कुल पेज दृश्य

मंगलवार, 24 जनवरी 2023

रस सागर, समीक्षा , कृष्ण, फाग, चित्रगुप्त, बसंत पंचमी, मुक्तिका, सोरठा, हिंदी,

सोरठा सलिला
कंठ करोड़ों वास, हिंदी जगवाणी नमन।
हर मन भरे उजास, हर जन हरि जन हो विहँस।।
हिंदी है रसवान, जी भरकर रस-पान कर।
हो रसनिधि रसलीन, बन रसज्ञ रसखान भी।।
हिंदी प्राची लाल, कर प्रकाश कहती उठो।
कलरव करे निहाल, नभ नापो आगे बढ़ो।।
नेह नर्मदा धार, हिंदी कलकल कर बहे।
बाँटे पाया प्यार, कभी नहीं कुछ भी गहे।।
सरला तरला वाक्, बोलें-सुनिए मुग्ध हों।
मौन न रहें अवाक्, गले मिलें मत दग्ध हों।।
२४-१-२०२३
•••

सोरठा सलिला 
*
गुमी स्नेह की छाँव, नदिया रूठी गाँव से।
घायल युग के पाँव, छेद हुआ है नाव में।।
*
फूलों की मुस्कान, शूलों से है प्रताड़ित।
कली हुई बेजान, कभी रही जो सुवासित।।
*
हैं जिज्ञासु न आज, नादां दाना बन रहे।
राज न हो नाराज, कवि भी मुँह देखी कहे।।
*
देखें भ्रमित विकास, सिसकती अमराइयाँ।
पैर झेलते त्रास, एड़ी लिए बिमाइयाँ।।
*
जो नाजुक बेजान, जा बैठी शोकेस में।  
थामे रही कमान, जो वह जीती रेस में।।
***
कृति चर्चा-
रस सागर - फागों ३३७ फागों की गागर
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
कृति विवरण - रस सागर, फाग संग्रह, संकलक-संपादक : भगीरथ शुक्ल 'योगी', तृतीय संस्करण, आवरण पेपरबैक बहुरंगी, पृष्ठ १६४, मूल्य ६०/-, प्रकाशक- खेमराज श्रीकृष्ण दास, श्री वैंकटेश्वर प्रेस, खेमराज श्रीकृष्ण दास मार्ग, मुंबई ४००००४।
*
भारत का तंत्र भले ही लोक को महत्व न दे किंतु भारत की संस्कृति लोक को ही प्रधानता देती है। लोक गाँवों में बसता है। 'भारत माता ग्रामवासिनी है। मानव सभ्यता के बढ़ते चरणों के साथ लोक जैसे-जैसे अस्तित्व में आता गया वैसे-वैसे लोक गीत, लोक संगीत और लोक नृत्य का उद्भव और विकास होता गया। भारतीय लोक मानस ने गीत-संगीत-नृत्य को केवल मनरंजन या बौद्धिक विलास का साधन नहीं माना अपितु इसे सामाजिक समरसता, सद्भाव, सहकार और आध्यात्मिक उन्नयन का स्रोत भी माना। ऋतुराज बसंत के आगमन के साथ विंध्याटवी ही नहीं समस्त भारत के ग्राम्यांचलों में लघ्वाकारी पदों की स्वर लहरी गूँजने लगती है। विविध अंचलों में भिन्न-भिन्न भाषाओँ में इन पदों के नाम भले ही अलग-अलग हों, उनमें लालित्य, चारुत्व, उत्साह, उल्लास और जीवंतता भरपूर होती है। मध्य और उत्तर भारत में ऐसे पदों में 'फाग' का स्थान अनन्य है।

विवेचय कृति हिंदी का प्रथम काव्य संग्रह है जिसमें ३३७ फागों का प्रकाशन हुआ है। फाग हमारी गौरवपूर्ण सांस्कृतिक लोक संस्कृति की अनमोल धरोहर है। फाग केवल मनबहलाव का साधन नहीं है, यह समस्या ग्रस्त जीवन में संघर्ष कर थके-हारे-टूटे जन-मन में नव चेतना, नव जागरण, उमंग और सामाजिक सहकार बढ़ानेवाला अमृत है। फाग सकल मनोमालिन्य को लोपकर जन-मन को निर्मल कर देता है। फाग के अनुष्ठान में गति-यति, स्वर-ताल और नाद की त्रिवेणी प्रवाहित होती है। फाग नर-नारी, संपन्न-विपणन, शिक्षित-अशिक्षित, उच्च-निम्न माँ भेद-भाव मिटाकर समानता और सद्भाव की नेह नर्मदा बहा देती है। फाग शब्द सुनते ही मन में फगुहारों की टोली, ढोलक पर पड़ती लयबद्ध थाप, मंजीरों को कारण प्रिय झंकार, गायकों की मधुर वाणी और नर्तकों के थिरकते पदों की स्मृति मन को प्रमुदित कर बरबस गुनगुनाने के लिए प्रवृत्त कर देती है।

शास्त्रीय संगीत के विपरीत लोक श्रेष्ठि वर्ग पर संगीत जन सामान्य को वरीयता देता है। फाग रचयिता कालजयी कवियों ने फागों में श्रृंगार (संयोग-वियोग), हास्य-व्यंग्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, वीभत्स, अद्भुत, शांत, वात्सल्य आदि रसों का सम्यक समावेशन कर फागों को अमर कर दिया है। सूर, कबीर, तुलसी, मीरा, ईसुरी आदि ने फागों को रस सागर बना दिया। संभवत:, पहली बार ३३७ फागों का संकलन-संपादन कर भगीरथ शुक्ल 'योगी' ने 'रस सागर' संकलन का प्रकाशन किया है। इस संकलन का वैशिष्ट्य केवल धमार फागों का संकलन किया जाना है। जिन फागों में अश्लीलता या असमाजिकता मिली उन्हें संकलन में नहीं लिया गया है। इस नीति ने संकलन को स्तरीय तथा सुरुचिपूर्ण बनाया है।

संपादक ने शंकर, राम तथा कृष्ण विषयक फागों को पृथक-पृथक वर्गीकृत किया है। परस्पर जुड़े हुए, प्रश्नोत्तरी अथवा एक साथ गाए जानेवाले फाग एक साथ रखकर सुसंगति स्थापित की गई है। संकलन में सम्मिलित फागों की वर्ण माला क्रमानुसार सूची ने इच्छित फाग की तलाश को सुगम बना दिया है। फाग गेयता (लय) पर आधारित पद्य रचना हैं। संपादक ने फागों का पाठ देते समय अर्थ-बोध पर गेयता को वरीयता दी है। अन्य लोक गीतों की तरह फागों के भी भिन्न-भिन्न रूप भिन्न-भिन्न भागों में प्रचलित हैं। फागों में प्रक्षिप्त पंक्तियाँ भी पाई जाती हैं, इसलिए कुशल संपादन आवश्यक है। योगी जी ने अप्रचलित तथा स्वरचित फागों को भी संकलन में स्थान दिया है।

संकलन के द्वितीय विभाग श्रीकृष्ण चरित्र में १४९ (क्रमांक ६९ से क्रमांक २१८ तक) फागें हैं। इनमें कृष्ण जन्म, बाल लीला, वृंदावन का प्राकृतिक वैभव, बसंत, गोपियों के संग फाग, होरी, यमुना किनारे बाल लीला, दधि लूटना, कृष्ण वंदना, कृष्ण महिमा, मुरली वादन, वर्षा, पुष्प-सौंदर्य, कंदुक क्रीड़ा, अबीर क्रीड़ा, रंग वृष्टि, कृष्ण सौंदर्य, राधा महिमा, राधा सौंदर्य, बृज की होली, विष्णु अवतार, राधा की होरी क्रीड़ा, गोपियों द्वारा छेड़, सावन वर्णन, इंद्र प्रकरण, बरसाने में होरी, कुञ्ज क्रीड़ा, रास लीला, कृष्ण द्वारा बिसाती रूप रख राधा से मिलना, मोर मुकुट, गैल छेकना, द्वारकाधीश, ऊधौ प्रकरण, कुब्जा प्रकरण, बृज से बिदाई, बृज वनिताओं की व्याकुलता, सुदामा प्रसंग, कृष्ण द्वारा वैद्य रूप, दधि गगरिया भंग, गाय दुहना, गौ पालन, यशोदा का दाढ़ी मंथन, मधुबन लीला, गेंद चोरी, वंशी चोरी, नटवर वेश, शिव द्वारा कृष्ण दर्शन, चंद्र खिलौना, वेणु वादन, वस्त्र हरण,भजन, कृष्ण प्रेम आदि सभी महत्वपूर्ण प्रसंग हैं।

उल्लेखनीय है कि फागों में राक्षस वध, कंस वध, कृष्ण-पांडव, कृष्ण-द्रौपदी, कृष्ण-कौरव, कृष्ण-कुरुक्षेत्र, गीता, द्वारक विवाद, महाप्रस्थान जैसे प्रसंग नहीं है। स्पष्ट है कि फागकारों ने लोक मंगल और रसानंद को लक्ष्य माना है और नकारात्मक, हिंसा प्रधान घटनाओं को अनदेखा किया है। रचनाकर्म में सकारात्मकता और शुभता के प्रति आग्रह तथाकथित प्रगतिवादियों के लिए ग्रहणीय है। दूसरी और फागकारों ने वर्ण विभाजन, उंच-नीच, छूआछूत, विप्र माहात्म्य, अंध श्रद्धा, पूजाडंबर आदि से भी परहेज किया है। संकीर्ण अंधविश्वासियों को फाग से औदार्य तथा समानता का पाठ ग्रहण करना चाहिए। संकलन में शैव-वैष्णव विभाजन को शिव फागों का सम्मिलन कर अमान्य किया गया है। एक भी फाग में अन्य धर्मावलंबियों यहाँ तक कि असुरों आदि की भी निन्दा नहीं है। स्पष्ट है की कृष लीलाओं और फागों का लक्ष्य सामाजिक समरसता, लोक मांगल्य और शुभता का प्रसार ही है।
२४-१-२०२२
***
संपर्क - विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१,
चलभाष ९४२५१८३२४४, ई मेल salil.sanjiv@gmail.com

***
मुक्तिका
*
ये राजनीति लोक को छलती चली गई
ऊषा उदित हुई ही कि ढलती चली गई
रोटी बना रही थी मगर देख कर उसे
अनजाने ही पूड़ियाँ तलती चली गई
कोशिश बहुत की उसने मुझे कर सके निराश
आशा मनस में आप ही पलती चली गई
आभा का राज दूनवी घाटी ने कह दिया
छाया तिमिर घना मिटे, जलती चली गई
हिंदी गजल है, बर्फ की सिल्ली न मानना
जो हार कर तपिश से पिघलती चली गई
है जिंदगी या नाजनीं कोई कहे सलिल
संजीव होके हँसती मचलती चली गई
*
२४-१-२०२०
***
बसंत पंचमी
.
महत्व
भारत में जीवन के हर पहलू को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है | और इसी आधार पर पूजा - उपासना की व्यवस्था की गयी है | अगर धन के लिए दीपावली पर माता लक्ष्मी की उपासना की जाती है तो नेघा और बुद्धि के लिए माघ शुक्ल पंचमी को माता सरस्वती की भी उपासना की जाती है | धार्मिक और प्राकृतिक पक्ष को देखे तो इस समय व्यक्ति का मन अत्यधिक चंचल होता है | और भटकाव बड़ता है | इसीलिए इस समय विद्याऔर बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती की उपासना से हम अपने मन को नियंत्रित और बुद्धि को कुशाग्र करते है | वर्तमान संदर्भो की बात करे तो आजकल विधार्थी भटकाव से परेशान है | पढाई में एकाग्रता की समस्या है | और चीजो को लम्बे समय तक याद नहीं रख सकते है , इस दशा में बसंत पंचमी को की गयी माँ सरस्वती की पूजा से न केवल एकाग्रता में सुधार होगा बल्कि बेहतर यादाश्त और बुद्धि की बदोलत विधार्थी परीक्षा में बेहतरीन सफलता भी पायेंगे | विधार्थियों के आलावा बुद्धि का कार्य करने वाले तमाम लोग जैसे पत्रकार , वकील , शिक्षक आदि भी इस दिन का विशेष लाभ ले सकते है |
राशी अनुसार पूजन विधान :-
मेष :- स्वभावत: चंचल राशी होती है | इसीलिए अक्सर इस राशी के लोगो को एकाग्रता की समस्या परेशान करती है | बसंत पंचमी को सरस्वती को लाल गुलाब का पुष्प और सफ़ेद तिल चढ़ा दे | इससे चंचलता और भटकाव से मुक्ति मिलेगी |
वृष:- गंभीर और लक्ष के प्रति एकाग्र होते है परन्तु कभी कभी जिद और कठोरता उनकी शिक्षा और करियर में बाधा उत्पन्न कर देती है | चूँकि इनका कार्य ही आम तौर पर बुद्धि से सम्बन्ध रखने वाला होता है , अत : इनको नीली स्याही वाली कलम और अक्षत सरस्वती को समर्पित करना चाहिए | ताकि बुद्धि सदेव नियंत्रित रहती है |
मिथुन : - बहुत बुद्धिमान होने के बावजूद भ्रम की समस्या परेशान करती है | इसीलिए ये अक्सर समय पर सही निर्णय नहीं ले पाते | बसंत पंचमी के दिन सरस्वती को सफ़ेद पुष्प और पुस्तक अर्पित करने से भ्रम समाप्त हो जाता है एवं बुद्धि प्रखर होती है |
कर्क : - इन पर ज्यादातर भावनाए हावी हो जाती है | यही समस्या इनको मुश्किल में डाले रखती है | अगर बसंत पंचमी के दिन सरस्वती को पीले फूल और सफ़ेद चन्दन अर्पित करे तो भावनाए नियंत्रित कर सफलता पाई जा सकती है |
सिंह : - अक्सर शिक्षा में बदलाव व् बाधाओ का सामना करना पड़ता है | ये योग्यता के अनुसार सही जगह नहीं पहुच पाते है शिक्षा और विधा की बाधाओ से निपटने के लिए सरस्वती को पीले फूल विशेष कर कनेर और धान का लावा अर्पित करना चाहिए |
कन्या : - अक्सर धन कमाने व् स्वार्थ पूर्ति के चक्कर में पड़ जाते है | कभी कभी बुद्धि सही दिशा में नहीं चलती है | बुद्धि सही दिशा में रहे इसके लिए सरस्वती को कलम और दावत के साथ सफ़ेद फूल अर्पित करना चाहिए |
तुला :- जीवन में भटकाव के मौको पर सबसे जल्दी भटकने वाले होते है | चकाचोंध और शीघ्र धन कमाने की चाहत इसकी शिक्षा और करियर में अक्सर बाधा ड़ाल देती है | भटकाव और आकर्षण से निकल कर सही दिशा पर चले इसके लिए नीली कमल और शहद सरस्वती को अर्पित करे |
वृश्चिक : - ये बुद्धिमान होते है | लेकिन कभी कभार अहंकार इनको मुश्किल में ड़ाल देता है | अहंकार और अति आत्म विश्वास के कारण ये परीक्षा और प्रतियोगिता में अक्सर कुछ ही अंको से सफलता पाने से चुक जाते है | इस स्थिति को बेहतर करने के लिए सरस्वती को हल्दी और सफ़ेद वस्त्र अर्पित करना चाहिए |
धनु : - इस राशी के लोग भी बुद्धिमान होते है | कभी कभी परिस्थितिया इनकी शिक्षा में बाधा पहुचाती है | और शिक्षा बीच में रुक जाती है | जिस कारण इन्हें जीवन में अत्यधिक संघर्ष करना पड़ता है | इस संघर्ष को कम करने के लिए इनको सरस्वती को रोली और नारियल अर्पित करना चाहिए |
मकर : - अत्यधिक मेहनती होते है | पर कभी कभी शिक्षा में बाधाओ का सामना करना पड़ता है | और उच्च शिक्षा पाना कठिन होता है | शिक्षा की बाधाओ को दूर करके उच्च शिक्षा प्राप्ति और सफलता प्राप्त करने के लिए इनको सरस्वती को चावल की खीर अर्पित करनी चाहिए |
कुम्भ :- अत्यधिक बुद्धिमान होते है | पर लक्ष के निर्धारण की समस्या इनको असफलता तक पंहुचा देती है | इस समस्या से बचने के लिए और लक्ष पर ध्यान केन्द्रित करने के लिए इसको बसंत पंचमी के दिन सरस्वती को मिश्री का भोग चडाना चाहिए |
मीन : - इस राशी के लोग सामान्यत : ज्ञानी और बुद्धिमान होते है | पर इनको अपने ज्ञान का बड़ा अहंकार होता है | और यही अहंकार इनकी प्रगति में बाधक बनता है | अहंकार दूर करके जीवन में विनम्रता से सफलता प्राप्त करने के लिए इनको बसंत पंचमी के दिन सरस्वती को पंचामृत समर्पित करना चाहिए |
बसंत पंचमी के दिन अगर हर राशी के जातक इन सरल उपायों को अपनाये तो उनको बागिस्वरी , सरस्वती से नि: संदेह विधा और बुद्धि का वरदान मिलेगा |
कैसे करे सरस्वती आराधना : -
बसंत पंचमी के दिन प्रात: कल स्नान करके पीले वस्त्र धारण करे | सरस्वती का चित्र स्थापित करे यदि उनका चित्र सफ़ेद वस्त्रो में हो तो सर्वोत्तम होगा | माँ के चित्र के सामने घी का दीपक जलाए और उनको विशेष रूप से सफ़ेद फूल अर्पित करे | सरस्वती के सामने बैठ " ऍ सरस्वतये नम : " का कम से कम १०८ बार जप करे | एसा करने से विधा और बुद्धि का वरदान मिलेगा तथा मन की चंचलता दूर होगी |
पूजा अर्चना और उसके लाभ : -
लाल गुलाब , सफ़ेद तिल अर्पित करे तथा अक्षत चढाए |
सफ़ेद पुष्प , पुस्तक अर्पित करे |
पीले फूल , सफ़ेद चन्दन अर्पित करे |
पीले पुष्प , धान का लावा चढाए |
कलम - दवात , सफ़ेद फूल अर्पित करे |
नीली कलम , शहद अर्पित करे |
हल्दी और सफ़ेद वस्त्र अर्पित कर रोली , नारियल अर्पित करे |
चावल की खीर और मिश्री का भोग अर्पित करे |
लाभ : -
मन की स्थिरता और ताजगी महसूस होगी तथा बुद्धि विवेक नियंत्रित होंगे |
मन की कशमकश ख़त्म होगी बुद्धि प्रखर होगी |
भावनाए काबू में रहेगी , सफलता मिलेगी |
शिक्षा में सफलता , बुद्धि में वृद्धि होगी |
बुद्धि तेज , सोच सकारात्मक होगी |
सही दिशा मिलेगी |
अहंकार से मुक्ति मिलेगी |
संघर्ष और बाधाऍ कम होगी |
एकाग्रचित्तता में बढ़ोतरी होगी |
***
स्तवन:
शरणागत हम
.
शरणागत हम
चित्रगुप्त प्रभु!
हाथ पसारे आये
.
अनहद अक्षय अजर अमर हे!
अमित अभय अविजित अविनाशी
निराकार-साकार तुम्हीं हो
निर्गुण-सगुण देव आकाशी
पथ-पग लक्ष्य विजय यश तुम हो
तुम मत मतदाता प्रत्याशी
तिमिर मिटाने
अरुणागत हम
द्वार तिहारे आये
.
वर्ण जात भू भाषा सागर
सुर नर असुर समुद नद गागर
ताण्डवरत नटराज ब्रम्ह तुम
तुम ही बृजरज के नटनागर
पैगंबर ईसा गुरु बनकर
तारो अंश 'सलिल' हे भास्वर!
आत्म जगा दो
चरणागत हम
झलक निहारें आये
२४-१-२०१५
***

कोई टिप्पणी नहीं: