कुल पेज दृश्य

गुरुवार, 9 जनवरी 2025

जीवन की बारह खड़ी, हिमकर श्याम

पुरोवाक्

जीवन की बारह खड़ी : सम-सामयिक लोकोपयोगी दोहे
आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल'
*
छंद का उद्भव और विकास
आध्यात्म और विज्ञान दोनों के अनुसार सृष्टि के मूल में 'ध्वनि' है। अध्यात्म 'ॐ' (अ, उ, म् का संयुक्त रूप) को सृष्टि कर्ता ब्रह्म से जोड़ता है तो विज्ञान सूर्य से निकल रहे रश्मि-नाद से। नाद निराकार है इसलिए उसका चित्र नहीं बनाया जा सकता अर्थात् वह चित्रगुप्त है। उसे जिन संकेतों से अंकित किया जाता है उसे 'लिपि कहते हैं। भारतीय मनीषा लिपि-लेखनी-अक्षर और मसि के अधिष्ठाता चित्रगुप्त ही कहती आई है और यम द्वितीया को उसका पूजन पटल पर ॐ अंकित कर ही किया जाता रहा है। लोक में आदि मानव ने प्रकृति में व्याप्त ध्वनियों और प्राकृतिक घटनाओं कलकल, मेघ गर्जन, कलरव, दहाड़, फुँफकार आदि के संबंध को जानकार उन ध्वनियों की पुनरावृत्ति कर अन्य समूहों को सूचित करना और कालांतर में शिलाओं पर डंडियों पर पत्तियों का रस लगाकर चित्र और संकर्तों से संदेश छोड़ना आरंभ किया। मानव ने ध्वनि खंडों के उच्चारों और उच्चार-काल का अध्ययन कर वाचिक छंदों का सृजन किया। तदोपरांत भाषा और लिपि का विकास होने पर वर्ण और मात्राओं की गणना कर संस्कृत छंद शास्त्र बनाया गया। पिंगल आदि आचार्यों ने मात्रा-वर्ण भेद के आधार पर छंद के दो प्रकार लौकिक और वैदिक कहे हैं-
पिंगलादिभिराचायैर्यदुक्तं लोकिकं द्विध।
मात्रावर्णविभेदेनच्छंदस्तदिह कथ्यते।। - वृत्त रत्नाकर

गंगादास कृत छंदोमंजरी के अनुसार चार पादों वाला पद्य दो प्रकार का (वृत्त पद्य और जाति पद्य) होता है। अक्षर संख्या से नियमित-निबद्ध पद वृत्त पद्य होता है जबकि मात्रा संख्या से नियमित-निबद्ध पद जाति पद्य होता है।
पद्यं चतुष्पदी तच्च वृत्तं जातिरिति द्विध।
वृत्तमक्षर संख्यातं जातिर्मात्रा कृता भवेत।।

तदनुसार 'मामका पांडवाश्चैव किमकुर्वत संजय' के प्रत्येक पाद में ८ वर्ण होने के कारण यह वृत्त पद्य है जबकि 'तरुणं सर्षपशाकं नवौदनं पिच्छिलानि च दधीनि। / अल्पव्ययेन सुंदरि ग्राम्यजनो मिष्टमश्नाति।।' जाति पद्य है।

ध्वनि पूरे वातावरण में व्याप्त हो जाती है, छा जाती है। ध्वनि खंडों के संयोजन से बने छंद में भी यह गुण है इसलिए कहा गया- यदाच्छादयन् तच्छंदसां छंदस्त्वम्' तथा 'छंदमसि छादनात्'। पाणिनी के अनुसार 'छादयति आच्छादयति वा इति छंद:' ।


तैत्तरीय संहिता के अनुसार ब्रह्मा ने अग्नि का सृजन किया जिसने भयंकर रूप धारण कर लिया, भयभीत देवगण अग्नि के साथ न हो सके। तब ब्रह्म ने छंदों से देवों को आच्छादित कर दिया तब देवगण अग्नि के साथ अक्षय रह सके- 'देवा छंदोभिरात्मानं छादयित्वा उपायन् प्रजापतिर्अग्निं चिनुत:'।

ऐतरेय आरण्यक में में छंद को पापकर्म पर छा जानेवाला कहा गया है- 'मानवान् पापकर्मेभ्य: छंदयंति छंदांसि इति छंद:।'

निसर्ग से अभिन्न छंद रचने, सुनने, गाने से आह्लाद होना स्वाभाविक है। इसीलिए 'छद्' धातु से बने 'छंद' का अर्थ है 'आह्लादित / प्रसन्न करना' माना गया। छंद ही वेदों का आधार बने। बिन छंद वेदों का सृजन, अध्ययन या गायन संभव नहीं है। इसलिए छंद को वेदों का पैर कहा गया- 'छन्दः पादौ तु वेदस्य'। देव की कृपा पैर छूने से ही मिलती है। इसी प्रकार वेदों की कृपा पाने के लिए वेदों के पैर अर्थात छंद की शरण में जाना होगा।
छंदराज दोहा
उक्त आधार पर आचार्य जगन्नाथ प्रसाद 'भानु' प्रणीत छंद प्रभाकर में छंद के वार्णिक और मात्रिक दो भेद वर्णित हैं जो क्रमश: वर्ण-संख्या और मात्रा-संख्या पर आधारित हैं। मात्रिक छंद के तीन भेद सम मात्रिक, अर्ध सममात्रिक और विषम मात्रिक हैं। ४८ मात्रिक दोहा अर्द्ध सम मात्रिक छंद है। दोहे में दो पंक्तियाँ, चार चरण, विषम चरण (प्रथम तथा तृतीय) तेरह मात्रिक और सम चरण (द्वितीय तथा चतुर्थ) ग्यारह मात्रिकतथा सम चरणों के अंत में गुरु-लघु मात्रा तथा समान तुक आवश्यक है। परंपरानुसार विषम चरणों के आदि में एक शब्द में 'जगण' वर्जित कहा गया है।
दोहा का वैशिष्ट्य दोहराव है। २ पंक्ति, हर पंक्ति में २ चरण, २ विषम चरण, २ सम चरण, पंक्त्यांत में २ अक्षरी समान तुक, विषम चरण में १३ मात्रा (१३=१+३=४=२+२), सम चरण में ११ मात्रा (११=१+१=२) तथा चरणारंभ में समान कलाएँ २-२, ३-३, ४-४ आदि। संभवत: इसलिए दोहा के लिए विविध काल खंडों में प्रयुक्त नामों दूहा, दोहअ, दोपदी, द्विपथक, दोग्धक, दुषअह, दोहड़ा, दोहक आदि में दो की उपस्थिति है। विषम चरण की प्रचलित कल बाँट (३ ३ २ ३ २ या ४ ४ ३ २) तथा सम चरण की प्रचलित कल बाँट (३ ३ २ ३ या ४ ४ ३) में भी यह दोहराव दृष्टव्य है।
दोहा में कथ्यगत मौलिकता, लाक्षणिकता, शब्द-चारुता, बैम्बिक स्पष्टता, मिथकीय सटीकता, मार्मिकता, आलंकारिक लालित्य, सरसता, भाव बाहुल्य, भाषिक कसाव, आंचलिकता, युगबोध, सार्वजनीनता, कहन की पूर्णता आदि उसे लोकग्राह्य और कालजयी बनाते हैं। दोहे में संयोजक शब्द, कारक तथा अनावश्यक शब्द प्रयोग वर्ज्य है। विराम चिह्न दोहे की अर्थवत्ता बढ़ाते हैं। दोहे के चरणों में कथ्य का बीजारोपण, अंकुरण, पल्लवन तथा फलन होना चाहिए। लोक में अनेक दोहे या उनका अंश लोकोक्ति के रूप में प्रचलित होकर अमर हैं।
जीवन की बारह खड़ी
इस पृष्ठ भूमि का औचित्य यह कि दोहा लेखन को मन-प्राण से युग-धर्म की तरह जी रहे दोहकार हिमकर श्याम के प्रथम दोहा संग्रह का हर पाठक उनके दोहों की अर्थवत्ता को ग्रहण कर सके। 'हिमकर' और 'श्याम' अपने आपमें विपरीत प्रवृत्तियों श्वेत और श्याम का समन्वय दर्शाते हैं। दोहाकार का जीवन-संघर्ष और जिजीविषा अपने आपमें मिसाल है। जिन पारिस्थितिक विषमताओं में इन दोहों ने जन्म लिया, वे सामान्य जन के सामने हों तो कलम चलना संभव ही न हो। हिमकर श्याम की रचनाधर्मिता तूफान में टिमटिमाते दिए की कहानी कहती है। पत्रकार के नाते सामाजिक न्याय की पक्षधर कलम थामे हिमकर अपने आत्म से वार्तालाप करने के लिए दोहा के दरवाजे पर जा खड़े होते हैं। प्रकृति और परिवेश से मुलाकात और मुठभेड़ दोनों की अभिव्यक्ति के लिए दोहाकार को दोहा ही उपयुक्त प्रतीत होता है। नमन, जीवन, पर्व, पर्यावरण, चेतना, विरासत, युगबोध (राजनीति), व्याधि (कोरोना), संबंध, वसंत, जुहार, संवाद शीर्षक अध्यायों में रचित यह दोहा संग्रह समय के सफ़े पर संवेदना का सशक्त हस्ताक्षर है। खुद दोहाकार कहता है-
जीवन की बारहखड़ी, सुख- दुख , पीड़ा- हास।
बैठा 'हिमकर' बाँचता, तल्ख़ मधुर अहसास।।

अधुनातन चिंतन दृष्टि के साथ पारंपरिक विरासत का समन्वय स्थापित करने का स्वस्थ्य प्रयास प्रशक्ति के विविध स्वरूपों के स्मरण और नमन संबंधी दोहों में दृष्टव्य है। अक्षर-कलम-दवात और कर्म-धर्म के नियामक की वंदना पितृ -स्मरण ही है-
मुख पर दिव्य प्रकाश है, कर में कलम दवात।
चित्रगुप्त परब्रह्म को, नमन झुकाकर माथ।।

जीव के जन्म का माध्यम जननी और जनक का स्थान शेष सबसे ऊपर मानते हुए कवि उन्हें स्मरण करता है-
मन में क्या तकलीफ है, जान सका है कौन?
माँ से कुछ छुपता नहीं, पढ़ लेती वह मौन।।

पोषक अनुशासकपिता, करता है परवाह।
रखता सबका ध्यान वह, उसका स्नेह अथाह।।

धर्म के नाम पर हो रहे दिशाहीन कोलाहल के प्रति चिंतित हिमकर स्पष्टट: कहते हैं कि एकत्रित जन समुदाय धर्म का सच्चा अर्थ नहीं जानता- 
राम नाम की धूम में, दिखता कहीं न धर्म।।
पता नहीं इस भीड़ को, राम नाम का मर्म।।

भारत में धर्म कर्तव्य का पर्याय है। धर्म से अपरिचित जन अपने कर्तव्य को भी नहीं जानते। इस कारण वे अपने माता-पिता से दूर हो जाते हैं और उनके जन्मदाता बच्चों के साहचर्य हेतु तरसते हैं- 
अपनी-अपनी चाकरी, उलझे सब दिन-रात।
बूढ़ी आँखें खोजतीं, अब अपनों का साथ।।

समाज को मानव के जीवनोद्देश्य बताते हुए दोहाकार सुख-दुख को समभाव से स्वीकारने का संकेत करता है-  
पतझड़ साथ वसंत है, जीवन का यह मंत्र।
खोना-पाना सब यहीं, जोड़ न बनिए यंत्र।।

कैंसर और कोरोना जैसी जानलेवा बीमारियों पर जय पा चुका कवि उन पलों में भी जिजीविषा के सहारे संघर्ष करता रहा।  
हर पल सुइयाँ चुभ रहीं, लगे टूटती श्वास। 
किस्तों पर है ज़िंदगी, पर अटूटविश्वास।।

गाँव और प्रकृति से अभिन्न कवि पर्वों में धर्म-क्रम का मेल देखता है- 
जवा फूल तैयार हɇ, गड़े करम के डार।
धरम-करम का मेल है, करमा का त्योहार।
करम परब के गीत से, गँजू रहा हर गाँव।
ढोलक-मांदर बज रहे, ͬथिरक रहे हैं पाँव।।

प्रकृति-पुत्र हिमकर मानव द्वारा प्रकृति के साथ किए जा रहे अनाचार से क्षुब्ध होकर तथाकथित विकास के दुष्प्रभावोंब के प्रति सचेत करते हैं- 
बहुत हुआ अब बंद हो, धरती से खिलवाड़।
नष्ट इसे सब कर रहे, ले विकास की आड़।।

विडंबन है कि संविधान निर्माता और संविधान सभा के अध्यक्ष अजातशत्रु देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के अवदान को भूलकर उनके अधीनस्थ गठित अनेक समितियों में से एक के अध्यक्ष को राजनैतिक स्वरथ साधते दलों द्वारा संविधान निर्माता कहा जा रहा है। हिमकर नई पीढ़ी को सच से अवगत कराते हैं-  
देशरतन राजेन्द्र का, जीवन मूल्य महान।
संविधान निर्माण में, रहा अहम अवदान।।

भारत के स्वतंत्रता-संघर्ष में देश के मूल निवासियों के बलिदान को विस्मृत करने, स्वतंत्रता के पश्चात सर्व धर्म समभाव को स्वीकारने, लोकतंत्र का लक्ष्य जन-कल्याण होने, सत्ता लोलुप राजनीति में षड्यंत्रों की वृद्धि, निहित स्वार्थ साधन हेतु बिका चुका पत्रकार जगत, अपनी मूल पहचान गँवाते जा रहे शहर,  युद्ध-जनित विनाश, राष्ट्रभाषा हिंदी की अवहेलना आदि के प्रति सचेत, चिंतित और सुधार हेतु तत्पर हिमकर ने दोहा दीप प्रज्वलित कर सर्वत्र घिर रहे तिमिर को मिटाने के लिए कालजयी दोहास्त्र से सार्थक और सटीक शब्द-प्रहार किए हैं-    
धरती आबा बन गया, बिरसा वीर महान।
जननायक है राष्ट्र का, उलिहातू की शान।।
सर्व धर्म समभावना, समता का अधिकार।
जनता का कल्याण ही, लोकतंत्र का सार।।
मिन्नत करता गण दिखे, हावी लगता तंत्र।
राजनीति के नाम पर, होता बस षड्यन्त्र।।
बिकी हुई है मीडिया, बिका हुआ अख़बार।
चौथा खंभा ढह रहा, दरक रहा आधार।।
वही शहर है आज भी, लगता पर अनजान।
चमक दमक रफ्तार में, गुम होती पहचान।।
घना धुआँ बारूद का, सभी मार्ग अवरुद्ध।
सहमी दुनिया कह रही, नहीं चाहिए युद्ध।।
सरकारें चलती रहीं, मैकाले की चाल।
हिंदी अपने देश में, अवहेलित बदहाल।।

विश्ववाणी हिंदी संस्थान अभियान जबलपुर के तत्वावधान में वर्ष २०१८ में प्रकाशित ३ दोहा संकलनों दोहा दोहा नर्मदा, दोहा सलिला निर्मला तथा दोहा दीप्त दिनेश के द्वितीय अंक में सहभागी रहे श्याम हिमकर के लिए दोहा लेखन सारस्वत उपासना की तरह है। वे दोहा लिखते नहीं, रचते है। उनका चिंतक, दोहाकार और पत्रकार देश-धर्म और समाज के प्रति दिन-ब-दिन अधिकाधिक सजग, सचेत और समर्पित होकर हिंदी दोहा ही नहीं सकल साहित्य को समसामयिक विषयों के प्रति जागरूक और सर्व कल्याणकारी युगबोध के प्रति उन्मुख करता रहे। मुझे भरोसा है कि जीवन की बारहखड़ी' का न केवल स्वागत होगा, इसमें कहे गए तथ्यों का संज्ञान लेकर शासन और समाज बेहतर भविष्य-निर्माण की दिशा में कदम उठाएँगे. 
***
संपर्क- आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', संयोजक विश्ववाणी हिंदी संस्थान, ४०१ विजय अपार्टमेंट, नेपियर टाउन, जबलपुर ४८२००१, 
चलभाष ९४२५१८३२४४, ईमेल- salil.sanjiv@gmai.lcom 
==================   


पाठ्य शुद्धि- ध्यान दीजिए, प्रकाशन हेतु नहीं 
८ पद्मासिनी वागीश्वरी,
९ कंठ मुंड की माल / वाम भाग में पार्वती / शिव देवों के देव हैं, करें जगत संप्राण,
१० दूजा लिए त्रिशूल / दयारूप गौरी हरें, जन्म-जन्म के पाप / पूजें श्रद्धा-भाव से, सदा सिद्धिदात्री करें
११ दस दिश में उल्लास
१२ रीछराज ने जगाया, किया गुणों का गान
१३ विस्मित देखे देवकी, बंद न कारागार
१५ चित्रगुप्त परब्रह्म को, नमन झुकाकर माथ / पथ-दर्शक यमदेव के, पाप-पुण्य रखवाल / चित्रगुप्त कर्मेश हैं, सद्गति करें प्रदान / कुलतारक धर्मेश प्रभु, वंदन कृपा निधान
२० रहे पिता के स्कन्ध पर, घर का सारा भार / सहन शक्ति प्रभु से मिली, सच ही अपरंपार।।
२१ आषाढ़ी पूनो करें, गुरु उपासना खास / परंपरा गुरु-शिष्य की / दूर करे अवगुण सभी, करें न शंका लेश।।
२६ वायु तत्व आती सूक्ष्म है, गति-यतिमय अविराम
२८ फूले-फलती सभ्यता, तरणी के ही तीर
२९ दूषित है परिवेश
३० फिर उदास मन ढूँढता
३१ दूर हटे अब गरीबी / रखिए दृढ़ विश्वास
३२ पतझड़ साथ वसंत है, जीवन का यह मंत्र। / खोना-पाना सब यहीं, जोड़ न बनिए यंत्र।।
३३ हर पल सुइयाँ चुभ रहीं, लगे टूटती श्वास। / किस्तों पर है िज़ंदगी, पर अटूट विश्वास।। / बढ़ती रही मियाद ।।
४१ है जागरण विधान
४४ खीरामृत का पान
४५ ढोलक-मांदर बज रहे,
४८ शुभ यीशु का आगमन,
६३ वन के दावेदार सब,

बुधवार, 8 जनवरी 2025

जनवरी ८, सॉनेट, भारत की माटी, लघुकथा, तांका, यमक अलंकार, हास्य, चीता, मुक्तक

सलिल सृजन जनवरी ८
मुक्तक
हाथ पसारे कृपा माँगना ही मेरा पुरुषार्थ।
शीश हाथ धर शुभाशीष देना तेरा परमार्थ।।
जन्म जन्म का नाता अपना है अटूट भगवान।
मैं कंकर तू शंकर मिलकर हो जाते इंसान।।
(२७ मात्रिक, पदांत गुरु लघु)
जितनी कुटिल प्रवृत्ति जटिल उतना ही होता है इंसान।
जितना सरल सहज मन होता उतनी शांति गहे विद्वान।।
उलझा धागा सुलझाना हो तो धर धीरज थामो छोर-
रात अँधेरी हो कितनी ही प्रसवे दिनकर ऊषा भोर।।
(३१ मात्रिक, पदांत तगण, सात चौके एक त्रिकल)
पर-आजादी दे न सको तो नील गगन भी मत दिखलाओ।
हे परमेश्वर! हे कर्मेश्वर!!, बन मानव धरती पर आओ।।
हमने दुनिया को शस्त्रों हिंसा कचरे का ढेर बनाया-
दीनानाथ न करुणा-प्रिय हो, देकर दण्ड सबक सिखलाओ।।
(३२ मात्रिक, पदांत यगण, ८ चौकल)
८.१.२०२५
०००
*
सॉनेट
तिल का ताड़
*
तिल का ताड़ बना रहे, भाँति-भाँति से लोग।
अघटित की संभावना, क्षुद्र चुनावी लाभ।
बौना कंबलओढ़कर, कभी न हो अजिताभ।।
नफरत फैला समझते, साध रहे हो योग।।
लोकतंत्र में लोक से, दूरी, भीषण रोग।
जन नेता जन से रखें, दूरी मन भय पाल।
गन के साये सिसकता, है गणतंत्र न ढाल।।
प्रजातंत्र की प्रजा को, करते महध अगेह।।
निकल मनोबल अहं का, बाना लेता धार।
निज कमियों का कर रहा, ढोलक पीट प्रचार।
जन को लांछित कर रहे, है न कहीं आधार।
भय का भूत डरा रहा, दिखे सामने हार।।
सत्ता हित बनिए नहीं, आप शेर से स्यार।।
जन मत हेतु न कीजिए, नौटंकी बेकार।।
८-१-२०२२
*
भारत की माटी
*
जड़ को पोषण देकर
नित चैतन्य बनाती।
रचे बीज से सृष्टि
नए अंकुर उपजाति।
पाल-पोसकर, सीखा-पढ़ाती।
पुरुषार्थी को उठा धरा से
पीठ ठोंक, हौसला बढ़ाती।
नील गगन तक हँस पहुँचाती।
किन्तु स्वयं कुछ पाने-लेने
या बटोरने की इच्छा से
मुक्त वीतरागी-त्यागी है।
*
सुख-दुःख,
धूप-छाँव हँस सहती।
पीड़ा मन की
कभी न कहती।
सत्कर्मों पर हर्षित होती।
दुष्कर्मों पर धीरज खोती।
सबकी खातिर
अपनी ही छाती पर
हल बक्खर चलवाती,
फसलें बोती।
*
कभी कोइ अपनी जड़ या पग
जमा न पाए।
आसमान से गर गिर जाए।
तो उसको
दामन में अपने लपक छिपाती,
पीठ ठोंक हौसला बढ़ाती।
निज संतति की अक्षमता पर
ग़मगीं होती, राह दिखाती।
मरा-मरा से राम सिखाती।
इंसानों क्या भगवानो की भी
मैया है भारत की माटी।
***
गीत
आज नया इतिहास लिखें हम।
अब तक जो बीता सो बीता
अब न हास-घट होगा रीता
अब न साध्य हो स्वार्थ सुभीता
अब न कभी लांछित हो सीता
भोग-विलास न लक्ष्य रहे अब
हया, लाज, परिहास लिखें हम
रहें न हमको कलश साध्य अब
कर न सकेगी नियति बाध्य अब
सेह-स्वेद-श्रम हो आराध्य अब
पूँजी होगी महज माध्य अब
श्रम पूँजी का भक्ष्य न हो अब
शोषक हित खग्रास लिखें हम
मिल काटेंगे तम की कारा
उजियारे के हों पाव बारा
गिर उठ बढ़कर मैदां मारा
दस दिश में गूँजे जयकारा।
कठिनाई में संकल्पों का
कोशिश कर नव हास , लिखें हम
आज नया इतिहास लिखें हम।
८-१-२०२२
***
मनरंजन
मुहावरों ,लोकोक्तियों, गीतों में धन
*
०१. कौड़ी के मोल
०२. कौड़ी-कौड़ी को मोहताज
०३. घर में नईंयाँ दाने, अम्मा चली भुनाने
०४. जेब कटना
०५. जेब काटना
०६. जेब फटना
०७. जेब भरी होना
०८. टके के तीन
०९. दोनों हाथों लुटाना
१०. दौलत के दीवाने
११. नोट छापना
१२. नोटों की बरसात होना
१३. नौ नगद न तरह उधार
१४. पुरुष पुरातन की वधु, क्यों न चंचला होय?
१५. पैसा न कौड़ी बाजार को दौड़ी
१६. पैसा फेंकना
१७. पैसा हाथ का मैल होना
१८. पैसे की जात न होना
१९. पैसे पानी की तरह बहाना
२०. पैसे पेड़ पर नहीं उगते
२१. बाप भला न भैया, सबसे भला रुपैया
२२. सूँघ का धन शैतान खाए
२३. हिसाब चुकाना
अन्य
०१. लछमी सी बहू
०२. गृहलक्ष्मी
०३.. एक चवन्नी चाँदी की, जय बोलो महात्मा गाँधी की
गीत
०१. आमदनी अठन्नी खरचा रुपैया / तो भैया ना पूछो, ना पूछो हाल / नतीजा ठनठन गोपाल
०२. पाँच रुपैया, बारा आना, मारेगा भैया ना ना ना ना -चलती का नाम गाड़ी
०३. न बीवी न बच्चा, न बाप बड़ा न मैया, दि होल थिंग इज़ दैट कि भैया सबसे बड़ा रुपैया - सबसे बड़ा रुपैया
०४. क्या बात है क्या चीज है पैसा / पैसा पैसा करती है क्यों पैसे पे तू मरती है - दे दनादन,
०५. पैसा ये पैसा पैसा ये पैसा क्या अपना सपना मनी मनी - कर्ज, १९८०, किशोर कुमार
०६. देख छोरी को देख / पैसा फेंक -
०७. कैश मेरी आँखों में - कैश
०८. ये पैसा बोलता है - काला बाजार, नितिन मुकेश
०९. मुझे मिल जो जाए थोड़ा पैसा - आगोश
८-१-२०२१
***
लघुकथा :
खिलौने
*
दिन भर कार्यालय में व्यस्त रहने के बाद घर पहुँचते ही पत्नी ने किराना न लाने का उलाहना दिया तो वह उलटे पैर बाज़ार भागा। किराना लेकर आया तो बिटिया रानी ने शिकायत की 'माँ पिकनिक नहीं जाने दे रही।' पिकनिक के नाम से ही भड़क रही श्रीमती जी को जैसे-तैसे समझाकर अनुमति दिलवाई तो मुँह लटकाए हुए बेटा दिखा। उसे बुलाकर पूछ तो पता चला कि खेल का सामान चाहिए। 'ठीक है' पहली तारीख के बाद ले लेना' कहते हुए उसने चैन की साँस ली ही थी कि पिताजी क खाँसने और माँ के कराहने की आवाज़ सुन उनके पास पहुँच गया। माँ के पैताने बैठ हाल-चाल पूछा तो पाता चला कि न तो शाम की चाय मिली है, न दवाई है। बिटिया को आवाज़ देकर चाय लाने और बेटे को दवाई लाने भेजा और जूते उतारने लगा कि जीवन बीमा एजेंट का फोन आ गया 'क़िस्त चुकाने की आखिरी तारीख निकल रही है, समय पर क़िस्त न दी तो पालिसी लेप्स हो जाएगी। अगले दिन चेक ले जाने के लिए बुलाकर वह हाथ-मुँह धोने चला गया।
आते समय एक अलमारी के कोने में पड़े हुए उस खिलौने पर दृष्टि पड़ी जिससे वह कभी खेलता था। अनायास ही उसने हाथ से उस छोटे से बल्ले को उठा लिया। ऐसा लगा गेंद-बल्ला कह रहे हैं 'तुझे ही तो बहुत जल्दी पड़ी थी बड़ा होने की। रोज ऊँचाई नापता था न? तब हम तुम्हारे खिलौने थे, तुम जैसा चाहते वैसा ही उपयोग करते थे। अब हम रह गए हैं दर्शक और तुम हो गए हो सबके हाथ के खिलोने।
५.१.२०१८
***
लघुकथा-
गुरु
*
'मुझे आपसे बहुत कुछ सीखना है, क्या आप मुझे शिष्य बनाकार कवर रचं और छंद नहीं सिखायेंगे?'
बार-बार अनुरोध होने पर न स्वीकारने की अशिष्टता से बचने के लिए सहमति दे दी। रचनाओं की प्रशंसा, विधा के विधान आदि की जानकारी लेने तक तो सब कुछ ठीक रहा ।
एक दिन शिष्या की रचनाओं में कुछ त्रुटियाँ इंगित करने पर उत्तर मिला- 'खुद को क्या समझते हैं? हिम्मत कैसे की रचनाओं में गलतियाँ निकालने की? मुझे इतने पुरस्कार मिल चुके हैं. फेस बुक पर जो भी लिखती हूँ सैंकड़ों लाइक मिलते हैं। मेरी लिखे में गलती हो ही नहीं सकती।आइंदा ऐसा किया तो...' आगे पढ़ने में समय ख़राब करने के स्थान पर गुरु जी ने शिष्या को ब्लॉक कर चैन की साँस लेते हुए कान पकड़े कि अब नहीं बनायेंगे किसी को शिष्या और नहीं बनेंगे किसी के गुरु।
***
लघुकथा
खाँसी
*
कभी माँ खाँसती, कभी पिता. उसकी नींद टूट जाती, फिर घंटों न आती. सोचता काश, खाँसी बंद हो जाए तो चैन की नींद ले पाए.
पहले माँ, कुछ माह पश्चात पिता चल बसे. मैंने इसकी कल्पना भी न की थी.
अब करवटें बदलते हुए रात बीत जाती है, माँ-पिता के बिना सूनापन असहनीय हो जाता है. जब-तब लगता है अब माँ खाँसी, अब पिता जी खाँसे.
तब खाँसी सुनकर नींद नहीं आती थी, अब नींद नहीं आती है कि सुनाई दे खाँसी.
***
तांका सलिला
*
सियासत है
तीन-पांच का खेल
किंतु बेमेल.
जनता मजबूर
मरी जा रही झेल.
*
बाप ना बेटा
सिर्फ सत्ता है प्यारी.
टकराते हैं
अपने स्वार्थ हित
जनता से गद्दारी.
*
खाते हैं मेवा
कहते जनसेवा.
देवा रे देवा
लगा दे पटकनी
बना भी दे चटनी.
*
क्यों करेगी
किसी से छेड़छाड़
कोई लड़की?
अगर है कड़की
करेगी डेटिंग
*
कुछ गलत
बदनाम हैं सभी.
कुछ हैं सही
नेकनाम न सब.
किसका करतब?
८.१.२०१७
***
एक दोहा
लज्जा या निर्लज्जता, है मानव का बोध
समय तटस्थ सदा रहे, जैसे बाल अबोध
८.१.२०१६
***
:अलंकार चर्चा ०९ :
यमक अलंकार
भिन्न अर्थ में शब्द की, हों आवृत्ति अनेक
अलंकार है यमक यह, कहते सुधि सविवेक
पंक्तियों में एक शब्द की एकाधिक आवृत्ति अलग-अलग अर्थों में होने पर यमक अलंकार होता है. यमक अलंकार के अनेक प्रकार होते हैं.
अ. दुहराये गये शब्द के पूर्ण-आधार पर यमक अलंकार के ३ प्रकार १. अभंगपद, २. सभंगपद ३. खंडपद हैं.
आ. दुहराये गये शब्द या शब्दांश के सार्थक या निरर्थक होने के आधार पर यमक अलंकार के ४ भेद १.सार्थक-सार्थक, २. सार्थक-निरर्थक, ३.निरर्थक-सार्थक तथा ४.निरर्थक-निरर्थक होते हैं.
इ. दुहराये गये शब्दों की संख्या व् अर्थ के आधार पर भी वर्गीकरण किया जा सकता है.
उदाहरण :
१. झलके पद बनजात से, झलके पद बनजात
अहह दई जलजात से, नैननि सें जल जात -राम सहाय
प्रथम पंक्ति में 'झलके' के दो अर्थ 'दिखना' और 'छाला' तथा 'बनजात' के दो अर्थ 'पुष्प' तथा 'वन गमन' हैं. यहाँ अभंगपद, सार्थक-सार्थक यमक अलंकार है.
द्वितीय पंक्ति में 'जलजात' के दो अर्थ 'कमल-पुष्प' और 'अश्रु- पात' हैं. यहाँ सभंग पद, सार्थक-सार्थक यमक अलंकार है.
२. कनक कनक ते सौ गुनी, मादकता अधिकाय
या खाये बौराय नर, वा पाये बौराय
कनक = धतूरा, सोना -अभंगपद, सार्थक-सार्थक यमक
३. या मुरली मुरलीधर की, अधरान धरी अधरा न धरैहौं
मुरली = बाँसुरी, मुरलीधर = कृष्ण, मुरली की आवृत्ति -खंडपद, सार्थक-सार्थक यमक
अधरान = अधरों पर, अधरा न = अधर में नहीं - सभंगपद, सार्थक-सार्थक यमक
४. मूरति मधुर मनोहर देखी
भयेउ विदेह विदेह विसेखी -अभंगपद, सार्थक-सार्थक यमक, तुलसीदास
विदेह = राजा जनक, देह की सुधि भूला हुआ.
५. कुमोदिनी मानस-मोदिनी कहीं
यहाँ 'मोदिनी' का यमक है. पहला मोदिनी 'कुमोदिनी' शब्द का अंश है, दूसरा स्वतंत्र शब्द (अर्थ प्रसन्नता देने वाली) है.
६. विदारता था तरु कोविदार को
यमक हेतु प्रयुक्त 'विदार' शब्दांश आप में अर्थहीन है किन्तु पहले 'विदारता' तथा बाद में 'कोविदार' प्रयुक्त हुआ है.
७. आयो सखी! सावन, विरह सरसावन, लग्यो है बरसावन चहुँ ओर से
पहली बार 'सावन' स्वतंत्र तथा दूसरी और तीसरी बार शब्दांश है.
८. फिर तुम तम में मैं प्रियतम में हो जावें द्रुत अंतर्ध्यान
'तम' पहली बार स्वतंत्र, दूसरी बार शब्दांश.
९. यों परदे की इज्जत परदेशी के हाथ बिकानी थी
'परदे' पहली बार स्वतंत्र, दूसरी बार शब्दांश.
१०. घटना घटना ठीक है, अघट न घटना ठीक
घट-घट चकित लख, घट-जुड़ जाना लीक
११. वाम मार्ग अपना रहे, जो उनसे विधि वाम
वाम हस्त पर वाम दल, 'सलिल' वाम परिणाम
वाम = तांत्रिक पंथ, विपरीत, बाँया हाथ, साम्यवादी, उल्टा
१२. नाग चढ़ा जब नाग पर, नाग उठा फुँफकार
नाग नाग को नागता, नाग न मारे हार
नाग = हाथी, पर्वत, सर्प, बादल, पर्वत, लाँघता, जनजाति
जबलपुर, १८-९-२०१५
***
हास्य सलिला:
उमर कैद
*
लालू पहुँचे कचहरी बैठे चुप दम साध
जज बोलीं: 'दिल चुराया, है चोरी अपराध
हाथ जोड़ उत्तर दिया: ' क्षमा करें सरकार!
दिल देकर दिल ले लिया, किया महज व्यापार'
'लाइसेंस-कर के बिना, बिजनेस करना दोष'
मौका मिले हुजूर तो भर देंगे हम कोष'
'बेजा कब्जा कर बसे दिल में छीना चैन
रात ख्वाब में आ रहे, भले बंद हों नैन'
'लाख करो इंकार पर मानेंगे इकरार
करो जुर्म स्वीकार चुप, बंद करो तकरार'
'देख अदा लत लग गयी, किया न कोई गुनाह
बैठ अदालत में भरें नित दिल थामे आह'
'नहीं जमानत मिलेगी, सात पड़ेंगे फंद'
उमर कैद की सजा सुन , हुई बोलती बंद
***
एकाक्षरी दोहा:
एकाक्षरी दोहा संस्कृत में महाकवि भारवी ने रचे हैं. संभवत: जैन वांग्मय में भी एकाक्षरी दोहा कहा गया है. निवेदन है कि जानकार उन्हें अर्थ सहित सामने लाये. ये एकाक्षरी दोहे गूढ़ और क्लिष्ट हैं. हिंदी में एकाक्षरी दोहा मेरे देखने में नहीं आया. किसी की जानकारी में हो तो स्वागत है.
मेरा प्रयास पारंपरिक गूढ़ता से हटकर सरल एकाक्षरी दोहा प्रस्तुत करने का है जिसे सामान्य पाठक बिना किसी सहायता के समझ सके. विद्वान् अपने अनुकूल न पायें तो क्षमा करें . पितर पक्ष के प्रथम दिन अपने साहित्यिक पूर्वजों का तर्पण इस दोहे से करता हूँ.
पाठक इसमें अलंकार खोजें - बताएँ.
ला, लाला! ला लाल ला, लाली-लालू-लाल.
लल्ली-लल्ला लाल लो, ले लो लल्ला! लाल.
***
एक कविता:
चीता
*
कौन कहता है
कि चीता मर गया है?
हिंस्र वृत्ति
जहाँ देखो बढ़ रही है.
धूर्तता
किस्से नए नित गढ़ रही है.
शक्ति के नाखून पैने,
चोट असहायों पर करते,
स्वाद लेकर रक्त पीते,
मारकर औरों को जीते।
और तुम?
और तुम कहते हो
चीता मर गया है.
नहीं,
वह तो आदमी की नस्ल में
घर कर गया है.
कौन कहता है कि
चीता मर गया है?
८.१.२०१४
***

मंगलवार, 7 जनवरी 2025

जनवरी ७, पलाश, दोहे, मुक्तिका, सॉनेट, नवगीत, प्यार, तुम, लघु कथा, लोककथा

सलिल सृजन जनवरी ७
पलाश पर दोहे
सलिल तीर बैराग ले, रमता रहा पलाश।
क्रोध-अग्नि को शांत कर, तप कर पाए काश।।
नेह नर्मदा तीर पर, है पलाश सन्नद्ध।
शत्रु न सरहद लाँघ ले, नजर गड़ाए गिद्ध।।
किंशुक कुसुम जगा रहा, फागुन का अहसास।
वैरागी रागी हुए, जागी सोई प्यास।।
० 
पीर पलाशी धीर धर, सहे पलाशी पीर। 
मन की मन में रख व्यथा, खिलता दिखे फकीर।।
० 
लाली देख न मुग्ध हो, कहता मौन पलाश। 
खिले-झरेंगे सुमन सब, समय फेंटता ताश।।
० 
तन रँगकर मत रुक रहो, मन भी रँग लो मीत। 
हार बनाकर हार को, जग सकते हो जीत।। 
० 
रंग कुसुंबी पलाशी, कहता कर उत्सर्ग। 
भक्ति-शौर्य-आह्लाद से, लिकज जीवन के सर्ग।। 
७.१.२५
००० 
मुक्तिका
(वज़्न - १२२ १२२ १२२ १२)
*
न नामो-निशां है किसी का यहाँ।
नहीं तू रहेगा हमेशा यहाँ।।
करेगा-भरेगा हकीकत यही।
न माफ़ी मिलेगी खुदा के यहाँ।।
न वादे न जुमले निबाहे गए।
ठगे जा रहे लोग सारे यहाँ।।
चढ़ा भोग खाता पुजारी खुदी।
नहीं देवता का गुजारा यहाँ।।
न कुत्ता-गधा आदमी को कहें।
दगा वे न देते किसी को यहाँ।।
न पानी रहा आँख में यार की।
करें प्यार कैसे किसी को यहाँ।।
सियासत लड़ाती हमेशा रही।
लगावट-सखावत रवायत यहाँ।।
***
कार्यशाला
दो कवि एक कुंडलिया
दोहा-राजकुमार महोबिया
रोला-सलिल
*
सात समुंदर लाँघ कर, सूरज आया गाँव।
हम भी पाहुन देव के, जाग पखारें पाँव।।
जाग पखारें पाँव, ठाँव की करें सफाई।
कल-कल कलरव सुनें, करें साझा सुख भाई।।
श्रम का कर सम्मान, निबल का रक्षक बनकर।
जय जय सीता राम, कहें अब सात समंदर।।
७.१.२०२४
***
सॉनेट
चमन
*
चमन में साथी! अमन हो।
माँ धरित्री को नमन कर।
छत्र निज सिर पर गगन कर।।
दिशा हर तुझको वसन हो।।
पूर्णिमा निशि शशि सँगाती।
पवन पावक सलिल सूरज।
कह रहे ले ईश को भज।।
अनगिनत तारे बराती।
हर जनम हो श्वास संगी।
जिंदगी दे यही चंगी।
आस रंग से रही रंगी।।
न मन यदि; फिर भी नमन कर।
जगति को अपना वतन कर।
सुमन खिल; सुरभित चमन कर।।
१५-४-२०२२
•••
सॉनेट
साहब
*
गाल उनके गुलाब हैं साहब।
आब ज्यों माहताब है साहब।
ताब तो आफताब है साहब।।
हाल हर लाजवाब है साहब।।
ज़ुल्फ़ उनकी नक़ाब है साहब।
मात उनसे उक़ाब है साहब।
हाथ जिनके गिलास है साहब।।
चाल सचमुच शराब है साहब।।
रंग उनका अजीब है साहब।
जंग लगती करीब है साहब।
ख्वाब उनका सलीब है साहब।
हाय दुनिया रकीब है साहब।।
संग दिल हर गरीब है साहब।।
संग मिलना नसीब है साहब।।
***
सॉनेट
*
सॉनेट रच आनंद मिला है।
मिल्टन-शेक्सपिअर आभार।
काव्य बाग में सुमन खिला है।।
आंग्ल काव्य का यह उपहार।।
लिखे त्रिलोचन ने, नियाज ने।
हैं संजीव, रामबली लिखते।
राग बजाए कलम साज ने।।
कथ्य भाव रस इनमें सजते।।
अलंकार रस बिंब सुसज्जित।
गूँथ कहावत अरु मुहावरे।
शब्द-नर्मदा हुए निमज्जित।।
कथ्य अनगिनत बोल खरे।।
शब्द-शक्तियाँ हों अभिव्यंजित।
सॉनेट विधा हुई अभिनंदित।।
७-१-२०२२
***
एक रचना:
रार ठानते
*
कल जो कहा
न आज मानते
याद दिलाओ
रार ठानते
*
दायें बैठे तो कुछ कहते
बायें पैठे तो झुठलाते
सत्ता बिन कहते जनहित यह
सत्ता पा कुछ और बताते
तर्कों का शीर्षासन करते
बिना बात ही
भृकुटि तानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
मत पाने के पहले थे कुछ
मत पाने के बाद हुए कुछ
पहले कभी न तनते देखा
नहीं चाहते अब मिलना झुक
इस की टोपी उस पर धरकर
रेती में से
तेल छानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
जनसेवक मालिक बन बैठे
बाँह चढ़ाये, मूँछें ऐंठे
जितनी रोक बढ़ी सीमा पर
उतने ही ज्यादा घुसपैठे
बम भोले को भुला पटल बम
भोले बन त्रुटि
नहीं मानते
कल जो कहा
न आज मानते
***
नवगीत
क्यों?
*
मेहनतकश को मिले
मजूरी में गिनती के रुपये भाई
उस पर कर है.
*
जो न करे उत्पादन कुछ भी
उस अफसर को
सौ सुविधाएँ और हजारों
भत्ते मिलते.
पदोन्नति पर उसका हक है
कभी न कोई
अवसर छिनते
पाँच अँगुलियाँ
उसकी घी में और
कढ़ैया में सिर तर है.
*
प्रतिनिधि भूखे-नंगे जन का
हर दिन पाता इतना
जिसमें बरस बिताता आम आदमी.
मुफ्त यात्रा,
गाडी, बंगला,
रियायती खाना, भत्ते भी
उस पर रिश्वत और कमीशन
गिना न जाए.
माँग- और दो
शेष कसर है.
*
पूँजीपति का हाल न पूछो
धरती, खनिज, ऊर्जा, पानी
कर्जा जितना चाहे, पाए.
दरें न्यूनतम
नहीं चुकाए.
खून-पसीना चूस श्रमिक का
खूब मुटाये.
पोल खुले हल्ला हो ज्यादा
झट विदेश
हो जाता फुर्र है.
*
अभिनेता, डॉक्टर, वकील,
जज,सेठ-खिलाड़ी
कितना पाएँ?, कौन बताए?
जनप्रियता-ईनाम आदि भी
गिने न जाएँ.
जिसको चाहें मारे-कुचलें
सजा न पाएँ.
भूल गए जड़
आसमान पर
जमी नजर है .
*
गिनी कमाईवाले कर दें
बेशुमार जो कमा रहे हैं
बचे रहें वे,
हर सत्ता की यही चाह है.
किसको परवा
करदाता भर रहा आह है
चूसो, चूसो खून मगर
मरने मत देना.
बाँट-बाँट खैरात भिखारी
बना रहे कह-
'नहीं मरेगा लोक अमर है'.
*
मेहनतकश को मिले
मजूरी में गिनती के रुपये भाई
उस पर कर है.
७-१-२०१६
***
प्यार के दोहे:
तन-मन हैं रथ-सारथी:
*
दो पहलू हैं एक ही, सिक्के के नर-नार।
दोनों में पलता सतत, आदि काल से प्यार।।
*
प्यार कभी मनुहार है, प्यार कभी तकरार।
हो तन से अभिव्यक्त या, मन से हो इज़हार।।
*
बिन तन के मन का नहीं, किंचित भी आधार।
बिन मन के तन को नहीं, कर पाते स्वीकार।।
*
दो अपूर्ण मिल एक हों, तब हो पाते पूर्ण।
अंतर से अंतर मिटे, हों तब ही संपूर्ण।।
*
जब लेते स्वीकार तब, मिट जाता है द्वैत।
करते अंगीकार तो, स्थापित हो अद्वैत।।
*
नर से वानर जब मिले, रावण का हो अंत.
'सलिल' न दानव मारते, कभी देव या संत..
*
अक्षर की आराधना, हो जीवन का ध्येय.
सत-शिव-सुन्दर हो 'सलिल', तब मानव को ज्ञेय..
*
सत-चित-आनंद पा सके, नर हो अगर नरेन्द्र.
जीवन की जय बोलकर, होता जीव जितेंद्र..
१५-४-२०१०
***
गीत
तुम
*
तुम हो या साकार है
बेला खुशबू मंद
आँख बोलती; देखती
जुबां; हो गई बंद
*
अमलतास बिंदी मुई, चटक दहकती आग
भौंहें तनी कमान सी, अधर मौन गा फाग
हाथों में शतदल कमल
राग-विरागी द्वन्द
तुम हो या साकार है
मद्धिम खुशबू मंद
*
कृष्ण घटाओं बीच में, बिजुरी जैसी माँग
अलस सुबह उल्लसित तुम, मन गदगद सुन बाँग
खनक-खनक कंगन कहें
मधुर अनसुने छंद
तुम हो या साकार है
मनहर खुशबू मंद
*
पीताभित पुखराज सम, मृदुल गुलाब कपोल
जवा कुसुम से अधरद्वय, दिल जाता लख डोल
हार कहें भुज हार दो
बनकर आनंदकंद
तुम हो या साकार है
मन्मथ खुशबू मंद
१५.४.२००९
***
मुक्तिका
*
कर्ता करता
भर्ता भरता।
इनसां उससे
रहता डरता।
बिन कारण जो
डरता; मरता।
पद पाकर क्यों
अकड़ा फिरता?
कह क्यों पर का
दुख नहिं हरता।
तारे कैसे
आप न तरता।
पीले पत्ते
जैसे झरता।
***
कृति चर्चा :
२१ श्रेष्ठ लोककथाएँ मध्य प्रदेश : जड़ों से जुड़ाव अशेष
तुहिना वर्मा
*
[कृति विवरण : २१ श्रेष्ठ लोककथाएँ मध्य प्रदेश, आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल', आई.एस.बी.एन. ९७८-९३-५४८६-७६३-७, प्रथम संस्करण २०२२, आकार २१.५ से.मी.X१४ से.मी., आवरण पेपरबैक बहुरंगी लेमिनेटेड, पृष्ठ ४७, मूल्य १५०/-, डायमंड बुक्स नई दिल्ली, संपादक संपर्क ९४२५१८३२४४।]
*
लोककथाएँ लोक अर्थात जनसामान्य के सामुदायिक, सामाजिक, सार्वजनिक जीवन के अनुभवों को कहनेवाली वे कहानियाँ हैं जो आकार में छोटी होती हुए भी, गूढ़ सत्यों को सामने लाकर पाठकों / श्रोताओं के जीवन को पूर्ण और सुंदर बनाती हैं। आम आदमी के दैनंदिन जीवन से जुड़ी ये कहानियाँ प्रकृति पुत्र मानव के निष्कपट और अनुग्रहीत मन की अनगढ़ अभिव्यक्ति की तरह होती हैं। प्राय:, वाचक या लेखक इनमें अपनी भाषा शैली और कहन का रंग घोलकर इन्हें पठनीय और आकर्षक बनाकर प्रस्तुत करता है ताकि श्रोता या पाठक इनमें रूचि लेने के साथ कथ्य को अपने परिवेश से जुड़कर इनके माध्यम से दिए गए संदेश को ग्रहण कर सके। इसलिए इनका कथ्य या इनमें छिपा मूल विचार समान होते हुए भी इनकी कहन, शैली, भाषा आदि में भिन्नता मिलती है।
भारत के प्रसिद्ध प्रकाशन डायमंड बुक्स ने भारत कथा माला के अंतर्गत लोक कथा माला प्रकाशित कर एक बड़े अभाव की पूर्ति की है। देश में दिनों-दिन बढ़ती जा रही शहरी अपसंस्कृति और दूरदर्शन तथा चलभाष के आकर्षण से दिग्भ्रमित युवजन आपकी पारंपरिक विरासत से दूर होते जा रहे हैं। पारम्परिक रूप से कही जाती रही लोककथाओं का मूल मनुष्य के प्रकृति और परिवार से जुड़ाव, उससे उपजी समस्याओं और समस्याओं के निदान में रहा है। तेजी से बदलती जीवन स्थितियों (शिक्षा, आर्थिक बेहतर, यान्त्रिक नीरसता, नगरीकरण, परिवारों का विघटन, व्यक्ति का आत्मकेंद्रित होते जाना) में लोककथाएँ अपना आकर्षण खोकर मृतप्राय हो रही हैं। हिंदी के स्थापित और नवोदित साहित्यकारों का ध्यान लोक साहित्य के संरक्षण और संवर्धन की ओर न होना भी लोक साहित्य के नाश में सहायक है। इस विषम स्थिति में प्रसिद्ध छन्दशास्त्री और समालोचक आचार्य संजीव वर्मा 'सलिल' द्वारा संपादित ''२१ श्रेष्ठ लोक कथाएँ' मध्यप्रदेश'' का डायमंड बुक्स द्वारा प्रस्तुत किया जाना लोक कथाओं को पुनर्जीवित करने का सार्थक प्रयास है जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।
यह संकलन वस्तुत: मध्यप्रदेश के वनवासी आदिवासियों में कही-सुनी जाती वन्य लोककथाओं का संकलन है। पुस्तक का शीर्षक ''२१ श्रेष्ठ आदिवासी लोककथाएँ मध्य प्रदेश'' अधिक उपयुक्त होगा। पुस्तक के आरंभ में लेखक ने लोककथा के उद्भव, प्रकार, उपयोगिता, सामयिकता आदि को लेकर सारगर्भित पुरोवाक देकर पुस्तक को समृद्ध बनाने के साथ पाठकों की जानकारी बढ़ाई है। इस एक संकलन में में १९ वनवासी जनजातियों माड़िया, बैगा, हल्बा, कमार, भतरा, कोरकू, कुरुख, परधान, घड़वा, भील, देवार, मुरिया, मावची, निषाद, बिंझवार, वेनकार, भारिया, सौंर तथा बरोदिया की एक-एक लोककथाएँ सम्मिलित हैं जबकि सहरिया जनजाति की २ लोककथाएँ होना विस्मित करता है। वन्य जनजातियाँ जिन्हें अब तक सामान्यत: पिछड़ा और अविकसित समझा जाता है, उनमें इतनी सदियों पहले से उन्नत सोच और प्रकृति-पर्यावरण के प्रति सचेत-सजग करती सोच की उपस्थिति बताती है कि उनका सही मूल्यांकन नहीं हुआ है। सलिल जी का यह कार्य नागर और वन्य समाज के बीच की दूरी को कम करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
माड़िया लोककथा 'भीमदेव' में प्रलय पश्चात् सृष्टि के विकास-क्रम की कथा कही गयी है। बैगा लोककथा 'बाघा वशिष्ठ' में बैगा जनजाति किस तरह बनी यह बताया गया है। 'कौआ हाँकनी' में हल्बा जनजाति के विकास तथा महत्त्व पर प्रकाश डाला गया है। कमार लोककथा 'अमरबेल' में उपयोग के बाद वृक्षों पर टाँग दिए जनेऊ अमरबेल में बदल जाने की रोचक कल्पना है। बेवफा पत्नी और धोखेबाज मित्र को रंगरेली मानते हुए रंगेहाथ पकड़ने के बाद दोनों का कत्ल कर पति ने वन में दबा दिया। बरसात बाद उसी स्थान पर लाल-काले रंग के फूलवाला वृक्ष ऊगा जिसे परसा (पलाश) का फूल कहा गया। यह कहानी भतरा जनजातीय लोक कथा 'परसा का फूल' की है। कोरकू लोककथा 'झूठ की सजा' में शिववाहन नंदी को झूठा बोलने पर मैया पार्वती द्वारा शाप दिए जाने तथा लोक पर्व पोला मनाये जाने का वर्णन है। कुरुख जनजातीय लोक कथा 'कुलदेवता बाघ' में मनुष्य और वन्य पशुओं के बीच मधुर संबंध उल्लेखनीय है। 'बड़ादेव' परधान जनजाति में कही जानेवाली लोककथा है। इसमें आदिवासियों के कुल देव बड़ादेव (शिव जी) से आशीषित होने के बाद भी नायक द्वारा श्रम की महत्ता और समानता की बात की गयी है। अकाल के बाद अतिवृष्टि से तालाब और गाँव को बचाने के लिए नायक झिटकू द्वारा आत्मबलिदान देने के फलस्वरूप घड़वा वनवासी झिटकू और उसकी पत्नी मिटको को लोक देव के रूप में पूजने की लोककथा 'गप्पा गोसाइन' है। भीली लोककथा 'नया जीवन' प्रलय तथा उसके पश्चात् जीवनारंभ की कहानी है।
देवार जनजाति की लोककथा 'गोपाल राय गाथा' में राजभक्त महामल्ल गोपालराय द्वारा मुगलसम्राट द्वारा छल से बंदी बनाये गए राजा कल्याण राय को छुड़ाने की पराक्रम कथा है। कहानी के उत्तरार्ध में गोपालराय के प्रति राजा के मन में संदेह उपजाकर उसकी हत्या किए जाने और देवार लोकगायकों द्वारा गोपालराय के पराक्रम को याद को उसने वंशज मानने का आख्यान है। मुरिया जनजातीय लोककथा 'मौत' में सृष्टि में जीव के आवागमन की व्यवस्था स्थापित करने के लिए भगवन द्वारा अपने ही पुत्र मृत्यु का विधान रचने की कल्पना को जामुन के वृक्ष से जोड़ा गया है। 'राज-प्रजा' मावची लोककथा है। इसमें शर्म की महत्ता बताई गए है। 'वेणज हुए निषाद' इस जनजाति की उत्पत्ति कथा है। मामा-भांजे द्वारा अँधेरी रात में पशु के धोखे में राजा को बाण से बींध देने के कारण उनके वंशज 'बिंझवार' होने की कथा 'बाण बींध भए' है। 'धरती मिलती वीर को' वेनकार लोककथा है जिसमें पराक्रम की प्रतिष्ठा की गयी है। भरिया जनजाति में प्रचलिटी लोककथा 'बुरे काम का बुरा नतीजा' में शिव-भस्मासुर प्रसंग वर्णित है। सहरिया जनजाति के एकाकी स्वभाव और वन्य औषधियों की जानकारी संबंधी विशेषता बताई गयी है 'अपने में मस्त' में। 'शंकर का शाप' लोककथा आदिवासियों में गरीबी और अभाव को शिव जी की नाराजगी बताती है। सौंर लोककथा 'संतोष से सिद्धि' में भक्ति और धीरज को नारायण और लक्ष्मी का वरदान बताया गया है। संग्रह की अंतिम लोककथा 'पीपर पात मुकुट बना' बरोदिया जनजाति से संबंधित है। इस कथा में दूल्हे के मुकुट में पीपल का पत्ता लगाए जाने का कारन बताया गया है।
वास्तव में ये कहानियाँ केवल भारत के वनवासियों की नहीं हैं, विश्व के अन्य भागों में भी आदिवासियों के बीच प्रलय, सृष्टि निर्माण, दैवी शक्तियों से संबंध, पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों को कुलदेव मानने, मानव संस्कृति के विस्तार, नई जातियाँ बनने,पराक्रमी-उदार पुरुषों की प्रशंसा आदि से जुड़ी कथाएँ कही-सुनी जाती रही हैं।
संभवत: पहली बार भारत के मूल निवासी आदिवासी की लोककथाओं का संग्रह हिंदी में प्रकाशित हुआ है। इस संकलन की विशेषता है की इसमें जनजातियों के आवास क्षेत्र आदि जानकारियाँ भी समाहित हैं। लेखक व्यवसाय से अभियंता रहा है। अपने कार्यकाल में आदिवासी क्षेत्रों में निर्माण कार्य करते समय श्रमिकों और ग्रामवासियों में कही-सुनी जाती लोक कथाओं से जुड़े रहना और उन्हें खड़ी हिंदी में इस तरह प्रस्तुत करना की उनमें प्रकृति-पर्यावरण के साथ जुड़ाव, लोक और समाज के लिए संदेश, वनावासियों की सोच और जीवन पद्धति की झलक समाहित हो, समय और साहित्य की आवश्यकता है। इन कहानियों के लेखक का यह प्रयास पाठकों और समाजसेवियों द्वारा सराहा जाएगा। प्रकाशक को और पुस्तकें सामने लाना चाहिए।
***
नवगीत
ओढ़ कुहासे की चादर
ओढ़ कुहासे की चादर
धरती लगाती दादी।
ऊंघ रहा सतपुड़ा,
लपेटे मटमैली खादी...
सूर्य अंगारों की सिगड़ी है,
ठण्ड भगा ले भैया।
श्वास-आस संग उछल-कूदकर
नाचो ता-ता थैया।
तुहिन कणों को हरित दूब,
लगती कोमल गादी...
कुहरा छाया संबंधों पर,
रिश्तों की गरमी पर।
हुए कठोर आचरण अपने,
कुहरा है नरमी पर।
बेशरमी नेताओं ने,
पहनी-ओढी-लादी...
नैतिकता की गाय काँपती,
संयम छत टपके।
हार गया श्रम कोशिश कर,
कर बार-बार अबके।
मूल्यों की ठठरी मरघट तक,
ख़ुद ही पहुँचा दी...
भावनाओं को कामनाओं ने,
हरदम ही कुचला।
संयम-पंकज लालसाओं के
पंक-फंसा- फिसला।
अपने घर की अपने हाथों
कर दी बर्बादी...
बसते-बसते उजड़ी बस्ती,
फ़िर-फ़िर बसना है।
बस न रहा ख़ुद पर तो,
परबस 'सलिल' तरसना है।
रसना रस ना ले, लालच ने
लज्जा बिकवा दी...
हर 'मावस पश्चात्
पूर्णिमा लाती उजियारा।
मृतिका दीप काटता तम् की,
युग-युग से कारा।
तिमिर पिया, दीवाली ने
जीवन जय गुंजा दी...
१६-१-२००९
***
दोहा सलिला
करें वंदना-प्रार्थना, भजन-कीर्तन नित्य.
सफल साधना हो 'सलिल', रीझे ईश अनित्य..
*
शांति-राज सुख-चैन हो, हों कृपालु जगदीश.
सत्य सहाय सदा रहे, अंतर्मन पृथ्वीश..
*
गुप्त चित्र निर्मल रहे, ऐसे ही हों कर्म.
ज्यों की त्यों चादर रखे,निभा'सलिल'निज धर्म.
७-१-२००९
***
लघु कथा
ज़हर
*
--'टॉमी को तुंरत अस्पताल ले जाओ।' जैकी बोला।
--'जल्दी करो, फ़ौरन इलाज शुरू होना जरूरी है। थोड़ी सी देर भी घातक हो सकती है।' टाइगर ने कहा।
--'अरे! मुझे हुआ क्या है?, मैं तो बीमार नहीं हूँ फ़िर काहे का इलाज?' टॉमीने पूछा।
--'क्यों अभी कटा नहीं उसे...?' जैकी ने पूछा।
--'काटा तो क्या हुआ?, आदमी को काटना हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है।'
--'है तो किसी आदमी को काटता, तूने तो नेता को काट लिया। कमबख्त कह ज़हर चढ़ गया तो भाषण देने, धोखा देने, झूठ बोलने, रिश्वत लेने, घोटाला करने और न जाने कौन-कौन सी बीमारियाँ घेर लेंगी? बहस मत कर, जाकर तुंरत इलाज शुरू करा। जैकी ने आदेश के स्वर में कहा...बाकी कुत्तों ने सहमती जताई और टॉमी चुपचाप सर झुकाए चला गया इलाज कराने।
***
द्विपदी
ऐ 'सलिल' तू दिल को अब मजबूत कर ले।
आ रहे हैं दोस्त मिलने के लिए॥
***
नवगीत :
रार ठानते
*
कल जो कहा
न आज मानते
याद दिलाओ
रार ठानते
*
दायें बैठे तो कुछ कहते
बायें पैठे तो झुठलाते
सत्ता बिन कहते जनहित यह
सत्ता पा कुछ और बताते
तर्कों का शीर्षासन करते
बिना बात ही
भृकुटि तानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
मत पाने के पहले थे कुछ
मत पाने के बाद हुए कुछ
पहले कभी न तनते देखा
नहीं चाहते अब मिलना झुक
इस की टोपी उस पर धरकर
रेती में से
तेल छानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
जनसेवक मालिक बन बैठे
बाँह चढ़ाये, मूँछें ऐंठे
जितनी रोक बढ़ी सीमा पर
उतने ही ज्यादा घुसपैठे
बम भोले को भुला पटल बम
भोले बन त्रुटि
नहीं मानते
कल जो कहा
न आज मानते
*
हास्य हाइकु
मन्वन्तर
*
कैसा है भारत
जिसमें रोज होता
महाभारत?
पाक नापाक
न घुसे कश्मीर में
के दो लाक।
कौन सा कोट
न पहने आदमी?
है पेटीकोट।
१६-५-२००९
***
कविता:
बाज
*
अगर नाप सको
नीले गगन की ऊँचाई
बेधड़क-बेखौफ।
चप्पे-चप्पे पर
रख सको नज़र।
सामर्थ्य और औकात का
कर सको
सही-सही अंदाज़।
बिना बनाये बहाना
तलाश कर लक्ष्य
साध सको निशाना।
पल में भर सको
इतनी तेज परवाज़
कि पीछे रह जाए आवाज़।
तभी,
केवल तभी
पूरा कर सकोगे काज
ज़माने को होगा तुम पर नाज
आदमी होते हुए भी
कहला सकोगे बाज।
***

सोमवार, 6 जनवरी 2025

छंद सलिला २, हाकलि छंद

छंद सलिला २ 
० 
२६ हाकलि छंद 
विधान- 
हाकलि त्रय चौकल गुरु ले।  
ग्यारह वर्ण द्वि चरणन ले।।  
वर्ण उचित दस बाकी में। 
नियम शिथिल हो मानव में॥  
भारत सम भारत भर है। 
जो श्रम करता वह नर है।। 
धर्म निबल जन की रक्षा।
कर्म सबल मन की कक्षा।। 
०००  

 
 

 
   

जनवरी ६, लघुकथा, दोधक छंद, मुक्तिका, गीत, सॉनेट, चक्की, कोहरा, शारदा, सोरठा

सलिल सृजन जनवरी ६
सॉनेट
फ़साना
*
नए सिरे से फ़साना कहा-सुना जाए,
बदल न खुद को सके तो बदल लिए कपड़े,
न कोई बात तो बेबात ही मिले-झगड़े,
न हकीकत सहन तो ख्वाब ही बुना जाए ।
रुई नहीं तो चलो शीश ही धुना जाए,
जो ढोल पीट रहे; वे नहीं रहे अगड़े,
लड़े तकदीर से जो बढ़ गए नहीं पिछड़े,
कमी कहाँ है हमारी चलो गुना जाए।
करें जो काम तो अकाम हो बिसार सकें,
करें गलत न कभी; जो करें वही हो सही,
मिलें खुद से जो कभी, गमगुसार हो जाए ।
मिले जो नाम तो अनाम पे निसार सकें,
कभी गुमनाम न हो याद हसीं जो है तही,
लिखे नगमे जो कभी जिसके लिए वो गाए ।
***
सोनेट
कोहरा
*
कोहरा छाया राजनीति में, नहीं सूझती राह,
राह न रुचती सद्भावों की, सत्ता-पद का मोह,
जनसेवा व्यवसाय बनाकर करें देश से द्रोह,
अपने दुश्मन आप हुए हम, लड़ा रही है डाह ।
कहे न कोई वाह, चोट दे-पा भरते हैं आह,
फूटी आँख न कोई किसी को तनिक रहा है सोह,
लें कानून हाथ में जनगण रोज करे विद्रोह,
आम आदमी को न कहीं भी मिलती आज पनाह ।
कोहरा छाया संबंधों पर हुआ लापता नेह,
देह साध्य, आत्मा को कोई नहीं रहा पहचान,
भूल गए परमार्थ, स्वार्थ ही आज हो गया साध्य।
आँगन में उठती दीवारें, बिखर रहा है गेह,
क्रंदन करते-सुनते भूले, हम कोयल का गान,
तज विराटता; हुई क्षुद्रता कहिए क्यों आराध्य ।
६.१.२०२४
***
नव प्रयोग
(छंद- सॉनेट सोरठा)
नमन शारदे मातु, मति दे आत्मा जगा दे।
खुद की कर पहचान, काम सभी निष्काम कर।
कोई रहे न गैर, जीवन सकल ललाम कर।।
सविता ऊषा प्रात, नव उजास मन समा दे।।
सोते बीता जन्म, माँ झकझोर जगा हमें।
अनुशासन का पाठ, भूल गए कर याद लें।
मातृभूमि पर प्राण, कर कुर्बां मुस्का सकें।।
करें प्रकृति से प्रेम, पौधारोपण कर हँसें।।
नाद अनाहद भूल, भवसागर में सिसकते।
निष्फल रहे प्रयास, बाधित हो पग भटकते।
माता! थामो बाँह, छंद सिखा दो अटकते।।
मैया! सुत नादान, बुद्धि-ज्ञान दे तार दे।
जग मतलब का मीत, जननी अविकल प्यार दे।
कर माया से मुक्त, जीवन जरा निखार दे।।
६-१-२०२३, १०•२५
●●●
मुक्तक
तमन्ना है तमन्ना को सकें, सुन-समझ मिलकर संग।
सुनें अशआर नज़्में चंद, बिखरे ग़ज़ल के भी रंग।।
सलिल संजीव हो पाकर सखावत, हुनर कुछ सीखे।
समझदारों की संगत के, तनिक लायक बने-दीखे।।
६-१-२०२३
***
सॉनेट
चक्की
*
चक्की चलती समय की, पीस रही बारीक।
अलग सभी से दीख, बच जा कीली से चिपक।
दूर ईश से आत्म, काल करे स्वागत लपक।।
पक्षपात करती नहीं, सत्य सनातन लीक।।
चक्की पीसा ग्रहणकर, चले सृष्टि व्यापार।
अन्य पिसे तो हँसा, आप पिसा सब हँस रहे।
मोह जाल मजबूत, माया मृग जा फँस रहे।।
परम शक्ति गृहणी कुशल, पाले कह आभार।।
निशि-दिन चक्की पाट हैं, कीली है भगवान।
नादां प्रभु को भज बचे, जाने जीव सुजान।
हथदंडा है पुरोहित, दाना तू यजमान।
परम ब्रह्म है कील, सज समझ मौन मतिमान।।
शेष कर रहे भूल, भज सक न, भूल भगवान।।
कर्म-दंड चुप झेल, संबल प्रभु का गुणगान।।
६-१-२०२२
***
मुक्तक
विधान : ३० वर्ण, भ य र त म न स न भ य।
*
अंबर निराला, नीलिमा में लालिमा घोले, मगन मन लीन चुप है, कुछ न बोले।
उषा भास्कर उजाला, कालिमा पी मस्त हो डोले, मनुज जग गीत नव गा, उठ अबोले।।
करे स्वागत उसी का, भाग्य जो नैना न हो मूँदे, डगर पर हो विचरता, हर सवेरे।
बहाए हँस पसीना, कामना ले काम ना छोड़े, फिसल कर हो सँभलता, सफल हो ले।
६-१-२०२१
***
लघुकथा
समानाधिकार
*
"माय लार्ड! मेरे मुवक्किल पर विवाहेतर अवैध संबंध बनाने के आरोप में कड़ी से कड़ी सजा की माँग की जा रही है। उसे धर्म, नैतिकता, समाज और कानून के लिए खतरा बताया जा रहा है। मेरा निवेदन है कि अवैध संबंध एक अकेला व्यक्ति कैसे बना सकता है? संबंध बनने के लिए दो व्यक्ति चाहिए, दोनों की सहभागिता, सहमति और सहयोग जरूरी है। यदि एक की सहमति के बिना दूसरे द्वारा जबरदस्ती कर सम्बन्ध बनाया गया होता तो प्रकरण बलात्कार का होता किंतु इस प्रकरण में दोनों अलग-अलग परिवारों में अपने-अपने जीवन साथियों और बच्चों के साथ रहते हुए भी बार-बार मिलते औए दैहिक सम्बन्ध बनाते रहे - ऐसा अभियोजन पक्ष का आरोप है।
भारत का संविधान भाषा, भूषा, क्षेत्र, धर्म, जाति, व्यवसाय या लिंग किसी भी अधर पर भेद-भाव का निषेध कर समानता का अधिकार देता है। यदि पारस्परिक सहमति से विवाहेतर दैहिक संबंध बनाना अपराध है तो दोनों बराबर के अपराधी हैं, दोनों को एक सामान सजा मिलनी चाहिए अथवा दोनों को दोष मुक्त किया जाना चाहिए।अभियोजन पक्ष ने मेरे मुवक्किल के साथ विवाहेतर संबंध बनानेवाली के विरुद्ध प्रकरण दर्ज नहीं किया है, इसलिए मेरे मुवक्किल को भी सजा नहीं दी जा सकती।
वकील की दलील पर न्यायाधीश ने कहा- "वकील साहब आपने पढ़ा ही है कि भारत का संविधान एक हाथ से जो देता है उसे दूसरे हाथ से छीन लेता है। मेरे सामने जिसे अपराधी के रूप में पेश किया गया है मुझे उसका निर्णय करना है। जो अपराधी के रूप में प्रस्तुत ही नहीं किया गया है, उसका विचारण मुझे नहीं करना है। आप अपने मुवक्किल के बचाव में तर्क दे पर संभ्रांत महिला और उसके परिवार की बदनामी न हो इसलिए उसका उल्लेख न करें।"
अपराधी को सजा सुना दी गयी और सिर धुनता रह गया समानाधिकार।
****
नवगीत:
.
काल है संक्रांति का
तुम मत थको सूरज!
.
दक्षिणायन की हवाएँ
कँपाती हैं हाड़
जड़ गँवा, जड़ युवा पीढ़ी
काटती है झाड़
प्रथा की चूनर न भाती
फेंकती है फाड़
स्वभाषा को भूल, इंग्लिश
से लड़ाती लाड़
टाल दो दिग्भ्रान्ति को
तुम मत रुको सूरज!
*
उत्तरायण की फिज़ाएँ
बनें शुभ की बाड़
दिन-ब-दिन बढ़ता रहे सुख
सत्य की हो आड़
जनविरोधी सियासत को
कब्र में दो गाड़
झाँक दो आतंक-दहशत
तुम जलाकर भाड़
ढाल हो चिर शांति का
तुम मत झुको सूरज!
***
नवगीत:
*
सत्याग्रह के नाम पर.
तोडा था कानून
लगा शेर की दाढ़ में
मनमानी का खून
*
बीज बोकर हो गये हैं दूर
टीसता है रोज ही नासूर
तोड़ते नेता सतत कानून
सियासत है स्वार्थ से भरपूर
.
भगतसिंह से किया था अन्याय
कौन जाने क्या रहा अभिप्राय?
गौर तन में श्याम मन का वास
देश भक्तों को मिला संत्रास
.
कब कहाँ थे खो गये सुभाष?
बुने किसने धूर्तता के पाश??
समय कैसे कर सकेगा माफ़?
वंश का ही हो न जाए नाश.
.
तीन-पाँच पढ़ते रहे
अब तक जो दो दून
समय न छोड़े सत्य की
भट्टी में दे भून
*
नहीं सुधरे पटकनी खाई
दाँत पीसो व्यर्थ मत भाई
शास्त्री जी की हुई क्यों मौत?
अभी तक अज्ञात सच्चाई
.
क्यों दिये कश्मीरियत को घाव?
दहशतों का बढ़ गया प्रभाव
हिन्दुओं से गैरियत पाली
डूबा ही दी एकता की नाव
.
जान की बाजी लगाते वीर
जीतते हैं युद्ध सहकर पीर
वार्ता की मेज जाते हार
जमीं लौटा भोंकते हो तीर
.
क्यों बिसराते सत्य यह
बिन पानी सब सून?
अब तो बख्शो देश को
'सलिल' अदा कर नून
६.१.२०१७
***
लघुकथा
दस्तूर
*
अच्छे अच्छों का दीवाला निकालकर निकल गई दीपावली और आ गयी दूज...
सकल सृष्टि के कर्म देवता, पाप-पुण्य नियामक निराकार परात्पर परमब्रम्ह चित्रगुप्त जी और कलम का पूजन कर ध्यान लगा तो मनस-चक्षुओं ने देखा अद्भुत दृश्य.
निराकार अनहद नाद... ध्वनि के वर्तुल... अनादि-अनंत-असंख्य. वर्तुलों का आकर्षण-विकर्षण... घोर नाद से कण का निर्माण... निराकार का क्रमशः सृष्टि के प्रागट्य, पालन और नाश हेतु अपनी शक्तियों को तीन अदृश्य कायाओं में स्थित करना...
महाकाल के कराल पाश में जाते-आते जीवों की अनंत असंख्य संख्या ने त्रिदेवों और त्रिदेवियों की नाम में दम कर दिया. सब निराकार के ध्यान में लीन हुए तो हर चित्त में गुप्त प्रभु की वाणी आकाश से गुंजित हुई:
__ "इस समस्या के कारण और निवारण तुम तीनों ही हो. अपनी पूजा, अर्चना, वंदना, प्रार्थना से रीझकर तुम ही वरदान देते हो औरउनका दुरूपयोग होने पर परेशान होते हो. करुणासागर बनने के चक्कर में तुम निष्पक्ष, निर्मम तथा तटस्थ होना बिसर गये हो."
-- तीनों ने सोच:' बुरे फँसे, क्या करें कि परमपिता से डांट पड़ना बंद हो?'.
एक ने प्रारंभ कर दिया परमपिता का पूजन, दूसरे ने उच्च स्वर में स्तुति गायन तथा तीसरे ने प्रसाद अर्पण करना.
विवश होकर परमपिता को धारण करना पड़ा मौन.
तीनों ने विधायिका, कार्यपालिका तथा न्यायपालिका पर कब्जा किया और भक्तों पर करुणा करने के लिए बढ़ दिया दस्तूर।
***
लघुकथा
भाव ही भगवान
*
एक वृद्ध के मन में अंतिम समय में नर्मदा-स्नान की चाह हुई. लोगों ने बता दिया कि नर्मदा जी अमुक दिशा में कोसों दूर बहती हैं, तुम नहीं जा पाओगी. वृद्धा न मानी... भगवान् का नाम लेकर चल पड़ी...कई दिनों के बाद दिखी उसे एक नदी... उसने 'नरमदा तो ऐसी मिलीं रे जैसे मिल गै मताई औ' बाप रे' गाते हुए परम संतोष से डुबकी लगाई. कुछ दिन बाद साधुओं का एक दल आया... शिष्यों ने वृद्धा की खिल्ली उड़ाते हुए बताया कि यह तो नाला है. नर्मदा जी तो दूर हैं हम वहाँ से नहाकर आ रहे हैं. वृद्धा बहुत उदास हुई... बात गुरु जी तक पहुँची. गुरु जी ने सब कुछ जानने के बाद, वृद्धा के चरण स्पर्श कर कहा : 'जिसने भाव के साथ इतने दिन नर्मदा जी में नहाया उसके लिए मैया यहाँ न आ सकें इतनी निर्बल नहीं हैं. 'कंकर-कंकर में शंकर', 'मन चंगा तो कठौती में गंगा' का सत्य भी ऐसा ही है. 'भाव का भूखा है भगवान' जैसी लोकोक्ति इसी सत्य की स्वीकृति है. जिसने इस सत्य को गह लिया उसके लिये 'हर दिन होली, रात दिवाली' हो जाती है. मैया तुम्हें नर्मदा-स्नान का पुण्य है लेकिन जो नर्मदा जी तक जाकर भी भाव का अभाव मिटा नहीं पाया उसे नर्मदा-स्नान का पुण्य नहीं है. मैया! तुम कहीं मत जाओ, माँ नर्मदा वहीं हैं जहाँ तुम हो. भाव ही भगवान है''
१९.११.२०१५
***
नवगीत:
.
उठो पाखी!
पढ़ो साखी
.
हवाओं में शराफत है
फ़िज़ाओं में बगावत है
दिशाओं की इनायत है
अदाओं में शराफत है
अशुभ रोको
आओ खाखी
.
अलावों में लगावट है
गलावों में थकावट है
भुलावों में बनावट है
छलावों में कसावट है
वरो शुभ नित
बाँध राखी
.
खत्म करना अदावत है
बदल देना रवायत है
ज़िंदगी गर नफासत है
दीन-दुनिया सलामत है
शहद चाहे?
पाल माखी
***
मुक्तिका:
.
गीतों से अनुराग न होता
जीवन कजरी-फाग न होता
रास आस से कौन रचाता?
मौसम पहने पाग न होता
निशा उषा संध्या से मिलता
कैसे सूरज आग न होता?
बाट जोहता प्रिय प्रवास की
मन-मुँडेर पर काग न होता
चंदा कहलाती कैसे तुम
गर निष्ठुरता-दाग न होता?
नागिन क्वांरी रह जाती गर
बीन सपेरा नाग न होता
'सलिल' न होता तो सच मानो
बाट घाट घर बाग़ न होता
६-१-२०१५
***
छंद सलिला:
दोधक छंद
*
(अब तक प्रस्तुत छंद: अग्र, अचल, अचल धृति, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रा वज्रा, उपेन्द्र वज्रा, कीर्ति, घनाक्षरी, प्रेमा, वाणी, शक्तिपूजा, सार, माला, शाला, हंसी)
दोधक दो गुरु तुकान्ती पंक्तियों का मात्रिक छंद है. इस छंद में हर पंक्ति में ३ भगण तथा २ गुरु कुल १६ मात्राएँ तथा ११ वर्ण मात्राएँ होते हैं ।
तीन भगण दो गुरु मिल रचते, दोधक छंद ललाम
ग्यारह अक्षर सोलह मात्रा, तालमेल अभिराम
उदाहरण:
१. काम न काज जिसे वह नेता।
झूठ कहे जन-रोष प्रणेता।।
होश न हो पर जोश दिखाये।
लोक ठगा सुनता रह जाए।।
दे खुद ही खुद को यश सारा।
भोग रहा पद को मद-मारा।।
२. कौन कहो सुख-चैन चुराते।
काम नहीं पर काम जताते।।
मोह रहे कब से मन मेरा।
रावण की भगिनी पग-फेरा।।
होकर बेसुध हाय लगाती।
निष्ठुर कौन? बनो मम साथी।।
स्त्री मुझ सी तुम सा नर पाये।
मान कहा, नहिं जीवन जाए।।
३. बंदर बालक एक सरीखे…
बात न मान करें मनमानी।
मान रहे खुद को खुद ज्ञानी।
कौन कहे कब क्या कर देंगे।
कूद गिरे उठ रो-हँस लेंगे।
ऊधम खूब करें, संग चीखें…
खा कम फेंक रहे मिल ज्यादा,
याद नहीं रहता निज वादा।
शांत रहें खाकर निज कसमें,
आज कहें बिसरें सब रस्में।
राह नहीं इनको कुछ दीखे…
६.१.२०१४
***
लघुकथा:
एकलव्य
संजीव 'सलिल'
*
- 'नानाजी! एकलव्य महान धनुर्धर था?'
- 'हाँ; इसमें कोई संदेह नहीं है.'
- उसने व्यर्थ ही भोंकते कुत्तों का मुंह तीरों से बंद कर दिया था ?'
-हाँ बेटा.'
- दूरदर्शन और सभाओं में नेताओं और संतों के वाग्विलास से ऊबे पोते ने कहा - 'काश वह आज भी होता.'
६.१.२०१३

