कुल पेज दृश्य

शुक्रवार, 15 अक्तूबर 2010

हिंदी शब्द सलिला : ७ अ से प्रारंभ होनेवाले शब्द : ७ ---संजीव 'सलिल'

हिंदी शब्द सलिला : ७  

संजीव 'सलिल'
*
संकेत : अ.-अव्यय, अर. अरबी, अक्रि.-अकर्मक क्रिया, अप्र.-अप्रचलित, अर्थ.-अर्थशास्त्र, अलं.- अलंकार, अल्प-अल्प (लघुरूप) सूचक, आ.-आधुनिक, आयु.-आयुर्वेद, इ.-इत्यादि, इब.-इबरानी, उ. -उर्दू, उदा.-उदाहरण, उप.-उपसर्ग, उपनि.-उपनिषद, अं.-अंगिका, अंक.-अंकगणित, इ.-इंग्लिश/अंगरेजी, का.-कानून, काम.-कामशास्त्र, क्व.-क्वचित, ग.-गणित, गी.-गीता, गीता.-गीतावली, तुलसी-कृत, ग्रा.-ग्राम्य, ग्री.-ग्रीक., चि.-चित्रकला, छ.-छतीसगढ़ी, छं.-छंद, ज.-जर्मन, जै.-जैन साहित्य, ज्या.-ज्यामिति, ज्यो.-ज्योतिष, तं.-तंत्रशास्त्र, ति.-तिब्बती, तिर.-तिरस्कारसूचक, दे.-देशज, देव.-देवनागरी, ना.-नाटक, न्या.-न्याय, पा.-पाली, पारा.- पाराशर संहिता, पु.-पुराण, पुल.-पुल्लिंग, पुर्त. पुर्तगाली, पुरा.-पुरातत्व, प्र.-प्रत्यय, प्रा.-प्राचीन, प्राक.-प्राकृत, फा.-फ़ारसी, फ्रे.-फ्रेंच, ब.-बघेली, बर.-बर्मी, बहु.-बहुवचन, बि.-बिहारी, बुं.-बुन्देलखंडी, बृ.-बृहत्संहिता, बृज.-बृजभाषा  बो.-बोलचाल, बौ.-बौद्ध, बं.-बांग्ला/बंगाली, भाग.-भागवत/श्रीमद्भागवत, भूक्रि.-भूतकालिक क्रिया, मनु.-मनुस्मृति, महा.-महाभारत, मी.-मीमांसा, मु.-मुसलमान/नी, मुहा. -मुहावरा,  यू.-यूनानी, यूरो.-यूरोपीय, योग.योगशास्त्र, रा.-रामचन्द्रिका, केशवदस-कृत, राम.- रामचरितमानस-तुलसीकृत, रामा.- वाल्मीकि रामायण, रा.-पृथ्वीराज रासो, ला.-लाक्षणिक, लै.-लैटिन, लो.-लोकमान्य/लोक में प्रचलित, वा.-वाक्य, वि.-विशेषण, विद.-विदुरनीति, विद्या.-विद्यापति, वे.-वेदान्त, वै.-वैदिक, व्यं.-व्यंग्य, व्या.-व्याकरण, शुक्र.-शुक्रनीति, सं.-संस्कृत/संज्ञा, सक्रि.-सकर्मक क्रिया, सर्व.-सर्वनाम, सा.-साहित्य/साहित्यिक, सां.-सांस्कृतिक, सू.-सूफीमत, स्त्री.-स्त्रीलिंग, स्मृ.-स्मृतिग्रन्थ, ह.-हरिवंश पुराण, हिं.-हिंदी.     

अ से प्रारंभ होनेवाले शब्द : 

संजीव 'सलिल'

अकेतन - वि. सं. बेघर-बार, गृहहीन.
अकेतु - वि. सं. आकृतिहीन, जो पहचाना न जा सके, निराकार, चित्रगुप्त (प्रत्यधि देव केतु).
अकेल - वि. दे. अकेला, एकाकी.
अकेला - वि. एकाकी, बिना साथी का, तनहा उ., बेजोड़, फर्द, खाली (मकान) पु. निर्जन स्थान, स्त्री अकेली, एकाकिनी, -दम- पु. एक ही प्राणी, -दुकेला- वि. अकेला या जिसके साथ एक और हो, इक्का-दुक्का, -ली- स्त्री. एक तरफ़ा बात, -जान- स्त्री. जिसका कोइ साथी न हो, तन-तनहा.
अकेले - अ. बिना किसी  साथी के, तनहा, केवल, बिना किसी को साथ लिये, बगैर किसी और को शरीक किये, -दुकेले- किसी और के साथ.
अकेश - वि. सं. केशरहित, अल्प केशयुक्त, बुरे बालोंवाला.
अकैतव - पु. सं. निष्कपटता, वि. निष्कपट, निश्छल.
अकैया - पु. सामान रखने का थैला, गोन.
अकोट - पु. सं. सुपारी या उसका पेड़. वि. अनगिन, अगणित, असंख्य, करोड़ों.
अकोतर सौ - वि. सौ से एक अधिक, एक सौ एक. पु. १०१ संख्या.
अकोप - पु. सं. कोप का अभाव, रजा दशरथ का एक मंत्री.
अकोप्या पणयात्रा - स्त्री. सं. सिक्के का निर्बाध प्रचलन.
अकोर - पु. देखें अँकोर.
अकोरी - स्त्री. अंकवार, गोद.
अकोला - पु. अंकोल वृक्ष.
अकोविद - वि. सं. अपन्दित, मूर्ख, अनाड़ी.
अकोसना - सक्रि, बुरा-भला कहना, गालियाँ देना.
अकौआ - पु. मदार, आक, ललरी, गले की घंटी.
अकौटा - पु. गड़री का डंडा, धुरा, एक्सेल इं..
अकौटिल्य - पु. सं. कौटिल्य / कुटिलता का अभाव, सरलता, भोलापन.
अकौता - पु. देखें उकवत.
अकौशल - पु. सं. कुशलता का अभाव, अकुशलता, अदक्षता, अनिपुणता.
अक्का - स्त्री. सं. माता, जननी, माँ.
अक्कास - पु. अ. अक्स उतारनेवाला, छायाकार, फोटोग्राफर इं.
अक्कासी - स्त्री. छायांकन का काम, फोटोग्राफी इं.
अक्खड़ - वि. उजड्ड, गँवार, अशिष्ट, उद्धत, लड़ाका, दो टूक कहने वाला, निडर, झगड़ालू, जड़, मूर्ख.-पन- पु. उजड्डपन, उग्रता, अशिष्टता, लड़ाकापन, निर्भयता, स्पष्टवादिता.
अक्खर - पु. आखर, देखें अक्षर.
अक्खा - पु. गोन.
अक्खो-मक्खो - पु. बच्चे को बहलाने / बुरी नजर से बचाने के लिये कहा जानेवाला वाक्यांश, (स्त्रियाँ दीपक की लौ के समीप हाथ लेजाकर बच्चे के मुँह पर फेरते हुए कहती हैं- 'अक्खो-मक्खो दिया बरक्खो, जो मेरे बच्चे को तक्के, उसकी फूटें दोनों अक्खों).
* क्रमशः

कोई टिप्पणी नहीं: