कुल पेज दृश्य

रविवार, 30 जनवरी 2022

वैवाहिक रस्में, हस्तिनापुर की बिथा कथा ८, अजमल सुल्तानपुरी, पद्मिनी, ऋतु-मौसम, वासव छंद

बातचीत

वैवाहिक रीति-रिवाज़

आभा सक्सेना : मैंने बचपन में अपने सक्सेना परिवार में अपनी मां को एक परंपरा निभाते हुए देखा था अब तो वह परंपरा लुप्त ही हो गई है जो मुझे अब भी याद है ...मेरी माँ जब भी परिवार में किसी के घर जातीं थीं तो साड़ी के ऊपर गुलाबी रंग की सूती ओढ़नी ओढ़ कर जातीं थीं ...उनके घर जाने पर घर की किसी महिला को अपनी चादर का कोना छुआ देतीं थीं तब ही वह उस घर में बैठतीं थीं ...इस के बाद घर की महिला चाची ताई या फिर दादी उन्हें सम्मान स्वरूप पान खाने को दिया करती थीं..उस समय चाय आदि का तो चलन था ही नहीं
शिल्पा सक्सेना : इसका सिग्नीफिकेन्स क्या है?
आभा : इसका सिगनिफेन्स जो मैं समझ पाई हूँ, एक दूसरे को रेस्पेक्ट देना था। विदेशों में आपका पहिना हुआ कोट रेस्पेक्ट देने के लिए होस्ट (आतिथेय) ही उतारता है।
शिल्पा : वाह। चलो, इस परंपरा को आगे बढ़ाते हैं, बाज़ार से गुलाबी सूती धोती खरीद कर लाते हैं।
आभा : सूती धोती नहीं सूती चादर।
बबिता अग्रवाल कंवल : हमारे यहाँ ओढ़नी ओढ़कर आया-जाया करते थे
मनोरंजन सहाय : सूती चादर ओढ़ना पर्दे का शरीर को आवृत्त रखने की परम्परा का अंश था। जैसे आजकल युवतियाँ कपड़ों पर कोटनुमा एप्रिन पहने रहती हैं। मेजबान का मेहमान की चादर हाथ में लेकर उसे सम्मानपूर्वक निश्चित स्थान पर रखना उसके प्रति सम्मान प्रदर्शन था, आज की तरह नहीं, अपने स्थान से हिले बिना 'कम कम, सिट सिट' कह दिया और आवभगत हो गई, आगन्तुक की। उसके बाद पहले पीने को पानी दिया जाता था।
बंगाल में आज भी करनेवाले सांस्कृतिक परम्पराओं के अनुयायी चादर धारण करते हैं और आगन्तुक को पहले बताशा और पानी देते हैं। संस्कृत में एक श्लोक है-
तृणानि भूमि, उद्कम च वाक चतुर्थी व शून्रता।
ऐतान्यप संताम गेहे, नोछिद्यन्ते कदाचना:।।
इसका अर्थ है कि भूमि पर आसन , और अतिथि से बातचीत करनेवाला यह सज्जन व्यक्ति के घर में सदैव उपलब्ध होंगे।
तुलसीदास ने इसी सन्दर्भ में एक नीतिपरक दोहा कहा है-
आबत ही हरसे नहीं, नैनन नहीं सनेह।
तुलसी तहाँ न जाइये, कंचन बरसे मेह।।
किसी प्राचीन परम्परा का उपहास करने के लिये सूती साड़ी खरीदने की बात करने की जगह हमारी परम्पराओं के पीछे निहित तर्क और उपादेयता को समझने की जरूरत है।
मंजु काला : ओह ...बहुत सुन्दर परंपरा से अवगत कराया आपने आभा जी! ये "हैरिटैज"परंपराएँ हैं... fruitful for mee.
मंजू सक्सेना : हाँ....बिलकुल ऐसा ही होता था...तब पान को मान सम्मान समझा जाता था....यहाँ तक कि किसी के घर गमी हो जाने पर भी एक बार मेरी मम्मी उसके घर पान का टुकड़ा खाने ज़रूर जाती थीं...शायद ये औपचारिकता थी गमी खत्म करने की.. शादी में कितने रीत-रिवाज़ होते थे... सब गायब हो गए
आभा : होली आने से पहले बड़ी मुंगोड़ी तोड़ी जातीं थीं, बन्ने, बन्नी, सोहर गीत सब लुप्त हो गए ...मुझे तो अभी भी याद है कुछ... होली से पहले रंगपाशी का त्योहार मनाया जाता था सही मायनों में होली उसी दिनसे शुरू हो जाती थी सारे पकवान भी उस दिन से पहले ही बना लिए जाते थे ... लड़की के विवाह में उसकी विदाई से पहले एक रस्म होती थी कुंवर कलेवा ...जिसमें दूल्हे के टीका करके उसे उपहार दिए जाते थे
राम अशोक सक्सेना : शादी के अवसर पर लड़कीवालों की तरफ से एक पानदान जरूर आता था।
मंजू सक्सेना : शादी में तिलक चढ़ते ही ढोलक पूज कर बन्नी-बन्ना शुरू हो जाते थे... एक दिन रतजगा होता था जिसे 'ताई' कहते थे उस दिन दोपहर मे कढ़ी-चावल बनता था...फिर मांगर होता था। चूल्हा बनाकर उस पर बड़े सिकते थे। बारात की निकरौसी से पहले लड़के की शादी मे कुँआबरा होता था जिसमें घर की औरतें पास के कुएँ पर जाती थीं और लड़के की माँ कुएँ मे पैर लटका कर बैठ कर लड़के से पूछती थी कि वो बाँदी लाएगा या रानी? जब तक वो यह कह नहीं देता था कि 'तेरे लिए बाँदी लाऊँगा माँ' 'तब तक वह उठती नहीं थी।
मनोरंजन सहाय : हम लोग मूल रूप से मैनपुरी से हैं। मुगल दरबार से, हमारे पूर्वजों को पंचहजारी का मनसब और वर्तमान कुरावली तहसील तथा आसपास के ८ गाँवों की जमींदारी मिलीं हुई थी। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में मुगल सल्तनत के पतन के बाद हमारे पूर्वजों को पलायन करना पड़ा। मेरे दादाजी आपने बड़े भाई के साथ तत्कालीन धौलपुर- वर्तमान में उ. प्र. के महानगर आगरा और म. प्र. के मुरैना के मध्य स्थित कोटा राजस्थान जिला में आ पहुँचे। फारसी के आलिम होने के कारण उन्हे रियासत में नौकरी मिल गई, और शीघ्र ही तहसीलदार बना दिया गया। वहीं मेरे पिता जी और उनके ४ अन्य भाई बहिनों का जन्म हुआ। सभी की सन्तानें राजकीय सेवाओं में अधिकारी वर्ग की सेवा कर सेवानिवृत्त हुईं। मैं पिछले ४० वर्ष से जयपुर में हूँ। राज्य राजस्व सेवा से करनिर्धारण अधिकारी के रूप में २००२ से सेवा निवृत्त हूँ। मेरा एकमात्र पुत्र जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी में कम्प्यूटर विभाग मैं निदेशक पद पर कार्यरत है। कायस्थ अन्य जातियों की अपेक्षा अल्प संख्या में हैंं इसलिये आपस में पारिवारिक सम्बन्ध निकल ही आते हैं।
आभा : माँगरवाले दिन एक दूसरे के पीठ पर हल्दी के थापे लगाए जाते थे। एक दूसरे से मज़ाक, हँसी-ठिठोली सब इसी बहाने हो जाया करते थे, होली जैसा माहौल होता था उस दिन। खोरिया में सारी रात जाग कर महिलाएँ हँसी-मजाक करके अपने दिल की सारी भड़ास निकाल लिया करतीं थीं क्योंकि घर के सारे मर्द तो बारात में गए होते थे । उन दिनों घर की महिलाएँ बारात में नहीं जाया करतीं थीं।
मंजू : बिलकुल सहीक्या मज़ा आता था उन दिनों शादी में.... लड़के की बारात के पहले बरौंगा और लड़की की शादी में दिखावे की गुझिया सजाने मे पूरी कलाएँ दिखाई जाती थीं.... और लड़के की बारात जाते ही रात में औरतों का खोरिया....गज़ब का हुआ करता था....अब तो शादी के रीत-रिवाज़ बस नाम भर के हैं... अगली पीढ़ी तो उस का आनंद ही नहीं समझ पाएगी जो हम लोगों ने लिया है..
मंजू : एक बार मैं खोरिया में दुल्हन बनी तब मै कुँवारी थी और मेरी भाभी दूल्हा... मैं थोड़ी शरमीली थी और उन्होंने आँख मार मार के मेरी हालत खराब कर दी मुझे इतनी शर्म आ रही थी जैसे वह सचमुच ही लड़का हों.

