कुल पेज दृश्य

रविवार, 5 सितंबर 2021

इंडियन जिओटेक्नीकल सोसायटी

इंडियन जिओटेक्नीकल सोसायटी : जबलपुर चैप्टर
विशेष व्याख्यान : 'फोरेंसिक जिओटेक्नीकल इंजीनियरिंग एन्ड केस स्टडीज'
दिनाँक ५ सितंबर २०२१, समय प्रात: ११ बजे से 
                                                                                                       *
अध्यक्ष : आचार्य इं. संजीव वर्मा 'सलिल'
प्रमुख अतिथि : प्रो. डॉ. नरेंद्र कुमार समाधिया, प्राध्यापक आई.आई.टी. रुड़की  
मुख्य अतिथि : प्रो. डॉ. आर के श्रीवास्तव, प्राध्यापक एम्. एन. एन. आई. टी. प्रयागराज  
मुख्य वक्ता: डॉ. लक्ष्मीकांत यदु, सहा. प्राध्यापक एन. आई. टी. रायपुर 
संचालन: प्रो. डॉ. संजय वर्मा, विभागाध्यक्ष सिविल, तक्षशिला इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी जबलपुर 
आभार : प्रो. डॉ. वेदांत श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष सिविल, ज्ञानगंगा इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी जबलपुर
*** 
कार्यक्रम का श्रीगणेश करते हुए इंडियन जिओटेक्नीकल सोसायटी जबलपुर चैप्टर के अध्यक्ष आचार्य इं. संजीव वर्मा 'सलिल' ने प्रमुख अतिथि प्रो. डॉ. नरेंद्र कुमार समाधिया, प्राध्यापक आई.आई.टी. रुड़की (राष्ट्रीय अध्यक्ष आई.जी.एस. भारत ), मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. आर के श्रीवास्तव, प्राध्यापक एम्. एन. एन. आई. टी. प्रयागराज, मुख्य वक्ता डॉ. लक्ष्मीकांत यदु, सहा. प्राध्यापक एन. आई. टी. रायपुर, सभी श्रोताओं तथा आई.जी.इस.जबलपुर चैप्टर के पदाधिकारियों व सदस्यों का स्वागत करते हुए शिक्षक दिवस पर दिवंगत प्रेरणादायी शिक्षकों प्रो. विनय कुमार श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश कुमार खरे, प्रो. एन. जॉर्ज आदि को श्रद्धांजलि दी तथा अभियांत्रिकी शिक्षण में संलग्न शिक्षकों का अभिनन्दन किया। वर्तमान कोरोना महामारी की दीर्घ अवधि में पूरे देश में कहीं भी अभियांत्रिकी असफलता के कारण चिकित्सालयों, चिकित्सकों अथवा मरीजों को कोई कठिनाई न होने का उल्लेख करते हुए अभियंता संजीव वर्मा ने समूचे अभियंता संवर्ग के महत्व को शासन-प्रशासन व समाज द्वारा रेखांकित किए जाने को आवश्यक बताया।  
इंडियन जिओटेक्नीकल सोसायटी जबलपुर चैप्टर के सचिव प्रो. डॉ. संजय वर्मा ने जबलपुर चैप्टर की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि का परिचय दिया। 
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. आर के श्रीवास्तव ने अंतर्राष्ट्रीय भूतकनीकी सोसायटी ने फोरेंसिक अन्वेषण विज्ञान में भू तकनीकी की आवश्यकता और महत्त्व अनुभव कर एक तकनीकी समिति का गठन किया जिसकी अध्यक्षता भारत को मिली है। फोरेंसिक अन्वेषण परिदृश्य में अभियांत्रिकी और अभियंताओं की महत्ता को लेकर वक्ता ने इं. संजीव वर्मा द्वारा व्यक्त विचारों से सहमति व्यक्त की। मेघ विस्फोट, विद्युतपात, भूस्खलन आदि जटिल परिस्थितियों तथा अपराध संबंधी अन्वेषण में साक्ष्य-शोधन में भू तकनीकी के प्रयोग को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए प्रो. श्रीवास्तव ने विषय की प्रासंगिकता प्रतिपादित की। 
छात्र प्रकोष्ठ के संयोजक सागर श्रीवास्तव ने  मुख्य वक्ता डॉ. लक्ष्मीकांत यदु  का परिचय प्रस्तुत किया। 
प्रो. यदु ने अधिवक्ता की तरह सुनो और देखो तथा अभियंता की तरह आकलन अन्वेषण करो। 'फोरेंसिक' शब्द का उपयोग विशिष्ट अर्थ में किया जाता है। भवन निर्माता भवन सुदृढ़ न बनाए और उसके गिराने से माकन मालिक मरे तो जिम्मेदारी भवन निर्माता ठेकेदार की हो। फोरेंसिक सिविल इंजीनियरिंग के अन्तर्गत भवन, सेतु तथा अन्य संरचनाओं के  गिरने या क्षतिग्रस्त होने पर जिम्मेदारी निर्धारण का अध्ययन किया जाता है। ईश्वरीय  कृत्य की अवधारणा हमेशा सही नहीं हो सकती। विधि सम्मत अध्ययन आवश्यक है। विधिवत और विज्ञानसम्मत सत्य शोधन के पश्चात दुर्घटना के कारण और जिम्मेदार का निर्धारण किया जा सकेगा। सामग्री की गुणवत्ता, रूपांकन में त्रुटि, समुचित निर्माण विधि का भाव, संधारण में लापरवाही आदि क्षेत्रों में हुई कमी का पता लगाकर निर्माण ध्वंस के कारण का पता लगाया जा सकता है। अन्वेषण बिना किसी पूर्वाग्रह के किया जाना चाहिए। फोरेंसिक अन्वेषण में समस्या निर्माणस्थली संबंधी जानकारियों के अभाव का होता है। दुर्घटना और जांच के मध्य जितना समय बीतता है प्रमाण पा सकना कठिन होता जाता है। उपलब्ध आँकड़े परिस्थितियों के साथ मेल खाते हैं या नहीं? जिओटेक्नीकल इंजीनियर निर्माण यांत्रिकी तथा भूगर्भीय यांत्रिकी का जानकर होता है, इसलिए वही फोरेंसिक जिओटेक्नीकल अन्वेषण सही विधि से कर सकता है। वस्तुत: हम असफलता से ही सीखते हैं। पूर्व दुर्घटनाओं का सम्यक अध्ययन आवश्यक है। वक्ता ने संबंधित कोड्स की जानकारी दी। विविध दुर्घटना प्रकरणों में किए गए शोध की जानकारी देते हुए वक्ता ने स्लाइड शो के माध्यम से तकनीक की जानकारी दी। 
आई जी इस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नरेंद्र कुमार समाधिया ने अनुष्ठान का समापन वक्तव्य देते हुए कहा कि हम असफलता से ही सीखते हैं। फोरेंसिक अभियांत्रिकी निर्माण कार्यस्थलियों पर ही विकसित होती है। आपने कार्यरत अभियंताओं को भी शिक्षक निरूपित करते हुए कहा कि वे निर्माण करते समय हमेशा सीखते और सिखाते रहते हैं।
व्याख्यान पर प्रतिक्रिया देते हुए चैप्टर अध्यक्ष इं. संजीव वर्मा 'सलिल' ने दुर्घटना के संबंध में क्या, क्यों, कब, कहाँ (किस भाग में), किसके द्वारा हुई तथा कैसे हुई , इन प्रश्नों के उत्तर खोजे जाने को आवश्यक बताया। 
डॉ. श्रीनिवासन ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता न होने को दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया। डॉ. सती ने डिजाइन मटेरियल के स्पेसिफिकेशन स्पष्ट: निर्धारित तथा पालन किए जाने को जरूरी बताया। प्रो. मुरलीकृष्णन ने नीव की भराई में मुरम के स्थान पर गुणवत्ता पूर्ण अन्य सामग्री के उपयोग पर बल देते हुए, कई स्थानों का उल्लेख कर, मुरम को दुर्घटना का कारण बताया।   
व्याख्यानों के पश्चात् श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर विशेषज्ञों द्वारा दिए गए। प्रो. वेदांत श्रीवास्तव ने आभार प्रदर्शन किया।
***   

     

कोई टिप्पणी नहीं: