम सदृश कर देंगे
हम न अभी बीतेंगे कहता बसन्त हो
*
सत्यजित न हारेगा कहता बसन्त है
कांता सम पीर मौन सहता बसंत है
कैंसर के काँटों को पल में देगा उखाड़
नर्मदा निनादित हो बहता बसन्त है
*
मन में लड्डू फूटते आया आज बसंत
गजल कह रही ले मजा लाया आज बसंत
मिली प्रेरणा शाल को बोली तजूं न साथ
सलिल साधना कर सतत छाया आज बसंत
*
वंदना है, प्रार्थना है, अर्चना बसंत है
साधना-आराधना है, सर्जना बसंत है
कामना है, भावना है, वायदा है, कायदा है
मत इसे जुमला कहो उपासना बसंत है
***
गीत
छंद - अनुकूला
गणसूत्र - भतनगग
मापनी - २११ २२१ १११ २२
*
देश दुलारा, जनगण प्यारा
जान लुटाई तन-मन वारा
त्याग-तपस्या ऋषि-मुनि थाती
खेत किसानी श्रम परिपाटी
राघव-सीता घर-घर खेले
नंद-यशोदा मधुवन मेले
श्रम-सीकर से इसे सँवारा
देश दुलारा, जन गण प्यारा
पौध लगाओ, तरु सुख देंगे
छाँह मिलेगी, नित फल लेंगे
फूल खिलेंगे, सुरभि मिलेगी
औषध लेंगे, विपति मिटेगी
सूर्य-उषा ने गगन सँवारा
देश दुलारा, जनगण प्यारा
ग्यान हमारा जनहितकारी
ध्यान हमेशा मनहितकारी
खोज करें मानव उपयोगी
संयम धारें बनकर योगी
विश्व समूचा सुहृद हमारा
देश दुलारा जनगण प्यारा
***
बासंती दोहा ग़ज़ल (मुक्तिका)
*
स्वागत में ऋतुराज के, पुष्पित शत कचनार.
किंशुक कुसुम विहँस रहे, या दहके अंगार..
पर्ण-पर्ण पर छा गया, मादक रूप निखार.
पवन खो रहा होश निज, लख वनश्री श्रृंगार..
महुआ महका देखकर, चहका-बहका प्यार.
मधुशाला में बिन पिए, सिर पर नशा सवार..
नहीं निशाना चूकती, पंचशरों की मार.
पनघट-पनघट हो रहा, इंगित का व्यापार..
नैन मिले लड़ मिल झुके, करने को इंकार.
देख नैन में बिम्ब निज, कर बैठे इकरार..
मैं तुम यह वह ही नहीं, बौराया संसार.
फागुन में सब पर चढ़ा, मिलने गले खुमार..
ढोलक, टिमकी, मँजीरा, करें ठुमक इसरार.
फगुनौटी चिंता भुला. नाचो-गाओ यार..
घर-आँगन, तन धो लिया, अनुपम रूप निखार.
अपने मन का मैल भी, किंचित 'सलिल' बुहार..
बासंती दोहा ग़ज़ल, मन्मथ की मनुहार.
सीरत-सूरत रख 'सलिल', निर्मल सहज सँवार..
२२-१-२०१८
***
नवगीत:
अभियंता की यंत्रणा
.
'अगले जनम
अभियंता न कीजो'
करे प्रार्थना मिल अभियंता
पिघले-प्रगटे भाग्यनियंता
'वत्स! बताओ, मुश्किल क्या है?
क्यों है इस माथे पर चिंता?'
'देव! प्रमोशन एक दिला दो
फिर चाहे जो काम करा लो'
'वत्स न यह संभव हो सकता
कलियुग में सच कभी न फलता'
है प्रशासनिक अफसर हावी
तुझ पर तकनीकों का पातक
वह डंडे के साथ रहेगा
तुझ पर हरदम वार करेगा
तुझे भेज साईट पर सोए
तू उन्नति के अवसर खोए
तू है नींव, कलश है अफसर
इसीलिये वह पाता अवसर
वह बढ़ मुख्य सचिव हो जाता
तू न पदोन्नति कोई पाता
तेरी मेहनत उसका परचम
उसको खुशियाँ, तुझको मातम
सर्वे कर प्राक्कलन बनाता
फिर स्वीकृति हित दौड़ लगाता
तू साईट पर बहा पसीना
वह कहलाता रहा नगीना
काम करा तू देयक लाता
जोड़ बजट में वः यश पाता
ठेकेदार सगे हैं उसके
पत्रकार फल पाते मिलके
मंत्री सभी उसी के संग हैं
पग-पग पर तू होता तंग है
पार न तू इनसे पाएगा
रोग पाल, घुट मर जाएगा
अफसर से मत कभी होड़ ले
भूल पदोन्नति, हाथ जोड़ ले
तेरा होना नहीं प्रमोशन
तेरा होगा नहीं डिमोशन
तू मृत्युंजय नहीं झोल दे
उठकर इनकी पोल खोल दे
खुश रह जैसा और जहाँ है
तुझसे बेहतर कौन-कहाँ है?
पाप कट रहे तेरे सारे
अफसर को ठेंगा दिखला रे!
बच्चे पढ़ें-बढ़ेंगे तेरे
तब सँवरेंगे साँझ-सवेरे
कर्म योग तेरी किस्मत में
भोग-रोग उनकी किस्मत में
कह न किसी से कभी पसीजो
श्रम-सीकर खुश रह भीजो
मुक्तिका
.
आप मानें या न मानें, सत्य हूँ किस्सा नहीं हूँ
कौन कह सकता है, हूँ इस सरीखा, उस सा नहीं हूँ
मुझे भी मालुम नहीं है, क्या बता सकता है कोई
पूछता हूँ आजिजी से, कहें मैं किस सा नहीं हूँ
साफगोई ने अदावत का दिया है दंड हरदम
फिर भी मुझको फख्र है, मैं छल रहा घिस्सा नहीं हूँ
हाथ थामो या न थामो, फैसला-मर्जी तुम्हारी
कस नहीं सकता गले में, आदमी- रस्सा नहीं हूँ
अधर पर तिल समझ मुझको, दूर अपने से न करना
हनु न रवि को निगल लेना, हाथ में गस्सा नहीं हूँ
निकट हो या दूर हो तुम, नूर हो तुम हूर हो तुम
पर बहुत मगरूर हो तुम, सच कहा गुस्सा नहीं हूँ
खामियाँ कम, खूबियाँ ज्यादा, तुम्हें तब तक दिखेंगी
मान जब तक यह न लोगे, तुम्हारा हिस्सा नहीं हूँ
.
***
हास्य सलिला:
औरत भी ले लो.…
*
लाली जी से हो गए जब लालू जी तंग
जा मुशायरे में किया 'सलिल' रंग में भंग
' ये दौलत भी ले लो, ये शोहरत भी ले लो'
सुनकर बोले आप, 'मेरी तो औरत भी ले लो
मिटे तभी संताप, सुन हुड़दंगा मच गया, ताली सीटी शोर
श्रोता चीखे: 'लालू जी वंस मोर, वंस मोर'
२२.१.२०१४ 
***
.
उग रहे या ढल रहे तुम
कान्त प्रतिपल रहे सूरज
.
हम मनुज हैं अंश तेरे
तिमिर रहता सदा घेरे
आस दीपक जला कर हम
पूजते हैं उठ सवेरे
पालते या पल रहे तुम
भ्रांत होते नहीं सूरज
.
अनवरत विस्फोट होता
गगन-सागर चरण धोता
कैंसर झेलो ग्रहण का
कीमियो नव आस बोता
रश्मियों की कलम ले
नवगीत रचते मिले सूरज
.
कै मरे कब गिने तुमने?
बिम्ब के प्रतिबिम्ब गढ़ने
कैमरे में कैद होते
हास का मधुमास वरने
हौसले तुमने दिये शत
ऊगने फिर ढले सूरज
.
***
मुक्तक:
*
चिंता न करें हाथ-पैर अगर सर्द हैं
कुछ फ़िक्र न हो चहरे भी अगर ज़र्द हैं
होशो-हवास शेष है, दिल में जोश है
गिर-गिरकर उठ खड़े हुए, हम ऐसे मर्द हैं.
*
जीत लेंगे लड़ के हम कैसा भी मर्ज़ हो
चैन लें उतार कर कैसा भी क़र्ज़ हो
हौसला इतना हमेशा देना ऐ खुदा!
मिटकर भी मिटा सकूँ मैं कैसा भी फ़र्ज़ हो
***
नवगीत:
*
मिली दिहाड़ी
चल बाजार
चावल-दाल किलो भर ले-ले
दस रुपये की भाजी
घासलेट का तेल लिटर भर
धनिया-मिर्ची ताजी
तेल पाव भर फ़ल्ली का
सिंदूर एक पुडिया दे
दे अमरूद पांच का, बेटी की
न सहूं नाराजी
खाली जेब पसीना चूता
अब मत रुक रे!
मन बेजार
निमक-प्याज भी ले लऊँ तन्नक
पत्ती चैयावाली
खाली पाकिट हफ्ते भर को
फिर छाई कंगाली
चूड़ी-बिंदी दिल न पाया
रूठ न मो सें प्यारी
अगली बेर पहलऊँ लेऊँ
अब तो दे मुस्का री!
चमरौधे की बात भूल जा
सहले चुभते
कंकर-खार
नवगीत:
.
अधर पर धर अधर १०
छिप २
नवगीत का मुखड़ा कहा १४
.
चाह मन में जगी १०
अब कुछ अंतरे भी गाइये १६
पंचतत्वों ने बनाकर १४
देह की लघु अंजुरी १२
पंच अमृत भर दिये १२
कर पान हँस-मुस्काइये १४
हाथ में पा हाथ १०
मन
लय गुनगुनाता खुश हुआ १४
अधर पर धर अधर १०
छिप
नवगीत का मुखड़ा कहा १४
.
सादगी पर मर मिटा १२
अनुरोध जब उसने किया १४
एक संग्रह अब मुझे १२
नवगीत का ही चाहिए १४
मिटाकर खुद को मिला क्या? १४
कौन कह सकता यहाँ? १२
आत्म से मिल आत्म १०
हो
परमात्म मरकर जी गया १४
अधर पर धर अधर १०
छिप
नवगीत का मुखड़ा कहा १४
२२-१-२०१५

शनिवार, 16 मार्च 2024

मार्च १६, दोहा, यमक, जनक छंद, श्रृंगार गीत, तुम, मुक्तिका, बाँसुरी, बसंत

सलिल सृजन १६ मार्च 
स्मरण युगतुलसी
मीमांसा अद्भुत नई,
शब्द-शब्द में अर्थ नव,
युग तुलसी ने बताए।
गूढ़ तत्व अतिशय सरल,
परस भक्ति का पा हुए,
हुईं सहायक शारदा।
मानस मानस में बसी,
जन मानस में पैठकर,
मानुस को मानुस करे।
भाव-भक्ति-रस नर्मदा,
दसों दिशा में बहाकर,
धन्य रामकिंकर हुए।
जबलपुर से अवधपुरी,
राम भक्ति की पताका,
युगतुलसी फहरा गए।
हनुमत कृपा अपार पा,
राम नाम जप साधना,
कर किंकर प्रभु प्रिय हुए।
राम भक्ति मंदाकिनी,
संस्कारधानी नहा,
युग तुलसी मय हो गई।
मिली मैथिली शरण जब,
हनुमत-किंकर धन्य हो,
रमारमण में रम गए।
जनकनंदिनी जानकी,
सदय रहीं सुत पर सदा,
राम कृपा अमृत पिला।
(जनक छंद) 
१६.३.२०२४
•••
गले मिलें दोहा यमक
*
चिंता तज चिंतन करें, दोहे मोहें चित्त
बिना लड़े पल में करें, हर संकट को चित्त
*
दोहा भाषा गाय को, गहा दूध सम अर्थ
दोहा हो पाया तभी, सचमुच छंद समर्थ
*
सरिता-सविता जब मिले, दिल की दूरी पाट
पानी में आगी लगी, झुलसा सारा पाट
*
राज नीति ने जब किया, राजनीति थी साफ़
राज नीति को जब तजे, जनगण करे न माफ़
*
इह हो या पर लोक हो, करके सिर्फ न फ़िक्र
लोक नेक नीयत रखे, तब ही हो बेफ़िक्र
*
धज्जी उड़ा विधान की, सभा कर रहे व्यर्थ
भंग विधान सभा करो, करो न अर्थ-अनर्थ
*
सत्ता का सौदा करें, सौदागर मिल बाँट
तौल रहे हैं गड्डियाँ, बिना तराजू बाँट
*
किसका कितना मोल है, किसका कितना भाव
मोलभाव का दौर है, नैतिकता बेभाव
*
योगी भूले योग को, करें ठाठ से राज
हर संयोग-वियोग का, योग करें किस व्याज?
*
जनप्रतिनिधि जन के नहीं, प्रतिनिधि दल के दास
राजनीति दलदल हुई, जनता मौन-उदास
*
कब तक किसके साथ है, कौन बताये कौन?
प्रश्न न ऐसे पूछिए, जिनका उत्तर मौन
१६-३-२०२०
***
दोहा दुनिया
*
भाई-भतीजावाद के, हारे ठेकेदार
चचा-भतीजे ने किया, घर का बंटाढार
*
दुर्योधन-धृतराष्ट्र का, हुआ नया अवतार
नाव डुबाकर रो रहे, तोड़-फेंक पतवार
*
माया महाठगिनी पर, ठगी गयी इस बार
जातिवाद के दनुज सँग, मिली पटकनी यार
*
लग्न-परिश्रम की विजय, स्वार्थ-मोह की हार
अवसरवादी सियासत, डूब मरे मक्कार
*
बादल गरजे पर नहीं, बरस सके धिक्कार
जो बोया काटा वही, कौन बचावनहार?
*
नर-नरेंद्र मिल हो सके, जन से एकाकार
सर-आँखों बैठा किया, जन-जन ने सत्कार
*
जन-गण को समझें नहीं, नेतागण लाचार
सौ सुनार पर पड़ गया,भारी एक लुहार
*
गलती से सीखें सबक, बाँटें-पाएँ प्यार
देश-दीन का द्वेष तज, करें तनिक उपकार
*
दल का दलदल भुलाकर, असरदार सरदार
जनसेवा का लक्ष्य ले, बढ़े बना सरकार
१६-३-२०१८
***
श्रृंगार गीत
तुम बिन
*
तुम बिन नेह, न नाता पगता
तुम बिन जीवन सूना लगता
*
ही जाती तब दूर निकटता
जब न बाँह में हृदय धड़कता
दिपे नहीं माथे का सूरज
कंगन चुभे, न अगर खनकता
तन हो तन के भले निकट पर
मन-गोले से मन ही दगता
*
फीकी होली, ईद, दिवाली
हों न निगाहें 'सलिल' सवाली
मैं-तुम हम बनकर हर पल को
बाँटें आजीवन खुशहाली
'मावस हो या पूनम लेकिन
आँख मूँद, मन रहे न जगता
*
अपना नाता नेह-खज़ाना
कभी खिजाना, कभी लुभाना
रूठो तो लगतीं लुभावनी
मानो तो हो दिल दीवाना
अब न बनाना कोई बहाना
दिल न कहे दिलवर ही ठगता
***
मुक्तिका :
मापनी- २१२२ २१२२ २१२
*
तू न देगा, तो न क्या देगा खुदा?
है भरोसा न्याय ही देगा खुदा।
*
एक ही है अब गुज़ारिश वक़्त से
एक-दूजे से न बिछुड़ें हम खुदा।
*
मुल्क की लुटिया लुटा दें लूटकर
चाहिए ऐसे न नेता ऐ खुदा!
*
तब तिरंगे के लिये हँस मर मिटे
हाय! भारत माँ न भाती अब खुदा।
*
नौजवां चाहें न टोंके बाप-माँ
जोश में खो होश, रोएँगे खुदा।
*
औरतों को समझ-ताकत कर अता
मर्द की रहबर बनें औरत खुदा।
*
लौ दिए की काँपती चाहे रहे
आँधियों से बुझ न जाए ऐ खुदा!
***
(टीप- 'हम वफ़ा करके भी तन्हा रह गए' गीत इसी मापनी पर है.)
१६-३-२०१६
***
मुक्तक
नव संवत्सर मंगलमय हो.
हर दिन सूरज नया उदय हो.
सदा आप पर ईश सदय हों-
जग-जीवन में 'सलिल' विजय हो..
***
गीत
बजा बाँसुरी
झूम-झूम मन...
*
जंगल-जंगल
गमक रहा है.
महुआ फूला
महक रहा है.
बौराया है
आम दशहरी-
पिक कूकी, चित
चहक रहा है.
डगर-डगर पर
छाया फागुन...
*
पियराई सरसों
जवान है.
मनसिज ताने
शर-कमान है.
दिनकर छेड़े
उषा लजाई-
प्रेम-साक्षी
चुप मचान है.
बैरन पायल
करती गायन...
*
रतिपति बिन रति
कैसी दुर्गति?
कौन फ़िराये
बौरा की मति?
दूर करें विघ्नेश
विघ्न सब-
ऋतुपति की हो
हे हर! सद्गति.
गौरा माँगें वर
मन भावन...
१६-३-२०१०
***

गुरुवार, 16 मार्च 2023

श्रृंगार गीत,तुम,मुक्तिका,बाँसुरी,दोहा,यमक,

गले मिलें दोहा यमक
*
चिंता तज चिंतन करें, दोहे मोहें चित्त
बिना लड़े पल में करें, हर संकट को चित्त
*
दोहा भाषा गाय को, गहा दूध सम अर्थ
दोहा हो पाया तभी, सचमुच छंद समर्थ
*
सरिता-सविता जब मिले, दिल की दूरी पाट
पानी में आगी लगी, झुलसा सारा पाट
*
राज नीति ने जब किया, राजनीति थी साफ़
राज नीति को जब तजे, जनगण करे न माफ़
*
इह हो या पर लोक हो, करके सिर्फ न फ़िक्र
लोक नेक नीयत रखे, तब ही हो बेफ़िक्र
*
धज्जी उड़ा विधान की, सभा कर रहे व्यर्थ
भंग विधान सभा करो, करो न अर्थ-अनर्थ
*
सत्ता का सौदा करें, सौदागर मिल बाँट
तौल रहे हैं गड्डियाँ, बिना तराजू बाँट
*
किसका कितना मोल है, किसका कितना भाव
मोलभाव का दौर है, नैतिकता बेभाव
*
योगी भूले योग को, करें ठाठ से राज
हर संयोग-वियोग का, योग करें किस व्याज?
*
जनप्रतिनिधि जन के नहीं, प्रतिनिधि दल के दास
राजनीति दलदल हुई, जनता मौन-उदास
*
कब तक किसके साथ है, कौन बताये कौन?
प्रश्न न ऐसे पूछिए, जिनका उत्तर मौन
१६-३-२०२०
***
दोहा दुनिया
*
भाई-भतीजावाद के, हारे ठेकेदार
चचा-भतीजे ने किया, घर का बंटाढार
*
दुर्योधन-धृतराष्ट्र का, हुआ नया अवतार
नाव डुबाकर रो रहे, तोड़-फेंक पतवार
*
माया महाठगिनी पर, ठगी गयी इस बार
जातिवाद के दनुज सँग, मिली पटकनी यार
*
लग्न-परिश्रम की विजय, स्वार्थ-मोह की हार
अवसरवादी सियासत, डूब मरे मक्कार
*
बादल गरजे पर नहीं, बरस सके धिक्कार
जो बोया काटा वही, कौन बचावनहार?
*
नर-नरेंद्र मिल हो सके, जन से एकाकार
सर-आँखों बैठा किया, जन-जन ने सत्कार
*
जन-गण को समझें नहीं, नेतागण लाचार
सौ सुनार पर पड़ गया,भारी एक लुहार
*
गलती से सीखें सबक, बाँटें-पाएँ प्यार
देश-दीन का द्वेष तज, करें तनिक उपकार
*
दल का दलदल भुलाकर, असरदार सरदार
जनसेवा का लक्ष्य ले, बढ़े बना सरकार
१६-३-२०१८

***

श्रृंगार गीत
तुम बिन
*
तुम बिन नेह, न नाता पगता
तुम बिन जीवन सूना लगता
*
ही जाती तब दूर निकटता
जब न बाँह में हृदय धड़कता
दिपे नहीं माथे का सूरज
कंगन चुभे, न अगर खनकता
तन हो तन के भले निकट पर
मन-गोले से मन ही दगता
*
फीकी होली, ईद, दिवाली
हों न निगाहें 'सलिल' सवाली
मैं-तुम हम बनकर हर पल को
बाँटें आजीवन खुशहाली
'मावस हो या पूनम लेकिन
आँख मूँद, मन रहे न जगता
*
अपना नाता नेह-खज़ाना
कभी खिजाना, कभी लुभाना
रूठो तो लगतीं लुभावनी
मानो तो हो दिल दीवाना
अब न बनाना कोई बहाना
दिल न कहे दिलवर ही ठगता
***
मुक्तिका :
मापनी- २१२२ २१२२ २१२
*
तू न देगा, तो न क्या देगा खुदा?
है भरोसा न्याय ही देगा खुदा।
*
एक ही है अब गुज़ारिश वक़्त से
एक-दूजे से न बिछुड़ें हम खुदा।
*
मुल्क की लुटिया लुटा दें लूटकर
चाहिए ऐसे न नेता ऐ खुदा!
*
तब तिरंगे के लिये हँस मर मिटे
हाय! भारत माँ न भाती अब खुदा।
*
नौजवां चाहें न टोंके बाप-माँ
जोश में खो होश, रोएँगे खुदा।
*
औरतों को समझ-ताकत कर अता
मर्द की रहबर बनें औरत खुदा।
*
लौ दिए की काँपती चाहे रहे
आँधियों से बुझ न जाए ऐ खुदा!
***
(टीप- 'हम वफ़ा करके भी तन्हा रह गए' गीत इसी मापनी पर है.)
१६-३-२०१६

***

गीत

बजा बाँसुरी
झूम-झूम मन...
*
जंगल-जंगल
गमक रहा है.
महुआ फूला
महक रहा है.
बौराया है
आम दशहरी-
पिक कूकी, चित
चहक रहा है.
डगर-डगर पर
छाया फागुन...
*
पियराई सरसों
जवान है.
मनसिज ताने
शर-कमान है.
दिनकर छेड़े
उषा लजाई-
प्रेम-साक्षी
चुप मचान है.
बैरन पायल
करती गायन...
*
रतिपति बिन रति
कैसी दुर्गति?
कौन फ़िराये
बौरा की मति?
दूर करें विघ्नेश
विघ्न सब-
ऋतुपति की हो
हे हर! सद्गति.
गौरा माँगें वर
मन भावन...
१६-३-२०१०

***

गुरुवार, 16 दिसंबर 2021

गीत, नवगीत, दोहा, मुकताक, बाँसुरी, वास्तु,

त्वरित कविता
*
दागी है कुलदीप, बुझा दो श्रीराधे
आगी झट से उसे लगा दो श्रीराधे
रक्षा करिए कलियों की माँ काँटों से
माँगी मन्नत शांति दिला दो श्रीराधे
१६-१२-२०१९
***
दोहा मुक्तिका
*
दोहा दर्पण में दिखे, साधो सच्चा रूप।
पक्षपात करता नहीं, भिक्षुक हो या भूप।।
*
सार-सार को गह रखो, थोथा देना फेंक।
मनुज स्वभाव सदा रखो, जैसे रखता सूप।।
*
प्यासा दर पर देखकर, द्वार न करना बंद।
जल देने से कब करे, मना बताएँ कूप।।
*
बिसरा गौतम-सीख दी, तज अचार-विचार।
निर्मल चीवर मलिन मन, नित प्रति पूजें स्तूप।।
*
खोट न अपनी देखती, कानी सबको टोंक।
सब को कहे कुरूप ज्यों, खुद हो परी अनूप।।
१६-१२-२०१८
***
गीत:
दरिंदों से मनुजता को जूझना है
.
सुर-असुर संघर्ष अब भी हो रहा है
पा रहा संसार कुछ, कुछ खो रहा है
मज़हबी जुनून पागलपन बना है
ढँक गया है सूर्य, कोहरा भी घना है
आत्मघाती सवालों को बूझना है
.
नहीं अपना या पराया दर्द होता
कहीं भी हो, किसी को हो ह्रदय रोता
पोंछना है अश्रु लेकर नयी आशा
बोलना संघर्ष की मिल एक भाषा
नाव यह आतंक की अब डूबना है
.
आँख के तारे अधर की मुस्कुराहट
आये कुछ राक्षस मिटाने खिलखिलाहट
थाम लो गांडीव, पाञ्चजन्य फूंको
मिटें दहशतगर्द रह जाएँ बिखरकर
सिर्फ दृढ़ संकल्प से हल सूझना है
.
जिस तरह का देव हो, वैसी ही पूजा
दंड के अतिरिक्त पथ वरना न दूजा
खोदकर जड़, मठा उसमें डाल देना
तभी सूझेगा नयन कर रुदन सूजा
सघन तम के बाद सूरज ऊगना है
***
एक हाइकु-
बहा पसीना
चमक उठी देह
जैसे नगीना।
***
नवगीत:
जितनी रोटी खायी
की क्या उतनी मेहनत?
.
मंत्री, सांसद मान्य विधायक
प्राध्यापक जो बने नियामक
अफसर, जज, डॉक्टर, अभियंता
जनसेवक जन-भाग्य-नियंता
व्यापारी, वकील मुँह खोलें
हुए मौन क्यों?
कहें न तुहमत
.
श्रमिक-किसान करे उत्पादन
बाबू-भृत्य कर रहे शासन
जो उपजाए वही भूख सह
हाथ पसारे माँगे राशन
कब बदलेगी परिस्थिति यह
करें सोचने की
अब ज़हमत
.
उत्पादन से वेतन जोड़ो
अफसरशाही का रथ मोड़ो
पर्यामित्र कहें क्यों पिछड़ा?
जो फैलाता कैसे अगड़ा?
दहशतगर्दों से भी ज्यादा
सत्ता-धन की
फ़ैली दहशत
***
वेणु और वास्तु

भगवान श्रीकृष्ण और वंशी एक दूसरे के बिना अधूरे हैं। गोपाल की वंशी शब्दब्रह्म की वाहक है। वंशलोचन (बाँस) निर्मित वंशी के आविष्कारक संभवतः कन्हैयाजी ही हैं। ब्रह्मा के किसी शाप वश उनकी मानस पुत्री सरस्वती को बाँस रूपी जड़ रूप में धरती पर आना पड़ा। संयोगवश जड़ होने से पूर्व उन्होंने एक सहस्त्र वर्ष तक भगवत-प्राप्ति के लिए तपस्या की, जिससे प्रसन्न होकर प्रभु ने कृष्णावतार में उन्हें अपनी सहचरी बनाने का वर दिया। तब उन्होंने ब्रह्माजी के शाप का स्मरण करके प्रभु से कहा, " हे प्रभु! मैं तो जड़ बाँस के रूप में जन्म लेने के लिए श्रापग्रस्त हूँ।" यह सुनकर प्रभु ने कहा, "यद्यपि तुम्हें जन्म जड़ रूप में मिलेगा, तथापि मैं तुम्हें अपनाकर तुम में ऐसी प्राण-शक्ति भर दूँगा जिससे तुम विलक्षण चेतना का अनुभव कर सदा चैतन्य रह सकोगी।" वस्तुत: प्रभु के अधरों पर वंशी, मुरली, वेणु या बाँसुरी के रूप में वस्तुतः ब्रह्मा जी की मानस पुत्री सरस्वती जी ही विराजमान हैं।

वंशी या बांसुरी का वर्णन सबसे पहले सामवेद में ही मिलता है। बाँसुरी संगीत के सप्त स्वरों की एक साथ प्रस्तुति का सर्वोत्तम वाद्ययंत्र है जिसकी मधुर धुन तन-मन को परमानंद से भर देती है। यह क्या जड़ क्या चेतन सभी के मन का हरण कर लेती है इसके गीत की धुन सुनकर गोपियाँ अपनी सुध-बुध तक खो बैठती थीं। गोपियाँ तो गोपियाँ, गायें तक वेणुवादन से आकर्षित होकर कन्हैया के सम्मुख आ उपस्थित होती थीं। वंशी की तान सुनकर आज भी हम सभी को असीमित आनंद की अनुभूति होती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के लिए इसे बजाने से पूर्व एक बार इसकी अभूतपूर्व परीक्षा भी ली थी। एक दिन उनके वंशीवादन करते ही वास्तव में यमुना की गति ही रुक गई तदनंतर एक दिन वृन्दावन के पाषाण तक वंशी-ध्वनि का श्रवण कर द्रवीभूत हो उठे, पशु-पक्षी व देवताओं के विमान आदि की गति रुक गई, जिससे सभी स्तब्ध हो उठे। वंशी की पूर्ण परीक्षा हो गई तब श्यामसुन्दर ने अपनी ब्रज-गोपांगनाओं के लिए वंशी बजाई, सुनते ही वे सभी अपनी सुध-बुध ही खो बैठीं। उन सभी के अंत:करण में किशोर श्यामसुन्दर का सुन्दर मनोहारी स्वरूप विराजमान हो गया। ब्रह्म, रुद्र, इन्द्र आदि उस वंशी का सुर सुन एक विशेष भाव में मुग्ध हो गए, किसी-किसी की समाधि भी भंग हुई परन्तु वंशी का तात्विक रहस्य किसी को भी ज्ञात न हो सका।

किसी समय राधा जी ने बाँसुरी से पूछा, "हे बाँसुरी! मैं कृष्ण जी को अत्यंत प्रेम करती हूँ, किंतु श्याम मुझसे अधिक तुमसे प्रेम करते हैं, सदैव अपने होठों से लगाये रखते हैं, इसका क्या रहस्य है?

तब विनीत भाव से सुरीले स्वर में बाँसुरी ने कहा, "प्रिय राधे! प्रभु के प्रेम में पहले मैंने अपने तन को कटवाया, फिर से काट-छाँट कर अलग करके जलती आग में तपाकर सीधी की गई, तद्पश्चात मैंने अपना मन भी कटवाया, अर्थात बीच में से आर-पार एकदम पूरी की पूरी खाली कर दी गई। फिर जलते हुए छिद्रक से समस्त अंग-अंग छिदवाकर स्वयं में अनेक सुराख़ करवाये। तदनंतर कान्हा ने मुझे जैसे बजाना चाहा मै ठीक वैसे ही अर्थात उनके आदेशानुसार ही बजी। अपनी मर्ज़ी से तो मैं कभी भी नहीं बज सकी। मुझमें व तुममें एकमात्र यही अंतर है कि मैं कन्हैया की मर्ज़ी से चलती हूँ और तुम कृष्णजी को अपनी मर्ज़ी से चलाती हो। वंशी प्रेम में त्याग व समर्पण की पराकाष्ठा का सन्देश देती है कि हम अपने प्रभु की इच्छानुसार ही सत्कर्म करके अपना जीवनमार्ग प्रशस्त करें। यह कदापि उचित नहीं कि हम अपने हठयोग से उन्हें विवश करें कि प्रभु हमारे जीवनमार्ग का निर्धारण हमारी इच्छानुसार ही करें।

वास्तु दोष परिहार :

किसी समय अधिकाँश घरों में कोई न कोई व्यक्ति वंशी बजाने में प्रवीण होता ही होता था। लोक गीत है- 'देवर जी आवैं वंशी बजावैं।' आधुनिक दौर में देश में गिने-चुने बाँसुरीवादक हैं। विदेशों में वेणु वादन को अत्यंत सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। चीन में तो अधिकांश लड़कियाँ वेणु वादन में प्रवीण हैं। चीनी वास्तु विद्या फेंगशुई के अनुसार वास्तु दोष के निवारण हेतु बाँस की बाँसुरी का प्रयोग अति उत्तम है। 'लो पिच' पर उत्पन्न की गयी इसकी शंख समान ध्वनि से आस-पास के वातावरण में व्याप्त सूक्ष्म वायरस तक नष्ट हो जाते हैं। यह धनात्मक ऊर्जा का सर्वश्रेष्ठ स्रोत है जिसकी उपस्थिति में नकारात्मक ऊर्जा नष्ट हो जाती है। भवन के मुख्य द्वार पर लाल धागे में बाँधकर गुणा चिह्न के रूप में दो बाँसुरी एक साथ लगाने से भवन में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश नहीं हो पाता है और अचानक आने वाली मुसीबतें दूर हो जाती हैं। शिक्षा, व्यवसाय या नौकरी में बाधा आने पर शयन कक्ष के दरवाजे पर दो बाँसुरियों को लगाना शुभ दायी होता है।

बीम के नीचे बैठकर काम करने, भोजन करने व सोने से दिमागी बोझ व अशान्ति बनी रहती है किन्तु उसी बीम के नीचे यदि लाल धागे में बाँधकर बाँस से बनी बाँसुरीलटका दी जाय तो इस दोष का परिहार हो जाता है। बीमार व्यक्ति के तकिये के नीचे बाँसुरी रखने से रोगमुक्ति होती है। घर के अंदर किसी तरह की बुरी आत्मा या अशुभ चीजों का संदेह हो तो इसे घर की दीवार पर तलवार की तरह लटकाकर अशुभ शक्तियों से घर को मुक्त किया जा सकता है। वैवाहिक जीवन ठीक न चल रहा हो तो सोते-समय इसे सिराहने के नीचे रखने से आपसी तनाव आदि दूर हो जाता है। जन्माष्टमी के दिन बाँसुरी को सजाकर भगवान कृष्ण के समीप रखकर पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। श्रीकृष्ण को बांसुरी अत्यधिक प्रिय है और वे इसे सदैव अपने साथ ही रखते हैं। श्रीकृष्ण का वरदान है कि जिस स्थान पर बाँसुरी वादन होता रहता है वह स्थान वास्तुदोष जनित दुष्प्रभावों व बीमारियों से पूर्णतः सुरक्षित रहता है,परिवार के सदस्यों के विचार सकारात्मक हो जाते हैं जिससे उन्हें सभी कार्यों में सफलता प्राप्त होती है। बाँसुरी से निकलनेवाला स्वर प्रेम बरसाता है। घर में बाँस की बाँसुरी हो तो प्रेम और धन की कमी नहीं होतीतथा दुःख व आर्थिक तंगी दूर हो जाती है।

सहज उपलब्धता :

बजाने योग्य वंशी आमतौर पर वाद्ययंत्रों की दुकानों पर सहजता से उपलब्ध हो जाती है। मेले में बाँसुरी बेचनेवाले होते हैं किन्तु उनके पास बजाने योग्य बाँसुरियाँ कम ही होती हैं | वाद्य यंत्रों की दुकानों पर विभिन्न ट्यून की तेरह, अठारह व चौबीस बाँसुरियों के ट्यून्ड सेट मिलते हैं जिनकी अधिकतर आपूर्ति उत्तर प्रदेश के पीलीभीत शहर से की जाती है। नबी एण्ड संस यहाँ के प्रमुख बाँसुरी निर्माता हैं जो विदेशों तक भी बाँसुरी का निर्यात करते हैं | पीलीभीत को बाँसुरी नगरी के नाम से भी जाना जाता है |
प्रसिद्ध बाँसुरी वादक :
भगवान् श्रीकृष्ण (सर्वश्रेष्ठ)
पंडित पन्नालाल घोष
पंडित भोलानाथ
पंडित हरिप्रसाद चौरसिया
पंडित रघुनाथ सेठ
पंडित विजय राघव राव
पंडित देवेन्द्र
पंडित देवेन्द्र गुरूदेश्वर
पंडित रोनू मजूमदार
पंडित रूपक कुलकर्णी
बांसुरी वादक श्री राजेंद्र प्रसन्ना
बांसुरी वादक श्री एन रामानी
बांसुरी वादक श्री समीर राव
पंडित प्रमोद बाजपेयी (वरिष्ठ एडवोकेट)
स्वैच्छिक बांसुरी वादक श्री नरेन्द्र मोदी (वर्तमान प्रधानमंत्री भारत सरकार)
स्वैच्छिक बांसुरी वादक श्री लालकृष्ण आडवानी (वरिष्ठ राजनेता)
स्वैच्छिक बांसुरी वादक श्री मुक्तेश चन्द्र (पुलिस कमिश्नर)
बांसुरी वादक श्री बलबीर कुमार (कनॉट प्लेस सब वे पर बांसुरी विक्रेता व बांसुरी-शिक्षक) आदि..
बांसुरी वादकों की न्यून संख्या का प्रमुख कारण हमारे संस्कारों की क्षति व पश्चिमी सभ्यता का अन्धानुकरण है। हमारी सरकारों व समाज को बाँसुरीवादकों के लिए सम्मानजनक रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
***
मुक्तक:
अधरों पर मुस्कान, आँख में चमक रहे
मन में दृढ़ विश्वास, ज़िन्दगी दमक कहे
बाधा से संकल्प कहो कब हारा है?
आओ! जीतो, यह संसार तुम्हारा है
***
दोहा:
पलकर पल भर भूल मत, पालक का अहसान
गंध हीन कटु स्वाद पर, पालक गुण की खान
१६-१२-२०१४

*

मंगलवार, 16 मार्च 2021

नवगीत

नवगीत: बजा बाँसुरी ---...
*
बजा बाँसुरी
झूम-झूम मन...
*
जंगल-जंगल
गमक रहा है.
महुआ फूला
महक रहा है.
बौराया है
आम दशहरी-
पिक कूकी, चित
चहक रहा है.
डगर-डगर पर
छाया फागुन...
*
पियराई सरसों
जवान है.
मनसिज ताने
शर-कमान है.
दिनकर छेड़े
उषा लजाई-
प्रेम-साक्षी
चुप मचान है.
बैरन पायल
करती गायन...
*
रतिपति बिन रति
कैसी दुर्गति?
कौन फ़िराये
बौरा की मति?
दूर करें विघ्नेश
विघ्न सब-
ऋतुपति की हो
हे हर! सद्गति.
गौरा माँगें वर
मन भावन...
**************
१६-३-२०१०

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2020

दोहा गीत

दोहा गीत-
बंद बाँसुरी
*
बंद बाँसुरी चैन की,
आफत में है जान।
माया-ममता घेरकर,
लिए ले रही जान।।
*
मंदिर-मस्जिद ने किया, प्रभु जी! बंटाधार
यह खुश तो नाराज वह, कैसे पाऊँ पार?
सर पर खड़ा चुनाव है,
करते तंग किसान
*
पप्पू कहकर उड़ाया, जिसका खूब मजाक
दिन-दिन जमती जा रही, उसकी भी अब धाक
रोहिंग्या गल-फाँस बन,
करते हैं हैरान
*
चंदा देते सेठ जो, चाहें ऊँचे भाव
जनता का क्या, सहेगी चुप रह सभी अभाव
पत्रकार क्रय कर लिए,
करें नित्य गुणगान
*
तिलक जनेऊ राम-शिव, की करता जयकार
चैन न लेने दे रहा, मैया! चतुर सियार
कैसे सो सकता कहें,
लंबी चादर तान?
*
गीदड़ मिलकर शेर को, देते धमकी रोज
राफेल से कैसे बचें, रहे तरीके खोज
पाँच राज्य हैं जीतना
लिया कमल ने ठान
*****
६-१०-२०१८