संजीव : सक्सेना कायस्थ मैं भी हूँ। मेरे पूर्वज भोगाँव मैनपुरी से जबलपुर मध्य प्रदेश आये थे। मैं ५वी पीढ़ी में हूँ। मेरे नाना रायबहादुर माताप्रसाद सिन्हा 'रईस' मैनपुरी में ऑनरेरी मजिस्ट्रेट थे। सराऊगियान (गाड़ीवान) मोहल्ला में उनकी हवेली है। उनके बारे में कोई कुछ बता सके तो स्वागत है। गाँधी जी से जुड़कर उन्होंने सब पद और उपाधियाँ त्याग दीं और सत्याग्रही हो गए। संदेहास्पद परिस्थिति में उनकी मृत्यु हुई, परिवार की अल्प शिक्षित महिलाएँ जमीन-जायदाद, धन-संपत्ति सम्हाल नहीं सकीं, सब नष्ट हो गया। तब मेरे मामा हरप्रसाद सिन्हा मात्र ५-६ वर्षों के थे। नाना जी, राजकुमार कॉलेज आगरा से पढ़े थे। वे शक्कर मिल तथा किसी बैंक के डायरेक्टर भी थे। मामा ने बड़े होकर कुछ जमीन-जायदाद सम्हाली, उन्हीं के मित्रों ने उनके साथ विश्वासघात किया और विवाह के २ दिनों के अंदर उनका निधन हो गया। हमारी अल्ल 'ऊमरे' है। मेरे एक मित्र ओमप्रकाश सक्सेना 'कामठान' इंदौर में थे, एक कायस्थ पत्रिका का संपादन करते थे। बरेली, एटा, इटावा, कासगंज, फर्रुखाबाद, आगरा आदि में कई रिश्तेदार थे।
मनोरंजन सहाय : सलिल जी! कमठान हमारी भी अल्ह है, क्या कामठान अलग है? अपने रिश्तेदारों के बारे में बताइये।
हम जिला मैनपूरी के कुरावली या किरावली से ह़ै। हमारे पूर्वजों को मुगलदरवार से पंचहजारी का मनसब अता किया हुआ था और तत्कालीन कुरावली के अलावा आठ गांव की जमींदारी थी। मुगल सल्तनत के पतन के बाद हमारे पूर्वजों को मैनपुरी से पलायन करना पड़ा और मेरे पूर्वजों में मेरे दादाजी धोलपुर में बस गये। फारसी के आलिम थे इसलिये यहाँ स्टेट के तत्कालीन ए.जी. आफिस जैसे किसी दफ्तर में नौकरी मिल गई मगर पॉलिटीकल ऐजेंट की अनुशंसा पर तहसीलदार बने और उनकी ईमानदारी के चर्चे काफी समय तक लोगों की जुबान पर रहे।
अलका कुदेसिया : मेरी शादी में भी पान-दान दिया गया था।

सभी पाठक-पाठिकाएँ अपने-अपने परिवारों में प्रचलित रस्मों की जानकारियाँ दें। 
***
हस्तिनापुर की बिथा कथा
डॉ. मुरारी लाल खरे
*
अध्याय ८
युद्ध कौ सोलओ दिन
द्रोण सिधारे स्वर्ग, कर्ण कौरव कौ सेनापति हो गओ
ईसें दुर्योधन के ऊ मित्र कौ मान औरइ बड़ गओ (६१)
कर्ण घुसो पाण्डव सैना में और सैंकरन खौं मारो
कर डारो भूकंप सौ उतै, हाहाकार मचा डारो (६२)
लासन पै लासें बिछ गईं, रकत के छूटे फव्वारे
रुंड मुंड भू पै लोटत, लोहू के बहे नदी नारे (६३)
तब कौरव सैना पै अर्जुन टूट परे आफत बन कें
मार हजारन जोधा डारे अर्जुन और भीम मिल कें (६४)
भीम लड़े अश्वत्थामा सें,बाए हरा युद्ध में दये
लड़े युधिष्ठिर दुर्योधन सें, ऊखौं कर बेहोस दये (६५)
तब कृतवर्मा उनें उठाकें लै गए युद्धभूमि सें दूर
दिन भर चली लड़ाई, संजा होतइं सेनाएँ भइँ दूर (६६)
सत्ररएँ दिन कौ युद्ध
बान दूसरे दिना कर्ण के औरइ जादा भीषन भए
लड़न युधिष्ठिर लगे कर्ण सें, और भौत घायल हो गए (६७)
देख भीम खौं ताव आ गओ , लगे कर्ण से युद्ध करन
मूर्छित करो कर्ण खौं , फिर जाकें औरन सें लगे लड़न (६८)
तबइँ दुसासन दिखा परो , तौ बाए भीम नें ललकारो
अपनी भारी गदा फेंक दुस्सासन के ऊपर डारो (६९)
दुसासन खौं वध
धक्का लगौ गदा कौ , गिरो दुसासन रथ सें दूरी पै
तुरत उचक कें भीम चड़ गसे दुसासन की छाती पै (७०)
दबा पाँव सें गरौ चीर तरवार सें दये छाती खौं
देखत रए कर्ण दुर्योधन , पूरौ करे भीम प्रन खौं (७१)
कर्ण पुत्र वृषसेन क्रोध सें भरो भीम पै झपट परो
चतुराई सें बानें घायल अर्जुन खौं , भीम खौं करो (७२)
तब अर्जुन नें चार बान सें हाँत , मूड़ काटे ऊके
देख पुत्र कौ अंत कँप गए अंग अंग कर्ण जू के (७३)
अर्जुन और कर्ण कौ युद्ध
ज्वालामुखी क्रोध कौ फूटो टूट परे वे अर्जुन पै
बानन की बरसात देर तक भई एक दूसरे पै (७४)
अग्निबान अर्जुन कौ नष्ट कर्ण ने वरुणास्त्र सें करो
ऐन्द्रास्त्र सें अर्जुन नष्ट कर्ण कौ भार्गवास्त्र करो (७५)
वीर कर्ण नें एक बान सें धनुष काट अर्जुन कौ दओ
अर्जुन नें दूसरौ उठा लओ , कर्ण उयै भी काट दओ (७६)
ऐसौ ग्यारा बार भओ तौ गुस्सा फूटो अर्जुन कौ
बानन की बौछारन सें रथ ढाँक दओ ऊ दुस्मन कौ (७७)
तब चलाओ नागास्त्र कर्ण साँप के भयंकर मौ बारौ
चलो अस्त्र आगी उगलत , बिजली जैसी लकीर वारौ (७८)
ऊ कौ कौनउ काट नईं , एकदम अचूक होत वौ अस्त्र
आउत गरे पै अर्जुन के देख लओ कृष्ण जू ने वौ अस्त्र (७९)
तुरत कृष्ण ने दबा जोर सें रथ खौं नैेचें नवा दओ
मूड़ बच गओ अर्जुन कौ , अस्त्र ने मुकुट भर गिरा दओ (८०)
युद्ध होत रओ , चका कर्ण के रथ कौ धरती में धँस गओ
बाए उठाने कर्ण उतरकें रथ सें धरती पै आ गओ (८१)
धनुष बान छोड़ कें उठाउन चका लगो दोउ हाँतन सें
तब अर्जुन सें कहे कृष्ण तुम अबइँ इयै मारे झट सें (८२)
अर्जुन बोले बार निहत्थे पै करवौ नइँ युद्ध नियम ,
बोले कृष्ण " निहत्थो अभिमन्यु मारो कौन सौ नियम (८३)
कौन नियम सें भरी सभा में चीर हरन कृष्णा कौ भओ
कृष्णा रोउत रई ती , तब जौ धूर्त ठठाकें हँसत रओ (८४)
छल सें पाँसे खेलत कपटी सकुनी मानो कौन नियम ?
सुनो , नियम जो नईं मानत , ऊके लानें कायको नियम ? (८५)
तब अर्जुन नें एक भयंकर बान कर्ण पै चला दओ
सरसरात बौ बान कर्ण कौ मूड़ काट कें गिरा दओ (८६)
भओ कर्ण कौ वध तौ दुर्योधन भीतर व्याकुल हो गओ
जो अर्जुन खौं मार सकत तो , खुद अर्जुन सें मारो गओ (८७)
दुर्योधन की मानो टूटी कमर , न टूटो हठ ऊकौ
लड़ौं साँस आखिरी तक मैं , धरम न छोड़ौं छत्रिय कौ (८८)
अठारएँ दिन कौ युद्ध
कर्ण मरे पै दुर्योधन नें सैनापति सल्य खौं करो
और सगे भानेजन की सैना पै हमला सल्य करो (८९)
युद्ध कौ अठारह दिना हतो , नृप सल्य पराक्रम दरसाए
उतै युधिष्ठिर उनके ऊपर बान वेग सें बरसाए (९०)
युधिष्ठिर के हाँतन सल्य कौ वध
लड़े देर तक सल्य युधिष्ठिर , हीर नईं मानो कोऊ
देख युधिष्ठिर कौ विक्रम अचरज में पर गए सब कोऊ (९१)
जो अब लौं सांत उदार रओ , बौ दरसाओ सूरमाई
उनकौ भीषन रूप देखकें कौरव सेना घबड़ाई (९२)
गुल्ली एक , नोंक पै हीरा जड़ी जोर सें घाल दई
घुसी सल्य की छाती में , निकार लै बाके प्रान गई (९३)
सौ में सें अट्ठानवे मर चुकेते अब लौं कौरव भैया
मार भीम ने दओ सुदरसन नाव कौ कौरव भइया (९४)
अब दुर्योधन पूत अकेलौ धृतराष्ट्र कौ बचो रै गओ
और बचो रओ दासी पुत्र युयुत्सु , पाण्डव सँग जो रओ (९५)
तब ऊ सैना के सेनापति मामा सकुनि बनाए गये
उनसें दो दो हाँत करन तब सम्मुख आ सहदेव गये (९६)
सकुनि कौ अंत
सहदेव पै सकुनि नें भाला एक फेंक जोर सें दओ
माथे पै सहदेव के लगो , ऊनें रकत निकार दओ (९७)
तब सहदेव क्रोध सें भर कें 'क्षुर' नाव कौ बान मारे
बना निसान गरे खौं मूड़ सकुनि कौ तुरत काट डारे (९८)
मारौ गओ सकुनि तौ कौरव सैना में भगदड़ मच गई
तितर बितर भइ पूरी सैना , युद्धभूमि खाली हो गई (९९)
चार जनें बाकी बच रए अब दुर्योधन और कृतवर्मा
कुलगुरु कृपाचार्य और द्रोण कौ पुत्र अश्वत्थामा (१००)
***
स्मृतिशेष अजमल सुल्तानपुरी की याद में -
*
हँसे फिर अपना हिंदुस्तान
विरासत गीता-ग्रंथ-कुरान
ख्वाब हम करें मुकम्मल
*
जहाँ खुसरो कबीर हैं साथ
ताज बीबी के कान्हा नाथ
एक रामानुज औ' रैदास
ईसुरी जगनिक बिना उदास
प्रवीणा केशव का अरमान
यहीं है अपना हिंदुस्तान
ख्वाब हम करें मुकम्मल
*
शारदा पूत अलाउद्दीन
सिखाते रविशंकर को बीन
यहीं होली-दीवाली-ईद
जिए मर सेंखों वीर हमीद
यहीं तुलसी रहीम रसखान
यहीं है अपना हिंदुस्तान
ख्वाब मिल करें मुकम्मिल
*
बँटे पर मिटे नहीं ज़ज़्बात
बदल लेंगे फिर से हालात
हमारा धर्म दीन इंसान
बसे कंकर-कंकर भगवान
मोहब्बत ही अपना ईमान
यहीं है अपना हिंदुस्तान
ख्वाब फिर करें मुकम्मिल
*
यहीं पर खिले धूल में फूल
मिटा दे नफरत प्रेम-त्रिशूल
एक केरल-कश्मीर न भिन्न
पूर्व-पश्चिम हैं संग अभिन्न
शक्ति-शिव, राम-सिया में जान
यहीं है अपना हिंदुस्तान
ख्वाब फिर करें मुकम्मिल
*
यहीं गौतम गाँधी गुरुदेव
विवेकानंद कलाम सदैव
बताते जला प्रेम का दीप
बनो मोती जीवन है सीप
लिखें इतिहास नया है आन
यही है अपना हिंदुस्तान
ख्वाब हम करें मुकम्मिल
३०-१-२०२०
***
छंद सलिला
मत्त गयंद सवैया
*
आज कहें कल भूल रहे जुमला बतला छलते जनता को
बाप-चचा चित चुप्प पड़े नित कोस रहे अपनी ममता को
केर व बेर हुए सँग-साथ तपाक मिले तजते समता को
चाह मिले कुरसी फिर से ठगते जनको भज स्वाराथता को
***
विमर्श
वीरांगना पद्मिनी का आत्मोत्सर्ग और फिल्मांकन
*
जिन पौराणिक और ऐतिहासिक चरित्रों से मानव जाति सहस्त्रों वर्षों तक प्रेरणा लेती रही है उनकी विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह लगाना और उन्हें केंद्र में रखकर मन-माने तरीके से फिल्मांकित करना गौरवपूर्ण इतिहास के साथ खिलवाड़ करने के साथ-साथ उन घटनाओं और व्यक्तित्वों से सदियों से प्रेरणा ले रहे असंख्य मानव समुदाय को मानसिक आघात पहुँचाने के कारण जघन्य अपराध है. ऐसा कृत्य समकालिक जन सामान्य को आहत करने के साथ-साथ भावी पीढ़ी को उसके इतिहास, जीवन मूल्यों, मानकों, परम्पराओं आदि की गलत व्याख्या देकर पथ-भ्रष्ट भी करता है. ऐसा कृत्य न तो क्षम्य हो सकता है न सहनीय.
अक्षम्य अपराध
राजस्थान ही नहीं भारत के इतिहास में चित्तौडगढ की वीरांगना रानी पद्मावती को हथियाने की अलाउद्दीन खिलजी की कोशिशों, राजपूतों द्वारा मान-रक्षा के प्रयासों, युद्ध टालने के लिए रानी का प्रतिबिम्ब दिखाने, मित्रता की आड़ में छलपूर्वक राणा को बंदी बनाने, गोरा-बादल के अप्रतिम बलिदान और चतुराई से बनाई योजना को क्रियान्वित कर राणा को मुक्त कराने, कई महीनों तक किले की घेराबंदी के कारण अन्न-जल का अभाव होने पर पुरुषों द्वारा शत्रुओं से अंतिम श्वास तक लड़ने तथा स्त्रियों द्वारा शत्रु के हाथों में पड़कर बलात्कृत होने के स्थान पर सामूहिक आत्मदाह 'जौहर' करने का निर्णय लिया जाना और अविचलित रहकर क्रियान्वित करना अपनी मिसाल आप है . ऐसी ऐतिहासिक घटना को झुठलाया जाना और फिर उन्हीं पात्रों का नाम रखकर उन्हीं स्थानों पर अपमान जनक पटकथा रचकर फिल्माना अक्षम्य अपराध है.
जौहर और सती प्रथा
जौहर का सती प्रथा से कोई संबंध नहीं था. जौहर ऐसा साहस है जो हर कोई नहीं कर सकता. जौहर विधर्मी स्वदेशी सेनाओं की पराजय के बाद शत्रुओं के हाथों में पड़कर बलात्कृत होने से बचने के लिए पराजित सैनिकों की पत्नियों द्वारा स्वेच्छा से किया जाता था. जौहर के ३ चरण होते थे - १. योद्धाओं द्वारा अंतिम दम तक लड़कर मृत्यु का वरण, २. जन सामान्य द्वारा खेतों, अनाज के गोदामों आदि में आग लगा देना, ३. स्त्रियों और बच्चियों द्वारा अग्नि स्नान. इसके पीछे भावना यह थी कि शत्रु की गुलामी न करना पड़े तथा शत्रु को उसके काम या लाभ की कोई वस्तु न मिले. वह पछताता रह जाए कि नाहक ही आक्रमण कर इतनी मौतों का कारण बना जबकि उसके हाथ कुछ भी न लगा.
पति की मृत्यु होने पर पत्नि स्वेच्छा से प्राण त्याग कर सती होती थी. दोनों में कोई समानता नहीं है.
हजारों पद्मिनियाँ
स्मरण हो जौहर अकेली पद्मिनी ने नहीं किया था. एक नारी के सम्मान पर आघात का प्रतिकार १५००० नारियों ने आत्मदाह कर किया जबकि उनके जीवन साथी लड़ते-लड़ते मर गए थे. ऐसा वीरोचित उदाहरण अन्य नहीं है. जब कोई अन्य उपाय शेष न रहे तब मानवीय अस्मिता और आत्म-गरिमा खोकर जीने से बेहतर आत्माहुति होती है. इसमें कोई संदेह नहीं है. ऐसे भी लाखों भारतीय स्त्री-पुरुष हैं जिन्होंने मुग़ल आक्रान्ताओं के सामने घुटने टेक दिए और आज के मुसलमानों को जन्म दिया जो आज भी भारत नहीं मक्का-मदीना को तीर्थ मानते हैं, जन गण मन गाने से परहेज करते हैं. ऐसे प्रसंगों पर इस तरह के प्रश्न जो प्रष्ठभूमि से हटकर हों, आहत करते हैं. एक संवेदनशील विदुषी से यह अपेक्षा नहीं होती. प्रश्न ऐसा हो जो पूर्ण घटना और चरित्रों के साथ न्याय करे.
आज भी यदि ऐसी परिस्थिति बनेगी तो ऐसा ही किया जाना उचित होगा. परिस्थिति विशेष में कोई अन्य मार्ग न रहने पर प्राण को दाँव पर लगाना बलिदान होता है. जौहर करनेवाली रानी पद्मिनी हों, या देश कि आज़ादी के लिए प्राण गँवानेवाले क्रांन्तिकारी या भ्रष्टाचार मिटने हेतु आमरण अनशन करनेवाले अन्ना सब का कार्य अप्रतिम और अनुकरणीय है. वीरांगना देवी पद्मिनी सदियों से देशवासियों कि प्रेरणा का स्रोत हैं. आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झांकी हिंदुस्तान कि गीत में याद करें ये हैं अपना राजपुताना नाज इसे तलवारों पर ... कूद पड़ी थीं यहाँ हजारों पद्मिनियाँ अंगारों पे'.
आत्माहुति पाप नहीं
मुश्किलों से घबराकर समस्त उपाय किये बिना मरना कायरता और निंदनीय है किन्तु समस्त प्रयास कर लेने के बाद भी मानवीय अस्मिता और गरिमा सहित जीवन संभव न हो अथवा जीवन का उद्देश्य पूर्ण हो गया हो तो मृत्यु का वरण कायरता या पाप नहीं है.
देव जाति को असुरों से बचाने के लिए महर्षि दधीचि द्वारा अस्थि दान कर प्राण विसर्जन को गलत कैसे कहा जा सकता है?
क्या जीवनोद्देश्य पूर्ण होने पर भगवन राम द्वारा जल-समाधि लेने को पाप कहा जायेगा?
क्या गांधी जी, अन्ना जी आदि द्वारा किये गए आमरण अनशन भी पाप कहे जायेंगे?
एक सैनिक यह जानते हुए भी कि संखया और शास्त्र बल में अधिक शत्रु से लड़ने पर मारा जायेगा, कारन पथ पर कदम बढ़ाता है, यह भी मृत्यु का वरण है. क्या इसे भी गलत कहेंगी?
जैन मतावलंबी संथारा (एक व्रत जिसमें निराहार रहकर प्राण त्यागते हैं) द्वारा म्रत्यु का वरण करते हैं. विनोबा भावे ने इसी प्रकार देह त्यागी थी वह भी त्याज्य कहा जायेगा?
हर घटना का विश्लेषण आवश्यक है. आत्मोत्सर्ग को उदात्ततम कहा गया है.
सोचिए-
एक पति के साथ पत्नि के रमण करने और एक वैश्य के साथ ग्राहक के सम्भोग करने में भौतिक क्रिया तो एक ही होती है किन्तु समाज और कानून उन्हें सामान नहीं मानता. एक सर्व स्वीकार्य है दूसरी दंडनीय. दैहिक तृप्ति दोनों से होती हो तो भी दोनों को समान कैसे माना जा सकता है?
अपने जीवन से जुडी घटनाओं में निर्णय का अधिकार आपका है या आपसे सदियों बाद पैदा होनेवालों का?
एक अपराधी द्वारा हत्या और सीमा पर सैनिक द्वारा शत्रु सैनिक कि हत्या को एक ही तराजू पर तौलने जैसा है यह कुतर्क. वीरगाथाकाल के जीवन मूल्यों की कसौटी पर जौहर आत्महत्या नहीं राष्ट्र और जाति के स्वाभिमान कि रक्षा हेतु उठाया गया धर्म सम्मत, लोक मान्य और विधि सम्मत आचरण था जिसके लिए अपार साहस आवश्यक था. १५००० स्त्रियों का जौहर एक साथ चाँद सेकेण्ड में नहीं हो सकता था, न कोई इतनी बड़ी संख्या में किसी को बाध्य कर सकता था. सैकड़ों चिताओं पर रानी पद्मावती और अन्य रानियों के कूदने के बाद शेष स्त्रियाँ अग्नि के ताप, जलते शरीरों कि दुर्गन्ध और चीख-पुकारों से अप्रभावित रहकर आत्मोत्सर्ग करती रहीं और उनके जीवनसाथी जान हथेली पर लेकर शत्रु से लड़ते हुई बलिदान की अमर गाथा लिख गए जिसका दूसरा सानी नहीं है. यदि यह गलत होता तो सदियों से अनगिनत लोग उन स्थानों पर जाकर सर न झुका रहे होते.
अपने जीवन में नैतिक मूल्यों का पालन न करने वाले, सिर्फ मौज-मस्ती और धनार्जन को जीवनोद्देश्य माननेवाले अभिव्यक्ति कि स्वतंत्रता कि आड़ में सामाजिक समरसता को नष्ट कर्ण का प्रयास कैसे कर सकते हैं? लोक पूज्य चरित्रों पर कीचड उछालने कि मानसिकता निंदनीय है. परम वीरांगना पद्मावती के चरित्र को दूषित रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास सिर्फ निंदनीय नहीं दंडनीय भी है. शासन-प्रशासन पंगु हो तो जन सामान्य को ही यह कार्य करना होगा.
***

***
लेख :
ऋतुएँ और मौसम
*
ऋतु एक वर्ष से छोटा कालखंड है जिसमें मौसम की दशाएँ एक खास प्रकार की होती हैं। यह कालखण्ड एक वर्ष को कई भागों में विभाजित करता है जिनके दौरान पृथ्वी के सूर्य की परिक्रमा के परिणामस्वरूप दिन की अवधि, तापमान, वर्षा, आर्द्रता इत्यादि मौसमी दशाएँ एक चक्रीय रूप में बदलती हैं। मौसम की दशाओं में वर्ष के दौरान इस चक्रीय बदलाव का प्रभाव पारितंत्र पर पड़ता है और इस प्रकार पारितंत्रीय ऋतुएँ निर्मित होती हैं यथा पश्चिम बंगाल में जुलाई से सितम्बर तक वर्षा ऋतु होती है, यानि पश्चिम बंगाल में जुलाई से अक्टूबर तक, वर्ष के अन्य कालखंडो की अपेक्षा अधिक वर्षा होती है। इसी प्रकार यदि कहा जाय कि तमिलनाडु में मार्च से जुलाई तक गृष्म ऋतु होती है, तो इसका अर्थ है कि तमिलनाडु में मार्च से जुलाई तक के महीने साल के अन्य समयों की अपेक्षा गर्म रहते हैं। एक ॠतु = २ मास। ऋतु साैर अाैर चान्द्र दाे प्रकार के हाेते हैं। धार्मिक कार्य में चन्द्र ऋतुएँ ली जाती हैं।
ऋतु चक्र-
भारत में मुख्यतः छः ऋतुएं मान्य हैं -१. वसन्त (Spring) चैत्र से वैशाख (वैदिक मधु अाैर माधव) मार्च से अप्रैल, २. ग्रीष्म (Summer) ज्येष्ठ से आषाढ (वैदिक शुक्र अाैर शुचि) मई से जून, ३. वर्षा (Rainy) श्रावन से भाद्रपद (वैदिक नभः अाैर नभस्य) जुलाई से सितम्बर, ४, शरद् (Autumn) आश्विन से कार्तिक (वैदिक इष अाैर उर्ज) अक्टूबर से नवम्बर, ५. हेमन्त (pre-winter) मार्गशीर्ष से पौष (वैदिक सहः अाैर सहस्य) दिसम्बर से 15 जनवरी, ६. शिशिर (Winter) माघ से फाल्गुन (वैदिक तपः अाैर तपस्य) 16 जनवरी से फरवरी।
ऋतु परिवर्तन का कारण पृथ्वी द्वारा सूर्य के चारों ओर परिक्रमण और पृथ्वी का अक्षीय झुकाव है। पृथ्वी का डी घूर्णन अक्ष इसके परिक्रमा पथ से बनने वाले समतल पर लगभग 66.5 अंश का कोण बनता है जिसके कारण उत्तरी या दक्षिणी गोलार्धों में से कोई एक गोलार्द्ध सूर्य की ओर झुका होता है। यह झुकाव सूर्य के चारो ओर परिक्रमा के कारण वर्ष के अलग-अलग समय अलग-अलग होता है जिससे दिन-रात की अवधियों में घट-बढ़ का एक वार्षिक चक्र निर्मित होता है। यही ऋतु परिवर्तन का मूल कारण बनता है।
विश्व में भारत ही एक ऐसा देश है जहां समय-समय पर छः ऋतुएं (Six Types of Ritu) अपनी छटा बिखेरती हैं। प्रत्येक ऋतु दो मास की होती है।
चैत (Chaitra) और बैसाख़ (Baishakh) में बसंत ऋतु (Basant Ritu) अपनी शोभा का परिचय देती है। इस ऋतु को ऋतुराज (Rituraj) की संज्ञा दी गयी है। धरती का सौंदर्य इस प्राकृतिक आनंद के स्रोत में बढ़ जाता है। रंगों का त्यौहार होली बसंत ऋतु (Vasant) की शोभा को दुगना कर देता है। हमारा जीवन चारों ओर के मोहक वातावरण को देखकर मुस्करा उठता है।
ज्येष्ठ -आषाण ( ग्रीष्म ऋतु) में सू्र्य उत्तरायण की ओर बढ़ता है। ग्रीष्म ऋतु प्राणी मात्र के लिये कष्टकारी अवश्य है पर तप के बिना सुख-सुविधा को प्राप्त नहीं किया जा सकता। यदि गर्मी न पड़े तो हमें पका हुआ अन्न भी प्राप्त न हो।
श्रावण -भाद्र (वर्षा ऋतु) में मेघ गर्जन के साथ मोर नाचते हैं । तीज, रक्षाबंधन आदि त्यौहार (Festivals) इस ऋतु में आते हैं।
अश्विन (Ashvin) और कातिर्क (Kartik) के मास शरद ऋतु (Sharad Ritu) के मास हैं। शरद ऋतु प्रभाव की दृश्र्टि से बसंत ऋतु का ही दूसरा रुप है। वातावरण में स्वच्छता का प्रसार दिखा़ई पड़ता है। दशहरा (Dussehra) और दीपावली (Dipawali) के त्यौहार इसी ऋतु में आते हैं।
मार्गशीर्ष (Margshirsh) और पौष (Paush) हेमन्त ऋतु (Hemant Ritu) के मास हैं। इस ऋतु में शरीर प्राय स्वस्थ रहता है। पाचन शक्ति बढ़ जाती है।
माघ (Magh) और फाल्गुन (Falgun) शिशिर अर्थात पतझड़ (Shishir / Patjhar Ritu) के मास हैं। इसका आरम्भ मकर संक्राति (Makar Sankranti) से होता है। इस ऋतु में प्रकृति पर बुढ़ापा छा जाता है। वृक्षों के पत्ते झड़ने लगते हैं। चारों ओर कुहरा छाया रहता है।
भारत को भूलोक का गौरव तथा प्रकृति का पुण्य स्थल कहा गया है। इस प्रकार ये ऋतुएं जीवन रुपी फलक के भिन्न- भिन्न दृश्य हैं, जो जीवन में रोचकता, सरसता और पूर्णता लाती हैं।
ऋतु और राग- शिशिर - भैरव, बसंत - हिंडोल, ग्रीष्म - दीपक, वर्षा - मेघ, शरद - मलकन, हेमंत - श्री।
***
वासव जातीय अष्ट मात्रिक छंद
१. पदांत यगण
सजन! सजाना
सजनी! सजा? ना
काम न आना
बात बनाना
रूठ न जाना
मत फुसलाना
तुम्हें मनाना
लगे सुहाना
*
२. पदांत मगण
कब आओगे?
कब जाओगे?
कब सोओगे?
कब जागोगे?
कब रुठोगे?
कब मानोगे?
*
बोला कान्हा:
'मैया मोरी
तू है भोरी
फुसलाती है
गोपी गोरी
चपला राधा
बनती बाधा
आँखें मूँदे
देखे आधा
बंसी छीने
दौड़े-आगे
कहती ले लो
जाऊँ, भागे
*
३. पदांत तगण
सृजन की राह
चले जो चाह
न रुकना मीत
तभी हो वाह
न भय से भीत
नहीं हो डाह
मिले जो कष्ट
न भरना आह
*
४. पदांत रगण
रहीं बच्चियाँ
नहीं छोरियाँ
न मानो इन्हें
महज गोरियाँ
लगाओ नहीं
कभी बोलियाँ
न ठेलो कहीं
उठा डोलियाँ
*
५. पदांत रगण
जब हो दिनांत
रवि हो प्रशांत
पंछी किलोल
होते न भ्रांत
संझा ललाम
सूराज सुशांत
जाते सदैव
पश्चिम दिशांत
(छवि / मधुभार छंद)
*
६. पदांत भगण
बजता मादल
खनके पायल
बेकल है दिल
पड़े नहीं कल
कल तक क्यों हम
विलग रहें कह?
विरह व्यथा सह
और नहीं जल
*
७. पदांत नगण
बलम की कसम
न पालें भरम
चलें साथ हम
कदम दर कदम
न संकोच कुछ
नहीं है शरम
सुने सच समय
न रूठो सनम
*
८. पदांत सगण
जब तक न कहा
तब तक न सुना
सच ही कहना
झूठ न सहना
नेह नरमदा
बनकर बहना
करम चदरिया
निरमल तहना
सेवा जन की
करते रहना
शुचि संयम का
गहना गहना
३०-१-२०१७
***

कोई टिप्पणी नहीं: