कुल पेज दृश्य

रविवार, 12 दिसंबर 2021

साॅनेट

सॉनेट 
समय
*
समय चक्र को नमन कर, चलें समय के साथ। 
समय मीत बनता सखे!, समयबद्धता से सदा।
समय साथ पल-पल चलें, रखकर ऊँचा माथ।।
समय न भूले भूलिए, तभी जगत होगा फिदा।।

समय फर्क करता नहीं, राजा हो या रंक।
समय न देखे राह, चलता अपनी चाल वह।
समय फूल देता नहीं, नहीं चुभाता डंक।।
समय न भरता आह, रात न सोकर जगे सुबह।। 

समय समय की बात है, समय समय का फेर।
समय न सकें खरीद, समय कहीं बिकता नहीं।
समय देर करता नहीं, नहीं करे अंधेर।।
समय सुलभ यदि सत्य, सुनें समय का सब यहीं।। 

समय अनाहद नाद है, जो सुन ले हो धन्य।
समय सच्चिदानंद, इस सम कहीं न अन्य।।
***
१२-१२-२०२१

कोई टिप्पणी नहीं: