कुल पेज दृश्य

shishu geet लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
shishu geet लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 14 नवंबर 2016

baal geet

बाल रचना
बिटिया छोटी
*
फ़िक्र बड़ी पर बिटिया छोटी
क्यों न खेलती कन्ना-गोटी?
*
ऐनक के काँचों से आँखें
झाँकें लगतीं मोटी-मोटी
*
इतनी ज्यादा गुस्सा क्यों है?
किसने की है हरकत खोटी
*
दो-दो फूल सजे हैं प्यारे
सर पर सोहे सुंदर चोटी
*
हलुआ-पूड़ी इसे खिलाओ
तनिक न भाती इसको रोटी
*
खेल-कूद में मन लगता है
नहीं पढ़ेगी पोथी मोटी
***

सोमवार, 24 अक्टूबर 2016

badhaaee geet - lori

नया प्रयोग 
बधाई गीत 
*
बधाई गाओ सखियों! झूला झुलाओ 
लली न रोने पाए, गले से लगाओ 
*
नन्हें से हाथों में किस्मत की चाबी
माथे पर काजल का टीका सजाओ
*
कोयल सी वाणी बोले, षड रस घोले
शहद लाओ मैया! हँसकर चटाओ
*
चंचल से पैरों से नापेगी दुनिया
चाँदी की पैंजन बुआ पहनाओ
*
नटखट से नैनों में सपने हजारों
चाचा ले गोद में दुनिया दिखाओ
*
रोने न देना जी लोरी सुनाओ
थपकी दे निंदिया भैया! कराओ
*
लोरी
*
सो जा रे सो जा, सो जा रे मुनिया
*
सपनों में आएँगे कान्हा दुआरे
'चल खेल खेलें' तुझको पुकारें
माखन चटा, तुझको मिसरी खिलाएँ
जसुदा बलैयाँ लें तेरी गुड़िया
सो जा रे सो जा, सो जा रे मुनिया
*
साथी बनेंगे तेरे ये तारे
छिप-छिप शरारत करते हैं सारे
कोयल सुनाएगी मीठी सी लोरी
सुंदर मिलेगी सपनों की दुनिया
सो जा रे सो जा, सो जा रे मुनिया
*
जागेगी जब, तभी होगा सवेरा
पल में मिट जायेगा सारा अँधेरा
हौले-हौले तुझको आगे है जाना
मुश्किल मिटने की कोशिश है गुनिया
सो जा रे सो जा, सो जा रे मुनिया
*

शुक्रवार, 21 दिसंबर 2012

शिशु गीत सलिला : 7 संजीव 'सलिल'

शिशु गीत सलिला : 7
संजीव 'सलिल'
*

 61. फल
 



मेहनत का मिलता है फल,
कोशिश होती सदा सफल।
पौधा कली पुष्प मिलते-
तब ही मिलता उनको फल।।
काम आज का आज करो,
किसने देखा बोलो कल?

'सलिल' निरंतर बहता है 
झरना नदिया बन कलकल।।

*
62. नदी 




नदी न रुकती, बहती है,
हर मौसम चुप सहती है।
पानी मत गंदा करना-
सुनो तुम्हीं से कहती है।।
बारिश में उफनाती है,

माटी गिरती, ढहती है।
वृक्ष लगाओ किनारे पर-
स्वच्छ-शांत तब रहती है।।
*
63. तालाब


 

सभी का मन लुभाता है,
भरा तालाब में पानी।
कमल के फूल मन मोहें-
न पाटो, है ये नादानी।।

नहीं गहराई में जाना,
किनारे ही नहाना है।
बने हों घाट पर मंदिर-
वहीं सर को झुकाना है।।
*
64. झरना



धीरे-धीरे आता है,
फिर यह चाल बढ़ाता है।
कूद शिखर से गड्ढे में-
हँसता है, मस्ताता है।
लहरों-भँवरों को संग ले
पत्थर से टकराता है।
बैठ किनारे मौन सुनो-
गीत प्रीत के गाता है।।
*
65. सागर
 



सारी दुनिया की गागर,
यह विशाल नीला सागर।
किसने रंग दिया नीला?
यह लहरों का जलसा घर?


मछली, मगरमच्छ रहते,
नहीं किसी से कुछ कहते।
तूफानों को लेते झेल-
हर  कठिनाई मिल सहते।
*
66. मछली 




मछली पानी में भाती,
हाथ लगाओ डर जाती।
पानी को करती है साफ़-
बाहर निकले मर जाती।
*
67. बंदर
 



बंदर खेल दिखाता है,
सबको खूब रिझाता है।
दिख जाए फल अगर इसे-
खाने को ललचाता है।।
*
68. बंदरिया
 



पहने लाल घघरिया है,
नाची खूब बंदरिया है।
बच्चे बजा रहे ताली-
बंदर बना सँवरिया है।।
*
69. मुर्गा
 



सूरज जब उग आता है,
मुर्गा झट जग जाता है।
प्यारे बच्चों जग जाओ-
जमकर बांग लगता है।।
*
70. तितली
 



बगिया में जब खिली कली,
झूम-नाच खेले तितली।
भँवरे चाचा थाम रहे-
सम्हली, फिसली फिर सम्हली।।
*