***

रविवार, 5 जनवरी 2025

जनवरी ५, नीरज, सोरठा, वंदना, सॉनेट, हाइकु गीत, लघुकथा, नवगीत, हंसी छंद, हास्य

सलिल सृजन जनवरी ५
पूर्णिका
पौधे छोटे फूल बड़े हैं।
हिलमिल रहते, नहीं लड़े हैं।।
झुकते हैं, फिर उठ जाते हैं।
नहीं ठूँठ की तरह अड़े हैं।।
जब बेदम हों, गिर जाते हैं।
जिनमें दम सिर उठा खड़े हैं।।
माया-मोह नहीं रत्ती भर।
नहीं स्वार्थ के हेतु भिड़े हैं।।
वर्तमान में जीते हैं हँस
खोद अतीत नहीं झगड़े हैं।।
भेद-भाव से दूर सलिल सम
अगड़े या कि नहीं पिछड़े हैं।।
५.१.२०२५
०००
आधुनिक मंत्र
कराग्रे वसते चलभाषम्,
करमध्ये वाट्स एपम्।
कर मूले तु एन्ड्राइडम्,
प्रभाते तु फेसबुकम्।।
*
दोहे
किया कलेवा जा रहा, अनुज खोजने काम।
नैनों से आशीषती, बहिन न हो कुछ वाम।
*
नचा रहा है मदारी, नचे जमूरा देख।
चमक नयन में आ गई, अधर हँसी की रेख।।
*
ऐ सखि! छिप-छिप मिल रही, भैया जी से आज।
जा अम्मा को बताऊँ, तभी बनेगा काज।
*
भाई जी का मित्र है, सुंदर शिष्ट जवान।
मन करता है छिड़क दूँ, उस पर अपनी जान।।
*
करें प्रतीक्षा द्वार पर, नयन अधर मन प्राण।
झट से आ जा साँवरे!, हो-कर दे संप्राण।।
*
नयन नयन दो घाट हैं, स्नेह-सलिल रस धार।
डूब रही मँझधार में, कौन उतारे पार।।
*
लाज किवड़िया खोलकर, झाँके लज्जा मौन।
बिन बोले क्या बोलती, किससे समझे कौन।।
*
भाव विह्वल मीरा हुई, देख श्याम छवि मूक।
समझ नहीं पाता जगत, ह्रदय उठे जो हूक।।
५.१.२०२४
सोरठा सलिला
भुज भर लिया समेट, तन ने मन की बात कर।
स्वर्ण हिरन आखेट, बनने-करने आ गया।।
लिखा किसी के नाम, संधि-पत्र रूमाल ने।
फल था युद्ध-विराम, घर में घर घर कर गया।।
हिलता हाथ-रुमाल, दिखते-दिखते खो गया।
सुधियों की शत शाम, मन-उपवन में बो गया।।
पाकर लाल गुलाब, मन ही मन में मन हँसा।
आए याद जनाब, साक्षी हृदय-किताब है।।
समय-सफे पर प्रीत, आस कलम से मिल लिखी।
प्यास बन गई गीत, हास-रास सुधियाँ मुई।।
छुईमुई का दर्श, बन सुधियों का मोगरा।
छुईमुई सा स्पर्श, सिहरन याद दिला गया।।
स्मृति के वनफूल, मादक महुआ सम महक।
मनस पटल पर झूल, मन को मधुवन कर रहे।।
●●●
सोरठा सलिला
***
प्रात वंदना
अंगुलियों पर रमा, करतल पर शारद रहें।
हस्त-मूल में उमा, दें दर्शन सुरगण सभी।।
सिंधु वसन नग वक्ष, छत्र नभ पवन श्वास है।
पावक पावन चक्षु, नमन धर-गौ-भारती।।
प्राची दिनकर उषा, दिशा दस अभय कीजिए।
दुपहर संध्या निशा, दिखा कर्म पथ दीजिए।।
काम सभी निष्काम, चित्रगुप्त प्रभु! कर सकूँ।
विधि-हरि-हर हों संग, मातु नंदिनी-दक्षिणा।।
नेह नर्मदा नहा, यथायोग्य सबको नमन।
श्वास-आस सुख-त्रास, ईश-प्रसादी समर्पित।।
५-१-२०२३
***
सॉनेट
दिल हारे दिल जीत
*
मेघ उमड़ते-घुमड़ते लेते रवि भी ढाँक।
चीर कालिमा रश्मियाँ फैलतीं आलोक।
कूद नदी में नहातीं, कोइ सके न रोक।।
कौन चितेरा मनोरम छवि छिप लेता आँक?
रूप देखकर सिहरते तीर खड़े तरु मौन।
शाखाओं चढ़ निहारें पक्षी करते वाह।
करतल ध्वनि पत्ते करें, भरें बेहया आह।।
गगन-क्षितिज भी मुग्ध हैं, संयं साढ़े कौन?
लहर-लहर के हो रहे गाल गुलाबी-पीत।
गव्हर-गव्हर छिप कर करे मत्स्य निरंतर प्रीत।
भ्रमर कुमुदिनी रच रहे लिव इन की नव रीत।
तप्त उसाँसे भर रही ठिठुरनवाली शीत।।
दादुर ढोलक-थाप दे, झींगुर गाता गीत।।
दिल जीते दिल हारकर, दिल हारे दिल जीत।।
५-१-२०२२
***
हाइकु गीत
*
बोल रे हिंदी
कान में अमरित
घोल रे हिंदी
*
नहीं है भाषा
है सभ्यता पावन
डोल रे हिंदी
*
कौन हो पाए
उऋण तुझसे, दे
मोल रे हिंदी?
*
आंग्ल प्रेमी जो
तुरत देना खोल
पोल रे हिंदी
*
झूठा है नेता
कहाँ सच कितना?
तोल रे हिंदी
*
बहुत हुआ
अब न काम में हो
झोल रे हिंदी
*
सुने न अब
सब जग में पीटें
ढोल रे हिंदी
***
लघुकथा :
खिलौने
*
दिन भर कार्यालय में व्यस्त रहने के बाद घर पहुँचते ही पत्नी ने किराना न लाने का उलाहना दिया तो वह उलटे पैर बाज़ार भागा। किराना लेकर आया तो बिटिया रानी ने शिकायत की 'माँ पिकनिक नहीं जाने दे रही।' पिकनिक के नाम से ही भड़क रही श्रीमती जी को जैसे-तैसे समझाकर अनुमति दिलवाई तो मुँह लटकाए हुए बेटा दिखा। उसे बुलाकर पूछ तो पता चला कि खेल का सामान चाहिए। 'ठीक है' पहली तारीख के बाद ले लेना' कहते हुए उसने चैन की साँस ली ही थी कि पिताजी के खाँसने और माँ के कराहने की आवाज़ सुन उनके पास पहुँच गया। माँ के पैताने बैठ हाल-चाल पूछा तो पाता चला कि न तो शाम की चाय मिली है, न दवाई है। बिटिया को आवाज़ देकर चाय लाने और बेटे को दवाई लाने भेजा और जूते उतारने लगा कि जीवन बीमा एजेंट का फोन आ गया 'क़िस्त चुकाने की आखिरी तारीख निकल रही है, समय पर क़िस्त न दी तो पालिसी लेप्स हो जाएगी। अगले दिन चेक ले जाने के लिए बुलाकर वह हाथ-मुँह धोने चला गया।
आते समय एक अलमारी के कोने में पड़े हुए उस खिलौने पर दृष्टि पड़ी जिससे वह कभी खेलता था। अनायास ही उसने हाथ से उस छोटे से बल्ले को उठा लिया। ऐसा लगा गेंद-बल्ला कह रहे हैं 'तुझे ही तो बहुत जल्दी पड़ी थी बड़ा होने की। रोज ऊँचाई नापता था न? तब हम तुम्हारे खिलौने थे, तुम जैसा चाहते वैसा ही उपयोग करते थे। अब हम रह गए हैं दर्शक और तुम हो गए हो सबके हाथ के खिलोने।
***
दोहा सलिला
*
सकल सृष्टि कायस्थ है, सबसे करिए प्रेम
कंकर में शंकर बसे, करते सबकी क्षेम
*
चित्र गुप्त है शौर्य का, चित्रगुप्त-वरदान
काया स्थित अंश ही, होता जीव सुजान
*
महिमा की महिमा अमित, श्री वास्तव में खूब
वर्मा संरक्षण करे, रहे वीरता डूब
*
मित्र मनोहर हो अगर, अभय ज़िंदगी जान
अभय संग पा मनोहर, जीवन हो रस-खान
*
उग्र न होते प्रभु कभी, रहते सदा प्रशांत
सुमति न जिनमें हो तनिक, वे ही मिलें अशांत
***
कार्यशाला:
एक कुण्डलिया : कवि
तन को सहलाने लगी, मदमाती सी धूप
सरदी हंटर मारती, हवा फटकती सूप -शशि पुरवार
हवा फटकती सूप, टपकती नाक सर्द हो
हँसती ऊषा कहे, मर्द को नहीं दर्द हो
छोड़ रजाई बँधा, रहा है हिम्मत मन को
लगे चंद्र सा, सूर्य निहारे जब निज तन को - संजीव
५.१.२०१८
***
मुक्तिका
*
नेह नर्मदा बहने दे
मन को मन की कहने दे
*
बिखरे गए रिश्ते-नाते
फ़िक्र न कर चुप तहने दे
*
अधिक जोड़ना क्यों नाहक
पीर पुरानी सहने दे
*
देह सजाते उम्र कटी
'सलिल' रूह को गहने दे
*
काला धन जिसने जोड़ा
उसको थोड़ा दहने दे
*
मुक्तक-
बिखर जाओ फिजाओं में चमन को आज महकाओ
​बजा वीणा निगम-आगम ​कहें जो सत्य वह गाओ
​अनिल चेतन​ हुआ कैलाश पर ​श्री वास्तव में पा
बनो​ हीरो, तजो कटुता, मधुर मन मंजु ​हो जाओ
***
लघुकथा-
कतार
*
दूरदर्शनी बहस में नोटबन्दी के कारण लग रही लंबी कतारों में खड़े आम आदमियों के दुःख-दर्द का रोना रो रहे नेताओं के घड़ियाली आँसुओं से ऊबे एक आम आदमी ने पूछा-
'गरीबी रेखा के नीचे जी रहे आम मतदातों के अमीर जनप्रतिनिधियों जब आप कुर्सी पर होते हैं तब आम आदमी को सड़कों पर रोककर काफिले में जाते समय, मन्दिरों में विशेष द्वार से भगवान के दर्शन करते समय, रेल और विमान यात्रा के समय विशेष द्वार से प्रवेश पाते समय क्या आपको कभी आम आदमी की कतार नहीं दिखी? यदि दिखी तो अपने क्या किया? क्या आपको अपने जीवन में रुपयों की जरूरत नहीं होती? होती है तो आप में से कोई भी बैंक की कतार में क्यों नहीं दिखता?
आप ऐसा दोहरा आचरण कर आम आदमी का मजाक बनाकर आम आदमी की बात कैसे कर सकते हैं? कालाबाजारियों, तस्करियों और काला धन जुटाते व्यापारियों से बटोर चंदा उपयोग न कर पाने के कारण आप जन गण द्वारा चुनी सरकार से सहयोग न कर जनमत का अपमान करते हैं तो जनता आप के साथ क्यों जुड़े?
सकपकाए नेता को कुछ उत्तर न सूझा तो जन समूह से आवाज आई 'वहां मत बैठे रहो, हमारे दुःख से दुखी हो तो हमारा साथ दो। तुम सबको बुला रही है कतार।
५.१.२०१७
***
सलिल दोहावली -
*
जूझ रहे रण क्षेत्र में, जो उन पर आरोप
लगा रहे हम घरों से, ईश्वर करे न कोप
*
जायज है दुश्मन अगर, पैदा करता विघ्न
कैसे जायज़ मन गढ़ी, कहते हम निर्विघ्न?
*
जान दे रहे देश की, खातिर सैनिक रोज
हम सेना को दोष दे, करते घर में भोज
*
सेंध लगाना हमेशा, होता है आसान
कठिन खोजना-रोकना, सत्य लीजिये मान
*
पिटती पाकी फ़ौज के, साथ रहें वे लोग
विजयी की निंदा? लगा, हमको घातक रोग
*
सदा काम करना कठिन, सरल दिखाना दोष
संयम आवश्यक 'सलिल', व्यर्थ न करिए रोष
५.१.२०१६
***
नवगीत:
.
आओ भी सूरज!
छट गये हैं फूट के बादल
पतंगें एकता की मिल उड़ाओ
गाओ भी सूरज!
.
करधन दिप-दिप दमक रही है
पायल छन-छन छनक रही है
नच रहे हैं झूमकर मादल
बुराई हर अलावों में जलाओ
आओ भी सूरज!
.
खिचड़ी तिल-गुड़वाले लडुआ
पिज्जा तजकर खाओ बबुआ
छोड़ बोतल उठा लो छागल
पड़ोसी को खुशी में साथ पाओ
आओ भी सूरज!
५.१.२०१५
.
छंद सलिला:
हंसी छंद
*
(अब तक प्रस्तुत छंद: अग्र, अचल, अचल धृति, आर्द्रा, आल्हा, इंद्रा वज्रा, उपेन्द्र वज्रा, कीर्ति, घनाक्षरी, प्रेमा, वाणी, शक्तिपूजा, सार, माला, शाला)
हंसी छंद में २ पद, ४ चरण, ४४ वर्ण तथा ७० मात्राएँ होती हैं. प्रथम-तृतीय चरण उपेन्द्रवज्रा जगण तगण जगण २ गुरु तथा द्वितीय-चतुर्थ चरण में इन्द्रवज्रा तगण तगण जगण २ गुरु मात्राएँ होती हैं.
हंसी-चरण इन्द्रवज्रा में, दूजा-चौथा हों लें मान
हो उपेन्द्रवज्रा में पहला-तीजा याद रखें श्री मान
उदाहरण:
१. न हंस-हंसी बदलें ठिकाना, जानें नहीं वे करना बहाना
न मांसभक्षी तजते डराना, मानें नहीं ठीक दया दिखाना
२. सियासती लोग न जान पाते, वादे किये जो- जनता न भूले
दिखा सके जो धरती अजाने, कोई न जाने उसको बचाना
३. हँसें न रोयें चुपचाप देखें, होता तमाशा हर रोज़ कोई
मिटा न पायें हम आपदाएँ, जीतें हमेशा हँस मुश्किलों को
---
हास्य रचना :
एक पहेली
*
लालू से लाली हँस बोली: 'बूझो एक पहेली'
लालू थे मस्ती में बोले: 'पूछो शीघ्र सहेली'
लाली बोली: 'किस पक्षी के सिर पर पैर बताओ?
अकल लगाओ, मुँह बिसूर खोपड़िया मत खुजलाओ,
बूझ सकोगे अगर मिलेगा हग-किस तुमको आज
वर्ना झाड़ू-बर्तन करना, पैर दबा पतिराज'
कोशिश कर हारे लालूजी बोले 'हल बतलाओ
शर्त करूँगा पूरी मन में तुम संदेह न लाओ'
लाली बोली: 'तुम्हें रहा है सदा अकल से बैर'
'तब ही तुमको ब्याहा' मेरी अब न रहेगी खैर'
'बकबकाओ मत, उत्तर सुनकर चलो दबाओ पैर
हर पक्षी का होता ही है देखो सिर, पर, पैर
माथा ठोंका लालू जी ने झुँझलाये, खिसियाये
पैर दबाकर लाली जी के अपने प्राण बचाये।
५.१.२०१४
***
कालजयी गीतकार नीरज के ८९ वें जन्म दिन पर काव्यांजलि:
*
गीतों के सम्राट तुम्हारा अभिनन्दन,
रस अक्षत, लय रोली, छंदों का चन्दन...
*
नवम दशक में कर प्रवेश मन-प्राण तरुण .
जग आलोकित करता शब्दित भाव अरुण..
कथ्य कलम के भूषण, बिम्ब सखा प्यारे.
गुप्त चित्त में अलंकार अनुपम न्यारे..
चित्र गुप्त देखे लेखे रचनाओं में-
अक्षर-अक्षर में मानवता का वंदन
गीतों के सम्राट तुम्हारा अभिनन्दन,
रस अक्षत, लय रोली, छंदों का चन्दन...
*
ऊर्जस्वित रचनाएँ सुन मन मगन हुआ.
ज्यों अमराई में कूकें सुन हरा सुआ..
'सलिल'-लहरियों की कलकल ध्वनि सी वाणी.
अन्तर्निहित शारदा मैया कल्याणी..
कभी न मुरझे गीतों का मादक मधुवन.
गीतों के सम्राट तुम्हारा अभिनन्दन,
रस अक्षत, लय रोली, छंदों का चन्दन...
*
गीति-काव्य की पल-पल जय-जयकार करी.
विरह-मिलन से गीतों में गुंजार भरी..
समय शिला पर हस्ताक्षर इतिहास हुए.
छन्दहीनता मरू गीतित मधुमास हुए..
महका हिंदी जगवाणी का नन्दन वन.
गीतों के सम्राट तुम्हारा अभिनन्दन,
रस अक्षत, लय रोली, छंदों का चन्दन...
*